केंद्रीय मंत्रिमंडल ने तीन नई मेट्रो रेल और दो नए एयरपोर्ट परियोजनाओं को मंजूरी दी

केंद्रीय मंत्रिमंडल ने तीन नई मेट्रो रेल परियोजनाओं को मंजूरी दे दी है। इनमें बेंगलुरु मेट्रो के तीसरा चरण, ठाणे इंटीग्रल रिंग मेट्रो रेल परियोजना और पुणे मेट्रो के पहले चरण का स्वारगेट से कटराज तक विस्तार शामिल हैं। बैठक के बाद, सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि अब 21 शहरों में मेट्रो रेल की सुविधा है जबकि 10 साल पहले यह केवल पांच शहरों में थी। उन्होंने कहा कि नेटवर्क लंबाई के मामले में भारत तीसरे स्थान पर है।श्री वैष्णव ने कहा कि बेंगलुरु मेट्रो रेल परियोजना का तीसरा चरण 2029 तक चालू होगा। इस चरण में लगभग 45 किलोमीटर मेट्रो लाइन जोड़ी जाएगी, जिससे बेंगलुरु शहर के दक्षिणी हिस्से, बाहरी रिंग रोड पश्चिम, मागदी रोड और आसपास के इलाकों में मेट्रो सेवा उपलब्ध होगी।

महाराष्ट्र में ठाणे इंटीग्रल रिंग मेट्रो परियोजना का 29 किलोमीटर का गलियारा वर्ष 2029 तक चालू होगा जिसे ठाणे के पश्चिम में 22 स्टेशनों के साथ-साथ बनाया जाएगा। इससे नौपाड़ा, वागले एस्टेट, डोंगरीपाड़ा, हीरानंदानी एस्टेट, कोलशेत और साकेत मेट्रो सेवा से जुड़ जाएंगे। पुणे मेट्रो के पहले चरण का विस्तार करने से स्वारगेट से कटराज अंडरग्राउंड लाइन तक सड़क यातायात की भीड़ को काफी कम करने में मदद मिलेगी। यह परियोजना फरवरी, 2029 तक पूरी होने की उम्मीद है। महाराष्ट्र में ठाणे इंटीग्रल रिंग मेट्रो परियोजना गलियारा 2029 तक चालू होगा, श्री वैष्णव ने कहा कि 29 किलोमीटर का यह कॉरिडोर 22 स्टेशनों के साथ ठाणे शहर के पश्चिम की परिधि के साथ चलेगा।

मंत्रिमंडल ने बिहार में बिहटा और पश्चिम बंगाल में बागडोगरा में सिविल एन्क्लेव को भी मंजूरी दी है। इससे बागडोगरा और बिहटा हवाई अड्डों की क्षमता बढ़ेगी। बिहटा हवाई अड्डे पर प्रस्तावित एकीकृत टर्मिनल भवन से प्रतिवर्ष 50 लाख यात्रियों की आवाजाही आसान होगी और आने वाले वर्षों में पटना हवाई अड्डे की भीड़ को नियंत्रित किया जा सकेगा।

पूर्व प्रधानमंत्री थाकसिन की बेटी पैटोंगटारन शिनावात्रा थाईलैंड की अगली प्रधानमंत्री चुनी गई

पैटोंगटार्न शिनावात्रा थाईलैंड की नई प्रधानमंत्री चुनी गई हैं। वह देश की 31वीं प्रधानमंत्री के रूप में कार्यभार संभालेंगी। वह फू थाई पार्टी की नेता हैं, इसके साथ ही वह अब तक की सबसे युवा प्रधानमंत्री भी हैं। नैतिकता के उल्लंघन मामले में कोर्ट के निर्णय के बाद पूर्व प्रधानमंत्री श्रेथा थाविसिन को हाल ही में हटा दिया गया था। शुक्रवार को संसदीय वोट में सांसदों ने शिनावात्रा को देश का पीएम चुना है।

पैटोंगटार्न शिनावात्रा थाईलैंड के इतिहास में दूसरी महिला प्रधानमंत्री होंगी। इसके साथ ही वह अपने परिवार की तीसरे नेता हैं जो प्रधानमंत्री के रूप में चुनी गई हैं। सांसदों के वोट थाई राजनीति में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका और स्थान को और मजबूत करता है। नवनिर्वाचित पीएम के पिता थाकसिन शिनावात्रा और उनकी चाची यिंगलक शिनावात्रा भी इस महत्वपूर्ण पद पर रह चुकी हैं।

पेटोंगटार्न फू थाई पार्टी की प्रभावशाली नेता हैं। वह 11 पार्टियों के गठनबंधन का नेतृत्व कर रही हैं। उनके समर्थन में 314 सांसद हैं। पीएम के लिए चुने जाने पर सभी नेताओं ने उन्हें बधाई भी दी।

थाइलैंड की नई चयनित पीएम पेटोंगटार्न का राजनीति बैकग्राउंड भी काफी प्रभावशाली रहा है। वह पूर्व पीएम थाकसिन शिनावात्रा की बेटी हैं। कुछ विवादों के साथ उनका राजनीतिक करियर भी शानदार रहा है। वह देश की लोकप्रिय नेताओं में भी शामिल हैं। राजनीतिक जानकारों का कहना है कि पैटोंगटार्न के पीएम बनने से गठबंधन की एकता को मजबूती मिल सकती है। इसके साथ जो भी गुटबाजी दलों के बीच चल रही है, वह भी कम होने की संभावना रहेगी।

थल सेना प्रमुख जनरल उपेन्द्र द्विवेदी ने पेरिस ओलंपिक 2024 में भाग लेने वाले भारतीय सेना के खिलाड़ियों को सम्मानित किया

थल सेनाध्यक्ष जनरल उपेन्द्र द्विवेदी ने पेरिस ओलंपिक 2024 में उल्लेखनीय उपलब्धियों के लिए भारतीय सेना के खिलाड़ियों को सम्मानित किया। यह समारोह साउथ ब्लॉक में आयोजित किया गया और यह न केवल उपलब्धियों का जश्न मनाने का अवसर था, बल्कि देश में खेल प्रतिभाओं को पोषित करने में भारतीय थल सेना की महत्वपूर्ण भूमिका को स्वीकार करने का भी अवसर था।

पेरिस ओलंपिक में भारतीय दल ने कुल छह पदक (एक रजत और पांच कांस्य) जीते, जिसमें भारतीय सेना के सूबेदार मेजर नीरज चोपड़ा ने भारत के लिए भाला फेंक में एकमात्र रजत पदक जीता। इस अनुकरणीय प्रदर्शन ने ओलंपिक खेलों में भारतीय थल सेना के सबसे उल्लेखनीय प्रदर्शनों में से एक के रूप में अपनी जगह बना ली है। भारतीय सेना कर्मियों के प्रदर्शन की मुख्य बातें इस प्रकार हैं: – सूबेदार मेजर नीरज चोपड़ा, पीवीएसएम, वीएसएम, एथलेटिक्स (भाला फेंक) – रजत पदक। तीरंदाजी (रिकर्व) में सुब बोम्मांडेवारा धीरज – चौथा स्थान।

भारत 2036 के अंतर्राष्ट्रीय ओलंपिक की मेज़बानी का दावा पेश करने की तैयारी कर रहा है, ऐसे में भारतीय थल सेना ओलंपिक उत्कृष्टता को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए, भारतीय थल सेना ने 2001 में अपने मिशन ओलंपिक विंग (एमओडब्‍ल्‍यू) की स्थापना की, जो खेल प्रतिभाओं की पहचान करने और उन्हें बढ़ावा देने के लिए समर्पित है। युवाओं को और अधिक सशक्त बनाने और उन्हें वैश्विक उत्कृष्टता की ओर अग्रसर करने के लिए, भारतीय थल सेना ने दो गर्ल्स स्पोर्ट्स कंपनियाँ और 18 बॉयज़ स्पोर्ट्स कंपनियाँ स्थापित की हैं। इन पहलों का उद्देश्य युवा एथलीटों को अपने कौशल को निखारने, अपने आत्मविश्वास का निर्माण करने और उच्चतम स्तर पर प्रतिस्पर्धा करने के लिए एक मंच प्रदान करना है।

पिछले दो दशक की ओलंपिक यात्रा में भारतीय थल सेना की प्रमुख उपलब्धियाँ और योगदान इस प्रकार हैं:- 2004 एथेंस: एक रजत पदक (कर्नल आर.वी.एस. राठौर – निशानेबाजी), 2012 लंदन: एक रजत पदक. (सब मेजर (ऑनरी कैप्टन) विजय कुमार- निशानेबाजी)., 2020 टोक्यो: एक स्वर्ण पदक (सब मेजर नीरज चोपड़ा – भाला फेंक), 2024 पेरिस: एक रजत पदक (सब मेजर नीरज चोपड़ा भाला फेंक)

पेरिस ओलंपिक के दौरान भारतीय दल में भारतीय थल सेना का प्रतिनिधित्व 11.11 प्रतिशत (13/117) था। भारतीय थल सेना के खिलाड़ियों ने कुल पदक तालिका में 16.66 प्रतिशत का योगदान दिया, जिसमें सबसे ज़्यादा पदक (रजत) शामिल है। पुरुषों की स्पर्धाओं में भारतीय थल सेना का प्रतिनिधित्व 18.2 प्रतिशत (12/66) था और पेरिस 2024 ओलंपिक में भारतीय थल सेना ने मुक्केबाज़ी में अपनी पहली महिला खिलाड़ी हवलदार जैस्मीन को मैदान में उतारा। एशियाई खेल 2023 के दौरान भी भारतीय थल सेना के एथलीटों ने 20 पदक जीते – 3 स्वर्ण, 7 रजत और 10 कांस्य।

थल सेना प्रमुख द्विवेदी ने खिलाड़ियों की अविश्वसनीय उपलब्धियों पर गर्व करते हुए कहा कि उनका अनुशासन, दृढ़ता और समर्पण भारतीय थल सेना के मूल मूल्यों का प्रतीक है। उन्‍होंने कहा कि उनकी उपलब्धियों ने न केवल प्रशंसा अर्जित की है, बल्कि अनगिनत अन्य लोगों को खेल के क्षेत्र में उत्कृष्टता प्राप्त करने के लिए प्रेरित भी किया है। भारतीय थल सेना राष्ट्र के लिए शक्ति, वीरता और अनुशासन का एक स्तंभ है। हमारी सीमाओं की रक्षा करने के अपने प्राथमिक मिशन से परे, थल सेना लगातार खेल सहित विभिन्न सामाजिक-सांस्कृतिक जुड़ावों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता का प्रदर्शन करती है, जो राष्ट्र निर्माण में समग्र रूप से योगदान देती है। द्विवेदी ने विश्वास व्यक्त किया कि थल सेना के खिलाड़ी उत्कृष्टता की अपनी खोज जारी रखेंगे तथा आने वाले दिनों में और अधिक ऊंचाइयों को छुएंगे।

रानी अवंती बाई लोधी के आदर्शों से प्रेरणा ले समाज: मंत्री प्रहलाद पटेल

पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल ने अमर शहीद रानी अवंति बाई लोधी के पराक्रम को नमन करते हुए समाज को उनके आदर्शों से प्रेरणा लेने का आव्हान किया है। उन्होने कहा कि क्षत्रीय लोधी समाज का समृद्ध इतिहास रहा है। नई पीढ़ी को इससे अवगत होना चाहिए।

प्रहलाद पटेल ने कहा कि रानी अवंति बाई लोधी सिद्धान्तों को लेकर उन्होंने अंग्रजों से लड़ाई लड़ी और दो बार अंग्रेज शासकों को पराजित किया । पटेल कल जबलपुर में अमर शहीद रानी अवंति बाई लोधी की 193 वीं जन्म जयंती पर उनकी जन्म स्थली ग्राम मनकेडी, बरगी में क्षत्रिय लोधी महासभा कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने रानी अवंति बाई लोधी उद्यान में पौधारोपण किया तथा रानी की प्रतिमा पर कर श्रद्धा सुमन अर्पित किये।

पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल ने कहा कि क्षत्रिय लोधी समाज का इतिहास गौरवशाली परंपराओं से भरा पड़ा है। इस समाज ने राजा हृदय शाह से लेकर रानी अवंती बाई लोधी तक कई प्रतापी शासक और क्रांतिवीर इस देश को दिये हैं, जिन्होंने देश को अंग्रेजों की गुलामी से आजाद कराने में अपने अदम्य साहस और शौर्य का परिचय दिया।

समाज को अपने क्रांतिवीरों, आजादी की लड़ाई में योगदान देने वाले बलिदानियों को याद रखना चाहिए । अपने इतिहास और परम्पराओं को संजोने का प्रयास करना चाहिए । पटेल ने कहा जिस समाज को अपने इतिहास का पता नहीं होता उसकी उम्र भी ज्यादा नहीं होती। यदि आपको अपनी सात पीढ़ियों का नहीं पता है तो आने वाली पीढ़ी भी आपको याद नहीं रखेगी।

पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री पटेल ने अमर शहीद रानी अवंति बाई लोधी के बलिदान का जिक्र करते हुये कहा कि मात्र 26-27 वर्ष की उम्र में उन्होंने जिन आदर्शों और सिद्धांतों को लेकर अंग्रजों से लड़ाई लड़ी । आने वाली पीढ़ी को प्रेरणा लेनी चाहिये। उन्होंने कहा कि रानी अवंति बाई लोधी ने अपने राज्य की गरीब और आदिवासी जनता पर अंग्रेजों द्वारा थोपे गये मनमाने कर का विरोध किया।

जबर्दस्ती वसूली के खिलाफ अंग्रजों से लड़ाई लड़ी। रानी ने अपने अदम्य साहस का परिचय देते हुये दो बार अंग्रेज सेना को पराजित किया और वीरगति को प्राप्त हुईं।

पटेल ने इस मौके पर समाज के इतिहास को जानने के लिये अनुसंधान करने पर जोर देते हुये कहा कि इतिहासकारों और लेखकों को चिन्हित करना होगा। उन्होंने समाज के ही प्रतिष्ठित व्यक्तियों, साहित्यकारों, कलाकारों, खिलाड़ियों, शिक्षकों, प्रशासनिक अधिकारियों, व्यावसायियों की पहचान कर उनका सम्मान करने की पंरपरा शुरू करना होगी। मंत्री श्री पटेल ने बच्चों खास तौर पर बेटियों को अच्छी शिक्षा देने, प्रकृति से प्रेम करने, पर्यावरण का सरंक्षण करने, समाज की कुरीतियों को दूर करने तथा एकजुट होकर समाज को मजबूत बनाने का आव्हान भी किया। यही रानी अवंति बाई लोधी को यही सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

रानी अवंति बाई लोधी के 193 वीं जन्म जयंती पर उन्होन “एक पेड़ रानी अवंति बाई के नाम” से पौधारोपण के आयोजित इस कार्यक्रम को क्षत्रिय लोधी समाज के कार्यकारी अध्यक्ष कोक सिंह नवरिया, लोधी लोध समाज के प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री जालम सिंह पटेल, विधायक सर्व प्रीतम सिंह लोधी, प्रहलाद लोधी एवं नीरज सिंह, बड़ामलहरा विधायक सुश्री रामसिया भारती, नगर परिषद पाटन के अध्यक्ष आचार्य जगेंद्र सिंह, शंकर महतो, तृप्ति सिंह ने भी संबोधित किया तथा अमर शहिद रानी अवंति बाई लोधी के शौर्य और पराक्रम का स्मरण करते हुये समाज के लोगों से उनके आदर्शों और सिद्धांतों से प्रेरणा लेने का आग्रह किया।

कार्यक्रम में विधायक बरगी नीरज सिंह, गोटेगांव विधायक महेंद्र सिंह नागेश, पवई विधायक प्रहलाद लोधी, पिछोर विधायक प्रीतम सिंह लोधी, बड़ामलहरा की विधायक रामसिया भारती, नगर पंचायत पाटन के अध्यक्ष आचार्य जगेंद्र सिंह, समाज के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष कोक सिंह नरवरिया, समाज के प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री जालम सिंह पटेल, महिला मोर्चा की अध्यक्ष तृप्ति सिंह, शंकर महतो, समाज के प्रदेश के सभी जिलों से आये पदाधिकारी भी मौजूद थे।

 

ऋषभ शेट्टी ने ‘कंतारा’ के लिए जीता सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का पुरस्कार, गुलमोहर’ को ‘सर्वश्रेष्ठ हिंदी फिल्म

70वें नेशनल फिल्म अवॉर्ड्स की घोषणा कर दी गई है। अभिनेता ऋषभ शेट्टी ने अपनी ब्लॉकबस्टर फिल्म ‘कंतारा’ के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का पुरस्कार जीता। सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का सम्मान नित्या मेनन और मानसी पारेख ने साझा किया। नित्या को तमिल फिल्म ‘थिरुचित्रम्बलम’ में उनकी भूमिका के लिए सम्मान मिला, जबकि मानसी ने गुजराती फिल्म ‘कच्छ एक्सप्रेस’ के लिए पुरस्कार जीता।

दक्षिण कन्नड़ के काल्पनिक गांव में स्थापित, ‘कंतारा’ शेट्टी के चरित्र पर आधारित है, जो एक कंबाला चैंपियन का किरदार निभाता है, जिसका सामना एक ईमानदार वन रेंज अधिकारी से होता है। कंतारा ने ‘सर्वश्रेष्ठ लोकप्रिय फिल्म जो संपूर्ण मनोरंजन प्रदान करती है’ का पुरस्कार भी जीता।

वर्ष 2022 की सर्वश्रेष्ठ फिल्मों और सिनेमाई उपलब्धियों को सम्मानित करने वाले पुरस्कारों की घोषणा सूचना और प्रसारण मंत्रालय (आई एंड बी) द्वारा यहां एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में की गई। निर्णायक मंडल में फीचर फिल्म निर्णायक मंडल के अध्यक्ष राहुल रवैल, गैर-फीचर फिल्म निर्णायक मंडल की अध्यक्ष नीला माधब पांडा और सिनेमा पर सर्वश्रेष्ठ लेखन निर्णायक मंडल के अध्यक्ष गंगाधर मुदलैर शामिल थे।

वहीं मनोज बाजपेयी की ‘गुलमोहर’ ने ‘सर्वश्रेष्ठ हिंदी फिल्म’ का पुरस्कार जीता और फिल्म को विशेष उल्लेख भी मिला। राहुल वी. चिट्टेला द्वारा निर्देशित, ‘गुलमोहर’ कई पीढ़ियों के बत्रा परिवार के इर्द-गिर्द घूमती है, जो अपने 34 साल पुराने पारिवारिक घर – गुलमोहर- से बाहर निकलने के लिए तैयार हैं और कैसे उनके जीवन में यह बदलाव उन बंधनों की फिर से खोज है, जिन्होंने रहस्यों और असुरक्षाओं के साथ उन्हें एक परिवार के रूप में एक साथ रखा है। फिल्म में शर्मिला टैगोर, सिमरन और सूरज शर्मा भी मुख्य भूमिकाओं में हैं।

इसके अलवा मलयालम भाषा की ड्रामा ‘आट्टम’ ने सर्वश्रेष्ठ फीचर फिल्म का पुरस्कार जीता। पिछले साल 69वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार में अल्लू अर्जुन, आलिया भट्ट, कृति सनोन और पंकज त्रिपाठी विजेताओं में शामिल थे।

सेन्ट्रल यूनिवर्सिटी के सहयोग से अनूपपुर में खुलेगा मेडिकल कॉलेज : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि अनूपपुर जिले अनूपपुर में सेन्ट्रल यूनिवर्सिटी के सहयोग से मेडिकल कॉलेज बनाया जायेगा। इसके लिये राज्य सरकार द्वारा भूमि निशुल्क उपलब्ध कराई जायेगी। अनूपपुर में ही गीता भवन, स्पोर्ट कॉम्पलेक्स, बस स्टैण्ड और न्यायालय भवन बनेगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने अनूपपुर के कोतमा को भी 100 बिस्तरीय अस्पताल के साथ अनुविभागीय अधिकारी कार्यालय बनाने की सौगात दी। बिजुरी उप तहसील को तहसील बनाने, बिजुरी में प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र का उन्नयन करने एवं अन्य विकास कार्यों की घोषणा की।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि युवा, नारी, गरीब और किसान के कल्याण के लिये हमारी सरकार कृत-संकल्पित है, इनको आधार स्तंभ के रूप में परिभाषित किया है। मध्यप्रदेश सरकार चार मिशन, युवा शक्ति, गरीब कल्याण, किसान कल्याण और नारी सशक्तिकरण मिशन बनाकर काम करने जा रही है। रोजगार और स्व-रोजगार के साधन उपलब्ध कराकर युवाओं को सशक्त बनाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिये सरकार ने निर्णय लिया है कि पूर्व से संचालित जन-कल्याण की किसी भी योजना को बंद नहीं किया जायेगा।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा है कि मध्यप्रदेश में बिजली, सड़क, पानी के बाद युवाओं को रोजगार मुहैया कराने हेतु अनेक प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि युवा अपने बलबूते पर कुछ कर सकें और अपनी जिंदगी बेहतर बना सकें, इसके लिए राज्य सरकार प्रदेश के सभी संभागीय मुख्यालयों सहित सभी जिलों में औद्योगिक पार्क और आईटी पार्क बनाने के प्रयास कर रही है। मध्यप्रदेश देश का नंबर वन प्रदेश बने, इसके लिए निरंतर प्रयास किये जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि अगले 5 वर्षों में हमारी जीडीपी 7 लाख करोड़ की होगी। उन्होंने कहा की लाड़ली बहनों के लिए हमनें बजट में 18 हजार करोड़ का बजट प्रावधान किया है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव अनूपपुर जिले में आयोजित रक्षाबंधन एवं श्रावण उत्सव के अंतर्गत लाड़ली बहनों के लिए आभार-सह-उपहार कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव का जिला मुख्यालय अनूपपुर आगमन पर पिपरहा के गुदुम बाजा दल ने जनजातीय संस्कृति के साथ स्वागत किया। साथ ही विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को हितलाभ भी वितरित किए। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने अनूपपुर में रक्षाबंधन और श्रावण उत्सव में 176 कार्यों का लोकार्पण एवं 25 कार्यों का भूमि-पूजन किया।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश में कोई भी योजना बंद नहीं होगी। सभी योजनाओं का संचालन सतत् रूप से किया जाएगा। उन्होंने कहा कि लोगों के जीवन को आसान और खुशहाल बनाने के लिए कई योजनाएं एवं कार्यक्रम लागू किए गए हैं। हमने प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के अंतर्गत लाभान्वित 40 लाख बहनों को 450 रुपए में गैस सिलेंडर उपलब्ध कराया है। उन्होंने कहा कि नारी सशक्तिकरण से शासन की सभी योजनाओं का लाभ पहुंचाने हेतु राज्य सरकार प्रतिबद्ध है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि रक्षाबंधन का त्यौहार भाई-बहन के स्नेहिल प्रेम का प्रतीक है। भाई, बहन के प्रेम के प्रतीक सावन पर्व पर राज्य सरकार ने लाड़ली बहना योजना के तहत 1250 रुपए के साथ 250 रुपए शगुन की राशि के रूप में बहनों के खातें में जमा कराए हैं। प्रदेश सरकार बहनों के चेहरे पर मुस्कान के लिए कृत-संकल्पित है। उन्होंने सभी बहनों को रक्षाबंधन पर्व की शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि बहनों की रक्षा सूत्र ने बिगड़ते संबंधों की डोर संभाली है। हमारा देश त्यौहारों की संस्कृति वाला देश है। यहां प्रेम और रिश्तों को निभाने वाले संस्कार समाहित होते हैं। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार कानून व्यवस्था के साथ-साथ समाज के सभी गतिविधि तीज और त्यौहार मनाएं जाएंगे। हमारी सरकार ने गुरु पूर्णिमा, रक्षाबंधन एवं जन्माष्टमी जैसे त्यौहार भी पूरे हर्षोल्लास के साथ मनाने का निर्णय लिया है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि कई जन्मों के पुण्य के बाद मनुष्य इस पृथ्वी पर जन्म लेता है। सौभाग्य अच्छा रहा तो वह भारत में जन्म लेता है। भगवान की भक्ति के पुण्य से मध्यप्रदेश में तथा मां नर्मदा मैया की कृपा से अनूपपुर की इस पवित्र भूमि में जन्म लेता है। यहां की भूमि ऋषि-मुनियों की तपोस्थली है।

कार्यक्रम को वन एवं पर्यावरण राज्य मंत्री तथा अनूपपुर जिले के प्रभारी मंत्री दिलीप अहिरवार, कुटीर एवं ग्रामोद्योग राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दिलीप जायसवाल, पूर्व मंत्री एवं विधायक अनूपपुर बिसाहूलाल सिंह, विधायक मनीषा सिंह सहित जन-प्रतिनिधियों ने भी संबोधित किया।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने जन्माष्टमी पर्व के उपलक्ष्य में अनूपपुर में आयोजित कार्यक्रम में भगवान श्री राधाकृष्ण को झूला झुलाया। इसके पहले मुख्यमंत्री का कार्यक्रम स्थल पर बहनों ने पुष्प-वर्षा कर स्वागत किया। उन्होंने अपने लाड़ले भैया मुख्यमंत्री डॉ. यादव को राखी भी बांधी। मुख्यमंत्री ने बहनों को रक्षाबंधन के उपहार भेंट किये। उन्होंने बहनों को अपने हाथ से मिठाई ‍खिलाकर मुँह मीठा कराया।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय परिसर अनूपपुर में राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन द्वारा गठित स्व-सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा तैयार उत्पादों की प्रदर्शनी का अवलोकन किया। समूह की महिलाओं द्वारा प्रोसेस कोदो, कोदो की बिस्किट, नमकीन, गोंडी पेंटिंग, आयरन आर्ट, बाथ प्रोडेक्ट, प्ले आर्ट, बीजापुरी काष्ठ से रक्षाबंधन हेतु तैयार किए गए गिफ्ट हैम्पर, अचार, मुरब्बा इत्यादि के अवलोकन के बाद महिलाओं से उत्पाद के विक्रय के संबंध में मुख्यमंत्री ने जानकारी प्राप्त और उत्सावर्धन किया। मुख्यमंत्री ने कृषि विभाग द्वारा 50 प्रतिशत अनुदान पर उपलब्ध पैडी ट्रांसप्लांटर संयंत्र का भी निरीक्षण किया। कार्यक्रम में दिव्यांग हितग्राहियों को मोटराईज्ड ट्राईसाईकल भी प्रदान किए।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने एकलव्य आवासीय परिसर में फलदान पौधा रोपा। उन्होंने सभी से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आहवान पर “एक पेड़ मां के नाम” अभियान में पर्यावरण-संरक्षण के लिये पौधे लगाने प्रेरित किया। विधायक जैतपुर जयसिंह मरावी, राज्य कोल विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष रामलाल रौतेल सहित पंचायत एवं नगरीय निकायों के जन-प्रतिनिधिगण उपस्थित थे।

 

मंत्री कैलाश विजयवर्गीय की कलाई पर राखी बांधकर लाडली बहनों ने मनाया रक्षाबंधन

माननीय नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कल शुक्रवार को विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 1 की बहनों के साथ रक्षाबंधन पर्व मनाया। कार्यक्रम का आयोजन बाबाश्री रिजोर्ट में किया गया था। इस अवसर उनके साथ धर्मपत्नी आशा विजयवर्गीय, पूर्व विधायक आकाश विजयवर्गीय, पूर्व राज्यसभा सांसद नारायण सिंह केसरी, पूर्व विधायक सुदर्शन गुप्ता, पार्षदगण, मंडल अध्यक्ष, भाजपा पदाधिकारीगण एवं हजारो की संख्या में लाडली बहने मौजूद थी।

कार्यक्रम में माननीय नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने मातृशक्ति के चरणों में नमन करते हुए कहा कि हमने जब रक्षाबंधन का कार्यक्रम करने का विचार किया था, तब यह नहीं सोचा था कि इतनी बड़ी संख्या में मातृशक्ति आशीर्वाद देने के लिए आएगी। भारतवर्ष में मातृशक्ति साक्षात देवी का स्वरूप है। मैं दोनो हाथ जोड़कर उनको प्रणाम करता हूं। उन्होंने इस अवसर पर देवी भागवत के एक प्रसंग का उल्लेख करते हुए कहा कि जब प्रलय हो गया था तब केवल ब्रहमा, विष्णु, महेश और देवी पराम्बा बची थी। प्रलय के शांत होने पर चारों को सृष्टि के निर्माण का विचार आया, किंतु इसके लिए विवाह आवश्यक था। तब पराम्बा ने त्रिदेव से कहा कि मुझसे विवाह कर लो। ब्रहमा जी, विष्णु जी ने तो मना कर दिया, किंतु शिवजी ने देवी की अपार शक्ति को देखा और कहा कि आपका तीसरा नेत्र बहुत खूबसूरत है ये मुझे दे दो तो मैं आपसे विवाह कर लूंगा। देवी पराम्बा ने तीसरा नेत्र दे तो दिया, लेकिन यह नहीं बताया कि उसके खोलने से सामने जो होगा वह भस्म हो जाएगा। शिवजी ने तीसरा नेत्र जैसे ही खोला सामने खड़ी देवी पराम्बा भस्म हो गई। उसके पश्चात शिवजी ने भस्म की तीन ढेरियां लगाई, जिससे तीन देवीयां पार्वती, लक्ष्मी औऱ ब्रह्माणी प्रकट हुई। शेष भस्म को उन्होंने मंत्र मारकर फूंक मारी तो वह भारतवर्ष में आकर गिरी। इसलिए भारतवर्ष की हमारी मातृशक्ति देवी पराम्बा का स्वरूप है।

रक्षाबंधन का पर्व भजनों के सुमधुर संगीत के साथ दिनभर चलता रहा, जिसमें बड़ी संख्या में मातृशक्ति ने हिस्सा लिया। इस अवसर पर कार्यक्रम में उपस्थित बहनों ने मंत्री कैलाश विजयवर्गीय का फूलो की पंखुड़ियों से स्वागत कर कलाई पर राखी बांधकर रक्षाबंधन का उत्सव मनाया। कार्यक्रम में वयोवृद्ध 4 बार के विधायक औऱ पूर्व राज्यसभा सांसद नारायण सिंहजी केसरी का सम्मान किया गया। मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि नारायण सिंह केसरी के जीवन के सौ साल पूरे होने पर भी हम ऐसा ही उत्सव मनाएंगे ।

 

समृद्ध भाषा और सांस्कृतिक धरोहर को सहेजने का अवसर है भारतीय भाषा महोत्सव – मुख्यमंत्री डॉ. यादव

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि भारतीय भाषा महोत्सव हमारी समृद्ध भाषा और सांस्कृतिक धरोहर को सहेजने और प्रोत्साहित करने का अद्भुत अवसर है। भारतीय भाषाओं में हिंदी का विशेष महत्व रहा है। हिंदी का संबंध संस्कृत से है। संपूर्ण भारतीय संस्कृति में संस्कृत की व्यापकता है और यही सांस्कृतिक व भाषाई विस्तार अखंड भारत के स्वरूप का आधार है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने माधवराव सप्रे संग्रहालय द्वारा संचालित गतिविधियों की सराहना करते हुए संग्रहालय को राज्य सरकार द्वारा दिए जा रहे 10 लाख रुपये के अनुदान को बढ़ाकर 20 लाख रुपये करने की घोषणा की। मुख्यमंत्री डॉ. यादव माधवराव सप्रे स्मृति समाचार पत्र संग्रहालय द्वारा आयोजित भारतीय भाषा महोत्सव का शुभारंभ कर संबोधित कर रहे थे।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव का सप्रे संग्रहालय में शॉल, पुस्तकें और कलम की प्रतिकृति भेंट कर अभिवादन किया गया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सप्रे संग्रहालय संदर्भिका और भाषा सत्याग्रह पुस्तिका का विमोचन किया। उन्होंने सप्रे संग्रहालय में विशेष सहयोग के लिए आशीष अग्रवाल का सम्मान किया। इसके साथ ही पंडित रामेश्वर दास गार्गव स्मृति ई-लाइब्रेरी में योगदान के लिए डॉ. नरेंद्र दत्त गार्गव और कृष्ण गोपाल व्यास विज्ञान संचार प्रभाग में सहयोग के लिए डॉ. जयप्रकाश शुक्ला का सम्मान किया गया। इस अवसर पर डॉ. वीणा सिन्हा और डॉ. हेमंत सिंह को भी सम्मानित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता स्कूल शिक्षा मंत्री उदय प्रताप सिंह ने की।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि भारतीय संस्कृति में भाषाओं के साथ-साथ बोलियों का भी विशेष महत्व रहा है। बोलियों की विशेषता क्षेत्रीय इतिहास से भी जुड़ी है। बुंदेली जहां शौर्य, पराक्रम और पुरुषार्थ से परिपूर्ण है, वहीं मालवी बोली की अपनी गहराई है। इस पर स्थानीय परिस्थितियों का प्रभाव रहा, परन्तु मालवी बोली ने हमेशा अपनी पहचान बनाए रखी। कई भाषाओं और बोलियों को समाहित करते हुए हिंदी निरंतर समृद्ध होती जा रही है। लगभग एक हजार साल की ऐतिहासिक यात्रा तय कर हिंदी ने वर्तमान स्वरूप प्राप्त किया है। इस ऐतिहासिक कालखंड में कई गैर हिंदी भाषी महापुरुषों ने भी हिंदी का समर्थन किया। इसमें साहित्यकार माधवराव सप्रे की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति में सभी भाषाओं को प्रोत्साहित करने के लिए विशेष प्रावधान किए हैं। प्रदेश में विकसित हो रहे पीएम एक्सीलेंस कॉलेजों में पुस्तकालय स्थापित किए गए हैं, जिनमें सभी विचारों की पुस्तक उपलब्ध कराई जा रही है।

स्कूल शिक्षा मंत्री उदय प्रताप सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव के नेतृत्व में प्रदेश में संस्कृत और क्षेत्रीय भाषाओं को प्रोत्साहन देने के लिए विभिन्न गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। प्रदेश राष्ट्रीय शिक्षा नीति लागू करने में देश में अग्रणी रहा है।

कार्यक्रम के संयोजक विजयदत्त श्रीधर ने बताया कि सप्रे संग्रहालय द्वारा ‘अपनी भाषा पर अभिमान-सभी भाषाओं का सम्मान’ के विचार सूत्र के साथ भाषायी सौहार्द-समन्वय और सर्वसमावेशी भाव से भारतीय भाषा महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। हिन्दी और भारतीय भाषाओं के साथ दैनिक कार्य व्यवहार में जनता की भाषा को अधिक से अधिक शामिल करने के प्रयास इस आयोजन के प्रमुख आयाम हैं।

 

एमसीयू ने धूमधाम से मनाया अपना स्थापना दिवस,

माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय के माखनपुरम परिसस बिशनखेड़ी में विश्वविद्यालय का स्थापना दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया । प्रथम स्थापना दिवस समारोह में विशेष रुप से विश्वविद्यालय की स्थापना के प्रथम कुलसचिव रहे एवं वर्तमान में इंदिरा गांधी राष्ट्रीय कला केंद्र नई दिल्ली संस्कृति विभाग भारत सरकार के सदस्य सचिव डॉ. सच्चिदानंद जोशी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित थे । समारोह की अध्यक्षता कुलगुरु प्रो. डॉ. के.जी.सुरेश ने की।
इस अवसर पर पौधारोपण किया गया एवं कम्प्यूटर अनुप्रयोग विभाग के सभागार श्रीनिवास रामानुजन का शुभारंभ भी किया गया। इसके साथ ही गणेश शंकर विद्यार्थी सभागार में विकल्प, मीडिया मीमांसा, एवं एपीआर के जर्नल का विमोचन भी कुलगुरु प्रो.सुरेश एवं डॉ. जोशी द्वारा किया गया। इसके पूर्व भारत रत्न डॉ. भीमराव आंबेडकर ट्रॉजिट हॉस्टल में बाबा साहेब के छायाचित्र का अनावरण भी किया गया।
गणेश शंकर विद्यार्थी सभागार में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में कुलगुरु प्रो. सुरेश ने कहा कि 34 वर्ष की यह यात्रा, संघर्ष की यात्रा रही है । उन्होंने कहा कि जब 1990 में विश्वविद्यालय की स्थापना हुई, तब मात्र दो कमरे थे लेकिन हमारे प्रेरणापुंज दादा माखनलाल की पुण्ययाई से आज विश्वविद्यालय का स्वयं का पचास एकड़ का भव्य माखनपुरम परिसर है । प्रो. सुरेश ने कहा कि हर व्यक्ति का जन्मदिवस होता है, और हमारे विश्वविद्यालय को विश्वविद्यालय अनुदान आयोग ने 16 अगस्त 1990 में विश्वविद्यालय के रूप में मान्यता दी थी, इसलिए आज 16 अगस्त को हम अपना स्थापना दिवस मना रहे हैं । उन्होंने कहा कि आज विश्वविद्यालय के 1600 अध्ययन केंद्र और पांच परिसरों में डेढ़ लाख से अधिक विद्यार्थी अध्ययन कर रहे हैं । कंप्यूटर शिक्षा को गांव गांव तक पहुंचाने की बात करते हुए उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय ने अपने दम पर कई नवाचार किए हैं ।
मुख्य अतिथि डॉ. सच्चिदानंद जोशी ने कहा कि यह भावनात्मक अवसर है । उन्होंने कहा कि माखनलाल चतुर्वेदी विश्वविद्यालय से उनका संबंध नाभि-नाल जैसा है और यह विश्वविद्यालय उनका मायका है । उन्होंने विश्वविद्यालय की स्थापना से लेकर आज तक के अपने कई खट्टे-मीठे अनुभवों को साझा किया । उन्होंने विश्वविद्यालय के समय पर परीक्षा एवं समय पर परिणाम की प्रशंषा की । डॉ.जोशी ने विद्यार्थियों से कहा कि माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय के गौरवशाली इतिहास को अब आपको आगे लेकर जाना है । डॉ सच्चिदानंद जोशी ने विकसित भारत 2047: उत्तर सत्य और मीडिया की भूमिका पर भी सारगर्भित व्याख्यान दिया। उन्होंने कहा की मीडिया के नाम पर बढ़ा चढ़ाकर अनर्गल आख्यान पैदा कर देश में माहौल खराब करने के कुछ लोग प्रयास कर रहे हैं और समाज को इन तत्वों से सावधान रहना चाहिए । इस अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों की भी प्रस्तुति हुई, जिसने सभी का मन मोह लिया । इस अवसर पर बरकतउल्ला विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. एस. के. जैन, फीस विनियामक आयोग के अध्यक्ष डॉ. रविंद्र कण्हेरे, बाबा साहब अंबेडकर विश्वविद्यालय, लखनऊ, के पूर्व कुलाधिपति डॉ.बरतुनिया तथा समाजसेवी हेमंत मुक्तिबोध विश्वविद्यालय के कुलसचिव प्रो. डॉ. अविनाश वाजपेयी, सभी विभागों के विभागाध्यक्ष, शिक्षक, अधिकारी, कर्मचारी एवं विद्यार्थी उपस्थित थे ।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव को ब्रह्मकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय की बहनों ने बांधे रक्षा सूत्र

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को समत्व भवन मुख्यमंत्री निवास में प्रजापिता ब्रह्मकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय, माउंट आबू राजस्थान की भोपाल इकाई की बहनों ने रक्षा सूत्र बांधे। बहनों ने मुख्यमंत्री डॉ. यादव को राज्य सरकार की ओर से लिए गए महत्वपूर्ण निर्णयों और आम जनता के कल्याण के लिए कुशलतापूर्वक कार्य किए जाने के लिए बधाई दी। बहनों ने मुख्यमंत्री डॉ. यादव को भगवान श्रीकृष्ण की एक तस्वीर भी भेंट की।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बहनों को रक्षाबंधन पर्व पर शुभकामनाएं दीं और उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव से भेंट करने वाले प्रतिनिधि मंडल में ब्रह्मकुमारी बहन बीके अवधेश दीदी, बीके डॉ. रीना दीदी, बीके रावेन्द्र भाई, बीके दीपेन भाई, बीके राहुल भाई, बीके ऋचा बहन, बीके सरिता बहन, बीके संगीता बहन, बीके ममता बहन, बीके ज़या बहन शामिल थे। ।

 

असंगठित और गिग वर्कर्स के लिए केंद्र सरकार का बड़ा फैसला, 40 और 22...

0
नई दिल्ली | 4 नवंबर 2026 देश के करोड़ों असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों, डिलीवरी पार्टनर्स, ऐप आधारित टैक्सी चालकों और प्लेटफॉर्म वर्कर्स को सामाजिक सुरक्षा...
nmms-scholarship-2026-27

NMMSS Scholarship 2026-27: छात्रों को बड़ी राहत, छात्रवृत्ति आवेदन की अंतिम तारीख बढ़ी, अब...

0
नई दिल्ली। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के मेधावी विद्यार्थियों के लिए केंद्र सरकार ने बड़ी राहत दी है। शिक्षा मंत्रालय ने राष्ट्रीय साधन-सह-योग्यता...
akshara goswami

मध्यप्रदेश स्थापना दिवस पर 102 मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान, हर छात्र को मिली 1...

0
भोपाल। मध्यप्रदेश के 71वें स्थापना दिवस के अवसर पर प्रदेश की शैक्षणिक प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। भोपाल के लाल परेड मैदान में आयोजित...
poshan-tracker-pmmvy-grievance-redressal-2026

POSHAN Tracker और PMMVY की शिकायतों का होगा निपटारा, 30 अक्टूबर को देशभर में...

0
नई दिल्ली | 30 अक्टूबर 2026 | सामाजिक कल्याण समाचार केंद्र सरकार ने गर्भवती महिलाओं, स्तनपान कराने वाली माताओं और पोषण सेवाओं के लाभार्थियों की...
anath-bachchon-ke-liye-sarkari-yojana-2026

अनाथ बच्चों के लिए सरकार की खास योजनाएँ, पढ़ाई से लेकर आर्थिक सहायता तक

0
नई दिल्ली | सरकारी योजना समाचार देश में ऐसे कई बच्चे हैं, जिन्होंने अपने माता-पिता को खो दिया है या जिनके पास देखभाल करने वाला...