जनता की समस्याओं को लेकर संवेदनशील हैं भाजपा का नेतृत्व व सरकार – भगवानदास सबनानी

भोपाल : सोमवार, जुलाई 29, 2024/ भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश महामंत्री व विधायक भगवानदास सबनानी ने रविवार को भारतीय जनता पार्टी प्रदेश कार्यालय में आयोजित पत्रकार-वार्ता में भोपाल-रीवा के बीच नई रेल सेवा की स्वीकृति के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी , केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव, प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व खजुराहो सांसद विष्णुदत्त शर्मा के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि विंध्य क्षेत्र की जनता इस रेल सेवा की लंबे समय से मांग करती रही है। गत वर्ष 13 नवंबर को विंध्य एकता परिषद द्वारा दीपावली मिलन समारोह में केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से इस रेल सेवा की मांग की गई थी और उन्होंने 25 जुलाई को स्वीकृति प्रदान कर दी है। इससे यह स्पष्ट होता है कि भारतीय जनता पार्टी का नेतृत्व व सरकार जनता की समस्याओं को लेकर कितनी गंभीर और संवदेनशील हैं।

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश महामंत्री व विधायक भगवानदास सबनानी ने कहा कि राजधानी भोपाल में बड़ी संख्या में विंध्य क्षेत्र की जनता रहती हैं। भोपाल के दक्षिण-पश्चिम विधानसभा क्षेत्र में ही करीब 50 हजार लोग रहते हैं, जबकि भोपाल लोकसभा क्षेत्र में इनकी संख्या 4 लाख से अधिक है। वर्तमान में भोपाल और रीवा के बीच केवल रेवांचल एक्सप्रेस ही सीधी रेल सेवा उपलब्ध है, जिसमें रिजर्वेशन मिलने में दो-दो महीने लग जाते हैं। ऐसे में रेवांचल एक्सप्रेस के अलावा एक और रेल सेवा की मांग लंबे समय से की जाती रही है। विधानसभा चुनाव के समय 13 नवंबर को विंध्य एकता परिषद के पदाधिकारी सुनील पांडे, वंदना द्विवेदी एवं पार्षद आर.के सिंह बघेल ने दीपावली मिलन कार्यक्रम में उपस्थित केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव जी से इस रेल सेवा की मांग की थी, तब अश्विनी वैष्णव ने आश्वासन दिया था कि आप भगवानदास सबनानी को विधायक बना दीजिए, हम नई रेल सेवा की शुरुआत के प्रयास करेंगे। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने 25 जुलाई को फोन कर के बताया कि उन्होंने इस रेल सेवा को स्वीकृति प्रदान कर दी है। उन्होंने कहा कि इतने कम समय में रेल सेवा की स्वीकृति मिलना यह दिखाता है कि भाजपा का नेतृत्व व सरकार जनता की समस्याओं के समाधान के लिए कितनी तत्परता से कार्य करती हैं।

प्रदेश महामंत्री व विधायक भगवानदास सबनानी ने रेल सेवा की स्वीकृति के संबंध में केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव द्वारा लिखा गया पत्र पढ़कर सुनाया और उनकी ओर से विंध्य क्षेत्र की जनता को नई रेल सेवा की स्वीकृति पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि रेल मंत्री जी ने पत्र के साथ रेल सेवा का शेड्यूल भी भेजा है। इसके अनुसार यह रेल सेवा 2 अगस्त से प्रारंभ होगी। फिलहाल यह ट्रेन सप्ताह में 2 दिन चलेगी। भोपाल से यह ट्रेन शुक्रवार और रविवार को रात्रि 10.30 बजे चलेगी और रानी कमलापति, इटारसी, जबलपुर होकर अगले दिन प्रातः 8.05 बजे रीवा पहुंचेगी। इसी तरह यह ट्रेन रीवा से शनिवार और सोमवार की रात्रि 11 बजे चलेगी तथा प्रातः 9.15 बजे भोपाल पहुंचेगी।

बॉलीवुड एक्ट्रेस हुमा कुरैशी का 38वां जन्मदिन आज, अपनी एक्टिंग से इंडस्ट्री पर कर रही राज

मुंबई : रविवार, जुलाई 28, 2024/ बॉलीवुड एक्ट्रेस हुमा कुरैशी आज अपना बर्थडे सेलिब्रेट कर रही हैं. एक्ट्रेस हुमा कुरैशी का जन्म 28 जुलाई 1986 को दिल्ली में हुआ था. हुमा ने अपनी पढ़ाई भी दिल्ली यूनिवर्सिटी के गार्गी कॉलेज से की है। एक्ट्रेस ने अपने फिल्मी करियर की शुरुआत फिल्म गैंग्स ऑफ वासेपुर से की थी। इसके बाद उन्होंने अपने करियर में कई मूवीज की। साथ ही उनकी फिल्मों ने सिर्फ बड़े पर्दे पर ही नहीं बल्कि OTT प्लेटफॉर्म पर भी शानदार परफॉर्म किया। हुमा ने कई फिल्मों के ज़रिए फैंस के दिलों पर राज किया जिसमें एक थी डायन, गैंग्स ऑफ़ वासेपुर, गैंग्स ऑफ़ वासेपुर 2 डी-डे , बदलापुर, डेढ़ इश्किया, हाईवे, जॉली एल एल बी शामिल हैं।

हुमा कुरैशी बॉलीवुड इंडस्ट्री का बड़ा नाम बन चुकी हैं। उन्होंने अपनी दमदार अदाकारी के दम पर अभिनय की दुनिया और दर्शकों के दिल में खास जगह बनाई। अभिनेत्री ने फिल्मी दुनिया में अनुराग कश्यप की फिल्म ‘गैंग्स ऑफ वासेपुर’ से कदम रखा था। अपनी पहली फिल्म से ही हुमा बॉलीवुड का मशहूर नाम बन गईं। उन्होंने अपने करियर के दौरान शाहरुख खान और आमिर खान जैसे कई बड़े सुपरस्टार के साथ काम किया। बॉलीवुड के साथ-साथ उन्होंने हॉलीवुड में भी अपनी अदाकारी का जलवा बिखेरा। अभिनेत्री अपनी प्रोफेशनल लाइफ के साथ-साथ निजी जिंदगी को लेकर भी काफी सुर्खियां बटोर चुकी हैं। अभिनेत्री का नाम इंडस्ट्री में कई अभिनेताओं के साथ जुड़ा है।

हुमा कुरैशी एक भारतीय मॉडल व अभिनेत्री हैं। हुमा अपने बेहतरीन अभिनय के लिए बॉलीवुड में जानी जाती हैं। हुमा ने अपनी पहली ही फिल्म में अपने अभिनय से आलोचकों के मुंह पर ताले जड़ दिए थे। इन्होने अब तक 3 फिल्मफेयर अवार्ड अपने नाम करवाए है। हुमा का जन्म 28 जुलाई 1986 को दिल्ली में हुआ था। हुमा के पिता सलीम कुरैशी दिल्ली में रेस्टोरेंट ओनर हैं , उनके दिल्ली में तकरीबन दस रेस्त्रां की चैन हैं। उनकी माँ अमीना कुरैशी (कश्मीरी) है, जोकि ग्रहणी हैं। हुमा का एक भाई भी है-शाकिब सलीम , जो एक अभिनेता है। हुमा का बचपन कालका जी साउथ दिल्ली में बिता। उन्होंने गार्गी कॉलेज ऑफ़ दिल्ली यूनिवर्सिटी से इतिहास में स्नातक किया है। इसका बाद हुमा ने थिएटर ज्वाइन कर लिया। हुमा ने कई डॉक्यूमेंट्री में भी काम किया है।

हुमा अपने मॉडलिंग अनुबंध के चलते मुंबई गयी हुई थी, हुमा एक सैमसंग का कमर्शियल ऐड शूट कर रहीं थी, तभी अनुराग ने उनका अभिनय कौशल देखा, और उन्हें अपनी अगली फिल्म के लिए साइन कर लिया। हुमा अनुराग की फिल्म गैंग्स ऑफ़ वासेपुर पार्ट 1, 2 दोनों में ही नज़र आयीं। दोनों ही फिल्मों में हुमा को आलोचकों की बहुत अच्छी प्रतिक्रिया मिली। हुमा के अब तक के फिल्मीं सफर में हुमा को उनके अभिनय के लिए दर्शकों और क्रिटिक्स का की अच्छी प्रतिक्रिया ही मिली हैं।

बॉलीवुड एक्ट्रेस हुमा कुरैशी की आनेवाली फ़िल्में गुलाबी, बयान, पूजा मेरी जान है।

पेरिस ओलंपिक 2024 में मनु भाकर ने शूटिंग में रचा इतिहास, भारत को दिलाया पहला पदक

नई दिल्ली : रविवार, जुलाई 28, 2024/ पेरिस ओलंपिक में भारतीय शूटर मनु भाकर ने इतिहास रच दिया है। उन्होंने विमेंस 10 मीटर एयर पिस्टल इवेंट में ब्रॉन्ज मेडल जीता। ओलंपिक के इतिहास में शूटिंग में मेडल दिलाने वाली मनु पहली भारतीय महिला बन गईं हैं। उन्होंने फाइनल में 221.7 पॉइंट्स के साथ ब्रॉन्ज (कांस्य) जीता।

पेरिस ओलंपिक के पहले दिन शाम होते-होते भारत के अच्छी खबर आई थी। एक तरफ जहां दिग्गज शूटरों ने भारत को निराश किया था तो वहीं, मनु भाकर ने महिलाओं की 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा के फाइनल के लिए क्वालीफाई कर लिया था। 580 अंकों के साथ वह तीसरे स्थान पर रहीं।

गौरतलब है कि 2021 के टोक्यो ओलंपिक में मनु की पिस्टल खराब हो गई थी। 20 मिनट तक वे निशाना नहीं लगा पाईं। पिस्टल ठीक हुई, तब भी मनु सिर्फ 14 शॉट लगाई फिर भी फाइनल की रेस से बाहर हो गईं थीं। मनु ने शानदार वापसी करते हुए पेरिस ओलंपिक में भारत को पहला मेडल दिलाया।

फाइनल में मनु भाकर का सामना वियतनाम, तुर्किए, कोरिया, चीन, और हंगरी के खिलाड़ियों से हुआ। इस इवेंट में कोरिया की ओह ये जिन ने गोल्ड जीता। उन्होंने 243.2 पॉइंट स्कोर करके ओलिंपिक रिकॉर्ड बनाया। कोरिया की ही किम येजी ने सिल्वर मेडल जीता। उन्होंने 241.3 पॉइंट बनाए।

भारत का 43वाँ विश्व धरोहर स्थल बना ‘चराईदेव मोईदाम’, ऐतिहासिक टीला शवागार से लेकर वैश्विक मान्यता तक

नई दिल्ली : रविवार, जुलाई 28, 2024/ नई दिल्ली में 21 से 31 जुलाई, 2024 तक आयोजित हो रही 46वीं विश्व धरोहर समिति की बैठक में भारत की सांस्कृतिक विरासत श्रेणी से चराईदेव मोईदाम को सांस्कृतिक श्रेणी में यूनेस्को विश्व धरोहर स्थल के रूप में नामित किया गया। चराईदेव मोईदाम, असम में शासन करने वाले अहोम राजवंश के सदस्यों के नश्वर अवशेषों को दफनाने की प्रक्रिया थी। यह यूनेस्को द्वारा सूचीबद्ध भारत का 43वाँ विश्व धरोहर स्थल है।

विश्व धरोहर समिति, जो प्रतिवर्ष बैठक करती है, विश्व धरोहर से संबंधित सभी मामलों के प्रबंधन और विश्व धरोहर सूची में शामिल किए जाने वाले स्थलों के संबंध में निर्णय लेती है। इस बैठक में सूची में शामिल किये जाने हेतु 27 नामांकनों पर विचार किया जा रहा है, जिसमें 19 सांस्कृतिक, 4 प्राकृतिक, 2 मिश्रित स्थल और 2 सीमाओं में महत्वपूर्ण संशोधन शामिल हैं।

चीन से आकर ताई-अहोम राजवंश ने 12वीं से 18वीं शताब्दी ई. तक ब्रह्मपुत्र नदी घाटी के विभिन्न भागों में अपनी राजधानी स्थापित की। उनमें से सबसे अधिक पवित्र स्थल चराईदेव था, जहाँ ताई-अहोम ने पाटकाई पर्वतमाला की तलहटी में स्थित में चौ-लुंग सिउ-का-फा के अधीन अपनी पहली राजधानी स्थापित की थी। यह पवित्र स्थल, जिसे चे-राय-दोई या चे-ताम-दोई के नाम से जाना जाता है, ऐसे अनुष्ठानों के साथ पवित्र किये गए थे जो ताई-अहोम की गहरी आध्यात्मिक मान्यताओं को दर्शाते थे। सदियों से, चराईदेव ने एक टीला शवागार के रूप में अपना महत्व बनाए रखा है, जहाँ ताई-अहोम राजघरानों की दिवंगत आत्माएँ परलोक में चली जाती थीं।

ताई-अहोम लोगों का मानना ​​था कि उनके राजा दिव्य थे, जिसके कारण एक अनूठी अंत्येष्टि परंपरा की स्थापना हुई: राजवंश के सदस्यों के नश्वर अवशेषों को दफनाने के लिए मोईदाम या गुंबददार टीलों का निर्माण। यह परंपरा 600 वर्षों से चली आ रही है, जिसमें विभिन्न सामग्रियों का उपयोग किया गया और समय के साथ वास्तुकला की तकनीकें विकसित होती रही। शुरुआत में लकड़ी और बाद में पत्थर और पकी हुई ईंटों का इस्तेमाल करके मोईदाम का निर्माण किया गया, यह एक सावधानीपूर्वक की जाने वाली प्रक्रिया थी जिसका विवरण चांगरुंग फुकन में दिया गया है, जो अहोमों का एक प्रामाणिक ग्रंथ है। शाही दाह संस्कार से जुड़ी रस्में बहुत भव्यता के साथ आयोजित की जाती थीं, जो ताई-अहोम समाज की पदानुक्रमिक संरचना को दर्शाती थीं।

यहां हुए खनन से पता चलता है कि प्रत्येक गुंबददार कक्ष के बीचों बीच एक उठा हुआ भाग है, जहाँ शव को रखा जाता था। मृतक द्वारा अपने जीवनकाल में उपयोग की जाने वाली कई वस्तुएं, जैसे शाही प्रतीक चिन्ह, लकड़ी, हाथी दांत या लोहे से बनी वस्तुएं, सोने के पेंडेंट, चीनी मिट्टी के बर्तन, हथियार, वस्त्र (केवल लुक-खा-खुन कबीले से) को उनके राजा के साथ दफनाया दिया जाता था।

मोईदाम में विशेष गुंबददार कक्ष होता है, जो प्रायः दो मंजिला होते हैं, जिन तक मेहराबदार मार्गों से पहुंचा जा सकता है। कक्षों में बीच में उभरे स्थान बने हुए थे, जहाँ मृतकों को उनके शाही चिह्नों, हथियारों और निजी सामानों के साथ दफनाया जाता था। इन टीलों के निर्माण में ईंटों, मिट्टी और वनस्पतियों की परतों का इस्तेमाल किया गया, जिससे यहां का परिदृश्य सुन्दर पहाड़ियों में बदल गया।

चराईदेव में मोईदाम परंपरा की निरंतरता यूनेस्को मानदंडों के तहत इसके उत्कृष्ट सार्वभौमिक मूल्य को रेखांकित करती है। यह अंत्येष्टि स्थल न केवल जीवन, मृत्यु और परलोक के बारे में ताई-अहोम मान्यताओं को दर्शाता है, बल्कि यह उनकी सांस्कृतिक पहचान का भी प्रमाण है, क्योंकि इनकी जनसंख्या का रुझान अब बौद्ध धर्म और हिंदू धर्म की ओर बढ़ रहा है। चराईदेव में मोईदाम का संकेन्द्रण इसे सबसे बड़े और सबसे महत्वपूर्ण क्लस्टर के रूप में अलग करता है और ताई-अहोमों की अद्वितीय भव्य शाही दफन प्रथाओं को संरक्षित करता है।

20वीं सदी की शुरुआत में खजाने की तलाश करने वालों द्वारा की गई बर्बरता जैसी तमाम चुनौतियों के बावजूद, भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण और असम राज्य पुरातत्व विभाग के ठोस प्रयासों ने चोराईदेव की अखंडता को बहाल और संरक्षित किया है। राष्ट्रीय और राज्य कानूनों के तहत संरक्षित, इस स्थल का प्रबंधन इसकी संरचनात्मक और सांस्कृतिक प्रामाणिकता की सुरक्षा के लिए जारी है।

चराईदेव के मोईदाम की तुलना प्राचीन चीन के शाही मकबरों और मिस्र के फिरौन के पिरामिडों से की जा सकती है जो स्मारकीय वास्तुकला के माध्यम से शाही वंश को सम्मानित करने और संरक्षित करने के सार्वभौमिक विषयों को दर्शाता है। दक्षिण-पूर्व एशिया और पूर्वोत्तर भारत के कुछ हिस्सों में फैले व्यापक ताई-अहोम सांस्कृतिक क्षेत्र में, चराईदेव अपने स्तर, संकेंद्रण और आध्यात्मिक महत्व के लिए जाना जाता है।

पाटकाई पर्वतमाला की तलहटी में स्थित चराईदेव ताई-अहोम विरासत का एक गहरा प्रतीक बना हुआ है, जो उनकी मान्यताओं, अनुष्ठानों और स्थापत्य कौशल को दर्शाता है। सदियों से चली आ रही शाही अंत्येष्टि से निर्मित परिदृश्य के रूप में, यह आज भी विस्मय और श्रद्धा को प्रेरित करता है, तथा ताई-अहोम के सांस्कृतिक विकास और आध्यात्मिक विश्वदृष्टिकोण के बारे में अंतर्दृष्टि प्रदान करता है। सावधानीपूर्वक संरक्षण प्रयासों के माध्यम से संरक्षित, चराईदेव ब्रह्मपुत्र नदी घाटी में ताई-अहोम सभ्यता की स्थायी विरासत का प्रमाण है। चराईदेव के मोईदाम न केवल वास्तुशिल्प और सांस्कृतिक महत्व को दर्शाते हैं, बल्कि ताई-अहोम लोगों के अपनी भूमि और अपने दिवंगत राजाओं के साथ गहरे आध्यात्मिक संबंध की मार्मिक याद भी दिलाते हैं।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने बड़ा फेरबदल करते हुए कई राज्यों के राज्यपालों को बदला

नई दिल्ली : रविवार, जुलाई 28, 2024/ राष्‍ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने विभिन्‍न राज्‍यों में राज्यपालों की नियुक्ति की है। महाराष्‍ट्र विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष हरिभाऊ किसनराव बागड़े को राजस्‍थान का राज्‍यपाल नियुक्‍त किया गया है। त्रिपुरा के पूर्व उप मुख्यमंत्री जिष्णु देव वर्मा तेलंगाना के राज्यपाल होंगे। राजस्‍थान से पूर्व राज्‍यसभा सांसद ओम प्रकाश माथुर को सिक्किम और पूर्व केंद्रीय मंत्री संतोष कुमार गंगवार को झारखंड का राज्‍यपाल नियुक्‍त किया है। असम से पूर्व लोकसभा सांसद रामेन डेका को छत्तीसगढ़ और कर्नाटक के पूर्व मंत्री सी.एच. विजय शंकर को मेघालय का राज्यपाल बनाया गया है। झारखंड के वर्तमान राज्यपाल सी.पी. राधाकृष्णन महाराष्‍ट्र के राज्यपाल होंगे। असम के वर्तमान राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया को पंजाब का राज्यपाल और केंद्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ का प्रशासक नियुक्त किया गया है।

सिक्किम के वर्तमान राज्यपाल लक्ष्‍मण प्रसाद आचार्य को असम का राज्‍यपाल नियुक्‍त किया गया है। उन्हें मणिपुर के राज्यपाल का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है। पूर्व भारतीय प्रशासनिक सेवा अधिकारी के. कैलाशनाथन को पुद्दुचेरी का उपराज्‍यपाल नियुक्‍त किया गया है।

 

जनता को दी सुविधाओं को छीन रही सुक्खू सरकार – गोविंद सिंह ठाकुर

शिमला : रविवार, जुलाई 28, 2024/ भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर ने प्रदेश की सुक्खू सरकार पर जमकर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में ऐसी सरकार आई है जो जनता की सुविधाओं को बढ़ाने के बजाय उनसे छीनने का कार्य कर रही है। ठाकुर ने यह बात मनाली के पतलीकूहल में आयोजित एक प्रेस वार्ता के दौरान कही। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार ने अपने मंत्रिमंडल में जनता के हित में निर्णय लेने के बजाय केवल अपनी राजनीतिक लाभ को प्राथमिकता दी है।

पूर्व मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर ने हाल ही में सरकार द्वारा निजी अस्पतालों में हिम केयर कार्ड की सुविधाओं को बंद करने के फैसले पर गहरी चिंता व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि इस निर्णय से प्रदेश भर के 31 लाख हिम केयर कार्ड धारक प्रभावित होंगे।

ठाकुर ने कहा कि प्रदेश में 292 अस्पताल इस योजना के तहत सेवाएं प्रदान कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि अब तक प्रदेश में 7,64,707 मरीजों का मुफ्त इलाज हो चुका है, जिस पर 988 करोड़ रुपए खर्च हुए हैं। इसके अतिरिक्त, उन्होंने बताया कि 370 करोड़ रुपए का भुगतान अभी भी सरकार द्वारा किया जाना बाकी है। गोविंद ठाकुर ने इस निर्णय को जनविरोधी करार दिया और कहा कि इससे प्रदेश के गरीब और जरूरतमंद लोगों को भारी नुकसान होगा। उन्होंने सरकार से इस फैसले पर पुनर्विचार करने की अपील की है ताकि हिम केयर कार्ड धारकों को मिलने वाली सुविधाओं को बनाए रखा जा सके।

पूर्व मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर ने सुक्खू सरकार द्वारा टीचर एलिजिबिलिटी टेस्ट (टेट) और डीएलएड की फीस में की गई वृद्धि की कड़ी निंदा की है। उन्होंने इसे शिक्षा के क्षेत्र में आर्थिक बोझ बढ़ाने वाला कदम बताया है।

गोविंद सिंह ठाकुर ने कहा कि अनारक्षित वर्ग के उम्मीदवारों के लिए टेट की फीस पहले 800 रुपये थी, जिसे अब 1600 रुपये कर दिया गया है। ओबीसी, एससी, और एसटी वर्ग के उम्मीदवारों के लिए यह फीस पहले 500 रुपये थी, जो अब 1000 रुपये हो गई है। उन्होंने बताया कि इसी तरह, डीएलएड के कॉमन एंट्रेंस टेस्ट की फीस भी बढ़ाई गई है। पहले यह फीस 600 रुपये थी, जिसे अब बढ़ाकर 1200 रुपये कर दिया गया है। ओबीसी, एससी, और एसटी वर्ग के उम्मीदवारों के लिए पहले यह फीस 400 रुपये थी, जो अब 800 रुपये हो गई है। ठाकुर ने सरकार के इस फैसले को गरीब और पिछड़े वर्गों के खिलाफ बताते हुए कहा कि यह निर्णय छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ है।

उन्होंने कहा कि उच्च शिक्षा प्राप्त करने के लिए छात्रों को पहले से ही कई चुनौतियों का सामना करना पड़ता है और इस प्रकार की फीस वृद्धि उनके लिए अतिरिक्त आर्थिक बोझ है। वहीं उन्होंने हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड द्वारा आयोजित की जाने वाली विभिन्न परीक्षाओं के शुल्क में भी बढ़ोतरी किए जाने पर निंदा व्यक्त की है। पूर्व मंत्री ने सुक्खू सरकार से इस निर्णय को तुरंत वापस लेने की मांग की है और कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में सुधार लाने के लिए सकारात्मक कदम उठाए जाने चाहिए, न कि छात्रों को और अधिक मुश्किलों में डालने वाले फैसले लिए जाएं।

दिल्ली में कोचिंग बेसमेंट में भरा पानी, तीन छात्रों की मौत

नई दिल्ली : रविवार, जुलाई 28, 2024/ दिल्‍ली के ओल्ड राजेन्द्र नगर इलाके में कोचिंग संस्थान के बेसमेंट में बारिश का पानी भर जाने से तीन विद्यार्थियों की मृत्यु के मामले में दिल्‍ली पुलिस ने कोचिंग संस्थान के मालिक और समन्वयक को हिरासत में ले लिया है। संस्थान के बेसमेंट में फंस जाने के कारण कल तीन विद्यार्थियों की मृत्यु हो गई थी।

पुलिस उपायुक्त सेंट्रल एम हर्षवर्धन ने बताया है कि हादसे में दो लड़के और एक लड़की की मौत हुई है, उनके शवों को जांच के लिए भेजा गया है। संस्‍थान से पानी निकालने की कोशिश की जा रही है। उन्‍होंने बताया कि मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी गई है। दिल्‍ली के अग्निशमन विभाग ने बताया कि उन्हें कल शाम करीब सात बजे संस्थान में पानी भरने और कुछ लोगों के फंसे होने की जानकारी मिली थी।

चश्मदीद छात्रों ने बताया कि जब तक हम लाइब्रेरी खाली करते, तब तक पानी घुटनों तक भर चुका था। बहाव इतना तेज था कि सीढ़ियां चढ़ना मुश्किल हो रहा था। महज 2-3 मिनट में ही पूरे बेसमेंट में 10-12 फीट पानी भर गया था। बच्चे बेंच पर खड़े हुए थे। बच्चों को बचाने के लिए रस्सियां फेंकी गईं, लेकिन पानी गंदा था, इसलिए रस्सियां दिखाई नहीं दी। अभी साफ नहीं हुआ है कि अचानक तेज प्रेशर से अंदर पानी कैसे आया। पुलिस इसकी जांच कर रही है। कोचिंग संचालक और कॉर्डिनेटर को हिरासत में भी लिया गया है।

फायर ऑफिसर अतुल गर्ग ने बताया कि फायर ब्रिगेड की 5 गाड़ियां मौके पर भेजी गई थीं। सड़क पर पानी भरे होने के कारण शुरुआत में बेसमेंट से पानी नहीं निकल रहा था। कुछ देर बाद जब सड़क से पानी कम हुआ, तब जाकर बेसमेंट से पानी निकलना शुरू हुआ। हमने पंप लगाकर पानी निकाला। इसके बाद छात्रों के शव मिलना शुरू हुए।

पुलिस ने बताया कि रेस्क्यू के दौरान पानी में बेंच तैर रही थी। इसलिए बच्चों को बाहर निकालने में दिक्कतें हुईं। ​​​​​​देर रात को जब रेस्क्यू आखरी चरण में था, तब भी 7 फीट तक पानी अंदर भरा हुआ था। बच्चों को रस्सियों के सहारे सुरक्षित निकाला गया।

दिल्ली सरकार की मंत्री आतिशी ने मुख्य सचिव नरेश कुमार को कोचिंग संस्थान के बेसमेंट में पानी भरने और छात्रों के फंसने की घटना की मजिस्ट्रेट जांच शुरू करने और 24 घंटे के भीतर रिपोर्ट देने का निर्देश दिया है।

दिल्ली मेयर शेली ओबेरॉय ने MCD कमिश्नर को निर्देश दिया है कि उन सभी कोचिंग सेंटर के खिलाफ कार्रवाई की जाए, जो बेसमेंट में व्यावसायिक गतिविधियां चला रहे हैं। यह नियमों का उल्लंघन है। उन्होंने कहा कि इस त्रासदी के लिए MCD के जिम्मेदार अधिकारियों की तत्काल जांच होनी चाहिए।

हादसे में जान गंवाने वाले तीनों छात्रों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए दिल्ली के राम मनोहर लोहिया अस्पताल लाया गया है। तीनों छात्रों की पहचान हो गई है। एक छात्र का नाम नेविन डाल्विन (28) है। वह केरल का रहना वाला था। वह बीते आठ महीनों से IAS की तैयारी कर रहा था। वह दिल्ली के जवाहर लाल नेहरू यूनिवर्सिटी से PHD भी कर रहा था। इसके अलावा जिन छात्राओं की मौत हुई उनकी पहचान तान्या सोनी (25) और श्रेया यादव (25) के रूप में हुई है। श्रेया ने 1 महीने पहले ही राउ कोचिंग सेंटर में एडमिशन लिया था। वह उत्तर प्रदेश के अंबेडकरनगर के की रहने वाली थी। तान्या सोनी के बारे में अभी जानकारी सामने नहीं आई है।

 

 

 

राष्ट्रीय मुद्दों और हितों को राजनीतिक निहित स्वार्थों से ऊपर रखा जाना चाहिए – उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़

नई दिल्ली : रविवार, जुलाई 28, 2024/ उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने कल इस बात पर बल दिया कि संसद की प्राथमिक भूमिका संविधान को सुरक्षित रखना और लोकतंत्र की रक्षा करना है। उन्होंने आगे कहा कि संसद के सदस्यों से अधिक गंभीर लोकतंत्र का संरक्षक कोई नहीं हो सकता। उन्होंने कहा, “यदि लोकतंत्र पर कोई संकट आता है, यदि लोकतांत्रिक मूल्यों पर हमला होता है, तो आपकी भूमिका निर्णायक होती है।”

कल संसद भवन में नवनिर्वाचित राज्यसभा सदस्यों के लिए आयोजित ऑरिएंटेशन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए, उपराष्ट्रपति धनखड़ ने स्पष्ट रूप से कहा कि संसद में चर्चा के लिए कोई भी विषय वर्जित नहीं है, बशर्ते उचित प्रक्रिया का पालन किया जाए। उन्होंने कहा कि सदन की प्रक्रिया के नियमों में निर्धारित उचित प्रक्रिया का पालन किए जाने पर सभा अध्यक्ष के आचरण सहित किसी भी विषय पर चर्चा की जा सकती है।

संसद की स्वायत्तता और अधिकार पर जोर देते हुए उपराष्ट्रपति ने कहा कि “संसद अपनी प्रक्रिया और कार्यवाही के लिए सर्वोच्च है। सदन में, संसद में कोई भी कार्यवाही समीक्षा से परे है, चाहे वह कार्यपालिका हो या कोई अन्य प्राधिकारी।” उन्होंने कहा कि “संसद के अंदर जो कुछ भी होता है, उसमें सभा अध्यक्ष के अलावा किसी को भी हस्तक्षेप करने का अधिकार नहीं है। यहां हस्तक्षेप कार्यपालिका या किसी अन्य संस्था का नहीं हो सकता।”

उपराष्ट्रपति धनखड़ ने संसद में सदस्यों द्वारा अपनाई जाने वाली हिट एंड रन रणनीति पर अत्यधिक चिंता व्यक्त की, जहां एक सदस्य संसद में बोलने से पहले मीडिया को बाइट देता है, संसद में आता है और केवल ध्यान और मीडिया का स्थान पाने के लिए बोलता है और फिर अन्य सदस्यों की बात सुने बगैर सदन से बाहर चला जाता है और फिर बाहर जाकर मीडिया को बाइट देता है। उन्होंने सदस्यों में मुद्दों पर बात करने के बजाय व्यक्तिगत हमले करने की बढ़ती प्रवृत्ति और सिर्फ़ कुछ लोगों को खुश करने के लिए चिल्लाने और नारे लगाने की प्रवृत्ति को भी रेखांकित किया। उन्होंने आगे कहा, “इससे बड़ी विभाजनकारी गतिविधि कोई और नहीं हो सकती।”

आपातकाल को भारतीय लोकतंत्र का एक दर्दनाक, हृदय विदारक और सबसे काला अध्याय बताते हुए, उपराष्ट्रपति धनखड़ ने इस बात पर बल दिया कि उस दौरान हमारा संविधान केवल एक कागज़ तक सीमित रह गया था, जिसमें मौलिक अधिकारों का घोर उल्लंघन किया गया था और नेताओं को अन्यायपूर्ण तरीके से जेल में डाला गया था। उपराष्ट्रपति धनखड़ ने संसद के समग्र प्रदर्शन पर गर्व व्यक्त करते हुए कहा कि हमारे संसद सदस्यों ने शुरू से ही आम लोगों के समर्थन में काम किया है और आपातकाल की अवधि को छोड़कर इस राष्ट्र के विकास में योगदान दिया है।

देश में संसदीय प्रणाली की वर्तमान स्थिति पर दुख व्यक्त करते हुए, उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि ऐसे क्षण होते हैं कि जब राष्ट्रीय मुद्दों और हितों को राजनीतिक हितों से ऊपर रखा जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि आज (वर्तमान) जो स्थिति है वह चिंताजनक है और संसद में व्यवधान और गड़बड़ी को राजनीतिक हथियार के रूप में इस्तेमाल किया जा रहा है।

उन्होंने आगे कहा, “यह लोकतंत्र की मूल भावना पर हमला है। गरिमा को नुकसान पहुंचाना, लोकतंत्र की जड़ों को हिलाना है। लोकतंत्र के लिए इससे बड़ा कोई खतरा नहीं हो सकता कि यह धारणा बनाई जाए कि संसद और राष्ट्र की प्रतिष्ठा की कीमत पर राजनीतिक लाभ हासिल करने के लिए व्यवधान और गड़बड़ी राजनीतिक हथियार हैं।”

विचार-विमर्श के संरक्षक तथा संवैधानिक मूल्यों एवं स्वतंत्रता के किले के रूप में संसद की प्रतिष्ठित भूमिका पर रोशनी डालते हुए, उपराष्ट्रपति धनखड़ ने विशुद्ध रूप से राजनीतिक दृष्टिकोण से राष्ट्रवाद और देश के व्यापक कल्याण पर केंद्रित दृष्टिकोण की ओर बदलाव का आह्वान किया।

भारतीय संसद के मूल उद्देश्य को रेखांकित करते हुए, उपराष्ट्रपति धनखड़ ने राजनीतिक दलों की सीमाओं से परे संसदीय प्रणाली के मूल्यांकन के महत्व पर प्रकाश डाला, संविधान सभा की कार्यवाही की सराहना करते हुए आधुनिक भारतीय लोकतंत्र के लिए एक ध्रुव तारा और मार्गदर्शक प्रकाश के रूप में, उपराष्ट्रपति धनखड़ ने संविधान सभा की उल्लेखनीय तीन साल की यात्रा पर प्रकाश डाला, जिसमें 11 सत्र शामिल थे, जिसके दौरान इसने शिष्टाचार या संवाद से समझौता किए बगैर गंभीर रूप से विवादास्पद मुद्दों को सुलझाया। उन्होंने इस बात पर बल दिया कि समाधान टकराव के बजाय, सहयोग के माध्यम से प्राप्त किया गया, जो शिष्टाचार और प्रभावी बहस के लिए एक उच्च मानक स्थापित करता है।

सदन में बोलने वाले सदस्यों को संविधान द्वारा दी गई अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के दुरुपयोग के बारे में चिंताओं को संबोधित करते हुए, उपराष्ट्रपति धनखड़ ने कहा कि यह स्वतंत्रता सदस्यों को लोकतंत्र की रक्षा करने और संविधान की सुरक्षा करने के लिए दी गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी दुरुपयोग से संसदीय नियमों के अनुसार निपटा जाएगा और कहा कि उन्हें सदस्यों के खिलाफ कार्रवाई करने में कोई खुशी नहीं मिलती है।

यह देखते हुए कि छह दशकों में पहली बार किसी प्रधानमंत्री के लगातार तीसरे कार्यकाल के लिए चुना गया है, उपराष्ट्रपति धनखड़ ने सदन के नेता के रूप में प्रधानमंत्री की भूमिका पर जोर दिया, जो पार्टी लाइन से परे पूरे देश का प्रतिनिधित्व करते हैं। राज्यसभा में हाल ही में हुए व्यवधानों पर चिंता व्यक्त करते हुए, उपराष्ट्रपति ने प्रधानमंत्री के प्रति धन्यवाद प्रस्ताव के जवाब के दौरान दिखाए गए सम्मान की कमी की आलोचना की।

उपराष्ट्रपति ने पक्षपात के किसी भी आरोप को दृढ़ता से खारिज किया और संविधान, कानून के शासन और राष्ट्रीय हितों के प्रति अपनी अटूट प्रतिबद्धता की पुष्टि की। उन्होंने सभी सदस्यों से इन मूलभूत सिद्धांतों पर विचार करने और संसदीय कार्यवाही की गरिमा बनाए रखने का आह्वान किया।

संसदीय आचरण का मार्गदर्शन करने के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए, उपराष्ट्रपति धनखड़ ने सदस्यों को संसदीय प्रोटोकॉल को बेहतर ढंग से समझने के लिए अपने पूर्ववर्तियों के निर्णयों सहित अध्यक्ष के निर्णयों की गहन समीक्षा करने के लिए प्रोत्साहित किया।

राजनीतिक दलों द्वारा पूर्व-निर्धारित व्यवधानों की प्रथा का उल्लेख करते हुए, उपराष्ट्रपति धनखड़ ने ऐसी कार्रवाइयों की वैधता पर सवाल उठाया तथा उनकी तुलना अन्य देशों के मजबूत लोकतंत्रों से की, जो भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत न होने के बावजूद, प्रभावी संसदीय प्रथाओं को बनाए रखते हैं।

उपराष्ट्रपति धनखड़ ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था के बुनियादी स्तंभों-कार्यपालिका, न्यायपालिका और विधायिका के कमजोर होने से अंततः आम नागरिक पर असर पड़ता है। उन्होंने सदन में सम्मान और रचनात्मक संवाद की वापसी का आह्वान किया और सरकार से पारदर्शिता, जवाबदेही और दूरदर्शी योजना की जरूरत पर जोर दिया, जो वर्तमान प्रथाओं के कारण बाधित है।

हर सवाल पर अनुपूरक प्रश्न पूछने की कोशिश करने की प्रथा को हतोत्साहित करते हुए, उन्होंने सदस्यों से मंत्रियों के उत्तरों की गहन समीक्षा करने और प्रासंगिक अनुपूरक प्रश्न पूछने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने प्रश्नों का चयन करते समय लिंग और पार्टी संतुलन सुनिश्चित करने के लिए अपनी प्रतिबद्धता पर जोर दिया और वरिष्ठ नेताओं से एक उदाहरण स्थापित करने के लिए सक्रिय रूप से भाग लेने का आग्रह किया।

समाज को जागरूक करने में राष्ट्रपति द्वारा नियुक्त मनोनीत सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डालते हुए, उपराष्ट्रपति धनखड़ ने उन्हें अपने योगदान का दस्तावेजीकरण करने के लिए एक वार्षिक पुस्तिका बनाने का सुझाव दिया। उपराष्ट्रपति ने सदस्यों से महत्वपूर्ण मुद्दों पर सरकार का ध्यान आकर्षित करने के लिए विशेष उल्लेखों का प्रभावी ढंग से उपयोग करने का भी आग्रह किया और जोर दिया कि ये केवल औपचारिकताएं नहीं हैं, बल्कि कार्रवाई शुरू करने के साधन हैं।

 

स्वस्थ और सुरक्षित समाज के निर्माण में योगदान दें: उप-मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल

भोपाल : रविवार, जुलाई 28, 2024/ उप-मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने विश्व हेपेटाइटिस दिवस पर सभी नागरिकों से अपील की है कि वे हेपेटाइटिस के खिलाफ लड़ाई में शामिल हों और एक स्वस्थ और सुरक्षित समाज के निर्माण में योगदान दें। उन्होंने हेपेटाइटिस जैसी गंभीर स्वास्थ्य समस्या पर जागरूकता बढ़ाने की आवश्यकता पर जोर दिया। उप-मुख्यमंत्री ने कहा कि बीमारी से बचाव और उपचार के लिए सही जानकारी और सुविधाएं उपलब्ध कराना हमारी प्राथमिकता है। हम सभी को इस बात का ध्यान रखना चाहिए कि हेपेटाइटिस की रोकथाम के लिए टीकाकरण और स्वस्थ जीवनशैली अत्यंत आवश्यक है।

उल्लेखनीय है कि विश्व हेपेटाइटिस दिवस हर साल 28 जुलाई को मनाया जाता है। हेपेटाइटिस के पांच मुख्य प्रकार होते हैं: ए, बी, सी, डी, और ई। इनमें से हेपेटाइटिस बी और सी का वायरस लंबे समय तक शरीर में जीवित रहता है, जो लिवर की गंभीर बीमारियों जैसे सिरोसिस और लिवर कैंसर का कारण बन सकते हैं। विश्व हेपेटाइटिस दिवस हेपेटाइटिस के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ाना और इसकी गंभीरता को समझाने के लिये मनाया जाता है।

 

जीवन में जिसने योग अपनाया, उसने स्वस्थ जीवन पाया : कृष्णा गौर

भोपाल : रविवार, जुलाई 28, 2024/ पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कृष्णा गौर ने शनिवार को भोपाल के कमला पार्क स्थित रविंद्रनाथ पुस्तकालय में गुरु पूर्णिमा के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रम में पांच विभूतियों को राज्य स्तरीय जीवन शैली सम्मान से सम्मानित किया। डॉ. गांगुली योग विद्यापीठ संस्था द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में कृष्णा गौर ने कहा कि, जीवन में जिसने भी योग अपनाया है, उसने सदैव स्वस्थ जीवन पाया है। उन्होंने संस्था से जुड़कर योग को अपने जीवन में अपना कर अपने जीवन को स्वस्थ उन्होंने सभी लोगों को बधाई इी। भोपाल शहर में योग का पर्याय समझे जाने वाले योग गुरु डॉ. गांगुली को श्रद्धा सुमन अर्पित करते हुए, उन्हें कोटि-कोटि स्मरण करते हैं। हम सभी उनके विचारों को उनके कार्यों को हमेशा भोपाल में और पूरे मध्य प्रदेश में जीवित रखने का काम करेंगे। डॉ. पवन गुरु को भी बहुत-बहुत धन्यवाद जो कि 50 वर्षों से हमारी संस्कृति की एक ऐसी महान विद्या को जन-जन तक पहुंचाने का काम कर रहे हैं। यहाँ आने वाले लोग वास्तव में लाभ लेकर एक आदर्श जीवन जीने का काम कर रहे हैं। इस संस्था में आने के बाद जो लाभ लोगों को मिला, जो परिणाम उनको दिखाई दिए। इसलिए योग हमारे जीवन और शरीर के लिए बहुत आवश्यक है।

कृष्णा गौर ने कहा कि सभी सम्मानित विभूतियों ने उत्कृष्ट कार्य करते हुए समाज के लिए एक आदर्श स्थापित किया है। विधायक भगवान दास सबनानी ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया। जीवन शैली सम्मान से सम्मानित विभूतियों में संयुक्त संचालक जनसंपर्क एवं लेखक अशोक मनवानी, सर्जन डॉ. अतुल अग्रवाल, पत्रकार शशांक दुबे और एवरेस्ट की चढ़ाई चढ़ने वाली ज्योति रात्रे शामिल थी। इस दौरान अनेक योग साधकों ने अपने योग गुरु डॉ. पवन गुरु और ममता गुरु का सम्मान किया।

 

असंगठित और गिग वर्कर्स के लिए केंद्र सरकार का बड़ा फैसला, 40 और 22...

0
नई दिल्ली | 4 नवंबर 2026 देश के करोड़ों असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों, डिलीवरी पार्टनर्स, ऐप आधारित टैक्सी चालकों और प्लेटफॉर्म वर्कर्स को सामाजिक सुरक्षा...
nmms-scholarship-2026-27

NMMSS Scholarship 2026-27: छात्रों को बड़ी राहत, छात्रवृत्ति आवेदन की अंतिम तारीख बढ़ी, अब...

0
नई दिल्ली। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के मेधावी विद्यार्थियों के लिए केंद्र सरकार ने बड़ी राहत दी है। शिक्षा मंत्रालय ने राष्ट्रीय साधन-सह-योग्यता...
akshara goswami

मध्यप्रदेश स्थापना दिवस पर 102 मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान, हर छात्र को मिली 1...

0
भोपाल। मध्यप्रदेश के 71वें स्थापना दिवस के अवसर पर प्रदेश की शैक्षणिक प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। भोपाल के लाल परेड मैदान में आयोजित...
poshan-tracker-pmmvy-grievance-redressal-2026

POSHAN Tracker और PMMVY की शिकायतों का होगा निपटारा, 30 अक्टूबर को देशभर में...

0
नई दिल्ली | 30 अक्टूबर 2026 | सामाजिक कल्याण समाचार केंद्र सरकार ने गर्भवती महिलाओं, स्तनपान कराने वाली माताओं और पोषण सेवाओं के लाभार्थियों की...
anath-bachchon-ke-liye-sarkari-yojana-2026

अनाथ बच्चों के लिए सरकार की खास योजनाएँ, पढ़ाई से लेकर आर्थिक सहायता तक

0
नई दिल्ली | सरकारी योजना समाचार देश में ऐसे कई बच्चे हैं, जिन्होंने अपने माता-पिता को खो दिया है या जिनके पास देखभाल करने वाला...