24 घंटे चल रहा काम, बिजली के लिए केबल भी बिछने लगी

गणेश मंदिर से लेकर गायत्री मंदिर व अरेरा हिल्स तक बने जीजी फ्लाईओवर का लोकार्पण 26 दिसंबर को होना है। अभी तक गायत्री मंदिर की तरफ वाले विंग को लेकर चर्चा यह थी कि गायत्री मंदिर की तरफ वाला विंग अधूरा है, जिससे लोकार्पण के समय इस बिंग बंद रखा जाएगा और ट्रैफिक अरेरा हिल्ला की विंग की तरफ का चालू किया जाएगा।

इसको लेकर एमपी नगर थाने के सामने मैनिट विशेषज्ञ की सलाह पर रोटरी भी बना दी गई थी, जिससे भोपाल हाट की तरफ से आ रहे वाहन फ्लाईओवर के ट्रैफिक में व्यवधान न पहुंचा सकें। मैनिट और ट्रैफिक पुलिस से हरी झंडी मिलने के बाद गायत्री मंदिर की तरफ वाले विंग के शेष बचे काम रात-दिन लगातार 24 घंटे चल रहे हैं। पीडब्ल्यूडी अधिकारियों के अनुसार गणेश मंदिर से अरेरा हिल्स तक जीजी फ्लाईओवर 6 माह पहले ही पूरा हो चुका है। वहीं भार की टेस्टिंग और बिजली व्यवस्था पहले ही हो चुकी है। गायत्री मंदिर विंग का काम पानी की पाइप लाइन शिफ्टिंग के कारण लेट हो गया था। अब बुधवार को डामरीकरण के साथ ही बिजली के लिए केबल भी बिछने लगी। उम्मीद है कि 25 दिसंबर के पहले यह विंग लोकार्पण के लिए पूरी तैयार हो जाएगी।

यूएई का वीजा पाना हो रहा मुश्किल, यात्री परेशान, वीजा आवेदनों की रिजेक्शन की दर 1 से बढक़र 5 तक पहुंची

पर्यटकों की पहली पसंद माने जाने वाले यूएई में जाना अब पर्यटकों के लिए मुश्किल हो रहा है। पिछले कुछ समय से यूएई द्वारा वीजा आवेदनों को निरस्त किए जाने के मामलों में काफी बढ़ोतरी हुई है। इसके कारण यात्रा की योजना बना चुके पर्यटक परेशान हो रहे हैं और यात्रियों के साथ ही ट्रेवल एजेंट्स को भी भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है।
भारतीय यात्रियों के लिए विदेश घूमने के मामले में यूएई के दुबई, शारजाह और अबूधाबी सबसे पसंदीदा स्थानों में शामिल माने जाते हैं। इसका एक बड़ा कारण यह भी है कि यूएई का वीजा पाना काफी आसान होता है। लेकिन अब स्थितियां बदलने लगी हैं। ट्रेवल एजेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के सचिव अमोल कटारिया ने बताया आमतौर पर यूएई की यात्रा के लिए वीजा लगाने पर माना जाता था कि अगर दस्तावेज पूरे और सही हैं तो वीजा मिल ही जाएगा। वीजा आवेदनों के औसत 1 से 2 प्रतिशत मामलों में एम्बेसी द्वारा वीजा आवेदन अस्वीकार या रिजेक्ट किए जाते थे, लेकिन पिछले कुछ समय से इंदौर सहित पूरे देश से होने वाले आवेदनों को रिजेक्ट किए जाने के मामले बहुत बढ़ गए हैं और रिजेक्शन की दर 5 से 6 प्रतिशत तक पहुंच चुकी है।
पर्यटक वीजा के लिए कड़े किए नियम
कटारिया ने बताया कि वीजा आवेदनों के निरस्त होने का बड़ा कारण यूएई में अवैध रूप से बढ़ती लोगों की संख्या को रोकना माना जा रहा है। इसे देखते हुए यूएई ने कुछ समय पहले नए वीजा रेग्युलेशन रुल्स को लागू किया है, जो पहले के प्रावधानों की अपेक्षा काफी कड़े हैं, जिसके कारण वीजा आवेदन निरस्त हो रहे हैं।
इन नियमों का रखें खयाल
यूएई द्वारा लागू किए गए नए वीजा रेग्युलेशन रूल्स के हिसाब से टूरिस्ट वीजा के लिए आवेदक के सभी दस्तावेजों का पूरा और सही होना जरूरी है। इसमें सबसे जरूरी यात्री के रिटर्न टिकट और होटल बुकिंग प्रमुख है। यह बुकिंग भी किसी अधिकृत ट्रेवल एजेंसी से होना चाहिए और बुकिंग पर क्यूआर कोड होना चाहिए, जिसे वेरिफाई किया जा सके, वहीं अगर आप यूएई में बसे अपने किसी रिश्तेदार से मिलने जा रहे हैं तो उसकी भी पूरी जानकारी इमिग्रेशन की वेबसाइट पर दर्ज करना होगी। इसके साथ ही दो माह के वीजा के लिए आपके बैंक खाते में 5 हजार दिरम (करीब 1.14 लाख रुपए) होना जरूरी है। इसकी जानकारी भी आवेदन के साथ देना जरूरी है।
100 करोड़ से ज्यादा का नुकसान
कटारिया ने बताया कि हाल ही में आई एक रिपोर्ट के मुताबिक वर्ष 2023 में 9,66,687 भारतीयों ने यूएई वीजा के लिए आवेदन किया था, जिसमें 1.51,752 लोगों के आवेदन रिजेक्ट कर दिए गए। उन्होंने बताया कि ज्यादातर मामलों में यात्री पहले से टिकट और होटल बुकिंग करवा लेते हैं, लेकिन ग्रुप के किसी एक भी सदस्य का वीजा निरस्त हो जाने पर पूरे ग्रुप का जाना लगभग कैंसल हो जाता है। रिपोर्ट के मुताबिक पिछले कुछ समय में इस तरह के मामलों में भारतीयों के 109 करोड़ रुपए से ज्यादा डूब चुके हैं, क्योंकि ज्यादातर मामलों में फ्लाइट टिकट और होटल बुकिंग नॉन रिफंडेबल होती हैं। इसके कारण एजेंट्स को भी भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है।

कैसे होंगी BHOJ University की परीक्षाएं, दो साल से भुगतान नहीं होने के कारण केंद्रों ने किया इनकार

मप्र भोज मुक्त विश्वविद्यालय की यूजी-पीजी की परीक्षाएं 27 दिसंबर से शुरू हो रही हैं। यह परीक्षाएं जनवरी सत्र की हैं, जिसमें 48 हजार विद्यार्थी शामिल होंगे। इसके लिए 570 सरकारी कॉलेजों को केंद्र बनाए गए हैं, लेकिन मानदेय और परीक्षा व्यय का भुगतान नहीं होने के कारण कॉलेजों ने भोज विवि की परीक्षाएं कराने से इन्कार कर दिया है।इसके अलावा वे अब मूल्यांकन कार्य भी नहीं करेंगे।

दो साल से परीक्षा में होने वाले खर्च का भुगतान नहीं
दरअसल, भोज विवि द्वारा पिछले दो साल से परीक्षा में होने वाले खर्च का भुगतान नहीं किया है। इससे प्रोफेसर और कर्मचारियों ने परीक्षाएं कराने से इन्कार कर दिया है। उनका कहना है कि विवि पहले पिछले दो साल के मानदेय और परीक्षा व्यय का भुगतान करे, इसके बाद ही हम परीक्षाएं कराएंगे।

परीक्षाएं नहीं करना चाहते
ऐसे में कॉलेजों ने भी विवि को पत्र लिखकर सूचित कर दिया है कि वे भोज विवि की परीक्षाएं नहीं करना चाहते हैं। यहां तक कि कॉलेजों में बनाए गए भोज विवि के अध्ययन केंद्र से भी वे परेशान हैं। अब वे उसे भी बंद करने की मांग कर रहे हैं। इस संबंध में क्षेत्रीय केंद्रों ने भोज विवि के कुलगुरु को पत्र भेजा है।
सभी सरकारी कॉलेजों में बनाए गए हैं अध्ययन केंद्र
भोज विवि के अध्ययन केंद्रों का संचालन निजी स्कूलों में हुआ करता था, लेकिन शासन के निर्देश पर अध्ययन केंद्रों को कॉलेजों में स्थानांतरित किया गया है। तीन साल पहले भोज विवि ने प्रदेश के लगभग सभी सरकारी कॉलेजों को विवि का अध्ययन केंद्र बना दिया है। प्रदेश में करीब 611 अध्ययन केंद्र हैं। इसमें कुछ निजी कालेज भी शामिल हैं। इससे भी कालेज वाले परेशान हैं।

दो साल के मानदेय और परीक्षा व्यय का भुगतान अभी तक भोज विवि ने नहीं किया है। विवि को पत्र लिखकर पिछले भुगतान की मांग की गई है, इसके बाद ही अगली परीक्षाएं संपन्न कराई जाएंगी।

डा. संजय जैन, प्राचार्य, बाबूलाल गौर पीजी महाविद्यालय,भेल

राज्य घुड़सवारी अकादमी के राजू सिंह का शानदार प्रदर्शन

61वीं कैवलेरी जयपुर में 15 से 18 दिसंबर 2024 तक आयोजित सीसीआई 3 स्टार इवेंटिंग क्रॉस कंट्री प्रतियोगिता में मध्य प्रदेश राज्य घुड़सवारी अकादमी के घुड़सवार राजू सिंह ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए प्रथम और द्वितीय स्थान पर कब्जा जमाया। राजू सिंह ने घोड़े “मविलान” के साथ 38.8 अंकों के साथ पहला स्थान और “मताकाली” के साथ 40.6 अंकों के साथ दूसरा स्थान हासिल कर राज्य का मान बढ़ाया।

खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने राजू सिंह को इस बड़ी उपलब्धि पर बधाई दी और कहा कि यह राज्य के लिए गर्व का क्षण है। उन्होंने राज्य घुड़सवारी अकादमी के खिलाड़ियों व प्रशिक्षकों के कठिन परिश्रम और समर्पण की सराहना की।

प्रतियोगिता में प्रदीप कुमार और कुंभभार महेश के शरायु ने भी क्रमशः तीसरा और चौथा स्थान हासिल कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

राजू सिंह ने एशियन चैंपियनशिप 2025 (थाईलैंड) के लिए पहला क्वालीफाइंग ट्रायल सफलतापूर्वक पूरा कर लिया है। दूसरा क्वालीफाइंग ट्रायल अगले महीने 14 से 17 तारीख तक आर्मी पोलो एंड राइडिंग क्लब, दिल्ली में आयोजित होगा।

शिमला, नैनीताल-जम्मू से भी ठंडा पचमढ़ी, भोपाल समेत 20 जिलों में आज भी शीतलहर का अलर्ट

मध्यप्रदेश में इस बार जनवरी से भी ठंडा दिसंबर है। भोपाल समेत कई शहरों में ठंड ने रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। पिछले 8 दिन से शीतलहर चल रही है, जो मंगलवार को जारी रही। मौसम विभाग ने भोपाल, जबलपुर समेत 20 जिलों में कोल्ड वेव यानी, शीतलहर चलने का अलर्ट जारी किया है। सोमवार-मंगलवार की रात पचमढ़ी, शिमला, नैनीताल-जम्मू से भी ठंडा रहा।
कड़ाके की ठंड की वजह से भोपाल, इंदौर, ग्वालियर समेत कई जिलों में स्कूलों की टाइमिंग बदल दी गई है, जबकि भोपाल के वन विहार नेशनल पार्क में जानवरों को सर्दी से बचाने के लिए हीटर लगाए गए हैं। सीनियर वैज्ञानिक डॉ. दिव्या ई. सुरेंद्रन ने बताया, मंगलवार के बाद शीतलहर का दौर खत्म होने का अनुमान है और कुछ दिन तक थोड़ी राहत मिल सकती है। मंगलवार को 20 जिलों में शीतलहर चलने का अनुमान है। इनमें से 6 जिले- शाजापुर, आगर-मालवा, सीहोर, रायसेन, मंडला और छतरपुर में पेड़-पौधों की पत्तियों पर बर्फ भी जम सकती है।
भोपाल में 4 डिग्री, ग्वालियर-जबलपुर में 5 डिग्री पारा
मध्यप्रदेश में तेज सर्दी का दौर जारी है। सोमवार-मंगलवार की रात में कई शहरों में रात के टेम्प्रेचर में गिरावट दर्ज की गई। इकलौते हिल स्टेशन पचमढ़ी में पारा 1.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इस वजह से यह शिमला, नैनीताल, जम्मू शहर, कटरा, धर्मशाला, पालमपुर, देहरादून से भी ठंडा रहा। भोपाल में 4 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। ग्वालियर-जबलपुर में 5 डिग्री, जबकि इंदौर में 10.6 डिग्री और उज्जैन में 8 डिग्री दर्ज किया गया। पचमढ़ी के अलावा मंडला, उमरिया, नौगांव, राजगढ़, खजुराहो में भी कड़ाके की ठंड रही। मंडला-उमरिया में 3 डिग्री, नौगांव में 3.8 डिग्री, राजगढ़ में 4.4 डिग्री दर्ज किया गया। टीकमगढ़, रायसेन, रीवा, छिंदवाड़ा, मलाजखंड और सतना में तापमान 7 डिग्री से नीचे रहा।

एनटीए 2025 से कोई भर्ती परीक्षा आयोजित नहीं करेगी, केवल उच्च शिक्षा प्रवेश परीक्षाओं पर करेगी ध्यान केंद्रित

नेशनल टेस्टिंग एजेंसी यानी एनटीए देश में शिक्षण संस्थाओं में प्रवेश के अलावा कई विभागों के लिए भर्ती परीक्षा आयोजित करती है। ऐसे में अब केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने मंगलवार को कहा कि राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) 2025 से कोई भर्ती परीक्षा आयोजित नहीं करेगी और केवल उच्च शिक्षा प्रवेश परीक्षाओं पर ध्यान केंद्रित करेगी।

केंद्रीय शिक्षा मंत्री एक प्रेस ब्रीफिंग में कहा कि मंत्रालय ने एनटीए में सुधार के लिए एक उच्च स्तरीय समिति का गठन किया था। समिति ने अपनी रिपोर्ट सौंप दी है। एक्शन टेकन रिपोर्ट के तहत इसे सुप्रीम कोर्ट के समक्ष प्रस्तुत किया गया है। पैनल ने एनटीए के पुनर्गठन का सुझाव दिया है। परीक्षा एजेंसी में 10 नए पद सृजित किए जाएंगे। इस दिशा में हमने काम शुरू कर दिया है।

उन्होंने रिपोर्ट के कुछ प्रमुख बिंदुओं का जिक्र करते हुए कहा कि 2013-14 से ज्यादा स्कूल अभी 2023-24 में हैं। स्कूल में बिजली का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि पहले 53 प्रतिशत स्कूलों में बिजली थी लेकिन अब 91.8 प्रतिशत स्कूलों में बिजली है। यह कदम मेडिकल प्रवेश नीट परीक्षा के कथित एवं संदिग्ध लीक और अन्य गड़बड़ियों के कारण कई अन्य परीक्षाओं को रद्द करने के बाद इस साल की शुरुआत में गठित एक उच्च स्तरीय पैनल की सिफारिश के आधार पर परीक्षा सुधारों का हिस्सा है।

शिक्षा मंत्रालय स्वास्थ्य मंत्रालय के साथ इस बारे में भी बातचीत कर रहा है कि क्या परीक्षा पारंपरिक पेन और पेपर आधारित मोड में आयोजित की जानी चाहिए या कंप्यूटर आधारित टेस्ट (सीबीटी) में बदल दी जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि साइबर क्राइम एक बड़ी चुनौती बन चुका है। ऐसे में परीक्षाओं के सुरक्षित और सफल आयोजन के लिए सबको मिलकर काम करना होगा। मंत्री ने कहा कि कॉमन यूनिवर्सिटी एंट्रेंस टेस्ट (सीयूईटी) यूजी का आयोजन साल में एक बार ही किया जाएगा।

भगवान विष्णु और सूर्यदेव की होगी आराधना, इस माह कई व्रत

मार्गशीर्ष माह के बाद सोमवार से पौष माह की शुरुआत हो गई है। धार्मिक और आध्यात्मिक रूप से इस माह का विशेष महत्व है। सामान्य बोलचाल में इसे पूस माह भी कहा जाता है। इस माह में भगवान लक्ष्मीनारायण और सूर्यदेव की आराधना की जाती है। पौष माह के गुरुवार को भी कई लोग व्रत रखते हैं और मनोकामना पूर्ति के लिए साधना, आराधना करते हैं। पौष माह सोमवार से शुरू होकर 13 जनवरी तक चलेगा, इसके बाद माघ माह की शुरुआत होगी। इस माह में बड़े त्योहार नहीं आते हैं, लेकिन कई व्रत पर्व रहेंगे। इसमें भगवान विष्णु, सूर्यदेव के साथ-साथ पितृरों के निमित्त भी पूजा अर्चना करने से विशेष फल की प्राप्ति होती है।

खरमास के कारण मांगलिक कार्य नहीं- पौष माह के साथ ही खरमास की भी शुरूआत हो गई है। सोमवार को सूर्य ने धनु राशि में प्रवेश कर लिया। इसके साथ ही खरमास प्रारंभ हो गया, जो मकर संक्रांति तक चलेगा। खरमास में विवाह, गृह प्रवेश, मुंडन, प्राण प्रतिष्ठा सहित बड़े मांगलिक कार्यों पर विराम लगेगा। आगामी 15 जनवरी को सूर्य के मकर राशि में प्रवेश के साथ ही मकर संक्रांति से मांगलिक कार्यों की शुरुआत होगी।

सूर्य आराधना विशेष फलदायी:

पं. विष्णु राजौरिया ने बताया कि पौष में धनु की संक्रांति होती है। हिंदू कैलेंडर के हिसाब से यह दसवां महीना होता है। यह सूर्य का माह होता है, इसलिए इस महीने में सूर्य देव की उपासना, सूर्य को अर्घ्य देना विशेष फलदायी रहता है।

पौष माह के त्योहार
18 दिसंबर- गणेश चतुर्थी

23 दिसंबर- रुक्मिणी अष्टमी

26 दिसंबर- सफला एकादशी

28 दिसंबर- प्रदोष व्रत

30 दिसंबर- स्नानदान, सोमवती अमावस्या

06 जनवरी- उभय सप्तमी

10 जनवरी- पुत्रदा एकादशी

कारोबारी को व्यापार में निवेश करने के नाम पर लगाई 7.60 लाख की चपत

कोलार इलाके में एक निजी काम करने वाले सेल्स अधिकारी ने कारोबारी को व्यापार में निवेश करने का झांसा देकर करीब 7.60 लाख रुपए की चपत लगा दी। पुलिस ने इस मामले में आरोपी युवक के खिलाफ अमानत में ख्यानत का केस दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक सर्वधर्म कॉलोनी निवासी अमित राय पुत्र फिरतू राय कारोबार करते हैं। कुछ समय पहले उनकी मुलाकात एक निजी कंपनी में काम करने वाले सेल्स अधिकारी राम मिश्रा से हुई थी। आरोपी राम मिश्रा ने उन्हें कुछ कंपनी की डिलरशिप भी दिलवाई थी। इतना ही नहीं बाद में उन्हें झांसे देते हुए कहा कि वह उनके साथ काम करेगा तो उन्हें बड़ा फायदा भी होगा। आरोपी युवक की बातों में आकर फरियादी ने उन्हें 7.60 लाख रुपए अलग-अलग किस्तों में दे दिए थे। रकम लेने के बाद आरोपी युवक ने फोन उठाना ही बंद कर दिया था। उसकी करतूतों से परेशान होकर फरियादी ने एसीपी चूनाभट्टी को लिखित में आवेदन देकर शिकायत दर्ज कराई थी। आवेदन की जांच के बाद पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ मामला दर्ज किया। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

एक जनवरी से सरकारी कामकाज में होगा बड़ा बदलाव, ऑफिस में नहीं घुमा पाएंगे बाबू

वल्लभ भवन मंत्रालय स्थित विभागों की सभी फाइलें एक जनवरी 2025 से ई-ऑफिस के माध्यम से संचालित होंगी। इसके निर्देश सभी विभाग प्रमुखों को नोटशीट भेजकर मुख्य सचिव अनुराग जैन ने दिए हैं। नोटशीट में कहा गया है कि सभी फाइलों की स्कैनिंग की जाए, जिसमें पहले प्रचलित नस्तियां और इसके बाद निराकृत नस्तियां स्कैन की जाएं।

अब तक 39 विभागों को ई-ऑफिस का प्रशिक्षण दिया जा चुका है। प्रशिक्षण उपरांत कुल 39 विभागों में से केवल 17 विभागों ने ई- फाइल प्रणाली का उपयोग आरंभ किया है। शेष 22 विभाग भी तत्काल ई-ऑफिस का उपयोग आरंभ करें।

क्या है ई-ऑफिस
ई-ऑफिस दरअसल ऑनलाइन प्रणाली है। इसमें अधिकारी से लेकर कर्मचारी तक कंप्यूटर पर बैठकर अपनी फाइलें निपटाएंगे। इससे यह पता चल जाएगा कि कौन सी फाइल किस के पास लंबित है। पुरानी नस्तियों को भी इसमें ढूंढा जा सकेगा। इससे शासकीय कार्य तेजी से संपादित हो सकेंगे। उच्च स्तर पर इसकी मानिटरिंग की भी व्यवस्था रहेगी।

मुख्यमंत्री और मंत्रियों के लिए मैन्युअल ही चलेगी फाइलें
मंत्रालय में ई आफिस व्यवस्था होगी लागू, लेकिन मुख्यमंत्री और मंत्रियों के लिए मैन्युअल ही चलेगी फाइलें। ई- फाइलों के माध्यम से ही शासकीय कामकाज होंगे। मैन्युअल फाइल की व्यवस्था को पूरी तरह से बंद किया जाएगा। ऐसा इसलिए क्योंकि मुख्यमंत्री और मंत्रियों के हस्ताक्षर की कापी कर इसका दुरुपयोग न किया जा सके।

अधिकारियों के टेबल पर फाइलों के अंबार वाली व्यवस्था बंद की जाएगी। इसी तरह मध्य प्रदेश कैबिनेट के लिए बनने वाले प्रस्ताव भी आनलाइन तैयार होंगे। भोपाल स्थित विभागाध्यक्ष कार्यालय यानि संचालनालय भी ई-ऑफिस से जुड़ गए हैं। जल्द ही संभागीय एवं जिला कार्यालय भी ई-ऑफिस व्यवस्था से जोड़े जाएंगे।

डीपीआईआईटी ने स्टार्टअप इकोसिस्टम को मजबूत करने और नवाचार को प्रोत्साहन देने के लिए एचडीएफसी बैंक के साथ किए समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर

उद्योग संवर्धन और आंतरिक व्यापार विभाग (डीपीआईआईटी) ने विश्व स्तरीय बैंकिंग और वित्तीय सेवाओं के साथ स्टार्टअप को सशक्त बनाने के लिए, संपत्ति के हिसाब से भारत में निजी क्षेत्र के सबसे बड़े बैंक एचडीएफसी बैंक के साथ एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर करके साझेदारी की है।

साझेदारी का उद्देश्य नवाचार और विकास को प्रोत्साहन देने के लिए जानकारी साझा करने, परामर्श और क्षमता निर्माण कार्यक्रमों की पेशकश करके पूरे स्टार्टअप इकोसिस्टम को सुदृढ़ करना है।

स्टार्टअप्स को उनकी जरूरतों, जैसे कार्यशील पूंजी, क्रेडिट पहुंच और नकदी प्रवाह प्रबंधन को पूरा करने के लिए तैयार किए गए बैंकिंग और वित्तीय उत्पादों से लाभ होगा। इसके अलावा, स्टार्टअप्स के पास भी एचडीएफसी बैंक के विशाल नेटवर्क और संसाधनों तक पहुंच होगी, जिससे वे अपने कार्यान्वयन को बढ़ाने, निवेश आकर्षित करने और बाजार में अपनी उपस्थिति को अधिक प्रभावी ढंग से स्थापित करने में सक्षम होंगे।

भारत के स्टार्टअप इकोसिस्टम की बदलाव लाने वाली क्षमता को रेखांकित करते हुए, स्टार्टअप इंडिया के संयुक्त सचिव, संजीव सिंह ने उल्लेख किया कि भारत का स्टार्टअप इकोसिस्टम देश की नवाचार-संचालित अर्थव्यवस्था का आधार है, और इसे और सशक्त बनाना हमेशा डीपीआईआईटी की कार्यावली में शीर्ष पर रहेगा। उन्होंने एचडीएफसी बैंक जैसे प्रमुख साझेदारों के साथ रणनीतिक संबंध बनाने, उद्यमिता बढ़ाने वाले मजबूत पारिस्थितिकी तंत्र को सुनिश्चित करने, समग्र आर्थिक वृद्धि और विकास के रास्ते में आने वाली बाधाओं को दूर करने और विभिन्न क्षेत्रों में सार्थक समाधान पेश करने जैसी और सभी क्षेत्रों में अधिक पहल करने की आवश्यकता पर जोर दिया, जो समय की मांग है।

स्टार्टअप इंडिया के निदेशक डॉ. सुमीत कुमार जारंगल ने कहा कि एचडीएफसी बैंक के साथ यह सहयोगी संबंध निश्चित रूप से भारत में स्टार्टअप के लिए समर्थन व्यवस्था को सुदृढ़ करने में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा। उन्होंने कहा कि बैंक की विशेषज्ञता और संसाधनों का लाभ उठाकर, डीपीआईआईटी का लक्ष्य स्टार्टअप्स को वित्तीय सेवाओं और नवाचारी समाधानों तक निर्बाध पहुंच प्रदान कराना है। यह साझेदारी न केवल फंडिंग और वित्तीय प्रबंधन जैसी जरूरी चुनौतियों का प्रभावी ढंग से मुकाबला करेगी, बल्कि परिणामोन्मुखी तरीके से नवाचार करने और फलने-फूलने के लिए स्टार्टअप के लिए अनुकूल वातावरण भी तैयार करेगी।

इस बीच, एचडीएफसी बैंक में सरकारी और संस्थागत व्यवसाय, स्टार्ट-अप और गिग बैंकिंग प्रमुख सुनाली रोहरा ने कहा, “हम भारत में स्टार्ट-अप के परिदृश्य को और प्रोत्साहन देने के लिए डीपीआईआईटी के साथ सहयोग करके प्रसन्न हैं। इस साझेदारी के जरिए, डीपीआईआईटी-समर्थित स्टार्ट-अप को बैंक के अनुकूलित उत्पादों तक निर्बाध पहुंच प्राप्त होगी, जिसका उद्देश्य उनके विकास में तेजी लाने में मदद करना है”।

 

 

 

इंदौर में श्रम संहिताओं और श्रमिक कल्याण पर बड़ा आयोजन, रोजगार और सामाजिक सुरक्षा...

0
इंदौर। श्रमिकों के अधिकारों, सामाजिक सुरक्षा और रोजगार व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में इंदौर में 3 नवंबर 2026 को श्रम संहिताओं...

असंगठित और गिग वर्कर्स के लिए केंद्र सरकार का बड़ा फैसला, 40 और 22...

0
नई दिल्ली | 4 नवंबर 2026 देश के करोड़ों असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों, डिलीवरी पार्टनर्स, ऐप आधारित टैक्सी चालकों और प्लेटफॉर्म वर्कर्स को सामाजिक सुरक्षा...
nmms-scholarship-2026-27

NMMSS Scholarship 2026-27: छात्रों को बड़ी राहत, छात्रवृत्ति आवेदन की अंतिम तारीख बढ़ी, अब...

0
नई दिल्ली। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के मेधावी विद्यार्थियों के लिए केंद्र सरकार ने बड़ी राहत दी है। शिक्षा मंत्रालय ने राष्ट्रीय साधन-सह-योग्यता...
akshara goswami

मध्यप्रदेश स्थापना दिवस पर 102 मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान, हर छात्र को मिली 1...

0
भोपाल। मध्यप्रदेश के 71वें स्थापना दिवस के अवसर पर प्रदेश की शैक्षणिक प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। भोपाल के लाल परेड मैदान में आयोजित...
poshan-tracker-pmmvy-grievance-redressal-2026

POSHAN Tracker और PMMVY की शिकायतों का होगा निपटारा, 30 अक्टूबर को देशभर में...

0
नई दिल्ली | 30 अक्टूबर 2026 | सामाजिक कल्याण समाचार केंद्र सरकार ने गर्भवती महिलाओं, स्तनपान कराने वाली माताओं और पोषण सेवाओं के लाभार्थियों की...