मध्य प्रदेश में बजट सत्र के बाद होंगे तबादले
विधानसभा का बजट सत्र 24 मार्च को समाप्त होने के बाद फिर तबादले होंगे। कुछ कलेक्टर बदले जाएंगे तो मंत्रालय स्तर पर भी वरिष्ठ अधिकारियों की जिम्मेदारियों में परिवर्तन होगा। विभागीय स्तर पर भी तबादले के प्रस्ताव तैयार हैं। स्कूल शिक्षा सहित अन्य विभागों में तबादले प्रस्तावित हैं। प्रदेश में वर्ष 2022 से सामान्य तबादलों पर प्रतिबंध लगाया गया है।
मध्य प्रदेश में बजट सत्र के बाद होंगे तबादले
तिल भांडेश्वर महादेव मन्दिर के कार्यक्रम में मुख्यमंत्री हुए समारोह में शामिल
तिल भांडेश्वर महादेव मन्दिर के कार्यक्रम में मुख्यमंत्री हुए समारोह में शामिल
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि विश्व में सनातन ही एकमात्र धर्म है, जो प्रकृति को समाहित करता है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव तराना स्थित तिलभांडेश्वर महादेव मन्दिर में दशनाम जूना अखाड़ा के मोहन भारती महाराज के महंत बनने पर आयोजित समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि सनातन को समझने के लिये साधु-संतों के जीवन और उनके अनुभवों को समझना आवश्यक है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने घोषणा की कि तिल भांडेश्वर मंदिर को धार्मिक लोक के रूप में विकसित किया जायेगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार उज्जैन को धार्मिक-सांस्कृतिक केंद्र के रूप में स्थापित करने का प्रयास कर रही है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बताया कि राज्य सरकार गौ-शालाओं के लिए विशेष प्रावधान कर रही है। सभी गौ-शालाओं में एक गौ-वंश के लिए प्रतिदिन 40 रूपये की अनुदान राशि दी जा रही है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि साधु-संत सनातन की धुरी हैं। सनातन धर्म साधु-संतों के मार्गदर्शन में काम करता रहा है। उन्होंने उज्जैन में आयोजित होने जा रहे सिंहस्थ-2028 के लिये साधु-संतों को आमंत्रित करते हुए कहा कि सिंहस्थ के लिये उज्जैन में साधु-संतों को स्थाई प्रकृति के निर्माण की भी स्वीकृति मिलेगी। इससे साधु-संतों को किसी प्रकार की समस्या नहीं आयेगी।
कार्यक्रम में प्रसिद्ध कथक नृत्यांगना पलक पटवर्धन के निर्देशन में बालिकाओं ने नर्मदा क्षिप्रा स्तुति पर आधारित नृत्य नाटिका की आकर्षक प्रस्तुति दी।
आयोजन में अखाड़े के मुख्य संरक्षक महंत हरि गिरि महाराज एवं अन्य संतों ने मुख्यमंत्री डॉ. यादव को चांदी की गौ-माता स्मृति-चिन्ह के रूप में भेंट की। समारोह में सांसद अनिल फिरोजिया, उज्जैन के प्रभारी मंत्री गौतम टेटवाल, स्थानीय पार्षद महेश जोशी, साधु संत उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने विश्व गौरैया दिवस पर पक्षियों के संरक्षण के लिए किया आह्वान
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने विश्व गौरैया दिवस पर पक्षियों के संरक्षण के लिए किया आह्वान
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने विश्व गौरैया दिवस पर प्रदेशवासियों को बधाई देते हुए गौरैया के संरक्षण के लिए प्रयास करने का आह्वान किया है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा है कि पर्यावरण और आधुनिक तकनीक के दौर में मासूम जीवों का अस्तित्व संकट में न आए, इसके लिए वृक्ष लगाने, घोंसलें बनाने और गौरैया तथा अन्य पक्षियों के संरक्षण और संवर्धन के लिए अपने-अपने स्तर पर सभी को प्रयास करने की आवश्यकता है। घर में गौरैया सहित अन्य पक्षियों के लिए घोंसला और पानी की उपलब्धता सुनिश्चित करना पुण्य का कार्य है, इस दिशा में सभी को पहल करनी चाहिए। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि घर-आंगन चहकाने वाली गौरैया का संरक्षण हम सब का दायित्व है।
IPL 2025 में हो सकती है क्रिकेट के खतरनाक नियम की वापसी
IPL 2025 में हो सकती है क्रिकेट के खतरनाक नियम की वापसी
आईपीएल – इंडियन प्रीमियर लीग (IPL – Indian Premier League) का 18वां सीज़न 22 मार्च से शुरू होने जा रहा है। क्रिकेट फैंस में आईपीएल के लिए ज़बरदस्त उत्साह है और एक बार फिर वो अपनी पसंदीदा टीम को सपोर्ट करने और टी-20 के रोमांच के लिए उत्साहित हैं। इसी बीच बीसीसीआई (BCCI) इस टूर्नामेंट के लिए क्रिकेट के एक खतरनाक नियम की वापसी के बारे में सोच रहा है। इस नियम से गेंदबाजों को काफी मदद मिलेगी और बल्लेबाजों के लिए यह एक बुरी खबर हो सकता है।
IPL 2025 के लिए बीसीसीआई गेंदबाजों के लिए गेंद पर लार (Saliva) लगाने के नियम की वापसी के बारे में सोच रहा है। इस बारे में बात करने के लिए बीसीसीआई ने सभी 10 टीमों के कप्तानों को मुंबई बुलाया है और उनके सामने इस नियम की वापसी का प्रस्ताव रखा जाएगा। टीमों के कप्तान ही सर्वसम्मति से तय करेंगे कि गेंद पर लार लगाने के नियम की वापसी होनी चाहिए या नहीं।
कोरोना के दौरान बैन हुआ था नियम
आईसीसी (ICC) ने कोरोना के समय गेंद पर लार लगाने के नियम को बैन कर दिया था, जिससे संक्रमण न फैले। आईपीएल में भी इस नियम पर लगे बैन को माना गया। हालांकि आईपीएल का नियम क्षेत्र आईसीसी से परे है और ऐसे में इस नियम पर लगे बैन को आईपीएल के लिए हटाया जा सकता है, क्योंकि अब कोरोना संक्रमण का खतरा नहीं है। हालांकि इसका फैसला आईपीएल टीमों के कप्तानों को लेना है कि गेंद पर लार के इस्तेमाल को ग्रीन सिग्नल दिया जाए, या नहीं।
एक अप्रैल से छत्तीसगढ़ में शुरू होगी ई-ऑफिस प्रणाली
एक अप्रैल से छत्तीसगढ़ में शुरू होगी ई-ऑफिस प्रणाली
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से संबंधित विभागों की वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए 19,643 करोड़ 78 लाख 42 हजार रुपए की अनुदान मांगें छत्तीसगढ़ विधानसभा में आज चर्चा उपरांत ध्वनिमत से पारित हुईं। इस चर्चा में पक्ष एवं विपक्ष के विधायकों ने भाग लिया। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने अपने विभाग से संबंधित अनुदान मांगों पर हुई चर्चा के अंत में कहा कि यह बजट छत्तीसगढ़ की प्रगति और विकासशील छत्तीसगढ़ को विकसित छत्तीसगढ़ बनाने की ओर ले जाने वाला बजट है। हमने अपने अधीन सभी विभागों में जनकल्याण और विकास के कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है और इसके लिए बीते वर्ष की तुलना में इस वर्ष अधिक राशि का प्रावधान किया है। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने अनुदान मांगों पर चर्चा का जवाब देते हुए कहा कि जब आपका मन सच्चा हो और संवेदनशीलता हो, तभी ऐसी योजनाएं बनती हैं जिनसे आम जनता के जीवन में वास्तविक बेहतरी आती है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि हमारा संकल्प दृढ़ है, इरादे बुलंद हैं और लक्ष्य स्पष्ट है। वर्ष 2047 तक विकसित छत्तीसगढ़ की संकल्पना को साकार करने हम निरंतर तेजी से आगे बढ़ रहे हैं।
ज्ञान से गति की ओर बढ़ता छत्तीसगढ़
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि पिछले सवा साल से लगातार छत्तीसगढ़ महतारी की सेवा में जुटे हैं। उन्होंने बताया कि उनकी सरकार का पहला बजट ‘ज्ञान’ अर्थात गरीब, युवा, अन्नदाता और नारी शक्ति को समर्पित था। इस वर्ष का बजट ‘ज्ञान के लिए गति’ पर आधारित है, जिसका अर्थ गुड गवर्नेंस, एक्सेलरेटिंग इंफ्रास्ट्रक्चर, टेक्नोलॉजी और इंडस्ट्रियल ग्रोथ है।
भ्रष्टाचार पर जीरो टॉलरेंस, मैनुअल फाइल सिस्टम होगा खत्म
मुख्यमंत्री साय ने भ्रष्टाचार के खिलाफ अपनी जीरो टॉलरेंस नीति को दोहराते हुए कहा कि भ्रष्टाचार की मूल जड़ मैनुअल फाइल प्रणाली को खत्म करने के लिए ई-ऑफिस प्रणाली आगामी 1 अप्रैल से लागू होगी। ई-ऑफिस के लिए बजट में 22 करोड़ 67 लाख रुपए का प्रावधान है। अब फाइलें कंप्यूटर पर चलेंगी और तय समय सीमा में उनका निपटारा होगा।
छत्तीसगढ़ में कामकाजी महिलाओं के लिए बनेंगे 3 छात्रावास
छत्तीसगढ़ में कामकाजी महिलाओं के लिए बनेंगे 3 छात्रावास
राजधानी में बनने वाले तीन कामकाजी महिला छात्रावास के लिए नगर निगम ने शासन से मंजूरी मांगी है। केंद्र सरकार की स्पेशल असिस्टेंट स्कीम के तहत राजधानी में कामकाजी महिला छात्रावास बनाए जाने हैं।
इन छात्रावासों के निर्माण के लिए केंद्र ने 48 करोड़ रुपए का फंड भी जारी कर दिया है। मगर, नगर निगम ने टेंडर लगाने के लिए शासन के पास मंजूरी का प्रस्ताव भेजा है। कार्यपालन अभियंता अंशुल शर्मा ने बताया कि मंजूरी मिलते ही टेंडर लगा दिया जाएगा।
ये छात्रावास तेलीबांधा, टाटीबंध और अग्रसेन चौक के पास बनाए जाएंगे। बता दें कि नगर निगम ने वर्ष 2024 में केंद्र सरकार के पास प्रस्ताव भेजा था। इस पर मंजूरी और फंड दोनों मिल गया है। छात्रावासों के बनने से राजधानी में कामकाजी महिलाओं को सस्ते दर पर सुरक्षित आवासीय सुविधा मिल सकेगी।
250 बेड की क्षमता वाले होंगे प्रत्येक छात्रावास
यह तीनों छात्रावास 250-250 बेड की क्षमता वाले होंगे। प्रत्येक छात्रावास की इमारत ग्राउंड फ्लोर के साथ तीन मंजिला होगी, जिसमें महिलाओं के लिए डबल बेडरूम वाले कमरे और अटैच टॉयलेट की सुविधा होगी।
छत्तीसगढ़ में 22 नक्सली ढेर
छत्तीसगढ़ में 22 नक्सली ढेर
छत्तीसगढ़ के बीजापुर और दंतेवाड़ा जिले की सीमा पर थाना गंगालूर क्षेत्र में गुरुवार सुबह मुठभेड़ में 18 नक्सलियों को ढेर कर दिया गया है। उधर कांकेर क्षेत्र में भी मुठभेड़ में 4 नक्सलियों को मार गिराया गया है। बीजापुर मुठभेड़ में एक जवान बलिदान भी हुए हैं। इलाके में सर्चिंग जारी है और मारे गए नक्सलियों की संख्या बढ़ सकती है।
मुठभेड़ स्थल से भारी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद भी बरामद हुए हैं। संयुक्त टीम ने इलाके में ऑपरेशन शुरू किया था। इस दौरान गुरुवार सुबह करीब सात बजे से दोनों ओर से लगातार फायरिंग हो रही है। मुठभेड़ स्थल से सुरक्षा बलों ने 18 नक्सलियों के शव बरामद किए हैं।
इस अभियान में बीजापुर डीआरजी (डिस्ट्रिक्ट रिजर्व गार्ड) का एक जवान बलिदान हो गया। फिलहाल क्षेत्र में मुठभेड़ और सर्च ऑपरेशन जारी है। अधिकारियों ने बताया कि स्थिति अभी भी तनावपूर्ण बनी हुई है और सुरक्षाबल पूरे इलाके में निगरानी रखे हुए हैं।
महाराष्ट्र में NCP नेता की बेरहमी से हत्या
महाराष्ट्र में NCP नेता की बेरहमी से हत्या
महाराष्ट्र के नाशिक शहर में बुधवार रात एक दिल दहला देने वाली घटना हुई, जहां दो सगे भाइयों की धारदार हथियार से निर्मम हत्या कर दी गई। इस डबल मर्डर से पूरे शहर में हड़कंप मच गया है। मृतकों की पहचान उमेश उर्फ मन्ना जाधव और उनके भाई प्रशांत जाधव के रूप में हुई है। उमेश एनसीपी (अजित पवार गुट) के शहर उपाध्यक्ष थे, जिससे इस हत्याकांड ने राजनीतिक रंग भी ले लिया है। हत्या के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए और पुलिस उनकी तलाश में जुटी हुई है।
नासिक के अंबेडकरवाडी (Ambedkarwadi) में हमलावरों ने दोनों भाइयों पर कोयते से कई वार किए. स्थानीय लोगों ने दोनों को खून से लथपथ हालत में सड़क पर गिरा देखा और तुरंत उन्हें जिला अस्पताल ले गए. जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया।
हत्या की खबर फैलते ही सरकारी अस्पताल के बाहर भारी भीड़ जमा हो गई। स्थिति तनावपूर्ण होती देख पुलिस को अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात करना पड़ा।
घटना की गंभीरता को देखते हुए नाशिक क्राइम ब्रांच सहित पुलिस की चार टीमें बनाई गई हैं। आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही हैं। फ़िलहाल पुलिस ने पांच संदिग्धों को हिरासत में लिया है और उनसे पूछताछ कर रही है।
यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की रूस के खिलाफ युद्ध में आंशिक युद्धविराम पर सहमत
यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की रूस के खिलाफ युद्ध में आंशिक युद्धविराम पर सहमत
अमरीका ने कहा है कि यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की ने रूस के खिलाफ संघर्ष में आंशिक युद्धविराम पर सहमति जताई है जिस पर अमरीका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने चर्चा की थी।
अमरीका के राष्ट्रपति कार्यालय- व्हाइट हाउस ने कहा कि श्री ट्रम्प ने श्री पुतिन के साथ अपनी बातचीत और प्रमुख मुद्दों पर हुई चर्चा के बारे में श्री ज़ेलेंस्की को जानकारी दी। व्हाइट हाउस की प्रवक्ता कैरोलिन लेविट ने कहा कि दोनों नेताओं ने आंशिक युद्धविराम पर सहमति जताई है। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में पूर्ण युद्धविराम के लिए तकनीकी टीमों की एक बैठक सऊदी अरब में होगी।
राष्ट्रपति ट्रम्प ने 30 दिन के पूर्ण युद्धविराम का प्रस्ताव रखा था। लेकिन राष्ट्रपति ज़ेलेंस्की और राष्ट्रपति पुतिन ने केवल ऊर्जा और बुनियादी ढाँचे पर हमला न करने के सीमित युद्धविराम पर सहमति व्यक्त की।
स्विस ओपन बैडमिंटन के प्री क्वार्टर फाइनल में भारत की ओर से चुनौती पेश करेंगे
स्विस ओपन बैडमिंटन के प्री क्वार्टर फाइनल में भारत की ओर से चुनौती पेश करेंगे
स्विस ओपन बैडमिंटन के महिला डबल्स प्री-क्वार्टर फाइनल में भारत की ट्रीसा जॉली और गायत्री गोपीचंद की जोडी का मुकाबला आज स्विट्जरलैंड के बासेल में जर्मनी की सेलिन हब्सच और एमिली लेहमैन की जोड़ी से होगा। भारत की इस जोड़ी ने कल पहले दौर में स्विट्जरलैंड की एलाइन मुलर और नीदरलैंड की केली वैन ब्यूटेन की जोड़ी को 21-16, 21-17 से हराया।
अन्य मैचों में, दो बार की ओलंपिक पदक विजेता पी.वी. सिंधु कल शाम महिला एकल के पहले दौर में डेनमार्क की जूली डावाल जैकबसेन से 17-21, 19-21 से हार गईं, जबकि मालविका बंसोड़ को कनाडा की मिशेल ली ने 22-20, 14-21, 19-21 से हराया।
पुरुष एकल में, भारत के किदांबी श्रीकांत ने भारत के ही एच.एस. प्रणॉय को पहले राउंड में 23-21, 23-21 से पराजित किया।














