प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सोशल मीडिया अकाउंट- एक्स पर उनके फॉलोअर की संख्या 10 करोड़ के पार

नई दिल्ली : सोमवार, जुलाई 15, 2024/ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सोशल मीडिया अकाउंट- एक्स पर उनके फॉलोअर की संख्या 10 करोड़ को पार कर गई है। इस उल्लेखनीय बढ़ोतरी में पिछले तीन वर्षों में लगभग तीन करोड़ की वृद्धि शामिल है। प्रधानमंत्री मोदी को अब एक्स पर दुनिया के सबसे अधिक फॉलो किए जाने वाले नेता होने का गौरव प्राप्त है। वे 3 करोड़ 81 लाख फॉलोअर वाले अमरीकी राष्ट्रपति जो बाइडेन और 65 लाख फॉलोअर वाले कनाडा के प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो से काफी आगे हैं। इस उपलब्धि के बाद एक सोशल मीडिया पोस्ट में, प्रधानमंत्री मोदी ने इस मंच पर सक्रिय होने पर खुशी व्यक्त की है। उन्होंने चर्चाओं, विचार-विमर्श, अंतर्दृष्टि, लोगों के आशीर्वाद, रचनात्मक आलोचना आदि के लिए आभार व्यक्त किया है।

गृह मंत्री अमित शाह ने माइक्रोब्लॉगिंग साइट एक्स पर 10 करोड़ फॉलोअर का चौंका देने वाला आंकड़ा पार करने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बधाई दी है। एक सोशल मीडिया पोस्ट में, उन्‍होंने कहा कि यह उपलब्धि न केवल भारत में प्रधानमंत्री मोदी की अद्वितीय लोकप्रियता का बल्कि वैश्विक मंच पर उनकी महान राजनीतिज्ञता का भी प्रमाण है।

जनता से जुड़े रेलवे के मुद्दों को लोकसभा में उठाऊंगा : आलोक शर्मा

भोपाल : सोमवार, जुलाई 15, 2024/ भोपाल सांसद आलोक शर्मा ने कहा कि जनता से जुड़े रेलवे के मुद्दों को लोकसभा में उठाउंगा। जन सुविधाओं में विस्तार होना चाहिए। जनता को ट्रेनों में आसानी से रिर्जवेशन मिले इसके लिए भोपाल से मुम्बई, पूना और रीवा के लिए नई ट्रेन का प्रस्ताव रखेंगे। सांसद आलोक शर्मा ने रविवार को मंडल रेल प्रबन्धक देवाशीष त्रिपाठी के साथ बैठक की। रेल विभाग से संबंधित विभिन्न विषयों पर सार्थक चर्चा हुई।

बैठक में बैरसिया में रेलवे लाइन का सर्वे, राजधानी के अंतर्गत भोपाल, रानी कमलापति, संत हिरदाराम नगर एवं निशातपुरा स्टेशनों के विकास संबंधी तथा गाड़ियों के परिचालन विषय पर चर्चा हुई। संत हिरदाराम नगर से मुम्बई बाया सूरत नई ट्रेन, रानी कमलापति से पूना नई ट्रेन, भोपाल से रीवा नई ट्रेन चलाने पर चर्चा की।

भोपाल से बीना की तरह भोपाल इटारसी के लिए मेमो सर्विस शुरू करने बात रखी। मालवा एक्सप्रेस सहित विभिन्न ट्रेनों के संचालन, निशातपुरा से अतिक्रमण हटाने व अन्य मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। डीआरएम ने सहयोग के साथ जनता से जुड़े सभी विषयों को प्राथमिकता के साथ हल करने का आश्वासन दिया। जल्द ही एक ज्वाइंट विजिट रेलवे अधिकारियों के साथ निशातपुरा स्टेशन पर करने का निर्णय लिया है।

बैठक में मंडल रेल प्रबंधक देवाशीष त्रिपाठी, अपर मंडल रेल प्रबंधक योगेश सक्सेना, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबन्धक सौरभ कटारिया, वरिष्ठ मंडल ऑपरेटिंग प्रबन्धक निरीश राजपूत, प्रदेश कर समिति सदस्य सत्यार्थ प्रकाश अग्रवाल वरिष्ठ मंडल यांत्रिकी प्रबन्धक ऋतुराज शर्मा एवं मंडल ऑपरेटिंग प्रबन्धक प्रमोद जाधव उपस्थित रहे।

नई शिक्षा नीति विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास एवं आत्म निर्भर बनने के क्षेत्र में सहयोगी होगी – मंत्री राकेश सिंह

जबलपुर : सोमवार, जुलाई 15, 2024/ लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह के मुख्य आतिथ्य में कल प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस, शासकीय महाकोशल महाविद्यालय का उद्घाटन हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता केंट विधायक अशोक रोहाणी ने की। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि कलेक्टर दीपक सक्सेना के साथ नगर निगम अध्यक्ष रिकुंज विज, अतिरिक्त संचालक उच्च शिक्षा डॉ. संतोष जाटव, जनभागीदारी अध्यक्ष आशीष राव और संस्था प्राचार्य डॉ.ए.सी.तिवारी सहित महाविद्यालयीन परिवार की उपस्थिति रही।

उल्लेखनीय है कि केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह के मुख्य आतिथ्य एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मध्यप्रदेश शासन की अध्यक्षता में प्रदेश के 55 प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस के उद्घाटन समारोह अटल बिहारी वाजपेयी शासकीय कला एवं वाणिज्य महाविद्यालय, इंदौर के प्रागंण में आयोजित किया गया। जिसका सीधा प्रसारण प्रदेश के सभी महाविद्यालयों में किया गया।

मंत्री राकेश सिंह ने प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस के रूप में महाकौशल महाविद्यालय के उद्घाटन समारोह में प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि आज का दिन एक विशेष दिन है। उन्होंने इसी कॉलेज में पढ़ाई की है। कॉलेज से जुड़ी अपनी यादों को साझा करते हुए राकेश सिंह ने कहा कि शासकीय विज्ञान महाविद्यालय और महाकौशल आर्ट्स कॉलेज पहले रॉबर्टसन कॉलेज का हिस्सा था। व्यक्ति जिस संस्थान में अध्ययन करता है, वह संस्थान न तो उसकी स्मृति से कभी विस्मृत होता है और न ही उस संस्थान के प्रति उसकी श्रद्धा और सम्मान कभी कम होता है।

लोक निर्माण मंत्री ने महाकौशल कॉलेज का प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस के रूप में चयन करने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव का आभार जताया। उन्होंने महाविद्यालय के विद्यार्थियों एवं स्टॉफ को भी बधाई दी और उम्मीद व्यक्त की कि आने वाले दिनों में यह संस्थान शिक्षा के क्षेत्र में अपनी विशिष्ट पहचान बनायेगा। उन्होंने कहा कि हम सभी जानते हैं कि विद्या एवं ज्ञान सिर्फ व्यक्ति की ही नहीं अपितु सम्पूर्ण समाज की सफलता का आधार होता है। इसलिए ज्ञान का व्यवहारिक एवं भारतीय परंपरा के अनुरूप होना आवश्यक है। भारत ने सम्पूर्ण विश्व को ज्ञान दिया है। नालंदा और तक्षशिला विश्वविद्यालय में दुनिया भर के लाखों विद्यार्थी शिक्षा ग्रहण करते थे। कालांतर में हुई कुछ घटनाओं के कारण निर्मित हुए वातावरण से ऐसा लगा जैसे भारत से ज्ञान दुनिया में नहीं अपितु दुनिया से ज्ञान भारत में आया है। उन्होंने अपने उदबोधन में कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति वर्तमान समय की आवश्यकता है। यह विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास एवं रोजगार-स्वरोजगार तथा आत्म निर्भर बनने के क्षेत्र में सहयोगी होगी।

विधायक रोहाणी ने अपने अध्यक्षीय भाषण में कहा कि आधुनिकता एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए यह महाविद्यालय मील का पत्थर साबित होगा। कार्यक्रम में मुख्य अतिथियों एवं विशिष्ट अतिथियों को स्मृति चिन्ह भेंट किया गया। प्राचार्य डॉ.ए.सी.तिवारी द्वारा सभी अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंट स्वागत किया गया एवं प्राचार्य द्वारा स्वागत भाषण में महाविद्यालय के गौरवशाली इतिहास को रेखाकिंत करते हुये भविष्य की योजनाओं से अवगत कराया। जनभागीदारी अध्यक्ष आशीष राव ने पीएम कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस के रूप में उन्नयन होने पर महाविद्यालय को शुभकामनायें प्रदान की।

पीएम कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस के शुभारंभ अवसर पर अतिथियों द्वारा विद्यावन में एक पौधा मॉ के नाम लगाया, जिसका संकल्प विद्यार्थी पूर्ण करेंगे। मंत्री राकेश सिंह ने हरी झंडी दिखाकर बस सेवा का शुभारंभ किया जो विद्यार्थियों के लिये सस्ते एवं सुगम आवागमन का साधन होगा। वृक्षारोपण के पूर्व मंत्री सिंह ने वेदों की ज्ञान पंरपरा से परिचय बढ़ाने भारतीय ज्ञान पंरपरा प्रकोष्ठ एवं मध्यप्रदेश हिंदी ग्रंथ अकादमी के बुक स्टॉल व विद्यार्थी पुस्तक सहायता केन्द्र का लोकार्पण भी किया। इस दौरान मंच संचालन डॉ. मलय वर्मा एवं आभार प्रदर्शन डॉ. तृप्ति उकास ने किया।

 

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गिनीज़ बुक ऑफ़ वर्ल्ड रिकॉर्ड की ओर से प्रमाण-पत्र लिया

इंदौर : सोमवार, जुलाई 15, 2024/ गिनीज़ बुक ऑफ़ वर्ल्ड रिकॉर्ड ने मध्यप्रदेश शासन को 24 घंटे की अवधि में सर्वाधिक पौध-रोपण का प्रमाण-पत्र प्रदान किया है। अब यह वर्ल्ड रिकॉर्ड इंदौर के नाम पर है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कल सायंकाल रेवती रेंज में यह प्रमाण पत्र ग्रहण किया। उत्सवी वातावरण में केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह के मुख्य आतिथ्य में बड़ी संख्या में पौध-रोपण कर इंदौर ने यह रिकॉर्ड क़ायम किया है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने इंदौर के सभी नागरिकों जन-प्रतिनिधियों शासकीय संगठनों और इस पुण्य के कार्य में सहभागी बने सभी जनों और संस्थाओं को बधाई और साधुवाद दिया है।

रेवती रेंज में सायंकाल गिनीज़ बुक ऑफ़ वर्ल्ड रिकॉर्ड के पदाधिकारियों द्वारा यह प्रमाण पत्र प्रदान किया गया। इस अवसर पर नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट, महापौर पुष्यमित्र भार्गव, सांसद शंकर लालवानी सहित विधायक और जन-प्रतिनिधि उपस्थित थे।

 

वायुसेना स्टेशन सरसावा में कारगिल विजय दिवस रजत जयंती 2024 का आयोजन किया गया

नई दिल्ली : सोमवार, जुलाई 15, 2024/ भारतीय वायुसेना के पास अपने वीर वायु योद्धाओं के साहस और बलिदान की एक गौरवशाली विरासत है, जिन्होंने वर्ष 1999 के कारगिल युद्ध में अदम्य साहस से लड़ाई लड़ी थी, जो वास्तव में सैन्य विमानन के इतिहास में एक मील का पत्थर था। कारगिल युद्ध (ऑपरेशन सफेद सागर) में भारतीय वायुसेना के ऑपरेशन, 16000 फीट से अधिक की खड़ी ढलान और चक्करदार ऊंचाइयों की चुनौतियों का सामना करने की भारतीय वायुसेना की सैन्य क्षमता का प्रमाण हैं, जो युद्ध में दुश्मन को निशाना बनाने में अद्वितीय परिचालन बाधाएं हैं। दुनिया के सबसे ऊंचे युद्धक्षेत्र में लड़े गए इस युद्ध को जीतने के लिए वायु शक्ति के अपने उपयोग में तेजी से किए गए तकनीकी संशोधनों और ऑन-द-जॉब-ट्रेनिंग ने भारतीय वायुसेना का स्थान श्रेष्ठ रहा। कुल मिलाकर, भारतीय वायुसेना ने लगभग 5000 स्ट्राइक मिशन, 350 टोही/ईएलआईएनटी मिशन और लगभग 800 एस्कॉर्ट उड़ानें भरीं। भारतीय वायुसेना ने घायलों को निकालने और हवाई परिवहन कार्यों के लिए 2000 से अधिक हेलीकॉप्टर उड़ानें भी भरीं।

कारगिल युद्ध में विजय के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर, भारतीय वायुसेना 12 जुलाई से 26 जुलाई 24 तक वायुसेना स्टेशन सरसावा में ‘कारगिल विजय दिवस रजत जयंती’ का आयोजन कर रही है, जिसमें देश के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले शहीदों को सम्मानित किया जाता है। वायुसेना स्टेशन सरसावा की 152 हेलीकॉप्टर यूनिट, ‘द माइटी आर्मर’ ने ऑपरेशन सफेद सागर के दौरान महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। 28 मई 99 को, 152 एचयू के स्क्वाड्रन लीडर आर पुंडीर, फ्लाइट लेफ्टिनेंट एस मुहिलान, सार्जेंट पीवीएनआर प्रसाद और सार्जेंट आरके साहू को टोलोलिंग में दुश्मन के ठिकानों पर लाइव स्ट्राइक के लिए ‘नुबरा’ फॉर्मेशन के रूप में उड़ान भरने की जिम्मेदारी दी गई थी। इस हवाई हमले को सफलतापूर्वक करने के बाद, उनके हेलीकॉप्टर को दुश्मन की स्टिंगर मिसाइल ने टक्कर मार दी, जिसमें चार वीर सैनिकों ने प्राणों का बलिदान दिया। असाधारण साहस के इस कार्य के लिए, उन्हें मरणोपरांत वायु सेना पदक (वीरता) से सम्मानित किया गया। उनके सर्वोच्च बलिदान ने सुनिश्चित किया कि उनका नाम हमेशा के लिए भारतीय वायुसेना के इतिहास में सुनहरे अक्षरों में लिखा जायेगा।

13 जुलाई 24 को, वायु सेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल वी. आर. चौधरी ने वरिष्ठ गणमान्य अधिकारियों, बहादुरों के परिवारों, दिग्गजों और सेवारत भारतीय वायुसेना अधिकारियों के साथ स्टेशन युद्ध स्मारक पर राष्ट्र की सेवा में अपने प्राणों की बलिदान देने वाले सभी वायु सैनिकों को पुष्पांजलि अर्पित की। इस आयोजित कार्यक्रम के दौरान कार्यक्रम के दौरान वायु सेना प्रमुख ने उनके परिजनों को सम्मानित किया और उनसे बातचीत की।

एक शानदार एयर शो का आयोजन किया गया जिसमें आकाश गंगा टीम द्वारा प्रदर्शन और जगुआर, एसयू-30 एमकेएल और राफेल लड़ाकू विमानों द्वारा हवाई प्रदर्शन शामिल थे। शहीद नायकों की पुण्य स्मृति में एमआई-17 वी5 द्वारा “मिसिंग मैन फॉर्मेशन” ने उड़ान भरी। इस अवसर पर भारतीय वायुसेना के हेलीकॉप्टरों जैसे एमआई-17 वी5, चीता, चिनूक का स्थिर प्रदर्शन भी किया गया। इस अवसर पर एयर वॉरियर ड्रिल टीम और वायुसेना बैंड ने भी अपनी प्रस्तुतियां दी।

इस कार्यक्रम को 5000 से अधिक दर्शकों ने देखा, जिनमें स्कूली बच्चे, सहारनपुर क्षेत्र के स्थानीय निवासी, भूतपूर्व सैनिक, गणमान्य नागरिक और रुड़की, देहरादून और अंबाला के रक्षा बलों के कार्मिक गण शामिल थे।

 

भाजपा का कार्यकर्ता जब ठान लेता है तब रिकार्ड बनता है – आलोक शर्मा

भोपाल : सोमवार, जुलाई 15, 2024/ लोकसभा चुनाव में भाजपा भोपाल सीट रिकार्ड मतों से जीती है। प्रत्येक विधानसभा में अभिनंदन समारोह आयोजित कर कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया जा रहा है। रविवार को हुजूर विधानसभा के कार्यकर्ताओं का अभिनंदन समारोह हिंदी भवन में आयोजित किया गया।

जिलाध्यक्ष सुमित पचौरी, हुजूर विधायक रामेश्वर शर्मा के साथ सांसद आलोक शर्मा ने कार्यकर्ताओं पर पुष्प वर्षा कर धन्यवाद ज्ञापित किया। पार्टी ने जिन बूथों पर अतिरिक्त दस प्रतिशत वोट बढ़ाने का संकल्प किया था और उन बूथों पर कार्यकर्ताओं के परिश्रम से अनुकूल परिणाम हासिल हर हैं ऐसे बूथ समिति के कार्यकर्ताओं का मंच से स्वागत किया गया।

इस अवसर पर अपने संबोधन में सांसद आलोक शर्मा ने कहा कि भाजपा का कार्यकर्ता जब ठान लेता है तब रिकार्ड बनता है। देवतुल्य कार्यकर्ताओं की अथक मेहनत से भोपाल सीट पर रिकार्ड मतों से विजय हुई है। यही नहीं प्रदेश की सभी 29 सीटें जीतकर कार्यकर्ताओं ने दिखा दिया कि रिकार्ड कैसे बनते हैं। आज पूरे देश में हमारे कार्यकर्ता और संगठन की चर्चा हो रही है।

सम्मेलन को जिलाध्यक्ष सुमित पचौरी एवं हुजूर विधायक रामेश्वर शर्मा ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम में प्रदेश कार्यसमिति सदस्य सत्यार्थ अग्रवाल, राम बंसल, हुजूर विधानसभा क्षेत्र के सभी मंडल अध्यक्ष, महामंत्री, पार्षद, मोर्चा पदाधिकारी और बूथ समिति के कार्यकर्तागण उपस्थित थे।

 

प्रतिभाओं का समाज और देश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान, राष्ट्र की उन्नति के लिए नागरिकों में राष्ट्रवाद की भावना आवश्यक – मुख्यमंत्री

जयपुर : रविवार, जुलाई 14, 2024/ मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि होनहार प्रतिभाएं अपने परिवार के साथ ही समाज और देश के विकास में भी महत्वपूर्ण योगदान देती हैं। इनके सम्मान से अन्य लोगों को भी जीवन में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलती है। भजनलाल शर्मा रविवार को जयपुर के बिड़ला सभागार में अखिल भारतीय राव राजपूत महासभा द्वारा आयोजित शपथ ग्रहण एवं प्रतिभा सम्मान समारोह को सम्बोधित कर रहे थे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार युवाओं के सर्वांगीण विकास, महिला उत्थान के साथ विकसित राजस्थान के निर्माण के लिए कृत संकल्पित है। इसी दिशा में राज्य के परिवर्तित बजट 2024-25 में पांच साल में 4 लाख सरकारी नौकरियां देने एवं निजी क्षेत्रों में स्किल अपग्रेडेशन के साथ रोजगार के अवसर उपलब्ध करवाए जाने की घोषणा की गई हैं। उन्होंने कहा कि खेलों में युवा प्रतिभाओं को बढ़ावा देने के लिए स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी तथा संभाग स्तर पर खेल महाविद्यालय खोले जाएंगे जहां खेल प्रतिभाओं को तराशकर आगे बढ़ाया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में वर्ष 2014 के बाद देश में आया अभूतपूर्व बदलाव हम सभी ने देखा है। गरीब कल्याण, देश के विकास, सीमाओं की सुरक्षा और दुनिया में भारत का गौरव बढ़ाने सहित सभी क्षेत्रों में देश नई ऊंचाइयां छू रहा है। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी ने 2014 में प्रधानमंत्री बनते ही देश में लिंगानुपात को सुधारने के लिए बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान की शुरूआत की तथा स्वच्छ और सुंदर राष्ट्र की परिकल्पना के साथ स्वच्छ भारत अभियान चलाया। अब प्रधानमंत्री जी ने पर्यावरण को बढ़ावा देने के लिए ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान की शुरूआत की है, जिसे हम सबको आगे बढ़ाना है।

मुख्यमंत्री शर्मा ने कहा कि राव राजपूत समाज को उनके गौरवशाली इतिहास, अमूल्य विरासत, और भारतीय समाज में उनके योगदान के लिए जाना जाता है। संख्या में कम होने के बावजूद इस समाज के लोगों ने हमेशा राष्ट्रधर्म निभाया है और अपनी राष्ट्रवाद की भावना से अन्य समाज के लोगों को भी प्रेरित किया है। उन्होंने कहा कि समाज की माताओं-बहनों ने अपने बच्चों को अच्छे संस्कार और शिक्षा देकर मेहनती और प्रतिभाशाली बनाया है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे अपनी राष्ट्र भावना और सांस्कृतिक विरासत पर गर्व अनुभव करें और राष्ट्र की प्रगति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि राज्य सरकार पं. दीनदयाल उपाध्याय के अंत्योदय के संकल्प को साकार करने की दिशा में प्रतिबद्धता से कार्य कर रही है। सरकार के इस ध्येय को पूरा करने के लिए नागरिकों का भी सहयोग आवश्यक है। उन्होंने कहा कि हम सबको अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए अपने आस-पास के वंचित वर्ग को केंद्र और राज्य सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने में मदद करनी चाहिए। ‘सबका साथ-सबका विकास’ की सोच के साथ ही विकसित राजस्थान और विकसित भारत की परिकल्पना साकार होगी।

कार्यक्रम में राव राजपूत समाज की लगभग 500 से अधिक प्रतिभाओं का सम्मान किया गया। इस दौरान अखिल भारतीय राव राजपूत महासभा के राष्ट्रीय मुख्य संरक्षक लादूसिंह ठिकरिया, राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रहलाद सिंह देवपुरा सहित राव राजपूत समाज के विभिन्न प्रतिनिधि समाज की होनहार प्रतिभाएं तथा बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।

क्वांटिटी नहीं क्वालिटी आउट ऑफ़ बॉक्स यही नई शिक्षा नीति का सार : केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह

इंदौर : रविवार, जुलाई 14, 2024/ केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने आज मध्य प्रदेश के इंदौर से राज्य के सभी 55 जिलों में बनाए गए प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ़ एक्सीलेंस का उद्घाटन किया। इस अवसर पर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
उद्घाटन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सभी देशवासियों के सामने ऐसे भारत के निर्माण का लक्ष्य रखा है कि वर्ष 2047 में जब भारत की आज़ादी के 100 साल पूरे हों, तब हमारा देश हर क्षेत्र में पूरे विश्व में प्रथम स्थान पर हो। उन्होंने कहा कि अगर ऐसे भारत का निर्माण करना है तो यह काम शिक्षा की नींव मजबूत किए बिना नहीं हो सकती, इसलिए मोदी जीने अपनी दूरदर्शी सोच के अनुरूप वर्ष 2020 में नई शिक्षा नीति लाने का काम किया। अमित शाह ने कहा कि आगामी 25 सालों की जरूरत को पूरा करने वाली सभी चीजों को विजुलाइज कर नई शिक्षा नीति लाई गई है। नई शिक्षा नीति आने वाले 25 सालों तक भारत के विद्यार्थियों को विश्व भर के विद्यार्थियों के साथ स्पर्धा करने के योग्य बनाएगी, वहीं दूसरी ओर हजारों साल पुरानी हमारी संस्कृति और भाषाओं के साथ भी हमारे विद्यार्थियों को जोड़ने का काम करेगी।

मध्यप्रदेश सरकार को बधाई देते हुए केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि पूरे देश में अगर सबसे पहले नई शिक्षा नीति कहीं जमीन पर उतरी तो वह मध्यप्रदेश में हुआ। उन्होंने कहा कि पहले भी पूरे देश में सिर्फ मध्यप्रदेश ही वह राज्य रहा है जिसने इंजीनियरिंग और मेडिकल साइंस के पाठ्यक्रम का अपनी मातृभाषा में अनुवाद करने की पहल की। इससे बहुत सारे गरीब बच्चों को मातृभाषा में उच्च शिक्षा के तौर पर मेडिकल साइंस और इंजीनियरिंग का ज्ञान लेने का फायदा मिला है।

अमित शाह ने कहा कि आज लगभग 486 करोड़ रुपए की लागत से प्रधानमंत्री कॉलेज आफ एक्सीलेंस का शुभारंभ हो रहा है और यह सिर्फ नाम बदलने का कार्यक्रम नहीं है। इसके ‘पैरामीटर्स’ और ‘क्राइटेरिया’ तय हैं और तब जाकर सभी 55 कॉलेज प्रधानमंत्री कॉलेज आफ एक्सीलेंस का दर्जा प्राप्त करने के योग्य बने हैं। उन्होंने कहा कि इन कॉलेजों में कंपार्टमेंटल शिक्षा नहीं होगी। अगर कोई छात्र बी.ए करना चाहता है और विज्ञान के भी किसी विषय में रुचि है तो वह साथ-साथ उस विषय में डिप्लोमा कर सकता है। केंद्रीय गृह मंत्री ने उदाहरण देकर बताया कि अगर कोई कॉमर्स का विद्यार्थी है और कला या भाषा में उसकी रुचि है,तो साथ-साथ वह उन विषयों की पढ़ाई कर सकता है। अगर कोई कॉमर्स का विद्यार्थी है और टेक्नोलॉजी में रुचि है, तो भी वह अपनी रुचि के अनुसार डिप्लोमा कोर्स कर सकता है।

केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री ने कहा कि नई शिक्षा नीति के एक महत्त्वपूर्ण अध्याय को मध्यप्रदेश ने आज खूबसूरती से उसे जमीन पर उतारा है। उन्होंने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य विद्यार्थी के भीतर की सभी शक्तियों को बाहर निकालना, उन्हें एक प्लेटफार्म देना और उन्हें विकसित होने का मौका देना है। अमित शाह ने कहा कि रटा रटाया ज्ञान और सिलेबस रटकर परीक्षा में नंबर लाना तो सरल है परंतु अपने भीतर के गुणों और ईश्वरदत्त शक्तियों का विकास करना बहुत कठिन है।

अमित शाह ने कहा कि आज जिन 55 प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ़ एक्सीलेंस का उद्घाटन हुआ है, वह विद्यार्थियों को बायोटेक्नोलॉजी, कंप्यूटर साइंस, संस्कृति, कला जैसे ढेर सारे विषयों में अपनी रुचि के अनुसार अध्ययन करने का अवसर प्रदान करेंगे। उन्होंने कहा कि इन सभी कॉलेजों में बी.एड और बीएससी एग्रीकल्चर जैसे पाठ्यक्रम भी शुरू किए गए हैं। बीएससी एग्रीकल्चर जैसे पाठ्यक्रम के कारण युवा कृषि के साथ जुड़ेंगे और स्वरोजगार के कई सारे नए अवसर यहां से पैदा होंगे। उन्होंने कहा कि बहुत सारे डिप्लोमा कोर्सेज और सर्टिफिकेट कोर्सेज को आईआईटी दिल्ली और कई अन्य प्रतिष्ठित संस्थानों से जोड़ने का काम किया गया है। मध्यप्रदेश हिंदी ग्रंथ अकादमी की पुस्तकों का केंद्र भी सभी 55 कॉलेजों में शुरू किया गया है।

केन्द्रीय गृह मंत्री ने कहा कि इंदौर अब तक कॉटन हब और स्वच्छता का हब माना जाता था, लेकिन अब इंदौर एजुकेशन हब बनने की दिशा में भी आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि इंदौर फार्मा, ऑटोमोबाइल, टेक्सटाइल, फूड प्रोसेसिंग, इन सब क्षेत्रों में आगे बढ़ रहा है। शाह ने कहा कि मुंबई को देश की आर्थिक राजधानी कहते हैं, लेकिन मध्य प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर है।

अमित शाह ने कहा कि मध्य प्रदेश में नई शिक्षा नीति के तहत उच्च शिक्षा के लिए ढेर सारे इनीशिएटिव लिए गए हैं। कई नए कोर्सेज शुरू किए गए हैं, कई विश्वविद्यालय भी बनाए गए हैं, मगर विद्यार्थियों को एक बार नई शिक्षा नीति को ज़रूर पढ़ना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने युवाओं के भविष्य को संवारने के लिए नई शिक्षा नीति बनाई है। नई शिक्षा नीति के तहत बच्चों को ‘सिलेबस ऑफ़ एकेडमिक्स’के साथ-साथ ‘सिलेबस ऑफ लाइफ’भी सिखाया जाएगा। नई शिक्षा नीति के जरिये क्वांटिटी से हटकर क्वालिटी पर फोकस करने का काम किया गया है और ‘ऑर्थोडॉक्स् थिंकिंग’ की जगह ‘आउट ऑफ द बॉक्स’ सोचने की आदत विद्यार्थियों में डालने के लिए नई शिक्षा नीति में ढेर सारे उपाय किए गए हैं। नई शिक्षा नीति में युवाओं को वोकेशनल और स्किल ट्रेनिंग देकर इंडस्ट्री और एकेडमिक्स के बीच गैप भरने का भी प्रयास किया गया है।

केन्द्रीय गृह मंत्री ने कहा कि 21वीं सदी में ग्लोबल लैंडस्केप से भारतीय शिक्षा पद्धति को जोड़ने का काम हमारी नई शिक्षा पद्धति करेगी और इससे भारतीय युवा सिलेबस को रटने की जगह आइडिया की रचना पर बल देगा। उन्होंने कहा कि हमारी नई शिक्षा नीति में डिग्री प्रदान करने की जगह युवाओं के 360 डिग्री डेवलपमेंट पर जोर दिया गया है। शाह ने युवाओं से अपील की कि जीवन में अगर कोई सिद्धि प्राप्त करनी है तो सबसे पहले लक्ष्य तय करिए, क्योंकि लक्ष्य के बगैर जिया जा रहा जीवन समय को बर्बाद करता है। जब लक्ष्य तय हो जाता है तब कठोर परिश्रम का कोई विकल्प नहीं होता। कठोर परिश्रम ही हमें हमारे लक्ष्य तक पहुंचाता है। प्रारब्धर का भी आशीर्वाद तभी मिलता है जब पुरुषार्थ से हम इसकी पीठिका तैयार करते हैं। जीवन का एक लक्ष्य तय कर कठोर परिश्रम करने का लक्ष्य आज से ही तय करिए।

गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने कहा कि आज की पीढ़ी इंटरनेट, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और डाटा एनालिटिक्स की पीढ़ी है और इसलिए नई शिक्षा नीति में प्रैक्टिकल, स्किल डेवलपमेंट, वोकेशनल ट्रेनिंग जैसे प्रावधान किए गए हैं। उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 में भारत निश्चित तौर पर विश्व में सर्वप्रथम बनेगा। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने हमारे सामने आजादी की शताब्दी का लक्ष्य रखा है। मंच पर बैठे हम में से बहुत कम लोग 2047 में होंगे, मगर मेरे सामने वह सारे बच्चे हैं जो 2047 में देश के नागरिक होंगे। 2047 में भारत को महान बनाने का जो लक्ष्य रखा गया है वह आपके लिए है। आप वह दिन देखोगे जब पूरी दुनिया में हर क्षेत्र में भारत महान होगा और इसकी नींव डालने का काम हमारी नई शिक्षा नीति और आज के प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ़ एक्सीलेंस करेंगे।

इंदौर स्वच्छ शहर के साथ-साथ हरित शहर भी बन रहा है- अमित शाह

इंदौर : शनिवार, जुलाई 13, 2024/ केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने आज मध्य प्रदेश के इंदौर में BSF परिसर में पौधा लगाकर ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत एक दिन में 11 लाख वृक्षरोपण कार्यक्रम की शुरुआत की। इस अवसर पर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

अपने संबोधन में अमित शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देश की जनता से एक पेड़ मां के नाम अभियान से जुड़ने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस अभियान की शुरूआथ की थी तो किसी को अंदाज़ा नहीं था कि यह अभियान एक नारा न रहकर एक आंदोलन बन जाएगा। उन्होंने कहा कि आज देशभर में हर व्यक्ति अपनी मां के नाम पर एक वृक्ष लगाकर अपनी मां और धरती माता को प्रणाम करने का काम कर रहा है। शाह ने कहा कि इंदौर को पूरे देश में स्वच्छता, स्वाद, सुशासन, सहयोग और सहभागिता के लिए जाना जाता है लेकिन आज से इंदौर को एक पेड़ मां के नाम वृक्षारोपण अभियान के लिए भी देशभर में जाना जाएगा। उन्होंने कहा कि इंदौर एक स्मार्ट सिटी, मेट्रो सिटी, क्लीन सिटी, मॉडर्न एजुकेशन का हब तो था ही, अब इंदौर ग्रीन सिटी के नाम से भी जाना जाएगा।

केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि यह कार्यक्रम केवल सरकार का नहीं है क्योंकि प्रशासन सिर्फ सुविधा उपलब्ध करा सकता है लेकिन किसी अभियान को सफल नहीं कर सकता। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने पूरे इंदौर की जनता को इस अभियान के साथ जोड़ा है। उन्होंने कहा कि यहां के युवा महापौर ने हर जाति और समाज को इस कार्यक्रम के साथ जोड़कर उनके महापुरुषों के नाम से अलग-अलग वन बनाने की शुरुआत की है। शाह ने कहा कि बरगद, नीम, पीपल जैसे लंबी आयु वाले वृक्षों के साथ साथ अमरुद, मधुकामिनी, करौंदा, बेलपत्र, सीताफल और आंवला जैसे औषधीय गुणों वाले वृक्षों को भी लगाने का काम किया गया है। उन्होंने कहा कि इस परिसर में जहां 09 वन बनेंगे, वहीं पर तीन तालाब बनाकर उनकी सिंचाई की व्यवस्था भी की गई है।

अमित शाह ने देश के सभी केन्द्रीय सशस्त्र पुलिस बलों (CAPFs) की प्रशंसा करते हुए कहा कि हमने एक लक्ष्य रखा था कि मई, 2025 तक सभी CAPFs मिलकर 5 करोड़ वृक्ष लगाएंगे। उन्होंने कहा कि सभी CAPFs ने मिलकर 5 करोड़ वृक्ष लगाने का लक्ष्य एक साल पहले ही प्राप्त कर लिया। शाह ने कहा कि अब तक सभी CAPFs ने 5 करोड़ 21 लाख पौधे लगाए हैं और इस वर्ष के अंत तक 1 करोड़ और पौधे लगाकर कुल 6 करोड़ पौधे लगाने का काम पूरा हो जाएगा। उन्होंने कहा कि वृक्ष के महत्व के बारे में मत्स्य पुराण में लिखा गया है कि 10 कुंओं के बराबर एक बावड़ी, 10 बावड़ी के बराबर एक तालाब, 10 तालाब के बराबर एक पुत्र और 10 पुत्रों के बराबर एक वृक्ष होता है।

केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि हमें अपनी आने वाली पीढ़ियों के लिए आगे देखने की ज़रूरत है। उन्होंने कहा कि जिस तरह से दुनिया में विकास हो रहा है, आज सिर्फ भारत ही नहीं बल्कि पूरी दुनिया में पर्यावरण संरक्षण के प्रति चिंता का माहौल है। उन्होंने कहा कि कार्बन डाइऑक्साइड और मोनोऑक्साइड से ओजोन की सतह में छिद्र हो रहे हैं जिनसे इसका स्तर कम हो रहा है और पृथ्वी पर गर्मी बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी द्वारा शुरू किया गया ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान जलवायु परिवर्तन की समस्या का सटीक जवाब है। शाह ने कहा कि मध्य प्रदेश के कुल क्षेत्रफल का 31 प्रतिशत फॉरेस्ट कवर है और ये पूरे भारत को आक्सीजन देने का काम करता है। उन्होंने कहा कि पूरे देश के कुल फॉरेस्ट कवर का 12% मध्य प्रदेश में है और इसके कारण यहां इससे संबंधित कई प्रकार की पर्यटन गतिविधियों में भी बढ़ावा हुआ है। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश में 6 टाइगर रिजर्व, 11 नेशनल पार्क, 24 अभ्यारण्य हैं और प्रधानमंत्री मोदी अब कूनो टाइगर रिज़र्व में चीते भी ले आए हैं जिससे हमारे पर्यावरण को फायदा होगा। शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने G-20 में वन अर्थ, वन फैमिली, वन फ्यूचर और ग्लोबल बायोफ्यूल अलायंस जैसी कई पहल कीं जिसके चलते संयुक्त राष्ट्र ने मोदी जी को चैंपियन ऑफ अर्थ के पुरस्कार से सम्मानित करने का काम किया।

अमित शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में पर्यावरण की सुरक्षा के लिए राष्ट्रीय स्तर के अनेक इनीशिएटिव लिए गए हैं। उन्होंने कहा कि पेट्रोल और डीजल में 20% एथेनॉल ब्लैंडिंग को परमिशन दी गई है और 2025 तक पूरे भारत में पेट्रोल और डीजल में 20% की ब्लें डिंग हो जाएगी। इसके साथ ही बायोमास को बायोफ्यूल बनाने के लिए 12 से ज्यादा रिफाइनरी स्थापित की गई हैं, ग्रीन हाइड्रोजन मिशन के तहत 20000 करोड़ रूपए का कार्यक्रम तैयार किया गया है। इसके साथ ही नरेंद्र मोदी ने दूरदर्शिता के साथ पर्यावरण की सुरक्षा के लिए गोवर्धन स्कीम और नेशनल एडैप्टेशन फंड फॉर क्लाइमेट चेंज की भी शुरूआत की है।

केन्द्रीय गृह मंत्री ने कहा कि नरेन्द्र मोदी तीसरी बार देश के प्रधानमंत्री बने हैं और हम सब जानते हैं कि उनके नेतृत्व में देश सुरक्षित, समृद्ध, आधुनिक और पूरे विश्व में हर क्षेत्र में प्रथम स्थान प्राप्त करेगा। उन्होंने कहा कि इसका एक बहुत बड़ा श्रेय मध्य प्रदेश को भी जाता है। शाह ने कहा कि मध्य प्रदेश की मोहन यादव की सरकार ने राज्य में कई सारे विकास कार्यक्रमों की शुरुआत की है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने हाल ही में 3 लाख 65 हज़ार करोड़ रूपए का बजट पेश किया है, जो मध्य प्रदेश का अबतक का सबसे बड़ा बजट है औऱ जिससे विकास और किसान के बीच संतुलन आएगा।

एनडीए सरकार का विकास मॉडल समाज के वंचित और निर्धन वर्गों को सशक्‍त बनाने को प्राथमिकता देना – प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी

मुंबई : रविवार, जुलाई 14, 2024/ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कल महाराष्ट्र के मुंबई में सड़क, रेलवे और बंदरगाह क्षेत्र से जुड़ी 29,400 करोड़ रुपये से अधिक की कई परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया। प्रधानमंत्री ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए मुंबई और आस-पास के क्षेत्रों के बीच सड़क और रेल संपर्क को बेहतर बनाने के लिए 29,400 करोड़ रुपये से अधिक की कई परियोजनाओं की आधारशिला रखने और उन्हें समर्पित करने का अवसर मिलने पर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने महाराष्ट्र के युवाओं के लिए एक बड़ी कौशल विकास परियोजना के बारे में भी बात की, जिससे राज्य में रोजगार के अवसरों को और बढ़ावा मिलेगा। प्रधानमंत्री ने वधावन बंदरगाह के बारे में चर्चा की, जिसे हाल ही में केंद्र सरकार ने स्वीकृति प्रदान की है। उन्होंने कहा, “76,000 करोड़ रुपये की यह परियोजना 10 लाख से अधिक रोजगार का सृजन करेगी।”

पिछले एक महीने में मुंबई में निवेशकों के मूड को लेकर प्रधानमंत्री ने कहा कि छोटे और बड़े दोनों निवेशकों ने सरकार के तीसरे कार्यकाल का उत्साहपूर्वक स्वागत किया है। उन्होंने कहा कि स्थिर सरकार अपने तीसरे कार्यकाल में तिगुनी गति से काम करेगी।

प्रधानमंत्री ने कहा कि महाराष्ट्र के पास एक गौरवशाली इतिहास, एक सशक्त वर्तमान और एक समृद्ध भविष्य के सपने हैं। भारत को एक विकसित राष्ट्र बनाने में महाराष्ट्र राज्य की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए प्रधानमंत्री ने उद्योग, कृषि और वित्त क्षेत्र की शक्ति के बारे में बताया, जिसने मुंबई को देश का वित्तीय केंद्र बनाया है। मोदी ने कहा, “मेरा लक्ष्य महाराष्ट्र की शक्ति का उपयोग करके इसे दुनिया की आर्थिक महाशक्ति में बदलना है; मुंबई को दुनिया की फिनटेक राजधानी बनाना है।” मोदी ने महाराष्ट्र के शिवाजी महाराज के शानदार किलों, कोंकण तटरेखा और सह्याद्री पर्वत श्रृंखला पर प्रकाश डालते हुए महाराष्ट्र के पर्यटन में शीर्ष स्थान हासिल करने की इच्छा व्यक्त की। उन्होंने चिकित्सा पर्यटन और सम्मेलन पर्यटन में राज्य की क्षमता के बारे में भी बात की। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, ‘‘महाराष्ट्र भारत में विकास का एक नया अध्याय लिखने जा रहा है और हम इसके सहयात्री हैं।’’ उन्होंने जोर देकर कहा कि आज का कार्यक्रम ऐसे संकल्पों के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता है।

21वीं सदी में भारतीय नागरिकों की उच्च आकांक्षाओं पर विस्तार से चर्चा करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने अगले 25 वर्षों में विकसित भारत के राष्ट्रीय संकल्प को दोहराया। उन्होंने इस यात्रा में मुंबई और महाराष्ट्र की भूमिका पर जोर दिया। उन्होंने कहा, “हमारा लक्ष्य है कि मुंबई और महाराष्ट्र में सभी के लिए जीवन की गुणवत्ता बढ़े। हम मुंबई के आस-पास के इलाकों में कनेक्टिविटी को बेहतर बनाने की कोशिश कर रहे हैं।” उन्होंने तटीय सड़क और अटल सेतु के पूरा होने का जिक्र किया। उन्होंने बताया कि लगभग 20 हजार वाहन रोजाना अटल सेतु का इस्तेमाल कर रहे हैं, जिससे अनुमानित 20-25 लाख रुपये का ईंधन बच रहा है। उन्होंने कहा कि मुंबई में मेट्रो प्रणाली तेजी से विकसित हो रही है, क्योंकि मेट्रो लाइन की लंबाई एक दशक पहले के 8 किलोमीटर से बढ़कर आज 80 किलोमीटर हो गई है और 200 किलोमीटर मेट्रो नेटवर्क पर काम चल रहा है।

प्रधानमंत्री मोदी ने छत्रपति शिवाजी टर्मिनस और नागपुर स्टेशन के पुनर्विकास का जिक्र करते हुए कहा, “भारतीय रेलवे के बदलाव से मुंबई और महाराष्ट्र को बड़ा फायदा हो रहा है।” उन्होंने कहा, “आज छत्रपति शिवाजी टर्मिनस और लोकमान्य तिलक स्टेशन पर नए प्लेटफॉर्म राष्ट्र को समर्पित किए गए, जिससे 24 कोच लंबी ट्रेनें वहां से चल सकेंगी।”

प्रधानमंत्री ने बताया कि पिछले 10 वर्षों में महाराष्ट्र में राष्ट्रीय राजमार्गों की लंबाई तीन गुनी हो गई है। उन्होंने कहा कि गोरेगांव मुलुंड लिंक रोड (जीएमएलआर) परियोजना प्रकृति और प्रगति का एक बेहतरीन उदाहरण है। ठाणे बोरीवली ट्विन टनल परियोजना से ठाणे और बोरीवली के बीच की दूरी कुछ मिनटों तक सीमित हो जाएगी। प्रधानमंत्री ने देश के तीर्थ स्थलों को विकसित करने के साथ-साथ यात्रा को आसान बनाने और तीर्थयात्रियों के लिए सेवाओं का विस्तार करने के सरकार के प्रयास को दोहराया। उन्होंने कहा कि पंढरपुर वारी में लाखों तीर्थयात्री भाग ले रहे हैं और तीर्थयात्रियों की यात्रा को आसान बनाने के लिए लगभग 200 किलोमीटर लंबे संत ज्ञानेश्वर पालकी मार्ग और लगभग 110 किलोमीटर लंबे संत तुकाराम पालकी मार्ग के निर्माण के बारे में भी चर्चा की। उन्होंने आश्वासन दिया कि ये दोनों सड़कें जल्द ही चालू हो जाएंगी।

मोदी ने कहा कि यह कनेक्टिविटी इंफ्रास्ट्रक्चर पर्यटन, कृषि और उद्योग में मदद कर रहा है, रोजगार में सुधार कर रहा है और महिलाओं के लिए आराम की सुविधा प्रदान कर रहा है। उन्होंने कहा, “एनडीए सरकार के ये कार्य गरीबों, किसानों, महिला शक्ति और युवा शक्ति को सशक्त बना रहे हैं।” उन्होंने 10 लाख युवाओं को कौशल प्रदान करने और मुख्यमंत्री युवा कार्यक्रम प्रशिक्षण योजना के तहत छात्रवृत्ति जैसी पहलों के लिए डबल इंजन सरकार की सराहना की।

प्रधानमंत्री ने कहा, “कौशल विकास और बड़ी संख्या में रोजगार भारत में समय की जरूरत है।” उन्होंने कोविड महामारी के बावजूद पिछले 4-5 वर्षों में भारत में रिकॉर्ड रोजगार सृजन पर प्रकाश डाला। मोदी ने भारतीय रिजर्व बैंक द्वारा रोजगार पर हाल ही में जारी विस्तृत रिपोर्ट पर प्रकाश डाला और बताया कि पिछले 3-4 वर्षों में लगभग 8 करोड़ रोजगार के अवसर तैयार हुए हैं, जिससे आलोचकों का मुंह बंद हो गया है। प्रधानमंत्री ने नागरिकों से भारत के विकास के खिलाफ फैलाई जा रही झूठी कहानियों से सतर्क रहने को भी कहा। उन्होंने कहा कि जब पुल बनते हैं, रेलवे ट्रैक बिछाए जाते हैं, सड़कें बनती हैं और लोकल ट्रेनें बनती हैं तो रोजगार पैदा होता है। उन्होंने कहा कि देश में रोजगार की दर सीधे बुनियादी ढांचे के विकास के समानुपाती है।

प्रधानमंत्री ने जोर देकर कहा, “एनडीए सरकार के विकास का मॉडल वंचितों को वरीयता देने का रहा है।” उन्होंने नई सरकार के पहले फैसले का जिक्र किया जिसमें गरीबों के लिए 3 करोड़ घर बनाने का फैसला किया गया। 4 करोड़ परिवारों को पहले ही घर मिल चुके हैं। महाराष्ट्र में लाखों दलितों और वंचितों को भी आवास योजना का लाभ मिला है। उन्होंने कहा, “हम शहरों में रहने वाले गरीबों और मध्यम वर्ग दोनों के लिए घर के मालिक होने के सपने को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।”

उन्होंने रेहड़ी-पटरी वालों के जीवन में गरिमा बहाल करने में स्वनिधि योजना की भूमिका के बारे में बात की। उन्होंने बताया कि इस योजना के तहत लगभग 90 लाख ऋण स्वीकृत किए गए हैं, जिनमें महाराष्ट्र में 13 लाख और मुंबई में 1.5 लाख शामिल हैं। उन्होंने एक अध्ययन का हवाला दिया जिसमें कहा गया है कि इस योजना के परिणामस्वरूप इन विक्रेताओं की आय में 2 हजार रुपये मासिक की वृद्धि हुई है।

प्रधानमंत्री ने स्वनिधि योजना की एक विशेषता पर प्रकाश डाला और देश के गरीबों, विशेषकर रेहड़ी-पटरी वालों के आत्मसम्मान और शक्ति के बारे में बताया, जिन्होंने इस योजना के तहत बैंक ऋण लिया और समय पर उसका भुगतान भी किया। उन्होंने बताया कि स्वनिधि योजना के लाभार्थियों ने अब तक 3.25 लाख करोड़ रुपये का डिजिटल लेनदेन किया है।

प्रधानमंत्री ने छत्रपति शिवाजी महाराज, बाबासाहेब अंबेडकर, महात्मा ज्योतिबा फुले, सावित्रीबाई फुले, अन्नाभाऊ साठे, लोकमान्य तिलक और वीर सावरकर की विरासत के बारे में चर्चा करते हुए कहा, “महाराष्ट्र ने भारत में सांस्कृतिक, सामाजिक और राष्ट्रीय चेतना का प्रचार-प्रसार किया है।” प्रधानमंत्री ने नागरिकों से आगे बढ़ने और सामंजस्यपूर्ण समाज और मजबूत राष्ट्र के उनके दृष्टिकोण को पूरा करने का आह्वान किया। संबोधन का समापन करते हुए, प्रधानमंत्री ने नागरिकों से यह ध्यान रखने का आग्रह किया कि समृद्धि का मार्ग सद्भाव और सौहार्द से ही निकलता है।

इस अवसर पर महाराष्ट्र के राज्यपाल रमेश बैस, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फड़नवीस और अजीत पवार, केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल और केंद्रीय सामाजिक न्याय और अधिकारिता राज्य मंत्री रामदास अठावले के साथ-साथ अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

 

असंगठित और गिग वर्कर्स के लिए केंद्र सरकार का बड़ा फैसला, 40 और 22...

0
नई दिल्ली | 4 नवंबर 2026 देश के करोड़ों असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों, डिलीवरी पार्टनर्स, ऐप आधारित टैक्सी चालकों और प्लेटफॉर्म वर्कर्स को सामाजिक सुरक्षा...
nmms-scholarship-2026-27

NMMSS Scholarship 2026-27: छात्रों को बड़ी राहत, छात्रवृत्ति आवेदन की अंतिम तारीख बढ़ी, अब...

0
नई दिल्ली। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के मेधावी विद्यार्थियों के लिए केंद्र सरकार ने बड़ी राहत दी है। शिक्षा मंत्रालय ने राष्ट्रीय साधन-सह-योग्यता...
akshara goswami

मध्यप्रदेश स्थापना दिवस पर 102 मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान, हर छात्र को मिली 1...

0
भोपाल। मध्यप्रदेश के 71वें स्थापना दिवस के अवसर पर प्रदेश की शैक्षणिक प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। भोपाल के लाल परेड मैदान में आयोजित...
poshan-tracker-pmmvy-grievance-redressal-2026

POSHAN Tracker और PMMVY की शिकायतों का होगा निपटारा, 30 अक्टूबर को देशभर में...

0
नई दिल्ली | 30 अक्टूबर 2026 | सामाजिक कल्याण समाचार केंद्र सरकार ने गर्भवती महिलाओं, स्तनपान कराने वाली माताओं और पोषण सेवाओं के लाभार्थियों की...
anath-bachchon-ke-liye-sarkari-yojana-2026

अनाथ बच्चों के लिए सरकार की खास योजनाएँ, पढ़ाई से लेकर आर्थिक सहायता तक

0
नई दिल्ली | सरकारी योजना समाचार देश में ऐसे कई बच्चे हैं, जिन्होंने अपने माता-पिता को खो दिया है या जिनके पास देखभाल करने वाला...