श्रीलंका पर मंडराया फॉलोऑन का खतरा, भारत जीत की ओर बढ़ा

भारत और श्रीलंका के बीच खेले जा रहे दूसरे टेस्ट मैच में भारतीय टीम ने अपनी पकड़ मजबूत कर ली है। भारत ने पहली पारी में 503 रन पर 9 विकेट घोषित किए। इसके जवाब में श्रीलंका की टीम तीसरे दिन का खेल खत्म होने तक 265 रन पर 8 विकेट गंवा चुकी थी। मेजबान टीम अभी भारत से 238 रन पीछे है और उस पर फॉलोऑन का खतरा मंडरा रहा है।

भारत की पहली पारी में ध्रुव जुरेल ने नाबाद 115 रन की शानदार पारी खेली। देवदत्त पडिक्कल ने भी 117 रन बनाए, जबकि ऋषभ पंत ने 63 रन की तेजतर्रार पारी खेलकर टीम को बड़े स्कोर तक पहुंचाने में अहम योगदान दिया। जुरेल की शतकीय पारी के दम पर भारत ने 503/9 के मजबूत स्कोर पर पारी घोषित की।

श्रीलंका की पहली पारी की शुरुआत बेहद खराब रही और टीम ने शुरुआती दौर में ही महत्वपूर्ण विकेट गंवा दिए। हालांकि बाद में पासिंदु सूरियाबंडारा और सोनल दिनुषा ने संघर्ष करते हुए पारी को संभालने की कोशिश की। दिनुषा ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए अर्धशतक पूरा किया, लेकिन श्रीलंका अभी भी भारत के स्कोर से काफी पीछे है।

तीसरे दिन बारिश और खराब रोशनी के कारण खेल प्रभावित हुआ। अब भारतीय गेंदबाजों की नजर श्रीलंका के बचे हुए दो विकेट जल्दी हासिल करने पर होगी। यदि श्रीलंका भारत के स्कोर के करीब नहीं पहुंच पाता है, तो भारतीय टीम के पास फॉलोऑन कराने का विकल्प रहेगा।

भारत की शानदार बल्लेबाजी और गेंदबाजी को देखते हुए टीम इस टेस्ट में जीत के साथ सीरीज पर कब्जा करने की मजबूत स्थिति में नजर आ रही है।

झूलनोत्सव से भक्तिमय हुआ अयोध्या धाम, 5 हजार मंदिरों में विशेष आयोजन

सावन के पावन महीने में रामनगरी अयोध्या इन दिनों भक्ति और उत्सव के रंग में रंगी हुई है। सावन शुक्ल एकादशी से अयोध्या के करीब 5 हजार मठ-मंदिरों में झूलनोत्सव की शुरुआत हो गई है। मंदिरों को फूलों, रंग-बिरंगी सजावट और आकर्षक हिंडोलों से सजाया गया है।

कई मंदिरों में भगवान श्रीराम और माता जानकी के विग्रह को फूलों तथा स्वर्ण-रजत जड़ित हिंडोलों पर विराजमान कराया गया है। वहीं, कुछ मंदिरों में राधा-कृष्ण और अन्य आराध्य देवों के लिए भी विशेष झांकियां सजाई गई हैं। शाम होते ही मंदिरों में भजन-कीर्तन, पद गायन और धार्मिक संगीत से वातावरण भक्तिमय हो रहा है।

श्रीराम बल्लभाकुंज में विशेष झांकी महोत्सव
श्रीराम बल्लभाकुंज मंदिर में शाम 6 बजे से रात 11 बजे तक विशेष झांकी महोत्सव आयोजित किया जा रहा है। फूलों से सजे हिंडोलों पर भगवान श्रीराम और माता जानकी के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। यहां झूलनोत्सव का आयोजन रक्षाबंधन तक चलने की जानकारी दी गई है।

हर दिन बदल रहा रामलला का श्रृंगार
श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में भी रामलला का प्रतिदिन अलग-अलग वस्त्रों और श्रृंगार से अलंकरण किया जा रहा है। देश के विभिन्न हिस्सों से श्रद्धालु अयोध्या पहुंचकर रामलला के दर्शन और आरती में शामिल हो रहे हैं।

झूलनोत्सव के चलते शाम होते ही अयोध्या की गलियां और मंदिर परिसर भजन, कीर्तन और जय श्रीराम के जयघोष से गूंज उठते हैं। श्रद्धालुओं के लिए यह उत्सव आस्था, भक्ति और सांस्कृतिक परंपरा का अनोखा संगम बन गया है।

नीलबड़ में सवा लाख पार्थिव शिवलिंग निर्माण, सामूहिक रुद्राभिषेक एवं 11 हज़ार रुद्राक्ष वितरण का भव्य आयोजन 26 को

कलखेड़ा रोड स्थित चंद्र शेखर आज़ाद पार्क में जुटेगा श्रद्धालुओं का सैलाब

भोपाल (विशेष प्रतिनिधि)। श्रावण मास के पवित्र अवसर पर राजधानी के नीलबड़ क्षेत्र में एक विशाल धार्मिक समागम का आयोजन होने जा रहा है। आगामी 26 अगस्त को वार्ड क्रमांक 26 स्थित चंद्र शेखर आज़ाद पार्क (कलखेड़ा रोड, नीलबड़) में “सवा लाख पार्थिव शिवलिंग निर्माण”, “सामूहिक रुद्राभिषेक” तथा “11,000 पवित्र रुद्राक्षों का नि:शुल्क वितरण” का भव्य कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।

इस धार्मिक आयोजन के आयोजक भाजपा जिला उपाध्यक्ष वीरेंद्र मारण ‘गोलू भैया’ हैं। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एवं संरक्षक हुज़ूर विधानसभा क्षेत्र के विधायक रामेश्वर जी शर्मा रहेंगे।

प्रातः 9 बजे से शुरू होगा पार्थिव शिवलिंग निर्माण

आयोजन की जानकारी देते हुए वीरेंद्र मारण ‘गोलू भैया’ ने बताया कि श्रावण मास में पार्थिव शिवलिंग निर्माण एवं रुद्राभिषेक का विशेष धार्मिक और आध्यात्मिक महत्व है। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः 9:00 बजे सवा लाख पार्थिव शिवलिंगों के निर्माण के साथ होगा, जो दोपहर 1:00 बजे तक चलेगा। इसके पश्चात दोपहर 2:00 बजे से विद्वान आचार्यों के सानिध्य में मंत्रोच्चार के साथ सामूहिक रुद्राभिषेक संपन्न कराया जाएगा।

श्रद्धालुओं को बांटे जाएंगे 11 हजार पवित्र रुद्राक्ष

कार्यक्रम के दौरान दोपहर 2:00 बजे से ही उपस्थित श्रद्धालुओं के बीच 11,000 अभिमंत्रित रुद्राक्षों का नि:शुल्क वितरण एवं महाप्रसादी का आयोजन किया जाएगा। आयोजकों ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुगम दर्शन-पूजन के लिए व्यापक व्यवस्थाएं की जा रही हैं। आयोजक वीरेंद्र मारण ने भोपाल शहर एवं आसपास के सभी धर्मप्रेमी नागरिकों, माताओं व बहनों से अधिक से अधिक संख्या में पधारकर धर्म लाभ अर्जित करने की अपील की है।

मेरा बूथ सबसे मजबूत… लेकिन जिम्मेदारी किसकी?

रोशन नेमा,
व्यवस्था का आईना

कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी का अहसास कराने के लिए दिया जाने वाला नारा “मेरा बूथ सबसे मजबूत” शायद अब अपनी मूल अवधारणा से भटक गया है।

पिछले 20 वर्षों में यही वह मंत्र रहा, जिसका जाप करते हुए अंतिम पंक्ति का कार्यकर्ता पूरे उत्साह के साथ घर-घर पहुंचा और वोट के रूप में ईंधन जुटाकर सत्ता के इस डबल इंजन को ताकत देता रहा।

“पपीहा पन को ना तजै, तजै तो तन बेकाज…”
लेकिन तन-मन से समर्पित कार्यकर्ताओं वाली चल रही नगर सरकार की अव्यवस्था के बीच अब कार्यकर्ता भी शायद यही कहने लगा है—स्वाति नक्षत्र अभी दूर है।

एक सुबह फोन आया—

“भैया, मेरा बच्चा और मैं स्कूल जाते समय सड़क के गड्ढे में फिसल गए। आप लोग सड़क ठीक कराने के लिए कुछ क्यों नहीं करते?”

सवाल सुनकर मेरे मन में भी सवाल उठा—मेरी जिम्मेदारी क्या है? और जिस व्यक्ति को मैं जानता तक नहीं, उसने मुझे ही फोन क्यों किया?

बिना समय गंवाए बताए गए स्थान पर पहुंचा, लेकिन फोन करने वाला तब तक वहां से जा चुका था।

नजदीक ही दो दृश्य सामने थे।
एक तरफ सड़क किनारे बिकते बेलपत्र और धतूरे।
दूसरी तरफ कीचड़ में फंसी स्कूल वैन।

पहली नजर में खबर इतनी ही थी कि सड़क खराब है और आने वाले समय में शायद इसे ठीक कर दिया जाएगा।

लेकिन असली विषय सड़क नहीं था।

तीसरा दृश्य सामने था—चुनावी मतदान केंद्र।

जिस मोड़ पर स्कूल वैन कीचड़ में फंसी थी, वहीं से मतदान केंद्र लगा हुआ था। एक तरफ बेलपत्र की दुकान थी और दूसरी तरफ लोकतंत्र का वह दरवाजा, जहां चुनाव के समय मतदाता पहुंचता है।

संकेत शायद साफ था।

नारा सिर्फ चुनाव के मौसम में नहीं, व्यवस्था के बीच भी दिखाई देना चाहिए।

“मेरा बूथ सबसे मजबूत” कहने वाले संगठन के सिपाहियों के सामने सवाल यह है कि जिस बूथ पर चुनाव के समय मतदाता रूपी भगवान को सिर झुकाकर वोट देने बुलाया जाता है, क्या वहां तक पहुंचने वाली सड़क भी मजबूत है?

आज वह मतदाता भगवान चुनावी मौसम का इंतजार नहीं कर रहा।
वह तो रोज उसी सड़क से गुजर रहा है—
कभी कीचड़ में फंसकर, कभी गड्ढे में गिरकर और कभी व्यवस्था को देखकर सूखे आंसू बहाकर।

शायद बूथ की असली मजबूती चुनावी नारे से नहीं,
मतदाता के भरोसे से तय होती है।

अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट का ट्रंप के पक्ष में फैसला, मेल वोटिंग आदेश को मिली हरी झंडी

अमेरिका में डाक मतपत्रों से मतदान के नियमों को लेकर चल रही कानूनी लड़ाई में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को सुप्रीम कोर्ट से बड़ी राहत मिली है। सुप्रीम कोर्ट ने 6-3 के फैसले में निचली अदालत द्वारा लगाए गए उस प्रतिबंध को हटा दिया, जिसने ट्रंप प्रशासन के डाक मतपत्रों पर रोक संबंधी कार्यकारी आदेश के एक हिस्से को लागू होने से रोक रखा था।

हालांकि, कोर्ट ने ट्रंप के कार्यकारी आदेश की वैधानिकता पर अंतिम फैसला नहीं दिया है। अदालत ने कहा कि इस चरण में आदेश को चुनौती देने वाले राज्यों के पास मुकदमा दायर करने का पर्याप्त कानूनी आधार नहीं था। इसके चलते ट्रंप प्रशासन को आदेश को आगे बढ़ाने का रास्ता मिला है, लेकिन मामले में आगे भी कानूनी चुनौती जारी रहने की संभावना है।

ट्रंप के मार्च 2026 के कार्यकारी आदेश में डाक मतपत्र पाने वाले पात्र मतदाताओं की सूची तैयार करने और अमेरिकी डाक सेवा के जरिए केवल सत्यापित मतदाताओं तक मतपत्र पहुंचाने जैसी व्यवस्था का प्रस्ताव है। समर्थकों का कहना है कि इससे चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता और सुरक्षा बढ़ेगी, जबकि विरोधी दलों और मतदान अधिकार समूहों ने इसे मतदाताओं के अधिकारों के लिए खतरा बताया है।

सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बावजूद आदेश के कुछ हिस्सों पर अलग न्यायिक रोक बनी हुई है। ऐसे में नवंबर में होने वाले अमेरिकी मध्यावधि चुनाव से पहले इस मुद्दे पर कानूनी और राजनीतिक टकराव जारी रहने के आसार हैं।

खेल की बात, पीएम के साथ’: 27 अगस्त को युवाओं से संवाद करेंगे नरेंद्र मोदी

राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर 27 अगस्त को देशभर में ‘खेलो इंडिया संवाद – खेल की बात, पीएम के साथ’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस कार्यक्रम के माध्यम से देशभर के युवाओं और उभरते खिलाड़ियों को वर्चुअल रूप से संबोधित करेंगे। इस राष्ट्रव्यापी कार्यक्रम में 1,600 केंद्रों से 8 लाख से अधिक युवा प्रतिभागियों और खिलाड़ियों के जुड़ने की योजना है।

कार्यक्रम की इस वर्ष की मुख्य थीम ‘युवा भागीदारी, खेल विकास और राष्ट्र निर्माण’ रखी गई है। इसका उद्देश्य युवाओं को खेल, फिटनेस, युवा नेतृत्व और राष्ट्र निर्माण से जोड़ना है। कार्यक्रम के दौरान युवाओं को अपने विचार, आकांक्षाएं और नीतिगत सुझाव साझा करने का अवसर भी मिलेगा।

संवाद में जमीनी स्तर पर खेल सुविधाओं के विस्तार, प्रतिभाओं की वैज्ञानिक तरीके से पहचान, 2036 ओलंपिक के लिए खिलाड़ियों की तैयारी, युवा नेतृत्व तथा विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की भूमिका जैसे मुद्दों पर चर्चा होगी। युवाओं से प्राप्त सुझावों को ‘मेरा युवा भारत’ के डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से नीति-निर्माण से जोड़ने की व्यवस्था भी की गई है।

सरकार के अनुसार, यह पहल देश के युवाओं, खेल प्रतिभाओं और भविष्य के नेतृत्वकर्ताओं को एक साझा मंच पर लाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। कार्यक्रम के जरिए खेलों में युवाओं की भागीदारी बढ़ाने और भारत के खेल इकोसिस्टम को जमीनी स्तर पर और मजबूत करने पर जोर दिया जाएगा।

मानसून ने पकड़ी रफ्तार, कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट

देश के कई हिस्सों में मानसून सक्रिय बना हुआ है और बारिश का दौर जारी है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 25 अगस्त को दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर समेत कई राज्यों में भारी बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं की संभावना जताई है।

मौसम विभाग के अनुसार, कुछ इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। मध्य प्रदेश, ओडिशा और उत्तराखंड के अलग-अलग हिस्सों में बहुत तेज बारिश की संभावना जताई गई है। कई क्षेत्रों में 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक की तेज हवाएं चलने की भी चेतावनी है।

लगातार बारिश के कारण कई शहरों में जलभराव और यातायात प्रभावित होने की स्थिति बन रही है। ओडिशा के कुछ जिलों में भारी बारिश और बाढ़ के खतरे को देखते हुए स्कूल भी बंद किए गए हैं।

राजधानी दिल्ली-NCR समेत उत्तर और मध्य भारत के कई हिस्सों में बारिश से तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है। मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने और स्थानीय प्रशासन की एडवाइजरी का पालन करने की सलाह दी है।

हालांकि, देश के दक्षिणी प्रायद्वीपीय हिस्सों में अगले एक सप्ताह के दौरान बारिश की गतिविधियां अपेक्षाकृत कम रहने का अनुमान है।

जापानी निवेश से यूपी में बढ़ेंगे अवसर, CM योगी ने अधिकारियों को दिए ये निर्देश

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जापानी कंपनियों के निवेश और राज्य में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए सोमवार को इन्वेस्ट यूपी और विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय बैठक की। बैठक में हाल ही में प्रदेश आए 240 सदस्यीय जापानी प्रतिनिधिमंडल की यात्रा और उससे सामने आए निवेश अवसरों की समीक्षा की गई।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जापान और उत्तर प्रदेश के बीच लगातार संवाद बनाए रखने की जरूरत है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जापानी निवेश को तेजी से धरातल पर उतारा जाए और निवेश के जरिए प्रदेश के युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर तैयार किए जाएं। निवेश, मैन्युफैक्चरिंग, ग्रीन एनर्जी, तकनीक, कौशल विकास, शिक्षा और पर्यटन को सहयोग के प्रमुख क्षेत्रों के रूप में चिन्हित किया गया है।

जापानी सिटी की जमीन अधिग्रहण प्रक्रिया तेज करने के निर्देश
बैठक में यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (YEIDA) क्षेत्र में प्रस्तावित 500 एकड़ की जापानी सिटी की प्रगति की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों ने बताया कि 350 एकड़ से अधिक भूमि का अधिग्रहण पूरा हो चुका है। मुख्यमंत्री ने शेष प्रक्रिया को जल्द पूरा करने के निर्देश दिए, ताकि जापानी कंपनियों के लिए औद्योगिक गतिविधियों का विस्तार आसान हो सके।

बनेगा यामानाशी जापान डेस्क
योगी आदित्यनाथ ने इन्वेस्ट यूपी के अंतर्गत अलग से यामानाशी जापान डेस्क स्थापित करने के निर्देश दिए। इसका उद्देश्य जापान के साथ निवेश और कारोबारी संवाद को लगातार आगे बढ़ाना है। मुख्यमंत्री ने जापानी भाषा प्रशिक्षण और कौशल विकास कार्यक्रमों में तेजी लाने तथा जापान में उत्तर प्रदेश के युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने पर भी जोर दिया।

इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने जापानी पर्यटकों के लिए उत्तर प्रदेश के बौद्ध स्थलों को जोड़ते हुए विशेष पर्यटन मार्ग विकसित करने और जापान के यामानाशी प्रांत के साथ पर्यटन सहयोग बढ़ाने के निर्देश दिए। सरकार का फोकस जापानी निवेश के साथ-साथ तकनीक, कौशल, रोजगार और पर्यटन संबंधों को मजबूत करने पर है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सिंगल क्लिक से जारी की संबल 2.0 की 11वीं किस्त

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने श्रावण मास के अंतिम सोमवार और रक्षाबंधन से पहले मुख्यमंत्री जनकल्याण (संबल) 2.0 योजना के हितग्राहियों को बड़ी सौगात दी। मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री निवास से सिंगल क्लिक के माध्यम से योजना की 11वीं किश्त के रूप में 203 करोड़ रुपये की अनुग्रह सहायता राशि पात्र हितग्राहियों के बैंक खातों में अंतरित की। इससे प्रदेश के 9,149 श्रमिक हितग्राही लाभान्वित हुए।

मुश्किल समय में श्रमिक परिवारों के साथ सरकार
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जिलों से जुड़े श्रमिक हितग्राहियों को संबोधित करते हुए कहा कि संबल योजना मुश्किल समय में श्रमिक परिवारों को आर्थिक सहारा देने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार पिछला बैकलॉग समाप्त करते हुए पात्र हितग्राहियों को लगातार सहायता उपलब्ध करा रही है।

इन हितग्राहियों को मिला लाभ
11वीं किश्त में सामान्य मृत्यु अनुग्रह सहायता के 8,027, दुर्घटना में मृत्यु के 1,034, आंशिक स्थायी दिव्यांगता के 66 और स्थायी दिव्यांगता के 22 हितग्राही शामिल हैं। योजना के तहत सामान्य मृत्यु पर 2 लाख रुपये, दुर्घटना में मृत्यु पर 4 लाख रुपये, आंशिक स्थायी दिव्यांगता पर 1 लाख रुपये और स्थायी दिव्यांगता पर 2 लाख रुपये की सहायता दी जाती है।

श्रमिकों के लिए अन्य योजनाओं पर भी जोर
मुख्यमंत्री ने बताया कि संबल हितग्राहियों को आयुष्मान भारत निरामयम् योजना से जोड़ने के साथ श्रमिक परिवारों के बच्चों की मेडिकल, कानून, इंजीनियरिंग और पॉलीटेक्निक जैसी पढ़ाई में भी सहायता दी जा रही है। पात्र गर्भवती श्रमिक महिलाओं को 16 हजार रुपये की सहायता देने का प्रावधान भी है। इसके अलावा बदलते रोजगार के स्वरूप को देखते हुए गिग और प्लेटफॉर्म वर्कर्स को भी संबल 2.0 के दायरे में शामिल किया गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य श्रमिकों को केवल आर्थिक सहायता देना नहीं, बल्कि उन्हें सम्मान, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता के अवसर उपलब्ध कराना भी है। सरकार श्रमिकों के हितों की रक्षा के लिए ‘श्रम शक्ति संहिता’, ‘श्रम स्टार रेटिंग’ और ‘श्रमणा’ जैसी पहलों पर भी काम कर रही है।

रक्षाबंधन से पहले महिलाओं को तोहफा, आज जारी होगी महतारी वंदन की 31वीं किस्त

छत्तीसगढ़ की महिलाओं के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज, 25 अगस्त को महतारी वंदन योजना की 31वीं किस्त की राशि जारी करेंगे। मुख्यमंत्री बालोद जिले के डौण्डीलोहारा में आयोजित बिहान दीदी एवं स्व-सहायता समूह सम्मान समारोह के दौरान हितग्राहियों के बैंक खातों में राशि का अंतरण करेंगे।

सरकार के अनुसार, इस किस्त के तहत 67 लाख 28 हजार 918 महिलाओं के खातों में कुल 631 करोड़ 38 लाख 37 हजार 700 रुपये ट्रांसफर किए जाएंगे। रक्षाबंधन से पहले राशि जारी किए जाने को महिलाओं के लिए सरकार की ओर से विशेष सौगात माना जा रहा है।

अब तक 30 किस्तों में मिली बड़ी सहायता
महतारी वंदन योजना के माध्यम से अब तक 30 किस्तों में महिलाओं को करीब 19,444 करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता दी जा चुकी है। योजना के तहत पात्र महिलाओं को हर महीने 1,000 रुपये की सहायता राशि दी जाती है।

महिला सशक्तिकरण पर सरकार का फोकस
महतारी वंदन योजना का उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना तथा उनके स्वास्थ्य और पोषण स्तर में सुधार करना है। योजना की राशि का उपयोग महिलाएं घरेलू जरूरतों, स्वास्थ्य एवं पोषण के साथ बेटियों के भविष्य के लिए बचत और अन्य आर्थिक गतिविधियों में भी कर रही हैं।

मुख्यमंत्री साय द्वारा सितंबर में जारी होने वाली राशि को रक्षाबंधन से पहले उपलब्ध कराने का निर्णय लिया गया है। इससे प्रदेश की लाखों महिलाओं को त्योहार से पहले आर्थिक सहायता मिल सकेगी।

PM-USP CSSS Scholarship Renewal 2026-27

PM-USP CSSS Scholarship Renewal 2026-27: 31 अक्टूबर तक करें आवेदन, जानें पात्रता, जरूरी दस्तावेज...

0
भोपाल | KOLAR18.COM | Social Welfare & Education News कॉलेज और विश्वविद्यालय में पढ़ाई कर रहे विद्यार्थियों के लिए छात्रवृत्ति से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी सामने...
Women and Child Development;

महिला एवं बाल विकास पर केंद्र-राज्य मंथन, पोषण और महिला सुरक्षा पर फोकस

0
नई दिल्ली। महिला एवं बाल विकास मंत्रालय का दो दिवसीय विभागीय सम्मेलन 8 और 9 अक्टूबर 2026 को नई दिल्ली में आयोजित किया जा...
yogi modi modal

उत्तर प्रदेश Social Welfare योजनाएं 2026: पेंशन, छात्रवृत्ति और सरकारी योजनाओं की जानकारी

0
पेंशन, छात्रवृत्ति, महिला कल्याण, दिव्यांगजन सहायता और गरीब परिवारों के लिए प्रमुख सरकारी योजनाओं की संक्षिप्त जानकारी उत्तर प्रदेश में सामाजिक कल्याण योजनाओं का दायरा...
maaldhari-family

गुजरात में मालधारी परिवारों के पुनर्वास की नई योजना: ₹15 लाख सहायता, 100 वर्ग...

0
गुजरात। गुजरात सरकार ने बर्दा वन्यजीव अभयारण्य (Barda Wildlife Sanctuary) में रहने वाले मालधारी परिवारों के स्वैच्छिक पुनर्वास के लिए नई योजना की घोषणा...
mann ki baat 1st episode

विजयादशमी के दिन शुरू हुई थी ‘मन की बात’: 3 अक्टूबर 2014 से सितंबर...

0
विशेष जानकारी | मन की बात पहले 14 मिनट के प्रसारण से 100वें एपिसोड और 2026 के आधिकारिक रेडियो आर्काइव तक की महत्वपूर्ण तारीखें। शुरुआत 3 अक्टूबर 2014 अवसर विजयादशमी पहला...