आइंडहोवन, 08 जून/ कल शाम मेजबान नीदरलैंड के खिलाफ निराशाजनक प्रदर्शन के बाद भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने
गुरुवार को यहां चल रही एफआईएच हॉकी प्रो लीग 2022-23 में अर्जेंटीना के खिलाफ 3-0 से जीत के साथ वापसी की।
भारत के कप्तान हरमनप्रीत सिंह (33वां मिनट), अमित रोहिदास (39वां मिनट) और अभिषेक (59वां मिनट) ने एक-एक गोल से जीत में योगदान दिया, जबकि गोलकीपर पीआर श्रीजेश और कृष्ण पाठक ने कई मौकों पर शानदार बचाव करके अर्जेंटीना को खाता नहीं खोलने दिया।
अर्जेंटीना को हराकर तालिका में शीर्ष पर लौटा भारत
11 अगस्त को रिलीज होगी अक्षय कुमार की ‘ओह माय गॉड 2’
मुंबई, 09 जून/ बॉलीवुड अभिनेता अक्षय कुमार की फिल्म ओह माय गॉड 2 , 11 अगस्त को रिलीज होगी। अक्षय कुमार
इन दिनों अपनी सुपरहिट फिल्म ‘ओह माय गॉड’ के सीक्वल ‘ओह माय गॉड 2’ में काम कर रहे हैं।अक्षय कुमार ने सोशल
मीडिया पर ओह माय गॉड 2 का एक पोस्टर शेयर किया है। इस फिल्म में अक्षय के साथ पंकज त्रिपाठी और यामी गौतम
भी मुख्य किरदार में हैं। पोस्टर शेयर करते हुए अक्षय कुमार ने कैप्शन में लिखा, आ रहे हैं हम, आइएगा आप भी, 11
अगस्त को सिनेमाघरों में पोस्टर में अक्षय कुमार, भगवान शिव के गेटअप में नजर आ रहे हैं। ओह माय गॉड 2 का निर्देशन अमित राय ने किया है। इस फिलम के निर्माता अश्विन वर्दे, वायकॉम 18 और जियो स्टूडियो हैं।
सुधा चंद्रन ने तेरे वास्ते गाना पर किया डांस
मुंबई, 09 जून/ बॉलीवुड अभिनेत्री और डांसर सुधा चंद्रन ने फिल्म ‘जरा हटके जरा बचके’ ट्रेंडिग सॉन्ग ‘तेरे वास्ते’ पर डांस किया है। सुधा चंद्रन सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव हैं। उन्होंने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर किया है। इसमें उन्हें फिल्म ‘जरा हटके जरा बचके’ के गाने ‘तेरे वास्ते’ पर थिरकते हुए देखा जा सकता है। इस गाने पर कई रील वीडियो बनाए गए हैं। इसके चलते यह गाना काफी ट्रेंड हो रहा है। अब सुधा चंद्रन ने इस गाने पर एक डांस वीडियो बनाया है। सुधा चंद्रन ने वीडियो शेयर करते हुए लिखा है, ‘जरा हटके जरा बचके, क्या फिल्म है। साफ सुथरी फैमिली ड्रामा। हर कलाकार ने कमाल की एक्टिंग की है। एक गाना जो अभी ट्रेंड में है, तो मैं कैसे पीछे रह सकती हूं।’
शिवराज ने कचनार, बरगद और आम के पौधे रोपे
भोपाल, 09 जून/ मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज यहां श्यामला हिल्स स्थित स्मार्ट उद्यान में सार्थक
सोशल वेलफेयर सोसायटी भोपाल के सदस्यों के साथ पौध-रोपण किया। आधिकारिक जानकारी के अनुसार श्री चौहान ने
यहां कचनार, बरगद और आम के पौधे रोपे। मुख्यमंत्री अपने संकल्प के तहत प्रतिदिन पौधा लगाते हैं।
शिवराज ने किया भगवान बिरसा मुंडा को नमन
भोपाल, 09 जून/ मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भगवान बिरसा मुंडा की पुण्य-तिथि पर नमन किया।
आधिकारिक जानकारी के अनुसार श्री चौहान ने मुख्यमंत्री निवास सभाकक्ष में उनके चित्र पर माल्यार्पण कर पुष्पांजलि
अर्पित की और उनके योगदान का स्मरण भी किया।
मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना में कल से महिलाओं के खाते में जमा होगी राशि
भोपाल, 09 जून/ मध्यप्रदेश में ‘मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना’ के तहत कल से पात्र महिलाओं के खाते में एक हजार रुपए की राशि जमा होना शुरु हो जाएगी। इसके पहले आज मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने अपने ट्वीट में कहा कि बहनों का बेहतर कल, शिवराज सरकार का संकल्प है। बस एक दिन शेष है। कल 10 जून से लाड़ली बहनों के खातों में प्रतिमाह एक हज़ार रुपए आएंगे।
शिवराज आज त्यौंथर में कोलगढ़ी के जीर्णोद्धार का शिलान्यास करेंगे
भोपाल/रीवा, 09 जून/ मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान आज रीवा जिले के त्यौंथर में स्थित कोलगढ़ी के
जीर्णोद्धार का शिलान्यास करेंगे। श्री चौहान ने अपने ट्वीट के माध्यम से जारी एक वीडियो संदेश में यह जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि कोलगढ़ी हमारे स्वाभिमान का प्रतीक है, इसके जीर्णोद्धार के शिलान्यास करने के लिए आज वे त्यौंथर
आपके बीच आ रहे हैं। उन्होंने सभी को बधायी एवं शुभकामनाएं दी है।
मोदी की चीन को ‘क्लीन चिट’ की भारी कीमत चुका रहा है देश : खड़गे
दिल्ली 09 जून/ कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने शुक्रवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से चीन को
क्लीन चिट दिये जाने के कारण देश को भारी कीमत चुकानी पड़ रही है। श्री खड़गे ने अपने ट्वीट में कहा , “एलएसी (अब
उत्तराखंड में ) पर चीनी सैन्य निर्माण के दुस्साहस से हमारी क्षेत्रीय अखंडता प्रभावित हो रही है।”
उन्होंने कहा,“देश मोदी जी द्वारा चीन को दी गई ‘क्लीन चिट’ की भारी कीमत चुका रहा है। चीन का सामना
रणनीतिक रूप से एक साथ होना चाहिए, न कि खोखला दावा करके। ” इससे पहले कांग्रेस पार्टी ने एक बयान में कहा
कि वर्ष 2020 में चीन को श्री मोदी की ओर से ‘क्लीन चिट’ देना बहुत खतरनाक साबित हुआ और 1,500 वर्ग किलोमीटर भारतीय क्षेत्र पर चीन के नियंत्रण पर चुप्पी राष्ट्रीय सुरक्षा के मोर्चे पर उनकी पूरी विफलता दर्शाती है। गौरतलब है कि कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने हाल में कहा था , “चीन ने हमारे क्षेत्र पर कब्जा कर लिया है। यह एक स्वीकृत तथ्य है। उन्होंने 1,500 वर्ग किमी भूमि पर कब्जा कर लिया है और यह बिल्कुल ‘अस्वीकार्य’ है।हो सकता है प्रधानमंत्री कुछ अन्यथा मानते हैं। वह कुछ ऐसा जानते है जो हम नहीं जानते।”
लॉकडाउन उल्लंघन के प्रकरण वापस होंगे
भोपाल। प्रदेश सरकार ने एक बड़ा फैसला लिया है । सरकार उन सभी लोगों पर दर्ज प्रकरण वापस लेगी जिन्होंने कोरोना
काल मे लाकडाउन उल्लघन किया था। इसके अंतर्गत साधारण धाराओं के तहत लगाए गए सभी केस वापस लिए जाएंगे।
ये जानकारी गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने दी। इस अहम फैसले से ऐसे कई लोगों को राहत मिलेगी जिनके ऊपर उस समय
साधारण धाराओं के तरह मामले दर्ज किए गए थे।*
उन्होने बताया कि ‘कोविड लॉकडाउन के समय लॉकडाउन के नियमों का पालन नहीं कर पाने पर लगे साधारण धाराओं
के सभी केस न्यायालयों से वापस लेगी।’ मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने ऐसे सभी केस वापस लेने के निर्देश दे दिए हैं।
इसके बाद उन लोगों को काफी राहत मिलेगी जिनपर कोरोनाकाल में नियम उल्लंघन के मामले दर्ज है। इनमें मास्क पहने
बिना बाहर निकलना, बिना अनुमति बाहर निकलना, उस समय बनाए गए नियमों का पालन नहीं करना, कोविड प्रोटोकॉल का उल्लंघन सहित कई अन्य तरह के मामले होंगे। कोविड-19 के समय कई लोगों ने इन नियमों का उल्लंघन किया था और इस कारण उनके ऊपर अलग अलग तरह के केस दर्ज हुए थे। लेकिन अब शिवराज सरकार के इस फैसले से ऐसे कई लोगों को राहत मिलेगी और उन्हें कोर्ट के चक्कर भी नहीं काटने होंगे।
मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना की राशि अंतरण के कार्यक्रम जन-उत्सव बनें: शिवराज
भोपाल, 08 जून/ मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि 10 जून को मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना
की हितग्राही बहनों के खातों में एक-एक हजार रूपए अंतरण के कार्यक्रम जन-उत्सव बन जाए, अधिक से अधिक लाड़ली बहनें इस कार्यक्रम में हिस्सा लें। इसके लिए जिलों में आवश्यक तैयारियां कर ली जाएं। श्री चौहान कल मुख्यमंत्री निवास समत्व भवन में राज्य मंत्रिपरिषद के सदस्यों और वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति में जिला जन-प्रतिनिधियों और जिला कलेक्टर से वर्चुअल चर्चा कर रहे थे। उन्होंने कहा कि 10 जून का दिन मध्यप्रदेश के लिए ऐतिहासिक रहेगा। जबलपुर सहित विभिन्न स्थानों में लाड़ली बहनों की उपस्थिति में अद्भुत कार्यक्रम होना चाहिए। लाड़ली बहना थीम पर प्रेरक गीत बजेंगे और घरों में दीप भी जलाए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने कलेक्टर्स को निर्देश दिए कि कार्यक्रम स्थल पर समुचित बैठक व्यवस्था और पेयजल प्रबंध सुनिश्ति करें। मुख्यमंत्री ने योजना में एक से 7 जून तक हितग्राही बहनों को स्वीकृति-पत्रों के वितरण की जानकारी भी प्राप्त की। इस कार्य में श्रेष्ठ कार्य के लिए आगर-मालवा, हरदा और निवाड़ी जिले के प्रशासनिक अमले और जन-प्रतिनिधियों को बधाई भी दी। श्री चौहान के साथ मंत्रि-परिषद के सदस्यों ने भी श्रेष्ठ कार्य के लिए बधाई दी।
बताया गया कि योजना का राज्य स्तरीय कार्यक्रम 10 जून को जबलपुर के ग्रेरीसन ग्राउंड में शाम 6 बजे से होगा। अन्य
स्थानों पर भी इसी समय कार्यक्रम होंगे। राज्य स्तरीय कार्यक्रम का ग्राम और वार्डों में प्रसारण किया जाएगा। ग्राम और
वार्डों में शाम 5 बजे से लाड़ली बहना योजना पर केंद्रित रंगोली, नुक्कड़ नाटक, लोक गीत एवं लोक-नृत्य के कार्यक्रम और दीपोत्सव होगा। श्री चौहान जबलपुर में और अन्य स्थानों पर कार्यक्रम के मुख्य अतिथि और अध्यक्ष, बहनों के खातों में राशि का अंतरण करेंगे। बताया गया कि एक से 7 जून की अवधि में स्वीकृति-पत्रों का वितरण किया गया है। आज प्रदेश में लाड़ली बहना ग्राम सभाएं होंगी। इसके लिए आवश्यक तैयारियाँ कर ली गई हैं। जिला स्तर पर योजना को लोकप्रिय बनाने के लिए किए गए प्रयासों और नवाचारों का भी उल्लेख हुआ।














