MP News: राज्यपाल मंगुभाई पटेल गणतंत्र दिवस पर भोपाल में करेंगे ध्वजारोहण

Mangubhai Patel will

 

MP News: भोपाल| राज्यपाल मंगुभाई पटेल गणतंत्र दिवस-26 जनवरी को भोपाल में राज्य स्तरीय कार्यक्रम में ध्वजारोहण करेंगे। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव उज्जैन में ध्वजारोहण करेंगे। विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर मुरैना जिले में ध्वजारोहण कर मुख्यमंत्री डॉ. यादव के संदेश का वाचन करेंगे। जिला मुख्यालयों पर मंत्रीगण और शेष 22 जिलों में कलेक्टर ध्वजारोहण कर मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन करेंगे।

उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा मंदसौर, उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल रीवा, मंत्री डॉ. कुंवर विजय शाह खंडवा, मंत्री कैलाश विजयवर्गीय इंदौर, मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल नरसिंहपुर और मंत्री राकेश सिंह जबलपुर, मंत्री करण सिंह वर्मा सीहोर, मंत्री उदय प्रतापसिंह नर्मदापुरम, मंत्री सम्पतिया उईके मंडला, मंत्री तुलसीराम सिलावट देवास, मंत्री एदल सिंह कंषाना श्योपुर, मंत्री निर्मला भूरिया झाबुआ, मंत्री गोविंद सिंह राजपूत सागर, मंत्री विश्वास सारंग विदिशा, मंत्री नारायण सिंह कुशवाह ग्वालियर, मंत्री नागर सिंह चौहान अलीराजपुर, मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर गुना, मंत्री राकेश शुक्ला भिंड, मंत्री चैतन्य काश्यप रतलाम, मंत्री इंदर सिंह परमार शाजापुर में ध्वजारोहण कर मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन करेंगे।

राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कृष्णा गौर हरदा, राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) धर्मेद्र भाव सिंह लोधी छिंदवाड़ा, राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दिलीप जायसवाल अनूपपुर, राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गौतम टेटवाल राजगढ़, राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) लखन सिंह पटैल दमोह, राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) नारायण सिंह पंवार बैतूल, राज्य मंत्री नरेन्द्र शिवाजी पटेल रायसेन, राज्य मंत्री प्रतिमा बागरी सतना, राज्य मंत्री दिलीप अहिरवार छतरपुर एवं राज्य मंत्री राधा सिंह सिंगरौली जिला मुख्यालय पर ध्वजारोहण कर मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन करेंगे।

जिला मुख्यालय धार, खरगौन, बड़वानी, बुरहानपुर, आगर-मालवा, नीमच, शिवपुरी, अशोकनगर, दतिया, सीधी, मैहर, मऊगंज, शहडोल, उमरिया, पन्ना, निवाड़ी, कटनी, टीकमगढ़, सिवनी, डिण्डोरी, बालाघाट और पांढुर्णा में जिला कलेक्टर ध्वजारोहण कर मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन करेंगे।

MP News: 26 जनवरी को अवलोकन के लिए प्रात: 11 से 2 बजे तक खुलेगा राजभवन

Raj Bhavan will be open

 

MP News: भोपाल | राजभवन 26 जनवरी को नागरिकों के अवलोकन के लिए प्रात: 11 से 2 बजे तक खुला रहेगा। इस अवधि में आमजन राजभवन का अवलोकन कर सकेंगे।

उल्लेखनीय है कि गणतंत्र दिवस के अवसर पर आम नागरिकों के अवलोकन के लिए दिनांक 25 से 27 जनवरी तक तीन दिन के लिए राजभवन खोला गया है। दिनांक 27 जनवरी को नागरिकगण अपराह्न 2 बजे से 7 बजे तक राजभवन का भ्रमण कर सकेंगे।

MP CM News: सबल, सक्षम, और सुशासित मध्यप्रदेश बनाने में लोक सेवकों की भूमिका महत्वपूर्ण – मुख्यमंत्री डॉ. यादव

capable and well-governe

 

MP CM News: भोपाल | मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि अंतिम पंक्ति के अंतिम व्यक्ति के जीवन में बदलाव लाना, सब स्वस्थ और सुखी हों यह प्रयास करना तथा मध्यप्रदेश सभी क्षेत्रों में प्रथम स्थान पर हो इसके लिए समन्वित रूप से प्रयास करना ही हमारी सरकार की प्राथमिकता है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव मध्य प्रदेश राज्य सिविल सेवा में चयनित अभ्यार्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान करने तथा उनके उन्मुखीकरण कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। रविंद्र भवन में हुए कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आप सभी वर्षों की तपस्या और परिवारों की आशा, आकांक्षा, अपेक्षा के बलबूते पर राज्य सेवा के लिए चयनित हुए हैं। यह सुखद संयोग है कि हाल ही में भगवान राम की प्राण प्रतिष्ठा हुई है, यह देश में सुशासन की प्राण प्रतिष्ठा है, हम रामराज्य की ओर अग्रसर हैं। आप सुशासन का पाथेय बन रहे हैं, अतः आप सब बधाई के पात्र हैं। अभ्यार्थियों को सौंपा जा रहा है नियुक्ति पत्र आपके प्रति विश्वास और आप में निहित संभावनाओं का प्रमाणीकरण है। सबल, सक्षम और सुशासित मध्यप्रदेश बनाने में आपकी महत्वपूर्ण भूमिका होगी।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने दीप प्रज्वलित कर तथा सरस्वती जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। मध्यप्रदेश गान के साथ आरंभ हुए कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने अभ्यर्थियों से संवाद में उनके कई प्रश्नों के उत्तर दिए। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने जनसम्पर्क विभाग में नियुक्त हिमांशी बजाज, शिवेन्द्र गुर्जर, वाणिज्यिकर अधिकारी वर्षा पंवार, वाणिज्यिककर निरीक्षक राहुल विश्वकर्मा तथा अन्य को प्रतीक स्वरूप नियुक्ति पत्र प्रदान किए।

युवा देश की धरोहर हैं, उन्हें पुष्पित-पल्लवित करना हमारा दायित्व है

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि अभ्यर्थी, म.प्र. लोक सेवा में चयन को अपना अंतिम पड़ाव नहीं मानें, आप आगे बढ़ने के लिए ललक बनाए रखें, प्रयास करते रहें शासन की ओर से हरसंभव सहयोग प्रदान किया जाएगा। अभ्यर्थियों को किसी स्वीकृति की आवश्यकता होने पर उन्हें राज्य शासन द्वारा उदारतापूर्वक स्वीकृति उपलब्ध कराई जाएगी। अभ्यर्थी युवा हैं, आप देश की धरोहर हैं, भारत विश्व का सबसे युवा देश है। इस धरोहर को पुष्पित-पल्लवित करना और उन्हें अपनी क्षमतानुसार लक्ष्य प्राप्ति में मदद करना हमारा दायित्व है। देश की आजादी के अमृतकाल में सभी क्षेत्रों में देश को आगे बढ़ाने में आप सब अपना हरसंभव सहयोग प्रदान करें।

नई तकनीक अपनाने और सीखने की प्रवृत्ति बनाएं रखें

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि वर्तमान युग विज्ञान और तकनीक का युग है। सौंपे गए कार्यों के संपादन में नई तकनीक को अपनाकर अपनी क्षमता बढ़ाने तथा कार्य को अधिक से अधिक सक्षमता, पारदर्शिता से शत-प्रतिशत पूर्णता तक ले जाने के लिए हमें संकल्पित रहना है। नई तकनीक अपनाने और सीखने की प्रवृत्ति के संबंध में मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी का उदाहरण देते हुए अभ्यर्थियों को प्रेरित किया और कहा कि हमें जो भी दायित्व मिले उसे शत-प्रतिशत सफलता की ओर ले जाने के लिए हम प्रतिबद्ध रहें।

शंकराचार्य पद्धति पर संचालित गुरूकुल शत-प्रतिशत दक्षता सिखाते हैं

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि देश में शिक्षा की कई पद्धतियों के साथ-साथ शंकराचार्य पद्धति पर भी कई गुरूकुल संचालित हैं। इस व्यवस्था में कोई प्रमाण-पत्र नहीं है, परंतु यह पद्धति शत-प्रतिशत दक्षता के साथ काम करना सिखाती है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने राज्य द्वारा सौंपे गए दायित्वों के निर्वहन में समर्पण, कर्तव्यनिष्ठा और त्याग के संबंध में चाणक्य, पन्नाधाय, डॉ. राजेन्द्र प्रसाद और कर्पूरी ठाकुर के उदाहरण देते हुए अभ्यर्थियों को विनम्र, तालमेल से कार्य करने और अध्ययनशील व सीखने के प्रवृत्ति बनाए रखने के लिए प्रेरित किया।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव से अभ्यर्थियों ने किया संवाद

 

डायरी मेंटेन कर प्रतिदिन के कार्यों की प्राथमिकता करें निर्धारित

मुख्यमंत्री डॉ. यादव से संवाद के क्रम में अभ्यर्थियों ने उनसे प्रश्न किए। प्रकाश उपाध्याय द्वारा समय के प्रबंधन के संबंध में पूछे गए प्रश्न के उत्तर में डॉ. यादव ने कहा कि वे सदैव डायरी मेंटेन कर प्रतिदिन के कार्यों की प्राथमिकताओं को निर्धारित करते हैं। इसके साथ ही वरिष्ठजन व अनुभवी लोगों से प्राप्त उपयोगी बिन्दुओं को भी वे नोट करते हैं, और यह नोटिंग उनसे पुन: भेंट करने तथा अन्य संदर्भ के रूप में बहुत उपयोगी‍सिद्ध होती है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि युवाओं के लिए निरंतर नवाचार करते रहने की प्रवृत्ति रखना, आगे बढ़ने की ललक बनाए रखना तथा उसे पूरा करने के लिए आवश्यक योजना बनाकर उसे क्रियान्वित करने के प्रति प्रतिबद्ध रहना बहुत जरूरी है।

मित्र बनाने और मित्रता निभाने में ईमानदारी व शुचिता का ध्यान रखना आवश्यक

मुख्यमंत्री डॉ. यादव से अंकित चौबे ने उनके जीवन यात्रा में मित्रों के महत्व व सहयोग के संबंध में प्रश्न किया। जिसके उत्तर में मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने अपने आरंभिक जीवन के संघर्ष का उल्लेख करते हुए कहा कि जीवन के आरंभ और युवावस्था में जो मित्र रहे, वे आज भी मित्रवत हैं और हरसंभव सहयोग के लिए सदैव तत्पर रहते हैं। मित्र बनाने और मित्रता निभाने में ईमानदारी व शुचिता का ध्यान रखना तथा लंबे समय तक संबंधों को बनाए रखने के लिए प्रयास करना आवश्यक है।

हर पल विचारवान बने रहना आवश्यक

मुख्यमंत्री डॉ. यादव से आयुषी साहू ने जनसमस्याओं के निराकरण में उपयोगी और सहायक बिन्दुओं पर प्रकाश डालने का अनुरोध किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि हम हमेशा इस प्रकार कार्य करें जो हमारे व्यक्तित्व और पद की गरिमा बढ़ाए। यह आवश्यक है कि दायित्व निर्वहन में हमारी नीयत सही हो, हम अहंकार न रखें तथा किसी भी परिस्थिति में समस्या को मात्र विभाग की दृष्टि से देखने के अलावा उसे समग्रता में भी देखें और तालमेल बैठाते हुए दायित्वों का निर्वहन करें। इस संदर्भ में मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने एक डिप्टी कलेक्टर द्वारा महिलाकर्मी से उनके जूते के फीते बंधवाने का निंदनीय मामला सामने आने और उस पर की गई त्वरित कार्यवाही का उदाहरण देते हुए कहा कि हमारी संस्कृति में नारी सम्मान सर्वोपरि है। अत: परिवेश के अनुसार हमारे लिए हर पल विचारवान बने रहना आवश्यक है।

अपनी क्षमताओं और व्यक्तित्व का आंकलन कर लक्ष्य निर्धारित करें

मुख्यमंत्री डॉ. यादव से प्रदेश के विकास को लेकर उनकी प्राथमिकताओं के संबंध में भी प्रश्न किया गया। इसके साथ ही अंशिका ठाकुर ने तनाव प्रबंधन के संबंध में टिप्स देने का अनुरोध किया। डॉ. यादव ने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति के लिए निष्पक्ष भाव से अपनी क्षमताओं और व्यक्तित्व का आंकलन कर अपने लक्ष्य निर्धारित करना आवश्यक है। हमारी जो रूचि हो और जिन कार्यों में हमारा मन लगे, हमें उसी दिशा में आगे बढ़ना चाहिए। इस संदर्भ में डॉ. यादव ने स्वतंत्रता सेनानी नेताजी सुभाषचंद्र बोस, विदेश मंत्री जयशंकर के उदाहरण देते हुए कहा कि हम जो कार्य या चुनौती लें, उसे अपना शत-प्रतिशत दें और अपने प्रयासों से पूर्ण न्याय करें।

दिव्यांग और दृष्टिबाधित अभ्यर्थियों की संघर्ष गाथा का हुआ प्रस्तुतीकरण

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से संवाद के क्रम में सफलता की कहानी के अंतर्गत चयनित अभ्यर्थियों की सफलता और लक्ष्य प्राप्ति में आई कठिनाइयों पर संक्षिप्त प्रस्तुतीकरण के अंतर्गत दिव्यांग राहुल विश्वकर्मा, दृष्टिबाधित शशांक जैन तथा प्रियंका भलावी के संघर्ष पर जानकारी दी गई।

मध्य प्रदेश सिविल सेवा के वर्ष 2019 व 2020 के चयनित अभ्यर्थी हुए शामिल

कार्यक्रम में प्रमुख सचिव स्कूल शिक्षा रश्मि अरूण शमी ने प्रदेश की विगत 20 वर्षों की प्रगति यात्रा और प्रमुख सामाजिक आर्थिक संकेतकों पर प्रस्तुतीकरण दिया। कार्यक्रम में मध्य प्रदेश सिविल सेवा के वर्ष 2019 व 2020 के चयनित अभ्यर्थी सम्मिलित हुए। नवागत अधिकारी वाणिज्य कर, वित्त, कार्मिक; राजस्व, स्कूल शिक्षा, सूक्ष्म लघु एवं मध्यम उद्यम, गृह, नगरीय प्रशासन, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, श्रम, जनसंपर्क, जनजातीय कार्य, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति, सहकारिता और जेल विभाग में पदस्थ होंगे। कार्यक्रम में अपर मुख्य सचिव सामान्य प्रशासन विनोद कुमार, अपर मुख्य सचिव मलय श्रीवास्तव, एस.एन. मिश्रा, प्रमुख सचिव श्रीमती रश्मि अरूण शमी विशेष रूप से उपस्थित थे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव को तुलसी का पौधा भेंटकर आभार प्रदर्शित किया गया।

Gold Silver Price : सोने-चांदी की कीमतों में आया उछाल, पढ़ें कितना मंहगा हुआ 10 ग्राम गोल्ड

prices of gold and silver

 

भारतीय सर्राफा बाजार में 24 जनवरी 2024 को सोने के भाव में उछाल आया है। सोने का भाव 62435 रुपए प्रति 10 ग्राम हो गया है। 23 जनवरी 2024 को सोने के शाम के भाव की तुलना में 80 रुपये की तेजी देखने को मिली है। चांदी के भाव में भी तेजी आई है। चांदी का भाव 70475 रुपये प्रति किलो हो गया है। राष्ट्रीय स्तर पर 999 शुद्धता वाले चांदी के भाव में 23 जनवरी से 164 रुपये की तेजी आई है।

 

इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स के अनुसार 23 जनवरी की शाम को 999 शुद्धता वाले 24 कैरेट सोने की कीमत 62355 रुपये थी। 24 जनवरी की सुबह को 999 वाले 24 कैरेट सोने की कीमत 62435 रुपये हो गई है। इसी तरह 23 जनवरी की शाम को 999 शुद्धता वाली चांदी की कीमत 70311 रुपये थी। 24 जनवरी की सुबह को 999 शुद्धता वाली चांदी की कीमत 70475 रुपये हो गई।

जानिए क्या हैं भाव

19 जनवरी को 995 शुद्धता वाले सोने की कीमत 62185 रुपये हो गई है। 916 शुद्धता वाले सोने की कीमत 57191 रुपये हो गई है। 750 शुद्धता वाले सोने की कीमत 46826 रुपये हो गई है। 585 शुद्धता वाले सोने की कीमत 36525 रुपये हो गई है।

कैरेट के अनुसार सोना

24 कैरेट सोना= 100% शुद्ध सोना

22 कैरेट सोना= 91.7% सोना

18 कैरेट सोना= 75.0% सोना

14 कैरेट सोना= 58.3% सोना

12 कैरेट सोना= 50.0% सोना

10 कैरेट सोना= 41.7% सोना

मिस्ड कॉल लगाकर जानें सोने-चांदी का भाव

ibja केंद्र सरकार की छुट्टियों और शनिवार और रविवार को रेट जारी नहीं करता है। आपको 22 कैरेट और 18 कैरेट गोल्ड ज्वेलरी का रेट जानना है, तो 8955664433 पर मिस्ड कॉल कर सकते हैं। मिस्ट कॉल के कुछ ही समय बाद एसएमएस के जरिए रेट्स मिल जाते हैं। गोल्ड या सिल्वर का रेट जानने के लिए www.ibja.co या ibjarates.com पर भी जा सकते हैं।

MP News : मध्यप्रदेश के विकास विजन से परिचित होंगे पीएससी में चयनित 686 अधिकारी

PSC will be familiar

 

भोपाल| मध्यप्रदेश सिविल सेवा के वर्ष 2019 एवं वर्ष 2020 के लिये चयनित 686 अभ्यर्थियों को राज्य सरकार के विकास विजन से परिचित कराया जायेगा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 25 जनवरी 2024 को रवीन्द्र भवन भोपाल में उन्हें नियुक्ति पत्र प्रदान करेंगे और राज्य सरकार सुशासन की प्रक्रियाओं पर संवाद करेंगे।

सरकार के इस कार्यक्रम के आयोजन का उद्देश्य सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी में जुटे अभ्यर्थियों का उत्साहवर्धन एवं नवागत अधिकारियों को गुड गर्वनेंस, सतत् विकास का लक्ष्य एवं मध्यप्रदेश शासन के विजन से अवगत कराना है।

कुल 686 चयनित अभ्यर्थियों में 187 अनारक्षित, 157 अन्य पिछड़ा वर्ग, 110 अनुसूचित जाति, 150 अनुसूचित जनजाति एवं 82 आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के अभ्यर्थी हैं।

नवागत अधिकारी वाणिज्यिक कर विभाग (वाणिज्यिक कर, पंजीयन, आबकारी), वित्त विभाग, कार्मिक विभाग, राजस्व विभाग, स्कूल शिक्षा, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम, गृह विभाग, नगरीय प्रशासन विभाग, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग, श्रम विभाग, जनसम्पर्क विभाग, जनजातीय कार्य विभाग, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग, सहकारिता विभाग एवं जेल विभाग में पदस्थ होंगे।

कार्यक्रम में प्रदेश की विगत 20 वर्षों की प्रगति यात्रा एवं प्रमुख सामाजिक एवं आर्थिक संकेतकों का प्रस्तुतिकरण होगा। मुख्यमंत्री द्वारा चयनित अभ्यर्थियों से सीधे संवाद के अतिरिक्त अभ्यर्थी अपनी सफलता और लक्ष्य प्राप्ति में आई कठिनाईयों की जानकारी देंगे।

कार्यक्रम के अंतर्गत सुशासन के आयाम विषय पर विशेषज्ञ द्वारा अपना वक्तव्य प्रदान किया जाएगा। गुड गर्वनेंस के साथ टेक्नॉलाजी इन गर्वनेंस, सी.एम. हेल्पलाईन एवं अन्य तकनीकी इंटरवेंशन के विषय पर भी उद्बोधन होगा, जो कि नवागत अधिकारियों के लिए उपयोगी सिद्ध होगा।

MP CM News: उज्जैन आने-जाने के लिए हवाई सेवाएं प्रारंभ की जाएंगी – मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव

Ujjain will be started -

 

MP CM News: भोपाल | मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि सभी क्षेत्रों में विकास के साथ-साथ धार्मिक और आध्यात्मिक पर्यटन को बढ़ावा राज्य सरकार की प्राथमिकता है। बाबा महाकाल की नगरी उज्जैन में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी की पहल से महाकाल लोक के निर्माण के बाद से स्थानीय पर्यटन बढ़ा है। उज्जैन आने-जाने के लिए श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुविधा के लिये आवागमन के अन्य साधनों को बढ़ाने के साथ बेहतर हवाई सेवाएं भी प्रारंभ की जायेंगी।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज उज्जैन में महाकाल मंदिर में श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुविधा के लिए चल रहे विभिन्न कार्यों का निरीक्षण करने के बाद इलेक्ट्रानिक मीडिया प्रतिनिधियों से चर्चा कर रहे थे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने महाकाल मंदिर की व्यवस्थाओं के अवलोकन के दौरान संबंधित अधिकारियों से कार्यों की गुणवत्ता और पूर्णता के संबंध में जानकारी प्राप्त कर आवश्यक निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मध्यप्रदेशवासी प्रधानमंत्री जी के आभारी है, क्योंकि उज्जैन के महाकाल लोक के निर्माण के बाद बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं का आना-जाना बढ़ा है। हाल ही में अयोध्या में भगवान श्रीराम मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा के बाद उज्जैन आने वाले श्रद्धालुओं के लिए भी हवाई सेवाओं की आवश्यकता अनुभव की जा रही है। उन्होने कहा कि इसके लिये कार्ययोजना बनाई जायेगी ताकि उज्जैन में सुविधायुक्त हेलीपेड एवं एयरपोर्ट बन सके।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मालवा क्षेत्र में आने वाले पर्यटक अनिवार्य रूप से महाकाल दर्शन के लिये उज्जैन आते हैं। आगामी सिंहस्थ के दृष्टिगत विभिन्न व्यवस्थाएं आवश्यक हैं। प्रयास है कि बाबा महाकाल के दर्शन आसानी से कम समय में संभव हो, विशेष रूप से दिव्यांगजन, वृद्ध और बच्चे शीघ्र दर्शन कर सकें। धार्मिक-आध्यात्मिक मान्यताओं में विश्वास रखने वाले और जिज्ञासुजन महाकाल लोक के साथ ही विभिन्न संग्रहालय देखें। सनातन संस्कृति को समझें। पर्यटकों और श्रद्धालुओं को नई व्यवस्थाओं का लाभ देने के प्रयास किये जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में डबल इंजन सरकार विकास के साथ ही सनातन संस्कृति के संरक्षण और अन्य धर्मों के लिए भी आवश्यक कार्यों के साथ आगे बढ़ रही है।

MP News: सौ से ज्यादा PWD इंजीनियरों के जाति प्रमाण पत्रों की होगी जांच, दायरे में सचिव और प्रमुख अभियंता

Caste certificates of more

 

भोपाल। लोक निर्माण विभाग में सौ से ज्यादा इंजीनियरों के जाति प्रमाणपत्रों को लेकर राज्य सरकार के पास शिकायतें लंबित हैं। इनमें विभाग के सचिव और प्रमुख अभियंता से लेकर छोटे स्तर के अधिकारी भी शामिल हैं। अब शासन स्तर से ऐसे इंजीनियरों के जाति प्रमाण पत्रों की जांच छानबीन समिति से कराई जा रही है। फर्जी जाति के एक मामले में तो पीडब्ल्यूडी के प्रमुख अभियंता की सेवानिवृत्ति के दिन मंत्री ने नोटशीट लिखी कि यह बेहद गंभीर मामला है और इसकी जांच की जानी चाहिए, लेकिन जब तक विभाग में नोटशीट पहुंची, तब तक वह सेवानिवृत्त हो चुके थे। सूत्र बताते हैं कि विभाग में फर्जी जाति प्रमाण पत्र के मामले वसूली का जरिया बन गए हैं।

 

दरअसल, राज्य सरकार का लोक निर्माण विभाग इन दिनों फर्जी जाति प्रमाण पत्रों की शिकायत से परेशान है। मामला विभाग के मुखिया ईएनसी से लेकर उपयंत्रियों के खिलाफ भी फर्जी जाति प्रमाण पत्र के आधार पर नौकरी और पदोन्नति के मामले लंबित हैं। पीडब्ल्यूडी में ईएनसी रहे नरेन्द्र कुमार के खिलाफ भी ऐसी कई शिकायतें हुईं लेकिन चौकाने वाली बात है कि विभागीय मंत्री ने उस दिन जांच के लिए नोटशीट लिखी, जिस दिन वह सेवानिवृत्त हो रहे थे। पीडब्ल्यूडी के सचिव और ईएनसी की भी इसी तरह की जाचें भी लंबित हैं।

छानबीन समिति में 136 शिकायतें लंबित

छानबीन समिति में 136 शिकायतें लंबित पीडब्ल्यूडी अकेला ऐसा विभाग है, जहां के 136 इंजीनियरों के खिलाफ छानबीन समिति के पास शिकायतें लंबित हैं। जिन बड़े अधिकारियों की जाति प्रमाण पत्र की शिकायतें लंबित हैं, उनमें इंजीनियर आरके मेहरा सचिव पीडब्ल्यूडी, एससी वर्मा मुख्य अभियंता, जिले सिंह संयुक्त परियोजना संचालक पीआइयू, वीके आरख अतिरिक्त परियोजना संचालक, संजय खाण्डे प्रभारी मुख्य अभियंता,अपूर्व गौर, आशीष रघुवंशी और निशंत पचौरी के नाम शामिल हैं। इस बारे में अनुसूचित जनजाति विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव एसएन मिश्रा जाति प्रमाण पत्रों की छानबीन समिति द्वारा जांच का मामला सतत चलने वाली एक प्रक्रिया है।

Health Tips: इस हेल्दी ब्रेकफास्ट के साथ करें अपने दिन की शुरुआत, मिनटों में बनकर होगा तैयार

healthy breakfast

 

Health Tips: सर्दियों के मौसम में बाजरा एक बहुत अच्छा ऑप्शन है। सर्दियों के मौसम में इसका सेवन करना बहुत लाभकारी माना जाता है। बाजरा में कैल्शियम, फाइबर, आयरन, जिंक, फास्फोरस, मैग्नीशियम, पोटेशियम, विटामिन बी 6, कैरोटीन, लेसिथिन जैसे पोषक तत्व पाए जाते हैं। बाजरा का सेवन करने से पेट से जुड़ी समस्याएं भी खत्म हो जाती हैं। बाजरा नाश्ते के रूप में भी लिया जा सकता है। ऐसे में आपका ब्रेकफास्ट हेल्दी भी होगा और फायदेमंद भी। नाश्ते में हेल्दी ऑप्शन के लिए बाजरा एक बेहतरीन फूड है। आज हम आपको बाजरे से उपमा बनाने की विधि बताने जा रहे हैं।

बाजरा उपमा रेसिपी

सामग्री

एक कप ज्वार बाजरा
आधा कप कटी हुई गाजर
आधा कप कटा हुआ प्याज
1 टीस्पून लहसुन
अदरक का पेस्ट
आधा कप कटा हुआ टमाटर
आधा कप कटी हुई शिमला मिर्च
2 टेबलस्पून ऑयल
आधा टेबल स्पून राई
आधा टीस्पून जीरा
स्वादानुसार नमक
1 कप पानी
धनिया पत्ती गार्निशिंग के लिए

इस तरह बनाएं

उपमा बनाने के लिए एक दिन पहले रात के समय बाजरा को अच्छी तरह धोकर पानी में भिगो दें। सुबह उपमा बनाने से पहले इसे उबाल लें।
अब माइक्रोवेव बाउल में तेल, राई, जीरा, प्याज, गाजर, शिमला मिर्च, अदरक-लहसुन का पेस्ट और नमक डालकर अच्छी तरह मिला लें। इस मिश्रण को माइक्रोवेव में हाई पावर पर तीन मिनट तक पकने दें।
इसके बाद इसे निकाल लें और उबला हुआ ज्वार और टमाटर डालें। इसे अच्छी तरह मिलाकर चार मिनट और पकाएं।
अब इस बाउल को निकाल लें। इसमें पानी डालें और अच्छी तरह से मिलाकर सात मिनट के लिए फिर पकाएं।
बारिक कटी धनिया पत्ती से अच्छी तरह गार्निश करें। अब इस मिलेट उपमा को गर्मा गर्म परोसें।
उपमा में नींबू जरूर निचोड़ें। इसके बाद इसमें बारीक कटी सीजनल सब्जियां भी डाल सकते हैं।

बाजरे के फायदे

बाजरा में सोडियम, प्रोटीन, फाइबर और कार्बोहाइड्रेट पाए जाते हैं।
बाजरा पाचन तंत्र के लिए भी फायदेमंद होता है। ये आसानी से पच जाता है।
प्रेग्नेंसी के दौरान बाजरे का सेवन करना काफी फायदेमंद होता है। इसमें मौजूद आयरन के कारण खून की कमी नहीं होती है।
बाजरा का सेवन करने से शारीरिक और मानसिक विकास में फायदा मिलता है।

MP News: मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने देवास थाने का चयन देश के 10 सर्वेश्रेष्ठ थानों में होने पर दी बधाई

Chief Minister Dr. Yadav

 

MP News: भोपाल| मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भारत सरकार के गृह मंत्रालय द्वारा देशभर के 10 सर्वश्रेष्ठ थानों में देवास के सिविल लाइन थाने का चयन होने पर शुभकामनाएं दी हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सोशल मीडिया पर जारी संदेश में कहा कि यह उपलब्धि देवास सहित हम सभी मध्यप्रदेश वासियों के लिए गर्व का विषय है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि पूरे देश में मध्यप्रदेश के थाने का चयन होना सुशासन एवं बेहतर कानून व्यवस्था का उत्तम उदाहरण है। जन-सेवा एवं अपने कर्तव्यों के प्रति समर्पित थाने के समस्त पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों का अभिनंदन है। पुलिस महानिदेशक सुधीर सक्सेना ने पुलिस मुख्यालय में देवास के पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय और थाना प्रभारी अजय चानना को केंद्रीय गृह मंत्रालय द्वारा प्रदत्त सम्मान-पत्र और स्मृति-चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया।

Republic Day News: म.प्र. एवं छ.ग. एनसीसी निदेशालय की एनसीसी गर्ल कैडेट 26 जनवरी को कर्त्तव्य पथ पर मार्च पास्ट करेंगी

M.P. And Chhattisgarh. NCC

 

Republic Day News: भोपाल | वर्ष 2024 की गणंतत्रता परेड में, मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ निदेशालय की 23 गर्ल कैडेट, एनसीसी की मार्चिंग कंटिजेंन्ट का हिस्सा बनेंगी। यह 23 कैडेट बहुत कठिन चयन प्रकिया से गुजरी एंव मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ के छः ग्रुपों के कैडेटों से प्रतिस्पर्धा करने के बाद निदेशालय के लिये चुनी गई। दिल्ली की गणतंत्रता दिवस शिविर में इनकी प्रतिस्पर्धा अन्य राज्यों के कैडेट से हुई और यह 23 गर्ल कैडेट वहाँ भी सफल हुई। मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ निदेशालय के लिये एक रिकार्ड है कि इतने अधिक कैडेटों का कर्त्तव्य पथ मार्चिग दस्ते में चयन हुआ हैं। सभी कैडेटों की सरहाना करते हुए अपर महानिदेशक मेजर जनरल अजय कुमार महाजन ने कैडेटों को और उनके इंस्ट्रक्टरों को बधाई दी।

nmms-scholarship-2026-27

NMMSS Scholarship 2026-27: छात्रों को बड़ी राहत, छात्रवृत्ति आवेदन की अंतिम तारीख बढ़ी, अब...

0
नई दिल्ली। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के मेधावी विद्यार्थियों के लिए केंद्र सरकार ने बड़ी राहत दी है। शिक्षा मंत्रालय ने राष्ट्रीय साधन-सह-योग्यता...
akshara goswami

मध्यप्रदेश स्थापना दिवस पर 102 मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान, हर छात्र को मिली 1...

0
भोपाल। मध्यप्रदेश के 71वें स्थापना दिवस के अवसर पर प्रदेश की शैक्षणिक प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। भोपाल के लाल परेड मैदान में आयोजित...
poshan-tracker-pmmvy-grievance-redressal-2026

POSHAN Tracker और PMMVY की शिकायतों का होगा निपटारा, 30 अक्टूबर को देशभर में...

0
नई दिल्ली | 30 अक्टूबर 2026 | सामाजिक कल्याण समाचार केंद्र सरकार ने गर्भवती महिलाओं, स्तनपान कराने वाली माताओं और पोषण सेवाओं के लाभार्थियों की...
anath-bachchon-ke-liye-sarkari-yojana-2026

अनाथ बच्चों के लिए सरकार की खास योजनाएँ, पढ़ाई से लेकर आर्थिक सहायता तक

0
नई दिल्ली | सरकारी योजना समाचार देश में ऐसे कई बच्चे हैं, जिन्होंने अपने माता-पिता को खो दिया है या जिनके पास देखभाल करने वाला...
Government welfare schemes have improved the living standards of 22 crore people

सरकारी कल्याण योजनाओं से 22 करोड़ लोगों के जीवन स्तर में सुधार, MoSPI के...

0
नई दिल्ली। भारत में सरकारी सामाजिक कल्याण योजनाओं के माध्यम से गरीब और जरूरतमंद परिवारों को मिलने वाली मुफ्त या रियायती वस्तुओं से उनके...