गोवा के एक मशहूर नाइटक्लब में ‘बॉलीवुड बैंगर नाइट’ के दौरान आग लगने से 25 लोगों की मौत

गोवा के एक मशहूर नाइटक्लब में ‘बॉलीवुड बैंगर नाइट’ के दौरान आग लगने से 25 लोगों की मौत
गोवा के मशहूर नाइटक्लब ‘Birch By Romeo Lane’ में शनिवार रात एक बड़ी दुर्घटना हुई। क्लब के अंदर करीब 100 पर्यटक ‘बॉलीवुड बैंगर नाइट’ का मजा ले रहे थे, तभी अचानक डांस फ्लोर के पास आग भड़क उठी। कुछ ही मिनटों में पूरी जगह धुएं और आग की चपेट में आ गई।

एक वीडियो में दिखा कि एक डांसर स्टेज पर परफॉर्म कर रही थी, तभी उसके पीछे कंसोल पर आग लगी। स्टाफ शुरुआत में बस लैपटॉप हटाते दिखे और भीड़ को शुरुआती तौर पर स्थिति सामान्य लगी। लेकिन जैसे ही आग फैलने लगी, लोग घबराकर बाहर भागने लगे।

तेजी से फैल गई आग
जैसे-जैसे आग ऊपर की छत तक फैलती गई, संगीतकार और स्टाफ अपने-अपने स्थान छोड़कर सुरक्षित जगह की ओर निकलने लगे। कुछ पर्यटक बाहर निकल गए, लेकिन कई लोग नीचे बने किचन की ओर भागे और वहीं फंस गए। बाद में कई की मौत दम घुटने से हुई।

आग रात करीब 1 बजे लगी और जब तक फायर ब्रिगेड ने इसे बुझाया, तब तक 25 शव बरामद हुए। मृतकों में पर्यटक और क्लब कर्मचारी शामिल हैं। छह लोग घायल हैं और कई शवों की पहचान बाकी है।

संकरी गली और एक ही एंट्री-एग्जिट
आग बुझाने में सबसे बड़ी मुश्किल यह रही कि क्लब तक पहुंचने वाली गली बेहद संकरी थी। फायर ब्रिगेड की गाड़ियां क्लब तक पहुंच ही नहीं पाईं और उन्हें करीब 400 मीटर दूर रोकना पड़ा। इससे रेस्क्यू धीमा हुआ और नुकसान बढ़ गया। क्लब की एंट्री और एग्जिट भी बहुत संकरी थी। इससे लोग एक साथ बाहर नहीं निकल पाए और अंदर धुआं भरते ही कई लोगों का दम घुट गया।

गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने कहा कि यह बेहद दुखद दिन है। प्राथमिक जांच में पता चला है कि आग ऊपरी मंजिल से शुरू हुई और संकरे दरवाजों की वजह से कई लोग बाहर नहीं निकल पाए। जो लोग नीचे की ओर गए, उन्हें हवा नहीं मिली और उनकी मौत हो गई।

सरकार ने मजिस्ट्रेट जांच के आदेश दिए हैं। होटल के जनरल मैनेजर और मालिक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है और गिरफ्तारी वारंट भी जारी किए गए हैं। सीएम ने पीड़ित परिवारों के लिए आर्थिक मदद का ऐलान किया।

पीएम मोदी ने जताया दुख
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस दुर्घटना को बेहद दुखद बताया और घायलों के जल्द ठीक होने की कामना की। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रभावित लोगों को पूरी मदद दे रही है।

हैदराबाद की पर्यटक फातिमा शेख ने बताया कि आग लगते ही माहौल हड़कंप में बदल गया। उन्होंने कहा कि कुछ लोग नीचे की ओर भागे और वहीं फंस गए। क्लब में पाम के पत्तों से बनी कई अस्थायी संरचनाएं थीं, जिसमें तुरंत आग लग गई।

क्लब के निर्माण पर उठे सवाल
अरपोरा-नगोआ पंचायत के सरपंच रोशन रेडकर के अनुसार, क्लब के पार्टनर्स में पहले से विवाद चल रहा था और उन्होंने एक-दूसरे के खिलाफ शिकायतें की थीं। पंचायत ने क्लब का निरीक्षण किया था और पाया था कि उसे निर्माण की अनुमति नहीं मिली थी।

इस पर पंचायत ने ढहाने का नोटिस भी जारी किया था, लेकिन उच्च अधिकारियों ने कार्रवाई रोक दी। सरपंच ने कहा कि कई जगह नियमों का उल्लंघन किया जा रहा था और अब उन्हें और सतर्क रहना होगा।

पश्चिम बंगाल में एक साथ 5 लाख लोगों का गीता पाठ

पश्चिम बंगाल में एक साथ 5 लाख लोगों का गीता पाठ
कोलकाता के ऐतिहासिक ब्रिगेड परेड ग्राउंड में रविवार दोपहर लाखों लोगों ने एक साथ गीता का पाठ किया। सनातन संस्कृति संसद नामक संस्था की ओर से इस सामूहिक गीता पाठ कार्यक्रम का आयोजन किया, जिसका उद्देश्य आम लोगों तक सनातन धर्म की मूल भावना और गीता के सार्वभौमिक संदेशों को पहुंचाना है।

कार्यक्रम की अध्यक्षता महामंडलेश्वर स्वामी ज्ञानानंद जी महाराज ने की। इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पद्मभूषण साध्वी ऋतंभरा और बागेश्वर धाम के धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री भी शामिल हुए।

बंगाल के राज्यपाल डा सीवी आनंद बोस, केंद्रीय मंत्री सुकांत मजूमदार, बंगाल विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष सुवेंदु अधिकारी सहित भाजपा के कई सांसद, विधायक व नेताओं ने उपस्थित होकर सामूहिक गीता पाठ में हिस्सा लिया।

5 लाख से ज्यादा लोग पहुंचे
महामंडलेश्वर स्वामी ज्ञानानंद जी महाराज ने मंच से दावा किया कि बड़ी संख्या में साधु- संतों सहित पांच लाख से अधिक लोगों ने सामूहिक गीता पाठ में हिस्सा लिया। गीता के 1, 9 व 18 अध्याय का पाठ किया गया। गीता पाठ को लेकर पूरा ब्रिगेड मैदान भगवा झंडों से पटा नजर आया।

इंडिगो के धीरे-धीरे सामान्य हो रहे हालात – CEO पीटर एल्बर्स

इंडिगो के धीरे-धीरे सामान्य हो रहे हालात – CEO पीटर एल्बर्स
देश की सबसे बड़ी एयरलाइन इंडिगो अपने संचालन को तेजी से सामान्य करने में जुटी है। हाल ही में आए परिचालन संकट के बाद कंपनी ने स्थिति को सुधारने के लिए कई कदम उठाए हैं। इसी क्रम में कंपनी के सीईओ पीटर एल्बर्स ने बताया कि रविवार को एयरलाइन करीब 1,650 उड़ानें संचालित करेगी। एल्बर्स ने कहा कि इंडिगो की टीम चरणबद्ध तरीके से सेवाओं को बहाल कर रही है और यात्रियों को बेहतर अनुभव देने के लिए हर स्तर पर काम जारी है।

उन्होंने भरोसा जताया कि आने वाले दिनों में उड़ानों का संचालन पूरी तरह सामान्य हो जाएगा। एल्बर्स ने आगे कहा स्टेप बाय स्टेप, वी आर गेटिंग बैक। एयरलाइन ने हाल के दिनों में पायलटों की कमी, शेड्यूल में बाधा और यात्रियों की बढ़ी शिकायतों जैसी चुनौतियों का सामना किया है। हालांकि, प्रबंधन का दावा है कि अब स्थिति नियंत्रण में है और फ्लाइट्स की संख्या लगातार बढ़ाई जा रही है।

यात्रियों के 3000 बैग पहुंचाए गए, रिफंड भी जारी
इसी बीच नागरिक उड्डयन मंत्रालय के अनुसार, इंडिगो ने शनिवार तक देशभर में यात्रियों के 3,000 बैग वापस पहुंचा दिए हैं। हाल में हुई उड़ान बाधाओं के बाद यात्रियों का सामान वापस देने की प्रक्रिया लगातार जारी है। इसके साथ ही मंत्रालय ने बताया कि इंडिगो अब तक 610 करोड़ रुपये से ज्यादा के रिफंड भी प्रोसेस कर चुकी है। उड़ान रद्द होने और देरी के बाद यात्रियों को यह राशि लौटाई गई है। मंत्रालय का कहना है कि एयरलाइन यात्रियों की समस्याओं को प्राथमिकता के साथ हल कर रही है।

इंडिगो की अंदरूनी स्थिति पर वायरल हुआ पत्र
हाल ही में सोशल मीडिया पर इंडिगो पायलटों का एक कथित ओपन लेटर आया है, जिसमें सीईओ पीटर एल्बर्स समेत कई शीर्ष अधिकारियों पर एयरलाइन को डूबने की कगार पर पहुंचाने का आरोप लगाया गया है। यह पत्र किसी अनाम कर्मचारी द्वारा लिखा दावा किया गया है, जो खुद को वर्षों से इंडिगो की अंदरूनी स्थिति का गवाह बताता है।

सचिन का 100 शतकों वाला रिकॉर्ड विराट कोहली तोड़ सकते हैं

सचिन का 100 शतकों वाला रिकॉर्ड विराट कोहली तोड़ सकते हैं
विराट कोहली को लेकर चर्चा होती रहती है कि क्या वह 2027 ओडीआई वर्ल्ड कप में खेलेंगे या नहीं. वह टेस्ट और टी20 से पहले ही रिटायरमेंट ले चुके हैं, अब सिर्फ भारत के लिए वनडे फॉर्मेट में खेलते हैं. लेकिन उन्होंने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ जैसा फॉर्म दिखाया है, उससे उम्मीद जागी है कि वह इंटरनेशनल क्रिकेट में 100 शतक भी पूरे कर सकते हैं और सचिन तेंदुलकर का रिकॉर्ड भी तोड़ सकते हैं. इस चर्चा के बीच दिग्गज सुनील गावस्कर ने भी अपनी राय दी है, उनके अनुसार अगर ऐसा हो तो कोहली इस आंकड़े तक पहुंच सकते हैं.

विराट कोहली का ऑस्ट्रेलिया दौरा अच्छा नहीं रहा था, वह 2 मैचों में लगातार ‘डक’ आउट हुए थे . हालांकि तीसरे वनडे में उन्होंने नाबाद अर्धशतकीय पारी खेली, इस शानदार फॉर्म को उन्होंने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ तीनों मैचों में जारी रखा. कोहली ने रांची ओडीआई में 135 रनों की ऐतिहासिक पारी खेली.

विराट कोहली किसी एक फॉर्मेट में सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले खिलाड़ी बने थे, उन्होंने सचिन तेंदुलकर का रिकॉर्ड तोड़ा था. सचिन ने टेस्ट में 51 शतक लगाए हैं. रायपुर में खेले गए दूसरे ओडीआई में शतक जड़कर कोहली के वनडे शतकों की संख्या 53 हो गई है.

सबसे ज्यादा इंटरनेशनल शतक

सचिन तेंदुलकर (भारत)- 100
विराट कोहली (भारत)- 84*
रिकी पोंटिंग (ऑस्ट्रेलिया)- 71
कुमार संगाकारा (श्रीलंका)- 63
जैक कालिस (दक्षिण अफ्रीका)- 62

सुनील गावस्कर ने विराट कोहली के दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ तीसरे वनडे में बनाए 65 रनों की पारी की भी तारीफ की. उन्होंने कहा कि वह दूसरी ही गेंद से प्रहार करने लगे थे, जबकि कोई भी लापरवाही भरा शॉट नहीं खेला.

1650 उड़ानों का टारगेट, 138 में से 137 डेस्टिनेशन बहाल

1650 उड़ानों का टारगेट, 138 में से 137 डेस्टिनेशन बहाल
पिछले कुछ दिनों से इंडिगो एयरलाइन संकट रविवार (7 दिसंबर 2025) को धीरे-धीरे पटरी पर लौटता नजर आ रहा है. कई जगहों के लिए विमान का संचालन सामान्य स्थिति की ओर लौट रहा है, जिससे कुछ एयरपोर्ट्स पर भीड़ कम हुई है. इंडिगो ने दावा किया है कि उसने लगभग सभी रूट पर फ्लाइट ऑपरेशन नॉर्मल कर दिया है. कंपनी ने कहा कि 138 में से 137 डेस्टिनेशंस पर फ्लाइट ऑपरेट कर रहे हैं, लेकिन हमें लोगों का भरोसा दोबारा जीतने के लिए काफी समय लगेगा.

1. दिल्ली एयरपोर्ट पर रविवार सुबह पिछले कुछ दिनों की तुलना में कम भीड़भाड़ रही, हालांकि जम्मू, अमृतसर, अहमदाबाद, गुवाहाटी, नागपुर और आइजोल से आने वाली कुछ उड़ानें रद्द हुईं. वहीं मुंबई हवाई अड्डे पर 8 और चेन्नई एयरपोर्ट पर 40 उड़ानें रद्द होने की सूचना मिली है.

2. इंडिगो का टारगेट रविवार रात तक 1650 से ज्यादा फ्लाइट्स ऑपरेट नॉर्मल करने का है. एक दिन पहले 1500 फ्लाइट्स को नॉर्मल करने का टारगेट था. पिछले हफ्ते के इस संकट से पहले रोज लगभग 2,300 फ्लाइट्स ऑपरेट करने वाली कंपनी इंडिगो ने कहा, ‘हम मौजूदा 138 डेस्टिनेशन में से 137 के लिए उड़ानें संचालित करने में सक्षम हैं.’

3- इंडिगो ने बताया कि फिलहाल 75 फीसदी उड़ानें ऑन टाइम हैं, जो कि कल से 30 फीसदी ज्यादा हैं. इसके अलावा यात्रियों के सामानों को लौटाने का प्रयास जारी है.

4. इंडिगो ने शनिवार (6 दिसंबर 2025) को 113 जगहों को जोड़ने वाली 700 से अधिक उड़ानें रद्द कर दी थीं. इसे लेकर कंपनी ने दावा किया कि ऐसा नेटवर्क, सिस्टम और रोस्टर को फिर से चालू करने के कारण किया गया था, ताकि आज अधिक संख्या में उड़ानों और बेहतर स्थिरता के साथ परिचालन नए सिरे से शुरू हो सके.

5. यह आंकड़ा पिछले सप्ताह बाधित हुई हजारों उड़ानों में शामिल है क्योंकि इंडिगो ने नई उड़ान ड्यूटी समय सीमा (FDTL) के तहत आवश्यक पायलटों की संख्या का गलत आकलन किया था.

6. इस संकट के समाधान के लिए एविएशन रेगुलेटर ने नियमों में ढील दी है, लेकिन सरकार ने इंडिगो पर बड़ा कुप्रबंधन का आरोप लगाया है जिससे यात्रियों में अफरा-तफरी और घबराहट फैल गई. एविएशन मिनिस्टर ने पुष्टि की है कि कार्रवाई की जाएगी. राम मोहन नायडू ने बताया कि विमानन नियामक ने एयरलाइन को कारण बताओ नोटिस जारी किया है. उन्होंने कहा कि एयरलाइन को 24 घंटे के भीतर नोटिस का जवाब देना होगा.

7. नागरिक उड्डयन मंत्री ने कहा कि इंडिगो को रविवार (7 दिसंबर) रात 8 बजे तक सभी रिफंड प्रोसेस करने होंगे और अगले 48 घंटों के भीतर बैगेज क्लेम रिक्वेस्ट को भी निपटाना होगा. साथ ही चेतावनी दी है कि किसी भी देरी के लिए नियामक कार्रवाई की जाएगी.

8. एयरलाइन की ओर से 7 दिसंबर की सुबह जारी बयान में कहा गया कि इंडिगो के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर को इस संकट के पहले दिन देरी और फ्लाइट रद्द के बारे में जानकारी दी गई, जिसके बाद कंपनी के अध्यक्ष विक्रम मेहता, सीईओ पीटर एल्बर्स और अन्य बोर्ड डायरेक्टर वाला एक संकट प्रबंधन ग्रुप बनाया गया.

9. एयरपोर्ट पर फंसे यात्रियों के गुस्से को शांत करने को लेकर इंडिगो की तरफ से बयान जारी किया गया. इंडिगो के प्रवक्ता ने कहा कि पैसेंजर्स को हो रही दिक्कतों को ध्यान में रखते हुए रद्द हुई फ्लाइट पर रिफंड सुनिश्चित करने और फंसे हुए यात्रियों को रीशेड्यूलिंग पर छूट देने का हर संभव प्रयास किया जा रहा है.

10. इंडिगो संकट को लेकर विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने केंद्र सरकार पर मोनोपॉली मॉडल को बढ़ावा देने का आरोप लगाया. एविएशन मिनिस्टर राम मोहन नायडू ने कहा कि मौजूदा हालात को राजनीतिक लड़ाई में नहीं बदलना चाहिए. उन्होंने कहा कि सरकार एविएशन सेक्टर में प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा देने के लिए लगातार काम कर रही है.

एक बैंक और 3 फाइनेंस कंपनियों पर लगा जुर्माना -RBI

एक बैंक और 3 फाइनेंस कंपनियों पर लगा जुर्माना -RBI
नियमों का सही से अनुपालन न करने पर आरबीआई ने जम्मू एंड कश्मीर बैंक लिमिटेड के खिलाफ सख्त (RBI Action) कदम उठाया है। बता दें कि भारत के पुराने बैंकों में से एक है। जिसकी स्थापना 1938 में हुई थी। वर्तमान में यह 1000 से ज्यादा ब्रांच और 1400 से अधिक एटीएम का संचालन करता है। केवाईसी से संबंधित नियमों का उल्लंघन होने पर आरबीआई ने इस बैंक पर 99.30 लाख रुपये का जुर्माना लगाया है। इस संबंध नोटिफिकेशन भी जारी किया गया है।

31 मार्च 2024 को किए बैंक के वित्तीय स्थिति के संदर्भ में निरीक्षण किया गया था। इस दौरान यह पता चला कि बैंक नियमों का अनुपालन नहीं कर रहा है। इसके बाद कारण बताओं नोटिस जारी किया गया। नोटिस पर प्राप्त प्रतिक्रिया और व्यक्तिगत सुनवाई के दौरान दी गई प्रस्तुतियों के आधार पर सभी आरोप सही पाए गए। इसके बाद पेनल्टी लगाने का फैसला आरबीआई ने लिया।

इन नियमों का पालन नहीं हुआ

बैंक ने कुछ शिकायतों को जिन्हें उसके इंटरनल शिकायत सिस्टम में अंशिका रूप से पूरी तरह से खारिज कर दिया था। इंटरनल ओम्बड्समैन पास आखिरी फैसले के लिए आगे नहीं बढ़ाया। बैंक ने अपने कस्टमर को उनकी शिकायतों के समाधान के बारे में फाइनल लेटर भी नहीं भेजा । इस तरह से यह पक्का करने में नाकाम रहा कि कस्टमर को उनके अधिकारों के बारे में पता हो कि अगर वह बैंक के जवाब से असंतुष्ट नहीं है तो वह ओम्बड्समैन से संपर्क कर सकते हैं।

बैंक ने तय सीमा के भीतर कुछ अकाउंट में योग्य रकम डिपॉजिट एजुकेशन एंड अवेयरनेस फंड में भी ट्रांसफर नहीं किया। इसके अलावा बैंक के पास वीडियो बेस्ड कस्टमर आइडेंटिफिकेशन प्रक्रिया में फेस मैचिंग टेक्नोलॉजी नहीं थी। जिसके कारण कस्टमर द्वारा जमा की गई आर्थिक और फाइनेंशियल प्रोफाइल जानकारी को कंफर्म करने में बैंक नाकाम रहा।

इन कंपनियों पर लगा जुर्माना
आरबीआई ने ट्रूहोम फाइनेंशियल लिमिटेड पर 3 लाख 10 हजार रुपये, कीर्तन फिनजर्व लिमिटेड पर 3.10 लाख रूपये और बंसल क्रेडिट लिमिटेड पर 6.20 लाख रुपये का जुर्माना लगाया है। इन तीनों ने आरबीआई द्वारा जारी केवाईसी दिशा निर्देशों का सही से अनुपालन नहीं किया। ट्रूहोम फाइनेंशियल लिमिटेड परमानेंट अकाउंट नंबर या समकक्ष ई – डॉक्युमेंट या फॉर्म नंबर 60 कुछ लोन अकाउंट में प्राप्त नहीं कर पाया।

कीर्तन फिनजर्व लिमिटेड ने डायरेक्टर के अपॉइंटमेंट के दौरान आरबीआई से पूर्व लिखित अनुमति लेने में विफल रहा। जिसके कारण इंडिपेंडेंट डायरेक्टर्स को छोड़कर 30% से अधिक निर्देशक बदले गए। बंसल क्रेडिट लिमिटेड निर्धारित समय सीमा के भीतर अपने कस्टमर के केवाईसी रिकॉर्ड को सेंट्रल केवाईसी रिकॉर्ड रजिस्ट्री पर अपलोड नहीं कर पाया। न ही संदिग्ध ट्रांजैक्शन के आइडेंटिफिकेशन, मॉनिटरिंग और रिपोर्टिंग से संबंधित अलर्ट भेजने के लिए एक अच्छा सिस्टम डेवलप कर पाया।

क्या ग्राहकों पर असर पड़ेगा?
आरबीआई देश के सभी बैंकों और नॉन बैंकिंग फाइनेंशियल कंपनिई को रेगुलेट करता है। नियमों का उल्लंघन होने पर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करता है। जिसका उद्देश्य केवल बैंकिंग सेक्टर में ग्राहकों के हितों की रक्षा करना है, न कि उन्हें परेशानी में डालना। इसलिए केंद्रीय बैंक ने यह स्पष्ट किया है कि यह कार्रवाई विनियामक नियमों में कमियों पर आधारित है। इसका असर कस्टमर और बैंक के बीच हो रहे किसी भी ट्रांजैक्शन या एग्रीमेंट पर नहीं पड़ेगा।

टाइगर रिज़र्व में नाइट सफारी बंद होने के बाद अब Village Tourism बनेगा नया आकर्षण

टाइगर रिज़र्व में नाइट सफारी बंद होने के बाद अब Village Tourism बनेगा नया आकर्षण
बांधवगढ़ की शांत रातों में घूमने वाली जीपें अब थम चुकी हैं। नाइट सफारी बंद होने के बाद जहां पर्यटन व्यवसाय को झटका माना जा रहा था, वहीं अब जंगल के बीच बसे छोटे-छोटे गांवों में एक नई उम्मीद जागी है। यहां की मिट्टी की खुशबू, लकड़ी पर पका खाना और आदिवासी जीवन की सादगी अब ‘विलेज टूरिज़्म’ का नया आकर्षण बनने जा रही है।

टाइगर रिज़र्व के अधिकारी मानते हैं कि आज के पर्यटक सिर्फ वन्यजीव देखने नहीं आते, बल्कि स्थानीय संस्कृति को महसूस करना चाहते हैं। इसी वजह से बांधवगढ़ टाइगर रिज़र्व ने गांवों को पर्यटन के नए केंद्र के रूप में विकसित करने की प्रक्रिया तेज कर दी है। जहां नाइट सफारी रुकी, वहीं ‘गांव की दुनिया’ अब यात्रा का नया रोमांच बनकर उभर रही है।

नाइट सफारी बंद होने के बाद अब क्यों बढ़ा ‘विलेज टूरिज़्म’ पर फोकस?
नाइट सफारी कई सालों से बांधवगढ़ और अन्य टाइगर रिज़र्व में लोकप्रिय थी। एक खामोश जंगल में रात के अंधेरे में टॉर्च की रोशनी से टाइगर या अन्य वन्यजीव देखने का इंतज़ार अपने आप में रोमांच था। लेकिन इसके बंद होने के बाद पर्यटन के क्षेत्र में एक खालीपन पैदा हुआ। फील्ड डायरेक्टर डॉ. अनुपम सहाय बताते हैं कि विलेज टूरिज़्म हमेशा से ही संभावनाओं से भरा क्षेत्र था, लेकिन अब इसे और मजबूत करने का समय आ गया है। उनके अनुसार बाहर से आने वाले अधिकांश पर्यटक गांव की असली संस्कृति, स्थानीय जीवन और परंपराओं को जानना चाहते हैं। गांवों में होमस्टे और स्थानीय भोजन उन्हें एक अनोखा अनुभव देता है। इस दिशा में हम पहले भी काम कर रहे थे, लेकिन अब इसे और गति देंगे। वास्तव में दुनिया भर में ‘सस्टेनेबल टूरिज़्म’ की मांग तेजी से बढ़ रही है। जंगलों पर दबाव कम करके, गांवों को रोजगार देकर और संस्कृति को सुरक्षित बचाकर पर्यटन को नया आकार देना आज की जरूरत बन चुका है। बांधवगढ़ इसी दिशा में आगे बढ़ रहा है।

बांधवगढ़ के दो गांव जो बदल रहे हैं पर्यटन का चेहरा
रांछा गांव
रांछा घने जंगलों के बीच बसा गांव है, जहां की शांति और प्राकृतिक सुंदरता पर्यटकों को पहली ही नजर में आकर्षित कर लेती है। गांव में बन रहे होमस्टे में आने वाले मेहमानों को आदिवासी जीवन, पारंपरिक झोपड़ियां, लकड़ी के घर, गांव की सुबह और शाम का असली अनुभव मिलता है।

डोभा गांव
डोभा में स्थानीय कारीगरी, पारंपरिक नृत्य, लोकगीत और ग्रामीण जीवन की बारीकियां देखने लायक होती हैं। यहां के होमस्टे में आदिवासी परिवारों के साथ रहने का अनुभव पर्यटकों को एक अलग ही जुड़ाव देता है। दोनों गांवों को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने के पीछे उद्देश्य यह है कि ग्रामीणों को रोज़गार, संस्कृति को बढ़ावा, पर्यटक को असली विलेज लाइफ का अनुभव मिल सके। आने वाले समय में बांधवगढ़ के आसपास और भी गांवों का चयन कर उन्हें पर्यटन के लिए तैयार किया जाएगा।

विलेज टूरिज़्म सिर्फ ठहरने तक सीमित नहीं है। बांधवगढ़ प्रबंधन चाहता है कि यहां आने वाला हर पर्यटक गांव की मिट्टी और भोजन के असली स्वाद से भी जुड़ सके। इसी वजह से होमस्टे में विंध्य क्षेत्र के पारंपरिक व्यंजन परोसने की योजना बनाई जा रही है। पर्यटकों को जिन व्यंजनों का स्वाद मिलेगा, उनमें शामिल हैं मंगौड़ी, रसाज, इंदरहर, दालपूरी, मेझरी की खीर, अमावट का रस, महुए के लाटा, मौहरी ब्रेकरी, स्थानीय लड्डू इन व्यंजनों की खास बात यह होगी कि इन्हें गांव की महिलाएं बनाएंगी। इससे उन्हें रोजगार भी मिलेगा और पर्यटक स्थानीय स्वाद का असली मज़ा भी ले सकेंगे। मुंबई से आई पर्यटक मीनाक्षी मिश्रा ने अपने अनुभव में कहा मिट्टी की सोंधी खुशबू और लकड़ी की आंच पर पका खाना ये स्वाद शहर में मिल ही नहीं सकता। गांव में रहकर हम एक अलग ही दुनिया में आ गए।

जोहिला फॉल, ज्वालामुखी गेट और बांधवगढ़ बफर जोन
बांधवगढ़ टाइगर रिज़र्व पहले भी कई विकल्पों पर काम कर चुका है। सबसे पहले जोहिला फॉल को विकसित किया गया, जहां पर्यटक अपने निजी वाहन से पहुंच सकते हैं। यहां पैदल घूमने और साइकिल ट्रेकिंग का भी विकल्प है, जिसे युवा पर्यटक बेहद पसंद कर रहे हैं। इसके अलावा बफर जोन में बनाया गया ज्वालामुखी गेट भी विलेज टूरिज़्म की दृष्टि से महत्वपूर्ण है। यहां प्राकृतिक सौंदर्य और गांव का शांत वातावरण एक विशेष अनुभव देता है। बांधवगढ़ का रांछा गांव, जो पहले ही चर्चित हो चुका है, अब धीरे-धीरे पर्यटकों का पसंदीदा ठहराव बनता जा रहा है।

स्थानीय अर्थव्यवस्था पर बड़ा असर
विलेज टूरिज़्म सिर्फ पर्यटन का विस्तार नहीं, बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों के लिए एक बड़ी आर्थिक संभावना भी है। इससे स्थानीय परिवारों को होमस्टे से आय, महिलाओं को स्थानीय भोजन पकाने से रोजगार, युवाओं को गाइड, ड्राइवर, सांस्कृतिक प्रस्तुति जैसे काम, हस्तशिल्प, कारीगरी, स्थानीय उत्पादों की बिक्री जैसे कई नए रास्ते खुलेंगे। नाइट सफारी बंद होने से जहां पर्यटन में कमी का डर था, वहीं विलेज टूरिज़्म इस कमी को पूरा करने की क्षमता रखता है।

नगरीय निकाय एवं त्रिस्तरीय पंचायतों के उप निर्वाचन का कार्यक्रम घोषित

नगरीय निकाय एवं त्रिस्तरीय पंचायतों के उप निर्वाचन का कार्यक्रम घोषित
मध्य प्रदेश राज्य निर्वाचन आयोग (MP State Election Commission )ने नगरीय निकाय एवं त्रिस्तरीय पंचायतों के उप निर्वाचन का कार्यक्रम घोषित कर दिया है। मतदान 29 दिसम्बर 2025 को होगा। मतगणना और निर्वाचन परिणामों की घोषणा 31 दिसम्बर को सुबह 9:00 बजे से होगी।

8 दिसम्बर 2025 से मिलेंगे नामांकन फॉर्म
राज्य निर्वाचन आयोग सचिव दीपक सिंह ने जानकारी दी है कि उप निर्वाचन के लिए निर्वाचन की सूचना का प्रकाशन और नाम निर्देशन पत्र प्राप्त करने का कार्य 8 दिसम्बर 2025 से शुरू होगा। नाम निर्देशन पत्र 15 दिसम्बर तक लिये जायेंगे, नाम निर्देशन पत्रों की जांच 16 दिसम्बर को होगी। नाम वापस लेने की अंतिम तारीख 18 दिसम्बर है। इसी दिन निर्वाचन प्रतीकों का आवंटन होगा। नगरीय निकायों में मतदान 29 दिसम्बर को सुबह 7:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक होगा।

7:00 बजे से 3:00 बजे तक होगा मतदान
पंचायतों में मतदान 29 दिसम्बर को सुबह 7:00 बजे से अपरान्ह 3:00 बजे तक होगा। पंच पद के लिये मतगणना मतदान के तुरंत बाद मतदान केन्द्र पर ही होगी। सरपंच, जनपद पंचायत सदस्य एवं जिला पंचायत सदस्य की विकास खण्ड मुख्यालय पर EVM से की जाने वाली मतगणना 2 जनवरी को सुबह 8:00 बजे से होगी। इसी दिन सरपंच एवं जनपद पंचायत सदस्य के निर्वाचन परिणामों की घोषणा की जायेगी। जिला पंचायत सदस्यों एवं पंच पद के लिए परिणामों की घोषणा 5 जनवरी 2026 को प्रात: 10:30 बजे से की जायेगी।

1 अध्यक्ष और 8 पार्षदों का होगा उप निर्वाचन
जिला सीधी के नगरपरिषद मझौली के अध्यक्ष और विभिन्न नगरीय निकायों में 8 पार्षदों के लिये उप निर्वाचन होगा। नगरपालिक निगम सिंगरौली के वार्ड 34, नगर पालिका परिषद मण्डला के वार्ड 8, नगर पालिका परिषद लहार के वार्ड 5 और नगर परिषद मौ के वार्ड 4, मेहगांव के वार्ड 5, आलमपुर के वार्ड 13, सतवास के वार्ड 9 और पानसेमल के वार्ड 2 में पार्षद पद के लिये उप निर्वाचन होगा।

85 पदों के लिए होगा निर्वाचन
पंचायत उप निर्वाचन के तहत जिला पंचायत सदस्य के 4, जनपद पंचायत सदस्य के 14, सरपंच के 67 और 3872 पंच पद के लिये निर्वाचन होगा।

डीजीसीए ने इंडिगो के सीईओ को भेजा कारण बताओ नोटिस

डीजीसीए ने इंडिगो के सीईओ को भेजा कारण बताओ नोटिस
नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) ने इंडिगो के सीईओ पीटर एल्बर्स को फ्लाइट देरी, रद्द होने और ऑपरेशनल चूक पर कारण बताओ नोटिस जारी किया है। नियामक ने 24 घंटे के भीतर जवाब मांगा है, वरना दंडात्मक कार्रवाई की चेतावनी दी है। सरकार के नोटिस में लिखा है कि 24 घंटे के भीतर कारण बताएं कि आपके विरुद्ध उपर्युक्त उल्लंघनों के लिए एयरक्राफ्ट रूल्स तथा नागर विमानन आवश्यकताओं के प्रासंगिक प्रावधानों के अंतर्गत प्रवर्तन कार्रवाई क्यों न की जाए। साथ ही यह भी लिखा कि निर्धारित अवधि में आपका उत्तर प्राप्त न होने की स्थिति में मामले का एकतरफा निपटारा किया जाएगा DGCA ने गंभीर लापरवाही मानते हुए त्वरित सुधार के निर्देश दिए हैं।

देश में इंडिगो की उड़ानों में लगातार पांच दिनों से हो रही देरी और रद्दीकरण के बीच केंद्र सरकार हरकत में आ गई है। बड़ी संख्या में यात्रियों को हुई परेशानी के बाद सरकार ने साफ कर दिया है कि पूरा मामला जांच में है और जांच समिति की रिपोर्ट आने के बाद ही दोषियों पर कार्रवाई तय होगी। केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने शनिवार को इंडिगो के सीईओ पीटर एल्बर्स के साथ लंबी बैठक की। बैठक में उड़ानों में लगातार आ रही बाधा, यात्रियों की फंसी हुई बुकिंग, रिफंड और एयरलाइन की जिम्मेदारियों पर कड़ा रुख अपनाया गया। सरकार ने एयरलाइन को सामान्य स्थिति बहाल करने और यात्रियों को तुरंत रिफंड देने का निर्देश दिया।

DGCA की जांच समिति का गठन
उड़ानों में बिगड़ी व्यवस्था को देखते हुए DGCA ने चार सदस्यीय जांच समिति बनाई है। यह समिति यह पता लगाएगी कि उड़ानों में देरी और रद्दीकरण का असली कारण क्या है। तकनीकी दिक्कतें, स्टाफिंग समस्या, प्रबंधन की गलती या कोई और वजह। समिति यह भी बताएगी कि भविष्य में ऐसी स्थिति कैसे रोकी जाए।

यात्रियों की परेशानी पर सरकार की चिंता
देश के कई एयरपोर्ट पर यात्रियों को रात भर फंसे रहना पड़ा। कई यात्रियों की कनेक्टिंग फ्लाइट छूट गई और बच्चों, बुजुर्गों समेत हजारों लोगों को दिक्कत का सामना करना पड़ा। सरकार ने इंडिगो को आदेश दिया है कि यात्रियों को बिना बहाने तुरंत रिफंड, होटल सुविधा और जानकारी उपलब्ध कराई जाए।

अधिकारियों का कहना है कि अभी प्राथमिकता उड़ान सेवाओं को पूरी तरह पटरी पर लाना है। प्रारंभिक रिपोर्टों के आधार पर एयरलाइन की जिम्मेदारी तय की जाएगी। जांच रिपोर्ट आने के बाद किसी भी स्तर की कार्रवाई से सरकार पीछे नहीं हटेगी। फिलहाल इंडिगो को रोजाना की स्थिति सरकार को लिखित में देनी होगी।

देशभर के एयरपोर्ट वापस पटरी पर
देशभर के एयरपोर्ट पर हालात सामान्य हो गए हैं और सभी जरूरी सुविधाएं यात्रियों को उपलब्ध कराई जा रही हैं। क्रू की भारी कमी के कारण इंडिगो ने इस सप्ताह बड़े पैमाने पर उड़ानें रद्द कीं थी। शुक्रवार को 1,600 और शनिवार को 800 से अधिक फ्लाइट्स रद्द की गई थीं। जिससे हजारों यात्री फंस गए थे। सरकार ने बताया कि अब चेक-इन और चेक-आउट सुचारू रूप से हो रहे हैं। वहीं मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट ने 25 ग्राउंडेड इंडिगो विमानों के लिए विशेष पार्किंग की व्यवस्था की है।

मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट ने टर्मिनल पर फंसे यात्रियों की सुविधा के लिए अतिरिक्त कुर्सियां, मुफ्त रिफ्रेशमेंट, ज्यादा कस्टमर सर्विस स्टाफ और 24 घंटे चलने वाली हेल्पडेस्क तैनात की है। दोनों टर्मिनलों पर आउटलेट्स को पर्याप्त खाने-पीने का स्टॉक बनाए रखने और सही कीमत रखने के निर्देश दिए गए हैं। रद्द उड़ानों के यात्रियों की निकासी तेज करने के लिए विशेष गेट खोले गए हैं, जहां एयरपोर्ट, एयरलाइन और सीआईएसएफ स्टाफ मौजूद है। बैगेज वापस दिलाने के लिए एक विशेष टास्कफोर्स बनाई गई है, जो तेजी से प्रक्रियाएं पूरी कर रही है। एयरसाइड ऑपरेशंस और शेड्यूलिंग की चुनौतियों के बावजूद एयरपोर्ट टीम हालात को सुचारू रखने में जुटी है।

भारत ने द. अफ्रीका को नौ विकेट से हराकर जीती सीरीज

भारत ने द. अफ्रीका को नौ विकेट से हराकर जीती सीरीज
भारतीय टीम ने यशस्वी जायसवाल के शतक और रोहित शर्मा तथा विराट कोहली के अर्धशतकों की मदद से दक्षिण अफ्रीका को तीसरे वनडे मैच में नौ विकेट से हराया। भारत ने इसके साथ ही तीन मैचों की वनडे सीरीज 2-1 से अपने नाम कर ली। दक्षिण अफ्रीका ने पहले बल्लेबाजी करते हुए क्विंटन डिकॉक के 106 रनों की बदौलत 47.5 ओवर में 270 रन बनाए थे। भारत ने शीर्ष तीन बल्लेबाजों की शानदार बल्लेबाजी के दम पर 61 गेंद शेष रहते 39.5 ओवर में एक विकेट पर 271 रन बनाकर मैच तथा सीरीज अपने नाम की।

लक्ष्य का पीछा करते हुए यशस्वी और रोहित ने भारत को मजबूत शुरुआत दिलाई और दोनों बल्लेबाजों ने पहले विकेट के लिए 155 रनों की साझेदारी की। रोहित ने इस दौरान अपने वनडे करियर का 61वां अर्धशतक लगाया और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 20000 रन भी पूरे किए। रोहित 75 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद मैदान पर विराट कोहली उतरे, जिनका बल्ला इस सीरीज में जमकर चला। कोहली और यशस्वी ने गियर बदलते हुए आक्रमक अंदाज में बल्लेबाजी की। यशस्वी ने अपने वनडे करियर का पहला शतक लगाया और भारत को जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई।

कोहली ने लगातार चौथे मैच में 50+ स्कोर बनाया। कोहली ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ तीन मैच से पहले ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सिडनी में खेले गए तीसरे वनडे में अर्धशतकीय पारी खेली थी। यशस्वी ने 121 गेंदों पर 12 चौकों और दो छक्कों की मदद से नाबाद 116 रन और कोहली ने 45 गेंदों पर छह चौकों और तीन छक्कों की मदद से नाबाद 65 रन बनाए। दक्षिण अफ्रीका की ओर से एकमात्र सफलता केशव महाराज को मिली।

poshan-tracker-pmmvy-grievance-redressal-2026

POSHAN Tracker और PMMVY की शिकायतों का होगा निपटारा, 30 अक्टूबर को देशभर में...

0
नई दिल्ली | 30 अक्टूबर 2026 | सामाजिक कल्याण समाचार केंद्र सरकार ने गर्भवती महिलाओं, स्तनपान कराने वाली माताओं और पोषण सेवाओं के लाभार्थियों की...
anath-bachchon-ke-liye-sarkari-yojana-2026

अनाथ बच्चों के लिए सरकार की खास योजनाएँ, पढ़ाई से लेकर आर्थिक सहायता तक

0
नई दिल्ली | सरकारी योजना समाचार देश में ऐसे कई बच्चे हैं, जिन्होंने अपने माता-पिता को खो दिया है या जिनके पास देखभाल करने वाला...
Government welfare schemes have improved the living standards of 22 crore people

सरकारी कल्याण योजनाओं से 22 करोड़ लोगों के जीवन स्तर में सुधार, MoSPI के...

0
नई दिल्ली। भारत में सरकारी सामाजिक कल्याण योजनाओं के माध्यम से गरीब और जरूरतमंद परिवारों को मिलने वाली मुफ्त या रियायती वस्तुओं से उनके...

भोपाल AIIMS में अंगदान से 3 लोगों को नई जिंदगी की उम्मीद, शिवानी को...

0
भोपाल/नर्मदापुरम। अपनों को खोने का दर्द कितना गहरा होता है, यह उस परिवार से बेहतर कौन समझ सकता है, जिसने सड़क हादसे में अपनी...
social welfare 2026

₹53,428 करोड़ की सामाजिक सहायता योजना मंजूर, दिव्यांग पेंशन के नियमों में बदलाव

0
नई दिल्ली, 16 अक्टूबर। केंद्र सरकार ने राष्ट्रीय सामाजिक सहायता कार्यक्रम (NSAP) को अगले पांच वर्षों तक जारी रखने के लिए ₹53,428 करोड़ की...