प्रदेश के सरकारी स्कूलों के विद्यार्थियों को जल्द ही गणवेश मिलेगी। स्कूल श्ािक्षा विभाग द्वारा पहली से आठवीं तक के 66 लाख विद्यार्थियों के लिए स्व सहायता समूहों को गणवेश तैयार करने के निर्देश दे दिए गए हैं। इस बार विद्यार्थियों को चार जोड़ी गणवेश मिलेगी। सत्र 2021-22 व वर्तमान सत्र 2022-23 के गणवेश एक साथ देने का शासन ने निर्णय लिया है। हालांकि, गणवेश मिलने में विद्यार्थियों को अभी कम से कम दो-तीन माह का इंतजार करना पड़ सकता है। बता दें, कि प्रदेश के सरकारी स्कूलों में पहली से आठवीं तक के विद्यार्थियों को निश्शुल्क दो जोड़ी गणवेश हर साल दी जाती है।
50 प्रतिशत राशि का भुगतान होगा
पिछले सालों में स्कूल शिक्षा विभाग गणवेश के लिए 75 प्रतिशत राशि का अग्रिम भुगतान पंचायत एवं ग्रामीण विकास विकास विभाग के अंतर्गत ग्रामीण आजीविका मिशन को किया था, लेकिन जब स्कूलों में गणवेश मिली तो उसकी क्वालिटी खराब थी। इस बार विभाग ने प्रस्ताव भेजा है कि गणवेश के लिए 50 प्रतिशत राशि का अग्रिम भुगतान किया जाएगा। जब गणवेश सिलकर मिलेगी तो उसकी गुणवत्ता चेक की जाएगी। अगर गुणवत्ता अच्छी होगी तो शेष 50 प्रतिशत राशि का भुगतान किया जाएगा।
दो जोड़ी गणवेश के लिए मिलते हैं 600 रुपये
पहली से आठवीं तक के विद्यार्थियों के लिए दो जोड़ी गणवेश तैयार करने के लिए 600 रुपये की राशि दी जाती है। हर साल राज्य शिक्षा केंद्र द्वारा 390 करोड़ रुपये खर्च किए जाते हैं, लेकिन इस बार चार जोड़ी गणवेश वितरित की जाएंगी।
सीएम राइज स्कूल के विद्यार्थियों को नकद राशि
वहीं सीएम राइज के स्कूलों में सिर्फ इसी सत्र के लिए पहली से आठवीं तक के विद्यार्थियों को उनके बैैंक खाते में दो जोड़ी गणवेश के लिए 600 रुपये की राशि दी जाएगी।
मध्य प्रदेश के सरकारी स्कूलों के विद्यार्थियों को चार जोड़ी गणवेश मिलेगी
पहले चरण में इंजीनियरिंग कालेजों में 17 हजार प्रवेश हुए
तकनीकी शिक्षा विभाग द्वारा प्रदेश के 142 इंजीनियरिंग कालेजों की 58,379 सीटों पर प्रवेश के लिए कराई जा रही काउंसलिंग का पहला चरण खत्म हो चुका है। इसमें करीब 17 हजार विद्यार्थियों ने प्रवेश लिया है। पिछले वर्ष यह संख्या केवल सात हजार थी। हालांकि इस बार पहले चरण में ही इंजीनियरिंग कोर्स के लिए विद्यार्थियों का रुझान दिख रहा है। हालांकि अभी भी लगभग 41 हजार सीटें खाली हैं।
उधर, दूसरे चरण में पंजीयन कराने के लिए सोमवार को आखिरी दिन था। इसमें करीब 18 हजार विद्यार्थियों ने पंजीयन कराया है। इनमें तीन हजार 676 जेईई मेंस एवं 13 हजार 478 क्वालिफाइ राउंड के विद्यार्थी शामिल हैं। अब तक सात हजार 167 विद्यार्थियों ने ही च्वाइस फिलिंग की है। वे 27 सितंबर तक पंजीयन में सुधार कर सकते हैं। च्वाइस फिलिंग की आखिरी तारीख 29 सितंबर है। 30 सितंबर को मेरिट सूची जारी की जाएगी। इसके बाद विभाग पांच अक्टूबर को अलाटमेंट जारी करेगा। विद्यार्थी 11 अक्टूबर तक कालेज में प्रवेश ले पाएंगे।
सीएसई नहीं मिलने पर आइटी में ले रहे हैं प्रवेश
पहले चरण में सीएसई में सबसे अधिक प्रवेश हुए हैं। इनमें से सीएसई की स्पेशलाइजेशन ब्रांच में शामिल आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस, इंटरनेट आफ थिंग्स, डाटा साइंस में विद्यार्थियों ने प्रवेश लिए हैं। हालांकि सीएसई नहीं मिलने पर विद्यार्थियों ने आइटी में प्रवेश लेना शुरू कर दिया है। वे अगले वर्ष तीसरे सेमेस्टर में आकर अपनी ब्रांच को सीएसई में बदल सकेंगे।
टीएफडब्ल्यू में 45 प्रतिशत प्रवेश
दूसरी ओर कंप्यूटर साइंस इंजीनियरिंग (सीएसई) नहीं मिलने के कारण विद्यार्थियों ने निश्शुल्क में पढ़ाई की ट्यूशन फीस वेबर स्कीम (टीएफडब्ल्यू) की सीट भी छोड़ दी है। टीएफडब्ल्यू की सीटों पर 45 प्रतिशत प्रवेश हुए हैं। 30 प्रतिशत विद्यार्थियों ने छोटे स्तर के कालेज और अपनी पसंद नहीं मिलने के कारण सीएसई में फीस देकर बड़े कालेजों में प्रवेश लिए हैं।
मध्य प्रदेश सरकार युवाओं को काम देगी
प्रदेश में प्रतिमाह एक करोड़ 11 लाख परिवारों को दिए जाने वाले तीन लाख 13 हजार टन खाद्यान्न के परिवहन के काम से सरकार ठेकेदारों को बाहर करेगी। इनके स्थान पर युवाओं को परिवहन का काम दिया जाएगा। इसके लिए सरकार मुख्यमंत्री युवा अन्नदूत योजना लागू करने जा रही है। इसमें युवाओं को 25 लाख रुपये तक का वाहन ऋण बैंकों से दिलाया जाएगा। एक लाख 25 हजार रुपये सरकार अनुदान देगी। इतनी ही राशि हितग्राही को मिलानी होगी। तीन प्रतिशत वार्षिक ब्याज अनुदान भी सरकार देगी।
खाद्य, नागरिक आपूर्ति विभाग की इस प्रस्तावित योजना पर मंगलवार को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की अध्यक्षता में उज्जैन में होने वाली कैबिनेट में अंतिम निर्णय लिया जाएगा।
प्रदेश में युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए सरकार नए-नए क्षेत्र तलाश रही है। इसी कड़ी में खाद्यान्न् के परिवहन कार्य से युवाओं को जोड़ा जा रहा है। मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना के माध्यम से बेरोजगार युवाओं को वाहन खरीदने के लिए ऋण दिलाया जाएगा।
इसके लिए अनुदान के साथ वार्षिक ब्याज अनुदान भी दिया जाएगा। वाहन मालिक को सुरक्षा प्रदान करने के लिए उससे सेंट्रल आफ इंडिया, राज्य नागरिक आपूर्ति निगम और हितग्राही के बीच अनुबंध कराया जाएगा। प्रतिमाह 11 से 30 तारीख के बीच आवंटित दुकानों पर उसे खाद्यान्न पहुंचाना होगा। यदि समय सीमा में खाद्यान्न नहीं पहुंचाया जाता है तो मासिक किराया राशि पर अधिकतम 30 प्रतिशत जुर्माना लगाया जा सकेगा।
खाद्यान्न् दुकानों तक पहुंचाने के अलावा न्यूनतम समर्थन मूल्य पर खरीदी उपज के परिवहन का काम भी इनसे कराया जाएगा। योजना का लाभ 18 से 45 वर्ष के स्थानीय युवाओं को ही मिलेगा। परिवार की वार्षिक आय 12 लाख से अधिक होने, शासकीय सेवक या पेंशनर या अन्य स्वरोजगार योजना से लाभांवित व्यक्ति अपात्र होंगे।
98 परिवहनकर्ताओं के पास है वितरण का काम
प्रदेश में अभी 98 परिवहनकर्ताओं के पास पूरे प्रदेश की उचित मूल्य की राशन दुकानों पर खाद्यान्न् पहुंचाने का काम है। ये नागरिक आपूर्ति निगम के 223 प्रदाय केंद्रों से प्रतिमाह तीन लाख 13 हजार टन खाद्यान्न् लेकर प्रदाय करते हैं। इसके लिए इन्हें 65 रुपये प्रति क्विंटल के हिसाब से भुगतान किया जाता है। इसमें आधी राशि केंद्र और आधी राज्य सरकार द्वारा दी जाती है।
7 ग्रहों की चाल अक्टूबर में बदलेगी
ज्योतिष एक प्राचीन पद्धति है जो मानव व्यवहार और घटनाओं से संबंधित मार्गदर्शन करने के लिए ग्रहों के पिंडों, राशियों और घरों का उपयोग करती है। ज्योतिष में शनि, बृहस्पति, शुक्र, मंगल और बुध के अलावा सूर्य और चंद्रमा को भी ग्रह माना गया है। राहु और केतु को छाया ग्रह माना जाता है। आगामी अक्टूबर में माह में 7 बड़े ग्रहों का गोचर होने जा रहा है। यहां हम आपको बता रहे हैं अक्टूबर राशिफल की भविष्यवाणियां जो कि सूर्य राशियों और सूर्य के संबंध में अन्य ग्रहों के गोचर से संबंधित हैं। जानिये कि जब ये ग्रह अपनी चाल बदलेंगे तो सभी राशियों इनका कैसा अच्छा या बुरा प्रभाव पड़ेगा।
अक्टूबर में ग्रहों का गोचर:
बुध का कन्या राशि में सीधा भ्रमण – 2 अक्टूबर 2022
मंगल का मिथुन राशि में गोचर -16 अक्टूबर, 2022
सूर्य का तुला राशि में गोचर – 17 अक्टूबर 2022, कन्या राशि से
शुक्र का तुला राशि में गोचर – 18 अक्टूबर 2022
शनि का मकर राशि में सीधा भ्रमण – 23 अक्टूबर 2022
बुध का तुला राशि में गोचर – 26 अक्टूबर 2022
बृहस्पति मेष राशि में है – 28 अक्टूबर, 2022
मकर राशि में शनि रेट्रो, 23 अक्टूबर, 2022 को मार्गी होंगे
पीएम मोदी शिंजो आबे के राजकीय अंतिम संस्कार में होंगे शामिल
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार को निर्धारित पूर्व जापानी पीएम शिंजो आबे के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए सोमवार शाम टोक्यो के लिए रवाना हो गए। विदेश मंत्रालय की ओर से जारी एक बयान में कहा गया है कि अपनी राष्ट्र यात्रा के दौरान, पीएम मोदी अपने जापानी समकक्ष फुमियो किशिदा के साथ द्विपक्षीय बैठक भी करेंगे।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने ट्विटर पर पीएम मोदी के यात्रा कार्यक्रम का खुलासा करते हुए कहा, “भारत-जापान दोस्ती के चैंपियन और पीएम मोदी के निजी दोस्त, पीएम आबे को हमेशा हमारे अपने में से एक के रूप में याद किया जाएगा। विदेश सचिव विनय क्वात्रा ने दिन में एक विशेष ब्रीफिंग में इसकी पुष्टि की। उन्होंने कहा कि प्रासंगिक लोग “दोनों पक्षों (भारत और जापान) से शामिल होंगे और इन चर्चाओं में भाग लेंगे”।
प्रधान मंत्री की यात्रा उनके लिए पूर्व प्रधान मंत्री आबे की स्मृति को सम्मानित करने का अवसर होगी, जिन्हें वे भारत-जापान संबंधों के एक प्रिय मित्र और महान चैंपियन मानते थे। क्वात्रा ने कहा कि पीएम मोदी और दिवंगत पीएम आबे ने एक दशक से अधिक समय तक अपनी कई बातचीत के माध्यम से विश्वास और दोस्ती का एक व्यक्तिगत बंधन विकसित किया था।
स्वस्थ बालक बालिका प्रतियोगिता
भोपाल, पोषण माह के अंतर्गत बाबा नगर आंगनवाड़ी में 26th सितंबर 2022 को स्वस्थ बालक – बालिका प्रतियोगिता का आयोजन किया गया सरस्वती पूजन से कार्यक्रम की शुरुआत की गई। कार्यक्रम में 6 माह से 6 वर्ष तक के 30 बच्चे उपस्थित थे, स्वास्थ्य के अलग अलग मापदण्ड जैसे मानसिक शारीरिक माप एवं वृद्धि निगरानी, आंगनवाड़ी में नियमित उपस्थिति, साफ सफाई व स्वच्छता, साफ धुले कपड़े पहनना, नियमित हाथ धुलाई, व्यवहार, नियमित हेयर कट संबंधित व्यवहार, पोषण की स्थिति, सही समय पर टीकाकरण, क्रमिक नाशक दवा का सेवन, हर महीने THR लेना आदि के अनुसार 30 बच्चों में से 6 बच्चों को चुनकर उन्हें उपहार दिया गया
विभाग से ANM सुषमा मंडल और सृष्टि साथ ही आशा कार्यकर्ता व मन्नत सोशल वेलफेयर सोसाइटी की टीम उपस्थित थी। ANM सुषमा, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं टीम मन्नत वेलफेयर द्वारा सभी से नियमित रूप से आंगनवाड़ी आके जांच करवाने, पौष्टिक आहार के साथ साथ आयरन आदि की दवाएं लेने के लिए प्रेरित किया गया अंत में टीम मन्नत वेलफेयर की ओर से सभी बच्चों को बिस्किट के पैकेट वितरित किए गए।
करंज, बादाम और सागौन के मुख्यमंत्री चौहान ने पौधे लगाए
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के साथ विधायक कृष्णा गौर ने अपने जन्म दिवस पर पौध-रोपण किया। गौर के पुत्र आकाश गौर, पुत्रवधू नेहा ग़ौर और पौत्र व्योम गौर ने भी पौध-रोपण किया। मुख्यमंत्री चौहान ने स्मार्ट सिटी पार्क में करंज, बादाम और सागौन के पौधे लगाए। मुख्यमंत्री चौहान के साथ न्यू लाइफ डेवलपमेंट सोसाइटी, भोपाल के डॉ. इकराम हाशमी, सैयद जावेद अली, नीलोफर खान, सिमे फिलिप, प्राची जैन और हरिओम जाटव भी पौध-रोपण में सम्मिलित हुए।
न्यू लाइफ डेवलपमेंट सोसायटी पर्यावरण, जल-संरक्षण, स्वास्थ्य और स्वच्छता पर कार्य करती है। सोसाइटी शहर को जीने योग्य बनाए रखने के लिए सक्रिय है। सोसाइटी द्वारा वृक्षा-रोपण, स्वच्छता और जल-संरक्षण के लिए स्कूलों में बच्चों के साथ मिल कर विशेष रूप से कार्य किया जा रहा है। सोसाइटी द्वारा कोरोना काल में जरूरतमंद लोगों को मदद पहुँचाने में विशेष कार्य किए गए हैं।
झाबुआ जिले के जन सेवा अभियान में मुख्यमंत्री हुए शामिल
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि जनता की सेवा और उनकी बेहतरी के लिये निरंतर कार्य करना उनकी पहली प्राथमिकता है। हमारे गरीब भाई-बहनों के लिये केन्द्र और राज्य सरकार अनेक कल्याणकारी योजनाएँ चला रही है। इन योजनाओं का लाभ पात्र लोगों को मिले यह जवाबदारी अधिकारी – कर्मचारियों की है। गरीब के साथ अन्याय करने वालों को बख्शा नहीं जायेगा। मुख्यमंत्री चौहान ने झाबुआ जिले की ग्राम पंचायत देवझिरी में मुख्यमंत्री जन सेवा अभियान के शिविर में लाभान्वित हितग्राहियों को मंच पर बुला कर योजनाओं के क्रियान्वयन का फीडबैक लिया।
मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि हम सब का कर्त्तव्य है कि शासन द्वारा संचालित लोक-कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों को दिलवाया जाना सुनिश्चित करें, जिससे कि जरूरतमंदों के जीवन में आनंद और प्रसन्नता आ सके। गरीब परिवारों का सामाजिक और आर्थिक सशक्तिकरण ही हमारी सफलता है।
मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि संयुक्त परिवारों में रहने वाले किसानों के शामिलात खाते होने से कृषि कल्याण संबंधी योजनाओं का बहुतेरे किसान लाभ लेने से वंचित रह जाते हैं। उन्होंने कहा कि किसानों के आर्थिक सशक्तिकरण के लिये जरूरी है कि किसानों को योजनाओं का पूरा-पूरा लाभ मिले। मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि किसान परिवारों के भूमि खाते अलग-अलग कराने के लिये विशेष अभियान चलाया जाएगा।
मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि आज पंडित दीनदयाल उपाध्याय जयंती पर हम उनके बताये मार्ग अनुसार दरिद्र नारायण की सेवा करने को संकल्पित हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि 31 अक्टूबर तक चलने वाले मुख्यमंत्री जन सेवा अभियान में चिन्हित योजनाओं के पात्रताधारी व्यक्तियों को चिन्हांकित कर लाभान्वित करना सुनिश्चित करें। कोई भी पात्र व्यक्ति योजना के लाभ से वंचित न रहने पाये। मुख्यमंत्री चौहान ने झाबुआ के नवागत कलेक्टर को जन सेवा अभियान शिविर में प्राप्त सभी आवेदनों का संवेदनशीलता के साथ निराकरण के निर्देश दिये।
पूजा हेगड़े टीवी की इस बहू का खतरनाक स्टंट देख दंग हुईं
टीवी रियलिटी शो खतरों के खिलाड़ी 12 कई हफ्तों से दर्शकों का फेवरेट बना हुआ है। एक शानदार सफर तय करने के बाद अब शो खत्म होने वाला है रविवार को शो को अपना विनर भी मिल जाएगा। 25 सितंबर को खतरों के खिलाड़ी 12 का ग्रैंड फिनाले हो रहा है, जहां फिल्म सर्कस के स्टार्स रणवीर सिंह और पूजा हेगड़े भी पहुंचे। फिनाले में कंटेस्टेंट्स के खतरनाक स्टंट देख इन्हें भी झटका लग गया।
इस संस्कारी बहू ने आग के साथ दिखाए करतब
खतरों के खिलाड़ी 12 के ग्रैंड फिनाले में शो की शुरुआत से जुड़े सभी सेलेब्स ने शिरकत की और कुछ ने तो परफॉर्म भी किया। इनमें टीवी की पॉपुलर बहु सृति झा भी शामिल हैं। शो से उनका एक प्रोमो वीडियो भी सामने आया है, जिसमें सृति फिनाले में Dragon Staff के शानदार स्किल्स दिखाती हुई नजर आ रही हैं। स्टेज पर सृति रॉड लेकर चल रही हैं, जिसके दोनों साइड से आग निकल रही है।
पूजा हेगड़े भी हुईं हैरान
सृति झा ने इस रॉड को न सिर्फ अच्छे से बैलेंस किया, बल्कि रॉड को अपनी बॉडी पर रोल करते हुए परफॉर्म भी किया। उनके इस करतब को देखकर एक्ट्रेस पूजा हेगड़े भी दंग रह गईं और कुछ देर के लिए वह हैरानी से सृति को देखती रहीं।
भ्रष्टाचार को लेकर केरल सरकार पर जे पी नड्डा ने साधा निशाना
भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा (BJP chief J P Nadda) ने रविवार को केरल में वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (LDF) सरकार पर हमला करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन (Pinarayi Vijayan) का कार्यालय ‘भ्रष्टाचार के दायरे से बाहर नहीं’ है ‘सोना घोटाले की गर्मी’ वहां भी पहुंच गई है।
कर्ज के जाल में फंस जाएगा केरल
नड्डा ने एलडीएफ सरकार पर ऐसी स्थिति पैदा करने का आरोप लगाया, जहां राज्य ‘कर्ज के जाल में फंस जाएगा’ और कहा कि उसका कर्ज लगभग दोगुना हो गया है। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों की एक बैठक में यह भी कहा कि केरल में नशीली दवाओं का खतरा और अराजकता बढ़ रही है।
‘सीएम कार्यालय भी भ्रष्टाचार की चपेट में’
नड्डा ने कहा, ‘अगर मैं भ्रष्टाचार की बात करूं तो सीएम कार्यालय भी भ्रष्टाचार के दायरे से बाहर नहीं है। यह भ्रष्टाचार के दायरे में है। अगर मैं सोने के घोटाले की बात करूं तो गर्मी सीएमओ तक भी पहुंच गई है। ड्रग का खतरा बढ़ रहा है और इतना ही नहीं आप देखेंगे कि वहां अराजकता भी है…’
‘लोकतंत्र में हिस्सा के लिए कोई जगह नहीं’
भाजपा के वरिष्ठ नेता ने यह भी बताया कि केरल में कई पार्टी कार्यकर्ताओं की हत्या कर दी गई है या उन्हें घायल कर दिया गया है। उन्होंने कहा, ‘लोकतंत्र में हिंसा के लिए कोई जगह नहीं है। केवल तर्क और चर्चा के लिए जगह है। लेकिन हम देखते हैं कि शारीरिक हमले, हिंसा, वह भी राज्य प्रायोजित हिंसा चलती रहती है।’














