CM शिवराज सिंह के साथ आज केंद्रीय मंत्री भी जन आशीर्वाद यात्रा में होंगे शामिल, जनसभा को करेंगे संबोधित

Jan Ashirwad Yatra

CM शिवराज सिंह के साथ आज केंद्रीय मंत्री भी जन आशीर्वाद यात्रा में होंगे शामिल, जनसभा को करेंगे संबोधित

भोपाल। भाजपा की जन आशीर्वाद यात्राओं में मंगलवार को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह, गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत, केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर, प्रहलाद पटेल, फग्गन सिंह कुलस्ते, लोकसभा सांसद निशिकांत दुबे, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा सहित अन्य जन-प्रतिनिधि विभिन्न स्थानों पर शामिल होंगे। वे जनसभा को संबोधित भी करेंगे।

नगरीय विकास एवं आवास मंत्री तथा जन आशीर्वाद यात्रा के प्रदेश संयोजक भूपेंद्र सिंह ने कहा है कि यात्राओं के माध्यम से प्रदेशवासियों को शासन की जन-कल्याणकारी योजनाओं और भाजपा की नीति और रीति के बारे में जानकारी दी जा रही है।

मंगलवार के कार्यक्रम

यात्रा -1 विंध्य एवं बुंदेलखंड क्षेत्र में झारखंड के सांसद दुबे शामिल होंगे। वे कोतमा, जेतहरी, जैतपुर विधानसभा क्षेत्र में यात्राओं को संबोधित करेंगे।

यात्रा -2 मुख्यमंत्री चौहान जबलपुर संभाग के बैहर में यात्रा में शामिल होंगे। केंद्रीय राज्य मंत्री कुलस्ते पूरी यात्रा में साथ रहेंगे।
यात्रा -3 मुख्यमंत्री चौहान, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष शर्मा, केंद्रीय मंत्री ठाकुर और पटेल इंदौर संभाग में जन आशीर्वाद यात्रा में शामिल होंगे।

यात्रा -4 केंद्रीय मंत्री ठाकुर उज्जैन संभाग में जन आशीर्वाद यात्रा का नेतृत्व करेंगे।

यात्रा -5 : गोवा के मुख्यमंत्री सावंत, गृह मंत्री डा. नरोत्तम मिश्रा, राष्ट्रीय महामंत्री कैलाश विजयवर्गीय और दिल्ली सांसद प्रवेश वर्मा ग्वालियर-चंबल संभाग में जन आशीर्वाद यात्रा में शामिल होंगे।

मारुति की सबसे ज्यादा बिकने वाली कारों पर सबसे तगड़ा डिस्काउंट, करें 62,000 रुपए तक की बचत…

Biggest discount on Maruti's

 

ऑटो डेस्क. फेस्टिवल सीजन शुरू होने वाला है. ऐसे में कई कंपनियां अपनी कारों पर फ्री फेस्टिवल सेल शुरू कर चुकी हैं. इसमें देश की सबसे बड़ी कंपनी मारुति सुजुकी का भी नाम है. मारुति इस महीने अपनी नेक्सा डीलरशिप पर बिकने वाली कारों पर 54 हजार रुपए तक का डिस्काउंट दे रही है. कंपनी बलेनो, इग्निस और सियाज पर भारी डिस्काउंट ऑफर कर रही है. अगर आप बलेनो, इग्निस या सियाज में किसी एक कार को खरीदने का प्लान बना रहे हैं, तो फिर आपको डिस्काउंट को जान लीजिए.

मारुति एस-प्रेसो

इस कार पर सितंबर में 62,000 रुपये तक डिस्काउंट हासिल किया जा सकता है. यह डिस्काउंट कार के मैन्युअल गियरबॉक्स मॉडल पर मिल रहा है. इस कार के AMT मॉडल पर 37,000 रुपये का डिस्काउंट इस महीने मिलेगा.

मारुति सुजुकी सेलेरियो

सितंबर 2023 के लिए मारुति सुजुकी, सेलेरियो के पेट्रोल-मैनुअल और सीएनजी दोनों वेरिएंट पर 62,000 रुपये तक की छूट दे रही है. इसका 1.0-लीटर पेट्रोल इंजन 5-स्पीड मैनुअल या AMT गियरबॉक्स के साथ 67hp की पॉवर जेनरेट करता है. हालाँकि, AMT वेरिएंट्स पर 47,000 रुपये तक का डिस्काउंट मिल रहा है.

मारुति सुजुकी ऑल्टो के-10

इस कार के पेट्रोल वेरिएंट पर कंपनी 35,000 रुपए तक का डिस्काउंट ऑफर कर रही है. वहीं इसके सीएनजी वेरिएंट पर 32,000 रुपए तक का डिस्काउंट दिया जा रहा है.

मारुति सुजुकी स्विफ्ट

कंपनी अपनी इस हैचबैक के बेस वेरिएंट पर 35,000 रुपए का डिस्काउंट ऑफर कर रही है. वहीं इसके टॉप वेरिएंट पर केवल 25,000 रुपए का डिस्काउंट लिया जा सकता है.

मारुति सुजुकी इग्निस

मारुति सुजुकी इग्निस पर सबसे बड़ा ऑफर दे रही है. इस पर 35,000 रुपए का कैश डिस्काउंट, 15,000 रुपए का एक्सचेंज बोनस और 4000 रुपए का कॉर्पोरेट डिस्काउंट शामिल है. इस कार पर कुल 54,000 रुपए का फायदा मिलेगा. यह ऑफर इग्निस के मैनुअल के साथ-साथ AGS वैरिएंट पर भी मिलेगा है.

मारुति सुजुकी बलेनो

कंपनी अपनी सबसे ज्यादा बिकने वाली बलेनो पर भी 40,000 रुपए तक का डिस्काउंट ऑफर कर रही है. कंपनी इस पर 20,000 का कैश डिस्काउंट और 10,000 का एक्सचेंज बोनस दे रही है. इस कार पर कॉर्पोरेट डिस्काउंट नहीं मिलेगा. कंपनी जेटा और अल्फा (MT+AGS) ट्रिम्स पर 35,000 रुपए की छूट मिल रही है. यह ऑफर सभी सीएनजी ट्रिम्स पर भी लागू हैं. दूसरी ओर सिग्मा (MT) और डेल्टा (MT+AGS) पर 40,000 रुपए तक का ऑफर मिलेगा.

मारुति सुजुकी सियाज

कंपनी अपनी लग्जरी सेडान सियाज पर 38,000 रुपए तक की छूट दे रही है. इसमें 25000 एक्सचेंज बोनस के साथ 3,000 का कॉर्पोरेट डिस्काउंट दे रही है. हालांकि, कंपनी इस पर कैश डिस्काउंट नहीं दे रही है.

अतिथि विद्वान का मासिक वेतन 50 हजार रुपए तक होगा- मुख्यमंत्री शिवराज सिंह

guest scholar will be up to Rs 50 thousand

 

अतिथि विद्वान व्याख्याताओं के लिए पीएससी में 25 प्रतिशत पद आरक्षित

भोपाल , 11 सितम्बर | सभी शासकीय महाविद्यालयों में कार्यरत अतिथि विद्वान को कार्य दिवस की बजाय मासिक वेतन दिया जाएगा और वह 50 हजार रुपए तक होगा। तकनीकी शिक्षा के अतिथि विद्वान इसमें शामिल होंगे। अतिथि विद्वानों को शासकीय सेवकों के समान अवकाश की सुविधा मिलेगी। अतिथि प्रवक्ताओं का मानदेय भी 20 हजार रुपये किया जाएगा

एक अकादमिक सत्र में अपने महाविद्यालय के स्थान पर अतिथि विद्वानों को उनके आसपास के महाविद्यालय, जहां वे चाहेंगे, में स्थानांतरण की सुविधा भी दी जाएगी। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने आज यहां अतिथि विद्वानों और अतिथि व्याख्याताओं की पंचायत को संबोधित करते हुए ये घोषणाएं की। उन्होने कहा कि अतिथि विद्वानों और अतिथि व्याख्याताओं के जीवन की अनिश्चितता को समाप्त करने के लिए राज्य शासन ने ये महत्वपूर्ण निर्णय लिए हैं।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने कहा कि ऐसी व्यवस्था बनाई जाएगी कि फॉलेन आउट की नौबत न आए। अतिथि विद्वान व्याख्याताओं के लिए पीएससी की परीक्षा में संशोधित कर 25 प्रतिशत पद आरक्षित किए जाने के लिए प्रक्रिया प्रारंभ करने के निर्देश दिए जाएंगे। अभी अतिथि विद्वानों को प्रतिवर्ष 4 और अधिकतम 20 अतिरिक्त अंक दिए जाते हैं। इसको बढ़ाकर अधिकतम 10 प्रतिशत तक अंक दिए जाएं। इसके लिए आवश्यक व्यवस्था की जाएगी।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने कहा कि अब कोई भी अतिथि विद्वान, व्याख्याता जो लगातार पढ़ाने का कार्य कर रहा है उसको बाहर नहीं किया जाएगा। आईटीआई, पॉलिटेक्निक और इंजीनियरिंग महाविद्यालय के अतिथि शिक्षक और व्याख्याता भी पात्र होंगे।

निरंतर पढ़ाने का कार्य कर रहे किसी अतिथि विद्वान और व्याख्याता को बाहर नहीं किया जाएगा। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने कहा कि मध्यप्रदेश काफी बड़ा प्रदेश है, यह देश का दिल है। प्रदेश के इन चार-साढ़े चार हजार लोगों के लिए भी हृदय में स्थान है। विभिन्न वर्गों और अलग-अलग श्रेणियों के अधिकारियों- कर्मचारियों के कल्याण के लिए समय समय पर विभिन्न प्रावधान किए गए हैं। अतिथि विद्वान और अतिथि व्याख्याता भी इसके पात्र हैं। उन्हें विद्यार्थियों के भविष्य को बेहतर बनाने का महत्वपूर्ण दायित्व दिया गया है।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने कहा कि अतिथि विद्वान और अतिथि व्याख्याता हमारे परिवार के अभिन्न अंग हैं। राज्य शासन अतिथि विद्वानों और अतिथि व्याख्याताओं को विभिन्न सुविधाएं देने के लिए प्रतिबद्ध है। अतिथि विद्वान और अतिथि व्याख्याता बेहतर शिक्षा देने में जुट जाएं।

इस अवसर पर उच्च शिक्षा मंत्री डॉ मोहन यादव, राज्य कर्मचारी कल्याण समिति के अध्यक्ष रमेश चंद्र शर्मा, सामान्य वर्ग कल्याण आयोग के अध्यक्ष शिव कुमार चौबे और मध्यप्रदेश ग्रामीण/ शहरी असंगठित कर्मकार मंडल के अध्यक्ष सुल्तान सिंह शेखावत एवं अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।

जब दौरे में दो बहनों ने किया ध्यानाकर्षण

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने बताया कि जब वे प्रदेश के विभिन्न जिलों में दौरे पर रहते हैं तो जन समस्याओं की जानकारी भी मिलती है। एक बार दौरे के समय एक महाविद्यालय के उद्घाटन के बाद दो बहनें मिलने का प्रयास कर रही थीं। सुरक्षा कर्मियों के रोके जाने के बाद भी वे अपनी बात कहने के लिए आगे बढ़ रही थीं। कार्यक्रम स्थल पर उनकी तकलीफ की जानकारी मिली। कार्यक्रम पूरा होने के बाद प्राचार्य के कक्ष में चाय पीने का अनुरोध किया गया। वहीं मैंने बहनों को बुलाकर उनसे चर्चा की। यह दोनों बहनें अतिथि व्याख्याता थीं। इनकी समस्या सुनकर संकल्प ले लिया था कि इस वर्ग की आंखों में आंसू नहीं आने दूंगा। इन दोनों बहनों के ध्यानाकर्षण किए जाने के पश्चात संबंधित विभागों को जरूरी निर्देश दिए गये हैं। आज अतिथि विद्वानों और व्याख्याताओं के लिए आवश्यक निर्णयों को लेने का संयोग हुआ है।

वन और वन्य-प्राणियों की सुरक्षा में शहीदों के परिवारों को 10 लाख से बढ़ाकर 25 लाख रुपए अनुग्रह राशि दी जाएगी

protection of forests and wild animals

 

भोपाल, 11 सितम्बर| वन और वन्य-प्राणियों की सुरक्षा में शहीद होने वाले वन विभाग के कर्मचारियों के परिवारों को दी जाने वाली अनुग्रह राशि 10 लाख से बढ़ाकर 25 लाख रुपए की जाएगी। वन विभाग के अमले को 5 हजार रुपए वर्दी भत्ता और 1000 रुपए का पौष्टिक आहार भत्ता भी दिया जाएगा। वन विभाग के महावत, कटर जैसे अल्प वेतन भोगी और अनियमित कर्मचारियों की मुख्यमंत्री निवास में बैठक बुलाकर उनकी समस्याओं के निराकरण और कल्याण एवं बेहतरी के लिए प्रयास किए जाएंगे। प्रदेश में प्रति वर्ष राष्ट्र वन शहीद दिवस उद्देश्यपूर्ण ढंग से मनाया जाएगा। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने ये घोषणाएँ आज यहाँ राष्ट्रीय वन शहीद दिवस पर राज्य वन शहीद स्मारक के लोकार्पण कार्यक्रम में की। उन्होंने चंदनपुरा नगर वन का वर्चुअली शुभारंभ भी किया।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने वन विभाग को प्रदेश में फारेस्ट कवर को बढाने में उनके योगदान के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश जंगलों की रक्षा करने वाला प्रदेश है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह नवनिर्मित वन भवन में आयोजित वन महोत्सव में शामिल हुए। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने 44 शहीद वन कर्मियों के परिजनों से मिलकर उन्हें सांत्वना दी तथा शाल-श्रीफल भेंट कर उनका सम्मान किया।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह का वन मंत्री शाह ने अश्वगंधा का पौधा भेंट कर स्वागत किया। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने नगर वन चंदनपुरा, वन शहीद स्मारिका 2023, मध्यप्रदेश के समस्त नगर वन की स्मारिका और मध्यप्रदेश ईको टूरिज्म बोर्ड की गतिविधियों पर केंद्रित पुस्तिका “अनुभूति” का विमोचन किया। चंदनपुरा नगर वन पर आधारित लघु फिल्म का प्रदर्शन भी हुआ।

कार्यक्रम में वन राज्य मंत्री राहुल सिंह लोधी, अपर मुख्य सचिव वन जे.एन. कंसोटिया, प्रधान मुख्य वन संरक्षक एवं वन बल प्रमुख रमेश कुमार गुप्ता और वन अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।

पर्यावरण संरक्षण के लिए भारत के रास्ते पर चलना होगा

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने कहा कि ग्लोबल वार्मिग और क्लाइमेट चेंज के खतरे यह सिद्ध करते हैं कि पर्यावरण संरक्षण के लिए दुनिया को भारत के बताए रास्ते पर ही चलना होगा। मत्स्य-पुराण में कहा गया है कि “दस कुओं के बराबर एक बावड़ी होती है, दस बावड़ियों के बराबर एक तालाब होता है, दस तालाबों के बराबर एक पुत्र और दस पुत्रों के बराबर एक वृक्ष होता है”। भारतीय संस्कृति में वृक्ष को ईश्वर, पिता और दस पुत्रों के बराबर माना गया है। हम तुलसी, पीपल, आंवला को काटना अशुभ मानते हैं। यदि पेड़-पौधे नहीं रहेंगे तो मानव जीवन भी नहीं रहेगा।

मध्यप्रदेश ने वन सम्पदा का बखूबी संरक्षण किया

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने कहा कि मध्यप्रदेश ने वन सम्पदा का बखूबी संरक्षण किया है। देश का सबसे बड़ा वन क्षेत्र मध्यप्रदेश्में है, जो राज्य के क्षेत्रफल का 30 प्रतिशत और देश के कुल वन क्षेत्र का 12.30 प्रतिशत है। वन्य-प्राणियों की सुरक्षा में भी हम आगे हैं। मध्यप्रदेश देश का टाइगर स्टेट तो है ही यहाँ तेंदुआ, घड़ियाल, गिध्दों की संख्या भी पर्याप्त है,साथ ही चीतों का भी पुनर्स्थापन हुआ है।

वन कर्मियों की सुरक्षा के लिए सरकार प्रतिबद्ध

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने कहा कि जिन्होंने अपनी जान की बाजी लगाकर वनों की सुरक्षा की, राष्ट्र उनका ऋणी है। वन कर्मी अपने परिवार से दूर रहकर कठिन परिस्थितियों में खतरों के बीच अपने कर्तव्य निभाते हैं। उनकी सुरक्षा के लिए राज्य सरकार प्रतिबद्ध है।

वर्षा के लिए महाकाल महाराज का माना आभार

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने कहा कि प्रदेश में बारिश नहीं होने के कारण बनी अकाल की स्थिति से संकट निर्मित होता लग रहा था। इस स्थिति में महाकाल महाराज की शरण में जाकर प्रदेश में वर्षा के लिए प्रार्थना की, जिनकी कृपा से वर्षा हुई। एक सप्ताह से राज्य के हर कोने में हो रही वर्षा से फसलों को नवजीवन मिला है और हम सूखे से बच गए हैं। इस कृपा के लिए मैंने उज्जैन जाकर भगवान महाकाल का आभार माना।

वन और वन्य-प्राणियों की सुरक्षा के लिए कठोर कानून की आवश्यकता- वन मंत्री शाह

वन मंत्री कुंवर विजय शाह ने कहा कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह प्रदेश को परिवार मानकर चला रहे हैं। उनकी संवेदनशील कार्य-प्रणाली से सभी वर्गों का कल्याण हो रहा है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने प्रदेश में वन और वन्य-प्राणियों की सुरक्षा के लिए अधिक कठोर कानून बनाने की आवश्यकता बताई तथा सम्पूर्ण वन भवन, वन विभाग को उपलब्ध कराने के लिए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह का आभार माना।

वन शहीद दिवस को समर्पित है आज का पौध-रोपण- मुख्यमंत्री शिवराज सिंह

dedicated to Van Martyr's Day

 

भोपाल,11 सितम्बर | मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने प्रतिदिन पौध-रोपण के क्रम में आज मौलश्री का पौधा लगाया। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने आज का पौध-रोपण वन शहीद दिवस को समर्पित किया। उन्होंने वन भवन में राज्य वन शहीद स्मारक का लोकार्पण करने के बाद पौधा रोपा। वन मंत्री कुंवर विजय शाह, वन राज्य मंत्री राहुल सिंह लोधी तथा वन विभाग के अधिकारी उपस्थित थे। उल्लेखनीय है कि वन और वन्य जीवों के संरक्षण में बलिदान देने वाले वनकर्मियों की स्मृति में 11 सितम्बर को वन शहीद दिवस मनाया जाता है।

सराफा कारोबारी के नौकरों ने किया 70 लाख का गबन

embezzled Rs 70 lakh

 

रीवा। शहर की समान पुलिस ने सराफा कारोबारी के तीन नौकरों को गिरफ्तार किया है। वहीं एक फरार है। पुलिस का कहना है कि रीवा के व्यापारी ने यूपी के मिर्जापुर में जमीन खरीदी थी। वहां किसानों को रकम देने के लिए कार से नौकरों को भेजा। दोनों नौकर व एक चालक 70 लाख की रकम लेकर यूपी के लालगंज तक पहुंचे। पर रास्ते में नौकरों की नीयत फिसल गई। मालिक को फोन कर बोले कि हाईवे में लुटेरे पीछा कर लिए है। कहीं अनहोनी न हो जाए।

मालिक ने कहा कि लालगंज पेट्रोल पंप में गाड़ी लगा दो, मैं पुलिस भेज रहा हूं

मालिक ने कहा कि लालगंज पेट्रोल पंप में गाड़ी लगा दो। मैं पुलिस भेज रहा हूं। इसके बाद मालिक रीवा से मिर्जापुर भागा। वहां से कार और नाैकरों को लेकर आधी रात लौटे। शहर में नौकरों ने दूसरी बार चकमा दिया। शहर के समान ब्रिज में कहा कि चालक को छोड़ने जा रहे हैं। आप घर चलिए, हम अपनी कार से लौट कर आ रहे हैं। कुछ देर बाद नौकरों ने मोबाइल नंबर बंदकर लिया। तब व्यापारी ने पुलिस को सूचना दी। बड़ी रकम होने के चलते पुलिस को मालिक की बातों पर भरोसा नहीं हुआ। गबन के आरोप का क्रॉस चेक किया गया। तब पता चला कि गबन का मामला सही है। फिर पुलिस ने तीसरे दिन प्रकरण दर्ज किया। विवेचना आगे बढ़ाई तो 10 दिन में सफलता मिल गई।

27 अगस्त की हैं घटना

समान थाना प्रभारी निरीक्षक जेपी पटेल ने बताया कि फरियादी दिलीप सोनी पुत्र विश्वास सोनी 37 वर्ष निवासी अशोक नगर रानी तालाब थाना सिटी कोतवाली ने 30 अगस्त को रिपोर्ट दर्ज कराई। कहा कि 27 अगस्त से अरविन्द कुमार सोनी, मुकेश कुमार सोनी और चालक अंकित साकेत ने 70 लाख का गबन किया है। वह कार क्रमांक एमपी 17 सीबी 1912 लेकर फरार है। तब समान पुलिस ने तीनों के विरूद्ध प्रकरण कायम कर विवेचना में लिया।

रामनगर में मिली थी लोकेशन

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश में प्रधान आरक्षक शिवाजीत मिश्रा को जांच मिली। साइबर सेल से लोकेशन ट्रेस कराई तो सतना जिले के रामनगर में मिली। सीटीआर मिलने पर दबिश दी गई। वहां दो कार सहित अपने रिश्तेदार के घर में फरारी काट रहे थे। ऐसे में 9 सितंबर को छापा मार कार्रवाई में 62 लाख मिले है। वहीं 8 लाख रुपये खर्च हो गए हैं। खर्च हुई रकम काे पुलिस बरामद करने का प्रयास कर रही है।

ये हैं आरोपित

पुलिस की मानें तो अरविन्द कुमार सोनी पुत्र रघुवरशरण सोनी 33 वर्ष निवासी महसांव, मुकेश कुमार सोनी पुत्र बाबूलाल सोनी 36 वर्ष निवासी बांसा थाना गोविंदगढ़ और रमेश साकेत पुत्र रामखेलावन साकेत 37 वर्ष निवासी नई बस्ती भल्ला फार्म थाना कोलगवां जिला सतना को गिरफ्तार किया है। वहीं चालक अंकित साकेत निवासी नीम चौराहा फरार है। तीनों को पकड़कर कोर्ट में पेश किया गया है।

डायबिटीज और कोलेस्ट्रॉल समेत कई बीमारियों को कंट्रोल कर सकता है अंकुरित रागी

Sprouted Ragi

 

इन दिनों भारत सरकार रागी को बहुत बढ़ावा दे रही है और इसके बने व्यंजन सांसदों, मंत्रियों और विदेश मेहमानों को भी पसंद आ रहे हैं। बात सिर्फ स्वाद की नहीं है, दरअसल रागी यानी मडुआ, पोषक तत्वों से भरपूर अनाज है। इसके सेवन से सेहत को कई तरह के लाभ मिलते हैं। अधिकतर लोग रागी का सेवन आटे के रूप में करते हैं, लेकिन अंकुरित रागी का सेवन करना भी बहुत फायदेमंद है। रागी को अंकुरित करके खाना ज्यादा स्वास्थ्यवर्धक माना जाता है। अंकुरित होने पर इसका स्वाद मीठा हो जाता है, और पोषक तत्वों के अवशोषण में मदद मिलती है। इसके सेवन से कोलेस्ट्रॉल, मोटापा, डायबिटीज आदि कई बीमारियों को कंट्रोल किया जा सकता है।
आइये जानते हैं अंकुरित रागी के सेवन के फायदे

कोलेस्ट्रॉल पर कंट्रोल

अंकुरित रागी में अमीनो एसिड होता है, जो शरीर के कोलेस्ट्रॉल स्तर को कम करने में मदद करता है। इसमें फाइबर की अधिकता होती है, जिससे पाचन दुरुस्त रहता है और दिल की सेहत को बढ़ावा मिलता है। इसके अलावा इसके सेवन से फैटी लिवर को कम करने में भी मदद मिलती है।

पाचन तंत्र के लिए बेहतर

रागी में काफी मात्रा में फाइबर पाया जाता है। भिगोने और अंकुरित होने के बाद वसा की मात्रा कम हो जाती है। साथ ही पचने में भी आसानी होती है। अंकुरित रागी के सेवन से शरीर को प्रोटीन मिलता है, जो सरल अमीनो एसिड में बदलने में मदद करता है। इससे कब्जियत में राहत मिलती है और पेट आसानी से साफ होता है।

कंट्रोल होगा यूरिक एसिड

नियमित रूप से अंकुरित रागी के सेवन से यूरिक एसिड में कमी आती है। यह जोड़ों में दर्द और अकड़न को कम कर सकता है। साथ ही इसके सेवन से सूजन और दर्द में भी आराम मिल सकता है।

इम्यूनिटी को बढ़ावा

अंकुरित रागी में मौजूद पोषक तत्व होते हैं, जो शरीर की इम्यूनिटी को मजबूत करते हैं। इसमें मौजूद एंटी-माइक्रोबियल गुण खास तौर पर बच्चों की रोग प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ावा दे सकते हैं। ऐसे में जिन्हें अक्सर संक्रमण की शिकायत रहती है, उन्हें नियमित रुप से अंकुरित रागी का सेवन कराना चाहिए।

कंट्रोल होगा मोटापा

अंकुरित रागी का सेवन करने से वजन को कंट्रोल करने में मदद मिलती है। इसमें फाइबर, कैल्शियम, आयरन, प्रोटीन, विटामिन बी1 और बी2 भरपूर रूप से होते हैं, जो शरीर के बढ़ते वजन को घटाने में प्रभावी हैं। इस सतरह इसका नियमित सेवन मोटापा भी कंट्रोल कर सकता है।

राधा अष्टमी 23 सितंबर, शनिवार के दिन मनाई जाएगी

Radha Ashtami

 

जन्माष्टमी के 15 दिन बार राधा अष्टमी पर्व मनाया जाता है।

हर साल भाद्रपद मास के शुक्ल पक्ष की अष्टमी तिथि के दिन राधा अष्टमी का पर्व मनाया जाता है। मान्यता है कि राधा अष्टमी के दिन राधा जी की उपासना की जाती है। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के 15 दिन बार राधा अष्टमी का त्योहार बड़े ही धूमधाम से मनाया जाता है। यह पर्व राधा के जन्म के रूप में मनाया जाता है। इस बार भाद्रपद मास के शुक्ल पक्ष की अष्टमी तिथि 22 सितंबर दोपहर 01 बजकर 35 मिनट से शुरू होगी। वहीं, 23 सितंबर दोपहर 12 बजकर 27 मिनट पर यह तिथि समाप्त हो जाएगी। उदया तिथि के अनुसार, राधा अष्टमी 23 सितंबर 2023, शनिवार के दिन मनाई जाएगी।

राधा अष्टमी शुभ मुहूर्त

राधा अष्टमी के दिन मध्यान्ह पूजा का शुभ समय सुबह 10 बजकर 21 मिनट से दोपहर 12 बजकर 40 मिनट तक रहेगा। हिंदू पंचांग के अनुसार, राधा अष्टमी पर्व के दिन सौभाग्य और शोभन योग का निर्माण हो रहा है। इस दिन रवि योग भी बन रहा है। सौभाग्य योग रात्रि 09 बजकर 21 मिनट तक रहेगा, इसके बाद शोभन योग शुरू हो जाएगा। वहीं, रवि योग दोपहर 12 बजकर 56 मिनट से 24 सितंबर सुबह 05 बजकर 30 मिनट तक रहेगा। शास्त्रों के अनुसार, इन शुभ योगों में पूजा करने से विशेष फलों की प्राप्ति होती है।

राधा अष्टमी का क्या महत्व है?

बता दें कि जन्माष्टमी पर जिस तरह उपवास रखा जाता है, उसी तरह राधा अष्टमी पर भी व्रत रखने से लाभ प्राप्त होता है। इस पर्व को राधा जी के जन्म के रूप में हर्षोल्लास से मनाया जाता है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, इस दिन राधा जी की विधि-विधान से पूजा-अर्चना करने से घर में सुख-समृद्धि का आगमन होता है। इससे जातक को धन-ऐश्वर्य और सौभाग्य की प्राप्ति होती है।

शेयर बाजार में तेजी का रुख बरकरार, पहली बार 20,000 के पार हुआ निफ्टी

Nifty crosses 20,000

शेयर बाजार में शानदार तेजी देखी जा रही है। निवेशकों की जोरदार खरीदारी के चलते नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी पहली बार 20,000 के पार पहुंच गया है। निफ्टी सितंबर फ्यूचर 20,000 अंक को पार कर 20,007 पर पहुंच गया। वहीं अक्टूबर फ्यूचर कॉन्ट्रैक्ट 20,100 के करीब कारोबार करता दिखा। बेंचमार्क इंडेक्स सेंसेक्स और निफ्टी दोनों में बढ़त देखी गई। BSE सेंसेक्स करीब 200 से ज्यादा अंकों की उछाल के साथ 66,924 के लेवल पर ट्रेड करता दिखा। सोमवार को बाजार में लगभग 1,941 शेयरों में तेजी नजर आई। जबकि 1,222 शेयरों में गिरावट नजर आई।

बाजार में तेजी का रुख

भारतीय इक्विटी बाजार में 11 सितंबर को लगातार तेजी दिखी। कारोबारी हफ्ते के पहले दिन ब्रॉडर मार्केट में भी मोमेंटम जारी है। निफ्टी मिडकैप 100 एक प्रतिशत और स्मॉलकैप 100 1.3 प्रतिशत ऊपर दिखाई दिया। ताजा डेटा के मुताबिक Nifty 500, Nifty MidCap 100, and Nifty SmallCap 100 के 90 प्रतिशत से अधिक स्टॉक्स अब अपने 200-डे मूविंग एवरेज (DMA) से ऊपर कारोबार कर रहे हैं।

इन कंपनियों के शेयरों में उछाल

Tata Motors, NTPC, HCL Tech, Wipro, Reliance and Tech M ने सेंसेक्स पर 0.7-1 फीसदी की बढ़त हासिल की। प्रमोटरों द्वारा Adani Ports और Adani Enterprises में 2 प्रतिशत से अधिक हिस्सेदारी बढ़ाने के बाद, दोनों में 2 प्रतिशत की वृद्धि हुई, जिससे निफ्टी 50 में भी उछाल देखने को मिला। दूसरी ओर, Infosys, Titan, M&M, HUL, Eicher Motors, IndusInd Bank और SBI Life टॉप लूजर्स रहे। माना जा रहा है कि जी-20 शिखर सम्मेलन में ग्लोबल बायोफ्यूल अलायंस के लॉन्च के बाद इथेनॉल उत्पादक कंपनियों के शेयरों में उछाल आ सकता है।

हम सभी धर्मों का आदर करते हैं, पर सनातन का अपमान नहीं सहन होगा – मुख्यमंत्री शिवराज सिंह

insult to Sanatan will not be tolerated

 

उज्जैन, 11 सितंबर | मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने आज कहा कि हम सभी धर्मों का आदर करते हैं, लेकिन किसी को सनातन का अपमान नहीं करना चाहिए और ये सहन भी नहीं होगा। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह यहां प्रदेश में अच्छी बारिश की कामना पूरी होने पर श्री महाकालेश्वर मंदिर में विशेष पूजन-अर्चन के लिए आए थे। इसके बाद उन्होंने संवाददाताओं से चर्चा के दौरान कहा कि सनातन धर्म आज से नहीं है, इसका ना आदि था, ना अंत है।

सनातन पर अंगुली उठाने वाले इसके पहले भी हुए हैं। कई लोगों ने हमारे देश पर हमले किए, पर वो सनातन संस्कृति को समाप्त नहीं कर पाए। उन्होंने कहा कि सनातन संस्कृति अद्भुत है। वसुधैव कुटुंबकम से लेकर सर्वे भवंतु सुखिन: तक, सब कुछ हिंदुत्व में है। भौतिकता की अग्नि में चल रही विश्व मानवता को शांति पथ का दर्शन सनातन ही दे सकता है। हम सभी धर्मों का आदर करते हैं, पर किसी को सनातन का अपमान नहीं करना चाहिए, ये सहन भी नहीं होगा।

nmms-scholarship-2026-27

NMMSS Scholarship 2026-27: छात्रों को बड़ी राहत, छात्रवृत्ति आवेदन की अंतिम तारीख बढ़ी, अब...

0
नई दिल्ली। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के मेधावी विद्यार्थियों के लिए केंद्र सरकार ने बड़ी राहत दी है। शिक्षा मंत्रालय ने राष्ट्रीय साधन-सह-योग्यता...
akshara goswami

मध्यप्रदेश स्थापना दिवस पर 102 मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान, हर छात्र को मिली 1...

0
भोपाल। मध्यप्रदेश के 71वें स्थापना दिवस के अवसर पर प्रदेश की शैक्षणिक प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। भोपाल के लाल परेड मैदान में आयोजित...
poshan-tracker-pmmvy-grievance-redressal-2026

POSHAN Tracker और PMMVY की शिकायतों का होगा निपटारा, 30 अक्टूबर को देशभर में...

0
नई दिल्ली | 30 अक्टूबर 2026 | सामाजिक कल्याण समाचार केंद्र सरकार ने गर्भवती महिलाओं, स्तनपान कराने वाली माताओं और पोषण सेवाओं के लाभार्थियों की...
anath-bachchon-ke-liye-sarkari-yojana-2026

अनाथ बच्चों के लिए सरकार की खास योजनाएँ, पढ़ाई से लेकर आर्थिक सहायता तक

0
नई दिल्ली | सरकारी योजना समाचार देश में ऐसे कई बच्चे हैं, जिन्होंने अपने माता-पिता को खो दिया है या जिनके पास देखभाल करने वाला...
Government welfare schemes have improved the living standards of 22 crore people

सरकारी कल्याण योजनाओं से 22 करोड़ लोगों के जीवन स्तर में सुधार, MoSPI के...

0
नई दिल्ली। भारत में सरकारी सामाजिक कल्याण योजनाओं के माध्यम से गरीब और जरूरतमंद परिवारों को मिलने वाली मुफ्त या रियायती वस्तुओं से उनके...