आय को बढ़ाकर “आत्मनिर्भर नगर निगम” बनाना सरकार की प्राथमिकता : मंत्री कैलाश विजयवर्गीय

भोपाल : शनिवार, जुलाई 20, 2024/ नगरीय निकाय एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय की अध्यक्षता में नगर पालिक निगमों के कार्यों की समीक्षा मंत्रालय में हुईं। मंत्री विजयवर्गीय ने निर्देशित किया कि सभी नगर निगम सौलर ऊर्जा का अधिकाधिक उपयोग किया करें। नगरीय निकाय सोलर पावर प्लांट लगा सकते हैं, इससे बिजली की बचत होगीं। उन्होंने बताया कि बजट का बड़ा हिस्सा बिजली बिल में जाता है। सौर ऊर्जा से बिजली बिल कम कर राशि को विकास कार्यों में लगा सकते हैं। प्रधानमंत्री सूर्य लक्ष्मी योजना से नगरीय निकाय, निजी भवन मालिकों को घरों पर सोलर पावर प्लांट लगाने के लिए प्रोत्साहित करें। विजयवर्गीय ने कहा कि ग्रीन पॉवर में प्रदेश नम्बर 1 हो, नगर निगम अपनी आय बढ़ा कर आत्मनिर्भर बनने की दिशा में कार्य करें। विज्ञापन के माध्यम से आय वृद्धि की जा सकती हैं। पुनर्घनत्वीकरण परियोजना को नगरीय निकायों द्वारा लिया जायें और प्रक्रिया को सरल किया जायें। शासकीय भवनों से भी सेवा कर लिया जायें।

विजयवर्गीय ने कहा कि सभी जनप्रतिनिधि समस्याओं के निराकरण के लिए लगातार कार्य करना चाहते हैं, यह प्रसन्नता कि बात हैं। जनभागीदारी को भी अधिकांश योजनाओं में भी बढ़ावा देने पर भी सभी महापौरगण विचार कर सकते हैं। शहर के प्रतिष्ठित नागरिकों की सूची बनाएं, जिसमें इंजीनियर, आर्किटेक्ट, प्रोफेशनल्स, कलाकार आदि सभी प्रकार के नागरिक शामिल हों। शहर के विकास में सभी को साथ लेकर चलें। हमें पूरी टीम वर्क के साथ काम करना चाहिए। निकायों के पास बहुत अधिकार हैं, इनका उपयोग शहर हित में करना चाहिये।

मंत्री विजयवर्गीय ने कहा कि जनभागीदारी का सबसे अच्छा उदाहरण इंदौर शहर हैं। यहाँ पौध-रोपण कार्यक्रम में की लोगों ने लाखों पेड़ लगा दिये। सफाई से निगम की छवि बनती हैं, इसलिए सफाई के लिए विशेष ध्यान दिया जाये। कई योजनाओं में प्रदेश नम्बर 1 है तो आगे भी बना रहें। अपने क्षेत्र में ग्रीन एरिया चिन्हित कर वृक्षारोपण करायें, आने वाली पीढ़ी के लिए पर्यावरण संरक्षण बहुत आवश्यक हैं। विजयवर्गीय ने कहा कि कल्याणकारी राज्य की अवधारणा पर काम करें और सहज होकर काम करें। लोगों के काम करने के लिए स्थानीय शासन की जबावदेही ज्यादा होती है। उन्होंने कहा कि आप शहरी सरकार है, अपनी शक्तियां पहचान कर कार्य करें परंतु निर्णय लोकहित में होने चाहिए। नगर निगम क्षेत्रांतर्गत अनाधिकृत कालोनियों पर सख्ती से रोक लगाई जावें। सरकार निगमों की हरसभंव मदद करेगी परंतु निगमों को भी अपने टैक्स कलेक्शन को बढ़ाना होगा। विजयवर्गीय ने कहा कि अपनी आय बढ़ाने के लिए आवश्यक उपाय अवश्य किये जाऐं। शहरी के नागरिकों को भी टैक्स जमा करने के लिए प्रेरित करें। न्यूनतम दर से कम राशि के टेण्डर आने पर कमेटी बनाकर जांच हो ताकि गुणवत्तापूर्ण कार्य हो सकें। एक-एक योजना पर विचार कर कार्ययोजना बनाएं और प्रोजेक्ट को फायदे में चलाएं।

मंत्री विजयवर्गीय ने अवैध कालोनियों पर नियंत्रण रखने के निर्देश दिये। आवारा कुत्तों पर नियंत्रण एवं उनके द्वारा काटने की घटनाओं को रोकने के लिए कार्य करने के निर्देश दिये। विजयवर्गीय ने कहा कि मल्टी स्टोरी भवनों के लिफ्ट एवं फायर सेफ्टी सिस्टम नगरीय निकाय द्वारा देखें जाये। फायर संचालनालय का गठन किया जायेगा, इसके लिए लगभग 4 सौ करोड़ का बजट प्रस्तावित हैं। नये सिरे से फायर एक्ट भी बनाये जाऐगें। नगर निगमों तक संसाधनों को पहुंचाया जायेगा। किरायेदारी अधिनियम बनायेंगे, जिससे संपत्ति के मालिक का स्वामित्व बना रहे और किरायेदार को भी असुविधा न हों। विजयवर्गीय ने कहा कि शहरों में यातायात व्यवस्था सुचारू बनाये रखने के लिए बारात, जुलूसों आदि के लिए नियम बनाये जायेंगे। उन्होंने लोक निर्माण, गृह निर्माण मंडल, रेल्वे, विद्युत, दूरसंचार आदि से नगरीय क्षेत्रों में अपने विभागीय कार्यों को करने के पहले आयुक्त एवं महापौर से चर्चा करने के निर्देश दिये। जिससे सड़कों पर टूट-फूट होने को रोका जा सके।

राज्य मंत्री प्रतिमा बागरी ने कहा कि निकायों के आर्थिक सशक्तिकरण के लिये सभी ने सुझाव दिये है। सबके सहयोग से प्रदेश के सभी निकायों को सुंदर एवं स्वच्छ बनाते हुए विकास प्रक्रिया को आगे बढ़ाएगें। पर्यावरण, अपशिष्ट प्रबंधन, सौर संयंत्र, जल संग्रहण, नदियों की स्वच्छता इत्यादि पर और बेहतर कार्य करना सुनिश्चित किया जायें।

अपर मुख्य सचिव ऊर्जा एवं नवकरणीय ऊर्जा मनु श्रीवास्तव ने सौर ऊर्जा पर प्रेंजेंटेशन दिया। उन्होंने इसे वर्तमान समय की आवश्यकता बताया। इससे ऊर्जा आत्मनिर्भरता में मदद मिल सकेगी।

प्रमुख सचिव नगरीय विकास एवं आवास नीरज मण्डलोई ने शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता की योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने शहरीकरण की आवश्यकता पर अपना प्रेंजेंटेशन दिया। शहरी जनसंख्या वर्तमान परिदृश्य में निरंतर बढ़ती जा रही हैं, प्रदेश में 2047 तक 50 प्रतिशत शहरीकरण होने की संभावना हैं। प्रदेश में निरंतर शहरीकरण हो रहा हैं। ग्रामीणों के शहरों में आने पर रोजगार, भोजन, आवास, यातायात, जैसी व्यवस्थाओं के लिए तैयारी करनी होगीं। सड़क, बिजली, पानी, जल-मल निकासी पर भी कार्य करना होगा।

प्रमुख सचिव पर्यावरण, पशुपालन एवं डेयरी गुलशन बामरा ने कहा कि जल, भूमि प्रदूषण से संबंधित नियमों का पालन करें। नदियों में प्रदूषण कम करने और प्लास्टिक के उपयोग को सीमित करने के कानूनी प्रावधानों का क्रियान्वयन सुनिश्चित करायें। मध्यप्रदेश वैटलैण्डस संरंक्षण एवं प्रबंधन, पशु जन्म नियंत्रण कानून को लेकर कार्य किये जायें और शहरों को रैबिज फ्री सिटी बनायें। गौ-शालाओं का संचालन, आवारा पशुओं पर नियंत्रण को लेकर भी निकायों को स्वयं-सेवी संगठनों के साथ मिलकर कार्य करना चाहिए।

आयुक्त नगर तथा ग्राम निवेश श्रीकांत बनोठ ने शहरों में हॉस्टल एवं मैरिज गार्डन के लिए नियम बनाये जाने के साथ “नगर विकास योजना” पर प्रेंजेंटेशन दिया।

ओपन सेशन में सभी ने चर्चा की और निकायों की सफलता की कहानियां भी बतायी गईं। सभी महापौरों ने भी अपने विचार रखे। उन्होंने वर्ष 1956 के अधिनियम में संशोधन की बात कही। मुद्रांक शुल्क, सरकारी जमीन की उपलब्धता, महापौर को प्रोटोकाल एवं पॉवर, पुनर्घनत्वीकरण, सरकारी संपत्तियों से टैक्स एवं सर्विस चार्ज वसूली, अलग-अलग एजेंसियों द्वारा काम करने की जानकारी एक दूसरे को नहीं होना, टाउन कंट्री प्लानिंग की समस्याएं एवं फ्री होल्ड समेत विभिन्न समस्याओं को जनप्रतिनिधियों द्वारा रखा गया।

बैठक में विगत 5 वर्षों में नगर पालिक निगम को स्वयं की आय में वृद्धि तथा वर्तमान वर्ष के बजट, पेयजल आपूर्ति के संचालन/संधारण में व्यय तथा आय, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, वर्तमान पेयजल आपूर्ति (स्त्रोत, वितरण, गुणवत्ता, मात्रा तथा नागरिकों की संतुष्टि), अमृत 1.0 तथा 2.0 की अद्यतन स्थिति, स्वच्छ भारत मिशन 1.0 तथा 2.0 की अद्यतन स्थिति, कायाकल्प योजना में स्वीकृति तथा प्रगति, पौध-रोपण अभियान लक्ष्य तथा प्रगति, प्रधानमंत्री आवास योजना-अद्यतन स्थिति, प्रगति, बसों के संचालन एवं संख्या, सवारी, प्रचलित कॉन्ट्रेक्ट, भविष्य की योजना, वित्तीय स्थिति एवं ई-बस संचालन की तैयारी, निकायों की स्वयं की आय बढ़ाने संबंधी विषय एवं सुझाव, अनाधिकृत कॉलोनी में अधोसरंचना निर्माण तथा भवन अनुज्ञा की अद्यतन स्थिति आदि विभिन्न विषयों पर विस्तृत चर्चा हुईं।

आयुक्त नगरीय विकास एवं आवास भरत यादव ने आभार माना। बैठक में प्रदेश के नगरीय निकायों के महापौर, आयुक्त नगर निगम, सीईओ स्मार्ट सिटी एवं नगरीय प्रशासन के अधिकारी उपस्थित रहे।

 

बेहतर प्लानिंग और आधुनिक टेक्नोलॉजी से संसाधनों का बेहतर उपयोग होता है सुनिश्चित : उप-मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल

भोपाल : शुक्रवार, जुलाई 19, 2024/ उप-मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने कहा है कि बेहतर प्लानिंग और आधुनिक टेक्नोलॉजी के उपयोग से सुनियोजित, संवहनीय विकास होता है साथ ही संसाधनों का बेहतर उपयोग सुनिश्चित होता है। उप-मुख्यमंत्री शुक्ल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत आर्थिक महाशक्ति बनने की ओर अग्रसर है। देश को सुनियोजित रूप से आगे बढ़ने में सभी वर्गों के प्रबुद्धजनों का योगदान अहम है। हम सब मिलकर भारत को विश्व-गुरु बनायेंगे। उप-मुख्यमंत्री शुक्ल ने भोपाल के होटल ताज में कंसल्टिंग इंजीनियर्स एसोसिएशन ऑफ़ इंडिया (सीईएआई) द्वारा “अर्बन मोबिलिटी एंड इमर्जिंग टेक्नोलॉजी” विषय पर आयोजित सेमिनार का शुभारंभ किया।

उप-मुख्यमंत्री शुक्ल ने कहा कि अधोसंरचनात्मक विकास के साथ कृषि और औद्योगिक क्रांति से नागरिकों की क्रय क्षमता में वृद्धि हुई है, जिससे आर्थिक गतिविधियों में निरंतर विस्तार हो रहा है। पर्यावरण संरक्षण को केंद्रित रख कर योजनाबद्ध रूप से विकास किया जा रहा है ताकि आगामी पीढ़ियाँ संरक्षित रहें। उप-मुख्यमंत्री ने सीईएआई द्वारा शहरों के सुनियोजित विकास के संदर्भ में आयोजित सेमिनार की सराहना करते हुए कहा कि निश्चित रूप से इस सेमिनार से महत्वपूर्ण तथ्य सामने आयेंगे जिनका उपयोग सरकार द्वारा दूरगामी विकास की योजना में किया जायेगा। सेमिनार में सांसद भोपाल आलोक शर्मा, सीईएआई के प्रेसिडेंट आरएस शर्मा सहित सीईएआई के पदाधिकारी, विभिन्न कंपनियों के प्रतिनिधि, शोधकर्ता और छात्र उपस्थित थे।

सांसद शर्मा ने कहा कि जनसंख्या का दबाव और बढ़ती औद्योगिक गतिविधियों से शहर के इंफ्रास्ट्रक्चर में दबाव बढ़ता है, इस दबाव को सीमा में रखने के लिए आधुनिक तकनीकी का युक्तिपूर्ण रूप से उपयोग अहम है। इस दिशा में ट्रांसपोर्ट प्लानिंग बहुत महत्वपूर्ण विषय है, उन्होंने कहा कि सेमिनार में प्रबुद्धजनों के मंथन से निकले निष्कर्ष का उपयोग शहरी विकास में किया जायेगा। प्रेसिडेंट सीईएआई आरएस शर्मा ने संगठन की संरचना और कार्यों की विधिवत जानकारी प्रदान की। सीईएआई के वाईस प्रेसिडेंट जेवीएल नारायण ने सेमिनार के विभिन्न विषयों की संक्षिप्त जानकारी प्रदान की।

 

पुस्तकें सभी देशवासियों के प्रति राष्ट्रपति मुर्मु की करुणा की प्रभावशाली अभिव्यक्ति, हमारे लोकतंत्र के लिए खजाना : शिवराज सिंह चौहान

नई दिल्ली : शुक्रवार, जुलाई 19, 2024/ केन्‍द्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कल चार पुस्तकों, विंग्स टू आवर होप्स- वॉल्यूम 1 (अंग्रेजी और हिंदी), राष्ट्रपति भवन: हेरिटेज मीट्स द प्रेजेंट और कहानी राष्ट्रपति भवन की का लोकार्पण किया। इस अवसर पर केन्‍द्रीय सूचना एवं प्रसारण राज्य मंत्री (आई एंड बी) डॉ. एल. मुरुगन और आई एंड बी सचिव संजय जाजू भी मौजूद थे।

इस अवसर पर केन्‍द्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि आज विमोचित पुस्तकें भारतीय गणतंत्र के प्रतीक राष्ट्रपति भवन की विरासत का एक समृद्ध चित्रपट हैं। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के पूर्व भाषणों का संकलन हमारे लोकतंत्र और पूरे समाज के लिए एक खजाना है। यह संकलन राष्ट्रपति मुर्मु की महिलाओं, अनुसूचित जातियों, अनुसूचित जनजातियों, अन्य वंचित वर्गों, किसानों, सशस्त्र बलों और युवाओं सहित सभी देशवासियों के प्रति संवेदना की एक प्रभावी अभिव्यक्ति है। इस पुस्तक के कवर चित्र और शीर्षक में हमारे लोकतंत्र की कहानी की झलक मिलती है।

पुस्तकों में निहित संदेश प्रत्येक भारतीय को आशा के साथ उड़ान भरने तथा अधिक से अधिक ऊंचाइयों को छूने के लिए प्रेरित करेंगे। मंत्री ने कहा कि उन्हें कृषि एवं ग्रामीण विकास से संबंधित विषयों पर महत्वपूर्ण तथ्‍य प्राप्त हुए हैं। चौहान ने कहा कि उन्हें विश्वास है कि राष्ट्रपति के भाषणों के इस संकलन को पढ़ने से देश की सामाजिक-आर्थिक चुनौतियों, उपलब्धियों की दिशा तथा आत्मनिर्भरता को दर्शाने वाली पहलों के बारे में हमारा दृष्टिकोण व्यापक होगा।

केन्‍द्रीय राज्य मंत्री डॉ. एल. मुरुगन ने इन पुस्तकों के प्रकाशन के लिए प्रकाशन विभाग को बधाई दी और जनहित के विभिन्न विषयों पर नियमित रूप से पुस्तकें प्रकाशित करने का श्रेय प्रकाशन विभाग को दिया। विमोचित पुस्तकों के बारे में उन्होंने कहा कि ये पुस्तकें विभिन्न मुद्दों पर राष्ट्रपति के विचारों का सबसे प्रामाणिक संकलन हैं और आने वाली पीढ़ियों के लिए सूचनाओं की विस्‍तृत जानकारी के संग्रह के रूप में काम करेंगी।

विंग्स टू अवर होप्स नामक पुस्तक में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु द्वारा अपने कार्यकाल के प्रथम वर्ष में विभिन्न अवसरों पर दिए गए भाषणों को संकलित किया गया है। इस जुलाई 2022- जुलाई 2023 की अवधि के दौरान राष्ट्रपति मुर्मु मुखर रहीं और उन्होंने विभिन्न विषयों पर अपने विचार साझा किए, जिससे वे अपनी सादगी, विचारशीलता और विद्वता के माध्यम से देश के लोगों के बीच लोकप्रिय हो गईं। राष्ट्र के जीवन के विभिन्न पहलुओं को छूने के अलावा, ये भाषण प्रथम नागरिक की सहज प्रकृति को भी रेखांकित करते हैं, जो जनता तक पहुंचकर उन्हें आशा प्रदान करते हैं।

प्रकाशन विभाग द्वारा प्रकाशित इस पुस्तक में 75 भाषण हैं, जिन्हें ग्यारह खंडों में बांटा गया है – राष्ट्र को संबोधन, शिक्षा – सशक्तिकरण की कुंजी, लोक सेवकों को कर्तव्य पथ पर मार्गदर्शन, हमारी सेनाएं हमारा गौरव, संविधान और कानून की भावना, उत्कृष्टता को पुरस्कृत करना, वैश्विक पहुंच, विविधता और समृद्ध संस्कृति का उत्सव मनाना, स्‍थायी विकास के लिए नवाचार और प्रौद्योगिकी, अतीत का संरक्षण, भविष्य को सुरक्षित करना और महिलाओं के नेतृत्व वाले विकास को प्रोत्साहित करना।

“राष्ट्रपति भवन: हेरिटेज मीट्स द प्रेजेंट ” राष्ट्रपति भवन की गहन खोज है, जो इसके इतिहास, विरासत और वास्तुकला की भव्यता का वर्णन करती है। यह पुस्तक पाठकों को राष्ट्रपति भवन की भव्यता, इसकी अवधारणा से लेकर भारत के राष्ट्रपति के आधिकारिक निवास के रूप में इसकी वर्तमान स्थिति तक की एक अंतरंग झलक प्रदान करती है। यह पुस्तक भारत के सबसे प्रतिष्ठित स्थलों में से एक, राष्ट्रपति भवन को सम्‍मान है, जो देश की समृद्ध वास्तुकला विरासत और इसके जीवंत वर्तमान का प्रमाण है।

राष्ट्रपति भवन के हर कोने का सजीव वर्णन और वहां लगी शानदार तस्वीरें उसे जानदार बना देती हैं। यह पुस्तक पाठकों को जानकारी के साथ भवन के भीतर विभिन्न कमरों और हॉलों के दौरे पर ले जाती है, जिनमें से प्रत्येक का अपना अनूठा उद्देश्य और इतिहास है।

इसमें शामिल प्रमुख क्षेत्र हैं – अशोक हॉल: शानदार भित्तिचित्रों और झूमरों से सुसज्जित एक शानदार बॉलरूम। दरबार हॉल: भव्य समारोह हॉल जहां महत्वपूर्ण राजकीय समारोह आयोजित किए जाते हैं। अमृत ​​उद्यान: मुगल और अंग्रेजी भूनिर्माण शैलियों का मिश्रण दिखाने वाला उत्कृष्ट उद्यान। पुस्तकालय: ज्ञान और ऐतिहासिक दस्तावेजों का भंडार। ड्राइंग रूम और कॉन्फ्रेंस हॉल: औपचारिक स्वागत और बैठकों का स्थान। राष्ट्रपति का अध्ययन: राष्ट्रपति का निजी कार्यक्षेत्र।

इस पुस्तक में राष्ट्रपति भवन में रह चुके विशिष्ट व्यक्तियों के बारे में भी रोचक जानकारी दी गई है। इसमें भारत के प्रत्येक राष्ट्रपति की यात्रा का विवरण है, प्रथम राष्ट्रपति डॉ. राजेन्‍द्र प्रसाद से लेकर वर्तमान राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु तक। भारत के लोकतंत्र और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान और उनके कार्यकाल के दौरान हुई महत्वपूर्ण घटनाओं का विवरण दिया गया है, जो राष्ट्रपति भवन के इतिहास का एक समृद्ध ताना-बाना प्रस्तुत करता है।

‘कहानी राष्ट्रपति भवन की’ पुस्तक में बच्चों के लिए राष्ट्रपति और राष्ट्रपति भवन से जुड़ी जानकारी है। तीन अध्यायों – ‘हमारे राष्ट्रपति’, ‘राष्ट्रपति भवन के मुख्य आकर्षण’ और ‘राष्ट्रपति भवन संग्रहालय परिसर’ में विभाजित यह पुस्तक राष्ट्रपति भवन के लगभग सौ साल के इतिहास को सरल शब्दों में प्रस्तुत करती है। पुस्तक को राष्ट्रपति भवन के विभिन्न चित्रों से परिपूर्ण आकर्षक शैली में प्रस्तुत किया गया है।

वॉयस-ओवर कलाकारों के लिए अपस्किलिंग कार्यक्रम होगा लॉन्च, एनएफडीसी और नेटफ्लिक्स के बीच समझौता

नई दिल्ली : शुक्रवार, जुलाई 19, 2024/ सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के तत्वावधान में एक सार्वजनिक क्षेत्र के उद्यम, राष्ट्रीय फिल्म विकास निगम (एनएफडीसी) ने भारत में वॉयस-ओवर कलाकारों के लिए एक कौशल उन्नयन प्रोग्राम “द वॉयसबॉक्स” लॉन्च करने के लिए नेटफ्लिक्स इंडिया के साथ हाथ मिलाया है।

इस अवसर पर सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के सचिव संजय जाजू, सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय की संयुक्त सचिव (फिल्म) वृंदा देसाई, नेटफ्लिक्स के कानूनी निदेशक आदित्य कुट्टी, नेटफ्लिक्स के प्रतिस्पर्धा नीति के प्रमुख फ्रेडी सोम्स और पर्ल अकादमी के अध्यक्ष शरद मेहरा सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

कल शास्त्री भवन में, राष्ट्रीय फिल्म विकास निगम (एनएफडीसी) के प्रबंध निदेशक और सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के संयुक्त सचिव (प्रसारण II) पृथुल कुमार और नेटफ्लिक्स इंडिया के जनरल काउंसल और वरिष्ठ निदेशक (व्यापार और कानूनी मामले) किरण देसाई ने साझेदारी को औपचारिक रूप देने के लिए समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए। यह समझौता भारतीय सिनेमा को बढ़ावा देने के साथ-साथ मीडिया और मनोरंजन उद्योग में प्रतिभाओं का पोषण करने के लिए एनएफडीसी और नेटफ्लिक्स के संयुक्त दृष्टिकोण के अनुरूप है।

वॉयसबॉक्स कार्यक्रम अंग्रेजी, हिन्दी, मराठी, बंगाली, मलयालम, तमिल, तेलुगु और गुजराती भाषाओं पर ध्यान केंद्रित करते हुए वॉयस-ओवर कलाकारों के लिए पूर्व-शिक्षण प्रशिक्षण की मान्यता (आरपीएल) प्रदान करेगा। कार्यक्रम के हिस्से के रूप में, संरचित कार्यशालाएं, जिसमें प्रशिक्षण (अतिथि व्याख्यान और सलाह सत्र की विशेषता) शामिल होगा, उसके बाद भारत के सात प्रमुख शहरों – नई दिल्ली, मुंबई, कोलकाता, अहमदाबाद, हैदराबाद, चेन्नई और कोच्चि में मूल्यांकन आयोजित किया जाएगा। प्रत्येक बैच में 30 उम्मीदवार शामिल होंगे, जिसमें 210 प्रतिभागियों का चयन प्रारंभिक स्क्रीनिंग के माध्यम से किया जाएगा। प्रतिभागियों में कम से कम 50 प्रतिशत महिलाएं होंगी।

भारत का अग्रणी डिजाइन संस्थान – पर्ल एकेडमी इस कार्यक्रम के लिए प्रशिक्षण साझेदारी के रूप में शामिल होगा। प्रत्येक बैच से सात शीर्ष प्रतिभागियों को नेटफ्लिक्स के विशेष प्रोजेक्ट, “आज़ादी की अमृत कहानियाँ” में योगदान देने के लिए चुना जाएगा, जहाँ वे भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन को दर्शाती कहानियों को सुनाने के लिए अपनी आवाज देंगे।

यह कार्यक्रम उन पेशेवरों, प्राथमिकता पूर्वक महिलाओं के लिए खुला है, जिनके पास मीडिया और मनोरंजन क्षेत्र में दो साल से अधिक का अनुभव है और जो वॉयस-ओवर में अपने कौशल को बढ़ाने के लिए उत्सुक हैं।

यह वॉयसबॉक्स कार्यक्रम नेटफ्लिक्स फंड फॉर क्रिएटिव इक्विटी द्वारा प्रायोजित है, जिसने दुनिया भर के कार्यक्रमों के माध्यम से टीवी और फिल्म उद्योगों में सफलता के लिए कम प्रतिनिधित्व वाले समुदायों को स्थापित करने के लिए पांच वर्षों में प्रति वर्ष 100 मिलियन अमेरिकी डॉलर समर्पित किए हैं।

रिकार्ड विजय के रूप में दिखी कार्यकर्ताओं की मेहनत : सांसद आलोक शर्मा ने जताया आभार

भोपाल : शुक्रवार, जुलाई 19, 2024/ सांसद आलोक शर्मा चुनाव में रिकार्ड मतों से विजय प्राप्त होने पर गुरुवार को आभार व्यक्त करने गोविंदपुरा विधानसभा के कार्यकर्ताओं के बीच पहुंचे। सांसद आलोक शर्मा ने गोविंदपुरा की विधायक व मंत्री कृष्णा गौर व जिलाध्यक्ष सुमित पचौरी के साथ पार्टी के कार्यकर्ताओं पर पुष्पवर्षा कर उनका स्वागत किया, अभिनंदन किया।

इस अवसर पर उन्होंने कार्यकर्ताओं का सम्मान किया और संबोधित भी किया। सांसद शर्मा ने कार्यकर्ताओं की प्रसंशा करते हुए कहा कि चुनाव में रिकार्ड बनाने के लिए आपने जो मेहनत की है वह परिणाम के रूप में सबके सामने है। आपने कांग्रेस के इरादों को ध्वस्त किया है। आप पार्टी की असली ताकत है, आत्मा है, रीढ़ है। मैं अपनी यह विजय आप सभी कार्यकर्ताओं को समर्पित करता हूं। कार्यकर्ता अभिनंदन समारोह में मंत्री कृष्णा गौर ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम में प्रदेश कार्यसमिति सदस्य सत्यार्थ अग्रवाल, विधानसभा प्रभारी, संयोजक, गोविंदपुरा विधानसभा के सभी मंडल के अध्यक्ष, एमआईसी सदस्य, पार्षदगण, वरिष्ठ कार्यकर्ता, विभिन्न मोर्चों के कार्यकर्ता, बूथ व शक्ति केंद्र के कार्यकर्तागण उपस्थित थे।

म.प्र. पुलिस के गौरवशाली इतिहास में पुलिस बैंड का कार्यक्रम ऐतिहासिक – मुख्यमंत्री डॉ. यादव

भोपाल : शुक्रवार, जुलाई 19, 2024/ मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश पुलिस को सशक्त बनाने के लिए संसाधनों की कोई कमी नहीं आने दी जाएगी। इसके लिए बजट में साढ़े दस हजार करोड़ रुपए की व्यवस्था की गई है। प्रदेश में पुलिस कर्मियों के लिए 25 हजार आवास इस वर्ष बनाने का लक्ष्य है, जिसमें से 12 हजार आवास बना लिए गए हैं। प्रदेश के हर जिले में स्वतंत्र रूप से पुलिस बैंड दल कार्य करेगा। स्वर मेघ के अंतर्गत प्रस्तुत बैंड कार्यक्रम के सहभागी प्रत्येक सदस्य को 11-11 हजार रुपए की प्रोत्साहन राशि मिलेगी।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मोतीलाल नेहरू पुलिस स्टेडियम में कल शाम स्वर-मेघ कार्यक्रम के अंतर्गत मध्यप्रदेश पुलिस बैंड द्वारा प्रस्तुत संगीतमय कार्यक्रम में शामिल हुए। नव-गठित पुलिस बैंड ने संगीतमय धुनों का वादन कर श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने पुलिस बल के सभी सदस्यों को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए बधाई दी एवं उनके हुनर की सराहना की। कार्यक्रम में पिछड़ा वर्ग कल्याण मंत्री कृष्णा गौर और भोपाल की महापौर मालती राय उपस्थित थीं। प्रदेश में करीब 330 पुलिसकर्मी पुलिस बैंड के सदस्य के रूप में प्रशिक्षित हुए हैं। ये स्वतंत्रता दिवस पर विभिन्न जिलों में प्रस्तुति देंगे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव की मंशा के अनुसार संगीत में रुचि रखने वाले मध्यप्रदेश पुलिस के जवानों को बैंड वादन का प्रशिक्षण दिलवाया गया।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि ‘स्वर-मेघ’ कार्यक्रम में आज अद्भुत प्रस्तुतियाँ दी गई है। पुलिस कर्मियों ने देशभक्ति-जनसेवा के ध्येय वाक्य को अपनी आत्मा में उतारकर दिन-रात सुरक्षा और सेवा में लीन रहने का कार्य किया है। इसके लिए मध्यप्रदेश के सभी पुलिसकर्मियों को मैं सैल्यूट करता हूं और बधाई देता हूं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि आज पुलिस बैंड के ‘स्वर-मेघ’ कार्यक्रम में ऐसा लग रहा है कि स्वयं मेघ भी मेजबान बनकर इसका आनंद ले रहे हैं। मैं आज प्रसन्न हूं, मुझे विश्वास है कि मेरे साथ आप सभी इस आनंद में डूबे होंगे।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि पुलिस मुख्यालय में पहली मीटिंग में निर्देश दिये कि सभी जिलों के पुलिस बैंड का गठन किया जाए। प्रत्येक जिले में पुलिस बैंड की स्थापना बहुत कठिन और चुनौतीपूर्ण कार्य था, लेकिन पुलिस की इच्छाशक्ति से यह कार्य सफल हुआ है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि आजादी के समय में अधिकांश जिलों में पुलिस बैंड हुआ करता था, किंतु जैसे-जैसे पुलिसकर्मी सेवानिवृत्त हुए, वैसे-वैसे पुलिस बैंड में जवानों की कमी होती चली गई। इसको पूरा करना हमारे लिए चुनौती का विषय था। हमने प्रयास किया कि 15 अगस्त 2024 तक हर जिले में पुलिस बैंड प्रस्तुति दे। मुझे इस बात की प्रसन्नता है कि पुलिस ने उस चुनौती को स्वीकार ही नहीं किया बल्कि उसे साकार कर दिखाया। अब हर जिले में स्वतंत्रता दिवस पर पुलिस बैंड की बेहतरीन प्रस्तुति दी जाएगी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश के सभी जिलों में पुलिस बैंड की व्यवस्था रहेगी, इसके लिए जहां विधिवत रूप से भर्तियां की जाएंगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश के 340 पुलिसकर्मियों ने स्वेच्छा से सभी जिलों में पुलिस बैंड की शुरुआत कर दी है। यह इच्छा शक्ति यह बताती है कि पुलिस जो चाहती है, प्रशासन जो चाहता है, वे कार्य साकार रूप लेता है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश पुलिस के गौरवशाली इतिहास में आज का दिन स्वर्ण अक्षरों से लिखा जाएगा।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि म.प्र. पुलिस के आधुनिकीकरण एवं सशक्तिकरण के लिए प्रदेश सरकार ने कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए हैं। पुलिस में 7500 पदों पर भर्तियां करने का निर्णय लिया गया है। भोपाल में 50 बिस्तर क्षमता के पुलिस अस्पताल का भी लोकार्पण किया जाएगा। मध्यप्रदेश पुलिस के जवान के शहीद होने पर 1 करोड़ रुपए की राशि में से 50 प्रतिशत राशि पत्नी और 50 प्रतिशत की राशि माता-पिता को प्रदान की जाएगी। पुलिस ने निश्चित समय में थानों की सीमाओं का भी पुनर्निर्धारण किया है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मुझे इस बात की भी प्रसन्नता है कि पुलिस ने इस चुनौतीपूर्ण कार्य को किया है, जिससे 22 हजार गांवों को इसका लाभ मिलेगा। मुझे विश्वास है कि मध्यप्रदेश पुलिस अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन करते हुए ऐसे कार्यों से अपनी अलग पहचान बनाएगी।

डीजीपी सुधीर कुमार सक्सेना ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव के निर्देश पर प्रदेश की सभी पुलिस इकाइयों में पुलिस ब्रास बैंड की स्थापना की गई है। मुख्यमंत्री की पुलिस बैंड के उत्थान की परिकल्पना न केवल पुलिस बल के प्रदर्शन को मजबूती दे रही है बल्कि पुलिस और जनता के बीच निकटता के साथ ही उनमें उत्साह का संचार भी कर रही है। पुलिस बैंड, जहां जनता और पुलिस के बीच सहभागिता में वृद्धि करते हुए उसे सुदृढ़ बनाता है, वहीं इसकी स्वर लहरियां वातावरण में गूंजते ही आम जनमानस में देशभक्ति की भावना का संचार करने के साथ ही उन्हें गर्व की अनुभूति कराती है। राष्ट्रीय पर्व हो या फिर कोई अन्य दिवस इस बैंड के बिना कार्यक्रम अधूरा से लगता है। उन्होंने कहा कि पुलिस बैंड द्वारा बजाई जाने वाली राष्ट्रभक्ति से ओत-प्रोत गीतों की धुनें जहां हर नागरिक के मन में राष्ट्रसप्रेम की भावना का संचार करती हैं वहीं पुलिस जवानों के मन में ”देशभक्ति-जनसेवा” के संकल्प् को भी और मजबूत करने में सहायक सिद्ध होती हैं। देश के अन्य राज्यों की तुलना में मध्यप्रदेश पुलिस के जवान इस क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं।

भोपाल के लाल परेड मैदान स्थित मोतीलाल नेहरू स्टेडियम में आयोजित ‘स्वर-मेघ’ कार्यक्रम में पुलिस ब्रॉस बैंड के सदस्यों ने लयबद्ध प्रस्तुतियाँ दी। ‘स्वर-मेघ’ कार्यक्रम में पुलिस ब्रॉस बैंड कॉन्सर्ट और पुलिस बैंड डिस्प्ले की प्रस्तुति दी गई। जहाँ पुलिस ब्रॉस बैंड कॉन्सर्ट के दौरान “सावन का महीना पवन करे शोर, वंदे मातरम, ऐ मेरे वतन के लोगों, यारी है ईमान मेरा, मेरा रंग दे बसंती चोला, और जय हो जैसे फिल्मी गीतों की मनमोहक प्रस्तुतियाँ दी गई। पुलिस बैंड डिस्प्ले में फैनफेयर, क्विक मार्च, स्लो मार्च, स्टैंडिंग डिस्प्ले, ड्रम बीटिंग आदि की मधुर धुनों की प्रस्तुतियाँ देकर पुलिस ब्रॉस बैंड के सदस्यों ने समॉ बांध दिया। इस अवसर पर पुलिस जवानों द्वारा बजाई गई स्वर-लहरियों ने सभी उपस्थित लोगों को उत्साह से भर दिया। देश प्रेम एवं राष्ट्र भक्ति पूर्ण गीतों की रोमांचक धुनों ने जन-मन में राष्ट्रप्रेम की भावना का संचार कर दिया और सभी के दिलों में अमिट छाप छोड़ी।

गत 10 जनवरी 2024 से प्रारंभ 90 दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान मध्यप्रदेश विशेष सशस्त्र बल के ट्रेनिंग सेंटर सातवीं वाहिनी भोपाल में 100, प्रथम वाहिनी इंदौर में 107 तथा छठीं वाहिनी जबलपुर में 123 पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों को बैंड वादन तथा वाद्ययंत्रों का गहन प्रशिक्षण दिया गया। इन 330 प्रशिक्षुओं में प्रदेश की सभी बटालियनों के पुलिसकर्मियों को सम्मिलित किया गया ताकि सभी इकाइयों में बैंड स्थापना के लक्ष्य को शीघ्र पूरा किया जा सके। प्रशिक्षित पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रदेश के 49 जिलों में 15 अगस्त 2024 की परेड को गौरवपूर्ण बनाने के लिए अपने-अपने जिलों में भेजा गया। मध्यप्रदेश में 6 जिलों में पूर्व से ही बैंड दल गठित है। इस प्रकार इस वर्ष प्रदेश के सभी 55 जिलों में बैंड दल के साथ स्वतंत्रता दिवस पर परेड संपन्न की जाएगी।

मध्यप्रदेश पुलिस ने प्रदेश के 19 कर्मचारियों को 6 माह के एडवांस कोर्स के लिए देश के सर्वश्रेष्ठ बैंड ट्रेनिंग स्कूल बीएसएफ बेंगलुरु भी भेजा। प्रशिक्षणार्थियों ने वाद्य यंत्र वादन, वाद्ययंत्रों के साथ ड्रिल, थ्योरी क्लास आदि का प्रशिक्षण पूर्ण किया। इस एडवांस कोर्स में प्रशिक्षणार्थियों को म्यूजिक नोटेशन पढ़ना एवं म्यूजिक नोटेशन लिखना तथा वाद्य यंत्र वादन करने के बारे में संपूर्ण एवं विस्तृत जानकारी दी गई। पुलिस महानिदेशक ने 14 जून को बेंगलुरु से एडवांस बैंड कोर्स उत्तीर्ण कर के आए सभी मास्टर ट्रेनर्स से मुलाकात कर उन्हें फॉर्मेशन साइन लगाए हैं। मध्यप्रदेश पुलिस के लिए गर्व का विषय है कि कोर्स के अंत में प्रशिक्षणार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त कर इतिहास रच दिया है।

 

मनसुख मांडविया खेलो इंडिया राइजिंग टैलेंट आइडेंटिफिकेशन के दूसरे चरण का आज करेंगे उद्घाटन

नई दिल्ली : शुक्रवार, जुलाई 19, 2024/ पेरिस ओलंपिक के नजदीक आने के साथ ही सरकार के महत्वाकांक्षी खेलो इंडिया राइजिंग टैलेंट आइडेंटिफिकेशन (कीर्ति) कार्यक्रम को केंद्रीय युवा मामले एवं खेल और श्रम एवं रोजगार मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया के नेतृत्व में नए सिरे से बढ़ावा मिलने वाला है। वह आज नई दिल्ली में इस पहल के दूसरे चरण का उद्घाटन करेंगे। इससे पहले कीर्ति का पहला चरण इस साल 12 मार्च को चंडीगढ़ में शुरू किया गया था।

डॉ. मांडविया उस परियोजना पर जोर देंगे जिसका लक्ष्य सभी राज्यों को शामिल करके और जिले को मूल्यांकन की इकाई मानकर वित्त वर्ष 2024-25 में 20 लाख मूल्यांकन हासिल करना है। यह प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी के व्यापक भागीदारी के जरिए देश के प्रत्येक बच्चे को खेल की सुविधा उपलब्‍ध कराने और अंततः खेलो इंडिया के विभिन्‍न स्‍तरों पर कार्यक्रमों के माध्यम से उत्कृष्टता हासिल करने के दृष्टिकोण के अनुरूप भी है।

कीर्ति के पहले चरण में देश भर के 70 केंद्रों पर 3,62,683 पंजीकरण हुए, जिनमें से 28 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में करीब 51,000 मूल्यांकन किए गए। महाराष्ट्र और हरियाणा में सबसे अधिक क्रमशः 9168 और 4820 मूल्यांकन हुए हैं, ये दोनों राज्‍य हमेशा खेलो इंडिया मीट में अच्छा प्रदर्शन करते रहे हैं। असम 4703 मूल्यांकन के साथ तीसरे स्थान पर है। महत्वाकांक्षी खिलाड़ियों का मूल्यांकन 11 विषयों- तीरंदाजी, एथलेटिक्स, बैडमिंटन, मुक्केबाजी, फुटबॉल, हॉकी, कबड्डी, खो-खो, वॉलीबॉल, भारोत्तोलन और कुश्ती में हुआ है। सबसे अधिक मूल्यांकन एथलेटिक्स (13804) और फुटबॉल (13483) में हुए हैं।

कीर्ति का लक्ष्य पूरे देश में साल भर में 20 लाख मूल्यांकन आयोजित करना है, ताकि अधिसूचित प्रतिभा मूल्यांकन केंद्रों के माध्यम से प्रतिभाओं की पहचान की जा सके। इस पैमाने पर प्रतिभाओं की पहचान और मूल्यांकन कार्यक्रम भारत में पहली बार हो रहा है। यह कार्यक्रम ऐसे समय में शुरू हुआ है, जब देश 2036 तक दुनिया के शीर्ष 10 खेल राष्ट्रों में और 2047 तक शीर्ष पांच खेल राष्‍ट्रों में शामिल होना चाहता है।

कीर्ति का यह एथलीट-केंद्रित कार्यक्रम सूचना प्रौद्योगिकी पर आधारित अपनी पारदर्शी चयन पद्धति के कारण विशिष्ट है। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस पर आधारित डेटा एनालिटिक्स का उपयोग किसी महत्वाकांक्षी खिलाड़ी की खेल संबंधी सूझ-बूझ का अनुमान लगाने के लिए किया जा रहा है।

कीर्ति (खेलो इंडिया राइजिंग टैलेंट आइडेंटिफिकेशन) की परिकल्पना आधुनिक आईसीटी उपकरणों और दुनिया की सर्वोत्तम प्रथाओं पर आधारित एक एकीकृत प्रतिभा पहचान वास्तुकला विकसित करने के लिए की गई है। इसका उद्देश्य एक ही मंच पर जमीनी स्तर पर प्रतिभा पहचान की पूरी प्रक्रिया को सुव्यवस्थित करना है।

कीर्ति परियोजना की जड़ें एथलीट-केंद्रित दृष्टिकोण पर आधारित हैं, जिसमें हर कदम पर प्रतिभा पहचान की प्रक्रिया को अधिक व्यापक और सुलभ बनाया गया है।

कीर्ति परियोजना अपने विकेन्द्रीकृत और क्षेत्र विशेष में प्रतिभा पहचान दृष्टिकोण के साथ खेलो इंडिया योजना के दोहरे उद्देश्यों अर्थात खेलों में उत्कृष्टता और खेलों में व्यापक भागीदारी को प्राप्त करने में मदद करेगी।

 

“मध्यप्रदेश क्लाउड पॉलिसी 2024” का अनुमोदन

भोपाल : शुक्रवार, जुलाई 19, 2024/ मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में मंत्रि-परिषद की बैठक मंत्रालय में हुई। मंत्रि-परिषद द्वारा विभागों को सुविधाजनक तरीके से क्लाउड सेवाएं उपलब्ध करवाने के लिए मध्यप्रदेश क्लाउड पॉलिसी-2024″ का अनुमोदन किया। इस निर्णय से म.प्र. राज्य इलेक्ट्रॉनिक्स विकास निगम (एमपीएसईडीसी) के माध्यम से केंद्रीयकृत रूप से विभागों को क्लाउड सेवाएं उपलब्ध कराई जायेंगी एवं क्लाउड सेवाओं के भुगतान के लिए विज्ञान और प्रौ‌द्योगिकी विभाग को बजट उपलब्ध कराया जाएगा। एमपीएसईडीसी से विभागों को क्लाउड सेवाएं प्रदाय करने से विभागों के द्वारा सीधे सेवाएं क्रय करने, डेटा सेंटर स्थापित करने और स्वयं क्लाउड सेवाओं को प्राप्त करने में होने वाले व्यय में बचत होगी। पूरे राज्य में एक केन्द्रीकृत संस्था (एमपीएसईडीसी) के द्वारा ये व्यवस्था करने से इकॉनॉमी ऑफ स्केल के कारण कुल व्यय में बचत होगी और क्लाउड सेवाओं का बेहतर प्रबंधन होगा।

क्लाउड एडॉप्शन फ्रेमवर्क की प्रक्रियाओं के सुचारु संचालन के लिए विज्ञान एवं प्रौ‌द्योगिकी विभाग के म.प्र. राज्य इलेक्ट्रॉनिक्स विकास निगम (एमपीएसईडीसी) में क्लाउड मानिटरिंग यूनिट (सीएमयू) की स्थापना की जायेगी। क्लाउड एडॉप्शन फ्रेमवर्क के सुचारु क्रियान्वयन के लिए क्लाउड मानिटरिंग यूनिट (सीएमयू) तैयार की जाने के लिए मानव संसाधन सेवाएं प्राप्त की जायेगीं। एमपीएसईडीसी अंतर्गत सीएमयू में क्लाउड प्रबंधक का 1 और क्लाउड टेक्नीकल एक्सपर्ट के 2 पदों का सृजन किया जायेगा। क्लाउड एडॉप्शन फ्रेमवर्क की सीएमयू के लिए मानव संसाधन सेवाओं की पूर्ति अथवा अन्य सेवाशर्तें एवं अनुबंध आदि के लिए विज्ञान एवं प्रौ‌द्योगिकी विभाग के अंतर्गत एमपीएसईडीसी को अधिकृत किया गया हैं।

मंत्रि-परिषद द्वारा स्मार्ट-पीडीएस (Scheme for Modernization & Reforms through Technology in Public Distribution System) राज्य में लागू करने के क्रियान्वयन की स्वीकृति दी गई। इसके अतंर्गत लक्षित सार्वजनिक वितरण प्रणाली के अंतर्गत 8.35 करोड़ रूपये 3 वर्ष में व्यय किये जायेंगे। इससे सॉफ्टवेयर एप्लीकेशन के क्रियान्वयन, विस्तार एवं संधारण, डेटाबेस में भिन्नता, डेटा रिकवरी एवं साइबर सुरक्षा संबंधी कठिनाइयों का निराकरण होगा। केन्द्र सरकार द्वारा वन नेशन-वन राशनकार्ड से पात्र परिवारों को देश की किसी भी उचित मूल्य दुकान से राशन प्राप्त करने की सुविधा उपलब्ध कराई गई है।

मंत्रि-परिषद द्वारा अनुसूचित जाति, अनुसूचित जाति, अन्य पिछड़े वर्गों तथा निःशक्तजनों के बैकलॉग/कैरीफारवर्ड पदों की पूर्ति के लिए विशेष भर्ती अभियान की समय-सीमा में 01 जुलाई 2024 से 30 जून, 2025 तक एक वर्ष की वृद्धि की गई। बैकलॉग के 17 हजार पद में से 7 हजार पद भरे जा चुकें हैं। अभी 10 हजार पद शेष हैं जो भरे जाएगें।

मंत्रि-परिषद द्वारा अमृत धरोहर योजना अतंर्गत इंदौर स्थित सिरपुर वेटलैंड, रामसर साईट के संरक्षण एवं प्रबंधन के लिए लागत राशि 61 करोड़ 95 लाख 70 हजार रूपये की 40 प्रतिशत राशि राष्ट्रीय जलीय स्त्रोत संरक्षण कार्यक्रम (एन.पी.सी.ए.) अंतर्गत राज्य शासन द्वारा वहन करने ‘संबंधी सहमति के साथ प्रस्ताव केन्द्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय को प्रेषित किये जाने का निर्णय लिया गया हैं।

मंत्रि-परिषद ने शासकीय सेवकों एवं पेंशनरों को सातवें वेतनमान में देय मंहगाई भत्ता / राहत की दर में 01 जुलाई, 2023 (भुगतान माह अगस्त, 2023) से सातवें वेतनमान में 4 प्रतिशत की वृद्धि की जाकर 46 प्रतिशत करने एवं राज्य शासन के छठवें वेतनमान में कार्यरत शासकीय सेवकों तथा राज्य शासन के उपक्रमों/ निगमों/ मण्डलों तथा अनुदान प्राप्त संस्थाओं के राज्य शासन में प्रतिनियुक्ति पर कार्यरत चौथे एवं पांचवें वेतनमान में अनुपातिक आधार पर मंहगाई भत्ते में वृद्धि का आदेश तथा राज्य के पेंशनरों को देय मंहगाई राहत में वृद्धि के लिए मुख्यमंत्री के आदेश का अनुसमर्थन किया।

मंत्रि-परिषद द्वारा वर्ष 2023-24 की खरीफ 2023 सीजन में वितरित अल्पकालीन फसल ऋण की ड्यू डेट बढ़ाने का अनुमोदन किया गया है। निर्णय अनुसार खरीफ 2023 सीजन के लिए निर्धारित ड्यू डेट 28 मार्च, 2024 को बढाकर 30 अप्रैल, 2024 किया गया था। साथ ही समर्थन मूल्य पर विभिन्न फसलों का विक्रय दिनांक 30 अप्रैल, 2024 तक करने वाले ऐसे किसान जिन्हें उनके उपज विक्रय राशि का भुगतान प्राप्त नहीं हुआ तथा उपार्जन की अंतिम तिथि तक फसलों का विक्रय करने वाले शेष किसानों के लिए खरीफ 2023 सीजन की निर्धारित डयू डेट 30 अप्रैल, 2024 से बढाकर 31 मई, 2024 का अनुमोदन किया गया।

मंत्रि-परिषद द्वारा भारत सरकार द्वारा अधिसूचित “निजी सुरक्षा अभिकरण (रोकड़ परिवहन कार्यकलापों के लिए निजी सुरक्षा) नियम, 2018 के अनुक्रम में तैयार किए गए “मध्यप्रदेश निजी सुरक्षा अभिकरण (रोकड़ परिवहन कार्यकलापों के लिए निजी सुरक्षा) नियम, 2024 के प्रारूप को अधिसूचित करने का निर्णय लिया गया है। निजी सुरक्षा एजेंसियों को नगद हैंडलिंग और परिवहन के लिए सुरक्षा प्रदान हो सकेंगी।

मंत्रि-परिषद द्वारा मध्य प्रदेश निजी सुरक्षा अभिकरण (विनियमन) नियम, 2012 अधिक्रमित करते हुए भारत सरकार गृह मंत्रालय द्वारा अधिसूचित मॉडल नियमों के समरूप में “मध्यप्रदेश निजी सुरक्षा अभिकरण (विनियमन) नियम, 2024” को अधिसूचित किये जाने का निर्णय लिया गया है। निजी सुरक्षा उद्योग के सामने आने वाले मुद्दों का समाधान करने और ईज ऑफ डूईंग बिजनेस, डिजिटल इंडिया और ईं-गवर्नेंस प्रमुख दृष्टिकोणों में तालमेल बिठाने के उद्देश्य से यह निर्णय लिया गया हैं।

 

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने राष्ट्रीय नारकोटिक्स हेल्पलाइन ‘मानस’ की शुरूआत की

नई दिल्ली : शुक्रवार, जुलाई 19, 2024/ केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने कल नई दिल्ली के विज्ञान भवन में नार्को कॉर्डिनेशन सेंटर (NCORD) की 7वीं शीर्षस्तरीय बैठक की अध्यक्षता की। गृह मंत्री ने राष्ट्रीय नारकोटिक्स हेल्पलाइन ‘MANAS’ की शुरुआत और श्रीनगर में नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) के जोनल कार्यालय का वर्चुअल उद्घाटन भी किया। इसके साथ ही अमित शाह ने NCB की ‘वार्षिक रिपोर्ट 2023’ और ‘नशामुक्त भारत’ पर Compendium भी जारी किया।

बैठक को संबोधित करते हुए गृह मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में नशे के खिलाफ लड़ाई में बहुत गंभीरता आई है और हम इसे एक अभियान के रूप में आगे बढ़ाने में सफल रहे हैं। उन्होंने कहा कि असल लड़ाई तो अब शुरू हुई है क्योंकि अब हम इस लड़ाई में निर्णायक मोड़ पर हैं। शाह ने कहा कि जब तक देश का 35 वर्ष से कम उम्र का हर नागरिक इस लड़ाई को लड़ने और 35 वर्ष से अधिक आयु वाला हर नागरिक मार्गदर्शन का संकल्प नहीं करता तब तक हम इस लड़ाई को नहीं जीत सकते। उन्होंने कहा कि सरकारें अकेले इस लड़ाई को नहीं जीत सकती बल्कि इस लड़ाई को देश की 130 करोड़ जनता के बीच ले जाने की अप्रोच होनी चाहिए।

केन्द्रीय गृह मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने सभी देशवासियों के सामने 2047 में आज़ादी की शताब्दी के समय भारत को विश्व में हर क्षेत्र में सर्वप्रथम बनाने का लक्ष्य रखा है। उन्होंने कहा कि इस लक्ष्य की प्राप्ति युवा पीढ़ी को ड्रग्स के अभिशाप से दूर रखकर ही संभव है। शाह ने कहा कि ड्रग्स के खिलाफ यह लड़ाई बेहद महत्वपूर्ण है और इसे गंभीरता और प्राथमिकता के साथ लड़ने की ज़रूरत है। उन्होंने कहा कि इस लड़ाई को अगर हम सर्वोच्च प्राथमिकता नहीं देंगे तो हम इसे जीत नहीं सकेंगे। शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की नशामुक्त भारत की परिकल्पना बहुत बड़ा चैलेंज और संकल्प हैं। उन्होंने कहा कि हम अब एक ऐसे पड़ाव पर जागरूक हुए हैं कि अगर हम डटकर और दृढ़ संकल्प के साथ लड़ेंगे तो यह लड़ाई जीत सकते हैं।

अमित शाह ने कहा कि मोदी सरकार ने पिछले 5 साल में Whole of Government Approach और स्ट्रक्चरल रिफॉर्म्स, इंस्टीट्यूश्नल और इंफॉर्मेशनल रिफॉर्म्स के तीन स्तंभों के आधार पर इस लड़ाई को लड़ने का प्रयास किया है। उन्होंने कहा कि 2004 से वर्ष 2023 तक 5,933 करोड़ रूपए मूल्य की 1,52,000 किलोग्राम ड्रग्स ज़ब्त की गई थी जबकि 2014 से 2024 के दस साल में ये मात्रा बढ़कर 5,43,000 किलोग्राम हो गई, जिसकी क़ीमत 22,000 करोड़ रूपए से भी अधिक है। शाह ने कहा कि मोदी सरकार के प्रयासों के कारण ड्रग्स के कई नेटवर्क्स को ध्वस्त करने में भी सफलता मिली है।

केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री ने कहा कि ड्रग्स का सबसे बड़ा नुकसान है कि ये भावी पीढ़ी को खोखला कर देती है और इसका आदी सदस्य अपने साथ-साथ अपने पूरे परिवार को भी घोर निराशा और हीनभावना से ग्रसित कर देता है। उन्होंने कहा कि इसका एक नया खतरा सामने आया है कि अब ये पूरा बिज़नेस नार्को टेरर के साथ जुड़ गया है और देश की सुरक्षा के लिए सबसे गंभीर खतरा ड्रग्स की कमाई से आने वाला पैसा बन गया है। शाह ने कहा कि हमारे अर्थतंत्र को खोखला करने के लिए अर्थिक व्यवहार के चैनल्स भी ड्रग्स के व्यापार के कारण मज़बूत हुए हैं और कई इस प्रकार के संगठन बन गए हैं जो सिर्फ ड्रग्स ही नहीं बल्कि गैरकानूनी हवाला और कर चोरी के काम भी करते हैं। उन्होंने कहा कि ड्रग्स की तस्करी अब एक मल्टीलेयर्ड अपराध बन गया है जिससे हमें मज़बूती और सख्ती से निपटने की ज़रूरत है।

गृह मंत्री ने कहा कि सभी एजेंसियों, विशेषकर राज्यों की पुलिस का लक्ष्य सिर्फ ड्रग्स का उपयोग करने वालों को पकड़ना ही नहीं बल्कि इसके कारोबार में लगे लोगों को पकड़ने और पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने का होना चाहिए। उन्होंने कहा कि इसके लिए Top to Bottom और Bottom to Top जांच पर ज़ोर देने की ज़रूरत है। उन्होंने कहा कि अगर देश की सीमा पर ड्रग्स का जखीरा पकड़ा जाता है तो इसकी जांच कर इसके पीछे का पूरा नेटनवर्क ध्वस्त करने की ज़रूरत है। उन्होंने कहा कि गुजरात ने ड्रग्स के कई बड़े मामलों में Top to Bottom और Bottom to Top अप्रोच के साथ इन्वेस्टिगेशन करने का बहुत अच्छा काम किया है। उन्होंने कहा कि सिंथेटिक ड्रग्स की समस्या अब भारत में भी सामने आ रही है और हाल ही में कई अवैध प्रयोगशालाएं पकड़ी गई हैं। गृह मंत्री ने कहा कि सभी राज्यों की जांच और अन्य एजेसियों को NCB से इसकी विस्तृत जानकारी लेकर अपने अपने राज्यों में इस तरह की गतिविधियों पर रोक लगाने का काम करना चाहिए। शाह ने कहा कि हमारा लक्ष्य होना चाहिए कि न तो हम भारत में एक भी ग्राम ड्रग्स कहीं से आने देंगे और न ही भारत की सीमाओं का ड्रग्स के व्यापार के लिए किसी भी प्रकार से इस्तेमाल होने देंगे। उन्होंने कहा कि ड्रग्स कहीं से भी आए या कहीं भी जाए, हमें उसे गंभीरता के साथ लेना चाहिए और जब तक पूरी दुनिया एकसाथ नहीं लड़ती है हम इस लड़ाई को जीत नहीं सकते।

अमित शाह ने कहा कि उन्होंने 2014 से ही NCORD के क्रियान्वयन पर बहुत ज़ोर दिया है और इसके उत्साहजनक आंकड़े सामने आए हैं। उन्होंने कहा कि ज़िलास्तरीय NCORD जब तक काम नहीं करेगी तब तक ये लड़ाई सफलतापूर्वक नहीं लड़ सकेंगे। गृह मंत्री ने इस बात पर बल दिया कि ज़िलास्तरीय NCORD मात्र चर्चा का फोरम न बनें बल्कि निर्णय और रिव्यू का भी फोरम बनें। उन्होंने कहा कि ज़िले को अपने लक्ष्य तय कर उनकी समीक्षा करना चाहिए। NCORD की बैठकें Outcome-Based और Result-Oriented होनी चाहिएं। एक निर्धारित लक्ष्य बनाना, उसकी समीक्षा करना और स्थानीय परिस्थितिनुकूल रणनीति बनाना इसका एक महत्वपूर्ण हिस्सा होना चाहिए। उन्होंने सभी एजेंसियों को PITNDPS का उपयोग बढ़ाने को भी कहा। गृह मंत्री ने कहा कि बहुत समय से हमारी एजेंसियों का सूत्र था, Need To Know लेकिन अब हमें Duty To Share की ओर आगे बढ़ना चाहिए और इस बड़े परिवर्तन को सभी एजेंसियों को अपनाना होगा। शाह ने कहा कि ड्रग्स की सप्लाई के प्रति ruthless, डिमांड रिडक्शन के प्रति strategic और हार्म रिडक्शन के लिए human अप्रोच होना चाहिए। उन्होंने कहा कि ये तीनों अलग-अलग हैं लेकिन जब तक इस अप्रोच को नहीं अपनाएंगे तब तक सफल नहीं होंगे।

केन्द्रीय गृह मंत्री ने कहा कि MANAS पोर्टल का भी लोकार्पण हुआ है और इसके साथ कई अन्य पहल भी की गई हैं जिन्हें राज्यों और ज़िलास्तर की हर इकाई तक पहुंचाना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि राज्यों को नार्कोटिक्स फॉरेंसिक्स पर अपने बजट का एक हिस्सा खर्च करना चाहिए। उन्होंने कहा कि अब जल्द ही सरकार नारकोटिक्स के प्राथमिक टेस्ट के लिए बहुत सस्ती किट उपलब्ध कराने जा रही है जिससे केस दर्ज करने में बहुत आसानी हो जाएगी। शाह ने कहा कि सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय ने नशामुक्त भारत अभियान को अच्छी तरह से आगे बढ़ाया है और सभी धार्मिक, युवा और रोटरी संगठनों को भी इसमें जोड़ना चाहिए। शाह ने कहा कि ड्रग्स के खिलाफ इस लड़ाई में अभी हमें बहुत रास्ता तय करना बाकी है और अब हमें इसकी गति और व्यापकता बढ़ानी होगी। उन्होंने कहा कि हमें गति बढ़ाने में कोई कसर नहीं छोड़नी और व्यापकता बढ़ाने के लिए कई साथियों को साथ लेकर चलना होगा।

श्रीनगर में NCB का जोनल कार्यालयभारत की उत्तर-पश्चिमी सीमा के माध्यम से हो रही मादक पदार्थों की तस्करी पर अंकुश लगाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। NCB के अब 30 जोनल और 7 क्षेत्रीय कार्यालय हैं। NCB की वार्षिक रिपोर्ट-2023 मादक पदार्थों की तस्करी और नशीली दवाओं के दुरुपयोग के खिलाफ चल रही लड़ाई में NCB और अन्य एजेंसियों के प्रयासों तथा उपलब्धियों पर प्रकाश डालती है। इसमें हाल के वर्षों में सभी एजेंसियों द्वारा की गई जब्ती, मादक पदार्थों की तस्करी पर नवीनतम रुझान, Prevention of Illicit Traffic in Narcotic Drugs and Psychotropic Substances Act (PITNDPS) के तहत कार्रवाई, धन शोधन निवारण अधिनियम (PMLA) के तहत कार्रवाई सहित वित्तीय जांच आदि का डेटा शामिल है। MANAS (मादक पदार्थ निषेधआसूचना केंद्र) के तहत एक टोल-फ्री नंबर 1933, एक वेब पोर्टल, एक मोबाइल ऐप और उमंग ऐप होगा ताकि देश के नागरिक, नशीली दवाओं की तस्करी/तस्करी पर जानकारी साझा करने या नशीली दवाओं के दुरुपयोग, नशामुक्ति और पुनर्वास जैसे मुद्दों से संबंधित सलाह लेने के लिए गुमनाम रूप से चौबीसों घंटे NCB से जुड़ सकें।

मादक पदार्थों की अवैध खेती एक बड़ा खतरा है जिससे निपटने की ज़रूरत है और एनसीबी ने BISAG-N के साथ मिलकर अवैध खेती पर अंकुश लगाने और सटीक GIS जानकारी प्रदान करने के लिए एक वेब पोर्टल और मोबाइल ऐप “MAPDRUGS” को विकसित किया है जिससे ऐसी अवैध खेती को संबंधितएजेंसियोंद्वारा नष्ट किया जा सके।

बैठक में सभी हितधारकों – सभी मंत्रालयों, विभागों, राज्य सरकारों और नशामुक्त भारत की दिशा में काम करने वाली सभी एजेंसियों के प्रमुखों ने भाग लिया। केन्द्रीय गृह सचिव, राजस्व सचिव, सचिव, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय, निदेशक, इंटेलीजेंस ब्यूरो, महानिदेशक, NCB आदि सहित केन्द्र सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों ने बैठक में भाग लिया। बैठक में सभी राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के मुख्य सचिवों, पुलिस महानिदेशकों और एंटी-नारकोटिक्स टास्क फोर्स के प्रमुखों ने वर्चुअली भाग लिया। बैठक में NCB, DRI, ED, BSF, SSB, CRPF, CISF, RPF, Indian Navy, Indian Coast Guard, सामाजिक न्याय एवं आधिकारिता मंत्रालय आदि के वरिष्ठ अधिकारी भी शामिल हुए।

 

 

उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले में आज दोपहर रेल दुर्घटना में दो लोगों की मौत हो गई और 20 से अधिक घायल हो गए

गोण्डा : गुरूवार, जुलाई 18, 2024/ उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले में आज दोपहर रेल दुर्घटना में दो लोगों की मौत हो गई और 20 से अधिक घायल हो गए। गोंडा-गोरखपुर मार्ग पर मनकापुर स्टेशन के पास रेलगाडी संख्या 1 5 9 0 4 चंडीगढ़-डिब्रूगढ़ एक्सप्रेस के छह डिब्बे पटरी से उतर गए। यह दुर्घटना गोंडा-गोरखपुर मार्ग के मनकापुर खंड पर झिलाही हॉल्ट के पास हुई। रेलवे और जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं। राष्‍ट्रीय आपदा मोचन बल और राज्‍य आपदा मोचन बल की टीमें भी पहुंच चुकी हैं तथा राहत और बचाव कार्य जारी है। दुर्घटना के कारण लखनऊ से गुवाहाटी तक मुख्य रेल मार्ग अवरुद्ध है। कई रेलगाड़ियों का मार्ग परिवर्तित कर दिया गया है और कुछ को रद्द कर दिया गया है। रेलवे ने हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना का संज्ञान लिया है। उन्होंने अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंच कर राहत कार्यों में तेजी लाने व घायलों के समुचित उपचार के निर्देश दिए हैं। योगी ने जिला प्रशासन के अधिकारियों को हर संभव सहायता पहुंचाने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री के निर्देश पर आसपास के जिलों के सभी अस्पतालों, सीएचसी और पीएचसी को अलर्ट मोड पर रखा गया है।

उत्तर प्रदेश के राहत आयुक्त के मुताबिक लखनऊ और बलरामपुर से एनडीआरएफ की एक-एक टीम गोंडा भेजी गई है। ट्रेन हादसे में बचाव कार्य के लिए 5 एम्बुलेंस तैनात की गई थीं और घटनास्थल पर और एम्बुलेंस भेजने के आदेश दिए गए हैं। घायलों का प्राथमिक उपचार किया जा रहा है। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। राहत कार्यों में तेजी लाने के लिए तीन जिलों से एसडीआरएफ की टीमें भेजी गईं।

 

असंगठित और गिग वर्कर्स के लिए केंद्र सरकार का बड़ा फैसला, 40 और 22...

0
नई दिल्ली | 4 नवंबर 2026 देश के करोड़ों असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों, डिलीवरी पार्टनर्स, ऐप आधारित टैक्सी चालकों और प्लेटफॉर्म वर्कर्स को सामाजिक सुरक्षा...
nmms-scholarship-2026-27

NMMSS Scholarship 2026-27: छात्रों को बड़ी राहत, छात्रवृत्ति आवेदन की अंतिम तारीख बढ़ी, अब...

0
नई दिल्ली। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के मेधावी विद्यार्थियों के लिए केंद्र सरकार ने बड़ी राहत दी है। शिक्षा मंत्रालय ने राष्ट्रीय साधन-सह-योग्यता...
akshara goswami

मध्यप्रदेश स्थापना दिवस पर 102 मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान, हर छात्र को मिली 1...

0
भोपाल। मध्यप्रदेश के 71वें स्थापना दिवस के अवसर पर प्रदेश की शैक्षणिक प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। भोपाल के लाल परेड मैदान में आयोजित...
poshan-tracker-pmmvy-grievance-redressal-2026

POSHAN Tracker और PMMVY की शिकायतों का होगा निपटारा, 30 अक्टूबर को देशभर में...

0
नई दिल्ली | 30 अक्टूबर 2026 | सामाजिक कल्याण समाचार केंद्र सरकार ने गर्भवती महिलाओं, स्तनपान कराने वाली माताओं और पोषण सेवाओं के लाभार्थियों की...
anath-bachchon-ke-liye-sarkari-yojana-2026

अनाथ बच्चों के लिए सरकार की खास योजनाएँ, पढ़ाई से लेकर आर्थिक सहायता तक

0
नई दिल्ली | सरकारी योजना समाचार देश में ऐसे कई बच्चे हैं, जिन्होंने अपने माता-पिता को खो दिया है या जिनके पास देखभाल करने वाला...