दिल्ली में 16 साल की लड़की की दर्दनाक हत्या, खेत में मिला शव; कुत्तों ने नोचा, 3 नाबालिग समेत 4 गिरफ्तार

नई दिल्ली। दिल्ली के स्वरूप नगर इलाके में एक नाबालिग लड़की की कथित सामूहिक दुष्कर्म के बाद हत्या का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में तीन नाबालिगों समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के मुताबिक, 13 सितंबर की सुबह कुशक रोड के पास एक खेत में लड़की का शव मिला था। शव काफी सड़ चुका था और खुले में पड़े होने के कारण आवारा कुत्तों ने उसके कुछ हिस्सों को नोच लिया था। बाद में मृतका की पहचान नाबालिग लड़की के रूप में हुई।

जांच के दौरान पुलिस ने इलाके के 50 से अधिक CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में एक संदिग्ध टेंपो दिखाई दिया, जिसके आधार पर पुलिस ने वाहन को ट्रेस किया। पूछताछ के बाद तीन नाबालिगों और एक बालिग आरोपी को पकड़ा गया।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कथित तौर पर वारदात में इस्तेमाल दो चाकू, कपड़े और टेंपो बरामद किए हैं। मामले में BNS और POCSO Act की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस मामले से जुड़े अन्य तथ्यों और फॉरेंसिक साक्ष्यों की जांच कर रही है।

Previous articleजबलपुर-भोपाल हाईवे के शाहपुरा ROB पर गडकरी का त्वरित एक्शन, तन्खा के पत्र के 5 मिनट में आया फोन