अमरवाडा उपचुनाव में भाजपा को मिलेगी ऐतिहासिक विजय – डॉ. मोहन यादव

अमरवाड़ा : शुक्रवार, जुलाई 5, 2024/ मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने छिंदवाड़ा जिले के अमरवाड़ा विधानसभा उपचुनाव के तहत आयोजित विभिन्न सामाजिक एवं व्यापारिक संगठनों की बैठकों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा ने समाज के सभी वर्गों को सम्मान देने का कार्य किया है। भाजपा सरकारों ने सभी समाज के जननायकों, स्वतंत्रता संग्राम सैनानियों, शूरवीरों, महापुरूषों को सम्मान देने का कार्य किया गया है। आदिवासी समाज की गौरव रानी दुर्गावती के सम्मान में मध्यप्रदेश सरकार की पहली कैबिनेट बैठक जबलपुर में आयोजित की गई। समाज के सभी वर्गों के विश्वास और आशीर्वाद से ही भाजपा को मध्यप्रदेश की सभी 29 लोकसभा सीटें विजय प्राप्त हुई है। समाज के सभी वर्गों के युवाओं, महिलाओं, प्रबुद्धजनों ने भाजपा के प्रति विश्वास जताया है। मध्यप्रदेश के छिंदवाड़ा लोकसभा सीट पर मिली विजय सबसे बड़ी विजय है। समाज के सभी वर्गों, बुद्धिजीवियों के आशीर्वाद से भाजपा अमरवाड़ा उपचुनाव में भी ऐतिहासित विजय प्राप्त करेगी।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि कांग्रेस पार्टी और उसकी सरकार ने आदिवासी समाज का हमेशा अपमान किया है, उन्हें सिर्फ वोट बैंक के रूप में इस्तेमाल किया है। वहीं प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा सरकार भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर आदिवासी दिवस घोषित करने के साथ ही पीएम जन-मन योजना के माध्यम से समाज के लोगों के उत्थान के लिए कार्यक्रम किया है। सागर जिले में 100 करोड़ की लागत से संत रविदास मंदिर का स्मारक बनाया जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भगवान बिरसा मुंडा की स्मृति में 15 नवंबर को प्रति वर्ष आदिवासी गौरव दिवस मनाया जा रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि समाज के सभी वर्गों एवं उनके महापुरुषों को सम्मान देने का कार्य भारतीय जानता पार्टी की सरकार ने किया है। भाजपा सरकार ने सागर विश्वविद्यालय का नाम लोधी समाज की आराध्य वीरांगना अवंतीबाई लोधी के नाम पर रखकर सम्पूर्ण लोधी समाज का सम्मान बढ़ाया है।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि देश और मध्यप्रदेश में कांग्रेस पार्टी ने वर्षों शासन किया है, लेकिन किसानों, युवाओं, बेरोजगारों और महिलाओं के सम्मान में कोई कार्य नहीं किया। कांग्रेस के शासन में सीमाओं पर जवान और खेतों में किसान दोनों परेशान थे, आज प्रधनमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सेना के जवानों और किसानों दोनों का सम्मान बढ़ाया है। कांग्रेस शासन में बिजली गुल, खाद-बीज का कोई नामो निशान नहीं था, आज भाजपा सरकार ने समर्थन मूल्य के साथ सम्मान निधि के जरिये किसानों का सम्मान बढ़ाया है। मप्र की भाजपा सरकार ने किसानों और दुग्ध उत्पादकों की सुध लेते हुए अब दुग्ध उत्पादन पर बोनस देने का निर्णय किया है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि अमरवाड़ा में भारतीय जनता पार्टी की बयार बह रही है। भाजपा प्रत्याशी कमलेश शाह अमरवाड़ा को विकास की राह से जोड़ना चाहते हैं। हम सब उनके साथ हैं। मुख्यमंत्री ने समाज के प्रबुद्धजनों व आम जनता से अमरवाड़ा में भाजपा को ऐतिहासिक जीत दिलाने की अपील की है।

इस दौरान प्रदेश शासन की मंत्री सम्पतिया उइके, प्रदेश महामंत्री व सांसद कविता पाटीदार, सांसद विवेक बंटी साहू, जिलाध्यक्ष शेषराव यादव, जिला संगठन प्रभारी संतोष पारिक सहित बड़ी संख्या में विभिन्न सामाजिक संगठनों के लोग उपस्थित रहे।

हेमंत सोरेन फिर बने झारखंड के मुख्यमंत्री, राजभवन में ली शपथ

रांची : शुक्रवार, जुलाई 5, 2024/ झारखंड मुक्ति मोर्चा के कार्यकारी अध्यक्ष हेमंत सोरेन ने तीसरी बार मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन ने सोरेन को राजभवन में पद और गोपनीयता की शपथ दिलायी। शपथ लेने के बाद सोरेन ने रांची में भगवान बिरसा मुंडा और अमर शहीद सिदो-कान्हू की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। उल्लेखनीय है कि हेमंत सोरेन 13 जुलाई, 2013 को पहली बार मुख्यमंत्री बने थे। इसके बाद 29 दिसंबर, 2019 को और अब तीसरी बार चार जुलाई को मुख्यमंत्री बने हैं।

इस मौके पर झामुमो प्रमुख और हेमंत के पिता शिबू सोरेन, माता रुपी सोरेन, कार्यवाहक मुख्यमंत्री चम्पाई सोरेन, मंत्री बादल, रामेश्वर उरांव, सत्यानंद भोक्ता, पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोधकांत सहाय, सांसद महुआ माजी, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश ठाकुर, विधायक कल्पना सोरेन, दीपिका पांडेय सिंह, बैजनाथ राम सहित सत्ता पक्ष के सभी विधायक भी उपस्थित थे।

इससे पहले हेमंत सोरेन ने पिता और सांसद शिबू सोरेन के पास जाकर उनके चरण छूए। साथ ही सोशल मीडिया पर इसे शेयर करते हुए लिखा कि बाबा से मिलकर आगामी चुनौतियों से निपटने के लिए उनका आशीर्वाद लिया।

इधर राज्य के 13 वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने के साथ ही हेमंत सोरेन के समर्थको और प्रशंसकों में जश्न का माहौल देखा जा रहा है। शपथ ग्रहण समारोह के मद्देनजर राज भवन के मुख्य द्वार के सामने पहले से मौजूद झारखंड मुक्ति मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने जश्न मनाया। कार्यकर्ताओं ने पटाखे छोड़कर अपनी खुशी का इजहार किया।

 

 

मध्यप्रदेश पर्यटन बोर्ड ने ‘एमपी टूरिज्म मास्टरक्लास’ का किया आयोजन

भोपाल : शुक्रवार, जुलाई 5, 2024/ मध्यप्रदेश पर्यटन बोर्ड ने मध्यप्रदेश भवन में ‘एमपी टूरिज्म मास्टरक्लास’ कार्यशाला का आयोजन किया। कार्यशाला में ट्रैवल एजेंट्स, टूर ऑपरेटर्स और होटल व्ययसायियों का प्रशिक्षण तथा प्रदेश में पर्यटन उत्पादों और गंतव्यों का प्रदर्शन किया गया। कार्यशाला का उद्देश्य मध्य प्रदेश को ‘ऑफबीट मल्टीस्पेशलिटी डेस्टिनेशन’ के रूप में स्थापित करना।

कार्यशाला का उद्घाटन मध्यप्रदेश पर्यटन बोर्ड की अतिरिक्त प्रबंध संचालक बिदिशा मुखर्जी और उपसंचालक विवेक जूड तथा मप्र पर्यटन विकास निगम लिमिटेड के मुख्य महाप्रबंधक अमन मिश्रा तथा टूर ऑपरेटर संघ के अध्यक्ष राजीव मेहरा ने दीप प्रज्जवलित कर किया।

कार्यशाला में मुखर्जी ने बताया कि 785 बाघों के साथ प्रसिद्ध ‘टाइगर स्टेट ऑफ इंडिया’ और चीता स्टेट ऑफ इंडिया’ ने 2023 में पर्यटकों की संख्या में एक नया पर्यटन रिकॉर्ड स्थापित किया है, जो 2022 में 34.1 मिलियन की तुलना में 112.1 मिलियन है। उन्होंने बताया कि इस कार्यशाला के माध्यम से हितधारकों के बीच मध्यप्रदेश की पर्यटन क्षमता की समझ को गहरा करने का प्रयास किया गया है। मध्यप्रदेश के पर्यटन उत्पादों जैसे वन्यजीव पर्यटन, विरासत पर्यटन, आध्यात्मिक पर्यटन, इंट्रास्टेट एयर टैक्सी सेवा, चंदेरी क्राफ्ट हैंडलूम गांव प्राणपुर आदि के बारे में जानकारी दी गई। उन्हें बताया गया कि मध्यप्रदेश अपने वार्षिक उत्सवों जैसे चंदेरी महोत्सव, कूनो वन महोत्सव, गांधीसागर वन रिट्रीट, जल महोत्सव, आदि के दौरान पर्यटकों का स्वागत करने के लिए तैयार है।

 

कमलेश शाह ने पत्नी के साथ मिलकर अपने स्वार्थ के लिए नगर परिषद में बड़ा भ्रष्टाचार किया, जनता सबक सिखायेगी : जीतू पटवारी

अमरवाड़ा : शुक्रवार, जुलाई 5, 2024/ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कल अमरवाड़ा विधानसभा के सलैया, तेदनी एवं जोगीवाड़ा, हाथीखोह, लुईयापानी, परतापुर, कोंडाली, स्वामीसलैया, बम्होरी, नवलपुर, बडसलैया, कोल्हिया, रातामाटी और बुढै़ना में कांग्रेस प्रत्याशी धीरन शाह इनवाती के समर्थन में ग्रामीण क्षेत्रों में सघन जनसंपर्क किया। कांग्रेसजनों से चर्चा कर कांग्रेस को विजयश्री दिलाने की अपील की।

पटवारी ने कहा कि प्रदेश में भाजपा की सरकार बने छह माह से अधिक का समय बीत गया है। सरकार का प्रदेश की जनता को लेकर बजट भी आ गया है लेकिन भाजपा सरकार ने विधानसभा के चुनाव में जो वादे किये थे उसके अनुसार बजट नहीं पेश किया गया। बजट में महिलाओं, किसानों और युवाओं को छलने का काम किया गया है।

पटवारी ने कहा कि अमरवाड़ा में जो उपचुनाव हो रहे हैं वह उप चुनाव जनता पर थोपा गया है। कमलेश शाह ने अपनी पत्नी के साथ मिलकर नगर परिषद में जो करोड़ों का भ्रष्टाचार कर अपने निजी स्वार्थ में उपयोग किया है, उन पर आपराधिक प्रकरण दर्ज होने के कारण वे भाजपा में चले गये। जिस व्यक्ति को कांग्रेस ने तीन बार विधायक बनाया अपने स्वार्थ के लिए यहां की जनता के भविष्य के साथ खिलवाड़ करें यह बहुत ही गंभीर विषय है। यहां के आदिवासी भाईयों, अनुसूचिज जाति के भाईयों के साथ सभी वर्ग के लोगों के साथ धोखा हुआ है।

पटवारी ने कहा कि प्रदेश में भाजपा की सरकार बनी। गरीब, किसान और महिलाओं ने भाजपा को भरपूर वोट दिया उसके बाद भी उनमें निराशा हैं और अब गांव-गांव से लाड़ली बहनें पूछ रही है कि भाजपा सरकार 3000 रूपये कब देगी? उन्होंने कहा कि महंगाई इस कदर बढ़ रही है कि लोग सब्जियां खाने से कोताही बरत रही है, तेल, आटा, दाल के भाव आसमान छू रहे हैं। घपलों और घोटालों की सरकार इस प्रदेश में चल रही है।

पटवारी ने कहा कि जिस तरह से प्रदेश में नर्सिंग घोटाला, व्यापमं घोटाला, पटवारी घोटाला और पेपर लीक घोटाला पैर पसार रहे हैं, इससे भ्रष्टाचार की सीमा नहीं रही। किसानों को गेहूं और धान का 2700 और 3100 रू. समर्थन मूल्य नहीं दिया जा रहा। प्रदेश सरकार जनता को केवल और केवल ठगने का काम कर रही है। अमरवाड़ा की जनता इन सब के साथ यहां के भाजपा प्रत्याशी कमलेश शाह को सबक सिखाने के लिए तैयार बैठी है।

जनसंपर्क एवं प्रचार के दौरान विधायक सुजीत मेरसिंह चौधरी, विधायक विजय चौरे, विधायक मधु भगत, विधायक नीलेश उइके, पूर्व विधायक संजय शर्मा, मप्र कांग्रेस के उपाध्यक्ष गंगा प्रसाद तिवारी, जिलाध्यक्ष विश्वनाथ ओक्टे, मप्र कांग्रेस समाज कल्याण प्रकोष्ठ के अध्यक्ष अनुराग भार्गव, अभिनय ढिमोले सहित स्थानीय कांग्रेस पदाधिकारी, ब्लाक अध्यक्ष, मोर्चा संगठनों के अध्यक्ष सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता जनसंपर्क में उपस्थित थे।

 

हुजुर के लाड़ले “भैया” रामेश्वर शर्मा के जन्मदिन को सेवा दिवस के रूप में मनाएंगे समर्थक

भोपाल, महानगरी और ग्रामीण परिवेश वाली प्रदेश की सबसे बड़ी विधानसभा हुजुर के विधायक रामेश्वर शर्मा जिन्हें विकास पुरुष के नाम से जाना जाता है। जिन्होंने कम समय में ही विधानसभा क्षेत्र की बड़ी समस्या जैसे पानी, सीवेज, लाइट, सड़क के लिए अनेकों विकास कार्य करके क्षेत्र की जनता का दिल जीता, जनता ने भी रिकार्ड मतों जीतकर जन जन के “हमारे भैया रामेश्वर” को तीसरी बार विधानसभा भेजा।

क्षेत्र में सक्रिय समाजसेवी पंकज गजभिए ने बताया की 5 जुलाई को भैया रामेश्वर का जन्मदिन हम सभी सेवा कार्य करके मानने जा रहे है। क्षेत्र में वृद्ध आश्रम में फल वितरण कार्यक्रम, नगर निगम के कर्मचारियों का सम्मान, छाता वितरण सहित सफाई कार्य, पौधा रोपण भी किया जायेगा।

हमारे संवाददाता राजमंगल पांडे ने बताया है की भोपाल में अनेकों स्थान पर बैनर, होल्डिंग के माध्यम से समर्थको ने बधाई संदेश प्रेषित करें है। सोशल में मीडिया में हजारों की संख्या में मैसेज के माध्यमों से बधाई संदेश प्रेषित किए जा रहे है। बड़ी खबर ये भी मिली है की भाजपा छोड़ कांग्रेस में शामिल हुए कार्यकर्ताओं ने भी “भैया” के जन्मदिन पर बधाई संदेश के बैनर लगाकर भाजपा में वापसी के संकेत कर दिए है।

जानकारी अनुसार “भैया” के जन्म दिवस पर युवा सदन में 5 जुलाई प्रातः 10:00 से 2:00 बजे जन्मदिन का कार्यक्रम आयोजित किया गया है।

भाजपा सरकार द्वारा महिलाओं के साथ किये गये वादों को लेकर कांग्रेस ने भाजपा कार्यालय पहुंचकर कार्यालय प्रभारी को सौंपा स्मरण पत्र

भोपाल : गुरूवार, जुलाई 4, 2024/ मध्यप्रदेश महिला कांग्रेस का एक प्रतिनिधि मंडल आज मप्र महिला कांग्रेस की अध्यक्ष विभा पटेल के नेतृत्व में भाजपा कार्यालय पहुंचा जहां उन्होंने प्रदेश की भाजपा सरकार द्वारा महिलाओं से किये गये वादों का स्मरण करते हुये भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष वी.डी. शर्मा के नाम संबोधित स्मरण पत्र भाजपा के प्रदेश कार्यालय प्रभारी को सौंपा।

विभा पटेल ने कहा कि विधानसभा चुनाव 2023 में भाजपा ने विगत 11 नवंबर 2023 को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वी.डी. शर्मा सहित भाजपा के वरिष्ठ नेताओ की गरिमामयी उपस्थिति में राजधानी भोपाल के कुशाभाऊ ठाकरे सभागृह में ‘मोदी की गारंटी भाजपा का भरोसा’ बताते हुए प्रदेश की जनता, खासकर महिलाओं के लिए संकल्प पत्र जारी किया गया था। यद्यपि भाजपा सरकार बने हुए 6 माह से अधिक का समय हो चुका है और सरकार का बजट भी विधानसभा पटल पर रखा गया है, जिसमें महिलाओं और लाड़ली बहनों से किए वादों को डॉ. मोहन यादव सरकार ने पूरी तरह से दरकिनार किया है, महिला सुरक्षा और महिलाओं/ युवतियों को सरकारी नौकरी में वरीयता देने जैसा विषय बजट से लुप्त है।

विभा पटेल ने कहा कि भाजपा ने अपने संकल्प पत्र में कहा था कि हम महिलाओं को 3000 रू. प्रतिमाह, 450 रू. का गैस सिलेण्डर, किसानों को गेहूं का 2700 और धान का 3100 रूपये समर्थन मूल्य देने के साथ-साथ कक्षा बारहवी तक के बच्चों को फ्री शिक्षा देंगे, होनहार बच्चों को लेपटॉप और स्कूटी देने सहित तमाम वादे किये थे। गरीब परिवार को राशन के साथ रियायती दर पर दाल, सरसों का तेल एवं चीनी उपलब्ध कराई जायेगी के तहत वादा किया था कि 5 वर्षों के लिए प्रधान मंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना जारी रहेगी लेकिन सरकार अपने वादों से पूरी तरह मुकर गयी है।

विभा पटेल ने कहा कि सबको मकान देने के लिए प्रधानमंत्री आवास योजना के साथ ही मुख्यमंत्री जन आवास योजना, सरकारी स्कूल में मिड-डे मील के साथ अब पौष्टिक नाश्ता, प्रत्येक संभाग में मध्य प्रदेश इंस्टिट्यूट ऑफ़ टेक्नोलॉजी एवं मध्य प्रदेश इंस्टिट्यूट ऑफ़ मेडिकल साइंस स्थापित करने के साथ-साथ प्रत्येक परिवार में कम से कम एक रोजगार अथवा स्वरोजगार के अवसर सुनिश्चित करने जैसे तमाम वादे भाजपा ने अपने संकल्प पत्र में किये थे, लेकिन महिलाओं को न तो 3000 रू. प्रतिमाह, न ही 450 रू. का गैस सिलेण्डर मिल रहे हैं और न ही किसानों को गेहूं का 2700 और धान का 3100 रूपये समर्थन मूल्य मिल रहा है। न तो बच्चों को लेपटॉप, स्कूली मिली, न गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत रियायती दरों पर दाल, सरसों का तेल और शक्कर मिली। महिला सुरक्षा और महिलाओं/ युवतियों को सरकारी नौकरी में वरीयता देने में सरकार की वादाखिलाफी स्पष्ट नजर आ रही है। किसानों की खरीदी का काम पूरा हो गया लेकिन सरकार के वादे अनुसार उनको समर्थन मूल्य नहीं मिला।

विभा पटेल ने कहा कि इतना ही नहीं प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की गारंटी जिसमें 15 लाख ग्रामीण महिलाओं को लखपति बनाने की योजना के अंतर्गत कौशल प्रशिक्षण का लाभ दिये जाने की गांरटी, लेकिन योजना धरातल पर नहीं। लाड़ली लक्ष्मियों को कुल 2 लाख रुपए, सभी जरूरतमंद बालिकाओं को जन्म से 21 वर्ष तक लाभ। हकीकत में कुछ नहीं। गरीब परिवारों के छात्रों कक्षा 1 से 12 तक मुफ्त शिक्षा के साथ 1,200 रूपए की वार्षिक सहायता स्कूल बैग, किताबें एवं यूनिफॉर्म की गारंटी पूरी तरह से गायब है।

विभा पटेल ने प्रदेश की महिलाओं के साथ भाजपा सरकार द्वारा की जा रही वादा खिलाफी को लेकर कहा कि ऐसा प्रतीत होता है कि सरकार का रुख बेहद लचीला और महिलाओं को धोखे देना है। तत्कालीन मुख्यमंत्री शिवराजसिंह की योजनाओं को बंद करना है। जिसकी महिला कांग्रेस कड़े शब्दों में निंदा करती है और बीजेपी और सरकार के प्रति अपना विरोध दर्ज कराती हैं। प्रदेश की डॉ. मोहन यादव सरकार से हमारा कहना है कि वह जनादेश का सम्मान करें, अपने संकल्प पत्र के वादों को पूरा करें। ऐसा न करने की स्थिति में महिला कांग्रेस आम जनता, विशेषकर महिलाओं के बीच जाकर भाजपा की मोहन यादव सरकार की आलोचना कर पोल खोलेगी।

इस अवसर पर महिला कांग्रेस नेत्री संतोष कंसाना, शीतल मालवीय, महक राणा, कुसुम पाल, यशोदा पांडे, पार्वती मौर्य, रजनी दुबे, शीला भारती, ज्योति पदम, हसाना हसन, मीना चौहान, रेखा सिंह, लक्ष्मी सौंधिया, इंदू अवस्थी और रत्ना तंत्र पांडे सहित बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित थीं।

 

आपके परिश्रम से पूरे देश में हो रहा खजुराहो-पन्ना लोकसभा का नाम – विष्णुदत्त शर्मा

कटनी : गुरूवार, जुलाई 4, 2024/ भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व खजुराहो सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने कटनी जिले की बहोरीबंद विधानसभा में गुरुवार को आयोजित मतदाता एवं कार्यकर्ता अभिनंदन समारोह में जनता-जनार्दन एवं पार्टी कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी को प्रचंड जीत मिली है और पार्टी ने प्रदेश की सभी 29 सीटों पर विजय हासिल करके इतिहास रचा है। इसका पूरा श्रेय जनता जनार्दन के आशीर्वाद और पार्टी के सभी कार्यकर्ताओं के परिश्रम को जाता है। इसके लिए मैं इस क्षेत्र और मध्यप्रदेश के मतदाता भाई-बहनों एवं पार्टी कार्यकर्ताओं को धन्यवाद देता हूं, आभार जताता हूं। प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने मतदाताओं और कार्यकर्ताओं का अभिनंदन भी किया।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि हम लोकसभा चुनाव में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उतरे थे। हमने कहा था कि यह चुनाव मोदी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाने का चुनाव है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास के मंत्र पर चलते हुए हर वर्ग के लिए काम कर रहे हैं और उनकी सरकार की योजनाएं समाज के हर वर्ग के जीवन को बेहतर बना रही हैं। प्रधानमंत्री आवास, उज्जवला, आयुष्मान भारत, गरीब कल्याण अन्न योजना जैसी अनेकों योजनाएं गरीबों के जीवन में खुशियां ला रही हैं। शर्मा ने कहा कि इन योजनाओं को सफल बनाने में और इनका लाभ नीचे तक पहुंचाने में पार्टी कार्यकर्ताओं की भूमिका महत्वपूर्ण रही है। इसी के चलते इन चुनावों में भारतीय जनता पार्टी को किसानों, महिलाओं, नव मतदाताओं सहित समाज के प्रत्येक वर्ग का आशीर्वाद मिल सका है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि अन्य दल अपनी हार की समीक्षा करते हैं, लेकिन भारतीय जनता पार्टी अपनी जीत की भी समीक्षा करती है। हमें यह देखना है कि हम कहां पर और अच्छे परिणाम ला सकते थे, वहां हमें और मेहनत करनी है। हम मिलकर इंडी गठबंधन और कांग्रेस के दुष्प्रचार का जवाब देंगे। शर्मा ने कहा कि जिस तरह पेड़ फलों से लद जाने पर घमंड नहीं करता, नीचे झुक जाता है, उसी तरह हमें भी इस बड़ी जीत से और ज्यादा विनम्र होकर जनता के बीच जाना है। उन्होंने कहा कि विकास किसी नेता से नहीं होता, बल्कि जनता की ताकत से होता है। अब हम सब मिलकर बहोरीबंद को आदर्श विधानसभा और कटनी को आदर्श जिला बनाने के लिए काम करेंगे। बहोरीबंद और कटनी में विकास की गंगा बहाएंगे, इस क्षेत्र के विकास को चार चांद लगाएंगे।

प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि लोकसभा चुनाव के दौरान कांग्रेस और इंडी गठबंधन के सहयोगियों ने भाजपा के खिलाफ बहुत झूठ फैलाने का प्रयास किया। लेकिन अब ये कहीं दिखाई नहीं देते हैं। असल में ये लोग सिर्फ चुनाव के समय ही आते हैं और अब पांच साल बाद ही दिखाई देंगे। शर्मा ने कहा कि आप सभी के आशीर्वाद से देश और मध्यप्रदेश में भारतीय जनता पार्टी को प्रचंड जीत मिली है और नरेंद्र मोदी तीसरी बार देश के प्रधानमंत्री बने हैं। उन्होंने कहा है कि हम झूठ, छल-कपट की राजनीति करने वालों को जवाब देंगे और देश में विकास तथा गरीब कल्याण की राजनीति को आगे बढ़ाएंगे। हम सभी कार्यकर्ता जनता के साथ मिलकर विकास और गरीब कल्याण के लिए काम करेंगे तथा प्रधानमंत्री मोदी के अभियान को आगे बढ़ाएंगे।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि जीत के अंतर की दृष्टि से खजुराहो-पन्ना लोकसभा देश की 543 लोकसभा सीटों में दसवें स्थान पर रही है। मत प्रतिशत की दृष्टि से भी खजुराहो सीट ने काफी अच्छा प्रदर्शन किया है। इसके चलते खजुराहो-पन्ना संसदीय क्षेत्र का पूरे देश में नाम हो रहा है। इस प्रचंड जीत के चलते लोकसभा क्षेत्र और यहां का सांसद होने के नाते मुझे जो सम्मान मिला है, उसका श्रेय पार्टी कार्यकर्ताओं को जाता है। बूथ के हर कार्यकर्ता को इसका श्रेय जाता है, जिसने स्वयं प्रत्याशी बनकर पूरी ताकत से ये चुनाव लड़ा और बड़ी जीत हासिल की।

अभिनंदन समारोह के दौरान लोकसभा संयोजक सतानंद गौतम, भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक सोनी टण्डन, जिला प्रभारी संजय साहू, विधायक प्रणय पाण्डे, रामरतन पायल, पीताम्बर टोपनानी, अलका जैन, पूर्व जिलाध्यक्ष विजय शुक्ला सहित पार्टी पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

World Cup T20 विजेता भारतीय क्रिकेट टीम ने पीएम से की मुलाकात

नई दिल्ली : गुरूवार, जुलाई 4, 2024/ प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने आज नई दिल्‍ली में अपने आवास सात लोक-कल्याण मार्ग पर टी-20 विश्वकप जीतने वाली टीम का स्वागत किया। एक सोशल मीडिया पोस्‍ट में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि उन्‍होंने प्रतिस्पर्धा में खिलाड़ियों को मिले अनुभवों पर एक अविस्मरणीय चर्चा की। इस बैठक में भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान रोहित शर्मा, कोच राहुल द्रविड, विराट कोहली, हार्दिक पांड्या, सूर्य कुमार यादव और जसप्रीत बुमराह शामिल थे। भारतीय क्रिकेट टीम आज सुबह नई दिल्‍ली पहुंची और उनका भव्‍य स्‍वागत किया गया।

भारतीय टीम प्रधानमंत्री मोदी से मिलने के बाद उनके आवास से निकल चुकी है और अब मुंबई के लिए रवाना होगी, जहां भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) एक खुली छत वाली बस में विजय परेड के बाद टीम को सम्मानित करेगी। बीसीसीआई ने नरीमन पॉइंट से वानखेड़े तक 1 किलोमीटर की विजय परेड की व्यवस्था की है, जिसके बाद वानखेड़े स्टेडियम में एक छोटा समारोह होगा।

मुंबई पुलिस ने यात्रियों को विजय यात्रा के दौरान इस मार्ग से बचने की सलाह दी है, क्योंकि गुरुवार को दोपहर 3 बजे से रात 9 बजे तक यातायात व्यवस्था लागू रहेगी। मुंबई यातायात पुलिस ने एक्स पर लिखा, “टी20 विश्व कप की विजेता भारतीय क्रिकेट टीम के लिए 4 जुलाई, 2024 को मरीन ड्राइव पर एक भव्य विजय परेड का आयोजन किया जाएगा। यात्रियों को असुविधा से बचाने के लिए, आज दोपहर 3 बजे से रात 9 बजे तक निम्नलिखित यातायात व्यवस्था लागू रहेगी।”

रोहित शर्मा की अगुवाई वाली भारतीय टीम तूफान बेरिल के कारण हुई देरी के कारण बारबाडोस में कुछ दिनों तक फंसी रहने के बाद गुरुवार सुबह दिल्ली इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतरी। बता दें कि, भारत ने शनिवार को बारबाडोस में एक रोमांचक टी20 विश्व कप फाइनल में पहली बार फाइनलिस्ट दक्षिण अफ्रीका को सात रनों से हराकर दूसरी बार खिताब अपने नाम किया।

 

 

अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत, भोपाल इकाई नुक्‍कड सभा व शोभा यात्रा सम्‍पन्‍न

अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत, भोपाल इकाई द्वारा 10 न0 मार्केट में नुक्‍क्‍ड सभा व मुख्‍य बाजार में शोभा यात्रा निकाल कर जनजागरण किया गया। नुक्‍कड सभा में डॉ अनिल कुमार उपाध्‍याय, नीलेश श्रीवास्‍तव, सुरेन्‍द्र रघुवंशी, आशीष जी ने ऑनलाइन गैंबलिंग / वेटिंग और एमआरपी नीति पर अपने विचार व्‍यक्‍त किए। नुक्‍कड सभा के पश्‍चात, 10 न0 मार्केट संघ के अध्‍यक्ष पाटीदार जी व महासचिव हरीश चौथानी और पूर्व अध्‍यक्ष सुरजीत सिंंह चोहान ने शोभा यात्रा को हरी झंडी दिखायी और शोभा यात्रा के साथ चलकर व्‍यापारी बंधुओं से संगठन के उददेश्‍य व अभियान में सहभागी बनने का अनुरोध किया। कार्यकर्ता उत्‍साहपूर्वक हाथों में तख्तियां लिए भारतमाता की जय और ग्राहक पंचायत जिंदाबाद के उद्घोष करते हुए पूरे बाजार में निकले। व्‍यापारी बंधुओं ने भी कार्यकर्ताओं का अभिनंदन किया । शोभा यात्रा के समापन पर, पूर्व अध्‍यक्ष सुरजीत सिंह चोहान ने जागरण कार्यक्रमों की में सहभागिता और बढाने की अपील के साथ सभी का आभार व्‍यक्‍त किया।

स्वस्थ लोकतंत्र के लिए सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच रचनात्मक सहयोग जरूरी

कृष्णमोहन झा

17वीं लोकसभा के अध्यक्ष रह चुके ओम बिरला जिस दिन से 18 वीं लोकसभा अध्यक्ष चुने गए उसी दिन से लोकसभा की कार्यवाही में गतिरोध की शुरुआत हो गई। उल्लेखनीय है कि उन्हें लगातार दूसरी बार सदन के अध्यक्ष की आसंदी पर आसीन होने का सौभाग्य मिला है । सत्ता पक्ष द्वारा सदन का उपाध्यक्ष पद विपक्ष को दिए जाने की मांग ठुकरा दिए जाने के कारण उनका निर्विरोध निर्वाचन संभव नहीं हो सका। उनके विरोध में विपक्ष ने के आर सुरेश को अध्यक्ष पद के उम्मीदवार के रूप में उतारा था लेकिन सत्तारूढ एनडीए का संख्या बल विपक्ष से अधिक होने के कारण 18 वीं लोकसभा के प्रोटेम स्पीकर भर्तृहरि मेहताब ने ओम बिरला को ध्वनिमत से अध्यक्ष निर्वाचित घोषित किया।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और विपक्ष के नेता राहुल गांधी सहित सत्ता पक्ष और विपक्षी दलों के मुख्य नेताओं ने ओम बिरला को सदन का अध्यक्ष चुने पर बधाई और शुभकामनाएं दी लेकिन अध्यक्ष की आसंदी पर आसीन होने के कुछ ही देर बाद जब ओम बिरला ने देश में 25 जून 1975 को लागू किए आपातकाल को काला अध्याय बताते हुए जब उसके विरोध में एक निंदा प्रस्ताव पेश किया तो सदन में विपक्षी सदस्यों ने हंगामा शुरू कर दिया और नवनिर्वाचित लोकसभा अध्यक्ष ने अपने दूसरे कार्यकाल के पहले ही दिन इस हंगामे की वजह से सदन की कार्यवाही दिन भर के लिए स्थगित कर दी । सदन में दूसरी बार टकराव की स्थिति तब बनी जब कांग्रेस की टिकट पर निर्वाचित शशि थरूर ने संविधान की प्रति हाथ में लेकर शपथ लेने के बाद जय संविधान कहा। इस पर लोकसभा के अध्यक्ष ने कहा कि आप संविधान की ही शपथ ले रहे हैं। अध्यक्ष की इस टिप्पणी पर हरियाणा के पांच बार के सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने खड़े होकर पूछा कि इसमें आपत्ति क्या है। लोकसभा अध्यक्ष को दीपेंद्र हुड्डा की यह बात नागवार गुजरी और उन्होंने हुड्डा से तल्ख लहजे में कहा,मुझे सलाह मत दो बैठ जाओ। विपक्ष को पांच बार के सांसद के प्रति यह तल्खी पसंद नहीं आई । सदन में आमतौर पर शांत और संयत रहने वाले एक वरिष्ठ सांसद को इस तरह डपटने के लिए सदन के बाहर भी लोकसभा के अध्यक्ष की आलोचना की गई ।

18 वीं लोकसभा के उद्घाटन सत्र में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर गत शुक्रवार को धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा शुरू होने के के पूर्व ही जब विपक्ष ने नीट के मुद्दे पर चर्चा की ‌मांग की तो अध्यक्ष ओम बिरला ने उसे परंपरा के विरुद्ध मानते हुए अस्वीकार कर दिया। विपक्ष ने अपनी मांग पर अड़ते हुए जब हंगामा शुरू कर दिया तो अध्यक्ष ने फिर सदन की कार्यवाही को सोमवार तक के लिए स्थगित कर दिया। सोमवार को सदन की कार्यवाही शुरू हुई तो राष्ट्रपति के अभिभाषण पर सत्ता पक्ष की ओर से पेश धन्यवाद प्रस्ताव पर प्रारंभ बहस में में वह भाग लेने के लिए विपक्ष तैयार तो हुआ परंतु सदन में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के भाषण में बार बार सत्ता पक्ष को उत्तेजित करने की मंशा स्पष्ट महसूस की जा सकती थी। ऐसा प्रतीत हो रहा था कि राहुल गांधी की बहुत सी टिप्पणियां केवल अनुमान पर आधारित थीं जिनके कोई विश्वसनीय प्रमाण उनके पास नहीं थे। किसानों की उपज की एम एस पी पर खरीद और शहीद अग्निवीरों को मुआवजा के संबंध में उन्होंने जो कुछ कहा उस पर तत्काल कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने जब वस्तुस्थिति से अवगत कराया तो राहुल गांधी अपनी बात के समर्थन में कोई संतोषजनक तथ्य प्रस्तुत करने में असफल रहे। हिंदू और हिंदुत्व के संबंध में उन्होंने जो तर्क दिए उसमें वे स्वयं फंसते नजर आए। लोकसभा के अध्यक्ष ओम बिरला ने बाद में विपक्ष के नेता राहुल गांधी की इन आपत्तिजनक टिप्पणियों को सदन की कार्यवाही से विलोपित कर दिया परंतु राहुल गांधी अभी भी अपनी उन आपत्तिजनक टिप्पणियों पर खेद व्यक्त करने के लिए तैयार नहीं हैं बल्कि वे तो यह कह रहे हैं कि उन्होंने कुछ ग़लत नहीं कहा है।

लोकसभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर हुई बहस का उत्तर देने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने जब अपना भाषण प्रारंभ किया तभी विपक्ष ने टोका-टाकी और नारेबाजी शुरू कर दी जो पूरे भाषण के दौरान जारी रही। विपक्ष से यह अपेक्षा स्वाभाविक थी कि जब उसके सभी सदस्यों के विचार सत्ता पक्ष द्वारा सुने जा चुके थे तो विपक्ष को भी प्रधानमंत्री के भाषण के दौरान सदन की गरिमा को बिना आंच पहुंचाए प्रधानमंत्री के विचार सुनने चाहिए थे लेकिन विपक्ष ने नारेबाजी और शोरगुल का सिलसिला इसलिए जारी रखा ताकि प्रधानमंत्री अपना भाषण पूरा नहीं कर पाएं। आखिरकार प्रधानमंत्री ने उसी शोरगुल में अपना भाषण पूरा किया उसके बाद सदन ने राष्ट्रपति के अभिभाषण पर पेश धन्यवाद प्रस्ताव को ध्वनिमत से पारित कर दिया। राज्य सभा में भी जब प्रधानमंत्री बहस का उत्तर दे रहे थे तब भी विपक्ष लगातार नारेबाजी और शोरगुल करता रहा और जब उसे यह आभास हुआ कि वह अपनी नारेबाजी और शोरगुल से प्रधानमंत्री के भाषण के प्रवाह को अवरुद्ध करने में असफल हो रहा है तब वह विपक्ष के सांसदों ने सदन से वाकआउट कर दिया। उसके बाद प्रधानमंत्री धाराप्रवाह बोलते रहे । प्रधानमंत्री का उत्तर समाप्त होने के बाद राज्य सभा ने भी राष्ट्रपति के अभिभाषण पर पेश धन्यवाद प्रस्ताव ध्वनि मत से पारित कर दिया। विगत दिनों संसद के दोनों सदनों में सत्रावसान के पूर्व लगभग पूरे समय सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच जो टकराव देखने को मिला उसमें भविष्य में कोई कमी आने की संभावना नहीं देती।

18 वीं लोकसभा में संख्या बल के हिसाब से और ताकतवर बनकर उभरा है और सत्ता पक्ष का संख्या बल गत लोकसभा की तुलना में कम हुआ है। संख्या बल में हुए इजाफे ने विपक्ष के जोश में भी इजाफा कर दिया है। उधर दूसरी ओर सत्ता पक्ष का संख्या बल भले ही कम हुआ हो लेकिन लगातार तीसरी बार केंद्र की सत्ता संभालने के लिए मिले जनादेश ने एनडीए को उत्साह से भर दिया है। इसमें कोई संदेह नहीं कि मोदी सरकार अपने तीसरे कार्यकाल में कुछ बड़े और चौंकाने वाले साहसिक फैसले लेकर विपक्ष को निस्तेज करने में कोई कसर बाकी नहीं रखेगी । इसमें दो राय नहीं हो सकती कि मोदी सरकार के सामने तीसरे कार्यकाल में पहले से अधिक चुनौतियां होंगी और विपक्षी इंडिया गठबंधन के सामने सबसे बड़ी चुनौती अपने सभी घटक दलों को एकजुट रखने की होगी।

नोट – लेखक राजनैतिक विश्लेषक है।

असंगठित और गिग वर्कर्स के लिए केंद्र सरकार का बड़ा फैसला, 40 और 22...

0
नई दिल्ली | 4 नवंबर 2026 देश के करोड़ों असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों, डिलीवरी पार्टनर्स, ऐप आधारित टैक्सी चालकों और प्लेटफॉर्म वर्कर्स को सामाजिक सुरक्षा...
nmms-scholarship-2026-27

NMMSS Scholarship 2026-27: छात्रों को बड़ी राहत, छात्रवृत्ति आवेदन की अंतिम तारीख बढ़ी, अब...

0
नई दिल्ली। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के मेधावी विद्यार्थियों के लिए केंद्र सरकार ने बड़ी राहत दी है। शिक्षा मंत्रालय ने राष्ट्रीय साधन-सह-योग्यता...
akshara goswami

मध्यप्रदेश स्थापना दिवस पर 102 मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान, हर छात्र को मिली 1...

0
भोपाल। मध्यप्रदेश के 71वें स्थापना दिवस के अवसर पर प्रदेश की शैक्षणिक प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। भोपाल के लाल परेड मैदान में आयोजित...
poshan-tracker-pmmvy-grievance-redressal-2026

POSHAN Tracker और PMMVY की शिकायतों का होगा निपटारा, 30 अक्टूबर को देशभर में...

0
नई दिल्ली | 30 अक्टूबर 2026 | सामाजिक कल्याण समाचार केंद्र सरकार ने गर्भवती महिलाओं, स्तनपान कराने वाली माताओं और पोषण सेवाओं के लाभार्थियों की...
anath-bachchon-ke-liye-sarkari-yojana-2026

अनाथ बच्चों के लिए सरकार की खास योजनाएँ, पढ़ाई से लेकर आर्थिक सहायता तक

0
नई दिल्ली | सरकारी योजना समाचार देश में ऐसे कई बच्चे हैं, जिन्होंने अपने माता-पिता को खो दिया है या जिनके पास देखभाल करने वाला...