जकार्ता, 14 जून/ युवा भारतीय शटलर लक्ष्य सेन और किदांबी श्रीकांत ने बुधवार को इंडोनेशिया ओपन 2023 में
अपने-अपने मुकाबले जीतकर प्री-क्वार्टरफाइनल में जगह बना ली। लक्ष्य ने पुरुष एकल के पहले चरण में मलेशिया के ली
ज़ी जिया को मात्र 33 मिनट में 21-17, 21-13 से हराया, जबकि किदांबी ने चीन के लू गुआंग ज़ू को 21-13, 21-19 से मात दी। प्री-क्वार्टरफाइनल में लक्ष्य और किदांबी आमने-सामने होंगे। साल के आखिरी सुपर 1000 आयोजन में विश्व नंबर 19 लक्ष्य ने विश्व नंबर 11 ज़ी जिया को हराकर आमने-सामने के मुकाबलों में 3-1 की बढ़त बना ली। यह मई 2022 में हुए थॉमस कप के बाद लक्ष्य और ज़ी जिया का पहला मुकाबला था। पिछली बार हुई भिड़ंत में मलेशियाई शटलर ने बाज़ी मारी थी।
दूसरी ओर, श्रीकांत ने अपने चीनी प्रतिद्वंदी को हराने के लिये सिर्फ 46 मिनट का समय लिया। यह गुआंग ज़ू के
विरुद्ध श्रीकांत की लगातार पांचवीं जीत है। इसी बीच, युवा भारतीय प्रियांशु राजावत ने थाईलैंड के कुनलावुत वितिदसर्न से
वॉकओवर मिलने के बाद दूसरे चरण में कदम रखा। प्री-क्वार्टरफाइनल में प्रियांशु का सामना एंथनी गिनटिंग या हान्स
विटिंगस में से किसी एक से होगा। इसी बीच, आकर्षी कश्यप महिला एकल में कोरिया की आन सेयंग से हारकर टूर्नामेंट से बाहर हो गयीं। इस साल थाईलैंड ओपन और सिंगापुर ओपन का खिताब जीतने वाली सेयंग ने पहले गेम में आकर्षी को 21 -10 से हराया। दूसरे गेम में आकर्षी कोई दमखम नहीं दिखा सकीं और कोरियाई शटलर ने 21-4 से गेम जीतकर 28 मिनट में मैच खत्म किया।
इंडोनेशिया ओपन : प्री-क्वार्टरफाइनल में भिड़ेंगे लक्ष्य, श्रीकांत
बिपरजॉय के कारण सवा सौ से अधिक ट्रेनें प्रभावित
दिल्ली,मुंबई 14 जून/ चक्रवाती तूफान बिपरजॉय के कारण सवा सौ से अधिक ट्रेनों का परिचालन प्रभावित हुआ है। मुंबई में पश्चिम रेलवे के प्रवक्ता के अनुसार चक्रवात के कारण 69 ट्रेनों को रद्द किया गया है, 33 ट्रेनों को गंतव्य से पहले ही समाप्त कर दिया गया है जबकि 25 ट्रेनें ऐसी हैं जिन्हें बीच के स्टेशन से चलाने का फैसला लिया गया है।
गारंटी जैसा कुछ नहीं, हम तो सीधे दे रहे : शिवराज
भोपाल, 14 जून/ मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज बिना किसी का नाम लिए कांग्रेस पर हमला बोलते
हुए कहा कि गारंटी-वारंटी जैसा कुछ नहीं होता, भारतीय जनता पार्टी की सरकार सीधे जनता को सौगातें दे रही है। श्री
चौहान ने मंत्रिपरिषद् की बैठक के पूर्व अपने संबोधन में कहा कि जनकल्याण की दृष्टि से यह सप्ताह बहुत महत्वपूर्ण था।
भाजपा सरकार ने महिलाओं के कल्याण के लिए मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना बनाई। उन्होंने पूरी टीम को बधाई देते हुए कहा कि इतनी तेजी से किसी योजना को बनाना, बिना किसी शिकायत के सब काम पूरा होना अपने आप में रिकॉर्ड है।
एक करोड़ 25 लाख 600 से ज्यादा महिलाओं के नाम जोड़ लेना, ईकेवायसी हो जाना, आधार कार्ड, बैंक लिंकेज सब संपन्न हो जाना और उसके बाद उनके खातों में सफलतापूर्वक पैसे चले जाना यह अपने आप में किसी योजना का रिकॉर्ड है। ये सरकारी सिस्टम में इससे पहले कभी नहीं हुआ। बहनें परम आनंदित हैं।
डिफाल्टर किसानों से किया गया वादा पूरा किया-शिवराज
भोपाल, 14 जून/ मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज मंत्रालय सभा कक्ष में मंत्रि-परिषद की बैठक प्रारंभ होने से पहले मंत्रि-परिषद के सदस्यों से कहा कि मध्यप्रदेश में जन-कल्याण का महायज्ञ चल रहा है। प्रदेश के साढ़े आठ करोड़ नागरिकों के कल्याण के लिए सरकार संकल्पित है। आधिकारिक जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना के 10 जून के कार्यक्रम और किसान -कल्याण के 13 जून के कार्यक्रम सफल हुए। यह सप्ताह इस द्ष्टि से काफी महत्वपूर्ण रहा । किसानों और बहनों को मंत्रि-परिषद की ओर से बधाई दी गई ।
छत्तीसगढ़ में भीषण गर्मी के कारण स्कूल 26 जून तक बन्द रखने के निर्देश
रायपुर, 14 जून/ छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने राज्य में पड़ रही भीषण गर्मी के मद्देनजर स्कूलों को 26 जून तक बन्द रखने के निर्देश दिए है। श्री बघेल ने शिक्षा विभाग के अधिकारियों को आज यह निर्देश देते हुए कहा कि भीषण गर्मी में स्कूल खोलने से बच्चों को काफी परेशानी होगी,और उनके स्वास्थ्य पर भी इसका प्रतिकूल असर पड़ सकता है।उन्होने अधिकारियों को स्कूलों में 26 जून तक बन्द रखने के निर्देश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया हैं।
पंडित प्रदीप मिश्रा से मिले सीएम शिवराज, स्मार्ट सिटी पार्क में किया पौधारोपण
भोपाल। सीहोर के प्रख्यात कथावाचक पंडित प्रदीप मिश्रा जी इन दिनों भोपाल कथावाचन कर रहे हैं। करोंद में चल रही
शिव महापुराण कथा का आज अंतिम दिन है। दोपहर 02 से 05 बजे तक कथावाचन हो रहा है, जिसमें लाखों की संख्या में श्रद्धालु उमड़ रहे हैं। बुधवार सुबह सीएम शिवराज सिंह चौहान ने एमएलए गेस्ट हाउस पहुंचकर पंडित प्रदीप मिश्रा से भेंट की और उनका आशीर्वाद लिया। इस दौरान मंत्री विश्वास सारंग भी उनके साथ थे। सीएम शिवराज ने पंडित प्रदीप मिश्रा के साथ स्मार्ट सिटी पार्क पहुंचकर पौधारोपण भी किया। दोनों ने मिलकर आंवला, नीम एवं खिरनी के पौधे रौपे। इस
अवसर पर विभिन्न सामाजिक कार्यकर्ताओं व पर्यावरण प्रेमियों ने भी पौधारोपण किया।
मध्यप्रदेश कैबिनेट की हायर सेकंडरी स्कूलों में प्रथम आने वाले बच्चों को ईस्कूटी देने की स्वीकृति
भोपाल, 14 जून/ मध्यप्रदेश मंत्रिपरिषद् ने प्रदेश के समस्त शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों में प्रथम स्थान प्राप्त
करने वाले विद्यार्थियों को ई-स्कूटी देने को स्वीकृति दे दी है। गृह मंत्री और प्रदेश सरकार के प्रवक्ता डॉ नरोत्तम मिश्रा ने
मंत्रिपरिषद् की बैठक के बाद संवाददाताओं को बताया कि सरकार प्रदेश के 9,000 छात्र-छात्राओं को ई-स्कूटी देगी। प्रदेश के समस्त शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को ये दी जाएगी। जिन क्षेत्रों में ई-स्कूटी उपलब्ध नहीं है, वहां इन प्रतिभाशाली बच्चों को स्कूटी प्रदान की जाएगी।
27 जून को एमपी के दौरे पर आएंगे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, वंदेभारत को दिखाएंगे हरी झंडी
भोपाल। प्रदेश में विधानसभा चुनाव का समय नजदीक आने के साथ राजनीतिक दौरों का सिलसिला भी तेज हो गया है। दो दिन पहले कांग्रेस की प्रियंका गांधी वाड्रा में जबलपुर में बड़ी सभा करते हुए पार्टी के चुनाव अभियान का शंखनाद किया था। अब आगामी 27 जून को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी प्रदेश के दौरे पर आ रहे हैं।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने पीएम मोदी के मप्र दौरेे के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि
भाजपा और प्रदेश के लिए सौभाग्य का विषय है कि पीएम मोदी 27 जून को भोपाल आ रहे हैं। वह देशभर के 10 लाख
बूथों पर पीएम मोदी डिजिटल रैली के माध्यम से संबोधित करेंगे। देशभर के चयनित ढाई हजार लोगों को मोदी जी सीधा
संबोधित करेंगे। वहीं इस डिजिटल रैली का प्रसारण देश के 10 लाख बूथों पर किया जाएगा। इसमे एमपी के 65 हजार
100 बूथ भी शामिल रहेंगे। इस दौरान मोदी जी बूथ के सभी पदाधिकारियों, बूथ समितियों, बूथ प्रमुख, पन्ना समितियों ,पन्ना प्रमुख को संबोधित करेंगे। मध्य प्रदेश के 38 लाख बीजेपी कार्यकर्ता डिजिटली एनरोलड है जो उस रैली में शामिल होंगे। उन्होंने सभा स्थल के लिए स्थान चयन किया जा रहा है। पीएम से रोड शो करने की अनुमति भी मांगी गई है।
उन्होंने बताया कि पहले प्रधानमंत्री मोदी धार आएंगे, फिर भोपाल आएंगे। प्रधानमंत्री भोपाल आकर प्रदेश को दूसरी वंदे
भारत एक्सप्रेस की सौगात देंगे। वह भोपाल में वंदे भारत एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाएंगे। उसके बाद कार्यकर्ताओं को
संबोधित करेंगे।
सोमवार शाम चार बजे लगी आग पर मंगलवार सुबह 8 बजे तक टीम ने काबू पा लिया
भोपाल। राजधानी में सतपुड़ा भवन के स्वास्थ्य संचालनालय कार्यालय में भीषण आग लग गई। आग में दस्तावेज जलकर
खाक हो गए। भीषण आग के बाद सतपुड़ा भवन को खाली करा लिया गया। आग की वजह से आसपास दो किलोमीटर
के दायरे में धुआं ही धुआं नजर आ रहा था। आग से किसी तरह की जनहानि की सूचना अब तक नहीं है। आग से चार
मंजिलों में रखी सभी तरह की फाइलें और सामान पूरी तरह जलकर हुआ खाक। रात सवा ग्यारह बजे चौथी मंजिल पर फिर आग भड़क उठी। देर रात वायु सेना टीम सतपुड़ा भवन पहुंच गई। एडीजी फायर आशुतोष राय ने कहा कि प्रथमदृष्टया यहीलगता है कि एसी में शार्ट सर्किट की वजह से आग लगी है।
सोमवार शाम चार बजे लगी आग पर मंगलवार सुबह 8 बजे तक टीम ने काबू पा लिया था। हालांकि
सुबह साढ़े नौ बजे तक भी 6वें फ्लोर से धुआं उठता देखा गया। यह देखते हुए फायर फाइटर्स की टीम को वहां भेजा गया।
मंगलवार सुबह करीब पौने दस बजे कर्मचारी भी दफ्तर पहुंचने लगे। वे सड़क के पार बैठे हैं और अपने कार्यालय की
हालात देखकर परेशान है, आने वाले दिनों में इनके सामने कई समस्याएं आने वाली हैं। उधर, सतपुड़ा भवन में आग लगने के चलते मंगलवार को सतपुड़ा भवन स्थित कार्यालय के लिए अवकाश घोषित किया गया है। सामान्य प्रशासन विभाग ने इस संबंध में आदेश जारी कर दिया है। इसकी सूचना मिलने के बाद कर्मचारी अपने-अपने घरों की ओर वापस लौट गए। उधर, सीएम शिवराज ने आज प्रातः 10 सतपुड़ा बिल्डिंग में आगजनी की घटना को लेकर रिव्यू बैठक बुलाई।इस बैठक में मुख्य सचिव, डीजीपी सहित मंत्री नरोत्तम मिश्रा, प्रभु राम चौधरी, अधिकारियों में राजेश राजौरा, मो. सुलेमान, नीरज मंडलोई सहित सबंधित अधिकारी शामिल हैं। बैठक मुख्यमंत्री निवास कार्यालय समत्व में आयोजित की गई। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के निर्देश पर गठित अफसरों की टीम दोपहर करीब एक बजे सतपुड़ा भवन में जांच के लिए पहुंची। जांच दल के सदस्य गृह विभाग के अपर मुख्य सचिव राजेश राजौरा ने कहा कि शुरुआती जायजा लिया है। फिलहाल आग लगने के कारणों पर कुछ कहना जल्दबाजी होगा।
विधायकों संग पहुंचे नेता प्रतिपक्ष को गेट पर रोका, धरने पर बैठे
विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष डा.गोविंद सिंह सतपुड़ा भवन में लगी आग के बाद स्थिति देखने के लिए विधायकों के साथ
पहुंचे, पर उन्हें अंदर नहीं जाने दिया गया। पुलिसकर्मियों ने उन्हें प्रवेशद्वार पर ही रोक दिया। डा. सिंह ने कहा कि यह
जनप्रतिनिधियों का अपमान है। आखिर डर किस बात का है। ई-टेंडर से लेकर करोड़ों रुपये के घोटाले हुए हैं, जिन्हें दबाया जा रहा है। पर अब सरकार कुछ भी कर ले, ये घोटाले छुपने वाले नहीं हैं। डा. सिंह के साथ पीसी शर्मा, फुंदेलाल सिंह मार्को, सुनील सराफ सहित अन्यविधायक पहुंचे थे। रोके जाने पर वह गेट के बाहर ही धरने पर बैठ गए। रात साढ़े तीन इंदौर से भी फायर अमला मौके पर पहुंचा और आग बुझाने के प्रयासों में जुट गया। प्रदेश के गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा, स्वास्थ्य मंत्री प्रभुराम चौधरी और चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास सारंग ने भी रात में मौके पर पहुंच कर स्थितियों का जायजा लिया।
कलेक्टर आशीष सिंह भी रातभर
मौके पर डटे रहे। उन्होंने लगभग साढ़े तीन बजे बताया कि आग नियंत्रण में है। अंदर लगी आग पर काबू पाने का प्रयास
किया जा रहा है। हमारी टीम अंदर पहुंच जाएगा। उसके बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। सुबह चार बजे तक 12 घंटे बाद
भी नहीं बुझी आग। छठवीं मंजिल पर हवा चलने से फिर भड़क उठी आग। तमाम प्रयासों के बाद नगर निगम ने मंगलवार
सुबह 4:30 बजे हाइड्रोलिक मशीन का प्रयोग कर टावर में लगी आग को बुझाया। सुबह छह बजे भी सतपुड़ा भवन से
धुआं निकल रहा था। सुबह सात बजे तक आग पर काबू पाया जा सका। हालांकि कहीं-कहीं से अब भी हल्का धुआं उठ रहा है। कलेक्टर आशीष सिंह ने कहा कि आग पर काबू पा लिया गया है। सीआइएसएफ, आर्मी समेत सभी एजेंसियों ने मिलकर आग को बुझा दिया है। देर रात के हालात देखकर लग रहा था कि पूरा सतपुड़ा भवन ही आग में जलकर खाक हो जाएगा।
सीएम शिवराज सिंंह चौहान ने इस अग्निकांड की जानकारी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भी दी है। उन्होंने केंद्रीय गृहमंत्री
अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह को भी इस बारे में जानकारी देकर मदद मांगी है। जानकारी के अनुसार आग
सतपुड़ा भवन की तीसरी मंजिल पर लगी। इस मंजिल पर अनुसूचित जनजाति क्षेत्रीय विकास योजना का कार्यालय है।
इसके बाद आग तेजी से फैली और छठी मंजिल तक पहुंच गई। चौथी,पांचवीं और छठी मंजिल पर स्वास्थ्य संचालनालय के
कार्यालय हैं। आशंका जताई जा रही है कि यहां सभी फाइलें आग में नष्ट हो गई हैं।
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने आग पर काबू पाने के लिए एयरफोर्स की मदद मांगी है। उनके आग्रह पर रक्षा मंत्री ने एयरफोर्स को निर्देशित किया है। रक्षा मंत्री के निर्देश पर आज रात AN 32 विमान और MI 15 हेलीकाप्टर भोपाल पहुंचने के लिए कहा गया। इसके लिए भोपाल एयरपोर्ट भी रात भर खुला रहेगा।
भीषण चक्रवाती तूफान बिपर्जय 15 जून को मंडावी में टकराएगा
भोपाल/ अरब सागर में उठा भीषण चक्रवाती तूफान बिपर्जय उत्तर दिशा की तरफ बढ़ रहा है। मौसम विज्ञानियों के
मुताबिक तूफान के 15 जून की शाम को कराची-कच्छ (गुजरात) के बीच मंडावी में टकराने के आसार हैं। उधर एक
पश्चिमी विक्षोभ वर्तमान में पाकिस्तान के आसपास बना है। हवा का रुख भी पश्चिमी बना हुआ है। मंगलवार को सुबह
राजधानी भोपाल में 50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवा चली। हवा के साथ नमी आने के कारण भोपाल, नर्मदापुरम, जबलपुर, इंदौर संभाग के जिलों में गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है।
मौसम विज्ञान केंद्र के मौसम विज्ञानी एनएन साहू ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के अलावा
पूर्वी उत्तर प्रदेश पर हवा के ऊपरी भाग में एक चक्रवात बना हुआ है। इस चक्रवात से लेकर ओडिशा तक एक द्रोणिका
बनी हुई है। जो छत्तीसगढ़ से होकर जा रही है। इन मौसम प्रणालियों के असर से तेज रफ्तार से हवाएं चल रही हैं। साथ ही मंगलवार-बुधवार को भोपाल, नर्मदापुरम, सागर, शहडोल, जबलपुर, इंदौर संभाग के जिलों में गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है।
मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्व वरिष्ठ मौसम विज्ञानी अजय शुक्ला ने बताया कि वर्तमान में हवा का रुख पश्चिमी बना हुआ है।
मंगलवार को सुबह राजधानी में अधिकतम 50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवा चली। इससे उमस से कुछ राहत
मिली। शुक्ला के मुताबिक भीषण चक्रवाती तूफान बिपर्जय उत्तरी दिशा में आगे बढ़ रहा है। 15 जून की शाम को मंडावी
तट पर टकराने के बाद कुछ कमजोर पड़ने के बाद यह तूफान राजस्थान की तरफ बढ़ेगा। इसके प्रभाव से 15-16 जून को मप्र में भी तेज रफ्तार से हवाएं चलेंगी। बादल छाने लगेंगे। साथ ही ग्वालियर-चंबल संभाग के जिलों के वर्षा भी होने के
आसार हैं।














