भोपाल विलीनीकरण दिवस पर होगा झंडावंदन, 75 वी वर्षगांठ का उत्सव मनाएंगे – आलोक शर्मा

भोपाल : शुक्रवार, मई 31, 2024/ भोपाल की आजादी की पूर्व संध्या पर आयोजित रंगारंग कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भोपाल के पूर्व महापौर एवं लोकसभा के प्रत्याशी आलोक शर्मा ने कहा कि भारत को अंग्रेजी हुकूमत से तो आजादी 15 अगस्त 1947 को मिल गई थी लेकिन भोपाल में 659 दिनों बाद झंडा फहराया जा सका। दरअसल भोपाल नबाब हमीदुल्ला खां नहीं चाहते थे कि भोपाल का विलय भारत गणराज्य में हो। वे भोपाल रियासत को पाकिस्तान में शामिल करना चाहते थे। जबकि भोपाल की जनता में इसको लेकर भारी आक्रोश था। पूरा देश जब आजादी की खुशियां मना रहा था भोपाल में सन्नाटा पसरा था। भोपाल की आजादी के लिए लोगों ने कमर कस ली और आंदोलन के तहत आगे बढ़े। नबाब के ख़ौफ़ से आंदोलन की गतिविधियां सीहोर के इछावर और रायसेन से संचालित होती थी। रायसेन जिले के बोरास में एक सभा के दौरान तिरंगा झंडा फहराया जा रहा था। उसी दौरान पुलिस ने लाठियां और गोलियां चलाई जिसमें 4 युवा शहीद हो गए लेकिन झंडे को झुकने नहीं दिया। बोरास में हुए गोलीकांड की खबर जब सरदार वल्लभभाई पटेल को लगी तो उन्होंने अपने सचिव बीपी मेनन को भोपाल भेजा था। यह घटना कोई साधारण नहीं थी। बाद में 1 जून 1949 को भोपाल को आजादी मिली। वर्तमान में खासतौर पर नई पीढ़ी को यह याद रखना चाहिए कि भोपाल को आजादी कैसे मिली। यह महत्वपूर्ण है। आजादी की 75 वी वर्षगांठ की पूर्व संध्या पर भोपाल गेट पर भव्य आतिशबाजी की गई। पायरो और ढोल धमाकों के बीच लोगों नेफब्बारे छोड़े।

1 जून को पुराने शहर के भोपाल गेट पर प्रातः 9 बजे झंडावंदन किया जाएगा। इस दौरान बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित होकर भोपाल के गौरव की 75 वी वर्षगांठ का उत्सव मनाएंगे। ज्ञात रहे कि मध्यप्रदेश सरकार ने पूर्व महापौर आलोक शर्मा के प्रयासों पर मुहर लगाते हुए भोपाल के विलीनीकरण दिवस पर 1 जून को स्थाई सरकारी अवकाश घोषित किया है।

दिल्‍ली में बेबी केयर न्‍यू बॉर्न अस्पताल के मालिक और एक सह-आरोपी को 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेजा गया

नई दिल्ली : शुक्रवार, मई 31, 2024/ दिल्‍ली की एक अदालत ने बेबी केयर न्‍यू बॉर्न अस्पताल के मालिक और एक सह-आरोपी को 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। कुछ दिनों पहले इस अस्पताल में लगी भयानक आग में सात बच्‍चों की मृत्यु हो गई थी। अस्पताल के मालिक नवीन खिची और ड्यूटी पर तैनात एक कर्मचारी को निजी अस्पताल में लगी आग के मद्देनजर गिरफ्तार किया गया है। इस कर्मचारी को भी 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेजा गया है। इस बीच नवीन खिची ने एक जमानत याचिका दायर की है, जिसकी सुनवाई तीन जून को होगी।

अस्पताल की आग की दुर्घटना की पुलिस जांच में पता चला है कि दिल्‍ली सरकारी स्वास्थ्य सेवा (डी.जी.एच.एस.) द्वारा अस्पताल को जारी लाइसेंस की अवधि 31 मार्च को समाप्त हो गई थी। इस जांच में यह भी पता चला है कि अस्पताल के डॉक्टरों की डिग्री नवजात शिशुओं के उपचार करने योग्य नहीं थी। इन शिशुओं को नवजात गहन देखभाल इकाई की आवश्‍यकता थी। इस अस्पताल के डॉक्टर सिर्फ बैचलर ऑफ आयुर्वेद मेडिसिन एंड सर्जरी-बी.ए.एम.एस. डिग्री के धारक थे।

पुलिस ने बताया कि अस्पताल में 12 नवजात शिशु थे जिनमें से एक बच्चे की आग की घटना से पहले ही मृत्‍यु हो गई थी। सभी नवजात शिशुओं को अन्‍य लोगों की मदद से इस अस्पताल से निकालकर इलाज के लिए ईस्‍ट दिल्‍ली एडवांस एन.आई.सी.यू. अस्पताल में भेज दिया गया। दिल्‍ली अग्निशमन सेवा के प्रमुख अतुल गर्ग ने कहा कि अस्‍पताल में सात बच्‍चों को मृत घोषित कर दिया गया जबकि पांच नवजात शिशुओं का इलाज जारी है।

 

लोकसभा चुनाव 2024 के 7वें और अंतिम चरण का मतदान कल

नई दिल्ली : शुक्रवार, मई 31, 2024/ निर्वाचन आयोग ने लोकसभा चुनाव के सातवें चरण और अंतिम चरण के कल होने वाले मतदान के लिए तैयारियां पूरी कर ली हैं। बिहार, चंडीगढ़, हिमाचल प्रदेश, झारखंड, ओडिशा, पंजाब, उत्तर प्रदेश और पश्चिम बंगाल सहित 8 राज्यों/केन्‍द्र शासित प्रदेशों के 57 संसदीय क्षेत्रों में मतदान होना है। साथ ही ओडिशा राज्य विधानसभा की शेष 42 सीटों के लिए भी मतदान होगा। इसके साथ ही पिछले महीने की 19 तारीख को शुरू हुए दुनिया के सबसे बड़े मतदान मैराथन की शानदार समाप्ति हो जाएगी, जिसमें पहले ही लोकसभा की 486 सीटों के लिए 6 चरणों में मतदान हो चुका है। 28 राज्यों/केन्‍द्र शासित प्रदेशों की सभी संसदीय सीटों के लिए मतदान सुचारु और शांतिपूर्ण तरीके से पूरा हो गया है। वोटों की गिनती 4 जून को होगी।

मतदान दलों को मशीनों और चुनाव संबंधी सामग्री के साथ संबद्ध मतदान केन्‍द्रों पर भेज दिया गया है। मतदान केन्द्र मतदाताओं के स्वागत के लिए तैयार हैं, जहां छाया, पेयजल, रैम्प और शौचालय सहित सभी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं, ताकि मतदान आरामदायक और सुरक्षित वातावरण में सुनिश्चित किया जा सके। संबंधित मुख्य कार्यकारी अधिकारियों और राज्य मशीनरी को निर्देश दिया गया है कि वे जहां भी गर्म मौसम या बारिश का पूर्वानुमान हो, वहां उससे निपटने के लिए पर्याप्त उपाय करें।

भारी गर्मी के बावजूद, पिछले चरणों में मतदान केन्‍द्रों पर मतदाताओं की भारी संख्या देखने को मिली है। पिछले दो चरणों में, महिला मतदाताओं का मतदान प्रतिशत पुरुष मतदाताओं से अधिक रहा है। आयोग ने मतदाताओं से मतदान केन्‍द्रों पर अधिक संख्या में आने और जिम्मेदारी और गर्व के साथ मतदान करने का आह्वान किया है।

 

बच्चों के यौन शोषण पर तत्काल शिकायत करें

भोपाल : शुक्रवार, मई 31, 2024/ पॉक्सो अधिनियम बच्चों को यौन शोषण के अपराधों से बचाने का प्रावधान है। यह कानून न सिर्फ बालिकाओं के यौन शोषण बल्कि नाबालिग लडकों के साथ भी कोई अश्लील छेड़-छाड़ होती है तो उसे भी अपराध की ही श्रेणी में माना जाएगा। इस अधिनियम के तहत दुष्कर्म की पारंपरिक परिभाषा के अलावा उन कृत्यों को भी दुष्कर्म के संज्ञा दी गई है। जिससे बच्चे के साथ गलत भावना से छेड-छाड़ की जाती है। यदि किसी व्यक्ति का पॉक्सो एक्ट के अन्तर्गत दोष सिद्ध हो जाता है तो उसे अपराधी मानते हुए कड़ी सजा देने का प्रावधान रखा गया है। पॉक्सो एक्ट में संशोधन से पहले अग्रिम जमानत का प्रावधान था। लेकिन संशोधन के बाद आरोपी को अग्रिम जमानत भी नहीं दी जाती।

अगर आप या आपका कोई जानने वाला यौन शोषण का शिकार हुआ है तो आप पॉक्सों एक्ट के तहत शिकायत दर्ज करा सकते हैं। पहला कदम पुलिस से संपर्क करना और घटना की रिपोर्ट करना है। आप या तो व्यक्तिगत रूप से पुलिस स्टेशन जा सकते हैं या शिकायत दर्ज (Complaint Register) कराने के लिए पुलिस हेल्पलाइन नंबर पर कॉल भी कर सकते हैं। आपको घटना की तिथि, समय और स्थान के साथ-साथ यदि संभव हो तो अपराधी की पहचान जैसे विवरण प्रदान करने की आवश्यकता होगी। पुलिस दुर्व्यवहार के सबूत इक‌ट्ठा करने के लिए पीड़िता की मेडिकल जांच की व्यवस्था करेगी। अगर पुलिस को पता चलता है कि शिकायत पॉक्सो अधिनियम के दायरे में आती है, तो वे प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज करेंगे और जांच शुरू करेंगे। पॉक्सो अधिनियम के तहत एक नामित अदालत में मामले की कोशिश की जाएगी। पीड़िता और गवाहों (Witnesses) को कोर्ट में गवाही (Testimony) देनी होगी। यह ध्यान रखना महत्वपूर्ण है कि पॉक्सो अधिनियम पीडित (Victim) और गवाहों की पहचान की सुरक्षा के लिए भी प्रावधान करता है।

पुलिस इस कानून को लागू करने और ऐसे अपराधों के पीड़ितों के लिए न्याय सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। पॉक्सो एक्ट के तहत जब किसी बच्चे के खिलाफ यौन अपराध की शिकायत प्राप्त होती है, तो पुलिस को तुरंत शिकायत दर्ज करेगी । पुलिस पीड़ित या किसी गवाह के बयान को इस तरह से दर्ज करने के लिए जिम्मेदार है जो बच्चे की उम्र, लिंग और मानसिक स्थिति के प्रति संवेदनशील हो। पुलिस को यह सुनिश्चित करेगी कि अपराध के सबूत इक‌ट्ठा करने के लिए शिकायत के 24 घंटे के भीतर पीड़िता की मेडिकल जांच हो। यदि अपराध में उनकी संलिप्तता (Involvement) का उचित संदेह है तो पुलिस के पास आरोपी व्यक्ति को बिना वारंट के गिरफ्तार करने की शक्ति है। पुलिस को जांच और मुकदमे के दौरान सुरक्षा और सहायता प्रदान करने सहित पीड़ित की सुरक्षा सुनिश्चित करनी चाहिए। पुलिस को अपराध की गहन जांच करनी चाहिए, अपराध से संबंधित सभी सबूतों को इक‌ट्ठा करना चाहिए और उसे Court में पेश करना चाहिए। पुलिस को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि पॉक्सो अधिनियम के प्रावधानों के अनुसार अभियुक्तों का मुकदमा समयबद्ध तरीके से चलाया जाए और उसमें तेजी लाई जाए। बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और बच्चों के खिलाफ यौन अपराधों के अपराधियों को न्याय दिलाने के लिए पॉक्सो अधिनियम के तहत पुलिस की एक महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।

पॉक्सो एक्ट का यह अपराध एक बहुत ही गंभीर अपराध माना जाता है। जिसमें दोषी व्यक्ति को कड़ी से कड़ी सजा दिए जाने का प्रावधान होता है। जो भी व्यक्ति इस अपराध को करने का दोषी पाया जाता है। इस अधिनियम में अपराध की गंभीरता के आधार पर न्यूनतम 3 वर्ष से लेकर आजीवन कारावास तक की सजा का प्रावधान है। पॉक्सो एक्ट में संशोधन के बाद यह फैसला लिया गया कि अगर कोई 12 साल से कम उम्र की लड़किर्यों के साथ दुष्कर्म का दोषी पाया जाता है तो दोषी व्यक्ति को मौत की सजा दी जा सकती है। यदि किसी व्यक्ति पर नाबालिग बच्चे के साथ यौन शोषण जैसे अपराध करने के तहत मुकदमा दर्ज किया जाता है तो उसे किसी भी प्रकार से जमानत नहीं दी जा सकती।

 

कांग्रेस 29 में से 27 सीटों पर लड़ने के बावजूद कहते हैं दमदारी से लड़े – मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव

भोपाल : शुक्रवार, मई 31, 2024/ मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने शुक्रवार को प्रदेश मीडिया सेंटर में पत्रकार वार्ता को संबोधित किया। इस दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने चुनाव शांति और सद्भावनापूर्वक संपन्न होने पर प्रदेश की जनता को धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि पूरे देश में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पक्ष में सुनामी चल रही है और देश के हर हिस्से में ‘अबकी बार, 400 पार’ के संकेत दिखाई दे रहे हैं। पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में एक टीम के रूप में पार्टी ने अपनी रणनीति और कार्ययोजना पर आगे बढ़ते हुए यह चुनाव लड़ा है और भारतीय जनता पार्टी प्रदेश की सभी 29 सीटों पर प्रचंड जीत हासिल करेगी। मध्यप्रदेश के लोकसभा चुनाव परिणाम राजनीतिक विश्लेषकों और अनुसंधानकर्ताओं के लिए अध्ययन का विषय बनेंगे।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि लोकसभा चुनाव के अंतिम चरण में शनिवार को देश की शेष लोकसभा क्षेत्रों में मतदान होगा। इस पूरे चुनाव अभियान में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पूरी सक्रियता के साथ काम करते रहे हैं। इस बार का चुनाव अभियान काफी लंबा था लेकिन हमारे यशस्वी प्रधानमंत्री ने इस अभियान का सफल नेतृत्व किया। डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री ने 2014 के चुनाव में पूर्ण बहुमत की बात की थी, पूर्ण बहुमत की सरकार बनी। 2019 के चुनाव में 300 पार की बात कही और पार्टी ने 300 से अधिक सीटों पर विजय हासिल की। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने जो कहा, वो पूरा किया। इस बार उन्होंने 400 पार का नारा दिया है और पूरे देश में 400 पार के संकेत भी दिखाई दे रहे हैं।

डॉ. यादव ने कहा कि आज कांग्रेस का मनोबल अत्यंत गिरा हुआ है, इसका अंदाज इस तथ्य से लगाया जा सकता है कि तीन बार सांसद रहे राहुल गांधी ने एक बार पटखनी खाकर अपनी पैतृक सीट अमेठी छोड़ दी और ऐसे केरल भागे कि अगर सामने समुद्र नहीं आता तो वे अरब देशों में जाकर चुनाव लड़ते। उस हार की धमक इतनी रही कि वो इस चुनाव में भी दिखाई दी। सोनिया गांधी ने अपनी जीती हुई सीट छोड़ दी, जबकि वो वहां से चुनाव लड़ सकती थीं। जिस पार्टी के नेता इस तरह से मैदान छोड़कर भाग रहे हों, उसके कार्यकर्ताओं का मनोबल कैसे बना रह सकता है। दूसरी तरफ भारतीय जनता पार्टी है, जिसके नेता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी चुनाव लड़ रहे हैं, गृह मंत्री अमित शाह चुनाव लड़ रहे हैं और पूरे देश में कैंपेन भी कर रहे हैं। डॉ. यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश में चुनाव के दौरान भारतीय जनता पार्टी सहित सभी दलों ने सौहार्द्रपूर्ण वातावरण में चुनाव लड़ा। कहीं कोई संघर्ष की नौबत नहीं आई। हम सभी ने अपने-अपने ढंग वैचारिक तौर पर चुनाव को लडा और मध्यप्रदेश की गौरवशाली विरासत को कायम रखा। उन्होंने कहा कि एक दूसरे के लिए चुनाव में बोलना अलग बात है, लेकिन व्यक्तिगत कटुता वाले किसी भी भाव को किसी भी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने सामने नहीं रखा और एक स्वस्थ वातावरण में अपनी-अपनी बात कही है। उसका परिणाम है कि मध्यप्रदेश के चारों चरणों के चुनाव में किसी भी दल के साथ मनमुटाव नहीं रहा। मतदान में भाग लेकर लोकतंत्र को सशक्त बनाने के लिए प्रदेश की जनता को धन्यवाद देता हूं।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि कांग्रेस अपने आपको जिस पतन की स्थिति में ले आई है, उसकी पराकाष्ठा भी मध्यप्रदेश में इन चुनावों के दौरान दिखाई दी। इसकी कोई वजह नहीं थी कि कांग्रेस समाजवादी पार्टी से गठबंधन करती, लेकिन लगातार दो बार के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस ने जो पटखनी खाई है, उसके चलते उसके अंदर बैठे डर के चोर ने उसे सपा से गठबंधन करने को मजबूर किया। आजादी के बाद यह पहला मौका है, जब कांग्रेस ने प्रदेश की सभी यानी 29 लोकसभा सीटों पर अपने प्रत्याशी खड़े नहीं किए। कांग्रेस ने नया इतिहास बनाते हुए सिर्फ 27 सीटों पर ही चुनाव लड़ा। ऐसे में कांग्रेस यह कह ही नहीं सकती कि हम पूरी दमदारी से चुनाव लड़े, क्योंकि जो पार्टी सभी सीटों पर चुनाव नहीं लड़ सकती, उसकी दमदारी कैसे रहेगी। डॉ. यादव ने कहा कि मुझे इस बात की प्रसन्नता है कि हम सब भाजपा कार्यकर्ताओं ने चारों चरणों के चुनाव में जो जिम्मेदारी मिली, उसे पूरा किया। इस चुनाव में भाजपा ने अन्य दलों के लिए एक उदाहरण प्रस्तुत किया है कि किस तरह पार्टी ने युवा पीढ़ी पर भरोसा करके, लोकतंत्र को गौरान्वित किया है। उन्होंने कहा कि एक तरफ भारतीय जनता पार्टी में तीसरी पीढ़ी नेतृत्व कर रही है, दूसरी तरफ कांग्रेस अपनी पहली पीढ़ी को ही छोड़ने को तैयार नहीं है।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि चुनाव में जब तक नेता जनता की भावनाओं को समझकर जनता के बीच नहीं आते, तब तक अपेक्षा अनुरूप परिणाम प्राप्त नहीं होते है। इसका उदाहरण हमने इस चुनाव अभियान में देखा है कि दोपहर में 12 बजे, 1 बजे 47-48 डिग्री तापमान के बावजूद जब रोड शो होता था, तो हमारे भाजपा कार्यकर्ता जनता के साथ वहां मौजूद रहते थे। डॉ. यादव ने कहा कि चुनाव अभियान के दौरान जहां-जहां भी गया हूं, पूर्व से लेकर पश्चिम तक और उत्तर से लेकर दक्षिण तक हर जगह भाजपा के पक्ष में जबर्दस्त माहौल है और मोदी की सुनामी चल रही है। भाजपा का 400 पार होना तय है, लेकिन कांग्रेस के लोग अभी से हार के बहाने खोजने लगे हैं। ये कहेंगे कि ईवीएम खराब है, या फिर डीएम और ईवीएम दोनों मिल गए। मैं प्रदेश की जनता, पार्टी कार्यकर्ताओं और विपक्षी दलों को धन्यवाद देता हूं कि इतने बड़े चुनाव अभियान के दौरान कहीं टकराव की स्थिति देखने को नहीं मिली। सभी ने अपनी-अपनी विचारधारा के अनुरूप, व्यक्तिगत कटुता के बिना ये चुनाव लड़ा और प्रदेश की गौरवशाली विरासत को बनाए रखा।

प्रदेश अध्यक्ष व खजुराहो सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि 2024 का लोकसभा चुनाव प्रचार दुनिया के सर्वाधिक लोकप्रिय नेता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में संपन्न हुआ और कल 1 जून को अंतिम चरण का मतदान होगा। पूरे देश में चुनाव अभियान के दौरान जनता ने प्रधानमंत्री मोदी को आशीर्वाद दिया है। विधानसभा चुनाव में प्रदेश की जनता ने मध्यप्रदेश के मन में मोदी और मोदी के मन में मध्यप्रदेश को साबित किया था। वहीं, लोकसभा चुनाव के दौरान एक बार फिर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर प्रदेश की जनता ने विश्वास किया। पार्टी को छिंदवाड़ा सहित सभी 29 सीटों पर ऐतिहासिक जीत मिलेगी। यह विश्वास इसलिए है कि हमारी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने पूरी मेहनत और टीम भावना के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में काम किया है। 4 जून को जब परिणाम आएंगे तो प्रदेश में पार्टी की राजनीतिक सफलता राजनीतिक पंडितों और विश्लेषकों के अध्ययन और शोध का विषय बनेगा।

प्रदेश अध्यक्ष शर्मा ने कहा कि लोकसभा चुनाव के दौरान पार्टी ने बूथ विजय अभियान चलाया था, जब 4 जून को परिणाम आएंगे तो उसमें 80 प्रतिशत बूथों पर भारतीय जनता पार्टी विजय श्री हासिल करेगी। हमने हर बूथ पर चुनाव जीतने का संकल्प लिया था और हर बूथ पर पिछली बार से 10 प्रतिशत ज्यादा वोट हासिल करने का लक्ष्य रखा था, लेकिन जनता ने बहुत प्यार पार्टी को दिया। मुझे उम्मीद है कि इस बार प्रचंड न सिर्फ प्रचंड जीत होगी और बल्कि पिछले लोकसभा चुनाव से 10 प्रतिशत जयादा यानी करीब 68 प्रतिशत वोट पार्टी को मिलेंगे। शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने प्रदेश में चुनाव के दौरान 8 जनसभा और 2 रोड शो किए। केंद्रीय गृह और सहाकारिता मंत्री अमित शाह ने 4 जनसभाएं, 1 रोड शो ,1 कलस्टर और 1 प्रबुद्धजन सम्मेलन को संबोधित किया। राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा जी ने 7 जनसभाएं, 1 शक्ति केंद्र सम्मेलन, 1 प्रबुद्धजन सम्मेलन और 2 क्लस्टर बैठक को संबोधित किया। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने 6 जनसभा 1 सामाजिक बैठक को संबोधित किया। शर्मा ने कहा कि प्रदेश के अंदर मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव ने लगभग 180 से अधिक आम सभाएं और 58 रोड शो किए। वहीं, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने देश के 12 राज्यों में 72 लोकसभा सीटों पर प्रचार किया। शर्मा ने कहा कि मैंने चुनाव के दौरान 29 लोकसभा क्षेत्रों की 171 विधानसभाओं एवं 192 अन्य कार्यक्रमों में सहभागिता की।

प्रदेश अध्यक्ष शर्मा ने कहा कि पार्टी ने लोकसभा चुनाव के दौरान 12 हजार शक्ति केंद्रों में से 10 हजार 99 शक्ति केंद्रों पर पथ सभाओं (नुक्कड़ सभा) का आयोजन किया गया, जिसमें 2070 पार्टी नेताओं ने सभाएं ली और करीब 20 लाख लोग इन पथ सभाओं में शामिल हुए। इसी तरह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने प्रत्येक बूथ पर 370 वोट हासिल करने का टारगेट दिया था,इसी के मद्देनजर हर बूथ पर वोट प्रतिशत बढाने के लिए अभियान चलाया गया। 6 अप्रैल को भारतीय जनता पार्टी के स्थापना दिवस पर केवल एक दिन में प्रदेश के बूथों पर 2 लाख 82 हजार 242 लोगों को पार्टी ज्वाइन कराई गई। 14 अप्रैल को बाबा साहेब अंबेडकर की जयंती पर स्वच्छता अभियान के तहत 66 हजार 826 जगहों पर कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। मतदाता पर्ची वितरण अभियान को भी सभी 64 हजार 523 बूथों पर जमीन पर उतारकर काम किया गया। बूथ विजय अभियान के अंतर्गत 10 दिन 2 घंटे अभियान चलाया गया, जिसके तहत 40 हजार 866 बूथों पर कार्यकर्ताओं ने कुशल रणनीति बनाने का काम किया। चुनावी रणनीति के अंतर्गत 6 लाख से अधिक लोगों को शामिल कर 5300 से अधिक सामाजिक बैठकें पार्टी नेतृत्व ने की। चुनाव में 21 लोकसभा संवाद केंद्रों से 1 करोड़ 64 लाख 85 हजार 560 फोन किए गए और चारों चरणों में 298 वीसी के माध्यम से कार्यकर्ताओं को जोड़ा गया। लगभग 22 हजार महिलाओं ने महिला कॉल सेंटर में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, इस प्रयोग को देश के अन्य राज्यों ने भी सराहा। 6 देशों के राजनीतिक प्रतिनिधियों ने मध्यप्रदेश के प्रदेश कार्यालय में पार्टी के बूथ प्रबंधन और प्रेजेंटेशन को देखा।

इस दौरान भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश महामंत्री व विधायक भगवानदास सबनानी एवं प्रदेश मीडिया प्रभारी आशीष अग्रवाल उपस्थित रहे।

छिंदवाड़ा में मतगणना दिवस पर केंद्रीय पर्यवेक्षक नियुक्त किया जाये

भोपाल : शुक्रवार, मई 31, 2024/ लोकसभा चुनाव 2024 के आम चुनाव के परिप्रेक्ष्य में पूरे देश सहित मध्य प्रदेश में भी आदर्श आचार संहिता प्रभावशील है एवं लोकसभा चुनाव के परिणाम की मतगणना दिनांक 4 जून, 2024 को होना नियत है। लोकसभा क्षेत्र छिंदवाड़ा के जिला निर्वाचन अधिकारी के संबंध में छिंदवाड़ा के लोकसभा के कांग्रेस प्रत्याशी नकुलनाथ, क्षेत्रीय नेताओं, कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा शिकायत की गई है कि लोकसभा क्षेत्र छिंदवाड़ा के जिला निर्वाचन अधिकारी/ कलेक्टर शीलेन्द्र सिंह की गतिविधियां एवं व्यवहार कांग्रेसजनों के प्रति लोकसभा चुनाव प्रचार के दौरान भेदभावपूर्ण रहा, कांग्रेस कार्यकर्ताओं को प्रताड़ित करने के कई कृत्य किए गए है। यहां तक कि चुनाव के मतदान के ठीक पूर्व कांग्रेस प्रत्याशी के निवास पर अनुचित रूप से पुलिस कार्यवाही कराई गई है। वहीं जिला निर्वाचन अधिकारी/ कलेक्टर शीलेन्द्र सिंह लगातार भाजपा के पक्ष में कार्य करते रहे है। उक्त सभी कृत्य से कांग्रेस कार्यकर्ताओं में भारी असंतोष व्याप्त है। उन्होंने कहा कि ऐसी स्थिति में उनका लोकसभा क्षेत्र छिदवाडा के जिला निर्वाचन अधिकारी/ कलेक्टर शीलेन्द्र सिंह के नेतृत्व में मतगणना में भेदभावपूर्ण व्यवहार होने की संभावना से इंकार नहीं किया जा सकता। नकुलनाथ ने छिंदवाड़ा कलेक्टर को हटाये जाने की मांग चुनाव आयोग से की है।

प्रदेश कांग्रेस चुनाव आयोग कार्य प्रभारी जे.पी. धनोपिया ने चुनाव आयोग को पत्र लिखकर लोकसभा क्षेत्र छिंदवाड़ा के जिला निर्वाचन अधिकारी/ कलेक्टर शीलेन्द्र सिंह के भेदभावपूर्ण व्यवहार एवं गतिविधियों के कारण मतगणना दिवस 4 जून को केन्द्रीय पर्यवेक्षक की उपस्थिति में मतगणना कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि लोकसभा क्षेत्र छिंदवाड़ा के जिला निर्वाचन अधिकारी की कार्यप्रणाली के संबंध में कांग्रेस प्रत्याशी एवं प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा पूर्व में कई शिकायतें निर्वाचन आयोग को की गई है इसलिए 4 जून 2024 को होने वाले मतगणना दिवस पर लोकसभा क्षेत्र छिंदवाडा में केन्द्रीय पर्यवेक्षक नियुक्त किया जावे जिससे कि लोकसभा चुनाव के परिणाम की घोषणा निष्पक्ष रूप से घोषित हो सके जो कि न्यायोचित होगा।

अपराध नियंत्रण के लिए हमेशा अलर्ट पर रहे पुलिस : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव

भोपाल : शुक्रवार, मई 31, 2024/ मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आकस्मिक रूप से पुलिस मुख्यालय पहुंचकर पुलिस महानिदेशक सहित वरिष्ठ अधिकारियों से चर्चा कर निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने लोकसभा निर्वाचन के सभी चरणों की प्रदेश में शांतिपूर्ण ढंग से पूर्णता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए पुलिस बल को बधाई दी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने अपराधों पर नियंत्रण के लिए हमेशा अलर्ट रहने को कहा। उन्होंने सख्ती और सजगता के साथ बड़े कार्यक्रमों एवं आयोजनों की दृष्टिगत आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि शैक्षणिक सत्र प्रारंभ होने पर विद्यार्थियों की सुरक्षा और स्कूल-कॉलेज परिसर में सद्भाव का वातावरण बना रहे, इसके लिये हरसंभव आवश्यक सुविधाएं मुहैया कराया जाना सुनिश्चित किया जाए। संभाग स्तर पर कानून व्यवस्था की समीक्षा के लिए अतिरिक्त पुलिस महानिदेशकों को सौंपे गए दायित्व और भूमिका की समीक्षा की जाए। आने वाले माह में त्योहारों के दृष्टिगत आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने निर्देश दिए कि वरिष्ठ पुलिस अधिकारी अपने कार्यक्षेत्र में रात्रि विश्राम के साथ ही सतत निरीक्षण भी करें और कानून-व्यवस्था की दृष्टि से आदर्श स्थिति बनाये रखने के लिये चिंता करते हुए अधीनस्थ अधिकारियों और पुलिस बल से संवाद करते रहें। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने हाल ही में अशोकनगर में कुछ आपराधिक तत्वों द्वारा शस्त्र लहराने की घटना के संदर्भ में कहा कि अपराधियों में पुलिस का खौफ होना चाहिए। अवैधानिक कार्य में साथ देने वाले परिवार के व्यक्तियों के विरुद्ध भी कार्रवाई कर अपराधों पर अंकुश लगाया जाये। स्क्रीनिंग कर ऐसे व्यक्तियों की पृष्ठभूमि की जानकारी भी तत्काल सामने आना चाहिए। दोषियों को बिलकुल भी नहीं बख्शा जाये। पुलिस का एक्शन अविलंब होना चाहिए। वरिष्ठ अधिकारियों को अपने कार्यक्षेत्र में हुए अपराधों की विस्तृत जानकारी प्राप्त करते हुए अपराधिक घटनाओं को नियंत्रित करने के लिए अधीनस्थ अमले को निरंतर सचेत और मोटिवेट करते रहना चाहिए।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि वर्तमान समय सोशल मी‍डिया का है। आमजन को अपराध नियंत्रण की जानकारी भी निरंतर मिलना चाहिए। अपराधिक घटनाओं के वीडियो प्रचारित होते हैं। साथ ही पुलिस बल द्वारा अपराध नियंत्रण के लिए की गई आवश्यक कार्रवाई को भी तत्परता से सोशल मीडिया पर प्रचारित एवं प्रसारित करना चाहिए। अक्सर पुलिस द्वारा की गई कार्यवाही प्रचारित न होने से अपराधिक तत्वों के हौसले बढ़ते हैं। इस दिशा में ट्वीटर, फेसबुक और सोशल मीडिया के अन्य माध्यमों से की गई कार्यवाही की जानकारी भी नागरिकों तक पहुंचाई जाए। पुलिस मुख्यालय, जोन स्तर और जिला स्तर पर प्रतिदिन प्रेस विज्ञप्ति जारी करने की परम्परा सशक्त हो। पुलिस के एक्शन की जानकारी जन-जन तक पहुंचना चाहिए।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि लोकसभा निर्वाचन-2024 में मध्यप्रदेश में चारों चरण में निर्वाचन प्रक्रिया निर्बाध रूप से सम्पन्न हुई। उन्होंने इसके लिए पुलिस बल और अन्य शासकीय सेवकों की सराहना करते हुए बधाई दी। बैठक में बताया गया कि 6 माह में विभिन्न तरह के अपराधों में 10 से 15% की कमी आई है।

 

 

फ्रांस में कान फिल्‍म महोत्‍सव में भारत के दो फिल्‍म निर्माताओं, एक अभिनेत्री और एक सिनेमेटोग्राफर ने पुरस्‍कार जीतकर धूम मचाई

नई दिल्ली : रविवार, मई 26, 2024/ 77वें कान्स फिल्म फेस्टिवल में भारत का प्रदर्शन अभूतपूर्व रहा है तथा 2 फिल्म निर्माता, एक अभिनेत्री और एक सिनेमैटोग्राफर दुनिया के अग्रणी फिल्म महोत्सव में शीर्ष पुरस्कार विजेता बने हैं। एक प्रतिष्ठित फिल्म उद्योग के साथ सबसे बड़े फिल्म निर्माता राष्ट्रों में से एक के रूप में, भारतीय फिल्म निर्माताओं ने इस वर्ष के कान्स में काफी प्रशंसा अर्जित की है।

30 वर्षों में पहली बार, एक भारतीय फिल्म, पायल कपाड़िया की ‘ऑल वी इमेजिन ऐज़ लाइट’, जो दो नर्सों के जीवन पर केंद्रित है, को महोत्सव में सर्वोच्च पुरस्कार, पाल्मे डी’ओर के लिए नामांकित किया गया था। कपाड़िया की फिल्म ने ग्रांड प्रिक्स श्रेणी में दूसरा स्थान हासिल किया। इस जीत के साथ एफटीआईआई की पूर्व छात्रा पायल कपाड़िया यह प्रतिष्ठित पुरस्कार पाने वाली पहली भारतीय बन गईं हैं। यह अवसर 30 वर्षों के बाद आया है, जब शाजी एन करुण की ‘स्वहम’ ने सर्वोच्च सम्मान के लिए प्रतिस्पर्धा की थी।

पायल की फिल्‍म को भारत और फ्रांस के बीच हस्ताक्षरित ऑडियो-विज़ुअल संधि के अंतर्गत, सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने आधिकारिक इंडो-फ़्रेंच सह-उत्पादन का दर्जा दिया था। महाराष्ट्र (रत्नागिरी और मुंबई) में मंत्रालय ने भी फिल्म की शूटिंग की अनुमति दे दी थी। फिल्म को आधिकारिक सह-उत्पादन के लिए भारत सरकार की प्रोत्साहन योजना के तहत योग्यता सह-उत्पादन व्यय के 30 प्रतिशत की अंतरिम मंजूरी प्राप्‍त हुई।

फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया के छात्र चिदानंद एस नाइक ने कन्नड़ लोककथा पर आधारित 15 मिनट की लघु फिल्म “सनफ्लॉवर्स आर द फर्स्ट वन्स टू नो” के लिए ला सिनेफ सेक्शन में पहला पुरस्कार जीता। यह एफटीआईआई फिल्म एफटीआईआई के टीवी विंग के एक साल के कार्यक्रम का निर्माण है, जहां विभिन्न विषयों यानी निर्देशन, इलेक्ट्रॉनिक सिनेमैटोग्राफी, संपादन, ध्वनि के चार छात्रों ने साल के अंत में समन्वित अभ्यास के रूप में एक परियोजना के लिए एक साथ काम किया। 2022 में एफटीआईआई से जुड़ने से पहले, चिदानंद एस नाइक को 53वें भारतीय अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (आईएफएफआई) में 75 क्रिएटिव माइंड्स में से एक के रूप में भी चुना गया था, जो सिनेमा के क्षेत्र में उभरते युवा कलाकारों को पहचानने और सहयोग करने के लिए सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय की एक पहल थी। इस बात की भी चर्चा करना जरूरी है कि भारत में जन्मी मानसी माहेश्वरी की एक एनिमेटेड फिल्म बनीहुड, ने ला सिनेफ चयन में तीसरा पुरस्कार जीता।

महोत्सव में विश्व प्रसिद्ध निर्देशक श्याम बेनेगल के सृजन का उत्सव मनाया गया। भारत में रिलीज होने के 48 साल बाद, बेनेगल की ‘मंथन’ को कान्स में क्लासिक सेक्शन में प्रदर्शित किया गया, जिसे भारत के राष्ट्रीय फिल्म अभिलेखागार (सूचना और प्रसारण मंत्रालय के तहत एनएफडीसी-एनएफएआई) में संरक्षित किया गया और फिल्म हेरिटेज फाउंडेशन द्वारा पुनर्स्थापित किया गया।

भारतीय सिनेमा में अपने समृद्ध कार्य के लिए प्रसिद्ध सिनेमैटोग्राफर संतोष सिवन अपने “करियर और कार्य की असाधारण गुणवत्ता” के लिए 2024 कान्स फिल्म फेस्टिवल में प्रतिष्ठित पियरे एंजनीक्स ट्रिब्यूट पुरस्कार से सम्मानित होने वाले पहले एशियाई बन गए। एक अन्य व्यक्ति जिसने कान्स में इतिहास रचा वह अनसूया सेनगुप्ता हैं, जो ‘द शेमलेस’ में ‘अन सर्टन रिगार्ड’ श्रेणी में अपने प्रदर्शन के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का पुरस्कार जीतने वाली पहली भारतीय बनीं।

कान्स में अपनी जगह बनाने वाले एक अन्य स्वतंत्र फिल्म निर्माता मैसम अली भी एफटीआईआई के पूर्व छात्र थे। उनकी फिल्म “इन रिट्रीट” को एसीआईडी कान्स साइडबार कार्यक्रम में प्रदर्शित किया गया था। 1993 में अपनी स्थापना के बाद से ऐसा पहली बार हुआ, जब एसोसिएशन फॉर द डिफ्यूजन ऑफ इंडिपेंडेंट सिनेमा द्वारा संचालित सेक्शन में एक भारतीय फिल्म प्रदर्शित की गई।

जैसा कि हमने 77वें कान्स फिल्म महोत्सव में भारतीय सिनेमा के लिए एक ऐतिहासिक साल के गवाह बने हैं, भारतीय फिल्म और टेलीविजन संस्थान (एफटीआईआई) के पास अपनी उपलब्धियों का उत्सव मनाने का एक विशेष कारण है क्योंकि, पायल कपाड़िया, संतोष सिवन, मैसम अली और चिदानंद एस नाइक जैसे इसके पूर्व छात्रों की प्रतिभा कान्स में चमक रही हैं। एफटीआईआई, भारत सरकार के सूचना व प्रसारण मंत्रालय के तहत एक स्वायत्त संस्थान है और केंद्र सरकार से वित्तीय सहायता प्राप्त कर एक सोसायटी के रूप में कार्य करता है।

केंद्र सरकार की प्राथमिकता विभिन्न सुविधाओं के माध्यम से फिल्म क्षेत्र को बढ़ावा देना है। इनमें एकल सुविधा केंद्र की स्वीकृति, विभिन्न देशों के साथ संयुक्त फिल्म निर्माण, अपने स्वायत्त संस्थानों जैसे कि- भारतीय फिल्म और टेलीविजन संस्थान व सत्यजीत रे फिल्म और टेलीविजन संस्थान के माध्यम से सिनेमा के क्षेत्र में शिक्षा का समर्थन करना और भारत को विश्व के कंटेंट हब (केंद्र) के रूप में स्थापित करने के बहुआयामी प्रयास शामिल हैं। ये सभी प्रयास राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय मंच पर सकारात्मक प्रभाव उत्पन्न कर रहे हैं।

 

भाजपा सरकार की उपलब्धियां, सोरेन परिवार का भ्रष्टाचार जनता को बताएं कार्यकर्ता – विष्णुदत्त शर्मा

रांची : रविवार, मई 26, 2024/ मध्यप्रदेश भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व खजुराहो सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने झारखंड के गोड्डा लोकसभा क्षेत्र के गोड्डा विधानसभा के कार्यकर्ताओं की बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बीते 10 वर्षों वह करके दिखाया है, जो आजादी के बाद पिछले 65 वर्षों में काई सरकार नहीं कर सकी थी। आप सभी देवतुल्य भाजपा कार्यकर्ता प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार की उपलब्धियां जनता को बताएं और झारखंड को लूटने वाले शिबू सोरेन, हेमंत सोरेन परिवार का भ्रष्टाचार भी जनता को याद दिलाएं। बैठक को गोड्डा से पार्टी विधायक अमित मंडल ने भी संबोधित किया।

मध्यप्रदेश भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद से भाजपा पूर्ण रूपेण कार्य शुरू करने के बाद 2004 के लोकसभा चुनाव में मैं इसी गोड्डा, दुमका क्षेत्र में पार्टी का कार्य करने आया था।

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि आप सभी पार्टी के देवतुल्य कार्यकर्ताओं के मेहनत से झारखंड में भाजपा को अप्रत्याशित सफलता मिलने जा रही है। आप सभी कार्यकर्ता अपने-अपने क्षेत्र में घर-घर संपर्क कर हर बूथ में 370 नए मतदाताओं को पार्टी से जोड़ने के साथ पार्टी का 10 प्रतिशत वोट शेयर बढ़ाने के लिए कार्य करें। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा हर गरीब को 5 लाख रूपए के निःशुल्क इलाज के लिए लागू की आयुष्मान योजना, उज्जवला योजना, निःशुल्क खाद्यान्न योजना के साथ 70 वर्ष से अधिक उम्र के हर तबके के वरिष्ठजनों को 5 लाख रूपए के निःशुल्क इलाज की गारंटी जनता को बताएं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने वैश्विक स्तर पर भारत को मान-सम्मान दिलाने का कार्य किया है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष शर्मा ने कहा कि परिवारवादी पार्टियां जनता को बरगलाकर वोट लेने का कार्य करती हैं और सत्ता में आने के बाद जनता को सिर्फ ठगने का कार्य करती हैं। कांग्रेस पार्टी, शिबु सोने की पार्टी हो या इंडी गठबंधन में शामिल अन्य दल सभी परिवारवाद की पोषक हैं। इन पार्टियों के लिए जनता सिर्फ वोट बैंक है, लेकिन भारतीय जनता पार्टी और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जनता की सेवा कर रहे हैं। यहां के मुख्यमंत्री रहे हेमंत सोरेन ने भ्रष्टाचार किया और उन्हें जेल जाना पड़ा। शिबु सोरेन भी घोटाले के आरोपों में जेल में रहे हैं। सोरेन परिवार ने झारखंड की जनता को ठगा है। झारखंड की जनता इस लोकसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी को अपना आशीर्वाद देकर सोरेन परिवार को सबक सिखाने वाली है। आप सभी कार्यकर्ता प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में बीते दस वर्षों में किए गए उल्लेखनीय कार्यों और उपलब्धियां जनता को बताएं और नरेन्द्र मोदी को तीसरी बार ऐतिहासिक बहुमत से प्रधानमंत्री बनाने के लिए भाजपा प्रत्याशी को वोट देने की अपील करें।


लोकसभा चुनाव के छठे चरण में दर्ज किया गया 61.76 प्रतिशत मतदान

नई दिल्ली : रविवार, मई 26, 2024/ लोकसभा चुनाव के छठे चरण में कल 61.76 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। छह राज्यों और दो केंद्र शासित प्रदेश की 58 सीटों पर कल शांतिपूर्ण मतदान सम्पन्न हुआ। इस चरण में उत्तर प्रदेश की 14 सीट, हरियाणा की सभी दस सीटें, बिहार और पश्चिम बंगाल की आठ-आठ सीट, दिल्ली की सभी सात सीट, ओडिशा की छह, झारखंड की चार और जम्मू-कश्मीर की एक संसदीय सीट पर मतदान हुआ।

जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग-राजौरी लोकसभा सीट पर 54 प्रतिशत से अधिक मतदान हुआ, जो पिछले 35 वर्षों में सबसे अधिक है। बिहार में 55 प्रतिशत से अधिक, हरियाणा में लगभग 62 प्रतिशत, झारखंड में लगभग 64 प्रतिशत और दिल्ली में लगभग 58 प्रतिशत मतदान हुआ। ओडिशा में 71 प्रतिशत मतदान हुआ जबकि उत्तर प्रदेश में 54 प्रतिशत और पश्चिम बंगाल में 80 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।

इस चरण में कुल 889 उम्मीदवार मैदान में थे. इनमें भाजपा के वरिष्ठ नेता धर्मेंद्र प्रधान, मेनका गांधी, मनोहर लाल और मनोज तिवारी, कांग्रेस नेता दीपेंद्र सिंह हुड्डा, कुमारी शैलजा, राज बब्बर और कन्हैया कुमार शामिल हैं। समाजवादी पार्टी के नेता धर्मेंद्र यादव और पीडीपी प्रमुख महबूबा मुफ्ती भी मैदान में हैं।

कल ओडिशा विधानसभा की 42 सीटों के लिए भी मतदान हुआ, जिसमें लगभग 71 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। छठे चरण के समापन के साथ, अब 28 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में 486 संसदीय निर्वाचन क्षेत्रों में लोकसभा चुनाव के लिए मतदान पूरा हो गया है। अरुणाचल प्रदेश, सिक्किम, आंध्र प्रदेश और ओडिशा की 105 विधानसभा सीटों के लिए भी मतदान संपन्न हो गया। लोकसभा चुनाव के 7वें और अंतिम चरण में 1 जून को 57 सीटों के लिए वोट डाले जाएंगे। वोटों की गिनती 4 जून को होगी।

असंगठित और गिग वर्कर्स के लिए केंद्र सरकार का बड़ा फैसला, 40 और 22...

0
नई दिल्ली | 4 नवंबर 2026 देश के करोड़ों असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों, डिलीवरी पार्टनर्स, ऐप आधारित टैक्सी चालकों और प्लेटफॉर्म वर्कर्स को सामाजिक सुरक्षा...
nmms-scholarship-2026-27

NMMSS Scholarship 2026-27: छात्रों को बड़ी राहत, छात्रवृत्ति आवेदन की अंतिम तारीख बढ़ी, अब...

0
नई दिल्ली। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के मेधावी विद्यार्थियों के लिए केंद्र सरकार ने बड़ी राहत दी है। शिक्षा मंत्रालय ने राष्ट्रीय साधन-सह-योग्यता...
akshara goswami

मध्यप्रदेश स्थापना दिवस पर 102 मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान, हर छात्र को मिली 1...

0
भोपाल। मध्यप्रदेश के 71वें स्थापना दिवस के अवसर पर प्रदेश की शैक्षणिक प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। भोपाल के लाल परेड मैदान में आयोजित...
poshan-tracker-pmmvy-grievance-redressal-2026

POSHAN Tracker और PMMVY की शिकायतों का होगा निपटारा, 30 अक्टूबर को देशभर में...

0
नई दिल्ली | 30 अक्टूबर 2026 | सामाजिक कल्याण समाचार केंद्र सरकार ने गर्भवती महिलाओं, स्तनपान कराने वाली माताओं और पोषण सेवाओं के लाभार्थियों की...
anath-bachchon-ke-liye-sarkari-yojana-2026

अनाथ बच्चों के लिए सरकार की खास योजनाएँ, पढ़ाई से लेकर आर्थिक सहायता तक

0
नई दिल्ली | सरकारी योजना समाचार देश में ऐसे कई बच्चे हैं, जिन्होंने अपने माता-पिता को खो दिया है या जिनके पास देखभाल करने वाला...