सीएम योगी आदित्यनाथ ने कांग्रेस को बताया देश की समस्या, विभाजन का ठहराया जिम्मेदार

Yogi Adityanath told Congress

 

नरसिंहपुर। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बुधवार को नरसिंहपुर के करेली पहुंचे। जहां नगर के हरिविष्णु कामथ स्टेडियम में उन्होंने नरसिंहपुर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी केंद्रीय मंत्री प्रहलाद पटेल के समर्थन में आम सभा को संबोधित किया। उन्होंने सबसे पहले अपने भाषण में भगवान विष्णु के अवतार भगवान नरसिंह के शहर और नर्मदा किनारे बसे नरसिंहपुर की बात कते हुए यहां की धरा को नमन किया।

चुनावी भाषण में उन्होंने दो चिजों का नाम लेते हुए कहा कि एक होती है समस्या और एक होता है समाधान। दोनों ध्रुव हैं एक ध्रुव जो नकारात्मक सोच के लिए जाना जाता है और दूसरा ध्रुव समस्या है। इस सूत्र का उदाहरण देते हुए उन्होंने कांग्रेस पर कटाक्ष करते हुए कहा कि भाइयों बहनों मैं सच कहूं तो कांग्रेस देश की समस्या है। कांग्रेस के नेताओं ने देश का विभाजन कराया। देश विभाजन नहीं होता तो पाकिस्तान और बंग्लादेश नहीं बनते। उन्होंने कहा कि अगर कांग्रेस के नेताओं की सत्तानिष्ठा नहीं होती तो देश विभाजन नहीं होता और आज अखंड भारत होता।

कांग्रेस चाहती नहीं चाहती थी कि मंदिर का पुनरुद्धार हो

सीएम योगी ने कहा भारत लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल ने 1947 में देश के आजाद होते ही सोमनाथ के मंदिर का पुनरुद्धार किया था। लेकिन कांग्रेस के उस समय के नेता देश के प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू जी ने सोमनाथ मंदिर के पुनरुद्धार का विरोध किया था। कांग्रेस चाहती ही नही थी कि राम मंदिर का पुनरुद्धार हो, सोमनाथ मंदिर का पुनरुद्धार हो। कांग्रेस समस्या देने वाली थी लेकिन जैसे ही उत्तर प्रदेश में डबल इंजन की सरकार आई तो प्रधानमंत्री मोदी जी के आह्वान पर समस्या का समाधान हो गया।

राहुल के केदारनाथ जाने की वजह बताई

योगी आदित्यनाथ ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर भी कटाक्ष किया। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी केदारनाथ के दर्शन करने केदारनाध धाम गए हैं उन्होंने कहा कि राहुल जी को पूर्णाभास हो गया है कि मध्य प्रदेश में कांग्रेस के लिए कोई उम्मीद नहीं बची है और इसलिए उन्होंने पहले ही केदारनाथ धाम की यात्रा का मार्ग अपना लिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का एजेंडा विकास व कल्याण का कभी नहीं था केवल एक परिवार के कल्याण का था। वे इससे बाहर कभी नहीं निकल पाए। लेकिन हमारी पार्टी ने जो कहा वह किया। इस दौरान उन्होंने केंद्रीय मंत्रियों को विधानसभा चुनाव में उतारने की भाजपा की मंशा व्यक्त की।

प्रियंका गांधी ने सांवेर और खातेगांव में ली जनसभा, बोली – जब अन्याय होता है तो उससे हमें लड़ना है, इंदौर में किया रोड शो

Priyanka Gandhi held public meetings

 

इंदौर। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी बुधवार को इंदौर पहुंची। तीन दिन में इंदौर का उनका यह दूसरा दौरा है। कांग्रेस द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार प्रियंका सुबह करीब 11.30 बजे इंदौर पहुंची। दोपहर को उन्‍होंने सांवेर जिले में जनसभा को संबोधित किया। इसके बाद वेदेवास जिले के खातेगांव पहुंची । कांग्रेस की स्टार प्रचारक प्रियंका गांधी ने खातेगांव में कांग्रेस प्रत्याशी और पूर्व मंत्री दीपक जोशी के लिए आमसभा को संबोधित किया। शाम को इंदौर में प्रियंका गांधी वाड्रा ने रोड शो किया।

 

इस दौरान मंच पर देवास जिले के सभी 5 कांग्रेस प्रत्याशी मौजूद रहे। प्रियंका ने कहा मैंने दीपक जोशी जी से पूछा भाजपा क्यों छोड़ी ? बोले , दीदी मेरे इलाके में जमकर भ्रष्टाचार हुआ,बार-बार गया कोई सार नहीं निकला…किसी ने नहीं सुनी तो छोड़ दी।

लाड़ली बहना योजना पर निशाना साधते हुए उन्‍होंने कहा कि 18 सालों से कुछ नहीं किया,अब याद आई।

महिला आरक्षण बिल ऐसा कि 10 साल के लिए फायदा नहीं देख पाएगी महिलाएं। इनकी घोषणाएं आपके वोटों को लेने के लिए होती है। मोदी जी ने कहा था रोजगार देंगे, क्‍या मिला रोजगार ? कहते थे महंगाई कम होगी, हुई महंगाई कम ? 100 यूनिट बिजली माफ की जाएगी 200 यूनिट हाफ करेंगे।

प्रियंका गांधी ने मंच से कांग्रेस के वचन बताते हुए कहा कि हम किसानों के कर्ज़ माफ करेंगे। MP में पुरानी पेंशन लागू की जाएगी। प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकारी महकमों में पद खाली पड़े हैं। क्यों नहीं भरे ? भर्ती में घोटाला कर दिया। इस प्रदेश में जितने घोटाले हुए हैं शायद देश के किसी प्रदेश में नहीं हुए होंगे…

उन्‍होंने कहा कि यहां किसान संकट में है। खाद नहीं मिलता। नर्मदा नदी है, लेकिन पानी नहीं मिलता। कम दाम में उपज खरीदी जा रही है। आपका पैसा आपसे टैक्स के रूप में लिया जा रहा है लेकिन जो फायदा मिलना चाहिए वह नहीं मिल रहा। इन्होंने सरकारी कम्पनी बेच डाली। अडाणी आपको नौकरी देंगे,आपकी पेंशन को सुरक्षित रखेंगे।

प्रियंका ने कहा कि 18 सालों से इनकी यहां सरकार है। जब-जब चुनाव आया धर्म की बात उठाते।
सबके जज़्बात होते। धर्म का इस्तेमाल हो रहा है। धर्म पर वोट मांगा जा रहा है। राजनीतिक मकसद विकास के लिए हो, लेकिन मकसद क्या है ? आपसे शिकायत है आप जागरूक नहीं बन रहे। आपकी आज़ादी के लिए लड़ाई लड़ी गई।

उन्‍होंने सवाल किया कि लोकतंत्र में सर्वोपरि जनता है या श्री नरेन्द्र मोदी जी ? मप्र के मुख्यमंत्री जी ?मन बना लो जनता सशक्त बने। बहनें -बहुत आदत बिगाड़ दी हमने। बच्चों को टोकते हैं,नेताओं को नहीं टोकते। मप्र में 22 हजार घोषणाएं इन्होंने की।

वे बोली आदिवासी इलाकों में जाती हूं तो लोग बोलते हैं कि आपकी दादी ने हमें पट्टे दिए जल जंगल जमीन का हक दिलाया। ये देश भक्ति की बात करते हैं इससे बड़ी कोई देशभक्ति नहीं है। भाइयों और बहनों कि आप अपना हक नेताओं से राजनीतिक दलों से मांगो। जातिगत जनगणना की बात इसलिए क्योंकि अति पिछड़े, ग़रीब, दलित को आगे बढ़ाना, उनकी जरूरतें पूरी हो।योजनाओं का लाभ मिले।

भाजपा कहती हम इनको आगे बढ़ाएंगे लेकिन गिनती नहीं चाहते… गहराई से विज़न के साथ देश-प्रदेश के लिए काम तभी होगा। वरना चुनाव के समय वादें करेंगे,लेकिन नीयत नहीं। नहीं जागे तो नेताओं के बच्चें फूलेंगे फूलेंगे…

एक बार फिर मप्र कांग्रेस के वचन पत्र पर आई प्रियंका और कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं में इंटर की फीस अब नही देना पड़ेगी निःशुल्क होगा यह। यहां इनके राज में 7 हजार पाठशालाएं बंद हुई। सरकारी विद्यालयों को अपग्रेड कर इंग्लिश मीडियम का बनाया जाएगा।
यह दीवाली – कांग्रेस वाली।

सभा संबोधित करने के बाद इंदौर लौटी। शाम को इंदौर के क्षेत्र क्रमांक एक में रोड शो में शामिल हुई। इस दौरान प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमल नाथ भी उनके साथ रहे। शाम को विशेष विमान से दिल्ली के लिए रवाना होंगी।

धनतेरस से पहले सोना खरीदने वालों की हुई चांदी! सस्ता हुआ गोल्ड, जानें आपके शहर में रेट्स

who bought gold before Dhanteras

 

Gold Silver Rate – त्योहारों के सीजन में भारत में जमकर सोने की शॉपिंग करते हैं. ज्वैलर्स भी धनतेरस (Dhanteras 2023) और दिवाली (Diwali 2023) के खास मौके पर ग्राहकों को अपनी तरफ आकर्षित करने के लिए तरह-तरह के ऑफर्स लेकर आते रहते हैं. अगर आप भी बुधवार को सोना खरीदने के बारे में सोच रहे हैं तो आपके लिए अच्छी खबर है.

सोना हुआ सस्ता

वायदा बाजार में सोना और चांदी आज दोनों लाल निशान पर कारोबार कर रहे हैं. आज 8 नवंबर 2023 को गोल्ड 60,396 रुपये के स्तर पर खुला है. इसके बाद इसकी कीमत में गिरावट आई है और यह फिर कल के मुकाबले 12 रुपये यानी 0.02 फीसदी सस्ता होकर 60,335 रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर पर बना हुआ है. कल सोना 60,347 के स्तर पर बंद हुआ था.

चांदी के दाम भी गिरे

सोने के अलावा आज चांदी के दाम में भी गिरावट देखी जा रही है. वायदा बाजार में चांदी कल के मुकाबले 214 रुपये यानी 0.30 फीसदी सस्ती होकर 70,420 रुपये प्रति किलोग्राम पर बनी हुई. वहीं शुरुआती दौर में चांदी 70,729 के स्तर पर खुली थी. इसके बाद से भी इसके दाम में गिरावट का सिलसिला जारी है. मंगलवार को चांदी 70,634 रुपये प्रति किलोग्राम के स्तर पर बंद हुई थी.

8 नवंबर 2023 को प्रमुख शहरों के हिसाब से सोने-चांदी के ताजा रेट्स

मुंबई- 24 कैरेट सोना 61,200 रुपये प्रति 10 ग्राम, चांदी 73,500 रुपये प्रति किलोग्राम पर बिक रही है.
कोलकाता- 24 कैरेट सोना 61,350 रुपये प्रति 10 ग्राम, चांदी 73,500 रुपये प्रति किलोग्राम पर बिक रही है.
नई दिल्ली- 24 कैरेट सोना 61,750 रुपये प्रति 10 ग्राम, चांदी 73,500 रुपये प्रति किलोग्राम पर बिक रही है.
चेन्नई- 24 कैरेट सोना 61,750 रुपये प्रति 10 ग्राम, चांदी 76,500 रुपये प्रति किलोग्राम पर बिक रही है.
जयपुर- 24 कैरेट सोना 61,350 रुपये प्रति 10 ग्राम, चांदी 73,500 रुपये प्रति किलोग्राम पर बिक रही है.
पटना- 24 कैरेट सोना 61,350 रुपये प्रति 10 ग्राम, चांदी 73,500 रुपये प्रति किलोग्राम पर बिक रही है.
गाजियाबाद- 24 कैरेट सोना 61,350 रुपये प्रति 10 ग्राम, चांदी 73,500 रुपये प्रति किलोग्राम पर बिक रही है.
वाराणसी- 24 कैरेट सोना 61,350 रुपये प्रति 10 ग्राम, चांदी 73,500 रुपये प्रति किलोग्राम पर बिक रही है.
गुरुग्राम- 24 कैरेट सोना 61,350 रुपये प्रति 10 ग्राम, चांदी 74,100 रुपये प्रति किलोग्राम पर बिक रही है.
नोएडा- 24 कैरेट सोना 61,350 रुपये प्रति 10 ग्राम, चांदी 73,500 रुपये प्रति किलोग्राम पर बिक रही है.
लखनऊ- 24 कैरेट सोना 61,350 रुपये प्रति 10 ग्राम, चांदी 73,500 रुपये प्रति किलोग्राम पर बिक रही है.
कानपुर- 24 कैरेट सोना 61,350 रुपये प्रति 10 ग्राम, चांदी 73,500 रुपये प्रति किलोग्राम पर बिक रही है.

इंटरनेशनल मार्केट में भी मामूली सस्ता हुआ गोल्ड-सिल्वर

अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने-चांदी की कीमत की बात करें तो यहां भी दोनों घरेलू बाजार की तरह लाल निशान पर कारोबार कर रहा है. मेटल रिपोर्ट के अनुसार गोल्ड कल के मुकाबले 0.04 फीसदी सस्ता होकर 1,968 डॉलर प्रति औंस के स्तर पर बना हुआ है. वहीं चांदी की बात करें तो यह 0.57 फीसदी तक सस्ता होकर 22.49 डॉलर प्रति औंस पर बना हुआ है.

छह साल पूराने मामले में जीतू पटवारी का एक और भाई गिरफ्तार, मिली जमानत

brother of Jitu Patwari arre

 

इंदौर। राऊ विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्यासी जीतू पटवारी के भाई भरत पटवारी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस इसके पूर्व दूसरे भाई नाना उर्फ कुलभूषण को गिरफ्तार कर चुकी है। राजेंद्रनगर टीआइ सियारामसिंह के मुताबिक प्रकरण 2017 का है। आरोपितों पर जानलेवा हमला,तोड़फोड़ का प्रकरण दर्ज था।

पहले गिरफ्तारी, फिर जमानत

पुलिस ने मामले में नाना पटवारी को गिरफ्तार कर जेल भेजा। मंगलवार को भरत भी सहयोगी जीतू ठाकुर के साथ थाना हाजिर हो गए। पुलिस ने दोनों की गिरफ्तारी ली और कोर्ट पेश कर दिया।कोर्ट ने दोनों अभियुक्त को जेल भेज दिया। हालांकि भरत पटवारी को बाद में जमानत मिल गई। पुलिस मामले में सचिन,जीतेंद्र चौधरी,अशोक वर्मा सहित 12 लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है।

कुमार विश्वास के सुरक्षाकर्मियों की कार को मारी टक्कर, बात करने उतरे तो कर दिया हमला

car of Kumar Vishwas's security

 

दिल्ली। प्रसिद्ध कवि कुमार विश्वास की सुरक्षा में लगे सुरक्षाकर्मियों पर हमला हो गया। कुमार विश्वास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि उनके साथ उनके सुरक्षाकर्मियों की कार चल रही थी। इस दौरान कार पर दूसरी कार ने टक्कर मारी। उन्होंने बताया कि कार पर हमला दोनों तरफ से किया गया था। उन्होंने बताया कि जब यूपी पुलिस और केंद्रीय बल ने उतरकर हमलावरों से बात करने की कोशिश की तो मारपीट की कोशिश की गई।

कुमार विश्वास ने बताया मामला

कुमार विश्वास ने बताया कि आज अलीगढ़ जाते समय वसुंधरा स्थित घर से जब निकला तो हिंडन के तट पर, किसी कार चालक ने साथ चल रहे सुरक्षाकर्मियों की कार पर दोनों ओर से कार की टक्कर से हमला करने की कोशिश की।

उन्होंने बताया कि सुरक्षाकर्मियों ने नीचे उतर कर उस व्यक्ति को पूछताछ के लिए रोका तो उसने न केवल यूपी पुलिस के सिपाही बल्कि केंद्रीय बलों के सुरक्षाकर्मियों पर भी हमला किया। पुलिस को रिपोर्ट कर दी है। हमले का कारण पता नहीं चल पाया। ईश्वर सब को सुरक्षित रखे। आप सबकी शुभकामनाओं हेतु आभार।

‘लोकपाल ने महुआ मोइत्रा के खिलाफ CBI जांच का आदेश दिया’, निशिकांत दुबे का दावा, अब TMC सांसद ने कसा तंज

'Lokpal ordered CBI inquiry against

 

संसद में सवाल पूछने के बदले पैसे लेने के आरोप के मामले में तृणमूल कांग्रेस (TMC) की सांसद महुआ मोइत्रा को लेकर बीजेपी सांसद निशिकांत दुबे ने बुधवार (8 नवंबर) को बड़ा दावा किया.

उन्होंने कहा कि लोकपाल ने महुआ मोइत्रा के खिलाफ सीबीआई जांच का आदेश दिए हैं. निशिकांत दुबे ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा, ”लोकपाल ने आज मेऱी शिकायत पर आरोपी सांसद महुआ मोइत्रा के राष्ट्रीय सुरक्षा को गिरवी रखकर भ्रष्टाचार करने पर सीबीआई जांच का आदेश दिया.”

 

महुआ मोइत्रा ने किया पलटवार

महुआ मोइत्रा ने इस बीच कहा कि मीडिया जो मेरा उत्तर जानने के लिए फोन कर रहे हैं. उनसे कहना है कि सीबीआई को 13 हजार करोड़ रुपये के अडानी कोल स्कैम मामले में पहले एफआईआर दर्ज करनी होगी.

मोइत्रा ने आगे कहा कि राष्ट्रीय सुरक्षा का मुद्दा यह है कि कैसे संदिग्ध एफपीआई स्वामित्व वाली (चीनी और संयुक्त अरब अमीरात सहित) अडानी कंपनियां भारतीय बंदरगाहों और हवाई अड्डों को खरीद रही है. उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि सीबीआई आपका स्वागत है. आओ और मेरे जूते गिनो.

संसद की एथिक्स कमेटी तक गया मामला

पूरे मामले की सुनवाई एथिक्स कमेटी कर रही है. कमेटी की 2 नवंबर को हुई बैठक में मोइत्रा और बीएसपी सांसद दानिश अली समेत अन्य विपक्षी सांसद बाहर निकल गए.

विपक्षी सांसदों ने इस दौरान आरोप लगाया कि मोइत्रा से आचार समिति के अध्यक्ष और बीजेपी सांसद विनोद कुमार सोनकर ने निजी सवाल किए.

वहीं मोइत्रा ने बैठक के बाद बयान जारी कर कहा था कि उनका एक तरह से वस्त्रहरण किया गया. इन आरोपों को खारिज करते बुए विनोद कुमार सोनकर न कहा था कि ऐसा कुछ नहीं हुआ.

क्या आरोप है?

निशिकांत दुबे ने हाल ही में आरोप लगाया था कि कारोबारी दर्शन हीरानंदानी से पैसे लेकर अडानी ग्रुप के मामले में मोइत्रा ने संसद में सवाल किए हैं. उन्होंने कहा कि हीरानंदानी ने मोइत्रा के सांसद वाले लॉगिन का इस्तेमाल कर विभिन्न स्थानों से प्रश्न दर्ज किए.

इसके बाद दर्शन हीरानंदानी का साइन किया हुआ एक एफिडेविट सामने आया. इसमें उन्होंने दावा किया कि हां, उन्होंने मोइत्रा को पैसे दिए थे. ये सब पीएम मोदी की छवि खराब करने के लिए किया गया था.

गुना में गरजे पीएम माेदी, बोले- कांग्रेस के विकास माडल में हर चीज थी लापता

Modi roared in Guna

 

गुना। विधानसभा चुनाव के लिए मतदान की तारीख नजदीक आने के साथ चुनाव प्रचार का सिलसिला भी तेज हो गया है। इसके साथ-साथ राष्ट्रीय नेताओं के प्रदेश में दौरे भी भी बढ़ गए हैं। इसी सिलसिले में आज प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी गुना पहुंचे। यहां उन्होंने दशहरा मैदान पर विशाल आमसभा को संबोधित किया। तीन जिलों गुना, अशोकनगर और शिवपुरी के भाजपा उम्मीदवारों के समर्थन में यह आमसभा हुई। केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया और प्रदेश के गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा भी इस आमसभा के लिए गुना पहुंचे।

 

कांग्रेस के शासनकाल में सबकुछ था लापता

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंच पर आते ही अपने चिरपरिचित अंदाज में जनता का अभिवादन किया और कहा कि ग्वालियर-चंबल का मूड ऊर्जा से भरा हुआ है। यहां पर मोदी ने कांग्रेस पर जोरदार हमला बोला और कहा कि कांग्रेस ने मध्य प्रदेश में विकास का जो मॉडल विकसित किया था, वो था लापता मॉडल। बिजली-लापता, सड़क-लापता, पानी-लापता, रोजगार-लापता, गरीबों का घर लापता। कांग्रेस के लापता मॉडल में विकास भी लापता था। कांग्रेस राज में नौजवानों के भविष्य लापता था। कांग्रेस राज में किसानों का कल्याण लापता था।

एक तरफ डबल इंजन सरकार, दूसरी तरफ कांग्रेस के डबल डेंजर लोग

पीएम मोदी ने कहा कि आपको ये याद रखना है कि जहां-जहां कांग्रेस सरकार होती है, वहां वो हर योजना पर रोड़े अटकाती है। जब केंद्र में कांग्रेस की सरकार थी, तब मप्र की भाजपा सरकार के साथ भेदभाव किया जाता था। लेकिन 2014 में आपने हमें सेवा का मौका दिया। मोदी ने कहा कि डबल इंजन की सरकार बनने के बाद मप्र के विकास ने असली तेजी पकड़ी है। आज मध्य प्रदेश में एक तरफ डबल इंजन की सरकार है, तो दूसरी तरफ कांग्रेस के डबल डेंजर लोग हैं। एक इंजन केंद्र का और एक इंजन भाजपा की राज्य सरकार का मतलब मप्र का तेजी से डबल विकास।

तेजी से बढ़ रही मप्र की अर्थव्यवस्था

पीएम मोदी ने कहा कि जब 10 साल तक केंद्र में कांग्रेस की सरकार रही तो एमपी का बजट 20 हजार करोड़ रुपये से बढ़कर 80 हजार करोड़ रुपये के आसपास ही पहुंचा था। केंद्र में हमारी सरकार का सेवाकाल जबसे शुरू हुआ, तो हमारे इस 10 साल के सेवाकाल में मप्र में 80 हजार करोड़ रुपये से बढ़कर 3 लाख करोड़ रुपये को पार कर गया। यानी एमपी की अर्थव्यवस्था का तेजी से विस्तार हो रहा है।

भाजपा सरकार ने किसानों को संकट से निकाला

2014 से पहले कांग्रेस सरकार किसानों से गेंहू, दलहन और तिलहन की बहुत कम खरीद करती थी और खरीद में देरी भी करती थी। एक तरफ गोदाम में पड़े पड़े अनाज सड़ जाता था। दूसरी तरफ भुखमरी बेतहाशा भारत के गरीबों को परेशान कर रही थी। कांग्रेस के पास इस स्थिति से निपटने का कोई विजन नहीं था। देश के किसानों को इस संकट से भाजपा सरकार ने निकाला है। भाजपा सरकार के प्रोत्साहन से अन्न उत्पादन का रिकॉर्ड बना और हमने किसानों से रिकॉर्ड खरीद भी की। इस साल केंद्र सरकार ने 55 हजार करोड़ रुपये से ज्यादा सीधे देश के गेंहू किसानों के खातों में भेजे हैं। इसका बहुत बड़ा हिस्सा मध्य प्रदेश के किसानों को भी मिला है।

हमारी कोशिश है कि गरीब-मध्यम वर्ग की हो ज्यादा बचत

उन्होंने कहा कि कांग्रेस वाले परेशान हो गए हैं कि मोदी ने अब 5 वर्ष तक गरीबों के लिए मुफ्त अनाज देने की घोषणा क्यों कर दी है। इन्होंने घोषणा की है कि अब ये चुनाव आयोग जाएंगे, वहां जाकर मोदी के खिलाफ शिकायत करके मुकदमा दर्ज कराएंगे। आप बताइए मुझे कांग्रेस की इन हरकतों से डरना चाहिए? केंद्र सरकार ने भारत आटा के ब्रांड नाम से सस्ता आटा देने का अभियान शुरू किया है। हमारी कोशिश है कि गरीब और मध्यम वर्ग की ज्यादा से ज्यादा बचत हो।

माताओं-बहनों का सशक्तीकरण हमारी प्राथमिकता

पीएम मोदी ने कहा कि भाजपा सरकार चाहे केंद्र में हो या मप्र में, माताओं-बहनों की सुविधा और सशक्तीकरण हमारी प्राथमिकता है। भाजपा सरकार में मध्य प्रदेश की 80 लाख से अधिक बहनों को उज्ज्वला योजना के अंतर्गत गैस का कनेक्शन मिला है। इनमें से पौने 2 लाख बहन-बेटियां तो हमारे इस गुना की है। स्वयं सहायता समूह के माध्यम से हमारी ग्रामीण बहनों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने का भी एक बहुत बड़ा अभियान हमने चलाया है। भाजपा की केंद्र सरकार ने इन समूहों को बैंकों से मिलने वाले लोन की राशि दोगुनी कर दी है। पहले इन समूहों को बिना गारंटी 10 लाख रुपये तक का ही लोन मिलता था, अब यह राशि बढ़ाकर हमने 20 लाख कर दी है।

नीतीश पर भी बोला हमला

पीएम मोदी ने अपने संबोधन के दौरान बिहार के मुख्यमंत्री और जदयू नेता नीतीश कुमार द्वारा महिलाओं के संदर्भ में की गई अभद्र टिप्पणी की भी आलोचना करते हुए उनके साथ-साथ I.N.D.I गठबंधन पर भी हमला बोला। पीएम मोदी ने कहा कि कल आपने अखबार और टीवी पर एक घटना देखी होगी। I.N.D.I गठबंधन के एक बहुत बड़े नेता, जो इनका झंडा लेकर घूम रहे हैं, उस नेता ने विधानसभा में माताओं-बहनों की उपस्थिति में ऐसी भद्दी भाषा में बातें की जिसकी कल्पना भी नहीं की जा सकती। शर्म भी नहीं आई उनको। I.N.D.I गठबंधन के एक भी नेता ने माताओं-बहनों के इतने भयंकर अपमान पर एक शब्द भी नहीं बोला। जो लोग महिलाओं के बारे में ऐसा सोचते हैं, क्या वे आपके लिए कुछ अच्छा कर सकते हैं?

कांग्रेस के पास नहीं भविष्य के लिए सोचने की क्षमता

कांग्रेस के पास अब भविष्य के लिए सोचने की क्षमता नहीं बची है। कांग्रेस न आज के युवाओं के लिए कुछ कर सकती है और न ही आने वाली पीढ़ियों के लिए। जब देश में कांग्रेस की सरकार थी तो उस समय देश में मोबाइल फोन बनाने वाली सिर्फ 2 फैक्ट्रियां थी, भारत हजारों-करोड़ के मोबाइल दूसरे देशों से मंगवाता था। लेकिन आज देश में मोबाइल फोन बनाने वाली 200 फैक्ट्रियां हैं। आज भारत हजारों करोड़ के मोबाइल देश में बनाता है और बाहर भी भेजता है।

कभी लोकल के लिए वोकल नहीं रही कांग्रेस

भारत के हर जिले में कृषि या शिल्प से जुड़ा एक न एक विशेष उत्पाद हमेशा रहा है। लेकिन कांग्रेस ने कभी भी भारत में बनी चीजों पर गर्व नहीं किया, कांग्रेस कभी भी लोकल के लिए वोकल नहीं रही।

नरेला विधानसभा में आज स्मृति इरानी और मनोज तिवारी की सभा

केंद्रीय मंत्री स्मृति इरानी और भाजपा सांसद मनोज तिवारी आज भोपाल दौरे पर

स्मृति इरानी और मनोज तिवारी आज नरेला विधानसभा में सभा को करेंगे सम्बोधित

भाजपा उम्मीदवार विश्वास सारंग के पक्ष में करेंगे सभा

मनोज तिवारी शाम 5 बजे सेमरा सब्जी मंडी दुर्गा चौक पर सभा को करेंगे सम्बोधित

स्मृति इरानी शाम 6 बजे करोंद में सभा को करेंगी सम्बोधित

chanderi news: स्कूली छात्र-छात्राओं ने पेंटिंग बनाकर किया मतदान के लिए प्रेरित

नगर पालिका ने कराई मतदाता जागरूकता पेंटिंग प्रतियोगिता

chanderi news

चंदेरी :-कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अशोकनगर एवम मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत अशोकनगर के निर्देशन में मुख्य नगर पालिका अधिकारी रीना सिंह राठौड़ द्वारा विधान सभा निर्वाचन 2023 में नगरीय क्षेत्र में शत प्रतिशत मतदान के लिए मतदाताओ को जागरूकता को लेकर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित कराए जा रहे हैं इसी क्रम में आज नगर पालिका कार्यालय में सहयोगी संस्था गुलाबचंद वेलफेयर समिति के माध्यम से पेंटिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया जिसमें चंदेरी शहर के शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय श्री जैन पदम कीर्ति कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय शासकीय बालक उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के साथ शासकीय मॉडल उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया पेंटिंग प्रतियोगिता का आयोजन मतदाता जागरूकता विषय को लेकर किया गया जिसमें छात्र-छात्राओं ने पेंटिंग के माध्यम से बताया कि हमें मतदान करना क्यों आवश्यक है मतदान करने से क्या-क्या होता है एवं किस तरह से हमारा राष्ट्र मजबूत बनता है विश्व के सबसे बड़े लोकतंत्र में मतदान की क्या भागीदारी है इन्हीं सब विषयों को लेकर छात्र-छात्राओं ने विभिन्न तरीके की पेंटिंग बनाई मतदाता जागरूकता अभियान के तहत बनाई गई पेंटिंग जिसमें स्कूल के शिक्षक शिक्षकों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। प्रतियोगिता में शामिल पेंटिंगों को चंदेरी के समस्त पिंक बूथ एवं आदर्श मतदान केंद्र पर लगाया जाएगा पेंटिंग प्रतियोगिता में नगर पालिका से अनीता पांडे, रेनू गोरिया, समिति की सचिव शिल्पी जैन के साथ नव दिशा सहारा महिला मंडल से आसमा परवीन को निर्णायक की भूमिका में रखा गया। उत्कृष्ट पेंटिंग बनाने वाले छात्र-छात्राओं को आगामी 26 जनवरी को राष्ट्रीय पर्व के अवसर पर प्रोत्साहन के रूप में पुरस्कृत किया जावेगा।

क्षेत्र के विकास के साथ लोगों की सेवा करना ही मेरी पहली प्राथमिकता – रामेश्वर शर्मा

भोपाल। क्षेत्र के विकास के साथ लोगों की सेवा करना ही मेरी पहली प्राथमिकता है। मैंने अपने कार्यकाल में विधानसभा क्षेत्र के सभी जर्जर एवं कच्ची सडक़ों का कायाकल्प किया है। कोई भी गांव विकास की रोशनी से अछूता नहीं रहा है। सभी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के सभी वर्गों के लोगों तक पहुंचे।, इसके लिए हर समय तत्पर रहता हूँ। मैंने नागरिक सुविधा का ऐसा मॉडल तैयार किया है कि प्रदेश में मिसाल है। विकास में भी हम अग्रणी बन गए हैं। उक्त विचार मंगलवार को हुजूर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले इलाकों में अपने जनसंपर्क के दौरान भाजपा प्रत्याशी रामेश्वर शर्मा ने कहे। हुजूर विधानसभा के भाजपा प्रत्याशी रामेश्वर शर्मा ने आज बिलखिरिया मण्डल तथा वार्ड क्रमांक 85 में सघन जनसंपर्क किया। उन्होंने लोगों से मुलाकात की और भारतीय जनता पार्टी के पक्ष में मतदान करने का आग्रह किया। इस दौरान उनका घर-घर में अभिनंदन किया गया। जनता द्वारा उन्हें फूलों की माला पहनाकर और आरती उतार कर जीत के लिए शुभकामनाएं दी गई।

इस अवसर पर लोगों की बीच अपनी बात रखते हुए रामेश्वर शर्मा ने कहा कि पिछले 10 वर्षों से निरंतर मैं क्षेत्र के विकास के काम में लगा हूँ। हुजूर क्षेत्र के वासी खुद साक्षी है कि बीते वर्षों में होने वाली परेशानियों से आज हुजूर क्षेत्र को मुक्ति मिल चुकी है। उन्होंने कहा कि सघन आबादी वाले क्षेत्र में विकास करना चुनौतीपूर्ण कार्य होता है, हमने जन भावनाओं का सम्मान करते हुए उनकी मंशानुरूप हर वो काम कराए जो जनहित के लिए जरूरी थे। मैंने संपूर्ण हुजूर के विकास को ध्यान में रखकर कार्य किया है।

रामेश्वर शर्मा ने कहा कि हुजूर विधानसभा मेरा परिवार है ऐसे में चुनाव के समय में अपने परिवार से साथ और सहयोग की अपेक्षा के साथ कमल के फूल के पक्ष में वोट करने और भाजपा की सरकार बनाने के आग्रह के साथ आपके पास आया हूं।

इन स्थानों पर हुआ जनसम्पर्क

मंगलवार को हुजूर भाजपा प्रत्याशी एवं विधायक रामेश्वर शर्मा के द्वारा समरधा जंगल, हरिपुरा एवं अर्जुन नगर, पडरिया काछी, नवीन बस्ती, कान्हासैया, कस्तूरी होम्स, बर्राई बस्ती, बर्राई गाँव, आशिमा रॉयल सिटी, आशिमा डिवाइन सिटी, फ्लावर सिटी, पेवल वे फेस 1 में जनसम्पर्क कर जनसंवाद किया गया।

nmms-scholarship-2026-27

NMMSS Scholarship 2026-27: छात्रों को बड़ी राहत, छात्रवृत्ति आवेदन की अंतिम तारीख बढ़ी, अब...

0
नई दिल्ली। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के मेधावी विद्यार्थियों के लिए केंद्र सरकार ने बड़ी राहत दी है। शिक्षा मंत्रालय ने राष्ट्रीय साधन-सह-योग्यता...
akshara goswami

मध्यप्रदेश स्थापना दिवस पर 102 मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान, हर छात्र को मिली 1...

0
भोपाल। मध्यप्रदेश के 71वें स्थापना दिवस के अवसर पर प्रदेश की शैक्षणिक प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। भोपाल के लाल परेड मैदान में आयोजित...
poshan-tracker-pmmvy-grievance-redressal-2026

POSHAN Tracker और PMMVY की शिकायतों का होगा निपटारा, 30 अक्टूबर को देशभर में...

0
नई दिल्ली | 30 अक्टूबर 2026 | सामाजिक कल्याण समाचार केंद्र सरकार ने गर्भवती महिलाओं, स्तनपान कराने वाली माताओं और पोषण सेवाओं के लाभार्थियों की...
anath-bachchon-ke-liye-sarkari-yojana-2026

अनाथ बच्चों के लिए सरकार की खास योजनाएँ, पढ़ाई से लेकर आर्थिक सहायता तक

0
नई दिल्ली | सरकारी योजना समाचार देश में ऐसे कई बच्चे हैं, जिन्होंने अपने माता-पिता को खो दिया है या जिनके पास देखभाल करने वाला...
Government welfare schemes have improved the living standards of 22 crore people

सरकारी कल्याण योजनाओं से 22 करोड़ लोगों के जीवन स्तर में सुधार, MoSPI के...

0
नई दिल्ली। भारत में सरकारी सामाजिक कल्याण योजनाओं के माध्यम से गरीब और जरूरतमंद परिवारों को मिलने वाली मुफ्त या रियायती वस्तुओं से उनके...