मुंबई, 21 जून/ बॉलीवुड अभिनेता कपिल शर्मा फिल्म क्रू में तब्बू और करीना कपूर के साथ काम करते नजर आयेंगे। तब्बू और करीना कपूर की आने वाली कॉमेडी फिल्म ‘द क्रू’ में कपिल शर्मा की एंट्री हो गई है।तब्बू ने इस न्यूज को शेयर किया है। उन्होंने इंस्टाग्राम पर यह जानकारी दी। इस फिल्म में कपिल शर्मा स्पेशल भूमिका में नजर आएंगे। रिया कपूर और एकता कपूर द्वारा निर्मित ‘द क्रू’ का निर्देशन राजेश कृष्णन कर रहे हैं। तब्बू ने कपिल शर्मा के साथ ली सेल्फी को पोस्ट किया और लिखा, ‘आप आए बहार आई। फिल्म ‘द क्रू’ का हिस्सा बनने के लिये दिल की गहराइयों से आपका धन्यवाद कपिल। आपके शो में होने से लेकर आपको मेरे सह-कलाकार के रूप में देखना मेरे लिये हमेशा एक खुशी की बात रही है।’
अमेरिका में विभिन्न क्षेत्रों के दिग्गजों से मुलाकात की मोदी ने
न्यूयॉर्क 21 जून/ अमेरिका यात्रा पर गए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञों, कंपनियों के मुख्य कार्यकारी अधिकारीयों तथा गणमान्य लोगों से मुलाकात की है। भारतीय समयानुसार मंगलवार रात यहां पहुंचे श्री मोदी ने तकनीक क्षेत्र के दिग्गज कारोबारी और टेस्ला इंक के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एलन मस्क के साथ मुलाकात की।
प्रधानमंत्री ने विभिन्न सेक्टरों में प्रौद्योगिकी को सुलभ और किफायती बनाने के प्रयासों के लिए श्री मस्क की सराहना की। उन्होंने श्री मस्क को भारत में इलेक्ट्रिक मोबिलिटी तथा तेजी से बढ़ते अंतरिक्ष क्षेत्र में निवेश के लिए आमंत्रित किया। श्री मोदी ने अमेरिका के स्वास्थ्य क्षेत्र के अग्रणी विशेषज्ञों के एक समूह के साथ भी मुलाकात की। उन्होंने विशेषज्ञों के साथ बेहतर स्वास्थ्य देखभाल के लिए डिजिटल प्रौद्योगिकीयों के उपयोग, समेकित चिकित्सा पर अधिक बल तथा स्वास्थ्य देखभाल की बेहतर तैयारी सहित विभिन्न मामलों पर चर्चा की। प्रधानमंत्री ने भारतीय अमेरिकी गायिका, संगीतकार और ग्रैमी पुरस्कार विजेता सुश्री फाल्गुनी शाह से भी मुलाकात की। उन्होंने सुश्री शाह के गीत ‘एबंडेंस इन मिलेट्स’ के लिए उनकी सराहना की, जो स्वस्थ और पर्यावरण के अनुकूल मोटे अनाज के बारे में जागरूकता बढ़ाता है। प्रधानमंत्री ने संगीत के माध्यम से भारत और अमेरिका के लोगों को साथ लाने के लिए उनकी सराहना की। श्री मोदी ने नोबल पुरस्कार विजेता अर्थशास्त्री और उद्यमी प्रो. पॉल रोमर से भी मुलाकात की। उन्होंने आधार और डिजिलॉकर जैसे नवोन्मेषी साधनों के उपयोग सहित भारत की डिजिटल यात्रा पर चर्चा की। उन्होंने शहरी विकास के लिए भारत द्वारा की जा रही विभिन्न पहलों पर भी चर्चा की। प्रधानमंत्री ने अमेरिकी बौद्ध विद्वान, लेखक और पद्म श्री पुरस्कार से सम्मानित प्रोफेसर रॉबर्ट थुरमन से मुलाकात की। उन्होंने वैश्विक चुनौतियों के समाधान के लिए बौद्ध मूल्यों की क्षमताओ पर विचारों का आदान-प्रदान किया। उन्होंने भारत के बौद्ध दर्शन से जुड़ाव और बौद्ध विरासत के संरक्षण के लिए किए जा रहे प्रयासों पर भी चर्चा की।
होंडुरास की महिला जेल में दंगा, 41 कैदियों की मौत
टेगुसिगलपा, 21 जून/ अमेरिकी देश होंडुरास की एक महिला जेल में दंगा और आगजनी की घटना होने से कम से कम 41 कैदियों की मौत हो गई। लोक मंत्रालय के फोरेंसिक मेडिसिन निदेशालय ने पुष्टि की। मंत्रालय की प्रवक्ता यूरी मोरा ने संवाददताओं से कहा कि मंगलवार को ‘मारा’ गैंग की वजह से यह हिंसा हुई है।
उन्होंने कहा कि अधिकारियों ने पता लगाया है कि राजधानी शहर टेगुसिगलपा से लगभग 35 किमी दूर फ्रांसिस्को मोरज़ान में 25 महिलाओं की आग में झुलसकर मौत हो गयी और अन्य 16 को गोली लगने से मौत हो गयी है। उन्होंने कहा कि मृतकों की संख्या बढ़ सकती है। कैदियों के रिश्तेदारों के एक प्रतिनिधि डेल्मा ऑर्डोनेज़ ने कहा कि अधिकारियों द्वारा जेल के लिए नए नियमों की घोषणा करने के बाद दंगा भड़क गया, जिसमें टीवी और अन्य उपकरणों पर प्रतिबंध लगाना और उन्हें जब्त करना शामिल था।
स्थानीय मीडिया के अनुसार घायल कैदियों को टेगुसिगलपा के एक अस्पताल में स्थानांतरित किया गया है। राष्ट्रपति शाओमारा कास्त्रो ने कहा, मारा गैंग ने ही यह दंगा प्लान किया था। इसकी जानकारी प्रशासन को भी थी। उप सुरक्षा मंत्री जुलिसा विलानुएवा ने दंगा शुरू होने पर ट्विटर के माध्यम से कहा, “हम इस जेल में बर्बरता की हरकतों और अनियमितताओं को बर्दाश्त नहीं करेंगे। उन्होंने आपातकाल घोषित किया और राष्ट्रीय पुलिस और सेना के साथ-साथ अग्निशामकों के ‘तत्काल हस्तक्षेप’ करने को कहा है।
मुख्य सचिव की अध्यक्षता में निगरानी एवं मार्गदर्शन के लिए राज्य स्तरीय समिति का गठन
भोपाल, 21 जून/ राज्य शासन ने मिशन शक्ति योजना-संबल एवं सामर्थ्य उपयोजना अंतर्गत संबंधित विभागों से समन्वय तथा जिला एवं राज्य स्तर पर योजना के क्रियान्वयन की निगरानी व मार्गदर्शन के लिए राज्य स्तरीय समिति का गठन मुख्य सचिव की अध्यक्षता में किया है। आधिकारिक जानकारी के अनुसार समिति में प्रमुख सचिव/सचिव, महिला एवं बाल विकास सदस्य सचिव होंगे। सचिव, लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, स्कूल शिक्षा, उच्च शिक्षा, तकनीकी शिक्षा कौशल एवं रोजगार, वित्त, विज्ञान एवं प्रौद्यागिकी, गृह, खेल एवं युवा कल्याण, अनुसूचित जाति कल्याण, सामाजिक न्याय एवं नि:शक्तजन कल्याण, पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण, विधि और विधायी कार्य समिति में सदस्य होंगे।
जल्द ही भारतीय बाजार में करेंगे प्रवेश :एलन मस्क
दिल्ली/न्यूयॉर्क, 21 जून/ इलेक्ट्रिक कार निर्माता कंपनी ‘टेस्ला’ के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) एलन मस्क ने बुधवार को कहा कि उनकी कंपनी बहुत जल्द ही भारतीय बाजार में प्रवेश करेगी और महत्वपूर्ण निवेश करेगी। अमेरिकी अरबपति ने न्यूयॉर्क में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात करने के बाद यह घोषणा की। प्रधानमंत्री मोदी के साथ मुलाकात के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए मस्क ने कहा “ मुझे पूरा भरोसा है कि मानवीय रूप से बहुत जल्द टेस्ला भारत में होगी और भारत के पास दुनिया के किसी भी बड़े देश की तुलना में ज्यादा उम्मीदें हैं।”
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी वास्तव में भारत की चिंता करते हैं क्योंकि वह हमें भारत में महत्वपूर्ण निवेश करने के लिए प्रेरित कर रहे हैं, हम निवेश करने की इच्छा भी रखते हैं और हम केवल सही समय का इंतजार कर रहे हैं। श्री मस्क ने कहा कि वह प्रधानमंत्री मोदी के प्रशंसक हैं। उन्होंने मोदी को उनकी योजनाओं के लिए धन्यवाद दिया और कहा कि दोनों ओर से निकट भविष्य में कुछ घोषणाएं की जा सकती हैं। टेस्ला के सीईओ ने कहा कि वह स्टारलिंक को भारत लाने के लिए उत्सुक हैं और वह अगले वर्ष भारत का दौरा करेंगे। गौरतलब है कि प्रधानमंत्री मोदी 20 से 23 जून तक अमेरिका की तीन दिवसीय यात्रा पर हैं, जिसमें उनका न्यूयॉर्क शहर और वाशिंगटन में ठहरने का कार्यक्रम शामिल हैं। अपनी यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री मोदी अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन, उपराष्ट्रपति कमला हैरिस और विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन से मिलेंगे।
विद्या बालन की फिल्म नीयत का टीजर रिलीज
मुंबई, 21 जून/ बॉलीवुड अभिनेत्री विद्या बालन की आने वाली फिल्म नीयत का टीजर रिलीज हो गया है। अनु मेनन द्वारा निर्देशित फिल्म नीयत में विद्या बालन जासूस मीरा राव के रोल में नजर आएंगी, जो एक मर्डर मिस्ट्री को सॉल्व करती देखी जाएंगी। फिल्म नीयत का टीजर रिलीज हो गया है। विद्या बालन ने फिल्म का टीजर शेयर किया, जिसकी शुरुआत एक आवाज के साथ होती है। टीजर के वॉइसओवर में कहा जाता है, संदिग्ध आ रहे हैं, मकसद बन रहे हैं, तैयार हो जाओ दोस्तों, एक सीक्रेट आ रह है।’नीयत’ फिल्म की शूटिंग यूके में की गई है। इस फिल्म में विद्या बालन के अलावा राम कपूर और राहुल बोस की भी अहम भूमिका है। फिल्म नीयत 07 जुलाई को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
काँग्रेस नेता विष्णु विश्वकर्मा ने दी चेतावनी तीन दिन में आदिपुरुष फ़िल्म बैन न होने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को दिखाये जाएंगे काले झंडे
भोपाल। आदिपुरुष फिल्म से जुड़ा गुस्सा बढ़ता जा है। आदिपुरुष फिल्म के चित्रण और संवाद को सनातन मर्यादा और संस्कृति के विरुद्ध बताते हुए सनातन धर्मावलंबी फिल्म के निर्माता निर्देशक और लेखक के विरोध में लामबंद हैं। फिल्म के विरोध की कड़ी में मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी लौह काष्ठ कला प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष विष्णु विश्वकर्मा के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने हनुमान चालीसा का पाठ कर आदिपुरुष फिल्म के निर्माता निर्देशक और लेखक को सद्बुद्धि मिलने की कामना हनुमान जी से की। होशंगाबाद रोड के आशिमा मॉल के सामने सम्पन्न हुए इस कार्यक्रम में विष्णु विश्वकर्मा ने मध्यप्रदेश के मुखिया शिवराज सिंह चौहान और गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा से अधिकतम 3 दिवस के अंदर आदिपुरुष फिल्म को बैन करने की मांग की है। ऐसा ना होने की स्थिति में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगामी दौरे पर काले झंडे दिखाकर विरोध दर्ज कराने की चेतावनी भी दी है। श्री हनुमान चालीसा पाठ में विष्णु विश्वकर्मा सहित राहुल मालवीय, विनय मालवीय, राहुल राठौर एवं अन्य कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री रहे व्यक्ति को ऐसी भाषा शोभा नहीं देती : शिवराज
भोपाल, 20 जून/ मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ पर निशाना साधते हुए कहा कि जो व्यक्ति मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री रहे हों, उनको ऐसी निकृष्टतम भाषा का उपयोग शोभा नहीं देता है। श्री चौहान ने स्थानीय गुफा मंदिर के निकट स्थित जैन नगर भ्रमण के दौरान मीडियाकर्मियों से चर्चा में ये बात कही। उन्होंने कहा कि जो व्यक्ति प्रदेश के मुख्यमंत्री रहे हों, उन्हें ऐसी भाषा शोभा नहीं देती। उनकी चक्की ने जनता को सवा साल पीसा। वे अधिकारी-कर्मचारियों को धमकी दे रहे हैं। कमलनाथ कौन से युग में जी रहे हैं। अधिकारी-कर्मचारी भी इंसान हैं, क्या उन्हें इस तरह डराया-धमकाया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश सब देख रहा है। श्री कमलनाथ के पिछले दिनों में कई ऐसे वीडियो वायरल हुए हैं, जिसमें वे आगामी विधानसभा चुनाव के संदर्भ में अधिकारी-कर्मचारियों को चेतावनी देते हुए सुनाई दे रहे हैं।
मालाबार गोल्ड एंड डायमंड्स के ब्रांड एंबेसडर बने एनटीआर जूनियर
मुंबई, 20 जून/ दक्षिण भारतीय फिल्मों के सुपरस्टार एनटीआर जूनियर को मालाबार गोल्ड एंड डायमंड्स ने अपना ब्रांड एंबेसडर बनाया है। एनटीआर जूनियर, मालाबार गोल्ड एंड डायमंड्स के आगामी उपभोक्ता अभियानों में शामिल होंगे। एनटीआर जूनियर ने कहा, मैं एक बार फिर मालाबार गोल्ड एंड डायमंड्स के साथ जुड़कर खुश हूं। सबसे भरोसेमंद आभूषण ब्रांडों में से एक होने के अलावा, वे वैश्विक स्तर पर भारतीय डिजाइनों, कला और संस्कृति को सक्रिय रूप से प्रदर्शित कर रहे हैं। उनके ग्राहक-केंद्रित वादों और ईएसजी पहलों ने उद्योग में अपना नेतृत्व स्थापित किया है। मैं उन मूल्यों के बीच महान तालमेल देखता हूं जिनमें मैं विश्वास करता हूं और जिस ब्रांड के लिए जाना जाता है।
पीसीबी अध्यक्ष की दौड़ से बाहर हुए सेठी
लाहौर, 20 जून/ पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) के अंतरिम अध्यक्ष नजम सेठी दूसरे कार्यकाल के लिये अपनी दावेदारी पेश नहीं करेंगे। पिछले दिसंबर में पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ द्वारा नियुक्त अंतरिम प्रबंधन समिति का नेतृत्व करने के बाद सेठी पीसीबी अध्यक्ष के रूप में बने रहने के प्रबल दावेदार थे। अंतरिम समिति का कार्यकाल बुधवार को समाप्त होने वाला है।














