राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने राष्ट्रपति भवन में वैज्ञानिकों को किया सम्मानित, प्रोफेसर गोविंद राजन पद्मनाभन को दिया गया वर्ष 2024 के विज्ञान रत्न पुरस्कार

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने कल सुबह राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रीय विज्ञान पुरस्कार-2024 प्रदान किये। राष्ट्रीय विज्ञान पुरस्कार के पहले संस्करण में चार श्रेणियों – विज्ञान रत्न, विज्ञान श्री, विज्ञान युवा और विज्ञान टीम श्रेणी में प्रतिष्ठित वैज्ञानिकों को 33 पुरस्कारों से सम्मानित किया गया।

राष्ट्रपति मुर्मु ने भारतीय विज्ञान संस्थान के पूर्व निदेशक प्रो. गोविंदराजन पद्मनाभन को विज्ञान और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में आजीवन उपलब्धि और योगदान के लिए विज्ञान रत्न पुरस्कार प्रदान किया। प्रो. पद्मनाभन भारत में आणविक जीव विज्ञान और जैव प्रौद्योगिकी अनुसंधान में अग्रणी हैं। केंद्र सरकार ने विज्ञान और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में दिए जाने वाले इस सर्वोच्च पुरस्कार की शुरुआत इसी वर्ष (2024) से की है। द्रौपदी मुर्मु ने अंतरिक्ष विज्ञान और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में चंद्रयान-3 टीम को विज्ञान टीम पुरस्कार प्रदान किया।

राष्ट्रपति मुर्मु ने कृषि विज्ञान में डॉ. आनंदरामकृष्णन सी, परमाणु ऊर्जा में डॉ. अवेश कुमार त्यागी, जैविक विज्ञान में प्रो. उमेश वार्ष्णेय और जैविक विज्ञान में प्रो. जयंत भालचंद्र उदगांवकर, पृथ्वी विज्ञान में प्रोफेसर सैयद वजीह अहमद नकवी, इंजीनियरिंग विज्ञान में प्रोफेसर भीम सिंह, गणित और कंप्यूटर विज्ञान में प्रोफेसर आदिमूर्ति आदि और गणित और कंप्यूटर विज्ञान में प्रोफेसर राहुल मुखर्जी, चिकित्सा में प्रो. डॉ. संजय बिहारी, भौतिकी में प्रो. लक्ष्मणन मुथुसामी, भौतिकी में प्रो. नबा कुमार मंडल और अंतरिक्ष विज्ञान और प्रौद्योगिकी में डॉ. अन्नपूर्णी सुब्रमण्यम, प्रो. रोहित श्रीवास्तव को प्रौद्योगिकी एवं नवाचार के लिए कुल 13 विज्ञान श्री पुरस्कार प्रदान किए।

राष्ट्रपति ने कृषि विज्ञान में डॉ. कृष्ण मूर्ति एस.एल., कृषि विज्ञान में डॉ. स्वरूप कुमार परिदा, जैविक विज्ञान में प्रो. राधाकृष्णन महालक्ष्मी, जैविक विज्ञान में प्रो. अरविंद पेनमत्सा, रसायन विज्ञान में प्रो. विवेक पोलशेट्टीवार, रसायन विज्ञान में प्रो. विशाल राय, पृथ्वी विज्ञान में डॉ. रॉक्सी मैथ्यू कोल, इंजीनियरिंग विज्ञान में डॉ. अभिलाष, इंजीनियरिंग विज्ञान में डॉ. राधा कृष्ण गंटी, पर्यावरण विज्ञान में डॉ. पूरबी सैकिया, पर्यावरण विज्ञान में डॉ. बप्पी पॉल, गणित और कंप्यूटर विज्ञान में प्रो. महेश रमेश काकड़े, चिकित्सा में प्रो. जितेन्द्र कुमार साहू, चिकित्सा में डॉ. प्रज्ञा ध्रुव यादव, भौतिकी में प्रो. उर्वशी सिन्हा, अंतरिक्ष विज्ञान और प्रौद्योगिकी में डॉ. दिगेन्द्रनाथ स्वैन, अंतरिक्ष विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी में डॉ. प्रशांत कुमार, प्रौद्योगिकी एवं नवाचार में प्रो. प्रभु राजगोपाल सहित 18 को विज्ञान युवा-शांति स्वरूप भटनागर पुरस्कार प्रदान किए।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने अंतरिक्ष विज्ञान और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में चंद्रयान-3 टीम को विज्ञान टीम पुरस्कार प्रदान किया। चंद्रयान-3 मिशन का सफल समापन देश की सबसे बड़ी वैज्ञानिक उपलब्धियों में से एक है और यह भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के वैज्ञानिकों की टीम द्वारा प्रौद्योगिकी के विभिन्न क्षेत्रों में योगदान को दर्शाता है।

प्रधानमंत्री मोदी 25 अगस्त को 11 लाख लखपति दीदीयों से करेंगे संवाद : शिवराज सिंह चौहान

केंद्रीय ग्रामीण विकास व कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने महाराष्ट्र के जलगांव में लखपति दीदियों के सम्मान के लिए होने वाले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम को लेकर नई दिल्ली में कल प्रेसवार्ता की। केंद्रीय राज्य मंत्री चंद्र शेखर पेम्मासानी भी प्रेसवार्ता के दौरान मौजूद थे। चौहान ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 25 अगस्त 2024 को महाराष्ट के जलगांव में आयोजित समारोह में लखपति दीदियों के साथ संवाद करेंगे, साथ ही 2500 करोड़ रु का रिवॉल्विंग फंड – सामुदायिक निवेश फंड भी जारी करेंगे जिससे 4.3 लाख स्वयं सहायता समूहों (एसएचजी) के लगभग 48 लाख सदस्यों को लाभ मिलेगा। प्रधानमंत्री 5000 करोड़ रूपये का बैंक ऋण जारी करेंगे जिससे 2,35,400 स्वयं सहायता समूहों (एसएचजी) के 25.8 लाख सदस्यों को लाभ होगा। लखपति दीदियों को प्रमाण पत्र दिये जायेंगे। देशभर में 34 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों यानी राज्यों की राजधानियों में लगभग 30,000 स्थानों के जिला मुख्यालय, सीएलएफ वर्चुअल माध्यम से राष्ट्रीय कार्यक्रम से जुड़ेंगे।

शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि लखपति दीदियाँ ऐसी महिलाएँ हैं जो सालाना एक लाख रुपये या उससे ज़्यादा कमाती हैं। इन लखपति दीदियों ने न सिर्फ़ अपने परिवार को ग़रीबी से बाहर निकाला है, बल्कि वे बाकी समाज के लिए भी आदर्श बन रही हैं। हम पहले ही 1 करोड़ लखपति दीदियाँ बना चुके हैं। हमारा लक्ष्य अगले 3 सालों में 3 करोड़ लखपति दीदियाँ बनाना है। यह जानकर खुशी होती है कि इनमें से एक सीआरपी ने 95 लखपति दीदियाँ बनाई हैं।

उन्होंने कहा कि मंत्रालय ने स्वयं सहायता समूहों के परिवारों को एक लाख रुपये या उससे अधिक की वार्षिक आय अर्जित करने में सक्षम बनाने के लिए एक संरचित प्रक्रिया अपनाई है। इसमें राष्ट्रीय संसाधन व्यक्तियों को सक्षम बनाना, फिर प्रत्येक राज्य में मास्टर प्रशिक्षकों को विकसित करना शामिल है। ये मास्टर प्रशिक्षक व्यवसाय योजना, वित्तपोषण और अभिसरण प्रक्रिया पर सामुदायिक संसाधन व्यक्तियों (सीआरपी) को आगे प्रशिक्षित करते हैं।3 लाख सामुदायिक संसाधन व्यक्तियों (सीआरपी) का कैडर, जिन्हें विशेष रूप से व्यवसाय नियोजन और एसएचजी सदस्यों के कौशल में प्रशिक्षित किया गया है, इस संबंध में एक महान सेवा कर रहे हैं। इनमें से कुछ सीआरपी को सम्मानित भी किया जाएगा। ग्रामीण विकास मंत्रालय ने 100 दिनों में 11 लाख लखपति दीदी बनाने का लक्ष्य रखा था जबकि अब तक 15 लाख लखपति दीदियां बना दी हैं जिन्हें प्रधानमंत्री सम्मानित करेंगे।

नरेला रक्षाबंधन महोत्सव: रक्षाबंधन महोत्सव का दूसरा दिन प्रधानमंत्री मोदी के एक पेड़ माँ के नाम अभियान को समर्पित

सहकारिता, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग गुरुवार को नरेला विधानसभा के वार्ड 78 एवं 59 में आयोजित नरेला रक्षाबंधन उत्सव में सम्मिलित हुए। अभियान का दूसरा दिन मंत्री सारंग ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान को समर्पित किया। विश्व के सबसे बड़े रक्षाबंधन उत्सव के दूसरे दिन 21 हजार बहनों ने मंत्री सारंग को रक्षा सूत्र बांधा। इस मौके पर मंत्री सारंग ने बहनों को एक-एक पौधा भेंट करते हुए सभी बहनों को अपने घर-आंगन में माँ के नाम पौधा लगाने की अपील की।

मंत्री सारंग ने नरेला रक्षाबंधन महोत्सव के दूसरे दिन को प्रधानमंत्री मोदी के ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान को समर्पित किया। उन्होंने हज़ारों की संख्या में शामिल हुई बहनों को उपहार स्वरूप एक-एक पौधा भेंट किया। मंत्री सारंग ने कहा कि सभी बहने एक पेड़ माँ के नाम लगाकर उसकी देखरेख व रखरखाव सुनिश्चित करें।

मंत्री सारंग ने बहनों से संवाद करते हुए कहा कि हर वर्ष नरेला विधानसभा में 1 लाख से अधिक संख्या में बहनें उन्हें रक्षा-सूत्र बांधकर स्नेह व आशीर्वाद प्रदान करती हैं। उन्होंने कहा कि नरेला रक्षाबंधन महोत्सव राजनीतिक कार्यक्रम नहीं है, यह नरेला परिवार की लाखों बहनों के अटूट विश्वास का बंधन है। बहनों का यह स्नेह ही उन्हें जनसेवा के लिये शक्ति प्रदान करता है। यही नरेला विधानसभा को ‘नरेला परिवार’ बनाता है।

रक्षाबंधन महोत्सव के दूसरे दिन नरेला विधानसभा के वार्ड 78 एवं 59 में आयोजित समारोह में हज़ारों की संख्या में बहनों ने मंत्री सारंग के दोनों हाथों में रक्षा-सूत्र बांधा। यहाँ मंत्री सारंग ने बहनों पर पुष्पवर्षा की। उन्होंने सभी बहनों को उपहार स्वरूप बटुआ और आरती संग्रह भी भेंट किया। समारोह में बहनों के लिये भोजन की भी व्यवस्था की गई थी।

नरेला विधानसभा का सबसे भव्य रक्षाबंधन उत्सव 29 अगस्त तक चलेगा। पिछले वर्ष इस महोत्सव में विश्व रिकॉर्ड दर्ज करते हुए मंत्री श्री सारंग ने 1 लाख 41 हज़ार से अधिक बहनों से राखी बंधवाई थी। वहीं महोत्सव के प्रति बहनों के उत्साह को देखते हुए इसबार पिछले वर्ष का रिकॉर्ड टूटने की प्रबल संभावना जताई जा रही है।

रविवार 25 अगस्त को नरेला विधानसभा अंतर्गत वार्ड 36 हबीबिया स्कूल, वार्ड 70 वार्ड कार्यालय एवं वार्ड 79 करोंद चौराहे पर रक्षाबंधन महोत्सव का आयोजन किया गया है। यहां भी हज़ारों की संख्या में बहनें भैया विश्वास को रक्षासूत्र बांधने पहुंचेंगी।

 

भारत की समृद्ध विरासत हमें हमेशा गौरवान्वित करती है : राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कल हरियाणा के फरीदाबाद में जे.सी. बोस विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के 5वें दीक्षांत समारोह में भाग लिया। इस मौके पर बोलते हुए, राष्ट्रपति ने कहा कि आज पूरी दुनिया चौथी औद्योगिक क्रांति के दौर में है। भारत भी इस क्रांति की चुनौतियों का सामना करने और इसके अवसरों का लाभ उठाने के लिए तैयार है। इस राष्ट्रीय लक्ष्य को हासिल करने में जे.सी. बोस विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय जैसे संस्थानों की भूमिका बहुत महत्वपूर्ण होगी।

राष्ट्रपति यह जानकर प्रसन्न हुई कि इस विश्वविद्यालय ने पिछले कुछ वर्षों में कई औद्योगिक और शैक्षणिक संस्थानों के साथ समझौते किए हैं। बहुत सी बहुराष्ट्रीय कंपनियों ने छात्रों को प्रशिक्षित करने के लिए इस विश्वविद्यालय के परिसर में उत्कृष्टता केंद्र भी स्थापित किए हैं। द्रौपदी मुर्मु ने उम्मीद जताई की कि इन सभी प्रयासों के सकारात्मक परिणाम सामने आएंगे।

राष्ट्रपति मुर्मु ने कहा कि वर्तमान में प्रौद्योगिकी के विकास के कारण प्रगति के अनेक रास्ते खुल गए हैं। उदाहरण के लिए, दूरदराज के क्षेत्रों में इंटरनेट की पहुंच ने ऑनलाइन रोजगार के अनेक अवसर पैदा किए हैं। लेकिन, हमें यह स्मरण रखना चाहिए कि प्रौद्योगिकी का उपयोग उचित तथा सतत विकास और जनहित के लिए किया जाना चाहिए। इसका गलत उपयोग विनाशकारी हो सकता है।

राष्ट्रपति ने युवाओं को कुशल और आत्म-निर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के लिए जेसी बोस विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय की सराहना की। उन्हें यह जानकर प्रसन्नता हुई कि इस विश्वविद्यालय के पूर्व छात्रों की शानदार सूची है, जो देश-विदेश में अनेक क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य कर रहे हैं। उन्होंने विश्वविद्यालय प्रशासन को पूर्व छात्र संघ के योगदान को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए कदम उठाने की सलाह दी।

राष्ट्रपति मुर्मु ने कहा कि इस विश्वविद्यालय का नाम महान वैज्ञानिक और आधुनिक विज्ञान के प्रणेता जगदीश चंद्र बोस के नाम पर रखा गया है, जो संभवतः दुनिया के पहले वैज्ञानिक थे, जिन्होंने वैज्ञानिक रूप से यह साबित किया कि पेड़-पौधों में भी भावनाएं होती हैं। उनकी क्रांतिकारी खोज ने वनस्पति जगत को देखने का हमारा नजरिया बदल दिया। उन्होंने छात्रों से उनके जीवन और कार्यों से प्रेरणा लेने और प्रौद्योगिकी के ज़रिए से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का आग्रह किया।

राष्ट्रपति ने कहा कि भारत की समृद्ध विरासत हमें हमेशा गौरवान्वित करती है। युवा इस समृद्ध विरासत का हिस्सा हैं और उन्हें इसका ध्वजवाहक बनना है। उन्होंने छात्रों को अपनी योग्यताओं और क्षमताओं पर भरोसा करने और अपने लक्ष्यों को हासिल करने के लिए आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने की सलाह दी।

मोतियाबिन्द अंधत्व बैकलॉग मुक्त करने एनएचएम और स्वयंसेवी संस्थाओं के बीच एमओयू

राष्ट्रीय दृष्टिहीनता नियंत्रण कार्यक्रम के तहत स्वयंसेवी राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) जिलों के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी और स्वयंसेवी संस्थाओं के बीच त्रिपक्षीय एमओयू किया गया है। इसके तहत प्रदेश के हर जिले में एक ब्लाक को मोतियाबिंद अंधत्व बैकलॉग मुक्त करने के लिए समेकित प्रयास किया जायेगा।

एनएचएम कार्यालय भोपाल के सभाकक्ष में मिशन संचालक एनएचएम प्रियंका दास, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी एवं 7 ज़िलों (भोपाल, जबलपुर, विदिशा, इंदौर, सतना, ग्वालियर एवं नरसिंहपुर) की 12 स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधियों के बीच एमओयू साईन किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न ज़िलों के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, जिला कार्यकम प्रबंधक (अंधत्व) एवं उप जिला कार्यकम प्रबंधक (अंधत्व) उपस्थित रहे। इसके साथ ही स्कूली बच्चों का नेत्र परीक्षण, डायबिटिक रेटिनोपैथी, आरओपी, सभी अन्य नेत्र-रोगो में राष्ट्रीय दृष्टिहीनता नियंत्रण कार्यक्रम में निहित सहयोग दिये जाने के निर्देश भी दिये गये हैं।

प्रदेश के प्रत्येक जिले में इन्वेस्टमेंट फैसिलिटेशन सेंटर होंगे स्थापित : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि प्रदेश के प्रत्येक जिले में इन्वेस्टमेंट फैसिलिटेशन सेंटर स्थापित होंगे, जिसके नोडल अधिकारी जिले के कलेक्टर रहेंगे। इससे उद्योगों को बढ़ावा मिलेगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मंत्रालय में संपन्न उच्च स्तरीय बैठक में ग्वालियर में आगामी 28 अगस्त को होने वाली रीजनल बिजनेस कॉन्क्लेव की तैयारियों की जानकारी प्राप्त की और आवश्यक निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बैठक के साथ ही वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से विभिन्न क्षेत्र में निवेश के लिए कांक्लेव के सत्रों के आयोजन के बारे में चर्चा की। कॉन्क्लेव में लगभग 2500 प्रतिनिधि शामिल होंगे। नीदरलैंड, घाना, कनाडा, मेक्सिको सहित अन्य देशों के प्रतिभागी भी आएंगे। कॉन्क्लेव के दौरान औद्योगिक इकाइयों के लिए भूमि आवंटन का कार्य भी होगा। बैठक में ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर, मुख्य सचिव वीरा राणा, अपर मुख्य सचिव मुख्यमंत्री कार्यालय डॉ. राजेश राजौरा, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव संजय कुमार शुक्ला सहित वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने पर्यटन, खाद्य प्र-संस्करण और आईटी के क्षेत्र में संभावनाओं के पूर्ण दोहन के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि कॉन्क्लेव में निवेशकों को आमंत्रित करने के लिए भरपूर प्रयास किए जाएं। स्थानीय एवं बाहरी निवेशक दोनों का स्वागत करें। स्थानीय उद्योगपतियों की भी समस्याओं को जानकर उन्हें आवश्यक सहयोग करें। सभी कलेक्टर्स अपने जिलों में उपलब्ध ऐसी भूमि की जानकारी रखें जहां उद्योगों की स्थापना हो सकती है। प्रत्येक जिले में कलेक्टर उद्योगपतियों से निरंतर संवाद बनाएँ रखें। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रत्येक जिले में लघु और कुटीर उद्योगों के सहायता समूह की गतिविधियों के कार्यों को बढ़ाया जाए। हैंडलूम और उद्यानिकी में भी कार्य हो। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि कलेक्टर्स प्रभारी मंत्रियों से भी चर्चा करें और नियमित संवाद रखें। ग्वालियर और चंबल संभाग में उद्योगों की स्थापना का अच्छा वातावरण बनाया जाए। सभी निवेश प्रस्तावों पर मंथन कर समन्वय से उन्हें क्रियान्वित करने पर फोकस किया जाए। बैठक में प्रमुख सचिव औद्योगिक नीति एवं निवेश प्रोत्साहन विभाग राघवेंद्र कुमार सिंह ने प्रेजेंटेशन दिया।

वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से जल संसाधन मंत्री तुलसी सिलावट, राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा, खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविंद सिंह राजपूत, नवीन एवं नवकरणीय मंत्री राकेश शुक्ला शामिल हुए।

 

श्रद्धालुओं की यात्रा को सुरक्षित व सुगम बनाने में सभी का अद्वितीय योगदान रहा है – केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बुधवार को कहा कि 12 वर्षों में इस साल सर्वाधिक 5.12 लाख से अधिक तीर्थयात्रियों ने बाबा बर्फानी के दर्शन किये। अमित शाह ने यात्रा को सफल बनाने के लिए सभी सुरक्षा कर्मियों, अमरनाथ श्राइन बोर्ड, जम्मू-कश्मीर प्रशासन और स्वयंसेवी संस्थाओं को बधाई दी।

अमित शाह ने सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर पोस्ट कर कहा, “अमरनाथ की पवित्र यात्रा सफलतापूर्वक संपन्न हुई। 52 दिनों तक चली इस पवित्र यात्रा में इस बार रिकॉर्ड 5.12 लाख से अधिक तीर्थयात्रियों ने बाबा के दर्शन किये, जो कि बीते 12 वर्षों की सर्वाधिक संख्या है।”

उन्होंने आगे कहा, “इस यात्रा को सफल बनाने के लिए हमारे सभी सुरक्षा कर्मियों, अमरनाथ श्राइन बोर्ड, जम्मू-कश्मीर प्रशासन और स्वयंसेवी संस्थाओं को बधाई देता हूं। श्रद्धालुओं की यात्रा को सुरक्षित व सुगम बनाने में आप सभी का अद्वितीय योगदान रहा है। बाबा सभी पर अपनी कृपा बनाये रखें। जय बाबा बर्फानी!”

उल्लेखनीय है कि पवित्र छड़ी मुबारक के दर्शन के साथ ही 52 दिन चली वार्षिक बाबा अमरनाथ यात्रा 19 अगस्त को श्रावण पूर्णिमा पर संपन्न हुई थी।

कभी नहीं जीतने वाली विधानसभाओं में सदस्यता अभियान के माध्यम से परचम फहरायेंगे – डॉ. मोहन यादव

भारतीय जनता पार्टी प्रदेश कार्यालय में बुधवार को संगठन पर्व 2024 को लेकर प्रदेश स्तरीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रदेश की लगभग 11 ऐसी विधानसभाएं हैं जो आजादी के बाद से कभी नहीं जीतें, ऐसे क्षेत्रों में संगठन पर्व के माध्यम से संगठन मजबूत कर जीत हासिल करना है। राष्ट्रीय महासचिव डॉ. अरूण सिंह ने कहा कि मध्यप्रदेश सदस्यता अभियान में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर अन्य राज्यों के लिए मॉडल बनेगा। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि मध्यप्रदेश में 1.5 करोड़ नए सदस्य बनाने का संकल्प लेकर कार्यकर्ता मैदान में उतरें और लक्ष्य प्राप्त कर इतिहास बनाएं। प्रदेश प्रभारी डॉ. महेन्द्र सिंह ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता संगठन पर्व के माध्यम से सदस्य बनकर भारत माता की सेवा करने में जुट जाएं। प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद ने कहा कि मध्यप्रदेश के पार्टी संगठन की पहचान कार्यकर्ताओं को गढ़ने की रही है। हमें सदस्यता अभियान में अपनी इस पहचान को बनाए रखना है। सदस्यता अभियान के प्रभारी, प्रदेश महामंत्री व विधायक भगवानदास सबनानी ने कहा कि सभी कार्यकर्ता सदस्यता अभियान के लिए तय किए गए लक्ष्य को हासिल करने के लिए प्राणपण से जुट जाएं। इस दौरान मंच पर संसदीय बोर्ड के सदस्य डॉ. सत्यनारायण जटिया, केन्द्रीय मंत्री वीरेन्द्र कुमार खटीक, दुर्गादास उइके, सावित्री ठाकुर, जॉर्ज कुरियन, क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल, प्रदेश सह प्रभारी सतीश उपाध्याय, प्रदेश के उप मुख्यमंत्री द्वय जगदीश देवड़ा, राजेन्द्र शुक्ला, पार्टी के राष्ट्रीय सचिव ओमप्रकाश धुर्वे उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कार्यशाला को संबोधित करते हुए कहा कि हमारी पार्टी ने आजादी के बाद प्रदेश की लगभग 11 विधानसभा सीटें कभी नहीं जीती हैं। हमें संगठन पर्व के माध्यम से उन विधानसभाओं में पार्टी संगठन को मजबूत कर जीत का परचम फहराना है। पार्टी नेतृत्व में मध्यप्रदेश में डेढ़ करोड़ सदस्य बनाने का लक्ष्य रखा है। इस प्रदेश की जनसंख्या साढ़े आठ करोड़ से अधिक है। वर्तमान में प्रदेश में 4.30 करोड़ मतदाता हैं। ऐसे में डेढ़ करोड़ का लक्ष्य कोई बहुत बड़ा लक्ष्य नहीं है। हमारे सामने अभी आकाश बाकी है, 4.30 करोड़ मतदाताओं में डेढ़ करोड़ का लक्ष्य प्राप्त कर के लिए सरकार भी अपना कार्य कर रही है। मध्यप्रदेश की भाजपा सरकार सामाजिक सरोकारों के साथ सभी धर्म-समाज के लोगों के साथ मिलकर समाज के कार्यों को आगे बढ़ा रही है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि पार्टी का कार्य करना देव कार्य कहा जाता है, यानी देवताओं का कार्य। भगवान श्री राम के युग में जो कार्य वानर सेना ने किया, श्री कृष्ण युग में वही कार्य बाल गोपाल ने किया, इस युग में वही कार्य भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं को करना है। इस काल में भारत माता की सेवा का कार्य ही देव कार्य है। भारतीय जनता पार्टी का सदस्य बनकर भारत माता की सेवा करने का अवसर हम सबको मिला है।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश के कार्यकर्ता अपनी मेहनत से प्रदेश की सभी 29 लोकसभा सीटों को जीतकर एतिहास बना चुके हैं। 2023 के विधानसभा चुनाव में 163 सीटों में जीकर इतिहास कायम कर चुके हैं। सरकार के कार्यों और संगठन शक्ति के साथ कार्य करते हुए पार्टी कार्यकर्ता हर लक्ष्य को पूरा करने में सक्षम हैं। भाजपा कार्यकर्ता पार्टी द्वारा तय किए गए सदस्यता अभियान के लक्ष्य को पूरा करेंगे। लक्ष्य को प्राप्त करने क लिए प्रदेश सरकार के मंत्री, सभी सांसद, विधायक, जनप्रतिनिधि व कार्यकर्ता पूरे मनोयोग से जुटेंगे।

कार्यशाला को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह ने कहा कि इस समय देश-प्रदेश में वातावरण हमारे अनुकूल और उत्साहवर्धक है। सदस्यता अभियान में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर अन्य राज्यों के लिए मध्यप्रदेश मॉडल बनेगा। नरेंद्र मोदी तीसरी बार प्रधानमंत्री बने हैं, जो हम सभी के लिए गौरव की बात है। मध्यप्रदेश में आप सभी के परिश्रम से हमने विधानसभा की 163 सीटें जीतकर सरकार बनाई है। देश के 13 राज्यों में भाजपा की और 20 में एनडीए की सरकारें हैं। यहां तक की उड़ीसा में भी हमारी सरकार बन चुकी है, जिसके बारे में किसी ने सोचा नहीं होगा। देश के कोने-कोने में भाजपा है। मेयर, कार्पोरेट, सांसद, विधायक आदि सबसे ज्यादा जनप्रतिनिधि भाजपा के हैं। हमारे प्रधानमंत्री जी की लोकप्रियता दुनिया में ऊंचाई पर है। भारत दुनिया की पांचवी बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है और दुनिया भर के आर्थिक संगठन यह कह रहे हैं कि 2027 तक ही भारत दुनिया की तीसरी बड़ी अर्थव्यवस्था बन जाएगा। हमें इस वातावरण का लाभ लेना चाहिए और प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने नई सदस्यता का जो लक्ष्य रखा है, उसे हासिल करना चाहिए।

अरुण सिंह ने सदस्यता की प्रक्रिया का प्रेजेंटेशन देते हुए कहा कि कांग्रेस हर बात का नकारात्मक विरोध करती है, भ्रम फैलाती है। इसकी वजह यह है कि कांग्रेस और इंडी गठबंधन के पास अपनी कोई नीति नहीं है। लेकिन भारतीय जनता पार्टी सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी है, जिसे इंडी गठबंधन कभी परास्त नहीं कर सकता। भाजपा के सैनिकों में सभी को परास्त करने की ताकत है। सिंह ने कहा कि स्व. अटलजी ने कहा था कि भाजपा कोई दल नहीं है, एक विचार है, एक आंदोलन है। हमारा ध्येय राष्ट्र का निर्माण और जनकल्याण है। हम भारतमाता के गौरव को परम वैभव पर पहुंचाने के लिए काम करते हैं। हम एकात्म मानववाद के लिए संकल्पित और पंच निष्ठाओं के प्रति समर्पित हैं। उन्होंने कहा कि देश में 1500 से अधिक राजनीतिक दल हैं, लेकिन भाजपा उन सभी से अलग है। इसलिए जब आप लोगों को सदस्य बनाने जाएं, तो उन्हें हमारा गौरवशाली इतिहास बताएं। डॉ. मुखर्जी ने नेहरू मंत्रिमंडल से क्यों इस्तीफा दिया, किस तरह नरेंद्र मोदी की सरकार ने कश्मीर से धारा 370 समाप्त की, गोवा आंदोलन में हमारी क्या भूमिका रही और कच्छ की कुछ भूमि पर से पाकिस्तानी कब्जा हटाने के लिए हमने कैसा आंदोलन किया, हमें ये सब लोगों को बताना चाहिए। सिंह ने कहा कि मध्यप्रदेश का पार्टी संगठन देश में एक उदाहरण है और यहां के कार्यकर्ता मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव तथा प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा के नेतृत्व में नई सदस्यता का लक्ष्य हासिल करेंगे।

प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि 2014-15 के सदस्यता अभियान में भाजपा के सदस्यों की संख्या बढ़कर 11 करोड़ हो गई थी और भारतीय जनता पार्टी सबसे बड़ा राजनीतिक दल बन गई थी। 2019 में भाजपा की सदस्य संख्या 19 करोड़ हो गई थी। मध्यप्रदेश में भी पिछले संगठन पर्व में 96 लाख लोगों ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की थी। शर्मा ने कहा कि इस बार हमारे राष्ट्रीय नेतृत्व ने तय किया है कि देश में 10 करोड़ नए सदस्य बनाना है। मध्यप्रदेश में आप सभी की सहमति से 1.5 करोड़ नए सदस्य जोड़ने का लक्ष्य तय किया गया है। प्रदेश अध्यक्ष शर्मा ने कहा कि छिंदवाड़ा चुनाव के पूर्व प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने यह पूछा था कि हम छिंदवाड़ा कैसे जीतेंगे? तब मैंने उन्हें बताया था कि हमारा पार्टी संगठन और केंद्र व राज्य सरकारों की योजनाओं के हितग्राही हमारी ताकत हैं। इन्हीं के बल पर हम ये चुनाव जीतेंगे और हम जीत भी गए। अब इसी ताकत के बल पर हम 1.5 करोड़ नए सदस्य बनाने का लक्ष्य भी हासिल करेंगे। सभी लोग पूर्व योजना तथा पूर्ण योजना के साथ संकल्प लेकर मैदान में उतरें और लक्ष्य हासिल कर के इतिहास बनाएं।

कार्यशाला को संबोधित करते हुए भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि प्रदेश में हमारे 24 हजार जन प्रतिनिधि हैं और बूथ स्तर तक हमारे लाखों कार्यकर्ता हैं। आज इस कार्यशाला के साथ जिस संगठन पर्व की शुरुआत हो रही है, उसमें यही कार्यकर्ता और जनप्रतिनिधि हमारा नेतृत्व करेंगे। शर्मा ने कहा कि विधानसभा चुनाव के समय हमारे कार्यकर्ता 10 प्रतिशत वोट बढ़ाने का लक्ष्य लेकर मैदान में उतरे थे और मुझे यह बताते हुए गर्व हो रहा है कि हमने हर बूथ पर 8 प्रतिशत वोट बढ़ाए। इसी तरह लोकसभा चुनाव में हमने प्रदेश की सभी 29 सीटें जीती और 1.2 प्रतिशत वोट बढ़ाए। यह हमारे कार्यकर्ताओं की मेहनत से ही संभव हुआ है। श्री शर्मा ने कहा कि इन चुनावों में प्रदेश के जिन 15000 बूथों पर हमारा प्रदर्शन कमजोर रहा है, संगठन पर्व इस कमजोरी को मजबूती में बदलने का एक अवसर है। पार्टी कार्यकर्ता और जनप्रतिनिधि अपने-अपने क्षेत्रों में कमजोर बूथों की पहचान करें और अधिक से अधिक लोगों को पार्टी से जोड़कर कमजोरी को मजबूती में बदल दें।

भारतीय जनता पार्टी मध्यप्रदेश के प्रभारी डॉ. महेन्द्र सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में जिस प्रकार से राष्ट्र निर्माण कार्य किया जा रहा है। इससे स्पष्ट है कि आने वाला दिन भारत का होने वाला है। भारतीय जनता पार्टी का सदस्य बनकर हमें भारत माता की सेवा करना है। मध्यप्रदेश में वर्तमान में 41 लाख से अधिक रजिस्टर्ड कार्यकर्ता हैं और डेढ़ करोड़ कार्यकर्ता बनाने का लक्ष्य रखा गया है। ऐसे में मध्यप्रदेश का हर रजिस्टर्ड कार्यकर्ता 4-4 सदस्य बनाए तो प्रदेश में एक करोड़ 60 लाख से अधिक कार्यकर्ता बन जाएंगे जो लक्ष्य से अधिक है। डॉ. महेन्द्र सिंह ने कहा कि जैसा पार्टी द्वारा निर्धारित किया गया है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को एक सितंबर को पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा सदस्य बनाएंगे। डॉ. महेन्द्र सिंह ने कहा कि मध्यप्रदेश का संगठन एक आदर्श संगठन है। मध्यप्रदेश के कार्यकर्ता सदस्यता अभियान शुरू होने के पहले घंटे से यह लक्ष्य लेकर चलें कि उन्हें अभियान के शुभारंभ से समाप्त तक देशभर में पहले नंबर पर रहना है। इस प्रदेश संगठन के संगठन का देश के दूसरे राज्यों में आदर्श के रूप में माना जाता है। मध्यप्रदेश के संगठन की अपने कार्यों और संगठन शक्ति के कारण देश-दुनिया में होती रहती है। तीन-तीन बार राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ पर प्रतिबंध लगाया गया। साधु-संतों पर इस राष्ट्र में गोली चलाई गई। 1980 में भाजपा बनी। इसके बाद 1984-85 में रथ यात्रा शुरू की गई और भाजपा लगातार मजबूत होती गई। अब प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में लगातार तीसरी बार सरकार बनी है।

भाजपा के प्रदेश प्रभारी डॉ. महेन्द्र सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण हुआ है, लेकिन अभी रामराज्य लाना बाकी है। भारत में पाक अधिकृत कश्मीर मिलाना है। तीन तलाक रोकने के लिए कानून तो बन गया, लेकिन वक्फ बोर्ड का कानून बनाना बाकी है। अभी समान नागरिक संहिता लाना बाकी है। आत्मनिर्भर भारत के सपने को पूरा करना बाकी है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को 14 पुरस्कार अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर प्राप्त हो चुके हैं। प्रधानमंत्री राष्ट्रोदय का लक्ष्य लेकर कार्य कर रहे हैं, उनके इस लक्ष्य को सदस्यता अभियान में इतिहास कायम कर पूरा करने का किया जाएगा। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत ही नहीं सउदी अरबिया में भी मंदिर का निर्माण हुआ है।

भाजपा प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद ने सदस्यता अभियान को लेकर पार्टी संगठन द्वारा बनाए गए कैलेंडर की जानकारी देते हुए कहा कि सभी जिलों में निर्धारित तिथियों पर कार्यशालाएं आयोजित की जाएं। कार्यक्रम का समय पर क्रियान्वयन हो। जिला अध्यक्ष, जिला प्रभारी और संभाग प्रभारी इसकी पूरी जिम्मेदारी संभालेंगे। प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद ने कहा कि हमारी पहचान कार्यकर्ता निर्माण की है। यह स्व. कुशभाऊ ठाकरे की कर्मभूमि है। उन्होंने पार्टी संगठन को मजबूत करने के लिए जो कार्य किया था, उसकी वजह से आज मध्य्रदेश में पार्टी का संगठन इतना मजबूत है। 26 अगस्त को स्व. ठाकरे जी की जयंती है, हमें सदस्यता अभियान के साथ जयंती भी मनाना है। इसके पहले 25 अगस्त को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की मन की बात कार्यक्रम होना है। पार्टी कार्यकर्ता 25 अगस्त को मन की बात और 26 अगस्त को स्व. ठाकरे जी की जयंती को सदस्यता अभियान से जोड़कर कार्यक्रम करें। हारे हुए बूथों, शक्ति केंद्रों और विधानसभाओं में सदस्यता अभियान को लेकर विशेष ध्यान रखा जाए।

कार्यशाला को संबोधित करते हुए अभियान के प्रभारी और प्रदेश महामंत्री भगवानदास सबनानी ने कहा कि आज की प्रदेश स्तरीय कार्यशाला के उपरांत 22, 23 और 24 अगस्त को जिलों की कार्यशाला आयोजित की जाना है। 25, 26 और 27 अगस्त को मंडल स्तर की तथा 28 और 29 अगस्त को शक्ति केंद्र स्तर की कार्यशालाएं आयोजित की जाना है। उन्होंने कहा कि इसके उपरांत 31 अगस्त को प्रदेश के सभी 64871 बूथों पर ऐसी ही कार्यशालाएं आयोजित की जाना है। उन्होंने कहा कि कार्यशाला में उपस्थित प्रतिभागियों का जो पुस्तक और पॉकेट डायरी दी गई है, उसमें सदस्यता प्रक्रिया की सारी जानकारी है। आप सभी इनका अध्ययन करें और लक्ष्य को हासिल करने के लिए प्राणप्रण से जुट जाएं। सबनानी ने कहा कि सदस्यता अभियान में भी मध्यप्रदेश भारतीय जनता पार्टी इतिहास बनाने जा रही है, जिसके लिए आप सभी को बहुत-बहुत शुभकामनाएं देता हूं। मंच का संचालन पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष जीतू जिराती ने किया एवं आभार प्रदेश मंत्री रजनीश अग्रवाल ने माना।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव आज राहल से करेंगे 36 लाख तेंदूपत्ता संग्राहकों को 115 करोड़ बोनस राशि का वितरण

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज श्योपुर जिले के आदिवासी विकासखण्ड मुख्यालय कराहल में मॉडल स्कूल परिसर में आयोजित प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम से 36 लाख तेंदूपत्ता संग्राहकों को वर्ष 2023 के तेदूपत्ता संग्रहण के लाभांश 115 करोड़ बोनस राशि का वितरण करेंगे। इसके साथ ही मुख्यमंत्री डॉ. यादव विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे।

ग्वालियर एवं शिवपुरी वनवृतो के श्योपुर वन मंडल सहित कुल 6 वन मंडलो की 89 लघु वनोपज समितियों के 52 हजार 305 संग्राहकों को बोनस राशि का वितरण किया जायेगा।

उल्लेखनीय है कि श्योपुर जिले में जिला लघु वनोजन सहकारी यूनियन मर्यादित श्योपुर अंतर्गत श्योपुर, नयागांव, हीरापुर, डोब, पिपरानी, रतोदन, पहेला, ओछापुरा, कराहल, पतरवाड़ा, खिरखिरी, सेंसईपुरा, गोरस, वीरपुर, विजयपुर एवं गसवानी कुल 16 लघु वनोपज सहकारी समितियां संचालित हैं। इनमें 12 हजार 849 तेदूपत्ता संग्राहक जुडे हुए हैं। पिछले वर्ष तेदूपत्ता संग्रहण का लक्ष्य 22 हजार 490 मानक बोरा था। वर्ष 2023 में तेदूपत्ता संग्रहण की 1 हजार की गड्डी की दर 3 हजार रूपये निर्धारित थी। वर्ष 2024 में मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने तेंदूपत्ता संग्रहण की दर 3 हजार रूपये से बढाकर 4 हजार रूपये प्रति मानक बोरा कर दी है।

कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर, श्योपुर-मुरैना लोकसभा क्षेत्र के सांसद शिवमंगल सिंह तोमर, जिले के प्रभारी मंत्री तथा नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा मंत्री राकेश शुक्ला, वन एवं पर्यावरण मंत्री रामनिवास रावत, कृषि मंत्री एदल सिंह कंषाना, राज्य मंत्री वन एवं पर्यावरण दिलीप अहिरवार उपस्थित रहेंगे।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव कार्यक्रम के दौरान 21 करोड़ 28 लाख रूपये की लागत से निर्मित 13 विकास कार्यो का लोकार्पा भी करेंगे। जिसमें 22 लाख की लागत से निर्मित कार्यालय वन परिक्षेत्राधिकारी बुढेरा, 48-48 लाख की लागत से बुढेरा एवं कराहल में निर्मित लाईन क्वार्टर, 4 करोड़ 5 लाख की लागत से निर्मित गुरनावदा नलजल योजना कार्य, 1 करोड़ 23 लाख की लागत से निर्मित मठेपुरा नलजल योजना कार्य, 1 करोड़ की लागत से निर्मित माखनाखेड़ली नलजल योजना, 99 लाख की लागत से निर्मित मेहरवानी नल-जल योजना, 40 लाख की लागत से निर्मित बांकुरी नलजल योजना, 40 लाख की लागत से निर्मित पदमपुरा नल-जल योजना, 69 लाख की लागत से निर्मित इचनाखेड़ली नलजल योजना तथा 3.78 करोड़ की लागत से ग्राम बरगवा, गिरधरपुर एवं खिरखिरी में निर्मित उच्चतर माध्यमिक विद्यालयो में 10 अतिरिक्त कक्षों का निर्माण कार्य शामिल है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव विजयपुर क्षेत्र अंतर्गत प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम योजना में जिले की 63 ग्राम पंचायतो के 80 ग्रामों में 16 करोड़ लागत के 188 निर्माण कार्यो का शिलान्यास करेंगे। इसके साथ ही 30 लाख रूपये की लागत से श्योपुर शहर के वार्ड क्रमांक 20 स्थित संत श्री रैदास (रेगर) घाट के सौन्दर्यीकरण कार्य तथा 9 लाख रूपये की लागत से श्योपुर में पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न स्व. चौधरी चरण सिंह जी की प्रतिमा स्थापना एवं पेडस्टल निर्माण कार्य का शिलान्यास किया जायेगा।

 

जॉर्ज कुरियन ने विधानसभा में जमा किया नामांकन फॉर्म

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व खजुराहो सांसद विष्णुदत्त शर्मा, केन्द्रीय संसदीय बोर्ड के सदस्य सत्यनारायण जटिया, प्रदेश प्रभारी डॉ. महेन्द्र सिंह, प्रदेश सह प्रभारी सतीश उपाध्याय, प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद, प्रदेश शासन के उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा, राजेन्द्र शुक्ला एवं पूर्व केन्द्रीय मंत्री सांसद फग्गनसिंह कुलस्ते की उपस्थिति में केंद्रीय राज्यमंत्री जॉर्ज कुरियन ने बुधवार को मध्यप्रदेश विधानसभा पहुंचकर राज्यसभा के लिए नामांकन-फार्म दाखिल किया। इससे पहले राज्यसभा प्रत्याशी जॉर्ज कुरियन ने पार्टी के वरिष्ठ नेताओं व प्रदेश नेतृत्व के साथ प्रदेश कार्यालय स्थित पं. दीनदयाल उपाध्याय एवं डॉ. श्यामाप्रसाद मुखर्जी की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण किया।

प्रदेश कार्यालय में पं. दीनदयाल उपाध्याय एवं डॉ. श्यामाप्रसाद मुखर्जी की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण के उपरांत राज्यसभा उम्मीदवार जॉर्ज कुरियन वरिष्ठ नेताओं व प्रदेश नेतृत्व के साथ विधानसभा पहुंचे। कुरियन ने पार्टी के वरिष्ठ नेताओं एवं सैकड़ों कार्यकर्ताओं की उपस्थिति में राज्यसभा चुनाव के लिए अपने नामांकन दाखिल किया। विधानसभा में नामांकन के दौरान पार्टी के वरिष्ठ नेता सुरेश पचौरी, प्रदेश शासन के मंत्री उदयप्रताप सिंह, तुलसीराम सिलावट, लखन पटेल, नरेंद्र शिवाजी पटेल, प्रदेश महामंत्री हरिशंकर खटीक, प्रदेश मंत्री राहुल कोठारी, प्रदेश सह कोषाध्यक्ष व विधायक अनिल जैन कालूहेड़ा, प्रदेश मीडिया प्रभारी आशीष उषा अग्रवाल, निर्वाचन आयोग संमन्वय विभाग के संयोजक एस. एस. उप्पल, विधायक अमर सिंह यादव सहित पार्टी पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मीडिया से चर्चा के दौरान केंद्रीय राज्यमंत्री जॉर्ज कुरियन को मध्यप्रदेश से राज्यसभा उम्मीदवार बनाने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पार्टी नेतृत्व ने केंद्रीय मंत्रिमंडल के सदस्य को मध्यप्रदेश से राज्यसभा उम्मीदवार चुनने का अवसर दिया, जिसका लाभ मध्यप्रदेश को मिलेगा। उन्होंने कहा कि केंद्रीय राज्यमंत्री, राज्यसभा उम्मीदवार एवं केरल के वरिष्ठ नेता जॉर्ज कुरियन को शुभकामनाएं देता हॅू। भाषा, क्षेत्रीयता, परस्पर भाईचारा को बढ़ाने का केन्द्रीय नेतृत्व का जो निर्णय है वह स्वागत योग्य है।

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व खजुराहो सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने मीडिया से चर्चा करते हुए कहा कि केन्द्रीय राज्य मंत्री जॉर्ज कुरियन को मध्यप्रदेश से राज्यसभा उम्मीदवार बनाने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी , राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा एवं केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह का आभार व्यक्त करता हूॅ। शर्मा ने केरल के वरिष्ठ नेता जॉर्ज कुरियन को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह मध्यप्रदेश का सौभाग्य है कि जॉर्ज कुरियन ने आज नामांकन दाखिल किया है। उन्होंने केरल में भारतीय जनता पार्टी के विस्तार में एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। आज भारतीय जनता पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता उत्साहित है। यह एक ऐसा अवसर है कि तमिलनाडू एवं केरल को मध्यप्रदेश से संसद में जाने का अवसर मिला है, इसलिए राष्ट्रीय एकात्मता की दृष्टि से मध्यप्रदेश की महत्वपूर्ण भूमिका है।

असंगठित और गिग वर्कर्स के लिए केंद्र सरकार का बड़ा फैसला, 40 और 22...

0
नई दिल्ली | 4 नवंबर 2026 देश के करोड़ों असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों, डिलीवरी पार्टनर्स, ऐप आधारित टैक्सी चालकों और प्लेटफॉर्म वर्कर्स को सामाजिक सुरक्षा...
nmms-scholarship-2026-27

NMMSS Scholarship 2026-27: छात्रों को बड़ी राहत, छात्रवृत्ति आवेदन की अंतिम तारीख बढ़ी, अब...

0
नई दिल्ली। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के मेधावी विद्यार्थियों के लिए केंद्र सरकार ने बड़ी राहत दी है। शिक्षा मंत्रालय ने राष्ट्रीय साधन-सह-योग्यता...
akshara goswami

मध्यप्रदेश स्थापना दिवस पर 102 मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान, हर छात्र को मिली 1...

0
भोपाल। मध्यप्रदेश के 71वें स्थापना दिवस के अवसर पर प्रदेश की शैक्षणिक प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। भोपाल के लाल परेड मैदान में आयोजित...
poshan-tracker-pmmvy-grievance-redressal-2026

POSHAN Tracker और PMMVY की शिकायतों का होगा निपटारा, 30 अक्टूबर को देशभर में...

0
नई दिल्ली | 30 अक्टूबर 2026 | सामाजिक कल्याण समाचार केंद्र सरकार ने गर्भवती महिलाओं, स्तनपान कराने वाली माताओं और पोषण सेवाओं के लाभार्थियों की...
anath-bachchon-ke-liye-sarkari-yojana-2026

अनाथ बच्चों के लिए सरकार की खास योजनाएँ, पढ़ाई से लेकर आर्थिक सहायता तक

0
नई दिल्ली | सरकारी योजना समाचार देश में ऐसे कई बच्चे हैं, जिन्होंने अपने माता-पिता को खो दिया है या जिनके पास देखभाल करने वाला...