नई दिल्ली। सुप्रीम कोर्ट ने अपने महासचिव को मौजूदा और सेवानिवृत्त न्यायाधीशों के खिलाफ यौन उत्पीड़न के मामलों में जांच तंत्र से संबंधित एक मामले में जवाब देने का निर्देश दिया है। न्यायमूर्ति संजय किशन कौल, न्यायमूर्ति ए एस ओका और न्यायमूर्ति विक्रम नाथ की पीठ ने महासचिव को इस मुद्दे पर चार सप्ताह के भीतर जवाब दाखिल करने का आदेश दिया क्योंकि वरिष्ठ अधिवक्ता इंदिरा जयसिंह ने कहा कि महासचिव को अभी एक हलफनामा दाखिल करना है। जयसिंह ने यह भी कहा कि वह इस तरह की शिकायतों से निपटने के लिए न्यायपालिका के भीतर एक तंत्र विकसित करने पर नवीनतम घटनाओं से संबंधित कुछ अतिरिक्त सामग्री दाखिल करना चाहेंगी। शीर्ष अदालत ने अब मामले की सुनवाई के लिए 15 नवंबर की तारीख तय की है।
शीर्ष अदालत 2014 में एक ला इंटर्न द्वारा सुप्रीम कोर्ट के एक पूर्व न्यायाधीश पर यौन उत्पीड़न का आरोप लगाने वाली याचिका पर सुनवाई कर रही थी। न्यायाधीश ने जनवरी 2014 मंह दिल्ली उच्च न्यायालय से मीडिया के खिलाफ पीड़ित द्वारा लगाए गए “आरोपों को उजागर करने वाली किसी भी सामग्री” को प्रकाशित करने से रोक दिया था। न्यायाधीश ने दावों को “निराधार, धोखाधड़ी और प्रेरित” के रूप में खारिज कर दिया था।
जनवरी 2014 में, शीर्ष अदालत ने सुनवाई के लिए याचिका को स्वीकार करते हुए कहा कि “आज की तारीख में, सभी न्यायिक अधिकारियों, मौजूदा या सेवानिवृत्त न्यायाधीशों के खिलाफ यौन उत्पीड़न की शिकायतों की जांच करने के लिए कोई तंत्र नहीं है, चाहे वह पद धारण करते हों या नहीं” और इस सीमित पहलू पर नोटिस जारी करने पर सहमत हुए।
इसके साथ ही बेंच ने बार काउंसिल आफ इंडिया (BCI) को उक्त कार्यवाही में एक पक्ष बनाने के वरिष्ठ अधिवक्ता इंदिरा जयसिंह के अनुरोध को स्वीकार करने से इनकार कर दिया था और इसे यौन उत्पीड़न के संबंध में नियम बनाने का निर्देश दिया था। न्यायमूर्ति संजय किशन कौल ने कहा कि यदि वह चाहती हैं कि बार काउंसिल आफ इंडिया द्वारा दिशानिर्देश तैयार किए जाएं तो वह इस संबंध में एक अलग याचिका दायर करने के लिए स्वतंत्र हैं।
सुप्रीम कोर्ट 15 नवंबर को जजों के खिलाफ यौन उत्पीड़न मामले की सुनवाई करेगा
भारत सीरीज का नंबर हर किसी को नहीं मिलेगा
इंदौर। केन्द्र सरकार की बहुप्रतिक्षित वाहनों की भारत सीरीज (बीएच) सीरीज को अगले महीने से इंदौर में लागू किया जाएगा। इसके लिए आवेदन आने लगे है। लेकिन हर आवदेनकर्ताओं को इस सीरीज में पंजीयन नहीं मिल जाएगा। क्षेत्रिय पंजीयन अधिकारी इस संबंध देखेंगे कि आवेदन कर्ता सभी जरूरी शर्तो को पूरा करता है या नहीं। आरटीओ के पास अभी से 10 फाइलें पेडिंग हो गई है।
केंद्र सरकार ने नई गाड़ियों के लिए भारत सीरीज बीएच में पंजीयन की व्यवस्था लागू की है। एक राष्ट्र एक क्रमांक (वन नेशन वन नंबर) के तहत प्रदेश में जिस वाहन का पंजीयन भारत सीरीज बीएच में होगा, उस वाहन के मालिक को दूसरे राज्य में जाने पर अनापत्ति प्रमाणपत्र नहीं लेना पड़ेगा और न ही नया नंबर लेने की जरूरत पड़ेगी। अभी हर राज्य में जाने पर वहां पर वाहन को पंजीयन शुल्क देकर उस राज्य के आरटीओ से नंबर लेना होता है।
इंदौर में एक अगस्त से वाहन पोर्टल पर पंजीयन शुरू हो गए है। जिसके बाद अब वाहनों का पंजीयन भारत सीरीज पर शुरू करने की तैयारी चल रही है। अगले माह से इसे शुरू कर दिया है। आरटीओ जितेन्द्र सिंह रघुवंशी ने बताया कि भारत सीरीज में पंजीयन करवाने के लिए केन्द्रीय मंत्रालय द्वारा बनाई गई शर्तो को पूरा करना होगा। भारत सीरीज में पंजीयन वे लोग करवा सकेंगे। जो सेना के अलावा केंद्र सरकार और राज्य सरकार के कर्मचारी हो। इसके अलावा निजी कंपनियों में काम करने वाले लोग भी इस सीरीज में पंजीयन करवा सकेंगे। लेकिन इसके लिए जरूरी है कि वे ऐसी कंपनी में काम करते हैं, जिसकी शाखाएं चार से अधिक राज्यों या केंद्र शासित प्रदेशों में स्थित है।
मध्यप्रदेश मे मुख्ययमंत्री आवास एवं भाजपा कार्यालय में विराजे गजानन
भोपाल। आज गणेश चतुर्थी के साथ दस दिवसीय गणेशोत्सव की शुरुआत हो गई। घर-घर में श्रद्धालु गणपति प्रतिमाएं विराजित कर उनकी पूजा-अर्चना कर रहे हैं। इस पावन मौके पर सीएम हाउस में भी भगवान गणपति की स्थापना की गई है। इसके लिए सीएम शिवराज सिंह अपनी पत्नी साधना सिंह और दोनों बेटों के साथ सुबह लगभग 11 बजे टीटी नगर स्थित प्लेटिनम प्लाजा स्थल पहुंचे और श्रद्धापूर्वक गजाजन की प्रतिमा लेकर आए। मुख्यमंत्री आवास में बने पूजा कक्ष में भगवान गणेश जी की झांकी सजाई गई है।
इस अवसर पर सीएम ने कहा कि कोविड के दो साल के भयानक संकट के बाद इस बार हम बिना किसी प्रतिबंध के गणेश उत्सव आनंद एवं उत्साह से मनायेंगे। सबको सद्बुद्धि देने, सब पर कृपा की वर्षा करने वाले भगवान श्री गणेश जी का आनंद से पूजन होगा। उनकी भक्ति में मैं भी रम रहा हूं, आप भी रम जायें।
इसके उपरांत सीएम शिवराज सात नंबर स्टाप स्थित भाजपा के नवीन कार्यालय पहुंचे और पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष वीडी शर्मा, प्रदेश महामंत्री भगवानदास सबनानी व अन्य कार्यकर्ताओं के साथ गणेश प्रतिमा स्थापना कार्यक्रम में सहभागी बने। यहां पंडित ने विधिवत मंत्रोच्चार के साथ भगवान गणेश की प्रतिमा स्थापना व पूजन कार्यक्रम संपन्न कराया।
हार्दिक पंड्या ने हासिल की करियर की सर्वश्रेष्ठ रैंकिंग
एशिया कप में पाकिस्तान के खिलाफ बॉल और बैट से दमदार प्रदर्शन का फायदा हार्दिक पांड्या को मिला है। आईसीसी टी20 इंटरनेशनल में अपने करियर की बेस्ट ऑलराउंडर रैंकिंग पर पहुंच गए हैं। वह पांचवें पायदान पर हैं। उन्होंने आठ स्थानों की छलांग लगाई है। टॉप-10 ऑलराउंडर्स में एकमात्र इंडियन प्लेयर हैं। वहीं बल्लेबाजों के टॉप-10 में सूर्यकुमार यादव और गेंदबाजों के टॉप-10 रैंकिंग में भुवनेश्वर कुमार शामिल है।
पिछले साल हुए टी20 विश्व कप के बाद हार्दिक पांड्या लंबे वक्त तक खेल के मैदान से दूर थे। इंटरनेशनल रैंकिंग्स में उनका नाम कहीं नहीं था। आईपीएल 2022 में उन्होंने जबरदस्त वापसी की। एक के बाद एक शानदार प्रदर्शन कर अपनी रैंकिंग में सुधार करते गए। ताजा आईसीसी टी20 इंटरनेशनल ऑलराउंडर रैंकिंग्स में अब हार्दिक टॉप-5 में आ गए हैं।
मोहम्मद नबी शीर्ष पर
टी20 इंटरनेशनल ऑलराउंडर रैंकिंग्स में अफगानिस्तान के मोहम्मद नबी टॉप पर हैं। दूसरे पायदान पर बांग्लादेश के शाकिब अल हसन हैं। तीसरे स्थान पर मोईन अली, चौथे स्थान पर ग्लैन मैक्सवेल है।
देश का पहला स्वदेशी टीका सर्वाइकल कैंसर के लिए SII ने विकसित किया
सर्वाइकल कैंसर के लिए देश में पहला स्वदेशी वैक्सीन बनकर तैयार हो चुका है। 1 सितंबर को सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया और बायोटेक्नोलॉजी विभाग की ओर से इस स्वदेशी वैक्सीन लॉन्च को लॉन्च किया जाएगा। देश में सर्वाइकल कैंसर (Cervical Cancer) के खिलाफ जंग में ये बहुत कारगर हथियार बनने जा रहा है। मिली जानकारी के मुताबिक ये वैक्सीन पहले नौ से 14 साल की लड़कियों को दिया जा सकता है। आपको बता दें कि ड्रग्स कंट्रोलर जनरल ऑफ इंडिया (DCGI) ने हाल ही में सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया को सर्वाइकल कैंसर के खिलाफ टीका (Vaccine) बनाने के लिए अनुमति दी थी। अभी भारत विदेशों से ये टीका आयात करता है और इसकी कीमत काफी ज्यादा है।
यह स्वदेशी तौर से विकसित देश की पहली क्वाड्रिवेलेंट ह्यूमन पैपिलोमावायरस वैक्सीन (qHPV) है। सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया और बायोटेक्नोलॉजी विभाग ने सर्वाइकल कैंसर के इलाज के लिए स्वदेशी रूप से विकसित वैक्सीन लॉन्च करने की योजना बनाई थी। इसी साल 12 जुलाई को सीरम इंस्टीट्यूट के qHPV वैक्सीन को DCGI की ओर से मार्केट ऑथराइजेशन मिला था।
क्यों जरुरी है ये वैक्सीन?
सर्वाइकल कैंसर एक प्रकार का कैंसर है जो गर्भाशय ग्रीवा की कोशिकाओं में होता है। इसके लिए ह्यूमन पैपिलोमा वायरस (HPV) जिम्मेदार है, जो एक यौन संचारित संक्रमण है। ये वायरस सर्वाइकल कैंसर पैदा करने में सबसे अधिक जिम्मेदार है। हाल के वर्षों में भारत में सर्वाइकल कैंसर (Cervical Cancer) के मामले काफी तेजी से बढ़े हैं। एक रिपोर्ट के मुताबिक ये 15 से 44 साल की आयु की महिलाओं में होने वाला दूसरा सबसे आम कैंसर है। अगर केंद्र सरकार ने राष्ट्रीय वैक्सीनेशन अभियान (Vaccination Campaign) में इस वैक्सीन को शामिल कर लिया, तो महिलाओं में सर्वाइकल कैंसर की समस्या को काफी हद तक कम किया जा सकता है।
200 करोड़ की ठगी मामले मे जैकलीन फर्नांडीज को कोर्ट में पेश होने के आदेश
नई दिल्ली: पटियाला हाउस कोर्ट ने प्रवर्तन निदेशालय के पूरक आरोप पत्र पर संज्ञान लेते हुए बॉलीवुड अभिनेत्री जैकलीन फर्नांडीज को 26 सितंबर को कोर्ट में पेश होने का आदेश दिया है। मामला सुकेश चंद्रशेखर द्वारा 200 करोड़ रुपये की ठगी से जुड़ा हुआ है। इससे पहले ईडी ने अपनी सप्लीमेंट्री चार्जशीट में जैकलीन फर्नांडीज को आरोपी बनाया था। जांच एजेंसी ईडी का यह मानना है कि बॉलीवुड एक्ट्रेस जैकलीन फर्नांडीज को पहले से ही इस बारे में पता था कि सुकेश चंद्रशेखर एक ठग है।
इस मामले में दिल्ली की पटियाला हाउस कोर्ट ने एक्ट्रेस जैकलीन फर्नांडीज की पेशी की तारीख 26 सितंबर तय की है। सूत्रों के मुताबिक, ईडी का ये मानना है कि जैकलीन फर्नांडीज इस बात को भी पहले से ही जानती थी कि सुकेश जबरन वसूली करने वाला शख्स है। फिर भी उसने उसका साथ दिया। इस मामले में जैकलीन फर्नांडीज की गिरफ्तारी नहीं की गई है लेकिन अदालत ने अब इस मामले में संज्ञान ले लिया है।
कोलार में मंदिर की छत निर्माण के लिए भूमिपूजन
Kolar Road Bhopal, मंगलवार को डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी नगर कोलार रोड पर भोपाल नगर निगम के वार्ड 80 में विभिन्न सड़को का निरीक्षण विधायक रामेश्वर शर्मा द्वारा किया गया। सुधार व निर्माण कार्य के लिए निर्देश अधिकारियों, इंजीनियरों को दिये गए। न्यू अंबेडकर नगर बिहारी मोहल्ला में मंगल समुदायक भवन एवं मंदिर के शेड निर्माण के लिए विधायक रामेश्वर शर्मा द्वारा भूमि पूजन किया गया। कार्यक्रम में वार्ड 80 की पार्षद सुनीता गुड्डू भदोरिया, अनूप सिंह बैस, राज शर्मा, संजय सिंह, नवीन वर्मा, प्रमोद यादव, सरदार पटेल, भगवान दास विश्वकर्मा, संजय राठौर, अभिमन्यु शर्मा, हीरा साहू, जया ताईवाडे, कपिल सोमकुवर, मुकेश चौहान, कमल पवार, कृष्णा प्रसाद, कृपाल सिंह सेंगर, अनिकेत पांडे सहित स्थानीय रहवासी मौजूद रहे।

मनीष सिसोदिया के लॉकर की जांच पूरी
दिल्ली के उपमुख्यमंत्री और शिक्षा मंत्री मनीष सिसोदिया के वसुंधरा स्थित पंजाब नेशनल बैंक में लॉकर की सोमवार को केंद्रीय जांच एजेंसी (सीबीआई) की टीम ने जांच की। सीबीआई की टीम से पहले मनीष सिसोदिया अपनी पत्नी के साथ अपने लॉकर की चाबी लेकर वसुंधरा चार स्थित मेवाड़ कॉलेज के अंदर पीएनबी की शाखा में पहुंच गए थे।
सीबीआई की जांच में कुछ नहीं मिला: सिसोदिया
दिल्ली के उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया से बैंक के अंदर दस्तावेजों पर हस्ताक्षर कराए गए है। इसके बाद वह बाहर आए। यहां मीडिया से बात करते हुए सिसोदिया ने बताया कि सीबीआई की जांच में कुछ नहीं मिला है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर आरोप लगाते हुए कहा कि यह सिर्फ उनके प्रेशर में किया जा रहा है। जिससे उन्हें 2 या 3 महीने तक जेल में डाला जा सके।
अधिकारी भी मानते हैं हमने कुछ गलत नहीं किया: सिसोदिया
मनीष सिसोदिया ने यह भी कहा कि सीबीआई ने उनके नौकर के अलावा घर पर और अन्य जगह पर भी जांच की थी लेकिन उसमें कुछ नहीं मिला। अंत में उन्होंने यह भी कहा कि सत्य की हमेशा जीत होती है। उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने कहा कि सीबीआई जांच में शामिल अधिकारी भी मानते हैं की मनीष सिसोदिया ने कुछ भी गलत नहीं किया है। उन्होंने सीबीआई अधिकारी और अपनी तरफ से भी खुद को क्लीन चिट दी।
दिल्ली में शराब नीति में गड़बड़ी के मामले में सीबीआई जांच कर रही है। सीबीआई ने इससे पहले अगस्त में ही दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया के आवास पर छापामारी की थी।
पिछले दिनों दिल्ली के उपराज्यपाल विनय सक्सेना ने शराब नीति में गड़बड़ी के मामले को लेकर सीबीआई जांच की सिफारिश की थी। एलजी सक्सेना ने मुख्य सचिव की रिपोर्ट के बाद सीबीआई जांच की सिफारिश की थी। मुख्य सचिव की रिपोर्ट में सिसोदिया की भूमिका पर सवाल उठाए गए थे। आपको बता दें कि दिल्ली में एक्साइज विभाग मनीष सिसोदिया के पास है।
इससे पहले, सोमवार को दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने ट्वीट कर जानकारी दी है कि मंगलवार को सीबीआई उनका बैंक लॉकर देखने आने वाली है। उन्होंने ट्वीट कर लिखा, सीबीआी हमारा बैंक लॉकर देखने आ रही है। 19 अगस्त को मेरे घर पर 14 घंटे की रेड में कुछ नहीं मिला था। लॉकर में भी कुछ नहीं मिलेगा। सीबीआई का स्वागत है, जांच में मेरा और मेरे परिवार का पूरा सहयोग रहेगा।
केआरके को 14 दिन की न्यायिक हिरासत
एक्टर और खुद को फिल्म समीक्षक कहने वाले कमाल आर खान यानी केआरके मुसीबत में फंस गए हैं। केआरके अपने विवादित ट्वीट के लिए जाने जाते हैं। उनके ट्वीट की वजह से उनकी मुश्किलें बढ़ गई हैं। मामला साल 2020 का है जब उन्होंने धर्म को लेकर एक ट्वीट किया और उन पर केस दर्ज हुआ था। मंगलवार की सुबह उन्हें मलाड पुलिस ने एयरपोर्ट से गिरफ्तार कर लिया। अब इस बारे में अपडेट है कि कोर्ट ने केआरके को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
जमानत के लिए भी दी याचिका
केआरके के इस मामले की सुनवाई बोरिवली कोर्ट में हुई। कोर्ट ने उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा है। केआरके ने कोर्ट में जमानत याचिका भी दायर कर दी है। बोरिवली कोर्ट में जमानत याचिका पर आज शाम 4 बजे सुनवाई होगी। अगर केआरके को जमानत नहीं मिलती है तो उन्हें 14 दिन जेल में रहना होगा।
किन धाराओं में हुए गिरफ्तार
मंगलवार को केआरके को मलाड पुलिस ने एयरपोर्ट पर पहले हिरासत में लिया और फिर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने केआरके को भारतीय दंड संहिता की धारा 153A, 294, 500, 501, 505, 67/98 के तहत गिरफ्तार किया।
यूरोप और अफ्रीका में रेडियो ब्लैक आउट का खतरा
सूर्य पर आज एक भयावह सौर तूफान आने वाला है और हमारी धरती के मौसम को भी प्रभावित कर सकता है। खगोल वैज्ञानिकों ने आशंका जताई है कि सूर्य पर आने वाले सौर तूफान के कारण धरती पर कई सैटेलाइट का कार्यप्रणाली खराब हो सकती है, इसके अलावा धरती पर कई देशों में जीपीएस सिस्टम भी प्रभावित हो सकता है। खगोल वैज्ञानिकों ने बताया कि हाल ही में 26 अगस्त को सोलर फ्लेयर्स की एक लहर धरती की ओर बढ़ती देखी गई है। खगोल वैज्ञानिकों ने सौर तूफान की इस लहर को ‘सनस्पॉट AR3089′ नाम दिया है, जो तेजी से धरती की ओर आगे बढ़ रही है। खगोल वैज्ञानिकों ने आशंका जताई है कि इस सौर तूफान के कारण धरती का मौसम बुरी तरह से प्रभावित हो सकता है, जिससे कई सैटेलाइट व जीपीएस सिस्टम प्रभावित हो सकता है।
हर 11 साल में सूर्य पर आता है खतरनाक तूफान
अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा के मुताबिक हमारा सूर्य अपने 11 साल के चक्र से गुजर रहा है और फिलहाल सौर तूफान का यह चक्र काफी एक्टिव है। अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा भी चेतावनी जारी कर चुकी है कि विशाल सौर विस्फो्ट में साल 2025 तक बढ़ोतरी होने की आशंका है। अंतरिक्ष में सूर्य की आंतरिक गतिविधियों पर नजर रखने वाली वेबसाइट स्पेस वेदर ने जानकारी दी है कि शुक्रवार को सनस्पॉट AR3089 क्रैक के साथ सोलर फ्लेयर छोड़ रहा है। नासा की सोलर डायनेमिक्स आब्जर्वेटरी ने सुबह 7.16 बजे इसे पकड़ा था। इस कारण यूरोप और अफ्रीका में रेडियो ब्लैक आउट होने की आशंका है।
नेशनल ओशनिक एंड एटमॉस्फेरिक एडमिनिस्ट्रेशन ने जानकारी दी है कि सूर्य से कोरोनल मास इजेक्शन में बड़ी संख्या में चार्ज पार्टिकल्स निकले हैं, जो 30 अगस्त यानी सोमवार को धरती से टकरा सकते हैं। इन चार्ज पार्टिकल के कारण धरती के ध्रुवीय क्षेत्रों में चमकदार रोशनी तब देखी जा सकती है, जब चार्ज पार्टिकल पृथ्वी के चुंबकीय क्षेत्र के साथ परस्पर क्रिया करते हैं।
बहुत ज्यादा धधक रहा सूर्य
सूर्य इन दिनों बहुत ज्यादा धधक रहा है और हर 11 साल में यह सौर चक्र आता है, जब सूर्य में काफी परिवर्तन देखने को मिलते हैं। यूरोपीय स्पेस एजेंसी की अंतरिक्ष यात्री सामंथा क्रिस्टोफोरी का भी कहना है कि बीते 300 दिनों में ये सबसे शक्तिशाली सौर तूफान है। सामंथा के मुताबिक शक्तिशाली सौर तूफानों के कारण धरती पर पावर ग्रिड, सैटेलाइट और अन्य बुनियादी ढांचों को नुकसान हो सकता है, इसलिए हमें अलर्ट रहने की जरूरत है।














