देशभर में आज से 10 दिन रहेगी गणेशोत्सव धूम, राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति और प्रधानमंत्री ने इस अवसर पर लोगों को शुभकामनाएं दीं

देशभर में आज गणेश चतुर्थी का त्यौहार श्रद्धा और उल्‍लास के साथ मनाया जा रहा है। यह दिन ज्ञान, समृद्धि और सौभाग्य के प्रतीक भगवान गणेश के जन्मोत्‍सव के रूप में मनाया जाता है। लोग अपने घर में मिट्टी से बनी भगवान गणेश की प्रतिमाएं स्‍थापित करते हैं। 10 दिन तक चलने वाले उत्सव के दौरान बप्‍पा की पूजा करते हैं और अंतिम दिन प्रतिमा को धूमधाम से विसर्जित किया जाता है। गणेश चतुर्थी महाराष्ट्र का एक प्रमुख पर्व है, जहां लोग इसे उल्‍लास के साथ मनाते हैं। इस दिन को विनायक चतुर्थी और गणेश उत्‍सव भी कहते हैं।

गणपति बप्पा मोरया…के पवित्र घोष के साथ मुंबई के प्रसिद्ध सिद्धिविनायक मंदिर में पहली आरती की गई। इस दौरान मंदिर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे। ऐसा ही दृश्य लालबागचा राजा मंदिर में रहा। नागपुर के टेकड़ी गणेश मंदिर में भक्तों ने पूजा-अर्चना की। गुजरात में अहमदाबाद के वस्त्रपुर ना महागणपति मंदिर में सुबह की आरती की गई।

राष्‍ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, उपराष्‍ट्रपति जगदीप धनखड़ और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गणेश चतुर्थी के अवसर पर शुभकामनाएं दी हैं। अपने संदेश में राष्‍ट्रपति ने कहा कि आनंद और उत्‍साह का यह पर्व सामाजिक सौहार्द और भाईचारे का संदेश देता है। राष्‍ट्रपति मुर्मु ने कहा कि भगवान गणेश ज्ञान, बुद्धि और समृद्धि के प्रतीक हैं और यह त्योहार हमें विनम्र और कर्तव्यनिष्ठ बनने के लिए प्रेरित करता है। साथ ही यह पर्व सामाजिक समरसता को भी बढ़ावा देता है। राष्‍ट्रपति ने लोगों से एकजुट होकर शांतिपूर्ण और समृद्ध भारत के निर्माण का संकल्प लेने को भी कहा।

उपराष्‍ट्रपति जगदीप धनखड़ ने कहा कि भगवान गणेश बुद्धि, समृद्धि और अच्‍छे भाग्‍य के प्रतीक हैं और करोड़ों लोगों के हृदय में विशेष स्‍थान रखते हैं। उपराष्‍ट्रपति ने कहा कि विघ्‍नहर्ता के रूप में भगवान गणेश, हमें साहस और संकल्‍प के साथ चुनौतियों से निपटने के लिए प्रेरित करते हैं।

प्रधानमंत्री मोदी ने भी सभी देशवासियों को गणेश चतुर्थी की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। प्रधानमंत्री ने एक्स पर जारी एक पोस्ट में कहा ‘समस्त देशवासियों को गणेश चतुर्थी की हार्दिक शुभकामनाएं। गणपति बाप्पा मोरया!’।

जाति प्रमाण पत्र बनाने की व्यवस्था का हो सरलीकरण : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रदेश में जाति प्रमाण पत्र बनाने की व्यवस्था का सरलीकरण करने के निर्देश दिए है। उन्होंने कहा है कि जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र बनाने की व्यवस्था को भी जन-सुलभ बनाया जाए। इसके लिए संबंधित विभागों में परस्पर समन्वय सुनिश्चित किया जाए। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने पिछड़ा वर्ग पोस्ट मेट्रिक बालिका छात्रावासों में मैस का संचालन आरंभ करने तथा बालिका छात्रावासों की सुरक्षा के लिए बाउण्ड्रीवॉल बनाने के निर्देश दिए। इन छात्रावासों में सोलर पैनल भी लगाए जाएंगे। उन्होंने वर्ष 2024-25 में पिछड़ा वर्ग पोस्ट मेट्रिक छात्रवृत्ति भुगतान के लिए वर्तमान बजट प्रावधान के अतिरिक्त 560 करोड़ रूपए बजट के साथ ही छात्रवृत्ति के लिए पृथक पोर्टल को भी स्वीकृति प्रदान की। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मंत्रालय में पिछड़ा वर्ग-अल्पसंख्यक कल्याण तथा विमुक्त, घुमन्तु और अर्द्ध-घुमन्तु कल्याण विभाग की समीक्षा में यह निर्देश दिए। बैठक में विभाग की मंत्री कृष्णा गौर, मुख्य सचिव वीरा राणा, अपर मुख्य सचिव डॉ. राजेश राजौरा सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि जिन विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति उपलब्ध कराई जा रही है, उनकी शाला में नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक प्रबंध किए जाएं। उन्होंने कहा कि पिछड़ा वर्ग विदेश अध्ययन छात्रवृत्ति के अंतर्गत लाभान्वित हुए विद्यार्थियों के प्रदेश को योगदान का भी आंकलन किया जाए। उन्होंने कहा कि पिछड़े वर्ग के बेरोजगार युवाओं को विदेश में रोजगार उपलब्ध कराने के लिए संचालित योजना के अंतर्गत संबंधित देश की भाषा में दक्षता के लिए प्रदेश के चयनित संभागों में आवश्यक व्यवस्था कर सघन प्रयास किए जाएं। इसके साथ ही सरदार पटेल रोजगार प्रशिक्षण योजना और पिछड़ा वर्ग के परम्परागत व्यवसायों पर आधारित उत्कृष्टता केन्द्रों की स्थापना में बाजार की मांग के अनुरूप व्यवसायों और उत्पादों पर फोकस किया जाए। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मुख्यमंत्री पिछड़ा वर्ग तथा अल्प-संख्यक उद्यम एवं स्व-रोजगार योजना के अंतर्गत गतिविधियों को विस्तार देने की आवश्यकता बताई।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने विमुक्त, घुमन्तु और अर्द्ध-घुमन्तु कल्याण विभाग की समीक्षा के दौरान कहा कि कंजर, सांसी, पारधी तथा अन्य समुदायों के युवाओं और अगली पीढ़ी को शिक्षा, उद्यमिता और विकास से जोड़ने के लिए शासकीय प्रयासों के साथ-साथ सामाजिक संस्थाओं को भी पहल करने के लिए प्रेरित किया जाए। पुलिस, होमगार्ड तथा सुरक्षा संबंधी सेवाओं में चयन के लिए इन समुदायों के युवाओं को आवश्यक प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जाए। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कंजर, सांसी, पारधी समुदायों के लिए औपनिवेशिक प्रभाव के परिणामस्वरूप उपयोग में लाए जाने वाले संबोधनों को त्यागने के लिए पुलिस अधिकारियों व मीडिया की काउंसलिंग की जाएं। विमुक्त, घुमन्तु अर्द्ध घुमन्तु जातियों को सांस्कृतिक और समुदाय की गतिविधियों के लिए सामुदायिक भवनों के निर्माण की स्वीकृति भी दी गई। बैठक में बताया गया कि विमुक्त घुमन्तु और अर्द्ध घुमन्तु जातियों के सर्वे का कार्य भी शुरू किया गया है।

 

रहवासियों को मूलभूत सुविधाएँ उपलब्ध करायें : राज्य मंत्री कृष्णा गौर

पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कृष्णा गौर ने पटेल नगर क्षेत्र के कॉलोनाइजर्स को पेयजल, स्ट्रीट लाइट, सीवरेज आदि मूलभूत सुविधाएँ उपलब्ध कराने के निर्देश दिये। उन्होंने पटेल नगर के कॉलोनाइजर्स से कहा कि रहवासियों को पानी की पर्याप्त व्यवस्था के लिये कॉलोनी में मौजूद ट्यूबवेल को क्रियाशील बनायें। अगले दो दिन में 2 ट्यूबवेल शुरू करें और बाकी के ट्यूबवेल को अगले दो माह में करना सुनिश्चित करें। उन्होंने नगर निगम के अधिकारियों से कहा कि वे पटेल नगर का सर्वे कर कॉलोनी में किये जाने वाले कार्यों की सूची बनायें। कार्यों का आकलन कर डिमांड प्रस्तुत करें। कॉलोनाइजर्स द्वारा विकास के लिये आवश्यक राशि नहीं देने पर बंधक प्लाट्स को नीलाम कर विकास कराना सुनिश्चित किया जाये।

राज्य मंत्री कृष्णा गौर ने कहा कि प्रभातम हाइट्स पटेल नगर के रहवासियों के लिये कॉलोनाइजर को लिफ्ट लगाने और पार्किंग व्यवस्था सहित अन्य मूलभूत सुविधाएँ उपलब्ध कराने के निर्देश दिये। रघुनाथ नगर, शाहपुरा थाना चौराहा के पास कॉलोनी के रास्ते के विवाद को लेकर राज्य मंत्री कृष्णा गौर ने तहसीलदार से कहा कि वह रास्ते का मौका-मुआयना कर समस्या का समाधान करना सुनिश्चित करें। बैठक में एसडीएम एल.के. खरे सहित संबंधित विभागों के अधिकारी और कॉलोनियों के रहवासी मौजूद थे।

विकसित भारत की संकल्प सिद्धि का अभियान – विष्णुदत्त शर्मा

लोकतंत्र की भावना भारतीय जनता पार्टी संगठन की पंच निष्ठाओं में से एक है। यह भावना सिर्फ वैचारिक स्तर पर ही नहीं, अपितु पार्टी के आचरण और उसकी कार्यपद्धति में भी स्पष्ट दिखाई देती है। संगठन पर्व भाजपा का सदस्यता अभियान इसी लोकतांत्रिक कार्य पद्धति का महत्वपूर्ण अंग है, जिसके माध्यम से नए सदस्य भाजपा परिवार से जुड़ते हैं और विचार को विस्तार देते हैं। ऐसे ही विशिष्ट कार्यशैली वाले अभियानों के बल पर भाजपा दुनिया का सबसे बड़ा राजनीतिक दल बन चुका है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा सदस्यता ग्रहण किए जाने के उपरांत देश में 2 सितंबर से संगठन पर्व प्रांरभ हो चुका है। हमारे पूर्वजों ने पार्टी संगठन तथा कार्यकर्ताओं को गढ़ने और तराशने के लिए जो त्याग और परिश्रम किया है, उसी के बल पर वर्तमान में मध्यप्रदेश के पार्टी संगठन को पूरे देश में आदर्श माना जाता है। प्रदेश के लाखों-लाख कार्यकर्ता अपनी इस पहचान को कायम रखते हुए संगठन पर्व में पार्टी के विस्तार को नई ऊंचाईयां प्रदान करने को तैयार हैं।

पंचनिष्ठाओं पर आधारित हमारा विचार और आधार
भाजपा ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय द्वारा प्रतिपादित ‘एकात्म-मानवदर्शन’ को अपने वैचारिक, दर्शन के रूप मंय अपनाया है तथा सुशासन, विकास एवं सुरक्षा भाजपा की प्राथमिकताएं हैं। पार्टी ने पांच प्रमुख सिद्धांतों के प्रति भी अपनी निष्ठा व्यक्त की है, जिन्हें ‘पंचनिष्ठा’ कहते हैं। यह पंचनिष्ठाएं राष्ट्रवाद एवं राष्ट्रीय अखंडता, लोकतंत्र, सकारात्मक पंथ-निरपेक्षता (सर्वधर्म समभाव), गांधीवादी समाजवाद (सामाजिक-आर्थिक विषयों पर गाँधीवादी दृष्टिकोण द्वारा शोषण मुक्त समरस समाज की स्थापना) तथा मूल्य आधारित राजनीति है। भाजपा अकेली ऐसी पार्टी है, जो वैचारिक प्रतिष्ठान और अधिष्ठान पर चलती है, और जो राष्ट्रवादी विचारों से जुड़ी है। हमें गर्व है कि हमारा दल देश का ऐसा एकमात्र राजनीतिक दल है, जिसने राष्ट्रहितों के साथ कभी समझौता नहीं किया, अन्य सभी दलों ने सत्ता प्राप्ति एवं स्वार्थ सिद्धि के लिए एक नहीं, अनेकों बार समझौता किया। भाजपा के लिए राजनीति केवल सत्ता प्राप्त करने का साधन नहीं है, समाज को अपेक्षित दिशा में प्रगति पथ पर ले जाना भी उसका पहला कार्य है। इसके लिये संगत दृष्टिकोण की आवश्यकता होती है, जो संगत विचारधारा से प्राप्त होता है। भाजपा को छोडकर आज भारत के सभी राजनैतिक दल विचारधारा की शून्यता के शिकार हैं। भाजपा सांस्कृतिक राष्ट्रवाद, एकात्म मानववाद तथा पंचनिष्ठाओं की संगत विचारधाराओं के आधार पर संगठन का नियमन कर रही है। शासन की नीति में भी इनका समुचित प्रतिबिम्बन होगा। भाजपा राष्ट्र प्रथम के साथ शोषित, वंचित, पीड़ित का उत्थान और सेवा कर रही है।

राष्ट्र सर्वोपरि के भाव से अनेकानेक ऐतिहासिक निर्णय हुए
हमारे विचार की संकल्प शक्ति की वजह से ही लगभग पांच सौ वर्षों की प्रतीक्षा के पश्चात आज अयोध्या में भव्य व दिव्य राम मंदिर के निर्माण का सपना वास्तविकता बना है। हमारे पार्टी के संस्थापकों एवं असंख्य कार्यकर्ताओं ने श्रीरामलला को अपने मंदिर में विराजमान देखने हेतु अपनी चुनी हुई सरकारें भी न्यौछावर कर दीं, यह अपने विचारधारा पर अडिग रहने का एक उदाहरण मात्र है। हमारे पितृपुरुषां का संकल्प एवं एक देश में “दो विधान, दो प्रधान, दो निशान नहीं चलेंगे की पूर्ति स्वरूप अनुच्छेद 370 को हटाने ऐतिहासिक निर्णय हमारी ध्येय पूर्ति की यात्रा का और एक महत्वपूर्ण पड़ाव है। वर्ष 2014 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार एवं हमारे पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं देश के वर्तमान गृह मंत्री अमित शाह के कार्यकाल में भाजपा ने श्रद्धेय अटलजी की सरकार तथा तत्कालीन संगठन की नीतियों को दिशा देने के प्रयास के साथ ही अपनी विचारधारा अनुरूप “राष्ट्र सर्वोपरि मानकर अनेकानेक ऐतिहासिक निर्णय किये हैं जो हमारी विचारों की स्पष्टता को प्रतिलक्षित करते हैं। हमारे संस्थापकों ने भारत को विश्व गुरू बनाने का जो सपना देखा था आज प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में उस ओर हम कर्तव्यपरायणता के साथ अग्रसर हैं।

अंत्योदय का सपना साकार कर रही मोदी सरकार
हमारी ध्येय यात्रा में पूर्ण बहुमत की सरकार आते ही तीन तलाक कानून, नागरिकता संशोधन कानून, आपराधिक न्यायिक कानूनों में बदलाव के साथ ही पंडित दीनदयाल जी के अंत्योदय पर आधारित गरीब-कल्याण की योजनाओं के द्वारा करोड़ों गरीब लोगों के जीवन में परिवर्तन लाने का काम भी हुआ है। हमारी केंद्र की सरकार ने अंत्योदय के सिद्धांत अनुरूप ही 50 करोड़ से अधिक लोगों के जनधन खाते खुलवाए और आयुष्मान, उज्ज्वला और पीएम आवास जैसी अनुकरणीय योजनाएं संचालित की गईं और देश खुले में शौच से मुक्त हुआ। घर-घर बिजली पहुंचाई गई, 10 करोड़ से अधिक परिवारों को गैस कनेक्शन दिए गए और हर घर शुद्ध पेयजल पहुँचाया। कुछ प्रमुख आधारभूत कार्य हैं जो देश की पूर्ववर्ती सरकारों के 50 वर्षों के शासनकाल की प्राथमिकता होनी चाहिए थी, किन्तु वोट बैंक की राजनीति की वजह से किसी एक वर्ग विशेष की चिंता ही उनकी राजनीति की प्राथमिकता रही है। वे तुष्टीकरण करते रहे, हमने संतुष्टीकरण करने का ईमानदार प्रयास किया। वास्तव में, केंद्र और राज्यों की हमारी सरकारें सुशासन के प्रति समर्पित रहती हैं क्योंकि यही लोकतंत्र की आवश्यकता है। भाजपा समाज के आखिरी छोर पर खड़े व्यक्ति के विकास की बात ही नहीं करती, बल्कि उसे चरितार्थ भी करती है। भाजपा के सिद्धांतों के अनुरूप प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पारदर्शिता के शासन से देश के लोकत्रंत को मजबूती दी है, जिससे सामान्य व्यक्ति आज गरिमा के साथ जीवनयापन कर रहा है।

सांस्कृतिक राष्ट्रवाद के साथ विश्व में एक बड़ी ताकत बनकर उभरा भारत
आज भारत ही नहीं पूरा विश्व देख रहा है कि एक राजनीतिक दल और उसका नेतृत्व किस प्रकार अपने उन संकल्पों को पूरा करने में सफल सिद्ध हुआ है, जिन्हें पूरा करना कभी असंभव सा लगता था। भाजपा सरकार में अपनी सांस्कृतिक पहचान के साथ विश्व में एक बड़ी ताकत बनकर उभरे भारत ने अपने पुराने स्वाभिमान और आत्मगौरव को भी वापस हासिल किया है। राष्ट्रीय संकट में जनकल्याण की कसौटी पर भी भारत ने लोकतांत्रिक व्यवस्था में भाजपा के नेतृत्व ने एक अनूठा उदाहरण विश्व के समक्ष प्रस्तुत किया है। कोरोना संकट में दुनिया के अनेक देशों ने जहाँ अपने नागरिकों को अपने हाल पर छोड़ दिया, वहीं भारत में भाजपा की मोदी सरकार ने अपने हर नागरिक के जीवन को अमूल्य मानते हुए उनके लिए अनाज के साथ दवाओं और अन्य वस्तुओं को उपलब्ध कराया। स्वदेशी वैक्सीन के आविष्कार में प्रेरक भूमिका तो निभाई और हर नागरिक के लिए उसे मुफ्त उपलब्ध कराने हेतु विश्व का सबसे बड़ा वैक्सिनेशन अभियान चलाकर दुनिया से अपने सामर्थ्य का लोहा भी मनवा लिया है। सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास ही भाजपा का मूलमंत्र बन गया है।

विकसित भारत हेतु सदस्यता अभियान
लगभग 44 वर्षों की इस यात्रा में आज हमारी भाजपा भारतीय राजनीति के जिस शीर्ष पर पहुंची है, वो हमारी विचारधारा के प्रति एकनिष्ठ और समर्पित भाव से बढ़ते रहने के कारण ही संभव हुआ है। अपने 45 वें वर्ष में दुनिया के सबसे बड़े राजनीतिक दल ने चार दशक पूर्व जो सपने देखे, वह तो साकार हुए ही हैं, साथ ही स्वाधीनता के अमृत वर्ष में मोदी के नेतृत्व में विकसित भारत 2047 के लक्ष्य को अपना दिशा-सूत्र बना चुका है, जिसको पूरा करने का दारोमदार भी भारतीय जनता पार्टी के कोटि-कोटि कार्यकर्ताओं के कंधों पर है। देश की सेवा के लिए अधिकाधिक लोगों को आव्हान और प्रेरित करना भाजपा का संगठन पर्व है। भारतीय जनता पार्टी का यह संगठन पर्व केवल सदस्यता आंकड़ों को बढ़ाने और सत्ता सुख भोगने के लिए नहीं है, बल्कि जनता का दुख-दर्द दूर करने के साथ देश का मान-सम्मान बढ़ाने के लिए है। पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी ने कहा था कि “आज का विरोधी कल हमारा मतदाता बने, कल का मतदाता परसों भारतीय जनता पार्टी का सदस्य बने और परसों का सदस्य हमारा सक्रिय कार्यकर्ता बने“। निश्चित ही भाजपा अपनी संकल्प शक्ति, निष्ठा और नियति से इस लक्ष्य को पूरा करेगी तथा हमारे सदस्य देश के भविष्य-निर्माण की प्रक्रिया में अग्रणी भूमिका निभाते हुए संकल्प सिद्धि की ओर अग्रसरता में अपनी भूमिका का निर्वहन करेंगे।

नोट – लेखक भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व खजुराहो सांसद हैं।

खेल अकादमी के शूटिंग खिलाड़ी चेतन हेमंत सप्कल ने जीता कांस्य पदक

29 अगस्त से 08 सितम्बर 2024 तक दूसरी वर्ल्ड डेफ शूटिंग चैम्पियनशिप 2024 का आयोजन हानॉवर (जर्मनी) में किया जा रहा है। खेल अकादमी के खिलाड़ी चेतन हेमंत सप्कल ने 25मी. रेपिड फायर पिस्टल मेन व्यक्तिगत इवेन्ट में कांस्य पदक अर्जित कर देश और प्रदेश को गौरवान्वित किया। प्रतियोगिता में चेतन का यह दूसरा पदक है।

विस्तृत परिणाम:-हानॉवर (जर्मनी) में आयोजित इस दूसरी वर्ल्ड डेफ शूटिंग चैम्पियनशिप 2024 में 25मी. रेपिड फायर पिस्टल मेन व्यक्तिगत इवेन्ट मे 539- 10 एक्स अंको के साथ कांस्य पदक अर्जित किया। यूक्रेन के खिलाड़ियों ने स्वर्ण और रजत पदक प्राप्त किया।

खेल अकादमी के खिलाड़ी चेतन हेमंत सप्कल की इस उपलब्धि पर खेल मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने बधाई दी है। उन्होंने चेतन की इस उपलब्धि को सराहा है। चेतन पहली बार म.प्र. का प्रतिनिधित्व वर्ल्ड डेफ शूटिंग चैम्पियनशिप 2024 जर्मनी में कर रहे थे।

यहां यह उल्लेखनीय है कि चेतन हेमंत सप्कल इसी वर्ष खेल अकादमी से जुडे़ थे। प्रतिभा चयन कार्यक्रम के माध्यम से चेतन का चयन अकादमी में हुआ था। मुख्य प्रशिक्षक पी.एन. प्रकाश और सहा.प्रशिक्षक जयवर्धन के मार्गदर्शन में चेतन राज्य खेल अकादमी में प्रशिक्षणरत् है।

जीएसटी कर अपवंचन प्रकरणों पर प्रभावी कार्यवाही हो : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि अचल सम्पत्तियों के पंजीयन की दर का मूल्यांकन तिमाही आधार पर किया जाए, जिन क्षेत्रों में विकास तथा अन्य गतिविधियों के परिणामस्वरूप बाजार मूल्य में बढ़ोत्तरी हुई है, उन क्षेत्रों की दर को उस अनुपात में बढ़ाया जाए। उन्होंने निर्देशित किया कि जीएसटी कर अपवंचन प्रकरणों के चिन्हांकन और प्रभावी कार्रवाई पर वाणिज्यिक कर विभाग विशेष रूप से ध्यान दें, इसके लिए डाटा एनालिसिस सहित आईटी प्लेटफार्म का उपयोग करते हुए फील्ड अधिकारियों की तकनीकी क्षमता को संवर्धित करें। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने निर्देशित किया कि सभी कार्यवाहियां पारदर्शितापूर्ण तरीके से सुनिश्चित की जायें। उन्होंने कहा कि एंटी इवेजन ब्यूरो में उन्हीं की पदस्थापना हो, जिन्होंने ऑडिट और सर्कलों में अच्छा काम किया हो। साथ ही संबंधित अधिकारियों की रोटेशन से पदस्थापना हो। नियमानुसार कर जमा करने वाले व्यवसायियों को प्रोत्साहित करने के लिए सम्मानित व पुरस्कृत किया जाए। राज्य शासन की जिन भी योजनाओं में पुनर्विचार की आवश्यकता हो, उनकी सम-सामयिक परिस्थितियों के अनुसार समीक्षा की जाए। विकास कार्यों को प्रभावित किए बिना राज्य सरकार के आय के स्त्रोत बढ़ाने और व्यय पर नियंत्रण के हर संभव प्रयास किए जाएं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मंत्रालय में वाणिज्यिक कर विभाग की समीक्षा बैठक उपरोक्त निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने को कहा है। उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा, मुख्य सचिव वीरा राणा तथा अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि अवैध मदिरा और आबकारी अपराधों पर नियंत्रण के लिए हर संभव कार्रवाई की जाए। आबकारी नीति में उत्तरप्रदेश मॉडल का अध्ययन कर मध्यप्रदेश में उसकी उपयुक्तता का आंकलन किया जाए। बैठक में बताया गया कि पूर्व के निर्देशानुसार मदिरा की दुकानें नगर की सीमा से 1.5 किलोमीटर बाहर कर दी गई हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि शैक्षणिक संस्थानों और धार्मिक स्थलों के निकट मदिरा दुकानों के संबंध में प्राप्त शिकायतों पर तत्परता से प्रभावी कार्रवाई की जाए। बैठक में बताया गया कि प्रदेश के सभी बार और मदिरा दुकानों की जियो-टैगिंग की गई है तथा मदिरा के उत्पादन, वितरण और विक्रय तक की समस्त प्रक्रियाओं की ई-आबकारी पोर्टल से मॉनीटरिंग की जा रही है। प्रदेश में महुआ से “हैरिटेज मदिरा” का विनिर्माण आरंभ किया गया है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि पंजीयन कार्यालयों में पक्षकारों के बैठने की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित की जाये। साथ ही यह भी सुनिश्चित करें कि विभाग की कार्यप्रणाली में शासन के संवेदनशील और कल्याणकारी पक्ष तथा भ्रष्टाचार के विरूद्ध जीरो टॉलरेंस की नीति परिलक्षित हो। बैठक में भौतिक रूप से पंजीकृत दस्तावेजों के डिजिटिलाइजेशन तथा सम्पत्तियों के जियो-रिफरेन्सिंग के कार्य की जानकारी प्रस्तुत की गई। बैठक में बताया गया कि हरदा, डिण्डौरी, अनूपपुर, शहडोल, उमरिया, सिंगरौली और बुरहानपुर के 2004-05 से शत-प्रतिशत दस्तावेज डिजिटलीकृत किए जा चुके हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि कृषि भूमि के नामांतरण के दस्तावेजों के पंजीयन के बाद साइबर तहसील के माध्यम से स्वत: नामांतरण की प्रक्रिया का सम्पूर्ण प्रदेश में विस्तार किया जाए। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश में औद्योगिक और व्यावसायिक गतिविधियों को प्रोत्साहित करें। इससे कर संग्रहण में वृद्धि होगी और राज्य की आय बढ़ेगी।

अचल सम्पत्तियों के पंजीयन के लिए नागरिक केन्द्रित दृष्टिकोण के साथ विकसित सम्पदा 2.0 का पायलट प्रचालन अप्रैल 2024 से गुना, रतलाम, डिण्डौरी और हरदा में आरंभ किया गया। इसके अंतर्गत सम्पूर्ण पंजीयन प्रक्रिया का क्रियान्वयन पोर्टल के माध्यम से होता है। इस प्रोजेक्ट का शीघ्र ही सम्पूर्ण प्रदेश में विस्तार किया जाएगा। सम्पदा 2.0 के अंतर्गत पंजीयन के लिए पंजीयन कार्यालय, भू-अभिलेख, पंचायत/नगरीय निकाय तथा नगर व ग्राम निवेश कार्यालय के कार्यों को समन्वित किया गया है। पेपरलेस पंजीयन की इस प्रक्रिया के अंतर्गत स्टाम्प शुल्क एवं पंजीयन शुल्क की पोर्टल द्वारा स्वत: ही गणना कर ली जाएगी। भूलेख पोर्टल से भूमि एवं नक्शे की जानकारी भी सीधे प्राप्त होगी। शुल्क के ऑनलाइन भुगतान उपरांत ई-स्टाम्प जारी होगा। बैठक में सम्पूर्ण प्रक्रिया का प्रस्तुतिकरण किया गया। यह आमजन के “ईज ऑफ लिविंग और ईज ऑफ डूईंग” बिजनेस की ओर प्रभावी कदम है।

विगत वर्ष 2023-24 में कुल 51 हजार 469 करोड़ का राजस्व प्राप्त हुआ, जो पूर्व वर्ष 2022-23 में प्राप्त कुल राजस्व रूपए 44 हजार 491 करोड़ की तुलना में 16 प्रतिशत अधिक है। वाणिज्यिक कर विभाग द्वारा डाटा एनालिसिस के लिए नवीन पोर्टल दिशा – डाटा इंटेलीजेंस सिस्टम फॉर हॉलीस्टिक एनालिसिस तैयार किया गया है। डाटा एनालिटिक्स के लिए विभाग में डाटा कमांड एंड कण्ट्रोल सेंटर की स्थापना की गई है।

 

विष्णुदत्त शर्मा ने वरिष्ठ नेता गौरीशंकर शेजवार को उनके घर पहुंचकर पार्टी की सदस्स्यता दिलाई

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व खजुराहो सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने शुक्रवार को पार्टी के वरिष्ठ नेता गौरीशंकर शेजवार के निवास ई-3/185 अरेरा कॉलोनी, पहुंचकर उन्हें भाजपा की सदस्यता दिलाई। इस अवसर पर उन्होंने मीडिया से चर्चा करते हुए कहा कि देश में पार्टी के संगठन पर्व के तहत सबसे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने सदस्य के रुप में सदस्यता दिलाई। प्रदेश में सगंठन पर्व के तहत मैंने पहले सदस्य के तौर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को सदस्यता दिलाई और मैं पार्टी के वरिष्ठ नेता गौरीशंकर शेजवार को उनके घर पहुंचकर पार्टी का सदस्य बनाकर अपने आपको गौरवान्वित महसूस कर रहा हूं। विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि शेजवार जनसंघ और जब 1980 में भारतीय जनता पार्टी की स्थापना हुई तब से पार्टी के सदस्य हैं और पार्टी का विस्तार करने में सहयोग और मार्गदर्शन करते रहे हैं। विष्णुदत्त शर्मा ने उज्जैन मामले को लेकर कांग्रेस नेता जीतू पटवारी के बयान पर घड़ियाली ऑसू बताते हुए उसकी निंदा की।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि सदस्यता अभियान के पहले दिन ही 51 लाख से ज्यादा सदस्य बन चुके हैं, प्रदेश में पार्टी का सदस्य बनाने को लेकर कार्यकताओं में काफी उत्साह है और ज्यादा से ज्यादा सदस्य बनाने के लिए कॉम्पिटिशन चल रहा है। प्रदेश के 64 हजार 871 बूथों पर कार्यकर्ता ढाई सौ सदस्य बनाने के लक्ष्य को लेकर जुटे हुए हैं। प्रदेश का सदस्य बनाने का लक्ष्य डेढ़ करोड़ रखा गया है,लेकिन मुझे विश्वास है कि विधानसभा और लोकसभा चुनावों में पार्टी ने जो इतिहास रचा वैसा ही इतिहास प्रदेश एक बार फिर डेढ़ करोड़ से ज्यादा सदस्य बनाकर रचेगा। लगातार सदस्यता का आंकड़ा बढ़ता जा रहा है और कार्यकर्ता संगठन का मार्गदर्शन लेकर रोज इस दिशा में काम कर रहे है तथा ज्यादा से ज्यादा सदस्य बनाने का प्रयास कर रहे है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के बयान पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि कांग्रेस एवं विपक्ष के पास कोई मुद्दा नहीं रह गया है । कांग्रेस हर प्रकार की घटना-दुर्घटना को लेकर घड़ियाली आंसू रोने लगती है और शांति के टापू मध्यप्रदेश का माहौल बिगाड़ने का कार्य कर रही है, जिसे बिलकुल भी बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि मध्य प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी की सरकार है और बहन-बेटियों के साथ गलत कार्य करने वालों को फांसी पर चढ़ाने का कानून बनाने का काम सबसे पहले प्रदेश की भाजपा सरकार ने ही किया है। उन्होंने कहा कि जीतू पटवारी जी यह कोई कांग्रेस की सरकार नहीं है, गलत कार्य करने वाला यहां बचने वाला नहीं है। लेकिन मध्य प्रदेश को बदनाम करने के लिए आप यही चीज रोज ढूंढते हैं, इसे बिलकुल भी बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि मध्यप्रदेश में डॉ मोहन यादव के नेतृत्व वाली भाजपा की सरकार है और यहां कानून अपना काम करता है, अपना काम करेगा। कोई आपके कहने से कानून काम नहीं करेगा। प्रदेश में जैसे ही कहीं कोई घटना होती है तो उस पर तत्काल कार्रवाई होती है और उज्जैन की घटना में भी पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपियों को जेल भेजने का काम किया है।

पार्टी के वरिष्ठ नेता गौरीशंकर शेजवार ने कहा कि सदस्यता किसी भी पार्टी के विस्तार के लिए सबसे पहली सीढ़ी होती है। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व खजुराहो सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने मुझे आज घर आकर पार्टी का सदस्य बनाया। विष्णुदत्त शर्मा के नेतृत्व में संगठन पर्व का कार्यक्रम पूरी ताकत और योजना के साथ आगे बढ़ रहा है और यह पार्टी के विस्तार के लिए बहुत बड़ा कदम है। इस अवसर पर पार्टी के जिलाध्यक्ष सुमित पचौरी भी उपस्थित रहे।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने शिक्षक दिवस पर शिक्षकों को राष्ट्रीय पुरस्कार प्रदान किये

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने कल शिक्षक दिवस पर नई दिल्ली में आयोजित एक समारोह में देश भर के शिक्षकों को राष्ट्रीय पुरस्कार प्रदान किए। सभा को संबोधित करते हुए राष्ट्रपति ने कहा कि शिक्षकों को ऐसे नागरिक तैयार करने होंगे जो न केवल शिक्षित हों बल्कि संवेदनशील, ईमानदार और उद्यमशील भी हों। उन्होंने कहा कि जीवन में आगे बढ़ना सफलता है, लेकिन जीवन की सार्थकता दूसरों के कल्याण के लिए काम करने में है। हमें दया भाव रखना चाहिए। हमारा आचरण नैतिक होना चाहिए। सार्थक जीवन में ही सफल जीवन निहित है। विद्यार्थियों को ये मूल्य सिखाना शिक्षकों का कर्तव्य है।

राष्ट्रपति ने कहा कि किसी भी शिक्षा प्रणाली की सफलता में शिक्षक सबसे महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। पढ़ाना सिर्फ एक नौकरी नहीं है। यह मानव विकास का एक पवित्र मिशन है। अगर कोई बच्चा अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाता है तो शिक्षा व्यवस्था और शिक्षकों की बड़ी जिम्मेदारी बनती है। उन्होंने बताया कि अक्सर शिक्षक उन्हीं विद्यार्थियों पर विशेष ध्यान देते हैं जो परीक्षा में अच्छा प्रदर्शन करते हैं। हालाँकि उत्कृष्ट शैक्षणिक प्रदर्शन उत्कृष्टता का केवल एक आयाम भर है। एक बच्चा बहुत अच्छा खिलाड़ी हो सकता है, कुछ बच्चों में नेतृत्व कौशल हो सकता है, दूसरा बच्चा उत्साहपूर्वक सामाजिक कल्याण गतिविधियों में भाग लेता है। शिक्षक को प्रत्येक बच्चे की नैसर्गिक प्रतिभा को पहचान कर उसे सामने लाना होगा।

राष्ट्रपति ने कहा कि किसी भी समाज में महिलाओं की स्थिति उसके विकास के लिए एक महत्वपूर्ण मानदंड है। उन्होंने कहा कि यह शिक्षकों और अभिभावकों की जिम्मेदारी है कि वे बच्चों को इस तरह से शिक्षित करें कि वे हमेशा महिलाओं की गरिमा के अनुरूप व्यवहार करें। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि महिलाओं का सम्मान केवल ‘शब्दों’ में नहीं बल्कि ‘व्यवहार’ में भी होना चाहिए।

राष्ट्रपति ने कहा कि गुरुदेव रवीन्द्रनाथ टैगोर के अनुसार, यदि कोई शिक्षक स्वयं निरंतर ज्ञान अर्जित नहीं करता है तो वह सही अर्थों में पढ़ा नहीं सकता है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सभी शिक्षक ज्ञान प्राप्त करने की प्रक्रिया जारी रखेंगे। उन्होंने कहा कि ऐसा करने से उनका शिक्षण अधिक प्रासंगिक एवं रोचक बना रहेगा।

राष्ट्रपति ने शिक्षकों से कहा कि उनके छात्रों की पीढ़ी एक विकसित भारत का निर्माण करेगी। उन्होंने शिक्षकों और छात्रों को वैश्विक मानसिकता और विश्व स्तरीय कौशल रखने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि महान शिक्षक एक महान राष्ट्र का निर्माण करते हैं। विकसित मानसिकता वाले शिक्षक ही ऐसे नागरिक तैयार कर सकते हैं जो विकसित राष्ट्र का निर्माण करेंगे। उन्होंने विश्वास जताया कि हमारे शिक्षक छात्रों को प्रेरित करके भारत को दुनिया का ज्ञान केंद्र बनाएंगे।

हर साल, भारत 5 सितंबर को डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती को राष्ट्रीय शिक्षक दिवस के रूप में मनाता है। राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार का उद्देश्य देश में शिक्षकों के अद्वितीय योगदान का जश्न मनाना और उन शिक्षकों को सम्मानित करना है जिन्होंने अपनी प्रतिबद्धता और समर्पण के माध्यम से न केवल शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार किया है बल्कि अपने छात्रों के जीवन को भी समृद्ध बनाया है। प्रत्येक पुरस्कार में योग्यता प्रमाण पत्र, 50,000 रुपये का नकद पुरस्कार और एक रजत पदक दिया जाता है।

शिक्षा मंत्रालय के स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग ने इस वर्ष के राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार के लिए 50 शिक्षकों का चयन किया है। उनका चयन स्कूल शिक्षा और साक्षरता विभाग द्वारा कठोर पारदर्शी और ऑनलाइन तीन चरणों यानी जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर की चयन प्रक्रिया के माध्यम से किया गया है। चयनित 50 शिक्षक 28 राज्यों, 3 केंद्र शासित प्रदेशों और 6 संगठनों से हैं। चयनित 50 शिक्षकों में से 34 पुरुष, 16 महिलाएं, 2 दिव्यांग और 1 सीडब्ल्यूएसएन के साथ कार्यरत हैं। इसके अलावा, उच्च शिक्षा विभाग के 16 शिक्षकों और कौशल विकास और उद्यमिता मंत्रालय के 16 शिक्षकों को भी सम्मानित किया गया।

राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी) 2020 की मान्यता है कि छात्रों, संस्थान और पेशे की उन्नति के लिए प्रेरित, ऊर्जावान और सक्षम फैकल्टी महत्वपूर्ण है। इसमें शिक्षा ईकोसिस्टम में उत्कृष्टता की संस्कृति विकसित करने के लिए पुरस्कार और मान्यता जैसे प्रोत्साहनों की भी परिकल्पना की गई है। ऐसे में, वर्ष 2023 में, एनएटी की छत्रछाया में एचईआई और पॉलिटेक्निक के लिए पुरस्कारों की दो श्रेणियां स्थापित करने का निर्णय लिया गया, जो अब तक केवल स्कूल शिक्षकों तक ही सीमित थीं। चयनित 16 शिक्षक पॉलिटेक्निक, राज्य विश्वविद्यालयों और केंद्रीय उच्च शिक्षा संस्थानों से हैं।

बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने लाल कृष्ण आडवाणी और डॉक्‍टर मुरली मनोहर जोशी से मुलाकात कर रिन्यू कराई सदस्यता

भारतीय जनता पार्टी अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने पार्टी के वरिष्ठ नेता लाल कृष्ण आडवाणी से मुलाकात कर रिन्यू सदस्यता कराई। नड्डा ने आडवाणी को भाजपा राष्ट्रीय सदस्यता अभियान के अंतर्गत सदस्यता नवीनीकरण की प्रति सौंपी। भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि पार्टी संगठन के लिए आडवाणी का अटूट समर्पण कार्यकर्ताओं को सदैव प्रेरित करता है। इसके लिए वो आडवाणी के आवास पहुंचे। इस दौरान उनकी बेटी प्रतिभा आडवाणी भी मौजूद रहीं. उनकी भी सदस्यता रिन्यू हुई है।

नड्डा ने पार्टी के वरिष्ठ नेता डॉक्‍टर मुरली मनोहर जोशी से भी भेंट कर सदस्यता नवीनीकरण की प्रति दी। नड्डा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और हमारे मार्गदर्शक आदरणीय मुरली मनोहर जोशी से उनके आवास पर भेंट की और ‘भाजपा- राष्ट्रीय सदस्यता अभियान’ के अन्तर्गत सदस्यता नवीनीकरण की प्रति दी। जनसेवा व राष्ट्रोत्थान को समर्पित आपका जीवन हम कोटिशः भाजपा कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणा है।

भाजपा से जुड़कर विकसित भारत का नेतृत्व करने वाले युवाओं को तैयार करें शिक्षक – विष्णुदत्त शर्मा

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व खजुराहो सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने गुरूवार को शिक्षक दिवस पर प्रदेश कार्यालय में जिला भोपाल द्वारा आयोजित कार्यक्रम में शिक्षकों, प्राध्यापकों के पार्टी की सदस्यता ग्रहण करने पर उनका सम्मान किया। विष्णुदत्त शर्मा ने पार्टी में शामिल होने वाले शिक्षकों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि संगठन पर्व सिर्फ संख्या बढ़ाने या सत्ता प्राप्ति के लिए नहीं है। हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2047 तक देश को विकसित भारत बनाने का संकल्प लिया है और भाजपा से जुड़कर शिक्षकों को उस समय देश का नेतृत्व करने वाली पीढ़ी को तैयार करना है, क्योंकि आज वो जिन बच्चों को पढ़ा रहे हैं, 2047 में देश का नेतृत्व वही संभालेंगे। बड़ी संख्या में शिक्षकों ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा के रेफरल कोड के माध्यम से सदस्यता ग्रहण की। कार्यक्रम को जिला अध्यक्ष सुमित पचौरी ने भी संबोधित किया।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने शिक्षकों का स्वागत करते हुए कहा कि माता-पिता के बाद शिक्षक ही बच्चे के जीवन को दिशा देने का काम करते हैं। शिक्षक व्यक्तित्व का निर्माण करते हैं और समाज को दिशा देते हैं। श्री शर्मा ने शिक्षकों से अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि किस तरह उनकी मां ने उन्हें समरसता का पाठ पढ़ाया और किस तरह उनके शिक्षक ने उन्हें मंच से बोलने के लिए जरूरी आत्मविश्वास दिया। विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि भले ही समय बदल गया हो, लेकिन शिक्षक की भूमिका नहीं बदली है। शिक्षक आज भी सम्माननीय हैं और उनकी बातें बच्चे मानते हैं। शिक्षक बच्चों का मार्गदर्शन करके उन्हें सही दिशा बता सकते हैं।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि जब राजा निरंकुश हो जाए, तो उसे मार्ग पर लाने की शक्ति भी शिक्षक के पास होती है, जिस तरह से चाणक्य ने सम्राट चंद्रगुप्त को गढ़कर घनानंद की निरंकुश सत्ता को समाप्त कर दिया था। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकारें सामाजिक परिवर्तन के लिए काम कर रही हैं। मध्यप्रदेश में बेटियों के संरक्षण और सशक्तिकरण के लिए लागू की गई लाड़ली लक्ष्मी जैसी योजनाएं इसका उदाहरण हैं, जिनके कारण प्रदेश में लिंगानुपात में उल्लेखनीय बदलाव आया है। समाज कल्याण के ऐसे अभियानों में भी शिक्षक महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि आज भी समाज में कई लोग झूठ, छल, कपट के द्वारा भ्रम फैलाने का काम कर रहे हैं, समाज में विभाजन का प्रयास कर रहे हैं। शिक्षक समाज में अपने संपर्क के द्वारा भाजपा के विचार को प्रसारित कर सकते हैं और भ्रम फैलाने वालों को जवाब दे सकते हैं। इस अवसर पर जिला महामंत्री रविन्द्र यति, नगर निगम अध्यक्ष किशन सूर्यवंशी, जगदीश यादव, राहुल राजपूत सहित जिला एवं शिक्षक प्रकोष्ठ के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

इंदौर में श्रम संहिताओं और श्रमिक कल्याण पर बड़ा आयोजन, रोजगार और सामाजिक सुरक्षा...

0
इंदौर। श्रमिकों के अधिकारों, सामाजिक सुरक्षा और रोजगार व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में इंदौर में 3 नवंबर 2026 को श्रम संहिताओं...

असंगठित और गिग वर्कर्स के लिए केंद्र सरकार का बड़ा फैसला, 40 और 22...

0
नई दिल्ली | 4 नवंबर 2026 देश के करोड़ों असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों, डिलीवरी पार्टनर्स, ऐप आधारित टैक्सी चालकों और प्लेटफॉर्म वर्कर्स को सामाजिक सुरक्षा...
nmms-scholarship-2026-27

NMMSS Scholarship 2026-27: छात्रों को बड़ी राहत, छात्रवृत्ति आवेदन की अंतिम तारीख बढ़ी, अब...

0
नई दिल्ली। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के मेधावी विद्यार्थियों के लिए केंद्र सरकार ने बड़ी राहत दी है। शिक्षा मंत्रालय ने राष्ट्रीय साधन-सह-योग्यता...
akshara goswami

मध्यप्रदेश स्थापना दिवस पर 102 मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान, हर छात्र को मिली 1...

0
भोपाल। मध्यप्रदेश के 71वें स्थापना दिवस के अवसर पर प्रदेश की शैक्षणिक प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। भोपाल के लाल परेड मैदान में आयोजित...
poshan-tracker-pmmvy-grievance-redressal-2026

POSHAN Tracker और PMMVY की शिकायतों का होगा निपटारा, 30 अक्टूबर को देशभर में...

0
नई दिल्ली | 30 अक्टूबर 2026 | सामाजिक कल्याण समाचार केंद्र सरकार ने गर्भवती महिलाओं, स्तनपान कराने वाली माताओं और पोषण सेवाओं के लाभार्थियों की...