मुंबई पुलिस को आया धमकी भरा कॉल, कहा- ताज होटल में बम फटेगा, आरोपी गिरफ्तार

Mumbai Police received

 

मुंबई पुलिस को धमकी भरे कॉल आने का सिलसिला थमा नहीं है। होटल ताज में बम होने की अफवाह फैलाने वाले एक शख्स को पुलिस ने अरेस्ट कर लिया। पुलिस ने बताया कि धर्मपाल सिंह (36 साल) ने मुंबई फायर ब्रिगेड कंट्रोल रूम किया और कहा कि ताज होटल में बम रखने जा रहा हूं। पुलिस ने ताज होटल की जांच तो कुछ नहीं मिला। आरोपी को गिरफ्तार कर कोलाबा पुलिस ने आईपीसी की धारा 506 (2) के तहत मामला दर्ज किया है।

मुंबई पुलिस को आया कॉल

जानकारी के अनुसार, 14 अक्टूबर को रात करीब 8.30 बजे धर्मपाल सिंह ने मुंबई फायर ब्रिगेड कंट्रोल को फोन किया। बताया कि ताज होटल में बम रखा है। धर्मपाल ने कहा कि होटल में बम फटेगा। इसके बाद फायर ब्रिगेड ने तुरंत मुंबई पुलिस को सूचना दी। पुलि, और बम खोजी दस्ते ताज होटल में पहुंचे। पुलिस ने होटल की तलाशी ली, लेकिन कुछ नहीं मिला। इसके बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी। इस मामले में धर्मपाल को गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ मामला दर्ज किया।

पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया

धर्मपाल सिंह नई दिल्ली के लक्ष्मी नगर इलाके का रहने वाला है। एक गुमनाम कॉल आने के बाद पुलिस ने नंबर की जांच की। पता चला कि फायर ब्रिगेड कंट्रोल को कॉल करने से पहले धर्मपाल ने मुंबई पुलिस कंट्रोल को भी कॉल किया था। इस संबंध में पुलिस जांच कर रही है।

Congress 144 candidate list मध्यप्रदेश कांग्रेस की सूची जारी, 39 टिकट ओबीसी वर्ग, अनुसूचित जाति को 22 और अनुसूचित जनजाति को 30 टिकट

मप्र में कांग्रेस ने मैदान में उतार अपने 144 खिलाड़ी अब बस 86 खिलाड़ियों को और उतारना बाकि !

मप्र में कांग्रेस ने चाहे सूची बीजेपी की अपेक्षा देरी से जारी कि पर सूची में दम है । कांग्रेस ने अपने 144 प्रत्याशियों कि सूची जारी की है जिसमें उन्होंने 65 टिकट 50 साल से कम उम्र के प्रत्याशियों को दिए है । वही 39 टिकट ओबीसी वर्ग को दिए गए है । अनुसूचित जाति को 22 और अनुसूचित जनजाति को 30 टिकट दिए गए है । इस सूचित में 69 विधायकों पर फिर विश्वास जताया गया है । इसी सूची में 5 जैन और एक मुस्लिम को टिकट दिया है । इन 144 सीटों पर बीजेपी और कांग्रेस के बीच कड़ा मुकाबला रहने वाला है । देखना यह है कि बाजी कौन मारता है पर मप्र में कांग्रेस पहले से ज्यादा मजबूत होती हुई दिख रही है ।

शारदीय नवरात्र कल से, विधि से करें घट स्थापना, पूजा सामग्री

Shardiya Navratri from tomorrow,

 

हर साल दो नवरात्र मनाए जाते हैं। पहला नवरात्र चैत्र माह में आता है, जिसे चैत्र नवरात्र कहा जाता है। दूसरा नवरात्र आश्विन माह में मनाया जाता है, जिसे शारदीय नवरात्र कहतें हैं। इस साल शारदीय नवरात्र 15 अक्टूबर, रविवार से शुरू हो रही है। नवरात्र के पहले दिन घट स्थापना के बाद से ही मां दुर्गा की पूजा शुरू हो जाती है। कलश स्थापना करते समय कुछ बातों और नियमों का ध्यान रखना चाहिए। नवरात्र के नौ दिनों में मां दुर्गा के नौ स्वरूपों की आराधना की जाती है। इन दिनों पूरे विधि-विधान से देवी मां की सेवा करनी चाहिए।

 

घट स्थापना शुभ मुहूर्त

शारदीय नवरात्र पर घट स्थापना का शुभ मुहूर्त सुबह 06 बजकर 21 मिनट से सुबह 10.12 बजे तक रहेगा। घट स्थापना का अभिजीत मुहूर्त सुबह 11.44 बजे से 12.30 बजे तक रहेगा।

घट स्थापना सामग्री लिस्ट

कलश (मिट्टी, सोना, चांदी या तांबा), मौली, आम के पत्ते की टहनी, रोली, गंगा जल, सिक्का, गेहूं या अक्षत (अखंडित चावल)।
ज्वार बोने के लिए मिट्टी का बर्तन, साफ मिट्टी, गेहूं या जौ, साफ कपड़ा, पानी और कलावा।
अखंड ज्योत के लिए पीतल या मिट्टी का दीपक, घी, रुई की बाती, रोली और अक्षत।

कलश स्थापना विधि

मान्यता है कि शुभ मुहूर्त में विधि-विधान से कलश स्थापना करने से व्यक्ति के घर-परिवार में सुख-समृद्धि बनी रहती है। घट स्थापना मिट्टी, सोने, चांदी या तांबे के कलश से भी की जा सकती है। घट स्थापना के लिए कलश लोहे या स्टील का नहीं होना चाहिए। जहां कलश स्थापित करें, वहां पहले से ही साफ-सफाई का ध्यान रखें। उस स्थान पर गंगाजल छिड़कें। फिर उस स्थान पर हल्दी से अष्टदल बनाएं। कलश में शुद्ध जल लें, उसमें हल्दी, अक्षत, लौंग, सिक्के, इलायची, पान के पत्ते और फूल डालें। रोली से कलश पर स्वास्तिक बनाएं। कलश स्थापित करते समय मां भगवती का आह्वान करें।

एमबीडी सुधार प्रक्रिया विकासशील देशों के लिए जरूरी – सीतारमण

MBD reform process

 

माराकेच (मोरक्को) 14 अक्टूबर | वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने आज कहा कि § जी20 विचार-विमर्श से निकलने वाली बहुस्तरीय विकास बैंक (एमडीबी) सुधार प्रक्रिया उन्हें विकासशील देशों में निवेश को अधिकतम करने का एक अनूठा अवसर प्रदान करेगी, जिसमें निजी क्षेत्र के साथ सह-निवेश बढ़ाना भी शामिल है। श्रीमती सीतारमण अंतराष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) और विश्व बैंक की वार्षिक बैठक के इजर यहां भारतीय उद्योग परिसंघ (सीआईआई) द्वारा आयोजित गोलमेज सम्मेलन को संबोधित करते हुये कहा कि §भारत की जी20 अध्यक्षता के दौरान समावेशिता और सर्वसम्मति से अफ्रीकी संघ को जी20 में स्वीकार करना, हरित विकास संधि को अपनाना, बेहतर, बड़े और अधिक प्रभावी बहुस्तरीय विकास बैंकों (एमडीबी) के लिए सुधारों को आगे बढ़ाने की प्रतिबद्धता और बैठक करना शामिल था। सतत विकास लक्ष्यों (एसडीजी) की प्रगति में तेजी लाने की तत्काल आवश्यकता पर सदस्य देशों का ध्यान आकर्षित किया गया। एसडीजी के वित्तपोषण और 2030 तक एसडीजी लक्ष्यों को पूरा करने के लिए सार्वजनिक संस्थानों के साथ हाथ मिलाने की वकालत करते हुये उन्होंने कहा कि §दिल्ली घोषणा में, इस बात पर प्रकाश डाला गया कि एसडीजी पर वैश्विक प्रगति सुस्त है और केवल 12 प्रतिशत लक्ष्य ही अबतक हासिल किया जा सका है।

भारत ने अपनी अध्यक्षता में सभी जी20 सदस्यों से सामूहिक रूप से 2030 एजेंडा को पूरी तरह और प्रभावी ढंग से लागू करने और समयबद्ध तरीके से एसडीजी की दिशा में प्रगति में तेजी लाने का संकल्प लेने का आह्वान किया है।

आप के 50 प्रत्याशी फाइनल, नवरात्र में जारी हो सकती है सूची

AAP's 50 candidates final,

 

सभी 230 सीटों पर पार्टी लड़ेगी चुनाव

भोपाल। विधानसभा चुनाव के लिए आम आदमी पार्टी (आप) ने 50 सीटों के लिए प्रत्याशी फाइनल कर लिए हैं लेकिन लेकिन पितृपक्ष के चलते अभी सूची रोके रखी है। जानकारी के अनुसार नवरात्र के पहले या दूसरे दिन प्रत्याशियों की सूची घोषित करने की तैयारी है।

पार्टी की प्रदेश अध्यक्ष रानी अग्रवाल का कहना है कि पार्टी सभी 230 विधानसभा सीटों पर प्रत्याशी उतारेगी। पितृपक्ष की वजह से प्रत्याशियों की सूची जारी करने में विलंब हुआ है। प्रत्याशियों की घोषणा के बाद स्टार प्रचारकों का दौरा भी निर्धारित किया जाएगा। पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक एवं दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की भोपाल में बड़ी जनसभा कराने की तैयारी है।

आप ने घोषित किए हैं 38 प्रत्याशियों के नाम

बता दें कि आप ने अभी तक दो सूची में 38 प्रत्याशियों के नाम घोषित किए हैं। बसपा और सपा के भी प्रत्याशी जल्द होंगे घोषित बहुजन समाज पार्टी और समाजवादी पार्टी ने भी लगभग सौ-सौ प्रत्याशियों के नाम तय कर लिए हैं, लेकिन सार्वजनिक नहीं किए गए है। माना जा रहा है कि इन दोनों पार्टियों को भी कांग्रेस की सूची का इंतजार है, जो दो से तीन दिन में जारी होने की उम्मीद है। हालांकि आप के साथ ही सपा और बसपा के पदाधिकारियों का भी कहना है कि उम्मीदवार नवरात्र में ही उनके नाम घोषित करने की मांग कर रहे हैं। इस कारण पूरी तैयारी होने के बाद भी घोषणा नहीं की गई है।

निष्पक्ष, स्वच्छ, और शांतिपूर्वक मतदान के लिए सभी आवश्यक तैयारी करने के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी अनुपम राजन के निर्देश

Instructions of Chief Electoral Officer

 

भोपाल, 14 अक्टूबर | भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी मध्यप्रदेश अनुपम राजन ने सागर संभाग में आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की। निवाड़ी जिले के ओरछा में हुई समीक्षा बैठक में संभाग के सभी जिलों के कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक उपस्थित थे। बैठक में विधानसभा चुनाव-2023 की तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की गई।

बैठक में निर्देशित किया गया कि निर्वाचन प्रक्रिया में ई-चालान का उपयोग कराएं। मतदान कर्मियों को ईवीएम, वीवीपेट का अधिक से अधिक प्रशिक्षण दिलाया जाए। निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान सख्ती के साथ आदर्श आचार संहिता का पालन सुनिश्चित कराएं। शांतिपूर्वक चुनाव के लिए सुरक्षा के दो प्लान तैयार करें। डाक मतदान वाले पात्र व्यक्तियों को डाक मतदान करने की जानकारी समय सीमा में प्रदान की जाए। मतदाता सूची में डुप्लीकेशन न हो।

बैठक में बताया गया कि सागर संभाग में सात हजार से ज्यादा मतदान केंद्रों पर साठ लाख से अधिक मतदाता मतदान करेंगे। मृत लोगों के नाम सूची में न रहें, इस बात का विशेष ध्यान रखें। जिन मतदाताओं के नाम सूची में जोड़े गए हों, उनके ईपिक कार्ड वितरित किए जाएं। सभी रिटर्निंग आफिसर अपने क्षेत्र के मतदान केंद्रों का भ्रमण कर लें और मतदान केंद्रों पर सभी बुनियादी सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करें। निर्देशित किया गया कि जिन मतदान केंद्रों में 1500 से अधिक मतदाता हैं, ऐसे मतदान केंद्रों को मतदाता की सुविधा के लिए दो भागों में बाँटा जाए। नया मतदान केंद्र उसी परिसर में या निकटवर्ती भवन में बनाया जाए।

अनुपम राजन ने निर्देश दिए कि तत्काल अन्तर्राज्यीय एवं अंतर जिला नाका प्रारंभ करें, जिससे कार्रवाई प्रारंभ की जा सके। चुनाव कार्य में लगने वाले कर्मचारियों, 80 वर्ष से अधिक की आयु के वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांगजनों एवं कोविड से अत्यधिक पीड़ित रहे व्यक्तियों के लिए बैलेट की तैयारी अच्छी तरह से की जाये। बीएलओ को भी पता होना चाहिए कि किन मतदाताओं को पोस्टल बैलेट की सुविधा दी जाना है। सोशल मीडिया पर विशेष निगरानी रखी जाए, जिससे कोई भी व्यक्ति साम्प्रदायिक पोस्ट या रि-पोस्ट कर माहौल बिगाड़ने का काम न कर सके। कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों पर प्रतिबंधात्मक और जिला बदर की कार्यवाही की जाये। चुनाव को प्रभावित करने वाली सामग्री की रोकथाम के लिए जिले और राज्य की सीमाओं में नाका स्थापित कर वाहनों की सख्ती से जांच की जाये। मदिरा के अवैध निर्माण और परिवहन पर सख्त कार्यवाही की जाये। फ्लाइंग स्कॉड और एसएसटी द्वारा मुस्तैदी से काम किया जाये।

चुनाव संबंधी शिकायतों के लिए बनाए गये सी-विजिल मोबाइल एप का व्यापक प्रचार किया जाए। वल्नरेबल क्षेत्र के मतदान केंद्रों में सुरक्षा के इंतजाम करने के साथ ही मतदाता जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिये गए।

अनुपम राजन ने सागर जिले में चांदी एवं धनराशि जब्ती की कार्रवाई की सराहना की एवं कहा कि सभी जिले इस तरह की कार्रवाई करे।इसी प्रकार सागर के स्वीप प्लान के तहत की जा रही गतिविधियों की भी उन्होंने सराहना की। स्वीप की गतिविधियों का एक वीडियो कलेक्टर सागर श्री दीपक आर्य ने बैठक में प्रदर्शित किया।

बैठक में संयुक्त मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी राकेश सिंह, संयुक्त मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी रुचिका चौहान, पुलिस महानिरीक्षक, कानून व्यवस्था एवं सुरक्षा मध्यप्रदेश तथा राज्य पुलिस नोडल अधिकारी अनुराग सहित संभागायुक्त डॉ. वीरेंद्र सिंह रावत, आईजी प्रमोद वर्मा, डीआईजी सुनील कुमार जैन, शामिल सभी कलेक्टर और पुलिस अधीक्षकों द्वारा अपने-अपने जिले में निर्वाचन के लिए की गई तैयारियों की जानकारी दी गई।

भारत 2036 के ओलंपिक की मेजबानी का करेगा दावा – प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी

India will stake claim to host the 2036

 

मुंबई, 14 अक्टूबर | प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को कहा कि भारत 2036 का ओलंपिक अपनी धरती पर कराना चाहता है और देश पूरी कोशिश करेगा कि उसे इसकी मेजबानी का अवसर मिले। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति (आईओसी) के 141 वें अधिवेशन का उद्घाटन करते हुए कहा ,“ भारत अपनी धरती पर ओलंपिक खेलों का आयोजन कराने के लिए बहुत उत्साहित है। साल 2036 में भारत में ओलंपिक का सफल आयोजन हो, इसके लिए भारत अपने प्रयासों में कोई कमी नहीं रखेगा। ”

मुंबई के जियो इंटरनेशनल कन्वेंशन सेंटर में आईओसी का यह अधिवेशन 40 साल बाद भारत में आयोजित किया गया है। श्री मोदी ने प्रतिनिधियों का देश की 140 करोड़ जनता की ओर से स्वागत करते हुए कहा कि यह देश के लिए बड़े गौरव की बात है। आईओसी के अध्यक्ष थामन बाख की प्रस्तुति के बाद श्री मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि आईओसी का यह 141वां सत्र भारत में होना बहुत खास है। उन्होंने कहा कि खेलकूद भारत में हमारी जीवनशैली और संस्कृति का महत्वपूर्ण हिस्सा रहा है। भारत के गांवों में जायें ताे पायेंगे कि बिना खेलकूद के हमारा हर उत्सव अधूरा है। उन्होंने कहा कि पिछले ओलंपिक में कई भारतीय एथलीटों ने बेहतरीन प्रदर्शन किये थे। हाल में संपन्न हुए एशियाई खेलों में भारत ने ऐतिहासिक प्रदर्शन किया। इससे पहले विश्वविद्यालय खेलकूद टूर्नामेंट में भी हमारे युवा एथलीटों ने नये रिकॉर्ड बनाये। प्रधानमंत्री ने कहा,“ हम खेलों को केवल खेलते ही नहीं बल्कि खेलों को जिन्दगी की तरह जीते हैं। सिंधु घाटी की सभ्यता या वैदिक सभ्यता हो, खेलों के प्रति हमारा दृष्टिकोण प्राचीन काल से हमारी सभ्यता में झलकता है।” उन्होंने कहा , “ खेलकूद केवल प्रतिस्पर्धा ही नहीं होता बल्कि यह मानवता को अपने विस्तार का अवसर देता है। रिकॉर्ड कोई भी तोड़े, पूरी दुनिया उसका स्वागत करती है। खेलकूद में किसी की हार नहीं होती। इसमें सिर्फ विजेता और (विजय से ) सीख लेने वाले होते हैं। खेलकूद की भाषा शाश्वत है, खेल की भावना भी शाश्वत है। ” इससे पहले आईओसी के अध्यक्ष श्री बाख ने अपने संबोधन में 2024 के पेरिस ओलंपिक को ‘शांति , बातचीत और आशा का ओलंपिक’ के रूप में सफल बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पेरिस ओलंपिक अभियान के लिए तीर्थ है, यह ओलंपिक के संस्थापक पियरे डे कोबेर्टिन की जन्मभूमि है। पेरिस जीवन का शहर है, पेरिस प्रकाश का शहर है। उन्होंने कहा कि ओलंपिक में एकता की महान शक्ति है। द्वंद और टकराव भरे आज के विश्व में हमें पेरिस ओलंपिक को भविष्य में अपनी आस्था का ओलंपिक के रूप में बनाने का प्रयास करना चाहिए।

बोलती फिल्मों के जनक आर्देशिर ईरानी

Ardeshir Irani, father of talking films

 

पुण्यतिथि 14 अक्टूबर के अवसर पर

मुंबई, 14 अक्टूबर | भारतीय सिनेमा के पितामह आर्देशिर ईरानी से फिल्मों से जुड़ी कोई भी विधा अछूती नहीं रही। उन्होंने केवल फिल्म निर्माण की प्रतिभा से ही नहीं बल्कि निर्देशन, अभिनय, लेखन, फिल्म वितरण और छायांकन से भी सिने प्रेमियों को अपना दीवाना बनाया।

आर्देशिर ईरानी का जन्म 05 दिसंबर 1886 महाराष्ट्र के पुणे में में हुआ था। आर्देशिर ईरानी ने प्रारंभिक शिक्षा के बाद मुंबई के जे.जे.आर्ट स्कूल में कला का अध्ययन किया। इसके बाद वह बतौर अध्यापक काम करने लगे। बाद में उन्होंने केरोसीन इंस्पेक्टर के रूप में भी कुछ दिन काम किया। यह नौकरी छोड़कर वह पिता के वाद्य यंत्रों के व्यवसाय में हाथ बंटाने लगे।इस सिलेसिले में उनका संपर्क कई विदेशी कंपनियों से हुआ और जल्द ही वह विदेशी फिल्मों का आयात करके उन्हें प्रदर्शित करने लगे। इसी दौरान उनके काम से खुश होकर अमेरिकी यूनीवर्सल कंपनी ने उन्हें पश्चिम भारत में अपना वितरक नियुक्त किया। कुछ समय के बाद ईरानी ने महसूस किया कि फिल्मी दुनिया में जगह बनाने के लिये खुद का स्टूडियो होना चाहिये।

वर्ष 1914 में उन्होंने अब्दुल अली और युसूफ अली के सहयोग से मैजेस्टिक और अलेक्जेंडर थियेटर खरीदे। वर्ष 1920 में उन्होंने अपनी पहली मूक फिल्म’ नल दमयंती’ का निर्माण किया। इसी दौरान उनकी मुलाकात दादा साहब फाल्के की कंपनी ‘हिंदुस्तान फिल्म्स’ के पूर्व प्रबंधक भोगी लाल दवे से हुयी। उन्होंने फिर उनके साथ मिलकर ‘स्टार फिल्म्स’ की स्थापना की।स्टार फिल्म्स के बैनर तले सबसे पहले उन्होंने फिल्म ‘वीर अभिमन्यु’ का निर्माण किया। फिल्म के निर्माण में उस जमाने में लगभग 10000 रुपये खर्च हुये। स्टार फिल्म्स के बैनर तले 17 फिल्मों का निर्माण करने के बाद आर्देशिर ईरानी और भोगीलाल दवे ने एक साथ काम करना बंद कर दिया।

इजरायल- हमास युद्ध:अब तक 3500 से अधिक लोग मारे गये, 12000 से अधिक घायल

Israel-Hamas war: More than 3500

 

फिलिस्तीनी स्वास्थ्य मंत्रालय ने शनिवार को कहा कि गाजा पट्टी में इजरायली हमलों में मरने वालों की संख्या 2,200 से अधिक हो गई है, जबकि 8,700 से अधिक लोग घायल हुए हैं। हमास के हमलों से इजरायल में 1300 लोगों की मौत हो गयी तथा करीब 3400 अन्य घायल हो गए हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय ने सोशल मीडिया पर कहा,“इजरायल के आक्रमण से मरने वालों की संख्या 2,215 तक पहुंच गई है और 8,714 लोग घायल हुए हैं।”

गत सात अक्टूबर को, फिलिस्तीनी आंदोलन हमास ने गाजा पट्टी से इजरायल के खिलाफ एक आश्चर्यजनक बड़े पैमाने पर रॉकेट हमला किया, जिससे इजरायल को अगले दिन युद्ध की स्थिति घोषित करने और जवाबी हमले शुरू करने के लिए मजबूर होना पड़ा। नौ अक्टूबर को, इज़राइल ने 20 लाख से अधिक लोगों के घर गाजा पट्टी की पूर्ण नाकाबंदी का आदेश दिया तथा साथ ही पानी, भोजन और ईंधन की आपूर्ति में कटौती की। इजरायल ने तनाव बढ़ने के परिणामस्वरूप 1,000 से अधिक लोगों की मौत की सूचना दी है। हमास आंदोलन की सैन्य शाखा ने शनिवार को कहा कि उसने तेल अवीव की ओर रॉकेट दागे। सैन्य विंग ने एक बयान में कहा,“अल-कसम ब्रिगेड नागरिकों के निष्कासन और गोलाबारी के जवाब में तेल अवीव पर रॉकेट दाग रहे हैं।” इजरायल रक्षा बल (आईडीएफ) ने आज कहा कि उसने लेबनान से देश की सीमा के भीतर घुसपैठ की कोशिश कर रहे एक आतंकवादी समूह को मार गिराया है।

आईडीएफ ने कहा, “थोड़ी देर पहले सैनिकों ने एक आतंकवादी सेल की पहचान की जिसने लेबनान से इजरायली क्षेत्र में घुसपैठ करने का प्रयास किया था।आईडीएफ यूएवी ने आतंकवादी सेल को निशाना बनाया और कई आतंकवादियों को ढेर कर दिया।” इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने कहा है कि उनका देश हमास को नष्ट कर देगा, चाहे इसमें कितना भी समय लगे और युद्ध को अंजाम तक पहुंचाकर रहेगा। नेतन्याहू ने शुक्रवार की रात अपने संबोधन में कहा, “यह तो बस शुरुआत है। हमारे दुश्मनों को भारी कीमत चुकानी पड़ेगी और इसकी शुरुआत हो गयी है। मैं इससे अधिक कुछ नहीं कहूंगा। यह तो बस शुरुआत है।”इजरायल संसद में विपक्ष के प्रमुख नेता येयर लैपिड ने शबात के दौरान अपने संबोधन में इजरायलियों पर चिंता जातते हुए कोई नई जानकारी नहीं देने के लिए नेतन्याहू पर हमला किया। लैपिड ने आरोप लगाया, “इजरायल के प्रधानमंत्री शुक्रवार रात को एक असामान्य बयान देकर पूरे देश को कैसे उन्माद में डाल सकते हैं। जिसमें बंधकों, उत्तर की ओर से निकासी पर कुछ नहीं बोला जाएगा ।” उन्होंने कहा कि एक प्रधानमंत्री को तब तक ऐसे बयान नहीं देने चाहिए जब तक कि उनके पास नई पुष्ट जानकारी न हो। नेतन्याहू ने अपने संबोधन पर इस बात पर भी जोर दिया कि अमेरिकी विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन के साथ बातचीत के माध्यम से इजरायल में अमेरिकी आपूर्ति के साथ ‘लड़ाई जारी रखना सुनिश्चित कर रहा है।’ इसबीच इजरायली सेना और हमास की झड़प में शुक्रवार को वेस्ट बैंक में कम से कम 14 फिलिस्तीनियों की मौत हो गई। रामल्लाह स्थित फिलिस्तीनी स्वास्थ्य मंत्रालय ने आज यह जानकारी दी। फिलिस्तीनी सुरक्षा सूत्रों ने बताया कि फ़िलिस्तीनी इस्लामी प्रतिरोध आंदोलन (हमास) और इज़राइल के बीच हिंसा के नए दौर के सातवें दिन नब्लस, तुल्कर्म, हेब्रोन और अन्य वेस्ट बैंक शहरों में झड़पें हुईं।

मंत्रालय ने कहा कि तुल्कर्म शहर में कम से कम पांच फिलिस्तीनियों की मौत हो गयी है। इज़रायली मीडिया ने कहा कि पुलिस अधिकारियों ने कम से कम चार फिलिस्तीनियों की गोली मारकर हत्या कर दी, जिन्होंने तुल्कर्म के पास वेस्ट बैंक सुरक्षा अवरोध को तोड़ने के लिए विस्फोटक उपकरण लगाए हुए थे। इस बीच, गाजा पट्टी में फिलिस्तीनियों के साथ एकजुटता दिखाने और गाजा में चल रहे इजरायली सैन्य अभियान की निंदा करने के लिए वेस्ट बैंक के शहरों में बड़ी संख्या में लोग सड़कों पर उतर आए। अमेरिका के वाशिंगटन में फिलिस्तीन-इजरायल संघर्ष के बीच दोनों पक्षों के समर्थकों ने उनके समर्थन में रैलियां आयोजित की गईं। दोनों पक्षाें के विरोध प्रदर्शनों में करीब कई सौ लोग शामिल थे। इजरायल समर्थकों ने व्हाइट हाउस (फ्रीडम प्लाजा) के पास विरोध प्रदर्शन किया। जबकि फिलीस्तीन समर्थकों ने वाशिंगटन पोस्ट बिल्डिंग के पास विरोध प्रदर्शन किया। पुलिस ने कोई हस्तक्षेप नहीं किया। फिलिस्तीन समर्थक रैलियां न केवल अमेरिकी राजधानी में हुईं बल्कि इसी तरह की रैलियां शिकागो, न्यूयॉर्क और पोर्टलैंड में भी निकाली गयी हैं। लेबनान के प्रधानमंत्री नजीब मिकाती ने फ़िलिस्तीनी इस्लामी प्रतिरोध आंदोलन (हमास) और इजरायल के बीच बढ़ते संघर्ष और इजरायल के साथ बढ़ते सीमा तनाव के मध्य लेबनान को युद्ध में उतरने से रोकने के लिए हर संभव प्रयास करने का आश्वासन दिया है। मिकाती ने एक साक्षात्कार में यह संकेत देते हुए कि हिजबुल्लाह अपना निर्णय ले सकता है। उन्होंने कहा कि किसी ने उनसे वादा नहीं किया था कि युद्ध नहीं होगा क्योंकि हालात लगातार बदल रहे हैं। उन्होंने कहा कि युद्ध में जाने या शांति बनाए रखने का निर्णय सरकार द्वारा नहीं किया जाता है। उन्होंने यह इशारा किया कि हिजबुल्लाह एक सशस्त्र लेबनानी सैन्य समूह है जिसने पिछले सप्ताह इज़राइल के ऊपर गोलीबारी की थी। वह अपना निर्णय ले सकता है। उन्होंने कहा कि लेबनान में स्थिरता और सुरक्षा बनाए रखना उनकी प्राथमिकता और चिंता है। श्री मिकाती ने जोर देकर कहा कि इजरायल को हिजबुल्लाह को भड़काना बंद करना चाहिए। उन्होंने कहा कि लेबनानी सेना क्षेत्र में स्थिरता बनाए रखने के प्रयास में दक्षिणी लेबनान में अग्रिम पंक्ति में खड़ी है। गौरतलब है कि सात अक्टूबर की सुबह हमास द्वारा इजरायली शहरों पर किए गए हमले के समर्थन में हिजबुल्लाह द्वारा उसके अगले दिन यानी आठ अक्टूबर को शेबा फार्म्स में सैन्य स्थलों की ओर कई मिसाइलें दागी थी। जिस के बाद लेबनानी-इजरायल सीमा पर तनाव बढ़ गया है। इजरायल ने शुक्रवार को दक्षिणी लेबनान के अल-धाहिरा, अल्मा अल-शाब और यारिन शहरों के आसपास के क्षेत्र पर बमबारी करके अपना हमला तेज कर दिया। इसमें रॉयटर्स के लिए काम करने वाले एक लेबनानी फोटोग्राफर की मौत हो गई और छह अन्य पत्रकार घायल हो गए थे। इसबीच युद्धग्रस्त इलाकों में फंसे हुए विभिन्न देशों के लोगों का वापस लौटने का क्रम जारी है। इजरायल-हमास के युद्ध के बीच भारतीय नागरिकों का दूसरा जत्था आज सुबह इजराइल से वापस लौटा है। इसमें 235 भारतीय नागरिक दिल्ली आए हैं। ऑपरेशन अजय के तहत इन लोगों की भारत वापसी हुई है। पहला जत्था शुक्रवार को भारत पहुंचा था। अब तक 447 लोगों की स्वदेश वापसी हो चुकी है। इजरायल में फंसे भारतीयों की संख्या करीब 18000 बतायी जा रही है।

चुनाव ड्यूटी में 50 प्रतिशत शिक्षक, स्कूलों में पढ़ाई हो रही प्रभावित

50 percent teachers

 

भोपाल। प्रदेश में आसन्न विधानसभा चुनाव को लेकर सीएम राइज के साथ-साथ सामान्य सरकारी स्कूलों के करीब 50 प्रतिशत शिक्षकों की ड्यूटी लगाई जा रही है। इनके चुनाव प्रशिक्षण की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। इससे स्कूलों में बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। कुछ स्कूलों ने शुक्रवार को आधे दिन का स्कूल संचालित किया तो कुछ स्कूलों ने छुट्टी कर दी थी। प्राचार्यों का कहना है कि अगर शिक्षक स्कूल में नहीं रहेंगे तो बच्चों को कौन संभालेगा।

अधूरा पाठ्यक्रम, परीक्षाएं सिर पर

वहीं सरकारी स्कूलों की चौथीं से आठवीं कक्षा की छमाही परीक्षाएं छह नवंबर से शुरू हो रही हैं। नौवीं से 12वीं तक की छमाही परीक्षाएं दिसंबर में होगी।10वीं व 12वीं की बोर्ड परीक्षा फरवरी में होगी। ऐसे में पढ़ाई प्रभावित होने से बच्चों के साथ-साथ अभिभावक भी चिंतित हैं। स्कूलों में 30 से 40 प्रतिशत पाठ्यक्रम ही पूरा हो पाया है।

आदेश भी बेअसर

गौरतलब है कि पिछले साल मई में स्कूल शिक्षा विभाग की प्रमुख सचिव रश्मि अरुण शमी ने एक आदेश जारी किया था कि सीएम राइज स्कूलों के शिक्षकों को गैर-शैक्षणिक कार्यों में नहीं लगाया जाएगा। इसके बावजूद यहां के शिक्षकों को चुनाव प्रशिक्षण में भेजा जा रहा है।

केंद्रीय विद्यालय में लगी आधे दिन कक्षाएं

केंद्रीय विद्यालय क्रमांक-1 ने शुक्रवार को आधे दिन की कक्षाएं संचालित की। स्कूल ने अभिभावकों को मैसेज भेजकर आधे दिन कक्षाएं लगाने की सूचना जारी की थी।

महात्मा गांधी सीएम राइज स्कूल के 51 शिक्षकों में से करीब 37 शिक्षकों को चुनाव प्रशिक्षण में भेजा गया था। इस कारण स्कूलों में बच्चों की छुट्टी कर दी गई थी। वहीं सीएम राइज स्कूल कमला नेहरू में भी 50 शिक्षकों में से 37 को चुनावी प्रशिक्षण में भेजा गया है। इस कारण यहां भी पढ़ाई ना के बराबर हुई।

सभी स्कूलों के शिक्षकों को चुनाव के प्रशिक्षण में भेजा जा रहा है, ताकि उनकी ड्यूटी चुनाव संपन्न कराने में लगाई जा सके।

– अंजनी कुमार त्रिपाठी, जिला शिक्षा अधिकारी

nmms-scholarship-2026-27

NMMSS Scholarship 2026-27: छात्रों को बड़ी राहत, छात्रवृत्ति आवेदन की अंतिम तारीख बढ़ी, अब...

0
नई दिल्ली। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के मेधावी विद्यार्थियों के लिए केंद्र सरकार ने बड़ी राहत दी है। शिक्षा मंत्रालय ने राष्ट्रीय साधन-सह-योग्यता...
akshara goswami

मध्यप्रदेश स्थापना दिवस पर 102 मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान, हर छात्र को मिली 1...

0
भोपाल। मध्यप्रदेश के 71वें स्थापना दिवस के अवसर पर प्रदेश की शैक्षणिक प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। भोपाल के लाल परेड मैदान में आयोजित...
poshan-tracker-pmmvy-grievance-redressal-2026

POSHAN Tracker और PMMVY की शिकायतों का होगा निपटारा, 30 अक्टूबर को देशभर में...

0
नई दिल्ली | 30 अक्टूबर 2026 | सामाजिक कल्याण समाचार केंद्र सरकार ने गर्भवती महिलाओं, स्तनपान कराने वाली माताओं और पोषण सेवाओं के लाभार्थियों की...
anath-bachchon-ke-liye-sarkari-yojana-2026

अनाथ बच्चों के लिए सरकार की खास योजनाएँ, पढ़ाई से लेकर आर्थिक सहायता तक

0
नई दिल्ली | सरकारी योजना समाचार देश में ऐसे कई बच्चे हैं, जिन्होंने अपने माता-पिता को खो दिया है या जिनके पास देखभाल करने वाला...
Government welfare schemes have improved the living standards of 22 crore people

सरकारी कल्याण योजनाओं से 22 करोड़ लोगों के जीवन स्तर में सुधार, MoSPI के...

0
नई दिल्ली। भारत में सरकारी सामाजिक कल्याण योजनाओं के माध्यम से गरीब और जरूरतमंद परिवारों को मिलने वाली मुफ्त या रियायती वस्तुओं से उनके...