सच्ची लगन और एकाग्रता के बल पर रूबीना ने प्राप्त किया लक्ष्य

मध्यप्रदेश के जबलपुर में सामान्य परिवार में जन्मी 25 वर्षीय रूबीना फ्रांसिस ने हाल ही में ओलम्पिक शूटिंग पैरा स्पोर्टर्स चेम्पियनशिप में कांस्य पदक हासिल कर मध्यप्रदेश और भारत को गौरवन्वित किया है। रूबीना फ्रांसिस मध्यप्रदेश की पैरा शूटिंग की अंतर्राष्ट्रीय खिलाड़ी होने के साथ-साथ मध्यप्रदेश की पहली महिला ओलम्पियन खिलाड़ी बन गई हैं।

रूबीना फ्रांसिस ने 14 वर्ष की आयु में मध्यप्रदेश राज्य खेल अकादमी में अगस्त 2015 में प्रवेश किया। रूबीना फ्रांसिस कम समय में कड़ी मेहनत और लगन से शूटिंग के पी-2 10 मीटर एयर पिस्टल वूमेन इवेंट की खिलाड़ी बनी। स्नातक की डिग्री प्राप्त रूबीना फ्रांसिस ने अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर 8 पदक और राष्ट्रीय स्तर पर 22 पदक अर्जित किये हैं। रूबीना का वर्ल्ड रैंकिंग में पाँचवा और एशियन रैंकिंग में दूसरा स्थान अर्जित किया है।

रूबीना ने वर्ष 2021 में ओलम्पिक शूटिंग पैरा स्पोर्टर्स चेम्पियनशिप टोक्यो में प्रतिभागिता कर 7वां स्थान प्राप्त किया। इसी तरह वर्ष 2017 और 2018 के वर्ल्ड शूटिंग पैरा शूटिंग वर्ल्ड कप चेम्पियनशिप में जूनियर रिकार्ड बनाया। इसी वर्ष में ही वर्ल्ड शूटिंग पैरा शूटिंग वर्ल्ड कप चेम्पियनशिप फ्रांस में जूनियर रिकार्ड की बराबरी की।

रूबीना ने इसके अलावा फ्रांस में 2022 में आयोजित वर्ल्ड पैरा शूटिंग वर्ल्ड कप में शानदार प्रदर्शन कर वर्ल्ड रिकार्ड बनाकर 1 स्वर्ण, 2 रजत और 1 कांस्य सहित कुल 4 पदक अर्जित कर देश और प्रदेश का नाम रोशन किया है।

रूबीना ने विपरीत परिस्थिति में अपनी मेहनत और एकाग्रता के बल पर पैरालम्पिक 2024 पेरिस फ्रांस में भारत का प्रतिनिधित्व कर कांस्य पदक जीत कर देश को गौरवान्वित किया है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज कई मुद्दों पर सिंगापुर के प्रधानमंत्री लॉरेंस वोंग से करेंगे बातचीत

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सिंगापुर की दो दिवसीय यात्रा पर है। प्रधानमंत्री मोदी ने सिंगापुर के प्रधानमंत्री लॉरेंस वांग के साथ वार्ता की। इस बैठक के दौरान दोनों नेताओं ने भारत-सिंगापुर की रणनीतिक साझेदारी की प्रगति की समीक्षा की और परस्‍पर हितों के क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर विचार-विमर्श किया।

इससे पहले, प्रधानमंत्री का सिंगापुर के पार्लियामेंट भवन पहुंचने पर स्‍वागत किया गया। ब्रुनेई की अपनी सफल यात्रा के समापन के बाद प्रधानमंत्री मोदी कल लायन सिटी सिंगापुर पहुंचे। सिंगापुर के प्रधानमंत्री ने प्रधानमंत्री मोदी के सम्‍मान में निजी रात्रिभोज दिया। एक सोशल मीडिया पोस्ट में, प्रधानमंत्री मोदी ने उल्लेख किया कि वोंग के साथ उनकी विभिन्न मुद्दों पर महत्‍वपूर्ण चर्चा हुई। उन्होंने कहा कि भारत सिंगापुर के साथ अपनी मैत्री संबंधों को महत्व देता है।

सिंगापुर पहुंचने पर प्रधानमंत्री का वहां रह रहे भारतीय समुदाय के लोगों ने गर्मजोशी से स्‍वागत किया। शाम को सिंगापुर के प्रधानमंत्री ने प्रधानमंत्री मोदी के सम्‍मान में निजी तौर पर रात्रि भोज का आयोजन किया। एक सोशल मीडिया पोस्‍ट में प्रधानमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री वोंग के साथ विभिन्‍न द्विपक्षीय मुद्दों पर व्‍यापक चर्चा हुई। उन्‍होंने कहा कि भारत–सिंगापुर के साथ मित्रता को बहुत महत्‍व देता है। कल दोनों नेता भारत-सिंगापुर रणनीतिक साझेदारी की प्रगति की समीक्षा करेंगे और आपसी हित के क्षेत्रीय तथा वैश्विक मुद्दों पर विचार विमर्श करेंगे। इसके बाद प्रधानमंत्री मोदी सिंगापुर के राष्‍ट्रपति और अन्‍य गणमान्‍य लोगों से मुलाकात करेंगे। वे सेमीकंडर विनिर्माण इकाई भी देखने जायेंगे। करीब 6 साल बाद सिंगापुर की यात्रा कर रहे हैं। प्रधानमंत्री का सिंगापुर की कंपनियों के मुख्‍य कार्यकारी अधिकारियों से मिलने का भी कार्यक्रम है। हमारे संवाददाता ने खबर दी है कि प्रधानमंत्री की इस सिंगापुर यात्रा से भारत की एक्‍ट ईस्‍ट नीति को और मजबूती मिलने की संभावना है।

प्रधानमंत्री मोदी करीब छह वर्ष बाद फिर से सिंगापुर की यात्रा पर हैं। भारत और सिंगापुर के बीच मजबूत रक्षा सहयोग रहा है। दोनों देशों के बीच हाल के दिनों में व्‍यापार और निवेश में लगातार वृद्धि हुई है। आसियान संगठन में सिंगापुर, भारत का सबसे बडा व्‍यापारिक साझेदार है और प्रत्‍यक्ष विदेशी निवेश का एक प्रमुख स्रोत भी है।

सभी अधिकारी फोटो निर्वाचक नामावली के कार्य को गंभीरता से लें : मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी सुखवीर सिंह

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी सुखवीर सिंह ने बुधवार को सभी कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारियों के साथ वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिये बैठक की। उन्होंने मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण- 2025 के अंतर्गत जिलों में चल रही प्री-रिवीजन गतिविधियों के संबंध में चर्चा की और आवश्यक निर्देश दिए।

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी सुखवीर सिंह ने कहा कि सभी अधिकारी फोटो निर्वाचक नामावली के कार्य को गंभीरता से लें। बीएलओ अनिवार्य रूप से मतदाताओं के घर-घर जाकर सर्वे करें और प्रतिदिन की प्रगति की रिपोर्ट दें। मतदाता सूची में किसी भी मृत व्यक्ति का नाम न हो, यह सुनिश्चित करें।

मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण- 2025 के अंतर्गत प्रारंभिक गतिविधियां बीते माह 20 अगस्त से शुरू हो गई हैं। इस दौरान बीएलओ (बूथ लेवल ऑफिसर) प्रत्येक घर जाकर मतदाताओं का भौतिक सत्यापन करें। उन्होंने कहा कि पुनरीक्षण कार्य पूरी सतर्कता के साथ किया जाये, इसमें लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जायेगी।

सुखवीर सिंह ने कहा कि मतदाता सूची में किसी भी ऐसे व्यक्ति का नाम न हो, जिसकी मृत्यु हो गई हो। साथ ही फॉर्म 7 के माध्यम से ऐसे मतदाता, जिनका नाम एक से अधिक जगह पर दर्ज है, हटाने की कार्रवाई करें। फॉर्म 8 भरकर मतदाता वोटर आईडी कार्ड में त्रुटियों का संशोधन भी इस दौरान करा सकते हैं। साथ ही लंबित प्रकरणों की तत्काल निराकरण किया जाये।

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी सुखवीर सिंह ने कहा कि मतदान केंद्रों का भौतिक सत्यापन कर मतदान केंद्र का फोटो ‘एप’ पर अपलोड करें। जर्जर मतदान केंद्र की जगह नए मतदान केंद्र बनाए जाने का प्रस्ताव भेजें। एक परिवार के सदस्यों का नाम एक ही मतदान केंद्र एवं एक पार्ट पर हो। मतदान केंद्र की दूरी दो किमी से अधिक न हो और एक मतदान केंद्र पर 1500 से अधिक मतदाताओं की संख्या न हो, यह भी सुनिश्चित करें।

सुखवीर सिंह ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा रिहायशी कॉलोनियों, बड़ी सोसायटियों और बहुमंजिला इमारत (कॉलोनियों) में भी आवश्यकतानुसार मतदान केंद्र बनाने का निर्णय लिया गया है। उन्होंने कहा कि कॉलोनियों के कम्युनिटी हॉल या फिर सोसायटी के ऑफिस को मतदान केंद्र बनाया जा सकता है।

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी सुखवीर सिंह ने कहा कि जिन जिलों में जेंडर रेश्यो कम है, उन जिलों में महिला मतदाताओं का नाम जोड़ने विशेष अभियान चलाएं। आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका, आशा, ऊषा कार्यकर्ता ग्राम पंचायत सचिव व शासकीय स्कूल में पदस्थ महिला शिक्षकों की भी मदद लें।

सुखवीर सिंह ने कहा कि जिन युवाओं की उम्र 1 जनवरी 2025 को 18 वर्ष पूर्ण हो रही है, वे युवा मतदाता सूची में अपना नाम जुड़वाने के लिए अग्रिम रूप से आवेदन कर सकते हैं। साथ ही जो युवा 1 अक्टूबर 2024 को 18 वर्ष की आयु पूरी कर रहे हैं, वे भी मतदाता सूची में नाम जुडवाने के लिए अग्रिम रूप से अपना आवेदन कर सकते हैं। नये मतदाता का वोटर कार्ड स्पीड पोस्ट के माध्यम से आसानी से घर पहुंच जाएगा।

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी सुखवीर सिंह ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों प्रकार की सुविधा प्रदान की गई है। ऑनलाइन आवेदन वोटर हेल्पलाइन एप औरवेबसाइट के माध्यम से किया जा सकता है। ऑफलाइन के लिए बीएलओ से संपर्क किया जा सकता है। बैठक में अपर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी राजेश कुमार कौल, संयुक्त मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी बसंत कुर्रे, विवेक श्रोतिय सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

 

केंद्रीय मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने जिला युवा अधिकारियों के दो दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन का उद्घाटन किया

केंद्रीय युवा मामले एवं खेल और श्रम एवं रोजगार मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने कल नई दिल्ली में जिला युवा अधिकारियों के दो दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन का उद्घाटन किया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 2047 तक ‘विकसित भारत’ के सपने को साकार करने में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका पर चर्चा को बढ़ावा देना है।

केंद्रीय मंत्री डॉ. मांडविया ने अपने उद्घाटन भाषण में भारत के भविष्य को आकार देने में युवा शक्ति की क्षमता का दोहन करने के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने जिला युवा अधिकारियों से राष्ट्र निर्माण में सार्थक योगदान देने के लिए देश भर के युवाओं को प्रेरित करने, सशक्त बनाने और उन्हें जोड़ने का नेतृत्व करने का आह्वान किया।

डॉ. मांडविया ने कहा, “भारत के युवा हमारी सबसे बड़ी ताकत हैं और उनकी ऊर्जा को एक समृद्ध और विकसित राष्ट्र के निर्माण की दिशा में लगा दिया जाना चाहिए।” उन्होंने कहा, “हमें 2047 में स्वतंत्रता के 100 वर्ष पूरे होने तक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विकसित भारत’ के सपने को साकार करने के लिए अपने युवाओं की शक्ति को दिशा देने की जरूरत है।”

इस सम्मेलन में उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए डॉ. मांडविया ने हाल ही में शुरू किए गए माय भारत प्लेटफॉर्म की संभावनाओं पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि यह प्लेटफॉर्म वर्तमान में सीवी निर्माण और अनुभवात्मक शिक्षा जैसी कई सुविधाएं प्रदान करता है और भविष्य में इसका उद्देश्य युवाओं को कौशल और रोजगार के अवसरों के लिए अतिरिक्त मौका प्रदान करना है। उन्होंने कहा कि माय भारत प्लेटफॉर्म हमारे युवाओं के लिए वन-स्टॉप समाधान के रूप में काम करेगा। उन्होंने गर्व के साथ बताया कि 1.5 करोड़ से अधिक युवा स्वयंसेवक पहले ही इस प्लेटफॉर्म पर पंजीकरण करा चुके हैं और दिसंबर 2024 के अंत तक इस संख्या को 3 करोड़ तक बढ़ाने का महत्वाकांक्षी लक्ष्य रखा गया है।

केंद्रीय मंत्री डॉ. मांडविया ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के व्यक्त किए गए अमृत काल के “पंच प्रण” का भी उल्लेख किया। उन्होंने युवाओं से इन सिद्धांतों से प्रेरणा लेने और देश की बेहतरी के लिए खुद को समर्पित करने का आग्रह किया। उन्होंने युवा पीढ़ी से अगले 25 वर्षों तक राष्ट्र को आगे बढ़ाने और समृद्ध बनाने के लिए प्रतिबद्ध होने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवाओं को यह समझना होगा कि उनके प्रयासों से भविष्य में उन्हें अंततः लाभ होगा।

केंद्रीय मंत्री ने देश भर से आए युवा मामले विभाग और माय भारत के अधिकारियों के साथ विकसित भारत 2047, सेवा से सीखें, सार्वजनिक जीवन में युवा, फिट इंडिया क्लब और स्वच्छ भारत मिशन – नया संकल्प जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर संवादात्मक सत्रों की अध्यक्षता की।

युवा मामले और खेल मंत्रालय में युवा मामले विभाग 4 और 5 सितंबर 2024 को नई दिल्ली स्थित जवाहर लाल नेहरू स्टेडियम में राष्ट्रीय सम्मेलन का आयोजन कर रहा है। स्वास्थ्य, शहरी शासन, साइबर सुरक्षा, उद्यमिता, युवा आदान-प्रदान और विज्ञान मेला सहित विभिन्न विषयों पर अंतर्दृष्टि साझा करने के लिए देश भर से युवा अधिकारी इस सम्मेलन में भाग ले रहे हैं।

युवाओं की पहुंच और जुड़ाव बढ़ाने के लिए माय भारत प्रौद्योगिकी मंच का लाभ उठाने पर भी चर्चा की जाएगी। विचार-विमर्श सत्रों में राष्ट्रीय युवा महोत्सव और विज्ञान मेला जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की जाएगी। इसके अतिरिक्त, डाक चौपाल, साइबर सुरक्षा और साइबर अपराध जागरूकता और युवा उद्यमिता पर प्रस्तुतियां भी होंगी।

राष्ट्रीय सम्मेलन से यह अपेक्षा की जाती है कि वह क्षेत्रीय संगठनों के अधिकारियों को सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा, ताकि वे युवाओं को नेतृत्व प्रदान कर सकें और उन्हें अपनी सर्वोच्च क्षमता प्राप्त करने के अवसर प्रदान कर उन्हें प्रेरित कर सकें।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने विभिन्न जिलों में हुई घटनाओं की जानकारी प्राप्त कर कलेक्टर को दिए निर्देश

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने ग्वालियर, धार और झाबुआ जिलों में हुई विभिन्न घटनाओं के संबंध में तीनों जिलों के कलेक्टर से दूरभाष पर चर्चा कर जानकारी प्राप्त की और आम नागरिकों की राहत के लिए आवश्यक निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कलेक्टर झाबुआ को निर्देश दिए कि दो बच्चियों के बह जाने से उनके परिवार को चार-चार लाख रुपए की सहायता राशि प्रदान की जाए। ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो यह भी ध्यान रखा जाए।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने ग्वालियर कलेक्टर से चर्चा कर ट्रॉमा सेंटर की घटना की जानकारी प्राप्त की। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कलेक्टर को निर्देश दिए कि भविष्य में ऐसी घटना न हो इस संबंध में सतर्कता रखी जाए और समस्त स्टॉफ सजग रह कर अपना दायित्व निर्वहन करें।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने धार जिले में डही विकासखंड के ग्राम बड़वानिया में जनजातीय बालक आश्रम परिसर में वर्षा जल भर जाने से विद्यार्थियों को हुए कष्ट के संबंध में जानकारी प्राप्त की। कलेक्टर ने बताया कि समय रहते हैं, बच्चों को बचाया गया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि ऐसी घटनाओं का दोहराव न हो, इसके लिए सभी आवश्यक सावधानियां रखी जाएं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा की धार जिले की इस घटना में जिन सामाजिक कार्यकर्ताओं और नागरिकों द्वारा सेवा प्रदान की गई और बच्चों की जीवन रक्षा के लिए सक्रियता एवं सजगता का परिचय दिया गया उन्हें राज्य सरकार पुरस्कृत और सम्मानित करेगी।

उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव के पिता का 3 सितंबर मंगलवार को अवसान हुआ है। बुधवार 4 सितंबर को पिता के अंतिम संस्कार के बाद उज्जैन स्थित निवास से उन्होंने प्रदेश के विभिन्न जिलों में घटित घटनाओं के संबंध में अधिकारियों से जानकारी प्राप्त कर नागरिकों के हित में आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव पिता के अवसान के पश्चात शोक व्यक्त करने आए नागरिकों विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों से भेंट कर राजधर्म का पालन करते हुए प्रदेश की स्थिति पर नजर भी रखे हुए हैं। वे निरंतर प्रशासनिक अधिकारियों से दूरभाष पर चर्चा भी कर रहे हैं।

 

महिला एवं बाल विकास मंत्रालय को पोषण ट्रैकर पहल के लिए मिला राष्ट्रीय पुरस्कार

महिला एवं बाल विकास मंत्रालय को पोषण ट्रैकर पहल के लिए ई-गवर्नेंस 2024 का राष्ट्रीय पुरस्कार मिला है। यह पुरस्कार सरकारी प्रक्रिया और डिजिटल परिवर्तन के लिए पोषण ट्रैकर पहल को दिया गया है। पोषण ट्रैकर बच्चों के पोषण विकास की वास्तविक समय की निगरानी और मूल्यांकन के साथ बच्चों के लिए एक स्वस्थ भविष्य सुनिश्चित करता है।

महिला एवं बाल विकास मंत्रालय ने बताया कि 0-6 वर्ष की आयु के बच्चों के स्वास्थ्य और कल्याण को सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए मिशन पोषण 2.0 ने अपनी मासिक विकास निगरानी पहल पोषण ट्रैकर के माध्यम से लाखों जीवन के विकास पर नजर रखने में उल्लेखनीय प्रगति की है।

पोषण ट्रैकर कार्यक्रम ने विकास के मुद्दों की सफलतापूर्वक पहचान की है और उन्हें संबोधित किया है, जिससे लक्षित बेहतर पोषण परिणामों का मार्ग प्रशस्त हुआ है।

मिशन पोषण 2.0, विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) ग्रोथ चार्ट के माध्यम से समय के अनुरूप बच्चे के ग्रोथ पैटर्न को ट्रैक करने में मदद करता है, जो बच्चों में होने वाले बदलाव और विकास की निगरानी में उपयोग किए जाने वाले आवश्यक अंग हैं। ये चार्ट मुख्य मानवशास्त्रीय मापों – जैसे कि ऊंचाई और वजन दर्शाते हैं और बच्चे के विकास में अहम भूमिका निभाते हैं। बच्चे के विकास को लेकर इसके माध्यम से आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को पोषण की स्थिति का आकलन करने में मदद मिलती है और शुरुआती मदद की सुविधा मिलती है।

पोषण ट्रैकर, एक अत्याधुनिक आईसीटी एप्लीकेशन है, जो इस प्रक्रिया में अहम भूमिका निभाता है। इससे समय पर विकास से संबंधी मुद्दों की पहचान और ट्रैकिंग संभव हो पाती है। प्रत्येक आंगनवाड़ी केंद्र (एडब्ल्यूसी) पर उपलब्ध विकास मापक उपकरणों (जीएमडी) की सहायता, सटीक डेटा प्रविष्टि और नियमित निगरानी के साथ, कार्यक्रम ने प्रभावशाली परिणाम प्राप्त किए हैं।

वर्तमान में, मिशन पोषण 2.0 में 8.9 करोड़ बच्चे (0-6 वर्ष) शामिल हैं, जिनमें से 8.57 करोड़ बच्चों की वृद्धि नियमित मासिक वृद्धि माप के माध्यम से एक महीने में मापी गई है। यह व्यापक पहुंच और प्रभाव जीवन में बदलाव लाने के लिए इस कार्यक्रम की प्रतिबद्धता है।

स्वास्थ्य समस्याओं की प्रारंभिक पहचान, पोषण मूल्यांकन और विकास से संबंधित मुद्दों की ट्रैंकिग पर ध्यान केंद्रित करके, मिशन पोषण 2.0 न केवल स्वास्थ्य परिणामों में सुधार कर रहा है, बल्कि समुदायों को अपने बच्चों की भलाई की जिम्मेदारी लेने के लिए सशक्त भी बना रहा है। जैसे-जैसे यह कार्यक्रम विकसित और विस्तारित हो रहा है, वैसे-वैसे यह भारत के सबसे युवा नागरिकों के लिए एक स्वस्थ, उज्ज्वल भविष्य की उम्मीद की किरण बन रहा है।

जन आंदोलन प्रतिवर्ष पोषण माह (1-30 सितंबर) और पोषण पखवाड़ा (मार्च का पखवाड़ा) के रूप में मनाए जाते हैं। 2018 से अब तक 6-6 पोषण माह और पोषण पखवाड़ा आयोजित किए जा चुके हैं और इनके माध्यम से विभिन्न विषयों के तहत 100 करोड़ से अधिक पोषण-केंद्रित संवेदीकरण गतिविधियों की सूचना प्रदान की गई है।

 

राष्ट्रपति ने महाराष्ट्र सरकार की ‘शासन आपल्या दारी’ और ‘मुख्यमंत्री माझी लड़की बहिन योजना’ के लाभार्थियों को संबोधित किया

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने आज उदगीर में महाराष्ट्र सरकार की ‘शासन आपल्या दारी’ और ‘मुख्यमंत्री माझी लड़की बहिन योजना’ के लाभार्थियों की एक सभा को संबोधित किया। इस अवसर पर राष्ट्रपति ने कहा कि ‘शासन आपल्या दारी’ और ‘मुख्यमंत्री माझी लड़की बहन योजना’ समावेशी एवं समृद्ध समाज और देश के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं। उन्हें यह जानकर खुशी हुई कि केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं की मदद से महाराष्ट्र में महिलाएं आत्मनिर्भर बन रही हैं। उन्होंने महिलाओं को वित्तीय साक्षरता और कौशल प्रदान करने के साथ-साथ उनके लिए आजीविका के अवसर पैदा करने के लिए राज्य सरकार की सराहना की। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार पारदर्शी और उत्तरदायी शासन के लिए कई कदम उठा रही है। सरकार नागरिकों के घरों तक बुनियादी सेवाएं पहुंचा रही है ताकि उन्हें उन सेवाओं के लिए सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।

राष्ट्रपति ने कहा कि महिला सशक्तिकरण के लिए की जा रही ऐसी सभी पहलों के बारे में जानकर मुझे बहुत संतोष मिलता है। कहा जाता है कि समान परिस्थितियों में परिवार के आर्थिक संसाधनों का उपयोग परिवार के लोगों की भलाई में करने की भावना और समझ पुरुषों से कहीं अधिक महिलाओं में होती है। ऐसा माना जाता है कि अगर हम एक पुरुष को शिक्षित करते हैं तो हम सिर्फ़ एक व्यक्ति को शिक्षित करते हैं लेकिन अगर हम एक महिला को शिक्षित करते हैं तो हम पूरे परिवार और आने वाली पीढ़ी को शिक्षित करते हैं। यह बात आर्थिक सशक्तिकरण के लिए भी सच है। अगर महिलाएं आर्थिक रूप से सशक्त होंगी तो पूरा परिवार और आने वाली पीढ़ी भी सशक्त होगी।

राष्ट्रपति ने इस बात पर प्रसन्नता व्यक्त की कि भारत सरकार की ‘लखपति दीदी’ योजना के माध्यम से देश भर में लगभग एक करोड़ महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। उन्होंने कहा कि इस पहल से महिलाओं में आत्मविश्वास, जागरूकता और नई चेतना बढ़ रही है।

राष्ट्रपति ने महिलाओं के स्वास्थ्य एवं पोषण को सुनिश्चित करने हेतु विभिन्न कदम उठाने के लिए महाराष्ट्र सरकार की सराहना की। उन्होंने कहा कि अक्सर देखा जाता है कि माताएं और बहनें परिवार के खान-पान एवं स्वास्थ्य का ध्यान रखती हैं, लेकिन अपने खान-पान और स्वास्थ्य का ध्यान नहीं रखतीं। उन्होंने उन्हें अपने स्वास्थ्य पर भी ध्यान देने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि उन्हें अपने और अपने परिवार के बेहतर भविष्य के लिए अपने स्वास्थ्य का ध्यान रखना होगा।

राष्ट्रपति को यह जानकर खुशी हुई कि पिछले कुछ वर्षों में कार्यबल में महिलाओं की भागीदारी में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। उन्होंने कहा कि महिलाएं अब हर क्षेत्र में योगदान दे रही हैं। लेकिन, महिलाओं की भागीदारी को और बढ़ाने के लिए अभी और प्रयास करने की आवश्यकता है। उन्होंने सभी पुरुषों से महिलाओं की क्षमता को पहचानने और उनके सपनों को साकार करने में उनका साथ देने की अपील की। उन्होंने कहा कि महिलाओं की प्रगति में उत्पन्न कोई भी बाधा समाज और देश के विकास की गति को भी धीमा कर देती है।

इस समारोह में भाग लेने से पहले राष्ट्रपति ने उदगीर में बुद्ध विहार का उद्घाटन किया, जिसमें एक ध्यान केन्द्र भी है और भगवान बुद्ध की प्रतिमा के समक्ष पुष्पांजलि अर्पित की।

किसी भी विषय पर बोलने से पहले उसका बारीकी से अध्ययन कर लें : मुकेश नायक

प्रदेश कांग्रेस मीडिया विभाग के अध्यक्ष मुकेश नायक की अध्यक्षता में आज प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रवक्तागणों की आवश्यक बैठक आहूत की गई। बैठक में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने जूम के माध्यम से जुड़कर बैठक में उपस्थित सभी प्रवक्तागणों को मार्गदर्शन दिया और आगाह किया कि पूरी आक्रामकता के साथ काम करें। मीडिया विभाग अच्छा काम कर रही है। लेकिन इसमें और परिपक्ता की आवश्यकता है। डिवेट के दौरान मीडिया से चर्चा करते समय अनुशासन को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाये। महिला का प्रतिनिधित्व बढ़ाने पर ध्यान दिया।

पटवारी ने कहा कि मीडिया में अच्छा काम करने वालों को प्रोत्साहन मिलना चाहिए और कार्यप्रणाली में सुधार होना चाहिए। पटवारी ने स्पष्ट संकेत दिये कि जिनका प्रदर्शन स्तर के अनुसार नहीं होगा, उन्हें हटाने में कोई कोताही नहीं बरती जायेगी।

प्रदेश कांग्रेस मीडिया विभाग के अध्यक्ष मुकेश नायक ने कहा कि प्रवक्तागण तथ्यपरक बात करने और किसी भी विषय पर बोलने के पहले अच्छे से उस विषय का अध्ययन कर ले जिस विषय पर वह डिवेट में बोलने के लिए बैठा हैं। कांग्रेस की पूरी मीडिया टीम अच्छा काम कर रही है किंतु जो स्थिति प्रदेश की भाजपा सरकार में वर्तमान में बनी हुई है, प्रदेश में भ्रष्टाचार व्यापक स्तर पर बना हुआ है। महिलाओं पर अत्याचार, दुराचार की घटनाओं का जो ग्राफ बढ़ता जा रहा है, युवाओं, किसानों की समस्याओं से प्रदेश जूझ रहा है। कांग्रेस के प्रवक्ता को मीडिया में हमें जनता की आवाज बनकर भाजपा के दोहरे चाल, चरित्र और चेहरे को उजागर करने में कोई कसर नहीं छोड़ना है। साथ ही कांग्रेस का पक्ष हमें मजबूती से रखना है।

नायक ने कहा कि बैठक में मीडिया विभाग एवं प्रवक्ता द्वारा पिछले 8 माहे के कार्यों की समीक्षा की गई, उनके कार्य का अवलोकन किया गया। बैठक में सभी प्रवक्तागण भूपेन्द्र गुप्ता, मृणाल पंत, रवि सक्सेना, शैलेन्द्र पटेल, विनय सक्सेना, रोशनी यादव, संतोष सिंह गौतम, डॉ. अशोक मसकोले, बैजनाथ कुशवाहा, राम पाण्डेय, मिथुन अहिरवार, रवि वर्मा, आर.पी. सिंह, स्वदेश शर्मा, अवनीश बुंदेला, संतोष सिंह परिहार, विवेक त्रिपाठी, अपराजिता पाण्डेय, आनन्द जाट, अभिनव बरोलिया, रीना बोरासी, जितेन्द्र मिश्रा, प्रमोद द्विवेदी, नीलाभ शुक्ला, हितकिशोर गुप्ता, हिदायत उल्ला खान, अमित चौरसिया, जतिन्दरपाल सिंह राजा, आनंद जैन कासलीवाल, अंबिका शर्मा, अभिषेक वीरेन्द्र गौर, रविन्द्र सिंह तोमर, प्रियंका शर्मा और हर्ष जैन उपस्थित थे।

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ब्रुनेई पहुंचे, युवराज हाजी अल-मुहतादी बिल्लाह ने किया उनका स्वागत

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ब्रुनेई और सिंगापुर की यात्रा के पहले चरण में कल दोपहर बाद ब्रुनेई के बंदर सेरी बेगवान पहुंचे। वहां उनका भव्‍य स्‍वागत किया गया। ब्रुनेई के युवराज और प्रधानमंत्री कार्यालय में वरिष्‍ठ मंत्री हाजी अल-मुहतादी बिल्लाह ने उनकी अगवानी की। किसी भारतीय प्रधानमंत्री की ब्रुनेई की यह पहली यात्रा है। प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी की यह यात्रा भारत और ब्रुनेई के बीच राजनयिक संबंधों की स्थापना की 40वीं वर्षगांठ के अवसर पर हो रही है।

प्रधानमंत्री मोदी ने बंदर सेरी बेगवान में भारतीय उच्‍चायोग के नये भवन का उदघाटन किया। उन्‍होंने इस अवसर पर मौजूद भारतीय समुदाय के लोगों से बातचीत की। प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने दोनों देशों के बीच आपसी संबंधों को मजबूत करने के लिए एक माध्‍यम के रूप में उनके योगदान की सराहना की।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्‍ता रणधीर जायसवाल ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी, दोनों देशों के बीच संबंधों को आगे बढाने के लिए कल ब्रुनेई के सुलतान हाजी हसनल बोलकिया के साथ बातचीत करेंगे।

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने यात्रा पर रवाना होने से पहले विश्वास व्‍यक्‍त किया कि ब्रुनेई और सिंगापुर की उनकी इस यात्रा से दोनों देशों और आसियान देशों के साथ भारत की भागीदारी और मजबूत होगी। उन्होंने कहा कि ये दोनों देश भारत की एक्ट ईस्ट पॉलिसी और इंडो-पैसिफिक विजन में महत्वपूर्ण भागीदार हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि चूंकि भारत और ब्रुनेई अपने राजनयिक संबंधों के 40 साल पूरे कर रहे हैं, वे सुल्तान हाजी हसनल बोलकिया और शाही परिवार के अन्य सम्मानित सदस्यों के साथ अपनी बैठकों के लिए उत्सुक हैं।

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी यात्रा के दूसरे चरण में कल सिंगापुर जायेंगे। उन्होंने कहा कि वे राष्ट्रपति थर्मन षणमुगरत्‍नम, प्रधानमंत्री लॉरेंस वोंग, वरिष्ठ मंत्री ली सीन लूंग और एमेरिटस वरिष्ठ मंत्री गोह चोक टोंग से मिलने की प्रतीक्षा कर रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी सिंगापुर के वाइब्रेंट व्यापारिक समुदाय के दिग्‍गजों से भी मुलाकात करेंगे। प्रधानमंत्री ने कहा कि वे सिंगापुर के साथ विशेष रूप से उन्नत विनिर्माण, डिजिटीकरण और सतत विकास के नए तथा उभरते क्षेत्रों में रणनीतिक भागीदारी को मजबूत करने पर चर्चा के लिए भी उत्‍सुक हैं।

 

प्रत्येक ग्राम पंचायत में पीएम किसान समृद्धि केंद्र की करेंगे स्थापना : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि प्रत्येक ग्राम पंचायत में पीएम किसान समृद्धि केंद्र की स्थापना की जाएगी। सोयाबीन की फसल के साथ ज्वार, बाजरा, मक्का की फसलों को भी प्रोत्साहित किया जाए। किसानों को पीएम किसान समृद्धि केंद्रों के द्वारा खाद, बीज, कृषि उपकरण, मिट्टी परीक्षण के साथ विभिन्न प्रकार की जानकारी एक ही जगह उपलब्ध कराई जाए। मुख्यमंत्री डॉ. यादव आज मंत्रालय में सहकारिता विभाग की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को निर्देशित कर रहे थे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव को अपेक्स बैंक के प्रबंध संचालक मनोज गुप्ता ने 4 करोड़ 27 लाख के लाभांश का चेक भेंट किया।

बैठक में सहकारिता मंत्री विश्वास सारंग, मुख्य सचिव वीरा राणा, अपर मुख्य सचिव मुख्यमंत्री कार्यालय डॉ. राजेश राजौरा, अपर मुख्य सचिव मोहम्मद सुलेमान, सहकारी संस्थाओं के पदाधिकारी और वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश में राष्ट्रीय सहकारी विकास निगम द्वारा 5 ऑइल मिल की स्वीकृति दी गई है। प्रदेश में 235 प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र खोले जाएंगे। उन्होंने कहा कि राज्य स्तरीय नवाचार प्रकोष्ठ का गठन किया गया है। एक जिला-एक उत्पाद अंतर्गत नवीन सहकारी समितियों का गठन किया गया है। उन्होंने कहा कि जिला सहकारी बैंको को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए योजना तैयार करें।

मध्यप्रदेश राज्य सहकारी आवास संघ के कार्यों और मध्यप्रदेश राज्य विपणन संघ की विभन्न लेनदारियों के संबंध में बैठक में चर्चा की गई। बैठक में बताया गया कि अपेक्स बैंक में राज्य शासन द्वारा 142 करोड़ रुपए की अंशपूंजी निवेशित की है। बैंक में आधुनिक बैंकिंग सुविधाएं बढ़ाई गई हैं। प्रदेश की 38 जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित कोर बैंकिग सोल्यूशन प्रणाली पर कार्यरत हैं। अपेक्स बैंक को 131.83 करोड़ का संचित लाभ हुआ है। अपेक्स बैंक द्वारा राज्य शासन को विगत 4 वर्ष में 12 करोड़ 10 लाख रुपए राशि का लाभांश दिया है। मध्यप्रदेश राज्य सहकारी संघ के द्वारा प्रशिक्षण कार्यक्रम अच्छे ढंग से कराए जा रहे हैं। बुरहानपुर और खरगोन में शक्कर कारखाने कार्य कर रहे हैं।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा है कि सिंचाई परियोजनाओं का लाभ अनुसूचित जनजाति बहुल क्षेत्रों को समय पर और सही ढंग से पहुंचे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव आज मंत्रालय में नर्मदा नियंत्रण मंडल की समीक्षा बैठक को संबोधित कर रहे थे। बैठक में उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा, जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट, मुख्य सचिव वीरा राणा, अपर मुख्य सचिव मुख्यमंत्री कार्यालय डॉ. राजौरा सहित वरिष्ठ अधिकारी और सदस्यगण उपस्थित थे।

बैठक में विभिन्न सिंचाई परियोजनाओं के संबंध में चर्चा हुई। परियोजनाओं की निविदा एवं स्वीकृति की जानकारी दी गई। बैठक में बताया गया कि अनुसूचित जनजाति बहुल क्षेत्रों को सिंचाई परियोजनाओं से अधिक लाभ मिलेगा।

 

इंदौर में श्रम संहिताओं और श्रमिक कल्याण पर बड़ा आयोजन, रोजगार और सामाजिक सुरक्षा...

0
इंदौर। श्रमिकों के अधिकारों, सामाजिक सुरक्षा और रोजगार व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में इंदौर में 3 नवंबर 2026 को श्रम संहिताओं...

असंगठित और गिग वर्कर्स के लिए केंद्र सरकार का बड़ा फैसला, 40 और 22...

0
नई दिल्ली | 4 नवंबर 2026 देश के करोड़ों असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों, डिलीवरी पार्टनर्स, ऐप आधारित टैक्सी चालकों और प्लेटफॉर्म वर्कर्स को सामाजिक सुरक्षा...
nmms-scholarship-2026-27

NMMSS Scholarship 2026-27: छात्रों को बड़ी राहत, छात्रवृत्ति आवेदन की अंतिम तारीख बढ़ी, अब...

0
नई दिल्ली। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के मेधावी विद्यार्थियों के लिए केंद्र सरकार ने बड़ी राहत दी है। शिक्षा मंत्रालय ने राष्ट्रीय साधन-सह-योग्यता...
akshara goswami

मध्यप्रदेश स्थापना दिवस पर 102 मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान, हर छात्र को मिली 1...

0
भोपाल। मध्यप्रदेश के 71वें स्थापना दिवस के अवसर पर प्रदेश की शैक्षणिक प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। भोपाल के लाल परेड मैदान में आयोजित...
poshan-tracker-pmmvy-grievance-redressal-2026

POSHAN Tracker और PMMVY की शिकायतों का होगा निपटारा, 30 अक्टूबर को देशभर में...

0
नई दिल्ली | 30 अक्टूबर 2026 | सामाजिक कल्याण समाचार केंद्र सरकार ने गर्भवती महिलाओं, स्तनपान कराने वाली माताओं और पोषण सेवाओं के लाभार्थियों की...