रोहित-विराट ने इस साल वनडे में जड़ दिए सबसे ज्यादा शतक

रोहित-विराट ने इस साल वनडे में जड़ दिए सबसे ज्यादा शतक
साल 2025 में भारत का वनडे में प्रदर्शन काफी हद तक अच्छा रहा है। साल की शुरुआत में भारत ने इंग्लैंड को 3-0 से हराया था। फिर चैंपियंस ट्रॉफी में भी बिना कोई मैच गंवाए लगातार पांच जीत के साथ चैंपियन बना। इस तरह भारत ने साल की शुरुआत में लगातार 8 मुकाबले जीते थे। चैंपियंस ट्रॉफी के बाद खेले गए 6 मैच में से भारत 3 मैच गंवा चुका है। इस तरह भारत ने इस साल खेले गए 14 में से 11 मुकाबले जीते हैं।

इस प्रदर्शन के बावजूद अगर हम भारत के लिए वनडे में इस साल के शतकों की बात करें तो कुल 9 ही शतक लगे हैं। शतकवीरों की बात की जाए तो उनमें सिर्फ पांच नाम ही सामने आते हैं। इनमें भी चौथा और पांचवां नाम तो ऐसा है, जिन्हें वनडे टीम में बहुत ही कम मौके मिले हैं। ऋतुराज गायकवाड़ की साउथ अफ्रीका के खिलाफ वनडे सीरीज में दो साल बाद भारतीय टीम में वापसी हुई है। वहीं यशस्वी जायसवाल ने करियर में सिर्फ 4 वनडे मैच खेले हैं।

सबसे ज्यादा शतक रोहित-विराट के नाम
टेस्ट और टी20 से संन्यास ले चुके दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली और रोहित शर्मा के वनडे से भी संन्यास की अटकलें लगाई जा रही थी। लेकिन इस साल भारत के लिए लगे 9 शतकों में से 5 तो केवल इन दोनों बल्लेबाजों ने ही लगाए हैं। विराट ने इस साल 3 और रोहित ने 2 शतक जड़े हैं। इनके अलावा युवा बल्लेबाज शुभमन गिल ने भी 2 शतक लगाए हैं। साउथ अफ्रीका के खिलाफ वनडे सीरीज से भारतीय टीम में वापसी कर रहे बल्लेबाज ऋतुराज गायकवाड़ ने इस साल के अपने दूसरे ही मैच में शतक जड़ दिया। सीरीज के आखिरी वनडे मैच में यशस्वी जायसवाल ने भी शतक जड़कर इस सूची में अपना नाम शामिल कर लिया।

अर्द्धशतकों के मामले में भी दिग्गज रहे आगे
भारत के लिए साल 2025 में 6 बल्लेबाजों ने अर्द्धशतक लगाए हैं। सबसे ज्यादा अर्द्धशतक लगाने के मामले में भी विराट कोहली और रोहित शर्मा सूची में क्रमश: दूसरे और तीसरे स्थान पर हैं। दोनों ने इस साल 4-4 अर्द्धशतक लगाए हैं। सूची में पहले स्थान पर श्रेयस अय्यर हैं, जिन्होंने इस साल 11 मैच की 10 पारियों में 5 अर्द्धशतक लगाए हैं। शुभमन गिल और केएल राहुल 11 पारियों में 2-2 अर्द्धशतक लगा चुके हैं। वहीं एक अर्द्धशतक अक्षर पटेल ने भी जड़ा है। इस साल में वनडे में रोहित शर्मा और विराट कोहली ने ही भारत के लिए सबसे ज्यादा रन बनाए हैं। कोहली ने 13 पारियों में 65.10 की औसत से 651 रन बनाए, वहीं पूर्व कप्तान रोहित ने 14 पारियों में 50 की औसत से 650 रन बनाए।

भाजपा-शिवसेना साथ लड़ेगी नगर निगम चुनाव

भाजपा-शिवसेना साथ लड़ेगी नगर निगम चुनाव
महाराष्ट्र में नगर परिषद और नगर पंचायत चुनावों के दौरान एक महीने से अधिक समय तक चले संघर्ष के बाद बीजेपी (BJP) और एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना ने आखिरकार मतभेद भुलाकर एक साथ चुनाव लड़ने का फैसला किया है। आगामी नगर निगम चुनाव, जिसमें हाई-प्रोफाइल बृहन्मुंबई नगर निगम (BMC) और ठाणे नगर निगम के चुनाव भी शामिल हैं, अब महायुति (Mahayuti) गठबंधन मिलकर लड़ेगा।

मिली जानकारी के मुताबिक, सोमवार देर रात मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के बीच बंद कमरे में डेढ़ घंटे तक बैठक चली। शिवसेना सूत्रों ने बताया कि दोनों नेताओं में चर्चा सकारात्मक रही। दोनों दल मुंबई और ठाणे सहित पूरे महाराष्ट्र में होने वाले नगर निगम चुनाव महायुति के रूप में साथ लड़ने पर सहमत हुए हैं। फडणवीस और शिंदे के अलावा बैठक में मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष रविंद्र चव्हाण भी मौजूद थे।

हालांकि, सीट-शेयरिंग, वार्ड-स्तर के समन्वय और प्रचार अभियान को अंतिम रूप देने के लिए स्थानीय स्तर की चर्चाएं अगले दो से तीन दिनों में शुरू होने की उम्मीद है।

दल-बदल पर भी लगाम
बैठक में एक महत्वपूर्ण संगठनात्मक निर्णय भी लिया गया। गठबंधन में आंतरिक विवाद को रोकने के लिए यह तय किया गया है कि भाजपा और शिवसेना के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को एक-दूसरे की पार्टी में दल-बदल करने की अनुमति नहीं दी जाएगी।

यह कदम हाल ही में हुए नगर परिषद और नगर पंचायत चुनावों के दौरान सामने आए आंतरिक टकराव और एक-दूसरे पर सेंधमारी के आरोपों को रोकने के उद्देश्य से उठाया गया है।

ग्राउंड लेवल पर दिखी फूट
हाल के स्थानीय निकाय चुनावों में साफ दिखाई दिया कि सत्तारूढ़ गठबंधन के भीतर मनमुटाव कितना गहरा है। कई नगर परिषदों और नगर पंचायतों में बीजेपी और शिवसेना शिंदे गुट के उम्मीदवारों में सीधी टक्कर हुई। पूरे चुनाव अभियान में आरोपों की गूंज और कार्यकर्ताओं के बीच हुई झड़पों ने भाजपा-शिवसेना के संबंधों को तनावपूर्ण कर दिया था। जिससे मतदाताओं में भी महायुति की एकता को लेकर भ्रम पैदा हो गया था।

हालांकि शीर्ष नेताओं ने इसे ‘दोस्ताना मुकाबला’ बताया था और कहा था कि ये स्थानीय चुनाव लोकल कार्यकर्ताओं के होते हैं, इसलिए इससे महायुति की एकता पर कोई फर्क नहीं पड़ता।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने शूटर ऐश्वर्य प्रताप को वर्ल्ड कप-2025 में रजत पदक जीतने पर दी बधाई

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने शूटर ऐश्वर्य प्रताप को वर्ल्ड कप-2025 में रजत पदक जीतने पर दी बधाई
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने खरगोन निवासी अंतर्राष्ट्रीय शूटर ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर को दोहा (कतर) में आयोजित आईएसएसएफ विश्व कप फाइनल -2025 में रजत पदक जीतने पर बधाई दी है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश के गौरव ऐश्वर्य प्रताप सिंह ने 50 मीटर रायफल 3 पोजिशन -पुरूष इवेंट में पदक जीत कर प्रदेश एवं देश का नाम रोशन किया है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने तोमर के उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव के समक्ष बालाघाट में 10 इनामी नक्सलियों ने किया समर्पण

मुख्यमंत्री डॉ. यादव के समक्ष बालाघाट में 10 इनामी नक्सलियों ने किया समर्पण
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में नक्सलवाद के सफ़ाये की दिशा में एक बड़ी सफलता मिली है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव के समक्ष बालाघाट में रविवार को 10 नक्सलियों ने आत्म समर्पण किया, जिनमें 4 महिला नक्सली भी शामिल हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने उन्हें संविधान की प्रति प्रदान कर मुख्यधारा से जोड़ा। आत्म समर्पण करने वाले नक्सलियों ने अपने हथियार मुख्यमंत्री को सौंपे।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह द्वारा निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप सरकार तक मध्यप्रदेश को नक्सल मुक्त करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि एक भी व्यक्ति को हथियार उठाने की अनुमति नहीं है। मुख्यमंत्री ने नक्सलियों से आह्वान किया कि वे सरकार की पुनर्वास नीति अपनाएं। सरकार उनके जीवन को सुरक्षित करने, विकास सुनिश्चित करने और उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए हर संभव प्रयास करेगी।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने अधिकारियों और जवानों की हौसला अफजाई करते हुए कहा कि एंटी नक्सल अभियान को लगातार सशक्त और सुदृढ़ किया जा रहा है। प्रदेश में 15 नवीन अस्थायी कैंप और विशेष सहयोगी दस्ता के 882 पद स्वीकृत किए गए हैं। सतत निगरानी, सघन जांच और कार्रवाइयों से प्रदेश में नक्सली दायरा तेज़ी से घटा है। उन्होंने कहा कि पुनर्वास के लिए नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में पिछले वर्ष 46 एकल सुविधा केंद्र खोले गए। इन केंद्रों के माध्यम से रोजगार, वन अधिकार पत्र और अन्य आवश्यक सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने शहीद आशीष शर्मा की वीरता को नमन करते हुए कहा कि कर्तव्यपथ में उत्कृष्टता से कार्य करने वाले 328 हॉक फोर्स सहित पुलिस अधिकारियों को आउट ऑफ टर्न प्रमोशन दिया गया है। उन्होंने कहा कि जो कानून की राह अपनाते हैं, उनकी पुनर्वास की चिंता सरकार की है।

डीजीपी कैलाश मकवाना ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव के नेतृत्व में एंटी नक्सल अभियान को सशक्त किया गया है। नए कैंप स्थापित किए गए हैं, हॉक फोर्स और पुलिस बल में वृद्धि की गई है। साथ ही अधिकारियों और जवानों को सतत प्रोत्साहन दिया जा रहा है। इन कार्रवाइयों के सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं। मध्यप्रदेश सहित अन्य राज्यों में भी नक्सल समर्पण लगातार बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि रोजगार और स्किल डेवलपमेंट के प्रयासों से नक्सल प्रभावित क्षेत्रों के युवाओं और नागरिकों को मुख्यधारा से जोड़ने की दिशा में उल्लेखनीय प्रगति हुई है। मध्यप्रदेश पुलिस निर्धारित समय-सीमा में नक्सल मुक्ति के लिए प्रतिबद्ध है। कार्यक्रम में परिवहन एवं स्कूल शिक्षा और बालाघाट के प्रभारी मंत्री उदय प्रताप सिंह, पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी और जवान उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री ने सैनिक कल्याण के लिए क्यूआर कोड से 11 हजार रुपये किए भेंट

मुख्यमंत्री ने सैनिक कल्याण के लिए क्यूआर कोड से 11 हजार रुपये किए भेंट
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सशस्त्र सेना झंडा दिवस पर सभी को हार्दिक बधाई दी हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा है कि यह दिन सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर सैनिकों को श्रद्धांजलि देने के साथ सेना कल्याण कोष में योगदान के लिए हम सभी को प्रेरित करता है। उन्होंने क्यूआर कोड से सैनिक कल्याण के लिए ऑनलाइन प्रक्रिया से 11 हजार रुपये की राशि भेंट की। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सभी से आह्वान किया कि शहीद सैनिकों के परिवारों और शारीरिक रूप से अक्षम सैनिकों के कल्याण के लिए अपना सहयोग दें।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव को सशस्त्र सेना झंडा दिवस पर मुख्यंमत्री निवास में ब्रिगेडियर अरुण नायर सेना मेडल (से.नि) और संचालक, सैनिक कल्याण बोर्ड ने झंडा लगाकर स्मृति चिन्ह (मोमेन्टो) भेंट किया। सैनिक कल्याण बोर्ड के आर.एन. सिंह तोमर, ग्रीश चंद्र यादव, शैलेश कुमार चौकसे, संजय भील और जसवीर सिंह भी उपस्थित रहे।

शिक्षा ही सामाजिक विकास का मूलमंत्र : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय

शिक्षा ही सामाजिक विकास का मूलमंत्र : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि राज्य सरकार प्रारंभ से ही शिक्षा के स्तर को उन्नत करने के लिए निरंतर प्रयासरत है। राज्य गठन के समय जहाँ मात्र एक मेडिकल कॉलेज था, वहीं आज प्रदेश में लगभग 15 मेडिकल कॉलेज संचालित हो रहे हैं। इसी प्रकार, छत्तीसगढ़ में आईआईटी, ट्रिपल-आईटी, आईआईएम, लॉ यूनिवर्सिटी, एम्स, सिपेट जैसे राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर के प्रतिष्ठित संस्थानों की स्थापना से स्थानीय युवाओं को बड़े अवसर प्राप्त हुए हैं।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि समाज को मजबूत और संगठित होना समय की आवश्यकता है, क्योंकि संगठित समाज ही राष्ट्र निर्माण में निर्णायक भूमिका निभाता है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के मूलमंत्र — “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” — का उल्लेख करते हुए कहा कि इन्हीं मार्गदर्शक सिद्धांतों के अनुसार राज्य सरकार 23 महीनों से सभी वर्गों के हित में काम कर रही है।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रदेश सरकार ने हाल के महीनों में अनेक महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं जिसमें अन्नदाताओं के लिए कृषक उन्नति योजना, प्रत्येक परिवार को पक्का मकान देने हेतु प्रधानमंत्री आवास योजना, माताओं और बहनों को आर्थिक सुरक्षा प्रदान करने वाली महतारी वंदन योजना, दूरस्थ अंचलों में शिक्षकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने हेतु शिक्षक युक्तियुक्तकरण जैसे कदम शामिल हैं।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि अब तक विभिन्न विभागों में 10 हजार से अधिक युवाओं को नियुक्ति पत्र प्रदान किए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग की परीक्षाएं पूर्ण निष्पक्षता के साथ संपन्न कराई गई हैं, जिससे युवाओं में नया विश्वास उत्पन्न हुआ है। उन्होंने यह भी कहा कि वर्तमान परिदृश्य को ध्यान में रखते हुए राज्य सरकार ने नई उद्योग नीति लागू की है, जिससे स्थानीय लोगों को अधिक अवसर, रोज़गार और स्वरोजगार प्राप्त हो सकेगा।

मुख्यमंत्री साय ने समाज के लोगों से आग्रह किया कि वे अधिकाधिक संख्या में शासन की योजनाओं का लाभ लेकर अपने जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाएँ। कार्यक्रम को छत्तीसगढ़ चर्म शिल्पकार विकास बोर्ड के अध्यक्ष ध्रुव कुमार मिर्धा ने भी संबोधित किया और नव-निर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई दी।

इस अवसर पर सर्व रविदास समाज छत्तीसगढ़ के प्रदेश अध्यक्ष विजय मेहरा, रायपुर संभाग आयुक्त हादेव कांवरे, दिलीप वासनीकर सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।

राष्ट्र की सुरक्षा में निरंतर तैनात हमारे सैन्य जवानों का योगदान अतुलनीय : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय

राष्ट्र की सुरक्षा में निरंतर तैनात हमारे सैन्य जवानों का योगदान अतुलनीय : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से आज राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में छत्तीसगढ़ राज्य सैनिक कल्याण बोर्ड के सचिव ब्रिगेडियर विवेक शर्मा ने सौजन्य भेंट की। इस अवसर पर उन्होंने मुख्यमंत्री साय को सशस्त्र सेना झंडा दिवस के प्रतीक स्वरूप सम्मान बैज लगाया तथा संचालनालय सैनिक कल्याण द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी गतिविधियों एवं योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि “सशस्त्र सेना झंडा दिवस हमारे वीर सैनिकों और उनके परिवारों के त्याग, साहस और राष्ट्रसमर्पण के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का पावन अवसर है। देश की सुरक्षा में निरंतर तैनात हमारे जवानों का योगदान अतुलनीय है।” उन्होंने आगे कहा कि इस दिवस का संदेश है कि राष्ट्र की रक्षा में लगे हमारे जवानों और शहीद परिवारों के प्रति हम सभी अपनी जिम्मेदारी समझें और उनके कल्याण हेतु सहयोग की भावना से आगे आएं।

मुख्यमंत्री ने सशस्त्र सेना झंडा दिवस के अवसर पर सैनिकों एवं उनके परिवारों के कल्याण हेतु अपनी ओर से अंशदान भी प्रदान किया।
इस अवसर पर सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते तथा पद्मश्री उषा बारले भी उपस्थित थीं।

दिसंबर में मंगल-सूर्य की युति से बनेगा ‘आदित्य मंगल राजयोग’

दिसंबर में मंगल-सूर्य की युति से बनेगा ‘आदित्य मंगल राजयोग’
मंगल ग्रह 7 दिसंबर 2025 की रात 08:27 बजे से धनु राशि में गोचर करने लगेगा। तो वहीं सूर्य देव 16 दिसंबर को इस राशि में प्रवेश करेंगे। ऐसे में मंगल और सूर्य की युति से आदित्य मंगल राजयोग बनेगा। ज्योतिष में इस योग को बेहद शक्तिशाली योग माना गया है। कहते हैं जिसकी कुंडली में ये योग बनता है वो व्यक्ति जीवन में अपार सफलता हासिल करता है। धनु राशि में ये योग 16 दिसंबर 2025 से लेकर 14 जनवरी 2026 तक बना रहेगा।

मिथुन राशि: आदित्य मंगल राजयोग खूब देगा लाभ
मंगल-सूर्य की युति से बनने वाला राजयोग आपकी किस्मत चमका देगा। जो भी काम आपके रूके हुए थे वो पूरे होंगे। आर्थिक स्थिति पहले से मजबूत हो जाएगी। अगर आप किसी वस्तु को पाने की इच्छा रखते हैं, तो वो आपको अवश्य मिलेगी। विदेश से नौकरी के ऑफर आ सकते हैं। बिजनेस में तगड़ा मुनाफा कमाएंगे।

सिंह राशि: करियर में मिलेगी शानदार सफलता
सिंह राशि वालों के लिए ये राजयोग किसी वरदान से कम साबित नहीं होगा। आपके जीवन के सारे कष्ट दूर हो जाएंगे। जिस भी काम में हाथ डालेंगे सफलता मिलेगी। नौकरी वालों को सुखद समाचार सुनने को मिलेंगे। धन-धान्य की कोई कमी नहीं रहेगी। कई माध्यमों से धन की प्राप्ति के आसार हैं।

वृश्चिक राशि: शुभ समाचार सुनने को मिल सकते हैं
वृश्चिक राशि वालों के लिए भी आदित्य मंगल राजयोग लाभकारी साबित होगा। आप इस दौरान अच्छा पैसा कमाएंगे। इतना ही नहीं आपक धन की बचत करने में भी सफल रहेंगे। माता-पिता का किसी काम में बड़ा सहयोग प्राप्त होगा। इस दौरान आप संपत्ति की खरीदारी कर सकते हैं। कोई बड़ा सपना साकार होने वाला है।

मीन राशि: धन-धान्य में होगी जबरदस्त वृद्धि
मीन राशि वालों को किसी काम में बड़ी सफलता मिलेगी। धन-धान्य में अच्छी खासी वृद्धि होगी। यात्रा में अच्छा लाभ कमाने में सफल रहेंगे। संपत्ति या वाहन की खरीदारी के योग हैं। प्रमोशन के प्रबल आसार हैं।

धुरंधर के आगे दुम दबाकर भागी फिल्में

धुरंधर के आगे दुम दबाकर भागी फिल्में
रणवीर सिंह की स्पाई थ्रिलर फिल्म बॉक्स ऑफिस की असली ‘धुरंधर’ निकली। घरेलू बॉक्स ऑफिस पर 28 करोड़ से ओपनिंग करने वाली ‘धुरंधर’ ने रिलीज के साथ ही सलमान खान से लेकर आमिर खान और राम चरण की फिल्म सहित कई फिल्मों को महज 2 दिन के कलेक्शन से ही मात दे दी है और उनके रिकॉर्ड को ब्रेक कर दिया है। 2 दिन में इंडिया में 61 करोड़ का नेट कलेक्शन करके धुरंधर ने किन फिल्मों का काम तमाम किया

सैयारा
‘धुरंधर’ के सामने दुम दबाकर भागने वाली फिल्मों में सबसे पहला नाम अहान पांडे और अनीत पड्डा की फिल्म ‘सैयारा’ है, जो छावा के बाद साल 2025 की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली बॉलीवुड फिल्म थी। इस फिल्म की घरेलू बॉक्स ऑफिस पर ओपनिंग 21 करोड़ से हुई थी और दो दिन में मूवी के खाते में 45-46 करोड़ के आसपास कमाए थे, लेकिन धुरंधर ने इस मूवी से अधिक 61 करोड़ का बिजनेस करके इसका रिकॉर्ड तोड़ दिया है।

तेरे इश्क में
धुरंधर से 1 हफ्ते पहले ही थिएटर्स में आई कृति सेनन और धनुष की रोमांटिक थ्रिलर फिल्म से दर्शकों को काफी उम्मीदें थी। हालांकि, उन उम्मीदों पर पानी तब फिर जब मूवी ने बॉक्स ऑफिस पर केवल 16 करोड़ की ओपनिंग ली। दो दिन में मूवी महज 33 करोड़ कमा पाई। जितना तेरे इश्क में ने 2 दिन में कमाए, उतना कलेक्शन धुरंधर ने 33 करोड़ का एक दिन में कर लिया।

एक दीवाने की दीवानियत
थामा के साथ बॉक्स ऑफिस पर दीवाली के मौके पर टक्कर लेने वाली फिल्म ‘एक दीवाने की दीवानियत’ भी धुरंधर के कदमों तले रौंदी गई। क्योंकि इस फिल्म ने 2 दिन में 16.75 करोड़ ही कमाए थे। हालांकि, जैसे तैसे फिल्म लाइफटाइम इंडिया में नेट कलेक्शन 78.99 करोड़ कर पाई।

दे दे प्यार दे 2
धुरंधर ने धनुष के साथ-साथ अजय देवगन की फिल्म ‘दे दे प्यार दे-2’ के सीक्वल की आते ही बॉक्स ऑफिस पर बैंड बजा दी। रोमांटिक ड्रामा फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर 23 दिनों में 73.26 करोड़ कमाए हैं, जबकि दो दिन में फिल्म ने 21 करोड़ ही कमाए थे। धुरंधर के आने के बाद तो मूवी का कलेक्शन लाखों में गिर गया है।

थामा
इस साल की दीवाली की सबसे बड़ी रिलीज रश्मिका मंदाना और आयुष्मान खुराना की फिल्म ‘थामा’ थी, लेकिन ‘धुरंधर’ ने इस फिल्म पर भी तरस नहीं खाया और मूवी ने दो दिन में 42 करोड़ कमाने वाली फिल्म का भी बॉक्स ऑफिस पर रिकॉर्ड ब्रेक कर दिया।

2025 में Google पर सबसे ज्यादा सर्च की गई ये ब्लॉकबस्टर फिल्म

2025 में Google पर सबसे ज्यादा सर्च की गई ये ब्लॉकबस्टर फिल्म
गूगल हर साल एक लिस्ट जारी करता है, जिसमें बताता है कि इस साल किसे सबसे ज्यादा सर्च किया गया। इस साल भारत में सबसे ज्यादा सर्च की गई एक ऐसी फिल्म का नाम सामने आया है जिसने बॉक्स ऑफिस पर चौंकाने वाले कलेक्शन किए थे।

जिस बॉलीवुड फिल्म को 2025 में गूगल पर सबसे ज्यादा सर्च किया गया है, किसी को उम्मीद नहीं थी कि वह इतनी बड़ी हिट होगी। फिल्म के गाने, स्टार्स की परफॉर्मेंस और कहानी… दर्शकों को खूब पसंद आई थी। कमाई के मामले में इस फिल्म ने कइयों के रिकॉर्ड्स भी तोड़ दिए थे और साल की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्मों की लिस्ट में शुमार हो गई थी।

गूगल पर सबसे ज्यादा सर्च हुई फिल्म
हैरान करने वाली बात यह थी कि यह दो डेब्यूडेंट से सजी फिल्म थी। किसी डेब्यूडेंट स्टार्स की फिल्म के लिए इतना क्रेज देख हर कोई हैरान रह गया। हम जिस फिल्म की बात कर रहे हैं, वो सैयारा है। जी हां, 2025 में भारत में जिस फिल्म को सबसे ज्यादा गूगल पर सर्च किया गया, वो सैयारा है।

बॉक्स ऑफिस पर फिल्म ने किया जबरदस्त कलेक्शन
सैयारा इस साल की दूसरी सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म है। इस फिल्म ने न केवल भारत बल्कि विदेशों में भी खूब कमाया। बॉलीवुड हंगामा के मुताबिक, मोहित सूरी के निर्देशन में बनी सैयारा ने घरेलू बॉक्स ऑफिस पर 337 करोड़ रुपये के ऊपर कारोबार किया था। वहीं, दुनियाभर में फिल्म का कलेक्शन 579.23 करोड़ रुपये था। यह दूसरी सबसे ज्यादा कमाई वाली फिल्म थी, जबकि पहले पायदान पर छावा थी।

क्यों चर्चा में रही सैयारा?
सैयारा जब रिलीज हुई तो किसी को नहीं पता था कि फिल्म को लेकर इतना बज बन जाएगा। इसे GenZ की हार्टब्रेक मूवी कहा जाने लगा। सोशल मीडिया पर कुछ ऐसे वीडियोज सामने आए जिसमें दिखा कि सैयारा देख लोग रो रहें। हालांकि, कई लोगों ने दावा किया कि मेकर्स का ये प्रमोशनल स्टंट था। खैर, जो भी हो, फिल्म खूब चर्चा में रही और बजट से ज्यादा कमाया।

इस फिल्म से अनीत पड्डा और अहान पांडे ने डेब्यू किया था। उनकी केमिस्ट्री काफी पसंद की गई और उनके परफॉर्मेंस की भी खूब तारीफ हुई। यह फिल्म ओटीटी प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स पर मौजूद है।

poshan-tracker-pmmvy-grievance-redressal-2026

POSHAN Tracker और PMMVY की शिकायतों का होगा निपटारा, 30 अक्टूबर को देशभर में...

0
नई दिल्ली | 30 अक्टूबर 2026 | सामाजिक कल्याण समाचार केंद्र सरकार ने गर्भवती महिलाओं, स्तनपान कराने वाली माताओं और पोषण सेवाओं के लाभार्थियों की...
anath-bachchon-ke-liye-sarkari-yojana-2026

अनाथ बच्चों के लिए सरकार की खास योजनाएँ, पढ़ाई से लेकर आर्थिक सहायता तक

0
नई दिल्ली | सरकारी योजना समाचार देश में ऐसे कई बच्चे हैं, जिन्होंने अपने माता-पिता को खो दिया है या जिनके पास देखभाल करने वाला...
Government welfare schemes have improved the living standards of 22 crore people

सरकारी कल्याण योजनाओं से 22 करोड़ लोगों के जीवन स्तर में सुधार, MoSPI के...

0
नई दिल्ली। भारत में सरकारी सामाजिक कल्याण योजनाओं के माध्यम से गरीब और जरूरतमंद परिवारों को मिलने वाली मुफ्त या रियायती वस्तुओं से उनके...

भोपाल AIIMS में अंगदान से 3 लोगों को नई जिंदगी की उम्मीद, शिवानी को...

0
भोपाल/नर्मदापुरम। अपनों को खोने का दर्द कितना गहरा होता है, यह उस परिवार से बेहतर कौन समझ सकता है, जिसने सड़क हादसे में अपनी...
social welfare 2026

₹53,428 करोड़ की सामाजिक सहायता योजना मंजूर, दिव्यांग पेंशन के नियमों में बदलाव

0
नई दिल्ली, 16 अक्टूबर। केंद्र सरकार ने राष्ट्रीय सामाजिक सहायता कार्यक्रम (NSAP) को अगले पांच वर्षों तक जारी रखने के लिए ₹53,428 करोड़ की...