मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने केंद्रीय मंत्रियों से विकास परियोजनाओं पर की चर्चा

मध्यप्रदेश की सभी विकास परियोजनाओं को केन्द्र सरकार का पूरा समर्थन मिलेगा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कल दिल्ली में केंद्रीय मंत्रियों से मुलाकात कर विकास से जुड़े विषयों पर चर्चा की।

केन्द्रीय रेल, सूचना एवं प्रसारण, इलैक्ट्रॉनिकी और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव से रेल ट्रांसपोर्टेशन के लिए रेल नेटवर्क की आवश्यकता पर चर्चा की। खनिज और उर्वरक की ढुलाई के लिए रेलवे की लाइनिंग को सहमति देने की मांग की। वैष्णव ने इस पर सहमति दी। डा यादव ने उन्हें बताया कि मध्यप्रदेश में कई खदाने हैं जहां में ट्रांसपोर्ट के लिए रेल लाइन की जरूरत पड़ेगी। मंत्री वैष्णव ने कहा कि रेलवे नेटवर्क स़दृढ़ बनाने के प्रस्ताव का समर्थन करेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी विकास के कार्यों को लगातार प्रोत्साहन दे रहे हैं।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मंत्री वैष्णव से आईटी के विकास के संबंध में भी चर्चा की। उनको अवगत कराया कि आई टी के क्षेत्र में विस्तार और निवेश के लिए लगतार रीजनल इंडस्ट्री कॉन्क्लेव का आयोजन कर रहे हैं। आईटी क्षेत्र के विस्तार से युवाओं को रोज़गार मिलेगा। केंद्रीय मंत्री ने सहयोग का आश्वासन दिया।

सीपीए प्रोजेक्ट के संबंध में आवास और शहरी विकास एवं ऊर्जा मंत्री मनोहर लाल खट्टर से मुलाकात की राजधानी परियोजना प्रशासन (सीपीए) के संबंध में राशि आवंटित करने का निवेदन किया गया। सरकार ने इसे पुन: जीवित करने का फैसला लिया है। विकास की गतिविधियों में कारगर इकाई के रूप में काम करेगा।

रक्षामंत्री राजनाथ सिंह से बातचीत में उत्तरप्रदेश के समीप क्षेत्रों में डिफेंस इन्वेस्टमेंट कॉरिडोर के विकास की संभावनाओं पर चर्चा हुई, जो मुरैना और दतिया जैसे क्षेत्रों में विकास को बढ़ावा देगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि रक्षा मंत्री को बंगलुरू दौरे के संबंध में हिन्दुस्तान एनोराटिक लिमिटेड द्वारा मध्यप्रदेश में निवेश करने की सहमति के संबंध जानकारी दी और उनसे सहयोग का आग्रह किया।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा मध्यप्रदेश निवासी थल, सेना अध्यक्ष से भी मुलाकात की, जिसमें प्रदेश की बेहतरी के लिए महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की।

तीन घंटे चली शीर्ष मैराथन बैठक, लोकनिर्माण विभाग महत्वपूर्ण बदलाव की ओर

लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने विभाग के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक लेकर विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।इस दौरान अपर मुख्य सचिव केसी गुप्ता, एमडी भवन विकास निगम चन्द्र मोहन ठाकुर सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने कहाँ कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की समीक्षा बैठकों में प्राप्त सुझावों, नवाचारों एवं निर्देशों को समयबद्ध अनिवार्यतः लागू करें। मंत्री राकेश सिंह ने बैठक में सड़क निर्माण के महत्व को रेखांकित करते हुए हर माह सड़क निर्माण का एक स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित करने और उसकी प्रगति की नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहाँ कि प्रदेश में सड़क निर्माण की गति को रफ़्तार मिली है इसे और तेज करने के लिए निरंतर प्रयास जारी रखना है। साथ ही, उन्होंने अधिकारियों को लोकपथ मोबाइल ऐप में 15 नवंबर तक शेष सभी सड़कों को शामिल करने का निर्देश दिया, जिससे आमजनों को क्षतिग्रस्त सड़कों की शिकायत करने की सुविधा लोक निर्माण विभाग के संपूर्ण सड़क नेटवर्क पर मिल सके।

राकेश सिंह ने बैठक के दौरान सड़क निर्माण में उच्च गुणवत्ता की सामग्री, जैसे बेहतरीन क्वालिटी के डामर और इमल्शन के उपयोग पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि निर्माण में गुणवत्तापूर्ण मटेरियल का उपयोग सुनिश्चित किया जाए और रोड साइनेज तथा मार्किंग पर भी विशेष ध्यान दिया जाए।

मंत्री राकेश सिंह ने राज्य में निर्माण परियोजनाओं की प्रभावी मॉनिटरिंग के लिए शासन स्तर पर एक मॉनिटरिंग सेल के शीघ्र गठन के निर्देश दिए। यह सेल 50 करोड़ से अधिक की सभी निर्माण परियोजनाओं की विशेष मॉनिटरिंग करेगी। विभाग के डैशबोर्ड का संचालन भी इसी सेल द्वारा किया जाएगा। मंत्री राकेश सिंह ने कहा कि एरियल डिस्टेंस के आधार पर सड़कों की दूरी कम करने पर विचार किया जाये। उन्होंने अधिकारियों को 15 दिवस में इस पर एक रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिये।

मंत्री राकेश सिंह ने निर्माण कार्यों में नवीनतम तकनीकों के उपयोग पर भी बल दिया और कंप्यूटरीकरण की दिशा में विभाग के लिये इंटीग्रेटेड प्रोजेक्ट मेनेजमेंट सिस्टम एवं रोड एसेट मैनेजमैट सिस्टम को शीघ्र लागू करने के निर्देश दिये। इंटीग्रेटेड प्रोजेक्ट मेनेजमेंट सिस्टम से समस्त अनुमतियां कम्प्यूटरीकृत प्रणाली से जारी होने पर परियोजना प्रबंधन में पारदर्शिता आएगी। निर्माण कार्यों की वित्तीय एवं भौतिक प्रगति की (रियल टाईम) मॉनिटरिंग संभव होगी।मंत्री ने विभाग के डैशबोर्ड में आवश्यक बदलाब करने के निर्देश दिये।

मंत्री राकेश सिंह ने मोबाइल जाँच लैब की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिये एवं वैन मौक़े पर जाकर सैंपल एकत्रित करेगा, जहाँ दो सैंपल लिये जायेंगे। एक सैंपल की जाँच मोबाइल वैन द्वारा जाँच जायेगा और दूसरा सैंपल रैंडम किसी थर्ड पार्टी को भेजा जायेगा।

मंत्री राकेश सिंह ने कहा कि एनएचएआई द्वारा सड़क निर्माण में कई नवाचार किये जाते है इसके लिये प्रदेश में एक समिति गठित की जायेगी जो हर 6 माह में एनएचएआई के नवाचार का अध्ययन कर प्रदेश में लागू करेगी।

बैठक में मंत्री राकेश सिंह द्वारा निविदा प्रक्रिया को और अधिक पारदर्शी बनाने निविदा प्रारूप में कुछ संसोधन करने के निर्देश दिये है साथ ही निविदा की दरें कम्पेटिटिव हो लेकिन कार्य की गुणवत्ता को प्रभावित न करें इसका विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिये।

मंत्री राकेश सिंह ने राज्य में किये जा रहे नवाचार के अतिरिक्त अन्य राज्यों में हो रहे नवाचारों का अध्ययन करने के लिए विभाग से अध्ययन दलों को भेजने का निर्देश दिया, जिससे उनकी सफलताओं को प्रदेश में भी लागू किया जा सके।

मंत्री राकेश सिंह ने कहा कि सड़कों के निर्माण के दौरान आवश्यक मिट्टी के लिये चिन्हित स्थान कि खुदाई सरोवर के रूप में की जाये, उन्होंने सड़क निर्माण के दौरान लोकनिर्माण सरोवरों के निर्माण को अनिवार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्माण कार्यों में पर्यावरण संरक्षण के तहत सड़क निर्माण के दौरान पेड़ों को काटने के बजाये शिफ्ट करने और यह दोनों प्रावधान टेंडर में जोड़ने के निर्देश दिये। मंत्री राकेश सिंह ने विभाग द्वारा निर्मित किये जा रहें सभी भवन निर्माणों में रेन वॉटर हार्वेस्टिंग अनिवार्य करने के भी निर्देश दिये।

बैठक में बताया कि विभाग द्वारा एफडीआर (फुल डेप्थ रिक्लेमिनेशन) तकनीकी से सड़क निर्माण का कार्य भी प्रारंभ किया गया है , जिसके अंतर्गत मौजूदा रोड को बिना हटाए उसके ऊपर ही मशीनों के द्वारा रिक्लेमिनेशन सामग्री का उपयोग कर रोड निर्माण किया जाता है। इसमें समय की बचत के साथ ही साथ निर्माण लागत में 15 से 30 प्रतिशत तक की कमी आती है। मंत्री राकेश सिंह ने एफडीआर तकनीक का उपयोग शहरी मार्गों पर करने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण में माइक्रोसर्फेसिंग एवं व्हाईट टॉपिंग का उपयोग भी किया जाये।

मंत्री राकेश सिंह ने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने और औचक निरीक्षण की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने दो साल से अधिक समय से लंबित परियोजनाओं की समीक्षा करने और देरी के कारणों का विश्लेषण कर त्वरित समाधान खोजने के भी निर्देश दिये।

मंत्री राकेश सिंह ने फील्ड इंजीनियर्स के प्रशिक्षण की आवश्यकता पर जोर दिया, जिससे कार्यों की गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित हो सके।उन्होंने फील्ड इंजिनर्स के लिये समयबद्ध प्रशिक्षण सालभर आयोजित करने के निर्देश दिये।

मंत्री राकेश सिंह ने सुझाव दिया कि आईआईटी जैसे प्रमुख शैक्षणिक संस्थानों के छात्रों को विभाग की महत्वपूर्ण परियोजनाओं का भ्रमण कराया जाए और उनकी रिपोर्ट एवं सुझाव प्राप्त किए जाएं। इससे निर्माण कार्यों में नए दृष्टिकोण और उन्नत तकनीकों का समावेश संभव हो सकेगा।

मंत्री राकेश राकेश सिंह ने विभाग के अधिकारी और ठेकेदार बेहतर उत्साह और समर्पण से कार्य करें, इसके लिए अच्छा कार्य करने वाले इंजीनियरों और ठेकेदारों को सम्मानित करने के लिए उचित मापदंड तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कार्य गुणवत्ताविहीन होने पर नियमानुसार कार्रवाई भी की जायेगी।

मंत्री राकेश सिंह ने अंत में कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव के निर्देश का पालन करते हुए विभाग सकारात्मक बदलाव की ओर अग्रसर।

 

वाल-वाल खेल स्पर्धा में अन्तर्राष्ट्रीय स्तर पर ट्राफी जीतने वाले खिलाड़ियों ने उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल से की भेंट

खेल स्पर्धा वाल-वाल में अन्तर्राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर ट्राफी जीतने वाले खिलाड़ियों ने उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल से रीवा में राजनिवास सर्किट हाउस में भेंट की। उन्होंने शुक्ल को विजेता ट्राफी सौंपी। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय हड़बड़ो जिला सीधी के खिलाड़ियों ने नेपाल में आयोजित वाल-वाल अन्तर्राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए ट्राफी जीती है।

उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने विजेता खिलाड़ियों समीक्षा सिंह, मीनाक्षी सिंह, मधु सिंह, अंश सिंह एवं ओम सिंह को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए बधाई दी। इन खिलाड़ियों ने सिंगल एवं डबल स्पर्धा में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। इस दौरान अध्यक्ष नगर निगम व्यंकटेश पाण्डेय, समाजसेवी विमलेश मिश्रा, टीम मैनेजर आशुतोष सिंह एवं कोच दिवाकर सिंह भी उपस्थित रहे।

मप्र में पर्यटन के साथ निवेश को दिया जा रहा है बढ़ावा : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि मध्यप्रदेश में पर्यटन के साथ निवेश को बढ़ा देने के लिए योजना लागू की गई है। उज्जैन में समय के निर्धारण के लिए स्थापित वैदिक घड़ी विश्व में अनूठा उदाहरण है और राजधानी भोपाल जीता- जागता पर्यटन का केंद्र है। प्रदेश में पर्यटन की अपार संभावनाएं तलाशी जा रही हैं।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में कोई बात असंभव नहीं हो सकती है। उनके नेतृत्व में देश पर्यटन सहित सभी क्षेत्रों में तेजी से विकास कर रहा है। भगवान महाकाल समय के देवता हैं। हमारे जीवन में प्रतिपल, उल्लास और उमंग जगाने वाले हैं। टूर आपरेटर्स भी उसी भूमिका में काम करते हैं। भोपाल जीता-जागता पर्यटन का केंद्र बन गया है। यहां अक्सर बाघ भी देखने को मिलते हैं। बड़ा तालाब बांध निर्माण की उत्कृष्ट शैली का उदाहरण है। प्रधानमंत्री मोदी ने बदलते दौर में पोलेंड से यूक्रेन तक ट्रेन से यात्रा कर भारत की भूमिका का अहसास कराया है।

केंद्रीय पर्यटन और संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा कि विश्व में भारत के इतिहास, संस्कृति, खानपान, ज्ञान की विविधता को जानने का आकर्षण बढ़ा है। पर्यटन के लिए यह नए अवसरों के द्वार खोलता है। हम सभी को मिलकर एक साथ इस अवसर का लाभ उठाते हुए भारत को वैश्विक पर्यटन का केंद्र बनाने में योगदान देना होगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में वैश्विक मांग के अनुरूप नए पर्यटन स्थल विकसित किए जा रहे है। हम सभी की जिम्मेदारी है कि देश के पर्यटन स्थलों की विशेषताओं और आकर्षण को विश्व के हर कोने में पहुँचाएं और जीडीपी में पर्यटन क्षेत्र के आर्थिक योगदान को बढ़ाएं। वर्ष 2047 में भारत को विश्व की अग्रणी अर्थव्यवस्था बनाने में पर्यटन क्षेत्र अग्रणी भूमिका निभाएगा।

पर्यटन और संस्कृति राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) धर्मेन्द्र सिंह लोधी ने कहा कि हेरिटेज, कल्चरल, स्पिरिचुअल, रेस्पोंसिबल और सेफ टूरिज्म में मध्यप्रदेश की अपनी एक अलग पहचान बनी है। IATO का हिंदुस्तान के दिल में आयोजित यह सम्मेलन निश्चित ही मध्यपप्रदेश पर्यटन को विश्व पटल पर ले जाने में अहम भूमिका निभाएगा।

अधिवेशन का शुभारंभ मुख्यमंत्री डॉ. यादव और केंद्रीय मंत्री शेखावत ने दीप प्रज्ज्वलन कर किया। इस दौरान आईएटीओ मैनुअल का विमोचन किया गया। आईएटीओ पर केन्द्रित फिल्म का प्रदर्शन किया गया। आईएटीओ द्वारा राजदान होलीडेज के स्व. एम.एल. राजदान को हॉल ऑफ फेम सम्मान दिया गया जिसे उनकी बहू अनीता राजदान ने ग्रहण किया। साथ ही इंडियन होटल कंपनी लिमिटेड के एमडी और सीईओ श्री पुनीत छटवाल को हॉल ऑफ फेम से सम्मानित किया गया।

प्रमुख सचिव पर्यटन और संस्कृति शिव शेखर शुक्ला ने कहा कि आईएटीओ का मध्यप्रदेश कन्वेंशन आने वाले कन्वेंशन के लिए एक बेंचमार्क सेट करेगा। उन्होंने सभी आईएटीओ डेलीगेट्स को मध्यप्रदेश भ्रमण के दौरान प्रदेश की ऐतिहासिक विरासत, समृद्ध संस्कृति और नैसर्गिक सौंदर्य को करीब से जानने के लिए शुभकामनाएं दी। उन्होंने देश और विदेश के पर्यटकों को मध्यप्रदेश लाने के लिए प्रयास करने का आग्रह भी किया।

अध्यक्ष आइएटीओ राजीव मेहरा ने आइएटीओ का पर्यटन क्षेत्र में महत्व और भूमिका के बारे में विस्तार से बताया। उपाध्यक्ष आइएटीओ रवि गोंसाई ने आइएटीओ अधिवेशन के उद्देश्य और कार्यों पर प्रकाश डाला।

मध्यप्रदेश के ऐतिहासिक वैभव एवं नैसर्गिक सौंदर्य को दर्शाने के लिए “मनमोहक मध्यप्रदेश : भारत की हृदय भूमि नामक समवेत सांस्कृतिक प्रस्तुति दी गई। प्रस्तुति का संयोजन संस्कृति विभाग द्वारा किया गया, जिसे मैत्रेई पहाड़ी द्वारा निर्देशित किया गया। इस भव्य प्रस्तुति में 53 कलाकारों ने 40 मिनट में विरासत, आध्यात्मिकता और ऐतिहासिक महत्व से समृद्ध मध्यप्रदेश की खूबसूरत तस्वीर नृत्य के माध्यम से प्रस्तुत की। साथ ही कैलाश सिसोदिया एवं साथी, धार ने भील जनजाति का पारंपरिक भगोरिया नृत्य प्रस्तुत कर देश भर से आए टूर ऑपरेटर्स का दिल जीत लिया।

इस अवसर पर प्रबंध संचालक राज्य पर्यटन विकास निगम इलैयाराजा टी, अपर प्रबंध संचालक पर्यटन बोर्ड बिदिशा मुखर्जी, आईएटीओ के मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ चैप्टर के अध्यक्ष महेंद्र प्रताप सिंह सहित देश भर से आए आईएटीओ के सदस्य और संबंधित अधिकारी उपस्थित रहें।

 

स्वास्थ्य मंत्रालय ने अंग दान और प्रत्यारोपण सुधारों पर चिंतन शिविर आयोजित किया

स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की अतिरिक्त सचिव एल.एस. चांगसन ने कल “ भारत में प्रौद्योगिकी, प्रक्रियाओं और कानून के संदर्भ में अंग और ऊतक दान और प्रतिरोपण को बढ़ावा देने के लिए आवश्यक सुधार” विषय पर चिंतन शिविर का उद्घाटन करते हुए कहा “अंगदान को हमें जीवन जीने का तरीका बनाना होगा ताकि हम ऐसे मरीजों को एक नया जीवन दे सकें जिनके किन्हीं अंगों ने काम करना बंद कर दिया है।” इस अवसर पर स्वास्थ्य सेवाओं (डीजीएचएस) के महानिदेशक प्रो. (डॉ.) अतुल गोयल , राष्ट्रीय अंग एवं ऊतक प्रतिरोपण संगठन (एनओटीटीओ) के निदेशक डॉ . अनिल कुमार और स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की संयुक्त सचिव वंदना जैन समेत कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

अपने उद्घाटन भाषण में एल.एस. चांगसन ने कहा “प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अपने मन की बात कार्यक्रम में अंगदान के महत्व पर प्रकाश डाला है और इस बात पर जोर दिया है कि मृत्यु के बाद अंगदान करने वाला एक व्यक्ति आठ ऐसे रोगियों को नया जीवन दे सकता है जो अलग-अलग प्रकार की अंग विफलताओं से पीड़ित हैं।” उन्होंने देश में अंगदान की बड़ी जरूरत को पूरा करने के लिए मृत्यु के बाद अंगदान को बढ़ावा देने की आवश्यकता पर जोर दिया।

इस उद्देश्य से सरकार की ओर से किए जा रहे प्रयासों को रेखांकित करते हुए चांगसन ने कहा “भारत सरकार ने अंगदान और प्रतिरोपण के लिए “एक राष्ट्र, एक नीति” की नीति अपनाई है और राज्य सरकारों के साथ इस संबंध में परामर्श प्रक्रिया भी शुरू कर दी है। हमारा ध्यान, खासकर सरकारी संस्थानों में, अंग प्रतिरोपण के लिए बुनियादी ढांचे को तैयार करने और प्रशिक्षित कर्मचारियों की उपलब्धता में सुधार करना है। उन्होंने कहा कि सरकार ने पहले ही “अंगदान जन जागरूकता अभियान” के नाम से एक अभियान शुरू किया है जो विभिन्न राज्यों और संस्थानों में सक्रिय रूप से चल रहा है ।

स्वास्थ्य सेवा महानिदेशक (डीजीएचएस) डॉ. अतुल गोयल ने कहा “भारत में अंग और ऊतक प्रतिरोपण के क्षेत्र में एनओटीटीओ ने अग्रणी भूमिका निभाई है। चिंतन शिविर आत्मनिरीक्षण का अवसर प्रदान करता है ताकि इस संबंध में व्यवस्था बनाई जा सके।” उन्होंने कहा “हमारे देश में दान यानी परोपकार की परंपरा रही है। हमें सरकारी और निजी अस्पतालों दोनों में अंगदान को यथासंभव प्रोत्साहित करना चाहिए।”

दो दिवसीय चिंतन शिविर में अंगदान और प्रतिरोपण से संबंधित दस महत्वपूर्ण विषयों और विभिन्न उप-विषयों को शामिल किया जाएगा।

चिंतन शिविर के विशिष्ट उद्देश्य इस प्रकार हैं: – अंग एवं ऊतक दान एवं प्रतिरोपण को बढ़ाने के लिए आवश्यक सुधारों पर चर्चा करना। अंग दान और आवंटन प्रक्रियाओं में सुधार के लिए आधुनिक प्रौद्योगिकी के बारे में पता लगाना और उस पर चर्चा करना। अंग दान और प्रतिरोपण से संबंधित मौजूदा कानूनी ढांचे को मजबूत करने के लिए विधायी सुधारों हेतु सिफारिशें प्रस्तावित करना। इस प्रक्रिया में शामिल मौजूदा प्रौद्योगिकियों में सुधार करके अंग दान और आवंटन के लिए अनुकूल वातावरण प्रदान करना। चिंतन शिविर के विभिन्न सत्र इस संबंध में कानूनी खामियों को दूर करने, एक राष्ट्र, एक नीति, पारदर्शिता सुनिश्चित करने, इकोसिस्टम में सुधार लाने , अंग प्रतिरोपण को सस्ता, सुलभ और न्यायसंगत बनाने तथा इसके लिए रोडमैप तैयार करने जैसे विषयों पर केंद्रित होंगे। चिंतन शिविर में राज्यों, गैर सरकारी संगठनों, अंग प्रतिरोपण समितियों के प्रतिनिधि, प्रख्यात प्रतिरोपण पेशेवर और विभिन्न सरकारी और निजी संस्थानों के विशेषज्ञ भाग लेंगे।

 

झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन और उनके बेटे बाबूलाल सोरेन भाजपा में शामिल हुए

झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन और उनके पुत्र बाबूलाल सोरेन कल रांची में आयोजित एक समारोह में भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गये। इस कार्यक्रम में पार्टी के वरिष्‍ठ नेता बाबूलाल मरांडी, शिवराज सिंह चौहान और हिमंता बिस्वा सरमा सहित अन्‍य नेता मौजूद थे। इस अवसर पर चंपई सोरेन ने कहा कि वह आदिवासी पहचान और इसके अस्तित्व को बचाने के लिए भाजपा में शामिल हुए हैं। उन्‍होंने कहा कि बांग्लादेश से घुसपैठ के कारण प्रदेश का संथाल परगना क्षेत्र खतरे में आ गया है। सोरेन ने कहा कि घुसपैठ ने राज्य की जनसांख्यिकी बदल दी है।

सोरेन ने बुधवार को झारखंड मुक्ति मोर्चा से इस्तीफा दे दिया था। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार के मौजूदा दृष्टिकोण और नीतियों से वे उस पार्टी को छोड़ने पर मजबूर हो गये जिसकी उन्‍होंने कई वर्षों तक निष्ठापूर्वक सेवा की। चंपई सोरेन झारखंड मुक्ति मोर्चा के अनुभवी नेता और राज्‍य के तीन बार मुख्‍यमंत्री रहे शिबू सोरेन के लंबे समय तक सहयोगी रहे। धनशोधन मामले में प्रवर्तन निदेशालय द्वारा गिरफ्तारी के बाद हेमंत सोरेन के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने के तुरंत बाद इस साल फरवरी में चंपई सोरेन को झारखंड का मुख्यमंत्री बनाया गया था।

भारत की फिनटेक क्रांति वित्तीय समावेशन को बेहतर बनाने के साथ-साथ नवाचार को भी बढ़ावा दे रही है – प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कल मुंबई (महाराष्ट्र) में जियो वर्ल्ड कन्वेंशन सेंटर में ग्लोबल फिनटेक फेस्ट (जीएफएफ) 2024 को संबोधित किया। प्रधानमंत्री ने इस अवसर पर आयोजित प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया। जीएफएफ का आयोजन पेमेंट्स काउंसिल ऑफ इंडिया, नेशनल पेमेंट्स कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया और फिनटेक कन्वर्जेंस काउंसिल द्वारा संयुक्त रूप से किया है। इसका उद्देश्य फिनटेक में भारत की प्रगति को प्रदर्शित करना और इस क्षेत्र के प्रमुख हितधारकों को एक मंच पर लाना है।

उपस्थित जनों को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि ऐसे समय में जब पूरा देश उत्सव के दौर से गुजर रहा है, देश की अर्थव्यवस्था और बाजार उत्सव के मूड में हैं तब ग्लोबल फिनटेक फेस्ट का आयोजन सपनों के शहर मुंबई में हो रहा है। प्रधानमंत्री ने सभी गणमान्य व्यक्तियों और अतिथियों का हार्दिक स्वागत किया। कार्यक्रम की शुरुआत से पहले प्रदर्शनी में अपने अनुभवों और बातचीत का जिक्र करते हुए, प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि यहां युवाओं के नवाचारों और भविष्य की संभावनाओं की एक पूरी नई दुनिया देखी जा सकती है। उन्होंने ग्लोबल फिनटेक फेस्ट (जीएफएफ) 2024 के सफल आयोजन में शामिल सभी लोगों को हार्दिक बधाई दी।

भारत के फिनटेक नवाचार की सराहना करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा, “पहले भारत आने वाले विदेशी मेहमान इसकी सांस्कृतिक विविधता को देखकर आश्चर्यचकित हो जाते थे, लेकिन अब वे इसकी फिनटेक विविधता से भी चकित हैं।” प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत की फिनटेक क्रांति व्यापक है जिसे कोई भी व्यक्ति एयरपोर्ट पर पहुंचने के क्षण से लेकर स्ट्रीट फूड और शॉपिंग के अनुभव में देख सकता है। उन्होंने कहा कि पिछले 10 वर्षों में, उद्योग को 31 बिलियन अमरीकी डालर से अधिक का रिकॉर्ड निवेश प्राप्त हुआ है और इसके साथ-साथ ही स्टार्टअप में भी 500 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। उन्होंने किफायती मोबाइल फोन, सस्ता डेटा और जीरो बैलेंस से शुरू होने वाले जन धन बैंक खातों को क्रांति लाने वाला बताया। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आज देश में ब्रॉडबैंड उपयोगकर्ताओं की कुल संख्या 60 मिलियन से बढ़कर 940 मिलियन हो गई है। उन्होंने यह भी कहा कि देश में शायद ही कोई 18 वर्ष का व्यक्ति बिना आधार, एक डिजिटल पहचान के होगा। “आज देश में 530 मिलियन से अधिक लोगों के पास जन धन खाते हैं। उन्होंने कहा कि एक तरह से हमने मात्र 10 वर्षों में पूरे यूरोपीय संघ के बराबर की आबादी को बैंकों से जोड़ दिया है।

प्रधानमंत्री ने इस बात पर जोर दिया कि जनधन, आधार और मोबाइल की तिकड़ी ने ‘कैश इज किंग’ की मानसिकता को तोड़ दिया है। आज दुनिया में होने वाले लगभग आधे डिजिटल लेन-देन भारत में हो रहे हैं। प्रधानमंत्री ने कहा, “भारत का यूपीआई दुनिया में फिनटेक का एक प्रमुख उदाहरण बन गया है।” इसने हर मौसम में प्रत्‍येक गांव और शहर में 24×7 बैंकिंग सेवाओं को सक्षम बनाया है। कोविड महामारी का स्मरण करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत दुनिया के उन मुट्ठी भर देशों में से एक है जहां इस दौरान बैंकिंग प्रणाली निर्बाध रही।

प्रधानमंत्री ने कुछ दिन पहले जनधन योजना की 10वीं वर्षगांठ का जिक्र करते हुए कहा कि यह महिला सशक्तिकरण का एक बड़ा माध्यम बन गया है। उन्होंने बताया कि अब तक महिलाओं के लिए 29 करोड़ से अधिक बैंक खाते खोले जा चुके हैं, जिससे बचत और निवेश के नए अवसर उपलब्ध हो रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि जन धन खातों के दर्शन पर ही सबसे बड़ी माइक्रोफाइनेंस योजना, मुद्रा योजना शुरू की गई थी जिसके तहत अब तक 27 ट्रिलियन रुपये का ऋण वितरित किया गया है। प्रधानमंत्री मोदी ने बताया कि इस योजना के 70 प्रतिशत लाभार्थी महिलाएं हैं। उन्होंने यह भी बताया कि जन धन खातों का उपयोग स्वयं सहायता समूहों को बैंकिंग प्रणाली से जोड़ने में भी किया जाता हैं। इससे 10 करोड़ ग्रामीण महिलाओं को लाभ हुआ है। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि जन धन कार्यक्रम ने महिलाओं के वित्तीय सशक्तिकरण की मजबूत आधारशिला रखी है।

दुनिया के लिए समानांतर अर्थव्यवस्था के खतरों के बारे में सावधान करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि फिनटेक ने ऐसी व्यवस्था को खत्म करने में अहम भूमिका निभाई है और इसे पारदर्शिता के उदय का श्रेय भी दिया। उन्होंने कहा कि डिजिटल तकनीक से भारत में पारदर्शिता आई है। उन्होंने सैकड़ों सरकारी योजनाओं में इस्तेमाल किए जाने वाले प्रत्यक्ष लाभ हस्तांतरण के कार्यान्वयन का उदाहरण दिया, जिसने सिस्टम में कदाचार को रोका है। प्रधानमंत्री ने इस बात को दोहराया कि आज लोग औपचारिक बैंकिंग प्रणाली के साथ जुड़ने के लाभों को देख सकते हैं।

देश में फिनटेक उद्योग द्वारा लाए गए परिवर्तनों को देखते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि इसने न केवल भारत के तकनीकी पक्ष को बदल दिया है, बल्कि शहरी और ग्रामीण भारत में मौजूद खाई को पाटकर व्यापक सामाजिक प्रभाव भी डाला है। प्रधानमंत्री मोदी ने आगे बताया कि वही बैंकिंग सेवाएं जो पहले पूरा दिन लेती थीं और किसानों और मध्यम वर्ग के परिवारों के लिए बाधाएँ पैदा करती थीं, अब फिनटेक की मदद से मोबाइल फोन पर आसानी से उपलब्ध हैं। वित्तीय सेवाओं के लोकतंत्रीकरण में फिनटेक की भूमिका का उल्लेख करते हुए प्रधानमंत्री ने आसानी से उपलब्ध ऋण, क्रेडिट कार्ड, निवेश और बीमा के उदाहरण दिए। उन्होंने कहा कि फिनटेक ने ऋण तक पहुंच को आसान और समावेशी बना दिया है। उन्होंने पीएम स्वनिधि योजना का उदाहरण दिया, जिसने स्ट्रीट वेंडरों को बिना किसी जमानत के ऋण प्राप्त करने और डिजिटल लेनदेन की मदद से अपने व्यवसाय का विस्तार करने में सक्षम बनाया है। उन्होंने शेयर बाजारों और म्यूचुअल फंड, निवेश रिपोर्ट और डीमैट खाते खोलने के संबंध में आसान पहुंच का भी उल्लेख किया। डिजिटल इंडिया के उदय का उल्लेख करते हुए प्रधानमंत्री ने इस बात पर प्रकाश डाला कि दूरस्थ स्वास्थ्य सेवाएं, डिजिटल शिक्षा और कौशल सीखने जैसी सेवाएं फिनटेक के बिना संभव नहीं हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत की फिनटेक क्रांति जीवन की गरिमा और जीवन की गुणवत्ता को बेहतर बनाने में बड़ी भूमिका निभा रही है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत की फिनटेक क्रांति द्वारा हासिल की गई उपलब्धियां केवल नवाचारों के बारे में नहीं हैं, बल्कि उसे अपनाने के बारे में भी हैं। इस क्रांति की गति और पैमाने को अपनाने के लिए भारत के लोगों की सराहना करते हुए, प्रधानमंत्री मोदी ने इस परिवर्तन को लाने के लिए डिजिटल पब्लिक इन्फ्रास्ट्रक्चर (डीपीआई) की भूमिका की भी सराहना करते हुए कहा कि इस तकनीक के बारे में विश्वास पैदा करने के लिए देश में अद्भुत नवाचार किए गए हैं।

डिजिटल ओनली बैंक और नियो-बैंकिंग की आधुनिक अवधारणाओं का उल्लेख करते हुए, प्रधानमंत्री ने कहा, “21वीं सदी की दुनिया तेज़ गति से बदल रही है और मुद्रा से लेकर क्यूआर (क्विक रिस्पांस) कोड तक की यात्रा में हमें थोड़ा समय लगा, लेकिन हम रोज़ाना नवाचार देख रहे हैं।” डिजिटल ट्विन्स तकनीक की सराहना करते हुए, प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि यह दुनिया के जोखिम प्रबंधन का आकलन करने, धोखाधड़ी का पता लगाने और ग्राहक अनुभव प्रदान करने के तरीकों में बदलाव करने जा रही है। ओपन नेटवर्क फॉर डिजिटल कॉमर्स (ओएनडीसी) के लाभों को ध्यान में रखते हुए, प्रधानमंत्री ने कहा कि यह ऑनलाइन शॉपिंग को समावेशी बना रहा है और छोटे व्यवसायों और उद्यमों को बड़े अवसरों से जोड़ रही है। आज, अकाउंट एग्रीगेटर कंपनियों के सुचारू संचालन के लिए डेटा का उपयोग कर रहे हैं, व्यापार प्लेटफार्मों के कारण छोटे संस्थानों के लिक्विड और कैश फ्लो में सुधार हो रहा है और ई-आरयूपीआई जैसे डिजिटल वाउचर का कई रूपों में उपयोग किया जा रहा है। ये उत्पाद दुनिया के अन्य देशों के लिए भी समान रूप से उपयोगी हैं।

प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत ने एआई के लिए एक वैश्विक ढांचे का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि क्यूआर कोड के साथ साउंड बॉक्स का उपयोग एक ऐसा ही नवाचार है। उन्होंने भारत के फिनटेक क्षेत्र से सरकार के बैंक सखी कार्यक्रम का अध्ययन करने का भी आग्रह किया और हर गांव में बैंकिंग और डिजिटल जागरूकता फैलाने में बेटियों के प्रयासों पर प्रकाश डाला, जिससे फिनटेक को एक नया बाजार मिला है।

प्रधानमंत्री ने इस बात पर जोर दिया कि सरकार फिनटेक क्षेत्र की सहायता के लिए नीति स्तर पर सभी आवश्यक बदलाव कर रही है और उन्होंने एंजेल टैक्स को खत्म करने, देश में अनुसंधान और नवाचार को प्रोत्साहित करने के लिए एक लाख करोड़ रुपये आवंटित करने और डिजिटल व्यक्तिगत डेटा संरक्षण अधिनियम को लागू करने का उदाहरण दिया। साइबर धोखाधड़ी को समाप्त करने की आवश्यकता का उल्लेख करते हुए, प्रधानमंत्री ने नियामकों से डिजिटल साक्षरता को बढ़ावा देने के लिए बड़े कदम उठाने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि यह सुनिश्चित करना भी उतना ही महत्वपूर्ण है कि साइबर धोखाधड़ी देश में फिनटेक और स्टार्टअप के विकास के आड़े न आए।

प्रधानमंत्री ने कहा कि आज भारत की प्राथमिकता सतत आर्थिक विकास है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि सरकार उन्नत प्रौद्योगिकियों और नियामक ढांचे के साथ वित्तीय बाजारों को मजबूत करने के लिए मजबूत, पारदर्शी और कुशल प्रणाली बना रही है। उन्होंने ग्रीन फाइनेंस और वित्तीय समावेशन की संतृप्ति के साथ सतत विकास का समर्थन करने का उल्लेख किया।

अपने संबोधन का समापन करते हुए प्रधानमंत्री ने यह विश्वास व्यक्त किया कि भारत का फिनटेक इकोसिस्टम भारत के लोगों को गुणवत्तापूर्ण जीवनशैली प्रदान करने में बड़ी भूमिका निभाएगा। प्रधानमंत्री ने कहा कि मुझे विश्वास है कि भारत का फिनटेक इकोसिस्टम पूरी दुनिया के जीवन को आसान बनाएगा। हमारा सर्वश्रेष्ठ अभी आना बाकी है। प्रधानमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि वे पांच साल बाद जीएफएफ के 10वें संस्करण में उपस्थित होंगे। कार्यक्रम के समापन से पहले, प्रधानमंत्री ने उपस्थित लोगों के साथ सेल्फी खिंचवाई और बताया कि एआई के उपयोग से, जो कोई भी व्यक्ति फोटो में खुद को पाता है, वह नमो ऐप के फोटो सेक्शन में जाकर अपनी सेल्फी अपलोड करके इसे एक्सेस कर सकता है।

इस अवसर पर भारतीय रिजर्व बैंक के गवर्नर शक्तिकांत दास और जीएफएफ के अध्यक्ष क्रिस गोपालकृष्णन सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित थे।

भाजपा की विकासशील मोहन सरकार की उपलब्धियों से कांग्रेस में बौखलाहट – विष्णुदत्त शर्मा

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व खजुराहो सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने प्रदेश कार्यालय में शुक्रवार को मीडिया को प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि डॉ. मोहन यादव संवेदनशील मुख्यमंत्री हैं और कड़े निर्णय, अथक मेहनत व परिश्रम से लगातार उपलब्धियों को हासिल कर रहे हैं, इससे कांग्रेस में बौखलाहट है। जिन राज्यों में जनता ने कांग्रेस को नकार दिया है, वहां कांग्रेस नकारात्मक व छल कपट की राजनीति करने का काम कर रही है। प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी की सरकार है और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में कोई घटना सामने आने पर तत्काल निर्णय लेकर कार्रवाई की जाती है। कटनी का मामला सामने आने के बाद त्वरित एक्शन लेकर सख्त कार्रवाई की गई, क्योंकि अपराधी की कोई जाति या धर्म नहीं होता, कानून अपना काम बराबर करता है, लेकिन कांग्रेस तुष्टिकरण एवं जातिवादी विद्वेष की राजनीति करने से बाज नहीं आ रही है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि कांग्रेस को अगर अंदोलन करना है तो पश्चिम बंगाल में रेप पीड़िता के साथ हुई निर्ममता के लिए आंदोलन करना चाहिए। हिमाचल में कांग्रेस सरकार की वादा खिलाफी, तेलंगाना में मंहगाई और कर्नाटक में बढ़ती बेरोजगारी के लिए आंदोलन करना चाहिए। विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि कटनी मेरे संसदीय क्षेत्र खजुराहो में आता है। 10-11 महीने पहले का वीडियो सामने आने के बाद कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी वहां जाकर स्वांग रच रहे हैं। मेरे और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के संज्ञान में मामला आने के बाद त्वरित एक्शन लिया गया और 6 पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की गई। विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि दुर्भाग्य की बात है कि टीकमगढ़ में जब सलीम खां और लालू खां आदिवासी पीड़िता के साथ अन्याय करते हैं, तुष्टिकरण की राजनीति करने वाली कांग्रेस व कांग्रेस अध्यक्ष को नजर नहीं आता। छतरपुर की घटना में जब थाने के अंदर पुलिस पर प्रहार होता है, तो कांग्रेस नेताओं की आवाज नहीं निकलती। कमलनाथ और दिग्विजय सिंह से लेकर दिल्ली तक कांग्रेस के नेता अलाप करते हुए नजर आए, लेकिन जब बंगाल की घटना पर राष्ट्रपति का मन दुखी होता है, तब कांग्रेस नेता राहुल गांधी और सोनिया गांधी की जुबान से एक शब्द नहीं निकलता। बेटी हूं लड़ सकती हूं का नारा देने वाली प्रियंका गांधी मौन धारण क्यों कर लेती हैं। कांग्रेस का हाथ हमेशा आपराधिक छवि वालों के साथ दिखाई देता है और जहां तुष्टिकरण की राजनीति दिखाई दे, वहां कांग्रेस नेताओं की जुबान खुलती है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में लगातार तीसरी बार ‘‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’’ के मूल मंत्र के साथ काम किया जा रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की सरकार ने केरल एवं त्रिपुरा में आई बाढ़ के लिए मदद पहुंचाई है, क्योंकि हमारे खून में देशभक्ति है और कांग्रेंस के खून में तुष्टिकरण है। सस्ती लोकप्रियता हासिल करने के लिए कांग्रेस लगातार नकारात्मक राजनीति को बढ़ावा देकर झूठ की राजनीति करने में लगी है। मध्यप्रदेश शांति का टापू है और यहां मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव जी के नेतृत्व में भाजपा की सरकार है। किसी भी कीमत पर प्रदेश का माहौल खराब होने नहीं दिया जाएगा।

 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कल जिला न्यायपालिका के राष्ट्रीय सम्मेलन का करेंगे उद्घाटन, डाक टिकट और सिक्का करेंगे जारी

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी कल सुबह 10 बजे नई दिल्ली के भारत मंडपम में जिला न्यायपालिका के राष्ट्रीय सम्मेलन का उद्घाटन करेंगे। इस अवसर पर प्रधानमंत्री भारत के सर्वोच्च न्यायालय की स्थापना के 75 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में डाक टिकट और सिक्का जारी करेंगे।

भारत के सर्वोच्च न्यायालय द्वारा आयोजित इस दो दिवसीय सम्मेलन में पांच कार्य सत्रों का आयोजन किया जाएगा, जिसमें जिला न्यायपालिका से संबंधित विषयों जैसे कि इन्फ्रास्ट्रक्चर और मानव संसाधन, सभी के लिए समावेशी न्यायालय, न्यायिक सुरक्षा और न्यायिक कल्याण, मामला प्रबंधन और न्यायिक प्रशिक्षण पर विचार-विमर्श और चर्चा की जाएगी।

इस उद्घाटन कार्यक्रम में भारत के मुख्य न्यायाधीश और सर्वोच्च न्यायालय के अन्य न्यायाधीश, केंद्रीय विधि एवं न्याय राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार), भारत के अटॉर्नी जनरल, सर्वोच्च न्यायालय बार एसोसिएशन के अध्यक्ष और भारतीय बार काउंसिल के अध्यक्ष भी भाग लेंगे।

युवा कांग्रेस का जबरदस्त प्रदर्शन, पुलिस ने वाटर कैनन और छोड़े आंसू गैस के गोले

मध्यप्रदेश युवा कांग्रेस द्वारा ‘क्या हुआ तेरा वादा अभियान’ के समापन पर मध्यप्रदेश युवा कांग्रेस के अध्यक्ष मितेन्द्र दर्शन सिंह यादव के नेतृत्व में राजधानी भोपाल में मुख्यमंत्री आवास का घेराव किया गया, जिसमें प्रदेश भर से साढ़े 4 से 5 लाख पोस्टकार्ड लेकर पहुंचे 25 हजार से अधिक युवा कांग्रेस के पदाधिकारी और कांग्रेस कार्यकर्ता मुख्यमंत्री आवास घेराव कार्यक्रम में शामिल हुये।

वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं का काफिला, युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं को रोकने के लिए सरकार के इशारे पर पुलिस प्रशासन द्वारा रोशनपुरा चौराहा के पास 7 लेयर की बैरिकेडिंग की गई, यूथ कांग्रेस ने जैसे ही पहली लेयर तोड़ी पुलिस ने वाटर कैनन चलाकर कार्यकर्ताओं को खदेड़ना शुरू कर दिया, वहीं पुलिस ने आसूं गैस के गोले भी छोड़े, बर्बरतापूर्ण लाठीचार्ज भी किया, जिसमें कई कार्यकर्ताओं को चोटें आयीं।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी बेरिकेड पर चढ़े तो पुलिस ने वाटर कैनन चलाया, पानी के प्रेशर से पटवारी नीचे गिर गए, जिससे उन्हें भी चोट आयी। मुख्यमंत्री निवास का घेराव कर रहे कांग्रेस नेताओं समेत सैकड़ों कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में ले लिया।

युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष बीवी श्रीनिवास ने युवाओं को संबोधित करते हुये कहा कि एक करोड़ से ज्यादा युवा नौकरी के लिए भटक रहा है, 20 से अधिक एग्जाम कंडक्ट किए 30 हजार नौकरी दी गई, जिसमें आज तक ज्वाइनिंग नहीं हुई। इस तरह युवाओं को ऑनलाइन सट्टा खेलने के लिए मजबूर किया, सरकार को शर्म आनी चाहिए। मध्य प्रदेश की सरकार दिल्ली से चलती है यहां का मुख्यमंत्री शराब का ठेका लेने में व्यस्त है।

मध्यप्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा ये सरकार मोहन यादव और बीजेपी की सरकार नहीं, ये माफियाओं की सरकार है। इस सरकार में एक भी मंत्री ऐसा नहीं, जो बिना दलाली के काम करता हो, लगभग 100 दलाल भोपाल-इंदौर में घूम रहे हैं, जो लैंडयूज चेंज करा रहे हैं। सागर में दलित परिवार के 3 लोग मार दिए, कटनी में दलित को पीटा, जो बीजेपी की नौकरी करेगा उसके खिलाफ कांग्रेस का कार्यकर्ता सड़क से लेकर कोर्ट तक लड़कर केस दर्ज कराएगा, दो दिन पहले मुख्यमंत्री ने कहा था कि भारत में रहना है तो राम, कृष्ण कहना होगा। मोहन यादव जी कांग्रेस का युवा साथी आपको चुनौती देता है कि आपको मुख्यमंत्री रहना है तो:- कर्ज लेना बंद करना होगा। जातिगत जनगणना करानी होगी। दलितों पर अत्याचार बंद करना होगा। सोयाबीन के दाम 6 हजार करने होंगे। ढाई लाख नौकरी देनी होगी। बाबा साहब आंबेडकर के संविधान से नफरत बंद करनी होगी।

नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने कहा कि बांग्लादेश में अभी तख्ता पलट हुआ है अगले चुनाव में मध्यप्रदेश में युवाओं को तख्ता पलट करना है। मध्यप्रदेश में मोहन सरकार लगातार कांग्रेस कार्यकर्ताओं को प्रताड़ित कर रहीं हैं, लेकिन सरकार कान खोल कर सुन ले अगर अब किसी भी कार्यकर्ता को प्रताड़ित किया तो पूरी पार्टी इस दमनकारी सरकार की ईंट से ईंट बजाने का काम करेंगी।

उप नेता प्रतिपक्ष हेमंत कटारे ने नर्सिंग घोटाले के मामले में मंत्री विश्वास सारंग पर हमला बोला। कटारे ने कहा, विश्वास का नाम अविश्वास सारंग होना चाहिए। नर्सिंग घोटाले में सारे सबूत सारंग के खिलाफ हैं। इन्हें मंत्रिमंडल से बर्खास्त कर देना चाहिए मुख्यमंत्री मोहन यादव मंत्री विश्वास सारंग से डरें हुए हैं।

युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष मितेन्द्र दर्शन सिंह ने कहा कि मध्यप्रदेश की जनता के हितों के पांच प्रमुख मुद्दे हैं, जिनको लेकर हम सरकार से सवाल पूछना चाहते हैं कि ‘‘क्या हुआ तेरा वादा’’ पहला युवाओं को ढाई लाख नौकरी कब मिलेंगी? सरकार ने चुनावों में युवाओं को नौकरी देने की बात कही थी लेकर आज तक नौकरी नहीं मिली, वहीं दूसरा 1.3 करोड़ आवास बहनों को कब मिलेंगे? सरकार ने मध्यप्रदेश की हितग्राही बहनों को आवास देने का वादा किया था लेकिन आज तक आवास नहीं मिले, तीसरी सरकारी नौकरी की परीक्षा फार्म फीस कब माफ होगी वहीं, चौथा नर्सिंग घोटाले के आरोपियों की गिरफ्तारी कब होगी?, पांचवां देश के अन्नदाताओं किसान को एमएसपी (MSP) कब मिलेंगी?

कार्यक्रम में मुख्य रूप से युवा कांग्रेस राष्ट्रीय सचिव व मध्यप्रदेश प्रभारी शेष नारायण ओझा, राष्ट्रीय सचिव व मध्यप्रदेश सह प्रभारी प्रियंका पटेल, राज्यसभा सांसद विवेक तंखा, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष अरूण यादव, मप्र कांग्रेस मीडिया विभाग के अध्यक्ष पूर्व मंत्री मुकेश नायक, पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा, कमलेश्वर पटेल, विधायक आरिफ मसूद, विधायक ओमकार मरकाम, विधायक जयवर्धन सिंह, विधायक सचिन यादव, पी.सी. शर्मा, महिला कांग्रेस अध्यक्ष विभा पटेल, विपिन वानखेड़े, कुणाल चौधरी, कांग्रेस प्रवक्ता विवेक त्रिपाठी, प्रवीण सक्सेना, युवा कांग्रेस मीडिया विभाग के चेयरमेन अभिज्ञान शुक्ला, जनपद सदस्य राहुल मंडलोई, जिला अध्यक्ष नरेंद्र यादव समेत हजारों युवा कांग्रेस के कार्यकर्ता उपस्थित थे।

इंदौर में श्रम संहिताओं और श्रमिक कल्याण पर बड़ा आयोजन, रोजगार और सामाजिक सुरक्षा...

0
इंदौर। श्रमिकों के अधिकारों, सामाजिक सुरक्षा और रोजगार व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में इंदौर में 3 नवंबर 2026 को श्रम संहिताओं...

असंगठित और गिग वर्कर्स के लिए केंद्र सरकार का बड़ा फैसला, 40 और 22...

0
नई दिल्ली | 4 नवंबर 2026 देश के करोड़ों असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों, डिलीवरी पार्टनर्स, ऐप आधारित टैक्सी चालकों और प्लेटफॉर्म वर्कर्स को सामाजिक सुरक्षा...
nmms-scholarship-2026-27

NMMSS Scholarship 2026-27: छात्रों को बड़ी राहत, छात्रवृत्ति आवेदन की अंतिम तारीख बढ़ी, अब...

0
नई दिल्ली। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के मेधावी विद्यार्थियों के लिए केंद्र सरकार ने बड़ी राहत दी है। शिक्षा मंत्रालय ने राष्ट्रीय साधन-सह-योग्यता...
akshara goswami

मध्यप्रदेश स्थापना दिवस पर 102 मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान, हर छात्र को मिली 1...

0
भोपाल। मध्यप्रदेश के 71वें स्थापना दिवस के अवसर पर प्रदेश की शैक्षणिक प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। भोपाल के लाल परेड मैदान में आयोजित...
poshan-tracker-pmmvy-grievance-redressal-2026

POSHAN Tracker और PMMVY की शिकायतों का होगा निपटारा, 30 अक्टूबर को देशभर में...

0
नई दिल्ली | 30 अक्टूबर 2026 | सामाजिक कल्याण समाचार केंद्र सरकार ने गर्भवती महिलाओं, स्तनपान कराने वाली माताओं और पोषण सेवाओं के लाभार्थियों की...