निर्ममता की पराकाष्ठा पार कर रही ममता सरकार – शाज़िया इल्मी

भारतीय जनता पार्टी की राष्ट्रीय प्रवक्ता शाज़िया इल्मी ने शुक्रवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में पत्रकार-वार्ता को संबोधित करते हुए पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और उनकी सरकार को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि कोलकाता में महिला डॉक्टर से सामूहिक दुष्कर्म और हत्या की बर्बरतापूर्ण घटना ममता सरकार के जमीर पर धब्बा है। इस जघन्य घटना के आरोपियों पर कार्रवाई करने की बजाय मुख्यमंत्री ममता बनर्जी बचाने, सबूत नष्ट कराने का शर्मनाम काम कर रही है। दुष्कर्मियों, अत्याचारी राक्षसों को बचाना, उन्हें संरक्षण देना ममता सरकार का पुराना रिकॉर्ड रहा है और यही इंडी गठबंधन का असली चरित्र भी है।

शाज़िया इल्मी ने कहा कि महिला चिकित्सक के साथ हुई बर्बरता के दोषियों पर कार्रवाई की बजाय मुख्यमंत्री ममता बनर्जी इसके लिए राम, श्याम और वाम को जिम्मेदार बता रही हैं। राम किसी एक पार्टी या धर्म के नहीं, पूरे देश के हैं। इस घटना के संबंध में भगवान राम का नाम लिया जाना अत्यंत शर्मनाक है। ममता बनर्जी को इस देश को यह बताना होगा कि उन्हें राम से इतना बैर क्यों है? श्रीमती शाज़िया इल्मी ने कहा कि महिला डॉक्टर के पोस्टमार्टम में जिस तरह की बर्बरता और हैवानियत के साक्ष्य मिले हैं, उससे पूरा देश सदमे में हैं। अपराधियों को राजनीतिक शह दिये जाने के चलते पश्चिम बंगाल में लड़कियां इतनी असुरक्षित महसूस कर रही हैं कि उन्हें लगता है पता नहीं कब उनकी बारी आ जाए। लेकिन ममता बनर्जी और उनकी सरकार कार्रवाई की बजाय आरोपियों को उसी तरह संरक्षण दे रही है, जैसा शाहजहां शेख को दिया था और 40 दिनों तक उसे कानून से छिपाये रखा था। उन्होंने कहा कि सारा देश आज ये जानना चाहता है कि मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल की नियुक्ति किसने की, प्रिंसिपल क्या कर रहा था, उसे बर्खास्त क्यों नहीं किया गया, घटना के समय सीसीटीवी कैमरे चालू क्यों नहीं थे?

शाज़िया इल्मी ने कहा कि इस पूरे मामले में ममता सरकार का रवैया शर्मनाक रहा है। पीड़ित महिला डॉक्टर के माता-पिता को ममता सरकार ने बताया कि उनकी बेटी ने आत्महत्या की है। इस घटना के बाद से लगातार सबूत नष्ट करने और आरोपियों को बचाने के प्रयास किए जा रहे हैं। उस बिल्डिंग में अचानक रिनोवेशन का काम शुरू कर दिया गया, जिसमें ये बर्बर घटना हुई थी। टीएमसी के लोग हुड़दंग मचा रहे हैं। सर्वर रूम पर हमला करके सीसीटीवी कैमरों की डीवीआर हटाने की कोशिश की गई। इल्मी ने कहा कि तथ्य गढ़े नहीं जाते और पीड़िता के पोस्टमार्टम से जो तथ्य मिले हैं, उनसे पता चलता है कि बलात्कारी संख्या में ज्यादा थे। वो लोग कौन हैं और कहां हैं? जिस कोलकाता पुलिस की ममता बनर्जी तारीफ करती हैं, वो क्या कर रही थी? वो कौन है, जो सबूतों को नष्ट करने का प्रयास कर रहा है? क्यों इस घटना के दोषियों को बचाने का प्रयास किया जा रहा है? आज पूरा देश ये सवाल पूछ रहा है।

शाज़िया इल्मी ने कहा कि कोलकाता की तरह महिलाओं, बेटियों पर अत्याचार की घटना देश में कहीं भी हो, वह निंदनीय है। लेकिन ममता बनर्जी सिर्फ उन घटनाओं पर ही अपनी आवाज उठाती हैं, जो भाजपा शासित राज्यों में होती हैं। उन्हें पश्चिम बंगाल और अन्य राज्यों में हो रही ऐसी ही वीभत्स घटनाएं दिखाई नहीं देतीं। क्या ममता बनर्जी इस तरह की घटनाओं के बारे में अपना रवैया इस बात से तय करती हैं कि उस राज्य में किस पार्टी की सरकार है? पीड़िता की जाति और धर्म क्या है? रेपिस्ट की जाति-धर्म क्या है और वो किस राजनीतिक दल से संबंध रखता है?

शाज़िया इल्मी ने कहा कि कोलकाता की घटना ऐसी पहली घटना नहीं है, जिसमें इंडी गठबंधन के लोगों ने अपराधियों को संरक्षण दिया हो। इससे पहले दुष्कर्म के आरोपी शाहजहां शेख को ममता बनर्जी किस तरह से बचाती रही हैं, पूरे देश ने देखा है। उत्तरप्रदेश के कन्नौज में एक 12 वर्षीय बच्ची से दुष्कर्म कर उसे गर्भवती बना दिया गया। लेकिन यहां भी सपा के मुखिया अखिलेश यादव आरोपी मोइद खान को बचाने का भरपूर प्रयास कर रहे हैं, क्योंकि वो सपा नेताओं का करीबी रहा है। अपराधी पर कार्रवाई की मांग की बजाय अखिलेश यादव पीड़ित बच्ची पर झूठ बोलने का आरोप लगा रहे हैं और गर्भस्थ शिशु के पितृत्व की जांच की मांग कर रहे हैं। पीड़ितों पर सवाल और अपराधियों को संरक्षण देना ही इंडी गठबंधन का असली चरित्र है।

पत्रकार-वार्ता के दौरान भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी आशीष उषा अग्रवाल, प्रदेश सह मीडिया प्रभारी क्षमा त्रिपाठी, प्रदेश प्रवक्ता पंकज चतुर्वेदी एवं नेहा बग्गा उपस्थित रहीं।

इसरो ने पृथ्वी अवलोकन उपग्रह ईओएस-08 लांच किया

इसरो के नवीनतम पृथ्वी अवलोकन उपग्रह ‘ईओएस-08’ को आज सुबह 9:17 बजे श्रीहरिकोटा के सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र से लघु उपग्रह प्रक्षेपण यान (एसएसएलवी)-डी3 द्वारा लांच किया गया। ईओएस-08 मिशन के प्राथमिक उद्देश्यों में एक माइक्रोसैटेलाइट का डिजाइन और विकास करना, माइक्रोसैटेलाइट बस के साथ सृजित पेलोड उपकरणों का निर्माण करना, तथा भविष्य के परिचालन उपग्रहों के लिए आवश्यक नई प्रौद्योगिकियों को शामिल करना है।

माइक्रोसैट/आईएमएस-1 बस पर निर्मित, ईओएस-08 तीन पेलोड ले जाता है: इलेक्ट्रो ऑप्टिकल इन्फ्रारेड पेलोड (ईओआईआर), ग्लोबल नेविगेशन सैटेलाइट सिस्टम-रिफ्लेक्टोमेट्री पेलोड (जीएनएसएस-आर), और एसआईसी यूवी डोसिमीटर। ईओआईआर पेलोड को उपग्रह-आधारित निगरानी, ​​आपदा निगरानी, ​​पर्यावरण निगरानी, ​​आग का पता लगाने, ज्वालामुखी गतिविधि अवलोकन और औद्योगिक और बिजली संयंत्र आपदा निगरानी जैसे अनुप्रयोगों के लिए दिन-रात मिड-वेव आईआर (एमआईआर) और लॉन्ग-वेव आईआर (एलडब्ल्यूआईआर) बैंड में इमेज को प्राप्‍त करने के लिए डिज़ाइन किया गया है।

जीएनएसएस-आर पेलोड समुद्री सतह वायु विश्लेषण, मिट्टी की नमी का आकलन, हिमालयी क्षेत्र में क्रायोस्फीयर अध्ययन, बाढ़ का पता लगाने और अंतर्देशीय जल निकायों का पता लगाने जैसे अनुप्रयोगों के लिए जीएनएसएस-आर-आधारित रिमोट सेंसिंग का उपयोग करने की क्षमता प्रदर्शित करता है। इस बीच, एसआईसी यूवी डोसिमीटर गगनयान मिशन में क्रू मॉड्यूल के व्यूपोर्ट पर यूवी विकिरण की निगरानी करता है और गामा विकिरण के लिए हाई डोज अलार्म सेंसर के रूप में कार्य करता है।

अंतरिक्ष यान मिशन विन्यास 37.4 डिग्री के झुकाव के साथ 475 किमी की ऊंचाई पर एक गोलाकार निम्न पृथ्वी कक्षा (एलईओ) में संचालित करने के लिए सेट किया गया है, और इसका मिशन का कार्यकाल एक वर्ष का है। उपग्रह का द्रव्यमान लगभग 175.5 किलोग्राम है और यह लगभग 420 वाट की पावर का सृजन करता है। यह एसएसएलवी-डी3 लॉन्च वाहन के साथ इंटरफेस करता है।

सैटेलाइट मेनफ्रेम सिस्टम में ईओएस-08 प्रगति को दर्शाता है जैसे कि इंटीग्रेटेड एवियोनिक्स सिस्टम को संचार, बेसबैंड, स्टोरेज और पोजिशनिंग (सीबीएसपी) पैकेज के रूप में जाना जाता है। यह कई कार्यों को एक एकल, कुशल इकाई में जोड़ता है। यह सिस्टम कमर्शियल ऑफ-द-शेल्फ (सीओटीएस) घटकों और मूल्यांकन बोर्डों का उपयोग करके कोल्ड रिडंडेंट सिस्टम के साथ डिज़ाइन किया गया है, जो 400 जीबी तक के डेटा स्टोरेज का समर्थन करता है। इसके अतिरिक्त, सैटेलाइट में पीसीबी के साथ एम्बेडेड एक स्ट्रक्चरल पैनल, एक एम्बेडेड बैटरी, एक माइक्रो-डीजीए (डुअल जिम्बल एंटीना), एक एम-पीएए (फेज़्ड एरे एंटीना) और एक लचीला सौर पैनल शामिल है। यह ऑनबोर्ड प्रौद्योगिकी प्रदर्शन के लिए प्रमुख घटकों के रूप में कार्य करता है।

उपग्रह अपने एंटीना पॉइंटिंग मैकेनिज्म में एक लघुकृत डिजाइन का उपयोग करता है, जो 6 डिग्री प्रति सेकंड की घूर्णी गति प्राप्त करने और ±1 डिग्री की पॉइंटिंग सटीकता बनाए रखने में सक्षम है। लघुकृत चरणबद्ध सरणी एंटीना संचार क्षमताओं को और बढ़ाता है, जबकि लचीला सौर पैनल एक फोल्डेबल सौर पैनल सब्सट्रेट, जीएफआरपी ट्यूब और सीएफआरपी हनीकॉम्ब रिजिड एैंड पैनल को शामिल करता है, जो बेहतर बिजली उत्पादन और संरचनात्मक मजबूती देता है। इसमें एक पायरोलिटिक ग्रेफाइट शीट डिफ्यूज़र प्लेट, जिसे 350 डब्‍ल्‍यू /एमके की उच्च तापीय चालकता के लिए जाना जाता है, द्रव्यमान को कम करती है और विभिन्न उपग्रह कार्यों में इसका उपयोग किया जाता है। इसके अलावा, ईओएस-08 मिशन एक काज-आधारित स्थिरता का उपयोग करके हाउसकीपिंग पैनलों को एकीकृत करने की एक नई विधि को अपनाता है, जो असेंबली, एकीकरण और परीक्षण (एआईटी) चरण की अवधि को काफी कम करता है।

ईओएस-08 मिशन एक्स-बैंड डेटा ट्रांसमिशन के माध्यम से अतिरिक्त नवीन योजनाओं को शामिल करते हुए, सैटेलाइट तकनीक में सुधार करता है, एक्स-बैंड डेटा ट्रांसमीटरों के लिए पल्स शेपिंग और फ़्रीक्वेंसी कम्पेंसेटेड मॉड्यूलेशन (एफसीएम) का उपयोग करता है। सैटेलाइट की बैटरी प्रबंधन प्रणाली एसएसटीसीआर-आधारित चार्जिंग और बस विनियमन का उपयोग करती है, जो 6 हर्ट्ज की आवृत्ति पर स्ट्रिंग्स को क्रमिक रूप से शामिल या बाहर करती है।

मिशन के स्वदेशीकरण का प्रयास इसकी सौर सेल निर्माण प्रक्रियाओं और माइक्रोसैट अनुप्रयोगों के लिए नैनो-स्टार सेंसर के उपयोग में स्पष्ट रूप से दिखाई देता है। इसके अतिरिक्त, इनर्शियल सिस्टम रिएक्शन व्हील आइसोलेटर से लाभान्वित होता है जो कंपन को कम करता है और टीटीसी और एसपीएस अनुप्रयोगों के लिए एकल एंटीना इंटरफ़ेस का उपयोग किया जाता है। सीओटीएस घटकों के थर्मल गुणों को संभालने के लिए एएफई बीजीए, किनटेक्‍स एफपीजीए, जर्मेनियम ब्लैक कैप्टन और एसटीएएमईटी (एसआई-एआई मिश्र धातु) ब्लैक कैप्टन जैसी सामग्रियों का उपयोग करके थर्मल प्रबंधन की कार्यकुशलता को बेहतर किया जाता है। मिशन में एक ऑटो-लॉन्च पैड इनिशियलाइज़ेशन सुविधा भी शामिल है, जो अभिनव मिशन प्रबंधन के लिए अपनी पूर्ण प्रतिबद्धता दर्शाती है।

 

पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न स्व. वाजपेयी के विचार देश और दुनिया को सदैव प्रेरणा देते रहेंगे – मुख्यमंत्री डॉ. यादव

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटल बिहारी वाजपेयी का जीवन खुली किताब की तरह है। उनके भाषण, विचार और शब्द रचना ध्येय वाक्य की तरह प्रभावशील हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने उनकी कालजयी कविता आओं फिर दिया जलाएं की पंक्तियों “छोटे मन से कोई बड़ा नहीं होता है-टूटे मन से कोई खड़ा नहीं होता है” का उल्लेख करते हुए कहा कि ऐसी कई रचनाएं लम्बे समय तक लोगों के लिए प्रेरणास्पद रहेंगी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने पूर्व प्रधानमंत्री स्व. वाजपेयी की पुण्य-तिथि पर उन्हें नमन किया। डॉ. यादव ने अरेरा हिल्स स्थित पूर्व प्रधानमंत्री स्व. वाजपेयी की प्रतिमा पर माल्यार्पण के बाद संबोधित कर उक्त विचार व्यक्त किए।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री स्व. वाजपेयी ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रचारक के रूप में अपनी जीवन यात्रा आरंभ की और 5 प्रधानमंत्रियों के सामने विपक्ष के नेता के रूप में अपने दायित्व का प्रभावी रूप से निर्वहन किया। उन्होंने संयुक्त राष्ट्र संघ में भी हिंदी को स्थापित करके दिखाया और यह भी बताया कि मातृ भाषा से प्रेम किसे कहते हैं। इसी का प्रभाव था कि उन्हें विपक्षी दल का नेता होने के बावजूद भी भारत सरकार का प्रतिनिधि बनाकर संयुक्त राष्ट्र संघ भेजा गया।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि विदेश नीति के संबंध में स्व. वाजपेयी का स्पष्ट मानना था कि हम सब कुछ बदल सकते हैं, लेकिन अपने पड़ौसी नहीं बदल सकते। इस विचार के साथ ही उन्होंने देश के पड़ोसियों और दुनिया को देश के सामर्थ्य से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि वे सभी सौभाग्यशाली हैं जिन्हें पूर्व प्रधानमंत्री स्व. वाजपेयी के भाषणों को सुनने तथा उनके नेतृत्व और मार्गदर्शन में काम करने का अवसर प्राप्त हुआ। उनके विचार देश और दुनिया को सदैव मार्गदर्शन प्रदान करते रहेंगे। इस अवसर पर खेल एवं युवक कल्याण तथा सहकारिता मंत्री विश्वास सारंग, पिछड़ा एवं अल्पसंख्यक कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कृष्णा गौर, सांसद वी.डी. शर्मा, विधायक रामेश्वर शर्मा, विधायक भगवानदास सबनानी सहित हितानंद शर्मा और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित थे।

 

ECI आज विधानसभा चुनावों के कार्यक्रम की करेगा घोषणा, इन राज्यों में होना है चुनाव

निर्वाचन आयोग आज आगामी विधानसभा चुनाव के कार्यक्रम की घोषणा करेगा। उम्मीद है कि आयोग जम्मू-कश्मीर और हरियाणा में विधानसभा चुनावों के लिए चुनाव कार्यक्रम घोषित करेगा। इस संबंध में आयोग आज नई दिल्ली में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस करेगा। कार्यक्रम में नामांकन दाखिल करने, मतदान और परिणामों की घोषणा की तारीखें शामिल होंगी। इससे पहले 14 अगस्त को चुनाव आयोग ने जम्मू-कश्मीर में सुरक्षा स्थिति की समीक्षा के लिए केंद्रीय गृह सचिव अजय भल्ला के साथ बैठक की। पिछले साल दिसंबर में सुप्रीम कोर्ट ने केंद्र सरकार को केंद्र शासित प्रदेश में 30 सितंबर 2024 तक चुनाव प्रक्रिया पूरी करने का निर्देश दिया था।

जम्मू-कश्मीर में दस साल के अंतराल के बाद चुनाव होंगे क्योंकि पिछला विधानसभा चुनाव 2014 में हुआ था। पीडीपी-भाजपा गठबंधन सरकार जून 2018 में गिर गई थी जब पीडीपी ने तत्कालीन मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती से समर्थन वापस ले लिया था। हाल ही में मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार के नेतृत्व में चुनाव निकाय के प्रतिनिधिमंडल ने जम्मू-कश्मीर में चुनाव तैयारियों की समीक्षा की। यात्रा के दौरान जम्मू में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान मुख्य चुनाव आयुक्त ने इस बात पर जोर दिया था कि आयोग वहां “जल्द से जल्द” चुनाव कराने के लिए प्रतिबद्ध है।

वहीं हरियाणा में मौजूदा सरकार का कार्यकाल 3 नवंबर 2024 को समाप्त होगा और राज्य में 90 विधानसभा क्षेत्रों में चुनाव होने हैं। 2019 के चुनावों के बाद 90 सदस्यीय विधानसभा में 40 सीटों वाली भाजपा ने जेजेपी के साथ गठबंधन सरकार बनाई। जेजेपी ने 10 सीटें जीती थीं जबकि कांग्रेस ने 31 सीटें जीती थीं। इस साल की शुरुआत में भाजपा-जेजेपी गठबंधन टूट गया। 2024 में हरियाणा में भाजपा, कांग्रेस, जेजेपी और आप के बीच चतुष्कोणीय मुकाबला होने की संभावना है। चुनाव आयोग 288 सदस्यीय महाराष्ट्र विधानसभा के लिए विधानसभा चुनावों के कार्यक्रम की घोषणा बाद में कर सकता है।

 

आजादी का पर्व अमर शहीदों के बलिदान, साहस और शौर्य के पुनर्स्मरण का दिन है : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

भोपाल : शुक्रवार, अगस्त 16, 2024/ मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि स्वतंत्रता दिवस (आजादी का पर्व) अमर शहीदों के बलिदान, साहस और शौर्य को पुन: स्मरण का दिन है। देश के वीर सपूतों ने मातृभूमि को रक्त से सींचकर हमें स्वतंत्रता दिलाई है। रानी दुर्गावती, चंद्रशेखर आजाद, झांसी रानी लक्ष्मी बाई और पृथ्वीराज जैसे वीर बलिदानियों के शौर्य को सदैव स्मरण रखने की जरूरत है। स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास में पृथ्वी राज चौहान की वीरता, संघर्ष और विजय पताका का उदाहरण हमारे लिए गर्व का विषय है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि हमारे देश का इतिहास रानी दुर्गावती जैसी कई वीरांगनाओं की शौर्य गाथाओं से भरा पड़ा है। स्वतंत्रता संग्राम, स्वतंत्रता सेनानियों और वीरों के बलिदान, व्यक्तित्व और कृतित्व पर प्रकाशित पुस्तकें देश और प्रदेश के लिए बड़ा दस्तावेज हैं। उन्होंने कहा कि पूर्व के हमारे वीर शासकों ने नवीन तकनीक का उपयोग नहीं किया लेकिन आजादी के लिए अपने प्राण न्यौछावर कर देश के अभिमान को बचाए रखा। हमें समय की प्रासंगिकता को दृष्टिगत रखते हुए नवीन तकनीक का उपयोग करना चाहिए। मुख्यमंत्री डॉ. यादव स्वतंत्रता दिवस पर रवींद्र भवन सभागार में आयोजित “आजादी का महापर्व” सांस्कृतिक संध्या को संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम में राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संस्कृति एवं पर्यटन धर्मेन्द्र सिंह लोधी, विधायक भगवानदास सबनानी और प्रमुख सचिव संस्कृति एवं पर्यटन शिव शेखर शुक्ला उपस्थित थे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सुप्रसिद्ध पार्श्व गायिका पलक मुछाल और गायक पलाश मुछाल का स्वागत किया।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बदलते दौर में देश आगे बढ़ रहा है। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व पर हमें गर्व है। हमारी सेना किसी से कम नहीं है। उन्होंने भारत के सैनिकों की वीरता को सराहा। हमारी सेना ने अनेक अवसरों पर दुश्मन के छक्के छुड़ा दिए।

संस्कृति एवं पर्यटन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) धर्मेन्द्र सिंह लोधी ने 78 वें स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएँ देते हुए देश को आजादी दिलाने वाले अमर शहीदों को याद कर नमन किया। उन्होंने कहा कि वीर सपूतों की वजह से ही हम स्वतंत्र हुए हैं। देश, समाज और राष्ट्र के विकास में प्रधानमंत्री मोदी कार्य कर रहे हैं। प्रधानमंत्री मोदी का संकल्प है कि देश फिर से विश्व गुरु बने।

स्वराज संस्थान संचालनालय संस्कृति विभाग द्वारा आयोजित कार्यक्रम में प्रख्यात पार्श्व गायिका पलक मुछाल और गायक पलाश मुछाल के कलाकार दल ने राष्ट्र भक्ति के गीत और सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मध्यप्रदेश में स्वाधीनता संग्राम विषय पर आधारित 15 पुस्तकों का विमोचन किया गया। संस्कृति विभाग के कला पंचाग 2024-25 का विमोचन भी किया गया। प्रमुख सचिव संस्कृति श्री शिव शेखर शुक्ला ने पौधा भेंट कर मुख्यमंत्री डॉ. यादव का स्वागत किया और आभार प्रदर्शन भी किया।

 

राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति, और पीएम ने पूर्व पीेएम अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि पर दी श्रद्धांजलि

राष्ट्र आज पूर्व प्रधानमंत्री और भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी को उनकी पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि दे रहा है। नई दिल्ली में सदैव अटल स्थित अटल बिहारी वाजपेई की समाधि पर प्रार्थना सभा का आयोजन किया गया। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सदैव अटल पर पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को पुष्पांजलि अर्पित की। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह सहित अन्य प्रमुख नेताओं ने भी उन्हें श्रद्धांजलि दी।

एक सोशल मीडिया पोस्ट में, प्रधान मंत्री ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी को राष्ट्र निर्माण में उनके अद्वितीय योगदान के लिए याद किया जाता है। उन्होंने नागरिकों का जीवन बेहतर बनाने में वाजपेयी की भूमिका का उल्लेख किया।

प्रधानमंत्री ने एक्स पर पोस्ट किया “अटल जी को उनकी पुण्य तिथि पर श्रद्धांजलि। राष्ट्र निर्माण में उनके अद्वितीय योगदान के लिए उन्हें असंख्य लोग याद करते हैं। उन्होंने अपना पूरा जीवन यह सुनिश्चित करने के लिए समर्पित कर दिया कि हमारे साथी नागरिक बेहतर गुणवत्ता वाला जीवन जिएं। हम भारत को लेकर उनके विजन को साकार करने की दिशा में काम करते रहेंगे। आज सुबह अन्य प्रतिष्ठित गणमान्य व्यक्तियों के साथ ‘सदैव अटल’ पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।”

अटल बिहारी वाजपेयी तीन बार देश के प्रधानमंत्री रहे हैं। उन्हें देश का सर्वोच्च सम्मान ‘भारत रत्न’ दिया गया था। अपने लंबे राजनीतिक जीवन के अलावा वो अपनी कविताओं, हंसमुख मिजाज और अलग अंदाज के लिए भी लोकप्रिय रहे हैं। यहां तक कि कई विपक्षी दलों के नेता भी उन्हें बेहद पसंद करते थे। दरअसल, अटल बिहारी एक ऐसे नेता थे, जिन्हें हर राजनीतिक दल स्वीकार करता था।

अटल बिहारी वाजपेयी तीन बार प्रधानमंत्री, दो बार राज्‍यसभा सदस्‍य तथा 10 बार लोकसभा सदस्य रहें। वे देश के सर्वाधिक लोकप्रिय प्रधानमंत्रियों में से एक थे। अटल बिहारी वाजपेयी ने 2005 में ही सक्रिय राजनीति से संन्यास ले लिया था। प्रखर वक्ता रहे अटल बिहारी वाजपेयी ने भारतीय राजनीति में अपने व्यक्तित्व और कृतित्व की अमिट छाप छोड़ी, जिसने भारतीय राजनीति को हमेशा के लिए बदलकर रख दिया। इनमें भारत को परमाणु शक्ति सम्पन्न बनाना, पाकिस्तान से संबंध सुधारने की कोशिश में बस डिप्लोमेसी, कारगिल युद्ध में पाकिस्तान को धूल चटाना, स्वर्णिम चतुर्भुज योजना के साथ-साथ कई दूसरी उपलब्धियां शामिल हैं।

भारतीय जनसंघ के संस्थापकों में शामिल अटल बिहारी वाजपेयी 1968-1973 तक इसके अध्यक्ष रहे। भारतीय जनता पार्टी के पहले अध्यक्ष रहे अटल बिहारी वाजपेयी की देशभर में उनकी लोकप्रियता का ही नतीजा था कि वे चार दशक तक भारतीय संसद के सदस्य थे। वे इकलौते राजनेता थे, जिन्होंने चार राज्यों की छह लोकसभा क्षेत्रों का प्रतिनिधित्व किया। उन्होंने उत्तर प्रदेश के लखनऊ, बलरामपुर, गुजरात के गांधीनगर, मध्य प्रदेश के ग्वालियर और विदिशा के साथ दिल्ली की नई दिल्ली संसदीय सीट से चुनावी जीत हासिल की।

कवि हृदय अटल बिहारी वाजपेयी ने राष्ट्र धर्म सहित कई पत्र-पत्रिकाओं का संपादन भी किया। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रचारक के रूप में आजीवन अविवाहित रहने का संकल्प लेकर अपना सफर शुरू करने वाले अटल जी राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की ओर से पहले प्रधानमंत्री बने, जिन्होंने गैर कांग्रेसी प्रधानमंत्री के पद पर पांच वर्षों का कार्यकाल पूरा किया। उन्होंने 24 दलों की गठबंधन की सरकार बनाई थी, जिसमें 81 मंत्री थे।

भारत के प्रधानमंत्री रहते हुए अटल बिहारी वाजपेयी ने कई इतिहास रचे हैं। अटल बिहारी वाजपेयी ने देश को ”जय जवान, जय किसान, जय विज्ञान” का बुलंद नारा दिया। इसी का नतीजा था देश की सुरक्षा और दुश्मनों की हिमाकत को रोकने के लिए अटल जी के शासन काल में 1998 में, भारत ने एक सप्ताह में पांच परमाणु परीक्षण किए थे। कहना गलत नहीं होगा कि अटल बिहारी वाजपेयी ने ही भारत को एक परमाणु शक्ति संपन्न राष्ट्र बनाया। इसके बाद अटल बिहारी वाजपेयी सरकार में ही चंद्रयान-1 परियोजना पारित की गई। याद हो, भारत के 56 वें स्वतंत्रता दिवस पर, उन्होंने कहा था, “हमारा देश अब विज्ञान के क्षेत्र में उच्च उड़ान भरने के लिए तैयार है। मुझे यह घोषणा करने में प्रसन्नता हो रही है कि भारत 2008 तक चंद्रमा के लिए अपना स्वयं का अंतरिक्ष यान भेज देगा। इसे चंद्रयान नाम दिया जा रहा है”।

गौरतलब हो कि भारत ने 2008 को पहले चांद मिशन के तहत चंद्रयान-1 और 22 जुलाई 2019 को चंद्रयान-2 को लॉन्च किया था। उसके बाद अब भारत चंद्रयान-3 लॉन्च करने की तैयारी कर रहा है। ऐसे में अटल बिहारी वाजपेयी ने देश सेवा के दौरान जो दिया, उसे कभी भुलाया नहीं जा सकता। जब तक तन में ऊर्जा बची रही, तब तक वे सेवारत रहे। कर्तव्य पथ पर चलते-चलते अटल बिहारी वाजपेयी अब थकने लगे थे। 93 वर्ष की आयु में आखिरकार 16 अगस्त, 2018 को उनका देहावसान हो गया। उनकी याद में ‘सदैव अटल’ नाम से स्मृति स्थल का निर्माण किया गया।

बता दें कि अटल बिहारी वाजपेयी का जन्म 25 दिसंबर 1924 को मध्य प्रदेश के ग्वालियर में रहने वाले एक विनम्र स्कूल शिक्षक के परिवार में हुआ। निजी जीवन में प्राप्त सफलता उनके राजनीतिक कौशल और भारतीय लोकतंत्र की देन है। पिछले कई दशकों में वह एक ऐसे नेता के रूप में उभरे जो विश्व के प्रति उदारवादी सोच और लोकतांत्रिक आदर्शों के प्रति प्रतिबद्धता को महत्व देते हैं।

उन्हें भारत के प्रति उनके निस्वार्थ समर्पण और 50 से अधिक वर्षों तक देश और समाज की सेवा करने के लिए भारत का दूसरा सर्वोच्च नागरिक सम्मान पद्म विभूषण दिया गया और बाद में उन्हें देश के सर्वोच्च सम्मान ”भारत रत्न” से भी नावाजा गया। केवल इतना ही नहीं उन्हें 1994 में भारत का ‘सर्वश्रेष्ठ सांसद’ चुना गया। अपने नाम के ही समान, अटल जी एक प्रतिष्ठित राष्ट्रीय नेता, प्रखर राजनीतिज्ञ, नि:स्वार्थ सामाजिक कार्यकर्ता, सशक्त वक्ता, कवि, साहित्यकार, पत्रकार और बहुआयामी व्यक्तित्व वाले व्यक्ति रहे। अटल जी जनता की बातों को ध्यान से सुनते थे और उनकी आकांक्षाओं को पूरा करने का प्रयास करते हैं। उनके द्वारा किए गए ये तमाम कार्य राष्ट्र के प्रति उनके समर्पण को दर्शाते हैं।

 

 

 

युवा शक्ति, नारी सशक्तिकरण, गरीब कल्याण और किसान कल्याण मिशन प्रदेश के स्थापना दिवस से होंगे आरम्भ : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 78वें स्वतंत्रता दिवस की सभी प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आज भारत माता को स्वतंत्र कराने के लिए अपनी जान न्यौछावर करने वाले वीरों, राष्ट्रभक्तों और स्वतंत्रता सेनानियों का पुण्य-स्मरण करने का दिन है। प्रशासन जनोन्मुखी हो, नागरिक विकास और सामाजिक सद्भाव में भागीदार बनें, गरीबों के कल्याण की योजनाएं अंतिम पंक्ति के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे ऐसी पुख्ता व्यवस्था करने के लिए हमारी सरकार कटिबद्ध है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश विश्व की पांचवीं अर्थव्यवस्था बनने के सफर को तय कर तीसरी बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की ओर तेजी से आगे बढ़ रहा है। मध्यप्रदेश, प्रधानमंत्री मोदी के संकल्पों की सिद्धि में अपना योगदान देने के लिए प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव लाल परेड ग्राउण्ड भोपाल पर स्वतंत्रता दिवस समारोह में प्रदेशवासियों को संबोधित कर रहे थे।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने 78वें स्वतंत्रता दिवस समारोह के अवसर पर लाल परेड ग्राउण्ड में ध्वजारोहण के बाद निरीक्षण वाहन से परेड का अवलोकन कर सलामी ली। परेड के सशस्त्र दलों ने तीन चरणों में हर्ष फायर किया। पुलिस बैंड ने राष्ट्रगान जन-गण-मन की धुन के साथ अन्य देशभक्ति के गीतों की धूनें प्रस्तुत की। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने पदक अलंकरण समारोह में पुलिस अधिकारी और कर्मियों को उत्कृष्ट सेवा, सराहनीय सेवा और वीरता के लिए सम्मानित किया।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने देश के विकास में 4 वर्गों यथा युवा, महिला, किसान और गरीब को आधार स्तम्भ के रूप में परिभाषित किया है। मध्यप्रदेश सरकार प्रधानमंत्री मोदी के विचारों से प्रेरणा लेकर चार मिशन, युवा शक्ति, गरीब कल्याण, किसान कल्याण और नारी सशक्तिकरण मिशन बनाकर काम करने जा रही है। मध्यप्रदेश के स्थापना दिवस आगामी एक नवम्बर से यह मिशन अपना काम प्रारंभ करेंगे। युवा शक्ति मिशन में शिक्षा, कौशल विकास, रोज़गार, उद्यमिता, नेतृत्व विकास, सांस्कृतिक और सामाजिक विकास की कार्य योजना तैयार कर मिशन मोड में कार्य किया जाएगा। गरीब कल्याण मिशन में स्व-रोज़गार योजनाएँ, सामाजिक सुरक्षा योजनाएँ, आवास, शिक्षा और स्वास्थ्य की सुविधा आदि की दिशा में कार्य करेगा। नारी सशक्तिकरण मिशन के तहत बालिका शिक्षा, लाड़ली, लक्ष्मी योजना, लाड़ली बहना योजना, लखपति दीदी योजना, महिला स्व-सहायता समूहों के सशक्तिकरण आदि कार्य सर्वोच्च प्राथमिकता से किए जाएंगे। किसान कल्याण मिशन में सरकार कृषि एवं उद्यानिकी को लाभ का व्यवसाय बनाने की दिशा में कार्य करेगी। किसानों को राहत प्रदान करने के साथ एवं कृषि की पैदावार बढ़ाने की दिशा में ठोस प्रयास किए जाएंगे।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश का बजट अगले पांच वर्ष में दो गुना करने की दिशा में सरकार काम कर रही है। वित्तीय वर्ष 2023-24 में पूँजीगत व्यय 60 हजार 689 करोड़ रुपये किया गया। वर्ष 2022-23 की तुलना में यह वृद्धि लगभग 29 प्रतिशत है। वित्तीय वर्ष 2024-25 के लिए पूँजीगत व्यय का लक्ष्य 64 हजार 738 करोड़ रुपये रखा गया है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि युवाओं को सिर्फ पारंपरिक शिक्षा तक सीमित नहीं रहना है, बल्कि ए.आई., मशीन लर्निंग और कोडिंग जैसी नवीन तकनीकों की भी शिक्षा प्राप्त करनी है। इसके लिए उच्च शिक्षा में 485 करोड़ रुपये का निवेश किया गया है। प्रदेश के 55 जिलों के एक-एक महाविद्यालयों को पीएम कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस में परिवर्तित किया गया है। कौशल विकास को राज्य शासन ने प्राथमिकता पर रखा है। मुख्यमंत्री सीखो-कमाओं योजना में 8 हजार प्रशिक्षणार्थियों को 6 करोड़ 60 लाख रुपये का स्टायपेंड प्रदान किया गया है। नवाचार और उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए प्रमुख विद्यालयों में इन्क्यूवेशन केन्द्र स्थापित किए गए हैं। राज्य में 10 हजार करोड़ रुपये की लागत से 60 से अधिक नई औद्योगिक इकाइयों की स्थापना की जा रही है। इसमें 17 हजार से अधिक रोजगार के अवसर सृजित होंगे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि सरकारी नौकरियों के रिक्त पदों को भरने के लिए तेजी से कार्य किया गया है। विगत 8 महीनों में शासकीय नौकरियों में 11 हजार से अधिक नियुक्ति पत्र जारी किए गए हैं।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश में 1 करोड़ 67 लाख से अधिक पंजीकृत असंगठित श्रमिकों को मुख्यमंत्री जन-कल्याण संबल योजना का लाभ मिल रहा है। इसके लिए इस वर्ष 600 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। योजना के दूसरे चरण में 30 हजार 500 से अधिक श्रमिक परिवारों को 670 करोड़ रुपये से अधिक की अनुग्रह सहायता राशि का अंतरण किया गया। प्रदेश सरकार ने इन्दौर की हुकुमचंद मिल के 4 हजार 800 श्रमिक परिवारों को 224 करोड़ रुपये की राशि का भुगतान किया गया। प्रधानमंत्री शहरी आवास योजना में प्रदेश के 7 लाख 50 हजार हितग्राहियों को लाभान्वित किया गया है। प्रधानमंत्री आवास योजना में ग्रामीण क्षेत्रों में लगभग 7 लाख मकानों का निर्माण कर दिया गया है। हर महीने 117 लाख पात्र परिवारों को नि:शुल्क अनाज प्रदान किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश सरकार ने मुख्यमंत्री कन्या विवाह और निकाह सहायता योजना में वर्ष 2023-24 में 62 हजार 583 कन्याओं को विवाह के लिए सहायता राशि दी है। लाड़ली बहना योजना अंतर्गत एक करोड़ 29 लाख बहनों के खाते में विगत आठ माह में 12 हजार करोड़ रुपये से अधिक की राशि अंतरित की जा चुकी है। इस वर्ष रक्षाबंधन पर हर लाड़ली बहना के खाते में 250 रुपये की अतिरिक्त राशि जारी की गई है। महिला स्व-सहायता समूहों को सुदृढ़ कर महिलाओं के आर्थिक विकास को बढ़ावा दिया जा रहा है। देश में प्रधानमंत्री मातृ-वंदना योजना में प्रदेश प्रथम स्थान पर है। इस योजना में 2017 से 2024 तक 41 लाख 70 हजार बहनों को 1 हजार 150 करोड़ रुपये की राशि दी गई। प्रदेश की लगभग 90 लाख बहनों को उज्ज्वला गैस कनेक्शन दिए गए हैं। प्रदेश की 45 लाख 89 हजार बहनों के खाते में 450 रुपये में गैस सिलेण्डर की रीफिलिंग के लिए 118 करोड़ रुपये की राशि अंतरित की गई। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश में महिला-पुरुष के अनुपात में सुधार हो रहा है। यह अनुपात प्रति एक हजार पुरुषों पर 927 महिलाओं से बढ़कर 956 हो गया है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि जनजातीय वर्ग के समग्र विकास और कल्याण के लिए इस वित्तीय वर्ष में 40 हजार 804 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है, यह पिछले बजट की तुलना में 23.4 प्रतिशत अधिक है। तेन्दूपत्ता संग्रहकों का मानदेय 3 हजार रुपये प्रति बोरा से बढ़ाकर 4 हजार रुपये कर दिया गया है। इसका सीधा लाभ लगभग 35 लाख संग्रहकों को हो रहा है। छात्रावासों के विद्यार्थियों की समस्याओं के निराकरण और मार्गदर्शन के लिए मित्र हेल्पलाइन आरंभ की गई है। साथ ही छात्रावासों में विद्यार्थियों को कम्प्यूटर शिक्षा भी उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने कहा कि हर गरीब और कमजोर व्यक्ति को समृद्धि और सुरक्षा की ओर ले जाना हमारा संकल्प है। योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए भी तत्परता से कार्य किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि और मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना के तहत अब तक 80 लाख से अधिक किसान भाइयों के खाते में 1 हजार 643 करोड़ रुपये अंतरित किए गए। सरकार ने फसलों के उर्पाजन और मंडियों की व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए भी कई कदम उठाएं हैं। मिट्टी परीक्षण में कृषि स्नातक युवाओं के साथ पार्टनरशिप में कार्य करने की नीति बनाई गई है। कृषि प्र-संस्करण उद्योगों का जाल बिछाकर स्थानीय स्तर पर ही कृषि उपज का मूल्य संवर्धन करने की दिशा में तेजी से काम किया जा रहा है। श्रीअन्न उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए लागू रानी दुर्गावती श्रीअन्न प्रोत्साहन योजना के अंतर्गत किसानों को प्रति क्विंटल 1 हजार रुपये की विशेष प्रोत्साहन राशि दी जा रही है। संभाग स्तर पर 10 नर्सरी को हाईटेक बनाने की कार्यवाही जारी है। प्रदेश के 40 लाख किसानों को क्रेडिट कार्ड प्रदान किए गए हैं। प्रदेश में वर्ष 2028-29 तक सिंचाई क्षमता 1 करोड़ हेक्टेयर तक बढ़ाने का लक्ष्य है। केन-बेतवा लिंक परियोजना और पार्वती-कालीसिंध-चंबल लिंक परियोजना पर भी कार्य किया जा रहा है। साथ ही पशुपालकों को बिचौलियों के शोषण से मुक्ति दिलाने के लिए 2024-25 में मुख्यमंत्री सहकारी दुग्ध उत्पादक प्रोत्साहन योजना में 150 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। प्रदेश में चैत्र माह से अगले वर्ष तक गौ-वंश रक्षा वर्ष मनाया जा रहा है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश की उपलब्ध विद्युत क्षमता 22 हजार 823 मेगावाट है। गैर-कृषि उपभोक्ताओं को लगभग 24 घंटे और कृषि उपभोक्ताओं को लगभग 10 घंटे प्रतिदिन विद्युत प्रदाय की जा रही है। अटल कृषि ज्योति और अटल गृह ज्योति योजना में उपभोक्ताओं को लाभ दिया जा रहा है। प्रदेश की नवकरणीय ऊर्जा क्षमता बढ़कर 6 हजार 444 मेगावाट हो गई है। प्रदेश के 71 लाख से अधिक ग्रामीण परिवारों को जल जीवन मिशन के अंतर्गत घर में जल प्रदाय की सुविधा प्रदान की गई है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश के औद्योगिक विकास की ठोस पहल के रूप में रीजनल इंडस्ट्री कॉन्क्लेव की श्रृंखला आरंभ की गई है। प्रदेश में 31 नए औद्योगिक क्षेत्र को 9 हजार 800 एकड़ भूमि प्रदान की जा रही है। उज्जैन में मेडिकल डिवाइज पार्क, मुरैना में मेगा लेदर पार्क, धार में पीएम मित्रा इंटीग्रेटेड मेगा टेक्सटाईल पार्क सहित प्रदेश में मल्टी मॉडल लॉजिस्टिक पार्क के विकास के लिए पहल हुई है। भविष्य में प्रदेश में हीरा तराशने का कार्य भी किया जाएगा। नदियों से प्राकृतिक रेत की निर्भरता कम कर पत्थर से निर्मित रेत को प्रोत्साहित किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि शिक्षा की गुणवत्ता और व्यवस्था को सर्वसुविधायुक्त व सुदृढ़ बनाने के लिए पीएमश्री योजना के अंतर्गत प्रदेश में 416 विद्यालय संचालित हैं। साथ ही प्रथम चरण में 275 सीएम राइज स्कूल संचालित हो रहे हैं। मध्यप्रदेश उच्च शिक्षा के सकल नामांकन अनुपात में राष्ट्रीय औसत से आगे निकल गया है। भारतीय संस्कृति के अनुरूप विश्वविद्यालय के कुलपति पद को अब कुलगुरु नाम दिया गया है। मध्यप्रदेश नई राष्ट्रीय नीति के क्रियान्वयन में भी अग्रणी रहा है। मुख्यमंत्री मेधावी विद्यार्थी योजना में इस वर्ष 61 हजार 629 मेधावी विद्यार्थियों को 450 करोड़ रुपये की राशि उपलब्ध कराई गई है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश में चिकित्सा व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए आगामी दो वर्ष में लगभग 25 हजार पदों को भरने की योजना है। प्रदेश में सिकल सेल एनीमिया की रोकथाम और बचाव के लिए सभी आदिवासी बहुल जिलों में जांच की व्यवस्था की जा रही है। प्रत्येक जिला अस्पताल में आयुष विंग बनाया जा रहा है। प्रदेश में प्रत्येक जिला अस्पताल में आगामी 17 सितम्बर को प्रधानमंत्री श्री मोदी के जन्म दिवस पर रेडक्रॉस से जन आरोग्य केन्द्र आरंभ किए जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि पीएमश्री पर्यटन वायु सेवा आरंभ कर प्रदेश के 8 शहरों भोपाल, इन्दौर, जबलपुर, रीवा, उज्जैन, ग्वालियर, सिंगरौली और खजुराहो को वायु सेवा से जोड़ा गया है। पीएमश्री धार्मिक पर्यटन हेली सेवा का संचालन भी आरंभ किया गया है। भगवान श्रीकृष्ण के चरण प्रदेश के जिन-जिन स्थानों पर पड़े थे उन स्थानों के विकास के लिए श्रीकृष्ण पाथेय योजना की कार्य योजना बनाने का कार्य प्रगति स्तर पर है। श्रीराम वन गमन पथ के विकास के लिए चित्रकूट, पन्ना, सतना, अमरकंटक आदि स्थानों पर अनेक कार्य किए जा रहे हैं। वीर भारत संग्रहालय स्थापित कर भारतीय सभ्यता के संरक्षकों के योगदान को सहेजा जाएगा। इस वर्ष वीरांगना रानी दुर्गावती का 500वां जयंती उत्सव और देवी अहिल्या बाई का 300वां जयंती उत्सव विभिन्न सांस्कृतिक गतिविधियों के माध्यम से संपूर्ण प्रदेश में धूमधाम से मनाया जाएगा। मुख्यमंत्री तीर्थदर्शन योजना में इस वर्ष हवाई जहाज से तीर्थ यात्रा की शुरुआत हुई है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश में 15 अगस्त से ई-संपदा 2.0 सॉफ्टवेयर लागू किया जा रहा है, जिसके माध्यम से रजिस्ट्री पूर्णत: डिजीटल प्रक्रिया से होगी। प्रदेश में नगरों में बेहतर नागरिक सुविधाएं प्रदान की जा रही हैं। भोपाल, इन्दौर, ग्वालियर और जबलपुर में मेट्रोपॉलिटिन सिटी बनाई जाएगी। कानून और व्यवस्था की स्थिति को अधिक सुदृढ़ करने के लिए प्रदेश में पुलिस थानों की सीमाओं को पुनर्निर्धारण का ऐतिहासिक कार्य हुआ है। प्रदेश में 627 पुलिस थानों की सीमाएं फिर से तय की गईं हैं। इससे 2 हजार 200 से गांवों को लाभ मिला है। सुशासन के उद्देश्य से परिवहन जांच चौकियों के स्थान पर वाहन चैंकिंग की नवीन व्यवस्था लागू की गई है। अब राज्य सरकार संभागीय और जिलास्तर पर भी चालक प्रशिक्षण केन्द्र प्रारंभ होंगे। प्रदेश में लोक सेवा गारंटी अधिनियम के तहत 741 अधिसूचित सेवाओं का लाभ नागरिकों को समय-सीमा में मिल रहा है। इस व्यवस्था के तहत अब तक 10 करोड़ से अधिक आवेदनों का निराकरण किया जा चुका है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि आजादी के वर्षगांठ का दिन सच्चे अर्थों में आजादी के फल को नागरिकों तक पहुंचाने के लिए दृढ़ संकल्पित होने का दिन है। मध्यप्रदेश ने पिछले वर्षों में प्रगति और विकास की यात्रा में तेजी से कदम बढ़ाएं हैं, हमें अब इस यात्रा को निरंतरता देना है। प्रदेशवासियों की तरक्की और खुशहाली को देश- दुनिया के सामने मिसाल बनाना है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कामना की कि मध्यप्रदेश समृद्ध-साक्षर- सशक्त हो और शांति का टापू हमारा प्रदेश सबसे अग्रणी बनें।

 

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने उत्कृष्ट सेवाओं के लिये पुलिसकर्मियों को किया सम्मानित

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 78वें स्वतंत्रता दिवस पर भोपाल के लाल परेड मैदान पर आयोजित राज्य स्तरीय परेड में उल्लेखनीय सेवाओं के लिये पुलिस अधिकारी और कर्मचारियों को पदक प्रदान कर सम्मानित किया है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने पुलिस अधीक्षक राजगढ़ आदित्य मिश्रा, निरीक्षक पीटीएस तिघरा अंशुमान सिंह चौहान, निरीक्षक हॉक फोर्स बालाघाट रामपदम शर्मा, उप निरीक्षक हॉक फोर्स बालाघाट आशीष शर्मा, उप निरीक्षक हॉक फोर्स बालाघाट अतुल कुमार शुक्ला, उप निरीक्षक हॉक फोर्स बालाघाट मनोज कुमार कापसे और प्रधान आरक्षक हॉक फोर्स बालाघाट रमेश विश्वकर्मा को वीरता के लिये पुलिस पदक प्रदान किया हैा।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने आशुतोष रॉय अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक अग्निशमन सेवा भोपाल, ए. साईं मनोहर ओएसडी मध्यप्रदेश भवन नई दिल्ली, योगेश चौधरी अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक लोकायुक्त भोपाल, मोहम्मद शाहिद अबसार अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक ई.ओ.डब्ल्यू. भोपाल, मनीष कपूरिया पुलिस महानिरीक्षक कानून और व्यवस्था इंदौर (सेवानिवृत्त), भारत भूषण राय उप सेनानी 7वीं वाहिनी विसबल भोपाल (सेवानिवृत्त), शारदा प्रसाद चौधरी मानसेवी उप पुलिस अधीक्षक विशेष शाखा जबलपुर और अशोक कुमार रघुवंशी कार्यवाहक निरीक्षक पीटीसी, इंदौर को विशिष्ट सेवा के लिये राष्ट्रपति का पुलिस पदक प्रदान किया गया है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने नगर सेना तथा नागरिक सुरक्षा विशिष्ट सेवा के लिये भूपेन्द्र सिंह ठाकुर कार्यवाहक डिस्ट्रिक्ट कमाण्डेन्ट होमगार्ड छतरपुर को राष्ट्रपति पदक प्रदान किया है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने लाल परेड मैदान में हुए स्वतंत्रता दिवस समारोह में सराहनीय सेवा के लिये पुलिस पदक भी प्रदान किये। जिन पुलिसकर्मियों को यह पदक प्राप्त हुए उनमें अभय सिंह पुलिस महानिरीक्षक देहात जोन-अतिरिक्त प्रभार पुलिस महानिरीक्षक विसबल भोपाल रेंज भोपाल, सुशांत कुमार सक्सेना पुलिस महानिरीक्षक चम्बल जोन मुरैना, डॉ आशीष पुलिस महानिरीक्षक इंटेलीजेंस पुलिस मुख्यालय भोपाल, मनोज कुमार श्रीवास्तव अतिरिक्त पुलिस आयुक्त क्राइम मुख्यालय इंदौर, सत्येन्द्र कुमार शुक्ला उप पुलिस महानिरीक्षक प्रशासन पुलिस मुख्यालय भोपाल, प्रशांत खरे उप पुलिस महानिरीक्षक नर्मदापुरम, अतुल सिंह उप पुलिस महानिरीक्षक खरगौन रेंज, पंकज कुमार पाण्डेय पुलिस उपायुक्त जोन-3 (शहर) जिला इंदौर, सुरेन्द्र कुमार जैन पुलिस अधीक्षक पीटीएस रीवा, मलय जैन सहायक पुलिस महानिरीक्षक प्रशिक्षण पुलिस मुख्यालय भोपाल, मनीषा पाठक सोनी अतिरिक्त. पुलिस अधीक्षक रेल इंदौर, सुमन गुर्जर पुलिस अधीक्षक पीटीएस, तिघरा ग्वालियर, दिनेश कुमार कौशल पुलिस अधीक्षक पीटीएस सागर, प्रणय कुमार नागवंशी पुलिस अधीक्षक एटीएस मुख्यालय भोपाल, रामेश्वर सिंह यादव पुलिस अधीक्षक लोकायुक्त ग्वालियर, संदेश कुमार जैन स्टॉफ ऑफिसर टू डीजीपी पुलिस मुख्यालय भोपाल, वेदान्त शर्मा सहायक सेनानी आरएपीटीसी इंदौर और अजय कैथवास उप पुलिस अधीक्षक ई.ओ.डब्ल्यू, उज्जैन शामिल हैं।

इसी तरह सराहनीय सेवा के लिये जिन पुलिसकर्मियों को पुलिस पदक प्राप्त हुए हैं, उनमें सुनील कुमार तालान उप पुलिस अधीक्षक लोकायुक्त उज्जैन, तिलकराज प्रधान कार्यवाहक उप पुलिस अधीक्षक मध्यप्रदेश पुलिस अकादमी भौंरी भोपाल, सुनील कुमार राय कार्यवाहक निरीक्षक (एम) विशेष शाखा पुलिस मुख्यालय भोपाल, सैयद अशफाक अली कार्यवाहक निरीक्षक प्रेस पुलिस मुख्यालय भोपाल, राम कुमार मोरन्दानी कार्यवाहक सूबेदार (एम) ई.ओ.डब्लयू भोपाल, डी.पी. सक्सेना कार्यवाहक सूबेदार (अ), कार्यालय उमनि, (ग्रामीण) भोपाल, विष्णु प्रसाद व्यास, कार्यवाहक सूबेदार (अ) जिला शाजापुर, रेवाधर पंत सूबेदार (अ) 23वीं वाहिनी विसबल भोपाल, भंवरलाल जायसवाल उप निरीक्षक (रेडियो) पी.आर.टी.एस. इंदौर, सी.डी. डैनियल, कार्यवाहक सहायक उप निरीक्षक (चालक) एम.टी. पूल भोपाल (सेवानिवृत्त), केशव राव इंगले कार्यवाहक सहायक उप निरीक्षक छिन्दवाड़ा, नन्दकिशोर कोसरकर कार्यवाहक सउनि डीपीओ बालाघाट, अशोक सिंह भदौरिया प्रधान आरक्षक पुलिस लाईन ग्वालियर, राम रतन नन्देड़ा प्रधान आरक्षक 731 32वीं वाहिनी विसबल उज्जैन, अमरनाथ यादव प्रधान आरक्षक आरएपीटीसी इंदौर, रामचन्द्र सिंह प्रधान आरक्षक 580 7वीं वाहिनी विसबल भोपाल, मोहनलाल सिंह तिवारी कार्यवाहक प्रधान आरक्षक 307 आरएपीटीसी इंदौर और रमेश जोशी कार्यवाहक प्रधान आरक्षक 374, 10वीं वाहिनी विसबल सागर शामिल हैं।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने 78वें स्वतंत्रता दिवस पर जेल विभाग के कर्मियों को भी सराहनीय सेवा के लिये पदक प्रदान किये है। जिन कर्मियों को पदक प्रदान किये हैं, उनमें राकेश कुमार भांगरे जेल अधीक्षक केन्द्रीय जेल भोपाल, महेश शर्मा सहायक जेल अधीक्षक सब जेल डबरा ग्वालियर, अनिल कुमार पाठक सहायक जेल अधीक्षक सब जेल लवकुशनगर, शोभल सिंह ठाकुर शिक्षक जिला जेल देवास, गीता रायकवार शिक्षक केन्द्रीय जेल सागर सूरज सिंह रांणा प्रमुख मुख्य प्रहरी केन्द्रीय जेल भोपाल, करुणेन्द्र सिंह परिहार कार्यवाहक प्रमुख मुख्य प्रहरी सब जेल रहली, चंद्रभान सिंह नामदेव मुख्य प्रहरी सब जेल करैरा और जगदीश पाटीदार प्रहरी जिला जेल खरगौन शामिल हैं।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने स्वतंत्रता दिवस समारोह में नगर सेना तथानागरिक सुरक्षा सराहनीय सेवा के लिये पदक प्रदान किये। जिन कर्मियों को यह पदक प्रदान किये गये हैं, उनमें मधु राजेश तिवारी डिस्ट्रिक्ट कमाण्डेन्ट होमगार्ड देवास, पंजाबराव बारस्कर सहायक उप निरीक्षक (एम) होमगार्ड बैतूल, राकेश कुमार श्रीवास्तव हवलदार आरमोरर होमगार्ड जबलपुर (सेवानिवृत्त), राम शंकर तिवारी वाहन चालक एसडीईआरएफ जबलपुर, मुकेश चौरसिया डिवीजनल वार्डन सिविल डिफेन्स जबलपुर, श्याम लाल यादव स्वयंसेवी नायक क्रं. 246, होमगार्ड नर्मदापुरम, शोभाराम सोलंकी स्वयंसेवी सैनिक क्रं. 314, होमगार्ड इंदौर और मधु बाला बिलवाल स्वयंसेवी महिला सैनिक क्रं. 550, होमगार्ड इंदौर शामिल है।

प्रदेश में 78वें स्वतंत्रता दिवस पर आयोजित परेड में पुलिस बैंड की टुकड़ी आकर्षण का केन्द्र रही। प्रदेश के 53 जिला मुख्यालयों में हुई परेड में पहली बार पुलिस बैंड की टुकड़ी शामिल हुई। पुलिस बैंड के प्रदर्शन ने अपनी सुरम्‍य धूनों से नागरिकों का दिल जीत लिया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने स्वतंत्रता दिवस पर जिला मुख्यालय पर हुई परेड में पुलिस बैंड की टुकड़ी को भी शामिल करने के निर्देश दिये थे।

 

 

पेरिस ओलंपिक में भाग लेने वाले भारतीय खिलाड़ियों से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने की मुलाकात

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गुरुवार को अपने आवास सात लोक कल्याण मार्ग में पेरिस ओलंपिक 2024 में भाग लेने वाले खिलाड़ियों से मुलाकात की। पीएम मोदी ने सभी के साथ अलग–अगल तस्वीरें खिंचवाई और उनके साथ संवाद भी किया। ओलंपिक में भाग लेने वाले खिलाड़ी आज लालकिले में आयोजित स्वतंत्रता दिवस समारोह में भी शामिल हुए। इस दौरान वे अपनी ओलंपिक पोशाक में रहे। उन्होंने इस दौरान केन्द्रीय मंत्रियों और विभिन्न हस्तियों से मुलाकात की।

एक्स पोस्ट की एक श्रृंखला में, प्रधानमंत्री ने कहा “पेरिस ओलंपिक में हमारे देश का प्रतिनिधित्व करने वाले भारतीय दल के साथ बातचीत करना आनन्ददायक अनुभूति थी। उनके खेलअनुभव सुने औरमैदान में उनकी उपलब्धियों की सराहना की।” “पेरिस ओलंपिक में भाग लेने वाला प्रत्येक खिलाड़ीचैंपियन है। भारत सरकार खेलों को समर्थन देना जारी रखेगी और यह सुनिश्चित करेगी कि खेलों में उच्च गुणवत्ताकीआधारभूत सुविधाएं मिलें।”

उल्लेखनीय है कि भारत ने 2024 पेरिस ओलंपिक में ऐतिहासिक प्रदर्शन किया। भारत ने इस बार कुल 6 पदक हासिल किए। इनमें 1 रजत और 5 कांस्य पदक शामिल हैं। नीरज चोपड़ा ने जैवलिन थ्रो में रजत पदक जीता, जिससे वह ओलंपिक में दो व्यक्तिगत पदक जीतने वाले पहले भारतीय एथलीट बन गए। मनु भाकर ने शूटिंग में दो कांस्य पदक हासिल किए, एक व्यक्तिगत 10 मीटर एयर पिस्टल में और दूसरा मिक्स्ड टीम इवेंट में। वह एक ही ओलंपिक में दो पदक जीतने वाली पहली भारतीय महिला बनीं। अमन सेहरावत ने कुश्ती में कांस्य पदक जीता और वह ओलंपिक पदक जीतने वाले सबसे युवा भारतीय पहलवान बने। भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने लगातार दूसरी बार कांस्य पदक जीता।

लाल किले की प्रचीर से प्रधानमंत्री ने अपने भाषण में ओलंपिक में भाग लेने वाले खिलाड़ियों को बधाई दी और आने वाले पैराओलंपिक में भाग लेने वाले खिलाड़ियों को शुभकामनायें दी। साथ ही उन्होंने कहा कि भारत 2036 में ओलंपिक खेलों की मेजबानी करने के लिए तैयारी कर रहा है।

पिछली सरकारों की प्राथमिकता में कभी किसान नहीं रहे: शिवराज सिंह चौहान

केंद्रीय कृषि व किसान कल्याण और ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा किस्वतंत्रता के बादसे लाल किले की प्राचीर से प्रधानमंत्री झण्डा फहराते हैं, लेकिन पहले कोईभी सरकार किसानों को स्वतंत्रता दिवस पर बुलाती नहीं थी क्योंकि पिछली सरकारों की प्राथमिकता में कभी किसान नहीं रहे। चौहान ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को धन्यवाद और बधाई दी जिन्होंने किसानों को स्वतंत्रता दिवस पर बुलाया। चौहान,स्वतंत्रता दिवस के कार्यक्रम में निमंत्रित किसानों से संवाद और राष्ट्रीय नाशीजीव (कीट) निगरानी प्रणाली (NPSS) के शुभारम्भ कार्यक्रमको सम्बोधित कर रहे थेI कार्यक्रम में कृषि एवं किसान कल्याण राज्य मंत्री रामनाथ ठाकुर व भागीरथ चौधरी और आईसीएआर के महानिदेशक हिमांशु पाठक भी उपस्थित थे।

शिवराज सिंह चौहान ने अमर क्रांतिकारियों को प्रणाम करते हुए कहा कि हम सभी जानते हैं कि आजादी हमें चांदी की तश्तरी पर भेंट नहीं की गई है। हजारों लोग फाँसी के फंदे पर हँसते-हँसते झूल गए थे। उनके हृदय में दृढ़ संकल्प होता था और वो प्रार्थना करते थे कि हमें पुनः इसी धरती पर जन्म देना, ताकि हम भारत माता के काम आ सकें। हमारे अमर क्रांतिकारी आजादी के तराने गाया करते थे। आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि आज देश के लिए मरने की नहीं, जीने की आवश्यकता है। आजादी के महोत्सव में देश के गाँव-गाँव से किसान भाई पधारे हैं। किसान देश की धड़कन हैं और जनता के दिल की धड़कन हैं। किसान जो पैदा करते हैं, उससे सभी के दिल धड़क रहे हैं। किसान हमारे लिए भगवान हैं। हमें अन्नदाता को सुखी और समृद्ध बनाना है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जब प्रधानमंत्री बने तो उन्होंने अपने हर भाषण में किसान को प्रणाम किया।

केन्द्रीय कृषि मंत्री ने कहा कि हम प्रधानमंत्री के नेतृत्व में 6 तरह के काम करेंगे – उत्पादन बढ़ाना। हमें उत्पादन बढ़ाना है, उसके लिए बीज, अभी प्रधानमंत्री ने 109 प्रकार के ज्यादा उपज देने वाले बीज किसानों को समर्पित किये। वैज्ञानिकों के अनुसंधान की जानकारी किसानों को होनी चाहिए। हमारा काम किसानों और वैज्ञानिकों को जोड़ना है।कई बार किसानों को जानकारी नहीं होती, तो वो गलत कीटनाशक का प्रयोग करते हैं, इसकी जानकारी होना जरूरी है। विज्ञान का फायदा तुरंत किसानों को मिले, इसके लिये हम महीने में एक दिन किसानों की बात कार्यक्रम शुरू करेंगे। रेडियो पर ये कार्यक्रम होगा, इसमें वैज्ञानिक बैठेंगे, कृषि विभाग के अधिकारी बैठेंगे, मैं भी बैठूँगा और किसानों को जो-जो जरूरी है, उसके बारे में जानकारी दी जाएगी। कृषि विज्ञानकेंद्र को पूरी तरह से किसानों से जोड़ने की जरूरत है। वैज्ञानिक लाभ को तुरंत किसानों तक पहुंचाने का काम होगा। अब जल्दी ही किसानों के बीच चर्चा होगी, विचार विमर्श होगा, जिससे खेती से हम फूड बास्केट बनने का चमत्कार कर सकें।

शिवराज सिंह चौहान ने जानकारी देते हुए कहा किकिसानों का बजट एक समय 27 हजार करोड़ रू. था, प्रधानमंत्री ने इस बजट को बढ़ाकर 1.52 लाख करोड़ रू. कर दिया।किसानों को सब्सिडी पर खाद मिलती है।आजकल वो लोग किसानों की बात करते हैं जिनका खेती से कोई लेना देना ही नहीं है। उन्होंने खेत नहीं देखे, खेत की फसल नहीं देखी, उनको पता ही नहीं कि गेहूं की बाली कैसी होती है।

केन्द्रीय कृषि मंत्री ने कहा कि किसान जितना भी तुअर, मसूर, उड़द उगाएंगे वो सब सरकार खरीदेगी। पहले के जमाने में तो खरीद ही नहीं होती थी। पुरानी सरकार में दाल की खरीदी केवल 6 लाख मीट्रिक टन की गई थी-मोदी सरकार ने 1.70 करोड़ मीट्रिक टन दाल खरीदी। उत्पादन की लागत घटाने के प्रयास भी जारी हैं। पीएम किसान सम्मान निधि के तहत अब तक 3.24 लाख करोड़ रुपये डाल दिए गए हैं किसानों के खातों में।पीएम फसल बीमा योजना आज दुनिया की सबसे बड़ी फसल बीमा योजना है। हम निरंतर प्रयत्न करेंगे कि उसमें सुधार करते रहें। कृषि का विविधीकरण हमें करना है। इससे किसान को ज्यादा फायदा होगा।

चौहान ने किसानों से आग्रह किया कि वे मृदा का स्वास्थ्य ठीक करने के लिए अपने खेत के कुछ हिस्से में प्राकृतिक खेती करें इसके लिए मिशन बहुत जल्दी आने वाला है, इसकी रूपरेखा बन गई है। FPO और बनने चाहिये। इससे हम कई तरह के काम करके अपनी आय बढ़ा सकते हैं। चौहान ने किसानों से आग्रह किया की वे प्रधानमंती के नेतृत्व में एक नए युग की शुरुआत करें।

 

असंगठित और गिग वर्कर्स के लिए केंद्र सरकार का बड़ा फैसला, 40 और 22...

0
नई दिल्ली | 4 नवंबर 2026 देश के करोड़ों असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों, डिलीवरी पार्टनर्स, ऐप आधारित टैक्सी चालकों और प्लेटफॉर्म वर्कर्स को सामाजिक सुरक्षा...
nmms-scholarship-2026-27

NMMSS Scholarship 2026-27: छात्रों को बड़ी राहत, छात्रवृत्ति आवेदन की अंतिम तारीख बढ़ी, अब...

0
नई दिल्ली। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के मेधावी विद्यार्थियों के लिए केंद्र सरकार ने बड़ी राहत दी है। शिक्षा मंत्रालय ने राष्ट्रीय साधन-सह-योग्यता...
akshara goswami

मध्यप्रदेश स्थापना दिवस पर 102 मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान, हर छात्र को मिली 1...

0
भोपाल। मध्यप्रदेश के 71वें स्थापना दिवस के अवसर पर प्रदेश की शैक्षणिक प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। भोपाल के लाल परेड मैदान में आयोजित...
poshan-tracker-pmmvy-grievance-redressal-2026

POSHAN Tracker और PMMVY की शिकायतों का होगा निपटारा, 30 अक्टूबर को देशभर में...

0
नई दिल्ली | 30 अक्टूबर 2026 | सामाजिक कल्याण समाचार केंद्र सरकार ने गर्भवती महिलाओं, स्तनपान कराने वाली माताओं और पोषण सेवाओं के लाभार्थियों की...
anath-bachchon-ke-liye-sarkari-yojana-2026

अनाथ बच्चों के लिए सरकार की खास योजनाएँ, पढ़ाई से लेकर आर्थिक सहायता तक

0
नई दिल्ली | सरकारी योजना समाचार देश में ऐसे कई बच्चे हैं, जिन्होंने अपने माता-पिता को खो दिया है या जिनके पास देखभाल करने वाला...