भारतीय न्याय संहिता हमारे लोकतंत्र को औपनिवेशिक मानसिकता से मुक्त करती है – प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने राजस्थान के जोधपुर में राजस्थान उच्च न्यायालय के प्लेटिनम जुबली कार्यक्रम के समापन समारोह को संबोधित किया। प्रधानमंत्री ने कल राजस्थान उच्च न्यायालय संग्रहालय का भी उद्घाटन किया। प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन की शुरुआत महाराष्ट्र से प्रस्थान के दौरान मौसम की खराब स्थिति के कारण कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने में हुई देरी के कारण हुई असुविधा पर खेद व्यक्त करते हुए की। उन्होंने राजस्थान उच्च न्यायालय के प्लेटिनम जुबली समारोह का हिस्सा बनने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि राजस्थान उच्च न्यायालय ऐसे समय में 75 वर्ष पूरे कर रहा है, जब भारत का संविधान अपने 75 वर्ष पूरे करने वाला है। प्रधानमंत्री ने कहा, यही कारण है कि यह आयोजन कई महान हस्तियों के न्याय, निष्ठा और समर्पण का जश्न मनाने का अवसर है। प्रधानमंत्री ने इस अवसर पर न्याय के सभी ध्वजवाहकों और राजस्थान के लोगों को बधाई देते हुए कहा, “आज का कार्यक्रम संविधान के प्रति देश की आस्था का एक उदाहरण है।”

प्रधानमंत्री ने जोर देते हुए कहा कि राजस्थान उच्च न्यायालय का अस्तित्व भारत की एकता के इतिहास से जुड़ा है। सरदार वल्लभ भाई पटेल द्वारा 500 से अधिक राज्यों को एक साथ लाने और उन्हें एकता के एक सूत्र में पिरोकर भारत के निर्माण के प्रयासों को याद करते हुए, प्रधानमंत्री ने बताया कि राजस्थान के जयपुर, उदयपुर और कोटा जैसे विभिन्न रियासतों के अपने उच्च न्यायालय थे, जिन्हें एकीकृत करके राजस्थान उच्च न्यायालय अस्तित्व में लाया गया। श्री मोदी ने कहा, “राष्ट्रीय एकता भारत की न्यायिक प्रणाली की आधारशिला है और इसे मजबूत करने से राष्ट्र और इसकी व्यवस्थाएं और मजबूत होंगी।”

प्रधानमंत्री ने कहा कि न्याय सरल और सुबोध है। उन्होंने यह भी कहा कि कई बार प्रक्रियाएं इसे जटिल बना देती हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि न्याय को यथासंभव सरल और सुबोध बनाने के लिए हर संभव प्रयास करना हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त पर करते हुए कहा कि भारत ने इस दिशा में कई ऐतिहासिक और महत्वपूर्ण प्रयास किए हैं। उन्होंने कहा कि सरकार ने कई अप्रासंगिक औपनिवेशिक कानूनों को निरस्त कर दिया है।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत ने आजादी के कई दशकों के बाद औपनिवेशिक मानसिकता से बाहर निकलकर भारतीय दंड संहिता की जगह भारतीय न्याय संहिता को अपनाया। उन्होंने कहा कि भारतीय न्याय संहिता ‘दंड के स्थान पर न्याय’ के आदर्शों पर आधारित है, जो भारतीय चिंतन का आधार भी है। श्री मोदी ने विश्वास व्यक्त किया कि भारतीय न्याय संहिता मानवीय विचारों को आगे बढ़ाएगी और हमें औपनिवेशिक मानसिकता से मुक्त करेगी। उन्होंने कहा, “अब यह हमारी जिम्मेदारी है कि हम भारतीय न्याय संहिता की भावना को यथासंभव प्रभावी बनाएं।”

प्रधानमंत्री ने इस बात पर जोर दिया कि पिछले दशक में देश में तेजी से बदलाव आया है, क्योंकि उन्होंने भारत के 10वें स्थान से दुनिया की 5वीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने का जिक्र किया। प्रधानमंत्री मोदी ने नए भारत की जरूरतों के अनुसार नए नवाचारों और प्रणालियों के आधुनिकीकरण की आवश्यकता पर प्रकाश डालते हुए कहा,“आज भारत के सपने बड़े हैं और नागरिकों की आकांक्षाएं ऊंची हैं।” उन्होंने यह भी कहा कि यह ‘सभी के लिए न्याय’ प्राप्त करने के लिए भी उतना ही महत्वपूर्ण है। प्रधानमंत्री ने भारत की न्यायिक प्रणाली में क्रांति लाने में प्रौद्योगिकी की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला और ‘ई-कोर्ट’ परियोजना का उदाहरण दिया। उन्होंने बताया कि अब तक देश में 18,000 से अधिक अदालतों का कम्प्यूटरीकरण किया जा चुका है और 26 करोड़ से अधिक अदालती मामलों से संबंधित जानकारी राष्ट्रीय न्यायिक डेटा ग्रिड के माध्यम से एक केंद्रीकृत ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध कराई गई है। श्री मोदी ने बताया कि 3000 से अधिक न्यायालय परिसरों और 1200 से अधिक जेलों को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग सुविधाओं से जोड़ा गया है। उन्होंने इस दिशा में राजस्थान द्वारा किए जा रहे कार्यों की गति पर भी प्रसन्नता व्यक्त की, जहां सैकड़ों अदालतों को कम्प्यूटरीकृत किया गया है, जिससे पेपरलेस अदालतें, ई-फाइलिंग, इलेक्ट्रॉनिक समन सेवा और वर्चुअल सुनवाई की सुविधाएं उपलब्ध हुई हैं। अतीत में अदालतों की धीमी गति की ओर इशारा करते हुए, प्रधानमंत्री ने कहा कि आम नागरिकों पर बोझ कम करने के लिए राष्ट्र द्वारा उठाए गए प्रभावशाली कदमों ने भारत में न्याय की नई उम्मीद जगाई है। प्रधानमंत्री ने देश की न्यायिक प्रणाली में निरंतर सुधार करके इस नई उम्मीद को बनाए रखने का आह्वान किया।

प्रधानमंत्री ने कहा कि उन्होंने अतीत में कई अवसरों पर हमारी मध्यस्थता प्रक्रिया की सदियों पुरानी प्रणाली का लगातार जिक्र किया है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि “वैकल्पिक विवाद समाधान” प्रणाली आज देश में किफायती और त्वरित निर्णयों के लिए एक महत्वपूर्ण तरीका बन गया है। उन्होंने कहा कि वैकल्पिक विवाद समाधान की यह प्रणाली देश में जीवन को आसान बनाने के साथ-साथ न्याय को भी आसान बनाएगी। प्रधानमंत्री ने जोर देते हुए कहा कि सरकार ने कानूनों में संशोधन करके और नए प्रावधान जोड़कर इस दिशा में कई कदम उठाए हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने उम्मीद जताई कि न्यायपालिका के सहयोग से ये व्यवस्थाएं और मजबूत होंगी।

प्रधानमंत्री ने कहा, “न्यायपालिका ने राष्ट्रीय मुद्दों पर लगातार सजग और सक्रिय रहने की नैतिक जिम्मेदारी निभाई है।” उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 को हटाना भारत की एकता का आदर्श उदाहरण है। उन्होंने सीएए के मानवीय कानून का भी जिक्र किया और कहा कि अदालतों के फैसलों ने प्राकृतिक न्याय पर उनके रुख को स्पष्ट किया है। प्रधानमंत्री मोदी ने जोर देते हुए कहा कि सर्वोच्च न्यायालय और उच्च न्यायालयों ने ‘राष्ट्र प्रथम’ के संकल्प को और मजबूत किया है। लाल किले से प्रधानमंत्री के संबोधन के दौरान धर्मनिरपेक्ष नागरिक संहिता का जिक्र करते हुए, उन्होंने कहा कि भले ही वर्तमान सरकार ने इस मामले को अब उठाया है, लेकिन भारत की न्यायपालिका ने हमेशा इसके पक्ष में वकालत की है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय एकता के मामलों में न्यायालय का रुख नागरिकों में विश्वास पैदा करता है।

प्रधानमंत्री ने इस बात पर जोर दिया कि 21वीं सदी के भारत में ‘एकीकरण’ शब्द एक बड़ी भूमिका निभाने जा रहा है। प्रधानमंत्री ने कहा, “परिवहन के साधनों, डेटा, स्वास्थ्य प्रणाली, पुलिस, फोरेंसिक, प्रक्रिया सेवा प्रणाली का एकीकरण – हमारा विजन है कि देश की सभी आईटी प्रणालियां जो अलग-अलग काम कर रही हैं, उनका एकीकरण किया जाना चाहिए। भारत के सर्वोच्च न्यायालय से लेकर जिला न्यायालयों तक, सभी को एक साथ मिलकर काम करना चाहिए।” उन्होंने राजस्थान की सभी जिला अदालतों में आज शुरू की गई एकीकरण परियोजना के लिए अपनी शुभकामनाएं भी दीं।

प्रधानमंत्री ने कहा कि आज के भारत में गरीबों के सशक्तिकरण के लिए प्रौद्योगिकी का इस्तेमाल करना एक आजमाया हुआ और परखा हुआ फार्मूला बन रहा है। उन्होंने कहा कि पिछले 10 वर्षों में भारत को कई वैश्विक एजेंसियों और संगठनों से प्रशंसा मिली है। प्रधानमंत्री मोदी ने इस बात पर जोर दिया कि कैसे भारत डीबीटी से लेकर यूपीआई तक कई क्षेत्रों में काम करता है और एक वैश्विक मॉडल के रूप में उभरा है। उन्होंने यह भी कहा कि इसी अनुभव को न्याय प्रणाली में भी लागू किया जाना चाहिए। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि इस दिशा में, प्रौद्योगिकी और अपनी भाषा में कानूनी दस्तावेजों तक पहुंच प्रदान करना गरीबों को सशक्त बनाने का सबसे प्रभावी साधन बन जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार दिशा नामक एक अभिनव समाधान को भी बढ़ावा दे रही है और इस अभियान में मदद करने के लिए कानून के छात्रों और अन्य कानूनी विशेषज्ञों को आमंत्रित किया है। प्रधानमंत्री ने इस बात पर भी जोर दिया कि कानूनी दस्तावेज और फैसले लोगों को स्थानीय भाषाओं में उपलब्ध कराने के लिए काम किया जाना बाकी है। उन्होंने यह भी कहा कि भारत के सर्वोच्च न्यायालय ने एक सॉफ्टवेयर की मदद से इसकी शुरुआत कर दी है, जिसके जरिए न्यायिक दस्तावेजों का 18 भाषाओं में अनुवाद किया जा सकता है। प्रधानमंत्री मोदी ने न्यायपालिका द्वारा किए गए सभी अनूठे प्रयासों की सराहना की।

प्रधानमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि न्यायालय न्याय की सुगमता को सर्वोच्च प्राथमिकता देते रहेंगे। प्रधानमंत्री मोदी ने अपनी बातों को समाप्त करते हुए कहा, “यह बहुत महत्वपूर्ण है कि विकसित भारत में सभी के लिए सरल, सुलभ और आसान न्याय की गारंटी हो।”

इस अवसर पर राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े, राजस्थान के मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा, केंद्रीय विधि एवं न्याय मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) अर्जुन राम मेघवाल, भारत के सर्वोच्च न्यायालय के न्यायाधीश न्यायमूर्ति संजीव खन्ना और राजस्थान उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति मनिंद्र मोहन श्रीवास्तव उपस्थित थे।

अमित शाह की अध्यक्षता में आज छत्तीसगढ़ में सहकारिता के विस्तार को लेकर बैठक हुई

केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने कल छत्तीसगढ़ के रायपुर में राज्य में सहकारिता के विस्तार से संबंधित समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की। अमित शाह ने छत्तीसगढ़ के सभी 33 ज़िलों में पानी समिति के रूप में Primary Agriculture Credit Society (PACS) का शुभारंभ भी किया। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, केन्द्रीय सहकारिता राज्यमंत्री मुरलीधर मोहोल, छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री अरूण साव और केन्द्रीय सहकारिता मंत्रालय के सचिव डॉ. आशीष कुमार भूटानी सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

गृह एवं सहकारिता मंत्री ने ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत “Peepal for People” कार्यक्रम के अंतर्गत वृक्षारोपण और छत्तीसगढ़ सरकार के विभिन्न विकास कार्यो का लोकार्पण भी किया।

सहकारिता समीक्षा बैठक में अपने संबोधन में केन्द्रीय गृह मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सहकार से समृद्धि के स्वप्न को साकार करने के लिए देश की हर पंचायत में एक सहकारी समिति के गठन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार को संपूर्ण जनजातीय विकास के लिए एक नई पब्लिक डेयरी योजना बनानी चाहिए, जो पैक्स, डेयरी और मात्स्यिकी सहकारी संस्था का काम करेगी।

केन्द्रीय सहकारिता मंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ की सभी 2058 PACS ने मॉडल बाय-लॉज़ को अपना लिया है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय सहकारी डेटाबेस का उपयोग छत्तीसगढ़ में Dry Area ढूंढने के लिए करना चाहिए जिससे सहकारिता के विस्तार में मदद मिलेगी। उन्होंने इस बात पर बल दिया कि कम्प्यूटराइज़ेशन होने के साथ ही हर PACS को Common Service Centre (CSC) बना देना चाहिए जिससे PACS द्वारा अनेक गतिविधियों का लाभ ग्रामीण जनता तक पहुंच सके।

अमित शाह ने कहा कि इथेनॉल उत्पादन के लिए NCCF, NAFED और राज्य के बीच अनुबंध होना चाहिए जिससे किसानों को मक्के की खेती के प्रति प्रोत्साहित किया जा सके। उन्होंने कहा कि मक्के की खेती में लागत भी कम है और केन्द्र सरकार द्वारा किसानों का सारा मक्का अच्छे न्यूनतम समर्थन मूल्य पर खरीदा जा रहा है। शाह ने कहा कि किसानों के कृषि उत्पाद की बिक्री के लिए PACS द्वारा NAFED और NCCF पोर्टल पर शत-प्रतिशत पंजीकरण होना चाहिए।

केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री ने कहा कि हर मंडी के हर व्यापारी, PACS और सहकारी संस्था का खाता ज़िला सहकारी बैंक में खोलना अनिवार्य होना चाहिए। छत्तीसगढ़ में 4 सहकारी चीनी मिलें हैं जिनमें से सिर्फ एक मिल में इथेनॉल उत्पादन प्लांट है। शाह ने कहा कि बाकी 3 सहकारी चीनी मिलों में 6 महीने के अंदर Multi-Feed इथेनॉल उत्पादन प्लांट लगाए जाएं, जिससे मक्का और गन्ना आदि से इथेनॉल उत्पादन किया जा सके। उन्होने कहा कि इसमें केन्द्र सरकार मदद करेगी। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में मक्के और दलहन की खेती को बढ़ावा देने की ज़रूरत है और इसके लिए राज्य के कृषि विभाग को पहल करनी चाहिए।

अमित शाह ने कहा कि वर्तमान में छत्तीसगढ़ के 33 ज़िलों में कुल 6 ज़िला सहकारी केन्द्रीय बैंक (DCCB) हैं और निकट भविष्य में राज्य में PACS के विस्तार को ध्यान में रखते हुए कम से कम 4 और DCCB की स्थापना होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ के ग्रामीण और जनजातीय लोगों के आर्थिक विकास के लिए Whole of Government Approach के तहत राज्य सरकार के पशुपालन, कृषि, जनजातीय मामले और सहकारिता विभागों को मिलकर काम करना चाहिए।

भगवान श्रीकृष्ण व श्रीराम से जुड़े स्थलों को तीर्थ बनाया जाएगा – डॉ. मोहन यादव यादव

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व खजुराहो सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने पन्ना स्थित जुगल किशोर मंदिर में भगवान श्रीकृष्ण आख्यान की कला अभिव्यक्तियां ‘‘श्रीकृष्ण पर्व‘‘ में शामिल होकर संबोधित किया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश में भगवान श्रीकृष्ण और श्रीराम से जुड़े सभी स्थलों को भाजपा सरकार तीर्थ स्थलों के रूप में विकसित करने का निर्णय लिया है। पन्ना जिले के विकास की हर मांग को भाजपा सरकार पूरा करेगी। भाजपा सरकार भगवान श्रीकृष्ण का अनुसरण करते हुए धर्म के मार्ग पर चल रही है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व खजुराहो सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि मध्यप्रदेश की भाजपा सरकार पन्ना जिले का लगातार विकास कर रही है। पन्ना रत्नगर्भा धरती है, इस जिले के विकास को चार चांद लगाएंगे। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष शर्मा ने भजन भी गाए। कार्यक्रम को पूर्व मंत्री व विधायक बृजेन्द्र प्रताप सिंह ने भी संबोधित किया।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि पन्ना में भगवान जुगल किशोर विराजे हैं। पन्ना वह धरती है, जिस पर जन्म लेने वाले हर बच्चे के जन्मस्थान के नीचे रत्नों का भंडार है। महाराजा छत्रसाल की धरती पर आकर मैं गौरव की अनुभूति कर रहा हूं। बुंदेलखंड की धरती ने हिंदू समाज को बचाने के लिए अग्रणी भूमिका निभाई है। मध्यप्रदेश के रहने वाले हम सभी लोग सौभाग्यशाली हैं कि इस धरती पर भगवान श्रीकृष्ण और प्रभु श्रीराम दोनों ने अपनी लीलाएं दिखाई हैं। भगवान श्री कृष्ण ने उज्जैन में शिक्षा ग्रहण की तो भगवान श्रीराम जी ने वनवास का सबसे अधिक समय चित्रकूट में बिताया। भगवान श्रीराम जी और भगवान श्रीकृष्ण जी से जुड़े सभी स्थलों को मध्यप्रदेश की भाजपा सरकार तीर्थ स्थल बनाएगी। कोई कुछ भी कहे, लेकिन मध्यप्रदेश की भाजपा सरकार भगवान श्रीराम और श्रीकृष्ण के बताए मार्ग पर चल रही है। भगवान श्रीकृष्ण ने धर्म के मार्ग पर चलना सिखाया है। श्रीकृष्ण ने परंपरा के खिलाफ बदलाव लाने का संदेश दिया है। उन्होंने कंस सहित कई असुरों का अंत कर कालिया नाग के फन पर मुस्कुराकर बुराई को समाप्त करने की हम सभी को सीख दी है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व खजुराहो सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का पन्ना की जनता से कितना स्नेह है कि वे श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की पूर्व संध्या और भगवान बलदाऊ की जन्म जयंती के अवसर पर पन्ना आकर भगवान श्री जुगल किशोर से आशीर्वाद लेकर आपको सौगात देने आए हैं। मध्यप्रदेश में पन्ना टाइगर रिजर्व ने विदेशी पर्यटकों की संख्या में रिकार्ड कायम किया है। पन्ना में मेडिकल कॉलेज, आयुर्वेद कॉलेज, कृषि कॉलेज की सौगात भाजपा सरकार ने दी है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व वाली मध्यप्रदेश की भाजपा सरकार के प्रयासों से एनएमडीसी की खदान शुरू हो रही है। मैं भगवान श्री जुगल किशोर और और यहां की जनता के आशीर्वाद से ही जनता की सेवा का कार्य कर रहा हूं। पन्ना में जल्द रेलवे स्टेशन बनकर तैयार हो रहा है, हवाई पट्टी और आधुनिक रूप से तैयार की जा रही है। भाजपा सरकार पन्ना का लगातार विकास कर रही है। श्री जुगल किशोर महालोक का बजट बढ़ाकर और बेहतर कार्य किया जाएगा। पन्ना के विकास को चार चांद लगाएंगे।

श्री जुगल किशोर मंदिर पहुंचने पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व खजुराहो सांसद विष्णुदत्त शर्मा का ग्वाल टोली ने नृत्य से स्वागत किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष शर्मा ने श्री जुगल किशोर मंदिर पहुंचकर भगवान श्रीकृष्ण का पूजन-अर्चना किया और आयोजन स्थल पर लगाई गई चित्र प्रदर्शनी का अवलोकन किया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को हल भेंट कर स्वागत किया गया। वहीं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष श्री विष्णुदत्त शर्मा का लाड़ली बहनों ने राखी भेंट कर स्वागत किया।

इस अवसर पर प्रदेश शासन के मंत्री लखन पटेल, दिलीप अहिरवार, पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष व संभाग प्रभारी मुकेश सिंह चतुर्वेदी, जिला प्रभारी उमेश शुक्ला, विधायक ब्रजेन्द्र प्रताप सिंह, राजेश वर्मा, प्रहलाद लोधी, अरविन्द पटेरिया, ललिता यादव, जिला अध्यक्ष ब्रजेन्द्र मिश्रा, छतरपुर जिला अध्यक्ष चन्द्रभान सिंह, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य शदानंद गौतम, रामबिहारी चौरसिया, जयप्रकाश चतुर्वेदी, रामअवतार पाठक, आशुतोष महदेले, उषा सोनी, विवेक मिश्रा, दीपेन्द्र सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष मीना राजे परमार, जिला पंचायत उपाध्यक्ष संतोष यादव, नगरपालिका अध्यक्ष मीना पाण्डेय, नगरपालिका उपाध्यक्ष आशा गुप्ता, नगरपरिषद अध्यक्ष सीता गुप्ता, उमेश निगम, प्रदेश सह मीडिया प्रभारी आशीष तिवारी, विष्णु पाण्डेय, पूर्व जिला अध्यक्ष बाबूलाल यादव, जिला उपाध्यक्ष रामायण लोध, रविराज यादव, अंकुर त्रिवेदी, जिला मंत्री कमल लालवानी, कैलाश गुप्ता, पूनम यादव, कविता रैकवार सहित पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं स्थानीय जनता उपस्थित रहीं।

संगठन पर्व में इंदौर के कार्यकर्ता विधानसभा व लोकसभा चुनावों की तरह रिकॉर्ड बनाएंगे – डॉ. मोहन यादव

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रविवार को इंदौर विधानसभा क्रमांक-1 के नरसिंह वाटिका में सुभाष मंडल की संगठन पर्व कार्यशाला को संबोधित कर विधानसभा क्रमांक-4 के बूथ क्रमांक 99 के महाराजा यशवंत राव विद्यालय में कार्यकर्ताओं के साथ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की ‘मन की बात’ कार्यक्रम को सुना। इसके पश्चात इंदौर के दशहरा मैदान में आयोजित श्रीकृष्ण जन्मोत्सव व्याख्यान माला में शामिल होकर संबोधित किया।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सुभाष मंडल की संगठन पर्व कार्यशाला को संबोधित करते हुए कहा कि जनसंघ के जमाने से इंदौर की जनता का हमारी पार्टी को भरपूर आशीर्वाद मिलता रहा है। प्रदेश में सबसे पहले विधानसभा, लोकसभा का चुनाव भाजपा इसी मालवा क्षेत्र से जीती है। प्रदेश में नगर निगम चुनाव में पहली जीत का रिकार्ड भी इंदौर में विजय से मिला है। वर्तमान में इंदौर लोकसभा के साथ विधानसभा की सभी 9 सीटें जीतकर भाजपा ने रिकार्ड बनाया किया है। जिस प्रकार प्रदेश में भाजपा ने विधानसभा और लोकसभा चुनाव में ऐतिहासिक विजय प्राप्त की है, उसी प्रकार इंदौर में संगठन पर्व में भी सबसे अधिक लोगों को पार्टी का सदस्य बनाकर इतिहास बनाया जाएगा।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कहा कि कांग्रेस पार्टी ने जम्मू-कश्मीर विधानसभा चुनाव के लिए नेशनल कांफ्रेंस से हाथ मिला लिया है। नेशनल कांफ्रेंस के नेता फारूक अब्दुल्ला जम्मू-कश्मीर मामले में पाकिस्तान से वार्ता करने की पैरवी करते रहे हैं। उन्हीं फारूक अब्दुल्ला की पार्टी से गठबंधन कर कांग्रेस क्या चाहती है कि जम्मू-कश्मीर में फिर पत्थरबाजों की फौज इकट्ठा हो। देश जानना चाहता है कि कांग्रेस ने फारूक अब्दुल्ला की पार्टी से गठबंधन कर क्या उनका चरित्र अपनाना चाहती है। देश में कांग्रेस ऐसी पार्टी है, जो वोट बैंक की राजनीति के लिए देश को उस रास्ते पर ले जाना चाहती है, जहां पर देश के अतीत के घाव आज भी गहरे हैं। हरे-भरे पंजाब में आतंकवाद को बढ़ावा देने में जाने अनजाने में कांग्रेस का ही हाथ रहा है। वहीं तमिलनाडु में लिट्टे वाले घटनाक्रम से हम सब याद करेंगे तो देखने में आएगा की कांग्रेस ने पहले किसका समर्थन किया बाद में किसका समर्थन किया। हमें इस बात की प्रसन्नता है कि दुनिया का सबसे बड़ा कोई राजनीतिक दल है तो वह भारतीय जनता पार्टी है और हमारा तत्व-विचार उस नाते से जाना जाता है। जब हम वसुधैव कुटुंबकम की बात करते हैं पूरी वसुधा हमारे कुटुंब की तरह है, पूरे देश की अलग भाषा, अलग भेष फिर भी हमारा एक देश। इस विविधता वाले देश में एक ही पार्टी है जो अपने मूल को नहीं छोड़ती है वह है भारतीय जनता पार्टी।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता आधारित पार्टी है, वहीं कांग्रेस में कार्यकर्ताओं का कोई सम्मान नहीं है। गुटों में बंटी कांग्रेस परिवारवाद और भ्रष्टाचार को बढ़ावा देने वाली पार्टी बनकर रह गई है। कांग्रेस पार्टी वोट के लिए संविधान पर लगातार प्रहार करती आई है। देश के संविधान की मूल प्रति में धर्मनिरपेक्षता नहीं था, कांग्रेस पार्टी ने वोट बैंक की राजनीति के लिए इसे जोड़ा। संविधान की मूल प्रति में भगवान श्रीराम सहित हमारी संस्कृति के तमाम चित्र हैं, लेकिन कांग्रेस पार्टी मूल संविधान को तिलांजलि देकर, उसके मूल अवधारणा को दरकिनार कर वोट बैंक की राजनीति कर रही है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि मुझे इस बात की बहुत प्रसन्नता है कि आज जिस मंडल की कार्यशाला में मैं शामिल हुआ हूं, उसका नाम नेताजी सुभाष चंद्र बोस के नाम पर रखा गया सुभाष मंडल है। देश में करीब 1500 से अधिक पंजीकृत राजनीतिक दल हैं, लेकिन भाजपा का आंतरिक लोकतंत्र, उसका अनुशासन, कार्य पद्धति, विचार, व्यवहार, आचरण और सिद्धांत उसे अन्य सभी दलों से अलग दिखाता है। भाजपा कार्यकर्ता सत्ता के माध्यम से राष्ट्र निर्माण व भारत माता की सेवा के लिए कार्य करते हैं। सौर मंडल में जिस तरह से आदित्य नारायण सूर्य भगवान अलग दिखाई देते हैं, उसी प्रकार राजनीतिक दलों में भाजपा अलग है।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव इंदौर विधानसभा क्रमांक-4 में बूथ क्रमांक 99 स्थित महाराजा यशवंत राव स्कूल में कार्यकर्ताओं के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मन की बात कार्यक्रम को सुना। प्रधानमंत्री की मन की बात सुनने के बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री ने आज मध्यप्रदेश के झाबुआ जिले में वेस्ट मटेरियल से क्रिएटिव सृजन की प्रशंसा की है। उन्होंने कहा कि झाबुआ के लोगों का यह कार्य अन्य लोगों के लिए भी प्रेरक है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मन की बात कार्यक्रम में झाबुआ जिले के स्वच्छता प्रहरी भाई-बहनों के कार्यों का उल्लेख करने पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वेस्ट मटेरियल से सृजन का यह सफल प्रयोग प्रदेश के अन्य जिलों में भी अपनाएंगे।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इंदौर के दशहरा मैदान में भगवान श्रीकृष्ण जन्मोत्सव कार्यक्रम में ‘‘मां अहिल्या की कामना-हर घर कन्हैया, हर मां यशोदा’’ व्याख्यान माला को संबोधित करते हुए कहा कि मध्यप्रदेश के हर शहर में गीता भवन बनाया जाएगा। इनका निर्माण नगरीय निकायों के जिम्मे होगा, राशि प्रदेश सरकार देगी। साथ ही बरसाना की तर्ज पर आदर्श गांव भी बनाए जाएंगे। यहां गौ-पालन, दूध उत्पादन और जैविक खेती को बढ़ावा दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण से लोगों को दोस्ती कैसे की जाती है और हिम्मत कैसे दी जाती है और दूसरों की हिम्मत कैसे बढ़ाई जाती है, यह सीखना चाहिए। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने भगवान श्रीकृष्ण का पूजन-अर्चन कर बांसुरी अर्पित की एवं भजन गाए। इस श्री कृष्ण जन्मोत्सव कार्यक्रम में 5 हजार मातृशक्तिय मां यशोदा एवं 5 हजार नन्हे मुन्ने बच्चे भगवान श्री कृष्ण के स्वरूप में सम्मिलित हुए।

इस अवसर पर वरिष्ठ भाजपा नेता सत्यनारायण सत्तन, प्रदेष शासन के मंत्री तुलसीराम सिलावट, महापौर पुष्यमित्र भार्गव, पूर्व आइडिए अध्यक्ष जयपाल सिंह चावड़ा, जिला अध्यक्ष गौरव रणदिवे, विधायक गोलू शुक्ला, पूर्व विधायक सुदर्शन गुप्ता, आकाश विजयवर्गीय सहित पाषर्दगढ़ एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

 

भगवान श्रीकृष्ण के उपदेश हर युग में प्रासंगिक और प्रेरणादायी – डॉ. मोहन यादव

भगवान श्रीकृष्ण का जीवन दर्शन धर्म, जाति, व्यक्ति एवं लिंग से बहुत ऊपर है। लोक मान्यता है कि गुणातीत देवकीनंदन श्रीकृष्ण का अवतरण जन्माष्टमी के दिन हुआ। यह पावन संयोग है कि विष्णु जी के अष्टम अवतार श्रीकृष्ण माता देवकी के अष्टम पुत्र के रूप में अष्टमी तिथि को अवतरित हुए। जन्माष्टमी के पावन अवसर की प्रतीक्षा कर रहे भारत सहित दुनिया के कई देशों में बसे कृष्ण भक्तों में आनन्द और हर्षोल्लास है। द्वापर युग में आसुरी शक्तियों के अधर्म, अन्याय, पापाचार, अनाचार का प्रभाव चरम पर था। धर्म की रक्षा और अधर्मियों का नाश करने स्वयं भगवान को श्रीकृष्ण स्वरूप में पृथ्वी पर आना पड़ा। उन्होंने समस्त संसार को पाप, अधर्म, अत्याचार से मुक्त कर धर्म की संस्थापना की।

नन्हें कान्हा से योगेश्वर भगवान श्रीकृष्ण बनने की जीवन यात्रा में घनश्याम श्रीकृष्ण ने मनुष्य की भांति जीवन की अनेक बाधाएं, संघर्ष, दुःख, कष्ट, अपमान तथा पीडाओं को सह कर संसार को यह शिक्षा दी कि मनुष्य फल की इच्छा छोड़कर केवल अच्छे कर्म कर स्वयं पर विश्वास करें। योगेश्वर बनने में सबसे महत्वपूर्ण योगदान उनके गुरु सांदीपनि जी का है, जिन्होंने प्रिय शिष्य कृष्ण को धर्म, भक्ति, ज्ञान, योग, वेद, शास्त्र, संगीत, शस्त्र, पुराणों, गुरु सेवा एवं गुरु दक्षिणा आदि विषयों की दुर्लभ शिक्षाएं प्रदान की।

गुरु दक्षिणा में भगवान श्रीकृष्ण ने महर्षि सांदीपनि जी एवं गुरूमाता को उनका खोया हुआ पुत्र पुण्डरक वापस लाकर दिया। हम सब परम सौभाग्यशाली हैं कि भगवान श्रीकृष्ण की शिक्षा-दीक्षा के साथ उनके योगेश्वर बनने की गाथा मध्यप्रदेश में लिखी गई।

कंस वध के बाद भगवान श्रीकृष्ण अपने बड़े भ्राता बलराम के साथ मथुरा से शिक्षा प्राप्ति के लिए महर्षि सांदीपनि की शरण में उज्जैन आये थे। नारायण (उज्जैन) में उनकी मित्रता सुदामा से हुई। श्रीकृष्ण-सुदामा की मित्रता की मिसाल युग-युगांतर से है। भगवान श्रीकृष्ण से मित्रता की संसार को जो शिक्षा मिली, वह अनुकरणीय है। भगवान श्रीकृष्ण ने जिस जगह शिक्षा प्राप्त की थी, उनके गुरु सांदीपनि जी का आश्रम आज भी उज्जैन में विद्यमान है, जो भगवान श्रीकृष्ण के योगेश्वर बनने का साक्षात प्रमाण है। भगवान श्रीकृष्ण, सांदीपनि जी के गुरुकुल में 64 दिन रहे। इन 64 दिनों में 64 विद्या और 16 कलाओं का ज्ञान प्राप्त किया। चार दिन में 4 वेद, 18 दिन में 18 पुराण, 6 दिन में 6 शास्त्रों का ज्ञान प्राप्त किया।

अपनी विनम्रमा और श्रद्धा के कारण गुरु कृपा से भगवान श्रीकृष्ण को इन्दौर के समीप जानापाव में परशुराम जी से सुदर्शन चक्र रूपी अमोघ शस्त्र की प्राप्ति हुई। धार के पास अमझेरा में वीरता के बल पर रूक्मणी हरण में रूक्मी को हराया। बदनावर का ग्राम कोद वे पवित्र स्थान हैं, जो भगवान श्रीकृष्ण की पौराणिक जागृत लीलास्थली हैं। मुझे यह बताते हुए खुशी हो रही है कि मध्यप्रदेश सरकार ने राम वन-पथ-गमन की तरह अब “श्रीकृष्ण पाथेय” निर्माण का संकल्प लिया है। इसके अंतर्गत मध्यप्रदेश में जहां-जहां भगवान श्रीकृष्ण के चरण पड़े थे, उन्हें तीर्थ क्षेत्र के रूप में विकसित किया जाएगा। इससे पूरी दुनिया को यह पता चलेगा कि भगवान श्रीकृष्ण का अटूट सम्बंध गोकुल, मथुरा, नंदगांव, वृंदावन और द्वारिका से ही नहीं बल्कि मध्यप्रदेश से भी है। विश्व के लोग यहां आकर इन तीर्थों का दर्शन कर पुण्य लाभ ले सकेंगे।

श्रीकृष्ण ने नारी सम्मान को सर्वोच्च प्राथमिकता दी। जनश्रुति है श्रीकृष्ण ने दैत्य नरकासुर का वध कर बन्दी बनाई गईं 16 हजार स्त्रियों को मुक्त कराया था। साथ ही कुटिल कौरवों के चीरहरण से द्रौपदी की रक्षा भी की। गोपाल श्रीकृष्ण गौ-माता को बहुत मानते थे। गौ-वंश उन्हें प्राणों से प्रिय रहा। गायों की रक्षा के प्रति हमारी सरकार भी प्रतिबद्ध है। इस दिशा में गौ-शालाओं के विकास के लिये विशेष प्रयास भी किये जा रहे हैं।

श्रीकृष्ण का आदर्श जीवन हर युग मे प्रासंगिक तथा प्रेरणादायी है। प्राणी उनके द्वारा बताए गए मार्ग का अनुकरण कर महान बन सकता है। वर्तमान पीढ़ी को चाहिए कि वह भौतिकता की चमक-दमक में अपने पौराणिक इतिहास को विस्मृत न होने दे।

आईए हम सब प्रदेशवासी ऐसे महान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव-जन्माष्टमी पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाए – जय श्री कृष्ण।

नोट – लेखक मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री हैं।

भगवान श्रीकृष्ण के 5,251 वें जन्मोत्सव समारोह का शुभारंभ करेंगे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज मथुरा जिले में भगवान श्रीकृष्ण के 5,251 वें जन्मोत्सव समारोह का शुभारंभ करेंगे। वह ब्रज क्षेत्र के लोगों के लिए 583 करोड़ रुपये की लागत की 137 परियोजनाओं का लोकार्पण भी करेंगे। इसमें बरसाना रोप वे, यमुना नदी में क्रूज, पाच्चजन्य प्रेक्षागृह, वृंदावन में लक्ष्मण शहीद स्मारक प्रेक्षागृह, मल्टीलेवल पार्किंग, गोवर्धन तहसील भवन, बरसाना कोसी गोवर्धन मार्ग का चैड़ीकरण और मथुरा वृंदावन मार्ग चैड़ीकरण जैसी योजनाएं प्रमुख रूप से शामिल हैं। मुख्यमंत्री मथुरा में ही रात्रि विश्राम करेंगे और अगले दिन श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर भगवान श्रीकृष्ण के दर्शन भी करेंगे।

भगवान श्रीकृष्ण के 5,251 वें जन्मोत्सव को बहुत भव्यता और दिव्यता के साथ मनाया जायेगा। श्रद्धालु इस भाव से दर्शन के लिए पधार रहे हैं। दर्शन के उपरांत उनके भाव की पुष्टि हो इस प्रकार की व्यवस्था प्रदर्शित करने का प्रयास श्रीकृष्ण जन्म स्थान सेवा संस्थान द्वारा किया जा रहा है। ऐसे विशिष्ट जन्मोत्सव में भगवान पद्म क्रांति पुष्प बंगले में विराजमान होकर भक्तों को दर्शन देंगे और सोन चन्द्र का पोषाक भगवान धारण करेंगे। इस वर्ष 25 अगस्त को 5,251 गैया के घी के दीपक अर्पित किये जायेंगे और वह दीपक भगवान के महोत्सव में और वृद्धि करेंगे। मुख्यमंत्री मथुरा की सांसद व अभिनेत्री हेमा मालिनी द्वारा पांचजन्य प्रेक्षागृह में आज शाम प्रस्तुत किये जाने वाले नृत्य को भी देखेंगे।

भगवान श्रीकृष्ण का कर्म प्रधान जीवन हमारे लिए आज भी प्रेरणा पुंज – मुख्यमंत्री डॉ. यादव

प्रदेश के समस्त नगरीय निकाय में गीता भवन केन्द्र खोले जाएंगे। इन केंद्रों के माध्यम से आध्यात्मिक ज्ञान और हमारे ग्रंथों, महापुरुषों के उपदेश आमजन तक पहुंचेंगे। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इन्दौर स्थित गीता भवन में भगवान श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर मध्यप्रदेश शासन संस्कृति विभाग द्वारा आयोजित व्याख्यानमाला में यह घोषणा की। उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण के जीवन के अलग-अलग घटनाक्रमों के वृत्तान्त को बड़े ही रोचक तरीके बताया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा प्रदेश सरकार द्वारा इस तरह के व्याख्यान के माध्यम से आमजन तक भगवान श्रीकृष्ण के कर्म प्रधान जीवन की जानकारी पहुंचाने का कार्य किया जा रहा है। विजय दत्त श्रीधर और प्रभुदयाल मिश्र ने अपने व्याख्यान दिये।

जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट, सांसद शंकर लालवानी, महापौर पुष्यमित्र भार्गव, विधायक महेंद्र हार्डिया, विधायक गोलू शुक्ला, विधायक मधु वर्मा, गौरव रणदिवे, गीता भवन ट्रस्ट इंदौर के अध्यक्ष रामचंद्र एरन, ट्रस्ट के मंत्री रामविलास राठी सहित गणमान्यजन, गीता भवन ट्रस्ट के पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित थे।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर प्रदेश भर में भगवान श्रीकृष्ण के जीवन पर विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें व्याख्यान भी शामिल हैं। प्रदेश सरकार ज्ञान रूपी दीपक को प्रज्ज्वलित करने वाली छोटी सी तिली की भूमिका में कार्य कर रही है। व्याख्यान के माध्यम से हमारे वरिष्ठजन हमारे महापुरुषों के जीवन और उनके किये गए कार्यों को आमजन तक बेहद ही सहज तरीके से पहुंचाने का कार्य कर रहे है। उन्होंने कहा भगवान श्रीकृष्ण का पूरा जीवन कर्म आधारित रहा है। उन्होंने अलग-अलग लीलाओं के माध्यम से कर्म को प्रधान रखते हुए कर्म को ही धर्म माना। भगवान श्रीकृष्ण ने भगवान बुद्ध और उनके शिष्य के संवाद का भी रोचक तरीके से वृतांत सुनाया। भगवान बुद्ध ने कहा था मृत्यु का कारण जन्म है। पृथ्वी पर जिस भी जीव का जन्म हुआ है उसकी मृत्यु तय है। हम देवताओं की जयंती मनाते है क्योंकि उनके द्वारा मनुष्य जन्म में किये गए कर्म पूजनीय है। देवताओं ने भी मनुष्य योनी को अपनाया। पुण्य के संचय हेतु जन्म आवश्यक है। भगवान ने विभिन्न अवतारों में जन्म लेकर मनुष्य जीवन में सुख और दुख के बीच अपने कर्म को महत्ता दी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने माता देवकी और वासुदेव, बाबा नंद और माता यशोदा के त्याग का उल्लेख किया। उन्होंने कहा भगवान कृष्ण ने जन्म से लेकर अपने पूरे जीवन में विभिन्न लीलाओं के माध्यम से कर्म और पुरुषार्थ को प्रधान रखा।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने इन्दौर के गीता भवन ट्रस्ट को हर संभव सहयोग प्रदान करने की बात कही। उन्होंने कहा कि इंदौर में “हर घर कृष्ण-हर घर यशोदा” की पहल अनूठी है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मंदिर में भगवान श्रीकृष्ण का पूजन कर बांसुरी अर्पित की। कार्यक्रम में ट्रस्ट की ओर से मुख्यमंत्री डॉ. यादव को भगवान श्रीकृष्ण एवं राधा की प्रतिमा भेंट की गई।

श्रीकृष्ण जन्माष्टमी उत्सव पर विजयदत्त श्रीधर ने “श्रीकृष्ण के भाव, सौंदर्य और प्रेम का समुच्चय” विषय पर अपने व्याख्यान में कहा कि भारतीय संस्कृति के भगवान श्रीकृष्ण पुरोधा रहे है। उन्होंने श्रीकृष्ण के जीवन के अलग-अलग वृतांत जिसमें कृष्ण-अर्जुन द्रोपदी, रुकमणी प्रसंग सुनाते हुए श्रीकृष्ण के जीवन के वृतांत को बड़े ही रोचक तरीके से प्रस्तुत किया। उन्होंने भगवत गीता के श्लोकों और उनके अर्थों को बेहतर सहज तरीके से अपने व्याख्यान के माध्यम से प्रस्तुत किया। श्रीधर ने कहा यह आयोजन सनातन संस्कृति को जानने, समाज में रचनात्मकता और बेहतर दिशा देने का कार्य करने वाला सिद्ध होगा।

“श्रीकृष्णा समग्रता की प्रतिमूर्ति” विषय पर प्रभु दयाल मिश्र ने श्रीमद् भगवत गीता के 18 हज़ार श्लोकों के अंतिम श्लोक को अपने व्याख्यान में समाहित करते हुए कहा एकाग्र भाव से किया गया कर्म ही सार्थक होता है। कर्म के प्रति नियंत्रण होता है लेकिन फल पर नियंत्रण नहीं होता है। उन्होंने कहा कर्म में आनंद की अनुभूति होना चाहिए, क्योंकि कर्म करने की भूमिका में आनंद होता है, क्योंकि भगवान श्रीकृष्ण ने कर्म को ही धर्म माना। “मैं” तो में के जड़ चेतन में समाहित है, वेद का दर्शन है, इसीलिये कहा जाता है कि ईश्वर में सभी का समावेश है। व्यक्ति को कर्म पर सदैव अडिग रहना चाहिए।

 

प्रधानमंत्री मोदी ने “मन की बात” में की झाबुआ के सफाई कर्मियों की सराहना

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लोकप्रिय कार्यक्रम “मन की बात” में मध्यप्रदेश के झाबुआ जिले के सफाई कर्मियों की दिल खोल कर प्रशंसा की। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इंदौर में “मन की बात” कार्यक्रम को सुना। उन्होंने झाबुआ के सफाई कर्मियों के कार्य का विशेष उल्लेख करने पर हर्ष व्यक्त करते हुए प्रधानमंत्री मोदी का आभार जताया। प्रधानमंत्री मोदी ने “मन की बात” में कहा कि झाबुआ जिले के सफाई कर्मी भाई-बइनों ने ‘वेस्ट टू वेल्थ’ के संदेश को सच्चाई में बदलकर दिखाया है। सफाई कामगारों ने सही तरीके से 3-R के मंत्र ‘रिड्यूस-रियूज-रिसाइकिल’ को अपनाया है। सफाई कामगारों की टीम ने झाबुआ के पार्क में कचरे से जो आर्ट वर्क तैयार किया है, वह अदभुत है। पर्यावरण संरक्षण के लिये यह एक सराहनीय एवं प्रेरक पहल है।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि मध्यप्रदेश के झाबुआ मे कुछ ऐसा शानदान हो रहा है, जिसे आपको जरूर जानना चाहिए। झाबुआ में हमारे सफाई कर्मी भाई-बहनों ने कमाल कर दिया है। उनकी टीम ने शहर में उपयोग उपरांत फेंके गये वेस्ट मटेरियल से विभिन्न कलाकृतियाँ बनाई हैं। प्लास्टिक बॉटलों, पुराने टायरों, पुराने पाइप आदि वेस्ट मटेरियल का उपयोग करके हेलिकॉप्टर, तोपें, कार, जेएमसी (झाबुआ नगर पालिका लोगो), पान के पत्ते, यातायात सिंगल पाईन्ट, दीवार, पौधों हेतु क्यारियाँ, गमलें, आरामदायक बेंच व सोफे इत्यादि की अद्भुत कलाकृतियां बनाई गई हैं। नगर पालिका झाबुआ के डॉ. भीमराव अम्बेडकर पार्क में उक्त कलाकृतियां एवं सम्पूर्ण कार्य बिना किसी बाहरी व्यक्ति के सहयोग के नगर पालिका झाबुआ में कार्यरत सफाई कामगारों द्वारा ही अपनी मेहनत से तैयार की गई हैं। इसमें मुख्य नगर पालिका अधिकारी के निर्देशन में प्रभारी स्वच्छता निरीक्षक कमलेश जायसवाल एवं टोनी मलिया के द्वारा अपने निर्देशन में व्यक्तिगत रूचि के साथ डिज़ाइन करवाया गया है। डिजाइन का कार्य सफाई जमादार सचिन कालिया एवं नितेश रमेश द्वारा किया गया है। सफाई जमादार कमलेश मन्नु, महेश बाबुलाल और अर्जुन सोहन द्वारा ट्रेचिंग ग्राउण्ड एवं अन्य स्थलों से वेस्ट सामग्री एकत्रीकरण का कार्य किया गया और रंगाई, पेंटिंग और अन्तिम रूप देने का कार्य विजय बाबूलाल एवं विजय घुलिया द्वारा किया गया है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रधानमंत्री मोदी द्वारा मध्यप्रदेश के झाबुआ के विशेष उल्लेख पर जिले के सफाई कामगारों, नागरिकों और स्वच्छ भारत मिशन अभियान-2024 के तहत झाबुआ कलेक्टर नेहा मीना के मार्गदर्शन एवं नगर पालिका अध्यक्ष कविता सिंगार के निर्देशन में हुए बेहतरीन कार्य के लिये प्रशासनिक अमले को बधाई दी है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने आशा व्यक्त की कि ‘वेस्ट टू वेल्थ’ के संदेश के साथ सृजन का यह सफल प्रयोग अन्य जिले में भी अपनाया जायेगा।

 

सीनियर वर्ल्ड केनो चैम्पियनशिप उज्बेकिस्तान 2024

23 से 25 अगस्त 2024 तक सीनियर वर्ल्ड केनो चैम्पियनशिप 2024 का आयोजन उज्बेकिस्तान में किया जा रहा है। अंतर्राष्ट्रीय स्तर की इस केनो चैम्पियनशिप में खेल अकादमी के 7 खिलाड़ी और 3 प्रशिक्षक सहित कुल 10 सदस्यीय दल उज्बेकिस्तान गया हुआ है। खेल अकादमी की क्याकिंग केनोइंग खिलाड़ी दीपा राजपूत ने विश्व चैम्पियनशिप के फायनल मुकाबले में अपनी जगह बना ली है। दीपा राजपूत सी-1 500 मी. में फायनल खेलेंगी। फायनल मुकाबला 25 अगस्त 2024 को है। दीपा की इस उपलब्धि पर खेल मंत्री श्री विश्वास सारंग ने उनका उत्साहवर्धन करते हुये शुभकामनाएं प्रेषित की है।

उज्जैन स्थित वीर दुर्गादास छत्री को ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक स्थल के रूप में विकसित किया जाएगा- संस्कृति, पर्यटन मंत्री धर्मेंद्र भाव सिंह लोधी

संस्कृति पर्यटन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) धर्मेंद्र भाव सिंह लोधी शनिवार को उज्जैन स्थित वीर दुर्गादास छत्री का निरीक्षण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए। मंत्री लोधी ने कहा कि जोधपुर (मारवाड़) के राजा जसवंतसिंह के वीर सेनापति दुर्गादास राठौर का मालवा के इतिहास में महत्वपूर्ण स्थान है। उनकी स्मृति में जोधपुर के शासकों ने इस छत्री का निर्माण 18वीं शताब्दी में करवाया। अष्ठ स्थंभों पर आधारित इस छत्री में मानव तथा देवी-देवताओं हाथी- घोड़े, मयूर का सुन्दर अंकन है, मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के निर्देशानुसार हम इस स्थान को ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक स्थल के रूप में विकसित कर और भव्य बनाएंगे।

उल्लेखनीय है कि राजपूत शैली में निर्मित यह छत्री लाल बलुआ पत्थर से बनी है। एक मीटर उंचे वर्गाकार (7×7 मीटर) निर्मित चबूतरे पर यह छत्री निर्मित है। छत्री का अधिष्ठान अष्ठ कोणीय है। इस छत्री पर सुन्दर बैल बुटेदार नक्काशी हैं। चबूतरे पर सम्मुख में गणपति प्रतिमा है। दोनों शाखों पर कट्‌यावलम्बित मुद्रा में चंवंरधारिनी खड़ी है। दूसरे खंड में शिव पार्वती, रामलीला, हनुमान, गजलक्ष्मी का अंकन है। तीसरे खंड में सैनिक नृत्य दृश्य, मृदंग वादक चौथे खंड में सिंहवाहिनी दुर्गा, गोवर्धन, कृष्ण का अंकन है। पांचवें खंड में समुद्र मंथन, दृश्य, कच्छप अवतार का दृश्य है। छठे खंड में भू उद्धारक नरवहार एवं नृसिंह अवतार के दृश्य अंकित है। सातवे खंड में स्त्रियाँ शिवलिंग का पूजन करते हुए एवं शैषशायी विष्णु का अंकन है। छत्री के स्थम्भ नक्काशीदार है। शिखर युक्त छत्री उत्तर मध्य कालीन राजपूत कला का उत्कृष्ट उदाहरण है।

असंगठित और गिग वर्कर्स के लिए केंद्र सरकार का बड़ा फैसला, 40 और 22...

0
नई दिल्ली | 4 नवंबर 2026 देश के करोड़ों असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों, डिलीवरी पार्टनर्स, ऐप आधारित टैक्सी चालकों और प्लेटफॉर्म वर्कर्स को सामाजिक सुरक्षा...
nmms-scholarship-2026-27

NMMSS Scholarship 2026-27: छात्रों को बड़ी राहत, छात्रवृत्ति आवेदन की अंतिम तारीख बढ़ी, अब...

0
नई दिल्ली। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के मेधावी विद्यार्थियों के लिए केंद्र सरकार ने बड़ी राहत दी है। शिक्षा मंत्रालय ने राष्ट्रीय साधन-सह-योग्यता...
akshara goswami

मध्यप्रदेश स्थापना दिवस पर 102 मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान, हर छात्र को मिली 1...

0
भोपाल। मध्यप्रदेश के 71वें स्थापना दिवस के अवसर पर प्रदेश की शैक्षणिक प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। भोपाल के लाल परेड मैदान में आयोजित...
poshan-tracker-pmmvy-grievance-redressal-2026

POSHAN Tracker और PMMVY की शिकायतों का होगा निपटारा, 30 अक्टूबर को देशभर में...

0
नई दिल्ली | 30 अक्टूबर 2026 | सामाजिक कल्याण समाचार केंद्र सरकार ने गर्भवती महिलाओं, स्तनपान कराने वाली माताओं और पोषण सेवाओं के लाभार्थियों की...
anath-bachchon-ke-liye-sarkari-yojana-2026

अनाथ बच्चों के लिए सरकार की खास योजनाएँ, पढ़ाई से लेकर आर्थिक सहायता तक

0
नई दिल्ली | सरकारी योजना समाचार देश में ऐसे कई बच्चे हैं, जिन्होंने अपने माता-पिता को खो दिया है या जिनके पास देखभाल करने वाला...