ब्रज रज उत्सव में शामिल होने मथुरा पहुंचे PM मोदी, श्रीकृष्ण जन्मभूमि के किए दर्शन

PM Modi reached

 

भगवान कृष्ण की नगरी मथुरा में ब्रज रज उत्सव चल रहा है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ब्रज रज उत्सव में शामिल होने के लिए गुरुवार की शाम मथुरा पहुंच गए हैं. मथुरा आगमन पर उन्होंने श्रीकृष्ण जन्मभूमि के दर्शन किए. पीएम मोदी के साथ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को भी देखा जा सकता है. प्रधानमंत्री के दौरे को देखते हुए मथुरा को अभेद्य किले में परिवर्तित कर दिया गया है. सुरक्षा को चाक चौबंद रखने के लिए बाहर से अतिरिक्त बल बुलाया गया.

कृष्ण की नगरी में पीएम मोदी

पीएम मोदी की सुरक्षा में आईपीएस, एडिशनल एसपी, डीएसपी, इंस्पेक्टर और अतिरिक्त बल लगाए गए हैं. पीएसी, एसपीजी और एनएसजी स्नाइपर ने भी कमान संभाल ली है. संत मीराबाई की 525वीं जयंती के उपलक्ष्य में ब्रज रज उत्सव मनाया जा रहा है. पीएम मोदी ब्रज रज उत्सव में शामिल होने मथुरा आए हैं. मथुरा आगमन पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पीएम मोदी का अभिनंदन किया. पीएम मोदी का काफिला श्रीकृष्ण जन्मभूमि की ओर रवाना हो गया. श्रीकृष्ण जन्मस्थान पहुंचकर उन्होंने पूजा अर्चना की.

ब्रज रज उत्सव में होंगे शामिल

पूजा अर्चना के बाद पीएम मोदी ब्रज रज उत्सव में शिरकत करेंगे. कार्यक्रम का आयोजन धौलीप्याऊ स्थित रेलवे ग्राउंड में रखा गया. कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था तगड़ी की गई है. पीएम मोदी के दौरे से कृष्ण भक्तों को खुशी की लहर है. बताया गया है कि पीएम मोदी मीराबाई के नाम से डाक टिकट भी जारी कर सकते हैं. मीराबाई के जन्मदिन पर होने वाले महोत्सव में अभिनेत्री हेमा मालिनी की प्रस्तुति होगी. पीएम मोदी का मथुरा दौरा तय होने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ तैयारियों का जायजा लेने पहुंचे थे.

भोपाल में पुरानी जेल स्थित स्ट्रांग रूम पहुंचे मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी अनुपम राजन, मतगणना की तैयारियों का लिया जायजा

Chief Electoral Officer

 

भोपाल। प्रदेश के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी अनुपम राजन गुरुवार को राजधानी में अरेरा हिल्स पर स्थित पुरानी जेल में मतगणना स्थल पहुंचे और 03 दिसंबर को होने वाली मतगणना की तैयारियों का जायजा लिया। यहां पर भोपाल के सात विधानसभा क्षेत्रों के लिए मतगणना होगी। इस दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी व कलेक्टर आशीष सिंह भी उनके साथ थे, जिन्होंने उन्हें मतगणना के लिए की जा रही व्यवस्थाओं और तैयारियों के बारे में विस्तार से अवगत कराया।

 

तैयारियों का लिया समग्र जायजा

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी राजन ने विधानसभावार बनाए गए मतगणना कक्षों में जाकर तैयारियों का जायजा लिया। साथ ही डाक मतपत्रों की गणना के लिए की जा रही तैयारियों, स्ट्रांग रूम की सुरक्षा व्यवस्था को भी देखा। उन्होंने मतगणना के लिए लगाई जा रही टेबलों, मतगणना कार्य में संलग्न अमले की संख्या, सुरक्षा व्यवस्था, डाक मतपत्रों की संख्या आदि के बारे में जानकारी ली। बाद में उन्होंने कंट्रोल रूम का निरीक्षण किया। साथ ही मतगणना स्थल परिसर में रूके हुए निर्वाचन अभ्यर्थियों के प्रतिनिधियों से चर्चा की तथा सीसीटीवी के माध्यम से कक्ष से ही स्ट्रांग रूम की मानीटरिंग संबंधी व्यवस्था को देखा। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी राजन मतगणना व्यवस्थाओं से संतुष्ट नजर आए। इस दौरान उन्होंने मतगणना की तैयारियों में जुटे अमले को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।

सुबह 08 बजे शुरू होगी मतगणना

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी राजन ने निर्देश दिए कि विधानसभा निर्वाचन-2023 की मतगणना तीन दिसम्बर को सुबह आठ बजे से पोस्टल बैलेट की गिनती के साथ शुरू होगी। सुबह 8:30 बजे से ईवीएम में दर्ज मतों की गणना प्रारंभ होगी। मतगणना के दिन विद्युत की सतत् आपूर्ति हो और किसी भी वजह से मतगणना प्रभावित न हो, यह सुनिश्चित करें। मतगणना स्थल पर सभी व्यवस्थाएं सुचारू तरीके से उपलब्ध रहें। इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस आयुक्त अनुराग शर्मा, नोडल मतगणना संदीप केरकेट्टा, डिप्टी डीईओ रविशंकर राय सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

‘मध्य प्रदेश में उनकी कोई सुन नहीं रहा…’, सीएम शिवराज के राजस्थान दौरे पर कमलनाथ का तंज

No one is listening to him in Madhya

 

मध्य प्रदेश में विधानसभा चुनाव के मतदान खत्म होने के बाद, प्रदेश के दिग्गज नेता राजस्थान में चुनावी प्रसार-प्रसार करने पहुंच रहे हैं. राजस्थान विधानसभा चुनाव को लेकर मध्य प्रदेश के कई नेता आमने-सामने हैं. मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के राजस्थान के दौरे को लेकर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष कमलनाथ ने तंज कसते हुए कहा है कि “मध्य प्रदेश में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की कोई नहीं सुन रहा है और वे राजस्थान में जाकर प्रचार प्रसार करने का नाटक कर रहे हैं.”

मध्य प्रदेश के सभी 230 विधानसभा सीटों पर बीते 17 नवंबर को मतदान हुआ था. मतदान के बाद भी प्रदेश में सियासी बयानबाजी थमने का नाम नहीं ले रही है. भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस के नेता एक दूसरे पर मौका मिलते ही आरोप प्रत्यारोप लग रहे हैं. इस बार पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को आड़े हाथों लिया है. उन्होंने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के राजस्थान दौरे पर सवाल उठाए. कमलनाथ ने कहा है कि “मध्य प्रदेश में ही मुख्यमंत्री शिवराज सिंह की चल नहीं रही है, जबकि वे राजस्थान में जाकर बीजेपी का प्रचार प्रसार करने का दावा कर रहे हैं.”

‘शिवराज सरकार में एमपी घोटाले में नंबर वन’

इस दौरान कमलनाथ ने आरोप लगाते हुए कहा कि “मध्य प्रदेश, शिवराज सरकार के कार्यकाल में घोटाले और अत्याचार में नंबर वन बन चुका है. मध्य प्रदेश में डंपर घोटाला, पटवारी भर्ती घोटाला, महाकाल लोक जैसे कई भ्रष्टाचार और घोटाले हुए हैं जो पूरे देश में सुर्खियां बटोर चुके हैं.” प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता विवेक गुप्ता ने कहा है कि “पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ सही आरोप लगा रहे हैं. इस बार मध्य प्रदेश में बीजेपी के नेताओं ने ही मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की बात नहीं मानी. मध्य प्रदेश में बीजेपी के कई नेता निर्दलीय चुनाव लड़ रहे हैं.”

‘कमलनाथ की गलतफहमी 3 दिसंबर को हो जाएगी दूर’

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता राजपाल सिंह सिसोदिया ने कहा कि “मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष कमलनाथ का घमंड और अहंकार के साथ जो गलतफहमी है, वह 3 दिसंबर को दूर हो जाएगा.” उन्होंने बीजेपी की जीत का दावा करते हुए कहा कि “3 दिसंबर को मध्य प्रदेश में एक बार फिर कमल खिलने वाला है. इसी बौखलाहट के चलते कमलनाथ लगातार मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान पर आरोप लगा रहे हैं.” सिसोदिया ने आरोप लगाते हुए कहा, “कांग्रेस के कार्यकाल में जो भ्रष्टाचार हुए थे, उसका हिसाब अभी तक कमलनाथ नहीं दे पाए हैं. जबकि वे दूसरों पर झूठे आरोप लगा रहे हैं.”

panauti वाले बयान पर Rahul Gandhi को बड़ा झटका, ECI ने भेजा नोटिस, दो दिनों में देना होगा जवाब

Big shock to Rahul

 

कांग्रेस नेता राहुल गांधी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ पनौती मोदी वाली टिप्पणी पर चुनाव आयोग से गुरुवार (23 नवंबर) को झटका लगा. उन्हें आयोग ने कारण बताओ नोटिस भेजकर शनिवार (25 नवंबर) की शाम 6:00 बजे तक जवाब देने को कहा है.

बीजेपी ने बुधवार (22 नवंबर) को ही कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी के खिलाफ चुनाव आयोग में शिकायत कर कार्रवाई की मांग की थी. पार्टी महासचिव राधा मोहन दास अग्रवाल और एक अन्य पदाधिकारी ओम पाठक सहित प्रतिनिधिमंडल में शामिल अन्य नेताओं ने राहुल गांधी के बयान को अपमानजनक करार दिया था.

दरअसल, राहुल गांधी ने विश्व कप क्रिकेट के फाइनल मैच में ऑस्ट्रेलिया से भारत क्रिकेट टीम की हार के बाद पीएम मोदी के खिलाफ पनौती शब्द का इस्तेमाल किया था. भारत ने 50 ओवर में 240 रन बनाए थे, लेकिन ऑस्ट्रेलिया ने 43 ओवर में ही 241 रन बनाकर छह विकेट से मैच जीत लिया था.

बीजेपी ने शिकायत में क्या कहा था?

बीजेपी ने निर्वाचन आयोग को सौंपे गए अपने ज्ञापन में कहा, ‘‘’झूठ का जाल फैलाने में लिप्त कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और राहुल गांधी की टिप्पणियां इन अपराधियों के खिलाफ आपराधिक कार्यवाही शुरू करने और सख्त कार्रवाई की मांग करती हैं क्योंकि उनके आचरण में नैतिक मूल्यों के साथ-साथ चुनाव कानूनों और आदर्श आचार संहिता के दिशानिर्देशों के लिए भी कोई सम्मान नहीं है. ’’

राहुल गांधी ने क्या कहा था?

राहुल गांधी ने मंगलवार (21 नवंबर) को राजस्थान में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुये कहा था, ‘पीएम का मतलब पनौती मोदी है. मोदी टीवी पर आते हैं और हिंदू-मुस्लिम कहते हैं और कभी-कभी क्रिकेट मैच में चले जाते हैं. वो अलग बात है कि हरवा दिया.” इसको लेकर ही बीजेपी हमलावर होने हुए उनसे लगातार माफी की मांग कर रही है.

MP Elections Exit Poll Results 2023: एग्जिट पोल तथा इसके परिणाम का प्रकाशन या प्रचार 30 नवम्बर तक पूर्ण प्रतिबंधित रहेगा – जिला निर्वाचन अधिकारी 

प्रावधान के उल्लंघन का दोषी पाए जाने पर दो वर्ष का कारावास या जुर्माना या दोनों होगा दंडनीय

भोपाल : 23 नवम्बर 2023

मध्यप्रदेश विधानसभा निर्वाचन-2023 की आदर्श आचरण संहिता प्रभावशील है। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं कलेक्टर आशीष सिंह ने बताया कि आदर्श आचरण संहिता के दौरान 30 नवम्बर की शाम 6:30 बजे तक निर्वाचन के संबंध में किसी भी प्रकार के एग्जिट पोल का आयोजन तथा प्रिंट या इलेक्ट्रॉनिक मीडिया द्वारा इसके परिणाम का प्रकाशन या प्रचार अथवा किसी भी अन्य तरीके से इसका प्रचार-प्रसार करने पर प्रतिबंध लगाया गया है। उल्लेखनीय है कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा 31 अक्टूबर 2023 को इस आशय की अधिसूचना जारी की गई थी।

आशीष सिंह ने बताया कि लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम 1951 की धारा 126क में यह प्रावधानित किया गया है कि कोई भी व्यक्ति कोई निर्गम मत सर्वेक्षण नहीं करेगा और किसी निर्गम मत सर्वेक्षण के परिणाम का ऐसी अवधि के दौरान जो निर्वाचन आयोग द्वारा इस संबंध में अधिसूचित की जाए, प्रिंट या इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के माध्यम से प्रकाशन या प्रचार या किसी भी प्रकार की अन्य रीति से प्रसार नहीं करेगा। यदि कोई व्यक्ति प्रावधान का उल्लंघन करेगा, तो ऐसी अवधि के कारावास से जो दो वर्ष तक की हो सकेगी या जुर्माने से या दोनों से, दण्डनीय होगा।

राजधानी में नहीं मिलेगी तंदूर रोटी,जिला प्रशासन ने लगाई रोक

 

भोपाल में हवा की सेहत बेहद खराब है। इसे लेकर जिला प्रशासन अलर्ट मोड पर है। प्रदूषण पर नियंत्रण के लिए प्रशासन ने तंदूर भट्टी के प्रयोग पर रोक लगाई है। तंदूर की भट्टी जलाने पर चालानी कार्रवाई होगी। इसके अलावा कमर्शियल वाहन में अगर PUC सार्टिफिकेट नहीं होने पर 5 हजार का जुर्माना देना होगा। नगर निगम को फॉगिंग के निर्देश दिए गए है। खुले में कचरा जलाने पर स्पॉट फाइन वसूला जाएगा। निर्माण वाली जगहों पर ग्रीन नेट लगाना अनिवार्य होगा।इसे लेकर भोपाल कलेक्टर आशीष सिंह ने खुद ही मोर्चा संभाला है। PUC चेकिंग करने वाली गाड़ियों की जांच की जा रही है। शहर में सभी पेट्रोल पंप पर PUC की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। गौरतलब है कि मध्यप्रदेश की राजधानी में हवा बेहद खराब स्थिति में है। भोपाल में एयर क्वालिटी इंडेक्स 300 के पार पहुंच चुका है। इसे देखते हुए यह फैसला लिया गया है।

Shahdol News: प्रेमजाल में फंसाकर उप सरपंच ने छात्रा से किया दुष्कर्म, अश्लील वीडियो बनाकर दे रहा था धमकी

 

शहडोल जिले से कॉलेज की छात्रा से दुष्कर्म कर मारपीट करने का मामला सामने आया है। पीड़िता के शिकायत पर पुलिस ने आरोपी उप सरपंच के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी ने छात्रा को प्रेम जाल में फंसा कर रेप की वारदात को अंजाम दिया है।जिले के जैतपुर थाना क्षेत्र के एक गांव का है। पुलिस ने बताया कि 22 वर्षीय आदिवासी युवती को उपसरपंच जेठूलाल प्रजापति ने पहले प्रेम जाल में फंसाया। फिर उसे डरा-धमका कर उससे शरीरिक संबंध बनाए। जिसका उसने वीडियो बना लिया।इसके बाद वह सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देता था। जिससे परेशान छात्रा ने दर्शिला थाना चौकी पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। जिसके बाद से आरोपी गांव से फरार है। हालांकि पुलिस आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।

Bhind News: कलेक्टर भिण्ड की निष्पक्षता पर नेता प्रतिपक्ष ने उठाए सवाल

भोपाल, विधानसभा मे नेता प्रतिपक्ष डाॅ. गोविन्द सिंह ने कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी भिण्ड संजीव श्रीवास्तव की निष्पक्षता पर संदेह उठाते हुए उन्हें मतगणना की प्रक्रिया से अलग रखने की मांग की है। उन्होंने मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी अनुपम राजन से मुलाकात करके कहा कि भिण्ड कलेक्टर शुरू से ही चुुनाव को प्रभावित करने और भाजपा के एजेन्ट के रूप में काम कर रहे है।
उन्होंने कहा कि भिण्ड कलेक्टर अपनी पदस्थापना के समय से ही अपने अधीनस्थ अधिकारियो से यह पूछते रहे हैं कि डाॅ. गोविन्द सिंह सात बार किस प्रकार चुनाव जीते है। डाॅ. गोविन्द सिंह ने बताया कि भिण्ड कलेक्टर पूरे जिले के निर्वाचन अधिकारी है, लेकिन मतदान के दिन वे केवल लहार विधानसभा क्षेत्र में पूरे दिन मतदान शुरू होने से लेकर समाप्त होने तक घूमते रहे । उनके निर्देश पर बीएसएफ कर्मी मतदान करने वाले मतदाताओं के आधार कार्ड की जांच कर रहे थे। जबकि यह काम पीठासीन अधिकारी का हैं। बीएसएफ द्वारा मतदाताओं से पूछताछ किये जाने से क्षेत्र में भय व्याप्त हो गया।
डाॅ. सिंह ने कहा कि मतदान केन्द्र 50 धनुपुरा और 45 गांध में अनेक मतदाताओं के साथ मारपीट की गई जिससे कोई मतदान नहीं कर सके। कलेक्टर के इशारे पर कांग्रेस पार्टी के मतदान अभिकर्ताओं को मतदान केन्द्र से बाहर बैठाकर रखा गया और पीठासीन अधिकारियों द्वारा भाजपा के पक्ष में फर्जी मतदान कराया गया। लहार में निर्वाचन के कार्य में लगे शासकीय अधिकारी/कर्मचारियों के द्वारा डाले गये डाक मत पत्रों को कोषालय में जमा नहीं किया गया। इसकी शिकायत करने के बाद लहार की आईटीआई में एक खुली अलमारी में डाक मत पत्र पाये गय जिसमे कई लिफाफे खुले हुये थे। एक दिन बाद इन डाक मत पत्रों को कोषालय में जमा कराया गया।
डाॅ. गोविन्द सिंह बताया कि कई कर्मचारी जो ड्यूटी में संलग्न थे लेकिन उनका नाम डाक मत सूची नहीं शामिल किया गया जिससे वह मतदान से वंचित रह गये। डाॅ. गोविन्द सिह मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी से कहा कि उन्हें कलेक्टर भिण्ड के रवैये को देखते हुए संदेह है कि उनके रहते निष्पक्षतापूर्वक मतगणना संभव नहीं है। उन्होंने मांग की है कि लहार क्षेत्र की मतगणना से कलेक्टर भिण्ड को अलग रखते हुए किसी अन्य अधिकारी को दायित्व सौपा जाए ताकि मतगणना निष्पक्षतापूर्वक हो सके।

वर्ल्ड कप फाइनल में हारने के बाद भी बढ़ी वैल्यू, इस तरह बढ़ने वाली है भारतीय खिलाड़ियों की कमाई

Value increased even

 

हाल ही में आयोजित आईसीसी क्रिकेट वर्ल्ड कप 2023 के फाइनल में भारत को ऑस्ट्रेलिया के हाथों शिकस्त मिली. भारतीय टीम ने पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन किया, जिससे लोगों की उम्मीदें काफी बढ़ी हुई थीं. हालांकि अंत में सभी प्रशंसकों को निराशा हाथ लगी. दूसरी ओर भारतीय टीम की बात करें तो निश्चित ही फाइनल में हार सभी खिलाड़ियों के लिए निराशाजनक रही, लेकिन पूरे टूर्नामेंट में अच्छा प्रदर्शन करने का ईनाम उन्हें मिलना तय है.

होने लगी ज्यादा फीस की डिमांड

मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो भले ही भारतीय क्रिकेट टीम विश्व कप जीतने में सफल न रही, लेकिन सभी प्रमुख खिलाड़ियों की कमाई जबरदस्त तरीके से बढ़ने वाली है. इसका कारण है कि वर्ल्ड कप के उम्दा प्रदर्शन के बाद कई खिलाड़ियों की ब्रांड वैल्यू में जबरदस्त इजाफा देखा जा रहा है. शीर्ष खिलाड़ियों को रिप्रजेंट करने वाली स्पोर्ट्स मार्केटिंग कंपनियां अब अपने क्लाइंट के लिए ज्यादा एंडोर्समेंट फीस मांग रही हैं.

इस कारण बढ़ने वाली है वैल्यू

ईटी की एक रिपोर्ट में स्पोर्ट्स मार्केटिंग कंपनी राइज वर्ल्डवाइड के हेड ऑफ स्पॉन्सरशिप सेल्स एंड टैलेंट निखिल बार्डिया के हवाले से कहा गया है कि भले ही वर्ल्ड कप जीतने का टैग न लगा हो, लेकिन पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन से खिलाड़ी हीरो के रूप में सामने आए हैं. इससे उनकी लोकप्रियता में निश्चित तौर पर इजाफा होने वाला है. इस तरह उनकी ब्रांड वैल्यू वर्ल्ड कप के बाद बढ़ी है.

कई क्रिकेटरों को मैनेज करती है ये कंपनी

राइज वर्ल्डवाइड कंपनी कई प्रमुख भारतीय क्रिकेटरों की ब्रांडिंग मैनेज करती है. उनमें भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान रोहित शर्मा, हार्दिक पंड्या, जसप्रीत बुमराह आदि शामिल हैं. राइज वर्ल्डवाइड रिलायंस इंडस्ट्रीज के स्वामित्व वाली मार्केटिंग कंपनी है. कंपनी अभी कप्तान रोहित शर्मा के लिए 4-5 ब्रांडों के साथ बातचीत कर रही है.

कोहली और शर्मा ने बनाए रिकॉर्ड

रिपोर्ट में बाजार के अनुमान के हिसाब से बताया गया है कि विराट कोहली और रोहित शर्मा जैसे स्टार क्रिकेटर एक एंडोर्समेंट डील के लिए 3.5 करोड़ रुपये से 7 करोड़ रुपये चार्ज करते हैं. विराट कोहली और रोहित शर्मा दोनों के लिए विश्व कप शानदार रहा है. कोहली ने एक विश्व कप में सबसे ज्यादा रन बनाने के साथ ही वनडे में सबसे ज्यादा शतक लगाने का रिकॉर्ड अपने नाम किया है. वहीं रोहित शर्मा एक वर्ल्ड कप में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले कप्तान बने हैं.

इतनी बढ़ सकती है एंडोर्समेंट वैल्यू

वर्ल्ड कप कुछ अन्य खिलाड़ियों के लिए भी शानदार साबित हुआ है. तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी वर्ल्ड कप के दौरान सबसे ज्यादा विकेट लेने में सफल रहे. कोहली और शमी जैसे क्रिकेटरों की एंडोर्समेंट वैल्यू में वर्ल्ड कप के बाद 30 से 40 फीसदी तक की तेजी का अनुमान है. कोहली और शर्मा के अलावा अन्य क्रिकेटरों की बात करें तो वे एक डील के लिए 1 से 2 करोड़ रुपये चार्ज करते हैं. वर्ल्ड कप के परफॉर्मेंस से उन्हें भी फायदा होने की उम्मीद की जा रही है.

मतगणना से पहले तक सभी जिलों में दिन में दो बार होगा स्ट्रांग रूम का निरीक्षण

Strong room inspection

 

भोपाल । विधानसभा चुनाव के लिए तीन दिसंबर को सभी जिला मुख्यालयों में मतगणना होगी। इलेक्ट्रानिक वोटिंग मशीनों (ईवीएम) को उम्मीदवार या उनके अधिक़ृत अभिकर्ता की उपस्थिति में स्ट्रांग रूम से मतगणना केंद्र लाया जाएगा। मतगणना के पहले तक प्रतिदिन दो बार स्ट्रांग रूम का निरीक्षण होगा। बुधवार को मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी अनुपम राजन ने रायसेन और विदिशा की व्यवस्थाएं देखीं। उन्होंने कलेक्टरों को निर्देश दिए कि सुरक्षा व्यवस्था में कोई कोताही नहीं होनी चाहिए।

 

मतदान के बाद प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों में बनाए गए स्ट्रांग रूम में उम्मीदवार या उनके अभिकर्ताओं की उपस्थिति में ईवीएम और वीवीपैट को रखा गया। स्ट्रांग रूम के बाहर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। कई स्थानों पर कांग्रेस कार्यकर्ता 24 घंटे निगरानी कर रहे हैं।

जिला निर्वाचन अधिकारियों को निर्देश

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय ने सभी कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे प्रतिदिन स्वयं स्ट्रांग रूम की व्यवस्थाओं को निरीक्षण कर रिपोर्ट भेजें। बुधवार को वे स्वयं रायसेन और विदिशा पहुंचे और व्यवस्थाओं को देखा। उन्होंने बताया कि केंद्रीय अर्धसैनिक बलों के जवान स्ट्रांग रूम के बाहर तैनात हैं। 24 घंटे निगरानी की जा रही है। मतगणना के दिन पूरी सुरक्षा व्यवस्था के साथ ईवीएम को निकालकर मतगणना स्थल पर लाया जाएगा। इसकी वीडियोग्राफी भी कराई जाएगी।

nmms-scholarship-2026-27

NMMSS Scholarship 2026-27: छात्रों को बड़ी राहत, छात्रवृत्ति आवेदन की अंतिम तारीख बढ़ी, अब...

0
नई दिल्ली। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के मेधावी विद्यार्थियों के लिए केंद्र सरकार ने बड़ी राहत दी है। शिक्षा मंत्रालय ने राष्ट्रीय साधन-सह-योग्यता...
akshara goswami

मध्यप्रदेश स्थापना दिवस पर 102 मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान, हर छात्र को मिली 1...

0
भोपाल। मध्यप्रदेश के 71वें स्थापना दिवस के अवसर पर प्रदेश की शैक्षणिक प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। भोपाल के लाल परेड मैदान में आयोजित...
poshan-tracker-pmmvy-grievance-redressal-2026

POSHAN Tracker और PMMVY की शिकायतों का होगा निपटारा, 30 अक्टूबर को देशभर में...

0
नई दिल्ली | 30 अक्टूबर 2026 | सामाजिक कल्याण समाचार केंद्र सरकार ने गर्भवती महिलाओं, स्तनपान कराने वाली माताओं और पोषण सेवाओं के लाभार्थियों की...
anath-bachchon-ke-liye-sarkari-yojana-2026

अनाथ बच्चों के लिए सरकार की खास योजनाएँ, पढ़ाई से लेकर आर्थिक सहायता तक

0
नई दिल्ली | सरकारी योजना समाचार देश में ऐसे कई बच्चे हैं, जिन्होंने अपने माता-पिता को खो दिया है या जिनके पास देखभाल करने वाला...
Government welfare schemes have improved the living standards of 22 crore people

सरकारी कल्याण योजनाओं से 22 करोड़ लोगों के जीवन स्तर में सुधार, MoSPI के...

0
नई दिल्ली। भारत में सरकारी सामाजिक कल्याण योजनाओं के माध्यम से गरीब और जरूरतमंद परिवारों को मिलने वाली मुफ्त या रियायती वस्तुओं से उनके...