Republic Day 2024: भारत की सैन्य ताकत से नारी शक्ति के पराक्रम तक… विविधता के साथ आधुनिकता का संगम, ऐसा रही गणतंत्र दिवस परेड

might to the might of women power... the conflue

 

India 76th Republic Day: गणतंत्र दिवस के मौके पर कर्तव्य पथ पर अलग-अलग राज्यों की झाकियां निकाली गईं. हर झांकी की थीम उस राज्य की विविधता को दर्शाते हुए तैयार की गई. झारखंड की झांकी की थीम ‘तसर सिल्क’ था, तो मध्य प्रदेश की झांकी के जरिए ‘आत्मनिर्भर महिला-विकास का मंत्र’ दिया गया. झांकियों के साथ हर पारंपरिक नृत्य भी देखने को मिला. इस साल कर्तव्य पथ पर कुल मिलाकर 16 राज्यों/केंद्रशासित प्रदेशों की झाकियां निकाली गईं.

गणतंत्र दिवस समारोह की शुरुआत राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के जरिए राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराकर हुई. इसके बाद राष्ट्रगान गाया गया. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ सहित वहां मौजूद सभी गणमान्य लोगों ने झंडे को सलामी दी. इसके बाद कर्तव्य पथ पर परेड की शुरुआत हुई, जिसमें सबसे पहले भारत की सांस्कृतिक विविधता, एकता एवं प्रगति, बढ़ती स्वदेशी क्षमताओं के दम पर इसकी सैन्य शक्ति और देश में बढ़ती नारी शक्ति को प्रदर्शित किया गया.

सिर्फ इतना ही नहीं, बल्कि भारत के जरिए पिछले एक साल में हासिल की गई उपलब्धियों को भी झांकियों के जरिए दिखाया गया. चंद्रयान-3 की सफलता से लेकर भारत में बढ़ रही आधुनिकता को दिखाने वाली झांकियां कर्तव्य पथ से होकर गुजरीं.

किस राज्य की क्या थी झांकियों की थीम?

अरुणाचल प्रदेश की झांकी का थीम ‘बुगुन समुदाय रिजर्व-विकसित भारत’ रहा. इसमें राज्य की जैव विविधता को दिखाया गया.

हरियाणा की झांकी का ‘मेरा परिवार-मेरी पहचान’ रही. ये हरियाणा सरकार का एक प्रोग्राम है. इसके साथ ही हरियाणा का पारंपरिक डांस भी देखने को मिला.

मणिपुर की झांकी की थीम ‘थम्बल गी लंगला-कमल धागे’ थी, जिसमें नारी शक्ति का प्रदर्शन किया गया. इसमें एक मार्केट का भी जिक्र किया गया.

‘आत्मनिर्भर महिला-विकास का मंत्र’ के साथ मध्य प्रदेश की झांकी निकाली गई, जिसमें राज्य की महिलाओं का आत्मनिर्भर और प्रगतिशील रवैया दिखाया गया.

‘विकसित भारत में महिला सशक्तिकरण’ के साथ कर्तव्य पथ पर ओडिशा की झांकी आई. इसमें राज्य समृद्ध हस्तशिल्प उपलब्धियों को दर्शाया गया है.

छत्तीसगढ़ की झांकी की थीम ‘बस्तर मुरिया दरबार की आदिम जन संसद’ था. इसमें आदिवासी समुदायों में मौजूद पारंपरिक लोकतांत्रिक मूल्यों को दर्शाया गया.

राजस्थान की झांकी ‘विकसित भारत में-पधारो म्हारे देश’ थीम के साथ लोगों के बीच आई. इस झांकी के जरिए राजस्थान के त्योहारों को दिखाया गया.

गणतंत्र दिवस परेड में महाराष्ट्र की झांकी ‘भारतीय लोकतंत्र के लिए प्रेरण: छत्रपति शिवाजी महाराज’ थीम के साथ निकाली गई.

आंध्र प्रदेश की झांकी की थीम ‘आंध्र प्रदेश में स्कूली शिक्षा में बदलाव से छात्रों को विश्व स्तर पर प्रतिस्पर्धी बनाना’ रहा.

लद्दाख की झांकी कर्तव्य पथ पर ‘विकसित भारत: लद्दाख की यात्रा में रोजगार के माध्यम से महिलाओं को सशक्त बनाना’ थीम के साथ परेड करने निकली.

तमिलनाडु की झांकी की थीम ‘प्राचीन तमिलनाडु में कुदावोलाई प्रणाली-लोकतंत्र की जननी’ रहा, जिसमें लोकतांत्रिक व्यवस्थाओं की बात की गई.

कर्तव्य पथ पर गुजरात की झांकी को ‘धोर्डो: गुजरात के सीमा पर्यटन का एक वैश्विक प्रतीक’ थीम के साथ लाया गया. यहां पारंपरिक नृत्य भी देखने को मिला.

मेघालय की झांकी की थीम ‘मेघालय का समृद्ध पर्यटन’ रहा, जिसमें बताया गया कि राज्य में घूमने वाली जगहें कौन सी हैं.

झारखंड की झांकी कर्तव्य पथ पर ‘झारखंड का तसर सिल्क’ थीम के साथ आई. इसमें सिल्क की समृद्धता को दर्शाया गया.

उत्तर प्रदेश की झांकी ‘अयोध्याः विकसित भारत-समृद्ध विरासत’ के साथ पेश किया गया. झांकी पर रामलला भी दिखाई दिए.

तेलंगाना की झांकी का थीम ‘जमीनी स्तर पर लोकतंत्र: तेलंगाना के स्वतंत्रता सेनानियों की विरासत’ था.

राफेल की दिखी गरज

इस साल गणतंत्र दिवस परेड में फ्रांस के राष्ट्रपति एमैनुएल मैक्रों मुख्य अतिथि के रूप में कर्तव्य पथ पर इस भव्य कार्यक्रम के गवाह बने. परेड के दौरान एयरशो भी देखने को मिला. फ्रांसीसी वायु एवं अंतरिक्ष बल के तीन विमान, भारतीय वायु सेना के 46, भारतीय नौसेना का एक और भारतीय सेना के चार हेलीकॉप्टर ने फ्लाई पास्ट (सलामी उड़ान) में भाग लिया. वहीं, परेड में बहुउद्देश्यीय टैंकर परिवहन विमान के साथ दो राफेल लड़ाकू विमान दिल्ली के आसमान में गरजे. जब फ्रांस के करीब 95 जवानों ने कर्तव्य पथ पर मार्च में भाग लिया तब राफेल विमानों ने आसमान में उड़ान भरी.

परेड में दिखा नारी शक्ति का पराक्रम

सशस्त्र बल चिकित्सा सेवा की महिला टुकड़ी ने पहली बार गणतंत्र दिवस परेड में भाग लिया. सशस्त्र बल चिकित्सा सेवा की झांकी में महिला अधिकारियों की शक्ति, अनुशासन और दृढ़संकल्प को प्रदर्शित किया गया. गणतंत्र दिवस परेड में पहली बार महिलाओं की त्रि-सेवा टुकड़ी भी हिस्सा बनी. सीआरपीएफ के महिला बैंड ने भी परेड में हिस्सा लिया. इस बैंड ने ‘देश के हैं हम रक्षक’ धुन को बजाते हुए परेड किया. सीआरपीएफ का महिला मार्च का दस्ता सलामी मंच के सामने सैल्यूट करते हुए भी कर्तव्य पथ से गुजरा.

MP Weather News: ठिठुरन का दौर जारी, सिवनी में चली शीत लहर, तीन शहरों में शीतल दिन

cold wave in Seoni

 

 

भोपाल। उत्तर भारत की ओर एक पश्चिमी विक्षोभ आ रहा है। इसके असर से प्रदेश में भी हवाओं का रुख बदलने लगा है। इस वजह से रात के तापमान में कुछ बढ़ोतरी होने लगी है। शुक्रवार को इक्का-दुक्का शहरों को छोड़कर बाकी सभी जगह न्यूनतम तापमान में मामूली इजाफा हुआ। हालांकि तब भी तीन शहरों नर्मदापुरम, इंदौर और नरसिंहपुर को छोड़कर बाकी शहरों में न्यूनतम तापमान 10 सेल्सियस सेल्सियस से नीचे रहा। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक शुक्रवार को दिन के तापमान में भी उछाल आ सकता है। अगले एक-दो दिन तक पारे में उछाल का यह सिलसिला बरकरार रह सकता है, जिससे कड़ाके की ठंड से राहत मिल सकती है।

इन इलाकों में ज्यादा सर्दी

 

मौसम विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक शुक्रवार सुबह साढ़े आठ बजे तक पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के सभी संभागों के जिलों में मौसम मुख्यतः शुष्क रहा। इस दौरान सिवनी में शीत लहर का प्रभाव रहा। खंडवा, खरगोन और दतिया में शीतल दिन रहा। पिछले 24 घंटों के दौरान मुरैना, भिंड, ग्वालियर, दतिया, निवाड़ी, रीवा और मऊगंज में मध्यम से घना कोहरा छाया रहा। श्योपुर कलां, शिवपुरी, टीकमगढ़, छतरपुर, उत्तरी पन्ना और उत्तरी सिवनी में हल्के से मध्यम कोहरा छाया रहा। घने कोहरे की वजह से न्यूनतम दृश्यता सुबह के समय दतिया में 50 मीटर से कम, नौगांव और रीवा में 50 मीटर, ग्वालियर हवाई अड्डे पर 100 मीटर और खजुराहो हवाई अड्डे में 500 मीटर दर्ज की गई। प्रदेश में पचमढ़ी सबसे ठंडा रहा, जहां न्यूनतम तापमान 3.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। खजुराहो में रात का पारा 4.5 डिग्री सेल्सियस रहा। राजधानी भोपाल में शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 9.2 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया, जो पिछले दिन के मुकाबले 0.6 डिग्री अधिक रहा, यद्यपि यह सामान्य से 1.2 डिग्री सेल्सियस कम रहा।

इन इलाकों में सक्रिय वेदर सिस्टम

मौसम विज्ञानियों के मुताबिक, वर्तमान में एक पश्चिमी विक्षोभ अफगानिस्तान और उससे लगे पाकिस्तान पर द्रोणिका के रूप में बना हुआ है। इसके असर से हवाओं का रुख दक्षिणी एवं दक्षिण-पूर्वी होने लगा है। इस वजह से तापमान में भी धीरे-धीरे बढ़ोतरी होने लगी है। मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्व वरिष्ठ मौसम विज्ञानी अजय शुक्ला ने बताया कि वर्तमान में कर्नाटक पर हवा के ऊपरी भाग में एक चक्रवात बना हुआ है। इस चक्रवात से लेकर ओडिशा तक एक द्रोणिका बनी हुई है, जो छत्तीसगढ़ और विदर्भ से होकर जा रही है। उत्तर-पूर्वी राजस्थान पर भी हवा के ऊपरी भाग में एक चक्रवात बना हुआ है। इस वजह से ऊंचाई के स्तर पर कुछ बादल छाने लगे हैं।

हवाओं का बदला रुख

उधर, हवाओं का रुख बदलने से भी अब धीरे-धीरे तापमान में बढ़ोतरी होने लगी है। 27 जनवरी को एक नया पश्चिमी विक्षोभ भी उत्तर भारत में पहुंचेगा। इस वजह से अभी तीन-चार दिन तक दिन-रात के तापमान में बढ़ोतरी होगी। पश्चिमी विक्षोभ के असर से उत्तर भारत के पहाड़ों पर बर्फबारी एवं मैदानी क्षेत्रों में वर्षा के भी आसार हैं। पश्चिमी विक्षोभ के उत्तर भारत से आगे बढ़ने के बाद हवाओं का रुख फिर उत्तरी होने लगेगा। सर्द हवाओं के कारण 29 जनवरी से ठंड का दौर फिर शुरू हो सकता है।

MP CM News: मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने पद्म पुरस्कार के लिए चयनित मध्य प्रदेश की विभूतियों को दी बधाई

congratulated the personalities of

 

भोपाल : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने वर्ष 2024 के पद्म पुरस्कारों में पद्मश्री पुरस्कार के लिए चयनित मध्य प्रदेश की चार विभूतियों को बधाई दी है। मुख्यमंत्री डॉ यादव ने कहा कि भगवती लाल राजपुरोहित, ओम प्रकाश शर्मा, सत्येंद्र सिंह लोहिया और कालूराम बामनिया ने अपने अपने क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्यकर मध्य प्रदेश का गौरव बढ़ाया है। इन सभी चयनित विभूतियां की उपलब्धियों पर मध्य प्रदेश वासियों को गर्व है।

उल्लेखनीय है कि भगवती लाल राजपुरोहित को मालवी संस्कृति और साहित्य पर पुस्तकों ,विशेष रूप से नाटकों के लेखन के लिए, ओम प्रकाश शर्मा को पारंपरिक माच गायन शैली को रंगमंच से जोड़कर शानदार प्रस्तुतियों के लिए, कालूराम बामनिया को कबीर गायन के क्षेत्र में एवं दिव्यांग प्रतिभा सत्येंद्र सिंह लोहिया को तैराकी के क्षेत्र में विशेष प्रदर्शन के लिए पद्मश्री के लिए चयनित किया गया है। ओम प्रकाश शर्मा और भगवती लाल राजपुरोहित उज्जैन, कालूराम बामनिया, देवास और सत्येंद्र लोहिया भिंड जिले से हैं।

MP CM News: सरकार के कामकाज में हर स्तर पर शुचिता, पारदर्शिता, विकेन्द्रीकरण, त्वरित निर्णय, कार्य दक्षता, अनुशासन और संवेदनशीलता सुनिश्चित की जाएगी

dr mohan

 

भोपाल | मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रदेशवासियों को भारतीय गणराज्य के 75वें गणतंत्र दिवस पर हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं देते हुए कहा है कि स्वतंत्र भारत के अमृत महोत्सव के अभूतपूर्व आयोजन के बाद अब गणतंत्र भारत के अमृत महोत्सव का शुभागमन हुआ है। राज्य सरकार की पहल पर पहली बार गणतंत्र दिवस की परेड में शामिल हुए जिला पुलिस बैंड की धुन पर बजते देशभक्ति के तराने, देश के लिए जीने और देश के लिए मरने की प्रेरणा दे रहे हैं। उन्होंने भारत माता की आजादी के लिए हंसते-हंसते सूली चढ़ने वाले अमर शहीदों के चरणों में विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए डॉ. बाबा साहेब अंबेडकर एवं अन्य सभी संविधान निर्माताओं के प्रति कृतज्ञता ज्ञापित की। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 75वें गणतंत्र दिवस पर उज्जैन के दशहरा मैदान में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने झंडा-वंदन कर परेड की सलामी ली तथा शांति के प्रतीक स्वरूप गुब्बारे छोड़े। इस अवसर पर कलापथक दल द्वारा मध्यप्रदेश गान प्रस्तुत किया गया है।

चित्रकूट को विश्वस्तरीय धार्मिक एवं पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जाएगा

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि यह अद्भुत संयोग है कि राष्ट्र-पर्व के ठीक पहले राष्ट्र-गर्व के एक महान प्रसंग ने अयोध्या में स्वर्णिम अध्याय रच दिया। यशस्वी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी की पहल से हुई भगवान श्रीराम की प्राण प्रतिष्ठा से भारत में राम राज्य की संकल्पना जीवंत और जयवंत हो गई। काल के केन्द्र भगवान महाकालेश्वर की नगरी उज्जैन से 5 लाख लड्डू प्रसाद के रूप में मध्यप्रदेश की मिठास अयोध्या भेजी गई। प्राण प्रतिष्ठा का पर्व पूरे प्रदेश में अध्यात्म और आस्था के उत्सव के रूप में मनाया गया। प्रभु श्रीराम के चरणों में विनयांजलि के रूप में राज्य सरकार ने श्रीराम वन गमन पथ के सभी प्रमुख स्थलों का विकास करते हुए चित्रकूट को विश्व-स्तरीय धार्मिक एवं पर्यटन स्थल का स्वरूप प्रदान करने का निर्णय लिया है। यहां प्रतिवर्ष रामायण मेले का आयोजन भी किया जाएगा। इसी प्रकार ओरछा के श्रीराम राजा परिसर में राज्य सरकार श्रीराम राजा लोक के विकास का पुनीत कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री तीर्थ-दर्शन योजना के माध्यम से प्रदेश के वरिष्ठ नागरिकों को हवाई मार्ग एवं रेल मार्ग से भगवान श्रीराम के पावन दर्शन के लिए अयोध्या की यात्रा कराई जाएगी। राज्य सरकार ने उज्जैन में आगामी महाशिवरात्रि पर्व से गुड़ी पड़वा पर्व तक विक्रमोत्सव-2024 और विशाल व्यापार मेले के आयोजन का निर्णय लिया है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी की संकल्प-शक्ति से 140 करोड़ भारतवासियों की सदियों की प्रतीक्षा समाप्त हुई और एक नई आध्यात्मिक शक्ति का उदय हुआ है।

विकसित भारत संकल्प यात्रा से प्रदेश के 50 लाख से अधिक लोग लाभान्वित हुए

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में सबका विकास लोकतंत्र का शरीर और राम राज्य लोकतंत्र की आत्मा बन गए हैं। विकसित भारत-संकल्प यात्रा वर्ष 2047 तक भारत को विकसित देशों की श्रेणी में लाने की मोदी जी की गारंटी का प्रतीक बनकर उभरी है। मोदी जी की गारंटी वाली गाड़ी गांव-गांव, नगर-नगर पहुंची और उन वंचितों की जिन्दगी बदलने का माध्यम बनी, जो अब तक सरकार की योजनाओं का लाभ नहीं ले पाए थे। आज 26 जनवरी को इस यात्रा का समापन है और मुझे यह कहते हुए खुशी है कि यात्रा के दौरान मध्यप्रदेश में 50 लाख से भी अधिक लोगों को लाभान्वित किया गया है। यात्रा में संपूर्ण प्रदेश में 2 करोड़ से अधिक नागिरकों का उमंग और उल्लास के साथ शामिल होना यह सिद्ध करता है कि एमपी के मन में मोदी जी हैं और मोदी जी के मन में एमपी।

मकर संक्रांति उत्सव पर 1 करोड़ 29 लाख बहनों के खातों में जारी किए एक हजार 576 करोड़ रुपये

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी जी के आव्हान पर दिनांक 10 से 15 जनवरी तक महिला सशक्तिकरण एवं युवा ऊर्जा पर केंद्रित मकर संक्रांति उत्सव मध्यप्रदेश में उल्लास और उमंग के साथ मनाया गया। इस अवसर पर प्रदेश की एक करोड़ 29 लाख लाड़ली बहनों के खातों में एक हजार 576 करोड़ रुपये से अधिक की राशि और 56 लाख से अधिक हितग्राहियों के खातों में 341 करोड़ रुपये की सामाजिक सुरक्षा पेंशन राशि अंतरित की गई। माँ तुझे प्रणाम योजना के अंतर्गत 150 युवतियों के दल को स्टेच्यु ऑफ यूनिटी, एकता नगरी, केवड़िया, गुजरात के भ्रमण पर भेजा गया। महिलाओं और युवाओं पर केंद्रित रोजगार मेलों का भी आयोजन किया गया।

स्वच्छता के साथ-साथ अनेक योजनाओं और कार्यक्रमों में मध्यप्रदेश देश में अव्वल है

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि वर्ष 2024 का प्रारंभ मध्यप्रदेश के लिए बड़ी उपलब्धियां लेकर आया है। स्वच्छ सर्वेक्षण-2023 में देश के सबसे स्वच्छ शहर का पुरस्कार पाकर इन्दौर ने सातवां आसमान छू लिया। मध्यप्रदेश देश का दूसरा स्वच्छतम राज्य और भोपाल स्वच्छतम राजधानी बना है। प्रदेश के 7 शहर वाटर प्लस, 361 शहर ओडीएफ डबल प्लस, एक शहर 7-स्टार, एक 5 स्टार, 24 शहर 3-स्टार और 132 शहर 1-स्टार गार्बेज फ्री श्रेणी में पुरस्कृत हुए हैं। केवल स्वच्छता ही नहीं, बल्कि अन्य अनेक महत्वाकांक्षी योजनाओं और कार्यक्रमों में मध्यप्रदेश देश के सबसे अग्रणी राज्यों में शामिल है। यह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के सबका साथ-सबका विकास-सबका प्रयास-सबका विश्वास के मंत्र के अक्षरश: पालन से ही संभव हो सका है।

राज्य सरकार की पहचान बने हैं त्वरित रूप से लिए गए लोक हितैषी निर्णय

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश की नई डबल इंजन सरकार ने आज 26 जनवरी को अपने गठन के 45 दिन पूरे कर लिए हैं। इस अल्प अवधि में सरकार ने कई त्वरित लोक हितैषी निर्णय लेकर जनता के मन पर अपनी एक अलग छाप छोड़ी है। इन्दौर की हुकुमचंद मिल के 4 हजार 800 से अधिक मजदूर भाई-बहनों के हक की 224 करोड़ रुपये से अधिक की राशि प्रदान करने का बड़ा निर्णय़ लिया। चाहे ध्वनि विस्तारक यंत्रों के नियमों और मापदंडों के विपरीत उपयोग पर प्रतिबंध की बात हो या फिर बिना लायसेंस के खुले में मांस-मछली आदि के क्रय-विक्रय पर रोक लगाना हो या फिर खुले बोरवेलों को बंद कराने का अभियान चालाना हो-शपथ ग्रहण के तत्काल बाद लिये गए इन जनहितकारी निर्णयों से सरकार ने ये साफ संदेश दे दिया है कि प्रदेश में कोई भी कानून से ऊपर नहीं है। गुंडे-बदमाशों के मन में पुलिस का डर बिठाना और आम आदमी के मन में पुलिस का डर निकालना ही सरकार की प्राथमिकता है। जन-सुविधा के दृष्टि से भोपाल स्थित बीआरटीएस कॉरिडोर को हटाने का निर्णय भी इस बात का प्रतीक है कि जब-जब जनता के हित की बात होगी, तब-तब सरकार कड़े फैसले लेने में एक मिनट की भी देरी नहीं करेगी।

सरकार जो कहती है, वो करके दिखाती है

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि सरकार के कामकाज में हर स्तर पर शुचिता, पारदर्शिता, विकेन्द्रीकरण, त्वरित निर्णय, कार्य दक्षता, अनुशासन एवं संवेदनशीलता दिखाई दे, इस उद्देश्य से अनेक नए कदम उठाए गए हैं। विभागों की समीक्षा के माध्यम से हर लक्ष्य की प्राप्ति के लिए माइक्रों प्लानिंग की जा रही है, वहीं दूसरी ओर सभी संभागों के विकास और कानून व्यवस्था की समीक्षा करते हुए स्थानीय चुनौतियों को समझकर मौके पर ही निर्णय लिए जा रहे हैं। संभागीय मुख्यालय पर बड़े पैमाने पर विकास कार्यों के शिलान्यास और लोकार्पण यह सिद्ध करते है कि सरकार जो कहती है, वो करके दिखाती है। सरकार ने जन सामान्य की सुविधा को केन्द्र में रखते हुए विभिन्न प्रशासनिक इकाइयों जैसे-जिला, तहसील, थाने आदि की सीमाओं के युक्तियुक्तकरण की कार्यवाही प्रारंभ करने का निर्णय लिया है। साइबर तहसील परियोजना को भी पूरे प्रदेश में लागू करने का निर्णय लिया गया है। सुशासन को केन्द्र में रखकर उठाए गए ये सभी कदम विकसित मध्यप्रदेश के निर्माण में मील का पत्थर साबित होंगे।

मध्यप्रदेश को सड़कों की दृष्टि से स्वर्णिम युग में पहुंचाया जाएगा

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि नर्मदा प्रगति पथ, विंध्य एक्सप्रेस-वे, मालवा निमाड़ विकास पथ, अटल प्रगति पथ, बुंदेलखंड विकास पथ, मध्य भारत विकास पथ, रिंग रोड, बायपास, रोप-वे, फ्लाईओवर, रेल ओवर ब्रिज एवं एलिवेटेड कॉरिडोर आदि का मिशन मोड में निर्माण कर मध्य़प्रदेश को सड़कों की दृष्टि से स्वर्णिम युग में पहुंचाया जाएगा। सांची सोलर सिटी की स्थापना के बाद अब 5 प्रमुख पर्यटन शहरों को सोलर सिटी बनाने का लक्ष्य है। प्रदेश की रीवा सोलर पार्क परियोजना को माननीय प्रधानमंत्री जी की, “अ बुक ऑफ इनोवेशन” में स्थान मिला है। विश्व की सबसे बड़ी ओंकारेश्वर फ्लोटिंग सौर परियोजना की तर्ज पर 250 मेगावॉट की बिरसिंहपुर फ्लोटिंग सौर परियोजना लगभग एक हाजर 800 करोड़ रुपये के निवेश से क्रियान्वित करने का लक्ष्य है। राज्य सरकार न केवल नई सिंचाई क्षमता निर्मित कर रही है, बल्कि उपलब्ध सिंचाई क्षमता का भी भरपूर उपयोग सुनिश्चित कर रही है। बुंदेलखंड की जीवन-रेखा कही जाने वाली केन-बेतवा लिंक परियोजना के प्रथम चरण का निर्माण इस वर्ष प्रारंभ कर दिया जाएगा।

उज्जैन में चना, ग्वालियर में सरसों और डिंडोरी में श्रीअन्न अनुसंधान संस्थान विकसित होंगे

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश के विकास-पथ को हमारे किसान भाई-बहनों ने अपने खून-पसीने से सींचा है। उनके परिश्रम का ही परिणाम है कि मध्यप्रदेश आज देश के दालों में उत्पादन में पहले, खाद्यान्न उत्पादन में दूसरे और तिलहन उत्पादन में तीसरे स्थान पर है। डिंडोरी में श्रीअन्न अनुसंधान संस्थान, उज्जैन में चना अनुसंधान संस्थान और ग्वालियर में सरसों अनुसंधान संस्थान की स्थापना से इन फसलों की देशी किस्मों के संरक्षण और नई किस्मों के विकास की नई राहें खुलेंगी। राज्य सरकार द्वारा 100 करोड़ रुपए से भी अधिक की नई रानी दुर्गावती श्रीअन्न प्रोत्साहन योजना लागू कर दी गई है। इसके अंतर्गत श्रीअन्न उत्पादन करने वाले किसानों को प्रति किलो 10 रुपए की अतिरिक्त प्रोत्साहन राशि दी जायेगी। साथ ही फसल उत्पादन, भण्डारण, प्रोसेसिंग, मार्केटिंग, उपार्जन, ब्राण्ड बिल्डिंग के साथ वैल्यू चेन विकसित की जाएगी। ग्वालियर जिले में 13 करोड़ रुपए की लागत से मध्यप्रदेश की पहली हाईटेक फ्लोरीकल्चर नर्सरी स्थापित की जा रही है।

प्रधानमंत्री जनजाति आदिवासी न्याय महाभियान (पीएम-जन-मन) में जनजाति बहुल 23 जिलों के लिए 7 हजार 300 करोड़ का प्रावधान

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रदेश के 35 लाख से अधिक तेन्दूपत्ता श्रमिकों को लाभ देते हुए सरकार ने तेंदूपत्ता संग्रहण दर 3 हजार रुपये प्रति मानक बोरा से बढ़ाकर 4 हजार रुपये प्रति मानक बोरा कर दी है। प्रदेश के 5 करोड़ 30 लाख गरीब हितग्राहियों को निशुल्क खाद्यान्न का वितरण किया जा रहा है। जल जीवन मिशन में अब तक लगभग 67 लाख घरेलू नल कनेक्शन लगाए जा चुके है। आय़ुष्मान भारत योजना में लगभग 34 लाख गरीबों का नि:शुल्क उपचार किया जा चुका है। जनजातीय गौरव दिवस के शुभ अवसर पर प्रधानमंत्री श्री मोदी जी द्वारा प्रधानमंत्री जनजाति आदिवासी न्याय महाभियान (पीएम-जन-मन) प्रारंभ कर विशेष पिछड़ी जनजातियों के समग्र विकास की क्रांतिकारी शुरुआत की गई है। इससे प्रदेश में विशेष पिछड़ी जनजाति बहुल जिलों में 7 हजार 300 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से 23 जिलों की 4 हजार 597 बसाहटों में निवास करने वाले बैगा, सहरिया एवं भरिया जनजाति के 11 लाख से अधिक भाई-बहन लाभान्वित होंगे।

मध्यप्रदेश, राष्ट्रीय शिक्षा नीति के क्रियान्वयन में प्रारंभ से ही अग्रणी रहा है

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि भारत की पहचान विश्व गुरु के रूप में रही है। यह हमारा सौभाग्य है कि भगवान श्रीकृष्ण ने उज्जैन के सांदीपनि आश्रम में शिक्षा ग्रहण की थी। मध्यप्रदेश, राष्ट्रीय शिक्षा नीति के क्रियान्वयन में प्रारंभ से ही अग्रणी रहा है। राज्य सरकार ने प्रदेश के सभी 55 जिलों में 55 शासकीय महाविद्यालयों का लगभग 485 करोड़ रुपये के निवेश से पीएम उत्कृष्टता महाविद्यालयों के रूप में उन्नयन करने का निर्णय लिया है। प्रदेश के 100 से अधिक विद्यालयों में रोबोटिक्स एवं कोडिंग के प्रशिक्षण के लिए विशेष लैब स्थापित की जा रही है। नई नीति के अनुरूप युवाओं के लिए रोजगारपरक शिक्षा के अनेक पाठ्यक्रम तैयार किए गए हैं। आगर-मालवा में नया विधि महाविद्यालय प्रारंभ करने का भी निर्णय लिया गया है। शिक्षा के साथ कौशल विकास और रोजगार मिलकर एक स्वर्णिम त्रिभुज बनाते हैं। प्रदेश में 28 नए आईटीआई खोले गए हैं, जिनमें 6 हजार 700 से अधिक युवाओं को कौशल विकास का प्रशिक्षण मिल सकेगा।

एक साथ 700 लोगों को नियुक्ति पत्र प्रदान कर राज्य सरकार ने किया नवाचार

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर लोक सेवा आयोग के माध्यम से चयनित लगभग 700 उम्मीदवारों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए हैं। सामान्यत: पुलिस वैरीफिकेशन व अन्य जांच में चार से छह माह का समय लगता है, इस पूरी व्यवस्था को बदलते हुए एक दिन में ही एक साथ 700 लोगों को नियुक्ति पत्र प्रदान कर राज्य सरकार ने नवाचार किया है, जो सुशासन की दिशा में एक ठोस कदम है। कर्मचारी चयन मंडल के माध्यम से लगभग 28 हजार पदों के लिए आयोजित भर्ती परीक्षाओं के परिणाम भी शीघ्र घोषित किए जाकर उन्हें नियुक्ति पत्र प्रदान किए जाएंगे। वर्ष 2024-25 में रोजगार मेलों के माध्यम से 90 हजार ग्रामीण युवाओं को रोजगार के अवसर प्रदान करने का लक्ष्य है। महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण पर फोकस करते हुए अगले वित्तीय वर्ष में महिला स्व-सहायता समूहों को 3 हजार 700 करोड़ रुपये से अधिक का बैंक लिंकेज तथा लाड़ली शक्ति क्रेडिट कार्ड के माध्यम से व्यवसाय के लिए न्यूनतम ब्याज दर पर एक लाख रुपये तक की बैंक क्रेडिट सुविधा उपलब्ध कराने का लक्ष्य है।

जबलपुर के पत्थर शिल्प, बालाघाट की वारासिवनी साड़ी, उज्जैन के बटिक, ग्वालियर के कारपेट और डिंडोरी के रॉट आयरन को जीआई टैग मिलना प्रदेश के लिए बड़ी उपलब्धि

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रदेश में 102 औद्योगिक क्षेत्रों तथा 35 एमएसएमई क्लस्टरों को विकसित किया जा रहा है। इसी प्रकार, स्टार्टअप की संख्या भी बढ़कर 3 हजार 700 से अधिक और इंक्यूबेटरों की संख्या बढ़कर 68 हो चुकी है। अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेला-2023 में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए मध्यप्रदेश के मण्डप को स्वर्ण पदक से सम्मानित किया गया है। हाल ही में उज्जैन के बटिक शिल्प, जबलपुर के पत्थर शिल्प, बालाघाट की वारासिवनी साड़ी, ग्वालियर के कारपेट और डिंडोरी के रॉट आयरन को जीआई टैग प्राप्त होने की बड़ी उपलब्धि हासिल हुई है। भारत सरकार के सहयोग से प्रदेश में मेडिकल डिवाइसेस पार्क, ऊर्जा उपकरण निर्माण पार्क, पीएम मित्र पार्क, मेका फुटवेयर क्लस्टर का निर्माण हो रहा है।

उज्जैन में औद्योगिक वातावरण निर्मित करने, मेडी सिटी निर्माण और आईआईटी सेटेलाइट

टाउन के लिए होगी विशेष पहल

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रदेश के अंचलों में उद्योग और व्यापार कि दिशा बदलने तथा लोगों को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए राज्य सरकार निरंतर प्रयासरत है। इसी के अंतर्गत ग्वालियर के समान उज्जैन में भी व्यापार मेला आयोजित किया जाएगा। इसके लिए आवश्यक वित्तीय सहायता भी उपलब्ध कराई जाएगी तथा उज्जैन में औद्योगिक वातावरण निर्मित करने के लिए महत्वपूर्ण निर्णय लिए जायेंगे। भारत सरकार के सहयोग से उज्जैन में मेडिकल डिवाइज पार्क, ऊर्जा उपकरण निर्माण, पीएम. मित्र पार्क और मेडी सिटी के निर्माण का निर्णय लिया गया है। उज्जैन के चिकित्सालय और चिकित्सालय के सामने सामाजिक न्याय परिसर में मेडी सिटी की स्थापना की जाएगी। प्रधानमंत्री मोदी की मेडी सिटी की योजना को धरातल पर उतारने में हम सफल होंगे और उज्जैन को प्रदेश की पहली मेडी सिटी मिलेगी। उज्जैन के इंजीनियरिंग कॉलेज सहित सभी तकनीकी रूप से कार्यरत महाविद्यालयों के उन्नयन की बड़ी योजना बनाई गई है। इसी के अंतर्गत हाल ही में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान के माध्यम में उज्जैन में आईआईटी सेटेलाइट टाउन के लिए सैद्धांतिक स्वीकृति प्राप्त कर ली गई है। यह तकनीकी शिक्षा के लिए बड़ी उपलब्धि होगी।

मालवा से राजस्थान को जोड़ने के लिए क्रियान्वित होगी लिंक परियोजना

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि सिंचाई के लिए मालवा से राजस्थान को जोड़ने के लिए विशेष लिंक परियोजना बनाई गई है। पार्वती, कालीसिंध और चंबल नदी को मिलाकर आकार लेने वाली इस परियोजना के संबंध में मध्यप्रदेश सरकार शीघ्र ही राजस्थान सरकार के साथ एमओयू करने जा रही है।

उज्जैन में कपिला गौ शाला के लिए भी अलग से योजना बनाई जाएगी, प्रदेश की अन्य बड़ी गौशालाओं के उन्नयन तथा रखरखाव के लिए भी कार्य योजना बनाई जाएगी। विकास और जनकल्याण पर केंद्रित ऐसी योजनाओं को लेकर हम निरंतर आगे बढ़ते रहेंगे और नवाचार जारी रहेंगे।

Interim Budget 2024: अंतरिम बजट में कृषि क्षेत्र को मिलेगा बढ़ावा; खाद्य सुरक्षा, समावेशी विकास के लिए होगा उचित आवंटन

Interim Budget

 

Interim Budget 2024: वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा 1 फरवरी को पेश किए जाने वाले अंतरिम बजट का लक्ष्य देश की खाद्य सुरक्षा को बढ़ाने और अर्थव्यवस्था में समावेशी विकास सुनिश्चित करने के लिए कृषि क्षेत्र को बड़ा बढ़ावा देना होगा.कृषि क्षेत्र में उत्पादन बढ़ाने के लिए विभिन्न योजनाओं के लिए आवंटन में उल्लेखनीय वृद्धि होने की उम्मीद है.

सूत्रों के मुताबिक, सरकार प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (पीएम-किसान) योजना के तहत छोटे और सीमांत किसानों को दिए जाने वाले छह हजार रुपये के वार्षिक भुगतान को बढ़ाने के प्रस्ताव पर भी विचार कर रही है. यह योजना एक बड़ी सफलता साबित हुई है क्योंकि प्रत्यक्ष लाभ अंतरण प्रणाली (डीबीटी) के तहत अब तक 11 करोड़ किसानों को 2.8 लाख करोड़ रुपये से अधिक का भुगतान किया जा चुका है. पैसा एक साल में तीन किस्तों में सीधे उनके बैंक खातों में जा रहा है. सूत्रों के मुताबिक, पुरुष किसानों को दी जाने वाली राशि को बढ़ाकर नौ हजार रुपये किया जा सकता है, जबकि महिलाओं को सशक्त बनाने की सरकार की नीति के तहत महिला किसानों को दी जाने वाली राशि 12 हजार रुपये तक बढ़ सकती है.

हालांकि, बजट घाटे को ध्यान में रखते हुए, सटीक संख्या पर अभी भी काम किया जा रहा है. वित्त वर्ष 2023-24 के बजट में कृषि क्षेत्र के लिए 1.25 लाख करोड़ रुपये आवंटित किए गए थे. अंतरिम बजट में इस परिव्यय को बढ़ाया जाएगा.

किसानों को उर्वरक सब्सिडी प्रदान करने के लिए अतिरिक्त 1.8 लाख करोड़ रुपये रखे जाने की उम्मीद है जो उत्पादन की लागत में कटौती करने में मदद करता है.किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) का परिव्यय, जिसके लिए 2023-24 में 23 हजार करोड़ रुपये आवंटित किए गए थे, भी बढ़ाए जाने की संभावना है. देश में करीब 86 फीसदी छोटे किसान हैं, जिन्हें इस योजना का लाभ मिलता है.किसानों के लाभ के लिए प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना और नए किसान उत्पादक संगठनों (एफपीओ) के गठन जैसी योजनाओं में भी आवंटन में वृद्धि देखी जा सकती है.

प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना को अधिक महत्व दिया गया है क्योंकि जलवायु परिवर्तन के कारण होने वाली अजीब मौसमी घटनाएं फसलों के लिए अधिक जोखिम पैदा करती हैं और यह योजना किसानों की सुरक्षा में मदद करती है.एफपीओ छोटे और मध्यम किसानों को उनकी उपज का बेहतर मूल्य दिलाने और उनकी कमाई बढ़ाने के लिए संगठित करने में मदद करते हैं.अंतरिम बजट इन क्षेत्रों के लिए उपलब्ध कराई जा रही विभिन्न ऋण योजनाओं के तहत पशुपालन, डेयरी और मत्स्य पालन पर भी ध्यान केंद्रित करेगा.

 

Money Attraction: घर की तिजोरी में रखें ये फूल, धन की होगी बरसात

safe of your house

 

ज्योतिष शास्त्र में ऐसी कई वस्तुओं के बारे में बताया है, जिनके होने से ही धन का लाभ हो जाता है। इन चीजों को घर की तिजोरी में रख लेने भर से ही धन खिचा चला आता है। घर की तिजोरी में फूल का रखना भी शुभ होता है।

आप को यहां यह ध्यान देने की जरूरत है कि हर फूल को तिजोरी में नहीं रखना चाहिए। यह आपके लिए नकारात्मक भी हो सकता है। कुछ ही ऐसे फूल होते हैं, जिनको रखने धन का लाभ होता है। उन फूलों के रखने से माता लक्ष्मी प्रसन्न होती है। ज्योतिषाचार्य राधाकांत वत्स ने विस्तार से इस बारे में बताया है।

इस फूल को घर की तिजोरी में रखें और यह हैं लाभ

घर की तिजोरी में कदंब को फूल को रखना शुभ माना जाता है। कदंब के फूल से श्री कृष्ण को विशेष लगाव है। माता लक्ष्मी को भी यह फूल उतना ही पसंद है। घर की तिजोरी में इस फूल को रखने से घर में सकारात्मकता आती है। यह उस नकारात्मक ऊर्जा को दूर करती है, जिससे आर्थिक तंगी आ रही हो।

कदंब का फूल रखने से भगवान श्री कृष्ण की सीधी कृपा होती है, जिससे घर में खुशहाली आती है। अब श्री कृष्ण का आशीर्वाद मिलने पर हर तरह की समस्या का दूर होना तो स्वभाविक है। आपके घर में ग्रह दोष, तो कदंब का फूल का उसे दूर कर सकता है। गुरु ग्रह का सीधा संबंध कदंब फूल से होता है।

 

Health Tips : हेल्दी दिखने वाली ये चीजें धीरे-धीरे बढ़ा सकती हैं आपका वजन, समय रहते इनसे कर लें किनारा

healthy looking things can gradually

 

Health Tips : ईट हेल्दी लिव हेल्दी ये बात तो आपने कई बार सुनी होगी, लेकिन क्या आप जानते हैं कि कई बार हेल्दी चीजें भी हमारे वेट गेन के पीछे की वजह हो सकती है. जी हां, कुछ ऐसे फूड आइटम्स हैं, जो वैसे तो बहुत हेल्दी होते हैं. लेकिन अगर इसका सेवन ज्यादा कर लिया जाए तो यह वेट को बढ़ा सकते हैं और मोटापे का कारण होते हैं. तो चलिए हम आपको बताते हैं ऐसी चीजें जो हेल्दी होने के बावजूद हमें मोटापे का शिकार बना सकती है.

फ्रूट जूस

जी हां, अत्यधिक मात्रा में फ्रूट जूस का सेवन करना हमारे सेहत के लिए नुकसानदायक हो सकता है, क्योंकि फलों में फ्रुक्टोज नाम का नेचुरल शुगर होता है, जो कैलोरी इनटेक को बढ़ा देता है. ऐसे में बहुत ज्यादा फ्रूट जूस का सेवन करना वेट गेन का कारण हो सकता है. इतना ही नहीं फलों की तुलना में फलों के रस में कम फाइबर, मिनरल्स और विटामिन होते हैं, इसलिए हमें फलों के जूस की जगह फलों का सेवन करना चाहिए.

मेवे और पीनट बटर

बादाम, अखरोट, काजू और मूंगफली ये मेवे कैलोरी से भरपूर होते हैं और बादाम बटर या पीनट बटर जैसे नट बटर भी फैट से भरपूर होते है, इसलिए इनका सेवन कम मात्रा में ही किया जाना चाहिए.

फुल फैट दूध और डेयरी प्रोडक्ट

फुल फैट दूध, ग्रीक योगर्ट और पनीर जैसे फुल फैट डेयरी प्रोडक्ट कैलोरी, प्रोटीन, कैल्शियम और अन्य आवश्यक पोषक तत्वों से भरपूर होते हैं. इनका सेवन भी हमें कम मात्रा में करना चाहिए या लो फैट चीजों को डाइट में शामिल करना चाहिए.

काम्प्लेक्स कार्बोहाइड्रेट्स

साबुत अनाज, आलू और बीन्स कैलोरी की मात्रा बढ़ाने का काम करती है. ऐसे में इसकी जगह आप क्विनोआ, ब्राउन राइस, जई जैसे साबुत अनाज चुनें.

MP CM News:मुख्यमंत्री डॉ. यादव की केंद्रीय मंत्री निर्मला सीतारमण से भेंट

meeting with Union Minister Nirmala

 

प्रदेश की वित्तीय स्थिति और प्रबंधन तथा जनकल्याणकारी योजनाओं पर हुई विस्तृत चर्चा

MP CM News: भोपाल | मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आज केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमन से उनके निवास पर भेंट कर प्रदेश की वित्तीय स्थिति और प्रबंधन से संबंधित विविध विषयों पर विस्तृत चर्चा की।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने केंद्रीय वित्त मंत्री से प्रदेश की विधानसभा के आगामी सत्र में प्रस्तुत किए जाने वाले बजट पर मार्गदर्शन भी प्राप्त किया। मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार का प्रयास है कि आगामी बजट प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मंशानुसार तकनीक आधारित, पारदर्शी और विकासोन्मुखी हो।

बैठक के दौरान केंद्रीय वित्त मंत्री ने प्रदेश के वित्तीय प्रबंधन और सुधार के कार्यों को सराहा और आश्वासन दिया कि केंद्र सरकार प्रदेश सरकार की योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की वित्तीय कठिनाई नहीं आने देगी।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने केंद्रीय वित्तीय मंत्री का पुष्पगुच्छ और अंगवस्त्र भेंट कर अभिवादन किया। उन्होंने केंद्रीय वित्त मंत्री सीतारमण को उज्जैन स्थित महाकाल लोक भी पधारने का न्योता दिया जिसे उन्होंने सहर्ष स्वीकार किया।

 

MP News: आईआईटी इंदौर के उज्जैन सैटेलाइट परिसर को मिली सैद्धांतिक स्वीकृति

Ujjain satellite campus

 

भोपाल | उज्जैन के सैटेलाइट परिसर को सैद्धांतिक सहमति मिल गई है। मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने आज केंद्रीय शिक्षा व कौशल विकास और उद्यमिता मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से उनके निवास पर भेंट कर शिक्षा और कौशल विकास से संबंधित विभिन्न विषयों पर विस्तृत चर्चा की। मुख्यमंत्री डॉ यादव ने बताया कि भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान, इंदौर द्वारा उज्जैन में सैटेलाइट परिसर स्थापित करने की परियोजना तैयार कर वर्ष 2023 में शिक्षा मंत्रालय को स्वीकृति के लिये भेजी गई थी।

मुख्यमंत्री ने बताया कि उज्जैन सैटेलाइट परिसर एक महत्वपूर्ण परियोजना है, जिससे पूरे भारत और विशेष रूप से मध्य प्रदेश के छात्रों, शिक्षकों और औद्योगिक कर्मियों को लाभ मिलेगा। मुख्यमंत्री डॉ यादव ने केंद्रीय मंत्री प्रधान को जानकारी दी कि भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान, दिल्ली द्वारा मध्य प्रदेश में चार फ्यूचर स्किल कोर्स चलाए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि महिला पॉलिटेक्निक कॉलेज, भोपाल में ऑगमेंटेड रियलिटी/वर्चुअल रियलिटी (AR/VR), जबलपुर इंजीनियरिंग कॉलेज में इंटरनेट आफ थिंग्स (IoT) और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) तथा उज्जैन इंजीनियरिंग कॉलेज में ब्लाकचैन कोर्स स्थापित किए गए हैं जो कौशल विकास और उद्यमिता मंत्रालय की संकल्प योजना के अंतर्गत चलाए जा रहे हैं। प्रत्येक कोर्स में राज्य के एक हजार युवाओं को प्रशिक्षण दिया जा है।

मुख्यमंत्री डॉ यादव ने बताया कि राज्य द्वारा स्थापित संत शिरोमणि रविदास ग्लोबल स्किल पार्क में भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान, दिल्ली द्वारा आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस तथा ऑगमेंटेड रियलिटी/वर्चुअल रियलिटी के क्षेत्र में सेंटर आफ एक्सीलेंस स्थापित किया जा रहे हैं। उन्होंने जानकारी दी कि संत शिरोमणि रविदास ग्लोबल स्किल पार्क में संचालित किए जाने वाले कोर्स में तकनीकी सलाहकार के रूप में आईटीई, सिंगापुर के स्थान पर अब भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान, दिल्ली को तकनीकी सलाहकार बनाए जाने का भी निर्णय लिया गया है। मुख्यमंत्री डॉ यादव ने केंद्रीय मंत्री प्रधान का इन सभी नवाचारों में सहयोग प्रदान करने के लिए धन्यवाद दिया। उन्होंने प्रधान को इन कौशल उन्नयन नवाचारों के शुभारंभ के लिए मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित किया। केंद्रीय मंत्री प्रधान ने आमंत्रण सहर्ष स्वीकार किया।

बैठक के दौरान केंद्रीय मंत्री प्रधान ने मुख्यमंत्री डॉ यादव को उड़ीसा के महान स्वतंत्रता सेनानी वीर सुरेन्द्र साईं के बारे में अवगत कराया जिन्होंने असीरगढ़ किले के कारावास में लगभग 35 साल से अधिक समय गुजारा था। मुख्यमंत्री डॉ यादव ने केंद्रीय मंत्री को आश्वासन दिया कि राज्य सरकार द्वारा शीघ्र ही असीरगढ़ किले में स्वतंत्रता सेनानी वीर सुरेंद्र साईं की प्रतिमा स्थापित कर उनके सम्मान में स्मारक बनाया जाएगा। मुख्यमंत्री डॉ यादव ने कहा कि इस स्मारक से मध्य प्रदेश और उड़ीसा राज्यों के सांस्कृतिक संबंध मधुर और प्रगाढ़ होंगे।

इससे पहले मुख्यमंत्री डॉक्टर यादव ने केंद्रीय मंत्री प्रधान को पुष्पगुच्छ और अंगवस्त्र भेंट कर अभिवादन किया। केंद्रीय मंत्री प्रधान ने भी मुख्यमंत्री डॉ यादव को अंगवस्त्र भेंट किया।।

IMD Forecast: 6 राज्यों में 28 जनवरी तक शीतलहर का रेड अलर्ट, घने कोहरे के कारण ट्रेनें और उड़ानें प्रभावित

alert of cold wave till

 

Weather Forecast: भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने गुरुवार को कहा कि अगले 4 दिनों के दौरान उत्तर भारत में बहुत घने कोहरे की स्थिति रहेगी। 25 से 30 जनवरी तक पश्चिमी हिमालय क्षेत्र में हल्की बरसात या बर्फबारी की संभावना है। आईएमडी ने अगले 2 दिनों के दौरान उत्तर भारत में गंभीर शीत लहर की चेतावनी दी है।

मौसम विभाग ने 25 जनवरी को पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, उत्तर प्रदेश, बिहार और राजस्थान में कोल्ड वेव का रेड अलर्ट जारी किया है। जिसके बाद 28 जनवरी तक इन राज्यों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

मौसम विभाग का बारिश का पूर्वानुमान

आईएमडी के अनुसार, दो कमजोर पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से 30 जनवरी तक पश्चिमी हिमालय क्षेत्र में हल्की बारिश या बर्फबारी हो सकती है। बंगाल की उत्तर-पश्चिमी खाड़ी पर एंटी साइक्लोनिक सर्कुलेशन और पूर्वी विदर्भ पर चक्रवाती सर्कुलेशन के कारण दक्षिण आंतरिक कर्नाटक से आंतरिक ओडिशा तक ट्रफ रेखा बनी हुई है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, अगले दो दिनों के दौरान ओडिशा, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, पूर्वोत्तर भारत, विदर्भ, छत्तीसगढ़, तेलंगाना और तटीय आंध्रप्रदेश में हल्की बारिश की संभावना है। 25 से 28 जनवरी के दौरान अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में मध्यम बरसात हो सकती है।

मौसम विभाग का घना कोहरा का पूर्वानुमान

आईएमडी ने अपने बुलेटिन में कहा, ’25 से 28 जनवरी के दौरान पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, बिहार और उत्तर प्रदेश में बहुत घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। 26 जनवरी को दिल्ली में घने कोहरे की भविष्यवाणी की है।’ मौसम विभाग ने कहा कि कोहरे के कारण शुक्रवार सुबह 8.30 बजे तक दृश्यता 400 मीटर तक रहेगी। इसके बाद दृश्यता का स्तर सुबह 10.30 बजे तक 1500 मीटर तक पहुंच सकता है। न्यूनतम तापमान 5-7 डिग्री सेल्यियस के बीच दर्ज किए जाने की संभावना है।

मौसम विभाग का कोल्ड डे का पूर्वानुमान

26 जनवरी को पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में गंभीर शीत लहर की स्थिति रहने की संभावना है। 27 और 28 जनवरी को पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और यूपी में कोल्ड डे की स्थिति बनी रहेगी।

ट्रेन और उड़ान में देरी

घने कोहरे के कारण दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय एयरपोर्ट पर कई उड़ान संचालन में देरी हुई। उत्तर रेलवे के अनुसार, गया-नई दिल्ली महाबोधि एक्सप्रेस (12397) ट्रेन शामिल है, जो 8 घंट देर से चल रही है। इसी तरह, पुरी-नई दिल्ली पुरुषोत्तम एक्सप्रेस (12801), कटिहार-अमृतसर एक्सप्रेस (15707), भुवेश्वर-नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस (22811) और भुवनेश्वर-नई दिल्ली दुरंतो (12281) 5 घंटे से अधिक की देरी से चलीं।

nmms-scholarship-2026-27

NMMSS Scholarship 2026-27: छात्रों को बड़ी राहत, छात्रवृत्ति आवेदन की अंतिम तारीख बढ़ी, अब...

0
नई दिल्ली। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के मेधावी विद्यार्थियों के लिए केंद्र सरकार ने बड़ी राहत दी है। शिक्षा मंत्रालय ने राष्ट्रीय साधन-सह-योग्यता...
akshara goswami

मध्यप्रदेश स्थापना दिवस पर 102 मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान, हर छात्र को मिली 1...

0
भोपाल। मध्यप्रदेश के 71वें स्थापना दिवस के अवसर पर प्रदेश की शैक्षणिक प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। भोपाल के लाल परेड मैदान में आयोजित...
poshan-tracker-pmmvy-grievance-redressal-2026

POSHAN Tracker और PMMVY की शिकायतों का होगा निपटारा, 30 अक्टूबर को देशभर में...

0
नई दिल्ली | 30 अक्टूबर 2026 | सामाजिक कल्याण समाचार केंद्र सरकार ने गर्भवती महिलाओं, स्तनपान कराने वाली माताओं और पोषण सेवाओं के लाभार्थियों की...
anath-bachchon-ke-liye-sarkari-yojana-2026

अनाथ बच्चों के लिए सरकार की खास योजनाएँ, पढ़ाई से लेकर आर्थिक सहायता तक

0
नई दिल्ली | सरकारी योजना समाचार देश में ऐसे कई बच्चे हैं, जिन्होंने अपने माता-पिता को खो दिया है या जिनके पास देखभाल करने वाला...
Government welfare schemes have improved the living standards of 22 crore people

सरकारी कल्याण योजनाओं से 22 करोड़ लोगों के जीवन स्तर में सुधार, MoSPI के...

0
नई दिल्ली। भारत में सरकारी सामाजिक कल्याण योजनाओं के माध्यम से गरीब और जरूरतमंद परिवारों को मिलने वाली मुफ्त या रियायती वस्तुओं से उनके...