मुख्यमंत्री डॉ. यादव से भारतीय प्रशासनिक सेवा के वर्ष 2023 बैच के 9 परिवीक्षाधीन अधिकारियों ने भेंट की

भोपाल : शनिवार, जून 29, 2024/ मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से कल मंत्रालय में भारतीय प्रशासनिक सेवा के वर्ष 2023 बैच के 9 परीक्षा परिवीक्षाधीन अधिकारियों ने भेंट की। इस अवसर पर अपर मुख्य सचिव मुख्यमंत्री कार्यालय डॉ. राजेश राजौरा, प्रमुख सचिव संजय कुमार शुक्ला, राघवेंद्र कुमार सिंह, प्रशासन अकादमी के महानिदेशक विनोद कुमार और संचालक, प्रशासन अकादमी भोपाल सोनाली वायंगणकर उपस्थित थीं।

टी-20 विश्व कप के फाइनल में आज भारत का मुकाबला दक्षिण अफ्रीका से

नई दिल्ली : शनिवार, जून 29, 2024/ टी-20 विश्व कप के फाइनल में आज भारत का मुकाबला दक्षिण अफ्रीका से होगा। बारबाडोस में खेले जाने वाला ये मैच भारतीय समयानुसार रात 8 बजे शुरू होगा। रोहित शर्मा के नेतृत्‍व में भारतीय टीम ने सेमीफाइनल में पिछले विजेता इंग्लैंड को 68 रन से हराकर फाइनल में जगह बनाई। दूसरे सेमीफाइनल में दक्षिण अफ्रीका ने अफगानिस्तान को पराजित किया। दोनों टीमें भारत और दक्षिण अफ्रीका प्रतियोगिता में अजेय बनी हुई हैं। यह मैच भारत के मुख्य कोच के रूप में राहुल द्रविड़ का आखिरी मैच होगा।

भारतीय टीम ने टी-20 विश्व कप 2024 के ग्रुप चरण में शानदार प्रदर्शन किया और सात अंकों के साथ ग्रुप ए तालिका में शीर्ष पर रही। रोहित शर्मा की टीम 2013 के चैंपियंस ट्रॉफी के बाद से आईसीसी ट्रॉफी के लिए भारत के सूखे को खत्म करने और दक्षिण अफ्रीका में 2007 के उद्घाटन संस्करण के बाद से अपना पहला टी20 विश्व कप जीतने के लिए उत्सुक होगी।

 

शासन की प्राथमिकताओं, उपलब्धियों और श्रेष्ठ कार्यों की जानकारी पहुंचाएं आमजन तक – मुख्यमंत्री डॉ. यादव

भोपाल : शनिवार, जून 29, 2024/ मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि विधानसभा के आगामी सत्र के लिए विभाग और विभागाध्यक्ष प्रश्नों के उत्तर भेजने के साथ ही विभागीय उपलब्धियों का विवरण भी तैयार रखें। विधानसभा एक ऐसा माध्यम है, जहाँ शासन के श्रेष्ठ कार्यों की जानकारी दिए जाने से आमजन तक भी महत्वपूर्ण सूचनाएं पहुंच जाती हैं। विधानसभा सदस्यों द्वारा पूछे गए प्रश्नों के उत्तर समय-सीमा में भेजे जाएं। उत्तर के रूप में भेजी गई जानकारी भी संपूर्ण एवं प्रासंगिक होना चाहिए। इसी तरह जनकल्याण से जुड़ी राज्य शासन की प्राथमिकताओं का ब्यौरा भी इसमें शामिल होना चाहिए। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बैठक में विधानसभा सत्र के लिए की जा रही तैयारियों और जरूरी जानकारी भेजने के कार्यों की विभागवार समीक्षा करते हुए आवश्यक निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव कल मंत्रालयीन सभाकक्ष में एक बैठक में आगामी एक जुलाई से प्रारंभ हो रहे मध्यप्रदेश विधानसभा के सत्र की तैयारियों की जानकारी प्राप्त कर रहे थे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बैठक में विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों को सत्र के संबंध में शासन स्तर पर की जाने वाली कार्यवाही के संबंध में आवश्यक निर्देश भी दिए। बैठक में मुख्य सचिव वीरा राणा, अपर मुख्य सचिव मुख्यमंत्री कार्यालय डॉ. राजेश राजौरा, अपर मुख्य सचिव संसदीय कार्य विभाग के.सी. गुप्ता, प्रमुख सचिव विधानसभा ए.पी. सिंह, प्रमुख सचिव मुख्यमंत्री कार्यालय संजय कुमार शुक्ला और राघवेन्द्र कुमार सिंह, प्रमुख सचिव जनसंपर्क एवं विमानन संदीप यादव सहित वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि विधानसभा सत्र में पारित किए जाने वाले विधेयक से संबंधित आवश्यक प्रक्रिया सत्र के पूर्व यथाशीघ्र पूर्ण की जाए। इसके साथ ही अपूर्ण प्रश्न, शून्यकाल की सूचना से संबंधित जानकारी भी तैयार कर विधानसभा सचिवालय को भेजी जाए। सत्र के दौरान विभागों द्वारा निर्धारित नोडल अधिकारी नियमित रूप से उपस्थित रहें। सत्र में बजट प्रस्तुत किए जाने के दिन भी संबंधित अधिकारी दायित्व पर उपस्थित रहें। विभागों के अधिकारी, विभागों द्वारा किए जा रहे अच्छे कार्यों का विस्तृत विवरण आवश्यकतानुसार उपलब्ध करवाएं।

 

क्षेत्र के विकास के लिए जी-जान लगा दूंगा, खजुराहो को जल्द मिलेगी ग्रीन सिटी की सौगात – विष्णुदत्त शर्मा

भोपाल : शनिवार, जून 29, 2024/ भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व खजुराहो सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने शुक्रवार को खजुराहो में राजनगर विधानसभा क्षेत्र के मतदाता एवं कार्यकर्ता अभिनंदन समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर भगवान रूपी जनता के अटूट विश्वास और पार्टी के देवतुल्य कार्यकर्ताओं के अथक मेहनत व परिश्रम से भाजपा को मध्यप्रदेश की सभी 29 लोकसभा सीटों में ऐतिहासिक विजय मिली है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर मध्यप्रदेश सहित देशभर की जनता का अटूट विश्वास ही है कि आजादी के बाद पहली बार बिना कांग्रेस के कोई दल लगातार तीसरी बार सत्ता में आया है। मैं खजुराहो क्षेत्र के विकास के लिए जी-जान लगा दूंगा। आप सभी भगवान रूपी मतदाताओं को मैं विश्वास दिलाता हूं कि मैं खजुराहो सांसद विष्णुदत्त शर्मा आप सभी के सुख-दुख में आपके साथ खड़ा रहूंगा और पूरे क्षेत्र को एक परिवार मानकर कार्य करूंगा। परिवार की तरह आप सब की सेवा करता रहूंगा। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष शर्मा ने वरिष्ठ मतदाताओं का सम्मान व कार्यकर्ताओं का पुष्पवर्षा कर अभिनंदन किया।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि खजुराहो की जनता ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर विश्वास जताते हुए ऐतिहासिक विजय दिलाई है। खजुराहो लोकसभा क्षेत्र में भाजपा को 68 प्रतिशत वोट मिले हैं। देश के दस चुनिंदा सांसदों में आपके क्षेत्र के सांसद, आपके परिवार के सदस्य विष्णुदत्त शर्मा का भी नाम है। खजुराहो लोकसभा क्षेत्र में मतदान प्रतिशत कम होने के बाद भी वोट शेयरिंग में देश के दस चुनिंदा सांसदों में खजुराहो लोकसभा क्षेत्र का सातवां स्थान है। राजनगर विधानसभा में 273 बूथ हैं, जिनमें भाजपा को सिर्फ 5 पर विजय नहीं मिली, बाकी सभी बूथों पर भाजपा को विजय मिली है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष शर्मा ने कहा कि आज देशभर में चर्चा हो रही है कि मध्यप्रदेश ने तो कमाल कर दिया। मध्यप्रदेश में भाजपा सभी 29 लोकसभा सीटों पर ऐतिहासिक विजय प्राप्त की है, इसकी चर्चा आज देशभर में हो रही है। यह उपलब्धि ऐसे ही नहीं मिली है। यह उपलब्धि मध्यप्रदेश के कार्यकर्ताओं के त्याग, बलिदान, अथक मेहनत परिश्रम से मिली है। भाजपा के देवतुल्य कार्यकर्ताओं ने अपना तन-मन-धन लगातर पार्टी के लिए कार्य किया, तब जाकर भाजपा को प्रदेश की सभी 29 लोकसभा सीटों में ऐतिहासिक विजय मिली है। छिंदवाड़ा को लेकर कहा जाता था कि वहां तो राह आसान नहीं, लेकिन मुझे अपने कार्यकर्ताओं की लगन, मेहनत व संगठन की क्षमता पर पूरा भरोसा था। मैं हमेशा कहता था कि इस बार छिंदवाड़ा में कमल खिलेगा और वहां की जनता ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रति विश्वास जताते हुए भाजपा को एक लाख 14 हजार से अधिक मतों से विजयी बनाया है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष शर्मा ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता आधारित संगठन है। यहां हार की भी समीक्षा होती है और जीत की भी समीक्षा होती है। मध्यप्रदेश से लोकसभा चुनाव की समीक्षा की है। राजनगर विधानसभा में 5 बूथों पर भाजपा चुनाव हारी है, वहीं प्रदेश के 80 प्रतिशत बूथों पर भाजपा को इस लोकसभा चुनाव में विजय मिली है। भाजपा जिन 20 प्रतिशत बूथों पर चुनाव नहीं जीत सकी, कई बूथों में तो बहुत कम अंतर से हार हुई है। उन सभी बूथों में हमें और कार्य करना है कि आने वाले चुनावों में उन बूथों पर चुनाव जीतना है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व खजुराहो सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि भगवान मतंगेश्वर की धरती खजुराहो पूरे विश्व में विख्यात है। खजुराहो क्षेत्र की जनता ने भाजपा और मुझ पर जो विश्वास व्यक्त किया है, उसका ऋण नहीं चुकाया जा सकता। मैं खजुराहो क्षेत्र के विकास के लिए प्रतिबद्ध हूं। खजुराहो लोकसभा क्षेत्र में पानी की समस्या थी, प्रधानमंत्री जल्द ही केन-बेतवा लिंक परियोजना का शिलान्यास करने आने वाले हैं। इस परियोजना से समूचे बुंदेलखंड में पानी की समस्या दूर होगी। आप सभी मतदाताओं ने भाजपा पर जो विश्वास व्यक्त किया है उसका असर है कि खजुराहो को जल्द ही ग्रीन सिटी की सौगात मिल सकती है। विश्व विख्यात खजुराहो को ग्रीन सिटी के रूप में विकसित करने कई देश निवेश करना चाहते हैं। खजुराहो क्षेत्र में उद्योग स्थापित करने के लिए पूरा प्रयास किया जाएगा।

कार्यक्रम में मंच पर प्रदेश शासन के मंत्री दिलीप अहिरवार, जिलाध्यक्ष चन्द्रभान सिंह गौतम, विधायक अरविन्द पटैरिया, पूर्व विधायक उमेश शुक्ला, विजय बहादुर सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष मलखान सिंह, नगर परिषद अध्यक्ष अरूण अवस्थी, लोकसभा प्रभारी सदानंद गौतम, विधानसभा संयोजक छविलाल पटेल, विधानसभा प्रभारी लोकपाल सिंह बुन्देला, संजय रायकवार, जीतू वर्मा, अरविन्द त्रिपाठी, उपमा त्रिपाठी, ज्योति अग्रवाल सहित राजनगर विधानसभा के बूथ स्तर के कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि व पार्टी पदाधिकारी उपस्थित रहे।

अमरवाड़ा की जनता चुनावी पर्यटन पर आने वाले कमलनाथ को देगी जवाब – कविता पाटीदार

भोपाल : शनिवार, जून 29, 2024/ भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश महामंत्री व सांसद कविता पाटीदार ने कहा कि लोकसभा का चुनाव हारने के बाद कांग्रेस नेता कमलनाथ छिंदवाड़ा की जनता के भी नहीं हुए। लोकसभा चुनाव परिणाम आने के बाद कमलनाथ और उनके बेटे नकुलनाथ छिंदवाड़ा छोड़कर चले गए। कमलनाथ छिंदवाड़ा की जनता के दुख दर्द में भी उनके साथ खड़े नहीं हो सके। छिंदवाड़ा जिले के दो वीर सपूत सेना के जवान सीमा पर शहीद हुए, लेकिन कमलनाथ और उनका परिवार शहीद के घर श्रद्धांजलि देने और उनके परिवार को ढांढस बंधाने तक नहीं पहुंचा। चुनावी पर्यटन पर आने वाले कमलनाथ और नकुलनाथ को अमरवाड़ा की जनता करारा जवाब देगी।

भाजपा की प्रदेश महामंत्री व सांसद कविता पाटीदार ने कहा कि सच तो यह है कि कमलनाथ मध्यप्रदेश के मूल निवासी नहीं होने के कारण वे छिंदवाड़ा की जनता को कभी अपना मानते ही नहीं थे। राजनीति करने, चुनाव जीतने के लिए छिंदवाड़ा की भोली-भाली जनता को उनके दुख दर्द में साथ खड़े होने की बात कहते थे, लेकिन जब चुनाव हार गए तो शहीद के परिजनों के आंसू पोछने तक नहीं पहुंचे। चुनाव हारने के बाद कमलनाथ और नकुलनाथ सिर्फ सोशल मीडिया में सक्रिय थे और शहीद को एक्स पर श्रद्धांजलि देकर जता दिया कि छिंदवाड़ा जिले की जनता को सिर्फ वोट बैंक के रूप में देखा है।

प्रदेश महामंत्री कविता पाटीदार ने कहा कि कमलनाथ छुट्टियां मनाकर वापस आ रहे हैं और अमरवाड़ा में हो रहे उपचुनाव में चुनावी पर्यटन करने जाने वाले हैं। कमलनाथ अब अमरवाड़ा की जनता के सामने घड़ियाली आंसू बहाएंगे, लेकिन अमरवाड़ा की जनता अब इनके जाल में नहीं फंसने वाली। छिंदवाड़ा लोकसभा चुनाव की तरह ही अमरवाड़ा विधानसभा उप चुनाव में भी जनता मतलबी नाथ परिवार को जवाब देने को तैयार है।

मप्र में तीन-सी कर्ज, क्राईम और करप्शन की सरकार है : जीतू पटवारी

भोपाल : शनिवार, जून 29, 2024/ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कल अपने प्रवास के तीसरे दिन छिंदवाड़ा के अमरवाड़ा विधानसभा के बसुरिया, हरई, पठारा, अहरवाड़ा, खमतरा, धरमी, ग्वारपानी, हडाई, जमुनिया, सुरलाखापा और कार्यकर्ताओं से मुलाकात तथा कांग्रेस प्रत्याशी धीरन शाह के पक्ष में जनसंपर्क किया एवं अपरान्ह में धनौरा बाजार में आमसभा को संबोधित किया। इसके पूर्व उन्होंने विधानसभा उपचुनाव के प्रभारीगणों एवं स्थानीय वरिष्ठ नेताओं के साथ छिंदवाड़ा में बैठक कर चुनावी रणनीति के संदर्भ चर्चा की।

पटवारी ने मीडिया से चर्चा करते हुये कहा कि जहां विकास की बात आयी वहां भ्रष्टाचार की बात आई, नरेन्द्र मोदी और करप्शन एक दूसरे के पर्याय बने हुये हैं, नरेन्द्र मोदी और नफरत एक दूसरे के पर्याय बन गये हैं, एक तरह से चोली दामन का साथ बन गया है। ये नया भारत ऐसा-कैसा जो एक तरफ अपने उद्योगपति मित्रों को सहायता करने के लिए विकास ढूंढ रहा है तो तबाही मची है, दिल्ली के एयरपोर्ट पर जबलपुर के एयरपोर्ट पर जो तबाही मची है, यह संदेश देता है कि यह करप्शन और मोदी सरकार दोनों का चोली दामन का साथ है।

पटवारी ने कहा कि मप्र की सरकार तीन-सी की सरकार है कर्ज, क्राईम और करप्शन। लाड़ली बहना योजना के लिए सरकार को 90 हजार 900 करोड़ रूपये चाहिए और इसके लिये या तो कर्ज लेना पड़ेगा, या देश की संपत्ति बेचेंगे। ज्ञात हुआ है कि 88 करोड़ रूपये कर्ज ले रही है भाजपा सरकार और यदि सरकार कर्ज लेगी तभी लाड़ली बहना योजना चल पायेगी।

पटवारी ने कहा कि हमारे वरिष्ठ नेता कमलनाथ से अमरवाड़ा ही नहीं पूरे छिंदवाड़ा के लोग प्रभावित हैं, उन्होंने क्षेत्र में विकास किया है। अमरवाड़ा सीट कांग्रेस की सीट हैं, भाजपा ने षड्यंत्रपूर्वक हमारे विधायक को भाजपा में शामिल कराया है। यहां के आदिवासी ईमानदार हैं और वह ईमानदार जनप्रतिनिधि को ही पसंद करते हैं यहां कांग्रेस की जीत सुनिश्चित है।

धनौरा बाजार में आमसभा को संबोधित करते हुये पटवारी ने कहा कि प्रदेश सरकार ने किसानों, महिलाओं, युवाओं के साथ धोखा किया है। घपलों और घोटालों की सरकार इस प्रदेश में चल रही है। नर्सिंग घोटाला, व्यापमं घोटाला और अब पेपर लीक घोटाला। इतना ही नहीं आज महंगाई से प्रदेश की जनता कराह रही है। लेकिन सरकार हवाई जहाज खरीदी, लग्जरी गाड़ियों की खरीदी और मंत्रियों के बंगलों की साज-सज्जा में लगी हुई है। चुनाव में जो वादे जनता से किये थे वे सभी भाजपा, मुख्यमंत्री और मंत्री सब भूल गये हैं। न तो किसानों को गेहूं और धान का 2700 और 3100 रू. समर्थन मूल्य मिल रहा है और महिलाओं से 3000 का वादा किया था, वह भी नहीं मिल रहे हैं। जनता इस सब का हिसाब भाजपा से लेेने के लिए तैयार बैठी है।

इस अवसर पर पूर्व मंत्री सुखदेव पांसे, विधायक सुजीत मेरसिंह चौधरी, विधायक विजय चौरे, विधायक मधु भगत, विधायक नीलेश उइके, पूर्व विधायक संजय शर्मा, पूर्व विधायक सुनील जायसवाल, निलय डागा, मप्र कांग्रेस के उपाध्यक्ष गंगा प्रसाद तिवारी, जिलाध्यक्ष विश्वनाथ ओक्टे, देवेन्द्र पटेल आदिवासी कांग्रेस के अध्यक्ष रामू टेकाम, मप्र कांग्रेस समाज कल्याण प्रकोष्ठ के अध्यक्ष अनुराग भार्गव, अभिनय ढिमोले, सौपान कोहले सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, ब्लाक अध्यक्ष, मोर्चा संगठनों के अध्यक्ष सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित थे।

 

आईसीसी टी-20 विश्व कप के दूसरे सेमीफाइनल में इंग्लैंड को 68 रनों से हराकर फाइनल में पहुंचा भारत

गयाना : शुक्रवार, जून 28, 2024/ भारत ने आईसीसी टी-20 विश्व कप के दूसरे सेमीफाइनल में इंग्लैंड को 68 रनों से हराकर फाइनल में जगह बना ली है। कल रात गुयाना में हुए मुकाबले में इंग्लैंड ने टॉस जीतकर पहले फील्डिंग का फैसला लिया जिसके बाद भारत ने 20 ओवर में सात विकेट खोकर 171 रन बनाए। बारिश से प्रभावित इस मुकाबले में कप्तान रोहित शर्मा ने 39 गेंदों में सर्वाधिक 57 रन बनाए जबकि सूर्यकुमार यादव ने 36 गेंदों में 47 रन बनाए जबकि हार्दिक पांड्या ने 13 गेंदों में 23 रनों की पारी खेली।

इंग्लैंड की ओर से क्रिस जॉर्डन ने तीन विकेट लिए वहीं, रीस टॉपले, जोफ्रा आर्चर, सैम करन और आदिल राशिद के खाते में एक-एक विकेट आया। 172 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंग्लैंड की टीम 16 ओवर चार गेंद में केवल 103 रनों पर ढेर हो गई। हैरी ब्रुक ने अपनी टीम के लिए 19 गेंदों पर सर्वाधिक 25 रन बनाए। भारत की ओर से कुलदीप यादव और अक्षर पटेल ने तीन-तीन विकेट झटके। जसप्रीत बुमराह ने दो विकेट अपने नाम किए। अक्षर पटेल को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। अब फाइनल में भारतीय टीम कल बारबाडोस में साउथ अफ्रीका से भिड़ेगी। भारतीय टीम तीसरी बार टी-20 विश्व कप के फाइनल में पहुंची है।

 

कर्मचारियों, अधिकारियों को वायरलैस सुविधा मिली, प्रतिमाह आपूर्ति की होगी समीक्षा

उज्जैन : शुक्रवार, जून 28, 2024/ मालवा के दूसरे सबसे बड़े शहर और संभागीय मुख्यालय उज्जैन की बिजली वितरण व्यवस्था का आधुनिकीकरण किया जा रहा है। मप्र पश्चिम क्षेत्र विद्य़ुत वितरण कंपनी इंदौर द्वारा बिजली लाइनों, ट्रांसफार्मरों, ग्रिडों की क्षमता बढ़ाने, आरडीएसएस के तहत भी अधोसंरचनात्मक विकास कार्य किए जा रहे है। इसके साथ ही शुक्रवार को वायरलेस सुविधा का शुभारंभ भी ज्योति नगर स्थित सभागार में हुआ।

कंपनी के निदेशक तकनीकी सचिन तालेवार ने मुख्य अभियंता बीएल चौहान, अधीक्षण अभियंता पीएस चौहान आदि की मौजूदगी में वायरलैस सुविधा का विधिवत शुभारंभ किया। उन्होंने मौके से ग्रिड ऑपरेटरों से चर्चा भी की। शहर के समस्त 33/11 केवी के ग्रिडों, जोन प्रभारियों, एसटीसी, एसटीएम, कंट्रोल रूम, स्मार्ट मीटर अधिकारियों इत्यादि शुक्रवार से वायरलैस सेट से सुविधा संपन्न हो गए है। इस सुविधा से आपूर्ति सुधार, एक ही समय में एक से ज्यादा कार्मिकों से सीधी बात, तुरंत मैसेज देने इत्यादि मामलों में आसानी होगी।

शुभारंभ व शहर से जुड़े बिजली अधिकारियों की मिटिंग के अवसर पर निदेशक तकनीकी सचिन तालेवार ने कहा कि बिजली आपूर्ति प्रदेश शासन, केंद्रीय विद्युत प्राधिकरण, मप्र नियामक आयोग के मापदंड के अनुसार हो। इसके लिए प्रत्येक अधिकारी गंभीरता रखे। उन्होंने समय पर मैंटनेंस, वर्षा-त्योहार पूर्व की तैयारी पर ज्यादा ध्यान देने के निर्देश दिए। तालेवार ने कहा कि यदि मौसम में भारी बदलाव के कारण या फिर मैंटनेंस के कारण बिजली चुनिंदा इलाके में बंद होती है अथवा बंद करना पड़ती है, तो प्रभावित क्षेत्र के उपभोक्ताओं, रहवासी संघों, उपभोक्ताओं को समय पर एसएमएस, वाट्सएप ग्रुपों इत्यादि माध्यमों से सूचना दी जाए।

तालेवार ने अधीक्षण यंत्री एवं कार्यपालन यंत्री को मैंटनेंस कार्यों का क्रॉस वेरिफिकेशन और प्रतिमाह आपूर्ति संबंधी समीक्षा करने, उपभोक्ता सुविधाओं में बढ़ोत्तरी करने, शिकायत निवारण तत्परता से करने को भी कहा। निदेशक तकनीकी ने रूफ टॉप सोलर के लिए अधिकाधिक लोगों को जानकारी देने एवं सौर ऊर्जा के लिए प्रेरित करने का आह्वान भी किया। इस अवसर पर कार्यपालन यंत्रीगण सीए ठकार, जयेंद्र ठाकुर, सतिश कुमरावत, अमरेश सेठ के अलावा जोन प्रभारी प्रमुख रूप से मौजूद थे।

 

झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन पांच महीने बाद बिरसा कारागार से हुए रिहा

रांची : शुक्रवार, जून 28, 2024/ झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को भूमि घोटाले से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में उच्च न्यायालय द्वारा जमानत दिए जाने के बाद आज रांची की बिरसा मुंडा जेल से रिहा कर दिया गया। धन-शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के विशेष न्यायाधीश राजीव रंजन की कोर्ट में 50-50 हजार के दो निजी मुचलके पर शुक्रवार को झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का रिहाई का आदेश जारी हुआ। रिलीज ऑर्डर बिरसा मुंडा केन्द्रीय कारागार भेजा गया। इसके बाद हेमंत सोरेन करीब पांच माह बाद जेल से बाहर आ गए।

8.36 एकड़ जमीन के अवैध कब्जे से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में प्रवर्तन निदेशालय ने इस साल 31 जनवरी को हेमंत सोरेन को गिरफ्तार किया था।

जेल से रिहा होने के बाद पत्रकारों से बात करते हुए झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि उन्हें मनी लॉन्ड्रिंग मामले में झूठा फंसाया गया और लगभग पांच महीने जेल में बिताने के लिए मजबूर किया गया।

उल्लेखनीय है कि इस मामले में ईडी ने जांच पूरी करते हुए 30 मार्च को हेमंत सोरेन सहित पांच आरोपितों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की है। इसके अलावा झामुमो नेता अंतू तिर्की सहित 10 आरोपितों पर पूरक आरोप पत्र भी बीते दिनों अदालत में दायर हुआ है। मामले में हेमंत सोरेन सहित 12 आरोपितों की गिरफ्तारी हो चुकी है।

गिरफ्तार होने वाले आरोपितों में हेमंत सोरेन, बड़गाई अंचल के निलंबित राजस्व कर्मचारी भानु प्रताप प्रसाद, झामुमो नेता अंतु तिर्की, मो. सद्दाम, मो. अफसर अली, विपिन सिंह, प्रियरंजन सहाय,इरसाद अख्तर, शेखर कुशवाह, हजारीबाग के कोर्ट कर्मी मो इरशाद, कोलकाता के रजिस्ट्रार ऑफ एश्योरेंस के कर्मी तापस घोष और चौकीदार संजीत कुमार शामिल हैं।

स्वर्णिम भारत का स्वप्न, नशा मुक्त समाज से होगा साकार : मंत्री नारायण सिंह कुशवाह

भोपाल : शुक्रवार, जून 28, 2024/ सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन कल्याण मंत्री नारायण सिंह कुशवाह ने कहा कि स्वर्णिम भारत का सपना नशा मुक्त समाज निर्माण से ही पूरा किया जा सकता है। घर और समाज से शराब की लत के समाप्त करने में माता-बहनों की अहम भूमिका हो सकती है। उन्होंने यह बात विभिन्न सामाजिक संगठनों की सहभागिता के साथ सामाजिक न्याय विभाग द्वारा नशामुक्ति अभियान जागरूकता कार्यक्रम के शुभारंभ अवसर पर कही। मंत्री कुशवाह द्वारा नशा न करने की शपथ दिलाई और झंड़ी दिखाकर जागरूकता वाहन रैली को विदा किया।

मंत्री कुशवाह ने कहा कि समाज में अनादी काल से नशा सामाजिक बुराई के रूप में व्याप्त है। भारत में नशा मुक्त समाज बनाने के लिये प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा 15 अगस्त 2020 को नशामुक्त भारत अभियान का शुभारंभ किया गया है। इसमें केन्द्र और राज्य सरकार के सामाजिक न्याय विभाग द्वारा सामाजिक सहभागिता से विभिन्न स्तर पर जागरूकता अभियान चलाये जा रहे है। इन अभियानों की सफलता में घर की महिलाओं की अहम भूमिका हो सकती है। उन्होंने कहा कि पुरूष के नशा करने पर सबसे ज्यादा प्रताड़ित घर की माँ-बहन एवं बाद में बच्चे होते है। इसलिए आवश्यक है कि माता-बहनें घरों में और मोहल्ले में संगठित होकर नशा करने वालों के विरूद्ध जागरूकता अभियान चलाये। नशा से अपराध, दुर्घटनाएँ, गरीबी और बेरोजगारी में लगातार वृद्धि हो रही है। मंत्री कुशवाह ने शहरों की स्लम बस्तियों में विशेष जागरूकता अभियान चलाने की आवश्यकता जताई। वर्ष 2024-25 में प्रदेश के सभी जिलों में नशामुक्ति केन्द्रों की स्थापना कराई जायेगी।

आयुक्त सामाजिक न्याय भौंसले ने बताया कि सम्पूर्ण विश्व नशा की समस्या से पीड़ित है, इसीलिये 1987 में यू.एन.ओ. द्वारा प्रति वर्ष 26 जून को “अंतर्राष्ट्रीय नशा निवारण दिवस” मनाने का निर्णय लिया गया है। मध्यप्रदेश में 15 जून से 30 जून तक नशामुक्ति पखवाड़ा मनाया जा रहा है। विभिन्न सामाजिक संगठनों के सहयोग से जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। भोपाल में नशामुक्ति जागरूकता वाहन रैली निकाली भी जा रही है।

कार्यक्रम में प्रजापति ब्रह्मकुमारी ईश्वरीय संस्थान के वॉलिंटियर द्वारा जागरूकता नाटक का मंचन कला पथक दल द्वारा नशामुक्ति पर आधारित गीत की प्रस्तुती दी गई। प्रजापति ब्रह्मकुमारी संस्थान की राजयोगनी ज्योति दीदी, गायत्री परिवार के समन्वयक राजेश पटेल, आयुक्त सामाजिक न्याय आर.आर भौंसले सहित बड़ी संख्या में सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित थे।

असंगठित और गिग वर्कर्स के लिए केंद्र सरकार का बड़ा फैसला, 40 और 22...

0
नई दिल्ली | 4 नवंबर 2026 देश के करोड़ों असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों, डिलीवरी पार्टनर्स, ऐप आधारित टैक्सी चालकों और प्लेटफॉर्म वर्कर्स को सामाजिक सुरक्षा...
nmms-scholarship-2026-27

NMMSS Scholarship 2026-27: छात्रों को बड़ी राहत, छात्रवृत्ति आवेदन की अंतिम तारीख बढ़ी, अब...

0
नई दिल्ली। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के मेधावी विद्यार्थियों के लिए केंद्र सरकार ने बड़ी राहत दी है। शिक्षा मंत्रालय ने राष्ट्रीय साधन-सह-योग्यता...
akshara goswami

मध्यप्रदेश स्थापना दिवस पर 102 मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान, हर छात्र को मिली 1...

0
भोपाल। मध्यप्रदेश के 71वें स्थापना दिवस के अवसर पर प्रदेश की शैक्षणिक प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। भोपाल के लाल परेड मैदान में आयोजित...
poshan-tracker-pmmvy-grievance-redressal-2026

POSHAN Tracker और PMMVY की शिकायतों का होगा निपटारा, 30 अक्टूबर को देशभर में...

0
नई दिल्ली | 30 अक्टूबर 2026 | सामाजिक कल्याण समाचार केंद्र सरकार ने गर्भवती महिलाओं, स्तनपान कराने वाली माताओं और पोषण सेवाओं के लाभार्थियों की...
anath-bachchon-ke-liye-sarkari-yojana-2026

अनाथ बच्चों के लिए सरकार की खास योजनाएँ, पढ़ाई से लेकर आर्थिक सहायता तक

0
नई दिल्ली | सरकारी योजना समाचार देश में ऐसे कई बच्चे हैं, जिन्होंने अपने माता-पिता को खो दिया है या जिनके पास देखभाल करने वाला...