नागदा-खचरौद को फोर-लेन सड़क की सौगात शीघ्र : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कल उज्जैन जिले के नागदा में आयोजित कन्या-पूजन कार्यक्रम में वर्चुअल रूप से शामिल होकर संबोधित किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि सूचना प्रौद्योगिकी के माध्यम से विभिन्न कार्यक्रमों से जुड़कर ज्यादा से ज्यादा लोगों से संपर्क का लाभ प्राप्त किया जा सकता है। उन्होंने कन्या-पूजन कार्यक्रम को भारतीय संस्कृति का महत्वपूर्ण पक्ष बताया और कार्यक्रम आयोजकों को बधाई दी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कार्यक्रम में उपस्थित जन-प्रतिनिधियों से चर्चा भी की। उन्होंने कहा कि नागदा-खाचरौद को शीघ्र ही फोर-लेन सड़क की सौगात मिलेगी। इसकी प्रक्रिया अंतिम चरण में है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि इस वर्ष राज्य सरकार द्वारा व्यापक स्तर पर शस्त्र-पूजन का कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। इसमें जन-प्रतिनिधि शामिल हो रहे हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि देवी अहिल्याबाई ने सुशासन की मिसाल प्रस्तुत की थी। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में हमारी बहनों को लोकसभा और विधानसभा में 33 प्रतिशत आरक्षण मिलेगा। इससे उनका प्रतिनिधित्व बढ़ेगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि नागदा से उन्हें विशेष लगाव है। यहां रक्षा बंधन का पर्व भी उत्साह से मनाया गया था।

कन्या-पूजन कार्यक्रम कमल धाकड़ स्मृति मंच एवं विश्व युवा मंडल ने आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पूर्व मंत्री सुल्तान सिंह शेखावत, विधायक डॉ. तेज बहादुर सिंह शेखावत, नगरपालिका अध्यक्ष संतोष ओपी गेहलोत, मण्डल अध्यक्ष सी.एम. अतुल, रवि काठेड़, संस्था अध्यक्ष राजेश धाकड़, महंत जय नारायण दास और राजकुमार मेहता उपस्थित रहे।

करोड़ रोजगार देने का वादा था, हर साल दो करोड़ नशेड़ी पैदा कर रही सरकार : जीतू पटवारी

मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कल अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी मुख्यालय के सभागार में पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुये कहा कि प्रदेश भाजपा सरकार की सत्ता की सरपरस्ती में देश का दिल और सांस्कृतिक राजधानी कहे जाने वाला मध्यप्रदेश अवैध मादक पदार्थों के गढ़ में तब्दील कर दिया गया है। प्रदेश के नौजवानों को ड्रग्स के दलदल में धकेलकर उनके भविष्य को अंधकारमय कर दिया गया है। मेफेड्रोन (MD), स्मैक, अफीम, गांजा, चरस, डोडा चूरा, एसिटिक एनहाइड्राईड, अल्प्राज़ोलम पाऊडर/कैमिकल सिरप जैसे कई घातक ड्रग्स प्रदेश के चप्पे-चप्पे में बेचे जा रहे हैं।

मध्य प्रदेश को ड्रग्स के गर्त में डुबोने की कहानी इतनी डरावनी और भयावह है कि खुद भाजपा के विधायक पुलिस अधिकारियों के चरणों में गिरकर गुहार लगा रहे हैं कि प्रदेश को ड्रग्स के चंगुल से मुक्त कराइए। प्रदेश के मंत्री सार्वजनिक रूप से भाषण में स्वीकार रहे हैं कि उनकी विधानसभा की गलियों में खुले आम ड्रग्स का कारोबार हो रहा है। भाजपा पार्षद वीडियो बनाकर गलियों में खुले में नशा करने के संबंध में अपने मुख्यमंत्री को चुनौती दे रही हैं। बड़े-बड़े ड्रग माफियाओं के साथ प्रदेश के मंत्रियों की तस्वीरें रोज समाचार पत्रों की सुर्खियाँ बन रही हैं। एक तरफ समूचे प्रदेश का चप्पा-चप्पा ड्रग्स के आग़ोश में धकेला जा रहा है, दूसरी ओर प्रदेश के मुख्यमंत्री, जो खुद गृहमंत्री भी हैं, सत्ता के नशे में मदमस्त आराम फरमा रहे हैं!

प्रदेश ड्रग्स माफ़िया की शरण में – भाजपा विधायक पुलिस के चरणों में: मध्य प्रदेश मऊगंज विधायक, प्रदीप पटेल अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के चरणों में गिर गए और कहा कि गुंडे उनकी हत्या पुलिस के इशारों पर करना चाहते हैं। चौंकाने वाली बात यह है कि विधायक पटेल ने जिले के पुलिस अधीक्षक और रीवा ज़ोन के आइजी को ड्रग्स के गोरखधंधे के खिलाफ एक पत्र लिखा था, मगर पुलिस ने ड्रग माफियाओं के खिलाफ कार्रवाई करने की बजाय विडंबना देखिए कि भाजपा विधायक खुद कह रहे हैं कि बड़े अधिकारी गुंडों को कहते हैं कि ‘विधायक की हत्या करो और ईनाम पाओ’! मऊगंज के विधायक, प्रदीप पटेल के इस वीडियो को शेयर करते हुए भाजपा के पूर्वमंत्री और वर्तमान विधायक ने अपने विधायक का समर्थन करते हुए मध्य प्रदेश के शराब माफियाओं के खिलाफ तल्ख़ टिप्पणी की है। साथ ही मध्य प्रदेश के सागर जिले से देवरी के विधायक ब्रज बिहारी पटेरिया की भी प्रदेश में बढ़ते अपराध और कानून व्यवस्था को लेकर इस्तीफे की खबरें मीडिया में आ रही हैं।

भोपाल बना देश की ड्रग्स राजधानीः भोपाल के बगरौदा गांव में स्थित प्लॉट नंबर एफ-63 में कई माह से ड्रग्स की एक फैक्ट्री चल रही थी। इसकी भनक भोपाल पुलिस को तब लगी जब गुजरात एटीएस और एनसीबी की 15 सदस्यीय टीम ने फैक्ट्री पर दबिश दी। बरामद ड्रग्स की कीमत 1814.18 करोड़ रुपए बताई जा रही है। अवैध ड्रग्स कारोबार के मुख्य आरोपी हरीश आंजना को उपमुख्यमंत्री, श्री जगदीश देवड़ा के साथ कई कार्यक्रमों में लंबे समय से देखा गया और सोशल मीडिया पर उसके कई फोटो उपमुख्यमंत्री के साथ कई समारोह में दिखाई दिए।

भोपाल की इस ड्रग फैक्ट्री में रोजाना 25-30 किलो ड्रग्स तैयार हो रहा था। गुजरात में पकड़ाए कुछ ड्रग्स डीलर्स से गुजरात एटीएस को इस फैक्ट्री की जानकारी मिली थी। इसके बाद से ही गुजरात एटीएस डेढ़ महीने से फैक्ट्री पर नजर रख रही थी। जानकारी पक्की होने पर एटीएस ने दिल्ली एनसीबी से संपर्क किया। इसके बाद संयुक्त रूप से कार्रवाई की गई। फैक्ट्री में तलाशी के दौरान कुल 907.09 किलोग्राम मेफेड्रोन (ठोस और तरल दोनों रूप में) मिला। बताया जा रहा है कि फैक्ट्री की मशीनें और सिस्टम बहुत आधुनिक और उच्च क्षमता वाले थे। आरोपी पिछले छह महीने से रोजाना 25 से 30 किलो ड्रग्स तैयार कर रहे थे।

देश के प्रमुख टीवी चौनल ने भोपाल में किया 72 घंटे का स्टिंग ऑपरेशन: मध्य प्रदेश इस हद तक नशे के गर्त में डूबा हुआ है कि राजधानी भोपाल के चप्पे-चप्पे पर हर प्रकार का ड्रग्स उपलब्ध है। चाहे वो प्रशासनिक अधिकारियों के बंगले के इर्दगिर्द हो या पुराने भोपाल की वीथियाँ हों, देश के एक बड़े चौनल द्वारा किए गए स्टिंग ऑपरेशन में इस बात का खुलासा हुआ कि भोपाल में हर प्रकार का ड्रग्स, चाहे वो चरस हो, गांजा हो, अफीम हो, स्मैक हो या मेफेड्रॉन ड्रग्स, सब बड़ी आसानी से उपलब्ध है और यह स्टिंग ऑपरेशन भोपाल में ड्रग फैक्ट्री के पकड़ाए जाने के बाद किया गया है।

गली गली में ड्रग्स की कहानी, मंत्री की जुबानी: 21 सितंबर को इंदौर में प्रदेश के कैबिनट मंत्री, श्री कैलाश विजयवर्गीय पुलिस को चेतावनी भरे लहजे में भाषण में अपने मंच से कहते हैं कि 3 दिन में ड्रग माफियाओं के खिलाफ कार्रवाई की जाए। पहले यहाँ ड्रग का धंधा कम था, अभी कुछ दिनों से बढ़ गया है। असल में किस्सा यह था कि भाजपा के सदस्यता अभियान के दौरान क्षेत्र की महिलाओं ने मंत्री को घेरकर यह कहा कि इलाके में बेतहाशा ड्रग माफिया सक्रिय हैं, जिन्होंने क्षेत्रवासियों का जीना दूभर कर रखा है।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार मंत्री के विधानसभा क्षेत्र की लगभग 200 गलियाँ ड्रग माफियाओं की गिरफ्त में हैं। इनमें प्रमुख रूप से वाल्मीकि नगर, गोविंद कालोनी, वृंदावन कॉलोनी, राम नगर, अवंतिका नगर, सुंदर नगर, जगदीश नगर, पटेल बस्ती, बड़ा भागीरथपुरा इत्यादि हैं।

ग्वालियर की भाजपा पार्षद अपर्णा पाटिल ने अपनी ही सरकार को दी 7 दिन की चेतावनी: भारतीय जनता पार्टी की ग्वालियर की पार्षद अपर्णा पाटिल प्रमुख चौराहे पर खड़े होकर वीडियो बनाती हैं और सड़क पर नशा कर रहे लोगों को दिखाते हुए अपनी ही सरकार को चेतावनी भरे लहजे में कहती हैं कि सड़क पर बैठकर आए दिन लोग नशा कर रहे हैं और रास्ते से गुजरने वाली बहन-बेटियों को और कोचिंग जा रही बच्चियों को परेशान करते हैं। अगर सात दिन में इसका संज्ञान नहीं लिया गया तो वो सड़कों पर उतर जाएंगी।

पटवारी ने कहा कि मध्य प्रदेश में 1,800 करोड़ की ड्रग्स बरामदगी का आरोपी उपमुख्यमंत्री का चहेता है। पीएम मोदी उपमुख्यमंत्री देवड़ा का इस्तीफा लें , पीएम मोदी ने दो करोड़ रोजगार तो नहीं दिए, लेकिन हर वर्ष दो करोड़ नशा करने वाले बना दिए। पटवारी ने कहा कि कांग्रेस ने बढ़ते नशे के मुद्दे पर केंद्र समेत मध्य प्रदेश की भाजपा सरकार को घेरा है। मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने भोपाल में करोड़ों की ड्रग्स बरामदगी के आरोपी से मध्य प्रदेश के उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा के नज़दीकी संबंधों का हवाला देकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री मोहन यादव से तुंरत उपमुख्यमंत्री का इस्तीफा लेने की मांग की है।

जीतू पटवारी ने कहा कि सिर्फ मध्य प्रदेश नहीं, बल्कि आज पूरा देश ‘उड़ता भारत’ यानी नशे की लत से ग्रस्त युवाओं का देश बनने की दिशा में बढ़ रहा है। देश में कोई भी राज्य नशे की गिरफ्त से अछूता नहीं है। मोदी सरकार ने संसद में एक रिपोर्ट पेश की थी, जिसमें बताया गया था कि देश में करीब 40 करोड़ लोग नशा करते हैं और ये संख्या हर साल करीब दो करोड़ दस लाख बढ़ रही है। प्रधानमंत्री मोदी ने हर साल दो करोड़ रोजगार तो नहीं दिए, लेकिन हर वर्ष दो करोड़ नशा करने वाले बना दिए।

भोपाल में पकड़ी गई 1,800 करोड़ रुपए से अधिक की ड्रग्स की फैक्ट्री के मुद्दे को उठाते हुए पटवारी ने कहा कि मध्य प्रदेश में नशे और उससे जुड़े माफिया को लेकर भयावह स्थिति है। कई राज्यों में ड्रग्स के तार भोपाल में पकड़े गए ड्रग्स रैकेट से जुड़े हैं। ड्रग्स की फैक्ट्री चलाने वाले आरोपी के उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा के साथ संबंध सार्वजनिक हैं। इससे साफ है कि आरोपी बिना राजनीतिक संरक्षण के इतना बड़ा अपराध नहीं कर सकता है। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री और गृह मंत्री मोहन यादव इस तरह की घटनाओं पर चुप हैं। सरकार और पुलिस प्रशासन को भनक भी नहीं लगी। प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री तुंरत उपमुख्यमंत्री का इस्तीफा लें।

पटवारी ने भाजपा नेताओं की वीडियो क्लिप दिखाते हुए कहा कि मध्य प्रदेश के मंत्री कैलाश विजयवर्गीय कह चुके हैं कि प्रदेश में गली गली में नशा बिकता है। इसके बाद मऊगंज से भाजपा विधायक शराब माफिया और गुंडों से परेशान होकर पुलिस के सामने साष्टांग लेटने को मजबूर हो गए। वरिष्ठ भाजपा नेता अजय विश्नोई ने इसे अपने एक्स पर शेयर किया और लिखा है कि पूरी सरकार ही शराब ठेकेदारों के आगे दंडवत है। जब भाजपा नेता ही इस तरह की बातें कर रहे हैं तो फिर इसके लिए किसी और प्रमाण की क्या ज़रूरत है। उन्होंने कहा, भाजपा नेताओं के बच्चे भी नशा करते हैं, इसलिए वे भी इसके खिलाफ आवाज उठा रहे हैं।

पटवारी ने कहा कि मध्य प्रदेश आज पूरी तरह से माफियाओं के चंगुल में है। प्रदेश में शराब माफिया, खनिज माफिया, रेत माफिया, प्रशासनिक माफिया समेत तमाम माफिया हावी हैं। मध्य प्रदेश में माफिया की सरकार है और हर तरफ़ उन्हीं का बोलबाला है। नशा माफिया ने हर वर्ग को अपनी चपेट में ले लिया है।
मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी शुक्रवार को नई दिल्ली स्थित कांग्रेस मुख्यालय में पत्रकार वार्ता को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उनके साथ अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता अभय दुबे भी मौजूद थे।

आर्थिक समृद्धि के साथ आध्यात्मिक समृद्धि भी आवश्यक – उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल

उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने कहा है आर्थिक समृद्धि के साथ आध्यात्मिक समृद्धि भी आवश्यक है, हमे ऐसा विकास नहीं चाहिए कि हमारे बच्चे संस्कारहीन हो जाए। उप मुख्यमंत्री ने कहा है कि परिवार की सर्वांगीण उन्नति एवं प्रगति के लिए प्यार और संस्कार चाहिए जो हमें आध्यात्म और संस्कारों से मिलेगा। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकारें सुशासन से इस देश को आर्थिक महाशक्ति बना रहे हैं, लेकिन आर्थिक विकास के साथ-साथ हमारा आध्यात्मिक और नैतिक विकास भी आवश्यक है। उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने कल ब्यौहारी के पंच ज्योति शक्ति तीर्थ सिद्ध आश्रम मऊ में आयोजित संकल्प साधना शिविर में यह बात कही।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश आर्थिक महाशक्ति बन रहा है तथा धर्म, गुरुओं के नेतृत्व में भारत विश्व गुरु भी बनेगा। उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 में 100 वर्ष आजादी के पूरे हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में अनेकों जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि नशे का अवैध व्यापार करने वाले माफियाओ के विरुद्ध सख्त कार्यवाही की जाएगी और माफियाओं को जेल भेजा जाएगा, नशे की लत से आने वाली पीढ़ी बर्बाद हो रही है। उन्होंने कहा कि यदि आने वाली पीढ़ी ही बर्बाद होगी तो देश विकसित राष्ट्र कैसे बन सकता है, नशा मुक्ति के लिए सामाजिक संगठन, सरकार, प्रशासन के साथ मिलकर काम करना होगा। उन्होंने कहा कि नशे की चपेट में आने वाली व्यक्तियों, को नशा मुक्ति केंद्र भेजा जा रहा है और उन्हें नशे के खिलाफ प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि हर माता-पिता का सपना होता है कि बच्चें आगे बढ़े लेकिन, नशे की लत में आने के कारण माता-पिता के बच्चों का सपना पूरा नहीं हो पता है। उन्होंने कहा कि नशे का अवैध व्यापार करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई करने के लिए शहडोल जिले में भी जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन अभियान चलाएं और नशे के अवैध व्यापार करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करें।

उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने कहा कि नवरात्रि का पर्व देश भर में धूमधाम से मनाया जाता है और नवरात्रि के पर्व में 28 वर्षों से दुर्गा अखंड का पाठ मऊ में शक्तिपुत्र महाराज के द्वारा निरंतर किया जा रहा है। नवरात्रि के 9 दिन शक्ति की आराधना के दिन होते हैं, बिना शक्ति के कुछ भी संभव नहीं है, धार्मिक पर्वो में आस्था के साथ आए और अच्छा ज्ञान लेकर जाए। ब्यौहारी के पंच ज्योति शक्ति तीर्थ सिद्ध आश्रम मऊ में आयोजित संकल्प साधना शिविर के दौरान शक्तिपुत्र महाराज द्वारा पर्यावरण की संरक्षण एवं संवर्धन के लिए वृक्षारोपण, नशामुक्ति, खाद्य पदार्थों में मिलावट को रोकने के लिये संकल्प दिलवाए गए।

 

 

अंतर्राष्ट्रीय बालिका दिवस का दस दिवसीय राष्ट्रव्यापी उत्सव आज संपन्न

महिला एवं बाल विकास मंत्रालय ने 2 अक्टूबर से 11 अक्टूबर तक अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस के 10 दिवसीय राष्ट्रव्यापी उत्सव का नेतृत्व किया। सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों ने बेटी बचाओ – बेटी पढ़ाओ पहल के बैनर तले दस दिनों का विशेष कार्यक्रम आयोजित किया।

देश भर में, राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों ने समुदायों और अन्य हितधारकों को लड़कियों के अधिकारों पर चर्चा करने, उनके सामने आने वाली चुनौतियों की समझ बढ़ाने और उनकी शिक्षा तथा सशक्तिकरण का समर्थन करने वाली पहलों को बढ़ावा देने में शामिल किया। इस दौरान वृक्षारोपण अभियान, स्कूल जाने वाली मेधावी लड़कियों का सम्मान, “बेटियों के साथ सेल्फी” अभियान, कन्या पूजन समारोह, स्वास्थ्य शिविर, सेमिनार और खेल कार्यक्रम आयोजित कर लड़कियों में सक्रिय भागीदारी और रचनात्मकता को बढ़ावा दिया जा रहा है।

अंतर्राष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने जोर देकर कहा, “हमारी लड़कियों को सशक्त बनाना केवल एक जिम्मेदारी नहीं है; उज्ज्वल भविष्य के लिए ऐसा हमारा दृष्टिकोण है। उनके अधिकारों और क्षमता को पहचान कर, हम एक समतामूलक समाज का मार्ग प्रशस्त कर सकते हैं, जहां हर लड़की फले-फूले।”

विभिन्न राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों में अंतर्राष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर आयोजित विशेष कार्यक्रम की एक झलक नीचे दी गई तस्वीरों में देखी जा सकती है: –

गुजरात- इन कार्यक्रमों में बालिकाओं के अधिकारों के बारे में जागरूकता बढ़ाने के लिए सेमिनार, उनके सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के लिए रैलियां और बालिकाओं के महत्व पर प्रकाश डालने वाली रंगोली प्रतियोगिताएं शामिल थीं।

बिहार- आंगनवाड़ी केंद्रों पर पौधारोपण अभियान और जागरूकता कार्यशालाएं आयोजित की गईं।

मध्य प्रदेश – बेटियों के जन्म और उनके महत्व को जानने-समझने के लिए कन्या पूजन और बेटी जन्मोत्सव का आयोजन किया गया। इन पहलों का उद्देश्य लड़कियों को सम्मानित करना और समाज में उनके जीवन के मूल्य को बढ़ावा देना है।

छत्तीसगढ़ – छत्तीसगढ़ निदेशालय में शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया। लड़कियों के शरीर में खून की कमी (एनीमिया), स्वास्थ्य, स्वच्छता और लड़कियों को सहायता देने वाली विभिन्न सरकारी योजनाओं पर महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान करने के लिए जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इसके अलावा, बालिकाओं को सशक्त बनाने की प्रतिबद्धता का प्रतीक एक सुंदर थीम वाला मां दुर्गा पंडाल बनाया गया।

गोवा – लड़कियों के सशक्तिकरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने और जश्न मनाने के लिए पोस्टर निर्माण और नारा लेखन प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। इनके साथ ही गोद भराई और डांडिया पेंटिंग कार्यक्रम भी आयोजित किए गए। इन गतिविधियों ने सामुदायिक जुड़ाव को बढ़ावा दिया और बेटियों के पालन-पोषण और उनका जश्न मनाने के महत्व पर प्रकाश डाला।

असम – बाल विवाह की रोकथाम रणनीतियों पर एक अभियान चलाया गया। चर्चाओं में लड़कियों के लिए शिक्षा और सशक्तिकरण की आवश्यकता पर प्रकाश डाला गया, साथ ही अंतर्राष्ट्रीय बालिका सप्ताह के उद्देश्यों पर भी चर्चा की गई।

लद्दाख – लद्दाख में महिला और बाल विकास का जश्न मनाने के लिए एक कार्यशाला आयोजित की गई, जिसमें महिलाओं को सशक्त बनाने और बाल कल्याण पर ध्यान केंद्रित किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं और बच्चों के अधिकारों का समर्थन करने वाली पहलों पर जागरूकता बढ़ाना और सामुदायिक भागीदारी में तेजी लाना था।

मेघालय – मेघालय में, पिता और बेटियों के बीच अद्भुत रिश्तों का जश्न मनाते हुए “बेटी और पिता के बीच संबंध” की थीम पर केंद्रित एक अभिनव फोटो प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसके अलावा, महिलाओं की सुरक्षा को लेकर समुदाय को जागरूक करने और महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए सुरक्षा पर एक कार्यशाला आयोजित की गई।

मणिपुर – महिला-पुरुष समानता को बढ़ावा देने और सामुदायिक भागीदारी को प्रेरित करने के लिए मणिपुर में महिला सशक्तिकरण पर जागरूकता कार्यशाला आयोजित की गई।

ओडिशा – ओडिशा में, लड़कियों के महत्व को सम्मान देने के लिए कन्या पूजन के साथ एक जीवंत सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसके अलावा कई और कार्यक्रम आयोजित किये गये, जिनमें मेधावी छात्रों का अभिनंदन, उनकी उपलब्धियों को पहचान दिलाना और दूसरों को प्रेरित करना शामिल है। इस उत्सव का उद्देश्य शिक्षा के मूल्य को बढ़ावा देना और समाज में युवा लड़कियों को सशक्त बनाना था।

उत्तराखंड – उत्तराखंड में, बेटी बचाओ – बेटी पढ़ाओ पहल का जश्न मनाने के लिए सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया। “कॉफी विद डीएम” नामक एक अभिनव कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें लड़कियों ने जिला मजिस्ट्रेट के साथ सार्थक चर्चा की। इस पहल का उद्देश्य समाज में युवा लड़कियों को सशक्त और प्रेरित करना है।

उत्तर प्रदेश – उत्तर प्रदेश में कन्या पूजन, खेलकूद कार्यक्रम, बेटी जन्मोत्सव और मेधावी छात्राओं का सम्मान सहित कई तरह की गतिविधियां आयोजित की गईं। जिला प्रशासन ने लड़कियों को एक दिन के लिए विभिन्न जिलों में कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक के रूप में नियुक्त किया, ताकि उनकी क्षमताओं और नेतृत्व का प्रदर्शन किया जा सके। इस पहल का उद्देश्य युवा लड़कियों को सशक्त बनाना और महत्वपूर्ण भूमिकाओं में उनकी क्षमता को उजागर करना था। कार्यक्रमों में समाज में लड़कियों के महत्व का जश्न मनाया गया और सामुदायिक भागीदारी को प्रोत्साहित किया गया। कुल मिलाकर, इस उत्सव ने महिला-पुरुष समानता और लड़कियों की शिक्षा के महत्व को बढ़ावा देने की प्रतिबद्धता को मजबूत किया।

 

एआईसीसी दिल्ली में बैठकर पंजाब की बदहाली के लिए राहुल गांधी को कोस रहे जीतू पटवारी – विष्णुदत्त शर्मा

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व खजुराहो सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने जबलपुर के भंवरताल स्थित कलाविथिका संस्कृति थियेटर में शुक्रवार को संगठन पर्व में आईएम बीजेपी फ्यूचर फोर्स के तहत उद्यमियों व प्रोफेशनल्स एवं सेवानिवृत्त कर्मचारियों को पार्टी की सदस्यता दिलाते हुए कहा कि पार्टी ने सदस्यता में नया रिकॉर्ड बना लिया है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में 2047 के विकसित भारत बनाने के लिए युवा, उद्यमी, प्रोफेशनल्स भाजपा से जुड़ें और देश के विकास में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं। मध्यप्रदेश में डेढ़ करोड़ से अधिक लोगों को पार्टी का सदस्य बनाकर इतिहास बनाया जाएगा। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व मे देश के हर समाज वर्ग के लोग बड़ी संख्या में भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर रहे हैं। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी की पत्रकार-वार्ता पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि जीतू पटवारी ने नशे के कारोबार को लेकर भाजपा पर जो आरोप लगाए हैं। ये सब कांग्रेस की ही सरकार के समय फले-फूले हैं। वास्तव में जीतू पटवारी भाजपा का नाम लेकर कांग्रेस पार्टी और उसके नेता राहुल गांधी को ही आईना दिखा रहे हैं। जीतू पटवारी एआईसीसी नई दिल्ली में बैठकर राहुल गांधी को कोस रहे हैं, उन्हें अपनी चिंता करनी चाहिए। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के कुशल नेतृत्व में ही राज्य की पुलिस, इंटेलिजेंस, एनसीबी और गुजरात पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई कर ड्रग्स माफिया की कमर तोड़ी है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का विजन है कि 2047 तक भारत को विकसित देश बनाना है। उस समय भारत का नेतृत्व कौन करेगा? उस समय भारत का नेतृत्व आज के युवा व प्रोफेशनल्स, समाज जीवन के अलग-अलग क्षेत्रों में कार्यरत उद्यमी, इंटेलेक्चुअल्स और प्रोफेशनल्स करेंगे। भारत को विश्वगुरु बनाने के संकल्प के साथ काम कर रही भारतीय जनता पार्टी को ताकत देने तथा 2047 के विकसित भारत को दिशा देने के लिए भारतीय जनता पार्टी से जुड़ें। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष श्री विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि आप लोगों के मन में यह सवाल उठ सकता है कि प्रधानमंत्री जी का विजन क्या है? तो इसका सबसे बड़ा प्रमाण यह है कि 2014 में देश की बागडोर संभालने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पॉलीटिक्स का वर्क कल्चर बदल दिया है और राजनीति को एक नई कार्य संस्कृति दी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री कहते हैं कि चाहे सांसद हों, विधायक हों या कोई अन्य जनप्रतिनिधि, मैं सभी से वही करने को कहता हूं, जो मैं कर सकता हूं। जो मैं नहीं करता हूं, उसके लिए मैं किसी से कहता नहीं हूं। शर्मा ने कहा कि मध्यप्रदेश में भी हमारा संगठन पर्व चल रहा है और लाखों लोग भारतीय जनता पार्टी से जुड़ रहे हैं। भारतीय जनता पार्टी एक विचार पर चलने वाली पार्टी है, सिर्फ सत्ता के लिए राजनीति नहीं करती। जो दल सिर्फ सत्ता के लिए राजनीति करते हैं, वो देश को संकट में डाल देते हैं। लेकिन हमारे प्रधानमंत्री मोदी रचनात्मक सोच के साथ भारत को विकसित देश बनाने के विजन को लेकर काम कर रहे हैं। इस अवसर पर प्रदेश शासन के मंत्री राकेश सिंह, सांसद आशीष दुबे, सुमित्रा बाल्मिकी, प्रदेश कोषाध्यक्ष अखिलेश जैन, महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू, विधायक अभिलाष पांडेय, व्यापार प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक शरद अग्रवाल, जिला अध्यक्ष प्रभात साहू, प्रदेश सह मीडिया प्रभारी प्रशांत तिवारी ‘गोलू‘, डॉ. पुष्पराज पटेल, रंजीत पटेल, डॉ. अश्विनी त्रिवेदी, डॉ.जयराम तिवारी सहित पार्टी पदाधिकारी, युवा, उद्यमी, प्रोफेशनल्स, प्रबुद्धजन व पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व खजुराहो सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने जबलपुर संभागीय भाजपा कार्यालय में 500 से अधिक सेवानिवृत्त सरकारी कर्मचारियों और उनके सैकड़ों समर्थकों को पार्टी की सदस्यता ग्रहण कराई। सेवानिवृत्त कर्मचारियों ने जबलपुर के वरिष्ठ कर्मचारी नेता योगेन्द्र दुबे के नेतृत्व में भाजपा की सदस्यता ग्रहण की है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 70 वर्ष ये अधिक उम्र के सभी बुजुर्गों के लिए आयुष्मान योजना में 5 लाख के निःशुल्क इलाज की गारंटी दी है। तीसरी बार प्रधानमंत्री पद की शपथ लेने के बाद नरेन्द्र मोदी ने इस योजना को लागू कर दिया है। इस योजना से देश के करोड़ों बुजुर्गों को बुढ़ापे में सहारा मिलेगा।

भारतीय जनता पार्टी प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि जीतू पटवारी ने अपनी पत्रकार-वार्ता में उड़ता पंजाब की चर्चा की है, वास्तव में कांग्रेस की सरकारों ने ही पंजाब को नशे के गर्त में धकेला है। अपने राजनीतिक स्वार्थ के लिए कांग्रेस उन लोगों को संरक्षण और समर्थन देती रही, जो पंजाब में नशे के मकड़जाल को फैला रहे थे। भाजपा की केंद्र और राज्य सरकारें हर तरह के माफिया के खिलाफ बिना किसी भेदभाव के कार्रवाई कर रही है। जीतू पटवारी एआईसीसी नई दिल्ली में बैठकर पंजाब की बदहाली के लिए राहुल गांधी को कोस रहे हैं। जीतू पटवारी भोपाल में जिस नशे के रैकेट के पकड़ाने की बात कर रहे हैं, उसे भी पकड़ने में राज्य की पुलिस, इंटेलिजेंस, एनसीबी और गुजरात पुलिस की संयुक्त रूप से भूमिका रही है और केंद्र एवं राज्य सरकार की एजेंसियों की यह सफलता नशे के कारोबारियों के खिलाफ केन्द्र एवं प्रदेश सरकार के दृढ़ इरादों को दिखाती है। यह सब कार्रवाई प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की सरकारों के समय ही हुआ है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि जीतू पटवारी को प्रदेश की भाजपा सरकार पर आरोप लगाने से पहले अपने गिरेबान में झांकना चाहिए और 15 महीने की कमलनाथ सरकार के काले कार्यकाल को याद करना चाहिए। क्या जीतू पटवारी को नहीं पता कि उस दौरान कांग्रेस के वरिष्ठ नेता डॉ. गोविंद सिंह ने खुलेआम अपनी ही सरकार पर माफिया को संरक्षण देने के आरोप लगाए थे। क्या जीतू पटवारी भूल गए कि उस सरकार में वन मंत्री रहे उमंग सिंघार जो अब नेता प्रतिपक्ष हैं, ने अपनी ही पार्टी के नेता दिग्विजय सिंह को सबसे बड़ा दलाल और शराब माफिया बताया था। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की कमलनाथ सरकार ने तो वल्लभ भवन को ही दलाली का अड्डा बना दिया था। भले ही जीतू पटवारी भाजपा पर कीचड़ उछालकर कांग्रेस पार्टी के पापों को ढंकने का प्रयास कर रहे हों, लेकिन देश और प्रदेश की जनता सब जानती है, उससे कुछ भी छिपा हुआ नहीं है। जीतू पटवारी कांग्रेस नेता राकेश पाटीदार के साले प्रेमसुख पाटीदार की संलिप्तता पर मौन रहे, जिन्हें आज पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इसी तरह से दिल्ली कांग्रेस आरटीआई सेल का अध्यक्ष तुषार गोयल के मामले पर भी वे मौन रहे। तुषार गोयल की फोटो हरियाणा कांग्रेस नेता एवं पूर्व मुख्यमंत्री भूपेन्द्र हुड्डा के सांसद बेटे दीपेन्द्र हुड्डा के साथ सार्वजनिक हुई है। क्या जीतू पटवारी अब यह स्वीकार करेंगे कि ड्रग्स के इस मामले में कांग्रेस पार्टी और उसके नेता भी शामिल हैं?

गौवर्धन पूजा के साथ मनेगा एमएसपी पर सोयाबीन खरीदी उत्सव : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि किसानों के हित में सरकार ने अनेक महत्वपूर्ण निर्णय लिए हैं। समर्थन मूल्य पर सोयाबीन की खरीदी का उत्सव गौवर्धन पूजा के साथ पूरे प्रदेश में मनाया जाएगा। साथ ही जन-प्रतिनिधियों और किसानों की उपस्थिति में कृषक कल्याण के फैसलों और किसानों के लिए लाभकारी योजनाओं की जानकारी भी दी जाएगी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कल समत्व भवन मुख्यमंत्री निवास में भारतीय किसान संघ के पदाधिकारियों के साथ चर्चा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों के कल्याण के लिए राज्य सरकार पूर्ण सजग है। किसान हितैषी फैसले निरंतर लिए जाएंगे, साथ ही किसानों के साथ नियमित संवाद भी होता रहेगा। बैठक में जानकारी दी गई की भारत सरकार की प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियों (पैक्स) के कम्प्यूटराइजेशन के अंतर्गत प्रदेश में 4536 पैक्स में कार्यवाही की गई है।

बैठक में किसान कल्याण तथा कृषि विकास मंत्री मंत्री एदल सिंह कंषाना, मुख्य सचिव अनुराग जैन, मुख्यमंत्री कार्यालय में अपर मुख्य सचिव डॉ. राजेश राजौरा, अपर मुख्य सचिव और कृषि उत्पादन आयुक्त मो. सुलेमान, अपर मुख्य सचिव नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा मनु श्रीवास्तव, अपर मुख्य सचिव वन अशोक बर्णवाल, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव संजय कुमार शुक्ला और राघवेंद्र कुमार सिंह, कृषि सचिव एम. सेलवेन्द्रन, राजस्व सचिव विवेक पोरवाल, आयुक्त एवं सचिव जनसंपर्क डॉ. सुदाम खाड़े एवं अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

बैठक में भारतीय किसान संघ के प्रदेश अध्यक्ष कमल सिंह आंजना, महामंत्री चंद्रकांत गौर, के अलावा राघवेन्द्र, राजेन्द्र पालीवाल, प्रमोद चौधरी, आर.सी. पटेल, भवानी शंकर शर्मा, नमो नारायण दीक्षित, शिवनंदन रघुवंशी आदि उपस्थित थे।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि भारतीय किसान संघ के विभिन्न सुझावों पर राज्य सरकार आवश्यक कदम उठाएगी। राज्य सरकार ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की पहल पर शुरू डिजिटल इंडिया मिशन के अंतर्गत ई-रजिस्ट्री की नवीन प्रणाली पर विकसित “संपदा-2.0” पोर्टल और मोबाइल ऐप का आज ही शुभारंभ किया है। इस नवाचार का लाभ बड़ी संख्या में किसान वर्ग को प्राप्त होगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने यह भी बताया कि उन्होंने आज हांगकांग निवासी चंद्रावत और दिल्ली के एक बुजुर्ग दंपत्ति से “संपदा-2.0” की विशेषताओं पर चर्चा भी की। सभी वर्गों द्वारा डिजिटल क्रांति के क्षेत्र में इसे मील का पत्थर बताया जा रहा है। नवीन तकनीक पर आधारित “संपदा-2.0” ऑनलाइन दस्तावेज पंजीयन एक क्रांतिकारी कदम है। भारतीय किसान संघ के पदाधिकारियों ने इस व्यवस्था के लिए मुख्यमंत्री डॉ. यादव को बधाई दी। किसान संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि पोर्टल और ऐप से नागरिकों को घर में ही यह सुविधा प्रदान किए जाने की शुरूआत और प्रदेश के सभी जिलों में जीआईएस लैब स्थापित करने का महत्वपूर्ण फैसला मध्यप्रदेश की नई पहचान बनाएगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि किसानों के राजस्व से जुड़े अन्य कार्यों को भी आसान बनाने का प्रयास किया जा रहा है। बैठक में बताया गया कि फौती नामांतरण और अन्य प्रकरणों के निराकरण से 3.96 लाख आवेदक लाभान्वित हुए हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि विभिन्न परियोजनाओं के लिए किसानों की भूमि के उपयोग पर किसान को राशि देने के स्थान पर उन्हें परियोजना में भागीदार बनाने के सुझाव पर भी विचार किया जाएगा। इसके साथ ही बन्दोबस्त कार्य से संबंधित विभिन्न शिकायतों को हल करने के लिए ड्रोन सर्वे का उपयोग भी बढ़ाया जाएगा। खेतों के पारम्परिक रास्ते बनाए रखने की पद्धति भी विकसित की जाएगी।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश में थर्मल पावर के साथ ही सोलर एनर्जी का प्रयोग निरंतर बढ़ाया जा रहा है। नवीन और नवकरणीय ऊर्जा क्षेत्र में मध्यप्रदेश निरंतर आगे बढ़ रहा है। किसानों द्वारा सौर ऊर्जा का उपयोग किया जाता है तो उन्हें पूर्ण प्रोत्साहित किया जाएगा। सौर ऊर्जा संयंत्रों का उपयोग कृषि कार्य में भी हो रहा है। सौर ऊर्जा को एक महत्वपूर्ण समाधान के रूप में देखा जा रहा है। कृषि कार्य में सोलर पम्प के उपयोग और उद्योग क्षेत्र में भी औद्योगिक संस्थानों को अपनी बिजली बनाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। बैठक में बताया गया कि केंद्र सरकार ने पीएम कृषक मित्र सूर्य योजना में बड़ी संख्या में सौर ऊर्जा संयंत्रों की स्थापना के लिए सहयोग देने पर सहमति दी है। निश्चित ही यह योजना किसानों को सोलर संयंत्रों के उपयोग पर आत्मनिर्भर बनाने की दृष्टि से महत्वपूर्ण सिद्ध होगी।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि कृषि कार्य के साथ ही पशुपालन, किसानों की आय बढ़ाने का जरिया है। राष्ट्रीय डेयरी विकास बोर्ड से भी प्रदेश में दुग्ध उत्पादन में वृद्धि के लिए करारनामा हुआ है। किसानों और पशुपालकों को प्रोत्साहन के लिए दुग्ध उत्पादन पर बोनस दिया जायेगा। शीघ्र ही इस संबंध में निर्णय लिया जा रहा है। देसी गाय और अच्छी नस्ल के देसी नंदी के पालन के लिए मध्यप्रदेश प्राकृतिक कृषि विकास योजना में भी प्रोत्साहन राशि देने का प्रावधान किया गया है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बैठक में उपस्थित भारतीय किसान संघ के पदाधिकारियों को लगभग 80 एफपीओ (फार्मर्स प्रोडयूसर ऑर्गेनाइजेशन) बनाने के लिए बधाई देते हुए कहा कि खाद्य प्रसंस्करण इकाइयां लगाने के लिए भी किसान आगे आएं। कोदो-कुटकी के उत्पादन पर राज्य सरकार रानी दुर्गावती श्रीअन्न प्रोत्साहन योजना में 3900 प्रति हेक्टेयर अतिरिक्त सहायता राशि की मंजूरी दे चुकी है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मोटे अनाज का उत्पादन बढ़ाने के साथ इनसे विभिन्न उत्पाद तैयार करने के लिए इकाइयां लगाई जा सकती हैं। इससे किसानों को भी अधिक आय प्राप्त होगी। मटर एवं अन्य फसलों के उत्पादन में वृद्धि का लाभ भी तभी प्राप्त हो सकेगा, जब फूड प्रोसेसिंग प्लांट भी लगाए जाएं। किसान संघ के पदाधिकारी इस क्षेत्र में किसानों का मार्गदर्शन एवं सहयोग करें।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ भारतीय किसान संघ के पदाधिकारियों की चर्चा में भूमि अधिग्रहण, बंटवारा, नामांतरण, इंद्राज दुरूस्ती, क्षेत्रीय स्तर पर फसल कटाई प्रयोग, सीमांकन कार्य के लिए मशीनों की संख्या में वृद्धि, सौ रुपए के स्टॉम्प पर रजिस्ट्रार द्वारा हकत्याग मान्य किए जाने आर आई एवं पटवारी के दायित्वों के स्वरूप, सहकारी संस्थाओं की भूमिका, खाद की व्यवस्था, अमानक दुग्ध के विक्रय पर नियंत्रण, तौल कांटों की व्यवस्था, महिला हम्मालों के लिए पृथक श्रेणी बनाने, प्रदेश की बड़ी कृषक उपज मंडियों में बड़े इलेक्ट्रानिक तौल कांटे की व्यवस्था, प्रदेश में कृषि आदान एवं उत्पाद में जल संसाधन विभाग की भूमिका एवं सहयोग के संबंध में भी चर्चा हुई।

प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत विश्व में सबसे तेजी से बढ़ती स्टार्टअप अर्थव्यवस्था बना : अमित शाह

केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने कल नई दिल्ली में PHD चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (PHDCCI) के 119वें वार्षिक अधिवेशन को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित किया। इस वर्ष के वार्षिक सत्र का मुख्य विषय “विकसित भारत @ 2047: उन्नति के शिखर की ओर अग्रसर” था। कार्यक्रम में उद्योग जगत के लगभग 1500 व्यवसायी, चार्टर्ड एकाउंटेंट, बैंकर्स, अधिवक्ता आदि ने भाग लिया।

संबोधन की शुरूआत में केन्द्रीय गृह मंत्री ने अपने प्रसिद्ध उद्योगपति रतन टाटा को श्रद्धांजलि दी। अमित शाह ने कहा कि रतन टाटा न सिर्फ भारतीय उद्योग जगत बल्कि पूरे विश्व के एक सम्माननीय उद्योगपति रहे। उन्होंने टाटा समूह का नेतृत्व एक ऐसे समय में संभाला जब टाटा समूह को अनेक प्रकार के परिवर्तनों की ज़रूरत थी और टाटा ने स्थिति को समझकर धैर्यपूर्वक टाटा समूह के सारे उद्योगों और कार्यपद्धति को परिवर्तित किया। शाह ने कहा कि आज भी टाटा समूह भारत के उद्योग जगत में एक ध्रुव तारे के समान है। उन्होंने कहा कि रतन टाटा ने शुचिता के साथ और सभी कायदे-कानूनों का पूरी पालन करते हुए अपने उद्योग समूह को देश और विश्व में प्रमुख स्थान पर पहुंचाया। शाह ने कहा कि रतन टाटा ने अपने ट्रस्ट के माध्यम से देश की सभी समस्याओं का समाधान करते हुए एक अच्छे समाज के निर्माण का भी प्रयास किया। उन्होंने कहा कि रतन टाटा की विरासत लंबे समय तक देश के औद्योगिक क्षेत्र में नेतृत्व करने वाले लोगों को रास्ता दिखाती रहेगी।

केन्द्रीय गृह मंत्री ने कहा कि ये वर्ष भारत के औद्योगिक जगत के लिए बहुत निर्णायक सिद्ध होने वाला है और ऐसे ही समय में PHD चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (PHDCCI) के 119वें वार्षिक अधिवेशन का आयोजन हो रहा है। उन्होंने कहा कि आज दुनियाभर के देशों में एक प्रकार से विश्वास का संकट दिखाई देता है। उन्होंने कहा कि नरेन्द्र मोदी जी पहले मुख्यमंत्री और फिर देश का प्रधानमंत्री बनकर लगातार 23 साल से लोकतांत्रिक तरीके से जनता का विश्वास जीतते आ रहे हैं। शाह ने कहा कि स्थिरता के बिना नीतियों पर अच्छे से अमल नहीं हो सकता और सुरक्षा तथा विकास भी सुनिश्चित नहीं होते। उन्होंने कहा कि स्थिरता ही नीतियों, विचारों और विकास में सततता लाती हैं। शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने 10 साल तक इतने बड़े देश को अनेक समस्याओं से मुक्त किया और वे लगातार तीसरी बार देश का नेतृत्व कर रहे हैं।

अमित शाह ने कहा कि आज का विषय “विकसित भारत @ 2047: उन्नति के शिखर की ओर अग्रसर” बहुत उचित है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने हम सबके सामने 2 लक्ष्य रखे हैं – 2047 में जब देश की आज़ादी की शताब्दी मनाई जाएगी उस वक्त भारत एक पूर्ण विकसित राष्ट्र बन जाएगा और 2027 तक भारत दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन जाएगा। उन्होंने कहा कि इन दोनों लक्ष्यों को सिद्ध करने के लिए मोदी जी पिछले 10 साल से अनेक प्रकार की नीतियों और कार्यक्रमों के माध्यम से प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि मोदी जी ने देश में इन्फ्रास्ट्रक्चर के विकास, भारत को दुनिया में मैन्युफेक्चरिंग का हब बनाने, निवेश-फ्रेंडली इकोसिस्टम खड़ा करने, स्किल्ड वर्कफोर्स के निर्माण, शोध और अनुसंधान को बढ़ावा देने, एडवांस्ड कम्प्यूटिंग तकनीक जैसी सभी उभरती तकनीकों में भारत को पायनियर बनाने, डीप-सी, मैरीटाइम इकोनॉमी और अंतरिक्ष जैसे क्षेत्रों में नई शुरूआत करने के लिए दूरदर्शिता के साथ कई नीतियां बनाई हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने नीतियां भी बनाई हैं और उन पर अमल करने के लिए सतत प्रयास भी किए हैं।

केन्द्रीय गृह मंत्री ने कहा कि PHD चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री, औद्योगिक समुदाय और सरकार के बीच की एक कड़ी है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में सरकार की नीतियों, योजनाओं और विज़न को ज़मीन पर उतारने और उद्योग जगत की समस्याओं को सरकार तक पहुंचाने का काम PHD चैंबर को करना है। उन्होंने कहा कि पिछले 10 वर्षों मे हमने काफी कुछ हासिल किया है। विश्व की सबसे लंबी हाई-वे सुरंग, विश्व के सबसे ऊंचे रेलवे पुल, मुंबई के विश्वप्रसिद्ध ट्रांस-हार्बर लिंक और कोलकाता की अंडरवाटर मेट्रो जैसे इन्फ्रास्ट्रक्चर का निर्माण पिछले 10 साल में हुआ है। श्री शाह ने कहा कि अंडमान-निकोबार और लक्षद्वीप में समुद्र के नीचे बिछी ऑप्टिकल फाइबर से दूरदराज के इलाकों में कनेक्टिविटी लाकर वहां के व्यापार अवसरों का दोहन करने और सुरक्षा की दृष्टि से भी इन द्वीपों को मजबूत बनाने का काम हुआ है।

अमित शाह ने कहा कि चंद्रमा पर शिवशक्ति पॉइंट पर जब तिरंगा फहराया गया तो उस पर सभी भारतीयों को गर्व है, सागरमाला परियोजना से देश के अविकसित रह सारे क्षेत्रों को जोड़ना, वंदे भारत एक्सप्रेस का जाल बुनकर देश में सुविधापूर्ण यात्रा का एक नया एवेन्यू खोलना। सेमीकंडक्टर मैन्युफैक्चरिंग से हमारी ज़रूरतों के साथ पूरे विश्व की जरूरतों को भी पूरा करने की दिशा में आगे जाना, इलेक्ट्रिक वाहनों में एक नई क्रांति लाना, एफडीआई को रिकॉर्ड स्तर पर ले जाकर विश्व में चौथे नंबर का विदेशी मुद्रा भंडार बनना हमारी बहुत बड़ी उपलब्धि है।

केन्द्रीय गृह मंत्री ने कहा कि हम विश्व में सबसे तेजी से बढ़ती स्टार्टअप इकोनामी हैं, हमने विश्व का सबसे बड़ा डिजिटल पेमेंट सिस्टम सफलतापूर्वक लॉन्च किया है और आज कई देश इसे स्वीकार भी कर रहे हैं। इसके साथ ही कोऑपरेटिव के आधार पर विश्व की सबसे बड़ी अन्न भंडारण योजना भी मोदी जी लेकर आए हैं। श्री शाह ने कहा कि फूड सिक्योरिटी से लेकर हेल्थ सिक्योरिटी तक सभी आयामों को हमने कवर किया है और एक प्रकार से आने वाले 25 साल में हर क्षेत्र में विश्व में भारत सर्वप्रथम हो, इसकी नींव डालने का काम पिछले 10 साल में मोदी जी के नेतृत्व में हुआ है। उन्होंने कहा कि विजन, एक्सपीरियंस और कमिटमेंट का सुखद मिलन एक व्यक्ति के अंदर हो और वह व्यक्ति देश का प्रधानमंत्री हो, तो देश को इससे कितना फायदा होता है मोदी जी इसका एक उत्कृष्ट उदाहरण हैं।

अमित शाह ने कहा कि भारत एक लोकतांत्रिक देश है और लोकतंत्र में जनता ही तय करती है कि सरकार का नेतृत्व किसके हाथ में होना चाहिए। उन्होंने कहा कि तुलनात्मक अध्य्यन किए बिना हम सही मूल्यांकन नहीं कर सकते। उन्होंने कहा कि 2014 और 2024 की देश की तुलनात्मक स्थिति देखने की ज़रूरत है। उन्होंने कहा कि 2014 से पहले सभी लोग कहते थे कि हमारे देश को पॉलिसी पैरालिसिस हो गया है, नीतियां नहीं बनती है, लेकिन प्रधानमंत्री मोदी ने पॉलिसी पैरालिसिस को समाप्त, ढेर सारी नीतियों का सृजन कर, पॉलिटिक्स ऑफ परफॉर्मेंस स्थापित करने का काम किया है। शाह ने कहा कि आज कोई क्षेत्र ऐसा नहीं है जहां स्थायी नीति का निर्माण नहीं हुआ। पहले भारत को fragile five में गिना जाता था लेकिन आज IMF हमें वैश्विक अर्थव्यवस्था में bright spot कहता है।

केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री ने कहा कि इंफ्रास्ट्रक्चर के तहत देश में जोजिला टनल से लेकर चेनाब का रेल ब्रिज और असम का ब्रिज हम सबके सामने हैं। उन्होंने कहा कि पहले भारत में डबल डिजिट इन्फ्लेशन हुआ करता था लेकिन आज हम विश्वास के साथ डबल डिजिट ग्रोथ की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि कई साल से हमारा ग्रोथ रेट G20 देशों में सबसे ज्यादा है। शाह ने कहा कि पहले वैश्विक निवेशकों का विश्वास भारत पर से उठ चुका था लेकिन आज भारत मैन्युफैक्चरिंग के लिए एक अच्छा डेस्टिनेशन बन चुका है। 2021-22 में 85 बिलियन डॉलर का रिकॉर्ड FDI प्राप्त करने में हमने सफलता प्राप्त की है। आज डिजिटल पेमेंट जैसे कई क्षेत्रों में हम शीर्ष पर हैं। 2014 से पहले 12 लाख करोड़ के घोटाले भ्रष्टाचार हुए थे लेकिन मोदी सरकार के 10 साल में हमारे विरोधी भी हम पर भ्रष्टाचार का कोई आरोप नहीं लगा पाए हैं, इस प्रकार की पारदर्शी सरकार का एक नमूना हमने पेश किया है।

अमित शाह ने कहा कि आतंकवाद, बम धमाके, नक्सलवाद इस देश के लिए नासूर बन चुके थे लेकिन आज हम विश्वास के साथ कह सकते हैं कि कश्मीर, वामपंथी उग्रवाद प्रभावित क्षेत्र या नॉर्थ ईस्ट हो, हमने आतंकवाद और उग्रवाद को समाप्त कर दिया है। उन्होंने कहा कि ईज़ ऑफ डूइंग बिजनेस रैंकिंग में हम पहले 142 नंबर पर थे आज 63 नंबर पर हैं। उन्होंने कहा कि पूरी बैंकिंग प्रणाली चरमरा गई थी जबकि वर्ष 2023 24 में सरकारी बैंकों को 1.40 लाख करोड़ रूपए का मुनाफा हुआ है। हर क्षेत्र में नई नीतियां आई हैं और उनके आधार पर देश आगे बढ़ा है। उन्होंने कहा कि अगर देश को आगे बढ़ाना है तो देश की शिक्षा नीति नई होनी चाहिए और मोदी जी नई एजुकेशन पॉलिसी नीति लेकर आए जिसमें हमने अपनी धरोहर को समाहित करते हुए शिक्षा को ग्लोबल बनाया है। उन्होंने कहा कि GST, Digital India, भारतमाला, सागरमाला, पीएम गतिशक्ति, स्टार्टअप इंडिया जैसे कई सारे इनीशिएटिव्स ने चारों दिशाओं में देश को आगे ले जाने का काम किया है।

केन्द्रीय गृह मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने Minimum Government, Maximum Governance के तहत 2000 अप्रचलित औपनिवेशिक कानूनों को समाप्त कर दिया है और अनेक क्षेत्रों में 39000 से अधिक कंप्लायंस को समाप्त कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि 10 साल में 80 करोड लोगों को प्रति व्यक्ति 5 किलो अनाज फ्री ऑफ कॉस्ट दिया जा रहा है, 4 करोड गरीबों को घर, 15 करोड घरों में नल से जल, 11 करोड़ से अधिक लोगों को मुफ्त गैस कनेक्शन और 12 करोड़ से ज्यादा घरों में टॉयलेट बनाने का काम मोदी जी ने किया है। शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने करोड़ों लोगों की सारी चिंताएं समाप्त कर भारत को 130 करोड़ का मार्केट बनाने का काम किया है। उन्होंने कहा कि जब देश में 60 करोड लोग देश की विकास की प्रक्रिया से ही जुड़े ना हों तो देश कभी विकास नहीं कर सकता। उन्होंने कहा कि आज 130 करोड लोग देश की विकास की प्रक्रिया के साथ जुड़ चुके हैं और इसी कारण हमारा ग्रोथ रेट आगे बढ़ा है।

अमित शाह ने कहा कि मोदी सरकार ने रिसर्च के क्षेत्र में बहुत सारे काम किए हैं। 50 हज़ार करोड़ रूपए के साथ पहली बार रिसर्च फाउंडेशन की स्थापना हुई है। उन्होंने कहा कि आने वाले 25 साल में भारत विश्व में रिसर्च के क्षेत्र में शीर्ष पर होगा। शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने अनेक क्षेत्रों में बहुत काम किया है। इंटरनेट यूजर्स के मामले में हम दुनिया में दूसरे नंबर पर जबकि ग्लोबल फिनटेक अडॉप्श्न रेट और स्मार्टफोन डाटा खपत के मामले में पहले नंबर पर हैं। उन्होंने कहा कि पूरी दुनिया में रोज़ होने वाले डिजिटल ट्रांजेक्शन्स में से आज आधे भारत में हो रहे हैं।

केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री ने कहा कि अब भारत के उद्योगों को अपना साइज और स्केल दोनों बदलने की दिसा में काम करना चाहिए। उन्होंने कहा कि कंपनियों को ग्लोबल बनाने की ज़रूरत है और विश्वभर में भारत का दबदबा बनाने के लिए हमारे चैंबर्स, उद्योगों को निर्णय लेने चाहिएं।

केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री ने डीवाई पाटिल डीम्ड टू बी यूनिवर्सिटी में ‘विकसित भारत राजदूत-युवा कनेक्ट कार्यक्रम’ में छात्रों को संबोधित किया

केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने देश के युवाओं से देश के सांस्कृतिक राजदूत बनने का आग्रह किया। शेखावत कल नवी मुंबई में डीवाई पाटिल डीम्ड टू बी यूनिवर्सिटी में विकसित भारत एम्बेस्डर युवा कनेक्ट कार्यक्रम में बोल रहे थे। शेखावत ने कहा कि भारत बड़ी संख्या में वैश्विक पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। इस संबंध में उन्होंने युवाओं और छात्र समुदाय से देश की संस्कृति, परंपराओं और मूल्यों के वाहक और रक्षक बनने का आग्रह किया।

इस अवसर पर केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री शेखावत ने कहा कि देश के युवा ही विकसित भारत के निर्माता होंगे और भविष्य में विकसित भारत में रहने वाले लोग विकसित भारत के निर्माण का श्रेय आज के युवाओं को देंगे। उन्होंने युवाओं से देश के उन महान स्वतंत्रता सेनानियों के सपनों को पूरा करने का अनुरोध किया, जिन्होंने भारत को औपनिवेशिक शासकों से स्वतंत्र कराने के लिए अपना बलिदान दिया था। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि अब समय और अवसर आ गया है कि हम राष्ट्र निर्माण में अपना योगदान दें और 2047 में विकसित भारत का निर्माण करें, जो हमारे स्वतंत्रता सेनानियों को सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

शेखावत ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केन्द्र सरकार ने पिछले वर्षों में ‘सुधार, प्रदर्शन, परिवर्तन’ (रिफॉर्म, परफॉर्म, ट्रांसफॉर्म) की रणनीति अपनाई है, जिससे अनेक नागरिकों के जीवन में बदलाव आया है। इस रणनीति के तहत बैंकिंग सुविधा से वंचित लोगों को बैंकिंग सुविधा देने, दुनिया के सबसे बड़े वित्तीय समावेशन की शुरुआत, वित्तपोषित लोगों को वित्तपोषित करने, सार्वजनिक वितरण प्रणाली, अकुशल लोगों को कौशल प्रदान करने, कृषि उत्पादों के लिए ‘एक राष्ट्र एक बाजार’ और बीमा रहित लोगों का बीमा करने जैसी पहल की गई।

पिछले दस वर्षों में देश ने बड़े पैमाने पर बुनियादी ढांचे का विकास और परिवर्तन भी देखा है। सरकार ने डिजिटलीकरण और डिजिटल भुगतान पर भी जोर दिया है जो कई अन्य देशों के लिए मिसाल बन गया है। डिजिटल इंडिया पर जोर देने देते हुए देश में कोविड-19 के दौरान सबसे बड़ा टीकाकरण अभियान भी चलाया गया। इन बातों का उल्लेख करते हुए श्री शेखावत ने कहा कि आज भारत दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था है और देश के युवाओं ने देश को आगे बढ़ाने में बड़ा योगदान दिया है।

केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री शेखावत ने कहा कि आत्मनिर्भरता ही आगे बढ़ने का रास्ता है। इस संदर्भ में, केंद्रीय मंत्री ने कहा कि रक्षा विनिर्माण क्षेत्र जैसे कई क्षेत्रों में ‘आत्मनिर्भर भारत’ पर जोर दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कई देशों में तेजस विमानों की बहुत मांग है। शेखावत ने कहा कि भारत की सफलता की कहानी विकास की गति और स्तर, भ्रष्टाचार के प्रति शून्य सहनशीलता और देश के पारंपरिक मूल्यों द्वारा लाई गई है।

इस अवसर पर गजेन्द्र सिंह शेखावत ने सफल छात्रों से बातचीत भी की। इस अवसर पर उपस्थित गणमान्य लोगों में डीवाई पाटिल डीम्डी टू बी यूनिवर्सिटी के कुलाधिपति एवं अध्यक्ष डॉ. विजय डी. पाटिल, डीवाई पाटिल डीम्डी टू बी यूनिवर्सिटी की प्रो. वाइस चांसलर एवं उपाध्यक्ष डॉ. शिवानी वी. पाटिल, वाइस चांसलर वंदना मिश्रा और एनवाईकेएस के निदेशक (महाराष्ट्र और गोआ) प्रकाश कुमार मनुरे शामिल थे।

केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने झारखंड में रेल संपर्क को और बढ़ाते हुए साहिबगंज-हावड़ा इंटरसिटी एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाई

केंद्रीय रेल, सूचना एवं प्रसारण तथा इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कल वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से दैनिक साहिबगंज-हावड़ा इंटरसिटी एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाकर झारखंड के लोगों को एक महत्वपूर्ण उपहार दिया। यह नई ट्रेन सेवा साहिबगंज को हावड़ा से जोड़ेगी, जो 125 रुपये के सस्ते किराये पर केवल 7 घंटे में 350 किमी की दूरी तय करेगी, जिससे झारखंड के निवासियों को काफी राहत मिलेगी। वर्तमान में, यात्री सड़क मार्ग से साहिबगंज से हावड़ा तक यात्रा करने के लिए 700 से 800 रुपये के बीच खर्च करते हैं। इस ट्रेन सेवा के शुरू होने से न केवल यात्रा आसान होगी, बल्कि क्षेत्र में व्यापार के अवसर और रोजगार भी बढ़ेंगे।

रेल मंत्री ने झारखंड को एक और तोहफा दिया है। राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र के आनंद विहार से अगरतला तक यात्रा करने वाली साप्ताहिक आनंद विहार-अगरतला तेजस राजधानी एक्सप्रेस (20501) अब झारखंड के साहिबगंज स्टेशन पर भी रुकेगी। साहिबगंज राज्य में इस ट्रेन का पहला पड़ाव होगा, इस प्रकार यह बिहार और पश्चिम बंगाल के बीच झारखंड का एकमात्र स्टेशन होगा जहां ट्रेन रुकेगी। यह झारखंड के लोगों की लंबे समय से चली आ रही मांग थी, जो अब पूरी हो गयी है।

साहिबगंज-हावड़ा इंटरसिटी एक्सप्रेस (13428) साहिबगंज और हावड़ा स्टेशनों के बीच प्रतिदिन चलेगी। ट्रेन सकरीगली, तिनपहाड़, बरहरवा, पाकौर, रामपुर हॉट, बोलपुर शांतिनिकेतन, बर्धमान और बंदेल स्टेशन में रुकेगी। ट्रेन सुबह 5:20 बजे साहिबगंज से रवाना होगी और दोपहर 12:15 बजे हावड़ा पहुंचेगी। इस ट्रेन (13427) की वापसी यात्रा हावड़ा से दोपहर 13:45 बजे शुरू होगी और रात 20:35 बजे साहिबगंज पहुंचेगी। ट्रेन में 9 जनरल कोच और एसएलआर/एसएलआरडी के 2 कोच होंगे।

अगरतला, आनंद विहार-अगरतला तेजस राजधानी एक्सप्रेस (20502) का मालदा डिवीजन के साहिबगंज स्टेशन पर नया ठहराव होगा। ट्रेन 15.10.2024 से 13:56 बजे साहिबगंज स्टेशन पर रुकेगी और 13:58 बजे यहां से प्रस्थान करेगी। वापसी में यह ट्रेन (20501) 10.10.2024 से 17:01 बजे साहिबगंज स्टेशन पर रुकेगी और 17:03 बजे यहां से प्रस्थान करेगी।

उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए, केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा, “संथाल परगना क्षेत्र का एक लंबा इतिहास है और इसने हमारे स्वतंत्रता संग्राम में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। झारखंड एक समृद्ध ऐतिहासिक संस्कृति वाला बड़ा राज्य है और देश भर के कई उद्योग बिजली आपूर्ति के लिए झारखंड पर निर्भर हैं। आजादी के इतिहास में झारखंड की भूमिका पर नजर डालें तो पिछले दस वर्षों में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में दिये गये योगदान को हमें याद रखना चाहिए। दस साल पहले झारखंड का रेल बजट महज 450 करोड़ रुपये था, लेकिन आज यह बढ़कर 7300 करोड़ रुपये हो गया है। झारखंड के विकास के लिए निवेश में 16 गुना वृद्धि है।

उन्होंने कहा कि पिछले दशक में झारखंड में 1200 किलोमीटर रेलवे लाइन का निर्माण और शत-प्रतिशत विद्युतीकरण हुआ है। 57 स्टेशनों का पुनर्विकास प्रगति पर है और राज्य भर में कई नई परियोजनाएं शुरू की गई हैं। झारखंड में रेलवे क्षेत्र के लिए 56,000 करोड़ रुपये के निवेश की योजना बनाई है। यह निवासियों को बेहतर यात्रा सुविधाएं प्रदान करेगा, नए उद्योगों को आकर्षित करेगा और रोजगार के अवसर पैदा करेगा। छात्रों के पास अपनी पढ़ाई के लिए यात्रा करने के साधन होंगे और चिकित्सा सेवाओं की ज़रूरत वाले लोगों को भी परिवहन की सुविधा मिलेगी।

अश्विनी वैष्णव ने साहिबगंज के लोगों और साहिबगंज से हावड़ा तक के रास्ते में पड़ने वाले गांवों, कस्बों और शहरों में रहने वाले लोगों को अपनी शुभकामनाएं देते हुए निशिकांत दुबे और अनंत कुमार ओझा को उनके सराहनीय प्रयासों के लिए विशेष धन्यवाद दिया। उन्होंने न केवल चुनौतियों को उजागर करने बल्कि प्रभावी समाधान पेश करने के अपने निरंतर प्रयास और दृढ़ संकल्प को स्वीकार किया। इस सहयोगात्मक भावना ने साहिबगंज से हावड़ा तक एक नई ट्रेन सेवा के उद्घाटन को संभव बनाया।

रेल भवन में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के दौरान गौड़ा से सांसद निशिकांत दुबे भी इस अवसर पर उपस्थित थे, जबकि झारखंड के राजमहल से विधायक अनंत कुमार ओझा ने साहिबगंज रेलवे स्टेशन पर आयोजित समारोह में भाग लिया। दोनों नेताओं ने रेल मंत्री द्वारा शुरू की गई रेलवे पहलों की सराहना की। दुबे ने कहा कि मोदी सरकार के सत्ता में आने से पहले तक, 140 साल पहले बने गरिडीह रेलवे स्टेशन पर ट्रेनें नहीं चलती थीं। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि यह विकास, नई सेवाओं के साथ, झारखंड के लोगों को तीन महत्वपूर्ण शक्ति पीठों – कामाख्या, त्रिपुरा सुंदरी और कालीघाट – से जुड़ने का अवसर प्रदान करता है, जो नवरात्रि उत्सव के दौरान मुख्य आकर्षणों में से एक है।

प्रदेश में गुड़ी पड़वा “सृष्टि आरम्भ दिवस” के रूप में मनाया जायेगा- मुख्यमंत्री डॉ. यादव

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में सांस्कृतिक अभ्युदय का एक नया इतिहास लिखा जा रहा है। इसी को ध्यान में रखते हुए मध्यप्रदेश में होने वाले विक्रमोत्सव-2025 और अखिल भारतीय कालिदास समारोह को भव्य रूप में आयोजित किया जायेगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि उज्जैन में आयोजन के दौरान अतिथियों और विद्यार्थियों को महाकाल देवदर्शन के साथ उज्जैन के इतिहास, विज्ञान, संस्कृति और मूल्यों से परिचय कराया जाये। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मंत्रालय में विक्रमोत्सव-2025, अखिल भारतीय कालिदास समारोह और वीर भारत न्यास द्वारा निर्मित किए जा रहे संग्रहालय की समीक्षा की।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कालिदास संस्कृत अकादमी की केंद्रीय समिति की बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि कालिदास समारोह की शुरुआत गढ़कालिका मंदिर से शुरू होती है। कालिदास का गढ़कालिका मंदिर से संबंध और उसके महत्व पर शिलालेख स्थापित किया जाना चाहिए। साथ ही कालिदास से संबंधित अन्य स्थलों पर भी जन-सामान्य की जानकारी के बोर्ड भी लगाए जायें।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कालिदास सम्मान समारोह के दौरान दिए जाने वाले पुरस्कारों की जानकारी ली और पुरस्कारों की राशि में वृद्धि किए जाने के निर्देश दिये। समारोह में अतिथियों के आमंत्रण, कार्यक्रम स्वरूप, पुरस्कार और सांस्कृतिक कार्यक्रम सहित अन्य व्यवस्थाओं पर विस्तृत चर्चा कर आवश्यक निर्देश दिए। कालिदास समारोह 12 से 18 नवंबर तक आयोजित किया जाएगा। इसकी शुरुआत 10 नवंबर से उज्जैन में गढ़कालिका मंदिर में वागअर्चन से होगी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कालिदास समारोह की रूपरेखा को प्रेजेंटेशन के माध्यम से जाना।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि कालिदास संस्कृत अकादमी का आयोजन हर वर्ष किया जाता है। इसमें अस्थाई स्ट्रक्चर की जगह स्थाई स्ट्रक्चर बनाया जाना चाहिए। इससे अस्थाई स्ट्रक्चर पर हर बार लगने वाले खर्चे में कमी आएगी। उन्होंने कहा कि वर्ष भर होने वाले सांस्कृतिक आयोजन और रचनात्मक गतिविधियों को ध्यान में रखकर अधोसंरचना निर्माण का प्लान बनाए। उन्होंने कहा कि कालिदास समारोह की ब्रांडिंग और पब्लिसिटी पर विशेष ध्यान दें। कालिदास द्वारा मेघदूत में उज्जैन और महाकालेश्वर का विशेष उल्लेख किया गया है। महाकाल से जोड़कर इसका प्रचार करें, जिससे आयोजन की गरिमा में वृद्धि होगी।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि गुड़ी पड़वा पर्व 30 मार्च को उज्जैन के साथ पूरे प्रदेश में विक्रम पर्व “सृष्टि आरम्भ दिवस” के रूप में मनाया जायेगा। संस्कृति विभाग प्रदेश और प्रदेश के बाहर भी आयोजन और उत्सव करता है, जिनकी बड़ी प्रतिष्ठा है। उज्जैन के विक्रमोत्सव ने अपनी एक अलग ही पहचान बनायी है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने विक्रमोत्सव 2025 की तैयारियों की समीक्षा करते हुए आयोजन की रूपरेखा, सांस्कृतिक कार्यक्रम, व्यापार मेला, प्रदर्शनी, विचार समागम पर आवश्यक निर्देश दिए। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि राष्ट्रीय वैज्ञानिक संगम में विज्ञान और खगोल विषय से जुड़े विशेषज्ञों को विक्रमोत्सव में आमंत्रित करें। इससे आयोजन की गरिमा बढ़ेगी और प्रदेश के युवाओं को भी इससे प्रेरणा मिलेगी। महोत्सव में होने वाले अखिल भारतीय कवि सम्मेलन को विक्रमादित्य पर केन्द्रित किया जाये और कवियों की कविताओं को लेखबद्ध करें।

बताया गया कि विक्रमोत्सव-2025 के पहले चरण का आयोजन महाशिवरात्रि से गुड़ी पड़वा तक उज्जैन में होगा। इसमें महाकाल शिवज्योति अर्पणम, विक्रम व्यापार मेला, मंदिरों में प्रभु श्रृंगार प्रतियोगिता, अखिल भारतीय कवि सम्मेलन, राष्ट्रीय वैज्ञानिक समागम, पौराणिक फिल्मों का अंतर्राष्ट्रीय महोत्सव, विक्रम नाट्य समारोह, अंतर्राष्ट्रीय इतिहास समागम, प्रदर्शनी, प्रकाशन, अवार्ड, लोक प्रसिद्ध कलाकार की सांगीतिक प्रस्तुति आदि शामिल है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि विक्रमोत्सव के दूसरे चरण में 30 मार्च से ही 30 जून-2025 तक पूरे प्रदेश में जल गंगा संवर्धन अभियान अंतर्गत प्रदेश की नदियों, जल संरचनाओं के संरक्षण- संवर्धन का कार्य प्रदेश स्तर पर किया जायेगा। इस महती आयोजन का समापन गंगा दशहरा पर विगत वर्षानुसार विशिष्ट सांस्कृतिक आयोजन के साथ होगा।

मुख्यमंत्री द्वारा पहले शुरू किये गये विक्रमोत्सव को 2024 में Largest Religious Festival in Asia का wow अवार्ड भी मिला है। वर्ष 2023 में यह आयोजन 33 दिन का था जो वर्ष 2024 में 42 दिन का हुआ। इस वर्ष 2025 में यह आयोजन 101 दिन से अधिक का प्रस्तावित है। शुरू के वर्षों में महज यह सांस्कृतिक आयोजन भर था, लेकिन अब यह सामाजिक, सांस्कृतिक विरासत और विकास के बहुत से आयामों का आयोजन बन चुका है।

संभवतः देश में ऐसा कोई दूसरा आयोजन नहीं है, जिसमें कलश यात्रा, महाकाल शिवज्योति अर्पणम, विक्रम व्यापार मेला, अनादि पर्व, विचार समागम, मंदिरों में प्रभु श्रृंगार प्रतियोगिता, बोलियों का अखिल भारतीय कवि सम्मेलन, राष्ट्रीय वैज्ञानिक समागम, महादेव मूर्तिकला कार्यशाला, पौराणिक फिल्मों का अंतर्राष्ट्रीय महोत्सव, विक्रम नाट्य समारोह, वेद अंताक्षरी, दैवज्ञ सम्मान समारोह, अंतर्राष्ट्रीय इतिहास समागम, अखिल भारतीय कवि सम्मेलन, सूर्योपासना, प्रदर्शनी, प्रकाशन, अवार्ड, लोक प्रसिद्ध कलाकार की सांगीतिक प्रस्तुति, भव्य आतिशबाजी आदि गतिविधियाँ एक साथ होती हो।

मुख्यमंत्री डॉ. ने वीर भारत न्यास की बैठक में कहा कि उज्जैन में नव-निर्माणाधीन संग्रहालय को एक साहित्य और पारंपरिक संग्रहालय की जगह एक्सपीरियंशल और एक्टिविटी बेस्ड संग्रहालय बनाने के प्रयास हो। नवीन तकनीक का उपयोग कर मनोरंजक तरीके से कंटेंट का निर्माण करें। युवा इस तरह संग्रहालय से जुड़ेंगे और देश में यह पर्यटन का केंद्र बनेगा। संग्रहालय में कंटेंट निर्माण पर सुझाव देने के लिए समिति गठित करें।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि संग्रहालय में दीर्घाओं के विषय के आधार पर संग्रहालय के नाम परिवर्तन पर भी विचार करें। संग्रहालय पर अध्ययन करने के लिए आने वाले शोधकर्ताओं के लिए रुकने सहित अन्य आवश्यक व्यवस्था बनाए। संग्रहालय के लिए प्रस्तावित सड़क निर्माण के लिए विशेषज्ञों और संगठनों के साथ मिलकर प्लान बनाया जाये।

संस्कृति, पर्यटन और धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व मंत्री धर्मेंद्र भाव सिंह लोधी सहित उज्जैन से सांसद, जन-प्रतिनिधि और संस्कृति प्रेमी वीसी के माध्यम से जुड़े। कौशल विकास एवं रोजगार राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गौतम टेटवाल, मुख्य सचिव अनुराग जैन, अपर मुख्य सचिव डॉ. राजेश राजौरा, प्रमुख सचिव संस्कृति और पर्यटन शिव शेखर शुक्ला, प्रमुख सचिव अनुपम राजन, मनीष रस्तोगी सहित समिति के सदस्य उपस्थित रहें।

EPFO की वेतन सीमा ₹15,000 से बढ़कर ₹25,000 हुई, 51 लाख से अधिक कर्मचारियों...

0
नई दिल्ली | Social Welfare News  कर्मचारियों की सामाजिक सुरक्षा को मजबूत करने की दिशा में केंद्र सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। कर्मचारी भविष्य...

इंदौर में श्रम संहिताओं और श्रमिक कल्याण पर बड़ा आयोजन, रोजगार और सामाजिक सुरक्षा...

0
इंदौर। श्रमिकों के अधिकारों, सामाजिक सुरक्षा और रोजगार व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में इंदौर में 3 नवंबर 2026 को श्रम संहिताओं...

असंगठित और गिग वर्कर्स के लिए केंद्र सरकार का बड़ा फैसला, 40 और 22...

0
नई दिल्ली | 4 नवंबर 2026 देश के करोड़ों असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों, डिलीवरी पार्टनर्स, ऐप आधारित टैक्सी चालकों और प्लेटफॉर्म वर्कर्स को सामाजिक सुरक्षा...
nmms-scholarship-2026-27

NMMSS Scholarship 2026-27: छात्रों को बड़ी राहत, छात्रवृत्ति आवेदन की अंतिम तारीख बढ़ी, अब...

0
नई दिल्ली। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के मेधावी विद्यार्थियों के लिए केंद्र सरकार ने बड़ी राहत दी है। शिक्षा मंत्रालय ने राष्ट्रीय साधन-सह-योग्यता...
akshara goswami

मध्यप्रदेश स्थापना दिवस पर 102 मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान, हर छात्र को मिली 1...

0
भोपाल। मध्यप्रदेश के 71वें स्थापना दिवस के अवसर पर प्रदेश की शैक्षणिक प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। भोपाल के लाल परेड मैदान में आयोजित...