संसद की पवित्रता हमेशा बनी रहनी चाहिए : रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह

नई दिल्ली : सोमवार, जुलाई 22, 2024/ संसद के बजट सत्र, 2024 की शुरुआत से पहले कल केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की अध्यक्षता में सभी राजनीतिक दलों के सदन के नेताओं के साथ सरकार की बैठक हुई। रक्षा मंत्री ने 18वीं लोकसभा के गठन के बाद संसद के दोनों सदनों के नेताओं की पहली बैठक में सभी का स्वागत किया। अपने शुरुआती भाषण में, केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री, किरेन रिजिजू ने बताया कि संसद का बजट सत्र सोमवार, 22 जुलाई, 2024 को शुरू होगा और गवर्नमेंट बिजनेस की अत्यावश्यकताओं के अधीन, सत्र सोमवार, 12 अगस्त 2024 को समाप्त हो सकता है। सत्र में 22 दिनों की अवधि में 16 बैठकें होंगी। मंत्री ने यह भी बताया कि यह सत्र मुख्य रूप से 2024-25 के लिए केंद्रीय बजट से संबंधित फाइनेंशियल बिजनेस के लिए समर्पित होगा, जिसे मंगलवार, 23 जुलाई, 2024 को लोकसभा में प्रस्तुत किया जाएगा। आवश्यक विधायी और अन्य जरूरी कामकाज भी सत्र के दौरान किए जाएंगे। भारत का आर्थिक सर्वेक्षण सोमवार, 22 जुलाई, 2024 को संसद के पटल पर रखा जाएगा। 2024 के लिए केंद्र शासित प्रदेश जम्मू और कश्मीर का बजट भी 23 जुलाई, 2024 को प्रस्तुत किया जाएगा। अस्थायी रूप से इस सत्र के दौरान उठाए जाने वाले विधायी कार्य के 6 विषय और वित्तीत कार्य के 3 विषय की पहचान की गई है।

केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री ने आगे कहा कि सरकार संबंधित पीठासीन अधिकारियों द्वारा प्रक्रिया और कार्य संचालन नियमों के तहत अनुमति के अनुसार किसी भी मुद्दे पर सदन के पटल पर चर्चा करने के लिए हमेशा तैयार है। उन्होंने संसद के दोनों सदनों के सुचारू कामकाज के लिए सभी दलों के नेताओं से सक्रिय सहयोग और समर्थन का भी अनुरोध किया। बैठक में केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण और रसायन और उर्वरक मंत्रालय के मंत्री जगत प्रकाश नड्डा भी शामिल हुए, जो राज्यसभा में सदन के नेता, कानून और न्याय मंत्रालय के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) भी हैं। इनके अलावा संसदीय कार्य मंत्रालय में राज्य मंत्री, अर्जुन राम मेघवाल और संसदीय कार्य मंत्रालय में राज्य मंत्री और सूचना और प्रसारण मंत्रालय में राज्य मंत्री, डॉ. एल. मुरुगन भी इस बैठक में शामिल हुए।

बैठक का समापन करते हुए, केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने बैठक में उठाए गए महत्वपूर्ण मुद्दों की ओर ध्यान आकर्षित करने के लिए सभी नेताओं को धन्यवाद दिया, जिनका ध्यान रखा जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि हमें अपनी कार्यवाही के दौरान संसद की पवित्रता बनाए रखनी चाहिए। सरकार संसद के संबंधित सदनों के नियमों और संबंधित पीठासीन अधिकारियों के निर्णयों के अधीन इन सभी मुद्दों पर चर्चा के लिए तैयार है।

 

 

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने अंतर्राष्ट्रीय गणित ओलंपियाड में भारत के उत्कृष्ट प्रदर्शन पर दी बधाई

भोपाल : सोमवार, जुलाई 22, 2024/ मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने यूके (यूनाइटेड किंगडम) में आयोजित 65 वें अंतर्राष्ट्रीय गणित ओलंपियाड में भारत के बच्चों के उत्कृष्ट प्रदर्शन पर बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा है कि गुरु पूर्णिमा का यह शुभ दिन अंतर्राष्ट्रीय गणित ओलंपियाड में भारत के बच्चों के उत्कृष्ट प्रदर्शन से अधिक अल्हादकारी हो गया है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि ये प्रतिभाशाली बच्चे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के विकसित भारत के संकल्प से सिद्धि में सहभागी बनेंगे और भारत को विश्व में नये शिखर पर पहुंचायेंगे। उल्लेखनीय है कि भारत ने अंतर्राष्ट्रीय गणित ओलंपियाड में 1989 के बाद शानदार प्रदर्शन के साथ चार स्वर्ण और एक रजत पदक प्राप्त कर चौथा स्थान हासिल किया है।

 

मप्र में अत्याचार को संरक्षण देने और प्रशासन का दुरूपयोग करने वाली सरकार चल रही है: जीतू पटवारी

भोपाल : सोमवार, जुलाई 22, 2024/ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी और मीडिया विभाग के अध्यक्ष मुकेश नायक की कल आयोजित संयुक्त पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुये पटवारी ने कहा कि मप्र में अत्याचार को संरक्षण देने और प्रशासन का दुरूपयोग करने वाली दोहरे चरित्र की भाजपा सरकार पर्ची वाले मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के राज में चल रही है। प्रदेश में दो अलग-अलग विचारों के कानून चल रहे है, दबंगों के लिए अलग और दलित, अल्पसंख्यक के लिए अलग। प्रदेश सरकार की दोयम प्रकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुये पटवारी ने कहा कि कानून का उल्लंघन करने वाले प्रशासनिक अधिकारियों, कर्मचारियों के खिलाफ मोर्चा खोलकर निर्दोष व्यक्तियों दलितों, अल्पसंख्याकों के पक्ष में खड़ी होकर कांग्रेस पार्टी आवश्यकता पड़ने पर कोर्ट में इन अधिकारियों के खिलाफ आवाज उठायेगी।

पटवारी ने कहा कि भाजपा राज में कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर लगातार प्रशासन द्वारा दबाव बनाया जा रहा है। जैसा कि प्रदेश में एक एजेंड़े के तहत काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि भिण्ड के कलेक्टर ने हत्या करने वाले एक व्यक्ति का मकान तोड़ा वहीं दूसरे अपराधी के ऊपर कोई कार्यवाही नहीं हुई। एक कानून में दो अलग-अलग विचार प्रस्तुत हुये उसका वीडियो भ वायरल हुआ, जिसने उसने कहा कि मकान उसके तोड़े जायेंगे जिससे नफरत और घृणा बढ़ेगी, प्रशासन को खुली छूट दे गई है कि सिर्फ दमनकारी रवैये के साथ काम करें।

पटवारी ने कहा कि इस प्रदेश के दलितों पर, कांग्रेस के कार्यकर्ताओं पर, अल्पसंख्यक परिवार के साथियों पर कार्यवाही करों और अपराधियों को छूट दो यह दोहरा चरित भाजपा अपना रही है। उज्जैन की घटना पुलिस खड़ी थी, गले में हाथ डालकर एक विकास यादव नामक व्यक्ति को एक व्यक्ति द्वारा गोली मार दी गई, पुलिस के सामने गोली मार दी, यह छोटी घटना नहीं। यह बार-बार अहसास कराता है कि ये तीन-सी की सरकार, कर्ज क्राईम और करप्शन की सरकार है। भिण्ड में लगातार तीन कांग्रेेस कार्यकर्ताओं के मकान तोड़े गये, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता डॉ. गोविंद सिंह पर लगातार दबाव बनाया जा रहा है। यह भाजपा का चाल चरित्र और चेहरा, नफरत घृणा और बदले का अहसास कराता है कि प्रदेश का भविष्य सुरक्षित नहीं है।

पटवारी ने कहा कि प्रदेश की जनता ने बहुत अंर्तमन से भाजपा को वोट दिया था और भावना व्यक्त की थी कि प्रदेश अच्छा चलेगा। परंतु लगातार वह चाहे लाड़ली बहना के नाम पर हो, गैस सिलेण्डर, चाहे समर्थन मूल्य पर गेहूं और धान के नाम पर वोट मिला हो, पर गुमराह करके, भ्रम फैलाकर वोट लिया, सरकार द्वारा उस पर एक शब्द नहीं बोला जाता और लगातार दमनकारी व्यवहार भाजपा सरकार और उनके नेताओं का बढ़ता जा रहा है।

पटवारी ने कहा कि मप्र क्राईम की राजधानी बन गया है, क्राईम में जो स्थिति हैं, जहां से मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आते हैं वहां सप्ताह में औसतन तीन से चार हत्याएं होती ही हैं। लूट होती है, जमीनों के अवैध धंधे और जमीनों पर लगातार कब्जा, यह वहां का चरित्र बन गया है। उज्जैन के व्यापारी डरे हुये है, भाजपा किस तरह का तांडव, अंग्रेजों जैसा दमन करने लगी है?

पटवारी ने कहा कि कल कांग्रेस की राजनैतिक मामलों की समिति की बैठक हुई जिसमें एक प्रस्ताव पारित हुआ है कि किसी भी प्रकार का दमन जो कानून से बाहर जाकर सरकार, अधिकारी और कर्मचारी करेंगे कांग्रेस का कार्यकर्ता अब ताकत से उसके विरोध में खड़ा होगा। जिस दलित परिवार में किसी भी प्रकार की ऐसी घटना जो समाज को शर्मसार करती हो कांग्रेस पार्टी वहां खड़ी होगी, प्रशासन द्वारा कानून के उल्लंघन के तहत मकान तोड़ने की प्रक्रिया की जायेगी, कानून का उल्लंघन करेंगे, भेदभाव करेंगे वहां भी कांग्रेस कार्यकर्ता पूरी ताकत के साथ खड़े होकर उसका विरोध और मुकाबला करेंगे, जो अधिकारी नियम के विरूद्व जाकर काम करेगा, उसके खिलाफ मप्र कांग्रेस कोर्ट का दरवाजा खटखटायेगी। यह राजनैतिक विचार कांग्रेस पार्टी ने लिया है।

पटवारी ने कहा कि भाजपा सरकार और मोहन यादव से यह भावना व्यक्त करता हूं कि ऐसी कोई विधानसभा नहीं है जहां पर आप प्रशासन से कांग्रेस के कार्यकर्ताओं के साथ दोहरा व्यवहार कर रहे हैं, उन्होंने आगाह करते हुए कहा कि अति का अंत होता है। जिस तरह का व्यवहार प्रदेश में किया जा रहा है, वह लोकतांत्रिक देश में शोभा नहीं देता।

पटवारी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी पूरी दृढता से कांग्रेस कार्यकर्ताओं, दलित परिवारों शोषित और पीड़ित परिवार के साथ प्रशासन द्वारा जो दोहरा व्यवहार, दबाने का प्रयास होता है उसके खिलाफ पूरी ताकत से लड़ाई लड़ेगी। विगत 19 जुलाई को बड़ामलहरा में एक अहिरवार समाज के व्यक्ति की हत्या की गई लेकिन अभी तक कोई प्रशासनिक कार्यवाही नहीं हुई आरोपी को आज तक गिरफ्तार नहीं किया गया। इससे यह स्पष्ट है कि दलितों पर लगातार बढ़ते अत्याचार यह बताता है कि सरकार दलित विरोधी है। यह सरकार अत्याचार को संरक्षण देने वाली और प्रशासन का दुरूपयोग करने वाली सरकार है।

केंद्र ने सरकारी कर्मचारियों के आरएसएस गतिविधियों में भाग लेने पर प्रतिबंध हटाया

नई दिल्ली : सोमवार, जुलाई 22, 2024/ केन्‍द्र ने सरकारी कर्मचारियों पर राष्‍ट्रीय स्‍वयं सेवक संघ-आरएसएस की गतिविधियों में भाग लेने पर लगा प्रतिबंध हटा लिया है। नवंबर 1966 में तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के शासनकाल के दौरान कार्मिक, लोक शिकायत और पेंशन मंत्रालय ने यह प्रतिबंध लागू किया था।

भारतीय जनता पार्टी के सूचना प्रौद्योगिकी प्रकोष्‍ठ प्रमुख अमित मालवीय ने सोशल मीडिया पोस्‍ट में कहा कि 58 वर्ष पहले जारी यह असंवैधानिक आदेश मोदी सरकार ने वापस ले लिया है। हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, मध्‍य प्रदेश और छत्तीसगढ़ सहित कई राज्‍य सरकारों ने सरकारी कर्मचारियों के आरएसएस से जुड़ने पर लगी पाबंदी पहले ही हटा दी है।

कांवड़ यात्रा आज से शुरू, उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश सरकार ने किए पुख्ता इंतजाम

नई दिल्ली : सोमवार, जुलाई 22, 2024/ श्रावण मास में होने वाली वार्षिक कांवड़ यात्रा आज से शुरू होगी। इस यात्रा के दौरान, बड़ी संख्या में भक्त गंगा नदी का पवित्र जल लाने के लिए उत्तराखंड में हरिद्वार, गौमुख और गंगोत्री जैसे तीर्थ स्थलों पर पहुंचते हैं। उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश सरकार ने बड़ी संख्या में तीर्थयात्रियों के व्यवस्थाएं की हैं। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा है कि राज्य सरकार ने यात्रा के सुचारू संचालन के लिए व्यापक इंतजाम किए हैं।

दिल्ली पुलिस ने कांवड़ यात्रा के लिए यात्रा परामर्श जारी किया है। बड़ी संख्या में कांवड़ यात्री दिल्ली पहुंचते हैं और उनमें से कई दिल्ली की सीमाओं से होते हुए हरियाणा और राजस्थान की तरफ जाते हैं। इस साल 15 से बीस लाख कांवड़ियों के इस यात्रा में शामिल होने का अनुमान है। इस दौरान, कांवड़ियों की आवाजाही और सड़कों के किनारे कांवड़ियों शिविरों की स्थापना के कारण कई स्थानों पर यातायात में रुकावट आती है। दिल्‍ली की यातायात पुलिस ने कहा है कि बाहरी रिंग रोड पर जीटी करनाल रोड से आने वाली सिटी बसों को छोड़कर सभी भारी वाहनों को सीधे राष्ट्रीय राजमार्ग-24 की ओर मोड़ दिया जाएगा। उन्हें वज़ीराबाद रोड और जीटी रोड पर शाहदरा की ओर जाने की अनुमति नहीं होगी।

 

आप पार्टी के सैकड़ों पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस पार्टी की सदस्यता ग्रहण की

टीकमगढ़ : सोमवार, जुलाई 22, 2024/ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी की उपस्थिति में कल टीकमगढ़ के आप पार्टी के पदाधिकारियों सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने वरिष्ठ कांग्रेस नेता यादवेन्द्र सिंह, किरन अहिरवार के नेतृत्व में प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय पहुंचकर कांग्रेस पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। पटवारी ने आप पार्टी से कांग्रेस पार्टी में शामिल हुये जितेन्द्र जैन सहित सैकड़ों कार्यकर्ताओं को कांग्रेस पार्टी का दुपट्टा पहनाकर और पार्टी सदस्यता फार्म भरवाकर पार्टी की सदस्यता दिलायी। इस मौके पर फूलसिंह बरैया, धर्मेन्द्र जैन भी मंचासीन थे।

प्रदेश कांग्रेस के उपाध्यक्ष संगठन प्रभारी राजीव सिंह ने बताया कि टीकमगढ़ आप पार्टी के पूर्व जिला अध्यक्ष जितेन्द्र सिंह, डॉ. विजय कुमार अहिरवार, नितिन जैन, राजकुमार जैन, सियाराम रजक, साकिर खान, अजीत खान, अनार खान, आदर्श जैन, विजय माते, विजय वर्मा, माखन लाल जैन, अनुज नायक, राजा खान, आसिफ खान, राकेश प्रजापति, जमील खान बेना, पप्पू यादव, बृजेन्द्र यादव, गोलू राजा, शैलेन्द्र कुशवाहा, प्रताप सिंह, दिनेश कुमार, मथुरा राजपूत, ब्रजेश बाल्मिक, सलीम खान, नकुल शहरिया, संतोष साहू, नीरज यादव, अनिल सेन, राकेश यादव, सुरेश यादव, आरिफ खान, आशाराम रैकवार, शेख अनीस, महेन्द्र प्रजापति, अंकुल कुशवाह, हाकिम सिंह यादव, कपूर चंद्र अहिरवार, भगवानदास अहिरवार, इमरत नापित, आशाराम नापित, मोहन यादव, रामसेवक यादव, विजय वर्मा, जितेन्द्र श्रीवास, मनोज श्रीवास, संतोष सेन, सर्वेश, विनोद यादव, बब्लू अहिरवार, मुजफ्फर खान, बंटी कुरमलिया, हरकिशन कुमार, बब्लू रजक, संजय रजक, ब्रजेन्द्र यादव, दिलीप रजक, अंकित सिंह ठाकुर, फूलचंद्र जोशी, कमल कुमार राय, अंशुल राय, पुष्पेंद्र जोशी, भागचंद्र आदिवासी, अशोक प्रजापति, आसिफ खान, शेख अरवाज, शेख फैजान, तारिक खान, गोकुल विश्वकर्मा, राथूराम, दीपक रजक, उमेश रजक, दिलीप कुशवाहा, महेन्द्र झा सहित सैकड़ों आप पार्टी के पदाधिकारियों ने कांग्रेस पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।

प्रदेश कांग्रेस के उपाध्यक्ष राजीव सिंह ने इस अवसर पर संचालन करते हुये कांग्रेस पार्टी में शामिल हुये कार्यकर्ताओं के सदस्यता फार्म भरवाये। इस अवसर पर मीडिया विभाग के अध्यक्ष मुकेश नायक, प्रवक्तागण संतोष सिंह परिहार, अभिनव बरोलिया, अमित शर्मा सहित अन्य कांग्रेसजन भी उपस्थित थे।

शिष्य निर्माण और राष्ट्रभक्ति की अद्वितीय मिसाल हैं आचार्य सांदीपनि

डॉ. मोहन यादव

गुरु पूर्णिमा के पुण्य दिवस पर सभी परम गुरुओं को हार्दिक नमन….। अपने ज्ञान के प्रकाश से समृद्ध करने के साथ लक्ष्य प्राप्ति के लिये हमें प्रेरित करने वाले गुरुजन का ह्दय से आभार। गुरु हमें ज्ञान, गौरव और गंतव्य का भान कराने के साथ हमारी जीवन यात्रा का मार्गदर्शन करते हैं। गुरु-शिष्य परंपरा में गुरु ज्ञान से स्वयं का साक्षात्कार संभव है। इस ज्ञान की अनुभूति की साक्षी है गुरु पूर्णिमा। गुरु पूर्णिमा को व्यास पूर्णिमा भी कहते हैं। मान्यता है कि गुरु पूर्णिमा महर्षि वेद व्यास का प्रकटीकरण दिवस है। महर्षि व्यास ने वैदिक ऋचाओं को संकलित कर वेदों का वर्गीकरण, महाभारत तथा अन्य रचनाओं से भारतीय वांग्ड्मय को समृद्ध किया। भारतीय गुरु-शिष्य परंपरा अति पुरातन है। इस परंपरा से ही व्यक्ति निर्माण से लेकर राष्ट्र निर्माण तक की प्रेरणा में गुरुजन का मार्गदर्शन है।

गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर मुझे व्यक्ति निर्माण, समाज निर्माण और राष्ट्र के लिये समर्पित गुरु सांदीपनि जी का स्मरण आता है। लगभग 5 हजार साल पूर्व शिष्यों और समाज के लिये संपूर्ण जीवन समर्पित करने वाले गुरु सांदीपनि का जीवन चरित्र हम सभी के लिये आदर्श है। उनके जीवन में कष्ट और दु:ख की कोई सीमा नहीं थी। उनका राष्ट्र के प्रति समर्पण और अपने शिष्यों के प्रति प्रेम अद्भुत, अनूठा और अलौकिक रहा है जिसकी मिसाल दुनिया में दूसरी नहीं है। सांदीपनि जी का आश्रम मूलत: पहले गंगा किनारे बनारस में स्थापित था जहां उन्होंने अपने शिष्यों को 64 कलाएं, 14 विधाएं, 18 पुराण और 4 वेदों की शिक्षा-दीक्षा देकर प्रशिक्षित करने के लिये गुरुकुल का संचालन किया।

उस समय मथुरा में महाराज उग्रसेन को हटाकर जैसे ही कंस ने सत्ता के सूत्र हाथ में लिये, आचार्य सांदीपनि सहित विश्व के आचार्यों को अपने गुरुकुल बंद करने पड़े। उन्होंने अपना आश्रम छोड़कर तीर्थाटन की राह पकड़ी। अराजकता और अशांति के वातावरण में कोई गुरुकुल कैसे चला सकता है। आचार्य सांदीपनि, अपने 6 माह के पुत्र पुनर्दत्तऔर धर्मपत्नी तीर्थाटन करते हुए पश्चिमी भारत (वर्तमान द्वारिका), प्रभास पाटन के क्षेत्र से तीर्थाटन कर गुजर रहे थे। यह वह समय था जब देश पर आसुरी शक्तियों ने अलग-अलग प्रकार से भारत पर कब्जा जमा लिया था।

आचार्य सांदीपनि की प्रसिद्धी दुनिया भर में फैली थी। हर कोई चाहता था कि उनके बच्चे आचार्य सांदीपनि से दीक्षित-शिक्षित हों। उस समय यहां के नेता यम नाम से जाने जाते थे। उन्होंने आचार्य सांदीपनि से अपने बच्चों को शिक्षित-दीक्षित करने का दबाव डाला। चूंकि आचार्य सांदीपनि की शिक्षा-दीक्षा राष्ट्र और समाज निर्माण के लिये थी इसलिए वे किसी प्रकार के दबाव में नहीं आये और राष्ट्र विरोधी तत्वों को शिक्षा देने के प्रस्ताव को सिरे से नकार दिया। यम द्वारा डराने, धमकाने और यातनाएं देने पर भी आचार्य झुके नहीं और अपने निर्णय पर अटल रहे। आचार्य को प्रताड़ित करते हुए शासकों ने उनके बच्चे को छुड़ा लिया तथा आचार्य और माता को अपमानित कर भगा दिया।

इसके बाद आचार्य उज्जैन आए और सांदीपनि आश्रम स्थापित कर भगवान महाकाल की नगरी उज्जैन में देश के बच्चों के भविष्य निर्माण के लिये शिक्षा-दीक्षा आरंभ की। सांदिपनि आश्रम में भगवान श्रीकृष्ण और उनके भ्राता बलराम को शिक्षा प्राप्त करने के लिए महाकाल की नगरी उज्जैन भेजा गया, जहां उनकी मित्रता सुदामा से हुई। शिक्षा के उपरांत श्रीकृष्ण ने गुरुमाता को गुरु दक्षिणा देने की बात कही। इस पर गुरुमाता ने श्रीकृष्ण को अद्वितीय मानकर गुरु दक्षिणा में अपना पुत्र वापस मांगा। आचार्य सांदीपनी को जब पूरी बात पता चली, तो उन्होंने नाराज होते हुए कहा कि मेरे दु:ख और मेरी व्यक्तिगत समस्या में मेरे शिष्य को क्यों शामिल किया।

श्रीकृष्ण ने उनके पुत्र को वापस लाने के लिये शस्त्र चाहे। आचार्य ने भगवान परशुराम के आश्रम जानापाव में जाने के लिए कहा। भगवान परशुराम ने श्रीकृष्ण को सुदर्शन चक्र प्रदान करते हुए उसकी विशेषता बताई। भगवान परशुराम की आज्ञा लेकर श्रीकृष्ण प्रभास पाटन जाते हैं। जहां यम नामक असुर से युद्ध कर उसके प्राणों का अंत करते हैं और आचार्य के पुत्र को वापस उज्जैन लाकर गुरु दक्षिणा भेंट करते हैं।

श्रीकृष्ण प्रभास पाटन का राज्य राजा रैवतक को देते हैं। राजा की पुत्री रेवती से बलराम का विवाह होता है। इसके बाद श्रीकृष्ण मथुरा की ओर प्रस्थान करते हैं। इसी युग में आसुरी शक्तियों का विनाश कर योग्य व्यक्ति को राज्य सौंपने का एक और उदाहरण है कि भगवान श्रीकृष्ण ने मथुरा में कंस को मारकर महाराज उग्रसेन को पुन: सिंहासन पर बैठाया था।

काल के प्रवाह में आचार्य सांदीपनि का अपने देश के लिए अद्वितीय योगदान जानना जरूरी है। आचार्य सांदीपनि द्वारा अपने ज्ञान से शिष्य निर्माण और अपने राष्ट्र के प्रति समर्पण एक अद्वितीय मिसाल है। गुरु पूर्णिमा पर आचार्य सांदीपनि जी का यह प्रेरक पक्ष सभी के समक्ष आना चाहिए।

मेरी दृष्टि में, हमारे जीवन में पांच गुरुओं का विशेष महत्व है। सबसे पहली गुरु, माता जो जन्म और जीवन के संस्कार देती है, दूसरे पिता जो साथ, संबल, सहयोग के साथ पुरुषार्थ और पराक्रम का भाव निर्मित करते हैं। तीसरे, शिक्षक जो पाठ्यक्रम में निर्धारित शिक्षा प्रदान कर हमें शैक्षणिक ज्ञान से समृद्ध करते हैं। चौथे गुरु, जिनसे हम आध्यात्मिक शिक्षा प्राप्त करते हैं, जो स्वत्व को जागृत कर आत्मज्ञान का बोध कराते हैं और हमें हमारे जीवन की नई ऊंचाइयों और नये लक्ष्यों के लिये प्रेरित करते हैं। पांचवां गुरु आईना है जो, हमें हमारे वास्तविक स्वरूप से परिचित कराता है इससे आत्म-चेतना जागृत होती है और हम अपने व्यक्तित्व और कृतित्व में श्रेष्ठता को प्राप्त कर सकते हैं।

गुरु हमारी प्राकृतिक प्रतिभा का आकलन करके हमारी मौलिक प्रतिभा को जागृत करते हैं, मार्गदर्शित करते हैं। आचार्य सांदीपनि ने ऐसे शिष्यों का निर्माण किया है जिन्होंने समाज, राष्ट्र और विश्व कल्याण का इतिहास रचा है। गुरु पूर्णिमा के अवसर पर आचार्य सांदीपनि का पुण्य-स्मरण।

नोट – लेखक मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री है।

स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम : उप-मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल

भोपाल : रविवार , जुलाई 21, 2024/ उप-मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने कहा कि यह निर्णय राज्य की स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि नियमित जांच से नर्सिंग छात्रों को उच्च मानकों की शिक्षा का प्रदाय सुनिश्चित होगा। उप-मुख्यमंत्री शुक्ल ने कहा कि राज्य सरकार नर्सिंग छात्रों के हितों की रक्षा करने और उनके उज्ज्वल भविष्य को सुरक्षित करने के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि हमारा लक्ष्य है कि मध्यप्रदेश को स्वास्थ्य मानकों के क्षेत्र में शीर्ष राज्य बनाया जाए। चिकित्सा सेवाओं की प्रणाली को मजबूत करके हम राज्य के स्वास्थ्य मानकों में सुधार करेंगे और इसे एक उत्कृष्ट उदाहरण बनायेंगे। उन्होंने कहा कि इस आदेश से न केवल छात्रों का भविष्य सुरक्षित होगा बल्कि इससे राज्य की स्वास्थ्य सेवाओं में भी व्यापक सुधार होगा। नर्सिंग छात्रों को बेहतर शिक्षा और प्रशिक्षण मिलने से वे चिकित्सा क्षेत्र में एक अमूल्य संपत्ति बनेंगे, जिससे राज्य की स्वास्थ्य प्रणाली को और मजबूती मिलेगी।

प्रमुख सचिव लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विवेक कुमार पोरवाल ने बताया कि उच्च न्यायालय ने नर्सिंग कॉलेजों की मान्यता प्रक्रिया को मंजूरी दे दी है, जो अब तक रुकी हुई थी। इस निर्णय के साथ, 2024-25 सत्र से नर्सिंग कॉलेजों को मान्यता दी जा सकेगी। उच्च न्यायालय ने सभी नर्सिंग कॉलेजों की वार्षिक निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए हैं। यह नियमित निगरानी प्रक्रिया को सुदृढ़ बनाएगी और नर्सिंग छात्रों को गुणवत्ता शिक्षा प्रदान करेगी। इस निर्णय से अब छात्र नर्सिंग पाठ्यक्रमों में दाखिला ले सकेंगे, जिससे नर्सिंग के इच्छुक छात्रों को बड़े पैमाने पर लाभ मिलेगा और स्वास्थ्य देखभाल प्रणाली को सुदृढ़ करने का मार्ग प्रशस्त होगा। साथ ही प्रदेश के नर्सिंग कॉलेज (सरकारी और निजी दोनों) में प्रवेश के लिए प्रतियोगी परीक्षाओं का आयोजन नर्सिंग काउंसिल द्वारा किया जायेगा। जिससे प्रवेश परीक्षा प्रक्रिया में पारदर्शिता और गुणवत्ता सुनिश्चित होगी।

 

गुरु कृपा के बिना जीवन की सार्थकता संभव नहीं

कृष्णमोहन झा

आज गुरु -शिष्य परंपरा का पुनीत पर्व गुरु पूर्णिमा है । गुरु के समक्ष विनयावनत होकर उनके प्रति अटूट श्रद्धा और आदर की अभिव्यक्ति का यह पुनीत पर्व आज सारे देश में मनाया जा रहा है। धर्मग्रंथों के अनुसार गुरु पूर्णिमा को ही भगवान शिव ने दक्षिणामूर्ति के रूप में ब्रह्मा के चार मानस पुत्रों को वेदों का ज्ञान प्रदान किया था। महाभारत के रचयिता महर्षि वेदव्यास का जन्म भी गुरु पूर्णिमा को हुआ था। बौद्ध धर्म की मान्यताओं के अनुसार गुरु पूर्णिमा के दिन ही सारनाथ में अपने शिष्यों को प्रथम उपदेश दिया था। गुरु पूर्णिमा को धर्मचक्र का प्रवर्तन हुआ। धर्मग्रंथों में गुरु को ब्रह्मा, विष्णु, शिव और परब्रह्म कहा गया है। ध्यान का मूल गुरु की मूर्ति में है, पूजा का मूल गुरु के चरणों में है , मंत्र का मूल गुरु के शब्दों में है और गुरु की कृपा हो जाए तो मोक्ष का मार्ग प्रशस्त हो सकता ।गुरु ही अपने शिष्य को ईश्वर का ज्ञान कराता है। गुरु की कृपा के बिना जीवन की सार्थकता अकल्पनीय है । किसी शिष्य के पास सब कुछ होने के बाद भी अगर उसे गुरु कृपा की आकांक्षा नहीं है तो उसे अपने जीवन में पूर्णता की अनुभूति नहीं हो सकती। संसार में जितने भी महापुरुष हुए हैं उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय गुरु को दिया है।सम्राट चंद्रगुप्त ने आचार्य चाणक्य, शिवाजी महाराज ने समर्थ गुरु रामदास , और स्वामी विवेकानन्द ने रामकृष्ण परमहंस का शिष्य बन कर ही अखिल विश्व में अपार यश और कीर्ति अर्जित की। इतिहास ऐसे उदाहरणों से भरा पड़ा है।गुरु के अंदर मनुष्य को ईश्वर से जोड़ने की सामर्थ्य होती है। गुरु ही अपने शिष्य का ईश्वर से साक्षात्कार कराता है इसीलिए कहा गया है कि
गुरु गोविन्द दोऊ खड़े , काके लागूं पाय ,
बलिहारी गुरु आपकी गोविंद दियो बताय।
गुरु जीवन भर मनुष्य को सही मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। गुरु के बिना मनुष्य अपने जीवन में पूर्णता की अनुभूति नहीं कर सकता। गुरु अपने शिष्यों को ग़लत मार्ग पर चलने से रोकता है। गुरु अपने शिष्य पर आई विपत्ति को अपने ऊपर लेकर उसके जीवन को निरापद बना देता है लेकिन शर्त केवल यही है कि गुरु के प्रति शिष्य की श्रद्धा और विश्वास अटूट होना चाहिए। शिष्य का गुरु के प्रति सम्पूर्ण समर्पण और शिष्य के लिए गुरु के सर्वस्व त्याग से गुरु शिष्य परंपरा का निर्वाह होता है।अपने शिष्य के सर्वांगीण विकास के लिए शिष्य को शिक्षा के साथ जो उत्तम संस्कार प्रदान करते हैं वे जीवन भर उसके काम आते हैं। गुरु से प्राप्त शिक्षा और संस्कार शिष्य की उन्नति का मार्ग प्रशस्त करते हैं। गुरु की महिमा को शब्दों की सीमा में बांधना असंभव है।
सात समुंद की मसि करूं लेखनि सब बनराइ,
धरती सब कागद करूं गुरु गुण लिखा न जाइ।
गुरु की महिमा अपार है। अगर सातों समुद्रों के जल की स्याही बना ली जाए,वन की सभी टहनियों की कलम बना ली जाए और सारी धरती को कागज का रूप दे दिया जाए तब भी गुरु की महिमा का बखान करना संभव नहीं है ।कबीर दास कहते हैं कि
कबिरा ते नर अंध हैं गुरु को कहते और,
हरि रूठे गुरु ठौर है, गुरु रूठे नहिं ठौर।
अर्थात अगर ईश्वर रूठ जाए तो आप गुरु की शरण में जाकर अपनी भूल सुधार सकते हैं लेकिन अगर गुरु रूठ जाएं तो आपको कहीं शरण नहीं मिल सकती। गुरु को नाराज़ करने के बाद मनुष्य जिस मुश्किल का सामना करने के लिए विवश हो जाता है उससे बाहर निकलने का रास्ता और कोई नहीं बता सकता।

गुरु पूर्णिमा अपने उस गुरु के प्रति कृतज्ञता ज्ञापित करने का दिन है जिसके ऋण से कोई शिष्य कभी मुक्त नहीं हो सकता। शिष्य अपने जीवन में जो सम्मान, शोहरत और यश अर्जित करता है उसमें सबसे बड़ी भूमिका गुरु की दी हुई शिक्षा और उत्तम संस्कारों की होती है । गुरु अपने शिष्य से इसके बदले में कोई अपेक्षा नहीं रखते। वे केवल इतना चाहते हैं कि उनका शिष्य कभी उनके बताए रास्ते से विमुख न हो। शिष्य जब जीवन में सफलता के शिखर की ऊंचाईयों को स्पर्श करता है तो गुरु से अधिक प्रसन्नता किसी को नहीं होती। शिष्य की सफलता से गुरु को यह अनुभूति होती है कि उसकी दी शिक्षा सार्थक हो गई। गुरु और शिष्य का संबंध आजीवन बना रहता है। जो शिष्य यह मान लेता है कि अब वह जिस मुकाम पर पहुंच गया है वहां उसे गुरु की परोक्ष आवश्यकता भी नहीं है वहीं से उसका पराभव प्रारंभ हो जाता है । सफलता के शिखर पर पहुंचने के बाद अगर शिष्य के अंदर अहंकार जागृत हो जाए तो गुरु उसके अहंकार को तोड़ कर उसे वास्तविक धरातल पर ले आता है ताकि वह अहंकार शिष्य की उन्नति के मार्ग में बाधा न बन सके। इतिहास में ऐसे उदाहरणों की कमी नहीं है।
इसलिए गुरु अपने शिष्य को समय समय पर सचेत भी करते हैं और इस प्रक्रिया में उन्हें अपने प्रतिभाशाली शिष्य के प्रति कठोर भी होना पड़ता है। गुरु की इस कठोरता से शिष्य के व्यक्तित्व और कृतित्व में और निखार आता है।

गुरु पूर्णिमा के पुनीत पर्व पर सारे देश में श्रद्धा पूर्वक गुरु वंदना करके और शिष्य अपने गुरु का आशीर्वाद प्राप्त करते हैं। देश में विभिन्न स्थानों इस आयोजन के अलग-अलग स्वरूप देखने को मिलते हैं। सांस्कृतिक राष्ट्रवाद और राष्ट्र के परम वैभव के लिए समर्पित राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ में भगवा ध्वज को गुरु मान कर उसका वंदन किया जाता है। भगवा ध्वज को त्याग और समर्पण का प्रतीक माना जाता है। गुरु शिष्य परंपरा में भी त्याग और समर्पण की प्रधानता प्रदान की गई है।


नोट – लेखक राजनैतिक विश्लेषक है।

 

जबलपुर में बनेगा टेक्सटाइल का अत्याधुनिक स्किल डेवलपमेंट सेंटर : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

जबलपुर : रविवार , जुलाई 21, 2024/ मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि मध्यप्रदेश में अनेक क्षेत्रों में उद्द्योग स्थापना का कार्य प्राथमिकता से किया जायेगा। मध्यप्रदेश में टेक्सटाइल, रक्षा संस्थान के लिए एक टैंक निर्माण, फार्मा क्षेत्र और पर्यटन के क्षेत्र में नए-नए उद्योग प्रारंभ किये जायेंगे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कल जबलपुर के “सुभाष चंद्र बोस कल्चरल एंड इनफॉरमेशन सेंटर” में रीजनल इंडस्ट्री कांक्लेव में उद्योगों से जुड़ी महत्वपूर्ण घोषणाएं की। यह सभी घोषणाएं उद्योगों के प्रोत्साहन से संबंधित हैं। कॉन्क्लेव में देश-विदेश के अनेक प्रमुख उद्योगपति शामिल हुए। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि जबलपुर में टेक्सटाइल के अति आधुनिक स्किल डेवलपमेंट सेंटर की शुरुआत की जायेगी, जिससे विशेष रूप से बहनों को रोजगार प्राप्त होगा।

मध्यप्रदेश में वर्ष 2024 की दूसरी रीजनल इंडस्ट्री कॉन्क्लेव जबलपुर में हुई। इसमें ताईवान, मलेशिया, ब्रिटेन, फिजी और इंडोनेशिया के साथ और देश के विभिन्न राज्यों से बड़े उद्योगपति शामिल हुए। उल्लेखनीय है कि गत मार्च-2024 में उज्जैन में इंडस्ट्री कॉन्क्लेव हुई थी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कॉन्क्लेव में प्रदेश की 29 औद्योगिक इकाइयों के लोकार्पण और 38 औद्योगिक इकाइयों का भूमि-पूजन किया। प्रदेश के विभिन्न 10 स्थान से जन-प्रतिनिधि लोकार्पण और भूमि पूजन कार्यक्रम से जुड़े। इनमें कुल 1500 करोड रुपए का निवेश होगा और 4500 लोगों को रोजगार प्राप्त होगा। औद्योगिक इकाइयों को आशय-पत्र सौंपे गये, जिससे करीब 12 हजार लोगों को रोजगार प्राप्त होगा। कुल 340 एकड़ भूमि के आवंटन के लिए आशय-पत्र सौंपे गये। कॉन्क्लेव में आईटी, आईटीईएस एवं ईएसडीएम पॉलिसी-2023 का विमोचन भी किया गया।

कॉन्क्लेव में मुख्यमंत्री डॉ. यादव की उपस्थिति में 600 करोड रूपये के निवेश के लिए अशोक लीलैंड और आर्मर्ड व्हीकल निगम लिमिटेड के बीच करारनामा हुआ। उल्लेखनीय है कि इस क्षेत्र में यह नया कदम है। यह रक्षा उत्पादन के क्षेत्र में महत्वपूर्ण निवेश है। साथ ही सहयोग क्षेत्र में विकास और नवाचार को बढ़ावा देने की प्रतिबद्धता का प्रतीक है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश में रक्षा संस्थान के लिए अब तक तोप निर्माण का कार्य होता रहा है, अब सेना के लिए टैंक भी बनाये जायेंगे।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश में 16 औद्योगिक पार्क के माध्यम से कुल 517 लघु, मध्यम और सूक्ष्म उद्योगों द्वारा पौने छः हजार करोड़ का निवेश किया गया, जिससे 20 हजार लोगों को रोजगार मिला है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा है कि आज 67 औद्योगिक इकाइयों का लोकार्पण और भूमिपूजन एक महत्वपूर्ण समेकित प्रयास है। प्रदेश के 10 स्थानों से मंत्री, सांसद, विधायक वर्चुअली जुड़े। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने जन-प्रतिनिधियों से चर्चा कर उन्हें नवीन इकाइयों की सौगात के लिये बधाई दी।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि आज कॉन्क्लेव में अनेक विभागों ने उद्द्योग हितैषी नीतियों की जानकारी दी है। खनिज के क्षेत्र में उड़ीसा के बाद मध्यप्रदेश द्वितीय स्थान पर है। खदानों की निलामी में मध्यप्रदेश की पारदर्शी प्रक्रिया देश में अग्रणी मानी गई है। इसके लिये भारत सरकार द्वारा पुरस्कार भी प्रदान किया गया। प्रदेश में हीरे का खनन तो होता है, अब इन्हें तराशने का कार्य भी किया जायेगा। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सक्षम नेतृत्व का उल्लेख करते हुये मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि उन्होंने भारत ने दुनिया में अलग पहचान बनाई है। काल के प्रवाह में अनेक बाधाएं भी देश ने देखीं लेकिन भारत ने पराक्रम, परिश्रम और आत्मविश्वास से आगे बढ़ कर दिखा दिया है कि हमारी प्रगति को कोई रोक नहीं सकता।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने उद्योगपतियों से आहवान किया कि वे मध्यप्रदेश आएं। उन्होंने कहा कि श्रम के क्षेत्र में भी मध्यप्रदेश में प्रोत्साहनकारी नीतियां हैं। शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में अनेक नए कार्य हो रहे हैं। पिछले दो-तीन वर्ष में विश्वविद्यालयों के माध्यम से रोजगार की संभावनाओं को बढ़ाया गया है। प्रदेश में पहले कभी सिर्फ 5 मेडिकल कॉलेज होते थे, अब यह संख्या बढ़कर 25 होने जा रही है। प्रदेश में सघन वन क्षेत्र है। इस क्षेत्र में भी संभावनाओं को तलाश कर उन्हें साकार किया जायेगा। फार्मास्युटिकल क्षेत्र में 275 इकाइयां कार्य कर रही हैं। अकेले पीथमपुर में 60 इकाइयां हैं। हमारे प्रदेश से 160 से अधिक देशों को फार्मा प्रोडक्ट निर्यात किये जाते हैं।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि खाद्य प्र-संस्करण के क्षेत्र में 150 प्रतिशत प्रोत्साहन के लिये हम तैयार हैं। प्रदेश में उद्योगों को पानी और बिजली की आपूर्ति पर विशेष राहत प्रदान की गई है। दो मेगा फूड पार्क आ रहे है। पहले से 8 फूड पार्क संचालित है। ऐसी इकाइयों की संख्या निरन्तर बढ़ाई जायेगी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने वोल्वो आयशर के एमडी से आग्रह किया कि वे मध्यप्रदेश में रिसर्च सेंटर भी प्रारंभ करें।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रारंभ में उद्योगों के विकास से संबंधित प्रदर्शनी का शुभारंभ कर अवलोकन किया। जबलपुर हाट के अंतर्गत विभिन्न लघु उद्योग इकाइयों और व्यवसायियों द्वारा उत्पाद सामग्री का विवरण प्रदर्शनी में दिया गया।

उद्घाटन सत्र के प्रारंभ में औद्योगिक नीति एवं निवेश प्रोत्साहन एवं मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव राघवेंद्र कुमार सिंह ने विभिन्न उद्योगपतियों का शॉल और पुष्प गुच्छ भेंट कर स्वागत किया। उपस्थित अतिथियों में अडानी पॉवर, नेटलिंक, वैद्यनाथ ग्रुप दावत फूड्स, वोल्वो आयशर, एवीएनएल, एनसीएल, स्वराज शूटिंग लोहिया एनर्जी, आदि-शक्ति राइस मिल, फिनिक्स पोल्ट्री, इनफो-विजन दुबई और दलित चेंबर ऑफ कॉमर्स (डिक्की) सहित अन्य अनेक उद्योग संगठनों के पदाधिकारी शामिल थे। प्रमुख सचिव राघवेंद्र कुमार सिंह ने मध्यप्रदेश की निवेश नीति और निवेश संभावनाओं पर प्रस्तुतीकरण दिया। उन्होंने प्रदेश में औद्योगिक अधो-संरचना और औद्योगिक कॉरिडोर की विशेषताओं के साथ निवेशक अनुकूल औद्योगिक नीति में सब्सिडी और वित्तीय प्रोत्साहन पर भी प्रकाश डाला। साथ ही सभी निवेशकों को आगामी वर्ष 2025 में 7-8 फरवरी को भोपाल में होने वाली ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट में सहभागिता के लिए आमन्त्रित किया।

कॉन्क्लेव के शुभारम्भ अवसर पर अतिथियों का स्वागत कर मध्यप्रदेश की विशेषताओं पर केंद्रित एक लघु फिल्म का प्रदर्शन किया गया। जबलपुर की रीजनल इंडस्ट्री कॉन्क्लेव में 4 हजार से ज्यादा निवेशक जुटे। निवेश के लिए उद्यमियों से वन-टू-वन चर्चा भी हुई। कॉन्क्लेव में 5 सेक्टर्स एयो, माइंस, डिफेंस, टूरिज्म और गारमेंट्स उद्योग पर फोकस किया गया।

प्रमुख सचिव सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योग डॉ. नवनीत मोहन कोठारी ने सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योग और स्टार्ट-अप की वर्तमान स्थिति, इकोनॉमी में योगदान, भविष्य की संभावनाओं और अवसरों पर प्रेजेंटेशन दिया। महाकौशल क्षेत्र में सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योग के विभिन्न सेक्टर, एमएसएमई पॉलिसी के लाभ और निवेश प्रोत्साहन की विशेषताओं से अवगत कराया।

प्रमुख सचिव खनिज निकुंज श्रीवास्तव ने प्रदेश में उपलब्ध विभिन्न खनिज, खनिज से जुड़े उद्योगों में निवेश के अवसरों, एक्सप्लोरेशन की संभावनाओं पर प्रेजेंटेशन दिया। खनिज नीलामी में निवेशकों के लिए सरल और पारदर्शी ऑनलाइन प्रक्रिया, आसानी से मिलने वाली अनुमतियों की प्रक्रिया की जानकारी दी। साथ ही मध्यप्रदेश में सूचना प्रौद्योगिकी सेक्टर की जानकारी और संभावनाओं पर प्रकाश डालते हुए निवेशकों को सूचना प्रौद्योगिकी सेक्टर में निवेश करने के लिए आमन्त्रित किया। इसी अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मध्यप्रदेश आईटी, आईटीईएस एंड ईएसडीएम इन्वेस्टमेंट प्रमोशन पॉलिस-2023 की प्रक्रिया का निर्धारण करने वाली गाइडलाईन का विमोचन भी किया।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कॉन्क्लेव के दौरान राज्य की खनिज नीति के संदर्भ में तैयार की गई मार्गदर्शक पुस्तिका का विमोचन किया। कॉन्क्लेव में हाइडलबर्ग सीमेंट के सीईओ जॉयदीप मुखर्जी, प्रतिभा सिंटेक्स के एमडी श्रेयस्कर चौधरी, वीई कॉमर्शियल व्हीकल के एमडी विनोद अग्रवाल और एसआरएफ लिमिटेड के सीएमडी आशीष भारतम ने प्रदेश में निवेश करने के सुखद अनुभव सांझा किए। उन्होंने प्रदेश की सरल नीतियों और प्रोत्साहन को उद्द्योगों के लिए लाभदायक बताते हुए सभी निवेशकों को प्रदेश में निवेश करने के लिए आमन्त्रित किया। मुखर्जी ने कहा कि उन्हें लीडरशिप पर भरोसा है। मध्यप्रदेश में इसलिये निवेशक निवेश करने में रूचि लेते हैं। प्रतिभा सिंटेक्स के श्रेयस्कर चौधरी ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव की जैसा कहते है, उसे पूरा भी करते है। वोल्वो आयशर के विनोद अग्रवाल ने कहा कि उन्हें मध्यप्रदेश में 35 हजार से अधिक लोगों को रोजगार देकर प्रसन्नता हुई है। प्रदेश में उद्योगों के अनुकूल वातावरण है। मध्यप्रदेश भारत का दिल है और अब मध्यप्रदेश सरताज बनेगा।

प्रमुख उद्द्योगपतियों, विभिन्न उद्योग संघों के प्रतिनिधियों, नौकरशाहों और प्रमुख विदेशी प्रतिनिधियों सहित 4 हजार से अधिक हितधारकों की भारी भागीदारी देखी गई, जो राज्य की औद्योगिक विकास यात्रा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित हुआ और संस्कारधानी में औद्योगिक विकास और निवेश के अवसरों को बढ़ावा मिला। कार्यक्रम स्थल, नेताजी सुभाष चंद्र बोस सांस्कृतिक और सूचना केंद्र में कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्यमंत्री डॉ. यादव, विशिष्ट अतिथि, एमएसएमई मंत्री, काश्यप और लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने किया। बैद्यनाथ ग्रुप, आईटीसी, वोल्वो आयशर, बेस्ट कॉर्प, एसआरएफ और दावत ग्रुप जैसे प्रमुख उद्योगों के अन्य प्रतिष्ठित अतिथियों ने भी कार्यक्रम में शिरकत की। ताइवान, मलेशिया, यूके, फिजी, कोस्टारिका और इंडोनेशिया जैसे देशों के प्रतिनिधियों ने भी कार्यक्रम में भाग लिया।

कॉन्क्लेव में 700 से अधिक खरीदार-विक्रेता बैठकों के लिए एक मंच के रूप में कार्य किया, जिससे व्यवसायों और संभावित निवेशकों के बीच सीधी बातचीत की सुविधा मिली। मुख्यमंत्री और प्रमुख उद्योगपतियों के बीच लगभग 30 वन-टू-वन बैठकें हुई। इसके अलावा प्रदेश की 265 इकाइयों को 340 एकड़ भूमि के आवंटन के लिए आशय-पत्र जारी किए गए थे। इससे कुल 1,800 करोड़ रुपये और 12 हजार व्यक्तियों के लिए रोजगार सृजित होंगे।

राज्य सरकार ने प्रतिबद्धतापूर्वक जबलपुर स्मार्ट सिटी पहल के तहत स्टार्टअप्स को धन के आवंटन और वितरण की भी घोषणा की। कॉन्क्लेव में 30 से अधिक वक्ताओं और पैनलिस्टों के साथ कई क्षेत्रीय सत्र आयोजित किए गए, जिनमें वरिष्ठ अधिकारी भी शामिल थे, जिन्होंने पर्यटन में विशिष्ट अवसरों पर चर्चा करते हुए पैनल चर्चा में भाग लिया। इसमें वस्त्र एवं परिधान, रक्षा, कृषि, खाद्य प्र-संस्करण एवं डेयरी और खनन एवं खनिज क्षेत्र शामिल है। इन सत्रों ने हितधारकों को सार्थक चर्चाओं में शामिल होने और संभावित साझेदारियों का पता लगाने के लिए एक मंच प्रदान किया। उद्योग संघों, स्टार्टअप्स और रक्षा, कपड़ा और परिधान के विशेषज्ञों के साथ गोलमेज चर्चा की गई, जिसमें प्रमुख वक्ता शामिल थे।

लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव की सोच प्रदेश को नई ऊँचाइयों पर लेकर जाने की है। प्रदेश में विकास की असीम संभावनाएँ हैं। उन्होंने कहा कि निवेशक तभी आगे आता है जब उस क्षेत्र में निवेश करने की संभावना नज़र आती है। जबलपुर की जलवायु, माहौल, लोगों की श्रम-शक्ति एवं उनकी सकारात्मक सोच उद्योगों के विकास के लिए मुफीद है। यह फूड प्रोसेसिंग यूनिट्स लगाये जाने के लिए उपयुक्त है क्योंकि यहाँ सब्ज़ियों का उत्पादन अधिक होता है, जिसमें हरी मटर की माँग समूचे देश और विदेश में है। पर्यटन की दृष्टि से अमरकंटक, कान्हा, पेंच नेशनल पार्क और खजुराहो मुख्य आकर्षण का केंद्र है। यह सभी मुख्य पर्यटन स्थल जबलपुर से नज़दीक है, जिससे यहाँ होटल इंडस्ट्री के विकास के उचित अवसर मिलते हैं। भेड़ाघाट एवं संगमरमर की वादियों फिल्म उद्योग के लिए अनुकूल स्थान है। जबलपुर में 4 डिफेंस फैक्ट्री हैं। इस सेक्टर में निजी क्षेत्र का निवेश भी आ रहा है। जबलपुर रेलवे स्टेशन एवं एयरपोर्ट की सुविधा होने से कनेक्टिविटी आसान है। यहाँ प्रदेश का सबसे बड़ा फ्लाइओवर, देश का पहला जियोलॉजिकल पार्क एवं देश की दूसरी सबसे बड़ी 118 किलोमीटर की रिंग रोड बन रही है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव की दूरदर्शी सोच के कारण ही आज जबलपुर में कॉन्क्लेव आयोजित की गई है।

एमएसएमई मंत्री चैतन्य काश्यप ने कहा कि रीजनल इंडस्ट्री कॉन्क्लेव एक ऐसी शुरुआत है जो मध्यप्रदेश को देश में अलग स्थान प्रदान करेगी। महाकाल की नगरी उज्जैन से इसकी शुरुआत हुई जो आज महाकौशल में पहुंची है। यह कॉन्क्लेव क्षेत्र के विकास के लिए मील का पत्थर साबित होगी। इसका उद्देश्य किसी क्षेत्र विशेष तक ही सीमित न करते हुये प्रदेश के सभी क्षेत्रों का विकास सामूहिक रूप से करना है। साथ ही स्थानीय उद्योगपतियों को विकास के नये अवसर प्रदान करना है, जिससे प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से रोज़गार सृजन हो। मंत्री काश्यप ने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में मेक इन इंडिया कार्यक्रम प्रारंभ किया गया है इसके अंतर्गत डिफेंस सेक्टर पर विशेष फोकस किया गया है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव की मंशानुसार प्रदेश में उद्योगों की श्रृंखला स्थापित करने की इस सोच से प्रदेश में औद्योगीकरण को बढ़ावा मिलेगा। एमएसएमई सेक्टर का अर्थव्यवस्था में महत्वपूर्ण योगदान है। प्रदेश के 16 जिलों में भी नई उद्योग इकाई लगाने की योजना प्रस्तावित है।

पंचायत एवं ग्रामीण विकास एवं श्रम मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री संपतिया उइके, पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री धर्मेन्द्र सिंह लोधी, पशुपालन एवं डेयरी राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) लखन पटेल, सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते, ललिता पारधी, जबलपुर के महापौर जगत बहादुर अन्नू एवं जन-प्रतिनिधि भी उपस्थित थे।

 

असंगठित और गिग वर्कर्स के लिए केंद्र सरकार का बड़ा फैसला, 40 और 22...

0
नई दिल्ली | 4 नवंबर 2026 देश के करोड़ों असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों, डिलीवरी पार्टनर्स, ऐप आधारित टैक्सी चालकों और प्लेटफॉर्म वर्कर्स को सामाजिक सुरक्षा...
nmms-scholarship-2026-27

NMMSS Scholarship 2026-27: छात्रों को बड़ी राहत, छात्रवृत्ति आवेदन की अंतिम तारीख बढ़ी, अब...

0
नई दिल्ली। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के मेधावी विद्यार्थियों के लिए केंद्र सरकार ने बड़ी राहत दी है। शिक्षा मंत्रालय ने राष्ट्रीय साधन-सह-योग्यता...
akshara goswami

मध्यप्रदेश स्थापना दिवस पर 102 मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान, हर छात्र को मिली 1...

0
भोपाल। मध्यप्रदेश के 71वें स्थापना दिवस के अवसर पर प्रदेश की शैक्षणिक प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। भोपाल के लाल परेड मैदान में आयोजित...
poshan-tracker-pmmvy-grievance-redressal-2026

POSHAN Tracker और PMMVY की शिकायतों का होगा निपटारा, 30 अक्टूबर को देशभर में...

0
नई दिल्ली | 30 अक्टूबर 2026 | सामाजिक कल्याण समाचार केंद्र सरकार ने गर्भवती महिलाओं, स्तनपान कराने वाली माताओं और पोषण सेवाओं के लाभार्थियों की...
anath-bachchon-ke-liye-sarkari-yojana-2026

अनाथ बच्चों के लिए सरकार की खास योजनाएँ, पढ़ाई से लेकर आर्थिक सहायता तक

0
नई दिल्ली | सरकारी योजना समाचार देश में ऐसे कई बच्चे हैं, जिन्होंने अपने माता-पिता को खो दिया है या जिनके पास देखभाल करने वाला...