प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का जनता से पद्म पुरस्कारों के लिए प्रेरक व्यक्तित्वों को नामित करने का आग्रह

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भारत की जनता से प्रतिष्ठित पद्म पुरस्कारों से संबंधित नामांकन प्रक्रिया में सक्रिय रूप से भाग लेने का आग्रह किया है। प्रधानमंत्री मोदी ने समाज में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले जमीनी स्तर के नायकों को सम्‍मानित करने के महत्व पर जोर दिया। नामांकन प्रक्रिया के पारदर्शी और सहभागी दृष्टिकोण पर जोर देते हुए श्री मोदी ने इस बात पर प्रसन्नता व्यक्त की कि पहले से अनेक नामांकन प्राप्त हो चुके हैं। साथ ही उन्‍होंने और अधिक लोगों से प्रतिष्ठित पद्म पुरस्कारों के लिए आधिकारिक पोर्टल के माध्यम से योग्य उम्मीदवारों को नामित करने का आग्रह किया।

प्रधानमंत्री ने एक्‍स पोस्ट में कहा; “पिछले दशक में हमने अनगिनत जमीनी स्तर के नायकों को #PeoplesPadma से सम्मानित किया है। इन पुरस्कार विजेताओं की जीवन यात्रा ने अनगिनत लोगों को प्रेरित किया है। उनका साहस और दृढ़ता उनके समृद्ध कार्यों में स्पष्ट रूप से दृष्टिगोचर होती है। व्यवस्था को अधिक पारदर्शी और सहभागी बनाने की भावना से हमारी सरकार जनता को विभिन्न पद्म पुरस्कारों के लिए व्‍यक्तित्‍वों को नामित करने के लिए आमंत्रित कर रही है। मुझे इस बात की खुशी है कि अनेक नामांकन आ चुके हैं। व्‍यक्तित्‍वों को नामित करने की अंतिम तिथि इस महीने की 15 तारीख है। मैं और अधिक लोगों से पद्म पुरस्कारों के लिए प्रेरक व्यक्तित्वों को नामित करने का आग्रह करता हूं। आप ऐसा awards.gov.in पर कर सकते हैं।”

उल्लेखनीय है कि पद्म पुरस्कार, अर्थात् पद्म विभूषण, पद्म भूषण और पद्म श्री, देश के सर्वोच्च नागरिक पुरस्कारों में शामिल हैं। वर्ष 1954 में स्थापित, इन पुरस्कारों की घोषणा हर साल गणतंत्र दिवस के अवसर पर की जाती है। यह पुरस्कार ‘विशिष्ट कार्य’ को मान्यता देने के लिए प्रदान किया जाता है। पद्म पुरस्कार कला, साहित्य एवं शिक्षा, खेल, चिकित्सा, सामाजिक कार्य, विज्ञान एवं इंजीनियरिंग, लोक कार्य, सिविल सेवा, व्यापार और उद्योग आदि जैसे सभी क्षेत्रों/विषयों में विशिष्ट और असाधारण उपलब्धियों/सेवा के लिए दिए जाते हैं। सभी व्यक्ति जाति, व्यवसाय, स्थिति या लिंग के भेदभाव के बिना इन पुरस्कारों के लिए पात्र है। डॉक्टरों और वैज्ञानिकों को छोड़कर सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों में काम करने वाले कर्मचारियों सहित सरकारी कर्मचारी पद्म पुरस्कारों के लिए पात्र नहीं हैं।

सर्वोच्‍च न्‍यायालय ने इलाहाबाद उच्‍च न्‍यायालय के यूपी-सरकार को वर्ष 2019 में आयोजित 69 हजार सहायक शिक्षक भर्ती परीक्षा की संशोधित सूची जारी करने के आदेश पर रोक लगाई

सर्वोच्‍च न्‍यायालय ने आज इलाहाबाद उच्‍च न्‍यायालय के उत्‍तर प्रदेश सरकार को वर्ष 2019 में आयोजित 69 हजार सहायक शिक्षक भर्ती परीक्षा की संशोधित सूची जारी करने के आदेश पर रोक लगा दी। साथ ही, सर्वोच्‍च न्‍यायालय ने उच्‍च न्‍यायालय के राज्‍य द्वारा जून 2020 और जनवरी 2022 में छह हजार आठ सौ उम्‍मीदवारों का चयन को रद्द करने के फैसले पर भी रोक लगा दी।

मुख्य न्यायाधीश डी. वाई. चंद्रचूड़, न्यायमूर्ति जेबी पारदीवाला और न्यायमूर्ति मनोज मिश्रा की पीठ ने रवि कुमार सक्सेना समेत 51 अन्य द्वारा दायर याचिका पर राज्य सरकार और उत्‍तर प्रदेश बेसिक शिक्षा बोर्ड के सचिव सहित अन्य लोगों को नोटिस भी जारी किया।

पीठ ने कहा कि वह इस महीने की 23 तारीख से शुरू होने वाले सप्ताह में याचिका पर सुनवाई करेगी। पिछले महीने उच्च न्यायालय ने राज्य सरकार को एक नई चयन सूची तैयार करने का आदेश दिया था। कई याचिकाओं में भर्ती प्रक्रिया को चुनौती देते हुए आरोप लगाया गया था कि आरक्षित श्रेणियों के लोगों को कानून द्वारा निर्धारित अनुपात में नहीं चुना गया है।

मणिपुर में कठिन चुनौतियों के बीच काम कर रहे हैं संघ के कार्यकर्ता – कृष्णमोहन झा

देश के पूर्वोत्तर राज्य मणिपुर में पिछले एक साल से जारी हिंसात्मक उपद्रवों के कारण असुरक्षा का जो माहौल बना हुआ है उस पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक मोहन भागवत कई बार गंभीर चिंता व्यक्त कर चुके हैं। संघ प्रमुख ने मणिपुर की समस्या के समाधान हेतु त्वरित कदम उठाने की आवश्यकता पर जोर दिया है। हाल में ही संघ के समर्पित कार्यकर्ता शंकर दिनकर काणे के जन्म शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में आयोजित समारोह में संघ प्रमुख ने कहा कि मणिपुर में असुरक्षा के माहौल में रहकर भी संघ के कार्यकर्ता दोनों समूहों के बीच शांति ,सौहार्द और परस्पर विश्वास कायम करने के लिए रात दिन काम कर रहे हैं। और उन्हें अपने प्रयासों में अब सफलता मिलने लगी है।संघ प्रमुख ने मणिपुर में शिक्षा के प्रचार-प्रसार और राज्य के बच्चों को शिक्षित करने के लिए शंकर दिनकर काणे के सराहनीय योगदान का उल्लेख करते हुए कहा कि वे चालीस साल पहले मणिपुर में शिक्षा की जड़ें मजबूत करने के लिए वहां काफी समय तक रुके और इसी पुनीत भावना से वहां के बच्चों को महाराष्ट्र लेकर आए तथा यहां उनके आवास और शिक्षा के पर्याप्त प्रबंध किए। मणिपुर में संघ के कार्यों के अच्छे परिणाम सामने आने लगे हैं।

संघ प्रमुख ने कहा कि मणिपुर में चालीस पहले जो बदतर होती हालात थे उसमें सकारात्मक बदलाव लाने में काणे जैसे समर्पित कार्यकर्ताओं का बहुत बड़ा योगदान है जो वहां जाकर वहां का हिस्सा बन गये और बदलाव लाने के लिए समर्पित भाव से जुटे रहे। संघ प्रमुख ने कहा कि पूर्वांचल को पंद्रह साल पहले समस्याओं वाला क्षेत्र कहा जाता था परन्तु अब स्थितियां बदल चुकी हैं। मणिपुर में बहुत बदलाव आया है परन्तु कुछ लोग मणिपुर में अशांति का वातावरण निर्मित कर वहां की प्रगति के मार्ग में बाधा खड़ी करना चाहते हैं लेकिन उनके प्रयास सफल नहीं होंगे। राज्य की जनता समझ चुकी है कि अशांति का माहौल रहते प्रगति नहीं हो सकती। मोहन भागवत ने कहा कि संघ के कार्यकर्ता असुरक्षित माहौल में भी संघ के कार्यकर्ता अपने काम में लगे हुए हैं।वे दोनों पक्षों को समझा बुझाकर उनके बीच क्रोध और द्वेष को कम करने तथा उनके बीच अविश्वास की खाई को पाटने की कोशिश कर रहे हैं। संघ के कार्यकर्ताओं क़ो अपनी कोशिशों में लगातार सफलता मिल रही है । संघ के कार्यकर्ताओं को अपने कार्यों से दोनों पक्षों का विश्वास अर्जित करने में कामयाबी मिली है। मणिपुर में सामाजिक समन्वय स्थापित करने और राष्ट्रीय एकता की भावना विकसित करने में शंकर दिनकर काणे जैसे समर्पित कार्यकर्ताओं के प्रयास फलीभूत हुये हैं।

गौरतलब है कि संघ प्रमुख ने लोकसभा चुनावों के परिणाम घोषित होने के बाद भी बाद अपने एक भाषण में कहा था कि मणिपुर एक साल से जल रहा है। वहां स्थितियां सामान्य करने के लिए प्राथमिकता से प्रयास करने होंगे। संघ के कार्यकर्ता कठिन चुनौतियों का सामना करते हुए वहां जिस मुस्तैदी से डटे हुए हैं उसको रेखांकित करते हुए मोहन भागवत ने कहा कि संघ के कार्यकर्ता वहां दोनों पक्षों के लोगों की सेवा कर रहे हैं। केवल एनजीओ यह काम नहीं कर सकते। संघ के कार्यकर्ता इसमें महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

नोट – लेखक राजनैतिक विश्लेषक है।

डॉ. मनसुख मांडविया ने एशियाई ओलंपिक परिषद की 44वीं आम सभा को संबोधित किया

केन्द्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल तथा श्रम और रोजगार मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने कल नई दिल्ली के भारत मंडपम में एशियाई ओलंपिक परिषद (ओसीए) की 44वीं आम सभा को संबोधित किया। इस अवसर पर सभी 45 एशियाई देशों के खेल प्रमुखों के साथ केन्द्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा रसायन एवं उर्वरक मंत्री जे.पी. नड्डा, केन्द्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल राज्यमंत्री रक्षा खडसे, ओसीए के अध्यक्ष राजा रणधीर सिंह और भारतीय ओलंपिक संघ की अध्यक्ष पी. टी. उषा भी उपस्थित थीं।

अपने भाषण के दौरान, डॉ. मांडविया ने प्रतिनिधियों को देश भर में खेलों की उत्कृष्टता और एक मजबूत खेल संस्कृति को बढ़ावा देने हेतु पिछले 10 वर्षों में भारत सरकार द्वारा की गई विभिन्न पहलों के बारे में बताया। उन्होंने देश भर में खेल मानकों को ऊंचा उठाने में ‘खेलो इंडिया’, ‘टार्गेट ओलंपिक पोडियम स्कीम (टॉप्स)’ और ‘कार्रवाई के जरिए महिलाओं को प्रेरित करके खेल जगत में उपलब्धियां हासिल करना (अस्मिता)’ जैसे सरकारी कार्यक्रमों की महत्वपूर्ण भूमिका पर जोर दिया।

डॉ. मांडविया ने इस तथ्य पर प्रकाश डाला कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के गतिशील नेतृत्व में, सरकार ने खेल बजट को 2014-15 में लगभग 143 मिलियन अमरीकी डॉलर से बढ़ाकर आज लगभग 417 मिलियन अमरीकी डॉलर कर दिया है। उन्होंने कहा कि इस निवेश ने एशियाई खेलों में भारत के उत्कृष्ट प्रदर्शन में योगदान दिया है। भारत ने एशियाई खेलों में 107 पदक हासिल किए हैं और एशियाई पैरा खेलों में 111 पदक जीते हैं। ये उपलब्धियां पिछले सभी रिकॉर्ड को पार कर गई हैं।

उन्होंने ‘खेलो इंडिया’ योजना के बारे में विस्तार से बताया। इस योजना का उद्देश्य देश भर में खेल की उत्कृष्टता को बढ़ावा देने हेतु एक जन आंदोलन को प्रेरित करना है। कुल 119 मिलियन अमेरिकी डॉलर के वार्षिक बजट के साथ, यह योजना जमीनी स्तर की प्रतिभा की पहचान एवं विकास को कवर करती है और हर साल 2,700 से अधिक बच्चों को छात्रवृत्ति प्रदान करती है। डॉ. मांडविया ने आगे कहा कि हर साल चार ‘खेलो इंडिया गेम्स’ आयोजित किए जाते हैं तथा खेलों से संबंधित स्थायी बुनियादी ढांचे को विकसित करने और युवा एथलीटों को प्रशिक्षण, आवास, आहार, शिक्षा एवं भत्ते प्रदान करने हेतु 1,050 से अधिक जिला-स्तरीय केन्द्र स्थापित किए गए हैं।

इसके अलावा, उन्होंने बताया कि ‘टारगेट ओलंपिक पोडियम स्कीम (टॉप्स)’ एथलीटों को ओलंपिक तथा अन्य अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं की तैयारी में सहायता करती है। विशेष रूप से, पेरिस ओलंपिक में भारत का प्रतिनिधित्व करने वाले 117 एथलीटों में से 28 खेलो इंडिया के एथलीट थे। इसी तरह, भारत की पैरालंपिक टीम, जिसमें 18 खेलो इंडिया एथलीट शामिल हैं, पहले ही 29 पदक हासिल कर चुकी है, जो वर्तमान में जारी पेरिस पैरालंपिक 2024 में अब तक का सबसे अधिक पदक है।

केन्द्रीय मंत्री ने ‘अस्मिता’ कार्यक्रम पर भी प्रकाश डाला, जो लैंगिक समानता को आगे बढ़ाने और 18 खेल स्पर्धाओं में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने के उद्देश्य वाली एक परिवर्तनकारी पहल है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि ये सहयोगात्मक प्रयास ओलंपिक आदर्शों के अनुरूप हैं और एशिया की खेल विरासत को मजबूत करेंगे तथा भावी पीढ़ियों को प्रेरित करेंगे।

अपने संबोधन का समापन करते हुए, डॉ. मांडविया ने ओलंपिक आंदोलन के मूल्यों को बढ़ावा देने, एथलीटों को सशक्त बनाने और खेलों से संबंधित एक प्रगतिशील माहौल को बढ़ावा देने के प्रति भारत की प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने एशियाई ओलंपिक परिषद की 44वीं आम सभा के आयोजन के प्रति देश का सम्मान व्यक्त किया और प्रतिनिधियों को उनके विचार-विमर्श में सफलता के लिए शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर बोलते हुए, नड्डा ने कहा कि 2014 से प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी देश में खेलों के विकास के प्रबल समर्थक रहे हैं। उन्होंने कहा कि उनके नेतृत्व में ‘खेलो इंडिया’ आंदोलन और राष्ट्रीय खेल विश्वविद्यालय की स्थापना जैसी कई पहल शुरू की गई हैं। इन पहलों का उद्देश्य देश भर में खेलों को बढ़ावा देना और प्रतिभाओं को निखारना है।

उन्होंने खेलों से संबंधित बुनियादी ढांचे को उन्नत बनाने और एथलीटों के लिए बेहतर सुविधाएं प्रदान करने में एशियाई ओलंपिक परिषद के योगदान को भी स्वीकार किया।

अबू धाबी के क्राउन प्रिंस शेख खालिद बिन मोहम्‍मद बिन जायद अल नाहयान भारत की तीन दिन की यात्रा पर

अबू धाबी के क्राउन प्रिंस शेख खालिद बिन मोहम्‍मद बिन जायद अल नाहयान भारत की तीन दिन की यात्रा पर कल शाम नई दिल्‍ली पहुंच गये हैं। केन्‍द्रीय वाणिज्‍य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने हवाई अड्डे पर उनका स्‍वागत किया। क्राउन प्रिंस की भारत की यह पहली यात्रा है। उनके साथ संयुक्‍त अरब अमीरात के कई मंत्री और व्‍यापार शिष्‍ट मंडल भी आया है। वे कल प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी से मुलाकात करेंगे और द्विपक्षीय सहयोग के कई मुद्दो पर विचार-विमर्श करेंगे। क्राउन प्रिंस का राष्‍ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से भी मिलने का कार्यक्रम है। नाहयान राजघाट पर महात्‍मा गांधी को श्रद्धाजलि देंगे। इसके अलावा उनका राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से भी मिलने का कार्यक्रम है। वो मंगलवार को एक बिजनेस फोरम में हिस्सा लेने मुंबई जाएंगे। विदेश मंत्रालय के अनुसार भारत और यूएई के बीच ऐतिहासिक रूप से घनिष्ठ और मैत्रीपूर्ण संबंध हैं।

हाल के वर्षों में भारत और यूएई के बीच व्यापक रणनीतिक साझेदारी राजनीति, व्यापार, निवेश, कनेक्टिविटी, ऊर्जा, प्रौद्योगिकी, शिक्षा और संस्कृति सहित कई क्षेत्रों में गहरी हुई है। क्राउन प्रिंस की यात्रा भारत-यूएई द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत करेगी और नए और उभरते क्षेत्रों में साझेदारी के लिए रास्ते खोलेगी।

शेख खालिद बिन मोहम्‍मद बिन जायद अल नाहयान मंगलवार को मुम्‍बई जाएंगे और एक व्‍यापार फोरम की बैठक में शामिल होंगे। इस बैठक में दोनो देशों के उद्योगपति भी हिस्‍सा लेंगे।

हाल में भारत और संयुक्‍त अरब अमीरात के बीच राजनीतिक, व्‍यापार, निवेश, कनेक्टिविटि, ऊर्जा, प्रौद्योगिकी और संस्‍कृति सहित विभिन्‍न क्षेत्रो में व्‍यापक सामरिक भागीदारी मजबूत हुई है। क्राउन प्रिंस की इस यात्रा से दोनो देशों के बीच द्विपक्षीय संबंध और मजबूत होंगे तथा नए और उभरते क्षेत्रो में भागीदारी के नए रास्‍ते खुलेंगे।

 

साक्षरता व्यक्ति को स्वाधीन करती है, सम्मान देती है, आत्म-खोज में मदद करती है : उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़

उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने सभी से कम से कम एक व्यक्ति को साक्षर बनाने का संकल्प लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा, “जब हम किसी को साक्षर बनाते हैं, तो हम उसे स्वाधीन करते हैं, हम उस व्यक्ति को खुद को खोजने में मदद करते हैं, हम उसे सम्मान का एहसास कराते हैं, हम उसकी निर्भरता कम करते हैं, हम स्वतंत्रता और परस्पर निर्भरता पैदा करते हैं। इससे व्यक्ति खुद की मदद करने में सक्षम बनता है। यह सहयोग करने का एक सर्वोच्च पहलू है।”

नई दिल्ली के विज्ञान भवन में अंतर्राष्ट्रीय साक्षरता दिवस समारोह को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित करते हुए उपराष्ट्रपति ने कहा, “किसी व्यक्ति को शिक्षित करके आप जो आनंद और खुशी प्रदान करते हैं, चाहे वह पुरुष हो, महिला हो, बच्चा हो या लड़की हो, वह असीम है। आप कल्पना भी नहीं कर सकते कि इससे आपको कितनी खुशी मिलेगी। यह सकारात्मक तरीके से फैलेगा। यह मानव संसाधन विकास में आपकी ओर से की जा सकने वाली सबसे बड़ा सकारात्मक कार्य होगा।”

उपराष्ट्रपति ने अपने संबोधन में सभी से साक्षरता को बढ़ावा देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा, “हमें जल्द से जल्द 100 प्रतिशत साक्षरता सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्धता और जुनून के साथ मिशन मोड में काम करना चाहिए। मुझे यकीन है कि यह लक्ष्य जितना हम सोचते हैं उससे कहीं जल्दी हासिल किया जा सकता है। हर कोई एक-एक व्यक्ति को साक्षर बनाए, यह विकसित भारत के लिए एक अहम योगदान होगा।”

उन्होंने यह भी कहा, “शिक्षा एक ऐसी चीज है जिसे कोई चोर आपसे छीन नहीं सकता। कोई सरकार इसे आपसे नहीं छीन सकती। न तो रिश्तेदार और न ही दोस्त इसे आपसे छीन सकते हैं। इसमें कोई कमी नहीं हो सकती। यह तब तक बढ़ती रहेगी जब तक आप इसे साझा करते रहेंगे।” उन्होंने यह भी विश्वास व्यक्त किया कि यदि साक्षरता को जुनून के साथ आगे बढ़ाया जाए, तो भारत नालंदा और तक्षशिला की तरह शिक्षा के केंद्र के रूप में अपनी प्राचीन स्थिति को पुनः प्राप्त कर सकता है।

जिन राज्यों ने अभी तक नई शिक्षा नीति (एनईपी) को नहीं अपनाया है, उनसे अपील करते हुए उपराष्ट्रपति ने कहा कि वे अपने रुख पर पुनर्विचार करें। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि यह नीति देश के लिए एक बड़ा बदलाव लाने वाली है। उन्होंने कहा, “यह राष्ट्रीय शिक्षा नीति हमारे युवाओं को उनकी प्रतिभा और ऊर्जा का पूरा दोहन करने का अधिकार देती है, इसमें सभी भाषाओं को उचित महत्व दिया गया है।”

उपराष्ट्रपति धनखड़ ने मातृभाषा के विशेष महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह वह भाषा है जिसमें हम सपने देखते हैं। उपराष्ट्रपति धनखड़ ने भारत की अद्वितीय भाषाई संपन्नता पर जोर देते हुए कहा कि दुनिया में भारत जैसा कोई देश नहीं है। भाषा की संपन्नता के मामले में हम एक अद्वितीय राष्ट्र हैं, जहां कई भाषाएं हैं।

राज्यसभा के सभापति के रूप में अपने अनुभवों पर बात करते हुए उन्होंने कहा, “मैं संसद सदस्यों को 22 भाषाओं में बोलने का अवसर देता हूं। जब मैं उन्हें उनकी भाषा में बोलते हुए सुनता हूं, तो मैं अनुवाद सुनता हूं, लेकिन उनकी शारीरिक भाषा ही मुझे बता देती है कि वे क्या कह रहे हैं।”

उपराष्ट्रपति ने भारतीय संस्कृति में ऋषि परंपरा के गहन महत्व पर भी प्रकाश डाला और सभी से आग्रह किया कि वे “छह महीने के भीतर कम से कम एक व्यक्ति को साक्षर बनाने का संकल्प लें, ताकि वर्ष के अंत तक हम दो व्यक्तियों को शिक्षित करने का लक्ष्य प्राप्त कर सकें।”

पिछले दशक में भारत की परिवर्तनकारी प्रगति की सराहना करते हुए उपराष्ट्रपति धनखड़ ने इस बात पर जोर दिया कि हर घर तक बिजली पहुंचाने जैसी उपलब्धियां, जो कभी अकल्पनीय थीं, अब एक वास्तविकता बन गई हैं। अब हमारा लक्ष्य सौर ऊर्जा के माध्यम से आत्मनिर्भरता हासिल करना है। उन्होंने हर घर में शौचालय और व्यापक डिजिटल कनेक्टिविटी जैसे महत्वपूर्ण उपायों पर जोर देते हुए ग्रामीण विकास की बात कही। उन्होंने बताया कि कैसे दूरदराज के गांवों में 4जी की पहुंच ने सेवा वितरण में क्रांति ला दी है, जिससे रोजमर्रा के काम आसान हो गए हैं और आवश्यक सेवाओं के लिए लंबी कतारों में लगने जरूरत खत्म हो गई है।”

हमारी संस्थाओं को कलंकित करने वाले, बदनाम करने वाले और अपमानित करने वाले लोगों के प्रति आगाह करते हुए उपराष्ट्रपति धनखड़ ने उन गुमराह लोगों को रास्ता दिखाने का आग्रह किया जो भारत के प्रभावशाली विकास को स्वीकार नहीं करते हैं और जमीनी हकीकत को नहीं पहचान रहे हैं।

इस अवसर पर माननीय शिक्षा राज्य मंत्री जयंत चौधरी, स्कूल शिक्षा एवं साक्षरता विभाग (डीओएसईएल) के सचिव संजय कुमार और अन्य गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित थे।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव के उज्जैन स्थित निवास पहुंचे मंत्रीगण, जन-प्रतिनिधि, समाज सेवी और नागरिक ने जताया शोक

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के उज्जैन स्थित निवास पर शनिवार को कथावाचक प्रदीप मिश्र, जूना अखाड़े के महामंडलेश्वर स्वामी शैलेषानंद गिरि पहुंचे। उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ. यादव के पिता स्व. पूनमचंद यादव के चित्र के समक्ष पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और मुख्यमंत्री से भेंटकर शोक संवेदना व्यक्त की।

रविवार को मुख्यमंत्री डॉ. यादव के निवास पर तकनीकी शिक्षा, कौशल विकास एवं रोजगार तथा उज्जैन जिले के प्रभारी मंत्री गौतम टेटवाल, सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते, रीति पाठक, पूर्व मंत्री गोपाल भार्गव सहित बड़ी संख्या में जन-प्रतिनिधियों और गणमान्य नागरिकों ने पहुँचकर शोक संवेदना प्रकट की।

 

शिक्षा से ही हर समाज आगे बढ़ेगा, अपने बच्चों को अच्छी शिक्षा दिलाएं: खाद्य मंत्री गोविंद सिंह राजपूत

किसी भी समाज को आगे बढ़ाने तथा उसका विकास करने के लिए शिक्षा जरूरी है, इसलिए अपने बच्चों को अच्छी से अच्छी शिक्षा दिलायें जिससे हमारा समाज और आगे बढ़े। खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने यह बात राहतगढ़ में आयोजित लवकुश जयंती महोत्सव में कही।

खाद्य मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कुशवाह समाज के लिए अनेकों योजनाएं चलाईं है। हमारी सांसद डॉ. लता वानखेड़े कुशवाह समाज की बेटी हैं। हम सब परिवार की तरह मिलजुल कर रहे और अपने समाज, क्षेत्र व देश के विकास में सहयोग करें। मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने कहा कि कुशवाह समाज एक शिक्षक समाज है। इस समाज के लोग बड़े-बड़े पदों पर आसीन है। कुशवाह समाज समृद्ध और संपन्न समाज है। सुरखी विधानसभा क्षेत्र के जैसीनगर में कुशवाह समाज के लिए 50 लाख की लागत से भवन बनाया जा रहा है जहां समाज के लोग अपने सभी कार्यक्रम संपन्न कर सकते हैं।

खाद्य मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने कहा कि हमने राहतगढ़ क्षेत्र के विकास में कोई कसर नहीं छोड़ी है। चाहे राहतगढ़ वॉटरफॉल हो या सीएम राईज स्कूल। उन्होंने कुशवाह समाज के मंदिर के गुंबद निर्माण हेतु ढाई लाख रुपए की राशि सहित भजन मंडली एवं अन्य कार्यों के लिए सामग्री प्रदान किए जाने की घोषणा की। प्रातः 11 बजे से लव कुश भगवान की शोभायात्रा लव कुश मंदिर से प्रारंभ होकर नगर के मुख्य मार्ग से होते हुए मंगल भवन में पहुंची, जहां कुशवाह समाज के प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं का मंत्री गोविंद सिंह राजपूत द्वारा सम्मान किया गया। इस अवसर पर जनपद अध्यक्ष गुलाब सिंह राजपूत सहित कुशवाह समाज के प्रतिनिधि एवं ग्रामीणजन उपस्थित थे।

 

प्रस्तावित इंदौर मेट्रोपॉलिटन क्षेत्र एवं इंदौर रीजनल डेवलपमेंट एरिया के चहुँमुखी विकास के लिए बनेगी कार्ययोजना: मुख्यमंत्री डॉ. यादव

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि इंदौर तेजी से बढ़ता हुआ शहर है। इस शहर में विकास की अपार संभावनाएँ है। मध्यप्रदेश और इंदौर शहर देश के मध्य भाग में स्थित है। इसको दृष्टिगत रखते हुए यहां का विकास सुनियोजित रूप से किए जाने की आवश्यकता है। अगर इंदौर शहर और मध्यप्रदेश का सुनियोजित विकास होगा तो इसका लाभ अन्य राज्यों को भी मिलेगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कल इंदौर में विकास कार्यों की समीक्षा की। इसमें इंदौर के चहुँमुखी विकास के संबंध में अनेक महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।

बैठक मुख्यमंत्री डॉ. यादव की अध्यक्षता में हुई बैठक में निर्णय लिया गया कि प्रस्तावित इंदौर मेट्रोपॉलिटन क्षेत्र एवं इंदौर रीजनल डेवलपमेंट एरिया के चहुँमुखी विकास के लिए कार्य-योजना तैयार होगी। इंदौर नगर निगम सीमा में शामिल 29 गांवों के विकास के लिए विशेष कार्ययोजना बनायी जायेगी। यह कार्ययोजना एक माह में तैयार करने के निर्देश मुख्यमंत्री डॉ. यादव द्वारा दिये गये। साथ ही निर्णय लिया गया कि इंदौर शहर के एलआईजी से नवलखा तक प्रस्तावित एलिवेटेड ब्रिज के स्थान पर आवश्यकता के अनुसार जंक्शनों पर 6 और ब्रिज बनाये जाएंगे। यह भी तय किया गया कि नगर निगम सीमा क्षेत्र में शामिल 29 गांवों और शहर की अन्य पुरानी बस्तियों के भू-स्वामित्व संबंधी मामले निराकृत हों और इनके नक्शे भी पास करने की व्यवस्था बनायी जाये। साथ ही यह सुनिश्चित किया जाये कि इन गांवों में वैध कॉलोनियों की तरह ही सभी मूलभूत सुविधाएं मिलें। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने इंदौर जिले में स्वीकृत तथा प्रगतिरत विभिन्न निर्माण कार्यों को पूरा करने की समय-सीमा भी तय की।

बैठक में बताया गया कि एलआईजी से लेकर नवलखा तक एलिवेटेड ब्रिज के लिये मात्र तीन प्रतिशत की उपयोगिता ही मिली है। इसको देखते हुए मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि जब इतनी कम उपयोगिता आ रही है तो एलिवेटेड ब्रिज की जरूरत नहीं है। इसके बजाय वैकल्पिक व्यवस्था की जाये। एलिवेटेड ब्रिज की बजाय अलग-अलग जंक्शनों पर ब्रिज बनाये जायें। बताया गया कि 6 ओव्हर ब्रिज इस मार्ग पर बनाये जाने की जरूरत है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने इसके लिये कार्य-योजना तैयार करने के निर्देश दिये। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने अमृत योजना की भी समीक्षा की और निर्देश दिये कि शहर में 2047 की आवश्यकता को देखते हुए जल प्रदाय और सीवरेज लाईन के संबंध में कार्य-योजना तैयार कर कार्य शीघ्र प्रारंभ किये जायें। धनराशि के संबंध में भी प्लान तैयार हो।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि इंदौर तथा आस-पास के क्षेत्रों में तेजी से विकास हो रहा है। इन क्षेत्रों में सुनियोजित विकास की आवश्यकता है। इसको देखते हुए मेट्रोपॉलिटन क्षेत्र एवं इंदौर रीजनल डेवलपमेंट एरिया विकसित होना चाहिये। इसके मद्देनजर इस क्षेत्र में शामिल होने वाले इंदौर, उज्जैन, धार, देवास के प्रत्येक ग्राम और हर क्षेत्र के समग्र और सुनियोजित विकास का प्लान तैयार होना चाहिये। सभी विकास एजेंसियां समन्वित रूप से विकास प्लान तैयार करें। उन्होंने कहा कि इंदौर में औद्योगिक विकास की भी अपार संभावनाएं हैं। इसको देखते हुए भी कार्य-योजना तैयार हों। साथ ही 4 लेन सड़कों का भी तेजी से विस्तार किया जाये। उन्होंने कहा कि इंदौर-मनमाड़ रेलवे लाईन स्वीकृत होने से मालवा-निमाड़ के साथ ही ग्वालियर अंचल का भी विकास होगा। यह रेलवे लाईन मुम्बई, इंदौर और दिल्ली तक विकास का सेतु बनेगी। उन्होंने कहा कि इंदौर में एयर कार्गो के विकास की भी अपार संभावनाएं हैं। मुख्यमंत्री ने इंदौर तथा आसपास के क्षेत्रों में रेलवे लाईन के विस्तार के संबंध में भी प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिये।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रगतिरत इंदौर-उज्जैन 4 लेन से 6 लेन सड़क, एमआर-11, एमआर-12, तेजाजी नगर से बलवाड़ा, इंदौर से हरदा सहित मास्टर प्लान की अन्य सड़कों की समीक्षा की। इस अवसर पर उन्होंने निर्देशदिये कि उक्त कार्य निर्धारित समयसीमा में पूर्ण किये जायें। साथ ही इंदौर बायपास से ग्राम पानोद, कम्पेल रोड, चन्द्रगुप्त मौर्य प्रतिमा से देवास-उज्जैन रोड तक 2 लेन मार्ग, इंदौर शहर में पश्चिमी बायपास का निर्माण, इंदौर शहर में पूर्वी बायपास रोड के संबंध में भी चर्चा की गई। निर्देश दिये गये कि उक्त सड़कों के कार्य सभी औपचारिकताएं पूर्ण कर शीघ्र शुरू किये जायें।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने इंदौर जिले में चल रहे विभिन्न सड़क निर्माण कार्य, फ्लाय ओवर एवं ब्रिज निर्माण, अंतर राज्यीय बस टर्मिनल, शासकीय विद्यालय के पुनर्घनत्वीकरण योजना, इंदौर बायपास कंट्रोल एरिया, जलप्रदाय योजना अमृत, कान्ह-क्षिप्रा नदी शुद्धीकरण हेतु प्रस्तावित कार्य, जलूद के 60 मेगावाट के सौर ऊर्जा संयंत्र, एमपी इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट कॉरपोरेशन की प्रचलित परियोजना, इंदौर मेट्रोपॉलिटन क्षेत्र में इंदौर मेट्रोपॉलिटन विकास प्राधिकरण की प्रस्तावित कार्य-योजना सहित इंदौर शहर के विकास से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण विषयों के संबंध में विस्तार से चर्चा कर जानकारी ली।

नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि कान्ह एवं क्षिप्रा के शुद्धिकरण हेतु चल रहे कार्यों को परिणाममूलक और प्रभावी बनाया जाए। इस कार्य का परिणाम मैदानी स्तर पर भी दिखायी दें। उन्होंने शहर की बेहतर प्लानिंग प्रस्तुत करने की बात कही, जिससे विकास योजनाओं में उसे समाहित किया जा सकें।

जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट ने इंदौर से खुड़ैल तक 4 लेन सड़क बनाने और सांवेर क्षेत्र में विभिन्न विकास कार्यों, मार्गों के निर्माण की आवश्यकता बतायी। उन्होंने एमवाय अस्पताल को आदर्श अस्पताल के रूप में विकसित करने की बात भी कही।

सांसद शंकर लालवानी ने आउटर रिंग रोड, लॉजिस्टिक हब तैयार करने और नई अनाज मण्डी आदि के संबंध में अपनी बात रखी। महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने पश्चिमी रिंग रोड हेतु आवश्यक बजट, अमृत योजना-2.0 के तहत भी आवश्यक सहयोग और कार्मिक संरचना विकास के संबंध में अपनी बात कही। विधायक उषा ठाकुर, विधायक महेंद्र हार्डिया, विधायक रमेश मेंदोला, विधायक मनोज पटेल, विधायक मालिनी गौड़, विधायक गोलू शुक्ला, विधायक मधु वर्मा ने क्षेत्र विकास के लिये अपनी बात रखी।

बैठक में मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव संजय शुक्ला तथा राघवेंद्र सिंह, संभागायुक्त दीपक सिंह, पुलिस आयुक्त राकेश गुप्ता, मुख्य वन संरक्षक एम. आर. बघेल, कलेक्टर आशीष सिंह, नगर निगम आयुक्त शिवम वर्मा सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।

जन समुदाय की अपेक्षाओं को पूरा करना शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता: उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल

उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने कहा कि जन समुदाय की अपेक्षाओं को पूरा करना शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि रीवा तेजी से बढ़ता हुआ शहर है। शहर में यातायात का दबाव तेजी से बढ़ा है। इस दबाव को नियंत्रित करने के लिए फ्लाईओवर, रिंगरोड, बाईपास आदि के निर्माण कार्य प्राथमिकता से कराए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि रीवा के बाईपास को चार सौ करोड़ रुपए की लागत से फोरलेन बनाए जाने का कार्य भी शीघ्र ही प्रारंभ किया जाएगा। उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने रीवा शहर के हृदय स्थल सिरमौर चौराहा में निर्मित फ्लाईओवर ब्रिज के तृतीय लेग का लोकार्पण किया। 29 करोड़ 61 करोड़ रुपए की लागत से निर्मित तृतीय लेग सिरमौर चौराहे से सिरमौर एवं बोदाबाग मार्ग के लिए बनाया गया है। रीवा शहर को इस निर्माण कार्य के पूरा होने से एक बड़ी सौगात मिली है जिससे यातायात का दबाव कम होगा।

उन्होंने कहा कि रीवा में अधोसंरचना विकास के साथ-साथ स्वास्थ्य एवं शिक्षा के क्षेत्र में विस्तार किया जा रहा है। आईटी पार्क का निर्माण कराकर युवाओं को रोजगार के संसाधन मुहैया कराए जाएंगे। उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने स्थानीय जन-प्रतिनिधियों की माँग पर सिरमौर चौराहा से सुपर स्पेशलिटी अस्पताल तक फ्लाईओवर निर्माण का डीपीआर बनाने के निर्देश लोक निर्माण सेतु संभाग के अधिकारियों को दिए। उन्होंने सिरमौर चौराहे में थर्ड लेग कार्य को निर्धारित समय से आठ माह पहले पूरा कर लिए जाने पर निर्माण कार्य से जुड़े सभी लोगों को बधाई दी।

उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने फीता काटकर व शिलापट्टिका का अनावरण कर फ्लाईओवर थर्ड लेग निर्माण कार्य का लोकार्पण किया। उन्होंने सुभाष तिराहे में सुभाषचन्द्र बोस की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया।उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने बोदाबाग मार्ग में नवनिर्मित शिव हनुमान मंदिर का लोकार्पण किया तथा पूजा-अर्चना की एवं भजन कार्यक्रम में शामिल हुए। सांसद जनार्दन मिश्र, विधायक मनगवां इंजीनियर नरेन्द्र प्रजापति, जिला पंचायत अध्यक्ष नीता कोल, पूर्व विधायक केपी त्रिपाठी सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

 

इंदौर में श्रम संहिताओं और श्रमिक कल्याण पर बड़ा आयोजन, रोजगार और सामाजिक सुरक्षा...

0
इंदौर। श्रमिकों के अधिकारों, सामाजिक सुरक्षा और रोजगार व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में इंदौर में 3 नवंबर 2026 को श्रम संहिताओं...

असंगठित और गिग वर्कर्स के लिए केंद्र सरकार का बड़ा फैसला, 40 और 22...

0
नई दिल्ली | 4 नवंबर 2026 देश के करोड़ों असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों, डिलीवरी पार्टनर्स, ऐप आधारित टैक्सी चालकों और प्लेटफॉर्म वर्कर्स को सामाजिक सुरक्षा...
nmms-scholarship-2026-27

NMMSS Scholarship 2026-27: छात्रों को बड़ी राहत, छात्रवृत्ति आवेदन की अंतिम तारीख बढ़ी, अब...

0
नई दिल्ली। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के मेधावी विद्यार्थियों के लिए केंद्र सरकार ने बड़ी राहत दी है। शिक्षा मंत्रालय ने राष्ट्रीय साधन-सह-योग्यता...
akshara goswami

मध्यप्रदेश स्थापना दिवस पर 102 मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान, हर छात्र को मिली 1...

0
भोपाल। मध्यप्रदेश के 71वें स्थापना दिवस के अवसर पर प्रदेश की शैक्षणिक प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। भोपाल के लाल परेड मैदान में आयोजित...
poshan-tracker-pmmvy-grievance-redressal-2026

POSHAN Tracker और PMMVY की शिकायतों का होगा निपटारा, 30 अक्टूबर को देशभर में...

0
नई दिल्ली | 30 अक्टूबर 2026 | सामाजिक कल्याण समाचार केंद्र सरकार ने गर्भवती महिलाओं, स्तनपान कराने वाली माताओं और पोषण सेवाओं के लाभार्थियों की...