जनवरी 2026 में OTT पर आएंगी ये मोस्ट अवेटेड फिल्में

जनवरी 2026 में OTT पर आएंगी ये मोस्ट अवेटेड फिल्में
साल 2026 की शुरुआत सिनेमा लवर्स के लिए बहुत खास होने वाला है. जनवरी के महीने में ही ओटीटी पर एक से बढ़कर एक नई फिल्मों का तांता लगने वाला है. बॉलीवुड की कई शानदार फिल्में जनवरी में अलग-अलग ओटीटी प्लेटफॉर्म्स पर रिलीज होने जा रही हैं. इस लिस्ट में रणवीर सिंह की ब्लॉकबस्टर फिल्म ‘धुरंधर’ से लेकर यामी गौतम की ‘हक’ तक शामिल हैं.

हक
‘हक’ एक कोर्टरूम-ड्रामा है जो शाह बानो केस पर बेस्ड है. इस फिल्म में यामी गौतम और इमरान हाशमी लीड रोल में है.
ये फिल्म 7 नवंबर को थिएटर्स में रिलीज हुई थी और अब ओटीटी पर रिलीज होने जा रही है.
ओटीटी प्ले की रिपोर्ट के मुताबिक ‘हक’ 2 जनवरी 2026 को नेटफ्लिक्स पर दस्तक देगी.

दे दे प्यार दे 2
अजय देवगन और रकुलप्रीत सिंह की कॉमेडी फिल्म ‘दे दे प्यार दे 2’ भी जनवरी में ओटीटी पर आएगी.
रिपोर्ट की मानें तो ये फिल्म 9 जनवरी 2026 को नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम होने के लिए तैयार है.
इस फिल्म में आर माधवन, रवि किशन, रोशनी वालिया और गौतमी कपूर जैसे कलाका भी हैं.

‘मस्ती 4’
‘मस्ती 4’ में एक बार फिर रितेश देशमुख, आफताब शिवदासानी और विवेक ओबेरॉय एक साथ नजर आए.
अब ये कॉमेडी फ्रेंचाइजी ओटीटी पर रिलीज होने जा रही है.
‘मस्ती 4’ 16 जनवरी 2026 से जी5 पर स्ट्रीम हो सकती है.
धुरंधर
रणवीर सिंह स्टारर फिल्म ‘धुरंधर’ बॉक्स ऑफिस पर तहलका मचाए हुए है.
अब रिपोर्ट्स की मानें तो ये फिल्म जनवरी का आखिरी हफ्ते में ओटीटी पर आ सकती है.
‘धुरंधर’ के ओटीटी राइट्स नेटफ्लिक्स ने 285 करोड़ रुपए में खरीदे हैं.

इस साल इंटरनेशनल क्रिकेट में टूटे 10 बड़े रिकॉर्ड

इस साल इंटरनेशनल क्रिकेट में टूटे 10 बड़े रिकॉर्ड
साल 2025 क्रिकेट के लिहाज से यादगार रहा, इस साल RCB ने पहला आईपीएल खिताब जीता. रोहित शर्मा की कप्तानी में चैंपियंस ट्रॉफी और सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में भारत ने एशिया कप जीता. फरवरी में अभिषेक शर्मा ने 135 रनों की ऐतिहासिक पारी खेली, जो टी20 इंटरनेशनल में टीम इंडिया के लिए सबसे बड़ी व्यक्तिगत पारी है. वैभव सूर्यवंशी ने 14 साल की उम्र में आईपीएल शतक लगाकर बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम किया, वहीं मिचेल स्टार्क ने टेस्ट क्रिकेट में सिर्फ 15 गेंदों में 5 विकेट लेकर इतिहास रचा. जानिए 2025 में बने 10 बड़े क्रिकेट रिकार्ड्स के बारे में.

भारत के लिए सबसे बड़ी T20I पारी
टी20 के नंबर-1 बल्लेबाज अभिषेक शर्मा ने 2 फरवरी, 2025 को ऐतिहासिक पारी खेली थी. उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ वानखेड़े में 135 रन बनाए थे. ये भारत के लिए टी20 इंटरनेशनल में सबसे बड़ी व्यक्तिगत पारी है, उन्होंने शुभमन गिल का रिकॉर्ड तोड़ा था. गिल ने 1 फरवरी, 2023 को न्यूजीलैंड के खिलाफ 126 रन बनाए थे.

IPL में सबसे कम स्कोर का बचाव
15 अप्रैल, 2025 को पंजाब किंग्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 111 रन बनाए थे, तब लगा था कि कोलकाता नाइट राइडर्स इस मैच को आसानी से जीत जाएगी. किसे पता था कि ये मैच ऐतिहासिक बन जाएगा, क्योंकि पंजाब ने 111 रनों को सफलतापूर्वक डिफेंड कर लिया. ये आईपीएल इतिहास का तीसरा सबसे छोटे स्कोर का बचाव है.

T20s में सबसे कम उम्र में शतक का रिकॉर्ड
IPL में राजस्थान रॉयल्स के लिए खेलते हुए वैभव सूर्यवंशी ने 28 अप्रैल, 2025 को इतिहास रचा. वह टी20 में शतक लगाने वाले सबसे छोटी उम्र के बल्लेबाज बने, उस समय उनकी उम्र 14 साल 32 दिन थी. गुजरात के खिलाफ जयपुर में खेले गए इस मुकाबले में वैभव ने 35 गेंदों में शतक पूरा किया था, जो किसी भारतीय द्वारा लीग के इतिहास का सबसे तेज शतक भी बन गया.

148 साल में पहली बार हुआ ऐसा
जून में ऑस्ट्रेलिया बनाम दक्षिण अफ्रीका के बीच आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप का फाइनल खेला गया, जिसे दक्षिण अफ्रीका ने जीता. इस मैच में पहली पारी में उस्मान ख्वाजा खाता नहीं खोल पाए, दक्षिण अफ्रीका के ओपनर एडन मार्क्रम भी पहली पारी में खाता नहीं खोल पाए थे. टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में 148 साल में पहली बार ऐसा हुआ, जब पहली पारी में दोनों टीम के ओपनर शून्य पर आउट हुए. मार्क्रम ने दूसरी पारी में 136 रनों की मैच जिताऊ पारी खेली थी.

सबसे कम गेंदों में 5 विकेट हॉल (टेस्ट क्रिकेट में)
ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क ने जुलाई में वेस्टइंडीज के खिलाफ एक टेस्ट में अपनी 15वीं गेंद पर विरोधी टीम का पांचवां विकेट लिया. स्टार्क ने टेस्ट क्रिकेट में सबसे तेज 5 विकेट हॉल का वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया. वेस्टइंडीज की पूरी टीम दूसरी पारी में 27 रनों पर सिमट गई थी.

विराट कोहली ने तोड़ा सचिन तेंदुलकर का रिकॉर्ड
विराट कोहली ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 29 नवंबर को खेले गए पहले वनडे में 135 रनों की ऐतिहासिक पारी खेली, जिससे उन्होंने सचिन तेंदुलकर का एक बड़ा रिकॉर्ड तोड़ा. सचिन एक फॉर्मेट में सबसे ज़्यादा शतक लगाने वाले बल्लेबाज थे, लेकिन अपना 52वां ओडीआई शतक लगाने के बाद कोहली ने उनका ये रिकॉर्ड तोड़ दिया. इसके बाद दूसरे वनडे में भी कोहली ने शतक जड़ा. कोहली के वनडे में 53 शतक हो चुके हैं, सचिन ने टेस्ट में 51 शतक लगाए हैं.

एक कैलेंडर ईयर में सबसे ज्यादा T20I जीत का रिकॉर्ड
पाकिस्तान क्रिकेट टीम बेशक भारत से टी20 में जीत नहीं पाई, एशिया कप में 3 बार दोनों का आमना सामना हुआ और हर बार टीम इंडिया ने बाजी मारी लेकिन 2025 पाकिस्तान के लिए यादगार रहा. पाकिस्तान ने इस साल कुल 34 टी20 मैचों में से 21 में जीत दर्ज की, उन्होंने एक कैलेंडर ईयर में सबसे ज़्यादा टी20 जीत का रिकॉर्ड अपने नाम किया.

दिल्ली मेट्रो का बढ़ेगा दायरा- मोदी कैबिनेट

दिल्ली मेट्रो का बढ़ेगा दायरा- मोदी कैबिनेट
24 दिसंबर 2025 को केंद्रीय कैबिनेट बैठक में दिल्ली मेट्रो के विस्तार को मंजूरी दे दी. केंद्र सरकार इस प्रोजेक्ट पर 12,015 करोड़ रुपए खर्च करेगी. केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने ब्रीफिंग में बताया कि दिल्ली मेट्रो से रोजाना करीब 65 लाख लोग सफर करते हैं, जबकि त्यौहारों या खास मौकों पर यात्रियों की संख्या बढ़कर 80 लाख के पार हो जाती है.

3 साल में पूरा होगा नया मेट्रो प्रोजेक्ट
इस प्रोजेक्ट के तहत 13 नए मेट्रो स्टेशन बनाए जाएंगे, जिसमें 10 अंडरग्राउंड स्टेशन और 3 एलिवेटेड स्टेशन होंगे. यह प्रोजेक्ट 3 साल में पूरा होने का अनुमान है. केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा, ‘केंद्रीय कैबिनेट ने दिल्ली मेट्रो के फेज 5A को मंजूरी दे दी है, जिसमें 13 स्टेशन होंगे. 12,015 करोड़ रुपए की लागत से 16 किलोमीटर लंबी नई लाइन बिछाई जाएगी. इसके साथ ही दिल्ली मेट्रो नेटवर्क 400 किलोमीटर से ज्यादा हो जाएगा.’

इस प्रोजेक्ट के लिए 5 हजार करोड़ का लोन लिया जाएगा
दिल्ली मेट्रो विस्तार के लिए केंद्र सरकार 1,759 करोड़ रुपए देगी, जबकि दिल्ली सरकार को भी इतनी ही राशि देनी है. बाकी करीब 5 हजार करोड़ रुपए का लोन लिया जाएगा. केंद्र सरकार का कहना है कि मेट्रो विस्तार से दिल्ली के प्रदूषण और ट्रैफिक में कमी आएगी.

दिल्ली में भारत का सबसे बड़ा मेट्रो नेटवर्क
दिल्ली मेट्रो भारत की सबसे बड़ी और सबसे व्यस्त मेट्रो सिस्टम है, जिसे दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (DMRC) ऑपरेट करता है. दिल्ली मेट्रो शहर को आसपास के NCR इलाकों को जोड़ती है, जिसमें नोएडा, गुड़गांव, फरीदाबाद, गाजियाबाद और बहादुरगढ़ शामिल हैं.

दिल्ली मेट्रो देश का सबसे सफल मेट्रो नेटवर्क है. इस नेटवर्क पर 10 रंग की कोडेड लाइनें और 250 से ज्यादा मेट्रो स्टेशन हैं. इनमें जमीन के अंदर और एलिवेटेड स्टेशन शामिल हैं. इसके अलावा सुप्रीम कोर्ट मेट्रो स्टेशन पर एक म्यूजियम है जहां लोग मेट्रो चलाने का अनुभव भी ले सकते हैं.

383 करोड़ से अधिक के विकास कार्यों का केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री नड्डा और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भूमि-पूजन और लोकार्पण किया

383 करोड़ से अधिक के विकास कार्यों का केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री नड्डा और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भूमि-पूजन और लोकार्पण किया
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जे पी नड्डा ने बैतूलवासियों को मेडिकल कॉलेज की मंगलवार को अभूतपूर्व सौगात दी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव और केन्द्रीय मंत्री नड्डा ने 383 करोड़ रूपये के विकास कार्यों का भूमि-पूजन और लोकार्पण किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने भूमि-पूजन और लोकार्पण समारोह को संबोधित करते हुए मुलताई का नाम मूलतापी करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि केन्द्रीय मंत्री नड्डा की उपस्थिति में आज किए गए भूमि-पूजन और लोकार्पण से बैतूल की तस्वीर और तकदीर बदल जाएगी। केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्री नड्डा ने कहा कि मेडिकल कॉलेज की स्थापना से बैतूल एवं आस-पास के जनजातीय क्षेत्रों के लोगों को आसानी से बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हो सकेंगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश में स्वास्थ्य सेवाओं को उत्कृष्ट बनाने की दिशा में एतिहासिक और अद्वितीय कार्य हुआ है। दूरस्थ अंचलों में भी मेडिकल कॉलेजों की स्थापना से अब गरीब और आम व्यक्तियों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिलने लगी है। केन्द्रीय मंत्री नड्डा बैतूल में पुलिस ग्राउंड में पीपीपी मोड पर बनने वाले देश के पहले मेडिकल कॉलेज के शिलान्यास समारोह को संबोधित कर रहे थे।

केन्द्रीय मंत्री नडडा ने कहा कि स्वास्थ्य के क्षेत्र में आमूलचूल परिवर्तन प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में हुआ है। आज 1 लाख 81 हजार आयुष्मान आरोग्य मंदिरों के माध्यम से जच्चा-बच्चा को स्वास्थ्य लाभ उपलब्ध कराया जा रहा है। आज देश में सभी के स्वास्थ्य को दृष्टिगत रखते हुए आयुष्मान योजना का लाभ ही नहीं दिया जा रहा है बल्कि टीकाकरण के माध्यम से प्रत्येक बच्चे के जीवन की रक्षा के लिए 12 प्रकार के टीके कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि भारत में मातृ मृत्यु दर दुनिया से कम है। पांच वर्ष के बच्चे की मृत्यु दर में भारत में कमी आई है। आरोग्य मंदिर के माध्यम से डेंटल हेल्थ, मेंटल हेल्थ हाईपर टेंशन, डाइबिटीज, कैंसर रोकने का काम बहुत तीव्र गति से चला है। टेलीमानस के माध्यम से बिना किसी को बताए सिर्फ एक टेलीफोन नंबर पर इलाज कर रहे हैं। 30 लाख लोगों ने इसका फायदा उठाया है। भारत सरकार ने हाईपरटेंशन के मरीजों को स्क्रीन किया है। 40 करोड़ लोगों को जानने का प्रयास किया है कि इनको हाई ब्लडप्रेशर है या नहीं है। केन्द्रीय मंत्री नड्डा ने बताया कि महिलाओं में कैंसर में साढ़े 8 करोड़ स्क्रीनिंग हुई है। ब्रेस्ट कैंसर में साड़े 15 करोड़ की स्क्रीनिंग हुई 75 हजार 500 बहनों का इलाज शुरू हो गया है। दुनिया से टीबी उन्मूलन की दिशा में देश में सबसे बेहतर कार्य हुआ है। भारत में 21 प्रतिशत की कमी आई है, जबकि दुनिया मात्र 12 प्रतिशत की कमी आई। विकास की द्रष्टि और हर द्ष्टि से काम को आगे बढाने का कार्य किया गया है।

केन्द्रीय मंत्री नड्डा ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने देश के 62 करोड़ लोगों को आयुष्मान योजनांतर्गत 5 लाख रूपये की सालाना मुफ्त चिकित्सा की व्यवस्था की है। उन्होंने 70 वर्ष से अधिक उम्र के नागरिकों के लिये गंभीर बीमारी के लिए हर वर्ष 5 लाख रूपये के इलाज की व्यवस्था की है। स्वास्थ्य के क्षेत्र में क्रांति आई है। भारत बदल रहा है। विकास की एक नई कहानी है। 20 वी शताब्दी के अंत तक एक ऑल इंडिया इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल सांइस दिल्ली में था। भारत रत्न से सम्मानित पूर्व प्रधानमंत्री अटल विहारी वाजपेयी ने तत्कालीन समय में 6 ऑल इंडिया इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल सांइस (एम्स) खोले। अब यह 23 हो गए हैं। वर्ष 2014 में 387 मेडिकल कॉलेज थे। आज 819 मेडिकल कॉलेज है। धार और बैतूल सहित मेडिकल कॉलेजों की संख्या 821 हो गई है।

केन्द्रीय मंत्री नड्डा ने कहा कि रीवा में सुपर स्पेशलिटी ब्लाक के लिए 138 करोड़ और जबलपुर में 141 करोड़ ग्वालियर में 131 करोड़ रूपये दिए हैं। गवर्मेंट मेडिकल कॉलेज ईंदौर के लिए 191 करोड़ रूपये दिए हैं। उज्जैन के मेडिकल कॉलेज के लिए 700 करोड़ रूपये दिए गए है। 14 नए मेडिकल कॉलेज के ए्प्रुवल मिले हैं। मप्र में 5 मेडिकल कॉलेज थे अब 33 हो गए हैं। आने वाले समय में 50 से ज्यादा मेडिकल कॉलेज होंगे। मेडिकल कॉलेजों में 850 नए मेडिकल कॉलेज की सीट के लिए 1 हजार 20 करोड़ रूपये दिए गए हैं। उसी तरीके से 850 पीजी सीटें 10 मेडिकल कॉलेज में 702 करोड़ रूपये दिए जा रहे हैं।

केन्द्रीय मंत्री नड्डा ने कहा कि प्रधानमंत्री भारत आयुष्मान हेल्थ इंफ्रास्ट्रक्चर मिशन में 1 हजार 804 करोड रूपये मप्र को दिया गया है। 15 वित्त आयोग में 4 हजार 686 करोड़ रूपये मप्र को दिया गया है। आज 92 प्रतिशत भारत में मोबाइल बन रहे हैं। डिजीटल इंडिया में भारत आगे बढ़ गया है। आज सब्जी वाला भी क्यू आर लेकर बैठ रहा है। मप्र में 80 प्रतिशत रेलवे स्टेशन अमृत भारत में बन रहे हैं। मप्र का रेलवे का बजट नौ गुना बड़ा है। एशिया का सबसे बडा सोलर प्लाट रीवा में बन रहा है।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि सूर्यपुत्री ताप्ती मैया की गोद में बसे बैतूल को आज मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल की बड़ी सौगात मिल रही है। राज्य सरकार द्वारा गत दो वर्ष से औद्योगिक विकास के साथ सभी क्षेत्रों में तेजी से कार्य किए जा रहे हैं। प्रदेश के 2 बड़े शहरों- भोपाल और इंदौर को मेट्रो ट्रेन की सौगात मिल चुकी है। प्रधानमंत्री मोदी के मार्गदर्शन में प्रदेश में सिंचाई सुविधाएं निरंतर बढ़ाई जा रही है। प्रधानमंत्री मोदी के कर कमलों से देश की पहली नदी जोड़ो परियोजना केन-बेतवा लिंक परियोजना का भूमि-पूजन किया गया है। इससे मध्यप्रदेश और उत्तर प्रदेश के कई जिलों को लाभ मिलेगा। बुंदेलखंड में किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त जल उपलब्ध होगा। इसी तरह राज्य सरकार ने पार्वती-काली सिंध-चंबल परियोजना (पीकेसी) के माध्यम से सालों से लंबित विवाद को सुलझाया है। इससे राजस्थान और उत्तरी मध्यप्रदेश और मालवांचल को सिंचाई और पेयजल के लिए पर्याप्त पानी उपलब्ध होगा। महाराष्ट्र के साथ मिलकर ताप्ती मैया के लिए भी 70 हजार करोड़ की बड़ी योजना बनाई गई है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि बैतूल में गुड़ का कलस्टर बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि कडाई वुडन कलस्टर से ग्रामीण क्षेत्रों के नागरिकों को भी वृहद स्तर पर इसका लाभ मिलेगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने माही उद्योग क्षेत्र मुलताई में इंडस्ट्रीयल कलस्टर और कोषमी ओद्योगिक ईकाई द्वितीय चरण बनाने की घोषणा की।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि राज्य सरकार ने जनजातीय-आदिवासी नायकों के नाम पर डेस्टिनेशन कैबिनेट मीटिंग कर यथोचित सम्मान दिया और उनकी समृद्ध गौरवशाली विरासत को सहेजा है। जनजातीय समुदाय के वीरों ने निडरता से देश की आजादी के लिए लड़ाई लड़ी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने जीआईएस एवं अन्य इंडस्ट्रियल कॉन्क्लेव के महत्व का उल्लेख करते हुए कहा कि इनके माध्यम से प्रदेश में 8.5 लाख करोड़ का औद्योगिक निवेश आया है, जिसमें से 6.5 लाख करोड़ के औद्योगिक विकास कार्यों का भूमि-पूजन किया जा चुका है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि यह प्रधानमंत्री स्व. वाजपेयी का जन्मशताब्दी वर्ष है। आगामी 25 दिसंबर को उनकी 101वीं जयंती है। इस अवसर पर ग्वालियर में भव्य समारोह आयोजित किया जाएगा। इसमें प्रदेश के विकास के लिए 2 लाख करोड़ के लोकार्पण एवं भूमि-पूजन किए जाएंगे। यह मध्यप्रदेशवासियों की पूर्व प्रधानमंत्री स्व. वाजपेयी के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

केंद्रीय राज्यमंत्री दुर्गादास उईके ने कहा कि आदिवासी क्षेत्र का सौभाग्य है। बैतूल जिले के इतिहास में स्वर्णिम अवसर है। मेडिकल कॉलेज की सौगात से जिले में शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में स्वर्णिम इतिहास की शुरूआत हो रही है।

वरिष्ठ विधायक व प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि बैतूल जिले के लिए गौरव की बात है। आजादी के बाद चिकित्सा सुविधाओं में एक बड़ी छलांग लगाने हमारा जिला जा रहा है। आज का दिन बैतूल में हमेशा याद किया जाएगा क्योंकि यह जनजाति क्षेत्र का आदिवासी अंचल जो चिकित्सा के मामले में एक तरफ नागपुर और दूसरी और भोपाल है। स्वास्थ्य के लिए वहां जाना पड़ता था। यहां पर मेडिकल कॉलेज की शुरूआत से नए युग की शुरूआत है। आने वाले समय में 600 बेड का यह अस्पताल होगा और हमारा अस्तपाल और जो मेडिकल कॉलेज बन रहा है। लगभग 1000 बेड उपलब्ध रहेंगे। हर इलाज बैतूल में होगा। हर गरीब को फ्री इलाज मिलेगा। मुख्यमंत्री को एक बड़ी सौगात सतुपड़ा थर्मल पावर सारणी 660 मेगावाट की ईकाई लाने के लिए भी धन्यवाद देना चाहता हूं। बैतूल को खेलों के हब के रूप में मुख्यमंत्री के आशीर्वाद से हम बदलते जा रहे हैं। खेल का राष्ट्रीय स्तर का ग्राउंड कहीं होगा तो वह बैतूल की जमीन पर होगा।

भूमि-पूजन एवं लोकार्पण समारोह में उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल, लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा राज्यमंत्री तथा जिले के प्रभारी मंत्री नरेन्द्र शिवाजी पटेल, आमला विधायक डॉ. योगेश पंडाग्रे, भैंसदेही विधायक महेंद्र सिंह चौहान, मुलताई विधायक चंद्रशेखर देशमुख, घोड़ाडोंगरी विधायक मती गंगाबाई उईके, मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद उपाध्यक्ष मोहन नागर, जिला पंचायत अध्यक्ष राजा पवार, उपाध्यक्ष हंसराज धुर्वे, जिला विकास सलाहकार समिति सदस्य सुधाकर पवार सहित अनेक ज नप्रतिनिधि मौजूद रहे।

छत्तीसगढ़ में कौशल-एकीकृत औद्योगिक विकास को मिल रही नई गति – मुख्यमंत्री विष्णु देव साय

छत्तीसगढ़ में कौशल-एकीकृत औद्योगिक विकास को मिल रही नई गति – मुख्यमंत्री विष्णु देव साय
इस कार्यक्रम के दौरान विभिन्न निवेश प्रस्तावों पर समझौता ज्ञापन (MoUs) हस्ताक्षरित किए गए तथा निवेश आमंत्रण पत्र जारी किए गए। कुल मिलाकर 13,690 करोड़ रुपये से अधिक के प्रस्तावित निवेश सामने आए हैं, जिनसे राज्य में 12,000 से अधिक रोजगार अवसर सृजित होने की संभावना है। ये निवेश विभिन्न क्षेत्रों में कौशल-आधारित रोजगार को मजबूती प्रदान करेंगे।

कौशल-आधारित औद्योगिक विकास की धुरी बना गेल का प्रोजेक्ट

निवेश प्रतिबद्धताओं में गेल (GAIL) का प्रस्तावित गैस-आधारित उर्वरक संयंत्र राज्य के लिए एक प्रमुख एवं सबसे बड़े औद्योगिक प्रस्तावों में से एक के रूप में उभरकर सामने आया।

लगभग 10,500 करोड़ रुपये के प्रथम चरण निवेश तथा 1.27 मिलियन मीट्रिक टन प्रति वर्ष (MMTPA) यूरिया उत्पादन क्षमता के साथ यह परियोजना छत्तीसगढ़ को देश के डाउनस्ट्रीम पेट्रोकेमिकल एवं उर्वरक मानचित्र पर सशक्त रूप से स्थापित करेगी।

यह प्रस्तावित परियोजना गेल की मुंबई-नागपुर-झारसुगुड़ा प्राकृतिक गैस पाइपलाइन (MNJPL) के साथ प्लान की गई है, जो अनुकूल तकनीकी-आर्थिक व्यवहार्यता पर आधारित होगी। यह परियोजना राजनांदगांव जिले के बिजेतला क्षेत्र में 400 एकड़ से अधिक भूमि पर प्रस्तावित है, जबकि 100 एकड़ अतिरिक्त भूमि एक समर्पित टाउनशिप के लिए आरक्षित की गई है।परियोजना में भविष्य में मांग एवं अधोसंरचना की उपलब्धता के अनुरूप क्षमता विस्तार का भी प्रावधान रखा गया है।

परियोजना के संचालन में आने के पश्चात लगभग 3,500 प्रत्यक्ष रोजगार अवसर सृजित होने की संभावना है। इसके साथ ही संचालन, तकनीकी सेवाओं, लॉजिस्टिक्स, मेंटेनेंस तथा संबद्ध क्षेत्रों में कुशल मानव संसाधन की निरंतर मांग उत्पन्न होगी, जो राज्य के कौशल-एकीकृत औद्योगिकीकरण के दृष्टिकोण को और सशक्त करेगी।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा—“छत्तीसगढ़ का विकास मॉडल निवेश, रोजगार और कौशल को आपस में जोड़ने पर आधारित है। छत्तीसगढ़ स्किल टेक जैसे मंचों के माध्यम से हम निवेशकों के विश्वास को ज़मीनी स्तर पर परिणामों में बदल रहे हैं, ताकि राज्य में कुशल रोजगार के अवसर सृजित हों। इसके पीछे स्पष्ट नीतियाँ और प्रभावी क्रियान्वयन क्षमता हमारी ताकत है।”

विविध क्षेत्रों में निवेश रुचि से मजबूत हुआ कौशल पारिस्थितिकी तंत्र
गेल के अतिरिक्त, छत्तीसगढ़ स्किल टेक में परिधान एवं वस्त्र, फार्मास्यूटिकल्स, इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग, सोलर पैनल निर्माण तथा अन्य उभरते (सनराइज़) क्षेत्रों में भी निवेशकों की मजबूत रुचि देखने को मिली। ये सभी क्षेत्र राज्य की कौशल विकास प्राथमिकताओं एवं रोजगार सृजन लक्ष्यों के अनुरूप हैं।

कार्यक्रम के दौरान जशपुर में स्थापित आदित्य बिरला स्किल सेंटर को भी एक महत्वपूर्ण उद्योग-प्रेरित कौशल पहल के रूप में रेखांकित किया गया, जिसका उद्देश्य पारंपरिक एवं उभरते क्षेत्रों में कार्यबल की क्षमताओं को सुदृढ़ करना और आजीविका के अवसर बढ़ाना है।
छत्तीसगढ़ स्किल टेक राज्य में पहले से चल रहे निवेश गति को और आगे बढ़ाने वाला मंच सिद्ध हुआ है।

उल्लेखनीय है कि पिछले एक वर्ष में छत्तीसगढ़ को 200 से अधिक परियोजनाओं के माध्यम से 7.83 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं, जिनमें से लगभग 50 प्रतिशत परियोजनाएँ कार्यान्वयन चरण में प्रवेश कर चुकी हैं।

उल्लेखनीय है कि कार्यान्वयन में चल रही परियोजनाओं में से 58 प्रतिशत राज्य द्वारा चिन्हित प्राथमिक (थ्रस्ट) क्षेत्रों से संबंधित हैं। ये निवेश राज्य के 26 जिलों में फैले हुए हैं, जो क्षेत्रीय संतुलन एवं औद्योगिक विविधीकरण पर छत्तीसगढ़ सरकार के विशेष फोकस को दर्शाता है।

यह आयोजन छत्तीसगढ़ की उस उभरती पहचान को पुनः पुष्ट करता है, जहाँ औद्योगिक निवेश, कौशल विकास और समावेशी विकास एक-दूसरे के साथ समानांतर आगे बढ़ते हैं, ताकि आर्थिक प्रगति राज्य के युवाओं के लिए दीर्घकालिक और सार्थक आजीविका अवसरों में परिवर्तित हो सके।

ताप्ती के मायके को मिलेगा उसका असली नाम,मुलताई कहलाएगा मूलतापी

ताप्ती के मायके को मिलेगा उसका असली नाम,मुलताई कहलाएगा मूलतापी
मुलताई नहीं,अब इसे कहिए मूलतापी
मध्य प्रदेश सरकार ने ताप्ती नदी के उद्गम स्थल को उसकी प्राचीन पहचान लौटाने की दिशा में बड़ा फैसला किया है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मंगलवार को बैतूल जिले की मुलताई तहसील का नाम बदलकर ‘मूलतापी’ किए जाने की घोषणा की।

दरअसल,पौराणिक ग्रंथों और तत्कालीन सीपी–बरार इस्टेट गजेटियर में इस स्थान का नाम मूलतापी ही दर्ज है। कालांतर में अपभ्रंश और बोलचाल की भाषा में यह नाम बदलकर मुलताई हुआ और आगे चलकर यही नाम सरकारी दस्तावेजों का भी हिस्सा बन गया।

फिर चर्चा में ताप्ती का उद्गम स्थल
मुख्यमंत्री की घोषणा के बाद बैतूल जिले का यह तहसील मुख्यालय एक बार फिर चर्चा में आ गया है। सरकार के इस कदम को सांस्कृतिक विरासत,पौराणिक पहचान और ऐतिहासिक पुनर्स्थापन के रूप में देखा जा रहा है। नाम परिवर्तन की औपचारिक प्रक्रिया को लेकर प्रशासनिक स्तर पर तैयारी शुरू हो गई है।
ताप्ती के उद्गम ने दिया ‘मूलतापी’ नाम
बैतूल जिले में स्थित मूलतापी का विशेष महत्व इसलिए है, क्योंकि यही सूर्यपुत्री ताप्ती नदी का मूल उद्गम स्थल माना जाता है। मुलताई के उत्तर में स्थित सतपुड़ा पठार पर मौजूद जलकुंड से ताप्ती की धारा प्रवाहित होती है। यह क्षेत्र नारद टेकरी के नाम से भी जाना जाता है।

पौराणिक मान्यताओं के अनुसार, देवर्षि नारद ने यहीं कठोर तपस्या की थी। आज का नारद कुंड उसी स्थल की पहचान है। श्रीमद्भागवत और स्कंद पुराण में भी ताप्ती के इस उद्गम स्थल का उल्लेख मिलता है। इसी कारण इसे प्राचीन काल में मूलतापी कहा गया।

ताप्ती नदी का पौराणिक और धार्मिक महत्व
पुराणों के अनुसार ताप्ती,सूर्यदेव और छाया की पुत्री तथा शनिदेव की बहन हैं। उन्हें आदिगंगा भी कहा गया है। बैतूल जिले के भैंसदेही क्षेत्र से निकलने वाली पूर्णा नदी,ताप्ती की प्रमुख सहायक नदी है। पुराणों में पूर्णा को चंद्रदेव की पुत्री बताया गया है।
इस तरह सूर्य और चंद्र की पुत्रियों का यह संगम भारतीय धार्मिक परंपरा में अद्भुत माना गया है। ताप्ती भी नर्मदा की तरह पश्चिम की ओर बहने वाली नदी है,हालांकि दोनों नदियाँ आपस में कहीं नहीं मिलतीं।

गजेटियर में दर्ज है ‘मूलतापी’ नाम
बैतूल कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी के अनुसार, तत्कालीन बरार इस्टेट गजेटियर में इस क्षेत्र का नाम मूलतापी ही दर्ज है। मराठा और ब्रिटिश शासनकाल में भी यही नाम प्रचलन में था। उस दौर में मूलतापी प्रशासनिक और सांस्कृतिक गतिविधियों का महत्वपूर्ण केंद्र रहा।

ताप्ती को बांधना किसी के बस में नहीं
ताप्ती नदी के प्राकृतिक स्वरूप को लेकर मान्यता है कि इसे अब तक कोई स्थायी रूप से बांध नहीं सका। इसके जल संग्रह के लिए बनाए गए कई बांध टिक नहीं पाए। मुलताई के पास स्थित चंदोरा बांध इसका उदाहरण है,जिसे ताप्ती की जलधारा ने दो बार क्षतिग्रस्त किया।

नदी में कई ऐसे गहरे डोह हैं, जिनकी वास्तविक गहराई आज तक मापी नहीं जा सकी है। लगभग 724 किलोमीटर की यात्रा तय कर ताप्ती,खंभात की खाड़ी के रास्ते अरब सागर में समाहित होती है।

ताप्ती स्नान और कार्तिक मेला
पुराणों में ताप्ती का नाम स्मरण मात्र से पुण्य लाभ की बात कही गई है। भाई–बहन के साथ स्नान का विशेष महत्व माना जाता है। हर वर्ष कार्तिक अमावस्या पर ताप्ती तट पर विशाल मेला लगता है, जिसमें लाखों श्रद्धालु स्नान और दर्शन के लिए पहुंचते हैं।

निजी विवि के आगे मप्र उच्च शिक्षा विभाग बेबस

निजी विवि के आगे मप्र उच्च शिक्षा विभाग बेबस
मध्य प्रदेश में निजी विश्वविद्यालयों की मनमानी अब अपवाद नहीं,बल्कि चलन बनती जा रही है। सीहोर के वीआईटी विश्वविद्यालय में दूषित भोजन-पानी से छात्रा की मौत और हिंसा के बाद मप्र की जो देशव्यापी किरकिरी हुई,उससे सबक लेने के बजाय प्रदेश का पहला निजी विश्वविद्यालय महर्षि महेश योगी वैदिक विश्वविद्यालय भी उसी राह पर चलता दिख रहा है। जहां सरकारी पत्रों और निर्देशों को तवज्जो देना जरूरी नहीं समझा जाता।

वीआईटी के बाद दूसरी मिसाल
वीआईटी विश्वविद्यालय में छात्रा की मौत के बाद उपजे आक्रोश, आगजनी और हिंसा ने पूरे सिस्टम की पोल खोल दी थी। जांच, नोटिस और चेतावनियों के बावजूद विश्वविद्यालय प्रबंधन का रवैया जस का तस बना हुआ है। ठीक इसी अंदाज में महर्षि महेश योगी वैदिक विश्वविद्यालय भी राज्य शासन के नियंत्रण को ठेंगा दिखा रहा है।

दो साल में आधा दर्जन पत्र, जवाब शून्य
बढ़ती शिकायतों के बीच उच्च शिक्षा विभाग ने बीते दो वर्षों में विश्वविद्यालय प्रबंधन को कम से कम छह पत्र भेजे। हैरत की बात यह कि पहले पत्र का जवाब नहीं आया, तो रिमाइंडर भी भेजे गए, लेकिन विभाग को एक भी जवाब नसीब नहीं हुआ।

जवाब की आस में विभाग, बेबसी में अफसर
विश्वविद्यालय की इस खुली अवहेलना के बावजूद उच्च शिक्षा विभाग खामोश है। पत्रों की अनदेखी पर न तो कोई कार्रवाई,न ही कोई सख्त संदेश। मानो विभाग खुद को बेबस और असहाय मान चुका हो।

कुलाधिपति नियुक्ति पर भी टकराव
विश्वविद्यालय प्रबंधन ने गिरीश वर्मा को कुलाधिपति नियुक्त कर इसकी सूचना विभाग को दी। विभाग ने नियुक्ति को अमान्य बताते हुए तीन नामों की पैनल भेजने को कहा। गत 28 फरवरी को भेजे गए इस पत्र का आज तक कोई जवाब नहीं आया। उलटे विश्वविद्यालय अपने पहले फैसले पर अड़ा हुआ है।

सीएमओ के आदेश,जांच अधर में
25 नवंबर 2024 को कांग्रेस विधायक विवेक विक्की पटेल ने मुख्यमंत्री सचिवालय में विश्वविद्यालय के खिलाफ गंभीर शिकायत की। सीएमओ के अवर सचिव टी. इलैया राजा ने 15 दिन में जांच रिपोर्ट देने के निर्देश दिए। खानापूर्ति के तौर पर जबलपुर की तत्कालीन संयुक्त संचालक डॉ. संतोष जाटव से 7 दिन में रिपोर्ट मांगी गई,लेकिन आज तक सीएमओ को रिपोर्ट नहीं मिली।

जाटव यह तक स्पष्ट नहीं कर सकीं कि जांच हुई भी या नहीं। उन्होंने कहा कि मैं सेवानिवृत हो चुकी हूं। शिकायत शाखा से पूछ कर बताती हूं,लेकिन उनका कॉल नहीं आया।

विधानसभा में भी नहीं दे पाए जवाब
विधानसभा के पिछले सत्र में लिखित सवाल के जवाब में विभागीय मंत्री इंदर सिंह परमार ने भी स्वीकार किया कि जांच रिपोर्ट नहीं मिली है।
चौंकाने वाली बात यह रही कि मंत्री भी यह नहीं बता सके कि जांच कब तक पूरी होगी।

आरोपी से ही कराई जांच!
12 अगस्त को विश्वविद्यालय प्रबंधन के खिलाफ एक और गंभीर शिकायत विभाग को मिली। करीब 17 दिन बाद, 29 अगस्त को विभाग ने शिकायत की जांच के लिए खुद विश्वविद्यालय के कुलसचिव को ही पत्र लिख दिया और 7 दिन में रिपोर्ट मांगी। नतीजा वही—कोई जवाब नहीं।

उच्चस्तरीय जांच पर भी ब्रेक
सूत्रों के मुताबिक,एक अन्य शिकायत पर विभाग ने उच्चस्तरीय जांच की अनुमति मांगी। फाइल मंत्री के पास गई,लेकिन न अनुमति मिली,न नस्ती वापस आई

विभागीय अवर सचिव का बेबस बयान
पत्र लिखने वाले अवर सचिव वीरेन सिंह भलावी ने स्वीकार किया,कि विवि से उन्हें उनके पत्रों के जवाब नहीं मिल रहे हैं। इस पर विभागीय एक्शन को लेकर वह सिर्फ इतना कह सके—अब क्या बताएं?

विवि कुलगुरु का दावा,दिए गए सभी जवाब
इन तमाम आरोपों के बीच विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रमोद वर्मा ने हैरानी जताई। उनका दावा है कि सरकार के हर पत्र का जवाब क्षेत्रीय अतिरिक्त संचालक कार्यालय के माध्यम से समय पर भेजा गया।
उनके अनुसार यह कहना कि पत्र अनुत्तरित हैं,अविश्वसनीय है। हालांकि सदन में आया मंत्री का जवाब उनके दावे को खारिज करता है।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की भाजपा के नवनियुक्त कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नबीन से सौजन्य मुलाकात

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की भाजपा के नवनियुक्त कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नबीन से सौजन्य मुलाकात
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोमवार को नई दिल्ली के बिहार निवास में नवनियुक्त कार्यकारी अध्यक्ष भाजपा नितिन नबीन से सौजन्य मुलाकात कर उनको बधाई दी।

मुलाकात के बाद डॉ. मोहन यादव ने बताया की नई पौध को प्रयास करके आगे लाना सच्चे अर्थों में लोकतंत्र है। उन्होंने कहा कि हमारा देश विश्व में सबसे युवा देश है और पूरे विश्व में भाजपा सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी है। सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी का कार्यकारी अध्यक्ष बनना सौभाग्य की बात है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश आगे बढ़ रहा है और प्रदेश भी कदम से कदम मिलाकर आगे बढ़ रहा है। यह सब बाबा महाकाल की कृपा है। मध्यप्रदेश गरीब महिलाओं और युवाओं के साथ हमेशा खड़ा है और आगे बढ़ रहा है।

महिला क्रिकेटर भी कमाएंगी मोटी रकम – BCCI

महिला क्रिकेटर भी कमाएंगी मोटी रकम – BCCI
क्रिसमस से पहले देश की महिला क्रिकेटरों को भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने बड़ा तोहफा दिया है। दरअसल, बीसीसीआई ने हालिया अपनी एपेक्स काउंसिल की बैठक में महिला घरेलू क्रिकेटरों की मैच फीस में बढ़ोतरी का ऐलान किया है।इस फैसले से महिला घरेलू खिलाड़ी पहले की तुलना में ढाई गुना तक ज्यादा कमाई कर सकेंगी। यह कदम भारत की पहली वनडे वर्ल्ड कप जीत के बाद उठाया गया है।

बीसीसीआई के नए घरेलू समान पे स्ट्रक्चर के मुताबिक, हर घरेलू वनडे और मल्टी-डे मैच के लिए महिला खिलाड़ियों को प्रति दिन 50 हजार रुपए मिलेंगे। यह मैच फीस प्लेइंग-11 में शामिल खिलाड़ियों पर लागू होगी। इससे पहले सीनियर महिला खिलाड़ियों को प्रति दिन 20 हजार रुपए मैच फीस मिलती थी।

हालांकि, बीसीसीआई के इस निर्णय का लाभ केवल प्लेइंग-11 में शामिल खिलाड़ियों तक सीमित नहीं होगा, बल्कि रिजर्व के तौर पर चुनी गई खिलाड़ियों की मैच फीस में भी इजाफा किया गया है। अब सीनियर रिजर्व खिलाड़ियों की प्रतिदिन की मैच फीस 10 हजार रुपए से बढ़ाकर 20 हजार रुपए कर दी गई है। वहीं, नेशनल टी-20 टूर्नामेंट में प्लेइंग-11 में शामिल खिलाड़ियों को प्रति मैच 25,000 रुपए मिलेंगे, जबकि रिजर्व खिलाड़ियों को 12,500 रुपए दिए जाएंगे।

महाराष्ट्र के बाद अरुणाचल प्रदेश में भी बीजेपी की बंपर जीत

महाराष्ट्र के बाद अरुणाचल प्रदेश में भी बीजेपी की बंपर जीत
भारतीय जनता पार्टी के लिए रविवार का दिन शानदार जीतों के नाम रहा। महाराष्ट्र के बाद भारतीय जनता पार्टी ने पूर्वोत्तर राज्य में भी पंबर जीत हासिल की है।

दरअसल, महाराष्ट्र के बाद अरुणाचल प्रदेश में जिला परिषद चुनावों में भी भारतीय जनता पार्टी ने शानदार जीत हासिल की है। राज्य चुनाव आयोग की ओर से रविवार शाम घोषित अंतिम परिणामों के अनुसार, भाजपा ने जिला परिषद सदस्य की 245 सीटों में से 170 पर जीत दर्ज की, जबकि ग्राम पंचायत सदस्य की 8,208 सीटों में से 6,085 सीटें पार्टी के खाते में गईं।

जिला परिषद स्तर पर भाजपा की 170 जीत में 59 सीटें निर्विरोध रहीं, जिससे जिला स्तर पर पार्टी की मजबूत स्थिति स्पष्ट होती है। जिला परिषद चुनाव में पीपुल्स पार्टी ऑफ अरुणाचल 28 सीटों के साथ दूसरी सबसे बड़ी पार्टी बनी, जबकि कांग्रेस को सात सीटें मिलीं। वहीं, नेशनल पीपुल्स पार्टी ने पांच सीटें जीतीं, जिनमें एक निर्विरोध रही। इसके अलावा 23 सीटें निर्दलीय और अन्य उम्मीदवारों के खाते में गईं।

poshan-tracker-pmmvy-grievance-redressal-2026

POSHAN Tracker और PMMVY की शिकायतों का होगा निपटारा, 30 अक्टूबर को देशभर में...

0
नई दिल्ली | 30 अक्टूबर 2026 | सामाजिक कल्याण समाचार केंद्र सरकार ने गर्भवती महिलाओं, स्तनपान कराने वाली माताओं और पोषण सेवाओं के लाभार्थियों की...
anath-bachchon-ke-liye-sarkari-yojana-2026

अनाथ बच्चों के लिए सरकार की खास योजनाएँ, पढ़ाई से लेकर आर्थिक सहायता तक

0
नई दिल्ली | सरकारी योजना समाचार देश में ऐसे कई बच्चे हैं, जिन्होंने अपने माता-पिता को खो दिया है या जिनके पास देखभाल करने वाला...
Government welfare schemes have improved the living standards of 22 crore people

सरकारी कल्याण योजनाओं से 22 करोड़ लोगों के जीवन स्तर में सुधार, MoSPI के...

0
नई दिल्ली। भारत में सरकारी सामाजिक कल्याण योजनाओं के माध्यम से गरीब और जरूरतमंद परिवारों को मिलने वाली मुफ्त या रियायती वस्तुओं से उनके...

भोपाल AIIMS में अंगदान से 3 लोगों को नई जिंदगी की उम्मीद, शिवानी को...

0
भोपाल/नर्मदापुरम। अपनों को खोने का दर्द कितना गहरा होता है, यह उस परिवार से बेहतर कौन समझ सकता है, जिसने सड़क हादसे में अपनी...
social welfare 2026

₹53,428 करोड़ की सामाजिक सहायता योजना मंजूर, दिव्यांग पेंशन के नियमों में बदलाव

0
नई दिल्ली, 16 अक्टूबर। केंद्र सरकार ने राष्ट्रीय सामाजिक सहायता कार्यक्रम (NSAP) को अगले पांच वर्षों तक जारी रखने के लिए ₹53,428 करोड़ की...