भोपाल विज्ञान मेला 15 से 18 सितम्बर तक

Bhopal Science Fair from 15th to 18th September

 

चन्द्रयान-3 के प्रोग्राम डायरेक्टर एवं वंदे-भारत ट्रेन के चीफ आर्किटेक्ट होंगे सम्मानित

भोपाल, 09 सितम्बर | विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, सुक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री ओमप्रकाश सखलेचा ने शनिवार को बताया कि चंद्रयान 3 की सफलता के जश्न के साथ म.प्र. विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद और विज्ञान भारती के संयुक्त तत्वावधान में 10वां भोपाल विज्ञान मेला बीएचईएल दशहरा मैदान, में 15 से 18 सितम्बर तक होगा।

मंत्री सखलेचा ने बताया कि भोपाल विज्ञान मेला, मध्यप्रदेश के साथ ही पूरे देश में अपनी विशिष्ट पहचान बना चुका है जिसमें ग्रास रूट के साथ ही प्रदेश एवं राष्ट्रीय स्तर तक विज्ञान एवं तकनीकी की प्रगति और नवाचारों से लोगों को अवगत कराया जाता है। मेले में हजारों छात्र, शोधार्थी, शिक्षक, कारीगर, किसान, उद्यमी, वैज्ञानिक, अधिकारी एवं सामान्यजन सहभागिता करते है। केन्द्र एवं प्रदेश सरकार के विभिन्न विभागों, शोध संस्थानों, उद्योगों एवं शैक्षणिक संस्थानों द्वारा इसमें भाग लिया जाता है। मेले में विज्ञान आधारित विभिन्न गतिविधियाँ होती हैं। इस वर्ष का भोपाल विज्ञान मेला “साइंस, टेक्नालॉजी एवं इनोवेशन अमृतकाल” थीम पर है।

ग्रास रूट इनोवेटर्स, उन्नत तकनीकों एवं नवाचारों का होगा प्रदर्शन

इस वर्ष भी भोपाल विज्ञान मेले में नवीनतम तकनीकों, छात्र – वैज्ञानिक संवाद, मॉडल कान्टेस्ट के साथ ही ग्रास रूट एवं इनोवेटिव कारीगर पेवेलियन वेस्ट मैनेजमेंट पेवेलियन, हैंडीक्राफट पेवेलियन, स्टार्टअप पेवेलियन इत्यादि के माध्यम से विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में नवीनतम प्रगति से अवगत कराया जायेगा।

कार्यक्रम में मुख्य आकर्षण परमाणु ऊर्जा, इसरो, डीआरडीओ ब्रम्होस, एनटीपीसी, सीएसआईआर, आईसीएमआर, आईसीएआर, एम्प्री, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद् एवं उद्योगों द्वारा प्रदर्शित की जाने वाली नवीनतम तकनीक एवं उत्पाद रहेंगे। ग्राम रूट इनोवेशन एवं नवाचार को बढ़ावा देने के लिए स्टूडेन्ट मॉडल कान्टेस्ट में अनगिनत बड़ी संस्थाओं के छात्रों द्वारा अपने इनोवेशन आईडियास एवं माडल्स को प्रदर्शित किया जायेगा। यहां नव उद्यमियों एवं स्टार्टअप द्वारा विभिन्न प्रकार के तकनीकी समाधान भी प्रस्तुत किये जायेगें। मेले में प्रतिवर्ष अनुसार देश के शीर्ष वैज्ञानिकों एवं विभिन्न क्षेत्र की विख्यात हस्तियों का छात्रों से संवाद एवं मार्गदर्शन भी दिया जायेगा तथा प्रतिदिन सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होंगे ।

शीर्ष वैज्ञानिक होंगे सम्मानित

विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री सखलेचा ने कहा है कि चंद्रयान-3 की अभूतपूर्व उपलब्धि का उत्सव मनाने के लिए भोपाल विज्ञान मेले में इस मिशन से जुड़े डायरेक्टर सहित देश की तीन हस्तियों को सम्मानित किया जाएगा। 10वां भोपाल विज्ञान मेला 15 से 18 सितंबर 2023 तक भेल दशहरा मैदान में आयोजित होगा।

मंत्री सखलेचा ने शनिवार को मीडिया से चर्चा करते हुए कहा कि भारत को पूरे विश्व में विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में मजबूती से स्थापित करने एवं देश को गौरव की अनुभूति कराने वाले देश के शीर्ष वैज्ञानिक चन्द्रयान- 3 के मिशन डायरेक्टर डॉ. पी. वीरामुथुवेल, इसरो बैंगलूरू, वन्दे भारत के चीफ आर्किटेक्ट सुधांशु मनी के साथ ही एम्स दिल्ली की डॉ. रमा जयासुंदर को भी विज्ञान प्रतिभा सम्मान से सम्मानित किया जायेगा।

उल्लेखनीय है कि विज्ञान प्रतिभा सम्मान पूर्व में भी डॉ. सुधीर कुमार मिश्रा, आउट स्टेडिंग सांईटिस्ट एण्ड चीफ कन्ट्रोलर ब्रम्होस, डॉ. पी. कुन्हीकृष्णन, डायरेक्टर, सतीश धवन स्पेस सेंटर, इसरों, प्रो. एम. जगदेश कुमार, पूर्व कुलपति, जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय, दिल्ली, यू. राजा बाबू, प्रोग्राम डायरेक्टर, डीआरडीओ, हैदराबाद को दिया जा चुका है।मंत्री सखलेचा ने बताया कि 17 और 18 सितम्बर को चन्द्रयान-3 महोत्सव का आयोजन भी किया जायेगा।

अनूठा है भोपाल विज्ञान मेला

भोपाल शहर के नाम पर यह विज्ञान मेला 10 वर्ष से आयोजित किया जा रहा है, जिसकी एक विशिष्ट पहचान भोपाल के साथ ही प्रदेश, देश एवं अन्तर्राष्ट्रीय स्तर पर बन चुकी हैं। संभवतः शहर के नाम पर वृहद रूप में आयोजित होने वाला यह विज्ञान मेला इकलौता है, जिसमें छात्र शोधार्थी, शिक्षक, कारीगर, किसान, उद्यमी वैज्ञानिक अधिकारी एवं सामान्यजन सहभागी होने के उत्सुक रहते हैं।

भोपाल विज्ञान मेले का शुभारंभ, समापन, प्रदेश एवं देश के शीर्ष वैज्ञानिक संस्थाओं के प्रमुखों की उपस्थिति में होगा, जिसमें वैज्ञानिकों के साथ ही छात्र-प्रतिभाओं का सम्मान भी किया जायेगा ।

पीवीआर ने आईमैक्स थिएटर का किया विस्तार

PVR expands IMAX theater

 

दिल्ली 08 सितंबर| प्रीमियम सिनेमा एक्ज़िबिटर पीवीआर आईनॉक्स ने राजधानी के नेहरू प्लेस में स्थित पारस सिनेमा को एक नए अवतार में फिर से खोला है। कंपनी ने आज यहां जारी बयान में कहा कि इसके साथ ही दिल्ली में पाँचवाँ आईमैक्स और भारत में दूसरा स्टैंडअलोन आईमैक्स थिएटर शुरू हो गया है, जिसमें अगली पीढ़ी के लेज़र प्रोजेक्शन और लेज़र टेक्नोलॉजी के साथ आईमैक्स और एक मल्टी-चैनल साउंड सिस्टम है, जो इमर्सिव अनुभव प्रदान करने के लिए आईमैक्स थिएटरों में मिलता है।

अजा एकादशी के दिन दान करने से संतान की उन्नति के साथ मिलती है सफलता, जानिए मुहूर्त और शुभ योग

Aja Ekadashi

 

इस साल अजा एकादशी का व्रत बेहद शुभ संयोग लेकर आ रहा है, जिससे इस दिन का महत्व दोगुना हो गया है. 10 सितंबर 2023 रविवार को भाद्रपद माह की अजा एकादशी का व्रत रखा जाएगा| मान्यता है कि अजा एकादशी के दिन भगवान विष्णु की पूजा से संतान के दुख और सारे कष्ट दूर हो जाते हैं| वहीं, अजा एकादशी के दिन अगर दान किया जाए तो संतान का भविष्य संवर जाता है और संतान की उन्नति होती है, उसे सफलता मिलती है|

इस एकादशी व्रत की कथा के श्रवण मात्र से ही अश्वमेध यज्ञ के फल की प्राप्ति हो जाता है| अजा एकादशी के दिन सूर्योदय व्रत की शुरुआत हो जाती है और अगले दिन गोवत्स द्वादशी तिथि पर इसका समापन होता है| अजा एकादशी व्रत के प्रभाव और इन शुभ योग की वजह से व्रती के घर में बरकत, मां लक्ष्मी और समृद्धि का वास होगा.

अजा एकादशी 2023 शुभ योग

अजा एकादशी पर रवि पुष्य योग, सर्वार्थ सिद्धि योग, बुधादित्य योग बन रहा है. एकादशी के दिन रवि पुष्य योग में विष्णु जी की पूजा करने से घर में धन, ऐश्वर्य की प्राप्ति होती है, मां लक्ष्मी का आशीर्वाद मिलता है. वहीं सर्वार्थ सिद्धि योग में की गई पूजा, पाठ, मंत्र जाप सिद्ध हो जाते हैं. कार्य में सफलता मिलती है|

रवि पुष्य योग – 10 सितंबर 2023, शाम 05.06 – 11 सितंबर 2023, शाम 06.04
सर्वार्थ सिद्धि योग – 10 सितंबर 2023, शाम 05.06 – 11 सितंबर 2023, शाम 06.04
बुधादित्य योग – पूरे दिन

अजा एकादशी 2023 मुहूर्त

भाद्रपद कृष्ण एकादशी तिथि शुरू – 09 सितंबर 2023 को रात 09 बजकर 17
भाद्रपद कृष्ण एकादशी तिथि समाप्त – 10 सितंबर 2023 को रात 09 बजकर 28
पूजा मुहूर्त – सुबह 07.37 – सुबह 10.44 (10 सितंबर 2023)
व्रत पारण – सुबह 06.04 – सुबह 08.33 (11 सितंबर 2023)

राजनीति के लिए धर्म के मंच की आवश्यकता नहीं, और भी है बहुत से मंच- पंडित प्रदीप मिश्रा

Pandit Pradeep Mishra

 

छिंदवाड़ा में पंडित प्रदीप मिश्रा की कथा का समापन

छिंदवाड़ा। मध्यप्रदेश के छिंदवाड़ा में आयोजित पंडित प्रदीप मिश्रा की पांच दिवसीय सोलह सोमवार श्री शिव महापुराण की कथा का आज समापन हो गया। इस आयोजन को राजनीतिक बताने पर पंडित प्रदीप मिश्रा ने व्यासपीठ से कहा कि किसी को इस पांच दिन की कथा में अगर कहीं भी राजनीति नजर आए तो हमें बताना। उन्होंने कहा कि जो व्यक्ति कथा लाने के लिए इंदौर आ सकते हैं बार-बार आमंत्रण दे सकते हैं, उनको राजनीति करने के लिए धर्म के मंच की आवश्यकता नहीं और भी मंच मिल सकते हैं।

पंडित प्रदीप मिश्रा ने कहा कि सिर्फ छिंदवाड़ावासियों को यह कथा नहीं मिली है बल्कि हमें भी छिंदवाड़ा में लाखों शिव भक्तों के दर्शन का सौभाग्य मिला है। पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने पंडित प्रदीप मिश्रा का धन्यवाद देते हुए कहा कि आपके आने से छिंदवाड़ा वासियों को कथा सुनने का सौभाग्य तो मिला ही है लेकिन आज पूरे देश में छिंदवाड़ा का नाम भी पहुंचा है। जिसने कभी छिंदवाड़ा का नाम भी नहीं सुना होगा उसने आज इस कथा के माध्यम से छिंदवाड़ा को जान लिया है। उन्होंने पंडित प्रदीप मिश्रा से बार-बार छिंदवाड़ा आने का निवेदन किया।

खाना खाते समय करेंगे ये गलतियां तो पेट की बीमारियां तैयार बैठी है

stomach diseases.

 

अनियमित दिनचर्या और खानपान में लापरवाही के कारण आजकल अधिकांश लोग पेट से संबंधित समस्याओं से परेशान रहते हैं। कम उम्र में लोगों को पेट बाहर निकलने लगा है और पाचन से जुड़ी दिक्कतें जैसे अपच, गैस, कब्ज और एसिडिटी जैसी समस्या होने लगी है। ऐसे में खाना खाते समय यदि कुछ आदतों को सुधार लिया जाए तो इन समस्याओं से बचा जा सकता है। इंदौर स्थित अष्टांग आयुर्वेद कॉलेज के डॉ. अखिलेश भार्गव बता रहे हैं कि खाना खाते इन गलतियों के कारण अधिकांश पाचन संबंधी समस्याएं होती है।

खाना अच्छे से न चबाना

कई लोग खाने को अच्छी तरह से चबाकर नहीं खाते हैं। खाने को अच्छे से चबाकर नहीं खाने के पेट की आंतों को ज्यादा मेहनत करना पड़ती है और कभी-कभी खाना अच्छे से पच नहीं पाता है और इस कारण से पाचन खराब हो जाता है।

आराम से खाएं खाना

खाना खाने में जल्दबाजी नहीं दिखाना चाहिए। जल्दी-जल्दी खाना खाने से शरीर में हवा भी जाती है और इससे पाचन में समस्या आती है। यही कारण है कि खाना खाने के बाद बहुत अधिक डकार भी आती है।

ध्यान खाने में लगाएं, मोबाइल या टीवी में नहीं

खाना खाते समय कई लोगों को टीवी या मोबाइल चलाने की आदत होती है। ऐसा करना भोजन के अपमान के समान होता है। यदि व्यक्ति का ध्यान खाने पर नहीं होता है तो पाचन प्रक्रिया शुरू नहीं होती है। जब हमारा ध्यान खाने पर नहीं होता तो सेलेफिक फेज शुरू नहीं होता। इस वजह से ब्लॉटिंग की समस्या हो सकती है।

खूब पानी पिएं

शरीर में पानी की कमी होने होने पर भी पाचन से संबंधित समस्या हो सकती है। पानी कम पीने के कारण कब्ज, अपच और गैस की परेशानी होती है। दिनभर में करीब 8-10 गिलास पानी पीना चाहिए। नियमित रूप से एक्सरसाइज करना भी फायदेमंद होता है। खाने में फाइबर फूड का इस्तेमाल ज्यादा करना चाहिए।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह की अध्यक्षता में मंत्रि-परिषद के निर्णय

Council of Ministers

 

“मुख्यमंत्री लाड़ली बहना आवास योजना” की स्वीकृति

अतिथि शिक्षकों के मासिक मानदेय में दोगुनी वृद्धि की स्वीकृति

भोपाल, 09 सितम्बर | “मुख्यमंत्री अंत्योदय आवास योजना” अब “मुख्यमंत्री लाड़ली बहना आवास योजना” के रूप में जानी जायेगी। इस योजना को सभी वर्गों के आवासहीन पात्र परिवारों के लिये मान्य किया जायेगा। भविष्य में जब-जब प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण अंतर्गत आवास निर्माण की इकाई लागत वृद्धि होगी तब-तब इस योजना के अंतर्गत भी इकाई लागत में वृद्धि की जायेगी। यह निर्णय आज यहां मुख्यमंत्री शिवराज सिंह की अध्यक्षता में मंत्रि-परिषद की बैठक में लिया गया । बैठक मुख्यमंत्री निवास ‘समत्व भवन’ में संपन्न हुई।

प्रधानमंत्री पोषण शक्ति निर्माण योजना के रसोईयों के मासिक मानदेय में दोगुनी वृद्धि

मंत्रि-परिषद ने पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के अन्तर्गत संचालित प्रधानमंत्री पोषण शक्ति निर्माण योजना में संलग्न रसोईयों के वर्तमान मासिक मानदेय 2 हजार रूपये में वृद्धि करते हुये नवीन मानदेय 4 हजार रूपये प्रतिमाह करने का निर्णय लिया है। इससे 2 लाख 10 हजार रसोईये लाभान्वित होंगे। इसके लिये वर्तमान वित्तीय वर्ष 2023-24 की शेष अवधि के लिये पूर्व में आवंटित राशि के अतिरिक्त 294 करोड़ 32 लाख रूपये तथा वित्तीय वर्ष 2024-25 से प्रतिवर्ष 714 करोड़ 79 लाख रूपये की स्वीकृति प्रदान की गई है।

बैकलॉग / कैरी फारवर्ड पदों की पूर्ति के लिए विशेष भर्ती अभियान में 1 वर्ष की वृद्धि

मंत्रि-परिषद द्वारा अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछडे वर्गों तथा दिव्यांगजनों के बैकलॉग / कैरी फारवर्ड पदों की पूर्ति के लिए विशेष भर्ती अभियान की समय-सीमा में 1 जुलाई, 2023 से 30 जून, 2024 तक एक वर्ष की वृद्धि की गई है।

अतिथि शिक्षकों के मासिक मानदेय में दोगुनी वृद्धि की स्वीकृति

मंत्रि-परिषद ने अतिथि शिक्षकों को दिये जाने वाले मासिक मानदेय में दोगुनी वृद्धि की स्वीकृति दी है। वर्ग-1 को वर्तमान में प्राप्त मानदेय 9 हजार रूपये से बढ़ाकर 18 हजार, वर्ग-2 के मानदेय 7 हजार रूपये से बढ़ाकर 14 हजार रूपये और वर्ग-3 के मानदेय 5 हजार रूपये से बढ़ाकर 10 हजार रूपये किया गया है।

म.प्र. मॉब लिंचिंग पीड़ित प्रतिकर योजना 2023 लागू किये जाने का निर्णय

मंत्रि-परिषद द्वारा प्रदेश में मॉब लिंचिंग के अपराध पीड़ितों और उनके आश्रितों को राहत व पुनर्वास के लिये म.प्र. मॉब लिंचिंग पीड़ित प्रतिकर योजना 2023 लागू किये जाने का निर्णय लिया है। इस योजना के तहत मॉब लिंचिंग के अपराध में पांच या अधिक व्यक्तियों की भीड़ द्वारा किसी व्यक्ति या व्यक्तियों को, धर्म, जाति, लिंग, जन्म स्थान, भाषा, खानपान, यौन अभिरूचि, राजनीतिक संबद्धता, जातीयता अथवा अन्य ऐसे आधार या आधारों पर हानि या क्षति कारित करने के लिये हिंसा का कोई कृत्य या कृत्यों की कोई श्रंखला को शामिल किया गया है। योजना के तहत मॉब लिंचिंग की घटना में पीडितों को प्रतिकर राशि प्रदाय किये जाने का प्रावधान किया गया है।

लाड़ली बहनों को श्रावण मास की गैस रिफिल 450 रूपये में उपलब्ध कराने की स्वीकृति

मंत्रि-परिषद द्वारा मुख्यमंत्री शिवराज सिंह की 27 अगस्त 2023 को की गई घोषणा के पालन में प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजनांतर्गत समस्त गैस कनेक्शनधारी महिलाओं और गैर PMUY अंतर्गत गैस कनेक्शनधारी लाड़ली बहनों को श्रावण मास (04.07.2023 से 31.08.2023) में गैस रिफिल 450 रूपये में उपलब्ध कराये जाने का निर्णय लिया है। लाड़ली बहनों के नाम से जारी गैस कनेक्शन पर श्रावण मास में कराए गए रिफिल पर अनुदान देय होगा।

NFSU भोपाल को शैक्षणिक प्रयोजन के लिये भूमि आवंटन

मंत्रि परिषद ने “National Forensic Sciences University (NFSU), गांधी नगर भोपाल द्वारा शैक्षणिक प्रयोजन के लिये ग्राम बरखेड़ा बोंदर तहसील हुजूर, भोपाल को कुल 4.8540 हेक्टेयर शासकीय भूमि शासन की शर्तों के अधीन निःशुल्क प्रब्याजि और 1 रूपये भू-भाटक पर आवंटित किये जाने का निर्णय लिया है।

शासकीय महाविद्यालयों के लिये 240 नवीन पदों के सृजन की स्वीकृति

मंत्रि-परिषद ने 4 नवीन शासकीय महाविद्यालयों जिसमें शासकीय महाविद्यालय बिलासपुर (उमरिया), शासकीय महाविद्यालय भरेवा (उमरिया), शासकीय महाविद्यालय सालीचौका (नरसिंहपुर) और शासकीय महाविद्यालय रहटगाँव (हरदा) की स्थापना के लिये तथा 3 शासकीय महाविद्यालयों जिसमें शासकीय महाविद्यालय नागदा (उज्जैन), शासकीय महाविद्यालय राजपुर (बड़वानी), शासकीय महाविद्यालय सिवनी मालवा (नर्मदापुरम) में नवीन संकाय / विषय प्रारंभ किए जाने के लिये कुल 240 नवीन पदों के सृजन और आवर्ती व्यय भार 13 करोड़ 22 लाख रूपये प्रतिवर्ष एवं अन्य अनावर्ती व्यय 64 करोड़ 05 लाख 88 हजार रूपये, इस प्रकार कुल 77 करोड़ 27 लाख 88 हजार रूपये के व्यय की स्वीकृति दी।

मेधावी विद्यार्थी योजना अन्तर्गत जेईई (JEE) मेन्स परीक्षा में रैंक प्राप्त करने की बाध्यता की समाप्ति

मंत्रि-परिषद द्वारा मुख्यमंत्री मेधावी विद्यार्थी योजना अन्तर्गत भारत सरकार व शासन के शासकीय, स्वशासी और अनुदान प्राप्त एवं उनके विश्वविद्यालयों के इंजीनियरिंग संस्थानों में प्रवेशित विद्यार्थियों को जेईई (JEE) मेन्स परीक्षा में रैंक प्राप्त करने की बाध्यता को समाप्त किया गया है।

सिविल अस्पताल कैलाश नाथ काटजू को 300 बिस्तरीय सिविल अस्पताल में उन्नयन की स्वीकृति

मंत्रि-परिषद ने भोपाल के 100 बिस्तरीय सिविल अस्पताल कैलाश नाथ काटजू को 300 बिस्तरीय मातृ एवं शिशु विशेषज्ञता सिविल अस्पताल में उन्नयन करने के लिये कुल 195 पदों के सृजन और आवर्ती व्यय की स्वीकृति प्रदान की है। साथ ही कैलाश नाथ काटजू के 300 बिस्तरीय सिविल अस्पताल में चिकित्सकों एवं पैरामेडिकल स्टॉफ के अतिरिक्त नॉन कोर सेवायें जैसे साफ-सफाई एवं हाउस कीपिंग, भोजन व्यवस्था, सुरक्षा व्यवस्था एवं सी.सी.टी.वी. सर्वेलेन्स, इलेक्ट्रिक संधारण तथा लिफ्ट ऑपरेशन, जल आपूर्ति, फायर सेफ्टी तथा प्लम्बबिंग, कीट एवं पशु नियंत्रण, पार्किंग व्यवस्था और धुलाई व्यवस्था को कराये जाने की स्वीकृति प्रदान की है।

चिकित्सकों के आकर्षक समयमान / चयन वेतनमान की स्वीकृति

मंत्रि-परिषद ने प्रदेश में संचालित चिकित्सकीय संस्थाओं के शैक्षणिक एवं गैर शैक्षणिक चिकित्सा संवर्गों के चिकित्सकों को प्रोत्साहित करने के लिये वर्तमान में देय समयमान / चयन वेतनमान को और अधिक आकर्षक एवं लाभकारी बनाने की स्वीकृति दी है। स्वीकृति अनुसार शैक्षणिक संवर्ग में चिकित्सा शिक्षा के सहायक प्राध्यापक को नियुक्ति पर 7 हजार रूपये ग्रेड-पे, तीन वर्ष की सेवा अवधि पूर्ण होने पर 8 हजार रूपये, 7 वर्ष की सेवा अवधि पूर्ण होने पर 9 हजार रूपये और 14 वर्ष की सेवा अवधि पूर्ण होने पर 10 हजार रूपये ग्रेड-पे का लाभ दिया जायेगा। इसी तरह चिकित्सा शिक्षा विभाग के प्रदर्शक/ट्यूटर को नियुक्ति पर 6 हजार रूपये ग्रेड-पे, 5 वर्ष की सेवा अवधि पूर्ण होने पर 7 हजार रूपये , 10 वर्ष की सेवा अवधि पूर्ण होने पर 8 हजार रूपये, 15 वर्ष की सेवा अवधि पूर्ण होने पर 9 हजार रूपये और 30 वर्ष की सेवा अवधि पूर्ण होने पर 10 हजार रूपये ग्रेड-पे का लाभ दिया जायेगा।

लोक स्वास्थ्य तथा परिवार कल्याण विभाग तथा गृह विभाग अंतर्गत विशेषज्ञ संवर्ग अंतर्गत नियुक्ति पर 6 हजार 600 रूपये ग्रेड-पे, तीन वर्ष की सेवा अवधि पूर्ण होने पर 7 हजार 600 रूपये , 7 वर्ष की सेवा अवधि पूर्ण होने पर 8 हजार 700 रूपये और 14 वर्ष की सेवा अवधि पूर्ण होने पर 8 हजार 900 रूपये ग्रेड-पे का लाभ दिया जायेगा। साथ ही चिकित्सा शिक्षा विभाग/ लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग/ गृह / श्रम विभाग (ईएसआई) अंतर्गत मेडिकल ऑफिसर (समस्त संवर्ग)/ आकस्मिक चिकित्सा अधिकारी/ महिला चिकित्सा अधिकारी/ दंत चिकित्सक को नियुक्ति पर 5 हजार 400 रूपये ग्रेड-पे, 5 वर्ष की सेवा अवधि पूर्ण होने पर 6 हजार 600 रूपये, 10 वर्ष की सेवा अवधि पूर्ण होने पर 7 हजार 600 रूपये, 15 वर्ष की सेवा अवधि पूर्ण होने पर 8 हजार 700 रूपये ग्रेड-पे और 30 वर्ष की सेवा अवधि पूर्ण होने पर 8 हजार 900 रूपये ग्रेड-पे का लाभ दिया जायेगा।

केन-बेतवा लिंक परियोजना के प्रभावितों को विशेष पुनर्वास पैकेज की स्वीकृति

मंत्रि-परिषद द्वारा केन-बेतवा लिंक परियोजना के अंतर्गत डूब प्रभावित 22 ग्रामों की भूमि को सहमति से क्रय करने और प्रभावित परिवारों की इच्छा एवं सुविधा से पुनर्वास करने के उद्देश्य से विशेष पुनर्वास पैकेज दिए जाने का निर्णय लिया गया है। डूब क्षेत्र में क्रय / अर्जित की जाने वाले भूमि के लिए प्रति हेक्टेयर कलेक्टर गाईड लाईन दर से निर्धारित मूल्य और राशि का 100 प्रतिशत सोलेशियम राशि अथवा प्रति हेक्टेयर 12 लाख 50 हजार रूपये की दर से एकमुश्त राशि, जो भी अधिक हो, देय होगी। इसके अतिरिक्त विस्थापित हो रहे प्रत्येक परिवार को कम से कम 12 लाख 50 हजार रूपये विशेष अनुदान के रूप में देय होगा।

अन्य निर्णय

मंत्रि-परिषद द्वारा मध्यप्रदेश सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम विकास नीति 2021 में संशोधन कर तेल उत्पादक सॉल्वेंट, एक्सट्रैक्शन प्लांट एवं एक्सपेलर इकाईयों को नीति अंतर्गत सुविधाओं के लाभ के लिये पात्र किया गया है। इसके अतिरिक्त केन्द्र या राज्य सरकार द्वारा विनिर्माण के लिये प्रतिबंधित उत्पादकों को नीति अंतर्गत सुविधाओं के लाभ के लिये अपात्र किया गया है। साथ ही नीति में उल्लेखित राज्य स्तरीय साधिकार समिति के सदस्यों में परिवर्तन कर उसे पुर्नगठित किया गया है।

मोरक्को में 6.8 तीव्रता का भूकंप, भीषण तबाही

6.8 magnitude earthquake

 

700 लोगों की मौत, सैकड़ों इमारतें जमींदोज

वाशिंगटन। नॉर्थ अफ्रीकी देश मोरक्को में भारतीय समयानुसार शनिवार सुबह भीषण भूकंप आया। रिक्टर स्केल पर इसकी तीव्रता 6.8 मापी गई। अब तक 700 लोगों के मारे जाने की सूचना है। भारी तबाही हुई है। सैकड़ों इमारतें जमींदोज हो गई हैं। मरने वालों की संख्या बढ़ सकती है। राहत तथा बचाव कार्य जारी है।

स्थानीय मीडिया ने बताया कि शुक्रवार रात मोरक्को में आए शक्तिशाली भूकंप के बाद कई लोगों की जान चली गई है। राजधानी रबात से 320 किलोमीटर दक्षिण में पर्यटन शहर माराकेच में 27 लोगों की मौत हो गई। वहीं दक्षिण में उआरज़ाज़ेट प्रांत में चार अन्य लोगों की मौत हो गई।

स्थानीय समयानुसार भूकंप रात 11:11 बजे मारकेश से 44 मील (71 किलोमीटर) दक्षिण-पश्चिम में 18.5 किलोमीटर की गहराई पर आया।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नेम प्लेट पर दिखा ‘भारत’, चीन पर फिर भड़का अमेरिका

America again angry at China

 

अमेरिकी अधिकारी ने शनिवार को कहा कि सालाना G-20 शिखर सम्मेलन में राष्ट्रपति शी जिनपिंग की अनुपस्थिति का कारण बताना चीन का दायित्व है।

आयोजन स्थल पर इंडिया की जगह भारत की झलक ज्यादा नजर आई

नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में प्रगति मैदान स्थित भारत मंडपम में जी-20 शिखर सम्मेलन की शुरुआत हो गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आयोजन स्थल पर सभी राष्ट्र प्रमुखों और मेहमानों स्वागत किया।

इंडिया नहीं, नजर आई भारत की झलक

जी-20 आयोजन स्थल पर इंडिया की जगह भारत की झलक ज्यादा नजर आई। पीएम मोदी ने जब उद्घाटन भाषण दिया, तो उनकी नेम प्लेट पर भी देश के नाम के रूप में ‘भारत’ लिखा था।

बता दें, देश में चर्चा जोरों पर है कि क्या देश का नाम बदलकर ‘भारत’ कर दिया जाए। विपक्ष का आरोप है कि I.N.D.I.A. गठबंधन से डर कर मोदी सरकार ऐसा करने जा रही है। वहीं एक बड़ा पक्ष इसके समर्थन में है और दलील दे रहा है कि हमारे देश का असली नाम भारत ही है।

चीन पर फिर भड़का अमेरिका

भारत में पहली बार आयोजित हो रही जी-20 समिट में चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने हिस्सा नहीं लिया। उनके स्थान पर चीनी प्रधानमंत्री को भेजा गया।

शी जिनपिंग के शामिल नहीं होने पर अमेरिका गुस्सा है। एक अमेरिकी अधिकारी ने शनिवार को कहा कि सालाना G-20 शिखर सम्मेलन में राष्ट्रपति शी जिनपिंग की अनुपस्थिति का कारण बताना चीन का दायित्व है।
चीन को लेकर विशेषज्ञों का कहना है कि वह हर जगह विघ्नसंतोषी की भूमिका में रहता है। भारत आकर वह संयुक्त वक्तव्य का विरोध करता, इससे बेहतर है कि जिनपिंग नहीं आए।
चीन की ओर से उनके नहीं आने की कोई खास वजह नहीं बताई गई है, लेकिन जब यह आयोजन शुरू हो रहा था, तब जिनपिंग अपने देश में बाढ़ ग्रस्त इलाकों का दौरा कर रहे थे। यह बात और है कि वहां पिछले एक महीने से बाढ़ जैसे हालात हैं।

ज्योतिष ज्ञान की प्रासंगिकता और महत्ता से युवा पीढ़ी को परिचित कराए – राज्यपाल मंगुभाई पटेल

astrology knowledge

 

राज्यपाल मंगुभाई पटेल महर्षि पाराशर अंतर्राष्ट्रीय ज्योतिष सम्मेलन के उद्घाटन सत्र में शामिल हुए

भोपाल : शनिवार, सितम्बर| राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने कहा कि ज्योतिष का ज्ञान पूर्वजों की साधना और अनुसंधान की सौगात है। उन्होंने कहा कि समसामयिक जगत में ज्योतिष ज्ञान की प्रासंगिकता और महत्ता से युवा पीढ़ी को परिचित कराया जाना चाहिए।

राज्यपाल मंगुभाई पटेल केन्द्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय के ऑडिटोरियम में प्रथम महर्षि पाराशर अंतर्राष्ट्रीय ज्योतिष सम्मेलन के उद्घाटन सत्र को संबोधित कर रहे थे। दो दिवसीय सम्मेलन का आयोजन केन्द्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय के भोपाल परिसर, एस्ट्रोवर्स एवं जीवन वैभव ग्रुप के संयुक्त तत्वावधान में किया गया है। सम्मेलन का समापन 10 दिसंबर को होगा।

राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने सत्यवान-सावित्री के परंपरागत दृष्टांत का उल्लेख करते हुए कहा कि परिश्रम से प्रारब्ध बनता है। उन्होंने कहा कि सत्यवान की मृत्यु की नियति को उनकी पत्नी ने अपनी बुद्धिमत्ता और प्रखरता से पति की प्राण रक्षा के साथ ही पूरे परिवार के सुखी जीवन में बदल लिया था। उन्होंने कहा कि धैर्य के साथ नीति के पथ पर चलते हुए कल्याणकारी कार्य करते रहने में जीवन की सार्थकता है। उन्होंने एक अन्य दृष्टांत के माध्यम से बताया कि ज्योतिष फल की इच्छा के बिना सत्कर्म करने और आत्मसंतोष का मार्ग प्रशस्त करता है। उन्होंने कहा कि सम्मेलन के दौरान ज्योतिष के द्वारा सांस्कृतिक मूल्यों के संवर्धन पर विचार किया जाना चाहिए। रोजगार और व्यवसाय के विकल्प के रूप में ज्योतिष को उसकी वैज्ञानिकता और रचनात्मकता के साथ प्रस्तुत किया जाना चाहिए। उन्होंने बताया कि ज्योतिष में 12 राशि, 9 ग्रह और 27 नक्षत्र होते है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जब गुजरात के मुख्यमंत्री थे तो उन्होंने गुजरात विधानसभा के सामने पुनीत वन, अंबाजी में मांगलिक वनों की आयोजना ज्योतिष के आधार पर की थी।

राज्यपाल ने वन मंत्री के रूप में परियोजना से जुड़े प्रसंगों के उल्लेख में बताया कि पुनीत वन में बेल पत्र के पौधों के समूह से शिवलिंग की रचना की गई है। मांगलिक वन में ऊँ का आकार वृक्षों के द्वारा बनाया गया है। उन्होंने सम्मेलन आयोजन की सराहना करते हुए भारतीय ज्ञान परंपराओं को वैश्विकता प्रदान करने की सराहनीय पहल बताया। उन्होंने उम्मीद की कि सम्मेलन का चितंन भारतीय सांस्कृतिक परंपराओं, नैतिक जीवन मूल्यों और प्राचीन भारतीय ज्ञान की वैज्ञानिकता से युवाओं को प्रेरणा लेने के लिए प्रेरित करेगा।

राज्यपाल का कार्यक्रम के प्रारम्भ में पुष्प गुच्छ से स्वागत, शाल श्रीफल से अभिनंदन किया गया। श्री पटेल ने दीप प्रज्जवलन कर, सम्मेलन का उद्घाटन किया। कार्यक्रम में राज्यपाल को जीवन वैभव ग्रुप की स्मारिका विशेषांक की प्रथम प्रति, स्मृति चिन्ह और प्रतीक चिन्ह भेंट किए गए।

उद्घाटन सत्र में ऑनलाइन संबोधन में अमेरिकन इंस्टीट्यूट ऑफ वैदिक स्टडीज के श्री डेविड ट्रालें ने ज्योतिष के महत्त्वपूर्ण आयामों पर प्रकाश डाला। ज्योतिष को विज्ञान के साथ ही कला बताते हुए वर्तमान समय की सामाजिक, राजनैतिक, तकनीकी, आध्यात्मिक स्थितियों और संवाद के परिदृश्य में ज्योतिष के नवाकार और नवाख्यान की जरूरत बताई। तकनीकी सुविधाओं और पर्यावरणीय परिवर्तनों के समावेशन की सम्भावनाओं पर विचार के लिए कहा है।

सम्मेलन की रूप-रेखा पर पूर्व पुलिस महानिदेशक ऋषि कुमार शुक्ला ने प्रकाश डाला। डन्होंने बताया कि ज्योतिष सनातन परंपरा का अंग है। दो दिवसीय सम्मेलन के 6 सत्रों में ज्योतिष के विभिन्न विषयों पर ज्योतिष की महत्ता और वैश्विक परिवर्तन एवं चुनौतियों के शास्त्रीय समाधान की प्रासंगिकता पर विचार किया जाएगा। सम्मेलन 150 विद्वान और युवा प्रतिभागी शामिल है।

स्वागत उद्बोधन केन्द्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय के प्रोफेसर डा. रमाकांत पाण्डेय ने दिया। उन्होंने बताया कि केन्द्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय दिल्ली की बहु परिसर संस्था है। भोपाल परिसर उसी का अंग है। आभार प्रदर्शन जीवन वैभव ग्रुप के हेमचंद पाण्डेय ने किया।

समाचार पत्रकारों ने माना मुख्यमंत्री शिवराज सिंह का आभार

journalists thanked Chief Minister

 

भोपाल, 09 सितम्बर| पत्रकारों के एक प्रतिनिधि मंडल ने आज मुख्यमंत्री शिवराज सिंह से मुख्यमंत्री निवास स्थित समत्व भवन में भेंट कर पत्रकार वर्ग के कल्याण की घोषणाओं के लिए आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर वरिष्ठ पत्रकार चंद्रहास शुक्ला, प्रेम नारायण प्रेमी, वीरेन्द्र सिन्हा, सुरेश शर्मा, रामभुवन सिंह कुशवाह, अरुण पटेल, आनंद शुक्ला, दिनेश शर्मा, संदीप गहरवार आदि उपस्थित थे।

उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने 7 सितंबर को मुख्यमंत्री निवास में पत्रकार समागम में संपूर्ण प्रदेश से आए पत्रकारों से भेंट एवं चर्चा भी की थी। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने इस अवसर पर पत्रकारों के लिए सम्मान निधि में वृद्धि, मार्डन स्टेट मीडिया सेंटर, पत्रकार सुरक्षा कानून के लिए वरिष्ठ पत्रकार की समिति गठित करने, तकनीकी प्रशिक्षण देने, बीमा योजना का लाभ दिलवाने, आवास व्यवस्था के लिए जिलों में पत्रकारों की समिति के लिए भूमि के चयन संबंधी महत्वपूर्ण घोषणाएं की थी।

nmms-scholarship-2026-27

NMMSS Scholarship 2026-27: छात्रों को बड़ी राहत, छात्रवृत्ति आवेदन की अंतिम तारीख बढ़ी, अब...

0
नई दिल्ली। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के मेधावी विद्यार्थियों के लिए केंद्र सरकार ने बड़ी राहत दी है। शिक्षा मंत्रालय ने राष्ट्रीय साधन-सह-योग्यता...
akshara goswami

मध्यप्रदेश स्थापना दिवस पर 102 मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान, हर छात्र को मिली 1...

0
भोपाल। मध्यप्रदेश के 71वें स्थापना दिवस के अवसर पर प्रदेश की शैक्षणिक प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। भोपाल के लाल परेड मैदान में आयोजित...
poshan-tracker-pmmvy-grievance-redressal-2026

POSHAN Tracker और PMMVY की शिकायतों का होगा निपटारा, 30 अक्टूबर को देशभर में...

0
नई दिल्ली | 30 अक्टूबर 2026 | सामाजिक कल्याण समाचार केंद्र सरकार ने गर्भवती महिलाओं, स्तनपान कराने वाली माताओं और पोषण सेवाओं के लाभार्थियों की...
anath-bachchon-ke-liye-sarkari-yojana-2026

अनाथ बच्चों के लिए सरकार की खास योजनाएँ, पढ़ाई से लेकर आर्थिक सहायता तक

0
नई दिल्ली | सरकारी योजना समाचार देश में ऐसे कई बच्चे हैं, जिन्होंने अपने माता-पिता को खो दिया है या जिनके पास देखभाल करने वाला...
Government welfare schemes have improved the living standards of 22 crore people

सरकारी कल्याण योजनाओं से 22 करोड़ लोगों के जीवन स्तर में सुधार, MoSPI के...

0
नई दिल्ली। भारत में सरकारी सामाजिक कल्याण योजनाओं के माध्यम से गरीब और जरूरतमंद परिवारों को मिलने वाली मुफ्त या रियायती वस्तुओं से उनके...