राम और कृष्ण के जीवन आदर्शों को आत्मसात कर संस्कृति से जुड़ेगी नई पीढ़ी – मंत्री विश्वास सारंग

संस्कृति से जुड़कर ही संस्कार आते हैं। किसी भी बच्चे या युवा की शिक्षा तभी सार्थक होगी जब साथ में संस्कार का भी भाव हो। आगे आने वाली पीढ़ी को श्रीकृष्ण के जीवन से आत्मसात कराने के लिये मध्यप्रदेश सरकार द्वारा स्कूल व कॉलेजों में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व मनाने का निर्णय अत्यंत सराहनीय है। इससे नई पीढ़ी को संस्कृति से जुड़ने के साथ ही संस्कारवान बनने का भी अवसर मिलेगा। सहकारिता, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग नरेला विधानसभा अंतर्गत करोंद के शा. सरदार पटेल सीएम राइज में स्कूल श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर कार्यक्रम में विद्यार्थियों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि राम और कृष्ण भारत के आदर्श महापुरुष हैं, उनके जीवन से प्रेरणा लेकर बच्चे अपने जीवन को सफल बना सकते हैं इसलिए उनका जन्मदिन स्कूलों में मनाया जा रहा है।

राम और कृष्ण के जीवन आदर्शों को आत्मसात कर संस्कृति से जुडेगी नई पीढी मंत्री सारंग ने प्रदेश सरकार द्वारा सभी स्कूल व कॉलेजों में श्री कृष्ण जन्मोत्सव कार्यक्रम आयोजित किये जाने के निर्णय की सराहना करते हुए कहा कि भगवान श्रीकृष्ण के जीवन का एक बडा हिस्सा मध्यप्रदेश में व्यतित हुआ है। यह प्रदेशवासियों का सौभाग्य है कि भगवान श्रीकृष्ण का मध्यप्रदेश को आशीर्वाद मिला है। श्रीकृष्ण का व्यक्तित्व, कृतित्व और कार्य पद्धति हमें जीवन जीने का सूत्र सिखाती है। उन्होंने कहा कि ‘कर्मयोगी’ भगवान श्रीकृष्ण और ‘मर्यादा पुरूषोत्तम’ प्रभु श्रीराम का जीवन नई पीढी को जनकल्याण के मार्ग पर चलने के लिये प्रेरित करेगा। दोनों के दिखाये मार्ग पर चलकर हमारी आने वाली पीढी भारतीय संस्कृति से जुडेगी और संस्कारवान बनेगी।

उन्होंने श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर मंत्री सारंग ने शा. सरदार पटेल सी.एम. राइज उ.मा. विद्यालय के लिये निःशुल्क स्कूल बस सेवा का शुभारंभ किया। मंत्री श्री सारंग ने बस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। बस को देखकर सभी बच्चे बेहद खुश नजर आये। मंत्री सारंग ने कहा कि मध्यप्रदेश सरकार द्वारा सीएम राइज़ स्कूल के माध्यम से शासकीय स्कूलों में प्राइवेट स्कूलों जैसी सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं। निःशुल्क परिवहन सेवा की शुरूआत से दूरदराज क्षेत्रों में रहने वाले विद्यार्थियों को लाभ मिलेगा। अब शासकीय स्कूल के विद्यार्थियों को बस द्वारा उनके घर से स्कूल लाने और वापस घर छोड़ने की सुविधा भी मिलेगी।

लापरवाह सरकार में मध्य प्रदेश की चिकित्सा व्यवस्था लड़खड़ायी : जीतू पटवारी

प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने प्रदेश की लड़खड़ायी चिकित्सा व्यवस्था को लेकर जारी अपने बयान में कहा कि प्रदेश के चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग और अस्पतालों में एक लाख से अधिक कर्मचारियों की कमी के कारण प्राथमिक चिकित्सा सुविधाएं पूरी तरह से ध्वस्त और खस्ताहाल हो गई हैं, जिससे प्रदेश के 60 प्रतिशत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर ताला लग गया है, शेष 40 प्रतिशत चिकित्सा केंद्र अत्यंत बीमार और रूग्ण अवस्था में चल रहे हैं।

पटवारी ने कहा कि तीन-तीन, चार-चार लाख महिलाओं के बीच में महिला डॉक्टर ही नहीं हैं। बुंदेलखंड, ग्वालियर-चंबल संभाग की अधिकांश तहसीलों में महिला डॉक्टर उपलब्ध नहीं है। जिला चिकित्सा केंद्रों के 90 प्रतिशत अस्पतालों में रेडियोलाजिस्ट नहीं हैं, सोनोग्राफी मशीन चलाने वाले आपरेटर नहीं हैं। वहीं जिला स्तर की 90 प्रतिशत अस्पतालों में एंडोस्कोपी नहीं होती। जिला स्तर के अधिकांश शासकीय अस्पतालों में सीटी स्केन की व्यवस्था नहीं है और जहां है, वहां टेक्नीशियन नहीं हैं। जिला अस्पतालों में 95 प्रतिशत सुपर स्पेशलिस्ट डॉक्टर उपलब्ध नहीं हैं, डीएम कॉर्डियोलाजिस्ट, नोफोलाजिस्ट, यूरोलाजिस्ट, डीएम न्यूरोफिजिशियन, डीएम न्यूरोसर्जन उपलब्ध नहीं हैं।

पटवारी ने कहा कि 90 प्रतिशत जिला चिकित्सालयों में खून की जांच के लिए उच्च स्तरीय पैथौलॉजी नहीं हैं। मंडला के जिला चिकित्सालय में सीटी स्केन और एमआरआई मशीन 15 साल से पैक रखी हुई है, आज तक उसको खोला नहीं नहीं, जिससे शासन के करोड़ों रूपये पानी में बह गये। इतना ही नहीं मप्र जिला चिकित्सालयों में करोड़ों रूपये खर्च करके हार्ट के आपरेशन वायपास एवं एंजियोग्राफी के लिए कैथलेब लगायी गई, लेकिन उसके लिए विशेषज्ञ डॉक्टर ही नहीं हैं।

पटवारी ने कहा कि जिला अस्पतालों में खून की जांच के लिए जो एजेंसी आउटसोर्स की गई है, गुणवत्ताविहीन रीएजेंट का उपयोग कर रही है, जिससे उसके पास जांच के लिए न तो सही उपकरण है और ब्लड़ सैंपल की जांच करने वाले न ही कर्मचारी। इसके कारण अधिकांश ब्लड़ रिपोर्ट गलत पायी जा रही हैं।पटवारी ने कहा कि मप्र के बुंदेलखंड, ग्वालियर-चंबल संभाग और निमाड़ के ग्रामीण अंचलों में शासकीय ब्लड़ बैंक ही नहीं हैं। ग्रामीण अंचलों में प्लेटीनेट की कमी से बड़े पैमाने पर डेंगू के कारण मौंते हो रही हैं। ऐसा ब्लड़ बैंक इन क्षेत्रों में नहीं है, जो प्रोटीन, प्लाज्मा को प्लेटिलेट से अलग कर सके, इस कारण समय पर प्लेटीलेट नहीं मिल पाने से मरीज दम तोड़ देता है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार और चिकित्सा महकमा इस लापरवाही पर न तो सजग है और नहीं इन स्थितियों पर ध्यान दे रही है।

भाजपा ने जम्मू-कश्मीर विधानसभा चुनाव के लिए 15 उम्मीदवारों की लिस्ट जारी की

जम्मू-कश्मीर विधानसभा चुनाव के प्रथम चरण के लिए भाजपा ने सोमवार 15 उम्मीदवारों की संशोधित सूची जारी की। दूसरे व तीसरे चरण की जारी की गई सूची को अमान्य घोषित किया गया है, इन्हें बाद में जारी किया जायेगा।

इससे पहले भाजपा ने तीनों चरणों के लिए अपने 44 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की थी। इसमें पहले चरण के लिए 15, दूसरे चरण के लिए 10 और तीसरे चरण के 19 उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की गई थी। पहली लिस्ट में पूर्व डिप्टी सीएम निर्मल सिंह व कविन्द्र गुप्ता सहित भाजपा के कई दिग्गज नेताओं को टिकट नहीं दिया गया था।

संशोधित सूची के अनुसार प्रथम चरण में इंजीनियर सैयद शौकत गयूर पांपोर से, अर्शीद भट राजपोरा से, जावेद अहमद कादरी शोपियां से, मोहम्मद रफीक वानी अनंतनाग पश्चिम से चुनाव लड़ेंगे। एडवोकेट सैयद वजाहत अनंतनाग से, श्रीगुफवाड़ा-बिजबेहरा से सोफी यूसुफ, शानगुस अनंतनाग पूर्व से वीर सराफ, इंदरवल से तारिक कीन, किश्तवाड से शगुन परिहार, पाडेर नागसेनी से सुनील शर्मा, भदरवाह से दिलीप सिंह परिहार, डोडा से गजय सिंह राणा, डोडा पश्चिम से शक्ति राज परिहार, बनिहाल से सलीम भट्ट, रामबन से राकेश ठाकुर चुनाव लड़ेंगे।

उल्लेखनीय है कि केंद्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर में 18 सितंबर, 25 सितंबर और 1 अक्टूबर को तीन चरणों में मतदान होंगे। जबकि मतगणना 4 अक्टूबर को होगी।

देशभर में आज श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की धूम, राष्‍ट्रपति, उपराष्ट्रपति, पीएम मोदी ने दीं शुभकामनाएं

देशभर में जन्माष्टमी का त्‍यौहार बड़े ही उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया जा रहा है। दुनिया भर के मंदिरों में श्रद्धालु भगवान श्रीकृष्ण के दर्शन के लिए भारी संख्या में जुट रहे हैं। इस अवसर पर राष्ट्रपति, उपराष्‍ट्रपति और प्रधानमंत्री ने देशवासियों को जन्माष्टमी की शुभकामनाएं दी हैं। राष्‍ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने सोशल मीडिया पोस्ट में सभी से भगवान श्री कृष्ण की शिक्षाओं को अपनाने और देश की प्रगति तथा समृद्धि के लिए काम करने का आग्रह किया। राष्ट्रपति ने कहा कि यह त्‍यौहार सभी को भगवान श्री कृष्ण के दिव्य आदर्शों के प्रति समर्पित होने की प्रेरणा देता है।

उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने कहा कि जन्माष्टमी आध्यात्मिक महत्व का दिन है। उन्‍होंने लोगों से अपने जीवन में भगवान कृष्ण की शाश्वत शिक्षाओं को प्रतिबिंबित करने और समाज में एकता, शांति और सद्भाव बढाने का आग्रह किया।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने जन्माष्टमी के पावन अवसर पर लोगों को शुभकामनाएं दी हैं। प्रधानमंत्री ने एक्स पर जारी एक पोस्ट में कहा ‘आप सभी को जन्माष्टमी की अनंत शुभकामनाएं। जय श्रीकृष्ण!’।

सुबह से ही श्रद्धालुजन मंदिरों में कान्हा के दर्शन करने के लिए आ रहे हैं। मथुरा और वृंदावन में जन्माष्टमी की भव्य तैयारियां की गई हैं और भक्तों के लिए खास व्यवस्था की गई है। श्री कृष्ण जन्मस्थान सेवा संस्थान ने घोषणा की है कि कृष्ण जन्मस्थान मंदिर 26 अगस्त को 20 घंटे के लिए खुला रहेगा जिससे भक्त निर्बाध दर्शन कर सकेंगे। मंदिर आमतौर पर 12 घंटे के लिए खुला रहता है। आज तड़के श्रीकृष्ण जन्मभूमि मंदिर के पर्दे खोले गए और सबसे पहले भगवान की आरती की गई। मध्य प्रदेश के उज्जैन में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर महाकालेश्वर मंदिर में विशेष भस्म आरती की गई है। उत्तर प्रदेश के नोएडा के इस्कॉन मंदिर में लोग बांकेबिहारी की पूजा कर रहे हैं। वहीं मुंबई के चौपाटी स्थित इस्कॉन मंदिर में भी भगवान श्रीकृष्ण के दर्शन के लिए भक्तों की भीड़ उमड़ रही है।गुजरात के अहमदाबाद के इस्कॉन मंदिर में भी लोग भगवान के दर्शन कर रहे हैं। हिमाचल प्रदेश के पर्यटक स्थल मनाली के माल रोड में इस्कॉन के तत्वावधान में आयोजित श्रीकृष्ण जन्माष्टमी उत्सव में हिस्सा लेने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु एकत्रित हुए हैं।

श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रदेशवासियों को बधाई और शुभकामनाएँ दी हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा है कि धर्म की रक्षा और अधर्मियों का नाश करने स्वयं भगवान को श्रीकृष्ण स्वरूप में पृथ्वी पर आना पड़ा। उन्होंने संसार को पाप, अधर्म, अत्याचार से मुक्त कर धर्म की स्थापना की। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि नन्हे कान्हा से योगेश्वर भगवान श्री कृष्ण बनने के लिए घनश्याम श्रीकृष्ण को मनुष्य की भांति जीवन की अनेक बाधाएं, संघर्ष, दु:ख, कष्ट, अपमान तथा पीड़ाओं को सहन करना पड़ा। भगवान श्रीकृष्ण ने संसार को फल की इच्छा छोड़कर केवल अच्छे कर्म कर स्वयं पर विश्वास करने की शिक्षा दी। संसार को भगवान श्रीकृष्ण से मित्रता की जो शिक्षा मिली, वह अनुकरणीय है। श्रीकृष्ण ने नारी सम्मान को सर्वोच्च प्राथमिकता दी। उनका आदर्श जीवन हर युग में प्रासंगिक और प्रेरणादायी है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रदेश के नागरिकों विशेषकर युवाओं से भौतिकता की चमक-दमक में अपने पौराणिक इतिहास को विस्मृत न होने देने और जन्माष्टमी पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाने का आव्हान किया है।

नगरीय प्रशासन एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने प्रदेशवासियों को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर शुभकामनाएँ दी हैं। उन्होंने अपने संदेश में कहा है कि भगवान कृष्ण ने हमेशा सत्य और न्याय के मार्ग पर चलने का उपदेश दिया है। उनका प्रेरणादायी जीवन हम सबको इस मार्ग पर चलने की सीख देता है।

भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव पर उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा ने प्रदेश वासियो को हार्दिक शुभकामनाएं दी है। उन्होंने कहा कि आइए हम भगवान श्री कृष्ण के जीवन और शिक्षाओं से प्रेरणा लें और सत्य, न्याय, और प्रेम के मार्ग पर चलने का संकल्प लें। देवड़ा ने कहा कि भगवान श्री कृष्ण की कृपा से हम सब के जीवन में सुख, शांति, और समृद्धि बनी रहे ऐसा प्रभु से कामना करें। एक बार पुनः सभी को जन्माष्टमी की हार्दिक शुभकामनाएँ।

श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की समस्त प्रदेशवासियों को उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने हार्दिक शुभकामनाएँ दी हैं। उन्होंने कहा कि श्रीकृष्ण के जीवन से हमें धर्म, सत्य और न्याय के मार्ग पर चलने की प्रेरणा मिलती है। श्रीकृष्ण का कर्मयोग का सिद्धांत हमें सिखाता है कि व्यक्ति को अपने कर्तव्यों का पालन निस्वार्थ भाव से करना चाहिए। उनके उपदेश और शिक्षाएँ आज भी हमें जीवन में सही दिशा दिखाते हैं।

उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने कहा कि जन्माष्टमी का पर्व केवल धार्मिक उत्सव नहीं है, बल्कि यह समाज में सद्भाव, प्रेम, और भाईचारे का संदेश भी देता है। यह त्योहार हमें भगवान श्रीकृष्ण के उपदेशों को आत्मसात कर अपने जीवन में सकारात्मकता और शांति का प्रसार करने के लिए प्रेरित करता है। उन्होंने प्रदेशवासियों से अपील की है कि वे इस पर्व को उत्साह और हर्षोल्लास के साथ मनाएँ।

 

प्रदेश की सबसे बड़ी मटकी फोड़ प्रतियोगिता कल करोंद में

भारतीय जनता पार्टी के भोपाल जिला अध्यक्ष सुमित पचौरी के नेतृत्व में कृष्ण जन्माष्टमी उत्सव समिति द्वारा कल करोंद चौराहा पर प्रदेश की सबसे बड़ी मटकी फोड़ प्रतियोगिता का आयोजन किया जायेगा। पचौरी 18 वर्षों से लगातार मटकी फोड़ प्रतियोगिता का आयोजन कर रहे हैं। लाखों दर्शक इस मटकी फोड़ प्रतियोगिता को देखने पहुंचेंगे। मटकी फोड़ प्रतियोगिता में प्रदेश की 12 से अधिक टीमें शामिल होगी। विजेता टीम को 1 लाख रूपए का नगद पुरस्कार दिया जाएगा। सुमित पचौरी ने बताया कि मटकी फोड़ प्रतियोगिता में इस बार फिल्मी कलाकार पद्मिनी कोल्हापूरी, गुलशन ग्रोवर सहित हास्य नाटक हप्पू की उलटन पलटन की गीतांजलि मिश्रा शामिल होंगी। साथ ही भजन गायक हेमंत बृजवासी अपनी प्रस्तुति देंगे।

सुमित पचौरी ने बताया कि मटकी फोड़ प्रतियोगिता में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त शर्मा, प्रदेश प्रभारी डॉ. महेन्द्र सिंह, सह प्रभारी सतीश उपाध्याय, सांसद, मंत्रीगण, विधायकगण सहित जनप्रतिनिधि व गणमान्य नागरिक उपस्थित रहेंगे।

वित्‍तमंत्री निर्मला सीतारामन ने सिंगापुर में वित्‍तीय कार्रवाई कार्यबल के अध्‍यक्ष टी राजा कुमार से की भेंट

वित्‍तमंत्री निर्मला सीतारामन ने सिंगापुर में आज वित्‍तीय कार्रवाई कार्यबल- एफएटीएफ के अध्‍यक्ष टी राजा कुमार से भेंट की। सीतारामन ने कुमार को उनके सफल कार्यकाल को पूरा करने पर शुभकामनाएं दीं। वित्‍तमंत्री ने एफएटीएफ अध्‍यक्ष को एफएटीएफ कार्यवाहियों के निष्पक्ष संचालन, विशेष रूप से भारत की आपसी मूल्‍यांकन रिपोर्ट पर चर्चा के दौरान कार्यवाही की प्रशंसा की। दोनों ने एफएटीएफ के भविष्‍य और संगठन में भारत की भूमिका पर विचारों का आदान प्रदान किया।

धार में बनेगा श्रद्धेय कुशाभाऊ ठाकरे जी का स्मृति स्थल : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि जनसंघ के संस्थापक सदस्य और भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रद्धेय कुशाभाऊ ठाकरे को समर्पित स्मृति स्थल का निर्माण धार में किया जाएगा। साथ ही उनके जीवन के विभिन्न पहलुओं और विचारों को समाज के सम्मुख लाने के लिए भोपाल स्थित कुशाभाऊ ठाकरे सभागार में गैलरी विकसित की जाएगी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कुशाभाऊ ठाकरे की जन्म-जयंती पर कुशाभाऊ ठाकरे सभागार स्थित उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर यह बात कही।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि श्रद्धेय कुशाभाऊ ठाकरे ने अपना सम्पूर्ण जीवन राष्ट्र और समाज के लिए समर्पित किया। उनके र्निलिप्तता से प्रजातंत्र की स्थापना और सुशासन के लिए किए गए कार्य प्रदेश ही नहीं, देश की धरोहर हैं। उनकी सादगी और न्यूनतम संसाधनों में समाज को अधिकतम योगदान देने की कार्यशैली और संगठन को विस्तार देने की क्षमता सदैव प्रेरणा बनकर सभी का पथ आलोकिक करती रहेगी।

सांसद वी.डी. शर्मा ने कहा कि श्रद्धेय ठाकरे की शुचिता, परिश्रम और सेवा भाव सबको साथ लेकर चलने की क्षमता और परस्पर सहयोग निधि से संगठन को चलाने व विस्तार देने की कार्य-प्रणाली आदर्श कार्यकर्ता का अद्भुत उदाहरण और हम सबके लिए प्रेरणा का स्त्रोत है। इस अवसर पर खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास सारंग, पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कृष्णा गौर, सांसद आलोक शर्मा, विधायक एवं पूर्व प्रोटेम स्पीकर रामेश्वर शर्मा, विधायक भगवानदास सबनानी, भोपाल महापौर मालती राय सहित जन-प्रतिनिधियों ने भी पुष्पांजलि अर्पित की।

 

महिलाओं के हक में महिला कांग्रेस चलाएगी नारी न्याय आंदोलन : विभा पटेल

मध्य प्रदेश महिला कांग्रेस की अध्यक्ष विभा पटेल ने पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी के शासनकाल में देश और मध्य प्रदेश में महिलाओं के साथ हो रहे अपराधों में लगातार वृद्धि होना शर्मनाक और बेहद चिंताजनक हैं। कई मामलों में सामने आया है कि भाजपा के कार्यकर्ता महिलाओं या नाबालिग लड़कियों के साथ बलात्कार और हत्या जैसे जघन्य अपराधों में शामिल होना पाये गये हैं, लेकिन सत्ताधारी पार्टी से जुड़े होने के कारण वे सींखचों में जाने और कानून के सिकंजे से बच जाते हैं। ऐसे कई मामलों में पीड़िता या उसका परिवार सत्ता पक्ष के डर से पुलिस में अपनी शिकायत दर्ज कराने की हिम्मत भी नहीं जुटा पाता है। इतना ही नहीं बेलगाम महंगाई ने महिलाओं की कमर तोड़ दी है, जिससे रसोई से लेकर घर-गृहस्थी के अन्य कामों में जिसका सीधा असर महिलाओं पर ही पड़ रहा है, जिससे परिवार चलाना और जीवन यापन करना मुश्किल हो गया है, महिलाओं को समान काम के लिए समान वेतन भी नहीं मिल रहा। पौष्टिक आहार व स्वच्छता की कमी से वे बीमार पड़ रहीं हैं। बावजूद इसके सरकारी अस्पतालों में महिला रोग विशेषज्ञ, चिकित्सक ही उपलब्ध नहीं है।
विभा पटेल ने कहा कि महिलाओं की समस्याओं के चलते मध्य प्रदेश में अब नारी न्याय आंदोलन पूरी ताकत से गांव-गांव तक चलाया जायेगा। जिसकी शुरुआत अखिल भारतीय महिला कांग्रेस ने गत 29 जुलाई 2024 को नई दिल्ली के जंतर-मंतर से कर दी हैं, मध्य प्रदेश में इसका विस्तार शहरी और ग्रामीण इलाकों की महिलाओं तक किया जायेगा। जिसका उद्देश्य आधी आबादी (महिलाओं) के लिए हक मांगना है। साथ ही महिला आरक्षण, जातीय जनगणना, बढ़ती महंगाई और महिलाओं के खिलाफ हिंसा के मुद्दों को लेकर जन जागरण भी चलाया जायेगा। अभियान में समान वेतन, बेहतर स्वास्थ्य और स्वच्छता, लाड़ली बहनों को मुफ्त में कॉलेज तक शिक्षा और महिलाओं की सुरक्षा के लिए आवाज उठाई जाएगी।
विभा पटेल ने कहा कि महिलाओं को इस आंदोलन में जोड़ने के लिए जिला, ब्लाक, बूथ स्तर पर महिलाओं को जोड़कर, महिला अपराध, बेलगाम महंगाई के खिलाफ ‘‘नारी न्याय आंदोलन’’ चलाकर महिलाओं को न्याय दिलाने और उनके हक के लिए प्रदेश की कुंभकर्णी नींद में सोयी सरकार को जगाने का काम किया जायेगा।
विभा पटेल ने कहा कि महिलाओं से जुड़े मुद्दों को लेकर मध्य प्रदेश महिला कांग्रेस निम्न मुद्दों को लेकर प्रदेश में नारी न्याय आंदोलन का शंखनाद करने जा रही है:-
(1) संसद में पारित संविधान का (106 वां) संशोधन अधिनियम महिलाओं के प्रति भाजपा के विश्वासघात का प्रतीक है। संशोधन अधिनियम में कुटिल प्रावधान हैं, जो लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में सीटों के आरक्षण को 2029 के बाद ही लागू करने की अनुमति देंगे। मध्य प्रदेश महिला कांग्रेस की मांग है कि 33 प्रतिशत महिला आरक्षण अधिनियम को तुरंत लागू कराया जाए। इसमें भी 33 फीसदी आरक्षण पिछड़ा वर्ग की महिलाओं को दिया जाना चाहिए।
(2) सामाजिक समानता, सामाजिक न्याय की खातिर जातिगत जनगणना शीघ्र करवायी जाये। जिसमें पिछड़े वर्गों की जाति, उप जाति, भाषा और आर्थिक स्थिति का भी उल्लेख किया जाए।
(3) प्रदेश में बेलगाम महंगाई और बेरोजगारी के चलते महिलाएं आर्थिक रूप से काफी कमजोर है। ऐसी स्थिति में सरकार की घोषणा अनुसार महिलाओं को आर्थिक रूप से सक्षम बनाने के लिए नारी न्याय के तहत हर गरीब परिवार की एक महिला को 1 लाख रूपया सालाना या हर माह 8 हजार 500 रूपए की आर्थिक सहायता उनके बैंक खातों में सीधे तौर पर जमा करायी जाए।
(4) देश भर में महिलाओं का उत्पीड़न और शोषण हो रहा है। उनकी सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाये जायें। सामाजिक न्याय के तहत उनकी सुरक्षा, संरक्षण के लिए मजबूत कानून बनाया जाए ताकि अपराधियों में भय का माहौल बने। नए महिला थाने और पुलिस चौकियां स्थापित की जायें।
(5) म.प्र. में लंबे समय से महिलाओं, परित्यक्ता महिलाओं-युवतियों, कल्याणी, निराश्रित एवं वंचित वर्ग की महिलाओं आदि को वृद्धावस्था एवं सामाजिक सुरक्षा पेंशन का लाभ नहीं मिल रहा है। सवा लाख महिलाओं को सामाजिक सुरक्षा पेंशन देने का मामला भी कागजी झमेले में उलझा है। पेंशन से वंचित महिलाओं की बड़ी संख्या है, जिसमें अधिकांश वंचित एवं निराश्रित वर्ग की है, इन सभी वर्ग महिलाओं को पेंशन दिलायी जाये, साथ ही रूकी हुई पेंशन भी शीघ्र प्रारंभ की जाये।
(6) अत्यंत दुःखद स्थिति है कि लाड़ली बहना योजना से बहनों के नाम लगातार काटे जा रहे हैं, मध्य प्रदेश महिला कांग्रेस इसका विरोध करते हुये सरकार से मांग करती है कि लाड़ली बहना योजना का लाभ बगैर भेदभाव के सभी बहनों को दिलाया जाए। जिन महिलाओं के नाम काटे गए हैं, उन्हें पुनः पात्रों की सूची में शामिल किया जाए।
(7) स्मार्ट मीटर के कारण अनाप-शनाप बिजली बिल आने से महिलाएं के सामने आर्थिक संकट बना हुआ है, स्मार्ट मीटर के नाम पर बिजली कनेक्शन काटे जा रहे हैं, जिस पर रोक लगाई जाए।
(8) स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं (आशा-उषा, आंगनवाड़ी, मिड-डे मील रसोइया, आदि) के वेतन/ मानदेय में केंद्र सरकार का योगदान दो गुना किया जाए।
(9) महिलाओं के वेतन में भेदभाव को रोकने के लिए ‘समान काम, समान वेतन’ का सिद्धांत लागू किया जाए।
(10) मध्य प्रदेश महिला कांग्रेस मांग करती है कि नारी न्याय योजना के तहत रोजगार के अवसरों में महिला-पुरूष असमानता को दूर कर केंद्र एवं राज्य की सरकारी नौकरियों में महिलाओं के लिए 50 प्रतिशत आरक्षण, जिसमें पुलिस फोर्स, अर्द्ध सुरक्षा बलों में महिलाओं की समान भागीदारी सुनिश्चित की जाये।
अखिल भारतीय महिला कांग्रेस द्वारा विगत 29 जुलाई 2024 को नारी न्याय योजना के तहत दिल्ली में बड़ा आंदोलन किया गया था। साथ ही सभी राज्य में यह आंदोलन किये जाने का निर्णय लिया गया था। मध्यप्रदेश महिला कांग्रेस द्वारा 28 अगस्त को राजधानी भोपाल में नारी न्याय आंदोलन के तहत बड़ा आंदोलन करने जा रही है। इसी तरह आगामी समय में नारी न्याय आंदोलन को प्रदेश के सभी जिलों में आयोजित किया जायेगा।

अमित शाह ने नवा रायपुर स्थित नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो के कार्यालय का उद्घाटन किया

केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने कल छत्तीसगढ़ के रायपुर में Narcotics Control Bureau (NCB) के आंचलिक इकाई कार्यालय का ऑनलाइन उद्घाटन किया। अमित शाह ने छत्तीसगढ़ में मादक पदार्थों के परिदृश्य पर समीक्षा बैठक की अध्यक्षता भी की। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, केन्द्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय, छत्तीसगढ़ के उप-मुख्यमंत्री विजय शर्मा, केन्द्रीय गृह सचिव, निदेशक, आसूचना ब्यूरो, महानिदेशक, NCB, छत्तीसगढ़ के मुख्य सचिव और पुलिस महानिदेशक सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

अपने संबोधन में केन्द्रीय गृह मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी द्वारा 2047 में भारत की आज़ादी के शताब्दी वर्ष में नशामुक्त देश का संकल्प अब हर देशवासी का संकल्प बनता जा रहा है। उन्होंने कहा कि नशामुक्त भारत का संकल्प एक समृद्ध, सुरक्षित और वैभवशाली भारत के निर्माण के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। शाह ने कहा कि ड्रग्स सिर्फ भारत की ही नहीं बल्कि एक वैश्विक समस्या है।

अमित शाह ने कहा कि भारत में ड्रग्स के खिलाफ लड़ाई को शिद्दत, गंभीरता और एक संपूर्ण रणनीति के साथ लड़ेंगे तो हम इस लड़ाई को जीत सकते हैं। उन्होंने कहा कि भारत में नारकोटिक्स का अवैध व्यापार राष्ट्रीय सुरक्षा के साथ जुड़ा हुआ है। शाह ने कहा कि ड्रग्स के अवैध व्यापार से अर्जित धन आतंकवाद और वामपंथी उग्रवाद को बढ़ावा देता है और देश की अर्थव्यवस्था को कमजोर करता है। उन्होंने कहा कि ड्रग्स से न सिर्फ देश की युवा पीढ़ी बर्बाद होती है बल्कि देश की सुरक्षा भी कमज़ोर होती है।

केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री ने कहा कि सभी मिलकर नारकोटिक्स के खिलाफ ज़ीरो टॉलरेंस की नीति पर आगे बढ़ें और नरेंद्र मोदी के नशामुक्त भारत के संकल्प को पूरा करें।

अमित शाह ने कहा कि आज एनसीबी के रायपुर जोनल कार्यालय का उद्घाटन हुआ है। उन्होंने कहा कि ये ज़ोनल ऑफिस न सिर्फ राज्य बल्कि पूरे क्षेत्र में नारकोटिक्स पर नियंत्रण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। शाह ने कहा कि हमारा लक्ष्य है कि देश के हर राज्य में एनसीबी की उपस्थिति हो। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार हर राज्य में NCB के कार्यालय की स्थापना कर राज्य सरकारों के सहयोग से नशे के कारोबार को ख़त्म करेगी।

केन्द्रीय गृह मंत्री ने कहा कि ड्रग्स ट्रैफिकिंग का ट्रेंड बदल रहा है औऱ ये नैचुरल से सिथेटिक ड्रग्स की ओर बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में सेडेटिव उपयोग का प्रतिशत 1.45 है जो राष्ट्रीय औसत से अधिक है और गांजा का उपयोग भी 4.98 प्रतिशत है जो राष्ट्रीय औसत से अधिक है।

अमित शाह ने ड्रग्स की तस्करी के मामलों की जांच में वैज्ञानिक तरीकों के इस्तेमाल पर बल दिया। उन्होंने कहा कि हमें Top to Bottom और Bottom to Top अप्रोच के साथ काम कर पूरे नेटवर्क को Ruthless तरीके से ध्वस्त करने की ज़रूरत है। शाह ने कहा कि जब तक हम पूरे नेटवर्क पर प्रहार नहीं करेंगे तब तक एक नशामुक्त भारत के लक्ष्य को हम प्राप्त नहीं कर सकेंगे।

केन्द्रीय गृह मंत्री ने कहा कि ड्रग्स का उपयोग करने वाला व्यक्ति पीड़ित होता है, जबकि इसका व्यापार करने वाला अपराधी होता है। उन्होंने कहा कि Drugs के Detection, Network के Destruction, Culprit के Detention और Addict के Rehabilitation के चार सूत्रों पर चलकर ही हम इस लड़ाई में सफल हो सकते हैं। उन्होंने कहा कि ड्रग्स के खिलाफ लड़ाई में Whole of Government अप्रोच अपनाने से ही हमें पूर्ण सफलता मिलेगी।

अमित शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में पिछले 10 साल में NCB की Performance बहुत अच्छी रही है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2004 से 2014 तक कुल 1,250 केस दर्ज हुए जबकि 2014 से 2024 तक के 10 साल में 230 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 4,150 केस दर्ज हुए। 2004 से 2014 के बीच कुल 1,360 अरेस्ट हुए जो अब 6,300 हो गए हैं। इसी प्रकार, 2004 से 2014 के बीच 1 लाख 52 हज़ार किलोग्राम ड्रग्स पकड़ी गई जबकि 2014 से 2024 के बीच 257 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 5 लाख 43 हज़ार किलोग्राम ड्रग्स पकड़ी गई है। 2004 से 2014 के बीच ज़ब्त की गई ड्रग्स का मूल्य 5,900 करोड़ रूपए था जबकि 2014 से 2024 के बीच ज़ब्त की गई ड्रग्स का मूल्य 22,000 करोड़ रूपए है। शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में एक संगठित अप्रोच के तहत हम 10 साल में ड्रग्स के खिलाफ लड़ाई को एक अंजाम तक पहुंचाने में सफल रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नशामुक्त भारत के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए देश के युवा और आम जनता के बीच मादक पदार्थों के खिलाफ जागरूकता पैदा करके इस लड़ाई को एक ‘जन आंदोलन’ बनाना होगा।

केन्द्रीय गृह मंत्री ने NCORD मैकेनिज़्म के तहत सभी 4 स्तरों पर नियमित बैठकें आयोजित करने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि हाल ही में शुरू किए गए MANAS पोर्टल का सभी को उपयोग करना चाहिए। शाह ने सभी राज्यों से कहा कि वे ड्रग्स के मामलों में वित्तीय जांच के लिए भारत सरकार की एजेंसियों की मदद ले सकते हैं। गृह मंत्री ने संयुक्त समन्वय समिति के नियमित उपयोग की ज़रूरत पर भी ज़ोर दिया। उन्होंने कहा कि ड्रग्स के पूरे नेटवर्क को खत्म करने के लिए अंतर्राज्यीय मामलों को NCB को सौंपना चाहिए।

महिला डॉक्टरों और नर्सों ने मंत्री विश्वास सारंग को बांधी राखी

रविवार को नरेला रक्षाबंधन महोत्सव के तीसरे दिन सहकारिता, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग नरेला विधानसभा अंतर्गत वार्ड 36,70 व 79 में कार्यक्रमों में सम्मिलित हुए। रक्षाबंधन महोत्सव में महिला डॉक्टरों और नर्सों ने मंत्री सारंग को रक्षा सूत्र बांधे। उन्होंने पश्चिम बंगाल, कोलकाता में आर जी मेडिकल कॉलेज में ट्रेनी डॉक्टर के रेप व हत्या के मामले में हस्ताक्षर कर ज्ञापन भी सौंपा। भारी बारिश में भी 40 हजार 328 बहनों ने मंत्री सारंग को रक्षासूत्र बांधे।

नरेला विधानसभा अंतर्गत वार्ड 79 करोंद में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिला डॉक्टर और नर्स मंत्री सारंग को रक्षासूत्र बांधने पहुंची। यहां उन्होंने मंत्री सारंग की कलाई पर राखी बांधने के साथ ही कोलकाता के आर जी मेडिकल कॉलेज में ट्रेनी डॉक्टर के रेप और हत्या के आरोपियों को फांसी की सजा दिए जाने के लिए ज्ञापन पर हस्ताक्षर किया। उन्होंने कहा कि महिला अपराध के मामले में इस प्रकार के दोषियों को कठोरतम सजा देकर समाज में संदेश दिया जाना चाहिए।

मंत्री सारंग ने नरेला विधानसभा अंतर्गत वार्ड 70 में रक्षाबंधन महोत्सव में सम्मिलित होने के पूर्व वार्ड कार्यालय प्रांगण में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौध-रोपण करते हुए सभी से एक पौधा अपनी मां के नाम लगाने की अपील की। उन्होंने प्रकृति संरक्षण में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करने की बात भी कही।

नरेला विधानसभा अंतर्गत वार्ड 36, 70 व 79 में भारी बारिश के बावजूद बहनों का उत्साह देखने को मिला। यहां बहनो ने बड़ी संख्या में मंत्री सारंग को रक्षासूत्र बांधे। मंत्री सारंग ने बहनों को उपहार स्वरूप बटुआ, आरती संग्रह और एक पौधा दिया। हज़ारों की संख्या में पहुंची बहनों के लिये मंत्री सारंग ने ‘एक हज़ारों में मेरी बहना है’ गीत भी गाया। इस अवसर पर सारंग के सरल व सहज स्वभाव को देखकर बहनें भावविभोर हो गई। कार्यकम में मथुरा के कलाकारों ने राधा कृष्ण नृत्य की मनमोहक प्रस्तुति भी दी। बहनों ने मंत्री सारंग पर पुष्पवर्षा कर उनका स्नेहिल स्वागत किया। इस अवसर पर जमकर आतिशबाजी भी की गई। वार्ड 70 में आयोजित कार्यक्रम में स्वास्तिक वाचन भी किया गया।

मंगलवार 27 अगस्त को नरेला विधानसभा अंतर्गत वार्ड 77 देवकी नगर में दोपहर 12 बजे, वार्ड 71 दशहरा मैदान में दोपहर 2 बजे एवं वार्ड 37 खुशीपुरा में शाम 4 बजे रक्षाबंधन उत्सव का आयोजन किया गया है।

 

असंगठित और गिग वर्कर्स के लिए केंद्र सरकार का बड़ा फैसला, 40 और 22...

0
नई दिल्ली | 4 नवंबर 2026 देश के करोड़ों असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों, डिलीवरी पार्टनर्स, ऐप आधारित टैक्सी चालकों और प्लेटफॉर्म वर्कर्स को सामाजिक सुरक्षा...
nmms-scholarship-2026-27

NMMSS Scholarship 2026-27: छात्रों को बड़ी राहत, छात्रवृत्ति आवेदन की अंतिम तारीख बढ़ी, अब...

0
नई दिल्ली। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के मेधावी विद्यार्थियों के लिए केंद्र सरकार ने बड़ी राहत दी है। शिक्षा मंत्रालय ने राष्ट्रीय साधन-सह-योग्यता...
akshara goswami

मध्यप्रदेश स्थापना दिवस पर 102 मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान, हर छात्र को मिली 1...

0
भोपाल। मध्यप्रदेश के 71वें स्थापना दिवस के अवसर पर प्रदेश की शैक्षणिक प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। भोपाल के लाल परेड मैदान में आयोजित...
poshan-tracker-pmmvy-grievance-redressal-2026

POSHAN Tracker और PMMVY की शिकायतों का होगा निपटारा, 30 अक्टूबर को देशभर में...

0
नई दिल्ली | 30 अक्टूबर 2026 | सामाजिक कल्याण समाचार केंद्र सरकार ने गर्भवती महिलाओं, स्तनपान कराने वाली माताओं और पोषण सेवाओं के लाभार्थियों की...
anath-bachchon-ke-liye-sarkari-yojana-2026

अनाथ बच्चों के लिए सरकार की खास योजनाएँ, पढ़ाई से लेकर आर्थिक सहायता तक

0
नई दिल्ली | सरकारी योजना समाचार देश में ऐसे कई बच्चे हैं, जिन्होंने अपने माता-पिता को खो दिया है या जिनके पास देखभाल करने वाला...