आदित्य बिरला ग्रुप ने ज्वैलरी ब्रांड ‘इंद्रिया” को लॉन्च किया

इंदौर : रविवार, जुलाई 28, 2024/ आदित्य बिरला ग्रुप के अध्यक्ष, कुमार मंगलम बिरला ने कल समूह के ज्वैलरी रिटेल कारोबार के शुभारंभ की घोषणा की, और इस तरह समूह ने भारत में 6.7 लाख करोड़ रुपये के तेजी से बढ़ते आभूषण बाजार में कदम रखा। सुनियोजित तरीके से उठाया गया यह कदम एक और बड़ी उपलब्धि है, क्योंकि समूह अपने दमदार ब्रांड इक्विटी और बाज़ार की गहरी समझ का लाभ उठाते हुए अपने कंज्यूमर पोर्टफोलियो को मजबूत बना रहा है। अगले 5 सालों में भारत के तीन सबसे बड़े ज्वैलरी रिटेलर्स के बीच अपना स्थान बनाने के लक्ष्य के साथ, समूह ने इंद्रिया ब्रांड के तहत ज्वैलरी व्यवसाय की शुरुआत की है। 5,000 करोड़ रुपये के अभूतपूर्व निवेश के साथ इस महत्वाकांक्षी उद्यम को शुरू किया गया है, जो भारत में रिटेल ज्वैलरी कारोबार के क्षेत्र में बड़े पैमाने पर बदलाव लाने के लिए आदित्य बिरला समूह के अटल इरादे को दर्शाता है।

ब्रांड का नाम इंद्रिया संस्कृत का एक शब्द है, और यह भाषा सही मायने में भारत की समृद्ध संस्कृति का दूसरा नाम है। सरल शब्दों में कहें, तो इंद्रिया का मतलब है ‘इन्द्र से संबंधित जो देवों के देवता हैं। यह पाँच इन्द्रियों की क्षमता और शक्ति को दर्शाता है। ये इन्द्रियाँ ही हमें हर चीज़ का एहसास कराती हैं, हमें अपने आस-पास की दुनिया को महसूस करने और जानने में मदद करती हैं, हमारे वजूद को परिभाषित करती हैं! इस ब्रांड का खूबसूरत प्रतीक चिन्ह एक मृगा (मादा हिरण) है, जिसकी तुलना इन्द्रियों से की गई है और यह एक नारी की खूबसूरती एवं शालीनता का प्रतीक है।

इंद्रिया ‘ हम कौन हैं’ ब्रांड का अनुभव आपकी इन्द्रियों को एक से अधिक तरीकों से आनंदित करेगा और आपको “दिल अभी भरा नहीं” गाने पर मजबूर कर देगा! बड़े प्यार से तराशा गया हरेक आभूषण, 16000 से ज्यादा बेमिसाल डिजाइनों के साथ भारतीय शिल्प कौशल की भावना को दर्शाने वाली शानदार रचना है।

आदित्य बिरला समूह के अध्यक्ष, कुमार मंगलम बिरला ने लॉन्च के अवसर पर अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा, “भारतीय ग्राहकों में युवाओं की संख्या तेजी से बढ़ रही है और शायद पूरी दुनिया में सबसे अधिक आशाजनक उपभोक्ताओं का समूह भारत में मौजूद है। हमने इस साल पेंट्स और ज्वैलरी में दो नए और बड़े कंज्यूमर ब्रांड्स को लॉन्च करके जोश व उत्साह से भरे भारतीय उपभोक्ताओं पर अपना दांव दोगुना कर दिया है। अनौपचारिक से औपचारिक क्षेत्रों की अहमियत में लगातार हो रही बढ़ोतरी, ग्राहकों के बीच मजबूत, भरोसेमंद ब्रांडों की बढ़ती पसंद और लगातार विकसित हो रहे विवाह बाजार को देखते हुए ज्वैलरी के कारोबार में कदम रखना बेहद आकर्षक है, और ये सभी विकास के भरपूर अवसर प्रदान करते हैं।” उन्होंने आगे कहा, “यह कदम उस समूह के लिए विकास की स्वाभाविक प्रक्रिया का हिस्सा है, जो पिछले 20 से अधिक वर्षों से फैशन रिटेल और लाइफस्टाइल इंडस्ट्री से जुड़ा है। रिटेल, डिज़ाइन और ब्रांड के प्रबंधन में हमने जो मजबूत क्षमताएँ हासिल की हैं, वे हमारी सफलता के लिए सबसे बड़ा सहारा बनेंगी।”

इस मौके पर आदित्य बिरला समूह के डायरेक्टर, दिलीप गौर ने कहा, “हम इंद्रिया के ज़रिये आभूषण के क्षेत्र में रचनात्मकता, इसके दायरे, टेक्नोलॉजी और ग्राहकों के अनुभव के मानकों को नए सिरे से परिभाषित करने के लिए तैयार हैं। यह इस समझ पर आधारित है कि, हरेक आभूषण कारीगरी की एक बेमिसाल कहानी बयां करता है। बेहद खास प्रोडक्ट्स, ग्राहकों को मिलने वाला शानदार अनुभव और तल्लीन होकर खरीदारी करने का सफ़र अंत में गहनों के ज़रिये खुद को अभिव्यक्त करने की भावना को बढ़ावा देने में सहायक होते हैं। हमारे प्रोडक्ट्स को नए जमाने के डिज़ाइनों की फिर से कल्पना करते हुए हमेशा कायम रहने वाली बेमिसाल कारीगरी के शानदार तालमेल के साथ तैयार किया गया है। हर क्षेत्र के लिए हमारा खास सलेक्शन वहाँ की अनोखी पृष्ठभूमि के प्रति सम्मान को दर्शाता है, साथ ही उन्हें अन्य संस्कृतियों के बीच पहचान दिलाने के लिए संभावनाओं के द्वार भी खोलता है।”

मुख्यमंत्री डॉ. यादव नई दिल्ली में नीति आयोग की शासी परिषद की 9वीं बैठक में हुए शामिल

भोपाल : रविवार, जुलाई 28, 2024/ मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव कल नई दिल्ली में राष्ट्रपति भवन सांस्कृतिक केंद्र में आयोजित नीति आयोग की शासी परिषद की 9वीं बैठक में शामिल हुए। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बैठक की अध्यक्षता की। म.प्र. की मुख्य सचिव वीरा राणा सहित राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के मुख्यमंत्री और उप राज्यपाल, पदेन एवं आमंत्रित सदस्य केंद्रीय मंत्री, नीति आयोग के उपाध्यक्ष और सदस्य उपस्थित थे।

शासी परिषद की इस वर्ष की बैठक की थीम ‘विकसित भारत@2047’ थी, जिसमें वर्ष 2047 तक ‘विकसित भारत’ के लक्ष्य को प्राप्त करने में राज्यों की भूमिका और योगदान पर विस्तृत चर्चा हुई। भारत को वर्ष 2047 तक 30 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए केंद्र और राज्य सरकारों के बीच ‘टीम इंडिया’ के रूप में सहयोगात्मक दृष्टिकोण को बढ़ावा दिया जाने की रूपरेखा तैयार करने पर भी विस्तृत चर्चा हुई।

 

भारत की कोई भी समस्या विश्वव्यापी नहीं, लाइलाज नहीं : अश्विनी उपाध्याय

भोपाल : रविवार, जुलाई 28, 2024/ सर्वोच्च न्यायालय के वरिष्ठ अधिवक्ता और संविधान विशेषज्ञ (पीआईएल मैन आफ इंडिया) अश्विनी उपाध्याय ने कहा कि भारत की समस्याएं विश्व व्यापी और लाइलाज नहीं हैं। इनका समाधान हो सकता है। इसके लिए कड़े कानूनों की आवश्यकता है। जमाखोरी, रिश्वतखोरी, घुसपैठ, अतिक्रमण जैसी समस्याएं केवल भारत में ही हैं। उन्होंने चीन और दुबई का उदाहरण देते हुए कहा कि इन देशों में इस तरह की समस्याएं नहीं हैं, क्योंकि वहां के कानून कड़े हैं। भारत की समस्याएं अंग्रेजों के बनाए कानूनों से नहीं खत्म होगी। भारत में एक देश एक विधान जरूरी है। सबसे पहले हमें धर्म और पंथ के अंतर को समझना होगा। हमारे पढ़े-लिखे लोग भी यह नहीं जानते कि धर्म क्या है और पंथ क्या है। धर्म जोड़ता है और पंथ तोड़ता है। हिन्दू धर्म है और बाकी सब पंथ है।

अश्विनी उपाध्याय शनिवार को हिन्दुस्थान समाचार न्यूज एजेंसी और धर्म संस्कृति समिति द्वारा भू अतिक्रमण और समान नागरिक संहिता को लेकर राजधानी भोपाल में आयोजित एक दिवसीय परिसंवाद कार्यक्रम को बतौर मुख्य वक्ता संबोधित कर रहे थे। उन्होंने भू-अतिक्रमण की बात करते हुए कहा कि कई बार हम गलत बातों को जस्टिफाई करते हैं। कहा जाता है कि ये मजार या कब्रिस्तान अवैध है। इसका मतलब यह है कि कोई मजार वैध भी है। फिर अरब देशों में कोई मजार या पक्का कब्रिस्तान क्यों नहीं है। उन्होंने कहा कि इस्लाम में पक्की मजार या कब्रिस्तान बनाना हराम है।

उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि भारत में ऐसी कोई बीमारी नहीं, जिसकी कोई दवाई नहीं, ऐसी कोई समस्या नहीं, जिसका समाधान नहीं, लेकिन हम केवल समस्याओं की बात करते हैं। भारत में समस्याजीवियों की बाढ़ आ गई है। हमारा संविधान संप्रभूता की बात करता है। समान नागरिक संहिता यानी आर्टिकल 44 को परिभाषित करता है, लेकिन मैं एक देश एक विधान यानी आर्टिकल 15 की बात करता हूं, जिसमें जाति, धर्म, भाषा, क्षेत्र, जन्म स्थान के आधार पर भेदभाव को निषेध करता है। संविधान को यथारूप पढ़ने से स्पष्ट है कि समता, समानता, समरसता, समान अवसर और समान अधिकार भारतीय संविधान की आत्मा हैं। कुछ लोग ‘समान नागरिक संहिता या भारतीय नागरिक संहिता’ का विरोध करते हैं. लेकिन सच्चाई तो यह है कि इसके लाभ के बारे में अधिकांश लोगों को पता ही नहीं है। समान नागरिक संहिता लागू होने से परिवर्तित हिन्दुओं को ही फायदा होगा।

उपाध्याय ने कहा कि भारत देवी-देवाताओं का देश है। भगवान श्रीराम, श्रीकृष्ण, गौतम बुद्ध, विवेकानंद समेत सभी संतों-महात्माओं ने भारत में ही जन्म लिया है। प्रायः किसी भी कार्यक्रम में हम कहते हैं कि धर्म की जय हो, अधर्म का नाश हो, प्राणियों में सद्भाव हो और विश्व का कल्याण हो। इनमें सबसे महत्वपूर्ण अधर्म का नाश है। धर्म की जय करने से अधर्म का नाश नहीं होगा, बल्कि अधर्म का नाश होगा तो धर्म की जय होगी। लेकिन हमने अधर्म का नाश करना छोड़ दिया है। अर्धम का नाश करना हमारा काम नहीं है। किसी की हत्या होने पर हम जस्टिस फार कैम्पेन छेड़ देते हैं। हम एक-एक व्यक्ति के लिए जस्टिस-जस्टिस कर रहे हैं, लेकिन किसी को जस्टिस नहीं मिला। इसके लिए व्यवस्था में बदलाव करना होगा।

उन्होंने कहा कि न्यायपालिका, कार्यपालिका, राजपालिका और खबरपालिका, ये चारों का है कि वे धर्म की जय करने के लिए काम करे। अधर्म का विनाश करने के लिए काम करे, प्राणियों में सद्भावना लाने और विश्व का कल्याण करने के लिए काम करे। जैसे अधर्म के नाश के बिना के धर्म की जय नहीं हो सकती, उसी तरह कठोर कानून के बिना भू-अतिक्रमण नहीं रुक सकता है। यह समाज का काम नहीं है भू-अतिक्रमण रोकना। शिक्षा में संस्कार हो और कानून का खौफ हो। जापान और सिंगापुर में शिक्षा में संस्कार है और कानून का खौफ है। भारत में इन देशों में इतना अंतर है कि वहां कभी सुना नहीं होगा कि वहां अवैध निर्माण हुआ होगा, लेकिन हमारे यहां ऐसा नहीं है। हमारे यहां शिक्षा व्यवस्था अंग्रेजों के जमाने की चल रही है। अंग्रेजों के जमाने के कानूनों में बदलाव जरूरी है।

उन्होंने कहा कि भारत के संविधान में लिखा है कि हम संप्रभु भारत बनाएंगे, लेकिन इस पर हमारी संसद और विधानसभाओं में चर्चा ही नहीं हुई कि संविधान कहता क्या है। इस देश में झूठों का इतना बोलबाला है कि जिन लोगों ने 75 साल से संविधान की धज्जियां उड़ाई है, संविधान के विरोध में काम कर रहे हैं, वे संविधान ले-लेकर घूम रहे हैं और जो संविधान बचाने के लिए काम कर रहे हैं, उन्हें संविधान विरोधी घोषित कर रहे हैं। संप्रभु भारत का मतलब स्वतंत्र भारत अर्थात अपना भारत। शिक्षा, कानून व्यवस्था, राज व्यवस्था सब कुछ अपना होना चाहिए।

उन्होंने कहा कि भारत में धर्मांतरण को बढ़ावा देने के लिए भारत में 300 योजनाएं चल रही हैं। भारत का हिन्दू सोचता है कि हिन्दू रहने से कोई फायदा नहीं है। धर्म परिवर्तन से फायदा है। हमारे टैक्स से पैसों और मंदिरों के पैसों से धर्मांतरण हो रहा है। भारत में मंदिरों-मठों की एक लाख करोड़ से अधिक की संपत्ति पर सरकार का अधिकार है, लेकिन किसी मस्जिद या चर्च पर सरकार का कोई नियंत्रण नहीं है। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि जब तक अल्पसंख्यक आयोग खत्म नहीं होगा, तब तक धर्मांतरण -मतांतरण की समस्या खत्म नहीं होगी।

भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व सांसद रघुनंदन शर्मा ने कहा कि जब अंत:वृक्ष से बात प्रस्फुटित होती है तो मैं अपने को रोक नहीं सकता। मैं कहना चाहता हूं कि वक्फ बोर्ड के अधिकार सीमित किए जाएं। विधानसभा में विधेयक लाकर इसे सीमित अधिकार वाला बनाना चाहिए। राज्य शासन का एक सर्कुलर है, यह भाजपा की सरकार आने के बाद जारी हुआ है। जहां पर भी कब्र होगी, मजार होगी या अल्पसंख्यक समुदाय का कुछ हिस्सा होगा, वह रकबा नम्बर राजस्व रिकार्ड में चढ़ जाएगा। इसे रोकने की जरूरत है।

रघुनंदन शर्मा ने यह बात शनिवार को हिन्दुस्थान समाचार और धर्म संस्कृति समिति द्वारा भू अतिक्रमण और समान नागरिक संहिता को लेकर राजधानी भोपाल में आयोजित परिसंवाद कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए अपने संबोधन में कही। उन्होंने मंदसौर जिले में एक खेत में बनी मजार का उदाहरण देते हुए कहा कि इस मामले में कलेक्टर से शिकायत करने पर कहा गया कि सिर्फ मजार एरिया की नाप में ही मजार होगी। इसके अलावा कोई जमीन मजार की नहीं होगी। कलेक्टर ने ऐसा करके भी दिखाया। अब ऐसे कलेक्टर नहीं होते हैं। शर्मा ने मुस्लिम संगठनों से जुड़े कई बोर्ड को भंग करने की भी आवश्यकता भी जताई।
देश भक्ति की गंगा कभी सूख नहीं सकती शर्मा ने कहा कि 1948 में महात्मा गांधी की हत्या के बहाने देश भक्ति की गंगा को रोकने की कोशिश की गई थी, लेकिन देश भक्ति की गंगा कभी सूख नहीं सकती। यह निरंतर प्रवाहमान है। कानून बदलते रहते हैं, राष्ट्र भक्ति कभी नहीं बदलती। मां के प्रति श्रद्धा कभी बदलती नहीं है। मां, मां होती है और वत्स, वत्स ही रहता है। भारतवासियों की भारत माता के प्रति भक्ति कभी खत्म नहीं हो सकती। पूर्व सांसद शर्मा ने हिन्दू-मुस्लिम आबादी का जिक्र करते हुए कहा कि एक षड़यंत्र हुआ। परिवार नियोजन के नाम पर जिसमें पहले हम दो हमारे दो कहा गया और फिर हम एक पर आ गए। दो को तीन करने की बजाय एक करके हिन्दू की आबादी घटाई गई। इसका उदाहरण देखना हो तो कश्मीर में जाकर देखो। यह षड़यंत्र आजादी के बाद से चला है। अब दूसरा षड़यंत्र जिसकी जितनी संख्या उसकी उतनी हिस्सेदारी के नाम पर हो रही है। सनातन को मिटाने वाले यह षड़यंत्र कर रहे हैं। शर्मा ने कहा कि सनातन धर्म को बचाना है तो हर परिवार में राम, लक्ष्मण, भरत, शत्रुध्न होना ही चाहिए। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता सर्वोच्च न्यायालय के वरिष्ठ अधिवक्ता और संविधान विशेषज्ञ (पीआईएल मैन आफ इंडिया) अश्विनी उपाध्याय थे, जबकि कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के तौर पर विधायक भगवान दास सबनानी और विशिष्ट अतिथि के तौर पर राज्य बाल संरक्षण आयोग की सदस्य डॉ निवेदिता शर्मा मौजूद रहे।

विधायक भगवान दास सबनानी ने कहा कि 1 जुलाई को जब नए कानून की घोषणा हुई और इसे लागू किया गया तब इसको लेकर लोकसभा के अंदर जिस तरीके का वातावरण बनाने का प्रयास किया गया। 160 पुराना कानून जिसे दंड संहिता कहा जाता था लेकिन केवल शब्द से ज्यादा ऐसे कानून जिनकी आवश्यकता नहीं है, उसको समाप्त करने का काम केंद्र सरकार ने किया। विधायक सबनानी ने कहा कि पहले के समय में साइबर अपराध नहीं हुआ करते थे, लेकिन अब सीमा पर और समुद्र में बैठे लोग भी अपराध करते हैं।

नए कानून का विरोध सबसे ज्यादा पश्चिम बंगाल की सरकार ने किया। जहां छोटे-छोटे बच्चों से अपराध करवाने का काम चाहे जम्मू कश्मीर में बच्चों से पत्थर फेंकने का काम है, चाहे बच्चों को आगे करके पश्चिम बंगाल में वहां की व्यवस्था खराब करने का काम हो, जो लोग इनका उपयोग करते थे उनको भी दंड की सूची में लाकर यहां न्याय किया जा सके इसका प्रयास किया है। विधायक सबनानी ने आगे कहा कि फरियादी के साथ उसके परिजनों को भी न्याय मिलेगा ऐसे प्रावधान किए गए तो हम सबको ऐसे कानून का स्वागत करना चाहिए। वहीं समान नागरिकता कानून को लेकर उन्हेंने कहा कि आज समय आ गया है जब बाकी लोग भी मान गए हैं कि जब हमें समान नागरिक सहायता की ओर जाना चाहिए। भारत में वह समय आ गया है जब सबके अपने निजी कानून नहीं होना चाहिए, भारत में समान कानून संहिता होनी चाहिए।

राज्य बाल संरक्षण आयोग की सदस्य डॉ निवेदिता शर्मा ने राजधानी भोपाल में आयोजित परिसंवाद कार्यक्रम में कहा कि भारत सरकार द्वारा तीन नए कानून लागू किए हैं। तीनों पुराने कानून हैं, जिनका कुछ हिस्सा हटाया गया है और इनका नाम बदला गया है। इनमें कुछ नया जोड़ा भी गया है। इनमें दंड की न्याय शब्द का इस्तेमाल कर भारतीय न्याय संहिता 2023, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 और भारतीय साक्ष्य संहिता 2023 हो गए हैं। उन्होंने 2012 में आए माता-पिता भरण पोषण कानून का जिक्र करते हुए कहा कि इसकी जरूरत क्यों पड़ी, यह सोचने की जरूरत है, लेकिन समाज कानूनों से नहीं, नैतिकता और संस्कारों से चलता है। कानूनों की शिक्षा देने की आवश्यकता है। डॉ निवेदिता शर्मा शनिवार को हिन्दुस्थान समाचार न्यूज एजेंसी और धर्म संस्कृति समिति द्वारा भू अतिक्रमण और समान नागरिक संहिता को लेकर राजधानी भोपाल में आयोजित एक दिवसीय परिसंवाद कार्यक्रम को बतौर विशिष्ट अतिथि संबोधित कर रही थीं। उन्होंने कहा कि भू अतिक्रमण और समान नागरिक सहिता पर बात करने की आवश्यकता है। कानून की भारतीय प्राथमिकता क्या हो सकती है। हर किसी को इस देश में न्याय पाने का अधिकार है। अंग्रेजों के समय में हमें व्यवस्थित न्याय नहीं मिला, हम यह समझते हैं तो ऐसा नहीं है। क्या कोई किसी किसी महिला के साथ व्यभिचार करेगा तो उसको सजा मिलनी चाहिए। यह व्यवस्था प्राचीन समय से चली आ रही है।

उन्होंने अयोध्या के राजा सदर का उदाहरण देते हुए कहा कि उनके राजकुमार का नाम असमंजस था। लोगों ने राजा से शिकायत करते हुए कहा कि राजकुमार असमंजस हमारे छोटे-छोटे बच्चों को उठाकर तेज जलधारा में फेंक देता था। इससे हमारे बच्चे चिल्लाते हैं और उसे मजा आता है। तब राजा उठे और उन्होंने अपने मंत्रिपरिषद को बुलाया और सभा के लिए उन्होंने कहा राजकुमार से अपना पक्ष रखने के लिए कहा। जब उन्होंने अपना पक्ष रखा तुमने कहा माफ कर दीजिए, लेकिन क्या राजा का बेटा है तो उसे माफ कर देना चाहिए, लेकिन उस समय उसे राजद्रोह के नाते उसे देश से निकाल दिया। किसी की मृत्यु नहीं हुई थी, इसलिए उसे मृत्युदंड नहीं मिला। ऐसी न्याय व्यवस्था भारत में देखने को मिलती है।

उन्होंने कहा कि नई न्याय व्यवस्था कैसी होगी, शासन कैसा होगा, उसके गुण कैसे होंगे, यह सब कुछ कानूनों में है। मौर्य युग में न्याय व्यवस्था का पूरा वर्णन देखने को मिलता है। कौटिल्य के अर्थशास्त्र में भी दो प्रकार का न्याय देखने को मिलता है। उन्होंने कहा कि देवी अहिल्या को लोक माता कहा जाता है। क्योंकि आधुनिक भारत को आधुनिक भारत की बात कर रहे हैं तब देवी अहिल्या जिन्होंने 70 सालों तक शासन को चलाया और सुशासन कैसे स्थापित करते हैं, इसका उदाहरण पेश किया। समाज ने उन्हें स्वीकार किया। उनके समय में तीन तरह की न्याय प्रणाली हुआ करती थी। जब कोई पंचायत निर्णय के फैसले से संतुष्ट नहीं है जिला न्यायालय में अपील करता था फिर मंत्रिपरिषद की भूमिका एवं होती थी। लोक माता के समय कोई मंत्री परिषद से संतुष्ट नहीं होता था तो लोक माता के पास जाकर अपना पक्ष रख सकता था। कानून भारत में अंग्रेजों ने केवल अपने स्वार्थ के लिए कानून बनाए। उन्होंने इंडियन फारेस्ट एक्ट का उदाहरण दिया, जो 1987 में केवल टिंबर उत्पादन पर अपना होल्ड कर सके, इसके लिए लाया गया, जो आज भी नहीं बदला गया।

बाबा महाकाल की सवारी में 350 जवानों का विशेष पुलिस बैंड देगा प्रस्तुति

भोपाल : रविवार, जुलाई 28, 2024/ श्रावण मास के दूसरे सोमवार 29 जुलाई को उज्जैन में बाबा महाकाल की सवारी को पुलिस ब्रास बैंड के 350 नव प्रशिक्षित जवान और अधिक भव्यता प्रदान करेंगे। बैंड के द्वारा प्रस्तुत मधुर धुनों से सवारी में उत्साह, उमंग और आकर्षण कई गुना बढ़ जायेगा। मध्यप्रदेश की सभी पुलिस इकाइयों में पुलिस के जवानों को 6 माह का प्रशिक्षण दिया गया है। इसके साथ ही पुलिस बैंड द्वारा क्षिप्रा तट पर पूजन के समय दत्त अखाड़ा घाट पर भी विशेष प्रस्तुति दी जाएगी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने पुलिस बैंड की महत्ता पर बल देते हुए हर जिले में पुलिस बैंड की स्थापना और इसके लिए इच्छुक पुलिसकर्मियों को प्रशिक्षण देकर उन्हें बैंड में शामिल होने के लिए प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए थे। उनके निर्देश पर प्रदेश की पुलिस इकाइयों में पुलिस जवानों को बैंड वादन सहित वाद्ययंत्रों का प्रशिक्षण दिया गया।

मध्यप्रदेश पुलिस के गौरवशाली इतिहास का एक महत्वपूर्ण पहलू मध्यप्रदेश पुलिस बैंड रहा है। मध्यप्रदेश पुलिस बैंड की स्थापना वर्ष 1988 में 7वीं वाहिनी, विशेष सशस्त्र बल, भोपाल में की गई थी। इसके बाद प्रथम वाहिनी इंदौर, 2री वाहिनी विशेष सशस्त्र बल (विसबल) ग्वालियर, 6वीं वाहिनी विसबल जबलपुर और जेएनपीए सागर में पुलिस बैंड की शाखाओं को खोला गया था। वर्तमान में भोपाल, इंदौर, जबलपुर, ग्वालियर एवं उज्जैन की विसबल इकाइयों में ब्रास बैंड तथा रीवा इकाई में पाइप बैण्ड स्थापित है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव के निर्देश पर 6 माह के प्रशिक्षण के बाद अब प्रदेश के सभी जिलों में पुलिस बैंड की स्थापना की गई है। इसके साथ ही मुख्यमंत्री डॉ. यादव द्वारा सभी जिलों में स्थापित पुलिस बैंड में विधिवत रूप से भर्तियां किए जाने की भी घोषणा की है।

प्रत्येक जिले में पुलिस बैंड की स्थापना के लिये प्रथम वाहिनी विसबल, इंदौर, 6 वीं वाहिनी विसबल जबलपुर एवं 7वीं वाहिनी विसबल भोपाल के 321 जवानों को प्रशिक्षण दिया गया तथा 19 कर्मचारियों को एसटीसी बैंगलुरू भेजा गया था। इस प्रकार कुल 340 कर्मचारियों को प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण उपरांत मध्यप्रदेश में आगामी 15 अगस्त 2024 के राष्ट्रीय पर्व के लिए समस्त जिलों में पुलिस बैण्ड दल स्थापित किया गया।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव के मुख्य आतिथ्य में 18 जुलाई 2024 को भोपाल के मोतीलाल नेहरू पुलिस स्टेडियम में पुलिस के बैंड अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा ‘स्वर-मेघ’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। इस कार्यक्रम में ब्रास बैण्ड कॉन्सर्ट और पुलिस बैंड डिस्प्ले की प्रस्तुति दी गई। पुलिस ब्रास बैंड के सदस्यों ने कार्यक्रम में फैन फेयर, क्विक मार्च, स्लो मार्च, स्टैंडिंग डिस्प्ले, ड्रम बीटिंग, विभिन्न फिल्मी गीतों और देशभक्ति से ओतप्रोत मधुर धुनों की प्रस्तुतियां देकर समां बांध दिया था।

 

भारतीय सेना, दुनिया की बेहतरीन सेनाओं में से एक : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

भोपाल : शुक्रवार, जुलाई 26, 2024/ मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कारगिल विजय दिवस और रजत जयंती वर्ष पर भोपाल के शौर्य स्मारक में भारत माता की प्रतिमा पर नमन किया। डॉ. यादव ने शौर्य स्तंभ पहुंचकर शहीदों को नमन किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने शौर्य स्मारक परिसर में स्थापित सेना के टी-55 टैंक का लोकार्पण भी किया। शौर्य स्मारक में अब आमजन भी इस टैंक को देख सकेंगे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने द्रोणाचार्य सभागार में कारगिल युद्ध में शहीद हुए सैनिकों को श्रद्धांजलि दी और कार्यक्रम को संबोधित किया। राजधानी भोपाल में कारगिल विजय दिवस पर हुए मुख्य कार्यक्रम में आज शौर्य स्मारक में मुख्यमंत्री डॉ. यादव के पहुंचने पर एनसीसी कैडेट्स ने गार्ड्स ऑफ ऑनर दिया। जनरल ऑफिसर कमांडिंग सुदर्शन चक्र कोर, प्रीतपाल सिंह, एनसीसी के मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ के अतिरिक्त महानिदेशक मेजर जनरल अजय कुमार के साथ ही 21 कोर भोपाल के अनेक अधिकारी भी शामिल हुए।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सेना एवं एनसीसी के कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि कारगिल विजय से हमारी सेना ने एक नया इतिहास रचा। यह विजय भारतीय सेना के शौर्य और पराक्रम की पहचान है। युद्धों में कई बार हथियारों के आगे सेना का हौसला महत्वपूर्ण होता है, जो जीत की ओर ले जाता है। पराक्रम भारत की पहचान रही है। दुश्मन हमारे देश में विभिन्न कारणों और तरीकों से नष्ट- भ्रष्ट करने के उद्देश्य से आते हैं, लेकिन हमारे शौर्य के आगे वे टिक नहीं पाते। मिस्र और रोम जैसी पुरानी सभ्यताएं खत्म हो गईं। लेकिन भारत की हस्ती मिटती नहीं है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि स्वतंत्रता के पश्चात भारत और पाकिस्तान दो राष्ट्र बने। आज दोनों राष्ट्रों की तुलना करें, तो हम देखते हैं कि भारत की अच्छाईयां अलग स्थान दिलाती हैं। दोनों देशों के बीच 1965 और 1971 के बाद 1999 में युद्ध हुए। जब अटल प्रधानमंत्री थे, पड़ोसी ने आंखों में धूल झोंकी। भारत पड़ोसी धर्म का निर्वहन कर रहा था। हमने सदैव ही अपनी सीमाओं और मर्यादा को समझा है। यशस्वी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अतीत को देखते हुए समझा है कि पड़ोसी कैसे हैं और उनसे किस तरह व्यवहार करना है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि कारगिल युद्ध में पाकिस्तान की पराजय हुई। आज भारत शत्रु के दुस्साहस का उत्तर उसके घर में घुसकर दे सकता है। भारतीय सेना दुनिया की बेहतरीन सेनाओं में से एक है, जो दुश्मन से निपटना जानती है। कारिगल शहीद सैनिकों को राष्ट्र कभी नहीं भुलाएगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रदेशवासियों को कारगिल विजय दिवस की बधाई देते हुए युद्ध के शहीदों को नमन किया।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कार्यक्रम में राष्ट्रभक्ति गीत प्रस्तुत करने वाले एनसीसी कैडेट्स (जिनमें छात्र और छात्राएं दोनों शामिल थे) को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने शौर्य स्मारक परिसर में भारतीय थल सेना के सौजन्य से वॉर ट्रॉफी के रूप में प्राप्त टी-55 टैंक को स्थापित करने को महत्वपूर्ण बताया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने शौर्य स्मारक की स्थायी चित्र प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया।

कार्यक्रम में संस्कृति मंत्रीराज्य (स्वतंत्र प्रभार) धर्मेंद्र सिंह लोधी सहित अनेक सैन्य और वरिष्ठ एनसीसी अधिकारी भी उपस्थित थे। प्रारंभ में जनरल ऑफिसर कमांडिंग सुदर्शन चक्र कोर प्रीतपाल सिंह ने मुख्यमंत्री डॉ. यादव का स्वागत किया। मेजर जनरल अजय कुमार महाजन ने एनसीसी कैडेट्स को हमेशा अनुशासन और राष्ट्रसेवा के लिए समर्पित होने का संदेश दिया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव को स्मृति चिन्ह भी प्रदान किया गया।

 

पंचायत प्रतिनिधि किसी एक गांव को आदर्श गांव बनाने की जिम्मेदारी लें – पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री प्रहलाद पटेल

भोपाल : शुक्रवार, जुलाई 26, 2024/ पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री प्रहलाद पटेल ने सभी स्तरों की पंचायतों के पदाधिकारियों का आव्हान किया है कि वे अपनी पसंद के किसी एक गांव को आदर्श गांव बनाने के लिए सभी उपलब्ध संसाधनों और विभिन्न योजनाओं में आपसी समन्वय के साथ एक मॉडल विलेज बनाएं। उन्होने कहा कि अपने सपनों का गांव बनाने की शुरूआत करें।

प्रहलाद पटेल कल यहां आत्मनिर्भर पंचायत- समृद्ध मध्यप्रदेश विषय पर पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग और जर्मन संस्था जीआईजे्ड द्वारा आयोजित कार्यशाला के समापन सत्र को संबोधित कर रहे थे।

प्रहलाद पटेल ने कहा कि जो पंचायतें शहरों से से लगी हैं उनकी अपनी समस्याएं और मुददे होते हैं। वे अर्ध-शहरी कहलाती हैं। ऐसी 1200 पंचायतें हैं। इनके अध्यक्षों, उपाध्यक्षों, सदस्यों और अधिकारियों के साथ भी जल्दी ही चर्चा की जाएगी। इसी प्रकार पेसा पंचायतों और वन संरक्षित क्षेत्रों के समीप स्थित पंचायतों की स्थिति सामान्य पंचायतों से भिन्न है। उनके मुददों पर भी चर्चा की जाएगी।

प्रहलाद पटेल ने कहा जिन पंचायतों की जनसंख्या 5000 से ज्यादा है वहां दो सामुदायिक भवन बनाये जायेंगे। उन्होने पंचायत प्रतिनिधियों से आग्रह किया कि वे उचित निर्माण स्थल का चयन करने की कार्रवाई शुरू कर दें। उन्होंने कहा कि जिला पंचायतों के पदाधिकारी जनपद पंचायतों की बैठकों में परामर्शदाता की भूमिका निभा सकते हैं लेकिन निर्णय प्रक्रिया में हस्तक्षेप नहीं करें।

पंचायत मंत्री ने कहा कि सभी पंचायतों के पदाधिकारी बैठकों के नियम की जानकारी रखें। इससे टकराव नहीं होगा। उन्होंने कहा कि पंचायतों में की जा रही विकास की गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखें ताकि समय पर उनमें सुधार हो सके।

प्रहलाद पटेल ने कहा कि पंचायत प्रतिनिधि सामाजिक रूप से जिम्मेदार व्यक्ति होते हैं और उन्हें पूरी मेहनत से अपनी जिम्मेदारी निभाना करना चाहिए। उन्होंने कहा कि पंचायतों की सामान्य सभा की बैठकें कैबिनेट की बैठक के समान होती हैं। इसको पूरी गंभीरता से लें। जहां बैठकें नहीं हुई है वहां पर निश्चित अंतराल में इन बैठकों का आयोजन करें । यह सबकी सामूहिक जिम्मेदारी है। प्रहलाद पटेल ने कहा कि पंचायतों में उपलब्ध धनराशि चुने हुए पंचायत प्रतिनिधियों की सहमति से ही खर्च होगी। उन्होने पंचायत पदाधिकारियों का आव्हान किया कि वे यह सुनिश्चित करें कि उनकी पंचायतों में हुए विकास कार्यों का उपयोगिता प्रमाणपत्र तत्काल प्रस्तुत कर दिया जाये। हमेशा व्यवस्थाओं में सुधार लाने के दृष्टिकोण के साथ ही काम करें। उन्होंने कहा कि कार्यशाला में दिए गए सभी सुझावों पर विचार होगा और उपयुक्त निर्णय लिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि वित्तीय अनुशासन का पालन करना आवश्यक है। कई केन्द्रीय योजनाओं के क्रियान्वयन में पंचायतों की सजगता से मध्य प्रदेश का राष्ट्रीय स्तर पर नाम हुआ है।

 

पेरिस ओलंपिक-2024 का पेरिस में सीन नदी के किनारे आज होगा उद्घाटन समारोह का आयोजन

नई दिल्ली : शुक्रवार, जुलाई 26, 2024/ पेरिस ओलंपिक-2024 खेलों की शुरूआत आज से होगी। ओलंपिक खेलों के उद्घाटन समारोह का आयोजन पेरिस में सीन नदी के किनारे भारतीय समय के अनुसार रात 11 बजे से होगा। यह पहली बार है जब उद्घाटन समारोह किसी स्टेडियम में न होकर खुले में आयोजित होने जा रहा है। ओलिम्पिक खेलों में भाग ले रहे देशों के खिलाड़ियों की परेड पेरिस के प्रतिष्ठित स्थलों, नोट्रे-डेम, पोंट डे आर्ट्स और पोंट नेफ से होकर गुजरेगी। इसमें लगभग 10 हजार 500 खिलाड़ी करीब 100 नावों में सवार होकर परेड में निकलेंगे। परेड ऑस्टरलिट्ज़ ब्रिज से शुरू होकर ट्रोकाडेरो – एफिल टॉवर के पास एस्प्लेनेड पर समाप्त होगी, जहां ओलिम्पिक मशाल प्रज्वलित कर समारोह की शुरूआत की जाएगी।

भारत की ओर से शरथ कमल और पी. वी. सिंधु परेड में ध्वजवाहक के रूप में देश का प्रतिनिधित्व करेंगे। पी. वी. सिंधु बैडमिंटन में दो बार की ओलंपिक पदक विजेता हैं। भारतीय खिलाड़ी पारंपरिक पोशाक पहनकर परेड में भाग लेंगे। इससे पहले भारत ने कल पेरिस ओलंपिक अभियान में शानदार शुरुआत की। तीरंदाजी में पुरुष टीम ने रैंकिंग राउंड में तीसरा स्थान हासिल किया वहीं, महिला टीम ने चौथा स्थान हासिल करते हुए क्वार्टर फाइनल में जगह पक्की की।

क्वार्टर फाइनल में भारतीय महिला टीम का मुकाबला मेजबान फ्रांस और नीदरलैंड के बीच होने वाले अंतिम-16 चरण के मैच के विजेता से होगा। दूसरी ओर, भारतीय पुरुष टीम का सामना क्वार्टर फाइनल में कोलंबिया अथवा तुर्किए से होगा। मिक्सड टीम स्पर्धा के 16वें दौर में भारत का मुकाबला इंडोनेशिया से होगा। यह स्पर्धाएं इस महीने की 28 तारीख से अगले महीने की 4 तारीख तक आयोजित होंगी। निशानेबाजी में भारत कल 10 मीटर एयर राइफल मिक्सड टीम स्पर्धा और 10 मीटर एयर पिस्टल पुरुष और महिला स्पर्धाओं के साथ अपने अभियान की शुरूआत करेगा।

पेरिस ओलंपिक विधिवत आज से शुरू हो रहा है। सीन नदी के किनारे आयोजित होने वाले उद्घाटन समारोह के साथ खेलों की आधिकारिक शुरुआत होगी। इस वर्ष, पेरिस ओलंपिक में 1924 के ओलंपिक खेलों की शताब्दी का जश्न मनाया जाएगा। पेरिस में वर्ष 1900 में दूसरे ओलंपिक खेल आयोजित किए गए थे। लगभग 100 साल पहले 1924 में भी पेरिस ने खेलों की मेजबानी की थी।

लंदन के बाद पेरिस तीन बार ओलंपिक की मेजबानी करने वाला दूसरा शहर बन जाएगा। पेरिस 2024 ओलंपिक पदकों का डिज़ाइन फ्रांस में खेलों की वापसी को दर्शाता है।

अगर हम ओलंपिक के इतिहास पर नजर डालें तो पेरिस ओलंपिक के इतिहास में भारतीय दल के लिए भाग्यशाली स्थान माना जाता है। दरअसल भारतीय दल ने पहली बार फ्रांस की राजधानी में पदक का खाता खोला, भारत के एक खिलाड़ी नॉर्मन प्राइसहार्ड ने उसी स्थान पर 1900 ओलंपिक खेलों में 200 मीटर बाधा दौड़ और 200 मीटर स्प्रिंट में रजत पदक जीते थे। 1924 में पश्चिमी उत्तर प्रदेश के बदायूं शहर में जन्मी टेनिस खिलाड़ी नोरा पोली पेरिस में ट्रैक और फील्ड के सबसे बड़े आयोजन में भाग लेने वाली भारत की पहली महिला बनीं।

पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण विभाग के संभागीय कार्यालय शुरू होंगे

भोपाल : शुक्रवार, जुलाई 26, 2024/ पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण विभाग के संभाग स्तर पर संभागीय कार्यालय शुरू करने के लिये शासन स्तर पर पहल की जायेगी। पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कृष्णा गौर ने पिछड़ा वर्ग तथा अल्पसंख्यक कल्याण विभाग सहायक संचालक एवं निरीक्षक संघ के प्रतिनिधि मण्डल को उक्त आशय का आश्वासन दिया। प्रतिनिधि मण्डल राज्यमंत्री कृष्णा गौर गुरूवार को उनके निवास पर भेंट कर विभिन्न मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा।

राज्यमंत्री गौर ने कहा कि संघ द्वारा विभाग की संरचना से संबंधित विभिन्न तथ्यों को ध्यान में लाया गया है, इनमें अन्य विभागों की तरह पिछड़ा वर्ग तथा अल्पसंख्यक कल्याण विभाग के संभागीय कार्यालय शुरू करने, सहायक संचालक के पदनाम को सहायक आयुक्त किये जाने, विभाग के अधिकारियों को पाँच स्तरीय वेतनमान स्वीकृत किये जाने और विभाग की आवश्यकतानुसार जिला, संभाग और मुख्यालय स्तर पर अधिकारी-कर्मचारियों के पदों के सृजन पर विचार किया जायेगा। उन्होंने कहा कि संघ के द्वारा सौंपे गये मांग पत्र के बिन्दुओं पर विभागीय वरिष्ठ अधिकारियों के साथ चर्चा की जायेगी और विभाग की आवश्यकताओं के अनुरूप तथा पिछड़ा वर्ग के कल्याण को ध्यान में रखते हुए जरूरी मांगों को पूरा करने पर विचार किया जायेगा।

राज्यमंत्री गौर ने उनके भ्रमण के दौरान जबलपुर और इंदौर पिछ ड़ा वर्ग के छात्रावासों में दिये गये निर्देशों को पूरा करने पर इन जिलों के अधिकारियों की सराहना की। उन्होंने कहा कि विभाग के सुदृढ़ीकरण के लिये वह पूर्व से प्रयासरत है। पिछड़ा वर्ग के छात्रावासों में लायब्रेरी, मेस और वाईफाई आदि की सुविधाएँ दिये जाने की कार्यवाही की जा रही है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक संभागीय मुख्यालय पर संभाग स्तरीय परीक्षा पूर्व प्रशिक्षण केन्द्र भी शुरू किये जाने का कार्य किया जा रहा है। इससे पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक समुदाय के विद्यार्थियों को अपने संभाग पर प्रतियोगी परीक्षाओं का नि:शुल्क प्रशिक्षण मिल सकेगा।

संघ के अध्यक्ष आशीष दीक्षित, उपाध्यक्ष प्रवीण कुमार श्रीवास्तव, महासचिव अनिल सोनी, कोषाध्यक्ष संगीता जायसवाल अन्य पदाधिकारी ममता भट्टाचार्य, दिव्या, रिया जैन, नेहा भूमरकर, योगेन्द्र राज, होमेन्द्र पटले, अर्जुन मालवीय, सुमित रघुवंशी, तीर्थ गर्मे और शैलेन्द्र अतरे और राघव परसारिया राज्यमंत्री गौर से मिलने वाले प्रतिनिधि मण्डल में शामिल थे।

 

गोविंदगढ़ में सफेद शेरों के ब्रीडिंग सेंटर का कार्य शीघ्र प्रारंभ होगा: उप-मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल

रीवा : शुक्रवार, जुलाई 26, 2024/ उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने रीवा ज़िले के गोविन्दगढ़ में आयोजित सम्मान समारोह में कहा कि गोविंदगढ़ के समग्र विकास के सभी कार्य प्राथमिकता से कराए जाएंगे। सफेद शेरों के ब्रीडिंग सेंटर का कार्य शीघ्र प्रारंभ होगा तथा छुहिया घाटी में सड़क मार्ग पर सुरंग बनाई जाएगी। उप-मुख्यमंत्री शुक्ल का गोविंदगढ़ में नागरिक अभिनंदन किया गया। उनका शॉल-श्रीफल से सम्मान हुआ तथा भगवान रमागोविंद का चित्र भेंट किया गया।

उप-मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने कहा कि गोविंदगढ़ की पहचान सफेद शेर से है। महाराजा मार्तण्ड सिंह को याद करना गौरव की बात है। विन्ध्य क्षेत्र में सफेद शेरों की वापसी हो गई है। शीघ्र ही गोविंदगढ़ में पूर्व से स्वीकृत सफेद शेर के ब्रीडिंग सेंटर का कार्य प्रारंभ होगा। उन्होंने कहा कि अमिलकी की नहर की पुलिया के घुमाव को सीधा कराया जाएगा तथा गोविंदगढ़ घाट की सड़क का सुधार कार्य तत्काल होगा।

उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के निर्देश पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश में विकास के कार्य लगातार जारी हैं। देश के विकास में जिस प्रकार मध्यप्रेदश का योगदान है उसी प्रकार प्रदेश के विकास में विन्ध्य भी अपनी भूमिका का निर्वहन कर रहा है। रीवा जिले में बाणसागर की नहरों से तीन लाख एकड़ क्षेत्र में सिंचाई हो रही है। आने वाले पाँच वर्षों में 9 लाख एकड़ क्षेत्र में सिंचाई की सुविधा मिलेगी। बहुती नहर में 1500 करोड़ रुपए से तथा सीतापुर/हनुमना में 3500 करोड़ रुपए से सिंचाई सुविधा के कार्य स्वीकृत किए गए हैं।

शुक्ल ने कहा कि प्रदेश सरकार का संकल्प है कि हमारे किसान समृद्धशाली हों। जिले में आईटी पार्क, फूड पार्क एवं अन्य रोजगार के संसाधन विकसित कर आने वाली पीढ़ी को रोजगार देने के कार्य प्राथमिकता से किए जा रहे हैं। अगस्त माह में रीवा हवाई अड्डे का लोकार्पण प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा वर्चुअली किया जाएगा।

उप-मुख्यमंत्री शुक्ल ने “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत गोविंदगढ़ थाना परिसर में पौधरोपण किया। कार्यक्रम में मेधावी छात्रों और संतजनों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में त्रिदंडी स्वामी शेषमणि आचार्य ने शुभ आशीर्वाद दिया। कार्यक्रम में विधायक नागेन्द्र सिंह, पूर्व महापौर रीवा राजेन्द्र ताम्रकार सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, बड़ी संख्या में नगरवासी उपस्थित रहे।

 

नई दिल्ली : शुक्रवार, जुलाई 26, 2024/ राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने अपने कार्यकाल के दो वर्ष पूरे होने के अवसर पर कल गुरुवार को राष्ट्रपति संपदा में स्थित डॉ. राजेंद्र प्रसाद केन्द्रीय विद्यालय की कक्षा नौ के विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण का पाठ पढ़ाया। राष्ट्रपति ने एक शिक्षिका की भूमिका निभाते हुए विद्यार्थियों से वैश्विक समस्या ग्लोबल वार्मिंग और पर्यावरण प्रदूषण को लेकर चर्चा की। उन्होंने विद्यार्थियों को बताया कि हमें छह ऋतुओं के बारे में पढ़ाया जाता है, लेकिन हम ग्लोबल वार्मिंग के कारण केवल तीन गर्मी, ठंड और वर्षा का ही अनुभव करते हैं। उसमें भी खासकर गर्मी रहती है, उसका कारण ग्लोबल वार्मिंग है। राष्ट्रपति ने ग्लोबल वार्मिंग को रोकने के उपायों के बारे में विद्यार्थियों के सुझाव लिये। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण के प्रति विद्यार्थियों काे जागरूक किया। उन्होंने जल संरक्षण की आवश्यकता पर बल दिया तथा जलवायु परिवर्तन के प्रभाव को कम करने के लिए उन्हें अधिकाधिक पेड़ लगाने के लिए प्रोत्साहित किया। मुर्मू ने कहा कि हमें अधिक से अधिक पेड़ लगाने चाहिए। हमें पानी की बर्बादी को कम करने और वर्षा जल संचयन के माध्यम से इसे संरक्षित करने के लिए भी कदम उठाने चाहिए। उन्होंने पानी के जल संरक्षण पर भी जोर दिया। पानी को बहने से बचाने, जरूरत से ज्यादा पानी की बर्बादी रोकने की बात कही। राष्ट्रपति ने ग्लोबल वार्मिंग के कारणों पर भी चर्चा की और उद्योग लगाने के लिए पेड़ों के अधिक काटे जाने पर चिंता जताई। उन्होंने घरों में एसी के इस्तेमाल को कम करने और जंगल को सुरक्षित रखने की जरूरत पर बल दिया। साथ ही वायु प्रदूषण पर भी चर्चा की और इसे कम करने के उपायों के बारे में बताया। अपने संवाद की शुरुआत में राष्ट्रपति ने विद्यार्थियों से उनका नाम जाना और भविष्य में वे क्या बनना चाहते हैं, इसको लेकर प्रश्न किये। राष्ट्रपति ने इस बात पर प्रसन्नता व्यक्त की कि विद्यार्थी अन्य विषयों के अलावा वैज्ञानिक और डॉक्टर बनने की आकांक्षा रखते हैं। राष्ट्रपति मुर्मू ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा हाल ही में शुरू की गई ‘एक पेड़ मां के नाम’ पहल के बारे में भी बात की और विद्यार्थियों से अपने जन्मदिन पर एक पेड़ लगाने का आह्वान किया। उल्लेखनीय है कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने 25 जुलाई 2022 को देश के 15वें राष्ट्रपति के रूप में शपथ ली थी।

नई दिल्ली : शुक्रवार, जुलाई 26, 2024/ राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने अपने कार्यकाल के दो वर्ष पूरे होने के अवसर पर कल गुरुवार को राष्ट्रपति संपदा में स्थित डॉ. राजेंद्र प्रसाद केन्द्रीय विद्यालय की कक्षा नौ के विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण का पाठ पढ़ाया। राष्ट्रपति ने एक शिक्षिका की भूमिका निभाते हुए विद्यार्थियों से वैश्विक समस्या ग्लोबल वार्मिंग और पर्यावरण प्रदूषण को लेकर चर्चा की। उन्होंने विद्यार्थियों को बताया कि हमें छह ऋतुओं के बारे में पढ़ाया जाता है, लेकिन हम ग्लोबल वार्मिंग के कारण केवल तीन गर्मी, ठंड और वर्षा का ही अनुभव करते हैं। उसमें भी खासकर गर्मी रहती है, उसका कारण ग्लोबल वार्मिंग है।

राष्ट्रपति ने ग्लोबल वार्मिंग को रोकने के उपायों के बारे में विद्यार्थियों के सुझाव लिये। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण के प्रति विद्यार्थियों काे जागरूक किया। उन्होंने जल संरक्षण की आवश्यकता पर बल दिया तथा जलवायु परिवर्तन के प्रभाव को कम करने के लिए उन्हें अधिकाधिक पेड़ लगाने के लिए प्रोत्साहित किया। मुर्मू ने कहा कि हमें अधिक से अधिक पेड़ लगाने चाहिए। हमें पानी की बर्बादी को कम करने और वर्षा जल संचयन के माध्यम से इसे संरक्षित करने के लिए भी कदम उठाने चाहिए।

उन्होंने पानी के जल संरक्षण पर भी जोर दिया। पानी को बहने से बचाने, जरूरत से ज्यादा पानी की बर्बादी रोकने की बात कही। राष्ट्रपति ने ग्लोबल वार्मिंग के कारणों पर भी चर्चा की और उद्योग लगाने के लिए पेड़ों के अधिक काटे जाने पर चिंता जताई। उन्होंने घरों में एसी के इस्तेमाल को कम करने और जंगल को सुरक्षित रखने की जरूरत पर बल दिया। साथ ही वायु प्रदूषण पर भी चर्चा की और इसे कम करने के उपायों के बारे में बताया।

अपने संवाद की शुरुआत में राष्ट्रपति ने विद्यार्थियों से उनका नाम जाना और भविष्य में वे क्या बनना चाहते हैं, इसको लेकर प्रश्न किये। राष्ट्रपति ने इस बात पर प्रसन्नता व्यक्त की कि विद्यार्थी अन्य विषयों के अलावा वैज्ञानिक और डॉक्टर बनने की आकांक्षा रखते हैं। राष्ट्रपति मुर्मू ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा हाल ही में शुरू की गई ‘एक पेड़ मां के नाम’ पहल के बारे में भी बात की और विद्यार्थियों से अपने जन्मदिन पर एक पेड़ लगाने का आह्वान किया। उल्लेखनीय है कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने 25 जुलाई 2022 को देश के 15वें राष्ट्रपति के रूप में शपथ ली थी।

 

असंगठित और गिग वर्कर्स के लिए केंद्र सरकार का बड़ा फैसला, 40 और 22...

0
नई दिल्ली | 4 नवंबर 2026 देश के करोड़ों असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों, डिलीवरी पार्टनर्स, ऐप आधारित टैक्सी चालकों और प्लेटफॉर्म वर्कर्स को सामाजिक सुरक्षा...
nmms-scholarship-2026-27

NMMSS Scholarship 2026-27: छात्रों को बड़ी राहत, छात्रवृत्ति आवेदन की अंतिम तारीख बढ़ी, अब...

0
नई दिल्ली। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के मेधावी विद्यार्थियों के लिए केंद्र सरकार ने बड़ी राहत दी है। शिक्षा मंत्रालय ने राष्ट्रीय साधन-सह-योग्यता...
akshara goswami

मध्यप्रदेश स्थापना दिवस पर 102 मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान, हर छात्र को मिली 1...

0
भोपाल। मध्यप्रदेश के 71वें स्थापना दिवस के अवसर पर प्रदेश की शैक्षणिक प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। भोपाल के लाल परेड मैदान में आयोजित...
poshan-tracker-pmmvy-grievance-redressal-2026

POSHAN Tracker और PMMVY की शिकायतों का होगा निपटारा, 30 अक्टूबर को देशभर में...

0
नई दिल्ली | 30 अक्टूबर 2026 | सामाजिक कल्याण समाचार केंद्र सरकार ने गर्भवती महिलाओं, स्तनपान कराने वाली माताओं और पोषण सेवाओं के लाभार्थियों की...
anath-bachchon-ke-liye-sarkari-yojana-2026

अनाथ बच्चों के लिए सरकार की खास योजनाएँ, पढ़ाई से लेकर आर्थिक सहायता तक

0
नई दिल्ली | सरकारी योजना समाचार देश में ऐसे कई बच्चे हैं, जिन्होंने अपने माता-पिता को खो दिया है या जिनके पास देखभाल करने वाला...