प्रदेश में शिक्षा और स्वास्थ्य की बेहतर सुविधा के लिए भाजपा सरकार प्रतिबद्ध – डॉ. मोहन यादव

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं खजुराहो सांसद विष्णुदत्त शर्मा एवं मध्यप्रदेश विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर ने मुरैना जिले के ग्राम सुरजनपुर में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त शर्मा के पिताजी स्वर्गीय अमर सिंह दण्डोतिया की छतरी पर माल्यार्पण कर प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र का उद्घाटन एवं सीएम राइज विद्यालय का भूमिपूजन किया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा सरकार प्रदेश में शिक्षा और स्वास्थ्य की बेहतर सुविधा के लिए प्रतिबद्ध है। स्वर्गीय अमर सिंह दण्डोजिया बड़े समाजसेवी थे। उन्होंने अपने बेटे विष्णुदत्त शर्मा को देश और समाज सेवा के लिए कई वर्षों के लिए पूर्णकालिक के रूप में भेजा। इसलिए आज उनके नाम पर मैं प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र का नामकरण करने की घोषणा करता हूं। सीएम राइज विद्यालय में शिक्षा के साथ संस्कार भी दिए जा रहे हैं। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व खजुराहो सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि आज हम सभी सुरजनपुर गांव के लोगों का सौभाग्य का दिन, हमारे गांव को स्वास्थ्य केंद्र और सीएम राइज स्कूल की सौगात मिली है। मध्यप्रदेश की मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सरकार गांवों के विकास के लिए लगातार कार्य कर रही है। विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर ने कहा मध्यप्रदेश सरकार हर क्षेत्र में तेजी से विकास कर रही है। भाजपा सरकार स्वास्थ्य और शिक्षा की सुविधा हर गांव में पहुंचा रही है। कार्यक्रम को प्रदेश के उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल, प्रदेश शासन के मंत्री करण सिंह वर्मा, राव उदयप्रताप सिंह, सांसद शिवमंगल सिंह तोमर ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद मंचासीन रहे।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि ग्राम सुरजनपुर में स्वर्गीय अमर सिंह दण्डोतिया की स्मृति में आयोजित समारोह में मैं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त शर्मा की माता का भी दुलार व आशीर्वाद मिला। माता से मिलकर मुझे ऐसा लगा जैसे मैं अपनी माता से मिल रहा हूं। सुरजनपुर गांव में शुरू हुए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र से गांव के लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधा मिलेगी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में नई शिक्षा नीति लागू की गई है। नई शिक्षा नति में बच्चों को शिक्षा के साथ संस्कारवान बनाने की भी शिक्षा मिल रही है। सीएम राइज स्कूल से पढ़कर निकलने वाले छात्र भगवान श्रीराम और श्रीकृष्ण जैसे संस्कारी छात्र बने, मध्यप्रदेश सरकार ऐसा प्रयास कर रही है। सीएम राइज विद्यालयों में दक्षता और शिक्षा दोनों दी जा रही हैं। किसानों को जमीनों की खरीद-बिक्री के बाद नामांतरण के लिए पटवारियों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे, इसके लिए जल्द ही एक और सौगात किसानों को दी जायेगी। नई शिक्षा नीति हमारी अतीत के गौरवशाली पृष्ठिभूमि भी याद दिलाने का कार्य करेगी। अयोध्या में भगवान श्रीराम मुस्कुरा रहे हैं, अब समय आ रहा है कि मथुरा में भगवान श्रीकृष्ण भी मुस्कुराएं। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दिमनी में दो करोड़ की लागत से सामुदायिक भवन, ग्वारी नदी पर बांध बनाने सहित कई सड़कों की सौगातें दी हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि जो मांगे हैं, सभी पूरी की जाएगी।

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व खजुराहो सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि हमारे गांव सुरजनपुर के लिए बड़े सौभाग्य का दिन है। हमारे गावं में आज जहां प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का उद्घाटन हुआ। वहीं शिक्षा के क्षेत्र में सीएम राइज स्कूल के भूमिपूजन से नई सौगात मिली। हमारे क्षेत्र सहित पूरे प्रदेश में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की सरकार ने विकास में कोई कमी नहीं छोड़ी है। प्रदेश सरकार विकास के लिए प्रतिबद्ध है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में डबल इंजन सरकार प्रदेश में तेजी से विकास कार्य कर रही है। मैं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर, उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल, प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद एवं प्रदेश शासन के मंत्रियों का आभार व्यक्त करता हूं कि उन्होंने मेरे गांव सुरजनपुर आकर मुझे संबल प्रदान कर क्षेत्र के विकास की नई आधारशिला रखी।

विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा कि आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की सरकार में चारों तरफ विकास ही विकास नजर आता है। मुरैना से लेकर प्रदेश के हर क्षेत्र में भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश सरकार विकास में कोई कमी नहीं रख रही है। विद्युत सब स्टेशन की बात हो या फिर सड़कों से लेकर पानी और सिंचाई की हर क्षेत्र में तेजी से काम किया जा रहा है। आज दो बड़ी सौगात प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और सीएम राइज स्कूल के तौर पर क्षेत्र को मिली है। विकास का यह क्रम मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में जारी रहेगा और यहां के लोगों की हर मांग को पूरा करने की कोशिश की जाएगी। मुरैना जिले में पूर्व में घोषित कॉलेजों को भी शीघ्र संचालित किया जाएगा। मैं इस क्षेत्र को विकास की रफ्तार को बढ़ाने के लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव जी का आभार व्यक्त करता हूं।

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष आरती गुर्जर, पूर्व विधायक गिर्राज दंडोतिया, बलवीर दंडोतिया, रघुराज सिंह कंसाना, राकेश मावई, कमलेश जाटव, सूबेदार सिंह रजौधा, अरविन्द सिकरवार, विधायक सरला रावत, जिलाध्यक्ष डॉ. योगेशपाल गुप्ता, रामनरेश शर्मा सहित कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

 

संजय राउत के खिलाफ महिला मोर्चा ने क्राइम ब्रांच में की शिकायत

भारतीय जनता पार्टी की जिला भोपाल महिला मोर्चा ने कल शिवसेना के नेता संजय राउत के खिलाफ क्राइम ब्रांच एमपी नगर पहुंचकर सख्त कार्यवाही करने की मांग की। महिला मोर्चा की जिला उपाध्यक्ष सुषमा चौहान ने बताया कि शिवसेना के नेता संजय राउत ने एक्स सोशल मीडिया पर एक पोस्ट की है जिसमें बयान होते हुए कहा कि मध्यप्रदेश में लाड़ली बहना योजना बंद हो गयी है और महाराष्ट्र में भी बंद हो जायेगी। यह योजना कभी फलदायी नहीं हो सकती है। इस तरह झूठी अफवाह फैलाकर संजय राउत प्रदेश की बहनों को आंदोलित करने का प्रयास कर रहे है। जिससे कानून व्यवस्था भी बिगाड़ने का काम कर रहे है। संजय राउत इस तरह के बयान देकर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं भाजपा की छवि धूमिल करने का प्रयास कर रहे है।

जिला उपाध्यक्ष सुषमा चौहान ने बताया कि प्रदेश की भाजपा सरकार लाडली बहनों के खातों में प्रतिमाह 1250 रूपए दिए जा रहे है। भाजपा सरकार बहनों को सशक्त करने का काम कर रही है। उनके जीवन में खुशहाली आए इसके लिए प्रदेश भाजपा सरकार लगातार महिलाओं के हित में कार्य कर रही है। संजय राउत द्वारा इस तरह का बयान देना बेहद ही शर्मनाक है। महिला मोर्चा कार्यकर्ताओं ने संजय राउत के खिलाफ क्राइम ब्रांच पहुंचकर शिकायत की और कठोर एवं सख्त कार्यवाही करने की मांग की।

प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में वन क्षेत्र विकास के लिए सरकार प्रतिबद्ध : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का अभिनंदन करते हुए कहा कि वनों के विकास के लिए जरूरी कदम उठाए गए हैं। वनों के अंदर जो निवास करते हैं, जो प्रकृति के साथ तालमेल करते हैं, उनकी सभी जरूरतें पूरी करेंगे। वनोपज बेचने का अधिकार उन्हें दिया गया है। राज्य में पेसा एक्ट का प्रभावी क्रियान्वयन किया जा रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि वनों के विकास के लिए राज्य सरकार सजग है। आज 57 करोड़ रुपये से अधिक के कार्यों का लोकार्पण और भूमि-पूजन किया गया है। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में वन क्षेत्र निवासियों का चहुँमुखी विकास किया जा रहा है। वन ग्राम में वनोपज बेचने का अधिकार वन ग्राम निवासियों को दिया जाएगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने यह बात श्योपुर के वीरपुर में संयुक्त वन प्रबंधन समितियों के प्रशिक्षण और जागरुकता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कही। कार्यक्रम में वनाधिकार पट्टे भी वितरित किये गये।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश में उद्योगों के विकास के लिए रीजनल इंडस्ट्री कॉन्क्लेव निंरतर होंगी। ये कॉन्क्लेव लाभकारी सिद्ध हो रही हैं। बेरोजगार युवाओं को रोजगार दिलवाने का दायित्व हमारा है। हमारे युवा एग्री, आईटी आदि क्षेत्रों में प्रगति करें, इसके लिए सरकार पूरी मदद करेगी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि विकास के मामले में सरकार किसानों, गरीबों के साथ है। जनजातीय समाज को विशेष लाभ दिया जा रहा है। वीरपुर में कॉलेज खोला जाएगा। वीरपुर में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का उन्नयन किया जाएगा। यहाँ मौजूद अस्पताल को उन्नत करेंगे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि वन क्षेत्र में विकास के लिए हमारी सरकार प्रतिबद्ध है। वन क्षेत्र में रहने वाले भाई-बहन प्रकृति के बीच संतुलन बनाते हुए “जियो और जीने दो” की भावना को चरितार्थ करते हैं।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि विकास के मामले में सरकार हमेशा जनता के साथ है। गरीब, किसान, महिलाओं और ग्राम के आखिरी छोर के व्यक्ति के साथ सरकार खड़ी है। स्वास्थ्य सुविधाओं में विस्तार किया गया है। एयर एम्बुलेंस के माध्यम से गाँव के बीमार व्यक्ति को शहरों के बड़े अस्पताल पहुँचाया जा रहा है। जरूरत पड़ने पर आगरा और दिल्ली तक भेजने की व्यवस्था भी की जाएगी। विमान में डॉक्टर, नर्स सहित जीवन-रक्षा के लिए आवश्यक उपकरणों और दवाई की उपलब्धता रखी जाएगी। यह गरीबों का भला करने वाली सरकार है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि रोजगार के सभी क्षेत्रों में प्रयास करने के साथ ग्रामीण स्तर पर दुग्ध उत्पादन बढ़ाने और पशुपालन को बढ़ावा देने के लिए ग्राम निवासियों को अनुदान दिया जाएगा। गेहूँ और सोयाबीन की तरह ही दूध के उत्पादन पर भी बोनस दिया जाएगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कलेक्टर श्योपुर को जनजातीय प्रमाण-पत्र बनाने और उनके वितरण कार्य को तेजी से किये जाने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि गाँव में बसने के लिए आबादी के लिए आवश्यकता और सुविधा अनुसार नवीन आबादी का क्षेत्र निर्मित किया जाए।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि वीरपुर के क्षेत्रीय विकास के लिए कोई कोर-कसर नहीं छोड़ी जायेगी। वीरपुर में नंदी गाँव से गवघाट तक चंबल नदी पर पेंटुल पुल बनाया जाएगा। इससे राजस्थान की करौली माता और सवाई-माधोपुर तक आवागमन की सुविधा मिलेगी।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कन्या-पूजन से कार्यक्रम की शुरुआत की। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने शिक्षा को प्रोत्साहन देने के लिए 80 लाख रूपये की लागत से वन समिति सदस्यों के 13 हज़ार 700 बच्चों को स्कूल बैग वितरित किये।

विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव के नेतृत्व में प्रदेश निरंतर प्रगति-पथ पर आगे बढ़ रहा है। आने वाले समय में श्योपुर को प्रदेश का अग्रणी जिला बनाया जाएगा। खजुराहो सांसद वी.डी. शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव के नेतृत्व में गरीबों को मूलभूत सुविधाएँ उपलब्ध कराने के लिये निरंतर कार्य किये जा रहे हैं। सरकार जन-कल्याणकारी योजनाओं से आर्थिक एवं सामाजिक बदलाव लाने की दिशा में सतत कार्य कर रही है।

नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा एवं श्योपुर जिले के प्रभारी मंत्री राकेश शुक्ला ने कहा कि जिले को सरकार की ओर से लगातार विकास कार्यों की सौगात मिल रही है। उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ. यादव का आभार मानते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में जिला निरंतर विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है। वन एवं पर्यावरण मंत्री रामनिवास रावत ने संयुक्त वन प्रबंधन समितियों के जागरूकता सम्मेलन के आयोजन पर प्रसन्नता जताई और मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार विकास के लिये निरंतर कार्य कर रही है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने विधि-विधान से पूजन कर 57 करोड़ 42 लाख रूपये के विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमि-पूजन किया। इसमें 18 करोड़ 94 लाख रुपये के विकास कार्यों का लोकार्पण एवं 38 करोड़ 48 लाख रुपये के विकास कार्यों का भूमि-पूजन और शिलान्यास किया गया। इसमें पीएम जन-मन योजना में श्योपुर विकासखण्ड के 6 ग्रामों में मल्टीपर्पस सेंटर निर्माण लागत 3 करोड़ 60 लाख, विजयपुर एवं कराहल विकासखण्ड क्षेत्र के 18 ग्रामों में मल्टीपर्पस सेंटर का निर्माण कार्य लागत 10 करोड़ 80 लाख और तहसील विजयपुर में 30 बिस्तरीय सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र को 100 बिस्तरीय सिविल अस्पताल में उन्नयन निर्माण कार्य लागत 24 करोड़ 8 लाख रुपये के कार्य शामिल हैं।

कार्यक्रम में किसान कल्याण एवं कृषि विकास मंत्री ऐदल सिंह कंषाना, अध्यक्ष सहरिया विकास प्राधिकरण राज्य मंत्री दर्जा तुरसनपाल बैरया, उपाध्यक्ष सहरिया विकास अभिकरण राज्य मंत्री दर्जा सीताराम आदिवासी, जिला पंचायत अध्यक्ष गुड्डीबाई आदिवासी, पूर्व विधायकगण और प्रशासनिक अधिकारियों सहित बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

विकास कार्यक्रम में तेजी लाए, लापरवाही पर होगा एक्शन: राज्यमंत्री कृष्णा गौर

पिछड़ा वर्ग एवम् अल्पसंख्यक कल्याण और विमुक्त, घुमंतु और अर्ध घुमंतु राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कृष्णा गौर ने गोविंदपुरा विधानसभा क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों में तेजी लाने के लिए अधिकारियों और निर्माण एजेंसियों को निर्देशित किया। साथ ही उन्होंने कहा कि अगर कार्य में लापरवाही सामने आई तो जिम्मेदारों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

राज्यमंत्री कृष्णा गौर बुधवार को 74 बांग्ला निवास पर गोविंदपुरा विधानसभा में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों की समीक्षा कर रही थी। अधिकारियों ने बैठक में बताया कि प्रभातम हाइट्स में 7 में से 6 लिफ्ट का काम पूरा हो चुका है बची हुई एक लिफ्ट का काम भी एक हफ्ते के अंदर पूरा कर लिया जाएगा। साथ ही यहां पर सड़क, बोरवेल और बिजली कनेक्शन के सर्वे को भी शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश अधिकारियों को दिए। यहां के रहवासियों ने स्विमिंग पूल की जगह गार्डन और क्लब हाउस बनाने की मांग की है। इसी तरह एमजीएम में सड़क बनाने के कार्य में तेजी लाने के लिए कहा, पिपलानी सेक्टर में सड़क के लिए बाधा बन रहे अवैध निर्माण को तोड़ने का प्रस्ताव कलेक्टर को भेजे जाने के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया।

प्रसिद्ध उद्योगपति रतन टाटा का निधन, 86 साल की उम्र में ली अंतिम सांस, देश भर के राजनीतिक नेताओं और उद्योगपतियों ने जताया दुख

देश के शीर्ष उद्योगपति रतन टाटा का अंतिम संस्कार गुरुवार शाम मुंबई में पूरे राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा। देश के शीर्ष उद्योगपति रतन टाटा के तिरंगे में लिपटे पार्थिव शरीर को मुंबई के एनसीपीए लॉन में जनता के अंतिम दर्शन के लिए रखा गया है। आज शाम 4 बजे के बाद वर्ली श्मशान घाट में उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। रतन टाटा के निधन पर महाराष्ट्र सरकार ने आज राज्य में एक दिन के राजकीय शोक की घोषणा करते सभी कार्यक्रम रद कर दिए हैं।

टाटा समूह के अनुसार, रतन टाटा के पार्थिव शरीर को आज सुबह 10 बजे से शाम चार बजे तक दक्षिण मुंबई के नेशनल सेंटर फॉर परफॉर्मिंग आर्ट्स में अंतिम दर्शन के लिए रखा जाएगा। यहां हर क्षेत्र के लोग पार्थिव शरीर के अंतिम दर्शन कर सकेंगे। समूह ने लोगों से गेट नंबर तीन से एनसीपीए लॉन में प्रवेश करने और बाहर निकलने के लिए गेट नंबर का उपयोग करने का अनुरोध किया है। एनसीपीए परिसर में पार्किंग की जगह उपलब्ध नहीं होगी। समूह ने कहा कि शाम चार बजे पार्थिव शरीर वर्ली श्मशान घाट, डॉ. ई मोसेस रोड, वर्ली के प्रार्थना कक्ष में अंतिम संस्कार के लिए रवाना होगा। उनके परिवार ने रतन टाटा के निधन के बाद मिले प्यार और सहानुभूति के लिए आभार व्यक्त किया है।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु और उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने पद्म विभूषण और पद्म भूषण से सम्मानित उद्योगपति रतन टाटा के निधन पर दुख व्यक्त किया है। एक सोशल मीडिया पोस्ट में, राष्ट्रपति ने कहा कि व्यवसायी रतन टाटा के निधन से, भारत ने एक ऐसा आइकन खो दिया है, जिसने राष्ट्र निर्माण के साथ कॉर्पोरेट विकास और नैतिकता के साथ उत्कृष्टता को जोड़ा।

राष्ट्रपति मुर्मु ने कहा कि उद्योगपति रतन टाटा ने महान टाटा विरासत को आगे बढ़ाया और इसे और अधिक प्रभावशाली वैश्विक स्थान दिलाया। उन्होंने अनुभवी पेशेवरों और युवा छात्रों को भी समान रूप से प्रेरित किया। राष्ट्रपति ने कहा कि परोपकार और दान में उनका योगदान अमूल्य है। राष्ट्रपति मुर्मु ने दुखी परिवार और टाटा समूह की पूरी टीम के प्रति संवेदना व्यक्त की है।

उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने अपने शोक संदेश में कहा कि उद्योगपति रतन टाटा के निधन से उन्हें गहरा दुख हुआ है। उपराष्ट्रपति धनखड़ ने कहा कि श्री टाटा भारतीय उद्योग जगत की एक महान शख्सियत थे, जिनका आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में योगदान हमेशा भारत और उसके बाहर के उद्यमियों के लिए प्रेरणा रहेगा। उपराष्ट्रपति ने कहा कि व्यवसायी रतन टाटा भारतीय उद्योग के ‘दिग्गज’ के रूप में गहरी प्रतिबद्धता और करुणा के धनी व्यक्ति थे, जो अपने पीछे एक स्थायी विरासत छोड़ गए। उपराष्ट्रपति धनखड़ ने कहा, भारत को उनकी बहुत याद आएगी।

बिजनेस टाइकून और परोपकारी रतन टाटा के निधन पर विभिन्न क्षेत्रों की गणमान्य हस्तियां शोक व्यक्त कर रही हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने एक सोशल मीडिया पोस्ट में दुख व्यक्त करते हुए कहा कि रतन टाटा एक दूरदर्शी मार्गदर्शक, दयालु और असाधारण इंसान थे। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने अपना दुख साझा करते हुए कहा कि रतन टाटा ने निस्वार्थ भाव से अपना जीवन भारत के विकास के लिए समर्पित कर दिया।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी अर्थव्यवस्था, व्यापार और उद्योग में रतन टाटा के महत्वपूर्ण योगदान को याद करते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर अपनी संवेदना व्यक्त की। राजनाथ सिंह ने रतन टाटा के परिवार और उनके दोस्तों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की।

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने अपने ‘एक्स’ पोस्ट में रतन टाटा के उल्लेखनीय तथा लंबे कार्यकाल पर प्रकाश डाला और ठोस निर्णय लेने की उनकी क्षमता और मानसिक शक्ति की सराहना की। उन्होंने यह भी घोषणा की कि रतन टाटा का अंतिम संस्कार पूरे राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा। उपमुख्यमंत्री देवेन्द्र फड़नवीस ने अपने ‘एक्स’ पोस्ट में कहा कि रतन टाटा के निधन से दुनिया ने मानवता, उदारता और अखंडता का एक प्रतीक खो दिया है।

उपमुख्यमंत्री अजीत पवार ने एक सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि एक उद्योगपति के रूप में अपने अमूल्य योगदान से परे, रतन टाटा अपने पीछे परोपकार और करुणा की विरासत छोड़ गए हैं, जो देश के प्रति उनके अपार प्रेम से प्रेरित है।

एक सोशल मीडिया पोस्ट में, कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा कि रतन टाटा ने व्यापार और परोपकार दोनों पर एक अमिट छाप छोड़ी।

अडानी समूह के अध्यक्ष गौतम अडानी ने रतन टाटा के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए ‘एक्स’ पर कहा कि वे भारत की भावना का प्रतीक है। महिंद्रा समूह के अध्यक्ष आनंद महिंद्रा ने टिप्पणी की कि इस महत्वपूर्ण मोड़ पर रतन टाटा का जीवन और कार्य भारत के लिए बहुत महत्वपूर्ण हैं।

केंद्रीय मंत्री जी.किशन रेड्डी ने प्रसिद्ध उद्योगपति रतन टाटा के निधन पर शोक व्‍यक्‍त किया है। एक संदेश में रेड्डी ने कहा कि देश ने एक ऐसे अमूल्‍य ‘रतन‘ को खो दिया है जिसने अनेक पीढ़ियों को प्रेरित किया। टाटा के भारतीय कंपनियों को अंतर्राष्‍ट्रीय पहचान दिलाने के प्रयास और सामुदायिक विकास के प्रति उनका सादगी भरा जीवन और यात्रा भावी पीढि़यों को प्रोत्‍साहित करती रहेगी। तेलंगाना के मुख्‍यमंत्री ए.रेवंत रेड्डी ने कहा कि रतन टाटा भारतीय उद्योग के प्रमुख अगुआ और सार्वजनिक रूप में अत्‍यंत परोपकारी व्यक्ति थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि उनका निधन भारतीय व्यापार जगत और समाज के लिए अपूरणीय क्षति होगी। उन्होंने उनके परिवार के सभी सदस्यों और सहकर्मियों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की है।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने जाने माने उद्योगपति रतन टाटा के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि रतन टाटा का निधन उद्योग जगत की बड़ी क्षति है। देश की अर्थव्यवस्था और वाणिज्य-उद्योग क्षेत्र में रतन टाटा के योगदान को सदैव रेखांकित किया जाएगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने स्व. रतन टाटा की आत्मा की शांति और उनके मित्रजन एवं परिजन को यह दुख सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना भगवान महाकाल से की है।

उल्लेखनीय है कि 1991 में रतन टाटा समूह के अध्यक्ष बने। उन्होंने टेल्को और बाद में टाटा मोटर्स को एक अग्रणी कार निर्माण कंपनी और टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज टीसीएस को एक सूचना प्रौद्योगिकी कंपनी बनाया। इसके अलावा उन्होंने टाटा केमिकल्स, टाटा टी, टाटा स्टील जैसी कई कंपनियों को सफल बनाया। 2012 में वह टाटा समूह के अध्यक्ष के रूप में सेवानिवृत्त हुए। हालांकि, इसके बाद भी वह विभिन्न उद्योगों का मार्गदर्शन कर रहे थे। 2008 के मुंबई हमले के बाद रतन टाटा की दृढ़ता सभी को हमेशा याद रहेगी। उनके फैसले, साहसी रवैया और सामाजिक प्रतिबद्धता हमेशा याद रखी जाएगी।

भारत के सबसे सम्मानित व्यापारिक दिग्गजों में से एक रतन टाटा ने दो दशकों से अधिक समय तक टाटा संस के अध्यक्ष के रूप में काम किया। वे टाटा ट्रस्ट के जरिए परोपकार में गहराई से शामिल थे। उन्हें 2000 में पद्म भूषण और 2008 में पद्म विभूषण सहित कई पुरस्कारों से सम्मानित किया गया था।

Kolar Road News: कोलार में बांटी जलेबी, हरियाणा जीत का मना जश्न

भोपाल, कोलार उपनगर में हरियाणा में लगातार तीसरी बार भाजपा सरकार बनने पर आज डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी मंडल अध्यक्ष प्रदीप पाटीदार और श्यामा प्रसाद मुखर्जी पिछड़ा वर्ग मोर्चा मंडल उपाध्यक्ष श्रवण सुथार और भाजपा नेता मोनू मालवीय के साथ जलेबी बनाकर सबका मुंह मीठा कराया और सब कार्यकर्ताओं की उपस्थिति में विजय उत्सव मनाया।

भाजपा नेताओं ने कहा यह जीत मोदी जी के नेतृत्व की जीत है, भाजपा के दृढ़ संकल्प की जीत है।

विकसित भारत का रास्ता गांव से होकर जाता है : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि हमारी सरकार गरीब और किसानों की सरकार है। यहाँ सभी को समान रूप से पात्रतानुसार सुविधाएं उपलब्ध है। गरीब एवं किसानों को प्राथमिकता से सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही है। सड़क दुर्घटना में कोई गरीब भी घायल होता है तो उसे अस्पताल पहुंचाने के लिए सरकार हेलीकॉप्टर पहुंचाएगी। यदि मृत्यु हुई तो सरकार पार्थिव देह को उसके घर तक पहुंचाने की व्यवस्था करेगी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभ से वंचित लोगों को लाभान्वित करने के लिए आज से सर्वे चालू हो गया है। सभी पात्र व्यक्तियों के इस योजना का लाभ मिलेगा। क्षेत्र के विकास के लिए की गई घोषणाएं पूरी होंगे।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव और केंद्रीय ग्रामीण विकास एवं कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान कल मंगलवार को सीहोर जिले के भैरूंदा में ग्राम विकास सम्मेलन में शामिल हुए। इस अवसर पर मुख्यमंत्री और केन्द्रीय मंत्री ने पीएमजीएसवाई-IV के अन्तर्गत 500 कि.मी. स्वीकृत सड़कों का शुभारंभ किया तथा स्व-सहायता समूहों के लिए 150 करोड़ रूपए के बैंक ऋण व सामुदायिक निवेश राशि का सिंगल क्लिक से अंतरण किया। साथ ही 8 प्र-संस्करण इकाइयों एवं 100 सामुदायिक प्रशिक्षण केन्द्रों का शुभारंभ भी किया। प्रदेश के 5 नए जिलों में आरसेटी प्रशिक्षण केन्द्र की स्थापना की स्वीकृति भी दी गई। कार्यक्रम में सीहोर जिले के 52818 तेंदूपत्ता संग्रहकों को 2 करोड़ 70 लाख रूपये बोनस राशि का वितरण तथा मध्यप्रदेश सरकार की बाँस मिशन योजना में 215 बाँस हितग्राहियों को 2 लाख 90 हजार बाँस पौधों की अनुदान राशि एक करोड़ 4 लाख 27 हजार रूपये का वितरण भी किया गया।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि आज प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का पूरी दुनिया में सम्मान है। उन्होंने देश का गौरव बढ़ाया है और दुश्मनों को करारा जवाब दिया है। दुश्मनों से उनका कहना है कि यदि आप गोली फेंकोगे तो हम गोला फेकेंगे। सीमा पर जवान और खेत पर किसान, दोनों का गौरव बढ़ा है। हमारी सरकार इनके कल्याण के कार्य करती है। किसानों को हर संभव सहायता दी जा रही है। प्रदेश के किसानों से समर्थन मूल्य पर सोयाबीन खरीदी जायेगी। आज भैरूंदा से 8 खाद्य प्र-संस्करण इकाइयों का लोकार्पण किया गया है। प्रदेश में महिला सशक्तिकरण की दिशा में भी निरंतर कार्य हो रहा है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि हमारी सरकार आक्रांताओं के एक-एक चिन्ह को मिटाती जा रही है। भैरूंदा का नाम आक्रांताओं ने नसरुल्लागंज कर दिया था, जिसे बदलकर फिर भैरूंदा कर दिया गया है। उन्होंने क्षेत्र के विकास के लिए कई घोषणाएं भी की। विधानसभा बुदनी के चारों नगरीय निकायों के विकास के लिए 2-2 करोड़ रुपए दिए जाने की घोषणा की। कई नवीन मार्ग भी स्वीकृत किए।

केंद्रीय कृषि एवं ग्रामीण विकास मंत्री चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश एवं प्रदेश में कृषि एवं ग्रामों के विकास के लिए निरंतर कार्य किया जा रहे हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव प्रदेश के विकास के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने तो भैरूंदा वालों की चांदी कर दी है। उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ. यादव से कहा कि “मोहन तुम प्रदेश को प्रगति और विकास के पथ पर आगे बढ़ाते जाओ, प्रधानमंत्री मोदी का आशीर्वाद और मेरा साथ तुम्हारे साथ है।” क्षेत्र के विकास के लिए केंद्र और राज्य सरकार दोनों मिलकर काम करेंगी। प्रदेश में और भी सीएम राइज स्कूल खोले जाएंगे।

केन्द्रीय मंत्री चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभ से जो भाई-बहन छूट गए हैं, उनके लिए आज से सर्वे चालू हो रहा है, जो आगामी 6 माह में पूरा कर लिया जाएगा। अब सरकार ने इस योजना में 4 शर्तों को समाप्त कर दिया है। पहले जिनके पास फोन थे, मोटरसाइकिल या स्कूटर था, 10 हजार से अधिक मासिक आमदनी थी, ढाई एकड़ सिंचित अथवा 5 एकड़ तक असिंचित जमीन थी, उन्हें योजना में पात्रता नहीं थी। अब इन शर्तों को हटा दिया गया है। अब 15 हजार रूपये तक मासिक आमदनी वालों को भी योजना में पात्रता होगी। मूंग और सोयाबीन के बाद अब मसूर, उड़द और तुवर भी एमएसपी पर खरीदे जाएंगे।

केंद्रीय ग्रामीण विकास राज्य मंत्री कमलेश पासवान ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का मानना है कि विकसित भारत के लिए गांवों को विकसित बनाना आवश्यक है। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश के विकास के लिए प्रधानमंत्री आवास योजना, नरेगा, दीनदयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल योजना, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना जैसी कई योजनाएं चलाई जा रही हैं। इन सभी योजनओं से सरकार देश के ग्रामों को विकसित बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने निर्णय लिया है कि आगामी 5 साल में दो करोड़ लोगों को आवास योजना से लाभांवित किया जाएगा। प्रधानमंत्री श्री मोदी ने देश के प्रत्येक व्यक्ति को आवास, बिजली, शुद्ध जल देने एवं सभी आवश्यक सुविधाएं देने का संकल्प लिया है।

प्रदेश के पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल ने कहा कि सरकार देश एवं प्रदेश के विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश का कोई भी गरीब अब आवास योजना से वंचित नही रहेगा। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में 01 अप्रेल 2016 से प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) शुरू हुई थी और इस योजना के तहत मध्यप्रदेश सरकार ने लगातार लक्ष्य प्राप्त किए हैं। वर्ष 2021 और 2022 तक 37 लाख 98 हजार का लक्ष्य था, जिसमें मध्यप्रदेश सरकार ने 36 लाख 25 हजार मकानों को पूर्ण किया। यह लगभग 95 प्रतिशत से भी ज्यादा है और देश में दूसरा स्थान मध्यप्रदेश ने प्राप्त किया है। उन्होंने कहा कि 2011 की सर्वे सूची में जिनका नाम छूट गया था, उनमें 27 लाख 79 हजार लोगों का नाम आवास प्लस सर्वे में जोड़ा गया है। पीएम जनमन योजना में मध्यप्रदेश को जो लक्ष्य मिला था उसमें मध्यप्रदेश ने प्रथम स्थान प्राप्त किया है। मध्यप्रदेश ने 23 दिन में शिवपुरी में जनजातियों के लिए 33 हजार आवास बनाकर रिकॉर्ड बनाया है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव, केंद्रीय कृषि मंत्री चौहान और केंद्रीय ग्रामीण विकास राज्य मंत्री पासवान कल भैरूंदा पहुंचने पर रोड़-शो के दौरान नगरवासियों ने पुष्पवर्षा कर फूल मालाओं से स्वागत किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव एवं केंद्रीय कृषि मंत्री चौहान ने रोड़-शो के दौरान नागरिकों का अभिवादन किया। रोड़-शो के दौरान अतिथियों के स्वागत के लिए जगह-जगह मंच बनाए गए। घरों की बालकनियों से बच्चों, महिलाओं तथा बुजुर्गों द्वारा पुष्प वर्षा की गई। रोड-शो के मार्ग में विभिन्न स्थानों पर नागरिकों द्वारा अतिथियों को हल, साफा, मूर्ति सहित स्मृति चिन्ह भेंट किये गये।

Garba Mahotasav Bhopal: अंतिम दिन देवमय हुआ सांस्कृतिक गरबा महोत्सव, सुंदरवन गार्डन में उमड़ा जन सैलाब

अलविदा भोपाल, अगले वर्ष फिर मिलने के वादे के साथ हुआ सांस्कृतिक गरबा महोत्सव का समापन

भोपाल। भोपाल शहर की शान व परम्परा बन चुका सांस्कृतिक सिंधी गरबा महोत्सव का चौथा व अंतिम दिन। महोत्सव की शुरुआत गणेश वंदना एवं जगदम्बे माता की आरती से की गई, उसके बाद 9 कन्याओं का पूजन कर इस सांस्कृतिक गरबा महोत्सव कार्यक्रम के अंतिम दिन की शुरूआत की। इसके बाद जैसे ही म्यूजिक की धुनो का गूँजना शुरू हुआ वैसे वैसे गरबा सर्कल में गरबा कर रहे अभ्यर्थियों की रफ़्तार भी बड़ती चली है। यहां बनाए गए दोनों सर्कल में तकरीबन 2000 लोग एक साथ गरबा कर रहे थे, और इतनी ही संख्या में लोग इसके बाहर फ्री राउंड में झूमने का इंतजार कर रहे थे। सांस्कृतिक गरबे में हर कोई गरबा के इस अंतिम दिन के हर पल का लुत्फ उठाना चाहता था, एक तरफ़ डीजे की धुनों पर नचाने की ख़ुशी और दूसरी तरफ आज अंतिम दिन होने का दुख लोगो के चेहरे पर साफ दिखाई दे रहा था। सांस्कृतिक गरबे का अंतिम दिन गरबे का मुख्य मंच उल्लास के रंग में रंगा हुआ नजर आया, एन के म्यूजिकल ग्रुप द्वारा गरबे की गीतों का जमकर लुफ्त उठाया, ग्राउंड पर आए लोगों में भी गरबे में अलग अलग परिधान पहनने वाले लोगों के साथ फोटो और वीडियोज बनाने के लिए उत्साह नजर आया। सिंधी सांस्कृतिक गरबा महोत्सव के अंतिम दिवस पर करुणाधाम आश्रम के प्रमुख श्री शांडिल्य जी महाराज एवं भाजपा के प्रदेश महामंत्री, विधायक एवं सिंधी मेला समिति के संरक्षक भगवानदास सबनानी, मुंबई से किशोर भानुशाली (जूनियर देव आनंद) जयकिशन लालचंदानी, आनंद सबधानी, अनिलानंद महाराज, राहुल चेलानीं भी समारोह में विशेष रूप से शामिल हुए थे।

दर्शकों के बीच 160 फिट ऊँचाई से नीचे उतरे देव आनंद

सांस्कृतिक गरबा महोत्सव के अंतिम दिन सिंधी समाज के लिए काफी ख़ास रहा, इस दिन को खास बनाने के लिए सिंधी मेला समिति के अध्यक्ष मनीष दरयानी, एवं महासचिव नरेश तलरेजा द्वारा लोगों को जूनियर देव साहब को समाज के लोगों से रूबरू करवाने के लिये उनकी एंट्री क्रेन के माध्यम से करवाई, भोपाल के इतिहास में पहली बार किसी कलाकार की इतनी भव्य एंट्री 120 फिट ऊपर से नीचे तक करवाई गई, and जैसे ही किशोर भानुशाली ने देव साहब को ट्रिब्यूट करते हुए उनके सदाबहार गीत “” पल भर के लिये कोई प्यार कर ले, है अपना दिन तो आवारा, ख़्याब हो या हो कोई हक़ीक़त, कौन हो तुम बतलाओ जैसे अनेक गीत गाना शुरू किया, तो पूरा गरबे का वातावरण देवमय हो गया।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मुख्य आतिथ्य में वन समितियों का सम्मेलन

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मुख्य आतिथ्य में श्योपुर जिले की तहसील वीरपुर मुख्यालय स्थित कृषि उपज मण्डी परिसर में संयुक्त वन प्रबंधन समितियों का जागरूकता सम्मेलन होगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव 18 करोड़ 94 लाख रुपये के विकास कार्यों का लोकार्पण एवं 38 करोड़ 48 लाख रुपये के विकास कार्यों का भूमि-पूजन करेंगे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव द्वारा वन समिति के सदस्यों के बच्चों को स्कूल बैग का वितरण भी किया जायेगा।

कार्यक्रम में अध्यक्ष विधानसभा नरेन्द्र सिंह तोमर, वन एवं पर्यावरण मंत्री रामनिवास रावत, नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री राकेश शुक्ला, किसान कल्याण एवं कृषि विकास मंत्री ऐदल सिंह कंषाना, खजुराहो सांसद विष्णु दत्त शर्मा, मुरैना-श्योपुर संसदीय क्षेत्र के सांसद शिवमंगल सिंह तोमर, उपाध्यक्ष सहरिया अभिकरण राज्य मंत्री दर्जा सीताराम आदिवासी और आम नागरिक उपस्थित रहेंगे।

शासकीय महाविद्यालय ढोढर लागत 4 करोड़ 34 लाख, एसडीएम कार्यालय कराहल लागत एक करोड़ 31 लाख, जनजातीय कार्य विभाग के अंतर्गत उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सेसईपुरा में 10 अतिरिक्त कक्ष निर्माण कार्य लागत 3 करोड़ 78 लाख, तहसील वीरपुर में नल-जल योजना लागत 5 करोड़ 39 लाख, ग्राम बड़गाँव नल-जल योजना लागत एक करोड़ 82 लाख, ग्राम आसीदा नल-जल योजना लागत एक करोड़ 30 लाख और ग्राम कुडायथा नल-जल योजना लागत एक करोड़ 30 लाख के विकास कार्य शामिल हैं।

पीएम जन-मन योजना में श्योपुर विकासखण्ड के 6 ग्रामों में मल्टीपर्पस सेंटर निर्माण लागत 3 करोड़ 60 लाख, विजयपुर एवं कराहल विकासखण्ड क्षेत्र के 18 ग्रामों में मल्टीपर्पस सेंटर का निर्माण कार्य लागत 10 करोड़ 80 लाख और तहसील विजयपुर में 30 बिस्तरीय सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र को 100 बिस्तरीय सिविल अस्पताल में उन्नयन निर्माण कार्य लागत 24 करोड़ 8 लाख रुपये के कार्य शामिल हैं।

विजयपुर विधानसभा में घर-घर जाकर अधिक से अधिक सदस्य बनाएं कार्यकर्ता – हितानंद

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद ने मंगलवार को श्योपुर में विजयपुर विधानसभा उपचुनाव को लेकर कार्यकर्ताओं की बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि विजयपुर में ऐतिहासिक विजय के लिए सदस्यता में भी रिकॉर्ड बनाएं। कार्यकर्ता टोली बनाकर हर गांव, गली-मोहल्ले व कस्बों में जाकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा की डबल इंजन सरकार द्वारा किए जा रहे गरीब कल्याण व विकास के कार्यों को बताएं और भाजपा की सदस्यता ग्रहण कराएं। विजयपुर विधानसभा उपचुनाव में जितनी अधिक सदस्यता होगी, विजय भी उतनी ही बड़ी होगी।

भाजपा प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद ने कहा कि प्रधानमंत्री जन-धन योजना, स्वच्छ भारत मिशन, स्किल इंडिया मिशन, बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ, प्रधानमंत्री मुद्रा योजना, अमृत योजना, डिजिटल इंडिया मिशन, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, आत्मनिर्भर भारत ने वर्तमान भारत की तस्वीर बदल दी है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी गरीब कल्याण के कार्यों से जनता के जीवन में खुशी लाने और भारत को नई ऊंचाई पर ले जाने का कार्य कर रहे हैं। विजयपुर विधानसभा उपचुनाव में पार्टी की ऐतिहासिक विजय के लिए आप सभी कार्यकर्ता अधिक से अधिक संख्या में लोगों को भाजपा की सदस्यता ग्रहण कराएं। हितानंद ने कहा कि एक वो समय था जब भारत में आतंकियों ने मुम्बई में आतंकी घटना को अंजाम दिया पर देश खामोश ही रहा और तत्कालीन सरकार ने कोई कड़ा जवाब नहीं दिया। पुलवामा के बाद प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत ने पाकिस्तान में घुसकर आतंकियों पर कड़ा प्रहार किया। आज का भारत वो भारत है जो युक्रेन के युद्ध क्षेत्र से भी अपने नागरिकों को सुरक्षित निकाल लाता है। भाजपा के सभी मोर्चा-प्रकोष्ठों के कार्यकर्ता एक साथ टोली बनाकर गांव-गांव, घर-घर संपर्क करें और भाजपा सरकार की उपलब्धियां जनता को बताते हुए उन्हें भाजपा की सदस्यता दिलाए।

इस अवसर पर प्रदेश शासन के मंत्री रामनिवास रावत, जिला प्रभारी विजय दुबे, चुनाव प्रभारी राधेश्याम पारिख, जिलाध्यक्ष सुरेन्द्र जाट, पूर्व विधायक दुर्गालाल विजय, बहादुर सिंह सिसौदिया, गोपाल आचार्य, सीताराम आदिवासी, जिला पंचायत अध्यक्ष गुड्डी आदिवासी सहित जिला पदाधिकारी उपस्थित रहे।

EPFO की वेतन सीमा ₹15,000 से बढ़कर ₹25,000 हुई, 51 लाख से अधिक कर्मचारियों...

0
नई दिल्ली | Social Welfare News  कर्मचारियों की सामाजिक सुरक्षा को मजबूत करने की दिशा में केंद्र सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। कर्मचारी भविष्य...

इंदौर में श्रम संहिताओं और श्रमिक कल्याण पर बड़ा आयोजन, रोजगार और सामाजिक सुरक्षा...

0
इंदौर। श्रमिकों के अधिकारों, सामाजिक सुरक्षा और रोजगार व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में इंदौर में 3 नवंबर 2026 को श्रम संहिताओं...

असंगठित और गिग वर्कर्स के लिए केंद्र सरकार का बड़ा फैसला, 40 और 22...

0
नई दिल्ली | 4 नवंबर 2026 देश के करोड़ों असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों, डिलीवरी पार्टनर्स, ऐप आधारित टैक्सी चालकों और प्लेटफॉर्म वर्कर्स को सामाजिक सुरक्षा...
nmms-scholarship-2026-27

NMMSS Scholarship 2026-27: छात्रों को बड़ी राहत, छात्रवृत्ति आवेदन की अंतिम तारीख बढ़ी, अब...

0
नई दिल्ली। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के मेधावी विद्यार्थियों के लिए केंद्र सरकार ने बड़ी राहत दी है। शिक्षा मंत्रालय ने राष्ट्रीय साधन-सह-योग्यता...
akshara goswami

मध्यप्रदेश स्थापना दिवस पर 102 मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान, हर छात्र को मिली 1...

0
भोपाल। मध्यप्रदेश के 71वें स्थापना दिवस के अवसर पर प्रदेश की शैक्षणिक प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। भोपाल के लाल परेड मैदान में आयोजित...