केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने नई दिल्ली में न्यूजीलैंड के कृषि मंत्री टॉड मैक्ले के साथ एक उच्च स्तरीय बैठक की

भारत के केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने अपने प्रतिनिधिमंडल के साथ कल न्यूजीलैंड के कृषि, वानिकी, व्यापार और सहायक विदेश मंत्री टॉड मैकले के साथ उच्च स्तरीय बैठक की। यह द्विपक्षीय बैठक नई दिल्ली के कृषि भवन में आयोजित की गई।

बैठक में आपसी हित के प्रमुख क्षेत्रों और सहयोग के अवसरों पर ध्यान केंद्रित किया गया। दोनों देशों की कृषि प्राथमिकताओं के बारे में जानकारी साझा करने और बागवानी पर प्रस्तावित सहयोग ज्ञापन (एमओसी) सहित साझेदारी के नए रास्ते तलाशने पर चर्चा केंद्रित थी। दोनो मंत्रियों ने कृषि साझेदारी को और प्रगाढ बनाने के लिए अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की, जिसमें हाल के वर्षों में महत्वपूर्ण प्रगति देखी गई है।

केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भारत के साथ संबंधों को मजबूत करने में न्यूजीलैंड के सक्रिय प्रयासों की प्रशंसा की और इस संबंध के लिए न्यूजीलैंड सरकार की चल रही प्रतिबद्धता के महत्व को स्वीकार किया। उन्होंने न्यूजीलैंड में भारतीय प्रवासियों के महत्वपूर्ण योगदान और देशों के बीच बढ़ते शैक्षिक आदान-प्रदान को ध्यान में रखते हुए दोनों देशों के बीच ऐतिहासिक, व्यापारिक और सांस्कृतिक संबंधों पर प्रकाश डाला। बैठक में भारत में न्यूजीलैंड के उच्चायुक्त श्री पैट्रिक राटा के अलावा दोनों देशों के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे।

बैठक के दौरान व्यापार और बाज़ार पहुंच में सकारात्मक विकास के बारे में विशेष रूप से बातचीत की गई। भारतीय अनार के आयात और आम के निर्यात पर प्रतिबंध हटाने के लिए न्यूजीलैंड के समर्थन को गर्मजोशी के साथ स्वीकार किया गया। कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने लखनऊ और दिल्ली में नई लेखा परीक्षित वाष्प ताप उपचार (वीएचटी) सुविधाओं की शीघ्र स्वीकृति की भी आशा व्यक्त की, जिससे न्यूजीलैंड में भारतीय आमों के निर्यात में और वृद्धि होगी।

इसके अतिरिक्त, न्यूजीलैंड के कृषि मंत्री ने न्यूजीलैंड से भारत में पाइन लॉग निर्यात को हाल ही में फिर से शुरू करने के लिए धन्यवाद दिया, जिससे उन्हें पिछली धुंए संबंधी चुनौतियों से निपटने में सहायता मिली। केंद्रीय मंत्री चौहान ने इस क्षेत्र में सहयोग जारी रखने के लिए भारत के समर्थन को दोहराया और संतरे तथा केले जैसे ताजे और सूखे फलों सहित अन्य कृषि उत्पादों में व्यापार बढ़ाने की क्षमता पर बल दिया। उन्होंने विशेष रूप से न्यूजीलैंड को अंगूर निर्यात करने के लिए भारतीय निर्यातकों के लिए शीघ्र बाजार पहुंच पर विचार करने का उल्लेख किया। दोनों पक्ष द्विपक्षीय व्यापार और निवेश को और बढ़ाने के लिए निजी क्षेत्र की अधिक साझेदारी को प्रोत्साहन देने पर सहमत हुए।

बैठक में इस क्षेत्र में सहयोग की व्यापक संभावनाओं को पहचानते हुए, विशेष रूप से बागवानी और मछली पालन में अनुसंधान और विकास में तकनीकी सहयोग के महत्व पर भी चर्चा हुई। दोनो मंत्रियों ने दोनों देशों के किसानों, उत्पादकों और उपभोक्ताओं को लाभान्वित करते हुए आर्थिक और व्यापार संबंधों को मजबूत करने के लिए मिलकर काम करने की अपनी प्रतिबद्धता को दोहराया।

बैठक का समापन शिवराज सिंह चौहान द्वारा न्यूज़ीलैंड के कृषि मंत्री मैकले और उनके प्रतिनिधिमंडल को भारत में सार्थक और सुखद प्रवास के लिए शुभकामनाएं देने के साथ हुआ।

भव्य समारोह के साथ हुआ पेरिस ओलंपिक का समापन, 6 पदकों के साथ तालिका में 71वें स्थान पर रहा भारत

पेरिस ओलंपिक 2024 का भव्य समारोह के साथ समापन हो गया है। भारत 6 पदकों के साथ, पदक तालिका में 71वें स्थान पर रहा। भारतीय खिलाड़ियों ने एक रजत और पांच कांस्य पदक सहित कुल 6 पदक हासिल किये। 2020 के टोक्यो ओलंपिक में भारत पदक तालिका में 48वें स्‍थान पर था। और उसे एक स्वर्ण, दो रजत और चार कांस्य सहित कुल 7 पदक मिले थे।

इससे पहले रविवार को नीदरलैंड्स की सिफान हसन ने महिलाओं की मैराथन में स्वर्ण पदक जीता। इस 31 वर्षीया धावक ने ओलंपिक रिकॉर्ड को दो घंटे 22 मिनट 55 सेकंड में पार कर लिया और रजत पदक जीतने वाले इथियोपियाई टाइगस्ट अस्सेफ़ा से तीन सेकंड आगे रहीं। केन्या की हेलेन ओबिरी तीसरे स्थान पर रहीं। वहीं इथियोपिया के तमीरात तोला ने पुरुषों की मैराथन में स्वर्ण पदक जीता।

अमरीका 40 स्वर्ण सहित कुल 126 पदकों के साथ शीर्ष पर रहा। चीन भी 40 स्वर्ण पदकों के साथ 91 पदक जीतकर दूसरे स्थान पर रहा। जापान 20 स्वर्ण सहित 45 पदक के साथ तीसरे और ऑस्ट्रेलिया 18 स्वर्ण सहित कुल 53 पदक के साथ चौथे स्थान पर रहा। अब 2028 में ओलंपिक खेलों का आयोजन अमरीका के लॉस एंजिल्स होगा। 1932 और 1984 के बाद तीसरी बार लॉस एंजिल्स ओलंपिक खेलों की मेजबानी करेगा। इन उपलब्धियों के बावजूद, भारत को पेरिस 2024 में बड़ी निराशाओं का सामना करना पड़ा। देश छह संभावित पदकों से चूक गया, जिसमें लक्ष्य सेन, मीराबाई चानू और मनु भाकर सहित एथलीट अपने इवेंट में चौथे स्थान पर रहे, जो तीसरा पदक हासिल करने के करीब थे।

साथ ही, पीवी सिंधु लगातार तीन ओलंपिक में पदक की हैट्रिक बनाने में नाकाम रहीं। अनुभवी तीरंदाज और कई बार की ओलंपियन दीपिका कुमारी अपार अनुभव और गैर-ओलंपिक आयोजनों में सफलता के बावजूद पदक के साथ घर लौटने में नाकाम रहीं। मुक्केबाज निकहत जरीन और लवलीना बोरगोहेन, देश को बहुप्रतीक्षित पदक नहीं दिला सकीं। महिलाओं के 50 किग्रा के ऐतिहासिक फाइनल से ठीक पहले विनेश फोगाट की अयोग्यता ने भी पूरे देश की स्वर्ण पदक की उम्मीदों पर पानी फेर दिया।

प्रदेश की हर गली, हर मोहल्ला हो गया है तिरंगामय – मुख्यमंत्री डॉ. यादव

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आहवान पर हर घर तिरंगा अभियान में प्रदेश की हर गली, हर मोहल्ला तिरंगामय हो गया है। आजादी के पावन पर्व पर पूरा देश स्वतंत्रता दिवस के महोत्सव में डूबा हुआ है। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश और हमारा प्रदेश प्रगतिपथ पर अग्रसर है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने हर घर तिरंगा अभियान अंतर्गत भोपाल के सुभाष नगर आर.ओ.बी. से निकाली जा रही भव्य तिरंगा यात्रा के शुभारंभ अवसर पर यह बात कही। उन्होंने प्रदेशवासियों, देशवासियों को हर घर तिरंगा अभियान के लिये शुभकामनाएं दी। तिरंगा यात्रा में सहकारिता खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास सारंग, भोपाल महापौर मालती राय, सांसद वी.डी. शर्मा तथा दो बार ओलंपिक में कांस्य पदक जीतने वाली भारतीय हॉकी टीम में मिडफील्डर विवेक सागर और शूटिंग में दो बार के ओलंपियन व अर्जुन अवार्डी ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर विशेष रूप से शामिल हुए। दोनों खिलाड़ियों का सम्मान भी किया गया।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव के नेतृत्व में सावन की फुहार और देशभक्ति गीतों की धुन के बीच स्कूली बच्चे और खिलाड़ी तिरंगा लहराते हुए यात्रा में उत्साह के साथ आगे बढ़ रहे थे। स्वतंत्रता संग्राम सेनानी वेशधारी स्कूली बच्चों, भारत माता के रूप में संपूर्ण गरिमा के साथ आगे बढ़ती छात्राएं और ओज पूर्ण धुन बजाते स्कूली बैंड से सुभाष नगर क्षेत्र का संपूर्ण वातावरण देशभक्तिमय हो गया। तिरंगा यात्रा का लगभग 101 मंच से सभी समाज के लोगों, स्थानीय रहवासियों, स्पोर्ट्स क्लब, स्कूल- कॉलेज के विद्यार्थियों और विभिन्न सामाजिक संगठनों ने पुष्प वर्षा कर स्वागत किया।

 

खुदरा महंगाई दर जुलाई में घटकर 59 महीने के निचले स्तर 3.54 फीसदी पर आई

उपभोक्ता मूल्‍य संचकांक (सीपीआई) पर आधारित खुदरा महंगाई दर जुलाई में सालाना आधार पर लुढ़कर 3.54 फीसदी पर आ गई है। यह 59 महीने का निचला स्तर है। अगस्त 2019 में खुदरा महंगाई दर 3.21 फीसदी थी। इससे पिछले महीने जून में खुदरा हंगाई दर 5.08 फीसदी पर थी। मई में यह दर 4.75 फीसदी और अप्रैल में 4.85 फीसदी रही थी।

सांख्यिकी एवं कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय ने सोमवार को बताया कि खाने-पीने की चीजों के दाम घटने से जुलाई महीने में खुदरा महंगाई दर घटी है। मंत्रालय के मुताबिक खाने-पीने की चीजों के दाम घटने से महंगाई घटी है। खुदरा महंगाई दर रिजर्व बैंक के 2-6 फीसदी के टारगेट के करीब है। हालांकि, सब्जियों की कीमतों में जुलाई में सालाना आधार पर 6.83 फीसदी की वृद्धि दिखी है। आंकड़ों के मुताबिक पिछले महीने जून में यह आंकड़ा 29.32 फीसदी था।

खाद्य महंगाई जो उपभोक्ता मूल्य सूचकांक (सीपीआई) बास्केट का लगभग आधा हिस्सा है, जुलाई में घटकर 5.42 फीसदी पर आ गई है, जबकि जून में यह दर 9.36 फीसदी और जुलाई 2023 में 11.51 फीसदी थी। शहरी महंगाई भी महीने-दर-महीने आधार पर 4.39 फीसदी से घटकर 2.98 फीसदी पर आ गई थी। इसके साथ ही ग्रामीण महंगाई 5.66 फीसदी से घटकर 4.10 फीसदी पर पहुंच गई है।

रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (आरबीआई) गवर्नर शक्तिकांत दास ने पिछले हफ्ते मौद्रिक नीति समिति (एमपीसी) की बैठक के बाद चालू वित्‍त वर्ष 2024-25 की दूसरी तिमाही में सीपीआई आधारित खुदरा महंगाई दर 4.4 फीसदी रहने का अनुमान जताया था।

बिहार के जहानाबाद जिले के बाबा सिद्धेश्वर नाथ मंदिर में भगदड़ मचने से सात श्रद्धालुओं की मौत, 16 लोग हुए घायल

बिहार में जहानाबाद जिले के बाबा सिद्धेश्वर नाथ मंदिर में कल सुबह भगदड़ मचने से सात श्रद्धालुओं की मौत हो गई और 16 लोग घायल हो गए हैं। जहानाबाद के पुलिस अधीक्षक अरविंद प्रताप सिंह ने कहा कि रात करीब एक बजे स्थानीय विक्रेताओं और श्रद्धालुओं के बीच किसी मुद्दे पर विवाद के बाद भगदड़ मच गई। उन्होंने बताया कि मंदिर परिसर काफी संकरी जगह पर स्थित है और भगदड़ के कारण भीड़ नियंत्रण से बाहर हो गयी।

पवित्र सावन माह की सोमवार को देखते हुए मखदुमपुर के वाणावर पहाड़ियों पर स्थित मंदिर में भगवान शिव का जलाभिषेक करने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु जुटे थे। अरविन्द प्रताप सिंह ने बताया कि घायलों को जहानाबाद सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उन्‍होंने कहा कि पुलिस घटना की जांच कर रही है और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने लोगों की मौत पर दुख व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों को चार लाख रुपये की अनुग्रह राशि और घायलों को 50 हजार की मदद देने की घोषणा की है।

प्रदेश की लाड़ली बहनों के चेहरे पर मुस्कान के लिए प्रदेश सरकार कृत संकल्पित :मुख्यमंत्री डॉ. यादव

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि भाई, बहन के प्रेम के प्रतीक सावन पर्व पर राज्य सरकार ने लाड़ली बहना योजना के तहत 1250 रुपए के साथ 250 रुपए शगुन की राशि के रूप में बहनों के खातें में जमा कराए हैं। प्रदेश सरकार बहनों के चेहरे पर मुस्कान के लिए कृत-संकल्पित है। उन्होंने सभी बहनों को रक्षाबंधन पर्व की शुभकामनाएं दी । मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सभी से अपील की कि “हर घर तिरंगा अभियान” में अपने घरों पर तिरंगा झंडा अवश्य लगाए। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश की 1.29 करोड़ लाड़ली बहनों का भाई होने पर वे गौरवान्वित महसूस करते हैं। अपनी इन सवा करोड़ बहनों के साथ सावन का पूरा माह रक्षाबंधन मनाया जा रहा है।

मुख्यमंत्री डॉ यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी प्रत्येक देश में बसे भारतवंशियों की हमेशा चिंता करते हैं और जरूरत पड़ने पर हर नागरिक की हरसंभव मदद करते हैं।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने भैंसदेही महाविद्यालय का नामकरण स्वतंत्रता संग्राम सेनानी गंजन सिंह कोरकू के नाम और मेंडा जलाशय का नाम स्वतंत्रता संग्राम सेनानी राम भाऊ कोरकू के नाम पर करने की घोषणा भी की। साथ ही भैंसदेही में जनजातीय संस्कृति अध्ययन शाला प्रारंभ करने की घोषणा भी की। उन्होंने भीमपुर में 100 बिस्तरीय सिविल अस्पताल स्वीकृत करने की घोषणा भी की।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बैतूल जिले की बहनों को झूला झुलाया और बहनों पर पुष्प-वर्षा कर स्वागत किया। उन्होंने उपस्थित बहनों से राखी बंधवाकर “श्रावण उत्सव” मनाया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव इस दौरान जनजातीय वेशभूषा में लोकनृत्य में भी शामिल हुए।

केंद्रीय जनजातीय मामलों के राज्यमंत्री उईके ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश में जनजातीय वर्ग के कल्याण के लिए सरकार ने अनेक निर्णय लिए हैं। उन्होंने कहा कि 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाया जा रहा है। पिछले 10 वर्षों में देश में जनजातियों का सम्मान बढ़ा है। उनके गांव में ही रोजगार के भरपूर अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं, जिससे उन्हें अब रोजगार की तलाश में अन्य गांवों व शहरों की ओर पलायन नहीं करना पड़ता।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने 60.29 करोड़ रुपए के कार्यों का लोकार्पण एवं भूमि-पूजन किया। इनमे 26.70 करोड रुपए लागत के कुल 11 कार्यों का भूमि-पूजन और लोक निर्माण विभाग के सेतु विकास निगम के 33.59 करोड रुपए लागत के 7 कार्यों का लोकार्पण भी किया।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानी श्री गंजन सिंह कोरकू एवं सरदार विष्णु सिंह गोंड के परिजन का सम्मान किया। साथ ही “एक पेड़ मां के नाम अभियान” के तहत कार्यक्रम स्थल पर आम का पौधा लगाया। बताया गया कि अभियान के तहत जिले में अभी तक 3.40 लाख पौधे लगाए जा चुके हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कार्यक्रम में सरकार की विभिन्न जन-कल्याणकारी योजनाओं के तहत हितलाभ वितरित भी किये।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बैतूल जिले के भैंसदेही में आयोजित कार्यक्रम में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलो का अवलोकन किया। उन्होंने आजीविका मिशन के स्टॉल पर महिला स्व-सहायता समूहों द्वारा तैयार वर्मी कंपोस्ट, बांस से बनी होम डेकोरेशन की सामग्री, साबुन, वाशिंग पाउडर, ब्रास मेटल से बनी आकर्षक सामग्री प्रस्तुत की सराहना की। इसके अलावा वन विभाग के स्टाल में महुआ के लड्डू, महुआ के बिस्कुट और बांस से बनी गई कलाकृतियां प्रस्तुत की गई। महिला एवं बाल विकास विभाग के स्टॉल पर कोदों, कुटकी, ज्वार, बाजरा व मक्का जैसे मोटे अनाजों से तैयार पोषण आहार मुख्यमंत्री डॉ. यादव के समक्ष प्रस्तुत किये गए, जिसे मुख्यमंत्री ने सराहा कार्यक्रम में जन-प्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में लाड़ली बहनें उपस्थित रहीं।

 

‘दीदी मंदाकिनी’ को दिया गया पहला पद्मभूषण युगतुलसी पंडित रामकिंकर उपाध्याय राष्ट्रीय पुरस्कार- 2024

मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव एवं संस्कृति, पर्यटन, धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व मंत्री धर्मेंद्र भाव सिंह लोधी ने मानस भवन, भोपाल में आयोजित पद्मभूषण युगतुलसी पं. रामकिंकर उपाध्याय राष्ट्रीय पुरस्कार अलंकरण समारोह 2024 में सहभगिता कर पहला पुरस्कार दीदी मंदाकिनी को प्रदान किया।

मंत्री लोधी ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि पंडित रामकिंकर उपाध्याय ने सनातन संस्कृति के उन्नयन में अति महत्वपूर्ण योगदान दिया है, उन्होंने 49 वर्षों तक लगातार रामचरित मानस पर प्रवचन दिए। धर्म और संस्कृत में उत्कृष्ट योगदान के लिए पंडित रामकिंकर उपाध्याय जी को भारत सरकार ने सन 1999 में पद्मभूषण सम्मान से सम्मानित किया। पंडित रामकिंकर उपाध्याय और उनके उपदेश सदियों तक मानव जाति का मार्गदर्शन करते रहेंगे।

मंत्री लोधी ने मंच से मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को साधुवाद देते हुए कहा कि “पद्म भूषण” युग तुलसी पंडित राम किंकर उपाध्याय की स्मृति में राष्ट्रीय पुरस्कार प्रारंभ किया है।

वर्ष 2024 का यह पुरस्कार ‘दीदी मंदाकिनी’ को दिया जा रहा है। मैं दीदी मंदाकिनी को प्रणाम करता हूं और उन्हें सादर बधाई देता हूं। दीदी मंदाकिनी भारतीय संस्कृति, धर्म और अध्यात्म के क्षेत्र में एक सम्मानित नाम है। दीदी ने भगवद् गीता, रामायण और अन्य धार्मिक ग्रंथों का अध्ययन प्रवचनों के माध्यम से समाज में आध्यात्मिक जागरूकता फैलाने का काम किया है।

कार्यक्रम के दौरान तुलसी मानस प्रतिष्ठान की ओर से प्रतिभाओं को सम्मानित किया एवं तुलसी मानस भारती तुलसी मानस प्रतिष्ठान मध्यप्रदेश की अध्यात्म, संस्कृति और संस्कार पत्रिका “दिव्य श्रीराम कथावतार” का विमोचन किया।

कार्यक्रम में कार्यकारी अध्यक्ष मानस भवन रघुनंदन शर्मा, प्रमुख सचिव संस्कृति पर्यटन शिवशेखर शुक्ला, संचालक संस्कृति एन पी नामदेव, कुलगुरू सांची विश्वविद्यालय, सुरेंद्र बिहारी गोस्वामी एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने मिशन कर्मयोगी के तहत ‘अमृत ज्ञान कोष’ और ‘फैकल्टी डेवलपमेंट’ पोर्टल लॉन्च किए

केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने आज नई दिल्ली स्थित विज्ञान भवन में लोक सेवा प्रशिक्षण संस्थान सम्मेलन में ‘अमृत ज्ञान कोष’ पोर्टल और ‘फैकल्टी डेवलपमेंट पोर्टल’ की शुरुआत की। डॉ. जितेंद्र सिंह ने राष्ट्रीय क्षमता निर्माण आयोग और मिशन कर्मयोगी भारत की यात्रा का उल्लेख किया। उन्होंने कहा, “यह लोक सेवा प्रशिक्षण को लेकर हमारे दृष्टिकोण में एक आदर्श बदलाव का प्रतीक है और यह वैश्विक परिप्रेक्ष्य के साथ भारतीय लोकाचार पर आधारित भविष्य के लिए तैयार लोक सेवा की परिकल्पना भी करता है।”

कार्मिक और प्रशिक्षण (डीओपीटी) मंत्री ने आगे कहा, “बहुत ही कम समय में ही सीबीसी और मिशन कर्मयोगी शासन संरचना के साथ एकीकृत हो गए हैं। हालांकि कई लोग इनकी भूमिका को लेकर संशय की स्थिति में थे, लेकिन सब कुछ पीछे छोड़कर अपने लिए एक विशेष स्थान बनाया है व न्यूनतम सरकार और अधिकतम शासन के लक्ष्य को प्राप्त करने में सकारात्मक योगदान दे रहे हैं।” उन्होंने इसकी घोषणा की कि इसके तहत हर साल 31 लाख सरकारी कर्मचारियों को प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके अलावा मंत्री ने कहा, “प्रौद्योगिकी और शासन के विकास के साथ हमें हर चरण में सीखने और सीखी हुई चीजों को भूलने की जरूरत है।”

केंद्रीय विज्ञान और प्रौद्योगिकी राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार), पृथ्वी विज्ञान राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार), प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ), परमाणु ऊर्जा विभाग, अंतरिक्ष विभाग, कार्मिक, लोक शिकायत और पेंशन राज्य मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने अमृत ज्ञान कोष के दो पोर्टलों की शुरुआत के अवसर पर कहा, “हमारे साझा शिक्षण संसाधन ज्ञान बैंक संस्थानों को ज्ञान सामग्री देने के लिए हमेशा पश्चिम पर निर्भर रहने की जगह भारत केंद्रित केस स्टडीज तक पहुंच प्रदान करेंगे।”

उन्होंने आगे इस बात को रेखांकित किया कि एक पेशेवर खुद ही अच्छा शिक्षक नहीं बन जाता है और शिक्षक विकास कार्यक्रम यह सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण होगा कि पेशेवरों व शिक्षक लोक सेवकों को बेहतर ज्ञान प्रदान करने में सक्षम हों।

डॉ. जितेंद्र सिंह ने लोक सेवा प्रशिक्षण संस्थानों के लिए राष्ट्रीय मानकों की उपलब्धियों को रेखांकित किया। उन्होंने कहा, “हमने 140 से अधिक प्रशिक्षण संस्थानों को मान्यता दी है और हर एक मान्यता एक अधिक सक्षम, कुशल व उत्तरदायी लोक सेवा की दिशा में एक कदम का प्रतिनिधित्व करती है।”

इसके अलावा डॉ. जितेन्द्र सिंह ने 13वीं गुणवत्ता सुधार योजना (क्यूआईपी) की भी शुरुआत की, जो हमारे प्रशिक्षण संस्थानों के निरंतर सुधार के लिए एक रोडमैप है। साथ ही, उन्होंने 20 मंत्रालयों को मान्यता भी प्रदान की।

डॉ. सिंह ने इस बात को रेखांकित किया कि इस मिशन की धुरी निरंतर शिक्षण और योग्यता-आधारित क्षमता निर्माण है। मंत्री ने इसका उल्लेख किया कि ‘मिशन कर्मयोगी- प्रारंभ’ एक आदर्श बदलाव है और यह क्षमता निर्माण को लोक सेवकों के दायरे से आगे बढ़ाकर उन सभी को शामिल करता है, जो राष्ट्र को लाभान्वित करने के साथ इसमें अपना योगदान देना चाहते हैं और यह केवल लोक सेवकों को ही क्षमता निर्माण के माध्यम से खुद को बेहतर करने तक सीमित नहीं रखता है।

डॉ. जितेन्द्र सिंह ने बताया कि राष्ट्रीय क्षमता निर्माण आयोग और मिशन कर्मयोगी भारत ने प्रधानमंत्री मोदी की सोच को शासन संरचना में एकीकृत कर दिया है। इसके अलावा उन्होंने कहा कि 140 करोड़ भारतीयों के जीवन को प्रभावित करने वाली शासन की गुणवत्ता इन संस्थानों में दिए जाने वाले प्रशिक्षण से सीधे प्रभावित होती है। इसके अलावा मंत्री ने गैर-सरकारी प्रतिष्ठानों के लिए क्षेत्र खोलने के बाद बहुत ही कम समय में सीबीसी और अंतरिक्ष क्षेत्र द्वारा प्राप्त सफलता के बीच की समानताएं भी बताईं। साथ ही, उन्होंने आपसी सहयोग से काम करने को लेकर समय की मांग के मद्देनजर अन्य क्षेत्रों को भी इसमें शामिल होने की सलाह दी।

इस सम्मेलन में मान्यता और प्रमाणन प्रदान करने के साथ-साथ कई सीएसटीआई को सम्मानित किया गया। साथ ही, विशेष रूप से आईजीओटी के उच्चतम पाठ्यक्रम वाले 5 सीएसटीआई को मान्यता दी गई। ये हैं- सचिवालय प्रशिक्षण और प्रबंध संस्थान (132), नीति अनुसंधान, नवाचार और प्रशिक्षण के लिए राष्ट्रीय दूरसंचार संस्थान (67), रफी अहमद किदवई राष्ट्रीय पोस्टल अकादमी (41), राष्ट्रीय संचार वित्त संस्थान (39) और एसवीपी राष्ट्रीय पुलिस अकादमी (20)।इसके समापन पर डॉ. सिंह ने कहा कि 2047 के भारत के विजन को हासिल करने में मिशन कर्मयोगी और एनसीबीसी अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

इस सम्मेलन में क्षमता निर्माण आयोग के अध्यक्ष आदिल जैनुलभाई वर्चुअल माध्यम से शामिल हुए। साथ ही, एचआर के सदस्य डॉ. आर. बालासुब्रमण्यम, सदस्य-प्रशासन डॉ. अलका मित्तल, मान्यता प्राप्त 20 मंत्रालयों के वरिष्ठ अधिकारी और पूरे भारत के सीएसटीआई निदेशक भी उपस्थित थे।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने खुली जीप में सवार होकर की तिरंगा यात्रा की अगुवाई आठ से 80 वर्ष के लोग तिरंगा यात्रा में हुए शामिल

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने राज्य स्तरीय भव्य तिरंगा यात्रा की खुली जीप में सवार होकर अगुवाई की। इसमें खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग और सांसद वीडी शर्मा भी साथ रहे। तिरंगा यात्रा में ओलंपियन विवेक सागर एवं ऐश्वर्य प्रताप सिंह भी सम्मिलित हुए।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने देश की शान राष्ट्र ध्वज तिरंगा लहराकर यात्रा का आगाज किया। कांस्य पदक विजेता भारतीय हाकी टीम के मिड फील्डर विवेक सागर और ओलिंपियन व अर्जुन अवार्डी निशानेबाज ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर को मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सम्मानित किया।

यात्रा में सीएम खुली जीप में सवार होकर हाथ में तिरंगा थामे आगे-आगे चले। कई युवा साइकिल और पैदल भी चले। सावन की रिमझिम वर्षा में लोगों का जोश कम नहीं हुआ, लोग डीजे की धुन पर नाचते-गाते चले। यात्रा का समापन दोपहर 12 बजे मुख्य रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 1 पर हुआ।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव को तिरंगा यात्रा में ट्रैक सूट में देखकर कार्यक्रम स्थल के स्कूली बच्चे, कॉलेज विद्यार्थी, खिलाड़ी एवं कोच सहित जन समूह में अप्रत्याशित उत्साह का संचार हुआ। युवाओं में जोश भरने के लिए मुख्यमंत्री को उसमें रचा-बसा देखकर सभी अभिभूत हुए।

तिरंगा यात्रा में मुख्यमंत्री डॉ. यादव के साथ के महापौर मालती राय, अपर मुख्य सचिव स्मिता घाटे भारद्वाज, खेल संचालक रवि कुमार गुप्ता, सुमित पचौरी सहित स्कूली बच्चे, कॉलेज विद्यार्थी, युवा और खिलाड़ी एवं कोच भी शामिल थे।

तिरंगा यात्रा में गायक सुनील शुक्रवारे और उनकी टीम ने समां बांध दिया। उनके जोशीले देश भक्ति गीतों से पूरा क्षेत्र देश भक्ति की भावना से ओत-प्रोत था। उन्होंने मेरा रंग दे बसंती चोला…, मेरी आन तिरंगा है मेरी शान तिरंगा है मेरी जान तिरंगा है…, दिल दिया है जान भी देंगे ए वतन तेरे लिए…, मां तुझे सलाम…, अब के बरस तुझे धरती की रानी कर देंगे…, सुनो गौर से दुनिया वालो…, आदि जैसे गीत गाकर युवाओं में जोश भर दिया।

मंत्री सारंग के कहने पर ओलंपिक पदक विजेता विवेक सागर ने अपना पदक युवाओं को दिखाकर उत्साहित, प्रोत्साहित एवं रोमांचित किया। इसे देख युवा खिलाड़ियों का उत्साह और जोश देखते ही बन रहा था। खेल के प्रति युवाओं को आकर्षित करने के लिए मंत्री सारंग का यह प्रयास रंग लाएगा।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव सहित अन्य अतिथियों ने प्रभात चौराहे पर स्थापित नेताजी सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। अतिथियों को स्मृति चिन्ह प्रदान किया गया।

तिरंगा यात्रा का आरंभ सुभाष नगर ब्रिज के पास से हुआ। इसका समापन भोपाल रेलवे स्टेशन के पास किया गया। इस बीच भव्य तिरंगा यात्रा का 100 से अधिक स्थानों पर भव्य स्वागत हुआ। स्कूल, कॉलेज, सामाजिक संस्था, सामाजिक संगठन, नागरिक, दुकानदार, रहवासी, सभी ने यात्रा का फूल बरसा कर, पुष्पहार पहनाकर स्वागत किया। रिमझिम बारिश से शुरू यात्रा को तेज बारिश भी नहीं रोक पाई।

तिरंगा यात्रा में खिलाड़ी पैदल एवं साइकिल के साथ भी शामिल हुए। तिरंगा यात्रा के मार्ग पर दोनों ओर स्कूली बच्चों का जोश देखते ही बन रहा था। उन्होंने वंदे मातरम, जय हिंद सहित भारत माता के जयकारे लगाकर देशभक्ति में माहौल बना दिया।

मंत्री सारंग ने कहा कि तिरंगा यात्रा में 80 साल के बुजुर्ग के साथ 8 साल के बच्चों ने भाग लिया। उन्होंने कहा कि यह आजादी को चिरस्थाई बनाए रखने के लिए जरूरी है कि युवाओं में देश प्रेम देश भक्ति हो। इस तरह के कार्यक्रम युवाओं को देश प्रेम और देशभक्ति की भावना के लिए प्रेरित करते हैं। जब हमारा जवान कारगिल में बारिश में खड़ा होकर देश सेवा करता है और सियाचिन में माइनस डिग्री में भी देश के नागरिकों की सुरक्षा के लिए तैनात रह सकता है, तो देश के युवाओं को उनसे प्रेरणा लेनी चाहिए। मंत्री सारंग ने कहा कि लाखों की संख्या में तिरंगा यात्रा में लोगों ने सहभागिता की है। अनुशासनात्मक रहकर नागरिकों ने तिरंगा यात्रा का मान सम्मान बनाकर उसे सफल बनाया है। उन्होंने कहा कि युवाओं को हर समय देश की रक्षा के लिए तैयार रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि तिरंगा यात्रा में सभी का देशभक्ति का जज्बा देख कर लगता है कि कोई भी हमारी ओर आँख उठाने से पहले हजार बार सोचने को विवश होगा।

भारतीय निशानेबाज तोमर ने युवाओं से कहा कि उतार-चढ़ाव आते रहते है। लक्ष्य निर्धारित कर उसे हासिल करने का प्रयास करते रहे। निशानेबाजी स्पर्धा में इस बार 3 इवेंट में पदक मिले हैं, अगली बार हमारे निशानेबाज कम से कम 10 पदक लेकर आयेंगे। भारतीय हॉकी खिलाड़ी विवेक सागर ने कहा कि टोक्यो के बाद पेरिस में कॉस्य और अगले ओलंपिक में अम स्वर्ण पदक जीतकर देश का नाम गौरवान्वित करेंगे।

 

भाजपा की तानाशाही को बर्दाश्त नहीं किया जायेगा, कांग्रेस जनता की आवाज बनकर सड़कों पर लड़ाई लडेगी : जीतू पटवारी

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी आज सागर पहुंचे, सागर में दलितों पर हुये अत्याचारों, नगर निगम द्वारा स्मार्ट सिटी के नाम पर 900 करोड़ रूपयों के महाघोटाले, भ्रष्टाचार और बिगड़ी कानून व्यवस्था के विरोध में कांग्रेस पार्टी द्वारा आयोजित कलेक्टर कार्यालय घेराव कार्यक्रम में शामिल हुये।

पटवारी ने कहा कि सागर का नाम यहां की डॉ. हरिसिंह गौर युनिवसिटी, लाखा बंजारा तालाब, चिरोंजी की बरफी और गुजराती नमकीन से प्रसिद्व है। लेकिन आज बदलापुर की तर्ज पर सागर के दो कप्तानों ने सागर को भ्रष्टाचार, घोटालों, हत्या, लूट, बलात्कार के प्रथम पायदान पर लाकर खड़ा कर दिया है। यह प्रदेश दलितों पर अत्याचार के मामले में देश में नंबर वन है, एनसीआरबी के आंकड़े बताते हैं कि दलित होना मप्र में गुनाह हो गया है। सागर में एक परिवार की बेटी का बलात्कार होना और भाई द्वारा उसका विरोध किये जाने पर उसकी हत्या किया जाना और फिर उसकी मां को निर्वस्त करके घुमाया जाना जिस पर पूरा शासन-प्रशासन मौन था यह कैसा लोकतंत्र है। हमने लोकतंत्रिक व्यवस्था के तहत प्रशासन के सामने पक्ष रखा लेकिन कोई जबाव नहीं मिला।

सागर जिला अराजकता की राजधानी बन गया है। कांग्रेसजनों पर लगातार अत्याचार हो रहे हैं, ऐसे में आमजन के साथ न्याय की उम्मीद नहीं की जा सकती, भाजपा नेताओं के इशारे पर कांग्रेसजनों के घरों को तोड़कर बदले की राजनीति की जा रही है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर अत्याचार करना, अनाचार करना, जेल भेजना, उनके घरों को तोड़ना, यह बदलापुर की सरकार और भाजपा नेता बन गये हैं। बदलापुर सरकार के सागर के दो कप्तान एक भूपेन्द्र सिंह और दूसरे गोविंद सिंह राजपूत को मैं चेताना चाहता हूं वे अपनी सोच में परिवर्तन करें। कांग्रेस पार्टी न डरी है न डेरेगी और न ही इस तरह की तानाशाही को बर्दाश्त करेगी।

पटवारी ने कहा कि अजा के लोगों को धमकाना-डराया जा रहा है। दलित बहनों को मारा-पीटा जाता है, मां बहनों को निर्वस्त्र करके घुमाया जाता है, पीएम आवास के तहत दिये गये दलितों के घरों पर दबंगों के इशारों पर बुलडोजर चलाया जाता है। नरसिंहपुर में दलित को पेशाब पिलायी जाती है, रीवा में दंबंगों द्वारा बच्चियों के साथ बलात्कार को अंजाम दिया जाता है। अशोकनगर में एक दलित को इतना दंबंगों ने इतना पीटा कि उसने खंबे पर चढ़कर तार डाल लिया, दूसरे दिन उसकी पत्नी को बेरहमी से पीटा, इस घटना को देखकर रोंकटे खड़े हो जायें, मप्र में क्या हालात बन गये हैं?

पटवारी ने कहा कि दलित, वंचित लोंगों के अधिकारों के लिए हमारी सरकार ने संविधान दिया पर भाजपा सरकार लोकतंत्र की हत्या कर संविधान को समाप्त करने पर आमादा है। पूरे प्रदेश में अराजकता का माहौल बन चुका है। पटवारी ने कहा कि जो अत्याचार दलितों पर हो रहे हैं, उसके आरोपी कब पकड़े जायेंगे?

पटवारी ने विशाल जनसभा को संबोधित करने के बाद हजारों कांग्रेसजनों के साथ कलेक्ट्रेट कार्यालय घेराव के लिए कूच किया तो भाजपा के इशारे पर पुलिस ने लामबंद होकर प्रदर्शन को कुचलने की पूरी कोशिश की। पटवारी सहित कांग्रेसजनों ने अपर कलेक्टर को सागर की घटनाओं को लेकर ज्ञापन सौंपा। उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि यदि सरकार और अधिकारी दलितों पर अत्याचार करने से बाज नहीं आये तो आगामी समय में पूरी कांग्रेस राहुल गांधी के नेतृत्व में लाखों की संख्या में लामबंद होकर सरकार की नींद हराम कर देगी। उन्होंने कहा कि पुलिस द्वारा कांग्रेस का कर्ताओं पर वाटर कैनन का उपयोग कर भाजपा सरकार सागर नगर निगम के घोटाले और आमजन के साथ साथ कांग्रेसजनों पर किए जा अत्याचार के विरुद्ध आवाज को दबाना चाहती है, लेकिन कांग्रेस पार्टी की ये आवाज भाजपा द्वारा किये जा रहे इस प्रकार के कृत्य से दबेगी नहीं। सागर में कांग्रेस के घेराव प्रदर्शन में भाग लेने के लिए हजारों की संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं का हुजूम उमड़ा।

पटवारी ने कहा कि 16 अगस्त को मुख्यमंत्री के गृह क्षेत्र उज्जैन में कांग्रेस का यही बिगुल बजेगा। पूरे प्रदेश में किसी कांग्रेसी को भाजपा नेताओं ने यातना दी तो उस नेता के घर का घेराव किया जायेगा और जो नेता या अधिकारी इसमें लिप्त होगा उसके खिलाफ कोर्ट से कार्यवाही करायेंगे, एफआईआर दर्ज करायेंगे। सागर में एस.पी. टीआई, पटवारी, तहसीलदार सब बदलापुर सरकार कप्तान हैं।

सागर में भाजपा सरकार, नगर निगम घोटाला, भ्रष्टाचार के खिलाफ आयोजित कांग्रेस के जंगी प्रदर्शन को विधायक फूल सिंह बरैया, पूर्व मंत्री प्रभुसिंह ठाकुर, सुरेन्द्र चौधरी, हर्ष यादव, जिला कांग्रेस अध्यक्ष द्वय राजकुमार पचौरी तथा डॉ.आनंद अहिरवार, प्रभारी अवनीश भार्गव, अमित शर्मा ने भी संबोधित किया। घेराव कार्यक्रम में वरिष्ठ नेता त्रलोकी नाथ कटारे, सुनील जैन, रेखा चौधरी, स्वदेश जैन, गुड्डू राजा बुंदेला, मप्र कांग्रेस अनुसूचित जाति विभाग के प्रदेश अध्यक्ष प्रदीप अहिरवार, अमित रामजी दुबे, संदीप सबलोक, अभिषेक गौर, ज्योति पटेल, कमलेश साहू, सुरेन्द्र सुहाने आदि विशेष रूप से मौजूद थे।

असंगठित और गिग वर्कर्स के लिए केंद्र सरकार का बड़ा फैसला, 40 और 22...

0
नई दिल्ली | 4 नवंबर 2026 देश के करोड़ों असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों, डिलीवरी पार्टनर्स, ऐप आधारित टैक्सी चालकों और प्लेटफॉर्म वर्कर्स को सामाजिक सुरक्षा...
nmms-scholarship-2026-27

NMMSS Scholarship 2026-27: छात्रों को बड़ी राहत, छात्रवृत्ति आवेदन की अंतिम तारीख बढ़ी, अब...

0
नई दिल्ली। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के मेधावी विद्यार्थियों के लिए केंद्र सरकार ने बड़ी राहत दी है। शिक्षा मंत्रालय ने राष्ट्रीय साधन-सह-योग्यता...
akshara goswami

मध्यप्रदेश स्थापना दिवस पर 102 मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान, हर छात्र को मिली 1...

0
भोपाल। मध्यप्रदेश के 71वें स्थापना दिवस के अवसर पर प्रदेश की शैक्षणिक प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। भोपाल के लाल परेड मैदान में आयोजित...
poshan-tracker-pmmvy-grievance-redressal-2026

POSHAN Tracker और PMMVY की शिकायतों का होगा निपटारा, 30 अक्टूबर को देशभर में...

0
नई दिल्ली | 30 अक्टूबर 2026 | सामाजिक कल्याण समाचार केंद्र सरकार ने गर्भवती महिलाओं, स्तनपान कराने वाली माताओं और पोषण सेवाओं के लाभार्थियों की...
anath-bachchon-ke-liye-sarkari-yojana-2026

अनाथ बच्चों के लिए सरकार की खास योजनाएँ, पढ़ाई से लेकर आर्थिक सहायता तक

0
नई दिल्ली | सरकारी योजना समाचार देश में ऐसे कई बच्चे हैं, जिन्होंने अपने माता-पिता को खो दिया है या जिनके पास देखभाल करने वाला...