मध्‍य प्रदेश में कांग्रेस का वचन पत्र जारी, किसानों, महिलाओं और युवाओं से किए ये बड़े वादे

Congress's promissory note released

 

आगामी विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने वचन पत्र जारी कर दिया है। जिसमें किसानों, युवाओं और महिलाओं कािे लेकर कई वादे किए गए हैं। पीसीसी में कमलनाथ, दिग्विजय सिंह की मौजूदगी में कांग्रेस का वचन पत्र जारी किया गया।

ये हैं कांग्रेस के वचन पत्र की बड़ी बातें

किसानों के  लिए कांग्रेस के वादे

किसानों से गेहूं 2600 रुपये और धान का 2 हजार 500 रुपये प्रति क्विंटल किए जाएंगे
सिंचाई के लिए 5 हार्सपावर निश्‍शुल्क बिजली देने के साथ 10 हार्सपॉवर तक 50 प्रतिशत छूट दी जाएगी
नंदिनी गोधन योजना शुरू होगी, जिसके तहत किसानों से सरकार 2 रुपये प्रति किलो में गोबर खरीदेगी
सहकारी क्षेत्र के  माध्यम से दूध खरीदी पर 5 रुपये प्रति लीटर बोनस दिया जाएगा
सहकारी संस्थाओं में महिलाओं को 50 प्रतिशत आरक्षण दिया जाएगा
मध्‍य प्रदेश में लुप्त हो रही नदियों के  संरक्षण के लिए भागीरथ नदी संरक्षण कार्यक्रम शुरू होगा

युवाओं के  लिए

सरकारी भर्ती का कानून बनाया जाएगा
2 लाख सरकारी पद भरे जाएंगे
प्रत्येक ग्राम पंचायत में दो-चार नए पद निर्मित होंगे

प्रतियोगी परीक्षा शुल्क में 100 प्रतिशत छूट

पिछले 18 वर्षों से लंबित भर्तियां भरी जाएंगी।
​युवा स्वाभिमान के तहत जरूरतमंद शिक्षित बेरोजगार युवाओं को प्रतिमाह 1500 से 3 हजार रुपये दो साल के लिए दिए जाएंगे
छात्र संघ के  नियमित चुनाव कराएंगे

महिलाओं के लिए

बेटियों के विवाह की नई योजना शुरू करेंगे, जिसके तहत 1 लाख 1 हजार रुपये की सहायता दी जाएगी
महिलाओं को स्टार्टअप के लिए 25 लाख रुपये तक का लोन 3 प्रतिशत ब्याज दर पर दिए जाएंगे
​महानगरीय बस सेवा में परिवहन हेतु निःशुल्क पास दिए जाएंगे
आंगनवाड़ी सहायिका और कार्यकर्ताओं को नियमित करने के लिए नियम बनेंगे

स्वास्थ्य सेवाओं के लिए

प्रदेश में स्वास्थ्य का अधिकार कानून बनेगा
वरदान स्वास्थ्य बीमा योजना की शुरुआत होगी, जिसमें परिवार सहित 25 लाख तक का स्वास्थ्य बीमा और 10 लाख का दुर्घटना बीमा शामिल रहेगा
कर्मचारियों के लिए
कर्मचारियों की रुकी पदोन्नति शुरू होगी
कर्मचारियों को चार चरण में समयमान वेतनमान देंगे

भूतपूर्व सैनिक एवं अर्धसैनिकों के लिए

भूतपूर्व सैनिकों को सेवा में आरक्षण का लाभ दिया जाएगा

श्रमिकों के लिए

श्रमिकों के सम्मान में 1 मई को सार्वजनिक अवकाश घोषित होगा
65 वर्ष से अधिक आयु के श्रमिकों को 12 सौ रुपये प्रतिमाह सम्मान निधि दी जाएगी
पेयजल सुविधा
हर घर को पेयजल योजना उपलब्ध कराई जाएगी
स्वच्छ जल का अधिकार कानून बनाया जाएगा

ओबीसी और एससी-एसटी के लिए

​समान अवसर आयोग का गठन होगा
​बैकलॉग के पद भरे जाएंगे
​जाति प्रमाण पत्र बनाने में आ रही समस्या दूर करेंगे
​छात्रवृत्ति का अधिकार अधिनियम बनाया जाएगा

आवास के लिए

​आवास का अधिकार कानून बनाया जाएगा
​ग्रामीण आवास और शहरी आवास की राशि को समान किया जाएगा
​600 वर्ग फुट तक के आवासीय पट्टों का निःशुल्क पंजीयन किया जाएगा

धार्मिक क्षेत्र में

​श्री राम वन गमन पथ का निर्माण शीघ्र पूर्ण किया जाएगा
सीता माता मंदिर श्रीलंका की योजना को पुनः प्रारम्भ किया जाएगा

अन्‍य वादे

सामाजिक सुरक्षा पेंशन 600 से बढ़ाकर 1200 रुपये की जाएगी
​बहु दिव्यांगजनों को प्रतिमाह दो हजार रुपये पेंशन दी जाएगी
गरीबों को आटा, दाल, तेल और चीनी का देवभोग किट प्रदान किया जाएगा
गरीबी रेखा का नया सर्वे किया जाएगा|

मध्‍य प्रदेश के सागर में खेत में मिला अंग्रेजों के जमाने का सौ साल पुराना बम, जानकारों ने बताया कितना था खतरा

Hundred year old bomb of British era

 

बम सन 1925 के आसपास का

सागर। सुरखी थाना क्षेत्र के मोरपाली गांव के खेत में सौ साल पुराना बम मिला, जिसके बाद जिला बम निरोधक दस्ते ने बम को ब्लास्ट कर उसे नष्ट किया। अंग्रेजों के जमाने का यह बम इतना घातक था कि 100 मीटर के दायरे में आने वाली हर चीज को यह पूरी तरह से नष्ट करने में सक्षम था।

दरअसल रविवार की शाम मोरपाली के खेत में किसान जब पिलाऊ कर रहा था तभी ट्रैक्टर में कुछ फंसा, जिसके बाद किसान ने खेत में देखा तो उसे बम नुमा वस्तु दिखाई दी। इसकी सूचना उसने डायल 100 को दी। पुलिस कंट्रोल रूम की सूचना के बाद जिले का बम निरोधक दस्ता मौके पर पहुंचा।

लेकिन तब तक अंधेरा होने लगा था, इस कारण बम को खेत में ही सुरक्षित कर दिया गया। सुबह स्थानीय थाना क्षेत्र की पुलिस के साथ बम निरोधक दस्ते ने मौके पर जाकर खेत के आसपास का इलाका खाली कराया और खेत के पास ही करीब साढ़े तीन फीट गहरा गड्ढा खोदकर बम को उस गड्ढे में डाल दिया। इसके बाद टीम के एक्सपर्ट ने बम को विस्फोट में विस्फोट कर दिया।

100 मीटर के एरिया को तबाह करने में सक्षम

बम निरोधक दस्ते के सदस्य संजय पांडेय ने बताया कि बम सन 1925 के आसपास का था। करीब 12 किलोग्राम वजनी और 14 इंच लंबा बम के विस्फोट होते ही पूरा इलाका उसकी गूंज से कांप गया। इस बम का कवर एरिया करीब एक किलोमीटर है। वहीं 100 मीटर के एरिया को यह पूरी तरह से नस्तेनाबूद करने में सक्षम है। अंग्रेजों के समय सेना के अभ्यास के दौरान चलाए जाने वाले बम कई बार नहीं फटते और वह जमीन में गढ़ जाते हैं। यह उन्हीं बमों में से एक था।

समलैंगिक विवाह पर आज आएगा फैसला, इसमें क्या हैं दिक्कतें और किन देशों में है वैध?

Decision on gay marriage will come

 

सेम सेक्स मैरिज यानी समलैंगिक विवाह की मांग करने वाली याचिकाओं पर सुप्रीम कोर्ट आज (मंगलवार, 17 अक्टूबर) फैसला सुनाएगा. भारत सरकार ने समलैंगिकों के बीच विवाह का विरोध किया है. केंद्र सरकार समलैंगिक विवाह को पश्चिमी विचार और शहरी सोच मानती है. सरकार का कहना है कि सेम सेक्स मैरिज की मांग शहरों में रहने वाले एलीट क्लास के लोगों की है.

दुनिया के कुछ देशों में समलैंगिक विवाह को कानूनी मान्यता दी जा चुकी है. भारत में भी इसे वैध करने की मांग लंबे समय से उठ रही है, लेकिन देश के सांस्कृतिक और सामाजिक ताने-बाने और चली आ रही मान्यताओं के चलते इस मुद्दे पर सटीक प्रतिक्रिया देने में बड़ी आबादी खुद को असहज पाती है.

भारत में 2018 में समलैंगिकता को अपराध की श्रेणी से बाहर कर दिया गया था. अब सबकी नजर सुप्रीम कोर्ट के फैसले पर टिकी है कि क्या ऐसे जोड़ों को शादी का अधिकार मिलेगा या नहीं? कोर्ट में सेम सेक्स मैरिज के संबंध में कम से कम 18 याचिकाएं दाखिल की गई थीं.

अप्रैल से शीर्ष अदालत इस मामले की सुनवाई कर रही है. चीफ जस्टिस डीवाई चंद्रचूड़ की अगुवाई वाली पांच न्यायाधीशों की संविधान पीठ ने दस दिन की सुनवाई के बाद इसी साल 11 मई को मामले पर फैसला सुरक्षित रख लिया था. आखिर सेम सेक्स मैरिज में भारत में क्या दिक्कत है और किन देशों में यह वैध है.

एलजीबीटीक्यू लोगों को बच्चा गोद लेने और विरासत संबंधी अधिकारों में दिक्कत

वर्तमान में एलजीबीटीक्यू (लेस्ब‍ियन, गे, बाईसेक्सुअल, ट्रांसजेंडर, क्व‍ीयर) समुदाय से आने वाले लोगों के पास विवाह का अधिकार न होना उन्हें बच्चा गोद लेने, बीमा और विरासत जैसे मुद्दों के संबंध में शादी से जुड़े कुछ कानूनी लाभों तक पहुंच से रोकता है.

समलैंगिक जोड़ा अगर किसी बच्चे को गोद लेता है तो मौजूदा कानून के मुताबिक उनमें से किसी एक को माता-पिता के रूप में मान्यता दी जाती है, जो उन मुद्दों को प्रभावित करता है. जैसे कि उनकी ओर से बच्चे के चिकित्सा संबंधी फैसले कौन ले सकता है.

कौन ले सकता है बच्चा गोद?

अब तक भारत में विवाहित जोड़े, सिंगल महिला या सिंगल पुरुष बच्चे को गोद ले सकता है. विवाहित जोड़े अपनी शादी के कम से कम दो साल बाद बच्चे को गोद ले सकते हैं. सिंगल महिला भी या सिंगल पुरुष की ओर से बच्चा गोद लिए जाने के नियम अलग-अलग हैं. सिंगल महिला लड़का या लड़की किसी को भी गोद ले सकती है जबकि पुरुष केवल लड़के को गोद ले सकता है.

भारत में सेंट्रल एडॉप्शन रिसोर्स अथॉरिटी (CARA) बच्चा गोद लेने की प्रक्रिया की निगरानी और इस पर नियंत्रण करती है जोकि महिला और बाल विकास मंत्रालय का हिस्सा है. भारत में बच्चा गोद लेने के लिए दो कानून हैं, पहला- हिंदू दत्तक ग्रहण और भरण पोषण अधिनियम 1956 और दूसरा- किशोर न्याय (बच्चों की देखभाल और संरक्षण) अधिनियम 2015.

समलैंगिक विवाह वैध हुआ तो मिल सकते हैं ये अधिकार

जानकार मानते हैं कि अगर भारत में समलैंगिक विवाह को कानूनी मान्यता मिलती है तो जिन कागजातों पर जीवनसाथी का जिक्र होगा, वहां उन्हें पूरे अधिकार मिल सकते हैं. ऐसे में एलजीबीटीक्यू कम्युनिटी से आने वालों को बच्चा गोद लेने, विरासत संबंधी अधिकार, पेंशन और ग्रेच्यूटी से संबंधित अधिकार मिल सकेंगे.

जहां तक बीमा का सवाल है तो समलैंगिकता के अपराध की श्रेणी से हटने के बाद देश में कई बीमा कंपनियों ने LGBTQ के लिए स्वास्थ्य बीमा समेत अन्य बीमाओं की सुविधा उपलब्ध कराई है. अगर समलैंगिकों को विवाह का अधिकार मिलता है तो उनके लिए सभी तरह के बीमा अपग्रेड हो सकेंगे.

भारत में ब्रिटिश सरकार ने समलैंगिक शारीरिक संबंधों को किया था अपराध घोषित

ब्रिटिश राज के दौरान 1860 में शुरू की गई दंड संहिता में समलैंगिक लोगों के बीच शारीरिक संबंधों को अपराध घोषित किया गया था और विवाह का अधिकार विषमलैंगिक जोड़ों (पुरुष और महिला) को दिया गया था. ब्रिटिश भारत की दंड संहिता के दोनों प्रावधान भारत की आजादी के बाद भी लागू रहे. हालांकि, इंग्लैंड में 1967 और वेल्स में 2014 में सेम सेक्स शादी को मान्यता दे दी गई.

सेम सैक्स मैरिज में अभी कितनी सजा का प्रावधान?

समलैंगिकता को अपराध की श्रेणी से हटा लिया गया है लेकिन भारतीय दंड संहिता की धारा 377 कहती है कि प्रकृति की व्यवस्था के खिलाफ किसी पुरुष, महिला या जीवजंतु से शारीरिक संबंध बनाया जाता है तो दोषी को आजीवन कारावास, किसी एक अवधि के लिए कारावास (जिसे दस साल तक बढ़ाया जा सकता है) दिया जा सकता है, साथ ही जुर्माना भी लगाया जा सकता है.

ऐसे में माना जा सकता है कि सेम सेक्स मैरिज के मामले में फिलहाल लगभग 10 साल की सजा हो सकती है. हालांकि, 2018 में सुप्रीम कोर्ट ने आईपीसी की धारा 377 के उस हिस्से को रद्द कर दिया था समलैंगिकता को अपराध मानती थी.

एक अनुमान के मुताबिक दुनिया के अन्य देशों के मुकाबले भारत में एलजीबीटीक्यू समुदाय की आबादी सबसे ज्यादा है. अगर समलैंगिक विवाह को मान्यता मिलती है तो एक बड़े वर्ग के लिए यह राहत की बात होगी.

किन देशों में वैध है समलैंगिक विवाह?

अमेरिका में 26 जून 2015 को सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद समलैंगिक विवाह को देशभर में वैध कर दिया गया था.

जर्मनी में 1 अक्टूबर 2017 से समलैंगिक विवाह वैध है.

यूनाइटेड किंगडम के सभी हिस्सों में समलैंगिक विवाह वैध है. इसे मार्च 2014 से इंग्लैंड और वेल्स में, दिसंबर 2014 से स्कॉटलैंड में और जनवरी 2020 से उत्तरी आयरलैंड में वैध किया गया.

फ्रांस में 18 मई 2013 से समलैंगिक विवाह को वैध है.

कनाडा ने 20 जुलाई 2005 को देशभर में समलैंगिक विवाह को वैध कर दिया था.

इटली में समलैंगिक विवाह वैध नहीं है. हालांकि, 2016 में देश में समलैंगिक लोगों के संघों को वैध कर दिया गया, जिससे ऐसे जोड़ों को कुछ कानूनी मान्यता मिली हुई है.

रूस में समलैंगिक विवाह वैध नहीं है देश ने एलजीबीटीक्यू के अधिकारों को प्रतिबंधित करने वाले कानून बनाए हैं|

लेबनान में भी हिजबुल्लाह के ठिकानों पर हमले शुरू, बुधवार को इजराइल जाएंगे बाइडेन

Attacks on Hezbollah

 

इजरायल और हमास के बीच चल रहे घमासान युद्ध के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन बुधवार को इजरायल के दौरे पर जाएंगे। अमेरिकी विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन ने यह जानकारी दी है। ब्लिंकन ने कहा कि राष्ट्रपति जो बाइडेन बुधवार को इजरायल के दौरे पर जाएंगे और इस दौरान इजरायल के साथ अपनी एकजुटता को दोहराएंगे। अमेरिकी विदेश मंत्री ने कहा कि इजरायल को हमास और अन्य आतंकवादियों से अपने लोगों की रक्षा करने का पूरा अधिकार है। उन्होंने कहा कि इस दौरान बाइडन जॉर्डन का भी दौरा करेंगे।

अब तक 1400 इजरायली की मौत

गौरतलब है कि हमास के हमले में अभी तक 1400 से अधिक इजरायली नागरिकों की मौत हो चुकी है और इस हमले में 30 अमेरिकी नागरिक भी मारे गए हैं। एंटनी ब्लिंकन ने कहा कि अमेरिका और इजरायल ने गाजा में मानवीय सहायता को नागरिकों तक पहुंचाने में सक्षम एक ऐसी योजना विकसित करने पर सहमति जताई है।

हिजबुल्लाह के ठिकानों पर इजरायल का हमला

इजरायल अब दो तरफा दुश्मनों से भिड़ चुका है। हमास के साथ-साथ अब इजरायली सेना ने लेबनान में हिजबुल्लाह के ठिकानों पर भी हमला कर दिया है। इजरायल की सेना ने जानकारी दी है कि हम लेबनानी क्षेत्र में आतंकवादी संगठन हिजबुल्ला के सैन्य ठिकानों पर हमला कर रहे हैं। 7 अक्टूबर को इजरायल पर हमास के हमले के कारण शुरू हुए युद्ध के बाद से अभी तक लेबनानी पक्ष के भी 10 लोग मारे गए हैं। इस बीच ईरान के विदेश मंत्री होसैन अमीर अब्दुल्लाहियन ने इजरायल से गाजा पर अपने हमले रोकने के चेतावनी दी थी। होसैन अमीर अब्दुल्लाहियन ने कहा था कि अगर हिजबुल्ला लड़ाई में शामिल हुआ तो युद्ध पश्चिमी एशिया के अन्य हिस्सों में फैल सकता है तथा इससे इजरायल को भारी नुकसान उठाना पड़ेगा।

दुर्गा पूजा पर एयर इंडिया परोसेगी बंगाली पकवान, कब और किन फ्लाइट्स में मिलेगा बंगाल का स्वाद-जानें

Air India will serve

 

टाटा समूह के स्वामित्व वाली एयर इंडिया ने दुर्गा पूजा के दौरान अपनी कुछ फ्लाइट के पैसेंजर्स के लिए खास एलान किया है. एयर इंडिया ने दुर्गा पूजा के दौरान पश्चिम बंगाल के कोलकाता से जाने वाली अपनी फ्लाइट्स में एयर ट्रैवलर्स को खास बंगाली पकवान परोसने की घोषणा कर दी है.

एयर इंडिया ने सोमवार को दी जानकारी

एयरलाइन ने सोमवार 16 अक्टूबर को एक बयान में यह जानकारी दी. एयर इंडिया की फ्लाइट्स में 21 से 23 अक्टूबर तक बंगाली डिश परोसी जाएंगी. मेहमानों को एग चिकन रोल, मटन काशा, फिश कबिराजी और कोरइशुतिर कचोरी जैसे बंगाली पकवान परोसे जाएंगे. बंगाल की मशहूर और पॉपुलर बंगाली मिठाइयां भी इस थाली का हिस्सा होंगी.

अकासा एयर ने भी किया खास एलान

इस बीच अकासा एयर ने अपनी फ्लाइट्स में पूरे अक्टूबर महीने में यात्रियों को दशहरा के मौके पर खास भोजन परोसने की बात कही है. पश्चिम बंगाल में दुर्गा पूजा का बड़ा महत्व है और नवरात्रि के आखिरी तीन दिनों सप्तमी-अष्टमी और नवमी के दिन बंगाल में खास तौर पर दुर्गा पूजा के पंडाल में भक्तों की भीड़ जुटती है.

भारतीय रेलवे भी हर साल नवरात्रि पर मुहैया कराता है सात्विक भोजन

IRCTC ने भी नवरात्रि के दौरान भारतीय ट्रेनों में सात्विक भोजन की व्यवस्था करने का एलान किया था. आईआरसीटीसी की ये फैसिलिटी देश के 96 से ज्यादा स्टेशनों पर ये सुविधा उपलब्ध करा रही है. इनके मेन्यू में साबूदाना खिचड़ी, कुट्टू की पूरी, सूखे मखाने, मूंगफली आदि चीजों को सात्विक भोजन के अंतर्गत दिया जाता है.

इजरायल के लिए 18 अक्टूबर तक रद्द हैं एयर इंडिया की फ्लाइट्स

उधर एक और खबर के मुताबिक एयर इंडिया ने इजरायल के लिए अपनी फ्लाइट्स को 18 अक्टूबर तक के लिए कैंसिल कर दिया है. पहले कंपनी ने इजरायल के लिए 14 अक्टूबर तक की फ्लाइट्स को कैंसिल करने का ऐलान किया था. हालांकि इजरायल-हमास के बीच चल रहे युद्ध के मद्देनजर तेल अवीव जाने वाली और तेल अवीव से आने वाली सभी उड़ानों को 18 अक्टूबर 2023 तक रद्द करने का फैसला किया गया|

Huzur vidhan sabha update: 36 गांवों में जनसंपर्क के लिए पहुंचे रामेश्वर शर्मा, जनता से बोले ‘बेटा आशीर्वाद लेने आया है’।

 

जनसंपर्क के दौरान रामेश्वर शर्मा को मिल रहा भरपूर आशीर्वाद, बुजुर्गों ने गले लगाया तो महिलाओं ने गीत गाकर स्वागत किया।

भोपाल। भोपाल की हुजूर विधानसभा से विधायक व भाजपा के प्रत्याशी रामेश्वर शर्मा ने भौरी मंदिर से माँ जगदंबे का आशीर्वाद लेकर सोमवार को हुजूर के 36 गांवों में जनसंपर्क किया। अपने अलग अंदाज के लिए जाने जाने वाले रामेश्वर शर्मा का जनसंपर्क अभियान भी अनोखा चल रहा है। जनसंपर्क में कहीं वे बुजुर्गों से गले मिलते हैं तो कहीं बेटियों के पांव छूते रहे हैं। कहीं बहनों के साथ लहसुन की बोवनी करते हैं तो कहीं महिलाओं के स्वागत गीत पर मुस्कुराकर झूमते नजर आते हैं। उनके इस अनूठे जनसंपर्क अभियान को जनता के साथ सोशल मीडिया पर भी खूब पसंद किया जा रहा है। इस दौरान रामेश्वर शर्मा ने गांव-गांव जाकर स्थानीय जनता से भेंट की और आशीर्वाद मांगा। उनके जनसंपर्क को जनता का भरपूर आशीर्वाद मिल रहा है।

जनसंपर्क करने पहुंचे विधायक रामेश्वर शर्मा ने कहा – जब मन जुड़ते है तो उत्सव जैसा माहौल होता है। हुजूर की जनता से मेरा नाता बेटे और भाई का है। इसलिए हमारे मन जुड़े हैं। हम जब भी मिलते हैं तो मन आनंद से भर जाता है, उत्सव जैसा माहौल होता है। उन्होंने आगे कहा कि हुजूर मेरा परिवार है और इस परिवार ने मुझे पिछली दो पंचवर्षी हुजूर की सेवा करने का अवसर दिया। मैं कभी अपने परिवार के पास नेता बनकर नहीं आया, मैं तो इनका बेटा हूँ। इसलिए मेरी माताएं-बहने, भाई-बंधु सब आत्मीयता के साथ स्वागत करते हैं। मुझे दोनों हाथ खोलकर आशीर्वाद देते हैं। हुजूर का बेटा हूँ तभी तो माताएं बहनें मेरे लिये गीत गाती हैं। एक जनप्रतिनिधि के रूप में इतनी जनभावना कमाना स्वभाविक नहीं है, यह रामजी की कृपा है।

महिलाओं ने गीत गाकर स्वागत किया

जनसंपर्क के दौरान विभिन्न क्षेत्रों के लोगों ने अगल-अलग अंदाज में रामेश्वर शर्मा का स्वागत किया। कहीं ढोल नगाड़े तो कहीं फूलों की बरसात की गई। वहीं ग्रामीण महिलाओं ने विधायक रामेश्वर शर्मा के लिए स्वागत गीत भी गाए।

इन गांवों में जनसंपर्क के लिए पहुंचे विधायक रामेश्वर शर्मा

जनसंपर्क के दौरान विधायक रामेश्वर शर्मा ने मूंडला, नरेला, खारपा, खारपी, नांदनी, जाटखेड़ी, खोकरिया, बोरखेड़ी, लसुडिया घाट, कोड़िया, कजलास, ईटरखेड़ी छाप, मुगालियाछाप, बरखेड़ा नाथू, कलखेड़ा, मालीखेड़ी, सिकंदराबाद, रसुलिया गोसाई, भौंरी, बरखेड़ा सालम, रसूलिया पठार, रतनपुर, पाटनिया, राजीव नगर खौरी, बकानिया, खेतलाखेड़ी, खारखेड़ी, खामलाखेड़ी, पिपलिया धाकड़, दूबड़ी, हथाईखेड़ी, साईस्ताखेड़ी, टीलाखेड़ी, कल्याणपुर एवं देहरिया ग्राम की जनता से आशीर्वाद लिया।

इसे भी पढ़े:

Huzur Vidhan sabha: भाजपा तैयारी में जुटी, कांग्रेस टिकट में उलझी

 

 

Huzur Vidhan sabha: भाजपा तैयारी में जुटी, कांग्रेस टिकट में उलझी

 

भोपाल, तीन उपनगरों बैरागढ़, नीलबड़-रातीबड़ और कोलार सहित ग्रामीण आबादी बहुल, राजधानी भोपाल को C आकार से घेरे हुजूर विधानसभा जिसमें बड़े तालाब का 65% किनारा आता है। केरवा डेम, कलियासोत सहित सलकनपुर मार्ग, होशंगाबाद रोड, विदिशा, रायसेन रोड, माँ कंकाली धाम, एयरपोर्ट सहित राजधानी के सबसे बड़े कपड़ा, वर्तन और पटाखा बाजार आते है।

इस मिली जुली आबादी और विविध भौगोलिक स्थिति वाली विधानसभा में चुनावी जमावट में भाजपा तेजी के साथ आगे बढ़ रही है। वार्ड स्तर और पंचायत स्तर पर कार्यकर्ता बैठकों का आयोजन शुरू हो गया है। भाजपा प्रत्याशी रामेश्वर शर्मा ने नियमित जनसम्पर्क शुरू कर दिया है। भाजपा संगठन ने भी मंडलों को सक्रिय होने का आदेश जारी कर दिया है।

कांग्रेस कार्यकर्ता सम्भावित उम्मीदवारों के नाम की चर्चा में ही व्यस्त

भौगोलिक, सामजिक और भाषाई विविधता वाली हुजूर विधानसभा जो की भाजपा की अजय सीट है। हर गली, मोहल्ले में भाजपा के सक्रिय सदस्य है। काँग्रेस के लिए चैलेंज बनी सीट पर कांग्रेस कार्यकर्ता अभी भी चैन से है और अभी भी ग्रामीण और शहर कांग्रेस के विवाद में उलझे हुए निष्क्रिय है।

कांग्रेस कार्यकर्ता जल्द आने वाली सूची में नामों पर चर्चा कर चुनावी व्यक्त काट रहे है। चर्चा में जो चिंता निकल कर आ रही है की कांग्रेस पहली सूची में 2 सिंधी और 5 जैन उम्मीदवार को प्रदेश में उतार चुकी है। वही भोपाल में एक ब्राह्मण उम्मीदवार उतार दिया है। जिससे हुजूर से सिंधी दावेदार, जैन दावेदार और ब्राह्मण दावेदार की टिकट पर संकट आ गया है। अब काँग्रेस हुजूर के लिए भोपाल के किसी कद्दावर नेता को जो पूरे भोपाल में प्रभाव रखता हो उसे या ओबीसी वर्ग से हो उसे टिकट दे सकती है।

‘दो बोरे भरकर निकले थे सिर’, जिस बच्ची की मौत के बाद हुआ था निठारी कांड का खुलासा, उसकी मां ने खोले कई राज

the Nithari scandal was revealed

 

इलाहाबाद हाई कोर्ट ने सोमवार (16 अक्टूबर) को दिल्ली-एनसीआर के सबसे चर्चित निठारी हत्याकांड के दोषी सुरेंद्र कोली और मोनिंदर सिंह पंढेर की फांसी की सजा को रद्द कर दिया. साथ ही दोनों को दोषमुक्त भी करार दिया. हाई कोर्ट ने दोनों दोषियों की 14 अर्जियों पर सुनवाई के बाद फैसला सुनाया. इनमें से 12 मामलों में सुरेंद्र कोली और 2 में मोनिंदर सिंह पंढेर को फांसी की सजा सुनाई गई थी.

दोनों दोषियों के दोषमुक्त होने पर जिस बच्ची की मौत के बाद मामले का खुलासा हुआ, उस बच्ची की मां ने एक न्यूज चैनल से कहा कि कोली और मोनिंदर सिंह दोनों को फांसी मिलनी चाहिए और दोनों ही दरिंदे हैं. उन्होंने मोदी और योगी सरकार से दोनों को फांसी देने की अपील की.

बंगाली बच्चे हो रहे थे गायब

मृतक बच्ची की मां ने कहा कि अगर दोषियों को फांसी नहीं हुई तो लोग कानून को नहीं मानेंगे. उन्होंने बताया कि 17 साल पहले इलाके से बंगाली बच्चे गायब हो रहे थे. उसके बाद जब मेरी बच्ची गायब हुई तो मैंने उसे जगह-जगह तलाश किया.

किडनी और आंखें बेचता था मोनिंदर सिंह

उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस मोनिंदर सिंह से मिली हुई थी और उनको गुमराह कर रही थी. उनके घर पर डॉक्टर भी आते थे. उन्होंने दावा किया कि यह बात गलत है कि कोली बच्चों का मांस खाता था. वह बच्चों की आंखें और किडनी बेचता था.

‘दो बोरे भर कर निकले सिर’

पीड़िता की मां ने बताया कि उनका बेटा, नंद लाल नाम के एक शख्स के साथ मोनिंदर की कोठी में कूद गए और वहां से तलाश की. इस दौरान उन्हें बच्चों के कंकाल, कपड़े और आईकार्ड मिले. उन्होंने दावा किया, “दो बोरों में सिर भरे थे, जिन्हें पुलिस ने गायब कर दिया.”

कोली के खिलाफ दर्ज हुए 19 मामले

साल 2007 में सुरेंद्र कोली के खिलाफ 19 मामले दर्ज किए गए थे. हत्या, अपहरण, दुष्कर्म और साक्ष्यों को नष्ट करने के लिए सुरेंद्र कोली के खिलाफ पहले 19 मामले दर्ज हुए, जो बाद में घटकर 16 रह गए और फिर 14 रह गए. कोर्ट ने सबूतों के अभाव में दोनों को निर्दोष करार दिया.

ट्रायल कोर्ट से तीन मामलों में बरी हुआ था मोनिंदर सिंह

पंढेर के खिलाफ निठारी कांड में कुल 6 मामले दर्ज किए गए थे. सीबीआई की ट्रायल कोर्ट ने उसे इनमें से तीन मामलों में पहले ही बरी कर दिया था, जबकि एक मामले में हाईकोर्ट ने बरी कर दिया था. अब बाकी बचे दो केस में उसको आज राहत मिल गई.

मां चंद्रघंटा को समर्पित नवरात्र का तीसरा दिन, शुभ मुहूर्त, पूजा विधि और मंत्र

Third day of Navratri dedicated to Maa Chandraghanta

 

हिंदू धर्म में शक्ति की आराधना के लिए नवरात्र के नौ दिन शुभ माने जाते हैं। माना जाता है कि जो व्यक्ति सच्चे मन से मां दुर्गा की पूजा करता है उस पर पूरे साल मां की कृपा बनी रहती है। शारदीय नवरात्र का पावन पर्व आश्विन मास के शुक्ल पक्ष की प्रतिपदा यानी रविवार 15 अक्टूबर 2023 को शुरू हो चुका है। यह 24 अक्टूबर 2023 मंगलवार तक मनाया जाएगा। नवरात्र का तीसरा दिन मां चंद्रघंटा को समर्पित होता है। 17 अक्टूबर को मां चंद्रघंटा की पूजा की जाएगी। माना जाता है कि माथे पर चंद्रमा को धारण करने वाली मां दुर्गा के इस रूप की पूजा करने से व्यक्ति हमेशा संकटों से बचा रहता है।

मां चंद्रघंटा पूजा विधि

इस दिन सुबह स्नान करें और साफ कपड़े पहनें। फिर मां चंद्रघंटा का ध्यान और स्मरण करें। माता चंद्रघंटा की मूर्ति को लाल या पीले कपड़े पर रखें। मां को कुमकुम और अक्षत का लगाएं। विधिपूर्वक मां की पूजा करें। मां चंद्रघंटा को पीला रंग प्रिय होता है। उन्हें पीले फूल अर्पित करें। मां चंद्रघंटा देवी को मिठाई और दूध से बनी खीर बहुत पसंद है। देवी चंद्रघंटा की पूजा के दौरान मंत्रों का जाप करें। दुर्गा सप्तशती और चंद्रघंटा माता की आरती का पाठ करें। देवी के इस रूप की पूजा करने से मानसिक शांति मिलती है। रात्रि के समय भी माता की आरती और ध्यान करें।

मां चंद्रघंटा मंत्र

पिण्डजप्रवरारूढ़ा ण्डकोपास्त्रकेर्युता।

प्रसादं तनुते मह्यं चंद्रघण्टेति विश्रुता॥

या देवी सर्वभूतेषु मां चंद्रघंटा रूपेण संस्थिता।

नमस्तस्यै, नमस्तस्यै, नमस्तस्यै, नमो नम:।।

शुभ मुहूर्त

ब्रह्म मुहूर्त – सुबह 04.27 से सुबह 05.00 बजे तक।

अभिजीत मुहूर्त – सुबह 11.29 से दोपहर 12.00 बजे तक।

विजय मुहूर्त – दोपहर 01.47 से दोपहर 02.33 बजे तक।

गोधूलि मुहूर्त – शाम 05.37 से शाम 06.02 बजे तक।

नौकरी से इस्तीफा देकर चुनाव मैदान में उतरे एसआइ ने बढ़ाई भाजपा-कांग्रेस की धड़कनें

SI resigns from job and enters election

 

बुरहानपुर । विधानसभा चुनाव के लिए अब तक दोनों प्रमुख राजनीतिक दलों ने प्रत्याशियों की घोषणा नहीं की है। पहले ही भाजपा और कांग्रेस टिकट को लेकर मचे घमासान से उबरने की तरकीब ढूंढ रही हैं। ऐसे में सरकारी सेवकों के इस्तीफा देकर नेपानगर क्षेत्र से चुनाव मैदान में उतरने और टिकट मांगने से और विकट स्थिति उत्पन्न हो गई है। सोमवार को नेपानगर के बाकड़ी गांव निवासी भीलर सिंह जमरा ने सैकड़ों ग्रामीणों के साथ नेपानगर पहुंच कर शक्ति प्रदर्शन किया। उसने खुद को ग्रामीणों की ओर से खड़ा किया गया प्रत्याशी बताते हुए कांग्रेस से टिकट देने की मांग की है। भीलर सिंह पुलिस विभाग में उप निरीक्षक था और जबलपुर में पदस्थ था। दो दिन पहले ही उसने सेवा से त्याग पत्र दिया है। भीलर सिंह और उसके साथ आए ग्रामीणों ने दावा किया कि साथ आई भीड़ में क्षेत्र के सौ से ज्यादा गांवों के पटेल और सरपंच शामिल थे। आदिवासी समाज के विभिन्न संगठनों ने एक स्वर में भीलर को जिताने का संकल्प लिया है। फिर चाहे निर्दलीय ही चुनाव मैदान में क्यों न उतरना पड़े।

पूर्व और वर्तमान विधायकों पर लगाए उपेक्षा के आरोप

भीलर सिंह और ग्रामीणों ने वर्तमान और पूर्व विधायकों पर आरोप लगाया कि उन्होंने क्षेत्र के आदिवासी समाज की हमेशा उपेक्षा की है। विधानसभा क्षेत्र में बेरोजगारी चरम पर है, लेकिन उन्होंने रोजगार के साधन उपलब्ध नहीं कराए। शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं के लिए आज भी सुदूर अंचल के आदिवासी तरस रहे हैं। यही वजह है कि इस बार आदिवासी अपने बीच से शिक्षित और समाज के लिए समर्पित युवा को विधानसभा पहुंचाना चाहते हैं। ग्रामीणों ने भरोसा जताया है कि उनका प्रत्याशी आदिवासियों को उनका हक दिलाएगा।

वनभूमि पर कब्जे का केंद्र रहा है बाकड़ी गांव

कुछ समय पहले तक नेपानगर क्षेत्र वन भूमि पर अवैध कब्जे और जंगलों की अवैध कटाई के लिए कुख्यात था। इसका केंद्र बिंदु बाकड़ी गांव ही रहा है। इसी गांव में पुलिस और वन अमले पर अतिक्रमणकारियों ने हमले भी किए थे। जिसके चलते ग्रामीणों को पुलिस की सख्त कार्रवाई का शिकार भी होना पड़ा था। जिस समय बाकड़ी गांव में घुसने से पुलिस कर्मियों को भी डर लगता था, तब पुलिस अधीक्षक ने भीलर सिंह को बुला कर मध्यस्थता कराई थी। अब वही भीलर सिंह न केवल बाकड़ी बल्कि आसपास के सौ से ज्यादा गांव के लोगों के लिए तारणहार बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।

दोनों दलों को होगा नुकसान

राजनीति के जानकारों का दावा है कि यदि भीलर सिंह स्वतंत्र प्रत्याशी के रूप में चुनाव मैदान में उतरता है तो यह भाजपा और कांग्रेस दोनों के लिए घातक सिद्ध हो सकता है। विधानसभा में अधिकांश आबादी आदिवासियों की है। ऐसे में यदि नजर आ रही तस्वीर के अनुसार मतदान हुआ तो परिणाम अप्रत्याशित हो सकते हैं।

nmms-scholarship-2026-27

NMMSS Scholarship 2026-27: छात्रों को बड़ी राहत, छात्रवृत्ति आवेदन की अंतिम तारीख बढ़ी, अब...

0
नई दिल्ली। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के मेधावी विद्यार्थियों के लिए केंद्र सरकार ने बड़ी राहत दी है। शिक्षा मंत्रालय ने राष्ट्रीय साधन-सह-योग्यता...
akshara goswami

मध्यप्रदेश स्थापना दिवस पर 102 मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान, हर छात्र को मिली 1...

0
भोपाल। मध्यप्रदेश के 71वें स्थापना दिवस के अवसर पर प्रदेश की शैक्षणिक प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। भोपाल के लाल परेड मैदान में आयोजित...
poshan-tracker-pmmvy-grievance-redressal-2026

POSHAN Tracker और PMMVY की शिकायतों का होगा निपटारा, 30 अक्टूबर को देशभर में...

0
नई दिल्ली | 30 अक्टूबर 2026 | सामाजिक कल्याण समाचार केंद्र सरकार ने गर्भवती महिलाओं, स्तनपान कराने वाली माताओं और पोषण सेवाओं के लाभार्थियों की...
anath-bachchon-ke-liye-sarkari-yojana-2026

अनाथ बच्चों के लिए सरकार की खास योजनाएँ, पढ़ाई से लेकर आर्थिक सहायता तक

0
नई दिल्ली | सरकारी योजना समाचार देश में ऐसे कई बच्चे हैं, जिन्होंने अपने माता-पिता को खो दिया है या जिनके पास देखभाल करने वाला...
Government welfare schemes have improved the living standards of 22 crore people

सरकारी कल्याण योजनाओं से 22 करोड़ लोगों के जीवन स्तर में सुधार, MoSPI के...

0
नई दिल्ली। भारत में सरकारी सामाजिक कल्याण योजनाओं के माध्यम से गरीब और जरूरतमंद परिवारों को मिलने वाली मुफ्त या रियायती वस्तुओं से उनके...