जेयू और मध्य प्रदेश हिंदी ग्रंथ अकादमी के मध्य हुआ अनुबंध, अकादमी की पुस्तके विश्वविद्यालय परिसर में विद्यार्थियों के लिए रहेंगी उपलब्ध

ग्वालियर : सोमवार, जुलाई 29, 2024/ भारतीय ज्ञान परंपरा प्राचीन काल से समृद्ध रही है और संपूर्ण विश्व का मार्गदर्शन किया है। आज इस भारतीय ज्ञान परंपरा पर संपूर्ण विश्व को विश्वास है। भारतीय ज्ञान परंपरा तभी स्थापित हो सकती है,जब छात्र पुस्तकालय से जुड़े । समाज देश विश्व आज भारत की संस्कृति की ओर देख रहा है। भारतीय ज्ञान परंपरा को हम विद्यार्थी तक पहुंचाना चाहते हैं। भारतीय संस्कृति का अर्थ है आपने जो पढ़ा है उसे जीवन में उतारिए भारतीय संस्कृति को जीवन में उतारने की आवश्यकता है। भारत की दृष्टि विश्व के कल्याण के लिए रही है। यह बात सोमवार को मप्र हिंदी ग्रंथ अकादमी भोपाल के संचालक अशोक कडेल ने जेयू में आयोजित राष्ट्रीय संगोष्ठी के उद्घाटन सत्र में बतौर मुख्य अतिथि कही।

विशिष्ट अतिथि के रूप में आईआईटीटीएम के निदेशक डॉ. आलोक शर्मा, शिक्षाविद एवं मानस मर्मज्ञ डॉ. उमाशंकर पचौरी व वक्ता के रूप में डॉ.भीमराव आंबेडकर विवि के ग्रंथालय एवं सूचना विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष प्रो. यूसी शर्मा उपस्थित रहे। वहीं अध्यक्षता जेयू के कुलगुरु प्रो.अविनाश तिवारी ने की।छात्राओं द्वारा सभी अतिथियों को तिलक लगाकर स्वागत किया गया। प्रो. हेमंत शर्मा ने स्वागत भाषण देते हुए कार्यक्रम की रूपरेखा बताई। कार्यक्रम में सभी अतिथियों को शॉल श्रीफल व स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के दौरान अतिथियों द्वारा केंद्रीय ग्रंथालय में हिन्दी ग्रंथ अकादमी के पुस्तकों के बिक्री केन्द्र का शुभारंभ किया गया। तत्पश्चात मप्र हिंदी ग्रंथ अकादमी व जेयू के बीच अनुबंध किया गया।

संगोष्ठी में भारतीय ज्ञान परंपरा के आलोक में राष्ट्रीय शिक्षा नीति पर मंथन किया गया। इसी क्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित डॉ. उमाशंकर पचौरी ने कहा कि भारत की संस्कृति त्याग की संस्कृति है। भारत का इतिहास गौरवमयी इतिहास है। भारतीय ज्ञान परंपरा को स्थापित करने के लिए शोध करने की आवश्यकता है। इसके लिए पुस्तकालयों को खंगालना पड़ेगा। भारतीय ज्ञान परंपरा के लिए शोध, चिंतन,मनन की आवश्यकता है।

डॉ.आलोक शर्मा ने कहा कि भारत में ज्ञान पीढ़ी दर पीढ़ी पुस्तकालय के माध्यम से ही आया है। डिजिटल रूप से भारतीय पुस्तकालय ने और अधिक सुविधा दी है।राष्ट्रीय शिक्षा नीति के अनुसार जो नीति लागू की गई है उसमें भारतीय ज्ञान परंपरा को महत्वपूर्ण विषय के रूप में जोड़ दिया गया है। उन्होंने आदिगुरु शंकराचार्य का उदाहरण देते हुए कहा कि उन्होंने भारतीय ज्ञान परंपरा को बनाए रखते हुए युवाओं को दिशा दी। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे जेयू के कुलगुरु प्रो. अविनाश तिवारी ने कहा कि भारतीय ज्ञान परंपरा हमें प्रकृति के नजदीक ले जाती है। भारतीय ज्ञान परंपरा पर्यावरण संरक्षण का ज्ञान देती है। भारतीय ज्ञान परंपरा, भौतिक एवं सांस्कृतिक रूप से समृद्ध बनाएगी। छात्रों को पुस्तकालय में जाना चाहिए। पांडुलिपियों में भारतीय ज्ञान परंपरा की झलक आपको देखने को मिलेगी। भारत का प्राचीन ज्ञान आने वाली पीढियां के लिए महत्वपूर्ण रहेगा।जितने छात्र पुस्तकालय जाते हैं, वहीं छात्र जीवन में आगे जाते हैं। भारतीय ज्ञान परंपरा हमें पुस्तकालय की ओर आकर्षित करती है।

मुख्य वक्ता प्रो. यूसी शर्मा ने भारतीय ज्ञान परंपरा की आधुनिक परिप्रेक्ष्य में प्रासंगिकता व मूल्यों पर प्रकाश डाला। शान्या जैन, दामिनी पांडे,विकास सिंह गुर्जर, आदित्य मिश्रा द्वारा शोध पत्र प्रस्तुत किए गए। कार्यक्रम में अतिथियों द्वारा छात्र छात्राओं को प्रमाण पत्र वितरित किए गए। वहीं समापन सत्र में वक्ता के रूप में उपस्थित मध्य भारतीय हिन्दी साहित्य सभा ग्वालियर के अध्यक्ष डॉ. कुमार संजीव ने कहा कि किसी भी विश्वविद्यालय के लिए गौरव का विषय है कि उसका ग्रंथालय कैसा है। विश्वविद्यालय महाविद्यालय से व्यक्ति शिक्षित हो सकता है, लेकिन दीक्षित होने के लिए उसे ग्रंथालय जाना पड़ेगा।

समापन सत्र में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित आईटीएम विवि के समकुलाधिसचिव दौलत सिंह चौहान ने कहा कि ज्ञान से प्राप्त होने वाली प्रज्ञा केंद्र में है। जब तक शिक्षा ज्ञान और कौशल पर आधारित रहेगी तब तक हम पूर्वजों के दिए ज्ञान को प्राप्त नहीं कर सकते। ज्ञान अहंकार पैदा करता है और प्रज्ञा शांत और विनम्र बनाती है। यह ज्ञान से प्रज्ञा की ओर अग्रसर होने का समय है।आयोजन सचिव प्रो. हेमंत शर्मा ने भारतीय ज्ञान परंपरा पर नए प्रयोगों और भारतीय ज्ञान परंपरा के बढ़ते महत्व पर चर्चा की।उन्होंने कहा कि इस तरह की संगोष्ठियां राष्ट्रीय स्तर पर भारतीय ज्ञान परंपरा के महत्व को आगे बढ़ाएंगी।

कार्यक्रम का संचालन रजनी व आभार व्यक्त प्रो. शांतिदेव सिसौदिया ने किया।इस मौके पर मध्य प्रदेश हिंदी ग्रंथ अकादमी के सहायक संचालक राम विश्वास कुशवाहा, प्रो. शांतिदेव सिसोदिया, प्रो. एसएन महापात्रा, प्रो. एमके गुप्ता, प्रो. मनोज शर्मा, प्रो. एसके सिंह,डॉ. रामशंकर सिंह, डॉ. स्वर्णा परमार,प्रो. राधा तोमर,डॉ. सुमन जैन, डॉ. हरिशंकर कंषाना,कार्य परिषद सदस्य प्रदीप शर्मा, संजय यादव, शकील, संजय, अश्विनी त्रिपाठी सहित शोधार्थी व छात्र छात्राएं उपस्थित रहे।

बजट पर झूठ-छल-कपट की नकारात्मक राजनीति करना चाहता है विपक्ष – विष्णुदत्त शर्मा

नई दिल्ली : सोमवार, जुलाई 29, 2024/ भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व खजुराहो सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने सोमवार को लोकसभा में बजट प्रस्ताव पर चर्चा में भाग लिया। उन्होंने अपने अभिभाषण में कहा कि मोदी सरकार का नया बजट देश को 2047 तक विकसित भारत बनाने के संकल्प की पूर्ति करने वाला बजट है। विपक्ष सिर्फ झूठ, छल-कपट की नकारात्मक राजनीति करता है। वास्तव में मोदी सरकार का बजट सर्वस्पर्शी, सर्वसमावेशी और विकासोन्मुख है, इस ऐतिहासिक बजट के लिए मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी एवं वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण को बधाई और धन्यवाद देता हूं।

विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि मुझसे पहले विपक्ष के जो नेता बोल रहे थे, उनके अभिभाषण से यह स्पष्ट हो गया है कि देश में झूठ, छल-कपट की राजनीति करने वाला विपक्ष सदन में भी नकारात्मक भूमिका निभा रहा है। एक विपक्षी नेता कह रहे थे कि बजट में देश के 17 करोड़ मुसलमानों के लिए कोई अवसर नहीं है। मैं उन्हें बता देना चाहता हूं कि बीते दस सालों से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास के मंत्र पर काम कर रही है। मोदी सरकार ने हर समाज, हर वर्ग के लिए काम किया है और वर्तमान बजट भी 140 करोड़ देशवासियों की आकांक्षाओं की पूर्ति करने वाला तथा अमृतकाल की संकल्पनाओं को सिद्ध करने वाला बजट है। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में जो बजट प्रस्तुत किया गया है, वह आत्मनिर्भर भारत के निर्माण का आर्थिक दस्तावेज है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि जब हम मध्यप्रदेश में चुनाव लड़ रहे थे, तब हमने कहा था कि एमपी के मन में मोदी हैं और मोदी के मन में एमपी। इसी नारे के साथ हमने चुनाव अभियान चलाया और विधानसभा में जीत का रिकॉर्ड बनाया। लोकसभा चुनाव में तो हमने सभी 29 सीटों पर जीत हासिल की। लोकसभा चुनाव के दौरान कुछ लोगों ने कहा कि छिंदवाड़ा इसका गढ़ है, उसका गढ़ है। हमने कहा यह मोदी सरकार की योजनाओं के हितग्राहियों का गढ़ है और हमने छिंदवाड़ा में भी जीत हासिल की। विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने वर्ष 2024-25 का जो बजट प्रस्तुत किया है, उससे भी यह बात झलकती है कि ’एमपी के मन में मोदी’। इस बजट में मध्यप्रदेश को 97907 करोड रुपए दिये गए हैं, जो पिछले बजट की तुलना में 11205 करोड रुपए अधिक हैं। इसके लिए मैं मध्यप्रदेश की जनता की ओर से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण का धन्यवाद करता हूं। रेल मंत्री को भी धन्यवाद देता हूं कि मध्यप्रदेश में रेल सुविधाओं के लिए 14738 करोड़ रुपये दिये गए हैं, जो कि कांग्रेस के समय में केवल 632 करोड़ रुपये मिलता था। प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में मध्यप्रदेश में रेल सुविधाओं के विकास का ऐतिहासिक काम हुआ है। विगत 10 वर्षों में 1062 फ्लाईओवर से लेकर के कई प्रकार की सौगातें मध्यप्रदेश को मिली हैं।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जब 2014 में शपथ ली थी, तब उन्होंने कहा था कि मेरी सरकार गरीबों को समर्पित सरकार है। आज मैं इस सदन में उल्लेख करना चाहता हूं कि कांग्रेस ने 55 वर्षों तक इस देश पर राज किया, लेकिन गरीबी उन्मूलन के लिए कुछ नहीं किया। कांग्रेस के एक पूर्व प्रधानमंत्री कहते थे कि अगर हम गरीबों के लिए एक रुपया भेजते हैं, तो 85 पैसे दलाल और बिचौलिये खा जाते हैं। गरीब तक सिर्फ 15 पैसे पहुंचते हैं। लेकिन आज मैं गर्व के साथ कह सकता हूं कि मोदी सरकार ने सुशासन और भ्रष्टाचार की समाप्ति के लिए जो प्रयास किए हैं, उनके परिणामस्वरूप पूरा एक रुपया गरीब के खाते में पहुंचता है। गरीबों के कल्याण के लिए जो योजनाएं चलाई गईं, उनके कारण आज भारत में 25 करोड लोग गरीबी रेखा से बाहर आ गए हैं। मोदी के नेतृत्व में यह संभव हुआ है। विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गरीब कल्याण अन्न योजना 2020 में शुरू की थी, जिसके अंतर्गत आज भी 80 करोड़ परिवारों को निशुल्क राशन दिया जा रहा है। आयुष्मान भारत योजना में 30 करोड़ लोगों को 500000 लाख तक का फ्री का इलाज करने का अधिकार दिया है। प्रधानमंत्री आवास योजना में 4 करोड़ परिवारों को उनके सर पर छत देकर उनके जीवन में खुशी लाने का काम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार ने किया है। जो लोग इससे वंचित रह गए हैं, उनके लिए 3 करोड़ आवास और बनाए जाएंगे। उज्ज्वला योजना के माध्यम से 10 करोड़ से अधिक बहनों को गैस कनेक्शन देकर धुएं से मुक्ति दिलाने का काम किया है। पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटल बिहारी वाजपेई की सरकार ने गांव-गांव को सड़क से जोड़ने के लिए प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना शुरू की थी। आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस देश के अंदर एक-एक गांव को सड़कों से जोड़ने के लिए बजट में प्रावधान किया है। प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के माध्यम से रेहड़ी-पटरी वालों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाया जा रहा है। इस देश के अंदर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुड गवर्नेंस के साथ भ्रष्टाचार पर प्रहार किया है। प्रधानमंत्री ने जब जनधन खाते खोलने की बात कही, तो विपक्ष ने उसका मजाक उड़ाया था। लेकिन इन खातों की वजह से दलाल और बिचौलियों से मुक्ति मिली है। डीबीटी के कारण देश में 2.7 लाख करोड़ की बचत हुई है।

विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी 2008 में बुंदेलखंड के टीकमगढ़ जिले के टिपारिया गांव में एक बहन भंजन बाई के घर गए थे। अभी वो बता रहे थे कि मैं इससे मिला, उससे मिला। मैं उनसे पूछना चाहता हूं कि आपकी सरकार 2014 तक चली, तब इतने सालों तक बहन भंजन बाई का क्या हुआ, नेता प्रतिपक्ष को पता भी नहीं होगा। आज मैं गर्व से कहता हूं उस बहन के सर पर छत देने का काम भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार ने किया है। नेता प्रतिपक्ष बुंदेलखंड की गरीबी और समस्याओं पर अलाप करके आए थे, लेकिन उस बुंदेलखंड की तस्वीर बदलने का काम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार ने किया है। पिछले बजट में केन-बेतवा लिंक परियोजना के लिए 44605 करोड़ का प्रावधान करके पूर्व प्रधानमंत्री अटलबिहारी वाजपेयी के सपने को पूरा करने का काम किया था। बुंदेलखंड अब सूखा नहीं, हरा-भरा होगा। गरीब नहीं, समृद्धशाली होगा। वहां पर्यटन के विकास के निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने बुंदेलखंड की जनता के लिए वंदे भारत समेत रेल सुविधाओं की सौगात दी है। औद्योगीकरण से लेकर स्वास्थ्य सुविधाओं के विकास के प्रयास किए जा रहे हैं। बुंदेलखंड में ही नेचुरोपैथी तथा योग केंद्र के विकास का प्रावधान इस बजट में किया गया है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व सांसद शर्मा ने कहा कि 2014 के पहले तक देश में 7 एम्स थे, लेकिन अब उनकी संख्या बढ़कर 23 हो गई है। पहले 387 मेडिकल कॉलेज थे, अब 706 हो गए हैं। डॉक्टरी की पढ़ाई के लिए देश में सीटें 51000 थीं, जो अब 107000 हो गई हैं। 2014 में देश में केवल 17 एयरपोर्ट थे जो 2024 तक बढ़कर 148 हो गए हैं। विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि नए बजट में भी देश की अधोसंरचना के लिए प्रावधान करके मोदी सरकार ने देश के विकास की राह को प्रशस्त किया है। कांग्रेस की सरकारों द्वारा उपेक्षित कृषि और किसानों के विकास के लिए प्रतिबद्धता जताते हुए इस बजट में 1.52 लाख करोड़ के प्रावधान किए हैं और सभी प्रमुख फसलों के लिए समर्थन मूल्य का प्रावधान किया है। किसानों को 1.8 लाख करोड़ की वित्तीय सहायता देकर प्रधानमंत्री ने किसानों के उत्थान का काम किया है। विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि भारत सबसे युवा राष्ट्र है। देश की 65 प्रतिशत जनसंख्या 35 वर्ष से कम आयु की है। 15 से 29 वर्ष तक के युवाओं की संख्या 38 करोड़ है। पहली बार वोट देने वाले 1.85 करोड़ नौजवानों ने स्वामी विवेकानंद के आदर्शों पर चलने वाले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार को तीसरी बार चुनकर भेजा है। प्रधानमंत्री मोदी की सरकार देश के युवाओं के लिए लगातार काम कर रही है। आरबीआई की रिपोर्ट के अनुसार 5 वर्षों में 8 करोड़ से अधिक रोजगार के अवसर सृजित हुए हैं तो 2017 से 2024 के बीच 6 करोड़ 20 लाख युवा सब्सक्राइबर ईपीएफ से जुड़े हैं। विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि युवाओं के लिए इस बजट में 2 लाख करोड़ का प्रावधान किया गया है, जिसके लिए मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण का अभिनंदन करता हूं। इन प्रावधानों से अगले 5 वर्षों में 4 करोड़ 10 लाख युवाओं को रोजगार मिलेगा। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व खजुराहो सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने सोमवार को लोकसभा के प्रश्नोत्तर काल में भाग लेते हुए युवाओं एवं उद्योगों को लेकर प्रश्न भी किए।

 

 

बिजली संकट और भारी-भरकम बिलों से प्रदेश की जनता कर रही है त्राहिमाम : जीतू पटवारी

भोपाल : सोमवार, जुलाई 29, 2024/ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा कि पूरा प्रदेश बारिश से तरबतर हो रहा है। ग्रामीण इलाकों में अव्यवस्थाओं के चलते ग्रामीणों को तरह-तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। जहां एक और बिजली संकट की बात की जाये तो पूरा प्रदेश बिजली संकट से जूझ रहा है, बावजूद उसके शहरी और ग्रामीण इलाकों में बिना जांच और बिना रीडिंग किये भारी भरकम बिल जनता को थमाये जा रहे हैं। बिजली विभाग की तानाशाही भी इतनी चल रही है कि बिल न भरने पर किसानों के खेत और घरों में रखा सामान, टैक्टर ट्राली, मोटर साईकिल तक जप्त कर लिये जाते हैं।

पटवारी ने कहा कि अपने आप को किसानों की हिमायती बताने वाली भाजपा सरकार में बिजली संकट से ग्रामीण क्षेत्रों में दिन-दिन भर बिजली नहीं मिलने से ग्रामीणों में खौप का माहौल व्याप्त है। बुंदेलखंड और खासकर रायसेन जिले की स्थित बिजली को लेकर बेहाल है। ग्रामीण क्षेत्रों में सड़कें नहीं होने से, कच्ची सड़कों और घरों के आसपास बड़ी मात्रा में पानी भरा रहता है ऐसे में जहरीले जीव-जंतुओं सांप, बिच्छू, घोरे सहित अन्य जीव जंतु घरों में घुस जाते हैं, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में बड़ी तादात में लोग अकाल मृत्यु का शिकार हो रहे है। लेकिन बिजली विभाग बेफ्रिर्क होकर दफ्तरों में बैठे गपशप लड़ाते रहते हैं।

पटवारी ने कहा कि प्रदेश में 15 महीने की कांग्रेस सरकार ने बिजली उपभोक्तओं को 100 रूपये में 100 यूनिट बिजली मुहैया करायी थी। भाजपा सरकार आते ही बिजली के भारी भरकम बिल थोपे जाने लगे। बिजली संकट से बारिश के मौसम में साफ-सफाई की उचित व्यवस्था नहीं होने से, बारिश का गंदा पानी, मक्खी, मच्छरों के प्रकोप के प्रदेश की जनता पर भी काफी प्रभाव पड़ता है। उन्होंने कहा कि सरकार और सरकार से जुडे़ लोग केवल अपने स्वार्थ और इंवेट की राजनीति में व्यस्त रहते हैं, उन्हें जनता की भावनाओं से कोई सरोकार नहीं है। सत्ता के मद में चूर सत्ताधारी और चापलूस अधिकारी मदमस्त होकर जनता का खून चूस रहे हैं।

पटवारी ने कहा कि प्रदेश सरकार के मुखिया, बिजली विभाग के मंत्री और अधिकारियों को बारिश के मौसम में प्रदेश की जनता को हो रही खौपनाक स्थितियों ने निजात दिलाने कोई ठोस कदम उठाने चाहिए, ताकि शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्र की जनता सुखमय तरीके से अपना जीवन यापन कर सके।

सौभाग्य है कि देश में सर्वाधिक बाघ मध्यप्रदेश में हैं – मुख्यमंत्री डॉ. यादव

भोपाल : सोमवार, जुलाई 29, 2024/ मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अंतर्राष्ट्रीय बाघ दिवस पर बाघ प्रेमियों को बधाई देते हुए कहा है कि यह हमारा सौभाग्य है कि देश में सर्वाधिक बाघ मध्यप्रदेश में पाए जाते हैं। भोपाल देश की एकमात्र ऐसी राजधानी है जिसकी नगर निगम सीमा के आसपास बाघ निर्बाध रूप से विचरण करते हैं। गर्व का विषय है कि प्रदेश में चीता परियोजना भी गतिशील है, जबकि संपूर्ण एशिया में कहीं चीता नहीं पाया जाता। पारिस्थितिकी तंत्र के संतुलन को दृष्टिगत कर राज्य सरकार विभिन्न वन्य जीवों के सह अस्तित्व को प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में प्रोत्साहित करती रहेगी। प्रदेश के जिन क्षेत्रों में टाइगर नहीं है वहां नए टाइगर रिजर्व विकसित किए जाएंगे। टाइगर राष्ट्रीय पशु है, सभी राज्यों में टाइगर के अस्तित्व के लिये मध्यप्रदेश अन्य राज्यों को भी टाइगर उपलब्ध कराएगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव अंतर्राष्ट्रीय बाघ दिवस पर कुशाभाऊ ठाकरे सभागार में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने अंतर्राष्ट्रीय बाघ दिवस पर लगी प्रदर्शनी का शुभारंभ कर अवलोकन भी किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने वन विभाग की तीन पुस्तकों क्रमशः वॉलेंट्री विलेज रिलोकेशन : “द सतपुड़ा मॉडल”, “पेंच टाइगर बिहेवियर एक्टिविटीज किट-3” और “कान्हा की कहानियाँ” का विमोचन किया। इस अवसर पर टाइगर वॉरियर्स, पेंच लेंड आफ टाइगर और गौर के पुनर्स्थापन पर केंद्रित लघु फिल्मों का प्रदर्शन भी किया गया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने वन और वन्य प्राणियों के संरक्षण में उत्कृष्ट कार्य के लिए वन कर्मियों और अधिकारियों को सम्मानित भी किया। इस अवसर पर वन मंत्री रामनिवास रावत, वन राज्य मंत्री दिलीप अहिरवार, पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कृष्णा गौर विशेष रूप से उपस्थिति थीं।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश में चीता प्रोजेक्ट भी गतिशील है और गांधी सागर क्षेत्र में भी चीतों को बसाने के लिए गतिविधियां जारी हैं। उन्होंने कहा कि वन्य प्राणियों के संरक्षण और टाइगर रिजर्व के बेहतर प्रबंधन से पर्यटकों की संख्या में भी लगातार वृद्धि हो रही है। प्रदेश में 7 टाइगर रिजर्व विद्यमान हैं। वन से लगभग 60 करोड़ रूपए का राजस्व प्राप्त होता है और 25 लाख से अधिक पर्यटकों का प्रदेश में आवागमन है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व और मार्गदर्शन में वन और वन्य-प्राणियों के संरक्षण के लिए जारी प्रयासों से पारिस्थितिकी तंत्र और स्थानीय अर्थव्यवस्था को सशक्त करने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि काल के प्रवाह में विलुप्त प्राय वन्य प्राणियों के पुनर्स्थापना और सांपों की विभिन्न प्रजातियों के संरक्षण के लिए भी प्रयास आरंभ किया जाना आवश्यक है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने वन तथा वन्य-प्राणियों के संरक्षण के लिए उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों और वन कर्मचारियों को सम्मानित किया। इसमें वन अपराध अन्वेषण श्रेणी में इंदौर की उप वन संरक्षक अनुभा त्रिवेदी, पन्ना टाइगर रिजर्व के वन क्षेत्रपाल हृदयेश हरि भार्गव, सतपुड़ा टाइगर रिजर्व के वन रक्षक नंदकिशोर अहिरवार, सक्रिय वन्यप्राणी प्रबंधन क्षेत्र में बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के सहायक महावत नीलम सिंह, पन्ना टाइगर रिजर्व के स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजीव कुमार गुप्ता, वीरांगना दुर्गावती टाइगर रिजर्व के वन संरक्षक ताराचंद गौड़, पेंच टाइगर रिजर्व के वन पाल मोहपत सिंह चौधरी, वन्य-प्राणी संरक्षण क्षेणी में सहायक वन संरक्षक राजेश मंडावलिया, कान्हा टाइगर रिजर्व के उप वन क्षेत्रपाल कुवर सिंह टेकाम और टाइगर स्ट्राइक फोर्स जबलपुर के वनरक्षक राजेश मेहरा को सम्मानित किया गया।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने वन्य-प्राणी रेस्क्यू श्रेणी के अंतर्गत वनमंडल रायसेन के उप वनमंडलाधिकारी सुधीर पटले तथा उनके दल के प्रवेश पाटीदार, प्रभात यादव, प्रीतम सिंह जाटव, भजन शर्मा, लाल सिंह पूर्वी, सर्जन सिंह मीना, परसराम मालवीय, नीतेश यादव और शोएब खान को सम्मानित किया। इस श्रेणी में वन विहार राष्ट्रीय उद्यान के वनरक्षक जसमन सिंह रघुवंशी को भी सम्मानित किया गया। वन्य-प्राणी रहवास श्रेणी में सतपुडा टाइगर रिजर्व के श्रमिक शिवजी पिता सुरजु, माधव राष्ट्रीय उद्यान के वनरक्षक प्राणसिंह सोहरे, पर्यटन श्रेणी में वनमंडल देवास के सुरक्षा श्रमिक जोगेन्द्र सिंह, कार्यवाहक वनपाल गोपाल सिंह चौहान और वन विहार राष्ट्रीय उद्यान के वनरक्षक रूप कुमार मेहर को सम्मानित किया गया। सहायक जिला अभियोजन अधिकारी छिंदवाड़ा अभयदीप सिंह ठाकुर , वाइल्ड लाइफ कंजर्वेशन ट्रस्ट भोपाल के वन्यप्राणी विशेषज्ञ डॉ. प्रशांत देशमुख और पेंच टाइगर रिजर्व के सुरक्षा श्रमिक मनोज सिंह धुर्वे भी मुख्यमंत्री डॉ. यादव द्वारा सम्मानित हुए।

वन मंत्री रामनिवास रावत ने कहा कि वन्य-प्राणियों का संरक्षण पारिस्थितिकी तंत्र का संतुलन बनाए रखने में सहायक है। यह गर्व का विषय है कि मध्यप्रदेश पूरे देश में टाइगर स्टेट के रूप में विख्यात है। वन विभाग और सुदूर वन क्षेत्रों में कार्यरत वन अमले के सहयोग से ही वन तथा वन्य- जीवों का संरक्षण और संवर्धन हो रहा है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मिशन लाइफ के आव्हान को सफल बनाने और जैव विविधता के संरक्षण के लिए वन्य जीवों की जीवन शैली के संबंध में शालेय स्तर पर जानकारी उपलब्ध कराने की आवश्यकता बताई। वन राज्य मंत्री दिलीप अहिरवार ने कहा कि पारिस्थितिकी तंत्र और वन तथा वन्य-प्राणियों के संरक्षण के लिए चलाई जा रही गतिविधियों में जन-भागीदारी को प्रोत्साहित करने के लिए भी वन विभाग विभिन्न गतिविधियां संचालित कर रहा है।

कार्यक्रम में अपर मुख्य सचिव वन अशोक बर्णवाल, प्रधान मुख्य वन संरक्षक एवं वन बल प्रमुख असीम श्रीवास्तव, प्रधान मुख्य वन संरक्षक (वन्यप्राणी) शुभरंजन सिंह, वन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी तथा बाघ प्रेमी उपस्थित थे।

 

बांधों से जल प्रवाह की स्थिति पर नजर रखें, गेट खुलने के बाद जो क्षेत्र जलमग्न हो सकते हैं वहां आवश्यक व्यवस्थाएं करें: मुख्यमंत्री डॉ यादव

भोपाल : सोमवार, जुलाई 29, 2024/ मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दिल्ली से लौटने के बाद सीधे अचानक राज्य बाढ़ कंट्रोल रूम पहुंचकर प्रदेश के जिलों में अति वर्षा की स्थिति की जानकारी प्राप्त की। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने निर्देश दिए कि यह सुनिश्चित किया जाए कि ऐसे स्थान जहां भी पुल के ऊपर पानी बह रहा हो तो वहां नागरिकों को नहीं जाना चाहिए। इस संबंध में सभी सजग रहे। बांधों के गेट खुलने की स्थिति में सतर्क रहें। जो क्षेत्र जलमग्न हो सकते हैं वहां आवश्यक सावधानी रखी जाए। जनहानि न हो, यह ध्यान रखा जाए। कंट्रोल रूम में भी वरिष्ठ अधिकारी समय-समय पर उपस्थित रहें और जिलों में प्रशासनिक अधिकारी सभी प्रबंध सुनिश्चित करते रहें।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने देर रात भोपाल स्थित बाढ़ नियंत्रण कक्ष का निरीक्षण कर कार्य प्रणाली की जानकारी प्राप्त की। पुलिस महानिदेशक श्री सुधीर कुमार सक्सेना और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों से बाढ़ नियंत्रण कक्ष द्वारा किए जा रहे कार्य के संबंध में जानकारी प्राप्त की।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मुख्य सचिव वीरा राणा और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों से प्रदेश में वर्षा की स्थिति पर चर्चा की। उन्होंने ज्यादा वर्ष वाले जिलों के लिए विभिन्न प्रबंध के संबंध में चर्चा कर आवश्यक निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने निर्देश दिए कि वरिष्ठ अधिकारी सभी स्थितियों पर निरंतर नजर रखें। आवश्यकता हो तो हेलीकॉप्टर की व्यवस्था भी ऐसे क्षेत्र के लिए रखी जाए। ग्रामीण क्षेत्रों में ट्यूबवेल के कारण होने वाली दुर्घटनाओं पर नियंत्रण स्थापित करें। अपर मुख्य सचिव मुख्यमंत्री कार्यालय डॉ. राजेश राजौरा सहित वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

बाघों ने चुन लिया प्रकृति का सुन्दर स्थान – मध्यप्रदेश

भोपाल : सोमवार, जुलाई 29, 2024/ पृथ्वी का सबसे सुंदर प्राणी बाघ है और बाघों का मध्यप्रदेश में डेरा है। इस बात पर मध्यप्रदेश के लोगों को गर्व है। ठीक उसी प्रकार जैसे भारत देश को बाघों की 3682 संख्या पर गर्व है। यह दुनिया में बाघों की कुल संख्या का 75 प्रतिशत हैं। मध्यप्रदेश के लिए सबसे खुशी की बात यह है कि यहां टाइगर रिजर्व के बाहर भी बाघों की संख्या बढ़ रही है। आज अंतर्राष्ट्रीय बाघ दिवस के अवसर पर मध्यप्रदेश दुनिया को बता सकता है कि मध्यप्रदेश के लोगों को अपने बाघों पर अभिमान है।

मध्यप्रदेश में बाघों की आबादी 526 से बढ़कर 785 पहुंच गई है। यह देश में सर्वाधिक है। प्रदेश में चार-पांच सालों में 259 बाघ बढ़े हैं। यह वृद्धि 2010 में कुल आबादी 257 से भी ज्यादा है।

वन विभाग के अथक प्रयासों और स्थानीय लोगों के सहयोग से जंगल का राजा सुरक्षित है। सभी मिलकर यही संकल्प लें कि भावी पीढ़ी के लिए प्रकृति का बेहतर संरक्षण करें और एक सह्रदय भद्र पुरुष के रूप में बाघों के परिवार को फलने फूलने का अनुकूल वातावरण बनाने में सहयोग करें। बाघों की पुनर्स्थापना का काम एक अत्यंत कठिन काम था, जो मध्यप्रदेश ने दिन-रात की मेहनत से कर दिखाया।

बाघों की गणना हर 4 साल में एक बार होती है। वर्ष 2006 से बाघों की संख्या का आंकड़ा देखें तो वर्ष 2010 में बाघों की संख्या 257 तक हो गई थी। इसे बढ़ाने के लिए बाघों के उच्च स्तरीय संरक्षण और संवदेनशील प्रयासों की आवश्यकता थी। मध्यप्रदेश को बाघ प्रदेश बनाने की कड़ी मेहनत शुरु हुई।

मानव और वन्यप्राणी संघर्ष के प्रभावी प्रबंधन के लिए 16 रीजनल रेस्क्यू स्क्वाड और हर जिले में जिला स्तरीय रेस्क्यू स्क्वाड बनाए गए। वन्यप्राणी अपराधों की जांच के लिए वन्यप्राणी अपराध की खोज में विशेषज्ञ 16 श्वान दलों का गठन किया गया। अनाथ बाघ शावकों की रिवाल्विंग की गई है। विभिन्न प्रजातियां विशेष रूप से चीतल, गौर और बारहसिंगा का उन स्थानों पर पुनर्स्थापना किया गया, जहां वे संख्या में कम थे या स्थानीय तौर पर विलुप्त जैसे हो गए थे। राज्य स्तरीय स्ट्राइक फोर्स ने पिछले आठ वर्षों में वन्यप्राणी अपराध करने वाले 550 अपराधियों को 14 राज्यों से गिरफ्तार किया गया। इसमें से तीन विदेशी थे।

संरक्षित क्षेत्र के बाहर वन्यप्राणी प्रबंधन के लिए बजट की व्यवस्था की गई। वन्य प्राणी पर्यटन से होने वाली आय की स्थानीय समुदाय के साथ साझेदारी की गई। इन सब प्रयासों के चलते बाघ संरक्षण के प्रयासों को मजबूती मिली।

मध्यप्रदेश के बाघ प्रदेश बनने के चार मुख्य पहलू है। पहला गांवो का वैज्ञानिक विस्थापन। वर्ष 2010 से 2022 तक टाइगर रिजर्व में बसे छोटे-छोटे 200 गांव को विस्थापित किया गया। सर्वाधिक 75 गांव सतपुड़ा टाइगर रिजर्व से बाहर किए गए। दूसरा है ट्रांसलोकेशन। कान्हा के बारहसिंगा, बायसन और वाइल्ड बोर का ट्रांसलोकेशन कर दूसरे टाइगर रिजर्व में उन्हें बसाया गया। इससे बाघ के लिए भोजन आधार बढ़ा। तीसरा है हैबिटेट विकास। जंगल के बीच में जो गांव और खेत खाली हुए वहां घास के मैदान और तालाब विकसित किए गए जिससे शाकाहारी जानवरो की संख्या बढ़ी और बाघ के लिए आहार भी उपलब्ध हुआ। सुरक्षा व्यवस्था में अभूतपूर्व बदलाव हुआ। पन्ना टाईगर रिज़र्व में ड्रोन से सर्वेक्षण और निगरानी रखी गई। वाइल्डलाइफ क्राइम कंट्रोल कर अवैध शिकार को पूरी तरह से रोका गया। क्राइम इन्वेस्टीगेशन और पेट्रोलिंग में तकनीकी का इस्तेमाल बढ़ाया गया। इसका सबसे अच्छा उदाहरण पन्ना टाइगर रिजर्व है जिसका अपना ड्रोन स्क्वाड है। हर महीने इसके संचालन की मासिक कार्ययोजना तैयार की जाती है। इससे वन्य जीवों की लोकेशन खोजने, उनके बचाव करने, जंगल की आग का स्रोत पता लगाने और उसके प्रभाव की तत्काल जानकारी जुटाने, संभावित मानव और पशु संघर्ष के खतरे को टालने, वन्य जीव संरक्षण कानून का पालन करने में मदद मिल रही है।

वन्यजीव सुरक्षा के कारण तेंदुओं की संख्या में भी मध्यप्रदेश देश में सबसे आगे है। देश में 12 हजार 852 तेंदुए हैं। अकेले मध्यप्रदेश में यह संख्या 4100 से ज्यादा है। देश में तेंदुओं की आबादी औसतन 60% बढ़ी है जबकि प्रदेश में यह 80% है। देश में तेंदुओं की संख्या का 25% अकेले मध्यप्रदेश में है।

वर्ष 2010 में सेंट पीटर्सबर्ग बाघ सम्मेलन में बाघ की आबादी वाले 13 देशों ने वादा किया था कि वर्ष 2022 तक वे बाघों की आबादी दोगुनी कर देंगे। इस लक्ष्य को प्राप्त करने में मध्यप्रदेश में बाघों के प्रबंधन में निरंतरता एवं उत्तरोत्तर सुधार हुए।

बाघों की संख्या में 33% की वृद्धि चक्रों के बीच अब तक की सबसे अधिक दर्ज की गई है जो 2006 से 2010 के बीच 21% और 2010 और 2014 के बीच 30% थी। बाघों की संख्या में वृद्धि, 2006 के बाद से बाघों की औसत वार्षिक वृद्धि दर के अनुरूप थी। मध्यप्रदेश में 526 बाघों की सबसे अधिक संख्या है। इसके बाद कर्नाटक में 524 बाघों की संख्या 442 बाघों के साथ उत्तराखंड तीसरे नंबर पर था। मध्यप्रदेश के लिए गर्व का विषय है कि वर्ष 2022 की समय-सीमा से काफी पहले यह उपलब्धि हासिल कर ली है।

प्रदेश में बाघों की संख्या बढ़ाने में राष्ट्रीय उदयानों के बेहतर प्रबंधन की मुख्य भूमिका है। राज्य शासन की सहायता से 50 से अधिक गाँवों का विस्थापन किया जाकर बहुत बड़ा भू-भाग जैविक दबाव से मुक्त कराया गया है। संरक्षित क्षेत्रों से गाँवों के विस्थापन के फलस्वरूप वन्य-प्राणियों के रहवास क्षेत्र का विस्तार हुआ है।

कान्हा, पेंच, और कूनो पालपुर के कोर क्षेत्र से सभी गाँवों को विस्थापित किया जा चुका है। सतपुड़ा टाइगर रिजर्व का 90 प्रतिशत से अधिक कोर क्षेत्र भी जैविक दबाव से मुक्त हो चुका है। विस्थापन के बाद घास विशेषज्ञों की मदद लेकर स्थानीय प्रजातियों के घास के मैदान विकसित किये जा रहे हैं इससे शाकाहारी वन्य-प्राणियों के लिये वर्ष भर चारा उपलब्ध होता रहे। इसके अतिरिक्त समस्त संरक्षित क्षेत्रों में रहवास विकास कार्यक्रम चलाया जा रहा है।

मध्यप्रदेश ने टाइगर राज्य का दर्जा हासिल करने के साथ ही राष्ट्रीय उद्यानों और संरक्षित क्षेत्रों के प्रभावी प्रबंधन में भी देश में शीर्ष स्थान प्राप्त किया। सतपुडा टाइगर रिजर्व को यूनेस्को की विश्व धरोहर की संभावित सूची में शामिल किया गया है।

भारत सरकार की टाइगर रिज़र्व के प्रबंधन की प्रभावशीलता मूल्यांकन रिपोर्ट के अनुसार पेंच टाइगर रिजर्व ने देश में सर्वोच्च रैंक हासिल की है। बांधवगढ़, कान्हा, संजय और सतपुड़ा टाइगर रिजर्व को सर्वश्रेष्ठ प्रबंधन वाले टाइगर रिजर्व माना गया है। इन राष्ट्रीय उद्यानों में अनुपम प्रबंधन योजनाओं और नवाचारी तरीकों को अपनाया गया है।

आज नई दिल्‍ली के मानेकशॉ सेंटर ऑडिटोरियम में अखिल भारतीय शिक्षा समागम, 2024 का आयोजन

नई दिल्‍ली : सोमवार, जुलाई 29, 2024/ शिक्षा मंत्रालय राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 लागू होने की आज चौथी वर्षगांठ मनाएगा। अखिल भारतीय शिक्षा समागम 2024 के साथ कल नई दिल्ली के मानेकशॉ सेंटर ऑडिटोरियम में इसका आयोजन किया जाएगा।

इस अवसर पर केन्‍द्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेन्‍द्र प्रधान उपस्थित रहेंगे और एनईपी 2020 लागू होने के बारे में अपने अनुभव साझा करेंगे। कौशल विकास और उद्यमशीलता मंत्रालय राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) जयंत चौधरी और शिक्षा एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास राज्य मंत्री डॉ. सुकांत मजूमदार तथा शिक्षा राज्य मंत्री भी इस अवसर पर उपस्थित रहेंगे। इसमें अनेक प्रतिष्ठित शिक्षाविद, विश्वविद्यालयों के कुलपति, अधिकारी, छात्र आदि शामिल होंगे।

धर्मेंद्र प्रधान शिक्षा विभाग की कई महत्वपूर्ण पहलों का उद्घाटन करेंगे, जैसे कि विभिन्न भारतीय भाषाओं को सीखने में सुविधा प्रदान करने के लिए समर्पित टीवी चैनल, एक तमिल चैनल; 54 भाषाओं के अनुसरण में 25 भारतीय भाषाओं में प्रारंभिक कक्षाओं के लिए प्राइमर; स्कूलों में अध्‍ययन को एक मजेदार, तनाव मुक्त अनुभव में बदलने के उद्देश्य से 10 दिन बिना बैग संबंधी दिशा-निर्देश; स्‍कूलों में तनाव रहित अनुभव; कैरियर मार्गदर्शन दिशा-निर्देश, 500 से अधिक जॉब कार्डों की एक विशाल लाइब्रेरी; ब्रेल और ऑडियो पुस्तकों में एनएमएम और एनपीएसटी; एआईसीटीई और एआईएम द्वारा स्कूल इनोवेशन मैराथन; और स्नातक विशेषताएं एवं व्यावसायिक दक्षताएं। धर्मेंद्र प्रधान छात्रों और शिक्षकों के बीच भारतीय ज्ञान प्रणाली (आईकेएस) को बढ़ावा देने के उद्देश्य से कई पुस्तकों और व्याख्यान नोट्स का भी अनावरण करेंगे।

अखिल भारतीय शिक्षा समागम (एबीएसएस) की परिकल्पना राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 को अपनाने का उत्सव मनाने के लिए एक कार्यक्रम के रूप में की गई है, ताकि इसके प्रभावी कार्यान्वयन के लिए विभिन्न हितधारकों की प्रतिबद्धता को फिर से मजबूत किया जा सके और सहयोगी प्रयासों के माध्यम से साझा लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए सामूहिक शक्ति का एहसास हो सके। दिन के दौरान मंत्रालय की विभिन्न पहलों पर चर्चा करने के लिए छह पैनल चर्चाएं आयोजित की जाएंगी, जिनमें प्रख्यात शिक्षाविद और हितधारक भाग लेंगे।

जुलाई 2022 में वाराणसी में आयोजित एबीएसएस के पहले कार्यक्रम का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने किया था। इसका उद्देश्य एनईपी 2020 को प्रभावी, सुचारु और समय पर लागू करने के लिए सभी हितधारकों को एक साथ आने का अवसर प्रदान करना, विभिन्न उच्च शिक्षण संस्थानों के बीच मजबूत संबंध स्थापित करना और उच्च शिक्षा संस्थानों के सामने आने वाली चुनौतियों पर चर्चा करना तथा उनके समाधान प्रस्तुत करना था।

अपनी योग्यता का जनहित और देशहित में करें उपयोग : राज्यपाल मंगुभाई पटेल

भोपाल : सोमवार, जुलाई 29, 2024/ राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने कहा है कि सफल प्रतिभागी अपनी योग्यता का जनहित और देशहित में उपयोग करें। सिविल सेवा, ग़रीब, वंचित और जरूरतमंदों की सेवा का अवसर है। दूसरों की सेवा करना ही जीवन की सार्थकता है। राज्यपाल पटेल संकल्प संस्थान के प्रशासनिक सेवा में सफल प्रतिभागियों के सम्मान समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने प्रतिभागियों, उनके परिजनों और संस्थान को बधाई दी और प्रतिभागियों का मंच सम्मान भी किया। सम्मान समारोह में उच्च शिक्षा, तकनीकी शिक्षा और आयुष मंत्री इंदर सिंह परमार भी मौजूद थे।

राज्यपाल पटेल ने कहा कि सिविल सेवा में चयनित सरकार की कल्याणकारी योजनाओं को ज़रूरतमंदों तक पहुँचाए। ग्राम स्तर के पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलायें। उन्होंने कहा कि अपने ज्ञान और कौशल से ग्रामीण स्तर की प्रतिभाओं को भी आगे बढ़ाने के लिए काम करें। उन्होंने विकसित भारत जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से जरूरतमंदों के कल्याण के प्रयासों के लिए सरकार की सराहना की।

राज्यपाल पटेल ने कहा कि सफल प्रतिभागियों ने अपने परिवार और संस्थान का गौरव बढ़ाया है। यह उनके, परिजनों और संस्थान के लिए गौरव का दिवस है। उन्होंने कहा कि सफल होने के बाद अपने परिजनों को नहीं भूले। उनका हमेशा सम्मान करें और उनके प्रति कृतज्ञता का भाव रखें।

उच्च शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार ने कहा कि सिविल सेवा ज़मीन पर काम करने का सुअवसर है। सफल प्रतिभागी अपनी कार्यप्रणाली में भारत के दर्शन, विरासत और सामाजिक मूल्यों का समावेश ज़रूर करें। संवेदनशीलता के साथ जरूरतमंदों की मदद के लिए तत्पर रहें। उन्होंने सफल प्रतिभागियों और संकल्प संस्थान की पूरी टीम को बधाई और शुभकामनाएं दी। सेवानिवृत्त वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी मनोज कुमार श्रीवास्तव ने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी, सफलता और असफलता के संबंध में प्रेरक उद्बोधन दिया। उन्होने कहा कि वर्तमान समय की अर्थ दृष्टिकोण पर आधारित कोचिंग संस्थानों के दौर में संकल्प संस्थान एक बेहतर विकल्प है। उन्होंने सफल प्रतिभागियों को सेवाकाल में आने वाली चुनौतियों और उनके समाधान की मार्ग-दर्शक जानकारी दी। संकल्प संस्थान से जुड़े कैलाश चन्द्र ने प्रतिभागियों का प्रेरक मार्ग-दर्शन किया।

कार्यक्रम में राज्यपाल पटेल का शॉल, श्रीफल और स्मृति चिन्ह भेंट कर अभिनंदन किया गया। समारोह में स्वागत भाषण संकल्प के संस्थापक संतोष तनेजा ने दिया। आभार सेवानिवृत्त वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी बी.आर. नायडू ने व्यक्त किया। सम्मान समारोह में संघ लोक सेवा आयोग परीक्षा में चयनित आकाश अग्रवाल और मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग परीक्षा की टॉपर अंकिता पाटकर ने अपने चयन में संकल्प संस्थान की भूमिका की जानकारी दी।

सम्मान समारोह में पूर्व अध्यक्ष मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग अशोक पाण्डेय, राज्यपाल के अपर सचिव उमाशंकर भार्गव, भोपाल संभाग के आयुक्त डॉ. पवन शर्मा, पुलिस कमिश्नर हरिनारायणचारी मिश्र, कलेक्टर भोपाल कौशलेंद्र विक्रम सिंह, सफल प्रतिभागी, उनके परिजन और सिविल सेवा की तैयारी कर रहे प्रतिभागी शामिल थे।

 

अनुसूचित जाति मोर्चा ने ‘‘एक पेड़ मां के नाम‘‘ अभियान के अंतर्गत प्रदेश भर में किया पौधारोपण

भोपाल : सोमवार, जुलाई 29, 2024/ भारतीय जनता पार्टी अनुसूचित जाति मोर्चा ने ‘‘एक पेड़ मां के नाम‘‘ अभियान के तहत रविवार को प्रदेश भर में पौधारोपण किया गया। अभियान का शुभारंभ मध्यप्रदेश शासन की मंत्री कृष्णा गौर एवं भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. कैलाश जाटव ने भोपाल की गोविंदपुरा विधानसभा के पिपलानी में विक्रम स्कूल के पीछे पौधारोपण कर किया।

प्रदेश शासन की मंत्री कृष्णा गौर ने भाजपा अजा मोर्चा द्वारा ‘एक पेड़ मां के नाम अभियान’ के तहत प्रदेश भर में पौधारोपण करने का स्वागत करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देश और मध्यप्रदेश को हराभरा रखने, पर्यावरण संरक्षण के अंतर्गत ‘एक पेड़ मां के नाम’ जो अभियान शुरू किया है, उसके बहुत दूरगामी परिणाम निकलकर आएंगे। मैं भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा द्वारा पौधारोपण के लिए चलाए गए प्रदेशव्यापी अभियान के लिए मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. कैलाश जाटव और अन्य पदाधिकारियों को बधाई देती हूं। पर्यावरण को बचाने के लिए हम सभी पौधे रोप रहे हैं।

भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. कैलाश जाटव ने कहा कि मोर्चा कार्यकर्ताओं द्वारा रविवार को प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों और 980 मंडलों पर 21000 पौधे रौपे गये हैं। मोर्चा कार्यकर्ताओं ने जो पौधे लगाए हैं, उनके संरक्षण और संवर्धन का भी जिम्मा लिया है। अजा मोर्चा कार्यकर्ता लगाए हुए पौधों की देखरेख करेंगे। डॉ. जाटव ने रविवार को देवास एवं इंदौर के अटल पार्क और इंजीनियरिंग कॉलेज प्रांगण में भी पौधारोपण किया।

भोपाल में पौधारोपण के दौरान अभियान के प्रदेश प्रभारी इंजी. सूरज खरे, नीति एवं शोध प्रभारी डॉ. पंकज कुमार एवं संघमित्रा सहित पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

हर घर तिरंगा अभियान को ऐतिहासिक बनाएं भाजपा कार्यकर्ता – विष्णुदत्त शर्मा

भोपाल : सोमवार, जुलाई 29, 2024/ भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व खजुराहो सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने रविवार को भोपाल के वार्ड क्रमांक 35, बरखेड़ी मंडल के बूथ क्रमांक 109 स्थित साहू समाज धर्मशाला में बूथ समिति के पदाधिकारियों के साथ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘‘मन की बात‘‘ कार्यक्रम को सुना। मन की बात कार्यक्रम के पश्चात् भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी मन की बात कार्यक्रम के जरिए आम जनमानस की बात देश के सामने लाते हैं। प्रधानमंत्री ने हरियाणा के महिला स्वसहायता समूह के माध्यम से महिलाओं के जीवन में हुए बदलाव का जिक्र किया। भारतीय जनता पार्टी मातृशक्ति के सशक्तिकरण के लिए लगातार कार्य कर रही है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने ‘‘मन की बात‘‘ कार्यक्रम में हरियाणा के हैंडलूम के साथ मध्यप्रदेश के माहेश्वरी साड़ी का जिक्र किया है। स्थानीय उत्पादों को भाजपा सरकार बढ़ावा दे रही है, इससे स्थानीय उत्पादों को देश-दुनिया में पहचान मिल रही है। भाजपा सरकार ‘मेरा उत्पाद-मेरा गौरव’ की तर्ज पर स्थानीय उत्पादों को गौरव प्रदान करने का कार्य कर रही है। प्रधानमंत्री जी ने ग्रामोद्योग का उल्लेख भी किया है। आज ग्रामोद्योग का बाजार डेढ़ लाख करोड़ का हो गया है, जो पहले से 400 प्रतिशत अधिक है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री ने ड्रग्स से युवाओं को दूर रहने की अपील की है। इसके लिए 1933 टोल फ्री नंबर भी जारी किया गया है, इस पर फोन करके युवा ड्रग्स से बचने की सलाह प्राप्त करने के साथ सुझाव भी दे सकते हैं। उन्होंने मध्यप्रदेश के युवाओं, नौजवानों से अपील करते हुए कहा कि युवा देश का भविष्य हैं, वे नशे की लत से दूर रहें। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने रणथंभौर का एक उदाहरण देकर बताया कि किस तरह से बाघों को बचाने के लिए लोगों ने जंगल की कटाई को रोका। मैं खजुराहो लोकसभा क्षेत्र से सांसद हूं, जहां पन्ना टाइगर रिजर्व में बहुत टाइगर हैं। मैं मध्यप्रदेश के लोगों से भी अपील करता हूं कि सभी टाइगर फ्रेंडली बनें, क्योंकि मध्यप्रदेश टाइगर स्टेट है। हमें बाघों को बचाने और उनके संरक्षण के लिए वनों की रक्षा करनी होगी। इंदौर में मध्यप्रदेश सरकार और भाजपा कार्यकर्ताओं के साझा प्रयास से गत दिवस एक दिन में 11 लाख पौधे रोपने का रिकार्ड बना है। प्रधानमंत्री ने आज इसका भी जिक्र किया है। एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत प्रदेश भर में भाजपा कार्यकर्ता पौधे लगा रहे हैं। जिन कार्यकर्ताओं ने इस अभियान में पौधा नही लगाया, उनसे अपील करता हूं कि वे भी पौधा लगाएं।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री ने ‘हर घर तिरंगा अभियान’ का जिक्र भी मन की बात कार्यक्रम में किया है। मैं मध्यप्रदेशवासियों और भाजपा कार्यकर्ताओं का आह्वान करता हूं कि इस अभियान को ऐतिहासिक बनाने के लिए कार्य करें। 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस में आमजन और भाजपा कार्यकर्ता हर घर तिरंगा अभियान में सहभागिता करें और अपने-अपने घरों में तिरंगा फहराकर उसकी सेल्फी सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफार्म पर अपलोड करें। हर घर तिरंगा अभियान देश के जज्बे को और बढ़ाने का कार्य करेगा।

इस अवसर पर जिला अध्यक्ष सुमित पचौरी, मंडल अध्यक्ष हेमंत जोगी, मंडल उपाध्यक्ष विकास जोगी, पूर्व पार्षद दिनेश यादव, भाजयुमो जिला मंत्री अजय साहू, मंडल मंत्री पवन यादव, बूथ क्रमांक 109 के अध्यक्ष प्रकाश अहेलिया सहित बूथ समिति के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

असंगठित और गिग वर्कर्स के लिए केंद्र सरकार का बड़ा फैसला, 40 और 22...

0
नई दिल्ली | 4 नवंबर 2026 देश के करोड़ों असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों, डिलीवरी पार्टनर्स, ऐप आधारित टैक्सी चालकों और प्लेटफॉर्म वर्कर्स को सामाजिक सुरक्षा...
nmms-scholarship-2026-27

NMMSS Scholarship 2026-27: छात्रों को बड़ी राहत, छात्रवृत्ति आवेदन की अंतिम तारीख बढ़ी, अब...

0
नई दिल्ली। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के मेधावी विद्यार्थियों के लिए केंद्र सरकार ने बड़ी राहत दी है। शिक्षा मंत्रालय ने राष्ट्रीय साधन-सह-योग्यता...
akshara goswami

मध्यप्रदेश स्थापना दिवस पर 102 मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान, हर छात्र को मिली 1...

0
भोपाल। मध्यप्रदेश के 71वें स्थापना दिवस के अवसर पर प्रदेश की शैक्षणिक प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। भोपाल के लाल परेड मैदान में आयोजित...
poshan-tracker-pmmvy-grievance-redressal-2026

POSHAN Tracker और PMMVY की शिकायतों का होगा निपटारा, 30 अक्टूबर को देशभर में...

0
नई दिल्ली | 30 अक्टूबर 2026 | सामाजिक कल्याण समाचार केंद्र सरकार ने गर्भवती महिलाओं, स्तनपान कराने वाली माताओं और पोषण सेवाओं के लाभार्थियों की...
anath-bachchon-ke-liye-sarkari-yojana-2026

अनाथ बच्चों के लिए सरकार की खास योजनाएँ, पढ़ाई से लेकर आर्थिक सहायता तक

0
नई दिल्ली | सरकारी योजना समाचार देश में ऐसे कई बच्चे हैं, जिन्होंने अपने माता-पिता को खो दिया है या जिनके पास देखभाल करने वाला...