
कोलार में निकली चुनरी यात्रा
भोपाल, सावन का माह देवी देवताओं की पूजा का माह होता है, सावन माह में सभी दिनों को पूजन कार्य के लिए उपयुक्त माना जाता है। अधिक श्रावण कृष्ण अमावस्या बुधवार को कोलार थाने के सामने स्थित भोपानगरी से सैकड़ो महिलाओं ने भाजपा नेत्री बीना राठौड़ के नेतृत्व में चुनरी यात्रा निकाली, यात्रा मार्ग में महिलाएं नंगे पैर ही भोपनगरी से चूनाभट्टी चौराहा स्थित मां कालका मन्दिर पंहुची। मन्दिर में वरिष्ठ भाजपा नेता गुड्डू भदौरिया की उपस्थिति में मां को चुनार भेंट की।
200 करोड़ क्लब में शामिल हुयी गदर 2
मुंबई, 16 अगस्त| बॉलीवुड अभिनेता सनी देओल और अभिनेत्री अमीषा पटेल की फिल्म गदर 2 , 200 करोड़ क्लब में शामिल हो गयी है। अनिल शर्मा के निर्देशन में बनी फिल्म ‘गदर: एक प्रेम कथा’ वर्ष 2001 में रिलीज हुयी थी। इस फिल्म में सनी देओल ,अमीष पटेल और अमरीश पुरी ने अहम भूमिका निभायी थी। ‘गदर: एक प्रेम कथा’ के सीक्वल गदर 2 में एक बार फिर से सनी और अमीषा की जोड़ी है। ‘गदर 2’ 11 अगस्त को सिनेमाघरों में प्रदर्शित हुयी है।’गदर 2′ ने बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचा दिया है।‘गदर 2’ पहले दिन से ही ऑडियंस का जबरदस्त रिस्पॉन्स मिल रहा है। इसी के साथ ये फिल्म कमाई के मामले में लगातार रिकॉर्ड तोड़ रही है। ‘गदर 2’ को रिलीज हुए 5 दिन पूरे हो गए है। इस फिल्म ने 5वें दिन बॉक्स ऑफिस पर 200 करोड़ का आंकड़ा पार कर दिया है। सनी देओल और अमीषा पटेल की फिल्म ‘गदर 2’ ने बॉक्स ऑफिस पर पांच दिनों में 228.98 करोड़ रुपये की कमाई कर ली है।‘गदर 2 ,में सनी और अमीषा के साथ उत्कर्ष शर्मा, मनीष वाधवा, सिमरत कौर, लव सिन्हा की महत्वपूर्ण भूमिका है।
श्रीकृष्ण जन्मभूमि के पास अतिक्रमण पर तोड़फोड़ पर रोक, सात दिन बाद फिर होगी सुनवाई
दिल्ली/मथुरा। सुप्रीम कोर्ट ने मथुरा में श्रीकृष्ण जन्मभूमि के आस-पास रेलवे विभाग द्वारा की जा रही अवैध अतिक्रमण को हटाने की कार्रवाई पर रोक लगा दी है। साथ ही अतिक्रमण के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान पर दस दिन तक तथा स्थिति बनाए रखने के आदेश दिए हैं।
एक सप्ताह बाद फिर होगी सुनवाई
सुप्रीम कोर्ट में न्यायमूर्ति अनिरुद्ध बोस, न्यायमूर्ति संजय कुमार और न्यायमूर्ति एसवीएन भट्टी की पीठ ने मामले की सुनवाई करते हुए रेलवे को नोटिस जारी किया है। एक सप्ताह बाद मामले में दोबारा सुनवाई की जाएगी।
100 घरों पर चला बुलडोजर
याचिकाकर्ता याकूब शाह की ओर से पेश वकील ने सुप्रीम कोर्ट को बताया कि 100 घरों पर बुलडोजर चलाया जा चुका है। अब 70 से 80 घर बचे हैं। वकील ने कहा कि यह कार्रवाई उस दिन की गई, जब उत्तर प्रदेश की सभी अदालतें बंद थी।
याचिकाकर्ताओं ने तर्क दिया कि वे यहां 100 साल से रह रहे हैं, उनके पास रहने के लिए कोई दूसरा स्थान भी नहीं है।
चीफ जस्टिस के समक्ष हुई थी सुनवाई
बता दे कि सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायधीश डीवाई चंद्रचूड़ की अध्यक्ष्ता वाली पीठ ने भी सुनवाई की थी। जिसमें याचिका को तत्काल सूचीबऋ करने की मांग की गई। जिसमें सीजेआई ले 16 अगस्त को याचिका पर सुनवाई करने की बात कही थी।
सहजन की पत्तियों में कई गुणकारी तत्व मौजूद, इन बीमारियों से मिलेगा छुटकारा
सहजन शरीर के लिए काफी फायदेमंद माना जाता है, इसमें कई पोषक तत्व मौजूद रहते हैं, जो कई समस्याओं से छुटकारा दिलाते हैं। सहजन के साथ ही इसकी पत्तियां भी पोषक तत्वों से भरपूर है, जो शरीर में प्रोटीन, कैल्शियम, विटामिन ए, रेटिनोल और विटामिन सी की जरूरत को पूरा करती है। सहजन की पत्तियां डयबिटीज, हार्ट संबंधी समस्या को भी दूर करने में काफी मदद करती हैं। सहजन को मोरिंगा भी कहा जाता है, इसकी पत्तियों का सेवन चबाकर, पाउडर अथवा जूस बनाकर किया जा सकता है।
डायबिटीज होगा कंट्रोल
फिट क्लीनिक की डाइटिशियन सुमन के अनुसार सहजन की पत्तियों में फाइटोकेमिकल्स पाए जाते हैं, जो कि शुगर लेवल कंट्रोल करने में मदद करते हैं। इसके लिए सहजन की पत्तियां पानी में उबालकर पीना चाहिए।
आंख संबंधी समस्याएं होती है दूर
सहजन की पत्तियां आंख संबंधी समस्याएं दूर करती है। इसमें पाया जाने वाला विटामिन ए आंखों की रोशनी बढ़ाता है, इसे स्वस्थ रखता है।
मोटापा करता है कंट्रेाल
सहजन की पत्तियों में एंटी-ओबेसिटी गुण मौजूद होते हैं, जो मोटापे की समस्या को दूर करते हैं और वजन घटाने में मदद करते हैं। मोटापा कम करने के लिए सहजन की पत्तियों का चबाकर या पानी में उबालकर सेवन करना चाहिए।
हड्डियों के लिए फायदेमंद
सहजन की पत्तियां हड्डियों की समस्या को दूर करता है, इससे हडि्डयां मजबूत होती है और पत्तियों में मौजूद कैल्शियम, मैग्नीशियम और फास्फोरस न सिर्फ हडि्डयों की बीमारियों दूर करता है, हडि्डयों के दर्द में राहत मिलती है।
इम्यूनिटी में सहायक
सहजन की पत्तियों में मौजूद विटामिन सी से मौसमी बीमारियों का खतरा कम होता है, जिससे इम्यूनिटी मजबूत करने में मदद मिलती है। इसके अलावा वायरल बीमारियों से भी निजात मिलती है।
सहजन की पत्तियों में और भी कई गुणकारी तत्व मौजूद है, जो बीमारियों से लड़ने में मदद करते हैं। हालांकि यदि आपको कोई बीमारी है तो डाक्टर के परामर्श से ही इसका सेवन करें।
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने बिंदेश्वर पाठक के निधन पर शोक जताया
भोपाल, 16 अगस्त| मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने सुलभ इंटरनेशनल सोशल सर्विस आर्गेनाइजेशन के संस्थापक और प्रसिद्ध समाजसेवी पद्म भूषण डॉ. बिंदेश्वर पाठक के असामयिक निधन पर गहन शोक व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा को अपने श्री चरणों में स्थान देने और शोकाकुल परिजनों को यह दुख सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की है।
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह 17 अगस्त को सिंगल क्लिक से करेंगे साइकिल क्रय के लिए राशि अंतरित
भोपाल, अगस्त| मुख्यमंत्री शिवराज सिंह 17 अगस्त को भोपाल के भेल (बरखेड़ा) में 81 करोड़ 12 लाख की लागत राशि से बनने वाले सीएम राइज शासकीय महात्मा गांधी उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के भवन का भूमि-पूजन करेंगे। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह साइकिल क्रय करने हेतु विद्यार्थियों के बैंक खाते में सिंगल क्लिक से राशि का अंतरण भी करेंगे। निःशुल्क सायकिल वितरण योजना में विद्यार्थियों को साइकिल क्रय करने के लिए इस वर्ष प्रदेश के लगभग 4 लाख 50 हजार विद्यार्थियों को यह राशि अंतरित की जाएगी। इसके लिए लाभार्थी विद्यार्थियों के बैंक खातों की केवाईसी कर ली गई है।
प्रमुख सचिव स्कूल शिक्षा रश्मि अरुण शमी ने बताया कि साइकिल वितरण योजना वर्ष 2004-05 से संचालित है। इस योजना में ऐसे विद्यार्थी, जो शासकीय विद्यालयों में कक्षा 6वीं एवं 9वीं में अध्ययनरत है तथा वह जिस ग्राम के निवासी है, उस ग्राम में शासकीय माध्यमिक/हाईस्कूल संचालित नहीं है तथा वह अध्ययन के लिए किसी अन्य ग्राम/ शहर के शासकीय स्कूल में जाते हैं, को निःशुल्क साइकिल से लाभान्वित किया जाता है। इस वर्ष लगभग 4 लाख 50 हजार विद्यार्थियों के खातें में सायकिल क्रय के लिए राशि अंतरित की जाएगी।
कार्यक्रम में स्कूल शिक्षा (स्वतंत्र प्रभार) एवं सामान्य प्रशासन राज्य मंत्री इन्दर सिंह परमार, विधायक कृष्णा गौर एवं विभागीय अधिकारी सहित अभिभावक एवं विद्यार्थी उपस्थित रहेंगे।
जीवन में कुछ बेहतर और बड़ा करने का लक्ष्य रखें- मुख्यमंत्री शिवराज सिंह
विद्यार्थियों और पूर्व विद्यार्थियों के साथ ही अनौपचारिक कार्यक्रम भी शीघ्र होगा
भोपाल, 16 अगस्त| मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने आज यहां शासकीय हमीदिया कला एवं वाणिज्य महाविद्यालय भोपाल के स्थापना के 75 वर्ष पूर्ण होने पर अमृत महोत्सव 2023 में हमीदिया महाविद्यालय का अत्याधुनिक विशाल सर्व सुविधायुक्त भवन बनाने और विदयार्थियों की आवश्यकता के अनुसार नए संकाय खोलने की घोषणा की। उन्होने कहा कि एप्रोच रोड और अन्य कार्य भी भवन निर्माण के स्थान के निर्धारण के बाद किए जाएंगे। यहां के पूर्व विद्यार्थियों और वर्तमान विद्यार्थियों के सुझावों पर जरूरी कदम उठाएंगे और कलेक्टर भोपाल, उच्च शिक्षा विभाग और संबंधित विभागों से समन्वय कर इन कार्यों को पूरा कराया जायेगा।
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने अमृत महोत्सव 2023 को संबोधित करते हुए कहा कि प्रत्येक विद्यार्थी के समक्ष यह विकल्प होता है कि वह या तो सामान्य जीवन जिए या देश और समाज के लिए बेहतर कार्य कर महान बनने का प्रयास करे। औरों के लिए जीना उपयोगी जीवन है। जीता वही है जो देश और समाज के लिए जीता है। स्वामी विवेकानंद ने यही प्रेरणा दी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज सीनियर होने के नाते अपने जूनियर्स को यही संदेश देना चाहता हूँ कि जीवन में कुछ बड़ा और बेहतर करने की सोचें।
उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह स्वयं इस महाविद्यालय के विद्यार्थी रहे हैं। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने महाविद्यालय परिसर में स्थापित स्वामी विवेकानंद जी की प्रतिमा का लोकार्पण किया।
विद्यार्थी जीवन की यादों में खो गए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने कहा कि कॉलेज में सभी प्रेम से मिलते हैं। ऐसा लगता है दौड़ कर जाएं और दोस्तों से गले लग जाएं। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने बताया वे साइकिल से कॉलेज जाते थे। पहले सेफिया कॉलेज जाते थे बाद में हमीदिया। इस महाविद्यालय से अनेक हस्तियां निकली हैं। इनमें भारत के राष्ट्रपति रहे डॉ. शंकर दयाल शर्मा भी शामिल हैं। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने डॉ. शर्मा को श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए कहा कि इस महाविद्यालय से बाबूलाल गौर, कैलाश सारंग, लक्ष्मीनारायण शर्मा, नजमा हेपतुल्ला, के.एन. प्रधान, ओ.एन. श्रीवास्तव, जस्टिस फैजानुद्दीन, हसनात सिद्दीकी जैसी हस्तियां पढ़कर निकलीं।
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने कहा कि आज इस महाविद्यालय के परिसर में आकर अनेक यादें ताजा हो रही हैं।
साथियों की फरमाइश पर सुनाया गीत
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने संबोधन के प्रारंभ में गीत भी सुनाया “अहसान मेरे दिल पर तुम्हारा है दोस्तो, ये दिल तुम्हारे प्यार का मारा है दोस्तो…। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने पूर्व विद्यार्थियों और साथियों की फरमाइश पर एक अन्य गीत सुनाया – “नदिया चले, चले रे धारा, तुझको चलना होगा…।” इसके साथ ही मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने उन्हें भेंट किया गया वर्ष 1978 का फोटो भी देखा और यादें ताजा कीं। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने रमेश शर्मा “गुट्टू भैया” को भी याद किया। अक्सर “गुट्टू भैया” के भोजनालय पर भोजन भी करते थे। न्यू मार्केट में समता चौक और लिटिल काफी हाउस में मित्रों के साथ मिलने-जुलने और चर्चा के दौर चलते थे।
विवेकाननंद जी मेरे आदर्श
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने कहा कि हमारा जीवन देश और समाज के लिए उपयोगी होना चाहिए। विवेकानंद जी की ये पंक्तियां विद्यार्थियों को याद रखना चाहिए। स्वामी विवेकानंद के अमृत वचनों को दोहराते हुए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने कहा कि मनुष्य के लिए कोई कार्य असंभव नहीं। वह सब कार्य कर सकता है जो ठान लेता है।
साथियों को किया याद, कहा विद्यार्थियों का अनौपचारिक कार्यक्रम होगा
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने महाविद्यालय के साथियों का बार-बार स्मरण किया। इनमें छात्र संघ अध्यक्ष रहे प्रेम ढींगरा, महाविद्यालय की जनभागीदारी समिति के वर्तमान अध्यक्ष देवेन्द्र रावत, महेन्द्र सिंह बुंदेला, छोटा बाबू राय, सुरजीत चौहान और अनेक साथियों का उल्लेख शामिल है। इनमें से अनेक विद्यार्थी आज के महोत्सव में उपस्थित थे। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने कहा कि आज के महोत्सव के अलावा महाविद्यालय के पूर्व और वर्तमान विद्यार्थियों के साथ शीघ्र एक अनौपचारिक कार्यक्रम भी करेंगे। यह इस माह या फिर सितंबर में होगी। अतिथि विद्वानों के संबंध में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने कहा कि अतिथि विद्वानों के संबंध में चर्चा के उपरांत निर्णय लिया जाएगा।
पुस्तकालय भवन का लोकार्पण, कम्प्यूटर लैब का शुभारंभ
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने महाविद्यालय परिसर पहुंचते ही एनसीसी और एनएसएस के विद्यार्थियों से भेंट की। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह कैडेट्स की गतिविधियों की जानकारी ली। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने महाविद्यालय की कंप्यूटर लैब का शुभारंभ किया। उन्होंने परिसर में रुद्राक्ष का पौधा लगाया। पुस्तकालय भवन का भी लोकार्पण किया। पुस्तकालय भवन विश्व बैंक परियोजना में निर्मित किया गया है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने महाविद्यालय परिसर में व्यायामशाला का भी निरीक्षण किया। हमीदिया महाविद्यालय के विद्यार्थियों ने लोक नृत्य प्रस्तुत कर नर्तक की भूमिका में पारंपरिक वाद्य यंत्रों के साथ मुख्यमंत्री शिवराज सिंह का स्वागत किया।
पहले बैच के पहले विद्यार्थी देवी शरण जी का किया स्वागत
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने कालेज के प्रथम बैच वर्ष 1946 के विद्यार्थी रहे, सेवानिवृत्त अधिकारी श्री देवी शरण सक्सेना जी का पुष्पहार से स्वागत किया। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने महाविद्यालय के अमृत महोत्सव के अवसर पर प्रकाशित स्मारिका का विमोचन किया। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह को स्मृति चिन्ह भेंट किया गया। महाविद्यालय की प्राचार्य पुष्पलता चौकसे ने स्वागत उद्बोधन दिया। अमृत महोत्सव में मुख्यमंत्री के साथ सांसद वीडी शर्मा, प्रज्ञा सिंह ठाकुर, चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास सारंग, भोपाल की महापौर मालती राय, नगर निगम अध्यक्ष किशन सूर्यवंशी सहित, पूर्व विद्यार्थी भरत चतुर्वेदी, तपन भौमिक, पूर्व सांसद आलोक संजर और अनेक पूर्व विद्यार्थी उपस्थित थे।
प्रारंभ में सांसद वी.डी. शर्मा ने कहा कि इस महाविद्यालय ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह का निर्माण किया है। इस संस्था को ऐसे कुशल नेतृत्व को तैयार करने का श्रेय जाता है। कार्यक्रम में उपस्थित अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के क्षेत्रीय संगठन मंत्री चेतन सुखाड़िया ने कहा कि स्वामी विवेकानंद जी की प्रतिमा का महाविद्यालय परिसर में लोकार्पण हुआ है। स्वामी विवेकानंद जी ने शिकागो में भारत के ज्ञान केन्द्र होने और विश्व गुरु होने का प्रमाण प्रस्तुत किया था। शिक्षा पद्धति पर भावी पीढ़ी तैयार करने का दायित्व होता है। आज विद्यार्थियों को शिक्षा के माध्यम से अपनी सभ्यता, संस्कृति, अपने राष्ट्र और राष्ट्र की माटी से जोड़ने के प्रयास हो रहे हैं। वरिष्ठ सामाजिक कार्यकर्ता और महाविद्यालय के विद्यार्थी रहे भरत चतुर्वेदी ने कहा कि हमीदिया महाविद्यालय वर्ष 1964 से 1975 की अवधि में छात्र आंदोलनों के स्वर्ण युग का साक्षी है। मनोहर पाठक, दीपचंद यादव जैसे सक्रिय कार्यकर्ता इस महाविद्यालय के विद्यार्थी रहे। इस महाविद्यालय को महारानी लक्ष्मी कन्या महाविद्यालय के भवन से परस्पर स्थानांतरित करने की मांग भी काफी पुरानी थी जो मुख्यमंत्री शिवराज सिंह के मुख्यमंत्री बनने के बाद ही पूरी हो सकी।
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने पूर्व प्रधानमंत्री स्व. वाजपेयी और वीरांगना रानी अवंती बाई की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर नमन किया
भोपाल, 16 अगस्त| मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने शौर्य स्मारक चौराहे के पास पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न स्व. अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। खजुराहो सांसद वी.डी. शर्मा,चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास कैलाश सारंग, विधायक रामेश्वर शर्मा, कृष्णा गौर और महापौर मालती राय, सुमित पचौरी और गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने भारत रत्न स्व. अटल बिहारी वाजपेयी के योगदान का स्मरण किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि देशवासियों के मन में भारत रत्न स्व. अटल बिहारी वाजपेयी के प्रति सम्मान रहा है। कोई उनसे सहमत हो या असहमत, सभी उनके लिए उमड़ पड़ते थे। उनका जीवन बेदाग रहा। प्रतिपक्ष के नेता और तत्कालीन प्रधानमंत्री के रूप में उन्होंने भारत माता की यादगार सेवा की। स्व. श्री वाजपेयी के बताए मार्ग पर चलते हुए प्रधानमंत्री मोदी शक्तिशाली और वैभवशाली भारत के निर्माण में लगे हैं।
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने संत रामकृष्ण परमहंस की पुण्य-तिथि पर उनके योगदान का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्होंने स्वामी विवेकानंद जैसे व्यक्तित्व को गढ़ा। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने रानी अवंती बाई की जयंती पर आजादी के आंदोलन में उनकी भूमिका को याद किया। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने माता मंदिर स्थित अवंती बाई चौराहे पर स्थापित उनकी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की। इस अवसर पर अनेक जन-प्रतिनिधि उपस्थित थे।
5वीं पुण्यतिथि पर अटल बिहारी वाजपेयी की समाधि पर पहुंचे राष्ट्रपति-प्रधानमंत्री
दिल्ली, 16 अगस्त| भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की 5वीं पुण्यतिथि के अवसर पर देश ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, गृह मंत्री अमित शाह समेत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के अन्य नेताओं ने राजघाट के समीप उनके समाधिस्थल ‘सदैव अटल’ पर अपने प्रिय नेता को श्रद्धा सुमन अर्पित किये।
इस कार्यक्रम में पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी के परिवार के सदस्य भी उपस्थित थे। इससे पहले प्रधानमंत्री मोदी ने ट्वीट करके स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी को उनकी पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि दी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा- स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व से भारत को बहुत फायदा हुआ है। उन्होंने भारत की प्रगति को बढ़ावा देने और कई क्षेत्रों में इसे 21वीं सदी में ले जाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। प्रधानमंत्री ने कहा, ‘मैं भारत के 140 करोड़ लोगों की तरफ से अटल जी को उनकी पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं।’
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा, ‘स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि पर मैं उन्हें स्मरण एवं नमन करता हूं। उन्होंने देश को विकास और सुशासन के पथ पर अग्रसर किया। उन्हें मेरी भावभीनी श्रद्धांजलि।’














