भाजपा शासित परिषद का बजट निराशाजनक, व्यक्तिगत नल कनेक्शन देने जैसे कई वादे अधूरे : विभा पटेल

भोपाल : बुधवार, जुलाई 3, 2024/ मध्य प्रदेश महिला कांग्रेस की अध्यक्ष एवं भोपाल की पूर्व महापौर विभा पटेल ने कहा कि भाजपा शासित भोपाल नगर निगम परिषद का मंगलवार को पेश किया गया बजट काफी निराशाजनक है। ये झूठ की मशीन से निकला दस्तावेज है। भाजपा की महापौर ने अपनी पूर्व में की गई घोषणाओं को पूरा नहीं किया। विशेषकर व्यक्तिगत नल कनेक्शन सबसे बड़ा उदाहरण है, इसका लाभ कई कॉलोनियों के नागरिकों को देने का वादा किया था लेकिन इसे आज तक अमल में नहीं लाया गया, न ही अवैध कालोनियों के नियमितीकरण को लेकर स्थिति साफ की, ये बड़ा मुद्दा है।

विभा पटेल ने कहा कि निगम परिषद बजट में लोकलुभावनी बातें खूब की गई लेकिन 3780 करोड़ के अमृत योजना-2 के तहत बीते वित्त वर्ष में कोई काम नहीं हुआ। इस प्रोजेक्ट के नाम पर सीवरेज, ड्रेनेज, पेयजल सप्लाई प्रबंध, सड़क निर्माण, पीएम आवास आदि का वादा निगम परिषद चुनाव के समय किया गया था लेकिन सत्यता यह है कि अब तक अमृत योजना-2 के तहत कहीं कोई काम शुरू नहीं हुआ।

विभा पटेल ने कहा कि बीते दो वर्षों के दौरान भोपाल में तेज बारिश होने पर कई बस्तियों में जल भराव की स्थिति बनी। इसके कारण कई लोग आपदा के कारण घरों में कैद होने को मजबूर हुए थे। इसके मद्दे नजर नालों की रिटेनिंग वाल बनाने, नालों की सफाई कराने, ड्रेनेज का प्रबंध करने आदि को लेकर आज दिनांक तक कोई प्रभावी कार्यवाही नहीं की गई। हांलाकि पिछले बजट में इसके लिए 15 करोड़ का प्रावधान किया गया था, लेकिन एक रुपया भी इस मद में खर्च नहीं किया गया। यह जनता के साथ धोखा और छल है। भ्रष्टाचार मुक्त प्रशासन देने का महापौर ने चुनाव में वादा किया था लेकिन नित नए घोटाले सामने आने से इस दावे की कलई खुल चुकी है। इसकी मिसाल संबल योजना स्कीम है।

विभा पटेल ने निगम बजट को जनता के साथ धोखा बताते हुए कहा कि इसमें आम जनता के लाभ के लिए कुछ भी उल्लेखनीय नहीं है। शहर को क्लीन सिटी, ग्रीन सिटी, टूरिज्म सिटी बनाने का विजन बजट में दिखाई नहीं दिया। न ही कोई वर्किंग प्लान बताया गया। शहर में स्थित धरोहरों के संरक्षण की सोच का बजट में अभाव नजर आया तो बड़े तालाब के संरक्षण और संवर्धन के लिए, सड़कों के चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण के लिए अपेक्षानुरूप प्रावधान नहीं किए गए। नगर निगम के विनियमित कर्मचारियों समेत दैनिक वेतन भोगियों को नियमित करने का भी बजट में उल्लेख नहीं है।

विभा पटेल ने कहा कि शहर की सबसे बड़ी समस्या पार्किंग और ट्रैफिक की है। ट्रैफिक और चौराहों के सुधार के नाम पर सिर्फ 10 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया, जो शहरी दायरे और यातायात दबाव के मान से अपर्याप्त है। उन्होंने कहा कि निगम परिषद का बजट शहर के विकास का आइना होता है लेकिन इसके विवेचन से प्रतीत होता है कि भाजपा की नगर सरकार के पास नगरीय डेवलपमेंट का विजन नहीं है। श्रीमती विभा पटेल ने कहा कि भाजपा की महापौर का झूठ जनता के सामने बेनकाब हो चुका है, वे केवल असत्य बोलती हैं।

राहुल गांधी के भाषण को तोड़मड़ोक दिखाने की साजिश कर जनता को गुमराह कर रही है भाजपा : मुकेश नायक

भोपाल : बुधवार, जुलाई 3, 2024/ प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुये मप्र कांग्रेस मीडिया विभाग के अध्यक्ष मुकेश नायक ने कहा कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी के भाषण को लेकर भाजपा ने जिस तरह से देश की जनता को गुमराह किया है उनकी कही गई बात और अभिप्राय को बदलने का सबसे निक्रष्ट उदाहरण है जो भाजपा ने देश की जनता के सामने रखा है।

नायक ने कहा कि साम्प्रदायिक और विभाजनकारी शक्तियां, अलगाववादी शक्तियां और भारत के समतावेशी और समावेशी शक्तियां है, खासकर भाजपा की तरफ राहुल गांधी जी ने इशारा किया है कि भाजपा के लोग पूरे देश में अशांति फैलाते हैं हिंसक वातावरण फैलाते हैं। धर्म के नाम पर भाजपा के लोग आस्थाओं का दोहन करते हैं, धर्म को राजनीति का औजार बनाते हैं और इनकी उग्र हिन्दू राष्ट्रवाद की परिकल्पना अत्यंत आक्रमक होती है तो हिंसक रूप ले लेती हैं और इन्हीं तमाम बातों से ऊबकर पिछले चुनाव में भाजपा को उत्तरप्रदेश, अयोध्या और प्रयागराज जैसे स्थानों पर और तमाम धार्मिक स्थानों पर भाजपा को पराजय का सामना करना पड़ा है लेकिन भाजपा इससे कोई सबक नहीं ले रही है। भाजपा कभी भी भारत के लोगों की भावनाओं को उनकी समस्याओं पर ध्यान देना ही नहीं चाहती।

नायक ने कहा कि रोजगार, महंगाई, कानून व्यवस्था की बिगड़ती स्थिति पर महिलाओं के सशक्तिकरण पर खेत खलियान और किसानों की समस्याओं पर भाजपा बात ही नहीं करना चाहती है और भाजपा हमेशा गोल-गोल घुमाकर उग्र हिन्दू राष्ट्रवाद की परिकल्पना और आक्रामकता और जो हिंसक वातावरण बनाती है, मॉब लांचिंग करती है, इसके खिलाफ राहुल गांधी ने भाषण दिया है। उन्होंने कहा कि सबसे आश्चर्यजनक बात यह है कि जब राहुल गांधी सदन में भाषण दे रहे थे तो भाजपा के पूर्व गृहमंत्री और वर्तमान संसदीय कार्य मंत्री रिज्जू ने खड़े होकर हिन्दुओं की वकालत की। ये वहीं रिज्जू हैं, जिन्होंने गृह मंत्री रहते हुये सार्वजनिक रूप से पत्रकार वार्ता में कहा था कि हम तो गऊ का मांस खाते हैं, यह हमारे कल्चर में है। हमारी परंपरा में है।

नायक ने कहा कि मोदी और शाह और भाजपा के नेता, विश्व हिन्दू परिषद और बजरंग दल कहती है कि गऊ माता में तेतीस करोड़ देवी-देवता निवास करते हैं हम लोग भी यह मानते हैं, जो तेतीस करोड़ देवी-देवताओं को खाने वाला आदमी (रिज्जू) आपके बगल में बैठा है, मोदी उसको क्यों नहीं हटाते है। क्या हिन्दुओं की बात करते हैं। गोवा में भाजपा की सरकार है गऊ माता को बचाने कोई कानून क्यों नहीं बनाया, हर होटल में गऊ मांस बिक रहा है और कहते हैं कि हम वहां के वैश्विक कल्चर, ग्लोबल कल्चर को खत्म नहीं करना चाहते तो मोदी बतायें कि पूरे ग्लोबल पर विश्वगुरू बनने की बात क्यों करते हैं।

नायक ने कहा कि भारत में 150 करोड़ रू. का मांस निर्यात हो रहा है और ब्राजीज के बराबर हम आते हैं जो ब्राजील विश्व में मांस निर्यात करने वाला सबसे बड़ा देश था आज भारत उसके बराबरी पर आ गया आप भारत को किस आधार पर विश्वगुरू बनाने की बात कर रहे हैं। कब तक आप हिन्दु आस्थाओं का दोहन करते रहोगे। कब तक धर्म को राजनीति का औजार बनाकर देश में अशांति फैलाते रहोंगे, इन तमाम चीजों पर राहुल गांधी ने भाजपा पर तंज कसा है, हिन्दुओं पर नहीं, लेकिन भाजपा ने राहुल गांधी के वक्तव्य को बीच में से पकड़कर उसके पूरे अभिप्राय को बदलने की कोशिश की है जिसकी कांग्रेस पार्टी घोर निंदा करती है।

भारतीय जनता युवा मोर्चा ने प्रदेश भर में प्रदर्शन कर फूंके राहुल गांधी के पुतले

भोपाल : बुधवार, जुलाई 3, 2024/ भारतीय जनता युवा मोर्चा द्वारा कांग्रेस नेता राहुल गांधी के सोमवार को संसद में हिन्दु समाज को लेकर दिए गए बयान के विरोध में मंगलवार को प्रदेश भर में प्रदर्शन कर पुतला जलाया गया। भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष वैभव पंवार के नेतृत्व में भोपाल में प्रदेश कांग्रेस कार्यालय के बाहर विरोध प्रदर्शन कर राहुल गांधी का पुतला फूंककर हिंदू समाज को हिंसक बताने वाले बयान का विरोध जताया।

युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष वैभव पंवार के नेतृत्व में भोपाल में शिवाजी नगर चौराहे के पास कांग्रेस प्रदेश कार्यालय के पास राहुल गांधी के बयान के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया गया। इस दौरान वैभव पंवार ने कहा कि संसद के अंदर हिंदू समाज को हिंसक बताना राहुल गांधी की हिन्दुओं के प्रति नफरत को जगजाहिर कर रहा है। पंवार ने कहा कि हिंदू समाज के प्रति घृणा से भरा राहुल गांधी का बयान अत्यंत निंदनीय और अपमानित करने वाला है। पूरा युवा मोर्चा इसका विरोध करता है। पूरे प्रदेश में मोर्चा कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी के पुतले फूंके हैं। राहुल गांधी को बगैर देर किए हिंदू समाज से माफी मांगनी चाहिए नहीं तो हिंदू समाज जगह-जगह प्रदर्शन करेगा।

युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष पंवार ने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी चुनावी हिंदू हैं। उनका हिंदू धर्म से कोई लेना-देना नहीं है। चुनाव के समय यह लोग कोट और कुर्ते के ऊपर जनेऊ पहनकर हिंदू दिखने का ढोंग करते हैं। हिंदुओं का अपमान करना और तुष्टिकरण की राजनीति करना राहुल गांधी और कांग्रेस का असली चाल और चरित्र है। उन्होंने कहा कि हिंदू भारत का मूल समाज है, भारत की आत्मा है। हिंदू समाज सर्वे भवन्तु सुखिनः का पाठ पढ़ता है हिंसक नहीं होता।

भारतीय जनता युवा मोर्चा द्वारा आज मध्यप्रदेश के सभी जिलों में कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा हिंदू समाज को लेकर संसद में दिए गए बयान को लेकर विरोध प्रदर्शन कर पुतला जलाया गया। भाजपा युवा मोर्चा ने कहा कि राहुल गांधी अपने बयान को लेकर हिंदू समाज से तुरंत माफी मांगें।

 

उत्तर प्रदेश के हाथरस में सत्संग में आज भगदड़ मचने से पचास से अधिक लोगों की मौत

हाथरस : मंगलवार, जुलाई 2, 2024/ उत्तरप्रदेश के हाथरस जिले के एक गांव में आज एक धार्मिक सभा में भगदड़ मचने से पचास से अधिक लोगों की मौत और कई अन्य घायल हो गए। एटा के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार सिंह ने बताया कि यह घटना फुलरई गांव में आयोजित एक सत्संग में हुई। इस आयोजन में बड़ी संख्या में लोग जुटे थे, जहां भगदड़ मचने से हादसा हुआ।

प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हाथरस जिले में हुए हादसे में मरने वालों के शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की भी कामना की है। उन्होंने जिला प्रशासन के अधिकारियों को घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाकर उनके समुचित उपचार और मौके पर राहत कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने एडीजी आगरा और कमिश्नर अलीगढ़ के नेतृत्व में घटना के कारणों की जांच 24 घंटे में पूरी करने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रूपये और घायलों को पचास-पचास हजार रूपये की आर्थिक सहायता देने के निर्देष दिए हैं। कार्यक्रम आयोजकों के विरूद्ध एफआईआर दर्ज होगी।

हाथरस जिलाधिकारी आशीष कुमार ने हादसे में 50 से अधिक लोगों के मरने की पुष्टि की है। उनका कहना है कि अभी भी मृतकों की संख्या के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार को उत्तर प्रदेश के हाथरस में आयोजित सत्संग के दौरान मची भगदड़ की घटना पर गहरा दुःख जताया है। राष्ट्रपति ने एक्स पर पोस्ट में कहा कि उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले में हुई दुर्घटना में महिलाओं और बच्चों सहित अनेक श्रद्धालुओं की मृत्यु का समाचार हृदय विदारक है। मैं अपने परिवारजनों को खोने वाले लोगों के प्रति गहन शोक संवेदना व्यक्त करती हूं तथा घायल हुए लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती हूं।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज उत्तर प्रदेश के हाथरस हादसे में हुई मौतों पर दुख व्यक्त किया और प्रत्येक मृतक के परिजनों और घायलों के लिए अनुग्रह राशि की घोषणा की। मोदी ने प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (पीएमएनआरएफ) से प्रत्येक मृतक के परिजनों को 2 लाख रुपये और भगदड़ में घायल हुए प्रत्‍येक व्‍यक्ति को 50,000 रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की।

प्रधानमंत्री ने एक्स पर पोस्ट किया “उत्तर प्रदेश के हाथरस में हुए दुखद हादसे को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से बात की। यूपी सरकार सभी पीड़ितों की हरसंभव सहायता में जुटी हुई है। मेरी संवेदनाएं उन लोगों के साथ हैं, जिन्होंने इसमें अपने प्रियजनों को खोया है। इसके साथ ही मैं सभी घायलों के जल्द से जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने हादसे पर दुख प्रकट किया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा दुर्घटना में जिन्होंने अपनों को खोया है, उन शोकाकुल परिजनों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने उत्तर प्रदेश के हाथरस में सत्संग के दौरान मची भगदड़ में कई श्रद्धालुओं की असामयिक मृत्यु पर दु:ख व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बाबा महाकाल से दिवंगत श्रद्धालुओं की आत्मा को मोक्ष प्रदान करने की प्रार्थना और शोक संतप्त परिजनों के प्रति गहन संवेदना व्यक्त की है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने घायल श्रद्धालुओं के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की है।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने उत्तर प्रदेश के हाथरस हादसे पर गहरा दुःख प्रकट किया है। उन्होंने कहा है कि हाथरस में हुई दुर्घटना हृदय विदारक है। इस हादसे में दिवंगत हुए लोगों को मेरी विनम्र श्रद्धांजलि, दिवंगतों के परिजनों को प्रभु इस दुःख को सहने की शक्ति दें। मुख्यमंत्री ने हादसे में घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की है।

 

 

 

कोलार के रहवासियों ने किया नए कानून का स्वागत

कोलार के रहवासियों ने किया नए कानून का स्वागत

एक जुलाई से देश में आईपीसी सीआरपीसी और भारतीय साक्ष्य अधिनियम की जगह तीन नये कानून भारतीय न्याय संहिता भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता और भारतीय साक्ष्य अधिनिमय लागू हो गए है। नए कानून से मुकदमे जल्दी निपटेंगे और तारीख पर तारीख के दिन लद जाएंगे।

भोपाल जिले कोलार थाने में नए कानून लागू होने पर पंडाल लगाकर धूमधाम के साथ नए कानून का स्वागत किया गया, समाजसेवी और रहवासियों को नए कानूनों की जानकारी दी गई।
नगर सुरक्षा समिति के थाना संयोजक महेश चन्द्र भटनागर ने बताया की आज महिला सबंधी अपराधो के विषय एवं नए कानून सम्बन्धित जानकारी थाना प्रभारी आशुतोष उपाध्याय, महिला ऊर्जा हेल्प डेस्क एसआई संगीता काजले ने दी, एस.आई.पप्पू कटियार , प्रधान आरक्षक रिषि तिवारी, प्रियंक कुमार, उमेश सैन धर्मेंद्र चौरसिया, वार्ड 81 की पार्षद बबीता डोगंरे, वार्ड 82 से पार्षद ज्योति मिश्रा, पार्षद पवन बोराना, समाजसेवी सुनील अहिरवार सहित वरिष्ठ नागरिक, समाजसेवी, युवा, महिला आदि काफी संख्या मे लोग उपस्थित हुए।

पिछले नौ साल में 12 करोड़ शौचालयों का हुआ निर्माण: हरदीप सिंह पुरी

नई दिल्ली : मंगलवार, जुलाई 2, 2024/ पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने कल यहां शास्त्री भवन में आयोजित एक उद्घाटन समारोह के साथ स्वच्छता पखवाड़ा-2024 का शुभारंभ किया। इस कार्यक्रम में पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने मंत्रालय के सभी वरिष्ठ अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्वच्छता की शपथ दिलाई। इस समारोह में पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस राज्य मंत्री सुरेश गोपी और पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय में सचिव पंकज जैन भी उपस्थित थे।

इस कार्यक्रम में उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए हरदीप सिंह पुरी ने स्वच्छ भारत अभियान के हिस्से के रूप में स्वच्छता पखवाड़ा पहल के महत्व पर जोर दिया। स्वच्छता अभियान को प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश में सबसे मौलिक परिवर्तनकारी अभियान बताते हुए उन्होंने कहा कि इस अभियान ने हमारे सोचने के तरीके में एक बड़ा बदलाव लाया है।

पुरी ने सभी विभागों में स्वच्छता प्रथाओं को बढ़ावा देने तथा मंत्रालय के अंतर्गत केन्द्रीय सार्वजनिक क्षेत्र के उद्यमों (सीपीएसई) और संबद्ध कार्यालयों सहित सभी हितधारकों की सक्रिय भागीदारी के लिए मंत्रालय की प्रतिबद्धता पर प्रकाश डाला।

इस कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पुरी ने पिछले वर्ष के स्वच्छता पखवाड़े की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला, जिसमें स्वच्छता सुविधाओं का निर्माण, स्वच्छता संबंधी बुनियादी ढांचे की स्थापना और सार्वजनिक स्थानों तथा कार्यालयों में सफाई अभियान जैसी विभिन्न गतिविधियां शामिल थीं। उन्होंने कहा, “पिछले साल हमने सतत विकास लक्ष्य 6 (एसडीजी-6) को प्राप्त करने के लिए अपनी प्रतिबद्धता को प्रदर्शित करते हुए 1 जुलाई से 15 जुलाई 2023 के बीच ‘स्वच्छता पखवाड़े’ के तहत कई गतिविधियां कीं।”

पुरी ने स्वच्छ भारत मिशन की सफलता का जश्न मनाने के लिए भी कुछ समय निकाला। स्वच्छ भारत मिशन ने पिछले नौ वर्षों में भारत को बदल दिया है। उन्होंने ग्रामीण और शहरी भारत में लगभग 12 करोड़ शौचालयों के निर्माण, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन में महत्वपूर्ण सुधारों और स्वास्थ्य तथा स्वच्छता प्रथाओं पर समग्र प्रभाव का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि शहरी क्षेत्रों में हमारा ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, जो मिशन की शुरुआत में लगभग न के बराबर था, अब प्रभावशाली 77 प्रतिशत पर है। उन्होंने आगे कहा कि संयुक्त राष्ट्र के अनुसार, बेहतर स्वास्थ्य और स्वच्छता प्रथाओं के कारण परिवारों ने 50,000 रुपये तक की बचत की है।

पुरी ने स्वच्छता के प्रति निरंतर प्रतिबद्धता की आवश्यकता पर बल दिया। शहरों को कचरा मुक्त बनाने तथा स्वच्छ भारत मिशन – शहरी 2.0 (एसबीएम-यू 2.0) के माध्यम से सभी पुराने कूड़ा स्थलों के सुधार के महत्व पर बल दिया।

विकास अभिकरण के पूर्व अध्यक्ष संजय जाधव ने विभागीय मंत्री कृष्णा गौर को सौंपा ज्ञापन

भोपाल : मंगलवार, जुलाई 2, 2024/ भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं मध्यप्रदेश राज्य विमुक्त, घुमक्कड़ जाति विकास अभिकरण के पूर्व अध्यक्ष संजय जाधव ने विमुक्त, घुमंतु एवं अर्द्ध घुमंतु समुदायों के जाति प्रमाण पत्र की विसंगति एवं समस्या के संबंध में कल प्रदेश शासन की मंत्री कृष्णा गौर को एक ज्ञापन सौंपा।

संजय जाधव ने ज्ञापन में कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा विमुक्त, घुमक्कड़ एवं अर्द्ध घुमक्कड़ जाति का स्थायी प्रमाण पत्र जारी करने के निर्देश दिए गए है। परंतु इस प्रक्रिया में पूर्ण परिवर्तन की आवश्यकता है। जाधव ने कहा कि भारत सरकार और प्रदेश सरकार में अनुसूचित जनजाति, अनुसूचित जाति और अन्य पिछड़ा वर्ग की जातियां है। जबकि विमुक्त, घुमक्कड़ एवं अर्द्ध घुमक्कड़ नाम का कोई जाति वर्ग नहीं है। इसी कारण इसका जाति प्रमाण पत्र जारी करने का कोई औचित्य नहीं है। विमुक्त, घुमक्कड़ एवं अर्द्ध घुमक्कड़ एक समुदाय है। इस समुदाय में कुल 51 जातियां आती है। इनमें से 11 जातियां अन्य पिछड़ा वर्ग में एवं 15 जातियां अनुसूचित जाति में आती है। शेष 25 जातियां अनारक्षित वर्ग में आती है। 11 जातियां अन्य पिछड़ा वर्ग के अंतर्गत आती है। उन्हें शासन के निर्देशानुसार अन्य पिछड़ा वर्ग का ही स्थायी जाति प्रमाण पत्र प्रदान किया जाना चाहिए, जिससे उन्हें आरक्षण मिल सके।

संजय जाधव ने मांग करते हुए कहा कि विमुक्त, घुमक्कड़ एवं अर्द्ध घुमक्कड़ समुदाय की कल्याण योजनाओं का अतिरिक्त लाभ देने के लिए पिछड़ा वर्ग के जाति प्रमाण पत्र के नंबर पर ही समुदाय का प्रमाण पत्र दिया जाना चाहिए। इसी प्रकार जो 15 जातियां अनुसूचित जनजाति में आती है उन्हें अनुसूचित जाति का स्थायी जाति प्रमाण दिया जाना चाहिए। विमुक्त, घुमक्कड़ एवं अर्द्ध घुमक्कड़ का एक प्रमाण पत्र अनुसूचित जाति के स्थायी जाति प्रमाण पत्र के समान नंबर पर दिया जाना चाहिए। इसी प्रकार शेष 25 जातियां जो अनारक्षित वर्ग में आती है उन्हें विमुक्त, घुमक्कड़ एवं अर्द्ध घुमक्कड़ समुदाय का प्रमाण दिए जाने के निर्देश दिए जाए जिससे बच्चों को स्कॉलरशिप, शिष्यवृत्ति एवं अन्य कल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिल सके।

संजय जाधव ने कहा कि इस समुदाय में शामिल अनुसूचित जातियों से जाति प्रमाण पत्र बनाने के लिए 1951 का रिकार्ड मांगा जाता है जो उचित नहीं है। विमुक्त, घुमक्कड़ एवं अर्द्ध घुमक्कड़ में शामिल इन अनुसूचित जातियों के पास रिकार्ड होना संभव ही नहीं है। इसलिए सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा 13 जनवरी 2014 को जारी निर्देशों में बिन्दु 5 के उपबिन्दु 5.3 आवेदक जिनके पास वर्ष 1950 में मध्यप्रदेश में निवास संबंधी दस्तावेज नहीं ळै का पालन अनिवार्य रूप से करवाने का आदेश जारी किए जाए जिससे जाति प्रमाण पत्र आसानी से बन सके।

हर बूथ पर जनता से संपर्क करें और बताएं गरीब कल्याण की योजनाएं – हितानन्द

छिंदवाड़ा : मंगलवार, जुलाई 2, 2024/ भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद ने सोमवार को छिंदवाड़ा जिले के अमरवाड़ा विधानसभा के छिंदी, बटकाखापा और हरई मंडल के शक्ति केन्द्रों के संयोजकों, प्रभारियों व प्रवासी कार्यकर्ताओं और चुनाव अभिकर्ताओं की बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा अमरवाड़ा उपचुनाव में जीत का इतिहास रचेगी। उन्होंने अभिकर्ताओं को गमछा पहनाकर स्वागत करते हुए कहा कि यह भाजपा के योद्धा हैं, यही मतदान के दिन सबसे महत्वपूर्ण समय में मतदान केंद्रों पर एक योद्धा की तरह लगे रहते हैं।

भाजपा प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की गरीब कल्याण की योजनाओं से छिंदवाड़ा की जनता लाभान्वित हुई है। प्रधानमंत्री के प्रति छिंदवाड़ा जिले की जनता का अटूट विश्वास है। प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्जवला योजना, किसान सम्मान निधि, आयुष्मान भारत सहित सैकड़ों जनहितकारी योजनाओं ने इस क्षेत्र की जनता का दिल जीता है। यही मतदाता अमरवाड़ा विधानसभा उपचुनाव में भाजपा को अपना आशीर्वाद प्रदान करके ऐतिहासिक विजय दिलाएंगे। हितानंद ने कहा कि सभी कार्यकर्ता पन्ना और बूथ समितियों को और मजबूती प्रदान कर सक्रियता बढ़ाकर घर-घर जनता से संपर्क कर प्रधानमंत्री जी की गरीब कल्याण योजनाएं बताएं और भाजपा को वोट देने की अपील करें। बूथ जीता तो चुनाव जीता, इसलिए सभी कार्यकर्ता बूथ और पन्ना समितियों को और सक्रिय करें और हर बूथ जीतने का लक्ष्य लेकर जुट जाएं। सभी कार्यकर्ता प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के गरीब कल्याण के कार्यों के साथ भाजपा की डबल इंजन सरकार की उपलब्धियां घर-घर संपर्क कर जनता को बताएं और उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी को वोट देने की अपील करें। लोकसभा चुनाव में भाजपा यहां ऐतिहासिक मतों से जीती है। लोकसभा चुनाव की तरह अमरवाड़ा विधानसभा उपचुनाव में भी भाजपा जीत का इतिहास बनाएगी। भाजपा प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद ने कहा कि पार्टी के सभी मोर्चा पदाधिकारी अमरवाड़ा विधानसभा उपचुनाव में सक्रिय भूमिका निभाएं। सामाजिक संगठनों के साथ बैठक कर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में किए जा रहे गरीब कल्याण के कार्यों को घर-घर संपर्क कर बताएं और भाजपा को उपचुनाव में आशीर्वाद देने की अपील करें।

हितानंद ने कहा कि भाजपा के कार्यकर्ता के लिए कहा जाता है कि वो या तो जीतता है या फिर सीखता है, लेकिन हारता कभी नहीं। मुझे भाजपा कार्यकर्ताओं पर पूरा विश्वास है कि “बूथ विजय से चुनाव विजय“ के महामंत्र व कार्यकर्ताओं के परिश्रम से लोकसभा चुनावों की तरह अमरवाड़ा विधानसभा उपचुनाव में भी निश्चित ही भाजपा को ऐतिहासिक विजय मिलेगी। पन्ना प्रमुखों तक पन्ना पहुचाये और वोट देने की अपील करें।

इस अवसर पर जिलाध्यक्ष डॉ. शेषराव यादव, लोकसभा सह प्रभारी संतोष पारिख, उप चुनाव सह प्रभारी व विधायक हेमंत खण्डेलवाल, महापौर विक्रम अहाके, जिला महामंत्री टीकाराम चंद्रवंशी, मोनिका बट्टी सहित भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

टीबी निदान सेवाओं के विस्तारीकण के लिए आईओसीएल के साथ एमओयू

भोपाल : मंगलवार, जुलाई 2, 2024/ राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम के अंतर्गत लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग एवं इंडियन ऑईल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (आईओसीएल) के मध्य समझौता ज्ञापन (एमओयू) किया गया है। प्रमुख सचिव लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विवेक कुमार पोरवाल एवं आईओसीएल के कार्यकारी निदेशक दीपक कुमार बसु ने एमओयू पर हस्ताक्षर किये।

आईओसीएल द्वारा मध्यप्रदेश में टीबी निदान सेवाओं में विस्तार करने के उद्देश्य से 100 ट्रूनॉट मशीन एवं 52 हैंड-हेल्ड एक्स-रे मशीन प्रदान की जाएगी। इन मशीनों से टीबी निदान सेवाओं का विस्तारीकण होगा और टी.बी. उन्मूलन के लक्ष्य की प्राप्ति में सहायता होगी। एनटीईपी-एनएचएम और आईओसीएल एक संयुक्त रणनीति के तहत टीबी संबंधित सेवाओं में वृद्धि के लिए कार्य करेंगे।

 

नए कानून लागू होते ही भोपाल के हनुमानगंज थाने में दर्ज हुई प्रदेश की पहली एफआईआर

भोपाल : मंगलवार, जुलाई 2, 2024/ देशभर में एक जुलाई से भारतीय न्याय संहिता (BNS),भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS)और भारतीय साक्ष्य अधिनियम (BSA) लागू हो चुके हैं। एडीजी लॉ एण्‍ड आर्डर जयदीप प्रसाद ने कल पुलिस मुख्‍यालय भोपाल में आयोजित पत्रकार वार्ता में जानकारी दी कि नए कानूनों के क्रियान्चयन में मध्यप्रदेश देश के अग्रणी राज्यों में शामिल है। मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा प्रदेश के सभी जिलों में नए कानूनों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जा रहा है। यही वजह है कि पहले ही दिन नए कानूनों के आधार पर फरियादियों की शिकायत सुनी गई और एफआईआर दर्ज की गई। मध्यप्रदेश की पहली एफआईआर भोपाल के हनुमानगंज थाने में रात 12 बजकर 16 मिनट पर दर्ज की गई। प्रदेश की दूसरी एफआईआर भोपाल के निशातपुरा थाने में रात 12 बजकर 20 मिनट पर, वहीं तीसरी एफआईआर भी भोपाल के शाहजहांनाबाद थाने में रात 12 बजकर 22 मिनट पर दर्ज की गई है। प्रदेशभर में रात 1 बजकर 36 मिनट तक कुल 10 एफआईआर दर्ज की गई। इनमें से आठ भोपाल में हुईं। वहीं एक एफआईआर ग्वालियर के हजीरा थाने में 12 बजकर 24 मिनट और सागर में रात 1 बजकर 36 मिनट पर दर्ज की गई।

प्रदेश की पहली एफआईआर हनुमानगंज थाने में दर्ज की गई। इस एफआईआर में फरियादी प्रफुल्ल पिता जयनारायण चौहान ने पुलिस को बताया कि पुरानी बात पर राजा उर्फ हरभजन ने उसे गालियां दीं। वहीं रात 12 बजकर 20 मिनट पर निशातपुरा थाने में भैरव पिता पूरनलाल साहू ने शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में फरियादी ने बताया कि मैं सीआईए गेट के पास रात में खड़ा था। तभी वहां मनीष शिल्पकार पहुंचा और मुझसे शराब पीने के लिए रुपए मांगने लगा। पैसे न देने पर मनीष ने मुझे गालियां दी और थप्पड़ मार दिया। इस मामले में पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है। प्रदेश की तीसरी एफआईआर शाहजहांनाबाद थाने में दर्ज की गई। दरअसल रात में बड़ा बाग कब्रिस्तान मस्जिद के पास आरोपी गौतम पिता रामचरण मोरे और गणेश पिता जगदीश सांवले आपस में झगड़ कर हंगामा कर रहे थे। जिन पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज की।

नए कानूनों के संबंध में प्रदेश के सभी थानों में कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इसमें विभिन्न थानों में माननीय न्यायधीशों, पुलिस अधिकारियों, अधिवक्ताओं, जनप्रतिनिधियों ने नागरिकों को नए कानून के संबंध में जागरूक किया। सभी थानों को सुसज्जित किया गया। रंगोली सजाई गई। फूलों और गुब्बारों से परिसर को सजाया गया। बैंड-बाजों के साथ नागरिकों का थाने में स्वागत किया गया। नागरिकों को मिठाईयों का वितरण किया गया। नए कानूनों के संबंध में जागरुकता संबंधी होर्डिंग, बैनर, पोस्टर लगाए गए। शॉर्ट फिल्मों के माध्यम से भी लोगों को नए कानूनों में जानकारी दी गई। वहीं सोशल मीडिया के अधिकृत हैंडल्स पर भी जागरुकता संबंधी पोस्ट किए गए।

देश के पहले आईएसओ प्रमाणित भोपाल के महिला थाने में नए कानूनों के संबंध में “पुलिस एवं जनता का संवाद” कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित हुई। यहां वक्ताओं ने बताया कि नए कानूनों में महिला व बच्चों के अधिकार बढ़ गए हैं। अब महिला व बच्चों के साथ अपराध होने पर त्वरित जांच व सुनवाई होगी। महिला संबंधी मामलों में अब वीडयोग्राफी कंपलसरी कर दी गई है। उन्होंने बताया कि डॉक्टर को भी अब समय सीमा में मेडिकल रिपोर्ट देना अनिवार्य है। कार्यक्रम में उपस्थित महिलाओं ने भी अपनी समस्याएं और जिज्ञासाएं जाहिर की, जिनका उपस्थित अतिथियों ने निराकरण किया।

दंड नहीं बल्कि न्याय केंद्रित कानून को लागू करने के लिए मध्यप्रदेश पुलिस छह महीनों से लगातार प्रयास कर रही थी। आरक्षक से लेकर आला अधिकारियों तक सभी को नए कानूनों के क्रियान्वयन के लिए प्रशिक्षित किया गया। तीनों कानूनों के बारे में 302 मास्टर्स ट्रेनर्स द्वारा 60 हजार से अधिक अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रशिक्षित किया गया। इनमें 31 हजार से अधिक विवेचना अधिकारी शामिल हैं। विशेष रूप से नए कानूनों में तकनीक के महत्व को बढ़ाया गया है। इस दृष्टिकोण से प्रदेश के सभी थानों में सीसीटीएनएस का संचालन करने वाले कर्मचारियों को प्रशिक्षित किया गया है।

असंगठित और गिग वर्कर्स के लिए केंद्र सरकार का बड़ा फैसला, 40 और 22...

0
नई दिल्ली | 4 नवंबर 2026 देश के करोड़ों असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों, डिलीवरी पार्टनर्स, ऐप आधारित टैक्सी चालकों और प्लेटफॉर्म वर्कर्स को सामाजिक सुरक्षा...
nmms-scholarship-2026-27

NMMSS Scholarship 2026-27: छात्रों को बड़ी राहत, छात्रवृत्ति आवेदन की अंतिम तारीख बढ़ी, अब...

0
नई दिल्ली। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के मेधावी विद्यार्थियों के लिए केंद्र सरकार ने बड़ी राहत दी है। शिक्षा मंत्रालय ने राष्ट्रीय साधन-सह-योग्यता...
akshara goswami

मध्यप्रदेश स्थापना दिवस पर 102 मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान, हर छात्र को मिली 1...

0
भोपाल। मध्यप्रदेश के 71वें स्थापना दिवस के अवसर पर प्रदेश की शैक्षणिक प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। भोपाल के लाल परेड मैदान में आयोजित...
poshan-tracker-pmmvy-grievance-redressal-2026

POSHAN Tracker और PMMVY की शिकायतों का होगा निपटारा, 30 अक्टूबर को देशभर में...

0
नई दिल्ली | 30 अक्टूबर 2026 | सामाजिक कल्याण समाचार केंद्र सरकार ने गर्भवती महिलाओं, स्तनपान कराने वाली माताओं और पोषण सेवाओं के लाभार्थियों की...
anath-bachchon-ke-liye-sarkari-yojana-2026

अनाथ बच्चों के लिए सरकार की खास योजनाएँ, पढ़ाई से लेकर आर्थिक सहायता तक

0
नई दिल्ली | सरकारी योजना समाचार देश में ऐसे कई बच्चे हैं, जिन्होंने अपने माता-पिता को खो दिया है या जिनके पास देखभाल करने वाला...