खरगोन, 09 मई मध्यप्रदेश के खरगोन जिले में आज सुबह एक यात्री बस के पुलिया से नीचे गिरने से लगभग 15 यात्रियों की मौत हो गई। उन थाना क्षेत्र में हुए इस हादसे में तीन बच्चों की भी मौत हुई है। वहीं लगभग दो दर्जन लोग घायल हैं। खरगोनअनुविभागीय अधिकारी पुलिस राकेश मोहन शुक्ला ने बताया कि इंदौर जा रही बस सुबह लगभग सवा नौ बजे जिला मुख्यालय से करीब 34 किलोमीटर दूर डोंगरगांव के समीप बोराड़ नदी की पुलिया की रेलिंग तोड़कर नीचे गिर गई। नदी मेंपानी नहीं था। हादसे में 3 बच्चों और 6 महिलाओं समेत 15 लोगों की मृत्यु हो चुकी है, जबकि 24 अन्य घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उन्होंने बताया कि फिलहाल बस चालक का पता नहीं चल पाया है। प्राथमिक जानकारी के मुताबिक ऐसा प्रतीत होता है कि उसे नींद का झोंका आ गया था। ग्रामीणों ने पुलिस के पहुंचने के पूर्व ही पलटी हुई बस को अपने संसाधनों से खड़ा कर दिया और कई घायल यात्रियों को बचाया। उन्होंने बताया कि नागरिकों ने अपने-अपने वाहनों से उन्हें अस्पताल भी पहुंचाया। जिला कलेक्टर शिवराज सिंह वर्मा और पुलिस अधीक्षक डीएस यादव समेत अन्य अधिकारी घटनास्थल पर पहुंच चुके हैं।
देश में कोरोना के एक हजार से अधिक नये मामले
दिल्ली, 09 मई देश में पिछले 24 घंटे में कोरोना संक्रमण के एक हजार से अधिक नये मामले दर्ज किए गए हैं, हालांकि
एक दिन पहले की तुलना में इसमें करीब पांच सौ की कमी दर्ज की गयी है। इसी अवधि में 11 मरीजों की मौत हुई है। इस बीच देश में कोरोना टीकाकरण भी जारी है और इसी क्रम में पिछले 24 घंटों में 2,780 लोगों को टीका लगाया गया है और अब तक देश में 2,20,66,82,515 लोगों का टीकाकरण किया जा चुका है। स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से मंगलवार को जारी आंकड़ों के मुताबिक देश में कुल संक्रमितों की संख्या 4,49,72,800 हो गयी है। सक्रिय मामलों की संख्या 2,436 घटकर 22,742 रह गयी है। वहीं मृतकों की संख्या बढ़कर 531707 हो गयी है। इसी अवधि में कोरोना संक्रमण से स्वस्थ होने वालों का आंकड़ा 3,752 बढ़कर 4,44,18,351 पर पहुंच गया है। देश में पिछले 24 घंटों के दौरान गोवा में सक्रिय मामलों की संख्या में सर्वाधिक 10 की वृद्धि हुई है। इसके अलावा, मिजोरम में छह, त्रिपुरा में चार, नागालैंड में दो और पुड्डुचेरी में एक मामले बढ़े हैं। इसके अलावा, पिछले 24 घंटे में हरियाणा में सबसे ज्यादा 621 कोरोना मामलों में गिरावट दर्ज की गयी है। इसी अवधि में केरल में 248, दिल्ली में 211, तमिलनाडु में 185, पंजाब में 146, राजस्थान में 130, महाराष्ट्र और पश्चिम बंगाल में 101-101 सहित अन्य राज्य आन्ध्र प्रदेश, अरुणाचल प्रदेश, बिहार, चंडीगढ़, छत्तीसगढ़, गुजरात, हिमाचल प्रदेश,जम्मू-कश्मीर, झारखंड, कर्नाटक, लद्दाख, मध्य प्रदेश, मेघालय, ओडिशा, सिक्किम, तेलंगाना, उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश में भी कोरोना के मामलों में कमी पायी गयी है।
मधुमक्खी के हमले से बचने अस्पताल की तीसरी मंजिल से कूदा युवक
खण्डवा 8 मई मध्यप्रदेश के खण्डवा के शासकीय जिला मुख्य चिकित्सालय में आज सुबह एक युवक ने मधुमक्खियों के हमला से बचने के लिए वह अस्पताल की तीसरी मंज़िल से नीचे कूद गया। सिर में गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गयी। आधिकारिक जानकारी के अनुसार जिला मुख्य स्वास्थ्य एवं चिकित्सा अधिकारी ने इस घटना पर जाँच के आदेश दिए है। खंडवा जिले के रामपुरा गांव का रहने वाला सचिन अपनी गर्भवती पत्नी की डिलीवरी के लिए यहाँ आया था। कल ही उसकी पत्नी ने बेटे को जन्म दिया। रात में युवक अस्पताल की तीसरी मंज़िल के बरामदे में ही सोया हुआ था तभी सुबह साढ़े तीन-चार बजे के बीच अचानक उसे कुछ काटा तो वह उठ गया। उसने मधुमक्खी के हमले से घबराकर अचानक तीसरी मंजिल से नीचे छलांग लगा दी। यहाँ सिर के बल गिरने से उसे प्राणघातक चोट आई, बहुत खून बह गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गयी।
डिफाल्टर किसानों को मिलेगा ब्याज माफी का लाभ-भदौरिया
सागर, 08 मई मध्यप्रदेश के सागर जिले के प्रभारी मंत्री अरविंद सिंह भदौरिया ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मुख्यमंत्री जनसेवा अभियान के द्वितीय चरण का जिले में बेहतर क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए। श्री भदौरिया ने ने बैठक में बताया कि ऐेसे किसान जिनका दो लाख रूपये तक का कुल फसल ऋण बकाया है और ऋण माफी न होने से डिफाल्टर हो गये थे, राज्य सरकार द्वारा उन्हें डिफाल्टर होने से बचाने के लिए उनके ब्याज की राशि माफ की जाएगी, जिससे उन्हें खाद, बीज का लाभ मिल सके. ऐसे पात्र कृषकों के ब्याज माफी के आवेदन समितियों में 12 से 15 मई के बीच प्राप्त किए जाएंगे, केवल आवेदनकर्ता किसानों को ही ब्याज माफी का लाभ दिया जाएगा।
सचिन की विश्व चैंपियनशिप में विजयी शुरुआत
ताशकंद,08 मई भारतीय मुक्केबाज सचिन सिवाच (54 किग्रा) ने सोमवार को मोल्दोवा के सर्गेई नोवाक को हराकर अपने पहले विश्व चैंपियनशिप अभियान की विजयी शुरुआत की। पूर्व विश्व यूथ चैंपियन ने अपने तकनीकी कौशल का प्रदर्शन करते हुए नोवाक को 5-0 से हराकर प्री-क्वार्टरफाइनल में जगह बनायी।
जापान के स्कूल में गैस की गंध के बाद 50 से अधिक छात्र बीमार
ओसाका 08 मई जापान के याओ के कमेई एलीमेंट्री स्कूल में गैस की गंध आने के बाद 50 से अधिक छात्रों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। क्योडो न्यूज ने साेमवार काे यह जानकारी दी। स्थानीय समयानुसार सुबह करीब 09:00 बजे ओसाका प्रान्त में प्राथमिक विद्यालय में गैस की गंध की सूचना मिली थी। पूर्वाह्न 11:00 बजे तक गंध अभी भी मौजूद थी और गैस रिसाव की संभावना से इंकार नहीं किया जा सकता है।
कोविड संक्रमित मामले 25 हजार से अधिक
दिल्ली, 08 मई देश में पिछले 24 घंटे के दौरान कोविड संक्रमण के एक हजार से ज्यादा नए मामले सामने आए और इसके साथ ही संक्रमित व्यक्तियों की कुल संख्या 25 हजार से अधिक हो गई है। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय ने सोमवार को यहां बताया कि देश में पिछले 24 घंटे के दौरान 1839 नये लोग कोविड वायरस से संक्रमित हुए हैं। इसके साथ ही कोविड संक्रमितों की संख्या 25178 हो गयी है और संक्रमण दर 2.49 प्रतिशत दर्ज की गई है। मंत्रालय के अनुसार पिछले 24 घंटे में 3861 व्यक्ति कोविड संक्रमण से उबर गए हैं। स्वस्थ होने की दर 98.76 प्रतिशत है। इसी अवधि में 73760 कोविड संक्रमण परीक्षण किए गए हैं। पिछले 24 घंटे के दौरान 439 कोविड टीके लगाए गए हैं। इसके साथ ही देश में 220.66 करोड से अधिक कोविड टीके लगाए जा चुके हैं।
नारायणगिरि बने संत महामंडल एनसीआर के प्रमुख नयी दिल्ली
08 मई संतों के प्रमुख संगठन संत महामंडल के अखिल भारतीय सम्मेलन में पंचदशनाम जूना अखाड़े के प्रवक्ता श्रीमहंत नारायणगिरि महाराज को संगठन के राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) का प्रमुख नियुक्त किया गया है। देशभर से आये संत महामंडल के संतों का यहां उदसीन आश्रम में सम्मेलन आयोजित हुआ जिसमें 400 से ज्यादा संतों ने श्रीमहंत नारायणगिरि महाराज को एनसीआर में संगठन का काम मजबूत करने का दायित्व सौंपा।
कृष्णैया की हत्या के दोषी आनंद की रिहाई पर सुप्रीम कोर्ट ने बिहार सरकार से दो सप्ताह में मांगा जवाब
दिल्ली, 08 मई उच्चतम न्यायालय ने 1994 में बिहार के गोपालगंज के तत्कालीन जिला अधिकारी तेलंगाना के निवासी कृष्णैया की मुजफ्फरपुर में पीट-पीटकर हत्या करने वाली उत्तेजित भीड़ का नेतृत्व करने दोषी पूर्व सांसद आनंद मोहन सिंह को उम्र कैद की पूर्व निर्धारित सजा पूरी होने से पहले रिहा करने के फैसले के खिलाफ दायर एक याचिका पर सोमवार को राज्य सरकार को नोटिस जारी कर जवाब तलब किया। न्यायमूर्ति सूर्य कांत और न्यायमूर्ति जे के माहेश्वरी की पीठ ने कृष्णैया की विधवा तेलुगू उमादेवी कृष्णैया की रिट याचिका पर बिहार सरकार एवं अन्य को दो सप्ताह के भीतर अपना जवाब दाखिल करने का आदेश जारी किया। शीर्ष अदालत इस मामले की सुनवाई दो सप्ताह बाद करेगी। बिहार सरकार ने 10 अप्रैल 2023 को 10 दिसंबर 2002 के बिहार जेल नियमावली में संशोधन किया था। इस बदलाव के बाद राज्य सरकार ने बाहुबली नेता आनंद मोहन को 24 अप्रैल 2023 को जेल से रिहा करने का आदेश सहरसा जिला प्रशासन को दिया गया था। सरकार के आदेश के बाद जेल प्रशासन ने 27 अप्रैल को आनंद मोहन को रिहा किया था। मृतक की विधवा उमादेवी ने हत्या के दोषी आनंद मोहन की रिहाई करने के फैसले और जेल नियमावली संशोधन के खिलाफ शीर्ष अदालत का दरवाजा खटखटाया था। याचिकाकर्ता उमादेवी ने अपनी रिट याचिका में दलील दी देते हुए कहा है कि शीर्ष अदालत ने लगातार यह माना है कि समय से पहले रिहाई के आवेदन पर निर्णय लेने के लिए दोषसिद्धि के समय लागू छूट के नियमों पर विचार किया जाना चाहिए। इस प्रकार 2007 में याचिकाकर्ता की दोषसिद्धि के समय लागू नियम उसके छूट के आवेदन पर विचार करने के लिए लागू होंगे। यानी मौत की सजा को उम्र कैद में बदलने के बाद 20 साल से पहले रिहाई नहीं हो सकती। याचिका में बिहार जेल नियमावली- 2012 के नियम 481(1)(सी) का भी हवाला दिया गया है, जिसमें कहा गया है कि जिन दोषियों की मौत की सजा को आजीवन कारावास में बदल दिया गया है, वे सजा के 20 साल पूरे होने के बाद ही छूट के पात्र होंगे। याचिका में यह भी कहा, “वर्तमान मामले में आनंद मोहन केवल 14 साल की कैद में रहे हैं। इसलिए वह नियम के अनुसार छूट के लिए योग्य नहीं है।” भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के 1985 कैडर के 37 वर्षीय अधिकारी कृष्णैया की हत्या 1994 में मुजफ्फरपुर जिले में उस भीड़ ने की थी, जो स्थानीय गैंगस्टर छोटन शुक्ला के अंतिम की अंतिम यात्रा शामिल लोगों के साथ थे। जिला अधिकारी के वाहन को उस शव यात्रा से आगे ले जाने की कोशिश करने पर भीड़ ने गोपालगंज के तत्कालीन जिला अधिकारी को पीट-पीट कर मार दिया गया था। स्थानीय अदालत ने आनंद मोहन को 05 अक्टूबर 2007 को दोषी करार देते हुए मौत की सजा सुनाई थी। इस फैसले के खिलाफ दायर याचिका पर 10 दिसंबर 2008 को पटना उच्च न्यायालय राहत देते मौत की सजा को कठोर उम्र कैद बदल दिया था। उच्च न्यायालय के इस फैसले की 10 जुलाई 2012 को शीर्ष न्यायालय ने पुष्टि की थी। मुख्य न्यायाधीश चंद्रचूड़ की अध्यक्षता वाली पीठ ने स्वर्गीय कृष्णैया की विधवा की याचिका पर शीघ्र सुनवाई की गुहार एक मई को स्वीकार करते हुए मामले को आज (08 मई) को सूचीबद्ध का निर्देश दिया। याचिकाकर्ता की ओर से अधिवक्ता तानिया श्री ने पीठ के समक्ष ‘विशेष उल्लेख’ के दौरान इस मामले को उठाते हुए शीघ्र सुनवाई की गुहार लगाई थी। राज्य सरकार के जेल नियमावली में बदलाव के बाद बाद आनंद मोहन को करीब 14 साल की सजा काटने के बाद रिहा कर दिया गया था। हालांकि, इससे पहले वह कई बार पैरोल पर रिहा किए गए थे।
इंटरवीव कंसल्टिंग का पॉश ई-लर्निंग पाठ्यक्रम अब हिंदी में
दिल्ली, 08 मई भारत की अग्रणी कंसल्टिंग फर्म इंटरवीव ने सोमवार को अपने पॉश ई-लर्निंग पाठ्यक्रम को अब हिंदी भाषा में प्रस्तुत किया। इंटरवीव का यह लर्निंग मॉड्यूल कर्मचारियों को समझाता है कि एक सुरक्षित और समावेशी कार्यस्थल का क्या महत्व है, साथ ही यह उन्हें अपनी जिम्मेदारियों के प्रति जागरुक होने का अहसास भी कराता है। इस पाठ्यक्रम का हिंदी में आना कर्मचारियों को उस भाषा में सीखने का ठोस विकल्प प्रदान करेगा जिसे वे बेहतर जानते-समझते हैं। कार्यस्थलों पर यौन उत्पीड़न की रोकथाम के संबंध में कर्मचारियों को शिक्षित करने के लिए 60 मिनट के इस लर्निंग मॉड्यूल को सावधानीपूर्वक तैयार किया गया है। यह ई-लर्निंग पाठ्यक्रम कर्मचारियों को उन स्थितियों की पहचान करने और उन्हें रोकने के प्रति संवेदनशील बनाने में मदद करेगा जो यौन उत्पीड़न का कारण बन सकती हैं। आजकल बड़ी संख्या में संगठन ‘हाइब्रिड कार्य मॉडल’ में कामकाज करते हैं, यानी कार्यस्थल पर स्त्री और पुरुष दोनों की मौजूदगी होती है। उनके लिए यह सामग्री अत्यंत उपयोगी और कारगर है, इसे इस तरह से डिज़ाइन किया गया है कि यह आभासी (वर्चुअल) कार्यस्थल में भी उपयुक्त व्यवहार सिखाने में असरदार साबित हो सके। कोर्स पूरा करने पर प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र प्रदान किया जाएगा। इंटरवीव कंसल्टिंग की संस्थापक और मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) निर्मला मेनन ने कहा, “संगठन आज अधिक-से-अधिक जिम्मेदार बनते जा रहे हैं और एक समावेशी कार्य वातावरण का निर्माण और पोषण करने में कोई कसर नहीं छोड़ रहे, जो सभी के लिए समान रूप से सुरक्षित हो। पॉश प्रशिक्षण इस बात की स्पष्ट समझ विकसित करने के लिहाज से अत्यंत महत्वपूर्ण है कि यौन उत्पीड़न क्या होता है और इससे निपटने के लिए उचित व्यवहार कैसे सीखें। चूँकि कंपनियाँ देश भर में विभिन्न क्षेत्रों, समुदायों और पृष्ठभूमि से ताल्लुक रखने वाले लोगों को नियुक्त करती हैं, इसलिए मॉड्यूल को हिंदी में उपलब्ध कराना भाषा की बाधा को तोड़ने और इसे सभी के लिए आसान बनाने की दृष्टि से एक अत्यंत आवश्यक पहल है। हमें विश्वास है कि यह एक ‘सुरक्षित कार्यस्थल’ की अवधारणा को आगे बढ़ाने में मदद करेगा और इस बात में संगठनों की मदद करेगा कि वे यौन उत्पीड़न से संबंधित घटनाओं को काफी हद तक खत्म कर सकें। ” इंटरवीव कंसल्टिंग देश में अग्रणी समावेशन समाधान परामर्श फर्म के रूप में, इंटरवीव कंसल्टिंग के समाधानों की शृंखला भारतीय परिदृश्य के संदर्भ में फर्म के गहन ज्ञान और विषय के अनुभव के आधार पर डिज़ाइन की गई है। यह विशेषज्ञता फर्म के वैश्विक अनुभव के साथ मिलकर उन्हें सांस्कृतिक रूप से प्रासंगिक तरीके से ऐसी रणनीतियों और दृष्टिकोणों को विकसित, अनुकूलित और व्यवस्थित करने में मदद करती है जो सर्वोत्तम प्रभाव उत्पन्न कर सकें।














