भोपाल। कलियासोत डैम के पास एक बार फिर बाघ की मौजूदगी ने इलाके में सनसनी फैला दी है। करीब 12 मिनट के एक वीडियो में बाघ को सड़क पार कर झाड़ियों में जाते हुए देखा गया है। वीडियो सामने आने के बाद आसपास के ग्रामीणों और राहगीरों में दहशत का माहौल है।
बताया जा रहा है कि बाघ का मूवमेंट पिछले 5-6 दिनों से लगातार क्षेत्र में देखा जा रहा है। ग्रामीणों के मुताबिक, कलियासोत डैम, केरवा और आसपास का जंगल बाघ सहित अन्य वन्यजीवों का प्राकृतिक क्षेत्र है।
वहीं, बैरसिया के कलारा वन क्षेत्र में भी पिछले दो सप्ताह से तेंदुए की मौजूदगी की खबरें सामने आ रही हैं। ग्रामीणों का दावा है कि गुन्नगा-कलारा और उन्नीदा-कलारा मार्ग पर कई लोगों ने तेंदुआ देखा है।
ग्रामीणों का आरोप है कि बार-बार सूचना देने के बावजूद वन विभाग की ओर से पर्याप्त कार्रवाई नहीं की जा रही। वन विभाग द्वारा क्षेत्र में गश्त और निगरानी बढ़ाने की मांग की जा रही है।
⚠️ वन्यजीव विशेषज्ञों की सलाह है कि जंगल और वन क्षेत्र के आसपास लोगों को सतर्क रहना चाहिए और जंगली जानवर दिखाई देने पर उनके करीब जाने या वीडियो बनाने की कोशिश नहीं करनी चाहिए।
























