यह बजट दिवालिया सरकार का बजट है : जीतू पटवारी

भोपाल : गुरूवार, जुलाई 4, 2024/ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने मप्र सरकार द्वारा जारी बजट पर अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुये कहा है कि मप्र सरकार के दो बजट है। एक बजट जो सरकार को जनता को बताना है। डॉ. मोहन यादव सरकार का यह दूसरा बजट आया है, पिछले छह महीने ने सरकार ने अपने संकल्प पत्र के वादे अनुसार कोई काम नहीं किया। मप्र में तीन सी की सरकार है, जिसने कर्ज, क्राईम और करप्शन से अपना नाता जोड़ा है और एक बजट है व्यापमं, नर्सिंग, परिवहन, माईनिंग, पटवारी, ट्रांसफर, आबकारी, मास्टर प्लान एवं मेट्रो जिसमें कैसे पैसे लगायें और और कैसे करप्शन करे। लूट के पैसे में कैसे हिस्सा बने। दूसरी तरफ प्रदेश सरकार 3 लाख 79 हजार करोड़ के कर्ज में है, जिसमें 45 हजार करोड़ हर वर्ष ब्याज की देनदारियां देनी होती हैं। इतना ही नहीं लाड़ली बहना को 1200 रूपये देने के लिए 90 हजार करोड़ की अतिरिक्त राशि चाहिए, बजट में इसका पैसा या तो मोदी सरकार के रहमोकरम से, या संपत्तियां बैककर या कर्ज लेकर पूरा किया जायेगा, क्योंकि सरकार की साख इतनी घट गई है कि रिजर्व बैंक ने सरकार को कर्ज देने से इंकार कर दिया है।

पटवारी ने कहा कि रोजगार और बजट का गहरा रिश्ता होता है, वर्ष 2023-24 में 37 लाख पंजीयन बेरोजगार युवाओं के थे, जिसमें सरकार का कहना है कि 2 लाख युवाओं को प्रायवेट कंपनियों में रोजगार दिया गया है। लेकिन सरकारी नौकरी एक को भी नहीं मिली। विज्ञापन और इवेंट में सरकार ने खुद साबित किया कि हम रोजगार को लेकर अर्कमण्य हैं। चूंकि 10 लाख पंजीयन ही समाप्त हो गये, जिससे पंजीयन की संख्या घट गई। यह सरकार रोजगार देने में पूरी तरह फेल हुई है।

पटवारी ने कहा कि भाजपा का रामायण और गीता जैसा संकल्प पत्र जिसमें लाड़ली बहनों को 3000 रूपये, किसानों को 3100 में धान और 2700 में गेहूं का समर्थन देना था, 450 रूपये का गैस सिलेण्डर, फ्री शिक्षा, बच्चों को लेपटाप, स्कूटी, छात्रवृत्ति सब पैंडिंग हैं। इतना ही नहीं चतुर्थ श्रेणी के कर्मचारियों को चार-छह महीने से वेतन नहीं दे पा रही है सरकार।

पटवारी ने कहा कि सरकार द्वारा जारी इस बजट का मूल मंत्र तीन सी का है। करप्शन करने के लिए अलग बजट और जनता की आंखों में धूल झोंकने के लिए अलग बजट। यह सरकार कर्ज, क्राईम और करप्शन, लूट के लिए छूट की सरकार है। यह सरकार पिछले बजट को घुमाफिराकर बताने वाली घाटे की सरकार है। यह बजट दिवालिया सरकार का बजट है।

पटवारी ने कहा कि प्रदेश में लोग गरीबी के कारण आत्महत्या कर रहे हैं, बच्चे भूखे मर रहे हैं। यह बजट गरीब विरोधी सरकार का बजट है। बजट का मूल उद्देश्य प्रदेश की जनता को सुख-सुविधाएं मिले, बच्चों का भविष्य सुधरे। आत्महत्याएं रूके।

नए कानूनों का सफल क्रियान्वयन कर रही मध्यप्रदेश पुलिस

भोपाल : गुरूवार, जुलाई 4, 2024/ देशभर में 1 जुलाई से भारतीय न्याय संहिता (BNS), भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS)और भारतीय साक्ष्य अधिनियम (BSA) लागू हो चुका है। मध्यप्रदेश पुलिस नए कानूनों का सफल क्रियान्वयन कर रही है। यही वजह है कि नए कानून लागू होते ही पूरे प्रदेश में 2 दिनों में 855 एफआईआर दर्ज की गई है। पहले दिन यानी 1 जुलाई को कुल 378 एफआईआर दर्ज की गई थी, वहीं दूसरे दिन 2 जुलाई को 477 एफआईआर दर्ज की गई। प्रदेश के सभी 11 जोन की सभी रेंज में एफआईआर दर्ज की जा चुकी है। पहले दिन सबसे अधिक एफआईआर भोपाल अर्बन में दर्ज की गई, जिसकी संख्या 35 है। दूसरे दिन उज्जैन जिले में सबसे अधिक एफआईआर दर्ज की गई, जिसकी संख्या कुल 29 है।

नए कानून लागू हाेने के बाद इलेक्ट्रॉनिक कम्युनिकेशन का उपयोग भी नागरिकों द्वारा किया जा रहा है। दो दिन में ही ई-एफआईआर की संख्या में वृद्धि हुई है। सम्पूर्ण मध्यप्रदेश में दो दिन के भीतर 98 ई-एफआईआर दर्ज की गई हैं। सीसीटीएनएस के मुताबिक एक जुलाई को 53 और दो जुलाई को 45 एफआईआर दर्ज की गई है। नए कानून लागू होने के पहले प्रदेशभर में औसतन 10 ई-एफआईआर दर्ज की जाती थी। जबकि अब इनकी संख्या में दो दिन के भीतर ही वृद्धि हुई है।

भारतीय न्याय संहिता (BNS), भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS)और भारतीय साक्ष्य अधिनियम (BSA) के प्रति नागरिकों के लिए मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। प्रदेश के सभी जिलों में नवाचार कर लोगों को उनके अधिकारों और कानूनों के बारे में बताया जा रहा है। माननीय न्यायधीशों, पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों, अधिवक्ताओं, स्वयंसेवी संस्थाओं और जन भागीदारी से समाज के प्रत्येक नागरिक को जागरूक किया जा रहा है। विशेष रूप से महिलाओं और बच्चों को उनके लिए बनाए गए कानूनों के बारे में बताया जा रहा है। स्कूलों और कॉलेजों में सेमिनार आयोजित कर विद्यार्थियों को नए कानून समझाए जा रहे हैं। इसके अलावा जन सभा, पैदल मार्च, रोड शो के माध्यम से भी जनजागृति की जा रही है।

भारतीय न्याय संहिता (BNS), भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS)और भारतीय साक्ष्य अधिनियम (BSA) के प्रदेश में सफल क्रियान्वयन के लिए पहले से तैयार थी। इसके लिए मध्यप्रदेश पुलिस छह महीनों से लगातार प्रयास कर रही थी। आरक्षक से लेकर आला अधिकारियों तक सभी को नए कानूनों के क्रियान्वयन के लिए प्रशिक्षित किया गया। तीनों कानूनों के बारे में 302 मास्टर्स ट्रेनर्स द्वारा 60 हजार से अधिक अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रशिक्षित किया गया। इनमें 31 हजार से अधिक विवेचना अधिकारी शामिल हैं। विशेष रूप से नए कानूनों में तकनीक के महत्व को बढ़ाया गया है। इस दृष्टिकोण से प्रदेश के सभी थानों में सीसीटीएनएस का संचालन करने वाले कर्मचारियों को प्रशिक्षित किया गया है।

 

बजट में युवा, गरीब, महिला, किसान सहित सभी वर्गों का रखा गया है ध्यान – मुख्यमंत्री डॉ. यादव

भोपाल : गुरूवार, जुलाई 4, 2024/ मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने वर्ष 2024-25 के बजट को सर्वजन हिताय-सर्वजन सुखाय बताया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में पहली बार 03 लाख 60 हजार करोड़ से अधिक की राशि का बजट प्रस्तुत किया गया है। बजट की यह विशेषता है कि इसमें किसी प्रकार का कोई टैक्स नहीं लगाया गया है। किसी भी विभाग की अपेक्षित राशि को कम नहीं किया गया, अपितु सभी विभागों के आवंटन में वृद्धि की गई है। “विकसित भारत-विकसित मध्यप्रदेश’’ की थीम पर प्रस्तुत बजट में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अपेक्षा अनुसार जीडीपी की ग्रोथ को सुनिश्चित करते हुए आगामी पाँच वर्षों में बजट का आकार दोगुना किया जाएगा। बजट में सभी वर्गों विशेषकर युवा, गरीब, महिला, किसान आदि का ध्यान रखा गया है। आईटी सहित नवीन तकनीक के क्षेत्रों पर विशेष ध्यान देते हुए प्रशासनिक सेवाओं में प्रदेश के युवा अधिक से अधिक संख्या में आए, इस उद्देश्य से उन्हें प्रोत्साहन व प्रशिक्षण उपलब्ध कराने तथा प्रदेश में उनका योगदान बढ़ाने के लिए दीर्घगामी योजना पर कार्य होगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने वर्ष 2024-25 के बजट के लिये प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दी है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव विधानसभा स्थित मीडिया सेंटर में मीडिया प्रतिनिधियों से चर्चा कर रहे थे।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि जो विद्यार्थी छात्रावासों में अध्ययनरत हैं, उनके लिए भी बजट में विशेष व्यवस्था की गई है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में दुग्ध उत्पादन के प्रोत्साहन के लिए बजट में पर्याप्त धन राशि की व्यवस्था की गई है। गौ-शालाओं के लिए भी पर्याप्त राशि का प्रावधान किया गया है। औद्योगिक विकास के लिए बजट प्रावधान में 40 प्रतिशत की वृद्धि की गई है। भारी उद्योग, एमएसएमई और कुटीर उद्योग सहित स्व-सहायता समूह के लिए भी बड़ी राशि का प्रावधान किया गया है। स्थायी प्रकृति के निर्माण कार्य जैसे स्कूल, कॉलेज, अस्पताल, सड़क, एक्सप्रेस-वे पर विशेष ध्यान होगा। महाकौशल, चंबल, विंध्य, मालवा, आदि की सीधी कनेक्टिविटी राजधानी से जुड़े, इस उद्देश्य से पर्याप्त व्यवस्था करते हुए वित्तीय तरलता का प्रावधान किया गया है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश में सिंहस्थ का वृहद स्तर पर आयोजन होने वाला है। उज्जैन में होने वाला सिंहस्थ भव्य और दिव्य होता है। सिंहस्थ के लिए इंदौर एवं उज्जैन संभाग के 13 जिलों के देव-स्थानों पर पर्याप्त व्यवस्था के उद्देश्य से टोकन राशि के रूप में 500 करोड़ रूपए का प्रावधान किया गया है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि वरिष्ठ नागरिक प्रदेश की थाती हैं, उनके लिए विशेष योजना आरंभ की जा रही है। अन्य प्रदेशों या विदेशों में कार्यरत युवाओं के माता-पिता की देखरेख के लिए नगरीय क्षेत्र में ऐसी सोसायटियों को प्रोत्साहित किया जाएगा, जहाँ वरिष्ठ नागरिकों के लिए चिकित्सा सुविधा सहित सभी आवश्यक व्यवस्था हो। इस दिशा में आगे आने वाले प्रायवेट सेक्टर को राज्य शासन की ओर से सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश में रिकार्ड संख्या में पर्यटक पधारे हैं। धार्मिक पर्यटन के साथ-साथ हैरिटेज टूरिज्म, वन पर्यटन में पर्याप्त गतिविधियां हैं। इसके साथ-साथ एजुकेशन व हेल्थ टूरिज्म को प्रोत्साहित करने के लिए राशि का प्रावधान किया गया है। प्रदेश में “श्रीअन्न’’ उत्पादन क्षमता देश में सर्वाधिक है। इसे प्रोत्साहन देने के लिए भी व्यवस्था की गई है। डिण्डौरी में “श्रीअन्न अनुसंधान केन्द्र’’ खोला जा रहा है। इसी प्रकार दलहन अंतर्गत चना अनुसंधान केन्द्र मालवा में, सरसों अनुसंधान केन्द्र चंबल में खोला जाएगा। गौ-वंश संबंधी अपराधों को बढ़ावा नहीं मिले, इसके लिए कठोर कार्रवाई के साथ-साथ गौ-वंश को प्रोत्साहन देने के लिए राज्य शासन ने इस वर्ष को गौ-वंश रक्षा वर्ष घोषित किया है। राज्य सरकार की जन-कल्याणकारी योजनाओं के परिणामस्वरूप दो करोड़ 30 लाख से अधिक लोग गरीबी रेखा के बाहर आए हैं। प्रदेश में रोजगारपरक योजनाओं को लागू करते हुए सामान्यजन के बेहतर जीवन के लिए राज्य सरकार निरंतर कार्यरत रहेगी।

 

जनता से किये वादे भूल गई है भाजपा सरकार: जीतू पटवारी

छिंदवाड़ा : गुरूवार, जुलाई 4, 2024/ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कल छिंदवाड़ा के अमरवाड़ा विधानसभा क्षेत्र के पांडुपिपरिया, बिजोरी, दलेल, बखारी, मोडियापानी, सिघोली, गैलडुब्बा, छिंदी, लोटिया, अतरिया, भैसखोह और चारगांव सहित ग्रामीण अंचलों में जनसंपर्क एवं सघन दौरा कर कांग्रेस प्रत्याशी धीरन शाह के पक्ष में प्रचार किया, साथ ही स्थानीय वरिष्ठ नेताओं के साथ मेल मुलाकात कर चुनावी रणनीति के संदर्भ में चर्चा की। इस दौरान स्थानीय आदिवासी बर्जनलाल के निवास पर सभी साथियों के साथ दोपहर भोज किया।

पटवारी ने कहा कि मप्र की सरकार तीन-सी की सरकार है कर्ज, क्राईम और करप्शन। लाड़ली बहना योजना के लिए सरकार को 90 हजार 900 करोड़ रूपये चाहिए और इसके लिये या तो कर्ज लेना पड़ेगा, या देश की संपत्ति बेचेंगे। तभी लाड़ली बहना योजना चल पायेगी।

पटवारी ने कहा कि प्रदेश सरकार ने किसानों, महिलाओं, युवाओं के साथ धोखा किया है। घपलों और घोटालों की सरकार इस प्रदेश में चल रही है। नर्सिंग घोटाला, व्यापमं घोटाला और अब पेपर लीक घोटाला। इतना ही नहीं आज महंगाई से प्रदेश की जनता त्राहिमाम कर रही है, भाजपा ने 2023 के विधानसभा चुनाव में जो वादे जनता से किये थे वे सभी भूल गये हैं। न तो किसानों को गेहूं और धान का 2700 और 3100 रू. समर्थन मूल्य मिल रहा है और न ही महिलाओं को 3000 मिल रहे हैं। गैस सिलेण्डर के नाम पर प्रदेश की जनता को इस सरकार ने ठगने का काम किया है। वोट कबाड़ने के लिए सरकार ने जो वादे जनता से किये थे, उन वादों को भाजपा पूरी तरह से भूल गई है। जनता इस सब का हिसाब भाजपा से लेेने के लिए तैयार बैठी है।

सघन जनसंपर्क एवं प्रचार के दौरान विधायक सुजीत मेरसिंह चौधरी, विधायक विजय चौरे, विधायक मधु भगत, विधायक नीलेश उइके, पूर्व विधायक संजय शर्मा, मप्र कांग्रेस के उपाध्यक्ष गंगा प्रसाद तिवारी, जिलाध्यक्ष विश्वनाथ ओक्टे, देवेन्द्र पटेल मप्र कांग्रेस समाज कल्याण प्रकोष्ठ के अध्यक्ष अनुराग भार्गव, अभिनय ढिमोले, सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, ब्लाक अध्यक्ष, मोर्चा संगठनों के अध्यक्ष सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित थे।

स्वदेश लौटी टी-20 विश्व कप विजेता भारतीय क्रिकेट टीम, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से करेगी मुलाकात

नई दिल्ली : गुरूवार, जुलाई 4, 2024/ टी-20 क्रिकेट विश्व कप विजेता भारतीय टीम का आज सुबह दिल्‍ली पहुंचने पर शानदार स्वागत हुआ। क्रिकेट टीम के स्वागत के लिए अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के बाहर बड़ी संख्या में प्रशंसकों की भीड़ जुटी और उन्‍होंने करतल ध्वनि के साथ उत्साह से खिलाड़ियों का स्वागत किया। भारतीय टीम बारबाडोस से वापस आई है। वेस्टइंडीज में तूफान बेरिल के कारण भारतीय टीम की रवानगी में देरी हुई है। विजयी टीम के स्वागत के लिए क्रिकेट प्रशंसकों की भीड़ को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था की है।

भारतीय टीम आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से उनके आवास पर मुलाकात करेगी। बाद में टीम मुंबई के लिए रवाना होगी। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के सचिव जय शाह ने बताया कि मुंबई में विजयी टीम आज शाम एक ओपन बस रोड शो में हिस्सा लेगी। विजय जुलूस शाम 5 से 7 बजे के बीच नरीमन पॉइंट से वानखेड़े स्टेडियम तक निकाला जाएगा। इसके बाद वानखेड़े स्टेडियम में एक सम्मान समारोह होगा जहां भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड विजेता टीम को पुरस्कार राशि प्रदान करेगा। मुंबई पुलिस ने रोड शो के दौरान भारी संख्या में प्रशंसकों के पहुंचने की आशंका को देखते हुए सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए हैं।

बता दें कि भारत ने 29 जून को बारबाडोस में दक्षिण अफ्रीका को सात रन से हराकर दूसरा टी20 खिताब जीता। भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान रोहित शर्मा अपने परिवार के साथ एयरपोर्ट से सीधे आईटीसी मौर्या होटल पहुंचे। टीम के अधिकांश सदस्य इसी होटल में ठहरे हैं।

सुशासन के संकल्प का परिणाम है परिवहन चेक पोस्ट संबंधी निर्णय: मुख्यमंत्री डॉ. यादव

भोपाल : गुरूवार, जुलाई 4, 2024/ मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मध्यप्रदेश के सीमावर्ती जिलों में परिवहन विभाग की चेक पोस्ट व्यवस्था को बंद करने के निर्णय का स्वागत करते हुए प्रदेश के सभी ट्रक मालिकों ने आभार माना है। ट्रक मालिक, ट्रांसपोर्टर्स लम्बे समय से इन जांच चौकियों को बंद करने की मांग कर रहे थे। इंदौर क्षेत्र 3 के विधायक गोलू शुक्ला एवं राऊ विधायक मधु वर्मा के नेतृत्व में ट्रक मालिकों ने भेंट की। उन्होंने चेक पोस्ट बंद कर गुजरात प्रणाली की तर्ज पर चेकिंग पॉइंट की व्यवस्था लागू करने पर मुख्यमंत्री डॉ. यादव का अभिनंदन कर धन्यवाद किया गया।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सुशासन के संकल्प के अनुसार यह निर्णय लिया गया है। इससे परिवहन विभाग के राजस्व में बढ़ोत्तरी होगी। ट्रक ऑपरेटर्स और ट्रांसपोर्टर्स के पदाधिकारियों ने कहा कि यह निर्णय बहु प्रतीक्षित था। एसोसिएशन के पदाधिकारियों और सदस्यों ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव द्वारा लिया गया यह निर्णय ऐतिहासिक है और इससे वाहन चालकों और वाहन मालिकों को अपार प्रसन्नता हुई है। प्रदेश में आवागमन व्यवस्था में वृद्धि और आसानी के साथ ही राजस्व वृद्धि होगी। परिवहन लागत कम होने का लाभ अंतत: आमजन को मिलेगा।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव का ट्रक आपरेटर्स और ट्रांसपोर्टर्स एसोसिएशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमृत लाल मदान, चेयरमेन कोर कमेटी मंजीत सिंह, इंदौर से सीएल मुकाती, अध्यक्ष चेयर मेन राजेन्द्र त्रेहन और अजय शर्मा, हर गोविंद चौकसे, अशोक गुप्ता, सतीश शर्मा, राजेश तिवारी, गोविंद रूपानी, छतरसिंह भाटी, दिनेश जैन, अजीज भाई, राजेश सिंह चंदेल, संजीव अरोरा, पवन शर्मा, दीपक खण्डेलवाल, राकेश चौधरी, गणेश जाट, दिनेश गुर्जर आदि ने आभार व्यक्त किया।

 

जब तक नर्सिंग छात्रओं के साथ इंसाफ नही होगा तब तक यह लड़ाई जारी रहेगी – मितेंद्र सिंह

भोपाल : गुरूवार, जुलाई 4, 2024/ विगत 24 घंटे से चल रहे युवा कांग्रेस के सत्याग्रह आंदोलन का समापन नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने कराया, समापन को संबोधित करते हुए उमंग सिंघार ने कहा कि यह समापन नही विश्वास सारंग के इस्तीफे का आगाज है, भाजपा सरकार युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने का काम किया है, नर्सिंग घोटाले की लड़ाई कांग्रेस पार्टी सड़को से सदन तक लड़ेगी, सिंघार ने कहा जब तक युवाओं को न्याय नही मिलेगा तब तक नर्सिंग घोटाले की गूंज सदन में गूंजती रहेगी युवा कांग्रेस के सत्याग्रह का समर्थन करने नेता प्रतिपक्ष के साथ सम्पूर्ण विधायक दल पहुंचा, नर्सिंग घोटाले के पीड़ित छात्रों की लड़ाई लड़ने का आश्वासन युवा कांग्रेस और वरिष्ठ नेताओं ने दिया.!

युवा कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष मितेन्द्र सिंह ने सत्याग्रह समापन को संबोधित करते हुए कहा की भाजपा राज में नर्सिंग महाघोटाला हुआ है जिससे लाखों छात्रों का भविष्य बर्बाद हो गया है। इसका असर छात्रों के भविष्य के साथ साथ उनके पूरे परिवार पर पड़ा है भाजपा ने शिक्षा माफ़ियाओ के इशारे पर छात्रों को दर दर भटकने को मजबूर कर दिया है। हम इसकी लड़ाई सदन से लेकर सड़क तक लड़ेगे। हम विश्वास सारंग के इस्तीफे और जिम्मेदार अधिकारियों पर कठोर कार्यवाही की मांग करते हैं।

कांग्रेस प्रवक्ता एवं युवा कांग्रेस मीडिया विभाग अध्यक्ष विवेक त्रिपाठी ने कहा, भाजपा की सरकार घोटालो की सरकार बन चुकी है। कभी व्यापम तो कभी नर्सिंग घोटाले के माध्यम से प्रदेश के उन हजारों – लाखों छात्रों का भविष्य बर्बाद करने का काम कर रही है जो आने वाले समय में इस प्रदेश का भविष्य हैं। भाजपा सरकार सीधे तौर पे प्रदेश के योग्य युवाओं का भविष्य शिक्षा माफियाओं के हाथों बेच रही है त्रिपाठी ने कहा जहां एक तरफ भाजपा के नेता और मंत्री अपने बच्चो के बेहतर भविष्य के लिए अच्छे शिक्षा संस्थानों में पढ़ने देश विदेश भेज रहें हैं वही आपने खुद के प्रदेश में शिक्षा माफियाओं के साथ मिल कर घोटाला कर रहे हैं जिसका असर सीधे तौर में प्रदेश के गरीब परिवारों के बच्चो पर पड़ रहा है।

त्रिपाठी ने कहा कि मप्र में शासकीय नर्सिंग कॉलेजों में 2022 में प्रवेश के लिए प्री नर्सिंग सिलेक्शन टेस्ट (पीएनसीटी) की परीक्षा जुलाई 2023 में आयोजित करवाई गई थी जिसमें 66 हज़ार स्टूडेंट्स ने परीक्षा दी थी। लेकिन आजतक उसका परीक्षा परिणाम जारी नहीं किया गया, वहीं शासकीय नर्सिंग कॉलेजों से पढ़ाई करने वाली छात्राओं को पढ़ाई के बाद नियम अनुसार शासकीय नौकरी दी जाना थी। लेकिन 18 महीने बीतने के बाद भी उनको ज्वाइनिंग नहीं दी गई सभी तरफ से छात्र छात्राएं परेशान हैं।

सत्याग्रह समापन में भोपाल ज़िला अध्यक्ष नरेंद्र यादव,अभिषेक शर्मा , अंकित दूबे, रोहित राजोरिया, प्रशांत पराशर ,आकाश चौहान,अभिज्ञान शुक्ला, वीरेंद्र मिश्रा,लोकेंद्र शर्मा ,चेतन साहू , दशरथ राजपूत, नरेंद्र बघेल, विमल बाथम पंकज शर्मा आधि सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

सत्याग्रह के माध्यम से नर्सिंग महाघोटाले को लेकर सरकार के खिलाफ युवा कांग्रेस ने विरोध प्रदर्शन किया

भोपाल : बुधवार, जुलाई 3, 2024/ भोपाल युवा कांग्रेस के नेतृत्व में सैकड़ों युवाओं ने नर्सिंग महाघोटाले को लेकर कल सरकार के खिलाफ सत्याग्रह कर विरोध प्रदर्शन किया, सत्याग्रह में अपना समर्थन देने बड़ी संख्या में युवा और छात्र सम्मिलित हुए। कई छात्रो ने बताया कि हमने व्यापामं द्वारा आयोजित एमपीएनएसटी परीक्षा दी थी, जिसका परिणाम आज 2 साल बाद भी नहीं आया है, जो युवाओं के साथ अत्याचार है।

लगातार 24 घंटे चलने वाले इस सत्याग्रह कार्यक्रम की शुरुआत प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने युवाओं के बीच जाकर की। पटवारी ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा सरकार चाहे केंद्र की हो या प्रदेश की युवाओं के भविष्य को चौपट कर रही है जो हम होने नही देंगे।
पटवारी ने कहा कि पूरे प्रदेश में नर्सिंग छात्रों की लड़ाई जारी है। जिस तरह से युवाओं का भविष्य इस भाजपा सरकार ने बर्बाद किया है, युवाओं के भविष्य को अंधकार की ओर धकेला है उससे नर्सिंग के छात्र-छात्राओं में भाजपा के खिलाफ आक्रोश है। पटवारी ने कहा कि कांग्रेस विधायक दल इस मुद्दे पर विधानसभा में भाजपा सरकार का घेराव करेगा और उनके न्याय के लिए लड़ाई जारी रहेगी।

नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने कहा कि कांग्रेस विधायक दल ने नर्सिंग महाघोटाले पर चर्चा की मांग विधानसभा में की तो भाजपा इस मुद्दे से बचने के लिए राहुल जी के खिलाफ तथ्यहीन मामले को उठा लायी जो छात्र विरोधी भाजपा के चेहरे को दर्शाता है। नर्सिंग घोटाले को लेकर सदन में पूरी ताकत से लड़ाई जारी रहेगी।

पूर्व केंद्रीय मंत्री अरूण यादव ने युवाओं को संबोधित करते हुये कहा कि भाजपा सरकार युवाओं पर अत्याचार कर उनके हक और अधिकारों का हनन कर रही है। विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में धांधली हो रही है और शिक्षा माफियाओं को संरक्षित किया जा रहा है। देश और प्रदेश की सरकार युवाओं के भविष्य का दोहन करने पर आमादा है।

युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष मितेन्द्र सिंह ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा की भाजपा राज में नर्सिंग महाघोटाला हुआ है जिससे लाखों छात्रों का भविष्य बर्बाद हो गया है। इसका असर छात्रों के भविष्य के साथ साथ उनके पूरे परिवार पर पड़ा है भाजपा ने शिक्षा माफ़ियाओ के इशारे पर छात्रों को दर-दर भटकने को मजबूर कर दिया है। हम इसकी लड़ाई सदन से लेकर सड़क तक लड़ेगे। हम विश्वास सारंग के इस्तीफे और जिम्मेदार अधिकारियों पर कठोर कार्यवाही की मांग करते हैं।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के सामने नर्सिंग की छात्राओं ने फूट-फूट कर रोते हुये कहा कि भाजपा ने हमारा भविष्य बर्बाद कर दिया है अब हम कहां जायें, किससे न्याय की गुहार लगायें। इस पर श्री पटवारी ने कहा कि युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ नहीं होने देंगे।

कांग्रेस प्रवक्ता एवं युवा कांग्रेस मीडिया विभागाध्यक्ष विवेक त्रिपाठी ने भारतीय जनता युवा मोर्चा द्वारा लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के बयान को तोड़ मरोड़कर पेश करने और जबरदस्ती का मुद्दा बनाकर कांग्रेस कार्यालय का घेराव करने के मामले पर तंज कसते हुए कहा कि आज युवा मोर्चा गुंडा मोर्चा हो गया है जिसका एकमात्र उद्देश्य गुंडई करना है। त्रिपाठी ने कहा कि युवा मोर्चा के साथियों को प्रदेशभर के नर्सिंग छात्रों के साथ हुए महाघोटाले के विरोध में अपना विरोध दर्ज करवाना चाहिए था और तत्कालीन चिकित्सा मंत्री और अधिकारियो के इस्तीफे की मांग करनी चाहिये थी परन्तु “भाजपा गुंडा युवा मोर्चा” के कार्यकर्ता आज दशको बाद सड़को पर उतरा वो भी अपनी राजनीति चमकाने के लिए और नफ़रत फैलाने के लिए आज प्रदेश के युवा इस बात को देख रहा है कि भाजपा के कार्यकर्ता कभी युवाओं की आवाज़ उठाने नहीं आते।

सत्याग्रह में पूर्व मंत्री पी.सी. शर्मा, जयवर्धन सिंह, विधायक दिनेश गुर्जर, प्रवक्ता एवं पूर्व विधायक विपिन बानखेड़े, प्रदेश कांग्रेस अनुसूचित जाति विभाग के अध्यक्ष प्रदीप अहिरवार भोपाल ज़िला अध्यक्ष नरेंद्र यादव, अभिषेक शर्मा, रवि परमार, अंकित दूबे, रोहित राजोरिया, प्रशांत पराशर, आकाश चौहान, अभिज्ञान शुक्ला, वीरेंद्र मिश्रा, लोकेंद्र शर्मा, चेतन साहू, दशरथ राजपूत, नरेंद्र बघेल, विमल बाथम, पंकज शर्मा, नीरज चंडाले सहित सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

सरकार की योजनाओं का लाभ जन-जन तक पहुँचाएं विधायक – मुख्यमंत्री डॉ. यादव

भोपाल : बुधवार, जुलाई 3, 2024/ मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि सरकार की योजनाओं का लाभ जन-जन तक पहुंचाने और जानकारी उपलब्ध कराने में विधायकों की भूमिका महत्वपूर्ण है। विधानसभा क्षेत्र के विकास कार्यों के लिए 4 साल का रोडमैप बना लिया जाए। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं के क्रियान्वयन एवं संचालन की मानिटरिंग लगातार होती रहे। हितग्राहियों से सम्पर्क बना रहे। सभी योजनाओं में पात्र व्यक्तियों के नाम जोड़े जाएं, अपात्रों के नाम काटे जाएं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के “एक पेड़ माँ के नाम” के आव्हान के तहत अपनी विधानसभा में सभी विधायक पौध-रोपण के कार्यक्रम का आयोजन कर अभियान का हिस्सा बनें।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि विधायकों को आगामी चार साल के लिए 60 करोड़ रुपए की राशि शासन द्वारा दी जाएगी। राशि का प्राथमिकता के अनुसार वर्गीकरण कर जनता के विकास कार्यों में उपयोग किया जाए, जिससे क्षेत्र की जनता संतुष्ट हो सके। मुख्यमंत्री डॉ.यादव मंगलवार को मुख्यमंत्री निवास के समत्व भवन में सागर संभाग के विधायकों से चर्चा कर रहे थे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा है कि प्रदेश के विकास कार्य के लिए 4 साल का समय शेष है, इन चार वर्षों के कार्यों के लिये रोड मेप बनाएँ। सरकार द्वारा प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र के विकास के लिए हर साल 15 करोड़ की राशि उपलब्ध कराई जाएगी।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि गौ-शालाओं के संचालन का उल्लेख करते हुए कहा कि स्व- सहायता समूहों को भी गौ-शाला संचालन के लिए दे सकते हैं। इससे गौ-शालाओं का संचालन अच्छी तरह हो सकेगा। दुग्ध उत्पादन के लिए बोनस देने की योजना बनाई जाएगी। स्वस्थ पशु अपने घरों में रखें, लावारिस और अपाहिज गौ-वंश को गौ-शालाओं में रखा जाए। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि एक जुलाई 2024 से पुलिस के कानूनों में जो बदलाव हुए हैं उनकी जानकारी आमजन को कार्यक्रम आयोजित कर दी जाए। बदली गई धाराओं से नागरिकों को अवगत कराया जाए।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि “स्कूल चलें अभियान” में स्कूलों का निरीक्षण हो। स्कूलों में पुस्तकें, गणवेश तथा अन्य सामग्री वितरित कराई जाए। रोडमेप बनाकर स्कूलों का उन्नयन कराएं। अनुसूचित जाति -जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग के छात्रावास, स्कूल, आंगनवाड़ी, हास्पीटल में पौधे लगवाए जाएं। स्व-सहायता समूहों के साथ विधानसभा के कार्यक्रम आयोजित कराएं।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि राशन का आवंटन उचित मूल्य दुकानों में पहुंचाया जाए। आयुष्मान योजना का लाभ हितग्राहियों को ठीक ढंग से मिले, जिन अस्पतालों में आयुष्मान योजना की सुविधाएं हैं वहां उचित उपचार सुनिश्चित कराएं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि आयोजनों में भारतीय तिथियों और संस्कृति पर आधारित कार्यक्रम हों।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि बंटवारा, नामांतरण और सीमांकन का कार्य अभियान चलाकर करें। रोजगार आधारित कार्य को प्राथमिकता दें। जिला प्रशासन से मिलकर रोजगार उपलब्ध कराने वाले कार्यों को बढ़ाया जाए। ध्यान दिया जाए कि विधानसभा क्षेत्र में लघु एवं कुटीर उद्योगों को बढ़ावा मिले। विधायक अपने कार्यालयों का सुदृढ़ीकरण करें, इसके लिए 5 लाख रुपए की राशि उपलब्ध कराई जाएगी। विधायक अपने कार्यालय की व्यवस्थाओं को पारदर्शी बनाएँ। सोशल मीडिया के माध्यम से प्रचार-प्रसार बढ़ाया जाए। विधानसभा में किए गए अच्छे प्रयोगों का प्रचार प्रसार करने के लिए स्मारिका का प्रकाशन करवाएं।

 

भोपाल नगर निगम ने 3 हजार 353 करोड़ रुपए का बजट पेश किया

भोपाल : बुधवार, जुलाई 3, 2024/ राजधानी भोपाल की महापौर मालती राय ने कल नगर निगम का 3 हजार 353 करोड़ रुपए का बजट पेश किया। इस बजट में प्रॉपर्टी, पानी और मनोरंजन पर कर न बढ़ाने का फैसला लिया गया है। इस बजट में आय और व्यय बराबर रहने का अनुमान है। नगर निगम भोपाल के वित्तीय वर्ष की अनुमानित आय 3 हजार 353 करोड़ 16 हजार रुपए रहेगी। बजट में वार्ड नियोजन निधि के रूप में प्रति वार्ड 25 लाख रुपए के मान से 21 करोड़ 25 लाख रुपए का प्रावधान किया गया है। साथ ही संपत्ति कर की 50 प्रतिशत की राशि भी वार्डों के विकास कार्यों पर खर्च होगी। वहीं, नेता प्रतिपक्ष शबिस्ता जकी का कहना है कि बजट में कुछ भी नया नहीं है। पिछले साल के बजट के बिंदुओं के नंबर बदले गए हैं। महापौर ने पिछले बजट और अंतरिम बजट का हिसाब नहीं दिया।

असंगठित और गिग वर्कर्स के लिए केंद्र सरकार का बड़ा फैसला, 40 और 22...

0
नई दिल्ली | 4 नवंबर 2026 देश के करोड़ों असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों, डिलीवरी पार्टनर्स, ऐप आधारित टैक्सी चालकों और प्लेटफॉर्म वर्कर्स को सामाजिक सुरक्षा...
nmms-scholarship-2026-27

NMMSS Scholarship 2026-27: छात्रों को बड़ी राहत, छात्रवृत्ति आवेदन की अंतिम तारीख बढ़ी, अब...

0
नई दिल्ली। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के मेधावी विद्यार्थियों के लिए केंद्र सरकार ने बड़ी राहत दी है। शिक्षा मंत्रालय ने राष्ट्रीय साधन-सह-योग्यता...
akshara goswami

मध्यप्रदेश स्थापना दिवस पर 102 मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान, हर छात्र को मिली 1...

0
भोपाल। मध्यप्रदेश के 71वें स्थापना दिवस के अवसर पर प्रदेश की शैक्षणिक प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। भोपाल के लाल परेड मैदान में आयोजित...
poshan-tracker-pmmvy-grievance-redressal-2026

POSHAN Tracker और PMMVY की शिकायतों का होगा निपटारा, 30 अक्टूबर को देशभर में...

0
नई दिल्ली | 30 अक्टूबर 2026 | सामाजिक कल्याण समाचार केंद्र सरकार ने गर्भवती महिलाओं, स्तनपान कराने वाली माताओं और पोषण सेवाओं के लाभार्थियों की...
anath-bachchon-ke-liye-sarkari-yojana-2026

अनाथ बच्चों के लिए सरकार की खास योजनाएँ, पढ़ाई से लेकर आर्थिक सहायता तक

0
नई दिल्ली | सरकारी योजना समाचार देश में ऐसे कई बच्चे हैं, जिन्होंने अपने माता-पिता को खो दिया है या जिनके पास देखभाल करने वाला...