अमित शाह ने PM मोदी के रिकॉर्ड पर बांधे तारीफों के पुल, बताया देश सेवा का अनोखा मील का पत्थर

अमित शाह ने PM मोदी के रिकॉर्ड पर बांधे तारीफों के पुल, बताया देश सेवा का अनोखा मील का पत्थर
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 8931 दिन का कार्यकाल पूरा कर सबसे लंबे समय तक शासन करने का नया रिकॉर्ड बनाया है. इसको लेकर गृहमंत्री अमित शाह ने उनकी तारीफ की है. शाह ने कहा कि उनके कार्यकाल ने विकास की पहल, जनकल्याण के उपायों और देश की वैश्विक प्रतिष्ठा को मजबूत करके भारत को एक नया रूप दिया है.

गृहमंत्री अमित शाह ने सोशल मीडिया पर क्या लिखा?
अमित शाह ने एक पोस्ट भी सोशल मीडिया पर शेयर किया है. उन्होंने कहा कि मोदी जी की दशकों की सेवा ने अपने आप में एक युग का निर्माण किया है. चाहे वह गरीबों को उनके अधिकार दिलाना हो, या विकास में नए कीर्तिमान स्थापित करना हो. वैश्विक मंचों पर देश का गौरव बढ़ाना हो, मोदी युग ने भारत को पूरी तरह से बदल दिया है.

उन्होंने कहा कि इस नए भारत के निर्माण के लिए जीवन भर की कोशिशों की जरूरत थी. पीएम मोदी ने वह कोशिश की है. 24 साल से भी ज्यादा समय तक बिना एक भी छुट्टी लिए देश और उसके लोगों की सेवा करना उनके अटूट समर्पण का ही प्रमाण है. इसी वजह से उन्हें लोगों से इतना अभूतपूर्व स्नेह मिला. तीन बार गुजरात के मुख्यमंत्री के तौर पर और तीन बार भारत के प्रधानमंत्री के तौर पर. लोगों का उन पर भरोसा, स्नेह और समर्थन हर गुजरते दिन के साथ और भी बढता गया. वह भारत के सच्चे प्रधानसेवक हैं.

सबसे ज्यादा दिन तक शासन करने वाले नेता बने मोदी
पीएम मोदी देश के सबसे ज्यादा शासन करने वाले नेता बन गए हैं. उन्होंने सिक्किम के पूर्व मुख्यमंत्री पवन कुमार चामलिंग को पीछे छोड़ दिया है. गुजरात के मुख्यमंत्री और पीएम के तौर पर उन्होंने अपने पूरे कार्यकाल में 8,931 दिन पद पर बिताए. इस तरह चामलिंग के 8,930 दिनों के रिकॉर्ड को तोड़ दिया. यह उपलब्धि मोदी के दशकों लंबे नेतृत्व और लगातार जनसेवा को रेखांकित करती है. वह आजादी के बाद पैदा होने वाले पहले प्रधानमंत्री हैं. उन्होंने अपनी पार्टी को 2014, 2019, और 2024 में तीन लोकसभा चुनावों में जीत दिलाई. मार्च में पीएम मोदी के यूट्यूब पर 3 करोड़ सब्सक्राइबर पूरे हो चुके हैं. वह दुनिया के सबसे ज्यादा फॉलो किए जाने वाले नेता हैं. इंस्टाग्राम पर 100 मिलियन फॉलोवर हैं.

धोनी ने किया संजू का विशेष सम्मान, दिग्गजों से सजी शाम

धोनी ने किया संजू का विशेष सम्मान, दिग्गजों से सजी शाम
चेन्नई सुपर किंग्स ने रविवार को एमए चिदंबरम स्टेडियम में अपने फैंस के लिए एक खास इवेंट का आयोजन किया. इस कार्यक्रम में CSK के दिग्गज खिलाड़ी भी शामिल हुए. मैथ्यू हेडन से लेकर ड्वेन ब्रावो, माइकल हसी, मुथैया मुरलीधरन, पार्थिव पटेल, मुरली विजय, एस बद्रीनाथ और सुरेश रैना भी मैदान में मौजूद रहे.

इसी बीच एमएस धोनी ने महफिल लूटी और उन्हें देखते ही मैदान में मौजूद फैंस खुशी से झूम उठे. उन्होंने पूर्व क्रिकेटरों को सम्मानित किया और साथ ही वर्ल्ड कप विजेता खिलाड़ियों को भी सम्मान दिया. वहीं जब एमएस धोनी और सुरेश रैना एकसाथ दिखे तो फैंस जोर-जोर से चिल्लाने लगे और मैदान का माहौल देखने लायक था.

राजस्थान रॉयल्स से CSK में आए संजू सैमसन को भी लोगों ने खूब सारा प्यार दिया. पूर्व क्रिकेटरों ने क्रिकेट भी खेला. ऋतुराज गायकवाड़ की गेंद पर माइकल हसी ने जोरदार छक्का लगाया. इस दौरान एमएस धोनी विकेटकीपिंग कर रहे थे और जब मुथैया मुरलीधरन गेंदबाजी करने आए तो संजू सैमसन ने उन्हें एक छक्का जड़ दिया.

IPL 2026 में कोलकाता नाइट राइडर्स के मेंटॉर ड्वेन ब्रावो भी CSK फ्रेंचाइजी द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम का हिस्सा बने. ड्वेन ब्रावो ने बड़ा शॉट लगाने का प्रयास किया और एमएस धोनी के पास उन्हें स्टम्प आउट करने का मौका था, लेकिन उन्होंने नहीं किया. बाद में ब्रावो ने गाना गाकर फैंस का मनोरंजन भी किया.

धोनी ने दिया सैमसन को पुरस्कार
चेन्नई सुपर किंग्स के शिवम दुबे और संजू सैमसन, 2026 टी20 वर्ल्ड कप विजेता टीम इंडिया का हिस्सा रहे थे. दोनों खिलाड़ियों को एमएस धोनी ने खास पुरस्कार दिया और अपनी कप्तानी में भारत को अंडर-19 वर्ल्ड कप जिताने वाले आयुष म्हात्रे को भी धोनी ने सम्मान दिया. धोनी ने बाद में टेनिस गेंदों को फैंस के बीच भी थ्रो किया.

मुख्यमंत्री डॉ. यादव जयपुर में कर्पूरचन्द्र कुलिश जन्म शताब्दी वर्ष के की नोट कार्यक्रम में हुए शामिल

मुख्यमंत्री डॉ. यादव जयपुर में कर्पूरचन्द्र कुलिश जन्म शताब्दी वर्ष के की नोट कार्यक्रम में हुए शामिल
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि लोकतंत्र में अखबार जनता के हितैषी की भूमिका निभाते हैं। राजस्थान पत्रिका ने भी विभिन्न संस्करणों के प्रकाशन के माध्यम से जनता के प्रति सरोकारों का निर्वहन किया है। पत्रिका समूह द्वारा स्व. कुलिश जी की स्मृति में श्रेष्ठ पत्रकारिता के साथ अन्य श्रेणियों में भी पुरस्कार दिए जाएंगे जो सराहनीय है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने स्व. कुलिश की भूमिका का स्मरण करते हुए कहा कि जीवन की एक अवस्था में सेवानिवृत्ति का निर्णय लेने और जीवन के विभिन्न क्षेत्रों में कार्य करने के भाव महत्वपूर्ण है। स्व. कुलिश जी ने सार्थक जीवन जिया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव शनिवार को जयपुर में राजस्थान पत्रिका समूह के पितृ पुरुष स्व. कर्पूर चंद्र कुलिश के जनशताब्दी समारोह में “अखबार और लोकतंत्र” विषय पर आयोजित कार्यक्रम में अपने विचार व्यक्त किये।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि स्वतंत्रता के बाद भारत की मूल सनातन संस्कृति और वेद संस्कृति को बचाने की आवश्यकता थी। गुजरात के सोमनाथ के दर्शन का सभी को अवसर मिला। एक हजार वर्ष पुराना गौरव लौटा और भारत फिर आकाश से बात करते हुए दिखाई दिया। विश्व भी इसका साक्षी बना। राजस्थान पत्रिका समाचार पत्र द्वारा जयपुर में सोमनाथ के मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा की अनूठी पहल की गई, जो अभिनंदनीय है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कार्यक्रम में फिल्म के माध्यम से प्रदर्शित पत्रिका समूह की यात्रा की गंगा की धारा से तुलना करते हुए कहा कि जब गौमुख से गंगा जी निकलती हैं तो सिर्फ गंगा नहीं होती, अलकनंदा, भागीरथी भी होती है। यह यात्रा हरिद्वार, ऋषिकेश, पटना और बनारस होते हुए गंगासागर बंगाल की खाड़ी तक पहुंचती है। ऐसी ही यात्रा पत्रिका के इस आयोजन में देखने को मिली है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कार्यक्रम में स्व.कुलिश के चित्र पर माल्यार्पण कर आदरांजलि दी।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने पत्रिका समूह को इस विशेष आयोजन के लिए बधाई देते हुए समूह के प्रधान संपादक गुलाबचंद कोठारी के सार्थक योगदान का भी उल्लेख किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव को स्मृति चिन्ह भेंट किया गया। इस अवसर पर कुलिश जी की दो पुनर्प्रकाशित पुस्तकों- ‘मैं देखता चला गया’ और ‘अमेरिका एक विहंगम दृष्टि’ का लोकार्पण अतिथियों द्वारा किया गया।

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा कि भारतीय संस्कृति और मूल्यों को नष्ट करने के प्रयास होते रहे हैं, लेकिन भारत के लोकतंत्र को कोई समाप्त नहीं कर पाया है। पत्रिका ने अपनी छह दशक की यात्रा में अंतिम व्यक्ति की बात, शासन और प्रशासन तक पहुंचाने का प्रयास किया है। बिरला ने स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान कलमकारों द्वारा निभाई गई भूमिका का भी विशेष उल्लेख किया।

राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि पत्रकारिता लोकतंत्र की ताकत होती है। बदलते दौर में सरकारों को मीडिया के साथ कार्य करना होगा। मूल्यवान पत्रकारिता भविष्य की पीढ़ियों को दिशा देने का कार्य करती है। देश में आपातकाल के दौर में लोकतंत्र को कुचलने की कोशिश की गई, तब पत्रिका सहित अनेक समाचार पत्र समूह अभिव्यक्ति की आजादी और लोकतंत्र की रक्षा के लिए अडिग खड़े थे।

पत्रिका समूह के प्रधान संपादक गुलाब कोठारी ने कहा कि देश के विभिन्न राज्यों में अलग-अलग भाषाओं में संवाद होते थे। शिक्षा में जीवन दर्शन, नैतिक मूल्य और भारतीय परंपराओं को शामिल करना आवश्यक हैं। दुर्भाग्य से पश्चिमी देशों के चलन का असर भारतीय युवा पीढ़ी पर दिखाई दे रहा है। देश में बहुत सी अच्छी परंपराएं आज भी जीवित हैं। नई शिक्षा नीति में आध्यात्म और संस्कारों के निर्माण का पहलु शामिल होने से सही संदेश युवाओं तक पहुंचेगा। इससे वे यह समझ सकेंगे कि आधुनिक रहते हुए भी परंपराओं के साथ मूल्य आधारित जीवन जिया जा सकता है।

सर्वोच्च न्यायालय के पूर्व न्यायाधीश न्यायमूर्ति अजय रस्तोगी ने कहा कि श्रद्धेय कुलिश जी ने लोकतंत्र के तीनों स्तंभों को उनके कर्तव्यों का बोध करवाया। न्यायपालिका लोकतंत्र का मूल आधार है, यह संविधान के अभिभावक के रूप में कार्य करती है और नागरिकों के मूल अधिकारों की रक्षा करती है। कार्यक्रम में पत्रिका समूह के प्रमुख गुलाब कोठारी, समूह के निदेशक बीआर सिंह और समूह के डिप्टी एडिटर भुवनेश जैन, पत्रकारिता क्षेत्र के साथ ही अनेक जनप्रतिनिधि और गणमान्यजन उपस्थित थे।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन से बात की

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन से बात की
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ईरानी राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन के साथ फोन पर बातचीत में क्षेत्र में अहम बुनियादी ढांचे पर हो रहे हमलों की निंदा की। उन्होंने कहा कि ऐसे हमले क्षेत्रीय स्थिरता को खतरे में डालते हैं और वैश्विक आपूर्ति श्रृंखलाओं को बाधित करते हैं। साथ ही उन्होंने समुद्री मार्गों की स्वतंत्रता बनाए रखने और शिपिंग मार्गों को खुला व सुरक्षित रखने के महत्व को दोहराया।

युद्ध रोकने के लिए भारत से मदद का आह्वान
भारत में ईरान के दूतावास ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियन ने पीएम मोदी के साथ बातचीत में ब्रिक्स से ईरान के खिलाफ अमेरिका-इस्राइल की आक्रामकता को रोकने में एक स्वतंत्र भूमिका निभाने का आह्वान किया। भारत इस समय ब्रिक्स का अध्यक्ष है। ईरानी राष्ट्रपति ने यह भी कहा कि युद्ध और व्यापक संघर्ष को समाप्त करने के लिए अमेरिका और इस्राइल की ओर से हमले को तत्काल रोकने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि यह गारंटी भी होनी चाहिए कि भविष्य में अमेरिका और इस्राइल की तरफ से ईरान पर हमले नहीं किए जाएंगे। ईरानी राष्ट्रपति ने विदेशी हस्तक्षेप के बिना शांति सुनिश्चित करने के लिए पश्चिम एशियाई देशों को शामिल करते हुए एक क्षेत्रीय सुरक्षा ढांचे का प्रस्ताव किया।

पीएम मोदी ने क्या कहा?
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म’एक्स’ पर एक पोस्ट में प्रधानमंत्री ने कहा कि उन्होंने राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन से बात की और उन्हें ईद व नवरोज की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि दोनों ने उम्मीद जताई कि यह त्योहारों का सीजन पश्चिम एशिया में शांति, स्थिरता और समृद्धि लाएगा। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में अहम ढांचे पर हो रहे हमलों की निंदा की गई, जो क्षेत्रीय स्थिरता को खतरे में डालते हैं और वैश्विक आपूर्ति श्रृंखलाओं को प्रभावित करते हैं।

पीएम मोदी ने ईरान में भारतीय नागरिकों की सुरक्षा के लिए वहां की सरकार के लगातार समर्थन की भी सराहना की। 28 फरवरी को संघर्ष शुरू होने के बाद प्रधानमंत्री मोदी और ईरान के राष्ट्रपति के बीच यह दूसरी फोन पर बातचीत थी। 12 मार्च को राष्ट्रपति पेजेशकियन ने प्रधानमंत्री मोदी को ईरान की मौजूदा स्थिति की जानकारी दी थी और क्षेत्र में हाल के घटनाक्रम पर अपना दृष्टिकोण साझा किया था।

पिता की तबीयत पर सलमान खान ने तोड़ी चुप्पी, फैंस को दी ईदी

पिता की तबीयत पर सलमान खान ने तोड़ी चुप्पी, फैंस को दी ईदी
सलमान खान ने ईद 2026 के खास मौके पर अपने परिवार के साथ जश्न की झलक फैंस के साथ साझा कर एक बार फिर अपनी परंपरा निभाई।

अस्पताल से छुट्टी के बाद दिखे सलीम खान
इस बार ये मौका और भी खास रहा क्योंकि उनके पिता और मशहूर स्क्रीनराइटर सलीम खान अस्पताल से स्वस्थ होकर घर लौटने के बाद पहली बार सार्वजनिक रूप से फैंस के सामने नजर आए। मुंबई स्थित गैलेक्सी अपार्टमेंट के बाहर इकट्ठा हुए हजारों प्रशंसकों के लिए ये पल बेहद भावुक और खुशी से भरा रहा।

सलमान खान ने ईद पर साझा किया वीडियो
ईद के दिन सलमान खान ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर एक वीडियो साझा किया, जिसमें सलीम खान कुर्सी पर बैठे हुए फैंस की ओर हाथ हिलाकर उनका अभिवादन करते दिखाई दिए। सलमान भी बालकनी से फैंस का अभिवादन करते नजर आए और उन्होंने फ्लाइंग किस देकर अपने चाहने वालों का धन्यवाद किया। पोस्ट के साथ उन्होंने लिखा कि पिता अब घर वापस आ चुके हैं और फैंस की दुआओं के लिए वो आभारी हैं।

मां दुर्गा के 9 रूपों के सिद्ध बीज मंत्र, जप विधि और महाउपायों से पाएं सुख, समृद्धिहर कार्य में सिद्धि

मां दुर्गा के 9 रूपों के सिद्ध बीज मंत्र, जप विधि और महाउपायों से पाएं सुख, समृद्धिहर कार्य में सिद्धि
चैत्र नवरात्रि का पावन पर्व आध्यात्मिक ऊर्जा और शक्ति की उपासना का सबसे बड़ा केंद्र है. वर्ष 2026 की चैत्र नवरात्रि में मां दुर्गा के नौ रूपों की प्रसन्नता के लिए मंत्र जप का विशेष महत्व बताया गया है. शास्त्रों के अनुसार, यदि नियमानुसार बीज मंत्रों का जप किया जाए, तो संकटों का नाश और मनोकामनाओं की पूर्ति संभव है.

नवरात्रि मंत्र जप चार्ट 2026, जो आपकी साधना को सफल बनाने में सहायक होगा.
दिन          तिथि / देवी                          बीज मंत्र (108x दैनिक जप)                  लाभ
1          प्रतिपदा / शैलपुत्री               ॐ ऐं ह्रीं क्लीं चामुण्डायै विच्चे                  संकट नाश, शांति
2          द्वितीया / ब्रह्मचारिणी             ॐ दुं दुर्गायै नमः                                तप/साधना सिद्धि
3           तृतीया / चंद्रघंटा                ॐ ह्रीं दुं दुर्गायै नमः                             शत्रु नाश, साहस
4           चतुर्थी / कूष्मांडा                ॐ फट् दुं दुर्गायै नमः                           सौभाग्य, धन
5            पंचमी / स्कंदमाता              ॐ श्रीं ह्रीं क्लीं ऐं सौम्य महाकाल्यै नमः         संतान/ज्ञान
6            षष्ठी/कात्यायनी                  ॐ क्रीं कालिकायै नमः                          विवाह/प्रेम सफल
7             सप्तमी/कालरात्रि                ॐ हीं कालरात्र्यै नमः                           भय/रोग निवारण
8             अष्टमी/महागौरी                  ॐ शौम्ययै नमः                                 शुद्धि, सुंदरता
9              नवमी/सिद्धिदात्री                ॐ ह्रीं श्रीं क्लीं सौम्य महालक्ष्म्यै नमः           सभी सिद्धियाँ

सर्वोत्तम दैनिक प्रार्थना
यदि आप विशिष्ट मंत्रों का जप नहीं कर पा रहे हैं, तो सभी देवियों की प्रसन्नता के लिए इस सिद्ध मंत्र का पाठ करें:
“ॐ जयंती मंगला काली भद्रकाली कपालिनी. दुर्गा क्षमा शिवा धात्री स्वाहा स्वधा नमोऽस्तु ते॥”

साधना विधि: कैसे करें मंत्रों का जप?
विशेषज्ञों के अनुसार, मंत्र जप की प्रभावशीलता उसकी विधि पर निर्भर करती है. सफल अनुष्ठान के लिए इन चरणों का पालन करें:

उचित समय: सुबह 6:00 से 8:00 के बीच या ‘ब्रह्म मुहूर्त’ सर्वश्रेष्ठ है. जप के दौरान अपना मुख पूर्व दिशा की ओर रखें.
माला का चयन: मंत्र जप के लिए रुद्राक्ष की माला का प्रयोग करें. (लक्ष्य: 108 बार x 9 माला प्रतिदिन).
संकल्प प्रक्रिया: हाथ में गंगाजल लेकर “मां दुर्गे मुझ पर कृपा करें” का संकल्प लें.
अनुष्ठान समापन: जप के उपरांत आरती करें, भोग लगाएं और संभव हो तो 9 दिनों तक अखंड ज्योति प्रज्वलित रखें.
विशेष लक्ष्य: यदि आप 9 दिनों में कुल 1 लाख जप का लक्ष्य रखते हैं, तो यह महासिद्धि का कारक बनता है.
विशेष उपाय और फल
भय निवारण हेतु: दैनिक रूप से माँ शैलपुत्री और कालरात्रि के बीज मंत्र का जप करें.
आर्थिक समृद्धि: नवमी तिथि पर महालक्ष्मी मंत्र का विशेष अनुष्ठान करें.
विवाद और शत्रु: अष्टमी तिथि पर मां कालिका के मंत्रों का प्रयोग लाभकारी है.
नवरात्रि की साधना में सफलता के लिए सात्विक जीवन, सत्य का पालन और ब्रह्मचर्य अनिवार्य है. मन की शुद्धता ही माँ के आशीर्वाद का द्वार खोलती है.

IPL 2026 से पहले वैभव सूर्यवंशी को मिली चेतावनी

IPL 2026 से पहले वैभव सूर्यवंशी को मिली चेतावनी
वैभव सूर्यवंशी ने साल 2025 में अपना IPL डेब्यू किया. पहले ही सीजन में 200+ स्ट्राइक रेट से बैटिंग की और 36 के बढ़िया औसत से रन बनाए थे. अब IPL 2026 में उनपर अपनी फॉर्म को बरकरार रखने का दबाव होगा. वो राइजिंग स्टार्स एशिया कप और अंडर-19 टी20 वर्ल्ड कप में भी बढ़िया प्रदर्शन करके आ रहे हैं. इसी बीच पूर्व क्रिकेटर इरफान पठान ने 14 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी को चेतावनी दी है.

वैभव सूर्यवंशी ने पिछले सीजन राजस्थान रॉयल्स के लिए खेलते हुए 35 गेंद में शतक लगा दिया था, जो इंडियन प्रीमियर लीग में किसी भारतीय द्वारा लगाया गया सबसे तेज शतक है. इरफान पठान का कहना है कि निरंतर अच्छा प्रदर्शन करना और कठिन परिस्थितियों में खुद को ढालना IPL 2026 में वैभव के लिए सबसे बड़ी चुनौती होगी.

इरफान पठान ने कहा कि वैभव सूर्यवंशी ने पिछले एक साल में बहुत सारा क्रिकेट खेला है. वो रणजी ट्रॉफी में खेले हैं, अंडर-19 क्रिकेट वर्ल्ड कप में खेले हैं और अन्य टूर्नामेंट्स में भी रन बनाए हैं. ऐसे में विपक्षी टीमें उनके गेम को अच्छे परखते हुए उनकी कमजोरियां तलाश रही होंगी. इसी वजह से वैभव को अपना गेम बेहतर करना होगा और कमजोरियों को दूर करना होगा.

वैभव को मिली वॉर्निंग
इरफान पठान ने कहा, “वो क्रिकेट के हर फॉर्मेट में आसानी से शतक लगा रहे हैं. जब आप निरंतर ऐसा करते हैं तो आपका आत्मविश्वास बढ़ता है. इस आईपीएल सीजन में सभी गेंदबाज अलग-अलग रणनीति तैयार करके आएंगे और वैभव खुद को साबित करने उतरेंगे. जब वैभव इस सीजन में लगातार रन बना पाएंगे तब हम कह पाएंगे कि वाकई में वैभव ने अपने गेम को बेहतर बनाया है.”

वैभव सूर्यवंशी ने आईपीएल 2025 में सात मैचों में 252 रन बनाए थे और उनका स्ट्राइक रेट 206.5 का रहा था. अंडर-19 वर्ल्ड कप में उन्होंने 80 गेंदों में 175 रनों की ऐतिहासिक पारी खेली थी और पूरे टूर्नामेंट में 7 मैच खेलकर 439 रन बनाए थे.

शक्ति अवार्ड 2026,दस वर्षों की गौरवशाली परंपरा

शक्ति अवार्ड 2026,दस वर्षों की गौरवशाली परंपरा
इंदौर। वुमंस प्रेस क्लब मध्यप्रदेश द्वारा अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित प्रतिष्ठित “शक्ति अवार्ड 2026” का भव्य समारोह 18 मार्च, बुधवार को शाम 5 बजे जाल सभागृह, इंदौर में आयोजित किया जाएगा।
क्लब की अध्यक्ष शीतल रॉय ने जानकारी देते हुए बताया कि महिलाओं की उपलब्धियों को सम्मान देने की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए “शक्ति अवार्ड” इस वर्ष अपने दस वर्षों की गौरवशाली यात्रा पूरी कर रहा है। पिछले एक दशक से यह मंच समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाली महिलाओं को पहचान और सम्मान प्रदान कर रहा है।
उन्होंने बताया कि इस वर्ष के समारोह में विधि, पत्रकारिता, शिक्षा, समाजसेवा, कला, व्यवसाय, प्रशासन सहित विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को “शक्ति अवार्ड 2026” से सम्मानित किया जाएगा।

यह होंगे मुख्य अतिथि
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में न्यायमूर्ति विजय कुमार शुक्ला, प्रशासनिक न्यायमूर्ति, मध्यप्रदेश उच्च न्यायालय खंडपीठ इंदौर तथा राखी सहाय, सचिव, मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग की गरिमामयी उपस्थिति रहेगी।

सम्मानित होने वाली हस्तियां
इस अवसर पर डॉ. नूपुर धमीजा रंजन (अधिवक्ता, सुप्रीम कोर्ट, नई दिल्ली),वर्तिका तोलानी (वरिष्ठ पत्रकार, नई दिल्ली),
राजयोगनी ब्रम्हकुमारी हेमलता दीदी क्षेत्रीय निदेशिका इंदौर
श्रीरत्न प्रभा पोरवाल (समाजसेविका, इंदौर), अर्पणा चेंडके (कोरियोग्राफर एवं एंकर, इंदौर), डॉ. स्वाति सिंह (सह-प्राध्यापक, अंग्रेजी विभाग, सेंट पॉल इंस्टीट्यूट ऑफ प्रोफेशनल स्टडीज, इंदौर), सु श्रेष्ठा गोयल (विजनेस वुमन एवं समाजसेविका, इंदौर), डॉ. प्रगति जैन (वरिष्ठ पत्रकार, इंदौर), रुचि चोविशया जैन (समाजसेविका, इंदौर), सु शीला रजक (संस्थापिका – रेप्युटेशन क्राफ्टर्स, रीजनल पब्लिक रिलेशन्स एजेंसी), सु वर्षा कलोसिया (संस्थापक एवं निदेशक – नेक्स्ट पीआर एजेंसी), डॉ. माधुरी पुराणिक (समाजसेविका, इंदौर), आचार्य वेदिका श्रीवास्तव (ज्योतिषाचार्य एवं समाजसेविका, इंदौर), इंदिरा प्रमाल (वरिष्ठ पत्रकार, इंदौर), शिवानी सिंह (समाजसेविका, इंदौर), बबीता हडिया (प्राचार्या, उमिया कन्या विद्यालय, राऊ), डॉ. विनिता कुमार (समाजसेविका, इंदौर), निर्मल राजेश दिसावाल (समाजसेविका, उज्जैन), संगीता देसाई (समाजसेविका, आगर),
सु पलक तलरेजा (मेकअप आर्टिस्ट, इंदौर), डॉ. पूनम विशाल ज्वैल (समाजसेविका, इंदौर), सु भावना राजपूत (खेल पत्रकार, जबलपुर), ममता अग्रवाल (आर्टिस्ट), पल्लवी गौतम (NLP एवं इमोशनल इंटेलिजेंस कोच), अर्पणा जोशी (राष्ट्रीय समन्वयक, विश्व ब्राह्मण समाज संघ – महिला प्रकोष्ठ), सु दीपिका सोलंकी (उप प्रबंधक, ओमैक्स ग्रुप), सु दीक्षा राजोरा (सहायक प्रबंधक, ओमैक्स ग्रुप), डॉ. चारूलता दवे (चिकित्सक, झाबुआ), सोनिया सिंह धाकरे (सब इंस्पेक्टर, इंदौर) को उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए सम्मानित किया जाएगा।

विशेष टॉक शो का आयोजन
समारोह के अंतर्गत “मध्यप्रदेश की बोली-भाषाएं और लोक बोलियों का सांस्कृतिक महत्व” विषय पर एक विशेष टॉक शो का भी आयोजन किया जाएगा, जिसमें विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञ प्रदेश की समृद्ध भाषाई परंपरा, लोकसंस्कृति और उनके संरक्षण पर अपने विचार साझा करेंगे।
अध्यक्ष शीतल रॉय ने बताया कि कार्यक्रम में शहर के गणमान्य नागरिक, पत्रकार, शिक्षाविद, समाजसेवी एवं विभिन्न क्षेत्रों से जुड़ी महिलाएं बड़ी संख्या में उपस्थित रहेंगी। “शक्ति अवार्ड” का उद्देश्य समाज में महिलाओं के योगदान को सम्मान देना और उनकी उपलब्धियों से नई पीढ़ी को प्रेरित करना है।

400 केवी चालू लाइन में कार्य करने वाले लाइन स्टाफ राजेंद्र कुशवाहा का ऊर्जा मंत्री तोमर ने किया सम्मान

– भारत इलेक्ट्रिसिटी समिट में एमपी ट्रांसको का हॉट मैन बना आकर्षण का केंद्र
400 केवी चालू लाइन में कार्य करने वाले लाइन स्टाफ राजेंद्र कुशवाहा का ऊर्जा मंत्री तोमर ने किया सम्मान
भोपाल । देश की राजधानी दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय भारत इलेक्ट्रिसिटी समिट -2026 में मध्यप्रदेश शासन के ऊर्जा विभाग द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी आकर्षण का केंद्र रही। प्रदर्शनी का अवलोकन करते हुए ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर, ऊर्जा सचिव विशेष गढ़पाले सहित अनेक विद्यार्थियों एवं आगंतुकों ने मध्य प्रदेश पावर ट्रांसमिशन कंपनी (एमपी ट्रांसको) द्वारा प्रस्तुत मॉडल की सराहना की।

ऊर्जा विभाग के स्टॉल पर प्रदर्शित हॉट सूट मॉडल विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। इस मॉडल में एक पुतले को एक्स्ट्रा हाई टेंशन इंसुलेटेड सूट पहनाया गया था, जिसे देखकर दर्शकों में उत्सुकता देखी गई।
एमपी ट्रांसको के एक्जीक्यूटिव डायरेक्टर संदीप गायकवाड ने इसकी कार्यप्रणाली को सरल भाषा में समझाया। इसके अलावा मध्य प्रदेश पावर ट्रांसमिशन कंपनी द्वारा उपयोग की जा रही ट्रांसमिशन टावरों की ड्रोन पेट्रोलिंग के संबंध में भी अनेक लोगों ने उत्सुकता पूर्वक जानकारी हासिल की।

चालू 400 केवी ट्रांसमिशन लाइन मे किया जाता है मेंटेनेंस कार्य:
उल्लेखनीय है कि इस विशेष इंसुलेटेड सूट को पहनकर प्रशिक्षित हॉटलाइन स्टाफ बेयर हैंड तकनीक के माध्यम से 400 केवी ट्रांसमिशन लाइनों पर बिना विद्युत आपूर्ति बाधित किए ही मरम्मत कार्य करते हैं। यह कार्य अत्यंत जटिल एवं उच्च दक्षता पूर्ण होता है।

इस अवसर पर मुख्यालय जबलपुर में पदस्थ एवं समिट मे एमपी ट्रांसको के हॉटलाइन प्रशिक्षित लाइन स्टाफ का प्रतिनिधित्व करते हुए राजेंद्र कुमार कुशवाहा ने अपने अनुभव साझा किए।

उन्होंने बताया कि 400 केवी की चालू लाइनों में खराब डिस्क बदलने जैसे जटिल कार्य भी प्रशिक्षित टीम द्वारा सफलतापूर्वक किए जाते हैं।

ऊर्जा मंत्री ने किया सम्मानित-
ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने कुशवाहा के उत्कृष्ट एवं जोखिमपूर्ण कार्य की सराहना करते हुए उन्हें सम्मानित किया।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने वीडियो कॉन्फ्रेसिंग से किया संबोधित

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने वीडियो कॉन्फ्रेसिंग से किया संबोधित
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि मध्यप्रदेश वीरांगनाओं की धरती है। रानी दुर्गावती से लेकर रानी कमलापति और रानी अवंतीबाई तक हमारी लोकनायिकाओं और वीरांगनाओं ने विदेशी आक्रांताओं के छक्के छुड़ा दिए थे। मातृभूमि की रक्षा के लिए रानी अवंतीबाई ने जो बलिदान दिया, वह सदियों-सदियों तक अविस्मरणीय रहेगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव शुक्रवार को रानी अवंतीबाई के बलिदान दिवस के अवसर पर डिंडोरी जिले में आयोजित कार्यक्रम को मुख्यमंत्री निवास से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने रानी अवंतीबाई के अटल साहस और अमर त्याग को भावी पीढ़ियों तक पहुंचाने के लिए उनकी स्मृति में डिंडोरी में एक करोड़ रुपए की लागत से नवनिर्मित भव्य संग्रहालय का लोकार्पण भी किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह संग्रहालय हमें रानी अवंतीबाई के बल और बलिदान की याद दिलाता रहेगा। इस संग्रहालय में उनकी फोटो गैलरी और उनके शस्त्र हमारी आने वाली पीढ़ियों को युगों-युगों तक प्रेरित करते रहेंगे।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि हम विरासत से विकास की ओर बढ़ते हुए अपने नायकों के पराक्रम को भी याद कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि रानी अवंतीबाई का जन्म तत्कालीन सिओनी (वर्तमान सिवनी) जिले के मनकेहणी गांव में हुआ था। कहते हैं कि रणभूमि में उनकी तलवार जब चलती थी, तो अंग्रेजों के हौसले पस्त हो जाते थे। सन् 1857 के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम में डिंडोरी में रानी अवंतीबाई की भूमिका ठीक वैसी ही थी, जैसी झांसी में रानी लक्ष्मीबाई की। जब अंग्रेजों ने राजा शंकर शाह और कुंवर रघुनाथ शाह को तोप से उड़ाकर कायरता दिखाई, तब इस पूरे क्षेत्र में क्रांति की मशाल रानी अवंती बाई ने अपने हाथ में ली थी। सन् 1857 की क्रांति में रानी अवंतीबाई ने रेवांचल में मुक्ति आंदोलन में बड़ी भूमिका निभाई। इसके बाद सन् 1858 में जब अंग्रेजों ने एक विशाल सेना के साथ उन पर हमला किया, त‍ब भी रानी ने झुकना स्वीकार नहीं किया। अपने मान-सम्मान और देश की अस्मिता के लिए उन्होंने लड़ते-लड़ते, हंसते-हंसते अपने प्राणों की आहुति दे दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार ने रानी अवंती बाई की शहादत को अविस्मरणीय बनाए रखने के लिए सागर में उनके नाम पर विश्वविद्यालय की स्थापना कर श्रद्धांजलि दी है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि डिंडोरी जिला उनके हृदय के करीब है। उन्होंने प्रसन्नता जताई कि एनीमिया मुक्त भारत के संकल्प के साथ जिला प्रशासन डिंडोरी ने एक ही दिन में 50 हजार से ज्यादा महिलाओं और बेटियों की स्वास्थ्य जांच की। इस उपलब्धि के लिए डिंडोरी का नाम ‘एशिया बुक ऑफ रिकार्ड्स’ और ‘इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स’ में दर्ज हुआ है। यह हमारे लिए गौरव की बात है। 14 से 15 साल की बेटियों को टीकाकरण (एचपीवी अभियान) में भी डिंडोरी जिला प्रदेश में प्रथम स्थान पर आया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि बेटियों के सपनों को पंख देने के लिए डिंडोरी जिले में ‘पंखिनी अभियान’ चलाया जा रहा है। इसमें बेटियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की नि:शुल्क तैयारी कराई जा रही है। यह एक अभिनव प्रयास है। मुख्यमंत्री ने इस अभियान के लिए जिला प्रशासन डिंडोरी को बधाई भी दी।

डिंडोरी जिले के ग्राम बालपुर में हुए रानी अवंती बाई बलिदान दिवस कार्यक्रम में क्षेत्रीय लोकसभा सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते, विधायक ओमप्रकाश धुर्वे, जिला पंचायत अध्यक्ष रूदेश परस्ते, उपाध्यक्ष अंजू ब्यौहार, जनपद पंचायत डिंडोरी की अध्यक्ष आशा सिंह, उपाध्यक्ष राजकुमारी बाई ठाकुर, जिलाध्यक्ष चमरू सिंह नेताम, नरेन्द्र राजपूत सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित थे।

भोपाल AIIMS में अंगदान से 3 लोगों को नई जिंदगी की उम्मीद, शिवानी को...

0
भोपाल/नर्मदापुरम। अपनों को खोने का दर्द कितना गहरा होता है, यह उस परिवार से बेहतर कौन समझ सकता है, जिसने सड़क हादसे में अपनी...
social welfare 2026

₹53,428 करोड़ की सामाजिक सहायता योजना मंजूर, दिव्यांग पेंशन के नियमों में बदलाव

0
नई दिल्ली, 16 अक्टूबर। केंद्र सरकार ने राष्ट्रीय सामाजिक सहायता कार्यक्रम (NSAP) को अगले पांच वर्षों तक जारी रखने के लिए ₹53,428 करोड़ की...
PM-USP CSSS Scholarship Renewal 2026-27

PM-USP CSSS Scholarship Renewal 2026-27: 31 अक्टूबर तक करें आवेदन, जानें पात्रता, जरूरी दस्तावेज...

0
भोपाल | KOLAR18.COM | Social Welfare & Education News कॉलेज और विश्वविद्यालय में पढ़ाई कर रहे विद्यार्थियों के लिए छात्रवृत्ति से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी सामने...
Women and Child Development;

महिला एवं बाल विकास पर केंद्र-राज्य मंथन, पोषण और महिला सुरक्षा पर फोकस

0
नई दिल्ली। महिला एवं बाल विकास मंत्रालय का दो दिवसीय विभागीय सम्मेलन 8 और 9 अक्टूबर 2026 को नई दिल्ली में आयोजित किया जा...
yogi modi modal

उत्तर प्रदेश Social Welfare योजनाएं 2026: पेंशन, छात्रवृत्ति और सरकारी योजनाओं की जानकारी

0
पेंशन, छात्रवृत्ति, महिला कल्याण, दिव्यांगजन सहायता और गरीब परिवारों के लिए प्रमुख सरकारी योजनाओं की संक्षिप्त जानकारी उत्तर प्रदेश में सामाजिक कल्याण योजनाओं का दायरा...