मध्य प्रदेश में गोवंशी पशुओं में फैली लंपी स्किन डिसीज (एसएसडी) के हर दिन 300 से 400 नए मामले सामने आ रहे हैं। अब तक संक्रमित पशुओं की संख्या 13,200 तक पहुंच गई है। इनमें करीब 70 प्रतिशत स्वस्थ भी हो चुके हैंं। 200 पशुओं की मौत हुई है। भोपाल के उप संचालक (पशु चिकित्सा) डा. अजय रामटेके ने कहा कि ठंड आने पर यह बीमारी बहुत कम हो जाएगी। उधर, अच्छी बात यह है कि लंपी से बचाव के लिए प्रदेश को गोटपाक्स वैक्सीन की 14 लाख डोज गुरुवार को मिल गई हैं। पहले से तीन लाख डोज उपलब्ध थीं। इस तरह अब 17 लाख डोज उपलब्ध हैं।
प्रदेश में सिर्फ तीन लाख डोज हैं जबकि 36 लाख से ज्यादा गोवंशी पशुओं को वैक्सीन लगाई जानी है। इसके बाद पशुपालन मंत्री प्रेम सिंह पटेल ने कहा था कि कंपनियों से और डोज मांगी जाएंगी।
प्रदेश में एक करोड़ 80 लाख गोवंशी पशु हैं। बीमारी के प्रति पशुओं में प्रतिरोधक क्षमता लाने के लिए कम से कम 20 प्रतिशत यानी 36 लाख को वैक्सीन लगाने की जरूरत है, लेकिन इसकी कमी होने से सिर्फ साढ़े पांच लाख पशुओं को ही वैक्सीन लग पाई है। सिर्फ दो कंपनियां ही वैक्सीन बनाती हैं। सभी राज्यों में बीमारी फैली है। इस कारण वैक्सीन की मांग भी ज्यादा है।
लंपीरोधी वैक्सीन की 14 लाख डोज मिलीं, MP में 13 हजार से अधिक हुए मामले
36वें राष्ट्रीय खेलों का पीएम मोदी ने किया उद्घाटन
धानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के सबसे बड़े स्टेडियम, अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में 36वें राष्ट्रीय खेलों का उद्घाटन किया। इस मौके पर खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा, “विश्व का सबसे बड़ा स्टेडियम, विश्व का इतना युवा देश, और देश का सबसे बड़ा खेल उत्सव! जब आयोजन इतना अद्भुत और अद्वितीय हो, तो उसकी ऊर्जा ऐसी ही असाधारण होगी।” गुजरात में पहली बार राष्ट्रीय खेलों का आयोजन हो रहा है। इस मौके पर केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर और गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल भी मौजूद थे। आपको बता दें कि 29 सितंबर से 12 अक्टूबर 2022 तक नेशनल गेम्स आयोजित किया जाएगा। देश भर के लगभग 15,000 खिलाड़ी, कोच और अधिकारी 36 खेलों में भाग लेंगे, और यह अब तक का सबसे बड़ा राष्ट्रीय खेल आयोजन होगा।
विश्व का सबसे बड़ा स्टेडियम, विश्व का इतना युवा देश, और देश का सबसे बड़ा खेल उत्सव, जब आयोजन इतना अद्भुत और अद्वितीय हो, तो उसकी ऊर्जा ऐसी ही असाधारण होगी।
ये गुजरात का सामर्थ्य है, यहां के लोगों का सामर्थ्य है। कल अहमदाबाद में जिस तरह का शानदार, भव्य ड्रोन शो हुआ, वो देखकर तो हर कोई अचंभित है, गर्व से भरा हुआ है। टेक्नोलॉजी का ऐसा सधा हुआ इस्तेमाल, ड्रोन की तरह ही गुजरात को, भारत को नई ऊंचाई पर ले जाएगा।
इस समय नवरात्रि का पावन अवसर भी चल रहा है। गुजरात में मां दुर्गा की उपासना से लेकर गरबा तक, यहां की अपनी अलग ही पहचान है। जो खिलाड़ी दूसरे राज्यों से आए हैं, उनसे कहूंगा कि खेल के साथ ही यहां नवरात्रि आयोजन का भी आनंद जरूर लीजिये।
खेल के मैदान में खिलाड़ियों की जीत और उनका दमदार प्रदर्शन, अन्य क्षेत्रों में देश की जीत का भी रास्ता बनाता है। स्पोर्ट्स की सॉफ्ट पावर, देश की पहचान और देश की छवि को कई गुना ज्यादा बेहतर बना देती है।
मैं स्पोर्ट्स के साथियों को अक्सर कहता हूँ- Success starts with action! यानी, आपने जिस क्षण शुरुआत कर दी, उसी क्षण सफलता की शुरुआत भी हो गई। आज हमारे युवा हर खेल में नए रिकॉर्ड बना रहे हैं और अपने ही रिकॉर्ड ब्रेक भी करते जा रहे हैं।
आज फिट इंडिया और खेलो इंडिया जैसे प्रयास एक जन-आंदोलन बन गए हैं। इसीलिए, आज खिलाड़ियों को ज्यादा से ज्यादा संसाधन भी दिए जा रहे हैं और ज्यादा से ज्यादा अवसर भी मिल रहे हैं। पिछले 8 वर्षों में देश का खेल बजट करीब 70 प्रतिशत बढ़ा है।
हमने युवाओं में उनके सपनों का भरोसा जगाया। देश अब केवल योजनाएं ही नहीं बनाता, बल्कि अपने युवाओं के साथ कदम से कदम मिलाकर आगे बढ़ता है।
हमने स्पोर्ट्स स्पिरिट के साथ स्पोर्ट्स के लिए काम किया। TOPS जैसी योजनाओं के जरिए वर्षों तक मिशन मोड में तैयारी की। आज बड़े-बड़े खिलाड़ियों की सफलता से लेकर नए खिलाड़ियों के भविष्य निर्माण तक, TOPS एक बड़ी भूमिका निभा रहा है।
पहले भारत के खिलाड़ी 20-25 खेलों को खेलने ही जाते थे। अब भारत के खिलाड़ी करीब 40 अलग-अलग खेलों में हिस्सा लेने जाते हैं। 8 साल पहले तक भारत के खिलाड़ी, सौ से भी कम इंटरनेशनल इवेंट्स में हिस्सा लेते थे। अब भारत के खिलाड़ी 300 से भी ज्यादा इंटरनेशनल इवेंट्स में शामिल होते हैं।
36वें राष्ट्रीय खेलों का आयोजन
आखिरी बार राष्ट्रीय खेल 2015 में, केरल में आयोजित हुए थे। सात साल बाद आयोजित हो रहे ये खेल 12 अक्तूबर तक गुजरात के छह शहरों में आयोजित किए जा रहे हैं। इस आयोजन में देश के 36 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के लगभग 15 हजार खिलाड़ी, प्रशिक्षक और ऑफिशियल्स हिस्सा लेंगे। गुजरात में पहली बार राष्ट्रीय खेलों का आयोजन किया जा रहा है। दरअसल ये खेल गोवा में होने थे और लगातार टलते जा रहे थे, लेकिन गुजरात सरकार ने सिर्फ तीन माह के अंदर इन खेलों के आयोजन की हामी भर ली। ये खेल अहमदाबाद, गांधीनगर, सूरत, राजकोट, भावनगर और वडोदरा में आयोजित होंगे।
टी20 वर्ल्ड कप से बाहर हुए जसप्रीत बुमराह, चोट की वजह से टीम में नहीं हो पाएंगे शामिल
टी20 वर्ल्ड कप से पहले टीम इंडिया को बड़ा झटका लगा है। टीम इंडिया के स्टार तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह चोटिल होने की वजह से वर्ल्ड कप से बाहर हो गए हैं। बीसीसीआई सूत्रों की हवाले से खबर मिल रही है कि उनके बैक में स्ट्रेस फ्रैक्चर है और इस वजह से अगले महीने होनेवाले टूर्नामेंट में उनका खेलना संभव नहीं है। जसप्रीत बुमराह ने हाल ही में चोट के बाद वापसी की थी। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दो मैच भी खेले, लेकिन उसके बाद हुए मैचों में नही खेले। साउथ अफ्रीका के खिलाफ सीरीज में भी वो पहले टी-20 मैच में नहीं खेल पाए थे।
बुमराह ऑस्ट्रेलिया के विरुद्ध पहला टी20 नहीं खेले थे, लेकिन बारिश के कारण आठ-ओवर प्रति पारी में खेली गई नागपुर टी20 में वह जुलाई के बाद पहली बार भारत के लिए खेलते दिखे। उन्हों दो ओवर में 23 रन दिए, लेकिन कप्तान ऐरन फ़िंच को एक यादगार यॉर्कर डालकर अपना शिकार बनाया। हैदराबाद में खेले गए आख़िरी मैच में उन्होंने अपने स्पेल में कोई विकेट नहीं लिया और 50 रन दिए।
पूर्व ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज़ मार्क वॉ ने आईसीसी के वेबसाइट पर आनेवाले विश्व कप के अपने पांच संभावित सबसे प्रभावशाली खिलाड़ियों में बुमराह का नाम लिया है। वॉ ने कहा कि मुझे लगता है वह हर प्रारूप में एक ज़बरदस्त गेंदबाज़ हैं। टी20 क्रिकेट में उनकी विकेट लेने की क्षमता उन्हें ख़ासा असरदार बनाती है। वह डेथ ओवरों और नई गेंद दोनों के साथ अच्छा काम कर सकते हैं।
कॉग्रेस अध्यक्ष के लिए अशोक गहलोत, शशि थरूर और दिग्विजय सिंह के बीच मुकाबला तय
कांग्रेस में नए अध्यक्ष के चुनाव की प्रक्रिया जारी है। अब तक की स्थिति के मुताबिक, पार्टी के सर्वोच्च पद के लिए तीन नेताओं के बीच मुकाबला होगा। ये हैं अशोक गहलोत, शशि थरूर और दिग्विजय सिंह। ताजा खबर दिग्विजय सिंह खेमे से है। कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह गुरुवार को राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में पार्टी कार्यालय पहुंचेंगे, जिसके बाद वह केंद्रीय चुनाव समिति से अध्यक्ष पद का नामांकन पत्र लेंगे। सारी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद दिग्विजय सिंह 30 सितंबर को नामांकन दाखिल करेंगे। यही नामांकन दाखिल करने की आखिरी तारीख है।
अशोक गहलोत करेंगे सोनिया गांधी से मुलाकात
वहीं राजस्थान में चल रहे सियासी घमासान के बीच मुख्यमंत्री अशोक गहलोत भी दिल्ली में हैं। अशोक गहलोत भी आज सोनिया गांधी से मुलाकात करेंगे। दिग्विजय सिंह को लेकर कहा जा रहा है कि वे नामांकन जरूर भर रहे हैं, लेकिन प्रचार नहीं करेंगे। दिग्विजय सिंह अभी राहुल गांधी के साथ भारत जोड़ों यात्रा में व्यस्त हैं और वहीं काम करते रहेंगे। दिग्विजय सिंह को यह संदेश देने के लिए अध्यक्ष पद की रेस में लाया गया है कि कांग्रेस में कोई भी चुनाव लड़कर अध्यक्ष बन सकता है।
राहुल गांधी के बाद अब प्रियंका वाड्रा का नाम
राहुल गांधी स्पष्ट कर चुके हैं कि इस बार गांधी परिवार का कोई सदस्य पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष नहीं बनेगा। इसके बावजूद प्रियंका वाड्रा को शीर्ष पद की दौड़ में लाने की मांग बढ़ रही है। कांग्रेस सांसद अब्दुल खालिक ने कहा है कि प्रियंका शादीशुदा है, इसलिए वह अब गांधी नहीं रही, जिससे वह चुनाव लड़ने के योग्य हो गई हैं।
सारंगपुर में माँ भैंसवा माता मंदिर निर्माण की मुख्यमंत्री चौहान ने आधारशिला रखी
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने राजगढ़ जिले के सारंगपुर स्थित प्रसिद्ध देवी धाम, माँ भैंसवा माता मंदिर के दर्शन कर पूजन एवं हवन किया और मंदिर निर्माण की आधारशिला रखी। मुख्यमंत्री चौहान ने प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि एवं कल्याण के लिए प्रार्थना भी की।
मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि माताजी का यह अदभुत स्थान है। दर्शन मात्र से ही मुझमें अद्भुत ऊर्जा का संचार हुआ, यह एक शक्ति स्थल है। उन्होंने कहा कि जो निर्माण कार्य हो रहे हैं, वो माँ की कृपा से ही हो रहे हैं। मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि मुझे मंदिर समिति द्वारा यह बताया गया है कि मंदिर का निर्माण यहाँ जनता के पैसों से होगा। जनता अपने खून-पसीने की कमाई से मंदिर का निर्माण कराएगी। यह कर्म मार्ग की श्रेणी में आता है। उन्होंने कहा कि ईश्वर को पाने के लिए यही सही मार्ग है। मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि मंदिर परिसर में वैदिक पाठशाला परीक्षण केन्द्र और भक्त निवास राज्य सरकार द्वारा बनवाया जाएगा। उन्होंने कहा कि भैंसवा माता का भव्य मंदिर बनेगा जो शक्ति और भक्ति का प्रतीक होगा। सभी लोग संकल्प लें कि हम भैंसवा माता के भव्य मंदिर में अपना योगदान देंगे। मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि मकवाना पत्थर से भव्य मंदिर का निर्माण किया जाएगा।
मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि शक्ति स्थल पर मैंने माँ से यही प्रार्थना की है कि मेरे प्रदेश के गाँव, शहर, प्रदेश और देश प्रगति के पथ पर आगे बढ़ता रहे। उन्होंने कहा कि यह मंदिर एक सामाजिक चेतना का केन्द्र बनेगा। उल्लेखनीय है कि भैंसवा माता मंदिर, मालवा क्षेत्र का शक्तिपीठ माना जाता है।
राष्ट्रीय लता मंगेश्कर अलंकरण समारोह को मुख्यमंत्री चौहान ने वर्चुअली संबोधित किया
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि परम श्रद्धेय लता जी सिर्फ गायिका नहीं थी, वे भारत के इतिहास में दर्ज एक महान व्यक्तित्व हैं। उन्होंने अपने अद्भुत गायन से कई पीढ़ियों को दीवाना बनाया। मुख्यमंत्री चौहान आज निवास से इंदौर में आयोजित राष्ट्रीय लता मंगेश्कर अलंकरण समारोह को वर्चुअली संबोधित कर रहे थे।
मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि इंदौर में लता दीदी की प्रतिमा स्थापित की जाएगी। साथ ही एक ऐसे संग्रहालय का निर्माण किया जाएगा, जिसमें लता जी के गीत और स्मृतियों का संग्रह होगा। यही नहीं लता जी के नाम से संगीत अकादमी और संगीत महाविद्यालय भी प्रारंभ किया जाएगा।
मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि आज लता जी के बिना संगीत सूना और गीत अधूरे हैं। लता जी के गीत उनकी देशभक्ति और संस्कार युगों-युगों तक जीवित रहेंगे। मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि वे सभी यात्राओं में अकसर लता जी के गीत ही सुनते हैं।
मुख्यमंत्री चौहान ने आज के अलंकरण समारोह में सम्मनित विभूतियों शैलेंद्र सिंह, आनंद मिलिंद और कुमार शानू को बधाई देते हुए उनका अभिनन्दन किया।
संस्कृति मंत्री ठाकुर ने कहा कि गीत और संगीत परमात्मा के पर्याय हैं। सुख शांति और संतुष्टि प्रदान करने में संगीत की अहम भूमिका है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की मंशानुरूप इंदौर के संगीत महाविद्यालय को स्वर सम्राज्ञी लता मंगेशकर जी के नाम पर किया जा रहा है। अब यह विद्यालय लता मंगेशकर संगीत महाविद्यालय के नाम से जाना जाएगा। स्वर सम्राज्ञी लता मंगेशकर को नमन करते हुए और उनके कार्यों को आगे बढ़ाते हुए संस्कृति विभाग संगीत और कला के संरक्षण और संवर्धन के लिए सदैव कार्य करता रहेगा।
अलंकरण समारोह में राष्ट्रीय लता मंगेशकर सम्मान वर्ष 2019 का पार्श्व गायन के लिये शैलेन्द्र सिंह, वर्ष 2020 का संगीत निर्देशन के लिये आनंद-मिलिंद और वर्ष 2021 का पार्श्व गायन के लिये कुमार शानू को प्रदान किया गया। अलंकरण समारोह के बाद संगीत संध्या का आयोजन हुआ। जिसमें सुप्रसिद्ध गायिका अलका याज्ञनिक एवं ग्रुप, मुम्बई द्वारा संगीतमई और सुमधुर गीतों की प्रस्तुति दी गई।
पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री उषा ठाकुर, विधायक रमेश मेंदोला तथा मालिनी गौड़, पूर्व महापौर कृष्णमुरारी मोघे, संभागायुक्त डॉ. पवन कुमार शर्मा, अलाउद्दीन खां संगीत एवं कला अकादमी के निदेशक जयंत कुमार भिसे ने राष्ट्रीय लता मंगेशकर अलंकरण समारोह का दीप प्रज्ज्वलन कर शुभारंभ किया।
मुख्यमंत्री ने राजगढ़ जिले को दी शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय की सौगात
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि जनता की सेवा और प्रदेश का विकास उनकी सरकार का एक मात्र लक्ष्य है। मुख्यमंत्री श्री चौहान बुधवार को राजगढ़ जिला मुख्यालय पर 256 करोड़ रूपये लागत वाले शासकीय मेडिकल कॉलेज का भूमि-पूजन कर जनसभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने समारोह के दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना के 10 हजार से अधिक हितग्राहियों को गृह प्रवेश भी कराया।
मुख्यमंत्री चौहान ने कहा है कि उनकी सरकार जनता की है और जनता की सेवा भगवान की पूजा जैसी है, मैं अपनी जनता का पुजारी हूँ। उन्होंने कहा है कि मुख्यमंत्री जन सेवा अभियान इसलिए चलाया गया है कि सभी पात्र नागरिकों को रोटी, कपड़ा, मकान, दवाई, पढ़ाई और रोजगार जैसी योजनाओं का लाभ दिलाया जा सकें। उन्होंने कहा कि उनके राज में राजगढ़ सहित प्रदेश में कोई भूखा और कोई भी परिवार बिना मकान के भी नहीं रहेगा। मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि चाहे सरकार को जमीन खरीदना पड़े, पर किसी भी परिवार को बिना मकान के नहीं रहने देंगे।
मुख्यमंत्री चौहान ने आयुष्मान योजना की मंच से ही पड़ताल करते हुए कलेक्टर को निर्देश दिए कि 31 अक्टूबर तक सभी पात्र लोगों के आयुष्मान कार्ड बन जाएँ। कलेक्टर ने बताया कि अब तक 6 लाख 90 हजार आयुष्मान कार्ड बनाए जा चुके है। मुख्यमंत्री ने राजगढ़ वासियों से कहा कि मेडिकल कॉलेज बन जाने से अब जिले में ही उत्कृष्ट उपचार मुहैया होगा और 150 बच्चों को मेडिकल की शिक्षा भी मिलेगी। उन्होंने कहा कि कॉलेज चाहे प्राइवेट हो या सरकारी, बच्चे चाहे आरक्षित हो या अनारक्षित यदि मेधावी हैं तो उनकी 8-10 लाख तक की फीस राज्य सरकार भरेगी।
मुख्यमंत्री चौहान ने राजगढ़ में बनाए गए बड़े बांधों सहित तमाम तरह के विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि राजगढ़ आगामी 5 वर्षों में कृषि के क्षेत्र में पंजाब और हरियाणा जैसे राज्यों से भी आगे होगा। उन्होंने किसानों से भूमि को रसायन से बचाने के लिए प्राकृतिक खेती अपनाने की अपील भी की। मुख्यमंत्री ने सिंचाई से छूट गए गाँव के किसानों को आश्वस्त किया कि पानी को रोक कर उन क्षेत्रों में भी सिंचाई का इंतजाम किया जाएगा।
मुख्यमंत्री चौहान ने आमजन को आश्वस्त किया कि उनकी सरकार गुंडे बदमाशों और माफिया को ध्वस्त करने में कोई कसर नहीं छोड़ेगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में बहन-बेटियों को सभी तरह की सुरक्षा दी जाएगी। उन्होंने आजीविका मिशन की बहनों से कहा कि वे मन लगा कर काम करें। सरकार की मंशा है कि बहनों की महीने में 10 हजार रूपये आय हो।
मुख्यमंत्री ने नागरिकों को विकास के लिए संकल्प भी दिलाया और कहा कि निर्वाचित जन-प्रतिनिधियों के साथ नगारिक भी अपने कर्त्तव्यों का पालन करें। उन्होंने जन-सहभागिता से ग्रामीण स्वच्छता में अच्छा काम होने पर जिलेवासियों की सराहना की।
मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि आगामी 11 अक्टूबर को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी उज्जैन में महाकाल लोक का लोकार्पण करेंगे। उन्होंने सभी नागरिकों से उज्जैन कार्यक्रम में पहुँचने और अपने घर, मंदिरों में इस दिन पूजन, हवन, भजन-कीर्तन कर सहभागी बनने का आहवान किया।
प्रारंभ में मुख्यमंत्री चौहान ने मेडिकल कॉलेज का विधिवत पूजन कर शिलान्यास किया साथ ही कॉलेज भवन के मॉडल का अवलोकन किया। अपर मुख्य सचिव स्वास्थ्य श्री मोहम्मद सुलेमान ने प्रस्तावित मेडिकल कॉलेज के संबंध में जानकारी दी। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने दिव्यांगों के बीच कुछ समय बिताया और 22 दिव्यांग को ट्रायसिकल वितरित की। उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन एवं स्व-सहायता समूहों को 5 करोड़ रूपये राशि के चेक प्रदान किए।
सीबीआइ करेगी मध्य प्रदेश में 35 नर्सिंग कालेजों की संबद्धता व मान्यता की जांच
मध्य प्रदेश हाई कोर्ट की ग्वालियर खंडपीठ ने 35 नर्सिंग कालेजों की संबद्धता व मान्यता की जांच सीबीआइ को सौंप दी है। कोर्ट ने कहा कि नर्सिंग कालेजों की संबद्धता व मान्यता में गड़बड़ी एक बड़ा घोटाला है। प्रथम दृष्टया मान्यता और संबद्धता देने में कमियां मिली हैं, इसलिए भारतीय नर्सिंग परिषद, मध्य प्रदेश नर्सिंग रजिस्ट्रेशन काउंसिल व मेडिकल यूनिवर्सिटी जबलपुर की भूमिका की जांच की जाए।
कोर्ट ने सीबीआइ निदेशक को आदेश दिया है कि जांच के लिए अधिकारी नियुक्त करे। सीबीआइ को जांच के लिए सुविधाएं मध्य प्रदेश शासन उपलब्ध कराएगा। जांच 35 कालेजों की होगी। सीबीआइ को तीन महीने में जांच खत्म कर जनवरी में रिपोर्ट पेश करने को कहा गया है।
भोपाल के अतिरिक्त पुलिस कमिश्नर जिन 35 कालेजों का रिकार्ड जब्त करके लाए थे, वह हाई कोर्ट के प्रिसिंपल रजिस्ट्रार की निगरानी में रखा जाएगा और जांच अधिकारी नियुक्त होने के बाद यह उसे सौंप दिया जाएगा। पांच जनवरी, 2023 को याचिकाओं की फिर से सुनवाई होगी। याचिकाओं की सुनवाई न्यायमूर्ति रोहित आर्या व न्यायमूर्ति एमआर फडके ने की। सुनवाई के दौरान चिकित्सा शिक्षा विभाग के डीएमई डा. जितेन शुक्ला, भारतीय नर्सिंग परिषद की सचिव कर्नल सरबजीत सिंह कौर, सीबीआइ के डीएसपी दीपक पुरोहित मौजूद रहे।
देश के दूसरे सीडीएस लेफ्टिनेंट जनरल अनिल चौहान बने
भारत सरकार ने रिटायर्ड लेफ्टिनेंट जनरल अनिल चौहान को नया चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (CDS) नियुक्त किया है। वे सैन्य मामलों के विभाग के सचिव के रूप में भी कार्य करेंगे। जनरल बिपिन रावत की मृत्यु के नौ महीने बाद सरकार ने बुधवार को लेफ्टिनेंट जनरल अनिल चौहान (सेवानिवृत्त) को नया चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ नियुक्त किया है। आपको बता दें कि देश के पहले सीडीएस जनरल बिपिन रावत की मौत के बाद से ही ये सैन्य पद खाली था।अनिल चौहान देश के डीजीएमएओ, सेना की पूर्वी कमान के कमांडर रह चुके हैं। इन दिनों वे नेशनल सिक्योरिटी काउंसिल सेक्रेटेरियट में मिलिट्री एडवाइजर के पद पर तैनात थे। जनरल चौहान उत्तराखंड से चुने गये दूसरे सीडीएस हैं।
देश के नए सीडीएस लेफ्टिनेंट जनरल अनिल चौहान (सेवानिवृत्त) मूल रूप से उत्तराखंड के पौडी जिले के रहने वाले हैं। उनकी शिक्षा-दीक्षा कोलकाता में हुई और वर्तमान में उनका परिवार भी वहीं रह रहा है। चौहान के रूप में देश को उत्तराखंड से दूसरा सीडीएस मिला है। इससे पहले सीडीएस दिवंगत बिपिन रावत भी उत्तराखंड के पौड़ी जिले निवासी थे। संयोग है कि देश के दूसरे सीडीएस भी इसी जिले से हैं।
कोलार रोड: बोरदा पंचायत सचिव रिश्वत लेते ट्रेप
सफाई कर्मचारियों को हटाने वाले सरपंच की भूमिका की भी करेगी लोकायुक्त जांच
लोकायुक्त ने ग्राम पंचायत सचिव को बीस हजार रुपये रिश्वत लेते पकड़ा
भोपाल, हुजूर विधानसभा के कोलार क्षेत्र की बोरदा ग्राम पंचायत में पदस्थ है आरोपी ने सफाई कर्मी का काम देने दो लोगों से 40000 हजार रुपये रिश्वत मांगी थी। इस मामले लोकायुक्त पुलिस ने बुधवार को कोलार की ग्राम पंचायत बोरदा के सचिव को बीस हजार की रिश्वत लेते रंगेहाथ पकड़ लिया। पंचायत सचिव शिकायत कर्ता के रिश्तेदार को पुन: नौकरी पर रखने के नाम पर 40 हजार रुपये ले रहा था। इसकी शिकायत मिलने के बाद लोकायुक्त ने मामले में कार्रवाई की है। लोकायुक्त के डीएसपी सलिल शर्मा के मुताबिक जोन 18 के वार्ड 83 में सफाई कर्मचारी बृजेश थावली ने 26 सितंबर को लोकायुक्त एसपी के कार्यालय में शिकायत की थी कि ग्राम पंचायत बोरदा कोलार में सचिव के तौर पर पदस्थ भगवान सिंह कीर ने दो सफाई कर्मचारी को सफाई कामगार के पद पर नियुक्त किया था, जो आवेदक के रिश्तेदार राजकुमारी एवं विजय है। इसके लिए उसने 40 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की थी। परंतु रिश्वत न मिलने पर 14 दिन के अंदर ही सरपंच के माध्यम से दोनों को हटा दिया। बाद में दोनों को पुनः पद पर नियुक्त के लिये तुरंत रुपये देने का बोला गया। दो किश्तों में 20-20 हजार रुपये देना तय हुआ।














