दक्षिण भारतीय उद्योगपति मध्यप्रदेश में प्रारंभ करें औद्योगिक इकाइयां : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

भोपाल : गुरूवार, जुलाई 25, 2024/ मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि दक्षिण भारतीय उद्योगपति मध्यप्रदेश में औद्योगिक इकाइयां प्रारंभ कर प्रदेश के द्वारा उद्योगपतियों को प्रदान की जा रही सहूलियतों का लाभ लें। इससे मध्यप्रदेश के लोगों के लिये भी रोजगार के नवीन अवसर सृजित होंगे।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कल तमिलनाडु के कोयंबटूर (त्रिपुर) पहुँचकर स्थानीय बेस्ट कॉर्प फैक्ट्री का अवलोकन किया। डॉ. यादव ने कहा कि तमिलनाडु के इस क्षेत्र में मध्यप्रदेश के लिए औद्योगिक दृष्टि से विकास की संभावनाओं को साकार करने के संदर्भ में इस इंडस्ट्रियल बेल्ट में दौरा किया है। निश्चित ही यहां के निवेशकों को आमंत्रित करने के अच्छे परिणाम प्राप्त होंगे। जिसका लाभ निवेशकों और म.प्र. को भी मिलेगा।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश में टेक्सटाइल उद्योग में विकास की बहुत संभावनाएं हैं। यहां जो यूनिट संचालित है उसको देखकर प्रसन्नता हुई है। यह कार्य उन क्षेत्रों के लिए अनुकरणीय है, जहां हमारे युवाओं विशेषकर बहनों को इस तरह के रोजगार की आवश्यकता है। टेक्सटाइल उद्योग रोजगारपरक है। भारत जैसे विशाल भौगोलिक क्षेत्रफल वाले देश में ऐसे उद्योग अनेक प्रांतों के लोगों को रोजगार देते हैं। कई राज्यों से यहां आकर लोग रोजगार पा रहे हैं और देश को समृद्ध बनाने के लिए अपना पसीना भी बहा रहे हैं।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि तमिलनाडु की यह औद्योगिक इकाई एक तरह से श्रम मंदिर है, जहां श्रमिकों की अपनी आजीविका भी चलती है और श्रमिक बंधु बधाई के पात्र हैं। उनके द्वारा निर्मित वस्त्रों से दुनिया में भारत की विशिष्ट पहचान बनती है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि बेस्ट कॉर्प संस्थान द्वारा उज्जैन में भी इकाई स्थापित की गई है, प्रदेश में अन्य स्थानों पर भी ऐसी इकाइयां लगें, इसके प्रयास किए जाएंगे। तमिलनाडु के अन्य निवेशकों को भी मध्यप्रदेश में निवेश के लिए आमंत्रित किया जा रहा है। मुख्यमंत्री डॉ.यादव ने प्रमुख उद्योगपतियों के साथ रात्रि भोज के दौरान भी निवेश संबंधी चर्चा की।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव गुरूवार, 25 जुलाई को कोयम्बटूर में इन्वेस्ट एमपी इंटरेक्टिव सत्र में उद्योगपतियों को मध्यप्रदेश सरकार की निवेश प्रोत्साहन, नवाचार और सतत् विकास की गतिविधियों की जानकारी देंगे। इसके साथ ही टेक्सटाइल एवं गारमेंट, इंजीनियरिंग और सूचना प्रौद्योगिकी क्षेत्रों में निवेश के लिए उद्योगपतियों से चर्चा करेंगे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव उद्योगपतियों से रू-ब-रू चर्चा भी करेंगे। इस अवसर पर मध्यप्रदेश के “एक जिला एक उत्पाद” से संबंधित प्रदर्शनी लगाई जाएगी।

 

महिला एशिया कप टी-20 दोनों सेमीफाइनल मुकाबलेकल खेले जाएंगे, बांग्लादेश से होगा भारत का सामना

नई दिल्ली : गुरूवार, जुलाई 25, 2024/ महिला एशिया कप टी-20 क्रिकेट के सेमीफाइनल में कल वर्तमान चैंपियन भारत का मुकाबला बांग्लादेश से और मेजबान श्रीलंका का पाकिस्तान से होगा। दोनों मैच दांबुला में खेले जाएंगे।

महिला एशिया कप में भारत ने मंगलवार रात नेपाल को 82 रनों से हराकर ग्रुप-स्टेज अभियान का समापन किया। हरमनप्रीत कौर की अगुआई वाली टीम ग्रुप ए में शीर्ष पर रही और छह अंकों के साथ अजेय रही। भारत की जीत के बाद, पाकिस्तान ने भी ग्रुप चरण में दूसरे स्थान पर रहते हुए अंतिम चार के लिए क्वालीफाई किया।

इस जीत के साथ भारत की कार्यवाहक कप्तान स्मृति मंधाना ने कहा कि उनकी टीम महिला एशिया कप 2024 के सेमीफाइनल में अपने प्रतिद्वंद्वी को हल्के में नहीं लेगी। भारतीय टीम ने ग्रुप चरण में अजेय रहते हुए सेमीफाइनल में जगह बनाई है। भारत के अंतिम चार में खेलने के लिए तैयार होने और उनके विरोधियों के बारे में अभी फैसला नहीं होने के साथ, स्मृति ने कहा कि भारतीय टीम अपने विरोधियों को हल्के में नहीं लेगी।

दांबुला में कल खेले गए मैच में श्रीलंका ने थाईलैंड को दस विकेट से हराया। पहले बल्लेबाजी करते हुए थाईलैंड ने निर्धारित 20 ओवर में सात विकेट पर 93 रन बनाए। श्रीलंका ने जीत के लिए 94 रन का लक्ष्य 11 ओवर और तीन गेंदों में ही हासिल कर लिया।

संघ की गतिविधियों में सरकारी कर्मचारियों की भागीदारी पर अनावश्यक बहस

कृष्णमोहन झा

शासकीय कर्मचारियों को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की गतिविधियों में भाग लेने से रोकने के लिए उन पर जो प्रतिबंध लगभग 58 वर्ष पूर्व केंद्र की तत्कालीन कांग्रेस सरकार द्वारा लगाया गया था उसे वर्तमान केन्द्र सरकार ने हटा दिया है। शासकीय कर्मचारी संघ अब संघ की गतिविधियों और कार्यक्रमों में भाग लेने के लिए स्वतंत्र होंगे। संघ के प्रचार प्रमुख सुनील आंबेकर ने सरकार के इस निर्णय का स्वागत करते हुए कहा है कि आर एस एस 99 साल से राष्ट्र निर्माण और समाज की सेवा के काम में लगा हुआ है। पिछली सरकारों ने अपने राजनीतिक हितों के लिए, आर एस एस जो कि एक सांस्कृतिक और सामाजिक संगठन है,की गतिविधियों में सरकारी कर्मचारियों के भाग लेने पर प्रतिबंध लगा दिया था। उस प्रतिबंध को हटाने का वर्तमान केन्द्र सरकार का यह निर्णय देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत‌ करेगा। मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और वर्तमान में केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भी सरकार के इस निर्णय पर अपनी प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि आर एस एस राष्ट्र के पुनर्निर्माण निर्माण का आंदोलन है। संघ अपने लिए नहीं बल्कि देश और समाज के लिए जीने वाले कर्मठ , चरित्रवान और देशभक्त कार्यकर्ता तैयार करता है।ये कार्यकर्ता समाज के लिए अपना सर्वस्व न्यौछावर करते हैं। शिवराज सिंह चौहान ने इस फैसले के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रति आभार व्यक्त किया है। यहां यह भी विशेष उल्लेखनीय है कि संघ ने शासकीय कर्मचारियों को उसकी गतिविधियों में भाग लेने से रोकने वाला प्रतिबंध हटाने का कोई अनुरोध सरकार से नहीं किया था। यह फैसला केंद्र सरकार ने स्वविवेक से किया है। गौरतलब है कि सन् 2000 में तत्कालीन सरसंघचालक प्रोफेसर राजेंद्र सिंह ने सरकारी कर्मचारियों के संघ की गतिविधियों में भाग लेने अथवा न लेने की कार्य वाही में हस्तक्षेप न करते हुए इसके निर्णय का अधिकार सरकारों पर छोड़ दिया था। वर्तमान संघ प्रमुख मोहन भागवत ने 2014 में हरिद्वार में आयोजित एक बैठक में कहा था कि” हम सरकार से ऐसी कोई मांग नहीं करने जा रहे।हम अपना काम कर रहे हैं। हमारा काम ऐसे किसी अवरोध से नहीं रुकता। ” यह बात सही है कि हाल के वर्षों में संघ की किसी भी बैठक में यह मुद्दा विचार के लिए नहीं उठाया गया लेकिन इसमें कोई संदेह नहीं कि संघ का शताब्दी वर्ष प्रारंभ होने के लगभग तीन माह पूर्व केंद्र सरकार ने शासकीय कर्मचारियों को संघ की गतिविधियों में भाग लेने की अनुमति देने वाला फैसला लेकर एक स्वागतेय कदम उठाया है।

केंद्र सरकार के उक्त निर्णय की उन विपक्षी दलों द्वारा आलोचना की जा रही है जिनका हमेशा से ही पूर्वाग्रह रहा है। ऐसे विपक्षी दल आखिर यह क्यों भूल जाते हैं कि अतीत में एकाधिक अवसरों पर न्यायालय भी राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ को गैर- राजनीतिक और सांस्कृतिक संगठन बता चुके हैं।1967 में पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट ने एक शासकीय कर्मचारी को आरएसएस की गतिविधियों में भाग लेने के कारण पद से हटाने के सरकार के आदेश को निरस्त करते हुए कहा था कि आर एस एस राजनीतिक संगठन नहीं है अतः उसकी गतिविधियों में भाग लेना गैरकानूनी नहीं है। इसी तरह 1966 में मैसूर हाईकोर्ट ने एक कर्मचारी की याचिका पर सुनवाई करते हुए कहा था कि प्रथम दृष्टया आर एस एस गैर राजनीतिक एवं सांस्कृतिक संगठन है जो किसी भी गैर हिन्दू के प्रति द्वेष अथवा घृणा की भावना से मुक्त है। कोर्ट ने कहा कि संघ ने भारत में लोकतांत्रिक पद्धति को स्वीकार किया है अतः उसकी गतिविधियों में भाग लेने के कारण किसी कर्मचारी को सेवा से मुक्त किए जाने का निर्णय ग़लत है। मैसूर हाईकोर्ट ने राज्य सरकार को उस कर्मचारी की सेवाएं बहाल करने का फैसला सुनाया था।

अबकि केंद्र सरकार शासकीय कर्मचारियों को संघ की गतिविधियों में भाग लेने से रोकने वाला 58 साल पुराना प्रतिबंध हटा दिया है, संघ के विचारों से सहमति रखने वाले शासकीय कर्मचारियों में हर्ष व्याप्त है वहीं दूसरी ओर कुछ विपक्षी दल सरकार के इस फैसले की आलोचना करते हुए यह भी कह रहे हैं कि यह फैसला संघ और सरकार के बीच कुछ समय से जारी विवाद को शांत करने के इरादे से किया गया है। इसमें दो राय नहीं हो सकती कि सरकार ने यह फैसला पहले ही ले लिया होता तो शायद विपक्षी दलों को ऐसी टीका करने का मौका हाथ नहीं लगता लेकिन फिर भी इसे देर से लिया गया सही फैसला कहना ग़लत नहीं होगा। जो विपक्षी दल संघ कीप विचारधारा से असहमत होकर इस फैसले की आलोचना कर रहे हैं उन्हें सांस्कृतिक राष्ट्रवाद के लिए समर्पित संघ के 99 वर्षों के सफर में व्यक्ति निर्माण से लेकर राष्ट्र निर्माण से जुड़े क्षेत्रों में उसके उत्कृष्ट योगदान पर गंभीरता से चिंतन करना चाहिए। युद्ध काल हो अथवा अभूतपूर्व विश्व व्यापी कोरोना संकट हो, संघ के कार्य कर्ताओं ने हमेशा सेवा कार्यों में तत्परता पूर्वक आगे आकर अपनी उपस्थिति दर्ज कराई है। इस समय संघ के द्वारा देश भर में लगभग दो लाख सेवा प्रकल्प संचालित किए जा रहे हैं। संघ अपने पचास से अधिक आनुषंगिक संगठनों के माध्यम से समाज के हर वर्ग की सेवा में जुटा हुआ है। राष्ट्र का परम वैभव उसका परम लक्ष्य है। यही कारण है कि संघ ने दुनिया के सबसे बड़े स्वयंसेवी संगठन होने का गौरव अर्जित किया है। ऐसे सेवा भावी संगठन की गतिविधियों में भाग लेने से सरकारी कर्मचारियों को रोकने वाला प्रतिबंध हटाने का सरकार ने जो फैसला किया है उसे देर आयद दुरुस्त आयद कहना ही उचित होगा।

नोट – लेखक राजनैतिक विश्लेषक है।

नमो बजट – विकसित भारत 2047 की संकल्पना

सत्येंद्र जैन

भाजपा की मोदी सरकार के तीसरे कार्यकाल का पहला आम बजट वर्ष 2024- 25 संसद के पटल पर प्रस्तुत किया गया है।यह बजट विकसित भारत के ऊषा काल का बजट है।वर्ष 2047 तक भारत विकसित राष्ट्र हो जाएगा। वर्तमान में भारत विश्व में पांचवी आर्थिक शक्ति संपन्न देश है। भारत आगामी दो-तीन वर्ष में विश्व की तीसरी बड़ी अर्थव्यवस्था वाला देश बन जाएगा।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और वित्तमंत्री निर्मला सीतारमन के कुशल वित्तीय सुप्रबंधन का सुफल है कि यह सर्व समावेशी बजट है ।भारत के इंफ्रास्ट्रक्चर,निवेश को बढ़ाने के साथ-साथ सभी के लिए लोक मंगलकारी बजट है।मोदी सरकार ने देश की आर्थिक स्थिति को सुदृढ़ किया है। 48.21 लाख करोड़ रुपये से अधिक का बजट प्रस्तुत किया है।जो पिछले दस सालों में लगभग चौगुना हो गया है। बजट में यह चमत्कारिक वृद्धि भाजपा की मोदी सरकार के उत्तरोत्तर विकास को दर्शाती है।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भागीरथी परिश्रम,अर्थशास्त्रीय सुधारों के कारण दस वर्ष में ही भारत की जीडीपी ,सकल घरेलू उत्पाद भी लगभग तीन गुना बढ़ा है।अंतरिम बजट प्रस्तुति के समय भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सुयोग्य वित्त मंत्री निर्मला सीतारमन ने चुनावी वर्ष होने के उपरांत भी पूंजीगत व्यय को पिछले वर्ष से बढ़कर 11.1111 लाख करोड़ रुपए से अधिक किया है।अधो सरंचना विकास में सरकार पिछले वर्ष की तुलना में 11.11 प्रतिशत अधिक राशि व्यय करने जा रही है। यह देश के सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) का 3.4 प्रतिशत है।यह मोदी सरकार का साहस है जो चुनावी वर्ष होते हुए इंफ्रास्ट्रक्चर पर पहले अंतरिम बजट और अभी आम बजट में सर्वाधिक धनराशि व्यय कर रही है।यही कारण है कि देश की जनता ने मोदी सरकार को विजय श्री का आशीर्वाद दिया। एनडीए की सरकार तीसरी बार बनी है। अधिक पूंजीगत व्यय से ही भारत का वास्तविक, शाश्वत विकास संभव है।रोजगार के असंख्य अवसर उपलब्ध होते हैं।यह बजट गरीबों,युवाओं, किसानों, महिलाओं और मध्यम वर्ग के कल्याण के लिए समर्पित है।सर्व समावेशी बजट प्रस्तुत करने हेतु प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण का अभिनंदन है।यह आम बजट निश्चित ही विकसित भारत की संकल्पना को सिद्ध करेगा।

इस बजट में राजस्व सहित कुल प्राप्तियों का अनुमान 32.07 लाख करोड़ रुपए है।सकल कर प्राप्तियां 25.83 लाख करोड़ रुपए है। राजकोषीय घाटा जीडीपी के सापेक्ष 4.9 प्रतिशत रहने का अनुमान है। सरकार का लक्ष्य अगले वित्तीय वर्ष में 4.5 प्रतिशत रखना है।अर्थव्यवस्था की आशा से अधिक विकास दर 8.2 प्रतिशत प्राप्त होने से संभव हुआ है। मुद्रा स्फीति 4.56 प्रतिशत रही है।अगले वित्त वर्ष में 4 प्रतिशत से कम लाने का लक्ष्य है।खाद्य और ईंधन को छोड़कर कोर मुद्रा स्फीति 3.1 प्रतिशत रही है।इस बजट में रोजगार कौशल एमएसएमई और मध्यम वर्ग पर विशेष ध्यान सरकार ने दिया है।

विकसित भारत की 9 बजट प्राथमिकताएं हैं,स्तम्भ हैं, जो इस प्रकार हैं-

1 कृषि में उत्पादकता और अनुकूलता
2 रोजगार और कौशल प्रशिक्षण
3 समावेशी मानव संसाधन विकास और सामाजिक न्याय
4 विनिर्माण और सेवाएं
5 शहरी विकास
6 ऊर्जा सुरक्षा
7 अवसरंचना
8 नवाचार अनुसंधान और विकास
9 अगली पीढ़ी के सुधार

प्राथमिकता 1- कृषि में उत्पादकता और अनुकूलता

कृषि क्षेत्र एवं कृषक कल्याण के लिए मोदी सरकार प्रतिबद्ध है। कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान अनंत ऊर्जा के साथ अखंड प्रचंड पुरुषार्थ कर रहे हैं ।कृषि और कृषि से संबंधित क्षेत्रों लिए 1.52 लाख करोड रुपए का आवंटन किया गया है। किसानों को खेती-बाड़ी के लिए 32 कृषि और बागवानी फसलों की नई 109 उच्च पैदावार वाली जलवायु के अनुकूल किस्मों को जारी किया जाएगा। प्राकृतिक कृषि से जोड़ने के लिए किसानों को प्रमाण पत्र और ब्रांडिंग व्यवस्था की जाएगी। अगले 2 वर्षों में पूरे देश में एक करोड़ से किसानों को प्राकृतिक कृषि से जोड़ा जाएगा। उनको प्रमाण पत्र दिया जाएगा।प्राकृतिक खेती के लिए 10000 आवश्यकता आधारित जैव आदान संसाधन केंद्र स्थापित भी किए जाएंगे।3 साल में किसानों और उनकी जमीन को शामिल करने हेतु कृषि में डिजिटल सार्वजनिक अधोसंरचना,डिजिटल पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर को लागू किया जाएगा।

प्राथमिकता 2- रोजगार और कौशल प्रशिक्षण

रोजगार और कौशल पर मोदी की गारन्टी है। पांच योजनाओं के द्वारा 4.1 करोड़ युवाओं के लिए 5 साल में रोजगार कौशल और अन्य अवसरों के लिए पहल की गई है।2 लाख करोड रुपए से अधिक राशि सरकार व्यय करेगी। पहली योजना में ईपीएफओ में पंजीकृत पहली बार रोजगार पाने वाले कर्मचारियों को ₹15000 तक के एक महीने का वेतन जिसे तीन किस्तों में युवाओं को दिया जाएगा।दूसरी योजना के अनुसार कर्मचारियों और नियोक्ता दोनों को सीधे विनिर्दिष्ट स्केल पर प्रोत्साहन राशि उपलब्ध कराना है ।नौकरी के पहले 4 साल में दोनों के ईपीएफओ के योगदान पर निर्भर है।तीसरी योजना के अनुसार सरकार नियोक्ता को उसके ईपीएफओ योगदान के लिए 2 साल तक हर अतिरिक्त कर्मचारी पर 3000 रुपए प्रतिमाह भुगतान करेगी।चौथी योजना अनुसार कौशल के लिए नई केंद्र प्रायोजित योजना अगले 5 साल की अवधि में 20 लाख युवाओं को कौशल बढ़ाया जाएगा।1000 औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों का उन्नयन किया जाएगा।पांचवी योजना अनुसार 5 साल में एक करोड़ युवाओं को 500 शीर्ष कंपनियों मे इंटर्नशिप दी जाएगी।7.5 लाख रुपए तक के ऋण सुविधा उपलब्ध कराने हेतु मॉडल कौशल ऋण योजना और सरकार की योजना के तहत किसी भी योजना के लाभ के लिए पात्र नहीं होने वाले युवाओं को घरेलू संस्थानों में उच्चतर शिक्षा के लिए 10 लाख रुपए तक के ऋण हेतु वित्तीय सहायता प्रदान करने का प्रावधान बजट में किया गया है। कार्यबल में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए, औद्योगिक सहयोग से महिला छात्रावास की स्थापना करना, महिला केंद्रित कौशल प्रशिक्षण कार्यक्रमों का आयोजन करना और महिला स्वयं सहायता समूह उद्यम उत्पादों को बाजार तक बढ़ाने के लिए भाजपा सरकार ने बजट प्रावधान किया है।

प्राथमिकता 3- समावेशी मानव संसाधन विकास और सामाजिक न्याय

पूर्वोदय अमृतसर कोलकाता औद्योगिक गलियारे के साथ गया में औद्योगिक केंद्र का विकास।बिहार के लिए 21400 करोड रुपए की लागत से विद्युत परियोजनाएं आरंभ की जाएगी 2400 मेगावाट का पिरपैंती में नया विद्युत संयंत्र भी सम्मिलित है। आंध्र प्रदेश के लिए मौजूदा वित्त वर्ष में 15000 करोड रुपए की विशेष वित्तीय सहायता मोदी सरकार दे रही है।विशाखापट्टनम-चेन्नई और हैदराबाद-बेंगलुरु औद्योगिक गलियारे में औद्योगिक केंद्र स्थापित किए जाएंगे।महिलाओं और कन्याओं को लाभ पहुंचाने वाली योजनाओं के लिए 3 लाख करोड रुपए से अधिक का आवंटन किया गया है।प्रधानमंत्री जनजातीय उन्नत ग्राम अभियान द्वारा जनजाति बहुल गांवों और आकांक्षी जिलों में जनजाति परिवारों का सामाजिक आर्थिक विकास हेतु 63000 गांव में लागू किया जाएगा।5 करोड़ जनजाति जनसंख्या लाभान्वित होगी ।उत्तर पूर्वी क्षेत्र में इंडिया पोस्ट पेमेंट बैंक की 100 शाखाएं प्रारम्भ करने हेतु बजट में प्रावधान किया गया है।

प्राथमिकता 4- विनिर्माण और सेवा क्षेत्र को बढ़ाना

गिरवी या तृतीय पक्ष गारंटी के बिना मशीनरी और उपकरण की खरीद के लिए एमएसएमई को आवधिक लोन की सुविधा देने के लिए ऋण गारंटी की योजना का प्रावधान किया गया है। संकट की अवधि के दौरान एमएसएमई को ऋण सहायता बैंक द्वारा जारी रखने के लिए नई व्यवस्था का प्रावधान किया गया है। तरुण श्रेणी के मुद्रा लोन की सीमा को 10 से बढ़ाकर के 20 लाख रुपए कर दिया गया है।ट्रेड्स में अनिवार्य रूप से शामिल होने के लिए कारोबार की सीमा को 500 करोड रुपए से ढाई सौ करोड़ का प्रावधान है। लोन, ई-कॉमर्स ,शिक्षा, स्वास्थ्य, विधि ,न्याय ,लॉजिस्टिक्स, एमएसएमई सेवा प्रदाय और शहरी शासन के क्षेत्र में डिजिटल सार्वजनिक अधोसंरचना डिजिटल पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर अनुप्रयोगों का प्रावधान सरकार ने किया है।

प्राथमिकता 5- शहरी विकास

30 लाख से अधिक जनसंख्या वाले 14 बड़े शहरों में कार्यान्वयन और वित्त पोषण रणनीति के साथ आवागमन उन्मुख विकास योजनाएं तैयार की जाएंगी। प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी 2.0 के अंतर्गत 2.2 लाख करोड रुपए की केंद्रीय सहायता सहित 10 लाख करोड रुपए के निवेश से अगले 5 वर्ष में एक करोड़ शहरी गरीब और मध्यम वर्ग के परिवारों की आवास आवश्यकताओं का समाधान किया जाएगा।अगले 5 वर्ष में प्रत्येक वर्ष चुनिंदा शहरों में 100 साप्ताहिक हॉट या बाजार स्ट्रीट फूड हब के विकास में सहायता के लिए नई योजना का प्रावधान किया है।

प्राथमिकता 6- ऊर्जा सुरक्षा

रोजगार विकास और पर्यावरण की आवश्यकताओं के बीच संतुलन कायम करने के लिए समुचित ऊर्जा परिवर्तन की दिशा में एक नीतिगत दस्तावेज तैयार करना। पंप स्टोरेज पॉलिसी विद्युत भंडारण के लिए पंप स्टोरेज परियोजना को बढ़ावा देने की नीति प्रस्तावित है ।परमाणु ऊर्जा के लिए और भारत स्मॉल रिएक्टर की स्थापना हेतु नई प्रौद्योगिकियों के लिए सरकार निजी क्षेत्र के साथ साझेदारी करेगी। उन्नत अल्ट्रा सुपर क्रिटिकल प्रौद्योगिकी के प्रयोग से 800 मेगावाट का वाणिज्यिक संयंत्र स्थापित करने के लिए एनटीपीसी और भेल के बीच एक संयुक्त उद्यम प्रस्तावित है।

प्राथमिकता 7- अधोसंरचना विकास

अधोसंरचना विकास हेतु निवेश के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। पूंजीगत व्यय के लिए 1111111 करोड़ रुपए का प्रावधान मोदी की गारन्टी है। राज्यों को आधारभूत संरचना को बढ़ाने के लिए डेढ़ लाख करोड रुपए की ब्याज रहित लंबी अवधि के लोन का प्रावधान मोदी की गारंटी है।25000 गांव के लिए बारहमासी सड़क बनाने के लिए पीएमजीएसवाय का चौथा चरण आरंभ किया जाएगा। बिहार में कोसी मची अंतर राज्य लिंक और अन्य योजनाओं के लिए 11500 करोड रुपए की वित्तीय सहायता का प्रावधान है। सरकार असम हिमाचल प्रदेश उत्तराखंड सिक्किम को सहायता प्रदान करेगी।बिहार के गया मे विष्णुपद मंदिर गलियारा, महाबोधि मंदिर गलियारा और राजगीर में जैन पथ सर्किट,अन्य मंदिरों का व्यापक विकास करेगी।

प्राथमिकता 8- नवाचार,अनुसंधान और विकास

मूलभूत अनुसंधान और प्रोटोटाइप विकास के लिए अनुसंधान नेशनल रिसर्च फंड का प्रावधान किया है।वाणिज्य के स्तर पर निजी क्षेत्र द्वारा संचालित अनुसंधान और नवाचार को बढ़ावा देने के लिए एक लाख करोड रुपए के वित्तीय पूल की व्यवस्था का प्रावधान भी सरकार द्वारा किया गया है। 10 वर्षों में अंतरिक्ष अर्थव्यवस्था को पांच गुना बढ़ाने पर जोर देते हुए 1000 करोड रुपए की उद्यम पूंजी का प्रावधान किया है।

प्राथमिकता 9- अगली पीढ़ी के सुधार

ग्रामीण भूमि संबंधी कार्यों हेतु सभी भूखंडों के लिए भूखंड पहचान संख्या अथवा भू आधार,मानचित्रो का डिजिटल करण, वर्तमान स्वामित्व के अनुसार मानचित्र प्रभावों का सर्वेक्षण, भू रजिस्ट्री और कृषक रजिस्ट्री से जोड़ने का प्रावधान है।शहरी क्षेत्र में भूमि अभिलेख को जीआईएस मैपिंग से अंकिकृत किया जाएगा।श्रमिकों के वन स्टॉप समाधान के लिए इ-श्रम पोर्टल को अन्य पोर्टल से जोड़ना, तेजी से बदलते श्रमिक बाजार कौशल संबंधी जरूरत उपलब्ध रोजगार की भूमिकाओं के लिए डेटाबेस तैयार करना, रोजगार इच्छुक लोगों को संभावित नियोक्ताओं और कौशल प्रदाताओं के साथ जोड़ने की प्रणाली को विकसित करने का प्रावधान।

जीएसटी की सफलता से उत्साहित होकर शेष क्षेत्रों तक विस्तार हेतु सरलीकृत एवं तर्कसंगत कर संरचना का प्रावधान किया गया है।कैंसर दवाइयां को सीमा शुल्क से हटाने का प्रावधान किया है। विनिर्माण हेतु मेडिकल एक्स-रे मशीनों में उपयोग में आने वाले फ्लैट पैनल डिटेक्टर पर सीमा शुल्क में कम किया है।मोबाइल फोन, मोबाइल प्रिंटेड सर्किट बोर्ड असेंबली और मोबाइल चार्जर पर सीमा शुल्क को घटकर 15% का प्रावधान किया गया है। सोने और चांदी पर सीमा शुल्क को घटाकर 6 प्रतिशत ,प्लैटिनम पर भी 6.4 प्रतिशत किया गया है। अन्य धातुओं जैसे लोहा,निकल,ब्लिस्टर तांबे पर सीमा शुल्क हटाया है। इलेक्ट्रॉनिक रेजिस्टरों के निर्माण हेतु ऑक्सीजन मुक्त तांबे पर कुछ शर्तों पर मूलभूत सीमा शुल्क हटा दिया गया है। रसायनों में अमोनियम नाइट्रेट पर सीमा शुल्क को 7.5 प्रतिशत से बढ़कर 10 प्रतिशत किया गया है। पीवीसी फ्लेक्स, प्लास्टिक बैनरों पर मूलभूत सीमा शुल्क 10 प्रतिशत से बढ़ाकर 25 प्रतिशत किया है।विनिर्दिष्ट दूरसंचार उपकरणों के प्रिंटेड सर्किट बोर्ड असेंबली पर बीसीडी को 10 से बढ़ाकर 15 प्रतिशत करने का प्रावधान है।वारंटी वाली वस्तुओं की मरम्मत के लिए फिर से आयात करने की समय सीमा को 3 वर्ष से बढ़ाकर 5 वर्ष करने का प्रावधान किया है। 25 महत्वपूर्ण खनिजों को सीमा शुल्क से पूरी तरह छूट दी गई है।दो खनिजों पर बीसीडी को कम करने का प्रावधान है।सोलर सेल और सोलर पैनलों के विनिर्माण में प्रयोग में आने वाली पूंजीगत वस्तुएं सीमा शुल्क के दायरे से बाहर करने का प्रावधान है। प्रत्यक्ष करों को सरल बनाने करदाता सेवाओं में सुधार करने और मुकदमेबाजी को कम करने के प्रयास जारी रहेंगे।सरकार की विकास और कल्याणकारी योजनाओं के वित्त पोषण के लिए राजस्व वृद्धि पर जोर दिया गया है। कॉरपोरेट टैक्स सरलीकृत व्यवस्था के द्वारा वित्त वर्ष 2023-24 में दो तिहाई से अधिक करदाताओं ने व्यवस्था का लाभ उठाया।स्टार्टअप इकोसिस्टम को प्रोत्साहित करने के लिए सभी वर्गों के निवेशकों के लिए एंजल टैक्स को समाप्त करने का प्रस्ताव है । क्रूज पर्यटन को प्रोत्साहित करने के लिए विदेशी शिपिंग कंपनियों के लिए कर व्यवस्था को सरल करने का प्रावधान किया है।अपरिष्कृत हीरा बेचने वाली विदेशी खनन कंपनियों के लिए सेफ हारबरों का प्रावधान किया है। विदेशी कंपनियों पर कॉरपोरेट टैक्स की दर को 40 से घटाकर 35 प्रतिशत का प्रस्ताव है।एनपीएस में नियोजन करताओं द्वारा किए जा रहे योगदान को कर्मचारियों के वेतन के 10 से बढ़ाकर 14 प्रतिशत करने का प्रावधान है।20 लाख रुपए तक की चल परिसंपत्तियों की सूचना न देने को गैर दाण्डिक बनाने का प्रस्ताव है।दो प्रतिशत की इक्विलाइजेशन लेवी को वापस करने का प्रावधान है ।वेतन भोगी कर्मचारियों के लिए स्टैंडर्ड डिडक्शन को 50000 से बढ़कर 75000 रुपये करने का प्रावधान है। पेंशन भोगियों के लिए पारिवारिक पेंशन पर कटौती को 15000 से बढ़ाकर 25000 रूपए करने का प्रावधान है।आयकर की दरों को संशोधित करने का प्रावधान है ।300000 तक शून्य आयकर ,3 से 7 लाख रुपए पर 5 प्रतिशत, 7 से 10 लाख रुपए पर 10 प्रतिशत, 10 से 12 लाख रुपए पर 15 प्रतिशत, 12 से 15 लाख रुपए पर 20 प्रतिशत, 15 लाख रुपए से अधिक की आय पर 30 प्रतिशत आयकर प्रस्तावित है।नई कर व्यवस्था में वेतन भोगी कर्मचारी को आयकर में 17500 रूपए तक की बचत होगी।

इस बजट में भारत के विश्व की तीसरी बड़ी अर्थव्यवस्था बनने का प्रतिबिंब स्पष्ट दिखाई देता है।भारत का यह आम बजट वर्ष 2047 में विश्व की सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने और विकसित भारत के निर्माण में सोपान सिद्ध होगा।विकसित भारत की संकल्पना है।

नोट – लेखक राजनैतिक विश्लेषक है।

 

 

बजट देश को विकास की नई ऊंचाई पर ले जाने वाला : प्रधानमंत्री मोदी

नई दिल्ली : बुधवार, जुलाई 24, 2024/ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा कल लोकसभा में प्रस्तुत केंद्रीय बजट 2024-25 की सराहना की। केंद्रीय बजट 2024-25 के बारे में अपने विचार प्रकट करते हुए प्रधानमंत्री ने देश को विकास की नई ऊंचाई पर ले जाने वाले इस महत्वपूर्ण बजट के लिए सभी देशवासियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि केंद्रीय वित्त मंत्री श्रीमती निर्मला सीतारमण और उनकी पूरी टीम बधाई की पात्र है।

प्रधानमंत्री ने कहा, “केंद्रीय बजट 2024-25 समाज के हर वर्ग को शक्ति देगा”, “यह गांवों के गरीब किसानों को समृद्धि की राह पर ले जाएगा।” 25 करोड़ लोगों के गरीबी के चंगुल से बाहर निकलने के बाद एक नव-मध्यम वर्ग के उभरने का उल्लेख करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि यह बजट उनके सशक्तीकरण में निरंतरता जोड़ता है और रोजगार के अनगिनत अवसर प्रदान करता है। उन्होंने कहा, “इस बजट से शिक्षा और कौशल विकास को नया आयाम मिलेगा।” प्रधानमंत्री मोदी ने इस बात को रेखांकित किया कि यह बजट मध्‍यम वर्ग, जनजातीय समाज, दलित और पिछड़ों को सशक्त करने की मजबूत योजनाओं के साथ आया है। उन्होंने जोर देकर कहा कि इस साल का बजट महिलाओं की आर्थिक भागीदारी सुनिश्चित करेगा और साथ ही इससे छोटे व्यवसायों और एमएसएमई के लिए प्रगति का नया रास्ता मिलेगा। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, “केंद्रीय बजट विनिर्माण पर भी बल देता है, बुनियादी ढांचे पर भी बल देता है।” उन्होंने इस बात को रेखांकित किया कि यह निरंतरता बनाए रखते हुए आर्थिक विकास को नई ताकत देगा।

रोजगार और स्वरोजगार के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता दोहराते हुए प्रधानमंत्री ने पीएलआई योजना की सफलता का उल्लेख किया और रोजगार से जुड़ी प्रोत्साहन योजना को रेखांकित किया, जिससे रोजगार के करोड़ों नए अवसरों का सृजन होगा। इस योजना के तहत, जीवन में पहली नौकरी पाने वाले युवा का पहला वेतन सरकार द्वारा वहन किया जाएगा। उन्होंने उच्च शिक्षा के प्रावधानों और 1 करोड़ युवाओं के लिए इंटर्नशिप की योजना का भी उल्लेख किया। प्रधानमंत्री ने कहा, “योजना के तहत देश की शीर्ष कंपनियों में काम करने वाले युवा प्रशिक्षुओं के सामने संभावनाओं के नए द्वार खुलेंगे।”

हर शहर, हर गांव और हर घर में उद्यमी तैयार करने की प्रतिबद्धता पर जोर देते हुए प्रधानमंत्री ने मुद्रा ऋण के तहत बिना गारंटी वाले ऋण की सीमा 10 लाख रुपये से बढ़ाकर 20 लाख रुपये करने का उल्‍लेख किया, जिससे छोटे कारोबारियों, महिलाओं, दलितों, पिछड़ों और वंचितों को काफी लाभ मिलेगा।

भारत को दुनिया का मैन्युफैक्चरिंग हब बनाने की प्रतिबद्धता व्‍यक्‍त करते हुए प्रधानमंत्री ने एमएसएमई के देश के मध्यम वर्ग से जुड़े होने और गरीब तबके के लिए रोजगार की संभावनाओं पर जोर दिया। प्रधानमंत्री ने छोटे उद्योगों को बड़ी ताकत देने के लिए बजट में घोषित नई योजना के बारे में जानकारी दी, जिससे एमएसएमई के लिए ऋण की सुगमता बढ़ेगी। उन्होंने कहा, “बजट में की गई घोषणाएं विनिर्माण और निर्यात को हर जिले तक ले जाएंगी।” उन्होंने कहा, “ई-कॉमर्स, निर्यात केंद्र और खाद्य गुणवत्ता परीक्षण एक जिला-एक उत्पाद कार्यक्रम को नई गति देंगे।”

प्रधानमंत्री ने इस बात पर जोर दिया कि केंद्रीय बजट 2024-25 भारत के स्टार्टअप और नवाचार इकोसिस्टम के लिए अनेक अवसर लेकर आया है। उन्होंने अंतरिक्ष अर्थव्यवस्था को बढ़ावा देने के लिए एक हजार करोड़ रुपये के कोष और एंजल टैक्स को खत्म करने के उदाहरण दिए।

प्रधानमंत्री ने 12 नए औद्योगिक नोड्स, नए सैटेलाइट टाउन और 14 बड़े शहरों के लिए ट्रांजिट योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा, “रिकॉर्ड हाई कैपेक्स अर्थव्यवस्था की प्रेरक शक्ति बनगेा।” उन्होंने कहा कि इससे देश में नए आर्थिक केंद्रों का विकास संभव होगा और बहुत बड़ी संख्या में नए रोज़गार बनेंगे।

रिकॉर्ड रक्षा निर्यात पर बल देते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि इस वर्ष के बजट में रक्षा क्षेत्र को आत्मनिर्भर बनाने के लिए कई प्रावधान किए गए हैं। उन्होंने कहा कि भारत के प्रति दुनिया का आकर्षण लगातार बढ़ रहा है, जिससे पर्यटन उद्योग के लिए नई संभावनाएं बनी हैं। उन्होंने इस वर्ष के बजट में पर्यटन पर जोर दिए जाने को रेखांकित करते हुए कहा कि पर्यटन उद्योग गरीबों और मध्यम वर्ग के लिए अनेक अवसर लेकर आता है।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि पिछले 10 वर्षों में सरकार ने यह सुनिश्चित किया है कि गरीब और मध्यम वर्ग को लगातार कर में राहत मिलती रहे, जबकि इस साल के बजट में आयकर में कटौती, स्टैंडर्ड डिडक्शन में बढ़ोतरी और टीडीएस नियमों को सरल बनाने के फैसले लिए गए हैं। उन्होंने कहा कि इन सुधारों से करदाताओं को अधिक पैसे बचाने में मदद मिलेगी।

प्रधानमंत्री ने कहा कि ‘पूर्वोदय’ के विजन के माध्यम से भारत के पूर्वी क्षेत्र के समग्र विकास को नई गति और ऊर्जा मिलेगी। उन्होंने कहा, “पूर्वी भारत में कई महत्वपूर्ण अवसंरचनाओं जैसे राजमार्गों, जल परियोजनाओं और बिजली परियोजनाओं का निर्माण कर विकास को नई गति दी जाएगी।”

प्रधानमंत्री ने कहा, “इस बजट का बहुत बड़ा फोकस देश के किसान हैं।” अन्न भंडारण के लिए दुनिया की सबसे बड़ी योजना के बाद अब सब्जी उत्पादन क्लस्टर बनाने जा रहे हैं, जिससे किसानों और मध्यम वर्ग दोनों को मदद मिलेगी। उन्होंने जोर देकर कहा, “कृषि क्षेत्र में भारत का आत्मनिर्भर बनना समय की मांग है। इसलिए, दलहन, तिलहन की पैदावार बढ़ाने के लिए किसानों को मदद की घोषणा की गई है।”

गरीबी उन्मूलन और गरीबों के सशक्तिकरण से जुड़ी प्रमुख योजनाओं का उल्‍लेख करते हुए प्रधानमंत्री ने गरीबों के लिए 3 करोड़ घरों और जनजातीय उन्नत ग्राम अभियान के बारे में जानकारी दी, जो संतृप्ति दृष्टिकोण के साथ 5 करोड़ जनजातीय परिवारों को बुनियादी सुविधाओं से जोड़ेगा। इसके अलावा, ग्राम सड़क योजना 25 हजार नए ग्रामीण क्षेत्रों को पक्‍की सड़कों से जोड़ेगी, जिसका लाभ सभी राज्यों को मिलेगा।

प्रधानमंत्री ने जोर देकर कहा “आज का बजट नए अवसर, नई ऊर्जा, रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर लेकर आया है। यह बेहतर विकास और उज्ज्वल भविष्य लाया है”। प्रधानमंत्री ने भारत को दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी आर्थिक शक्ति बनाने में उत्प्रेरक की भूमिका निभाने और विकसित भारत की ठोस नींव रखने की बजट की क्षमता को रेखांकित करते हुए अपनी बात समाप्‍त की।

 

मुख्यमंत्री डॉ. यादव कल कोयम्बटूर में “इन्वेस्ट मध्यप्रदेश” रोड शो का करेंगे शुभारंभ

भोपाल : बुधवार, जुलाई 24, 2024/ मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव “इन्‍टरएक्टिव सेशन ऑन इन्‍वेस्‍टमेंट अर्पोच्‍यूनिटिज इन मध्‍यप्रदेश” का गुरुवार, 25 जुलाई 2024 को कोयम्‍बटूर में शुभारंभ करेंगे। फरवरी 2025 में होने वाली “इन्वेस्ट मध्यप्रदेश : ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट” की ओर ले जाने वाली ‘रोड-टू-जीआईएस’ के तारतम्य में इसका आयोजन किया जा रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव मध्यप्रदेश में निवेश, नवाचार और सतत् विकास को बढ़ावा देने के लिए सरकार के दृष्टिकोण और नवाचारों की जानकारी देंगे।

यह आयोजन निवेशकों को प्रमुख हितधारकों के साथ चर्चा करने और उद्योग जगत की हस्तियों के साथ नेटवर्क बनाने के लिए एक मंच प्रदान करेगा। गहन चर्चाओं और संभावित सहयोग के लिए मुख्यमंत्री डॉ. यादव से उद्योगपतियों की वन-टू-वन बैठकें होंगी। साथ ही राज्य की एक-जिला-एक-उत्पाद (ओडीओपी) योजना की जानकारी भी दी जाएगी। इसका उद्देश्य मध्यप्रदेश के कुशल कार्यबल, प्रचुर संसाधनों और अनुकूल औद्योगिक वातावरण से देश के प्रमुख उद्योगपतियों को रूबरू करवाकर प्रदेश में निवेश को बढ़ावा देना है, जिससे मध्यप्रदेश, देश के प्रमुख निवेश स्थलों में अग्रणी स्थान पा सके। इन्टरएक्टिव सेशन ऑन इन्वेस्टमेंट अर्पोच्युनिटिज इन म.प्र. का पहला सत्र मुम्बई में हुआ था।

मेसर्स बेस्ट कॉर्पोरेशन एवं मेसर्स क्राफ्ट्समैन के प्रतिनिधियों सहित प्रमुख उद्योगपतियों द्वारा मध्यप्रदेश में अपने अनुभव को साझा करेंगे। राज्य के औद्योगिक परिदृश्य एवं भविष्य की विकास संभावनाओं के बारे में जानकारी देंगे।

इस इन्‍टरएक्टिव सत्र का उद्देश्य पीएम मित्र टेक्सटाइल पार्क जैसी प्रमुख योजना के साथ आईटी पार्क और टेक्‍सटाईल एवं गारमेंट, इंजीनियरिंग, सूचना प्रौद्योगिकी और अन्य प्रमुख क्षेत्रों पर ध्यान केंद्रित करने वाले औद्योगिक क्षेत्रों के लिए निवेशकों को आकर्षित करना है। मध्यप्रदेश सरकार द्वारा ‘इन्‍वेस्‍ट मध्यप्रदेश: ग्‍लोबल इन्‍वेस्‍टर्स समिट-2025’ के लिये देश के प्रमुख औद्योगिक राज्यों के निवेशकों को राज्य की निवेश क्षमताओं से रूबरू करवाकर प्रदेश में निवेश को बढ़ावा देना है। मुंबई के बाद दक्षिण भारत के प्रमुख औद्योगिक केंद्र कोयम्बटूर में दूसरा रोड-शो आयोजित किया जा रहा है। कोयंबटूर टेक्‍सटाईल, इंजीनियरिंग एवं सूचना प्रौद्योगिकी क्षेत्रों के लिए प्रसिद्ध है।

प्रमुख सचिव, औद्योगिक नीति एवं निवेश प्रोत्साहन राघवेंद्र सिंह द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में मध्यप्रदेश में निवेश के अवसरों पर प्रस्तुतिकरण दिया जाएगा। साथ ही सचिव नवनीत मोहन कोठारी सूक्ष्‍म, लघु एवं मध्‍यम उद्यम क्षेत्र पर विस्‍तृत जानकारी देंगे। विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग द्वारा आईटी/आईटीईएस/ईएसडीएम क्षेत्र पर प्रस्तुतिकरण देंगे। इंटरएक्टिव-सत्र में लघु फिल्म “एडवांटेज मध्यप्रदेश” का प्रदर्शन किया जाएगा, जिसमें उद्योगपतियों को राज्य में निवेश के अवसरों के बारे में विस्तृत जानकारी दी जाएगी।

 

केन्द्रीय बजट देश के युवाओं, महिलाओं, किसानों, गरीबों और समाज के हर वर्ग को ताकत देगा – सुमित पचौरी

भोपाल : बुधवार, जुलाई 24, 2024/ भारतीय जनता पार्टी के भोपाल जिला अध्यक्ष सुमित पचौरी ने बजट पर प्रतिक्रिया करते हुए कहा कि केन्द्रीय बजट देश के युवाओं, महिलाओं, किसानों, गरीबों और समाज के हर वर्ग को ताकत देगा। बजट के माध्यम से प्रधानमंत्री मोदी की सरकार ने देश को सशक्त, समृद्ध और आत्मनिर्भर बनाने का संकल्प जताया है। वर्ष 2024-25 का केंद्रीय बजट हर वर्ग के लिए ’मोदी की गारंटी’ को पूरा करने की दिशा में एक बड़ा कदम है। गतिशील खाका कृषि में उत्पादकता को बढ़ावा देने, रोजगार और कौशल को बढ़ाने और मानव संसाधनों और सामाजिक न्याय को और ऊपर ऊंचा उठाने का वादा करता है।

सुमित पचौरी ने कहा कि केन्द्रीय बजट विनिर्माण और सेवाओं, शहरी विकास और ऊर्जा सुरक्षा में प्रगति को गति देता है। बुनियादी ढांचे, नवाचार, अनुसंधान और अगले स्तर के सुधारों पर एक मजबूत फोकस के साथ, यह बजट सभी क्षेत्रों में भारत की महत्वपूर्ण प्रगति के लिए मंच तैयार करता है। यह दूरदर्शी बजट सतत विकास, नवाचार और स्थायी प्रगति को बढ़ावा देता है, जिससे प्रधानमंत्री की दूरदर्शी नेतृत्व में भारत के लिए एक मजबूत और समृद्ध भविष्य सुनिश्चित होता है। समाज के हर वर्ग की बेहतरी को ध्यान में रखकर तैयार किए गए नए बजट में मोदी सरकार की नौ प्राथमिकताएं स्पष्ट रूप से दिखाई देती हैं।

बजट में विकसित भारत संकल्प के लक्ष्यों को पूरा करने का रोडमैप : आलोक शर्मा

भोपाल : बुधवार, जुलाई 24, 2024/ अलोक शर्मा ने कहा बजट में हर वर्ग का ध्यान रखा गया है। यह बजट देश के लोगों को समृद्धि की राह पर ले जाने वाला बजट है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन पर शुरू की गई योजनाओं से विकास के साथ लोगों के जीवन स्तर में भी बदलाव आया है। पिछले एक दशक में लगभग 25 करोड लोगों को गरीबी रेखा से बाहर निकलने का काम किया गया। प्रसन्नता की बात है कि आगे भी गरीब कल्याण की ये योजनाएं को निरंतर जारी रहेगी। बजट में युवाओं को आगे बढ़ने के अवसर दिए गए हैं। स्किल डेवलपमेंट के लिए पांच योजनाओं की घोषणा की गई है। इंटर्नशिप योजना लाभकारी सिद्ध होगी। हायर स्टडी के लिए लोन की सीमा बढ़ाई गई है। नए इंडस्ट्रियल कॉरिडोर डेवलप होंगे। महिलाओं के लिए बजट में विशेष प्रावधान किया गया है। हर गरीब का अपना घर हो इसके लिए 3 करोड़ अतिरिक्त पीएम आवास बनाने का प्रावधान किया गया है। विकास और समृद्धि हर क्षेत्र में पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में वित्तमंत्री निर्मला सीतारमन ने इसका उदाहरण बजट में रखा। उन्होंने हर वर्ग को कुछ न कुछ दिया है। प्राकृतिक खेती को प्रोत्साहन व किसान क्रेडिट कार्ड जैसी योजनाओं के माध्यम से किसानों को समृद्धि बढ़ाने का प्रावधान किया गया है। आने वाली पीढ़ी को बेहतर अवसर मिले इसका ध्यान बजट में रखा गया है। 2047 तक भारत, विकसित भारत बने इस लक्ष्य को पूरा करने की दिशा में बजट रोडमैप है।

स्वावलंबन, भारतीय गांवों की है मुख्य शक्ति और विशेषता – मुख्यमंत्री डॉ. यादव

भोपाल : बुधवार, जुलाई 24, 2024/ मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि स्वावलंबन ही भारतीय गांव की मुख्य शक्ति और उनकी विशेषता रही है। हजारों साल की गुलामी के बावजूद भारतीय समाज ने अपने सांस्कृतिक स्वरूप और मूल्यों को गाँवों के स्वावलंबन के बल पर ही अक्षुण्य बनाए रखा है। “आत्मनिर्भर पंचायत-समृद्ध मध्यप्रदेश” विषय पर संगोष्ठी, पंचायतों और ग्रामों को आर्थिक रूप से अधिक सशक्त और विकास परक बनाने में प्रभावी रूप से सहायक होगी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग द्वारा “आत्मनिर्भर पंचायत- समृद्ध मध्य प्रदेश” विषय पर कुशाभाऊ ठाकरे कन्वेंशन सेंटर में आयोजित संगोष्ठी के शुभारंभ अवसर पर यह बातें कही। उन्होंने दीप प्रज्ज्वलित कर संगोष्ठी का शुभारंभ किया। पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री प्रहलाद पटेल, किसान कल्याण एवं कृषि विकास मंत्री ऐदल सिंह कंषाना, पशुपाल राज्य मंत्री लखन पटेल एवं पंचायत एवं ग्रामीण विकास राज्य मंत्री राधा सिंह तथा अपर मुख्य सचिव मलय श्रीवास्तव विशेष रूप से उपस्थित थे।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने श्रावण मास में आरंभ हुई तीन दिवसीय कार्यशाला में महाकाल बाबा के जयघोष के साथ अपना संबोधन आरंभ करते हुए कहा कि भारतीय गाँव अनुशासित, संयमित और परम्परा व मूल्यों के अनुसार जीवन जीने के उत्कृष्ट उदाहरण हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के स्वावलंबी ग्राम की व्यवस्था को सशक्त करने के प्रयासों से ग्रामीण जीवन अधिक सुविधाजनक हो रहा है और ग्रामीणों को प्रगति के भी पर्याप्त अवसर उपलब्ध हो रहे हैं। प्रधानमंत्री मोदी द्वारा हर घर में नल से जल उपलब्ध कराने के लिए जल जीवन मिशन संचालित है तथा हर खेत में सिंचाई के लिए पानी की व्यवस्था के उद्देश्य से स्थानीय परिस्थितियों के अनुसार पूरे प्रदेश में प्रयास किए जा रहे हैं। इस दिशा में नर्मदा घाटी विकास के परिणाम सबके सामने हैं। केन-बेतवा लिंक परियोजना के लिए प्रधानमंत्री श्री मोदी द्वारा मध्यप्रदेश और उत्तरप्रदेश को 45-45 हजार करोड़ रूपए उपलब्ध कराए गए हैं। कालीसिंध-पार्वती और चंबल लिंक परियोजना की गतिविधियां आरंभ हो रही हैं। प्रदेश में सिंचाई का रकबा बढ़ने से किसानों का भी आर्थिक सशक्तिकरण हो रहा है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था के आधार खेती के साथ-साथ पशुपालन को भी राज्य सरकार विशेष महत्व दे रही है। वृद्ध, अस्वस्थ, अपाहिज व असहाय गायों को पालने के लिए राज्य सरकार द्वारा राशि उपलब्ध कराई जाएगी। कांजी हाऊसों को गौ-शाला के रूप में विकसित किया जाएगा और ऐसी गायों की व्यवस्था कांजी हाऊस में की जाएगी। गायों पर दिए जाने वाले अनुदान की राशि में भी वृद्धि की गई है, जो किसान 10 से अधिक गाय पालेंगे, उन्हें अनुदान उपलब्ध कराया जाएगा। इसके साथ ही फसलों के समान दूध पर बोनस उपलब्ध कराने की व्यवस्था भी आरंभ की जाएगी। गौ-माता की संवदेनशीलता और आत्मीयता अद्भुत है, गौ-पालन को प्रोत्साहन देने के लिए भी राज्य शासन द्वारा विशेष नीति बनाई जा रही है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश प्राकृतिक सौन्दर्य से भरपूर है, यहाँ आयुर्वेदिक औषधियों की भी भरपूर सम्पदा है। प्रदेश में आयुर्वेदिक केन्द्र भी विकसित किए जाएंगे। प्रदेश में लघु, कुटीर उद्योग तथा बहनों के स्व-सहायता समूहों के उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने व आय में वृद्धि के लिए हरसंभव व्यवस्था की जाएगी। प्रधानमंत्री मोदी की मंशा के अनुरूप किसान, महिला, युवा और गरीब को जोड़ते हुए, उन्हें सशक्त बनाते हुए मध्यप्रदेश आगे बढ़ेगा, पंचायतें भी आत्मनिर्भर होंगी और प्रदेश की समृद्धि को बढ़ाएंगी।

पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री प्रहलाद पटेल ने कहा कि “आत्मनिर्भर पंचायत-समृद्ध मध्यप्रदेश” पर संगोष्ठी पंचायतराज व्यवस्था को अधिक प्रभावी और सशक्त बनाने में मील का पत्थर सिद्ध होगी। उन्होंने कहा कि कृषि को लाभकारी बनाने, हरित मध्यप्रदेश, शहरीकरण से पंचायतों पर प्रभाव, केन्द्र पोषित योजनाओं का क्रियान्वयन, पेसा अधिनियम का क्रियान्वयन तथा वन क्षेत्र से लगी पंचायतों के सम्मुख चुनौतियों पर चर्चा के साथ ही ई-पंचायत व्यवस्था और पंचायतों की कार्य प्रणाली में वित्तीय अनुशासन तथा पारदर्शिता आदि विषयों पर चर्चा होगी।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने इस अवसर पर आत्मनिर्भर पंचायत-समृद्ध मध्य प्रदेश” विषय पर लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया। उन्होंने द्रव्य जीवामृत, सामुदायिक जैव संसाधन केंद्र, मनरेगा से आजीविका, संवर्धन पोषण शिक्षा, सामुदायिक पोषण वाटिका और प्राकृतिक खेती पर मंडल मॉडल के स्टॉल देखे। जिला एवं जनपद पंचायतों के अध्यक्ष, मुख्य कार्यपालन अधिकारी, सरपंचों के लिए आयोजित तीन दिवसीय संगोष्ठी में लगभग 500 प्रतिभागी शामिल हो रहे हैं। आभार प्रदर्शन जर्मन कार्पोरेशन (जीआइजेड) के प्रोग्राम डायरेक्टर फरहद वानिया ने किया।

 

भोपाल में मप्र सरपंच संघ ने अपनी मांगों को लेकर किया प्रदर्शन, जीतू पटवारी ने किया समर्थन

भोपाल : बुधवार, जुलाई 24, 2024/ प्रदेश की भाजपा सरकार द्वारा प्रदेश के सरपंचों के साथ किये जा रहे छलावे और विश्वासघात को लेकर मध्यप्रदेश सरपंच संघ द्वारा कल राजधानी भोपाल के सेकेण्ड नंबर बस स्टाप के पास स्थित अंबेडकर पार्क में सरकार के खिलाफ धरना दिया गया। सरपंच संघ द्वारा अपनी मांगों को लेकर किये जा रहे आंदोलन का समर्थन करने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी भी धरना स्थल पहुंचे जहां उन्होंने आंदोलनरत सरपंचों को संबोधित किया।

पटवारी ने अपने संबोधन में कहा कि महात्मा गांधी की ग्राम स्वराज की परिकल्पना को कांग्रेस ने इस उद्देश्य से आगे बढ़ाया था कि पंचायतों का जो स्वरूप है, उसको आत्मनिर्भर और स्वावलंबी बनाया जायेगा। लेकिन दुर्भाग्य से भाजपा सरकार आने के बाद पंचायत के इस स्वरूप को भाजपा ने पूरी तरह से पंगू और अपंग बना दिया है। जो वित्तीय अधिकार सहित अन्य अधिकार कांग्रेस सरकार ने ग्राम पंचायतों को दिये थे, वह पूरे अधिकार भाजपा सरकार द्वारा अधिकारियों को हस्तांतरित कर दिये गये। इतना ही नहीं चुने हुऐ सरपंचो पर विश्वास करने की बजाय भाजपा सरकार ने अधिकारियों पर ज्यादा विश्वास किया जिससे महात्मा गांधी का पंचायतों को आत्मनिर्भर और स्वावलंबी बनाने का सपना अधूरा रह गया।

पटवारी ने कहा कि मप्र की ग्राम पंचायतों का जो स्वरूप है, वह अधिकारियों के भ्रष्टाचार का शिकार हो गया है। संरपंच को उसका अधिकार मिलेगा तो वह गांव का विकास कर सकेगा, जनता का काम करने वाले गांव के प्रतिनिधि को मानदेय मिले, क्योंकि जनता के बीच जबावदेही सरपंच की होती है। मुख्यमंत्री से सवाल करते हुये पटवारी ने कहा कि जनता के भारी समर्थन से आपकी सरकार बनी है, यदि आप अलोकतांत्रिक निर्णय लेंगे तो जिस जनता ने आपको चुना वही जनता आपको अर्श से फर्श पर ला सकती है। कांग्रेस पार्टी ग्राम पंचायतों के अंतर्गत आने वाले सरपंचों के अधिकार की लड़ाई में उनके साथ खड़ी होकर उनका समर्थन करती है। ग्राम पंचायतों में सरपंचों के हक और न्याय के लिए उनके साथ मैदान में खड़ी है।

असंगठित और गिग वर्कर्स के लिए केंद्र सरकार का बड़ा फैसला, 40 और 22...

0
नई दिल्ली | 4 नवंबर 2026 देश के करोड़ों असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों, डिलीवरी पार्टनर्स, ऐप आधारित टैक्सी चालकों और प्लेटफॉर्म वर्कर्स को सामाजिक सुरक्षा...
nmms-scholarship-2026-27

NMMSS Scholarship 2026-27: छात्रों को बड़ी राहत, छात्रवृत्ति आवेदन की अंतिम तारीख बढ़ी, अब...

0
नई दिल्ली। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के मेधावी विद्यार्थियों के लिए केंद्र सरकार ने बड़ी राहत दी है। शिक्षा मंत्रालय ने राष्ट्रीय साधन-सह-योग्यता...
akshara goswami

मध्यप्रदेश स्थापना दिवस पर 102 मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान, हर छात्र को मिली 1...

0
भोपाल। मध्यप्रदेश के 71वें स्थापना दिवस के अवसर पर प्रदेश की शैक्षणिक प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। भोपाल के लाल परेड मैदान में आयोजित...
poshan-tracker-pmmvy-grievance-redressal-2026

POSHAN Tracker और PMMVY की शिकायतों का होगा निपटारा, 30 अक्टूबर को देशभर में...

0
नई दिल्ली | 30 अक्टूबर 2026 | सामाजिक कल्याण समाचार केंद्र सरकार ने गर्भवती महिलाओं, स्तनपान कराने वाली माताओं और पोषण सेवाओं के लाभार्थियों की...
anath-bachchon-ke-liye-sarkari-yojana-2026

अनाथ बच्चों के लिए सरकार की खास योजनाएँ, पढ़ाई से लेकर आर्थिक सहायता तक

0
नई दिल्ली | सरकारी योजना समाचार देश में ऐसे कई बच्चे हैं, जिन्होंने अपने माता-पिता को खो दिया है या जिनके पास देखभाल करने वाला...