नकली और मिलावटी मिठाई नमकीन मिलने की शिकायत सीएम हेल्पलाइन 181 और 7000662761 पर करें
Bhopal News: अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत भोपाल के प्रतिनिधि मंडल ने खाद्य सुरक्षा अधिकारी देवेंद्र दुबे से समय लेकर मुलाकात की और त्योहारों के इस मौसम में नकली , अमानक एवं खाद्य पदार्थों में हो रही मिलावट की ग्राहक सेवा केंद्र पर प्राप्त शिकायतों को लेकर चिंता व्यक्त की, ग्राहकों के साथ इस प्रकार से धोखाधड़ी ना हो , उनके स्वास्थ से खिलवाड़ ना हो, इस हेतु सतत जाँच होती रहे। इस प्रकार के कृत्य करने वाले विक्रेताओं पर क़ानूनी कार्यवाही कर कठोर दंड देने हेतु ज्ञापन दिया साथ ही आम जनता की शिकायत पर तत्काल जांच हेतु चलित खाद्य प्रयोगशाला जाँच हेतु उपलब्ध करवाएगा जाए…!! एवम् ग्राहकों हेतु नकली और मिलावटी मिठाई नमकीन मिलने की शिकायत सीएम हेल्पलाइन 181 और 7000662761 पर करें।
प्रतिनिधि मंडल में भोपाल महानगर अध्यक्ष सुरेंद्र रघुवंशी , उपाध्यक्ष् नीलेश श्रीवास्तव, आयाम प्रमुख ऋषि पांडे , रवि शर्मा , अश्वनी कुमार सिन्हां एवं अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
अच्छे खानपान एवं नियमित दिनचर्या से हार्ट अटैक से बचा जा सकता है_डा. पी.सी.मनोरिया
भोपाल, हृदय रोग और मधुमेह के बीच संबंध उनके कारण, निदान और जांच, इलाज की नई तकनीकों पर जानकारी तथा अनुभवों का आदान प्रदान करने के लिए कुशाभाऊ ठाकरे सभागार में आज राष्ट्रीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का औपचारिक शुभारंभ मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने किया कार्यशाला में डॉ. श्रीनिवास बेगलुरु, डॉ. पंकज मनोरिया, दिल्ली के कार्डियक सर्जन डॉ. आलोक मोदी, भोपाल से डॉक्टर पंकज मनोरिया, डॉक्टर पीयूष मनोरिया, डॉक्टर एस के पाराशर डॉक्टर माहिन सिकंद्र सहित देश के अन्य ख्यात चिकित्सक मौजूद रहे। कार्यशाला के तकनीकी सत्र में आयोजन समिति के अध्यक्ष डॉ. पीसी मनोरिया ने कहा कि भारत में जीवन शैली से जुड़ी बीमारियां चिंताजनक तरीके से बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि जीवन शैली से जहां हृदय रोगियों की संख्या बढ़ रही है तो वही मधुमेह के मरीज भी बढ़ रहे हैं। डॉ. मनोरिया ने मधुमेह और हृदय रोग के बीच संबंधों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि समय समय पर जांच, आहार विहार में परिवर्तन और कुशल चिकित्सक की देखरेख में नियमित दवाओं के सेवन से स्वास्थ्य समस्या की गंभीरता को काफी हद तक कम किया जा सकता है। कार्यशाला में प्रदेश 8 चिकित्सकों को अवार्ड ऑफ एक्सीलेंस इन कम्युनिटी सर्विस तथा चिकित्सकों को फैलोशिप प्रदान की गई। कार्यशाला में दिल्ली के कार्डियक सर्जन डा. आलोक मोदी एवं डॉ. एन भावाथरिनी चैन्नई ने इंसुलिन इंजेक्शन के बारे में बहुत ही उपयोगी जानकारी प्रदान की। कार्यशाला में सभी विशेषज्ञों ने तकनीनी चर्चा के बीच इन बीमारियों के कारण, लक्षण, जांच और इलाज की नई तकनीकों पर अपने विचार और अनुभव साझा किए एवं आखिर में इस सफल कार्यक्रम में डॉक्टर पंकज मनोरिया ने देश भर से आए ख्यात विख्यात डॉक्टर्स का आभार व्यक्त किया।
सीबीआईसी ने ” विशेष अभियान 4.0″ के तहत 49 लाख विदेशी सिगरेट, 73 किलोग्राम मादक पदार्थ, गुटका/पान मसाला और ई-सिगरेट को नष्ट किया
वित्त मंत्रालय के केंद्रीय अप्रत्यक्ष कर एवं सीमा शुल्क बोर्ड (सीबीआईसी) के ” विशेष अभियान 4.0″ के हिस्से के रूप में और प्रतिबंधित वस्तुओं के अवैध आयात के खिलाफ अभियान को जारी रखते हुए, दिल्ली सीमा शुल्क (निवारक) आयुक्तालय और सीमा शुल्क (हवाई अड्डा और सामान्य) आयुक्तालय ने कुल 49 लाख विदेशी सिगरेट, लगभग 73 किलोग्राम एनडीपीएस ड्रग्स (हेरोइन, कोकीन, गांजा, चरस, आदि), गुटखा/पान मसाला और ई-सिगरेट नष्ट कीं।
नष्ट की गई ड्रग्स, सिगरेटों आदि का मूल्य लगभग 460 करोड़ रुपये है। इन सामानों को सीमा शुल्क विभाग ने सीमा शुल्क अधिनियम, एनडीपीएस अधिनियम और सिगरेट और अन्य तंबाकू उत्पाद अधिनियम के उल्लंघन के लिए जब्त किया था।
25 अक्टूबर 2024 को दिल्ली में एक अपशिष्ट प्रबंधन सुविधा में प्रतिबंधित सामग्री का सुरक्षित और प्रभावी तरीके से निपटान, दिल्ली सीमा शुल्क निवारक आयुक्तालय की आयुक्त हरबिंदर कौर प्रसाद और सीमा शुल्क (हवाई अड्डा और सामान्य) आयुक्तालय के आयुक्त विशाल पाल सिंह की उपस्थिति में किया गया।
सभी विभागों में ई-ऑफिस प्रणाली लागू हो जाए, यह सुनिश्चित करें : मुख्य सचिव अनुराग जैन
मुख्य सचिव अनुराग जैन ने शुक्रवार को मंत्रालय में विभागाध्यक्षों, निगम- मंडलों के प्रबंध संचालकों के साथ बैठक कर विकसित मध्यप्रदेश बनाने के संबंध में आवश्यक दिशा- निर्देश दिए। जैन ने अधिकारियों से कहा कि आप सभी सरकार के महत्वपूर्ण अंग हैं। योजनाओं का क्रियान्वयन एवं नियमों का पालन कराना और उसके अच्छे परिणाम आए, उसकी जिम्मेदारी आपकी है।
मुख्य सचिव जैन ने निर्देशित किया कि 1 जनवरी 2025 तक सभी विभागों में ई-ऑफिस प्रणाली लागू हो जाए यह सुनिश्चित करें। ई-ऑफिस से कार्य-प्रणाली में पारदर्शिता और गतिशीलता आयेगी। समय-सीमा में कार्य हो सकेंगे। मुख्य सचिव ने कहा कि सभी विभागीय अधिकारी तकनीक के साथ अपग्रेड रहे।
मुख्य सचिव जैन ने कहा कि विकसित मध्यप्रदेश बनाने के लिए आय के नये स्त्रोत तलाशें। प्रदेश में निवेश बढ़ाने के लिए निवेशकों के साथ लगातार संपर्क करें और अपनी सक्रियता बनाएं रखें। निवेश प्रस्तावों के क्रियान्वयन के लिए निरंतर प्रयासरत रहें। जैन ने न्यायालय में चल रहे प्रकरण, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, प्रसूति सहायता योजना, संबंल योजना, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (पीएम-किसान) योजना सहित प्रदेश में संचालित हो रही अन्य योजनाओं के क्रियान्यवयन में आ रही समस्याओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने कहा कि समस्याओं के समाधान के लिए आपस में समन्वय एवं संवाद किया जाये।
मुख्य सचिव जैन ने सीएम हेल्पलाइन में आ रही शिकायतें और लंबित शिकायतों का त्वरित निराकरण करने और प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना अतंर्गत अभियान चलाकर किसानों की ई-केवाईसी कराने के निर्देश दिए।
महत्वपूर्ण योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन एवं योजना के मूल उद्देश्यों की प्राप्ति, सुशासन, सीएम हेल्पलाइन, लोक सेवा गारंटी, समय-सीमा में कार्यों का निष्पादन करना, कार्यों में पारदर्शिता, राजस्व वृद्दि के उपाय, मानव संसाधन प्रबंधन सहित अन्य महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा की। बैठक वरिष्ठ अधिकारी आलोक सिंह, अविनाश लवानिया, कुमार पुरुषोत्तम, अभिजीत अग्रवाल, चंद्रमौली शुक्ला, हर्षिका सिंह, प्रियंका दास ने विभागीय समस्या, नवाचार और योजनाओं के क्रियान्वयन के संबंध में जानकारी दी।
घरेलू गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी और अफरा-तफरी करने पर गैस एजेंसी संचालक के विरुद्ध प्रकरण दर्ज
घरेलू गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी करने एवं गोदाम में विस्फोटक अधिनियम से तय लिमिट से अधिक गैस सिलेण्डरों का भण्डारण करने पर खाद्य विभाग द्वारा बड़ी कार्रवाई की गई है। कलेक्टर आशीष सिंह एवं अपर कलेक्टर गौरव बैनल के आदेश पर जिला आपूर्ति नियंत्रक एम.एल. मारू इंदौर के मार्गदर्शन में खाद्य विभाग के अधिकारियों द्वारा ग्राम तिल्लौर खुर्द स्थित तिल्लौर इंडेन गैस एजेंसी की जांच प्रोपरायटर राकेश पाटीदार (भंडारी) एवं पंचों के समक्ष गई। जांच के समय स्टॉक में 311 नग भरे एवं 365 नग खाली गैस सिलेंडरों का भारी अंतर पाया गया। एजेंसी पर जारी विस्फोट लाइसेंस की भंडारण क्षमता 6000 किलोग्राम है, किन्तु जांच दिनांक को एजेंसी के गोदाम में रखे भरे गैस सिलेंडरों का भौतिक सत्यापन करने पर 9822 किलोग्राम गैस वजन भंडारित होना पाया गया, जो वास्तविक भंडारण क्षमता से 3822 किलोग्राम (63.7%) अधिक भंडारित होना पाया गया।
प्रोपरायटर द्वारा पाये गये स्टॉक अंतर का समाधानकारक जवाब नहीं देने पर तत्काल प्रकरण पंजीबद्ध किया गया। पाये गये अधिक गैस सिलेंडर्स को जप्त कर आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 की धारा 3/7 के तहत कार्यवाही की गई। इस संबंध में सेल्स ऑफिसर आईओसीएल कंपनी की भी गंभीर लापरवाही विस्फोटक मानकों के उल्लंघन के फलस्वरूप पाई गई है। उक्त कार्यवाही में कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारीगण सवेसिंह गामड, अंकुर गुप्ता, राहुल शर्मा सम्मिलित थे।
हर चुनाव भाजपा जीत रही, कांग्रेस की बज रही बैंड – डॉ. मोहन यादव
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व खजुराहो सांसद विष्णुदत्त शर्मा, केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान एवं प्रदेश प्रभारी डॉ. महेन्द्र सिंह ने शुक्रवार को बुधनी के दशहरा मैदान में कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित कर रोड शो किया एवं बुधनी उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी रमाकांत भार्गव का नामांकन पत्र दाखिल कराया। कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि बुधनी से निकली भाजपा की विजय यात्रा लगातार आगे बढ़ रही है, इसे लगातार आगे बढ़ाना है। बुधनी उपचुनाव में भाजपा ऐतिहासिक मतों से विजय हासिल कर जीत के सभी पुराने रिकार्ड तोड़ देगी। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं की अथक मेहनत व परिश्रम से बुधनी और विजयपुर उपचुनाव में भाजपा ऐतिहासिक विजय हासिल करेगी। केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि मेरा हर चुनाव कार्यकर्ताओं ने ही लड़ा है, यह उपचुनाव भी भाजपा कार्यकर्ता ही जिताएंगे। 2023 के विधानसभा चुनाव में मुझे जितने वोटों से चुनाव जिताया था, उससे अधिक वोटों से पार्टी प्रत्याशी रमाकांत भार्गव को चुनाव जिताएं। प्रदेश प्रभारी डॉ. महेन्द्र सिंह ने कहा कि डबल इंजन की सरकार में बुधनी सहित मध्यप्रदेश का हुआ चहुंमुखी विकास हुआ है। कार्यकर्ता सम्मेलन को पार्टी प्रत्याशी रमाकांत भार्गव एवं युवा भाजपा नेता कार्तिकेय सिंह चौहान ने भी संबोधित किया। कार्यकर्ता सम्मेलन के पश्चात रोड शो कर पार्टी के प्रदेश नेतृत्व ने बुधनी एसडीएम कार्यालय पहुंचकर पार्टी प्रत्याशी रमाकांत भार्गव का नामांकन दाखिल कराया।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि जिस तरह से गंगा हिमालय से निकलकर लगातार आगे बढ़ती गई हैं, उसी तरह से मध्यप्रदेश में भारतीय जनता पार्टी को मजबूत करने के लिए पार्टी की विजय यात्रा बुधनी विधानसभा से निकली है और लगातार आगे बढ़ रही है। एक या दो चुनाव नहीं, भारतीय जनता पार्टी हर चुनाव जीत रही है और कांग्रेस की लगातार बैंड बज रही है। 2023 के विधानसभा चुनाव में हमने जीत का रिकॉर्ड बनाया और वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव में तो मध्यप्रदेश में भाजपा सभी 29 सीटें जीतकर इतिहास रच दिया। कोई 5 लाख वोटों से जीता, तो कोई 7 लाख और किसी ने तो 10 लाख वोटों से प्रचंड जीत दर्ज की। यह भारतीय जनता पार्टी की ताकत है। मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस के समय में अच्छा खासा चलता हुआ नल भी बंद हो जाता था। हमारी सरकार ने चौतरफा विकास किया। स्कूल कॉलेज खोले गए, नल-जल योजना सहित अधोसंरचना से जुड़े अन्य काम हुए। हमारी सरकार बनी, तो अयोध्या में भगवान राम मुस्कुराए। भगवान राम की प्राण प्रतिष्ठा में वो मुस्लिम भाई तो पहुंचे थे, जिन्होंने कोर्ट में केस लड़ा, लेकिन कांग्रेस नेता राहुल गांधी, उनकी बहन और परिवार नहीं गया। अब जब कांग्रेस के लोग आपसे वोट मांगने आएं, तो उनसे यही पूछना कि आप रामलला की प्राण प्रतिष्ठा में गए थे क्या? मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली हमारी सरकार ने भूटान और डोकलाम में किसी को आगे नहीं बढ़ने दिया। गलवान घाटी से भी पांच साल बाद चीन को पीछे हटना पड़ रहा है, ऐसी है मोदी सरकार। उन्होंने कहा कि हमारी जीत सुनिश्चित है, लेकिन दुश्मन चालाक है। इसलिए हमें लगातार सतर्क रहना है और जीत के अपने प्रयासों में कोई कसर नहीं छोड़ना है। विकास का पहिया चलता रहे तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत की ताकत बढ़ती रहे, इसके लिए आने वाले चुनाव में सब मिलकर पूरी ताकत से रमाकांत भार्गव को जिताएं।
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व खजुराहो सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि मध्यप्रदेश में वर्ष 2003 के बाद भारतीय जनता पार्टी के मुख्यमंत्रियों ने लगातार विकास की दिशा में काम किया है। केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मुख्यमंत्री के तौर पर प्रदेश को बीमारू राज्य से निकालकर विकसित राज्य की दिशा दिखाई। अब चौहान के प्रयासों को आगे बढ़ाकर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव स्वर्णिम मध्यप्रदेश बनाने की दिशा में हर क्षेत्र में तेजी से काम कर रहे हैं। शिवराज सिंह चौहान ने बुधनी के विकास की गाथा लिखी और अब बुधनी में हर जगह विकास ही विकास नजर आता है। देश के अंदर गरीब कल्याण की योजनाएं हां या फिर महिला को सशक्त करने का काम अगर किसी ने किया है तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी के मुख्यमंत्रियों ने किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मूल मंत्र ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास, सबका प्रयास’ को आधार मानकर प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव प्रदेश का विकास और गरीबों का कल्याण करने की दिशा में तेजी से काम कर रहे हैं। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष शर्मा ने कहा कि देश भर में पार्टी का संगठन पर्व चल रहा है। संगठन पर्व में प्रदेश ने डेढ़ करोड़ से ज्यादा सदस्य बनाकर इतिहास बनाया है। बुधनी में झूठ और छल-कपट की राजनीति नहीं चलेगी, यहां सिर्फ विकास की राजनीति करने वालों को जनता चुनेगी। मुझे विश्वास है कि बुधनी के कार्यकर्ता लोकसभा चुनाव के दौरान मिली बड़ी विजय को बरकरार रखकर न केवल डेढ़ लाख से ज्यादा मतों से बड़ी जीत हासिल करेंगे, बल्कि मेरा बूथ सबसे मजबूत के साथ हर बूथ पर कांग्रेस की जमानत भी जब्त करा देंगे।
केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि बुधनी की धरती कभी कांग्रेस का गढ़ हुआ करती थी, लेकिन कार्यकर्ताओं ने अपनी मेहनत से यहां भाजपा को स्थापित किया है। कांग्रेस पार्टी अब कहीं भी जीतने वाली नहीं है। हरियाणा में कांग्रेस पार्टी की हवा निकल गई है और महाराष्ट्र तथा झारखंड में भी कांग्रेस नहीं आने वाली। मैं जब भी यहां से चुनाव लड़ता था, तो कार्यकर्ता ही मेरा चुनाव लड़ते थे और मुझे प्रचंड बहुमत से जिताते थे। मेरे सामने जो कार्यकर्ता बैठे हैं, हम सब एक ही हैं और भारतीय जनता पार्टी एक परिवार है। जब मेरा हर चुनाव कार्यकर्ताओं ने लड़ा है, तो रमाकांत भार्गव का चुनाव भी कार्यकर्ता ही लड़ेंगे और भार्गव को मुझसे भी अधिक वोटों से जिताएंगे। इसके लिए सभी कार्यकर्ता प्रचंड बहुमत से कमल खिलाने का संकल्प लें। मैंने बुधनी क्षेत्र के विकास में भी कोई कसर नहीं छोड़ी। कांग्रेस के जमाने में सड़कें नहीं थीं, घोड़े पर बैठकर जाना पड़ता था। कांग्रेस के दिग्विजय सिंह के जमाने में तो क्रिकेट की पिच जैसी सड़क बनती थी। कोई सड़क पर निकल जाये तो हालत खराब हो जाती थी। कांग्रेस शासनकाल में बुधनी में स्कूल नहीं था। 2003 में भाजपा की सरकार बनी और मैं मुख्यमंत्री बना इसके बाद उत्कृष्ट विद्यालय, सीएम राइज विद्यालय, आइटीआई कॉलेज, मेडिकल कॉलेज बुधनी में खुले। कांग्रेस के जमाने में केवल एक फसल होती थी। भाजपा सरकार ने सिंचाई के पानी की व्यवस्था की और अब तीन-तीन फसल होती है। हमने सरकार नहीं चलाई, परिवार चलाया है। ये जो बैठे हैं, नेता या कार्यकर्ता नहीं, परिवार के सदस्य हैं। आपमें एक बीमार हो जाता है, तो जब तक ठीक नहीं होता, तब तक मैं बेचैन रहता हूं। सड़क, बिजली, पानी, सिंचाई के मामले में हमने विकास की नई इबारत लिखी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में एक गौरवशाली, वैभवशाली और शक्तिशाली भारत का निर्माण हो रहा है। मैं चाहता हूं कि रमाकांत भार्गव को मुझसे ज्यादा वोटों से चुनाव जिताओ, जीत का नया रिकॉर्ड बनाओ।
भाजपा प्रदेश प्रभारी डॉ. महेंद्र सिंह ने कहा की बुधनी और विजयपुर उपचुनाव में भारत की संस्कृति, भारत की सभ्यता और भारत के आध्यात्म को जिताना है और कमल का फूल खिलाना है। इसलिए ज्यादा से ज्याता मतदान करें, ताकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की डबल इंजन सरकार में बुधनी सहित प्रदेश का हर क्षेत्र में विकास तेज रफ्तार से हो सके। प्रदेश की जनता ने लोकसभा और विधानसभा चुनावों में भारतीय जनता पार्टी को बड़ी जीत दिलाई। भाजपा के कार्यकर्ताओं की अथक मेहनत व परिश्रम से प्रदेश ने संगठन पर्व के सदस्यता अभियान में इतिहास बनाया है और मुझे विश्वास है कि बुधनी में भी कार्यकर्ता बड़ी विजय दिलाकर इतिहास बनाएंगे।
बुधनी दशहरा मैदान से एसडीएम कार्यालय के पास तक निकाले गए रोड शो में जनसैलाब उमड़ आया। हजारों की संख्या में स्थानीय लोग रोड शो के आगे चल रहे थे और सड़क किनारे खड़े होकर हजारों लोग रथ पर सवार भाजपा नेताओं पर पुष्पवर्षा कर अभिनंदन कर रहे थे। रथ पर सवार भाजपा प्रदेश नेतृत्व ने भी जनता का लगातार अभिनंदन करने के साथ पार्टी प्रत्याशी रमाकांत भार्गव के लिए आशीर्वाद मांगा।
इस अवसर पर प्रदेश शासन के मंत्री करणसिंह वर्मा, कृष्णा गौर, प्रदेश उपाध्यक्ष कांतदेव सिंह, विधायक हेमंत खण्डेलवाल, सुदेश राय, मुकेश टंडन, गोपाल सिंह, प्रदेश मीडिया प्रभारी आशीष उषा अग्रवाल, पूर्व मंत्री रामपाल सिंह, पूर्व मंत्री व विधायक डॉ. प्रभुराम चौधरी, जिलाध्यक्ष रवि मालवीय, पूर्व विधायक राजेंद्र सिंह राजपूत, वरिष्ठ नेता गुरुप्रसाद शर्मा, रघुनाथ सिंह भाटी, निर्मला बारेला, महेश उपाध्याय, धारा सिंह पटेल, सुरजीत सिंह चौहान सहित पार्टी पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
आलोक शर्मा ने भोपाल से लखनऊ, पुणे, मुंबई, पटना के लिए सीधी ट्रेन चलाने का दिया प्रस्ताव
शुक्रवार को राजधानी के ताज होटल में पश्चिम-मध्य रेलवे की भोपाल मंडल परिक्षेत्र के सांसदों की बैठक संपन्न हुई। बैठक में भोपाल सांसद आलोक शर्मा ने पश्चिम मध्य रेलवे जोन की महाप्रबंधक शोभना बंदोपाध्याय से सवाल पूछा कि निशातपुरा रेलवे स्टेशन कब तक बनकर तैयार होगा? इसकी टाइम लिमिट क्या है? सांसद शर्मा ने प्रस्ताव रखा कि भोपाल की जनसंख्या लगातार बढ़ रही है। ट्रेनों में रिजर्वेशन मिलने में यात्रियों को बड़ी कठिनाई होती है। कई लोग मेरे पास पत्र लिखवाने आते हैं। खासतौर पर पुणे जाने वाले छात्र और जॉब करने वाले लोगों को बड़ी परेशानी होती है। भोपाल से रेलवे ट्रैफिक का दबाव कम होना चाहिए। इसके लिए सांसद शर्मा ने भोपाल से पुणे और बेंगलुरु, भोपाल से लखनऊ, भोपाल से मुंबई, भोपाल से पटना के लिए नई ट्रेन चलाने का प्रस्ताव दिया। भोपाल इटारसी के बीच अप-डाउनर्स एवं यात्रियों की डिमांड को ध्यान में रखते हुए भोपाल और इटारसी के बीच मेमू ट्रेन चलाने का प्रस्ताव रखा। बैरसिया में नई रेलवे लाइन का सर्वे कार्य कराने पर चर्चा की।
सांसद शर्मा ने कहा कि मुंबई जाने वाली ट्रेन निशातपुरा से संत हिरदाराम नगर, सीहोर, उज्जैन, बड़ौदा, सूरत होकर चलाई जाए। ऐसा करने से भोपाल और रानी कमलापति पर दबाव कम होगा। साथ ही इटारसी, खंडवा होकर जाने वाले रूट के लिए विकल्प भी तैयार होगा। सांसद शर्मा ने पिछले दिनों उनसे मिले कुलियों के प्रतिनिधिमंडल द्वारा बताई गई समस्याओं को भी महाप्रबंधक के समक्ष रखा।
सांसद शर्मा ने कहा कि कुलियों की समस्याओं का निराकरण होना चाहिए। सीहोर स्टेशन पर अंबेडकर नगर से प्रयागराज के बीच चलने वाली ट्रेन का स्टॉपेज होना चाहिए। संत हिरदाराम नगर में ट्रेनों का स्टॉपेज और साफ सफाई संबंधी समस्याऔर सुझावों से अवगत कराया।
बैठक में देवास- शाजापुर सांसद महेंद्र सिंह सोलंकी, खंडवा सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल, ग्वालियर सांसद भारत सिंह कुशवाहा, पश्चिम-मध्य रेलवे की महाप्रबंधक शोभना बंदोपाध्याय, उप महाप्रबंधक अनुराग पांडे, डीआरएम भोपाल, देवाशीष त्रिपाठी, राज्यसभा सांसद माया नारोलिया, नर्मदापुरम सांसद दर्शन सिंह चौधरी, सागर सांसद डॉक्टर लता वानखेड़े सहित डब्ल्यूसीआर रेलवे, रेल मंत्रालय भारत सरकार रेलवे बोर्ड के बेस्ट सेंट्रल रेलवे मंडल के सलाहकार समिति सदस्य अंशुल तिवारी और मंडल के वरिष्ठ अधिकारीगण उपस्थित रहे।
बुधनी के भाजपा के असली चेहरे तो शिवराज ही हैं, भार्गव तो सिर्फ मोहरा : के.के. मिश्रा
मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष के मीडिया सलाहकार एवं बुधनी विधानसभा उपचुनाव के मीडिया प्रभारी के.के. मिश्रा ने बुदनी उप चुनाव को लेकर कांग्रेस प्रत्याशी राजकुमार पटेल के नामांकन पत्र दाखिल करने के बाद केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान पर कांग्रेस का पहला वार करते हुये कहा कि कांग्रेस का मानना है कि भाजपा प्रत्याशी रमाकान्त भार्गव तो सिर्फ़ शिवराजसिंह के मोहरे हैं। स्वाभाविक प्रत्याशी के रूप में उनके लिए अपनी सीट से इस्तीफ़ा देकर अपना राजनैतिक बलिदान देने वाले राजेन्द्रसिंह राजपूत भाजपा प्रत्याशी होना थे, जो नहीं हो सके,वे ठगी के शिकार हुए ! लिहाज़ा,हमारे निशाने पर मोहरा नहीं, असली चेहरे के रूप में शिवराज ही होंगे।
मिश्रा ने कांग्रेस पार्टी की ओर से शिवराजसिंह चौहान से पूछे 5 सवाल: –
1.आप 16 सालों तक प्रदेश के मुखिया रहे,अब केंद्रीय कृषि मंत्री हैं इसके बावजूद भी आपके गृह क्षेत्र बुदनी सहित समूचे प्रदेश में किसानों में खाद की हाहाकर क्यों मची हुई है?
2.आपके मुख्यमंत्रित्व काल में कर्ज़,अतिवृष्टि-अल्पवृष्टि व अन्यान्य कारणों से कितने किसानों ने आत्महत्यायें की?
3.आपके शासनकाल में केबिनेट के पारित प्रस्ताव में मां नर्मदा को “जीवित नदी” दर्जा दिया जाकर रेत के अवैध उत्खननकर्ताओं के ख़िलाफ़ कठोरता से दंडात्मक कार्यवाही करने का संकल्प लिया गया था,पूरे 16 सालों तक मां नर्मदा के सीने को रेत माफियाओं ने छलनी कर डाला, इस अवैध खनन और परिवहन में कितने माफियाओं के ख़िलाफ़ आपने सख़्त और दिखाई देने वाली कार्यवाही की,वे माफिया कौन थे,क्या उन्हें आपका संरक्षण नहीं था?
4.पूर्ववर्ती कमलनाथ सरकार के दौरान प्रदेश के 26.9 लाख किसानों की पहली किस्त के रूप में 11 हज़ार 768 करोड़ रुपयों की कर्जमुक्ति हुई थी,जिसे विधानसभा में एक ख़रीदी हुई सरकार के मुखिया के रूप में आपने भी सदन में स्वीकार किया था,हालांकि आप बाद में राजनैतिक कारणों से उसे अस्वीकार भी करते रहे, किंतु इस कर्ज़ मुक्ति का आपके किन-किन परिजनों लाभ मिला?
5. आपके सुयोग्य पुत्र व हमारे प्रिय भतीजे कार्तिकेय ने गुरुवार को बुदनी की जागरूक जनता के बीच कहा कि आपने शिवराज को बहुत प्यार दिया, जिसके कारण वे 16 सालों तक प्रदेश के मुखिया रहे, अब वे केंद्र में कृषि मंत्री हैं, यदि यहाँ से कांग्रेस विजयी होती है तो आप उनसे एक ईंट भी नहीं लगवा पायेंगे ! क्या आप इस राजनीतिक धौंस से सहमत हैं, क्या भारतीय लोकतंत्र में यह आचरण जायज़ है?
सीहोर जिले के बुदनी और श्योपुर जिले की विजयपुर विधानसभा उप चुनाव के लिए नामांकन भरने का अंतिम दिन समाप्त
सीहोर जिले के बुदनी और श्योपुर जिले की विजयपुर विधानसभा उप चुनाव के लिए आज नामांकन भरने का अंतिम दिन था। बुधनी भाजपा प्रत्याशी रमाकांत भार्गव ने नामांकन दाखिल किया। नामांकन रैली में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा के साथ अन्य जनप्रतिनिधी मौजूद रहे। इस अवसर पर वरिष्ठ भाजपा नेता शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि भाजपा प्रचंड जीत की और बढ़ रही है। विजयपुर सीट पर कांग्रेस प्रत्याशी मुकेश मल्होत्रा ने नामांकन दाखिल किया। उनके साथ पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी और कई अन्य कांग्रेस नेता मौजूद रहे। नाम-निर्देशन पत्रों की संवीक्षा 28 अक्टूबर को होगी। नाम वापसी की अंतिम तारीख 30 अक्टूबर है। दोनों सीटों पर मतदान 13 नवम्बर को और मतगणना 23 नवम्बर को होगी।














